बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • डीलर सुसाइड मामले में रायपुर के कारोबारी के खिलाफ FIR दर्ज

    27-Feb-2025

    भिलाई। दुर्ग कोतवाली पुलिस ने हल्दीराम कंपनी के डीलर रविराज रंधावा खुदकुशी मामले में बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने कंपनी के सेल्स ऑफिसर सुनील अग्रवाल, हल्दीराम फूड्स के जोनल मैनेजर सचिन शर्मा और अनीश फूड प्राइवेट लिमिटेड रायपुर के मालिक विशाल अग्रवाल के खिलाफ केस दर्ज किया है। दुर्ग कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 21 अक्टूबर 2024 को हल्दीराम कंपनी के डीलर रविराज रंधावा (48) ने शिवनाथ नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने जब मामले की जांच की तो उन्हें नदी किनारे रविराज की एक कार CG 07 AE 0550 मिली, जिसके अंदर एक सुसाइड नोट मिला था। सुसाइड नोट में उसने लिखा था कि कंपनी के सेल्स ऑफिसर सुनील अग्रवाल, हल्दीराम फूड्स के जोनल मैनेजर सचिन शर्मा और अनीश फूड प्राइवेट लिमिटेड रायपुर के मालिक विशाल अग्रवाल उसे परेशान कर रहे है। इसके बाद पुलिस ने सुसाइड नोट की जांच कराई। जांच में पुलिस ने पाया कि सुसाइड नोट रविराज ने ही लिखा था। जिसके बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 108, 3(5) के तहत मामला दर्ज किया। 

  • मेडिकल कॉलेज जाने से डर रहे लोग, बंदरों के हमले से 7 लोग घायल

    27-Feb-2025

    रायगढ़। मेडिकल कॉलेज में आए दिन बंदरों का उत्पात देखने को मिल रहा है। बंदर पहाड़ से नीचे उतरकर नर्सिंग महाविद्यालय की ओर बैठ जाते हैं। ऐसे में जो छात्राएं वहां से गुजरती हैं, उन पर झपटते है। अब तक 6 से 7 लोगों को बंदरों ने काट लिया है। रायगढ़ मेडिकल कॉलेज गजमार पहाड़ के नीचे है। बंदर खाने की तालाश में पहाड़ से नीचे उतरकर मेडिकल कॉलेज और नर्सिंग महाविद्यालय तक पहुंचते हैं। जब किसी के हाथ में कुछ सामान ले जाते देखते हैं, तो उन पर झपट्टा मारते हैं। मेडिकल कॉलेज के अंदर स्थित नर्सिंग महाविद्यालय की छात्राएं बंदरों के होने पर परिसर से गुजरने पर भी डरती हैं। बताया जा रहा है कि, नर्सिंग महाविद्यालय के छत से भी बंदर भीतर आते थे। लेकिन अब उसे भी उनकी वजह से बंद रखना पड़ता है। यही नहीं महाविद्यालय के पीछे सुरक्षा के लिए कांटा तार भी लगाया गया था, लेकिन उससे भी बंदरों को कोई फर्क नहीं पड़ा। 

  • आग की चपेट में बारदाना गोदाम

    27-Feb-2025

    राजनांदगांव। संस्कारधानी के शंकरपुर स्थित बारदाना गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई है. घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची है. पुलिस की टीम भी मौजूद हैं. आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है. गोदाम राजेश देवांगन का बताया जा रहा है. गोदाम में पुराना बोरा रखा जाता है, जिसकी सिलाई की जाती है. आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है. भीषण आग के चलते धुएं का गुब्बार दूर-दूर से दिखाई दे रहा है. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है. आग लगने का कारण अज्ञात है. पुलिस घटना की जांच कर रही. 

  • जगदलपुर में जल संकट गहराया

    27-Feb-2025

    जगदलपुर। बस्तर की प्राणदायनी इंद्रावती नदी गर्मी की शुरुआत के साथ ही सूखने लगी है। चित्रकूट जलप्रपात की धारा कम हो गई है और शहर की बसाहटों के लिए पर्याप्त पानी नदी में उपलब्ध नहीं है। लंबे समय से छत्तीसगढ़ और उड़ीसा के बीच इंद्रावती नदी जल विवाद चल रहा है। दरअसल, इंद्रावती नदी उड़ीसा के नजदीक अपने सहायक जोरा नाला में धीरे-धीरे डायवर्ट होकर समाती जा रही है। बता दें कि, रिवर पायरेसी का यह देश में पहला मामला है जिसमें नदी अपना मूल प्रवाह बदलकर अपने सहायक नाले में समाती जा रही है। जिसके चलते बस्तर को अपने हिस्से का पानी नहीं मिल रहा है। 2003 में हुए समझौते के बाद केंद्रीय जल आयोग के निर्देश पर इस विवाद को सुलझाने के लिए विवादित स्थल पर 49 करोड़ रुपए की लागत से स्ट्रक्चर बनाया गया था। साल 2016 में यह स्ट्रक्चर पूरा हुआ और दावा किया गया कि, अब इंद्रावती जल विवाद का समाधान हो गया है,लेकिन हुआ कुछ नहीं तय यह हुआ कि, विवादित स्थल पर छत्तीसगढ़ और उड़ीसा को 50-50 प्रतिशत पानी मिलना चाहिए, लेकिन यह स्ट्रक्चर भी अब फेल हो गया है। 

  • बजट सत्र 2025 का आज तीसरा दिन, PWD PHE समेत उद्योग विभाग के मुद्दे उठेंगे

    26-Feb-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज तीसरा दिन है। आज प्रश्नकाल में PWD, PHE समेत उद्योग विभाग के मुद्दे उठेंगे। ध्यानाकर्षन में लंबित राजस्व मामलों पर चर्चा होगी। साथ ही धमतरी जिला अस्पताल अव्यवस्था पर भी चर्चा की जाएगी। वहीं आज और कल राज्यपाल के अभिभाषण पर भी चर्चा होगी। बता दें कि छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र सोमवार को राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ। यह 21 मार्च तक चलेगा। इस सत्र में कुल 17 बैठकें होंगी। राज्यपाल ने अभिभाषण के दौरान प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। राज्यपाल ने कहा कि, सरकार कारोबार को बढ़ावा देने के लिए प्रयत्नशील है। इसलिए कानून में बदलाव किया गया है जिसके तहत दुकानें अब 24 घंटे सातों दिन खुली रह सकेंगी। इससे न केवल कारोबार बढ़ेगा, बल्कि रोजगार के नए मौके पैदा होंगे। उपभोक्ताओं को भी सुविधा होगी। 

  • रायपुर निगम की नई मेयर मीनल चौबे आज लेंगी शपथ

    26-Feb-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की नई महापौर मीनल चौबे आज मेयर पद की शपथ लेने जा रही है। इनके साथ-साथ सभी 70 पार्षद भी शपथ लेंगे। मिली जानकारी के मुताबिक, रायपुर के इंडोर स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित किया गया है जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित कई मंत्री-विधायक मौजूद रहेंगे। दोपहर 3 बजे शपथ ग्रहण सम्हारोह होगा। महापौर मीनल चौबे शपथ के बाद MIC का गठन करेगी। बता दें कि, आपको बता दें कि रायपुर नगर निगम चुनाव में बीजेपी की मेयर प्रत्याशी मीनल चौबे 1 लाख 53 हजार 290 वोटों से जीती हैं। मीनल को 3 लाख 15 हजार 835 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी दीप्ति दुबे को 1 लाख 62 हजार 545 वोट मिले हैं। पूर्व महापौर एजाज ढेबर पार्षद पद का चुनाव 1529 वोट से हार गए हैं। हालांकि एजाज ढेबर की पत्नी अपने वार्ड में जीत गई हैं। एजाज ढेबर रायपुर नगर निगम के पूर्व मेयर हैं। 

  • कोरबा और सक्ती जिले में हाथियों का उत्पात, ग्रामीणों को अलर्ट किया गया

    26-Feb-2025

    कोरबा। वनमंडल कोरबा के कुदमुरा रेंज में घूम रहे 6 हाथियों ने तीन किसानों के धान की फसल को चौपट कर दिया। इस रेंज में दो हाथी धरमजयगढ़ वनमंडल से पहुंचे हैं, जो गितकुवारी के आसपास घूम रहे हैं। 6 हाथियों का झुंड चिकनीपाली के जंगल में है। यहां अब हाथियों की संख्या 14 हो गई है। करतला रेंज से हाथी सक्ती जिले से फिर वापस आ गए हैं। यह गांव दोनों जिले की सीमा में है। कुदमुरा क्षेत्र में किसान धान की फसल लेते हैं। ग्रामीणों को रात के समय रखवाली करने से मना किया गया है। इसकी वजह से ही फसल को चौपट कर रहे हैं। वनमंडल कटघोरा में 50 हाथी घूम रहे हैं। हाथियों का झुंड केंदई रेंज के चोटिया डंपिंग क्षेत्र में ही है। 

  • रायपुर में कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक कल

    26-Feb-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनावों में कांग्रेस की हार की समीक्षा के लिए 28 फरवरी को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक होगी. इसमें कार्यकारिणी सदस्यों के साथ प्रभारी सचिव जारिता लैतफलांग, संपत कुमार और सह प्रभारी विजय जांगिड़ भी मौजूद रहेंगे. नगरीय निकाय चुनावों में हार और पंचायत चुनाव में जीत के दावों को लेकर हो रही बैठक में एक बार फिर पीसीसी अध्यक्ष को हटाने की चर्चा के बीच होने वाली बैठक को अहम माना जा रहा है. निकाय चुनाव में हार के बाद कांगेस के कई नेताओं ने पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज के खिलाफ सीधे मोर्चा खोल दिया है. निकाय चुनाव में हार की बड़ी टिकट वितरण में गड़बड़ी को माना गया है, इसके लिए पार्टी में हावी गुटबाजी को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है. बैठक में इन सभी पर विचार करने के बाद संगठन को कैसे मजबूती प्रदान किया जाए, इस पर चर्चा हो सकती है. 

  • ट्रेलर ड्राइवर पर हमला, 2 भाइयों के खिलाफ FIR

    26-Feb-2025

    रायगढ़। एक ट्रेलर चालक की 2 भाइयों ने मिलकर पिटाई कर दी। ट्रेलर चालक कोयला अनलोड करने एमएसपी प्लांट पहुंचा था और गाड़ी आगे बढ़ाने की बात पर दोनों भाइयों ने व्हीलपाना और लात घूसों से उसके साथ मारपीट की। घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक भगवानपुर मोहल्ला में रहने वाला दीपक कुमार 36 साल पिछले सात सालों से किराए के मकान में रहकर अनूप रोड कैरियर में ड्राइवरी का काम करता है। मंगलवार को ट्रेलर में छाल से कोयला लोड करने के बाद दीपक एमएसपी प्लांट उसे अनलोड करने गया हुआ था। जहां प्लांट के गेट के पास ट्रेलर को खड़े किया था। तभी उसके पीछे खड़े ट्रेलर का चालक गोरखा निवासी विकास विश्वकर्मा और उसका भाई दीपक के पास पहुंचे और बार-बार ट्रेलर को आगे बढ़ाने के लिए कहने लगे। तब दीपक ने बताया कि आगे दूसरी गाड़ी बढ़ेगी, तो मैं आगे कर दूंगा, लेकिन वे नहीं माने और विकास और उसके भाई ने दीपक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। साथ ही जान से मारने की धमकी भी देने लगे। दीपक ने जब उन्हें गाली-गलौज करने से मना किया, तो विकास विश्वकर्मा ट्रेलर का चक्का खोलने वाला व्हीलपाना लेकर आया और मारपीट शुरू कर दी। घटना के बाद किसी तरह कोयला अनलोड कर घायल ने मामले की सूचना चक्रधर नगर थाना में दी। जहां पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2)- बीएनएस, 296- बीएनएस, 3(5)- बीएनएस, 351(3)- बीएनएस के तहत अपराध कायम कर उनकी पतासाजी शुरू कर दी है। 

  • बस्तर में बदलती तस्वीर: अब सड़क मार्ग से पहुंची बोर्ड परीक्षा की गोपनीय सामग्री

    26-Feb-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापना और सुरक्षा व्यवस्था की मजबूती का एक और सकारात्मक पहलू देखने को मिला है। जहां पहले नक्सली खतरे के कारण जगरगुंडा जैसे अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों में हेलीकॉप्टर के माध्यम से बोर्ड परीक्षा की गोपनीय सामग्री भेजी जाती थी, वहीं इस बार पहली बार सड़क मार्ग से यह सामग्री सुरक्षित रूप से पहुँचाई गई। सड़क मार्ग से परीक्षा सामग्री की सुरक्षित आपूर्ति सिर्फ एक प्रशासनिक सफलता नहीं, बल्कि यह बस्तर में बढ़ती सुरक्षा और शांति की झलक है। यह सिर्फ परीक्षा सामग्री पहुंचने की बात नहीं, बल्कि बस्तर अंचल में सुरक्षा और विश्वास की एक नई सुबह की दस्तक है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा मार्च के पहले सप्ताह से आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षाओं के लिए 18 परीक्षा केंद्रों में गोपनीय सामग्री भेजी गई। इनमें से 15 केंद्र संवेदनशील और 3 अति संवेदनशील घोषित किए गए थे। बावजूद इसके, प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर इतने आत्मविश्वास और नियंत्रण की स्थिति बनी कि पहली बार जगरगुंडा तक सड़क मार्ग से परीक्षा सामग्री भेजी गई।   बस्तर के सुदूर इलाकों में वर्षों तक नक्सली गतिविधियाँ बड़ी चुनौती बनी रहीं। लेकिन शासन-प्रशासन और सुरक्षा बलों के सतत प्रयासों से अब हालात तेजी से बदल रहे हैं। पहले जहाँ नक्सली खतरे के चलते जगरगुंडा में हवाई मार्ग से ही आवश्यक सामग्रियाँ भेजनी पड़ती थीं, वहीं अब सड़क मार्ग से सामग्री का सुरक्षित पहुँचाना इस बात का प्रमाण है कि इलाके में कानून व्यवस्था सुदृढ़ हो रही है। पुलिस और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से सड़कों का विस्तार, सुरक्षा बलों की तैनाती और विकास कार्यों के चलते बस्तर अब नई राह पर  आगे बढ़ रहा है। सभी 18 परीक्षा केंद्रों के लिए परीक्षा सामग्री निकटतम पुलिस थानों और चौकियों में सुरक्षित रखी गई है, जिससे परीक्षाओं को सुचारू रूप से संपन्न कराया जा सके। इस वर्ष हाई स्कूल पाकेला और हाई स्कूल तालनार को दो नए परीक्षा केंद्र के रूप में शामिल किया गया है। इस पूरे अभियान के दौरान माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर से आए अधिकारियों श्री मोहम्मद फिरोज, श्री नारायण नेताम, जिला शिक्षा अधिकारी जी आर मंडावी, समन्वयक केंद्र प्राचार्य पी. अनिल कुमार समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी और केंद्राध्यक्ष उपस्थित रहे। 

  • पेट्रोल पंप संचालकों को बड़ी राहत, अब नहीं लगेगा फूड लाइसेंस

    26-Feb-2025

    रायपुर। राज्य सरकार ने पेट्रोल पंप संचालकों की वर्षों पुरानी मांग पर बड़ा फैसला लिया है। अब पेट्रोल पंप के संचालन के लिए कलेक्टर से फूड लाइसेंस लेने और उसके नवीनीकरण की आवश्यकता नहीं होगी। सरकार ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव अन्बलगन पी. के आदेश के बाद इसे राजपत्र में प्रकाशित कर दिया गया है। पहले पेट्रोल पंप संचालकों को एक्सप्लोसिव लाइसेंस के साथ जिला प्रशासन के खाद्य विभाग से फूड लाइसेंस लेना पड़ता था और हर साल 4500 रुपये देकर इसका नवीनीकरण कराना जरूरी था। सरकार के इस फैसले से पेट्रोल पंप संचालकों को आर्थिक और प्रशासनिक रूप से राहत मिलेगी। इससे लाइसेंस नवीनीकरण में होने वाली दिक्कतें भी खत्म हो जाएंगी। 

  • लापरवाह एजेंसियों-ठेकेदारों पर होगी कड़ी कार्रवाई: कलेक्टर

    26-Feb-2025

    जशपुर। कलेक्टर रोहित व्यास ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में निर्माण एजेंसियों की समीक्षा बैठक लेकर विभागवार प्रगतिशील कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए उन्हें निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्याे में लापरवाही बरतने वाले एजेंसियों एवं ठेकेदारों पर कड़ी कार्यवाही करने हेतु भी निर्देशित किया। बैठक के दौरान कलेक्टर ने गृह निर्माण मंडल, जल संसाधन विभाग, सीजीएमएससी, विद्युत विभाग और आदिम जाति कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने विभागीय कार्यों की प्रगति को नियमित रूप से गूगल शीट पर अपडेट करें, ताकि वास्तविक स्थिति की निरंतर निगरानी की जा सके। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर हरिओम द्विवेदी, आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त संजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। 

  • कृषि उपज मंडी गोदाम में लगी भीषण आग, मचा हड़कंप

    26-Feb-2025

    भाटापारा। भाटापारा कृषि उपज मंडी के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे वहां रखा बारदाना जलकर राख हो गया. आग इतनी तेजी से फैली कि पास की दुकानों को भी चपेट में ले लिया. घटना के बाद मौके पर भाटापारा नगरपालिका की फायर ब्रिगेड नहीं पहुंच सकी, क्योंकि दमकल वाहन पहले से ही खराब पड़ा था, जिसकी वजह से बलौदाबाजार से फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ी। जिसके बाद दमकल कर्मियों की टीम लगातार आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटी हुई है. हालांकि, आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है. इस आगजनी की घटना में लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका है. इस घटना ने मंडी प्रशासन की लापरवाही को उजागर कर दिया है. गोदाम में सुरक्षा मानकों का पालन न करने की वजह से आग इतनी तेजी से फैला और सब चीज जलकर राख हो गए। 

  • 3 करोड़ का अवैध ट्रांजेक्शन, 97 लाख नकदी फ्रीज, 19 फ्रॉड गिरफ्तार

    26-Feb-2025

    बिलासपुर। ऑनलाइन साइबर फ्रॉड के अवैध लेन-देन में इस्तेमाल किए गए फर्जी बैंक अकाउंट (म्यूल अकाउंट) धारकों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. जांच में सामने आया कि इन म्यूल अकाउंट्स के जरिए करीब 3 करोड़ रुपये का अवैध ट्रांजेक्शन हुआ है. इस मामले में पुलिस ने एक पीओएस एजेंट (फर्जी सिम कार्ड बेचने वाला), कोटक महिंद्रा बैंक और एक्सिस बैंक के कर्मचारियों सहित कुल 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.  साथ ही म्यूल अकाउंट फ्राॅड के करीब 97 लाख रुपये फ्रीज किया गया है. आरोपियों ने दिल्ली, अलवर (राजस्थान) समेत कई स्थानों पर करीब 300 से अधिक साइबर ठगों को म्यूल बैंक अकाउंट और फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध करा रहे थे. बिलासपुर पुलिस की 10 टीमों ने 20 से अधिक स्थानों पर एक साथ छापा मारा और आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने साइबर क्राइम पोर्टल की रिपोर्ट, बैंक ट्रांजेक्शन, एक ही व्यक्ति के नाम पर कई बैंक अकाउंट, डिजिटल अरेस्ट, शेयर ट्रेडिंग फर्जी ऐप, क्रिप्टो करेंसी निवेश, गूगल रिव्यू टास्क, टेलीग्राम टास्क, बैंक केवाईसी अपडेट और गूगल सर्च से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की. इसी दौरान इन फर्जी खातों और साइबर ठगी से जुड़ी जानकारी सामने आई. जिसके बाद रेंज साइबर थाना बिलासपुर, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा विभिन्न थानों के 100 से अधिक पुलिसकर्मियों ने मिलकर यह कार्रवाई की. 

  • अब वाहनों पर दिखेगा ‘पशुओं पर दया करो” स्लोगन

    26-Feb-2025

    रायपुर। अब सड़कों पर दौड़ते सार्वजनिक परिवहन वाहनों पर पशु कल्याण से जुड़ा एक सशक्त संदेश नजर आएगा। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के सचिवों को निर्देश जारी किया है कि सभी बसों और सार्वजनिक वाहनों पर “Be Kind to Animals” (पशुओं पर दया करो) स्लोगन को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए। यह फैसला पशुओं के प्रति दयालुता बढ़ाने और सड़क पर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है।  श्रमण डॉ पुष्पेंद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र द्वारा 25 फरवरी 2025 को जारी अधिसूचना के मुताबिक संविधान के अनुच्छेद 51A {g} के तहत, हर नागरिक पर प्राकृतिक पर्यावरण और जीव-जंतुओं की रक्षा करने का कर्तव्य है। इसी उद्देश्य से पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 और वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 लागू किए गए हैं। अब इस संदेश को और प्रभावी बनाने के लिए, मंत्रालय ने सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश दिया है कि इस स्लोगन को 150 मिमी ऊंचाई के अक्षरों में बसों के बाहरी हिस्से पर लिखा जाए, ताकि यह आसानी से पढ़ा जा सके। इसे पेंट या स्टिकर के रूप में लगाया जा सकता है। आगामी 1 अप्रैल 2025 से यह नियम सभी सार्वजनिक परिवहन वाहनों पर लागू होगा। सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से लोगों में पशु कल्याण को लेकर जागरूकता बढ़ेगी और सड़क पर आवारा या घरेलू जानवरों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ेगी। 

  • बिना तारपोलिन से ढके, कच्चे माल, उत्पाद एवं अपशिष्ट परिवहन का मामला

    26-Feb-2025

    रायगढ़। कलेक्टर कार्तिकेया गोयल के निर्देशन में जिले में कच्चे माल, उत्पाद, अपशिष्ट परिवहन करने वाले वाहनों के द्वारा नियमों के पालन की जांच हेतु संयुक्त जांच दल गठित की गई है जिनके माध्यम से लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में गत दिवस संयुक्त दल द्वारा जांच करने पर विभिन्न वाहनों पर परिवहन नियमों के उल्लंघन करते पाए जाने पर कार्यवाही करते हुए 14 उद्योगों पर 10 लाख 51 हजार 850 रूपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई है।   क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी अंकुर साहू ने बताया कि कच्चे माल, उत्पाद, अपशिष्ट परिवहन करने वाले वाहनों का उपयुक्त प्रकार से कव्हर्ड किये जाने बाबत् स्टैण्डर्ड ऑपरेटिंग प्रोसिजर पालन की जांच करने हेतु गठित जिला स्तरीय जांच कमेटी द्वारा 15 से 21 फरवरी 2025 को रायगढ़ के चन्द्रपुर, कोडातराई, हमीरपुर, ढिमरापुर, तमनार, घरघोड़ा, पलगढ़ा सहित विभिन्न स्थानों पर परिवहनकर्ता वाहनों की सघन जांच की गई। पर्यावरण विभाग रायगढ़ द्वारा क्षतिग्रस्त वाहन द्वारा परिवहन करने, ट्रॉली में 5 से.मी. फ्री बोर्ड स्पेस नहीं होने, संबंधित नोडल का नाम वाहन पर नहीं होने एवं समुचित रूप से तारपोलिन से ढके बिना, कच्चे माल/उत्पाद/अपशिष्ट परिवहन करने पर पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई। 

  • कृषि विज्ञान केन्द्र रायगढ़ में किसानों ने देखा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण

    26-Feb-2025

    रायगढ़। बिहार के भागलपुर से 24 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किस्त जारी कर दी है। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कृषि विज्ञान केन्द्र, कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग रायगढ़ में आयोजित हुआ। जहां किसानों ने कार्यक्रम का लाईव प्रसारण देखा। इस दौरान रायगढ़ एवं सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के प्रगतिशील कृषक एवं कृषक महिलाएं उपस्थित रही पीएम किसान सम्मान निधि योजना का उद्देश्य भारत के किसानों को आर्थिक सहायता देना है,  ताकि उनकी आर्थिक स्थिति सुधर सके और उन्हें अपनी खेती करने में मदद मिले। इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 की रकम तीन किस्त में दी जाती है। ये पैसा उनको उनके बैंक खातों में सीधे ट्रांसफर किया जाता है। इसका मूल उद्देश्य किसान को उनके खर्चों में मदद देना, उनकी उपज में सुधार लाना, और उन्हें अपने जीवन यापन में आर्थिक सुधार देना है। ये योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा 2019 में शुरू हो गई थी और इसका लक्ष्य है कि किसानों को वित्तीय सहायता मिले। खास कर उन्हें, जो जमीन के मालिक नहीं होते या जो छोटे और मध्यम किसान होते हैं। पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किस्त का हस्तांतरण के तहत आयोजित कार्यक्रम में कृषकों के लिए विभिन्न कृषि संबंधी गतिविधियाँ और तकनीकी जानकारी प्रदान की गई। खासतौर पर कृषि विज्ञान केन्द्र, रायगढ़ द्वारा विभिन्न प्रदर्शनी इकाइयों का भ्रमण कराकर किसानों को नवीनतम कृषि विधियों और उन्नत तकनीकों से परिचित कराया गया। इसमें मशरूम उत्पादन, डेयरी, मुर्गी पालन, केचुआ खाद, मछली पालन, और मसाला फसलों जैसे धनिया, हल्दी और अदरक की वैज्ञानिक खेती का विस्तृत प्रदर्शन किया गया। डॉ.बी.एस. राजपूत ने इन इकाइयों के बारे में किसानों को जानकारी दी, जिससे उन्हें खेती के नए और उन्नत तरीकों के बारे में समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम में किसानों ने इन प्रदर्शनों की सराहना की और इसे  फायदेमंद बताया। ऐसे कार्यक्रम किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से अवगत कराते हैं, जिससे वे अपनी उत्पादन क्षमता में वृद्धि कर सकते हैं और लाभकारी तरीके से खेती कर सकते हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदीप कुमार श्रृंगी, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ रायगढ के द्वारा अपने उद्बोधन में राष्ट्रीय कृषि योजनाओं का कृषक ज्यादा से ज्यादा लाभ ले कर भारत को विकसित राष्ट्र बनानें में योगदान देने का आहवान किया। सुभाष सोनी, सहायक संचालक, कृषि एवं जैव प्रौद्यगिकी विभाग, रायगढ़ द्वारा विभागीय योजना के बारे में बताये एवं कृषि के नई तकनीक को अपनाने हेतु सलाह दिए। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक डॉ. मनीषा चौधरी, डॉ.के.के.पैकरा,डॉ.के.डी.महंत,डॉ. सी.पी.एस.सोलंकी, डॉ.के.एल.पटेल, आशुतोष सिंह एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी आदि उपस्थित थे। 

  • नशीली कफ सिरप के साथ रॉकी गिरफ्तार

    26-Feb-2025

    रायपुर। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय डॉ. लाल उमेद सिंह के दिशा निर्देश पर रायपुर पुलिस द्वारा नशे के विरूद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें रायपुर पुलिस के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों सहित प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड सायबर यूनिट को नशे का काला कारोबार करने वाले कारोबारियों की पतासाजी कर कार्यवाही करने एवं इस पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाने आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये है। जिस पर समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं एण्टी  क्राईम एण्ड सायबर यूनिट की टीम द्वारा मुखबीर लगाकर, पेट्रोलिंग व सूचना संकलन कर नशे का कारोबार करने वाले कारोबारियों के संबंध में सूचना एकत्रित की जा रही है। इसी तारतम्य में दिनांक 25.02.25 को एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की टीम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना टिकरापारा क्षेत्रांतर्गत कमल विहार स्थित कर्मा चौक पास एक व्यक्ति अपने पास प्रतिबंधित नशीली सिरप रखा है तथा कहीं जाने की फिराक में है। जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम डी.आर.पोर्ते, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राईम संदीप मित्तल, नगर पुलिस अधीक्षक पुरानी बस्ती राजेश देवांगन तथा उप पुलिस अधीक्षक क्राईम संजय सिंह द्वारा प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट थाना प्रभारी टिकरापारा को आरोपी को सिरप के साथ रंगे हाथ पकड़ने निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उक्त स्थान पर जाकर मुखबीर द्वारा बताये हुलिये के व्यक्ति की पतासाजी कर  चिन्हांकित कर पकड़ा गया। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम मोईन उर्फ रॉकी निवासी टिकरापारा रायपुर का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा उसके पास रखें बोरी की तलाशी लेने पर बोरी में प्रतिबंधित नशीली सिरप कोडिन रखा होना पाया गया, जिस पर मोईन उर्फ रॉकी से उक्त प्रतिबंधित नशीली सिरप रखने एवं परिवहन करने के संबंध में वैध दस्तावेज की मांग करने पर उसके द्वारा किसी प्रकार का कोई दस्तावेज प्रस्तुत ना कर टीम के सदस्यों को लगातार गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा था। जिस पर आरापी मोईन उर्फ रॉकी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कुल 70 शीशी प्रतिबंधित नशीली सिरप कोडिन खुदरा मूल्य लगभग 28,000/- रूपये जप्त कर आरोपी के विरूद्ध थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 155/25 धारा 21(सी) नारकोटिक एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही किया गया। गिरफ्तार आरोपी - मोईन उर्फ रॉकी पिता अब्दुल मोबीन उम्र 29 वर्ष निवासी मदनी चौक संजय नगर सलमान पान पैलेस के पास थाना टिकरापारा जिला रायपुर। 

  • पाई-पाई का हिसाब है'...ED के समन के बाद भड़के पीसीसी चीफ

    26-Feb-2025

    रायपुर: सुकमा और कोंटा के राजीव भवन निर्माण को लेकर ईडी के समन पर कांग्रेस पार्टी के नेताओं का पारा चढ़ा हुआ है. पीसीसी चीफ दीपक बैज ने ईडी की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए उल्टे भाजपा पर 15 साल की काली कमाई से कार्यालय के निर्माण का आरोप मढ़ा है. छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मीडिया से चर्चा में ईडी से 200 करोड़ की लागत से बने बीजेपी कार्यालय का हिसाब लेने की कही बात है. उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है. उन्होंने सेंट्रल एजेंसी पर भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया. बैज ने कहा कि विपक्ष में रहते हुए कार्यकर्ताओं के सहयोग और छेर-छेरा पुन्नी के दान से कांग्रेस भवन बना था. हमारे पास पाई-पाई का हिसाब है, उसकी जानकारी देंगे. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि क्या 5 स्टार होटल की तरह बने बीजेपी मुख्यालय के लिए ईडी बीजेपी से पूछताछ करेगी. 

  • महासमुंद जनपद के नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों को प्रदान किए गए प्रमाण पत्र

    26-Feb-2025

    महासमुंद। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी एस. आलोक ने आज 25 फरवरी को जिला पंचायत सभाकक्ष में महासमुंद जनपद पंचायत के नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों को आधिकारिक रूप से प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने सभी विजयी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दी। महासमुंद जनपद पंचायत में 23 फरवरी को तीसरे चरण का मतदान संपन्न हुआ था, जिसके बाद मतगणना की प्रक्रिया पूरी की गई। 25 फरवरी को जिला पंचायत सदस्य निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 1, 2, 3 व 4 का सारणीकरण कर विजयी प्रत्याशियों की आधिकारिक घोषणा की गई। 

Top