बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • IIM रायपुर में सभी विधायकों का होगा विशेष प्रशिक्षण

    23-Feb-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के बाद प्रदेश के विधायकों को भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विधायकों की क्षमता निर्माण और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। . इसके अलावा, विधायकों को लंदन या सिंगापुर जैसे देशों में भी ट्रेनिंग देने पर विचार किया जा रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण का उद्देश्य विधायकों को वैश्विक स्तर की प्रशासनिक और नीतिगत समझ विकसित करने में मदद करना है। IIM में विधायकों को नेतृत्व कौशल, नीति निर्माण और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी।अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विधायकों को विकसित देशों की नीतियों और संसदीय प्रक्रियाओं का अनुभव मिलेगा। यह प्रशिक्षण विधायकों की निर्णय लेने की क्षमता को और अधिक प्रभावी बनाएगा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम को लेकर अंतिम निर्णय जल्द लिया जाएगा और विधायकों को आधुनिक प्रशासनिक तकनीकों से अवगत कराया जाएगा। 

  • टमाटर का भाव गिरा, डेढ़ रुपए किलो में बेचने किसान मजबूर

    23-Feb-2025

    जशपुर। जिले को “टमाटर की राजधानी” कहा जाता है, लेकिन इस बार यहां के किसानों के लिए टमाटर की खेती घाटे का सौदा बनती जा रही है। लुड़ेग, झिमकी, चिकनिपानी और रेडे जैसे इलाकों में टमाटर की कीमतें इतनी गिर गई हैं कि किसान अपनी लागत तक नहीं निकाल पा रहे हैं। इस बार जशपुर की मंडियों में टमाटर के दाम 1 रुपये प्रति किलो तक गिर चुके हैं। किसान 30-40 रुपये प्रति कैरेट (25-30 किलो) टमाटर बेचने के लिए मजबूर हैं, जिससे उनकी लागत भी पूरी नहीं हो पा रही है। स्थिति यह हो गई है कि कई किसान टमाटर तोड़कर फेंकने को मजबूर हैं। बीते एक सप्ताह से मंडियों में टमाटर की मांग लगातार घट रही है। लुड़ेग और बागबहार की टमाटर मंडियों में बड़ी गाड़ियां माल लाने-ले जाने नहीं आ रही हैं। बाहरी राज्यों में टमाटर की आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिससे स्थानीय बाजारों में दाम और गिरते जा रहे हैं। करीब छह साल बाद टमाटर के भाव में इतनी बड़ी गिरावट देखी गई है। 

  • महिला ने बेटे संग मिलकर रावतपुरा कॉलोनी में की थी चोरी, तीन अरेस्ट

    23-Feb-2025

    रायपुर। चोरी मामले में मां - बेटे सहित तीन शातिर गिरफ्तार हुए है। अमर नन्हेट ने थाना टिकरापारा में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह रावतपुरा कालोनी फेस 02 टिकरापारा रायपुर में सपरिवार रहता है। प्रार्थी दिनांक 14.12.2024 को सपरिवार अपने ससुराल तिरोडा महाराष्ट्र गया था, कि दिनांक 18.12.2024 को प्रार्थी वापस आकर अपने घर के मेन गेट का ताला खोलकर अंदर जाकर देखा तो हाल के दरवाजा में लगा ताला टूटा हुआ था। कमरे का दरवाजा खोलकर देखा तो कमरे में रखा लोहे एवं प्लाई का आलमारी का ताला टूटा हुआ था एवं सामान बिखरा हुआ था आलमारी चेक करने पर उसमंे रखें सोने एवं चांदी के जेवरात, चांदी का कटोरी, चम्मच, मेहंदी सेट, सिक्के तथा नगदी रकम नहीं था। कोई अज्ञात चोर प्रार्थी के सूने मकान का ताला तोड़कर कमरे अंदर प्रवेश कर आलमारी में रखें उक्त मशरूका को चोरी कर ले गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना टिकरापारा में अपराध क्रमंाक 983/24 धारा 331(4), 305 बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण कर घटना के संबंध में प्रार्थी सहित आसपास के लोगों से विस्तृत पूछताछ कर अज्ञात आरोपी की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा घटना स्थल व उसके आसपास लगे सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेजों का अवलोकन करने के साथ ही प्रकरण में मुखबीर लगाकर भी लगातार अज्ञात आरोपी की पतासाजी कर चिन्हांकित करने के प्रयास किये जा रहे थे। अज्ञात आरोपियों की पतासाजी के संबंध में तकनीकी विश्लेषण करने के साथ ही चोरी के पुराने आरोपियों के संबंध में भी जानकारियां एकत्र कर उनके संबंध में तस्दीक कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखीं जा रहीं थी। इसी दौरान घटना में संलिप्त एक लड़के के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त होने के साथ ही यह भी जानकारी प्राप्त हुई कि लड़का पूर्व में भी चोरी एवं लूट के प्रकरण में निरूद्ध रह चुका है। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा लड़के की पतासाजी कर उसे पकड़ा गया, लड़का विधि के साथ संघर्षरत बालक है। पूछताछ में लड़के द्वारा अपनी मां अहिल्या बाई मानिकपुरी तथा अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया। जिस पर घटना में संलिप्त अहिल्या बाई मानिकपुरी तथा दूसरे लड़के को भी पकड़ा गया, जो विधि के संघर्षरत बालक है। पूछताछ में महिला आरोपी अहिल्या बाई मानिकपुरी द्वारा उक्त सूने मकान की रेकी कर तीनों के द्वारा मिलकर चोरी करना बताया गया। तीनों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर कब्जे से चोरी की सोने के जेवरात लगभग 04 तोला तथा चांदी के जेवरात लगभग 50 तोला जुमला कीमती लगभग 1,80,000/- रूपये जप्त कर तीनों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया। घटना में संलिप्त एक बालक पूर्व में चोरी एवं लूट के प्रकरणों में थाना टिकरापारा से तथा दूसरा बालक चोरी एवं मारपीट के प्रकरणों में थाना आजाद चौक से निरूद्ध रह चुके है। गिरफ्तार - 01. अहिल्या बाई मानिकपुरी पति अनिल दास मानिकपुरी उम्र 45 साल निवासी नई बस्ती मोती नगर थाना टिकरापारा रायपुर। 02. विधि के साथ संघर्षरत 02 बालक। 

  • पुलिस अधिकारी ने सरपंच प्रत्याशी का शराब पिया, सस्पेंड

    23-Feb-2025

    कोरबा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के दौरान एक पुलिस की चुनाव ड्युटी लगाई गई थी लेकिन वह अपना काम छोड़ प्रत्याशी के घर शराब पीने चला गया। कुसमुंडा थाने में पदस्थ एसआई दादू मईयर को ग्राम पंचायत पाली के नुनेरा गांव में चुनाव ड्यूटी पर तैनात किया गया था। जानकारी के मुताबिक, SI मईयर शराब के नशे में धुत अवस्था में एक प्रत्याशी के घर शराब पीने पहुंच गए। ग्रामीणों और दूसरे प्रत्याशी ने उन्हें वहां देख लिया। इसके बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। मामले की सूचना SP सिद्धार्थ तिवारी और चुनाव अधिकारी को दी गई। एसपी के निर्देश पर पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को समझाने के बाद एसआई को वहां से ले जाया गया। एसपी के आदेश पर एसआई का मेडिकल टेस्ट कराया गया। जांच में शराब का सेवन पाए जाने पर उन्हें तत्काल निलंबित कर दिया गया। 

  • घर से 4 लाख का शराब बरामद, बस्तर पुलिस ने ग्रामीण के यहां मारी रेड

    23-Feb-2025

    बस्तर। जिले में पुलिस ने 631.440 लीटर गोवा शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जिसकी कीमत करीब 4 लाख 65 हजार 820 रुपए है। बताया जा रहा है कि, तस्कर शराब को बस्तर के बाजार में खपाने की फिराक में था। लेकिन उससे पहले पुलिस ने पकड़ लिया। मामला भानपुरी थाना क्षेत्र का है। दरअसल, भानपुरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, जिले के नंदपुरा के डोंगरीपारा में एक घर में शराब रखी हुई है। जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने जवानों की एक टीम गठित की। टीम को मौके के लिए रवाना किया। जब उस ठिकाने में पहुंची, तो युवक लखेश्वर कश्यप भागने लगा। जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। पुलिस ने उससे पूछताछ की।   पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली, जहां कई पेटियों में करीब 631.440 लीटर गोवा शराब बरामद की गई। ये शराब MP की फैक्ट्री में बनी थी। जिसकी कीमत करीब 4 लाख 65 हजार 882 रुपए है। पुलिस ने शराब जब्त किया। साथ ही आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अफसरों की माने तो आरोपी युवक से पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेशकर जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि आखिर इतनी मात्रा में इसने शराब लाया कहां से है? शराब लाने का रूट कौन सा था? इस तस्करी में और कितने लोग शामिल हैं। मामले की जांच की जा रही है। 

  • रायपुर निगम में गंगाजल का छिड़काव कल परसों

    23-Feb-2025

    रायपुर। रायपुर निगम में गंगाजल का छिड़काव कल परसों किया जायेगा. रायपुर नगर निगम की नवनिर्वाचित महापौर मीनल चौबे और 70 पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह 27 फरवरी को इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में आयोजित किया जाएगा. यह भव्य समारोह दोपहर 3 बजे से शुरू होगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. इस समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, प्रभारी मंत्री केदार कश्यप, लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, विधायक सुनील सोनी, विधायक मोतीलाल साहू और विधायक पुरंदर मिश्रा सहित भाजपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहेंगे. रायपुर नगर निगम के चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत हासिल की है, और 15 साल बाद महापौर पद पर भाजपा का कब्जा हुआ है. मीनल चौबे शहर की दूसरी महिला महापौर के रूप में शपथ लेंगी. उनके साथ 70 वार्डों के नवनिर्वाचित पार्षद भी शपथ लेंगे, जिनमें से 60 प्रतिशत भाजपा के हैं, जबकि 7 कांग्रेस और 3 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए हैं. इस ऐतिहासिक जीत के बाद शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने की तैयारियां पूरी की गई हैं. शपथ ग्रहण के बाद रायपुर नगर निगम की पहली सामान्य सभा भी होगी, जिसमें सभापति का चुनाव किया जाएगा. भाजपा ने सभापति के चुनाव के लिए धरमलाल कौशिक को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है. महापौर मीनल चौबे के शपथ लेने के बाद एमआईसी का गठन होगा, और दस जोन के लिए एक-एक जोन अध्यक्ष की नियुक्ति की जाएगी. 

  • 4 कर्मचारी सस्पेंड, चुनावी ड्यूटी करने में बरती लापरवाही

    22-Feb-2025

    सक्ती। निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अमृत विकास तोपनो ने लेक्चरर और दो शिक्षकों के अलावा जल संसाधन विभाग के एक स्थल सहायक को निलंबित कर दिया है। बोदराम पटेल व्याख्याता एलबी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मड़वा विकासखंड डभरा के द्वारा त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जनपद पंचायत मालखरौदा के चुनाव में मतदान केंद्र क्रमांक 254 रनपोटा 02 में 20 फरवरी को पीठासीन अधिकारी के रूप में ड्यूटी के दौरान निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने, कृपासिंधु पटेल शिक्षक एलबी शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय पलसदा विकासखंड डभरा जिला सक्ती द्वारा त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जनपद पंचायत मालखरौदा के चुनाव में मतदान केंद्र क्रमांक 254 रनपोटा 02 में 20 फरवरी को मतदान अधिकारी क्रमांक–1 के रूप में ड्यूटी के दौरान निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अमृत विकास तोपनो ने निलंबित कर दिया है। लक्ष्मीकांत पटेल शिक्षक शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय कांशीडीह विकासखंड डभरा जिला सक्ती को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जनपद पंचायत मालखरौदा के चुनाव में मतदान केंद्र क्रमांक 254 रनपोटा 02 में 20 फरवरी को पीठासीन अधिकारी के रूप में ड्यूटी के दौरान निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अमृत विकास तोपनो ने निलंबित कर दिया है। सलीमुद्दीन शेख स्थल सहायक मिनीमाता बांगों परियोजना की ड्यूटी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जनपद पंचायत मालखरौदा के चुनाव में मतदान केंद्र क्रमांक 254 रनपोटा 02 में 20 फरवरी को मतदान अधिकारी क्रमांक–3 के रूप में ड्यूटी के दौरान निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अमृत विकास तोपनो ने निलंबित कर दिया है। 

  • कुरूद के पास बड़ा हादसा, तेज रफ्तार कार का बैलेंस डगमगाने से महिला की मौत

    22-Feb-2025

    धमतरी। शहर से गुजरने वाले नेशनल हाईवे 30 (NH-30) पर कुरूद थाना क्षेत्र के बिरेझर चौकी अंतर्गत कोड़ेबोड़ गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची बिरेझर चौकी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक, रविवार को जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने कोड़ेबोड़ गांव के पास पहले एक स्कूटी को टक्कर मारी, फिर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रहे ट्रैक्टर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बता दें कि इस सड़क दुर्घटना में कार सवार संध्या देवांगन (50 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार अन्य चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। 

  • अविवाहित युवती की प्रसव के दौरान मौत

    22-Feb-2025

    सरगुजा. मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर में जच्चे और बच्चे दोनों की मौत का मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक, जशपुर की युवती को डिलीवरी के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां जच्चे-बच्चे की मौत हो गई. इस मामले को लेकर मेडिकल कॉलेज अधीक्षक आरसी आर्य ने कहा, जशपुर से 19 वर्षीय अविवाहित युवती मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंची थी. डॉक्टर ने जांच के दौरान फाउल स्पेलिंग डिस्चार्ज होने पर तत्काल सपोर्टिव ट्रीटमेंट देने के बाद ऑपरेशन किया गया. ऑपरेशन के दौरान बच्चे की मौत पहले से हो चुकी थी. वहीं मरीज की हालत गंभीर बनी हुई थी, जिसे आईसीयू में शिफ्ट किया गया था. मरीज को बचाने के लिए पूरा प्रयास किया गया, लेकिन उसे नहीं बचाया जा सका. 

  • स्टंटबाजी करने वाले स्टूडेंट्स होंगे निलंबित, वाहन मालिकों के खिलाफ FIR दर्ज

    22-Feb-2025

    अंबिकापुर। कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों की विदाई के नाम पर अंबिकापुर शहर की सड़कों पर चार पहिया वाहन में स्टंट करने वाले आत्मानंद स्कूल बतौली के 11 विद्यार्थियों की पहचान कर ली गई है। इन सभी विद्यार्थियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्देश दिया गया है। संबंधित विद्यार्थियों के अभिभावकों को नोटिस जारी कर जवाब लेने के निर्देश प्राचार्य को दिए गए हैं। जबाब संतोषप्रद नहीं होने पर विद्यार्थियों के चरित्र प्रमाण पत्र पर इसका उल्लेख करने तथा आगामी परीक्षा से वंचित करने का भी निर्देश दिया गया है।  जिला शिक्षाधिकारी द्वारा जारी उक्त आदेश से विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक भी मुश्किल में फंस गए हैं। बुधवार को इंटरनेट मीडिया पर कुछ वीडियो प्रसारित हुए थे। यह वीडियो आत्मानंद स्कूल बतौली के विद्यार्थियों का बताया जा रहा था। तेजी से प्रसारित इन वीडियो में चार पहिया वाहनों में छात्र-छात्राएं शहर की सड़कों पर स्टंट करते नजर आ रहे थे। एकाध छात्रों के हाथ में शराब की बोतलें भी नजर आ रहीं थीं। कलेक्टर विलास भोसकर ने इसे गंभीरता से लिया था। उनके निर्देश पर जिला शिक्षाधिकारी अशोक सिन्हा ने बतौली आत्मानंद स्कूल के प्राचार्य से प्रतिवेदन मांगा था। प्राचार्य ने अपने प्रतिवेदन में स्कूल के बच्चों के शामिल होने की पुष्टि की थी। उनका दावा था कि विदाई समारोह औपचारिक रूप से दोपहर दो बजे तक आयोजित हुआ। उसके बाद बच्चों को घर जाने की सलाह देकर परीक्षा पूर्व तैयारी के लिए छुट्टी दे दी गई थी। उनके द्वारा प्रसारित वीडियो के आधार पर 11 बच्चों की पहचान सुनिश्चित की गई थी। इसी प्रतिवेदन के आधार पर जिला शिक्षाधिकारी अशोक सिन्हा ने बतौली आत्मानंद स्कूल के प्राचार्य को पत्र जारी कर अनुशासनहीनता के आरोप पर संबंधित विद्यार्थियों को विद्यालय से निलंबित तथा वार्षिक परीक्षा 2025 से वंचित करने आदेशित किया है। जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा ने स्वामी आत्मानंद स्कूल बतौली के प्राचार्य राजेश गुप्ता को पत्र जारी किया है।  इसमें उल्लेख किया है कि विद्यालय के कक्षा 12वीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों द्वारा अंबिकापुर शहर के रिंग रोड एवं राष्ट्रीय राजमार्ग में चार पहिया वाहन से स्टंट किया था। उनके हाथ में शराब की बोतल लहराने का वीडियो प्रसारित हुआ है। यह गंभीर अनुशासनहीनता, परिवहन विभाग के नियमों का उल्लंघन एवं कदाचरण की श्रेणी में आता है। इस अनुशासनहीनता से विभाग की छवि धूमिल हुई है। विद्यालय के प्रति जन सामान्य में असंतोष पनपा है। कलेक्टर सरगुजा के द्वारा भी घटना पर गहरी नाराजगी व्यक्त की गई है एवं घटना में शामिल विद्यार्थियों को विद्यालय से निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने प्राचार्य को आदेशित किया है कि जिन विद्यार्थियों की पहचान हुई है तत्काल उन्हें विद्यालय से निलंबित किया जाए। उनके अभिभावकों से स्पष्टीकरण लिया जाए। जवाब संतोषप्रद नहीं पाए जाने पर विद्यार्थियों के चरित्र प्रमाण पत्र में इसका उल्लेख किया जाए एवं आगामी परीक्षा में बैठने से वंचित किया जाए। 

  • मातृभाषा के संरक्षण एवं संवर्धन में युवाओं की भूमिका विषय पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित

    22-Feb-2025

    राजनंदगांव/ कॉन्फ्लूएंस कॉलेज की हिंदी विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना ईकाई के संयुक्त तत्वाधान में मातृभाषा दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के बीच निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित किया गया l

    प्रतियोगिता की थीम मातृभाषा के संरक्षण एवं संवर्धन में युवाओं की भूमिका पर विद्यार्थियों ने अपने-अपने विचार तथा वक्तव्य रखा l कार्यक्रम अधिकारी प्रो. विजय मानिकपुरी ने बताया कि इस दिवस को मनाने का उद्देश्य दुनिया भर में भाषायी और सांस्कृतिक विविधता और बहुभाषिता का प्रसार करना हैl भाषा की मनुष्य के जीवन में अहम भूमिका है भाषा के माध्यम से ही देश ही नहीं बल्कि विदेशों के साथ संवाद स्थापित किया जा सकता है l इसलिए विद्यार्थियों में प्रतियोगिता आयोजित किया गया l
    प्राचार्य डॉ. रचना पांडे ने कहा कि दुनिया भर में भाषा एक ऐसा साधन है जो लोगों को एक दूसरे से जोड़ता है और उनकी संस्कृति को प्रदर्शित करता हैl एक देश में कई मातृभाषा हो सकती है भारत में ही 122 ऐसी भाषाएं हैं जिनको बोलने वालों की संख्या 10000 से ज्यादा हैl भारत विविध संस्कृति और विभिन्न भाषाओं का देश है l
    आज विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता के माध्यम से संकल्प लिया अपने मातृभाषा के संरक्षण और संवर्धन काl
     भाषण एवं निबंध प्रतियोगिता में महाविद्यालय के बी.एड. चतुर्थ सेमेस्टर एवं द्वितीय सेमेस्टर के विद्यार्थी जिसमें उमाशंकर ,दिनेश दामिनी, गोपीका, सत्यम,रत्नेश कौशल्या ने भाषण प्रतियोगिता में देश की सांस्कृतिक विरासत उसकी भाषा एवं भाषायी ज्ञान पर अपने विचार रखें l
     उसी प्रकार निबंध प्रतियोगिता में नम्रता ,कौशल्या, शांति , जसमीत ,क्षमा, टिकेश्वरी , थागेश्वर ,गिरजा ,चंचल ,सुष्मिता, अशोक ,राजविंदर ,पुरुषोत्तम , अनुपमा ,उमेश्वरी ,दीक्षा आदि ने प्रतियोगिता में भाग लियाl महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ.मनीष जैन, आशीष अग्रवाल, संजय अग्रवाल ने संयुक्त रूप से सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थित विद्यार्थियों को मातृ भाषा दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित की l
  • जगदलपुर रेलवे स्टेशन का अधिकारी अरेस्ट, 14 लाख की हेराफेरी करने के आरोप

    22-Feb-2025

    जगदलपुर। जगदलपुर रेलवे स्टेशन के चीफ बुकिंग सुपरवाइजर केएसके पटनायक पर 14 लाख रुपए गबन का आरोप है। बताया जा रहा है कि रेलवे की ऑडिट में वे 14 लाख रुपए का हिसाब नहीं दे पाए। जिसके बाद विशाखापट्टनम से विजिलेंस की टीम पहुंची और उन्हें पूछताछ के लिए नाइट एक्सप्रेस के माध्यम से अपने साथ विशाखापट्टनम लेकर गई है। दरअसल, केएसके पटनायक टिकटों के पैसों को बैंक में जमा नहीं करवा रहे थे। बल्कि इस रकम को अपने पास में रखकर बैंक की फर्जी रसीद ही बुक्स में दर्शा रहे थे। वहीं जब ऑडिट की टीम ने जनरेट किए गए टिकट, उनकी राशि और रेलवे के खातों में जमा की गई राशि के साथ रेलवे के बैंक खाते की स्टेटमेंट का मिलान किया तो इसमें उन्हें गड़बड़ी मिली। इसी गड़बड़ी को पड़कर उन्होंने विलिजेंस विभाग को इसकी सूचना दी थी। जगदलपुर रेलवे स्टेशन में गबन का ऐसा पहला मामला सामने आया है। बुकिंग सुपरवाइजर के रूप में केएसके पटनायक बस्तर के सभी रेलवे स्टेशनों के टिकट बुकिंग सेगमेंट के प्रमुख हैं। वहीं रोजाना करीब 150 से ज्यादा यात्री टिकट बुक करवाने पहुंचते हैं। 

  • पालिका अफसरों ने किया एफएसटीपी प्लांट का निरीक्षण

    22-Feb-2025

    महासमुंद। मुख्य नगर पालिका अधिकारी के नेतृत्व में कार्यपालन अभियंता, उप अभियंता, राज्य शहरी विकास अभिकरण के समन्यक की संयुक्त टीम ने गुरुवार को तुमाडबरी मणिकंचन केन्द्र के पास स्थापित फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। प्लांट को नियमित रख-रखाव की जानकारी ली। इससे पूर्व टीम ने नगर पालिका परिषद महासमुंद में स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के संबंध में स्वच्छ भारत मिशन प्रभारी व स्टाफ की बैठक ली। बाद मुख्य नगर पालिका अधिकारी अशोक सलामे, कार्यपालन अभियंता एसडी शर्मा, उप अभियंता दिलीप कश्यप, पीआईयू नीतू प्रधान एफएसटीपी प्लांट पहुंच वहां निरीक्षण किया। इस दौरान सुपरवाइजर रमा महानंद ने संचालन और रखरखाव के बारे में जानकारी दी। निरीक्षण टीम ने फीकल स्लज प्रबंधन को बढ़ावा देने व प्लांट के प्रभावी उपयोग को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यपालन अभियंता एसडी शर्मा ने एफएसटीपी की संचालन क्षमता बढ़ाने और डी-स्लजिंग के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए उपस्थित कर्मचारियों को निर्देश दिए। 

  • CM साय कैबिनेट ने लिए 8 बड़े फैसले

    22-Feb-2025

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज यहां मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कैबिनेट की बैठक में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।  मंत्रिपरिषद की बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-2025 के तृतीय अनुपूरक अनुमान का विधानसभा में उपस्थापन के लिए छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक-2025 के प्रारूप का अनुमोदन किया गया।  मंत्रिपरिषद द्वारा बजट अनुमान वर्ष 2025-2026 का विधानसभा में उपस्थापन के लिए छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक-2025 के प्रारूप का अनुमोदन किया गया। मंत्रिपरिषद द्वारा राज्य के किसानों को नवीन उन्नत किस्मों और गुणवत्ता युक्त बीजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य भण्डार क्रय नियम-2002 के नियम 4 में छूट प्रदत्त संस्थाओं की सूची में विस्तार करने का निर्णय लिया गया। जिसके तहत सर्वप्रथम बीज का उपार्जन बीज निगम द्वारा राज्य के पंजीकृत बीज उत्पादक किसानों से किया जाएगा। इसके पश्चात आवश्यकता की पूर्ति के लिए राज्य की बीज उत्पादक सहकारी समितियों, भारत सरकार एवं राज्य सरकार के बीज उत्पादन करने वाले उपक्रमों, नाफेड, म.प्र. बीज महासंघ की समितियां, भारत सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं में इम्पैनल्ड सेंट्रल नोडल सीड एजेंसी के रूप में चयनित संस्थाओं को बीज निगम द्वारा जारी ऑफर लेटर में से न्यूनतम मूल्य प्रस्तुत करने वाली संस्था या एजेंसी से किया जाएगा।  छत्तीसगढ़ लोकतंत्र सेनानी सम्मान विधेयक-2025 के प्रारूप का अनुमोदन किया गया।  छत्तीसगढ़ के षष्ठम् विधान सभा के पंचम सत्र माह फरवरी-मार्च 2025 हेतु राज्यपाल के अभिभाषण का मंत्रिपरिषद द्वारा अनुमोदन किया गया।  खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के लिए समर्थन मूल्य पर किसानों से उपार्जित धान की शेष राशि का भुगतान करने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य विपणन संघ को स्वीकृत अतिरिक्त शासकीय प्रत्याभूति राशि 3300 करोड़ रूपए की अनुमति का अनुमोदन किया गया।  मंत्रिपरिषद द्वारा बैंक गारंटी से संबंधित विलेखों पर स्टाम्प शुल्क की दरों के निर्धारण के लिए भारतीय स्टाम्प अधिनियम-1899 (छत्तीसगढ़ संशोधन) विधेयक-2025 के प्रारूप का अनुमोदन किया गया।  मंत्रिपरिषद द्वारा छत्तीसगढ़ कैडर के भारतीय वन सेवा के 30 वर्ष की अर्हकारी सेवा पूर्ण कर चुके 1992 से 1994 बैच तक के अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक के पद पर पदस्थ अधिकारियों को गैर कार्यात्मक (Non-functional) आधार पर यथास्थान (In situ) प्रधान मुख्य वन संरक्षक के समकक्ष स्केल प्रदाय करने हेतु आवश्यक पद सृजन का निर्णय लिया गया।  

  • डेढ़ सौ हाथियों ने रायगढ़ वन मंडल में दी दबिश

    22-Feb-2025

    रायगढ़। जिले के जंगलों में इन दिनों 169 हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं। हाथी प्रभावित इलाकों में जहां शाम ढलते ही गांव की गलियां सूनी हो जा रही है, वहीं रात होते ही हाथियों से चिंघाड़ से गांव गूंजने लगा है। डर के साये में लोग अपने-अपने घरों में दुबक रहे रहने पर विवश हो चुके है। वन विभाग के अलावा हाथी मित्र दल के सदस्य लगातार हाथियों के दल पर निगरानी बनाये हुए काम करते आ रहे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक वन विभाग के अनुसार इन दिनों रायगढ़ जिले के जंगलों में कुल 169 जंगली हाथी अलग-अलग बीट में विचरण कर रहे, अगर हम रायगढ़ वन मंडल की बात करें तों यहां के जंगल में कुल 28 हाथी हैं। वहीं धरमजयगढ़ वन मंडल में 141 हाथी अलग-अलग रेंज के में विचरण कर रहे हैं। रायगढ़ जिले में एक लंबे अर्से बाद जंगली हाथियों की इतनी बड़ी संख्या की वजह से हाथी प्रभावित गांव के ग्रामीणों में अब दहशत व्याप्त हो चुका है। शाम ढलते ही गांव की गलियों में सन्नाटा पसर जाता है। 

  • गुढ़ियारी के ओवर हेड टैंक की सील्ट साफ की गई

    22-Feb-2025

    रायपुर। आज रायपुर जिला कलेक्टर एवं नगर निगम प्रशासक डॉक्टर गौरव कुमार सिंह के आदेशानुसार और नगर निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार नगर पालिक निगम रायपुर के जल कार्य विभाग द्वारा गुढ़ियारी के 3500 किलोलीटर क्षमता वाले ओवर हेड टैंक की सील्ट की सफाई का कार्य अभियानपूर्वक करवाया गया। गुढ़ियारी के ओवर हेड टैंक में सुबह की नियमित जलापूर्ति करने के पश्चात ओवर हेड टैंक की सफाई का कार्य करते हुए सील्ट की सफाई के साथ - साथ कैमिकल ट्रीटमेंट , सभी चेम्बरों की सफाई एवं पेंटिंग का आवश्यक कार्य किया गया। यहाँ यह उल्लेखनीय है कि इस कार्य के लिए पूर्व में नियमानुसार प्रक्रिया के अंतर्गत सतगुरु एजेंसी और सेफ क्लीन एजेंसी को ओवर हेड टैंक की सील्ट सफाई हेतु रायपुर नगर पालिक निगम के जल कार्य विभाग द्वारा अनुबंधित किया गया है। गुढ़ियारी के ओवर हेड टैंक में सील्ट की सफाई का कार्य अनुबंधित एजेंसी के माध्यम से आज सुबह 9 बजे प्रारम्भ कर दोपहर 2 बजे तक पूर्ण कर लिया गया। 

  • रायपुर-बिलासपुर उड़ान फिलहाल नहीं

    21-Feb-2025

    अंबिकापुर। अंबिकापुर के दरिमा हवाई अड्डे से रायपुर और बिलासपुर के लिए शुरू की गई हवाई सेवा 2 महीने में ही ठप हो गई है। महंगे टिकट और अनियमित उड़ान के कारण हवाई सेवा के लिए यात्री नहीं मिल रहे हैं। खासकर अंबिकापुर से बिलासपुर की सेवा के लिए यात्रियों की भारी कमी है। फ्लाईबिग ने अघोषित रूप से हवाई सेवा को स्थगित कर दी है। हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा नहीं हुई है। पीएम नरेंद्र मोदी की ओर से अंबिकापुर एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद 19 दिसंबर से अंबिकापुर के लिए हवाई सेवा शुरू की गई थी। शुरुआत में रायपुर से अंबिकापुर और अंबिकापुर से बिलासपुर, बिलासपुर से अंबिकापुर और अंबिकापुर से रायपुर हवाई सेवा का बेस रेट 999 रुपए रखा गया था। टैक्स सहित यह राशि 1250 रुपए थी। तब यात्रियों की लाइन लगी थी। बाद में बेस रेट बढ़ाकर 1999 रुपए से लेकर 3999 रुपए तक कर दिया गया। इसके बाद हवाई सेवा को लेकर लोगों का उत्साह ठंडा पड़ गया। 

  • मंत्री ओपी चौधरी 3 मार्च को पेश करेंगे अपने कार्यकाल का दूसरा बजट

    21-Feb-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 24 फरवरी से शुरू हो रहा है जो 21 मार्च तक चलेगा। बजट सत्र में 17 बैठकें होंगी। विष्णुदेव साय सरकार इस सत्र में अपना दूसरा बजट पेश करेगी। सत्र के दौरान 3 मार्च को वित्त मंत्री ओपी चौधरी बजट पेश करेंगे। इससे पहले 9 फरवरी 2024 को पहला बजट पेश किया गया था। बजट सत्र की तैयारी को लेकर सीएम साय सभी विभागों की बैठकें ले रहे हैं। बजट सत्र में 2 हजार से ज्यादा सवाल लगाए गए है। यह भी पढ़े इस बजट सत्र को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय में साढ़े 11 बजे से कैबिनेट की बैठक होगी। विधानसभा के बजट सत्र से पहले हो रहे इस बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना है। इस दौरान विधानसभा का बजट सत्र पर चर्चा हो सकती है। साथ ही सत्र के दौरान पेश किए जाने वाले विधेयकों पर भी मंथन किया जा सकता है बैठक में नई भर्तियों, प्रदेश में किसानों से जुड़ी नई योजनाएं, माइनिंग फंड के प्रयोग, जलापूर्ति की योजनाओं से जुड़े मसलों पर फैसला लिया जा सकता है। 

  • छत्तीसगढ़ : कहीं-कहीं पर हल्की बारिश होने की संभावना

    21-Feb-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में आज हल्के बादल छाए रहेंगे । दिन का तापमान 35 डिग्री तक रहने की संभावना है। वहीं, प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होगी। दक्षिण छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं पर हल्की बारिश भी हो सकती है। प्रदेश के आउटर इलाकों में रात के तापमान में भी कमी आएगी। वहीं, हल्की ठंड भी महसूस होगी। मौसम में इस बदलाव के चलते अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में गर्मी से हल्की राहत मिलेगी। वहीं मध्यप्रदेश के मौसम की बात करें तो मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित कई शहरों के तापमान में उछाल आया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान ज्यादातर संभागों में तापमान सामान्य से अधिक बने रहने की संभावना जताई है। 24 फरवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। 

  • गरियाबंद में बड़ा हादसा, बोलेरो पलटने से 15 लोग घायल

    21-Feb-2025

    गरियाबंद। गरियाबंद में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहां बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे 15 लोग घायल हो गए। वहीं, इस हादसे में 9 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को रायपुर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि, छट्टी कार्यक्रम से परिवार लौट रहा था तभी ये हादसा हुआ। दरअसल, छट्टी के कार्यक्रम में ग्राम बोरसी के लोग गरियाबंद के देवभोग के पास स्थित कोकड़ीमाल गांव रिश्तेदारी में गए थे। यहां भोजन करने के उपरांत वापसी के समय कड़ी मालगांव होते हुए अपने गांव के लिए वापसी कर रहे थे। तभी काश नाले पर रात में ड्राइवर को मोड समझ में नहीं आया, जिसके चलते बोलोरो पिकअप वाहन नदी में पलट गई। इस हादसे में वाहन में सवाल सभी 15 लोग घायल हो गए। वहीं 9 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें रायपुर रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीम पहुंची। लेकिन, इस समय हादसे को काफी देर हो गया था। हालांकि, नगर के जागरूक युवकों ने गरियाबंद से 6 किलोमीटर दूर पहुंचकर समस्त घायलों को विभिन्न वाहनों के माध्यम से गरियाबंद अस्पताल लाकर उनका समुचित इलाज करवाया। 

Top