बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • तेज हवाओं के बीच ढोढरीकला में अचानक उतरा मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर

    21-May-2025

    रायपुर। तेज हवाओं के बीच आज एक हेलिकाप्टर अचानक बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की जनपद पंचायत शंकरगढ़ की ग्राम पंचायत हरगवां के ढोढरीकला, कोरवाटोली नवापारा में उतरा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को अपने बीच पाकर ग्रामवासियों के बीच खुशी की लहर दौड़ उठी। भीड़ ने आत्मीयता पूर्वक मुख्यमंत्री का स्वागत किया। आरती और चौपाई से गांव की महिलाओं ने उनका स्वागत किया। महुआ पेड़ के नीचे मुख्यमंत्री ने खटिया में बैठकर ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार को डेढ़ साल पूरा हुआ है, आपसे किये गये वादों को पूरा किया गया है चाहे वो धान खरीदी हो या आवास का। सभी कार्य तेजी से होंगे और छत्तीसगढ़ विकास के पथ पर सतत आगे बढ़ता जायेगा।
    मुख्यमंत्री ने चौपाल मे उपस्थित ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और एक-एक कर उनकी समस्या के बारे में पूछा। जब कुछ लोगों ने पानी व सड़क की समस्या का जिक्र किया तो उन्होंने कलेक्टर राजेंद्र कुमार कटारा को इनके समाधान के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़कों को चिन्हित कर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू करायें। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र शासन व राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों को दिलाने के लिए कार्ययोजना बनाने और शिविर लगाकर लाभान्वित करने के निर्देश दिए। तेज हवा व आंधी तूफान के बीच जब मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से मुस्कुराते हुए पूछा कि जाई कि रही, तो ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा रुकिए आपका आगमन हमारा सम्मान है। उनकी बात सुन मुख्यमंत्री धीमी मुस्कान लिए रूके और ग्रामीणों को भरपूर समय दिया।

  • महिला से गैंगरेप करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

    21-May-2025

    जांजगीर चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले में एक महिला से गैंगरेप हुआ है। घटना 18 मई की दोपहर की है। पीड़िता अपने पिता के साथ घर पर थी। तभी परिवार के 4 जानकार युवक पीड़िता के घर आए । सभी ने एक साथ खाना खाया। कुछ देर बाद पीड़िता के पिता सो गए। इसी दौरान चारों ने महिला को जबरन पकड़कर दूसरे कमरे में ले गए। सभी ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद चारों मौके से फरार हो गए। अगले दिन पीड़िता ने अपनी मां को घटना की जानकारी दी। मां अपने बेटे के छठी कार्यक्रम से लौटी थी। इसके बाद चांपा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। चांपा थाना पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें मनोज कुमार पटेल (33), नरेंद्र कुमार पटेल (37), रामकुमार पटेल और धरम चौहान (53) शामिल है। तीनों पटेल भाई जमनीपाली पटेल पारा उरगा, कोरबा के रहने वाले हैं। धरम चौहान कुदारी टाल, जिला शक्ति का निवासी है। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रायगढ़-कोरबा रोड की तरफ ट्रक में भाग रहे हैं। पुलिस ने करतला के पास से चारों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

  • टमाटर से भरी पिकअप पलटी, सड़क पर बिखरे टमाटर, अफरा-तफरी का माहौल

    21-May-2025

    बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के गनियारी में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब टमाटर से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में टमाटर सड़क पर बिखर गए, जिन्हें देखने और उठाने के लिए आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर पलटी, जिससे टमाटर का पूरा स्टॉक सड़क पर फैल गया। हालांकि, इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, जो कि राहत की बात रही।
    हादसे के बाद कुछ लोग पिकअप चालक की मदद के लिए आगे आए, जबकि कई लोग टमाटर उठाने में व्यस्त नजर आए। घटना की सूचना मिलते ही कोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा, लेकिन पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से सड़क को जल्दी ही खाली करवा लिया गया। इस तरह की घटनाएं बार-बार यह संकेत देती हैं कि ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार जैसे कारण ग्रामीण क्षेत्रों में भी गंभीर हादसों को जन्म दे सकते हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

  • नक्सलियों के आका बसवराजू की एक्सक्लूसिव तस्वीर, आज अबूझमाड़ में मारा गया

    21-May-2025

    नारायणपुर। जिले में अबूझमाड़ के जंगल में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों ने 27 नक्सलियों को मार गिराया है। सभी 27 शव और हथियार बरामद कर लिए गए हैं। मारे गए नक्सलियों में 1.5 करोड़ का इनामी बसवा राजू भी शामिल है। वहीं फायरिंग में DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) का एक जवान शहीद हो गया है। दंतेवाड़ा, नारायणपुर और बीजापुर जिले की सरहद पर मुठभेड़ चल रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि अबूझमाड़ के बोटेर में नक्सलियों का पोलित ब्यूरो सदस्य और नक्सल संगठन का महासचिव बसवा राजू मौजूद है। इसी आधार पर फोर्स को रवाना किया गया था। अबूझमाड़ के बोटेर पहुंचते ही जवानों पर नक्सलियों ने फायरिंग कर दी। सुरक्षाबलों के इस ऑपरेशन को प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने बड़ी कामयाबी बताया है।
    पुलिस ने 7 दिन पहले ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कर्रेगुट्टा ऑपरेशन की जानकारी दी थी। छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर स्थित कर्रेगुट्टा के पहाड़ों पर सुरक्षाबलों ने 24 दिनों तक चले ऑपरेशन में 31 नक्सलियों को मार गिराया था। इनमें 16 महिला और 15 पुरुष नक्सली शामिल हैं। सीएम साय का ट्वीट जारी है विजय का शंखनाद, खत्म हो रहा नक्सलवाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एवं माननीय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्च 2026 तक देश-प्रदेश में नक्सलवाद के खात्मे के संकल्प को मजबूती प्रदान करते हुए सुरक्षाबल के जवान निरंतर सफलता हासिल कर लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। नारायणपुर में छत्तीसगढ़ पुलिस की डीआरजी यूनिट के द्वारा कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और अनेक चुनौतियों के बावजूद, वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ इस निर्णायक अभियान को पूरी प्रतिबद्धता और दृढ़ संकल्प के साथ पूरा किया जा रहा है। इसका परिणाम है कि अब तक 27 नक्सली मारे गए हैं, जिनमें कुख्यात नक्सल लीडर नंबाला केशव राव और अलियास बसवराजू के खात्मे की भी पुष्टि हुई है। जवानों को मिली यह कामयाबी सराहनीय है, उनकी वीरता को नमन करता हूँ। ऑपरेशन के दौरान DRG के एक जवान के वीरगति को प्राप्त होने और कुछ जवानों के घायल होने की दु:खद सूचना प्राप्त हुई है। घायल जवानों के त्वरित इलाज के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से शहीद जवान की आत्मा की शांति और घायल जवानों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।

  • बैंक अधिकारी, सॉफ्टवेयर इंजीनियर, सिम विक्रेता और सीए गिरफ्तार, साइबर ठगी में थे शामिल

    21-May-2025

    रायपुर। बैंक अधिकारी, सॉफ्टवेयर इंजीनियर, सिम विक्रेता और सीए गिरफ्तार साइबर ठगी को अंजाम दे रहे थे, जिसका खुलासा पुलिस ने ऑपरेशन साइबर शील्ड चलाकर किया है, दरअसल अमरेश मिश्रा द्वारा साइबर अपराध का अनुसंधान म्यूल बैंक खाता की जांच करने हेतु योजना तैयार कर साइबर अपराध में शामिल बैंक खाता संवर्धक/संचालक-एजेंट/बैंक अधिकारी/सिम सप्लायर सभी आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही करने हेतु रेंज साइबर थाना रायपुर को निर्देशित किया गया है।
    थाना सिविल लाइन रायपुर के अपराध क्रमांक 44/25, 129/25 धारा 317(2), 317(4), 317(5), 111, 3(5) बी एन एस में निर्देशों का पालन कर कार्यवाही करते हुए, पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ एवं तकनीकी विश्लेषण से बैंक खाता खुलवाने, साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने, रकम को इधर-उधर करने में शामिल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के द्वारा जगह बदल बदल कर म्यूल बैंक खातों को खुद ऑपरेट किया जाता था तथा ठगी की रकम को इधर उधर किया जाता था।आरोपियों द्वारा अत्यधिक मात्रा में ठगी की रकम प्राप्त की गई है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।  
    गिरफ्तार आरोपी 1 देवेंद्र शर्मा पिता आनंद शर्मा उम्र 32 वर्ष पता ग्राम अरेल, मुंडेरवा, जगदीशपुर उत्तरप्रदेश 2 सनी सोनी पिता बृजलाल सोनी उम्र 26 वर्ष पता भवानी नगर, कोटा, रायपुर 3 राकेश साहू पिता भागवत साहू उम्र 45 वर्ष पता दलदल सिवनी मोवा, रायपुर 4 राजेन्द्रपुरम पिता मानिकपुरम उम्र 32 वर्ष पता विधानसभा रोड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सड्डू रायपुर 5 भानु प्रताप सेन पिता रोहित सेन उम्र 22 वर्ष बजरंग चौक तूता रायपुर  
    6 अब्दुल कलाम पिता अब्दुल शाहीद उम्र 49 वर्ष पता कल्लू गैरेज के पास मौदहापारा 7 रोहित कस्तूरिया पिता दिलीप कस्तूरिया उम्र 24 वर्ष पता दिव्या कॉलोनी न्यू राजेंद्र नगर रायपुर 8 रितेश निर्मलकर पिता ईश्वर निर्मलकर उम्र 39 वर्ष वार्ड क्रमांक 11 बच्चन चौक कुंद्रा पारा थाना गुढियारी जिला रायपुर 9 ऋतिक शर्मा पिता अनिल शर्मा उम्र 25 वर्ष पता बजरंग चौक तिल्दा रायपुर 10 बज्जू शर्मा पिता शरद शर्मा उम्र 25 वर्ष पता दीनदयाल वार्ड, वार्ड नंबर 16, तिल्दा रायपुर

  • 220 केवी उपकेंद्र भिलाई में 2 नए फीडर बे ऊर्जीकृत

    21-May-2025

    रायपुर। भिलाई खेदामारा 400 केवी अति उच्चदाब विद्युत उपकेंद्र से 220 केवी में 2 फीडर बे को प्रबंध निदेशक पारेषण कंपनी आर.के. शुक्ला द्वारा 21 मई को ऊर्जीकृत किया गया। पूर्व में 400 केवी खेदामारा से 220 केवी के लाइनों से विद्युत आपूर्ति की जा रही थी। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी द्वारा अपने पारेषण तंत्र को मजबूत करने की दिशा में इस कार्य को पूर्ण किया गया। 400 केवी अति उच्चदाब विद्युत उपकेंद्र खेदामारा से 220 केवी उपकेंद्र भिलाई में पहले ही 2 लाइनों से विद्युत आपूर्ति की जा रही थी। श्री शुक्ला द्वारा आज 2 अन्य फीडर बे को ऊर्जीकृत किया गया जिससे अब 220 केवी से कुल 4 लाइनों से विद्युत आपूर्ति की जाएगी।   नए लाइन की लंबाई क्रमशः 12.72 किलोमीटर व 17.92 किलोमीटर है। यह कार्य अति उच्चदाब निर्माण वृत्त के मार्गदर्शन में पूर्ण किया गया, जिसकी लागत 5 करोड़ रु. है। इस कार्य से दुर्ग, भिलाई क्षेत्र के उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति होगी, इसके अलावा गुरूर और भाटापारा क्षेत्र को भी भिलाई उपकेंद्र से विद्युत आपूर्ति होगी। इस कार्य से गर्मी के मौसम में किसानों एवं उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।

  • आज रात तेज आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट

    21-May-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में 3 घंटों के अंदर तेज आंधी-तूफान और बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है. मौसम विभाग ने सरगुजा संभाग और बस्तर के सभी जिलों समेत कुल 13 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाडा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागावं , कांकेर, बालोद, राजनादंगांव, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, और बलरामपुर में गरज-चमक के साथ 80 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी. इसके साथ ही इन सभी जिलों में बारिश व ओलावृष्टि के भी रेड अलर्ट जारी किए गए हैं. वहीं बालोद, बिलासपुर, मुंगेली, में भी मौसम विभाग ने तेज अंधड़, गरज-चमक और बारिश के साथ ओलावृष्टि के ऑरेंज अलर्ट जारी किए हैं. इन जिलों में 40-60 KMPH की स्पीड से हवा चलने की संभावना है.

  • अफीम के साथ RJD नेता सहित दो गिरफ्तार

    20-May-2025

    मोतिहारी। मोतिहारी पुलिस ने कोटवा थाना क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई में राष्ट्रीय जनता दल के अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष शंभू गुप्ता को गिरफ्तार किया है। उनके साथ बांका और उत्तर प्रदेश से आए दो अन्य साथी भी पकड़े गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक करोड़ रुपए के अफीम को बरामद किया है। मिली जानकारी के अनुसार कोटवा थाना ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि अरविंद गुप्ता नेपाल से अफीम मंगवाकर उत्तर प्रदेश और दक्षिण बिहार के विभिन्न जिलों में इसकी आपूर्ति करता था। सदर एसडीपीओ टू जितेश पांडे के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की है।  
    पुलिस जांच में सामने आया है कि राजद नेता अरविंद गुप्ता पर पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उनकी आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि राजनीतिक पद का फायदा उठाकर वह किन गतिविधियों को अंजाम देता था। यह गिरोह मोतिहारी और सीमावर्ती इलाकों में लंबे समय से सक्रिय था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस रैकेट में और कौन-कौन शामिल हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि जब्त की गई अफीम की खेप किसे भेजी जानी थी।

  • तिरंगा' भारत के शौर्य और पराक्रम का प्रतीक: मंत्री नेताम

    20-May-2025

    बैकुंठपुर। आज 'ऑपरेशन सिंदूर' की ऐतिहासिक सफलता पर भारतीय सेना के अदम्य साहस और बलिदान को नमन करते हुए, जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में गांधी उद्यान से विश्राम भवन तक आयोजित भव्य "शौर्य तिरंगा यात्रा" में सम्मिलित हुआ। 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता ने एक बार फिर साबित किया कि जब बात भारत माता की रक्षा की हो, तो हमारे सैनिक जान की परवाह किए बिना दुश्मनों को करारा जवाब देने में कभी पीछे नहीं हटते।  
    पूरे प्रदेश की ओर से भारतीय सेना के जांबाज़ सैनिकों व आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को इस साहसी अभियान की सफलता पर हार्दिक अभिनंदन। इस यात्रा में बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े जी, भाजपा जिला कोरिया जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी जी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी जायसवाल जी सम्मिलित रहें।

  • सड़क चिरचारी जंगल क्षेत्र में रात को हो रही रेत की चोरी

    20-May-2025

    रेंजर , डिप्टी रेंजर के संरक्षण में फल फूल रहे हैं , रेत माफिया
    राजनांदगांव - इन दिनों रेत चोरों की सक्रियता बढ़ गई हैं । जंगल नालों से रात के अंधेरे में रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन खुलेआम पूरे छुरिया , डोंगरगढ़ ब्लॉक के अंदर वन विभाग , राजस्व विभाग और खनिज विभाग के कर्मचारियों व रेत माफियाओं का कारोबार साठगांठ धड़ल्ले से जारी है।
    छुरिया ब्लॉक के ग्राम सड़क चिरचारी और ग्राम सड़क बंजारी में रेत माफियाओं को बेखौफ होकर रेत चोरी करते देखा जा सकता है । सड़क चिरचारी वन मंडल राजनांदगांव और चारभांठा फत्तेगंज वन मंडल डोंगरगढ़ दोनों वन क्षेत्रों में लगातार रेत निकासी कर रेत माफिया जगह - जगह रेत डंप कर रखे हैं ।
          सूत्रों के अनुसार नेशनल हाइवे सड़क चिरचारी और सड़क बंजारी  से अधिक मात्रा में जंगल से रेत निकासी कर जगह - जगह रेत माफियाओं द्वारा रेत डंप कर रखा गया है । जानकारी के अनुसार रेत माफिया सीधे वन विभाग जंगल के अंदर से रेत निकाल कर बाहर भरीं , खेत जंगलों के आस - पास झाड़ के पीछे रेत छुपा कर रखे  हैं । इस ओर राजस्व विभाग का भी कोई ध्यान नहीं है । रेत का आर्डर मिलने पर संबंधित जगहों पर सप्लाई की जाती है । रेत की कीमत आसमान छू रही है । जिसका लाभ रेत माफिया ऊंचे दामों पर बेचकर उठा रहे हैं । आम गरीब जनता को रेत महंगे दाम पर खरीदना पड़ रहा है । रेत माफिया और वन रक्षक रेत की कमाई से मोटी रकम जुटा रहे हैं । जबकि हकीकत कुछ और है व मिलीजुली सरकार चल रही है। रेत  माफियाओं और रेंजर , डिप्टी रेंजर से लेकर बिट गार्ड सहित छोटे बड़े वन कर्मचारियों की मिलीभगत से पूरे जंगल क्षेत्रों में रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन खुलेआम किया जा रहा है । जगह - जगह रेत माफिया द्वारा रेत डंप किया जा रहा है । ताकि आगामी समय पर और अधिक दाम पर बेचने का खेल खेला जा सके । छुरिया ब्लॉक के नेशनल हाइवे सड़क चिरचारी , सड़क बंजारी , तेलीनबांधा , घोरतलाव , भरीटोला , गोपालुर , जोब , छुरिया और डोंगरगढ़ ब्लॉक चारभांठा , फत्तेगंज , मोहनपुर , बागरेकसा , कोहलाकसा , आंवराटोला , वन विभाग जंगल के अंदर नाले से रेत निकालने के लिए इन दिनों रेत चोरों में मारामारी की स्थिति बनी हुई है । आए दिन रात में रेत के लिए आधा दर्जन ट्रैक्टर्स का जंगलों में बेखौफ रूप से आवागमन चल रहा है । रेत माफिया रेंजरों के संरक्षण में खुलेआम रात को जंगल से रेत चोरी कर रहे हैं । रेत माफिया द्वारा जंगल के अंदर जाने आने के लिए जंगल सामने लगे , घेरा तार और झाड़ों को काट , जगह - जगह से रास्ता बनाए गए है । शासन द्वारा लाखों की लागत से जंगलों में  तार घेरा लगवाया गया है । जिसे रेत माफिया द्वारा नुकसान पहुंचा रहे हैं । फैंसिंग पोल और तार अधिकतर टूटे हुए हैं , बाकी घेरा तार और पोल गायब हैं । तार घेरा में भी वन रक्षकों द्वारा हेरा फेरी किया गया है। क्षेत्र के गांवों में अवैध ईंट भट्ठे चल रहे हैं , जंगल से लकड़ी की भी अधिक मात्रा में कटाई कर रहे हैं। वन विभाग और राजस्व विभाग इसे रोकने कार्यवाही नहीं कर रहे हैं।अधिकारियों की  मिलीजुली सरकार होने के चलते कार्यवाही में नाकाम है , और चोरों को संरक्षण प्राप्त है। जिस वजह से पूरे जंगल क्षेत्र में अवैध रूप से रेत , लकड़ी की चोरी भी खुलेआम चल रहे हैं। वन विभाग और रेत माफिया के बीच जोरदार से जारी है । शासन प्रशासन को लाखों का चुना लगाया जा रहा है।
          सूत्रों से जानकारी मिली है कि वन अधिकारी द्वारा उस रेत ,  लकड़ी चोरी करने वाले माफिया से बड़ी राशि का लेनदेन कर  छोड़ दिया गया , जिसकी चर्चा गांव में सरगर्म है । वन विभाग की मिलीभगत से ही सड़क चिरचारी और चारभांठा फत्तेगंज वन क्षेत्र में लकड़ी , रेत जैसे अवैध कारोबार खुलेआम चल रहे हैं ।

  • गजानंद सट्टा एप संचालक निकला करोड़पति, बाप-बेटे ने खरीदी करोड़ों की संपत्ति

    20-May-2025

    रायपुर। गजानंद सट्टा एप घोटाले में चौंकाने वाली जानकारियाँ सामने आ रही हैं। मामले के मुख्य आरोपी नंदलाल लालवानी और उसके बेटे गोविंद लालवानी के पास करोड़ों की अघोषित संपत्ति होने की पुष्टि हुई है। पुलिस को ऐसे दस्तावेज हाथ लगे हैं जो दर्शाते हैं कि बाप-बेटे की जोड़ी ने एक ही दिन में कई प्रॉपर्टी डील की हैं। सूत्रों के मुताबिक इन संपत्तियों की खरीद सट्टे की काली कमाई से की गई है। पुलिस अब इन संपत्तियों को फ्रीज करने की तैयारी में है।  
    आरोपी गोविंद लालवानी, जो स्थानीय पार्षद भी है, सट्टे से कमाए गए अवैध पैसों को रियल एस्टेट में निवेश कर उन्हें वैध स्वरूप देता था। हाल ही में पिता-पुत्र ने एक रियल एस्टेट प्रोजेक्ट की शुरुआत भी की है, जिसमें करोड़ों रुपये का निवेश हुआ है। गिरफ्तार आरोपी नंदलाल लालवानी की कहानी बेहद चौंकाने वाली है। महज 5 साल पहले ठेले पर सामान बेचने वाला नंदलाल, आज बंगले, लग्ज़री कारों और भारी बैंक बैलेंस का मालिक बन चुका है। पुलिस को शक है कि यह पूरी संपत्ति गैरकानूनी सट्टे के कारोबार से खड़ी की गई है।
    600 से अधिक बैंक खाते फ्रीज फिलहाल पुलिस ने नंदलाल और गोविंद दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। सट्टा एप से जुड़े 600 से अधिक बैंक खातों को भी फ्रीज किया जा चुका है। पुलिस इस घोटाले में टेक्निकल साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच कर रही है और दावा कर रही है कि आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई हो सकती है। पुलिस अधिकारी बोले: "संपत्ति को फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। फाइनेंशियल ट्रेल की जांच जारी है और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश भी की जा रही है।"

  • अवैध कच्ची महुआ शराब बेचने वाला कोचिया गिरफ्तार

    20-May-2025

    धमतरी। ग्राम मोंहदी के महिलाओं द्वारा अवैध शराब बिक्री के संबंध में दी गई शिकायत को पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार द्वारा गंभीरता से लेते हुए,थाना प्रभारी कोअवैध शराब के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर कार्यवाही करने के दिया गया था। इसी क्रम में ग्राम मोंहदी के घासीदास चौक में राजेश भोयर द्वारा अपने घर के बाड़ी में कच्ची महुआ शराब बिक्री हेतु रखे होने की मुखबिर सूचना पर तत्काल मगरलोड पुलिस द्वारा जाकर कार्यवाही कर आरोपी राजेश भोयर पिता सोनी भोयर उम्र 20 वर्ष साकिन
    ग्राम मोंहदी थाना मगरलोड के कब्जे से सफेद दो प्लास्टिक जरीकेन में प्रत्येक में 10-10 लीटर कुल 20 लीटर कच्ची महुआ शराब कीमती 4000/- रूपये को जब्त कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर थाना मगरलोड के अप.क्र.73/25 धारा 34 (2) आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्यवाही कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। संपूर्ण कार्यवाही प्रआर.शांता ध्रुव,आर. कीर्तन सोनकर, गोविंदा घृतलहरे,मआर.त्रिवेणी ध्रुव का विशेष योगदान रहा। आरोपी का नाम-:राजेश भोयर पिता सोनी भोयर उम्र 20 वर्ष साकिन ग्राम मोंहदी, थाना मगरलोड,जिला धमतरी (छ.ग.)

  • तेलीबांधा में नशीली टेबलेट बेचते 2 युवक गिरफ्तार

    20-May-2025

    रायपुर। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज रायपुर अमरेश मिश्रा तथा पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशानुसार रायपुर पुलिस द्वारा नशे के विरूद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें रायपुर पुलिस के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों सहित प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड सायबर यूनिट को नशे का काला कारोबार करने वाले कारोबारियों की पतासाजी कर कार्यवाही करने एवं इस पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाने आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये है। जिस पर समस्त  पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं एण्टी क्राईम एण्ड सायबर यूनिट की टीम द्वारा मुखबीर लगाकर, पेट्रोलिंग व सूचना संकलन कर नशे का कारोबार करने वाले कारोबारियों के संबंध में सूचना एकत्रित की जा रही है। इसी तारतम्य में दिनांक 19.05.25 को एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की टीम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना तेलीबांधा क्षेत्रांतर्गत सिंधी शमशान घाट पास दो व्यक्ति अपने पास प्रतिबंधित नशीली टेबलेट रखें है तथा बिक्री करने की फिराक में ग्राहक की तलाश कर रहे है।  
     जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कीर्तन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राईम संदीप मित्तल, उप पुलिस अधीक्षक क्राईम संजय सिंह तथा नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाईन अजय कुमार (भा.पु.से.) द्वारा प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना प्रभारी तेलीबांधा को सूचना की तस्दीक कर आरोपियों कोे प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ रंगे हाथ पकड़ने निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उक्त स्थान पर जाकर मुखबीर द्वारा बताये हुलिए के व्यक्तियों की पतासाजी करते हुये चिन्हांकित कर व्यक्तियों को पकड़ा गया, जिन्होंने पूछताछ में अपना नाम बरूण सेन्द्रे एवं प्रवीण केशरवानी होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा उनकी तलाशी लेने पर उनके पास स्पासमो, अल्प्राजोलम एवं नाईट्रोटेन प्रतिबंधित नशीली टेबलेट रखा होना पाया गया। दोनों से उक्त प्रतिबंधित नशीली टेबलेट रखने एवं बिक्री करने के संबंध में वैध दस्तावेज की मांग करने पर उनके द्वारा किसी प्रकार का कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 282 नग स्पासमो, अल्प्राजोलम एवं नाईट्रोटेन खुदरा मुल्य लगभग 10,000/- रूपये जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 302/25 धारा 21(ख) नारकोटिक एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही किया गया है।
     

  • आबकारी घोटाले में EOW की बड़ी कार्रवाई, 39 ठिकानों पर छापेमारी खत्म

    20-May-2025

    रायपुर। बहुचर्चित छत्तीसगढ़ आबकारी घोटाले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुल 39 परिसरों में संपूर्ण दिनभर छापेमारी की कार्यवाही की। यह कार्रवाई प्रकरण के प्रमुख संदेहियों द्वारा अवैध धनराशि के निवेश से जुड़े सुरागों के आधार पर की गई। सुबह से शुरू हुई थी रेड की कार्रवाई सूत्रों के अनुसार, ईओडब्ल्यू की टीमों ने मंगलवार सुबह से ही अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ दबिश देना शुरू किया। ये छापे छत्तीसगढ़ व महाराष्ट्र के कई प्रभावशाली कारोबारियों व सहयोगियों के ठिकानों पर मारे गए।

    अवैध निवेश का बड़ा नेटवर्क उजागर प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि घोटाले से प्राप्त अवैध धनराशि को कई व्यक्तियों के माध्यम से विभिन्न व्यवसायों, अचल संपत्तियों, कीमती धातुओं और अन्य माध्यमों में निवेश किया गया है। यह निवेश सूत्रों से छुपाकर किया गया, जिससे इस पर कानूनी कार्रवाई न हो सके।
     

  • मुख्यमंत्री साय ने किया अटल आवास योजना के 226 आवासों का लोकार्पण

    20-May-2025

    सौंपी सपनों के घर की चाबी  और सम्मानजनक जीवन
    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को सुशासन तिहार के तहत् ग्राम मुरमुंदा स्थित अटल आवास योजना के अंतर्गत निर्मित 226 नवीन आवासों का विधिवत लोकार्पण कर हितग्राहियों को उनके सपनों का घर सौंपा। इस अवसर पर उन्होंने भवन क्रमांक 226 के स्वामी  तुषार साहू को गृह प्रवेश कराते हुए कहा, आज हम आपको सिर्फ एक घर नहीं, बल्कि आपके सपनों का आशियाना सौंप रहे हैं। यह क्षण न केवल आपके जीवन का बल्कि शासन के जनकल्याणकारी प्रयासों का भी स्मरणीय पड़ाव है।

    मुख्यमंत्री ने सभी हितग्राहियों को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ शासन की प्राथमिकता है कि राज्य के प्रत्येक नागरिक को गरिमामय और सुरक्षित आवास उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि अटल आवास जैसी योजनाएं जनसामान्य को न केवल आवासीय सुविधा देती हैं, बल्कि उनके सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में भी अहम भूमिका निभाती हैं। इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित थे।

    साकार हुआ वर्षों का सपना:
    आवास क्रमांक 226 के लाभार्थी श्री तुषार साहू ने मुख्यमंत्री के हाथों गृह प्रवेश प्राप्त कर अभिभूत होते हुए कहा कि हमेशा एक सुंदर, स्वच्छ और शांत वातावरण में रहने का सपना देखा था। वर्षों का यह सपना आज साकार हुआ। मुख्यमंत्री जी द्वारा गृह प्रवेश कराना मेरे लिए गर्व और भावुकता का क्षण है। उन्होंने बताया कि यह 2 बीएचके आवास सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त है और बाज़ार मूल्य की तुलना में किफायती भी है। श्री साहू इस अवसर पर अपने माता-पिता और परिजनों के साथ उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने उनके आवास का अवलोकन भी किया और निर्माण गुणवत्ता की सराहना की।

    कई हितग्राहियों को मिली चाबी
    इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा  रूपनारायण देवांगन, अरुण साहू, तथा चंद्रशेखर राठौर को भी उनके आवास की चाबी सौंपी गई। भवन क्रमांक 215 के स्वामी  अरुण साहू, जो भिलाई इस्पात संयंत्र में पदस्थ हैं। उन्होंने कहा कि रिटायरमेंट से पहले अपने स्वप्निल घर में प्रवेश करना मेरे जीवन की सबसे सुखद अनुभूति है। अटल आवासयोजना के माध्यम से राज्य शासन ने हमें वह अवसर दिया है, जिसकी वर्षों से प्रतीक्षा थी।

    उज्ज्वल आवासीय भविष्य की सौगात
    छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा संचालित अटल आवास योजना के तहत ग्राम मुरमुंदा में लगभग 10 एकड़ भूमि पर 24 करोड़ 57 लाख 98 हजार रुपए की लागत से कुल 226 स्वतंत्र आवास और 12 दुकानों का निर्माण किया गया है। इनमें 55 भवन ईडब्ल्यूएस श्रेणी, 69 एलआईजी-ए टाइप, 86 बी टाइप, 16 एमआईजी टाइप के हैं। सभी भवनों का विक्रय पूर्ण हो चुका है तथा 7 भवनों की रजिस्ट्री भी की जा चुकी है।

  • रायपुर में 2 करोड़ की ठगी कर हैदराबाद भागे फ्रॉड, कारोबारी ने थाने में की शिकायत

    20-May-2025

    रायपुर। कारोबारी से 2 करोड़ 65 लाख रुपए का साइबर ठगी किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना गुढ़ियारी थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि ठग ने कारोबारी ​हेमंत कुमार जैन से शेयर ट्रेडिंग के नाम पर बड़ा मुनाफा मिलने का झांसा दरेखकर 2 करोड़ 65 लाख रुपए ऐठे। जिसके बाद आरोपी ठग फरार हो गया। बताया जा रहा है कि ठग हैदराबाद चले गए। जिसके बाद पीड़ित कारोबारी को अहसास हुआ कि उसके साथ ठगी हुआ है। कारोबारी ने गुढ़ियारी थाने में जाकर इसकी शिकायत पुलिस को दी। अब पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।

  • क्षेत्रीय तनाव के बीच Pakistan, अफगानिस्तान चीन के साथ त्रिपक्षीय वार्ता करेंगे

    18-May-2025

    इस्लामाबाद : पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार सोमवार को चीनी प्रधानमंत्री ली कियांग से मिलने बीजिंग जाएंगे । एआरवाई न्यूज ने सूत्रों के हवाले से बताया कि अफगानिस्तान के अंतरिम विदेश मंत्री अमीर खान मुत्ताकी भी 20 मई को चीन पहुंचेंगे। एआरवाई न्यूज ने सूत्रों के हवाले से अपनी रिपोर्ट में कहा कि इशाक डार चीनी प्रधानमंत्री के साथ वार्ता के लिए प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। इसके अलावा, बीजिंग में चीन, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के विदेश मंत्रियों की एक त्रिपक्षीय बैठक होने की उम्मीद है ।  
    मंत्रियों के बीच मौजूदा क्षेत्रीय स्थिति, खासकर भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर चर्चा होने की संभावना है। सूत्रों ने बताया कि बैठक में आपसी व्यापार, क्षेत्रीय सुरक्षा और सहयोग बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जाएगा। ये कूटनीतिक प्रयास 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद तनाव बढ़ने के बाद किए गए हैं, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। जवाब में, भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया, जिसमें पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में आतंकी ढांचे को निशाना बनाया गया। जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे समूहों से जुड़े 100 से अधिक आतंकवादी कथित तौर पर मारे गए।
    आतंकी ढाँचे पर भारत के अभियान के बाद, पाकिस्तान ने मौजूदा संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन किया और नियंत्रण रेखा (एलओसी) और अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पार सीमा पार से गोलाबारी और ड्रोन हमलों का प्रयास किया। जवाब में, भारत ने समन्वित हमले किए, रडार सिस्टम, संचार केंद्रों को निष्क्रिय कर दिया और 11 पाकिस्तानी एयरबेसों को भारी नुकसान पहुँचाया।10 मई को दोनों पक्ष शत्रुता समाप्त करने पर सहमत हो गये। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हाल ही में एक दुर्लभ सार्वजनिक स्वीकारोक्ति में स्वीकार किया कि भारत की बैलिस्टिक मिसाइलों ने 10 मई को नूर खान एयरबेस और अन्य ठिकानों पर हमला किया था। उन्होंने कहा कि सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने उन्हें सुबह करीब 2:30 बजे हमलों के बारे में सूचित किया।

  • मशरूम उत्पादन की निशुल्क ट्रेनिंग के लिए ग्रामीण महिलाएं करा सकते हैं पंजीयन

    18-May-2025

    बिलाईगढ़. रायगढ़ एवं सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के ग्रामीण युवती और महिलाओं के लिए भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) टी.वी. टॉवर रोड़ क्षेत्रीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास प्रशिक्षण केन्द्र के पीछे छोटे अतरमुड़ा रायगढ़ में मशरूम उत्पादन का 10 दिवसीय निशुल्क प्रशिक्षण 19 मई से आयोजित की जा रही हैं। महिलाएं सभी दस्तावेज वाट्सअप 7974942078 में भेज कर पंजीयन करा सकते हैं। प्रशिक्षण के दौरान रहना,खाना एवं सीखना पूर्णतः निःशुल्क हैं। एसबीआई आरसेटी रायगढ़ के सीनियर समन्वयक श्रवण श्रीवास्तव से प्राप्त जानकारी अनुसार इस कोर्स के लिए 35 सीट है। प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी और रजिस्ट्रेशन के लिये मोबाइल नम्बर पर 7974942078, 9131360303, 9303060375 पर संपर्क कर सकते हैं।  
    इस प्रशिक्षण के लिये रायगढ़ एवं सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के ग्रामीण क्षेत्र में निवासरत गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवार के शिक्षित बेरोजगार युवती एवं महिला को प्रशिक्षण दिया जाना हैं। प्रशिक्षण में भाग लेने के लिये उम्र 18 वर्ष से 45 वर्ष एवं कम से कम 8वीं पास होना अनिवार्य हैं। प्रशिक्षाणार्थी अपने साथ अंकसूची, आधार कार्ड, गरीबी रेखा राशन कार्ड, रोजगार गारंटी जॉब कार्ड, बैंक पासबुक एवं 05 रंगीन पासपोर्ट साईज का फोटो लेकर भारतीय स्टेट बैंक गामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान टी.वी. टॉवर रोड़ क्षेत्रीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास प्रशिक्षण केन्द्र के पीछे छोटे अतरमुड़ा रायगढ़ में पंजीयन करा सकते हैं। विशेष रोजगार गारंटी के तहत् एक वित्तीय वर्ष में 100 दिन कार्य किया है, तो उसे रोजगार गारंटी के तहत् प्रति दिवस 260 रुपए की दर से भत्ता भी प्रदान किया जायेगा। उल्लेखनीय है कि प्रमाणित प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जाता हैं। प्रशिक्षण पश्चात् प्रमाण पत्र दिया जायेगा।व्यवसाय प्रारंभ करने हेतु बैंक से ऋण भी उपलब्ध कराया जाता हैं।

  • हैदराबाद अग्निकांड पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने व्यक्त की गहरी शोक संवेदना

    18-May-2025

    रायपुर। हैदराबाद के चारमीनार क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड की खबर से छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। इस दर्दनाक हादसे में 17 लोगों की असमय मृत्यु और कई लोगों के घायल होने की सूचना के बाद उपमुख्यमंत्री ने संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। अपने शोक संदेश में अरुण साव ने कहा, "हैदराबाद के चारमीनार के पास हुए भयावह अग्निकांड की खबर से मन अत्यंत दुःखी है।  
    इस हृदयविदारक हादसे में जिन 17 लोगों ने अपनी जान गंवाई है, उनके प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।" उन्होंने आगे कहा, "ईश्वर पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा इस दुखद घड़ी में शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करें। साथ ही, हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की मैं कामना करता हूं।" इस भीषण हादसे को लेकर पूरे देश में शोक की लहर है, वहीं राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।

  • कुख्यात लुटेरा रतन लकड़ा पिस्टल के साथ गिरफ्तार

    18-May-2025

    पत्थलगांव। ऑपरेशन अंकुश के तहत जशपुर पुलिस ने कुख्यात फरार लुटेरा रतन लकड़ा को गिरफ्तार किया है। उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर कट्टे की नोंक पर 3 लूट की घटना को अंजाम दिया है। आरोपी रतन के विरुद्ध सन्ना,कोरबा, बतौली, लखनपुर व सीतापुर थाने में चोरी और लूट के 16 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। जिसमें कुछ प्रकरणों में पूर्व में जेल भी जा चुका है। यह इतना शातिर लूटेरा है कि कई बार लोकेशन बदल पुलिस को चकमा दे चुका था। पुलिस ने एंबुस लगाकर फिल्मी स्टाइल में इसे पकड़।
    आरोपी के कब्जे से 1 देशी कट्टा जप्त किया गया है। लूट में शामिल रतन के 2 साथियों को पुलिस द्वारा पूर्व में गिरफ्तार कर जेल की सलाखो के पीछे भेजा जा चुका है। प्रार्थी ने थाना बगीचा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मारोल के साप्ताहिक बाजार में वह गल्ला खरीदने गया था, दोपहर में जब वह दुकान पर अकेले था, उसी समय तीन अज्ञात व्यक्ति बाइक से आए और उनमें से 2 लोगों ने कट्टे की नोंक पर पैसा वाला बैग को जिसमे 46700 रुपए था और उसके मोबाइल को लूटकर भाग गए। उसी दिन एक और प्रार्थी ने भी थाना बगीचा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी .
    सुबह सुबह कंपनी के काम से ग्राम गुरमाकोना गया था। उसी दौरान 3 अज्ञात व्यक्ति बाइक से आए और कट्टा दिखाकर उसके पर्स में रखा 1800 रुपए और मोबाइल को लूटकर भाग गए। उक्त रिपोर्ट पर थाना बगीचा में लूट के लिए बीएनएस की धारा 309(4) तथा 25,27 आम्र्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया था। ग्राम अलोरी सोनक्यारी में भी एक व्यापारी से कट्टा दिखाकर करीब 45000 रुपए लूटकर ले गए थे जिसकी रिपोर्ट सोनक्यारी चौकी में दर्ज की गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के नेतृत्व में आरोपियों की पातासाजी के लिए पुलिस की 5 टीम गठित की गई थी। जिनके द्वारा मामले के एक आरोपी अमेरिकन पैंकरा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है और दूसरे आरोपी धनेश्वर को  
    कोरबा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है। पूर्व में गिरफ्तार आरोपी अमेरिकन पैंकरा की निशानदेही पर जशपुर पुलिस लूट के तीसरे आरोपी रतन लकड़ा की खोजबीन कर रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह द्वारा फरार आरोपी रतन की गिरफ्तारी हेतु पुलिस की 3 टीम गठित की गई थी मुखबिर के जरिए खबर मिली कि फरार आरोपी रतन लकड़ा का सोनक्यारी निवासी कमल कुजूर व नारायणपुर के अशोक नाम के व्यक्ति से जेल में रहने के दौरान दोस्ती हुई थी, जिसे ध्यान में रख पुलिस कमल कुजूर व अशोक के ऊपर नजर रखे हुई थी। 17 मई को तीनों लोग बाइक से बेने नारायणपुर के रास्ते होते हुए सोनक्यारी की तरफ जा रहे हैं व टेक्निकल टीम द्वारा दिए गए इनपुट भी मुखबिर की सूचना से मेल खा रहे थे-

Top