बालोद: बालोद के पूर्व भाजपा विधायक प्रीतम साहू को लेने एयरपोर्ट जा रही कार ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। जिससे दो युवक घायल हो गए। घटना बुधवार सुबह 8 बजे की है। लालपुर निवासी नरेंद्र साहू (19) और सूरज साहू (16) अपने बाइक से भूतेश्वर महादेव की दर्शन के लिए गरियाबंद जा रहे थे, वहीं दूसरी ओर से बालोद के पूर्व विधायक को लेने ड्राइवर और सुरक्षाकर्मी माना एयरपोर्ट जा रहे थे। इसी दौरान माना बस्ती से पहले सिग्नल के पास जबरदस्त टक्कर हो गई। इस घटना में दोनों युवकों के पैर फैक्चर हो गए तो वहीं कार भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायल के परिजनों का कहना है कि कार इतनी स्पीड में था कि पीछे बैठा सूरज साहू उछलकर डिवाइडर के दूसरी ओर जा गिरा। जिसे आनन-फानन में पचपेड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची माना पुलिस ने कार और बाइक को जब्त कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, यह कार भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं संजारी बालोद विधानसभा के पूर्व विधायक प्रीतम साहू की है। वे दिल्ली के एक विवाह समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। उन्हें एयरपोर्ट लेने जा रही गाड़ी से हादसा हुआ है। इस हादसे के बाद पूर्व विधायक ने घायलों के बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों से संपर्क किया। वहीं परिजनों को भी बेहतर इलाज करवाने का आश्वासन दिया।
कोरबा। बढ़ते अपराधों को रोकने के लिए पुलिस ने नया आदेश जारी किया है। मकान मालिकों को अब किरायेदारों की पूरी जानकारी पुलिस को देनी होगी। कोरबा सीएसपी भूषण एक्का के मुताबिक, औद्योगिक नगरी होने के कारण बाहर से आने वाले मजदूरों की संख्या अधिक है। मकान मालिकों को किरायेदारों का आधार कार्ड, पैन कार्ड, फोटो और स्थाई पता थाना में जमा करना होगा। इसके लिए एक विशेष प्रारूप तैयार किया गया है। पुलिस किसी भी समय, दिन या रात में, थाना क्षेत्र में पूछताछ कर सकती है। जांच में अगर किरायेदारों की जानकारी नहीं मिली तो मकान मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह नियम होटल, लॉज और रैन बसेरा संचालकों पर भी लागू होगा। उन्हें भी अपने यहां ठहरने वाले लोगों की जानकारी देनी होगी। लापरवाही बरतने पर उन पर भी कार्रवाई होगी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह कदम उठाया गया है। इससे अपराध पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और किसी घटना की जांच में भी सहायता मिलेगी।
धमतरी। पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय ने सभी थानों में गुम मोबाईल के लिए "ऑपरेशन मोबाईल तलाश" चलाकर गुम मोबाईल रिकवर करने के निर्देश दिये गये हैं। जिस पर धमतरी पुलिस थाना सिटी कोतवाली धमतरी द्वारा ऑपरेशन मोबाईल तलाश अभियान के तहत चार गुम हुऐ मोबाइलों को तकनीकी टीम द्वारा खोज निकालकर उनके मालिकों को उपलब्ध कराए। मामला कुछ इस प्रकार है की थाना सिटीकोतवाली द्वारा कई लोगों द्वारा मोबाइल फोन खोने के संबंध में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। कोतवाली पुलिस टीम ने इस सूचना पर काम करते हुए टेक्नोलॉजी की सहायता ली और 04 मोबाइल फोन बरामद कर लिए। जिसके बाद आज सभी मोबाइल फोन स्वामियों को थाना कोतवाली बुलवाकर उनको उनके मोबाइल लौटा दिए। मोबाइल पाकर इन सभी लोगों ने धमतरी पुलिस कोतवाली का आभार व्यक्त किया और कहा हम अपना मोबाइल फोन पाकर काफी खुश हैं। उक्त मोबाईल रिकवर करने वाले टीम में कोतवाली से प्रआर. यशवंत भुआर्य, डिलेश्वर कुजुर,आरक्षक रवि चेलक,खोलेश्वर रावत का विशेष योगदान रहा।
रायपुर। राज्य शासन द्वारा महतारी वंदन योजना की 12वीं किश्त की राशि जारी कर दी गई है, जिसके अंतर्गत 69 लाख 53 हजार 994 महिला हितग्राहियों के बैंक खातों में 650.32 करोड़ रुपए की राशि का अंतरण किया गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार महतारी वंदना योजना के तहत फरवरी माह में बालोद जिले में 2,50,768 हितग्राहियों को 23.10 करोड़ रुपए, बलौदा बाजार जिले में 3,27,476 हितग्राहियों को 30.97 करोड़ रुपए और बलरामपुर जिले में 2,13,300 हितग्राहियों को 19.79 करोड़ रुपए की राशि प्रदान की गई। इसी प्रकार बस्तर जिले में 1,91,609 हितग्राहियों को 18 करोड़ 87 हजार रुपए, बेमेतरा जिले में 2,52,906 हितग्राहियों को 23.96 करोड़ रुपए और बीजापुर जिले में 38,273 हितग्राहियों को 3.67 करोड़ रुपए की राशि का वितरण किया गया। बिलासपुर जिले में 4,22,741 हितग्राहियों को 39.54 करोड़ रुपए, दंतेवाड़ा जिले में 54,579 हितग्राहियों को 5.16 करोड़ रुपए और धमतरी जिले में 2,34,046 हितग्राहियों को 21.76 करोड़ रुपए की सहायता दी गई। दुर्ग जिले में 4,02,211 हितग्राहियों को 38.33 करोड़ रुपए और गरियाबंद जिले में 1,81,791 हितग्राहियों को 16.75 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में 95,401 हितग्राहियों को 8.72 करोड़ रुपए की सहायता राशि मिली। जांजगीर-चांपा जिले में 2,88,420 हितग्राहियों को 26.91 करोड़ रुपए, जशपुर जिले में 2,30,609 हितग्राहियों को 21.50 करोड़ रुपए और कबीरधाम जिले में 2,53,149 हितग्राहियों को 23.53 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया। कांकेर जिले में 1,83,279 हितग्राहियों को 17.46 करोड़ रुपए, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में 1,16,472 हितग्राहियों को 10.99 करोड़ रुपए, और कोंडागांव जिले में 1,39,784 हितग्राहियों को 13.08 करोड़ रुपए की राशि प्रदान की गई। कोरबा जिले में 2,93,353 हितग्राहियों को 27.34 करोड़ रुपए, कोरिया जिले में 59,625 हितग्राहियों को 5.62 करोड़ रुपए और महासमुंद जिले में 3,22,519 हितग्राहियों को 30.11 करोड़ रुपए की राशि का वितरण हुआ।मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में 1,00,895 हितग्राहियों को 9.70 करोड़ रुपए, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में 81,831 हितग्राहियों को 7.59 करोड़ रुपए और मुंगेली जिले में 2,12,511 हितग्राहियों को 19.44 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की गई। नारायणपुर जिले में 27,258 हितग्राहियों को 2.54 करोड़ रुपए, रायगढ़ जिले में 3,03,934 हितग्राहियों को 27.72 करोड़ रुपए और रायपुर जिले में 5,31,558 हितग्राहियों को 51.19 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की गई। राजनांदगांव जिले में 2,56,724 हितग्राहियों को 24.22 करोड़ रुपए, सक्ती जिले में 1,98,777 हितग्राहियों को 18.22 करोड़ रुपए और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में 1,89,156 हितग्राहियों को 16.67 करोड़ रुपए की राशि हस्तांतरित की गई। सुकमा जिले में 52,065 हितग्राहियों को 4.91 करोड़ रुपए, सुरजपुर जिले में 2,15,518 हितग्राहियों को 20.29 करोड़ रुपए और सरगुजा जिले में 2,31,456 हितग्राहियों को 21.38 करोड़ रुपए की राशि का अंतरण किया गया। महतारी वंदन योजना से हमारी माताओं और बहनों के चेहरे पर आई मुस्कान हमारे कार्य की सार्थकता : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश भर में हम लगभग 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ दे रहे हैं। एक साल में हमारी सरकार ने कोंडागांव जिले के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये और इस पर तेजी से क्रियान्वयन किया है। इसी कड़ी में आज हमने यहां 288 करोड़ रुपए के 168 कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन किया है। इन कार्यों में 208 करोड़ रुपए की राशि के 130 कार्यों का लोकार्पण एवं 80 करोड़ रुपए के 38 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। साथ ही इस मौके पर हम 58 लाख रुपए की राशि के हितग्राहीमूलक कार्यों के चेक और सामग्री भी वितरण कर रहे हैं। इसमें कोंडागांव जिले की 1 लाख 28 हजार माताओं-बहनों को योजना का लाभ मिल रहा है। माताएं-बहनें इस योजना का उपयोग बहुत कुशलता से कर रही हैं।
रायपुर। रायपुर के माना बाल सुधार संप्रेषण गृह से 4 नाबालिग फरार हो गए हैं। इस मामले में संप्रेषण गृह प्रबंधन की लापरवाही इस कदर है कि अभी तक पुलिस थाने में लिखित शिकायत तक नहीं दी गई है। जिससे भागने का तरीका पता चल सके। हालांकि माना पुलिस को इसकी मौखिक सूचना मिलते ही नाबालिगों की तलाश शुरू हो गई है। संप्रेषण गृह से गंभीर मामलों के आरोपी नाबालिगों के भागने से लगातार सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना मंगलवार रात करीब साढ़े 8 बजे की है। 4 नाबालिग रात में भोजन के बाद मौका पाकर संप्रेषण गृह से भाग गए। इस दौरान वहां पर कर्मचारी भी मौजूद थे। उसके बावजूद सुरक्षा में लापरवाही हुई। जिस वजह से नाबालिग भागने में सफल हो गए। जब उनकी गिनती की गई तो संख्या कम मिली। जिसके बाद प्रबंधन को जानकारी मिली। चार नाबालिगों में तीन स्थानीय रायपुर के रहने वाले हैं जबकि एक ओडिसा का है। ये आरोपी गंभीर मामलों में बंद थे।
रायगढ़ में सड़क दुर्घटना में 4 लोग घायल हो गए। घायल सक्ती जिला के रहने वाले थे और उत्तरप्रदेश प्रयागराज कुंभ मेला गए थे। जहां से स्कॉर्पियो वाहन में सवार हो कर लौट रहे थे। तभी ट्रक चालक ने सामने से टक्कर मार दिया। घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक सक्ती जिला के ग्राम गिरगिरा का रहने वाला भूपेन्द्र साहू 28 साल वाहन चलाने का काम करता है। करीब तीन दिन पहले गांव के अपने दोस्त व रिस्तेदारों के साथ स्कॉर्पियो वाहन में सवार होकर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज कुंभ मेला गया हुआ था। मंगलवार को भूपेन्द्र साहू, लता पटेल, डाॅली पटेल व शंकर दास महंत स्कॉर्पियो वाहन से वापस अपने घर लौट रहे थे। तभी जब वे लोग लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम फुलीकुंडा खड़ीपहाड बजरंगबली मंदिर मोड़ के पास पहुंचे थे, तो सामने से आ रही ट्रक सीजी 04 एलटी 7032 के चालक ने स्कॉर्पियो को ठोक दिया। इससे स्कॉर्पियो के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है और स्कॉर्पियो में सवार चारो लोग घायल हो गए, लेकिन लता पटेल व डाॅली पटेल को गंभीर चोट पहुंची।
जांजगीर-चांपा। पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्यवाही की है। थाना शिवरीनारायण मेला क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग कार्यवाही के दौरान 09 व्यक्तियों को शराब पीकर वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। इन सभी के खिलाफ धारा 185 मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और वाहनों को जप्त कर लिया गया है¹। इस कार्यवाही के पीछे पुलिस का मकसद सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला (IPS) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के निर्देशन में यातायात पुलिस जांजगीर चांपा द्वारा जिले में सड़क दुर्घटना में कमी लाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार मोटर अधिनियम के तहत कार्यवाही की जा रही है। पुलिस ने वाहन चालकों को समझाईस दी है कि वे भविष्य में यातायात नियमों का पालन करें और शराब पीकर वाहन न चलाएं।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के दो सबसे बड़े शहरों रायपुर और बिलासपुर में कामकाजी महिलाओं की सुरक्षित एवं सस्ते आवास की बड़ी जरूरत जल्द पूरी होगी। केन्द्रीय वित्त मंत्रालय ने राज्यों के लिए विशेष पूंजीगत सहायता योजना के अंतर्गत रायपुर, बिलासपुर और नया रायपुर में छह कामकाजी महिला छात्रावासों के लिए 202 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। इस राशि से रायपुर नगर निगम द्वारा तेलीबांधा और टाटीबंध में 250-250 सीटर तथा भैंसथान में 223 सीटर महिला छात्रावास बनाए जाएंगे। वहीं बिलासपुर के तिफरा और सिरगिट्टी में सीएसआईडीसी द्वारा 224-224 सीटर छात्रावास का निर्माण किया जाएगा। नया रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण नया रायपुर में एक हजार सीटर छात्रावास बनाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शहरों में कामकाजी महिलाओं के सुरक्षित एवं सस्ते आवास के लिए राशि मुहैया कराने भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सुशासन के साथ-साथ महिला सशक्तीकरण तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य को हासिल करने राज्य शासन ने वर्किंग वीमेन हॉस्टल बनाने के लिए भारत सरकार को प्रस्ताव प्रेषित किया था।उन्होंने इसकी मंजूरी मिलने पर राज्य की महिलाओं की ओर से भारत सरकार को धन्यवाद ज्ञापित किया है। उन्होंने कहा कि छात्रावासों के निर्माण से तीनों शहरों में कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित आवास मिलेगा। केन्द्रीय वित्त मंत्रालय द्वारा विशेष पूंजीगत सहायता के तहत नया रायपुर में एक हजार सीटर महिला छात्रावास के लिए 103 करोड़ 22 लाख रुपए, रायपुर के टाटीबंध और तेलीबांधा में 250-250 सीटर छात्रावास के लिए क्रमशः 15 करोड़ 10 लाख रुपए और 15 करोड़ पांच लाख रुपए मंजूर किए हैं। रायपुर के ही भैंसथान में 223 सीटर छात्रावास के लिए 17 करोड़ 23 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। भारत सरकार द्वारा बिलासपुर के तिफरा और सिरगिट्टी में 224-224 सीटर छात्रावास के लिए क्रमशः 26 करोड़ 15 लाख रुपए और 25 करोड़ 25 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं।
दुर्ग। भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशानुसार महिलाओं के लिए वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम -वित्तीय समझदारी, समृद्ध नारी, वित्तीय साक्षरता सप्ताह का आयोजन जिला अग्रणी बैंक कार्यालय दुर्ग द्वारा ग्रामीण क्षेत्र जामगांव आर, करंजा भिलाई में किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को बजट, बचत एवं जिम्मेदारीपूर्ण उधार, सामान्य बैंकिंग, एटीएम का इस्तेमाल, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, लोन, क्रेडिट स्कोर, जमा योजनाओं, सुरक्षा बीमा, जीवन ज्योति बीमा, सचेत पोर्टल, विविधीकरण, डिजिटल धोखाधड़ी एवं बचाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही 14448 आरबीआई बैंकिंग लोकपाल एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में बताया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न सेवाओं, योजनाओं आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दिया गया। इस शिविर में मुख्य रूप से दुर्ग एलडीएम प्रकाश राव, वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षक लेखराम ध्रुव, विभागीय अधिकारियों के साथ प्रशिक्षु महिलाएं उपस्थित रहीं।
बिलासपुर। स्वर्णिम ईरा कॉलोनी में घटित एक नाबालिक बालिका की हत्या के मामले को सुलझाने मे बिलासपुर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। घटना की सूचना मिलने के 03 घण्टे के भीतर पुलिस द्वारा हत्या के आरोपी नाबालिक बालक को हिरासत में लेकर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भापुसे) को घटना की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। आज दिनांक 25.02.2025 को 10.20 बजे थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय को मोबाईल फोन के माध्यम से सूचना प्राप्त हुआ कि स्वर्णिम ईरा कॉलोनी सरकडा मे 01 नाबालिक बालिका उम्र करीब 05 वर्ष कल दिनांक 24.02.2025 के शाम करीब 07.00 बजे अपने घर से बिना बताए कहीं चली गयी थी। उसका शव आज दिनांक 25.02.2025 को स्वर्णिम ईरा कॉलोनी में निर्माणाधीन मकान क्र. 80 में मिला है। सूचना प्राप्त होते ही निरीक्षक निलेश पाण्डेय द्वारा घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दिया गया। घटना की गम्भीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भापुसे) अपने मातहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसीसीयू अनुज कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा सिध्दार्थ बघेल, प्रभारी एफएसएल यूनिट, प्रभारी फिंगरप्रिंट, प्रभारी डाग स्क्वाड एवं थाना प्रभारी सरकंडा निरी निलेश पांडेय एवं पुलिस टीम को तत्काल घटना स्थल के लिए रवाना किया गया एवं स्वयं घटना स्थल पर पहुंचे, घटना स्थल पर मौजूद साक्ष्यों का वैज्ञानिक पध्दति से संकलन एवं अज्ञात आरोपी के पता तलाश हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। मामले में अज्ञात आरोपी के विरूध्द अपराध धारा 103 (1) भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 194 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के अंतर्गत मर्ग पंजीबध्द कर विवेचना प्रारम्भ किया गया। घटना स्थल के निरीक्षण पर पाया गया कि स्वर्णिम ईरा कॉलोनी बिलासपुर मे जिस स्थान पर घटना घटित हुआ है वहां पर सैकड़ों मकान निर्माणाधीन है जिसमे 01 हजार से अधिक महिला पुरूष मजदूर अपने बच्चो के साथ रहकर काम करते है। जिस नाबालिक बालिका की हत्या हुई है उसके माता पिता भी मजदूरी करते है तथा कॉलोनी में ही बने मजदूरो के क्वार्टर में निवास करते है। घटना स्थल के निरीक्षण एवं तरीका वारदात् से पुलिस अधिकारियो को यह स्पष्ट हो गया था कि घटना को बाहर के आरोपी ने घटित नहीं किया है। बल्कि कॉलोनी मे रहने वाले ने ही घटना घटित किया है इस आधार पर पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के दिशा निर्देश एवं मार्गदर्शन में कुल 05 टीमो का गठन किया गया। इनमे से 03 टीमो को कॉलोनी में रहने वालो मजदूरो एवं उनके बच्चों से पूछताछ करने हेतु, 01 टीम को कॉलोनी लगे सीसीटीवी के अवलोकन हेतु एवं 01 टीम को कॉलोनी में पूछताछ कर सूचना संकलन करने की जिम्मेदारी दिया गया। घटना के सबंध में पूछताछ एवं तस्दीक के दौरान कॉलोनी में कार्यरत मजदूर एवं अन्य व्यक्तियों के गोपनीय तरीके से शरीरिक जांच एवं गतिविधियो पर निगाह रखा जा रहा था। जांच टीम के द्वारा ऐसे 09 संदिग्धों की पहचान की गयी जिनका गतिविधि संदिग्ध प्रतीत हो रहा था एवं शरीर पर चोट खरोच के निशान दिखाई दे रहे थे। उन संदिग्धों से कड़ाई एवं बारिकी से पूछताछ किया गया। इसी बीच सीसीटीवी कैमरा के अवलोकन से नाबालिक मृतिका को 01 नाबालिग बालक हाथ पकड़कर घटना स्थल की ओर ले जाता हुआ दिखाई दिया। उक्त नाबालिक पूर्व से ही पहचान किए गए 09 संदिग्धो मे से एक था। इस आधार पर उक्त नाबालिग बालक से पूछताछ किया गया। जिसने घटना कारीत करना स्वीकार किया है। प्रकरण मे मृतिका एवं अपचारी बालक दोनो के नाबालिग होने के कारण बाल कल्याण अधिनियम मे निर्धारित प्रावधानों के अनुसार कार्यवाही किया जा रहा है। नाबालिग अपचारी बालक को हिरासत मे लिया गया है जिसे माननीय किशोर न्याय बोर्ड में प्रस्तुत किया जा रहा है। उक्त मामले को सुलझाने में थाना सरकंडा और एसीसीयू बिलासपुर के अधिकारी और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
दुर्ग। कृषि विज्ञान केन्द्र, पाहंदा (अ) दुर्ग द्वारा नर्सरी प्रबंधन पर 03 से 08 मार्च 2025 तक 6 दिवसीय निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में 18 से 40 वर्ष के ग्रामीण युवाओं को व्यवसायिक नर्सरी प्रबंधन पर प्रशिक्षण दिया जाना है। इच्छुक युवा प्रशिक्षण में सम्मिलित होने हेतु मोबाईल नंबर 9425213284 एवं 9669066314 पर कृषि विज्ञान केन्द्र पाहंदा (अ) दुर्ग से सम्पर्क कर सकते हैं।
बीजापुर। सुरक्षाबलों के लगातार दबाव के साथ जिले में चलाये जा रहे नियद नेल्ला नार योजना के तहत हो रहे विकास कार्यों और संगठन के भीतर बढ़ते आंतरिक कलह की वजह से नक्सली आत्मसमर्पण कर रहे हैं. इस कड़ी में कुल 23 लाख रुपए के ईनामी 4 माओवादी सहित कुल 9 माओवादियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया. आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों में PLGA बटालियन क्षेत्र में सक्रिय रूप से प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन में कार्यरत 8 लाख रुपए के ईनामी पार्टी सदस्य, AOB डिवीजन में कार्यरत 5 लाख के ईनामी एसीएम, जगरगुण्डा एरिया कमेटी एवं दक्षिण सब जोनल ब्यूरो में कार्यरत 5 लाख रुपए के ईनामी 2 एसीएम शामिल हैं. आत्मसमर्पित माओवादियों ने कहा कि वे समाज के मुख्यधारा में जुड़कर स्वच्छंद रूप से पारिवारिक जीवन जीना चाहते है. आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में जुड़ने वाले सभी माओवादियों को प्रोत्साहन स्वरूप 25-25 हजार रुपए नगद राशि प्रदान किया गया.
बलरामपुर। जिले के कुसमी राजपुर मार्ग के चिरई घाट पर चलती ट्रक में आग लग गई. वाहन से कूदकर चालक और परिचालक ने अपनी जान बचाई. हाइवा गिट्टी से लोडेड थी. आग लगने से वाहन के आगे का हिस्सा जलकर खाक हो गया. जानकारी के मुताबिक, गिट्टी लेकर आ रही हाइवा में चिरई घाट पर अचनाक आग लग गई. फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है. हादसे के बाद सड़क के दोनों तरफ लंबा जाम लग गया है. सूचना के बाद शंकरगढ़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची है.
रायपुर। राजधानी के सेन्ट्रल जेल में आज सुबह सुन्दर नजारा था बंदियों के लिए भावपूर्ण माहौल था, वे प्रयागराज के त्रिवेणी संगम से लाए जल से स्नान कर रहे थे। इसके साथ-साथ वे हर हर गंगे और हर हर महादेव के जयकारा लगा रहे थे। बंदियों ने इस आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ सरकार को धन्यवाद दिया। छत्तीसगढ़ शासन एवं जेल प्रशासन की पहल पर केंद्रीय जेल रायपुर में बंदियों को प्रयागराज महाकुंभ से प्राप्त पवित्र गंगाजल से आज सुबह सामूहिक स्नान कराया गया। बंदियों में महाकुंभ के जल से पवित्र स्नान के बाद श्रद्धा एवं प्रसन्नता के भाव नजर आए। बंदियों ने कहा ऐसा अनुभव हुआ जैसे कि वे स्वयं महाकुंभ मेले के पवित्र संगम में आस्था की पवित्र डुबकी लगा रहे हो।
रायपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व एवं उपमुख्यमंत्री नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग अरूण साव के मार्गदर्शन में राज्य शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की मंशा अनुसार रायपुर जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में नगर निगम रायपुर द्वारा जिला पुलिस प्रशासन, यातायात पुलिस के साथ मिलकर रायपुर जिला कलेक्टर एवं नगर निगम प्रशासक डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेशानुसार एवं नगर निगम आयुक्त अविनाश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशानुसार राजधानी शहर रायपुर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख चौराहो को नागरिको को सुगम और सुव्यवस्थित यातायात दिये जाने चौको को सुव्यवस्थित करने का कार्य तेज गति से निरंतर प्रगति पर है। इस कम में नगर निगम जोन 4 लोककर्म विभाग के माध्यम से जोन 4 जोन कमिश्नर अरूण ध्रुव के निर्देशन में कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह, सहायक अभियंता दीपक देवांगन, उपअभियंता कुंदन साहू के सतत प्रयासो से जोन 4 के तहत राजीव गांधी चौक (पुराना फायर ब्रिगेड कार्यालय चौक) का यातायात सुगम और सुव्यवस्थित करने एवं वहां नागरिको को अधिकतर रहने वाले यातायात जाम की समस्या से निजात दिलवाने चौक को लगभग 3 मीटर चौड़ा करने का कार्य चौक में पुराने अनुपयोगी आईलैण्ड को जनहित में जनसुविधा हेतु सुगम यातायात देने हटाकर किया गया है। इससे राजीव गांधी चौक के बाये मोड की ओर यातायात काफी सुगम और सुव्यवस्थित हो गया है एवं नागरिको को इसके पूर्व यहां अधिकतर होने वाले यातायात जाम की समस्या से निजात मिल गया है। विभिन्न चौक चौराहो में व्यवहारिक आवश्यकतानुसार यातायात सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के कार्य की मॉनिटरिंग नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर संबंधित क्षेत्र के जोन कमिश्नरगण कार्यपालन अभियंताओं के साथ सतत कर रहे है।
बिलासपुर. छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सारंगढ़ उपजेल में कैदी से पिटाई और अवैध वसूली को लेकर लिए स्वत: संज्ञान लिया था. कोर्ट इस मामले को जनहित याचिका के रूप में स्वीकार याचिका पर लगातार सुनवाई कर रही है. हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रमेश कुमार सिन्हा और न्यायाधीश रविन्द्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच में आज सुनवाई हुई, जिसमें प्रदेश सरकार से हलफनामे पर इस पूरे मामले में जेलकर्मियों पर कार्रवाई को लेकर महाधिवक्ता ने जवाब दिया. वहीं पूर्व आदेश के परिपालन में बताया गया कि मामले में अभी तक 3 लोगों की जांच चल रही है. 2 लोगों को बरी किया गया है. अब हाईकोर्ट ने डीजीपी से 3 अप्रैल का समय देते हुए नया शपथ पत्र दाखिल करने का निर्देश दिया है. 15 जनवरी 2025 को सुनवाई के दौरान शपथपत्र में जवाब में कहा था कि 10 व्यक्तियों के विरुद्ध शुरू की गई जांच में, एक दोषी कर्मचारी के विरुद्ध जांच पूरी हो गई है और उसे दण्डित किया गया है. जबकि 3 मामलों में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की गई है और कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. इसके साथ ही 3 मामलों में जांच पूरी हो गई, जिसकी रिपोर्ट तैयार की जा रही है और 3 मामलों में जांच चल रही है. राज्य के अधिवक्ता को जांच रिपोर्ट की स्थिति और उठाए गए कदमों के संबंध में मामले में आगे हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया था. वहीं कोर्ट ने एक बार फिर सरकार को समय देते हुए 3 अप्रैल 2025 तक नया शपथ पत्र पेश करने निर्देश दिए हैं. बता दें, सारंगढ़ उपजेल में वसूली के लिए कैदी को टॉर्चर किये जाने का मामला उजागर हुआ था. जिस पर हस्तक्षेप याचिकाकर्ता दीपक चौहान और दिनेश चौहान ने अधिवक्ता प्रियंका शुक्ला के माध्यम से अपना पक्ष रखा था. सारंगढ़ उपजेल मामले में संलिप्त आरोपी जेलकर्मियों पर कार्रवाई को लेकर पुलिस महानिदेशक जेल से शपथपत्र में जवाब प्रस्तुत करने कहा था. अब शुरू हुई विभागीय जांच और कार्रवाई पर लगातार कोर्ट जवाब मांगकर निगरानी कर रहा है.
रायपुर। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के छापे के बाद सियासत गरमा गई है. नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने कहा कि ईडी के पास कोई सबूत नहीं है, सिर्फ नेताओं को परेशान करने का काम है. इस पर पलटवार करते हुए गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ईडी अपनी कार्रवाई कर रही है. जो भ्रष्टाचार में संलिप्त हैं, सबको जेल जाना चाहिए. नेता-प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने राजीव भवन में ईडी के छापे पर मीडिया से चर्चा में कहा कि सालभर से छापा ही छापा पड़ रहा है. ईडी के पास कोई सबूत नहीं है, सिर्फ नेताओं को परेशान करने का काम है, यह हमारे लिए दुख के विषय हैं. लोकतंत्र में ऐसी बात नहीं होनी चाहिए, इसकी निंदा करते हैं. वहीं नेता प्रतिपक्ष के सालभर से छापा पड़ने के आरोपों पर गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि उन्होंने जितना नोट छापा है, उसके विरुद्ध ये छापा है. शराब घोटाला छत्तीसगढ़ के बच्चे-बच्चे जानते हैं. ईडी का छापा वहां पड़ा है, जहां भ्रष्टाचार का पैसा लगा है. कोई व्यक्ति बड़ा है, तो उसके सामने कानून छोटा नहीं होता.
कुरुद। भखारा क्षेत्र के सिलौटी में करीब 15 साल से बंद खड़ा बीएसएनएल का टावर अब तक शुरू तो नही हो पाया है. लेकिन करीब 40 मीटर ऊंचे टॉवर के सपोर्टिंग एंगल, नट- बोल्ट गायब हो रहे हैं। असामाजिक तत्व धीरे- धीरे करके पूरे टॉवर को गायब करने की फिराक में है और विभाग को इसकी भनक तक नही है। जिला मुख्यालय से 25 किलोमीटर दूर कोर्रा क्षेत्र में उपभोक्ताओं को बीएसएनएल की सेवाएं देने के लिए विभाग ने 15 साल पहले सिलौटी के तालाब के पास जोरातराई मार्ग में बीएसएनएल का टावर लगाया गया था। टावर बनकर खड़ा भी कर दिया गया। जनरेटर लगाने के लिए पावर हाउस भी बनकर तैयार है, लेकिन टावर आज तक चालू नहीं हुआ है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि, विभागीय अधिकारियों को सूचना देने के बाद भी इस ओर पहल नहीं होने से उपभोक्ताओं में नाराजगी है। दूसरी ओर अब इस बंद खड़े टॉवर पर असमाजिक तत्व के लोगो की नजर लग चुकी है। वे सूनसान होने पर रात के समय टॉवर के नट-बोल्ट खोलकर कई क्विंटल लोहे का एंगल गायब कर चुके हैं
धमतरी जिले में आने वाले त्यौहार को मद्देनजर रखते हुए शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए,गुंडे बदमाशों पर लगातार कार्यवाही की जा रही हैं। इसी तारतम्य में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी धमतरी सुश्री नम्रता गांधी ने पुलिस अधीक्षक धमतरी श्री आंजनेय वार्ष्णेय की अनुशंसा पर जिले के एक और आदतन अपराधी को जिला बदर किया गया है। छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 5 (क) (ख) के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए जिले के एक और बदमाश प्रवीण कुमार सोनवानी पिता संतोष कुमार सोनवानी उम्र 23 वर्ष साकीन सिंधी धर्मशाला के पास आमापारा धमतरी को आगामी 01 वर्ष के लिए जिला धमतरी एवं समीपस्थ जिला रायपुर, बालोद, कांकेर, गरियाबंद, दुर्ग, कोण्डागांव की राजस्व सीमाओं से हट जाने (जिला बदर) का आदेश पारित किया है। जिला बदर किये गए बदमाश का नाम-:▪️ 01 प्रवीण कुमार सोनवानी पिता संतोष कुमार सोनवानी उम्र 23 वर्ष साकीन सिंधी धर्मशाला के पास आमापारा धमतरी, थाना-सिटी कोतवाली धमतरी,जिला धमतरी (छ.ग.) जिला दण्डाधिकारी सुश्री नम्रता गांधी द्वारा उक्त बदमाश प्रवीण कुमार सोनवानी को उपरोक्त जिलों की राजस्व सीमाओं से बाहर चले जाने एवं एक वर्ष की कालावधि के पहले सक्षम न्यायालय की अनुमति के बगैर प्रवेश नहीं करने के आदेश दिये गये हैं। उक्त आदेश का पालन नहीं करने पर उसे वैधानिक कार्यवाही कर/बल पूर्वक उपरोक्त जिले की सीमाओं से बाहर निकाल दिये जाने के निर्देश दिये गये हैं। यदि इसके बाद भी वह इस आदेश का उल्लंघन करे तो उसके विरूद्ध (छ०ग०) राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 के सुसंगत प्रावधानों के तहत कार्यवाही की जायेगी। वर्ष 2025 में अभी तक कुल जिला दंडाधिकारी के समक्ष 15 गुंडा बदमाशों के विरुद्ध जिला बदर के लिए प्रकरण प्रस्तुत किया गया है जिसमें से अब तक कुल 15 बदमाशों पर जिला बदर की कार्यवाही की जा चुकी है।
सड़क चिरचारी - ग्राम घोरतलाव निवासी राजू मंडावी का 23 फरवरी रविवार रात्रि को निधन हो गया । वह अपने पीछे भरापुरा परिवार छोड़ गए हैं। स्व . मंडावी सीएनआई संवाददाता थे । उनका अंतिम संस्कार ग्रह ग्राम घोरतलाव के मुक्तिधाम में किया गया । उनकी अंतिम यात्रा मे परिवार , मित्र एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में शामिल हुए ।
Adv