कोरबा। किसी पर भी आंख मूंद कर भरोसा कर लेना बहुत महंगा साबित होता है। कोरबा जिले की एक युवती का मोबाइल पर पुलिस आरक्षक से संपर्क क्या हुआ, वह जंजाल में फंस गई। विवाह का सपना दिखाकर पिछले 7 वर्ष से पुलिसकर्मी उसकी इज्जत से खेलता रहा। विवाह करने का दबाब डालने पर पुलिसकर्मी और उसकी पत्नी ने मिलकर मारपीट की घटना को अंजाम दिया। पीड़िता ने मामले की रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक से की है। मिली जानकारी के अनुसार, 2017 से इस कहानी की शुरुआत हुई। 7 वर्ष के लंबे दौर में पुलिसकर्मी सुरेश मणि के अत्याचार का शिकार होती रही। पीड़िता ने बताया कि मोबाइल पर पुलिसकर्मी से संपर्क हुआ था और फिर मिलना जुलना शुरू हो गया। पहले से विवाहित पुलिसकर्मी ने इस जानकारी को छुपाया और विवाह करने की बात कहते हुए उसके साथ अवैध संबंध बनाए। पीड़िता के बताएं अनुसार, वर्तमान में मोरगा पुलिस चौकी में सेवा दे रहे पुलिसकर्मी के द्वारा लगातार उससे बलात्कार किया गया और मारपीट भी की गई। अब तक कई पुलिस थाने में शिकायत कर चुकी है लेकिन हुआ कुछ नहीं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत करने पहुंची पीड़िता ने बताया कि 2 दिन पहले उसके साथ मोरगा बस स्टैंड में पुलिस कर्मचारी और उसकी पत्नी ने मारपीट की जिससे उसे वक्षस्थल के अलावा अनेक हिस्सों में गम्भीर चोट आई। वह चाहती है कि पुलिसकर्मी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। इससे पहले भी इस प्रकार के मामले कोरबा जिले में आ चुके हैं और संबंधित आरोपियों के विरुद्ध मामले दर्ज करने के साथ उन्हें जेल भेजने का काम पुलिस ने किया है। महिला संबंधी अपराधों में पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश मिले हैं। ऐसे में देखना होगा कि इस पीड़िता की गंभीर शिकायत पर कितनी जल्द संज्ञान लिया जाता है।
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बांग्लादेशी घुसपैठियों के फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उन्हें पनाह देने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। एटीएस (एंटी टेररिज्म स्क्वॉड) की गिरफ्त में आए तीनों बांग्लादेशी भाइयों से पूछताछ के बाद रायपुर पुलिस ने मास्टरमाइंड शेख अली के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया है। मुंबई एटीएस ने कुछ समय पहले तीन बांग्लादेशी नागरिकों (शेख इस्माइल, शेख अकबर और शेख साजन) को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान पता चला कि इनकी नागरिकता के लिए फर्जी पासपोर्ट, आधार कार्ड, वोटर आईडी, राशन कार्ड और अन्य सरकारी दस्तावेज तैयार किए गए थे। इन दस्तावेजों की सत्यापन प्रक्रिया टिकरापारा पुलिस थाने से पूरी हुई थी, लेकिन पुलिस को उस वक्त फर्जीवाड़े का पता नहीं चला। इसके बाद यह भी सामने आया कि कई बांग्लादेशी सालों से रायपुर में रह रहे हैं और फर्जी दस्तावेजों के सहारे दुबई, इराक, सीरिया और पाकिस्तान तक जा चुके हैं। जांच में पाया गया कि इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड शेख अली है, जिसने बांग्लादेशी घुसपैठियों के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए। शेख अली ने सत्कार कंप्यूटर सेंटर के संचालक मोहम्मद आरिफ के साथ मिलकर फर्जी स्कूल अंकसूची स्कैन करवाई, जिससे इनका पासपोर्ट बन पाया। ट्रैवल एजेंट इरफान ने पासपोर्ट और इराक जाने के लिए वीजा बनवाने में मदद की। अब तक की जांच में यह भी सामने आया कि कई बांग्लादेशी इसी तरह से फर्जी दस्तावेजों के सहारे विदेश जा चुके हैं। शेख अली की दूसरी पत्नी भी फरार है, जबकि पहली पत्नी शेख फरीदा ने इस बारे में कोई जानकारी होने से इंकार किया है। शेख अली के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया गया है। पुलिस नागपुर, मुंबई, उत्तर प्रदेश और कोलकाता के अधिकारियों से संपर्क कर शेख अली की तलाश में जुटी है। फर्जी दस्तावेज बनाने वाले 25 से अधिक लोगों से पूछताछ की जा चुकी है, जिनमें अधिवक्ता, नोटरी, सुविधा केंद्र और च्वाइस सेंटर संचालक शामिल हैं। पुलिस ने सत्कार कंप्यूटर सेंटर के संचालक मोहम्मद आरिफ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। तीनों बांग्लादेशी भाइयों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। बांग्लादेशियों के रायपुर में अवैध रूप से रहकर सरकारी दस्तावेज बनवाने और विदेश जाने की घटनाएं राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई हैं। पिछले साल मुंबई एटीएस ने टिकरापारा क्षेत्र में एक छापेमारी कर सीरिया गए एक बांग्लादेशी नागरिक की जानकारी जुटाई थी, जो अभी तक वापस नहीं लौटा है।
रायपुर/बिलासपुर: बिलासपुर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी ने कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव को पार्टी से निष्कासित करने की सिफारिश की है। उन्होंने कहा कि, सोमवार को पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के सामने मुझसे दुर्व्यवहार किया था। जिला अध्यक्ष ने प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को पत्र लिखकर अपना दर्द बताया है। लेटर के मुताबिक अटल श्रीवास्तव ने विजय केशरवानी से कहा कि, तुमने मेरे पीठ पर छुरा घोंपा है। तंज कसते यह भी कहा कि, कलेक्टर को चपरासी निकाल रहा है। इधर, कांग्रेस में बागियों की वापसी का खुलकर विरोध करने वाले रायपुर के पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा को पीसीसी ने शो-कॉज नोटिस भेजा है। पार्टी ने उन्हें सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर पार्टी विरोधी बयान देने के लिए यह नोटिस जारी किया है। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव सोमवार को बिलासपुर आए थे। इस दौरान कांग्रेस नेता पंकज सिंह ने उन्हें अपने घर में भोज पर आमंत्रित किया था। सिंहदेव के स्वागत के लिए शहर कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता के साथ कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव भी थे। इस दौरान पार्टी से निष्कासित नेत्री सीमा पांडेय ने पार्टी से निकालने पर शहर अध्यक्ष विजय पांडेय के प्रति नाराजगी जताई। जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी ने प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को पत्र लिखकर कहा कि, पूर्व डिप्टी सीएम सिंहदेव के सामने अपनी ही पार्टी के जिलाध्यक्ष के प्रति जनप्रतिनिधि ने अशोभनीय टिप्पणी की। संगठन के जिला प्रमुख को चपरासी कहना दुर्भाग्यपूर्ण है। यह संगठन की अवमानना और अनुशासन हीनता के दायरे में आता है। पत्र में जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी ने यह भी कहा कि, बिलासपुर निगम चुनाव में कई वार्डों में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव अपने समर्थकों को टिकट दिलाना चाहते थे, लेकिन वो तय मापदंडों के अनुरूप नहीं थे। ऐसे में समर्पित कार्यकर्ताओं को टिकट दी गई। भीतरघात पर कार्रवाई को लेकर विजय केशरवानी ने कहा कि, जिलाध्यक्षों ने पार्टी के नियमानुसार ही कार्रवाई की है। चुनाव में प्रत्याशियों के खिलाफ भीतरघात करने की शिकायत मिली और प्रमाण भी दिए गए। इसे कोटा विधायक व्यक्तिगत, द्वेषपूर्ण और जानबूझकर करने का आरोप लगा रहे हैं। उन्हें यह स्पष्ट करना चाहिए कि, जिस जिला कांग्रेस कमेटी से उनकी खुद प्राथमिक सदस्यता है उस कमेटी के अध्यक्ष को "चपरासी" कहना कितना उचित है? वहीं, जिन्होंने पार्टी को नुकसान पहुंचाया निगम चुनाव में अधिकृत प्रत्याशियों को हराने का काम किया, उन्हें कोटा विधायक 'कलेक्टर" बता रहे हैं। निष्कासन की कार्रवाई से मचा बवाल बता दें कि, कांग्रेस में नगरीय निकाय चुनाव के दौरान टिकट नहीं मिलने से नाराज नेता और कार्यकर्ताओं ने बागी होकर नामांकन पत्र भरा था। इसके साथ ही जिलाध्यक्ष और शहर अध्यक्ष के खिलाफ बयानबाजी भी करने लगे। वहीं, पार्टी ने खिलाफ में काम करने और बागी होकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन जमा करने वाले नेताओं को 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया था। रिजल्ट आने से पहले कांग्रेस प्रत्याशी की शिकायत पर प्रदेश प्रवक्ता अभयनारायण राय को भी 6 साल के लिए बाहर कर दिया गया है। जिसके चलते पार्टी में बवाल मचा हुआ है।
रायपुर: राजधानी रायपुर में डॉग बाइट का मामला सामने आया है. दलदल सिवनी के आर्मी चौक में आवारा कुत्तों ने 6 साल के बच्चे पर जानलेवा हमला कर दिया. आवारा कुत्तों ने बच्चे के सिर और पीठ का मांस नोच खाया है. गंभीर हालत में बच्चे को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. यह घटना 13 फरवरी की देर शाम की है. इलाके के बच्चे आर्मी चौक पर खेल रहे थे, तभी आवारों कुत्तों ने एक बच्चे पर हमला कर दिया. तीन आवारा कुत्ते दस मिनट तक बच्चे को नोचते रहे. साथी बच्चों ने पीड़ित बच्चे के पिता को घटना की जानकारी दी. इसके बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा. जानकारी के मुताबक, कुत्तों के हमले से उनके शरीर में 200 से ज्यादा छेद हुए हैं. वहीं सिर और पीठ का मांस नोच खाया है. इस घटना के बाद कॉलोनी के लोग सहमे हुए हैं.
बलौदाबाजार: शहर में बहुचर्चित सेक्स रैकेट एवं ब्लैकमेलिंग मामले में आरोपी हवलदार समीर शुक्ला की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आरोपी हवलदार की जमानत याचिका को खारिज कर दिया। इस निर्णय के बाद अब समीर शुक्ला के पास हाईकोर्ट में अपील करने का विकल्प शेष रह गया है। सुनवाई के दौरान आरोपी पक्ष के अधिवक्ता ने अदालत के समक्ष तर्क रखा कि समीर शुक्ला 12 मार्च 2024 से 22 अगस्त 2024 तक सिटी कोतवाली, बलौदाबाजार में हवलदार के पद पर पदस्थ था। इस दौरान उसके अधिकारी एवं इंचार्ज अमित तिवारी थे, जिनके निर्देश पर ही वह कार्य करता था। अधिवक्ता ने यह भी बताया कि आरोपी हवलदार ने उच्च न्यायालय में अपने विरुद्ध दर्ज प्राथमिकी को निरस्त करने हेतु रिट याचिका दायर की थी, जिसमें उच्च न्यायालय ने यह कहते हुए आदेश पारित किया कि समीर शुक्ला के विरुद्ध कोई ठोस मामला नहीं बनता। इसके बावजूद भी बलौदाबाजार पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते को सील कर दिया है। इसी आधार पर अधिवक्ता ने याचिकाकर्ता को अग्रिम जमानत का लाभ देने की अपील की। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि मामले की जांच अभी शुरुआती स्तर पर है, और आरोपी के खिलाफ कई महत्वपूर्ण सबूत सामने आए हैं। ऐसे में अग्रिम जमानत देने से जांच प्रभावित हो सकती है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश ने समीर शुक्ला की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। बता दें कि अब आरोपी हवलदार के पास उच्च न्यायालय में अपील करने का विकल्प शेष है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस इस प्रकरण की गहराई से जांच कर रही है, और आगे और भी खुलासे होने की संभावना है।
भिलाई: भिलाई में मोमोस का ठेला लगाने वाले एक युवक को उसके ही दोस्तों ने सरेआम पीट दिया। रविवार को दुकान बंद कर जब अभिषेक थापा (22) घर जा रहा था तभी 4 दोस्तों ने उसका रास्ता रोका और मारपीट की, बाद में मोबाइल छीन कर भाग गए। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का मामला है। मंगलवार को इसके विरोध में बजरंग दल के सदस्यों और पीड़ित के परिजनों ने थाने का घेराव किया और FIR की मांग की। पीड़ित के मुताबिक उसके दोस्त किसी और लड़के से दोस्ती करने से मना कर रहे थे, ऐसा करने पर मारा है। पीड़ित अभिषेक के मुताबिक, वो मोमोस का ठेला लगाता है। 16 फरवरी को ठेला बंद करने के बाद वो स्कूटी से घर जा रहा था। रात करीब 11.45 बजे दादर रोड बिजली ऑफिस के पास चरोदा में इन लोगों ने उसकी स्कूटी को रोका और सभी ने मिलकर बुरी तरह मारा, मोबाइल लूट कर फरार हो गए। शिकायत के बाद पुरानी भिलाई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की। जब परिजनों को इसकी जानकारी लगी तो उन्होंने बजरंग दल के सदस्यों को साथ लेकर थाने का घेराव किया और पुलिस पर काउंटर FIR दर्ज करने का दबाव बनाया। बड़ी संख्या में बजरंगियों और लोगों ने पुरानी भिलाई थाने के सामने नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना मिलते ही छावनी सीएसपी हरीश पाटिल ने जामुल, छावनी और खुर्सीपार टीआई को बल के साथ पुरानी भिलाई थाने बुलाया। इसके बाद वो खुद वहां पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों से उनकी काफी बहस हुई। बाद में उन्होंने साफ कह दिया कि काउंटर अपराध तभी दर्ज होगा, जब पुलिस जांच कर लेगी और जांच में शिकायतकर्ता दोषी पाया जाएगा, इसके बाद प्रदर्शनकारी थाने से बैरंग लौट गए। छावनी सीएसपी हरीश पाटिल ने बताया कि भिलाई तीन निवासी अभिषेक थापा (22) की शिकायत पर पुरानी भिलाई पुलिस ने करण गुप्ता, मौसम वर्मा, प्रिंस शिंदे और प्रदीप सोलंकी व अन्य के खिलाफ लूट व मारपीट का मामला दर्ज किया था। आरोपियों ने 16 फरवरी रात अभिषेक के साथ मारपीट और लूट की।
बलरामपुर। जिले में कोल्हुआ गांव में पिकअप और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार कोल्हुआ निवासी बेटे रामविचार (22) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता विजय (45) ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, पिकअप ड्राइवर राजबली सामने के शीशे को तोड़ते हुए बाहर गिर गया। जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। वाड्रफनगर पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। पिकअप ड्राइवर के बयान दर्ज किए गए हैं। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ शराब घोटाला केस में पूर्व आबकारी मंत्री और कोंटा से कांग्रेस विधायक कवासी लखमा की आज न्यायिक रिमांड खत्म हो गई है। रायपुर के स्पेशल कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उनकी पेशी होगी। कुछ देर बाद कोर्ट में सुनवाई शुरू होगी। सुनवाई के दौरान प्रवर्तन निदेशालय की ओर से कवासी लखमा की फिर से न्यायिक रिमांड बढ़ाने की मांग की जा सकती है। ED की ओर से विशेष लोक अभियोजक सौरभ पांडेय पैरवी करेंगे, तो वहीं लखमा के वकील फैजल रिज़वी पक्ष रखेंगे। शराब घोटाले मामले में ED ने 15 जनवरी को कवासी लखमा को गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले उनसे 2 बार ED दफ्तर बुलाकर पूछताछ की गई थी। गिरफ्तारी के 7 दिन बाद पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को पहले ED ने 7 दिन कस्टोडियल रिमांड में लेकर पूछताछ की थी। उसके बाद 21 जनवरी से 4 फरवरी तक लखमा को 14 दिन के न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। पिछली सुनवाई के दौरान जेल में पर्याप्त बल नहीं होने के कारण लखमा की वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए पेशी हुई थी। सुनवाई के बाद कोर्ट ने लखमा की 18 फरवरी तक रिमांड बढ़ा दी थी।
रायपुर। विष्णुदेव साय सरकार का दूसरा बजट 3 मार्च को विधानसभा में पेश होगा। वित्तमंत्री ओ.पी.चौधरी करीब डेढ़ लाख करोड़ का बजट पेश कर सकते हैं। वित्तमंत्री ने सभी विभागों के मंत्रियों के साथ बैठक कर ली है। उनके प्रस्ताव पर चर्चा पूरी हो चुकी है। चौधरी, वित्त सचिव मुकेश बंसल के साथ मिलकर बजट प्रस्तावों को शामिल करने में जुटे हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक वित्तमंत्री 22 तारीख को कैबिनेट की बैठक में बजट तैयारियों पर चर्चा कर सकते हैं। पिछले साल 1 लाख 27 हजार करोड़ का बजट था जो कि अनुपूरक मिलाकर 1 लाख 40 हजार करोड़ से अधिक हो गया था। राज्य का सालाना बजट बढक़र डेढ़ लाख करोड़ हो सकता है। सालाना बजट में युवा, और महिलाओं के स्वरोजगार के लिए स्टार्टअप योजना लाँच की जा सकती है। इसके अलावा बजट में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता, और स्कूल शिक्षा की बेहतरी के लिए कई प्रावधान किए जा सकते हैं। सरकार महतारी वंदन और धान खरीदी 31 सौ रूपए करने की योजना को यथावत रखने जा रही है। इसके लिए भी बजट में प्रावधान किए जाएंगे। यही नहीं, निकाय चुनाव में भारी जीत के बाद शहरों से विकास के लिए कुछ नई योजनाएं शुरू करने के लिए बजट में प्रावधान किया जा सकता है।
धमतरी। केन्द्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह ने आज मध्यप्रदेश के रायसेन से नक्शा परियोजना का शुभारंभ किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि नक्शा परियोजना से शहरी क्षेत्रों में सम्पत्तियों और भूमि का ड्रोन से सर्वे कर सटिक रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। इससे शहरों के पूरे रिकॉर्ड ऑनलाईन उपलब्ध होंगे। शहरों में भूमि प्रबंधन सुधरेगा और सम्पत्तियों के स्वामित्व से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निराकरण भी हो सकेगा। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव, ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ.चन्द्रशेखर पेमासानी भी मौजूद रहे। धमतरी के पुरानी मंडी में आयोजित इस वर्चुअल कार्यक्रम में स्थानीय स्तर पर नवनिर्वाचित महापौर रामू रोहरा, कलेक्टर नम्रता गांधी सहित नवनिर्वाचित पार्षद और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल हुए। नक्शा परियोजना में धमतरी सहित राज्य के तीन शहर शामिल भारत सरकार की यह महत्वपूर्ण परियोजना देश के 26 राज्यों और तीन केन्द्र शासित प्रदेशों के 141 जिले के 152 शहरों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की गई है। छत्तीसगढ़ राज्य से इस परियोजना के लिए धमतरी, जगदलपुर और अम्बिकापुर नगरीय निकायों का चयन किया गया है। धमतरी नगरनिगम क्षेत्र सहित लगभग साढ़े 23 वर्गकिलोमीटर क्षेत्र का ड्रोन सर्वे किया जाएगा। धमतरी शहरी क्षेत्र में शामिल गोकुलपुर, सोरिदभाट, बठेना और हटकेश्वर में भी हवाई सर्वे किया जाएगा। ऐसे होगा सर्वे का काम धमतरी नगरनिगम क्षेत्र का सबसे पहले चरण में ड्रोन से हवाई सर्वे कर ड्रोन से फोटो और वीडियो डेटा के रूप में संग्रहित किए जाएंगे। ड्रोन में लगे 2 डी नादिर कैमरा और ऑब्लिक एंगल कैमरा से विभिन्न कोणों से भवनों और अन्य संरचनाओं की फोटोग्राफी की जाएगी। निडार सेंसर कैमरे से पहाड़ी और अन्य दुर्गम क्षेत्रों की उन्नत 3 डी तकनीक वाली सटिक फोटोग्राफी होगी। दूसरे चरण में हवाई सर्वे के आंकड़ों का राजस्व एवं नगर निगम के अमले द्वारा जमीन पर भौतिक सत्यापन किया जाएगा। तीसरे चरण में लोगों से दावा- आपत्तियां आमंत्रित कर उनके निराकरण के बाद सभी को उनकी सम्पत्तियों का अर्बन प्रॉपर्टी कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। इस प्रकार संग्रहित सम्पूर्ण डेटा और सम्पत्तियां नक्शा पोर्टल पर भी ऑनलाईन उपलब्ध रहेंगी, जिन्हें आमजन अपने उपयोग के अनुसार समय-समय पर पोर्टल से ऑनलाईन प्राप्त कर सकेंगे। शहरों के विकास में मिलेगा सहायता, स्वामित्व विवाद भी जल्द ही निपटेंगे नक्शा परियोजना के तहत धमतरी नगरीय क्षेत्र में भूमि के रिकॉर्ड ऑनलाईन हो जाने से भविष्य में शहर के विकास के लिए योजनाएं बनाने में सहायता मिलेगी। इसके साथ ही पुराने और अधूरे रिकॉर्डों में सुधार होकर सरकारी दस्तावेजों और वास्तविक स्वामित्व में भी सुधार होगा। अतिक्रमण एवं वास्तविक भू-स्वामियों के बीच विवाद होने पर पूरी तरह सही और पारदर्शी अभिलेख ऑनलाईन पोर्टल पर सभी की पहुंच में रहेंगे। इससे स्वामित्व विवादों को निपटाने में तेजी आएगी। इसके साथ ही शहर की भूमि और सम्पत्तियों का सटिक रिकॉर्ड होने से आपदा प्रबंधन, शहरी भू प्रबंधन और कई प्रकार के कर निर्धारणों में भी आसानी होगी। जनप्रतिनिधि व अधिकारियों के समक्ष ड्रोन प्रदर्शन कर ली गई डिजीटल तस्वीर नक्शा परियोजना के तहत आज स्थानीय पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के समक्ष ड्रोन प्रदर्शन कर शहर के ऊपर 10 मिनट तक उड़ाया गया और उसकी 3 डी तस्वीर को नवनिर्वाचित महापौर रामू रोहरा, जनप्रतिनिधि, कलेक्टर गांधी और अधिकारियों ने लैपटॉप पर अवलोकन किया। इस अवसर पर महापौर रोहरा ने कहा कि हमारे लिए यह गर्व का विषय है कि नक्शा परियोजना के तहत पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर धमतरी जिले को शामिल किया गया है। उन्होंने डिजीटल तकनीक के जरिए शहर का नक्शा तैयार करने संबंधी जानकारी ली। श्री रोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशानुरूप देश में डिजीटल क्रांति की शुरूआत हो गई है। अब हमारे पास हमारी सम्पत्ति का डिजीटल रिकॉर्ड रहेगा। जहां एक ओर भूमि विवादों में कमी आएगी, वहीं अनावश्यक लगने वाली मेहनत व धन की भी बचत होगी। इस मौके पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित थे। देहरादून में 7 दिन का प्रशिक्षण लेंगे नोडल अधिकारी नक्शा परियोजना के सर्वे और अन्य कामों के लिए धमतरी जिले में 12 दल बनाए गए है, जिसका नोडल राजस्व विभाग और नगरनिगम को बनाया गया है। साथ ही इसके सुचारू क्रियान्वयन के लिए अधीक्षक, भू अभिलेख शाखा दीपचंद भारती को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नोडल अधिकारी भारती देहरादून में 7 दिन का प्रशिक्षण लेकर इसकी विस्तृत जानकारी प्राप्त करेंगे और धमतरी जिले में इसका क्रियान्वयन करेंगे।
सरगुजा। सरगुजा जिले में बतौली स्टेट बैंक के पास नेशनल हाइवे 43 में तेज रफ्तार में स्पोट्स बाइक की सामने से आ रही इनोवा वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। इनोवा से टकराते ही बाइक सवार उछलकर सड़क पर गिर गए। टक्कर के बाद स्पोट्स बाइक में आग लग गई। हादसे में स्पोर्ट्स बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई एवं दूसरे की हालत गंभीर है। हादसा बतौली थानाक्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, पल्सर आरएस 200 स्पोर्ट्स बाइक में सवार दो युवक मंगलवार शाम को दो घंटे से बतौली में तेज रफ्तार में चक्कर काट रहे थे। युवक शांतिपारा की ओर से अंबिकापुर की ओर तेज रफ्तार में निकले। इस दौरान बतौली में स्टेट बैंक के सामने युवकों की बाइक तेज रफ्तार में अंबिकापुर से सीतापुर की ओर जा रही इनोवा क्रमांक यूपी 64 आर 4201 से सीधे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार उछलकर सड़क पर गिर गए। टक्कर के बाद पल्सर बाइक में आग लग गई ओर बाइक के कई टुकड़े सड़क पर बिखर गए। इनोवा के सामने का हिस्सा भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। सड़क पर गिरा एक युवक अंबिकापुर की ओर से जा रही ट्रक सीजी 16 सीक्यू 7854 के चक्कों के नीचे आते-आते बचा। उसे देखकर ट्रक चालक ने ब्रेक लगा दिया। हादसे में आई गंभीर चोट की वजह से युवक की मौके पर मौत हो गई। दूसरे युवक को गंभीर चोटें आई हैं। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर बतौली पुलिस मौके पर पहुंची एवं घायल युवक को अस्पताल भेजा। मृतक के शव को हॉस्पिटल में रखवा दिया गया है। घायल युवक को गंभीर अवस्था में अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। बतौली पुलिस द्वारा मृतक व घायल युवकों की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। हादसे के बाद बाइक में आग लग जाने व लोगों की भीड़ के कारण करीब आधे घंटे तक नेशनल हाइवे में जाम लग गया। पुलिस ने आग बुझाई एवं हादसे के शिकार गाड़ियों को किनारे करा यातायात शुरू कराया।
रायगढ़। रायगढ़ में ट्रेलर ने बाईक सवारों को जमकर टक्कर मार दी। साथ ही ट्रेलर के पहियों से एक युवक को कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। वहीं उसके साथी ने ईलाज के दौरान दम तोड़ दिया। लगातार सड़क दुर्घटना से हो रही मौत को लेकर आक्रोशित क्षेत्रवासियों ने चक्काजाम कर दिया। घटना जूटमिल थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम जकेला का रहने वाला नितेश 19 साल व उसका साथी गोकुल खड़िया 15 साल आज सुबह तकरीबन 10 बजे रायगढ़ पेट्रोल लेने के लिए आए थे।तभी कांशीराम चौक पर ओड़िसा की ओर जा रही ट्रेलर क्रमांक सीजी 18 एम 5978 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन को चलाते हुए बाईक सवार नितेश व गोकुल को अपनी चपेट में ले लिया और ट्रेलर के पहियो से नितेश को कुचलने के बाद उसे करीब 20 मीटर तक घसिटते ले गया। इससे मौके पर उसकी मौत हो गई। इधर उसका साथी गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में सड़क पर तड़पता रहा। जिसे ईलाज के लिए किसी तरह अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी भी मौत हो गई।
रायपुर। 13 जनवरी से शुरू हुए महाकुंभ के समापन को अब कुछ दिन ही शेष रह गए हैं। 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के साथ समाप्त हो जाएगी। 144 साल बने इस संयोग में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। 18 फरवरी तक 52 करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम में स्नान कर चुके हैं, जो एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड है। स्पेशल ट्रेनों के बावजूद श्रद्धालुओं की संख्या इस कदर बढ़ गई की प्रयागराज ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश के प्रमुख स्थलों में भी जन सैलाब उमड़ पड़ा है। भीड़ को नियंत्रण करने के लिए अब ट्रेनें रद्द की जा रही है। इसी बीच खबर आ रही है कि, दुर्ग से चलने वाली सारनाथ ट्रेन और छपरा से चलने वाली ट्रेन भी रद्द रहेगी। दरअसल, प्रयागराज महाकुंभ मेले में अत्यधिक भीड़ के कारण रेलवे ने दुर्ग छपरा सारनाथ एक्सप्रेस को रद्द करने का फैसला लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक, परिचालनिक कारणो से गाड़ी संख्या 15160/15159 दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस ट्रेन रद्द रहेगी। 19 फरवरी 2025 को दुर्ग से चलने वाली गाड़ी संख्या 15160 दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस और दिनांक 21 फरवरी को छपरा से दुर्ग चलने वाली गाड़ी संख्या 15159 छपरा दुर्ग सारनाथ एक्सप्रेस रद्द रहेगी। रेलवे के इस फैसले से प्रयागराज जाने वालो को काफी मुश्किलें होगी।
रायपुर। एनटीपीसी रायगढ़ से दुर्ग तक राखड़ परिवहन में संगठित अनियमितताओं के खिलाफ भारतीय संत सनातन धर्म रक्षा संघ के अध्यक्ष राहुल तिवारी की शिकायत पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। सिविल लाइन सीएसपी अजय कुमार के निर्देश पर तेलीबांधा थाना प्रभारी नरेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने देर रात बड़ी संख्या में अवैध ट्रकों को पकड़ा। जांच में सामने आया कि ये ट्रक बिना पंजीयन प्रमाणपत्र, बीमा और फिटनेस सर्टिफिकेट के संचालित हो रहे थे। कई चालकों के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं मिला। इसके अलावा, ओवरलोडिंग और शराब के नशे में वाहन संचालन जैसे गंभीर उल्लंघन भी पाए गए, जिससे सड़क हादसों का खतरा बना हुआ था। पकड़े गए ट्रकों के संबंध में खुलासा हुआ है कि इनका संचालन सोनू और मोनू नामक ट्रांसपोर्टरों द्वारा किया जा रहा था, जिनकी एनटीपीसी में 200 से अधिक गाड़ियां संचालित होती हैं। पूछताछ में चालकों ने बताया कि हर महीने आरटीओ को पैसा दिया जाता है, जिसके कारण अब तक उनकी गाड़ियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। संघ ने इस पूरे प्रकरण को प्रशासन की नाकामी और भ्रष्टाचार का परिणाम बताया और मांग की कि इस मामले में शामिल आर टी ओ अधिकारियों पर भी कार्रवाई हो। अब देखना होगा कि क्या यह कार्रवाई महज दिखावा साबित होती है या फिर प्रशासन इस अवैध नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए और सख्त कदम उठाएगा।
रायगढ़। रायगढ़ जिला में बीती रात एक हाथी NH रोड के करीब आ गया। इससे पास के गांव में दहशत का माहौल निर्मित हो गया। मामले की जानकारी लगने के बाद वनकर्मी मौके पर पहुंचे और उस रोड पर आने जाने वाले लोगों को रोका गया। मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार की रात तकरीबन साढ़े 9 बजे एक हाथी जंगल से निकलकर छोटे देवगांव के करीब पहुंच गया। यहां NH रोड के करीब हाथी आने की जानकारी जब ग्रामीणों को लगी, तो वनकर्मी ग्रामीण मौके पर पहुंचे और NH रोड पर दोनों ओर से आने जाने वाले लोगों को रोका गया। ताकि किसी प्रकार की नुकसानी नहीं हो। हाथी गांव के करीब पहुंचने से ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल निर्मित हो गया और रात में उन्हें रतजगा भी करना पड़ा। इसके बाद देर रात में हाथी उल्दा मंदिर के पहाड़ी पर चढ़ गया। जिस पर विभाग द्वारा लगातार नजर रखी जा रही है।
रायपुर। सरपंच चुनाव हारने के बाद कुछ लोगों ने जीतने वाले सरपंच की पति की पिटाई कर दी। पूरा मामला रायपुर जिले के खरोरा थाना क्षेत्र है। दरअसल, ग्राम भटीया में पंचायत चुनाव में भरत राय की पत्नी नेमा राय सरपंच पद के लिए चुनाव लड़ी और जीत गई। उसी बात को लेकर सोमवार की रात 9.45 बजे विपक्षी सरपंच प्रत्याशी के लोगों ने मतगणना के दौरान धांधली का आरोप लगाते हुए भरत राय से मारपीट करने लगे। वहीं, इस मामले में सरपंच के पति भरत और उसके भाई को चोट आई है। पुलिस ने मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। जीतने वाले सरपंच के पति भरत राय ने अपनी शिकायत में बताया कि चुनाव में हार से बौखलाए अरुण जागडे, सागर जागडे रंग लाल, मदन जागडे व अन्य लोगों ने पहले गालीगलौज करते रहे और जान से मारने की धमकी दी। इस बीच मदन जागडे ने भरत को पकड़ लिया और उसके बाकी साथी मारपीट करने लगे। मारपीट के दौरान सरपंच के पति भरत को चोट आई है। वहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे उसके छोटे भाई मुकेश राय को भी घूंसों से मारा पीटा गया। पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
बिलासपुर। हाईकोर्ट ने पुलिसकर्मियों के आउट आफ टर्न प्रमोशन के त्वरित निराकरण के निर्देश दिये हैं। हाईकोर्ट ने ये फैसला एक याचिका की सुनवाई के दौरान दिया। दरअसल ग्राम-पंडरीडांड, उदयपुर, जिला-सरगुजा निवासी नरेश पैंकरा पुलिस विभाग में एस.टी.एफ., बघेरा, जिला-दुर्ग में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे।उनकी पदस्थापना के दौरान जून-2024 में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल एवं जिला पुलिस बल द्वारा संयुक्त रूप से पुलिस थाना-कोहकामेटा, जिला-नारायणपुर में एक एण्टी नक्सल आपरेशन किया गया एवं उक्त एण्टी नक्सलाईड आपरेशन के पश्चात् नक्सलियों को मारा गया एवं भारी मात्रा में हथियार जब्त किया गया। आरक्षक नरेश पैंकरा द्वारा उक्त एण्टी नक्सल आपरेशन में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करने के पश्चात् भी उसे प्रधान आरक्षक के पद पर ऑउट ऑफ टर्न प्रमोशन प्रदान न किये जाने से क्षुब्ध होकर नरेश पैंकरा द्वारा हाईकोर्ट अधिवक्ता अभिषेक पाण्डेय एवं पी.एस. निकिता के माध्यम से हाईकोर्ट बिलासपुर के समक्ष रिट याचिका दायर की गई। हाईकोर्ट अधिवक्ता अभिषेक पाण्डेय एवं पी.एस. निकिता द्वारा हाईकोर्ट के समक्ष यह तर्क प्रस्तुत किया गया कि छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल अधिनियम 1973 की धारा 56(3) एवं पुलिस रेगुलेशन 1861 के रेगुलेशन 70 में यह प्रावधान किया गया है कि यदि कोई पुलिस अधिकारी / कर्मचारी किसी साहसिक कार्य या एण्टी नक्सल आपरेशन में शामिल होकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है तो उस पुलिस अधिकारी / कर्मचारी को उच्च्छा पद पर ऑउट ऑफ टर्न प्रमोशन प्रदान किया जायेगा। याचिकाकर्ता जून-2024 में कोहकामेंटा, जिला- नारायणपुर में किये गये एण्टी नक्सल आपरेशन में शामिल होकर 08 (आठ) नक्सलियों को मार गिराया इसके साथ ही भारी मात्रा में हथियार एवं गोला बारूद जब्त किया गया। इसके बावजूद भी याचिकाकर्ता को प्रधान आरक्षक पद पर ऑउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन प्रदान नहीं किया गया। उच्च न्यायालय, बिलासपुर द्वारा उक्त रिट याचिका की सुनवाई के पश्चात् रिट याचिका को स्वीकार कर पुलिस महानिदेशक (डी.जी.पी.) पुलिस मुख्यालय, रायपुर को यह निर्देशित किया गया कि वे छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल अधिनियम 1973 की धारा 56 (3) एवं पुलिस रेगुलेशन 1861 के रेगुलेशन 70 के तहत याचिकाकर्ता को प्रधान आरक्षक पद पर ऑउट ऑफ टर्न प्रमोशन प्रदान किये जाने हेतु प्रस्तुत अभ्यावेदन का निराकरण करें।
दुर्ग। फर्जी रजिस्ट्री मामले में कोटवार सहित तीन गिरफ्तार हुए है। पुलिस ने बताया कि शासकीय जमीन पर कब्जा व फर्जी रजिस्ट्री कर जमीन की बिक्री करने के मामले में जांच टीम को सफलता मिली। आरोपियों से मोबाईल व जमानत में लगने वाले अन्य लोगो के आधार कार्ड बरामद किया गया। आरोपियों द्वारा फर्जी ऋण पुस्तिका लाने का काम करते थे। एक आरोपी राजनांदगांव के ग्राम कापा का कोटवार है। बता दें कि इससे पहले प्रकरण में 11 आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है।
3 के खिलाफ FIR दर्ज
मुंगेली। चुनाव से ठीक 48 घंटे पहले शोर-शराबा सहित खुलेआम प्रचार-प्रसार पर रोक लग जाती है, जिससे प्रत्याशी शांतिपूर्ण माहौल में अपना प्रचार करते नजर आते हैं. वहीं मुंगेली जिले में मतदान से ठीक एक दिन पहले रात के अंधेरे का फायदा उठाने वाले एक सरपंच प्रत्याशी के तीन समर्थकों को रिटर्निंग अधिकारी और उनकी टीम ने प्रचार सामग्री और स्कॉर्पियो वाहन सहित पकड़ा है. अब उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है. जानकारी के अनुसार, सरपंच प्रत्याशी द्वारा मतदाताओं को प्रलोभन देने के उद्देश्य से साड़ी, मिठाई और अन्य वस्तुओं का वितरण किया जा रहा था. बता दें कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मतदान के पहले कलेक्टर राहुल देव और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल मुंगेली विकासखंड के फास्टरपुर मतदान केंद्र का निरीक्षण के लिए गए थे. वापसी के दौरान फास्टरपुर-मुंगेली मुख्य मार्ग पर ग्राम शीतलदह में स्कॉर्पियो वाहन को रुकवाकर कलेक्टर और एसपी ने जांच की. इस दौरान वाहन में साड़ी और मिठाई से भरी हुई डिब्बा मिला। वाहन में चालक समेत चार व्यक्ति सवार थे. कलेक्टर और एसपी ने सभी व्यक्ति से पूछताछ की तो बताया गया कि ग्राम पंचायत गस्तिकापा शीतलदह के सरपंच प्रत्याशी डॉ. अमर नवरंग द्वारा मतदाताओं को प्रलोभन देने के उद्देश्य से साड़ी और मिठाई का डिब्बा मंगाया गया है. कलेक्टर-एसपी ने इस पर तत्काल एक्शन लेते स्कॉर्पियो वाहन और प्रलोभन सामग्री को सीज करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए और निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कार्रवाई करने के लिए कहा. वाहन नंबर CG-28E 9654 स्कॉर्पियो वाहन और प्रलोभन सामग्री को सिटी कोतवाली थाना के सुपर्द कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. कलेक्टर ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा है कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार के प्रलोभन में न आए. हर एक महत्वपूर्ण है. अपने मतदान का प्रयोग सही प्रत्याशी के चयन के लिए करें. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा पूर्ण पारदर्शिता के साथ चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि चुनाव के दौरान प्रत्याशियों द्वारा मतदाताओं को अपने पक्ष में मतदान करने के लिए विभिन्न माध्यमों से प्रलोभन देने का प्रयास किया जाता है. उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा है कि अपने क्षेत्र के विकास के लिए सभी प्रत्याशियों को मतदान करें. मतदाता किसी भी प्रकार के प्रलोभन से बचे. साथ ही प्रलोभन देने वाले प्रत्याशियों की जानकारी जिला प्रशासन तक पहुंचाएं. इस कार्रवाई में जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, रिटर्निग अधिकारी, थाना प्रभारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Adv