बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • छत्तीसगढ़ पुस्तक घोटाला: जांच टीम की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, 5 DEO दोषी

    13-Feb-2025

    रायपुर. छत्तीसगढ़ में पुस्तक घोटाला मामले की जांच पूरी हो गई है. अपर मुख्य सचिव रेणु पिल्ले ने 1045 पेज की जांच रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है. अफसरों के साथ साठगांठ कर दो लाख की किताबें रद्दी में बेची गई थी. इस घोटाले में 5 जिले के डीईओ को दोषी पाया गया है. जांच टीम ने दो IAS समेत 24 लोगों का बयान लिया है. जांच में पाया गया कि दो लाख सरकारी किताबों को रद्दी के भाव में बेचा गया. इसमें एक लाख किताबें 2024-25 सत्र की है, बाकी 2014 से 2023 के बीच की है. जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की मांग पर किताबें डिपो से निकलीं और फिर कबाड़ी की दुकान पर गईं. टीम ने 1045 पेज की जांच रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है. जांच रिपोर्ट में राजनांदगांव, सूरजपुर, धमतरी, जशपुर के जिला शिक्षा अधिकारी को पुस्तक घोटाला मामले के दोषी बताए गए हैं.जांच में पाया गया कि 35 दिन में पेपर मिल तक 80 टन किताबें पहुंचाई गई. रियल बोर्ड एंड पेपर मिल के मालिक महेश पटेल और विनोद रूढानी ने जांच समिति को बताया कि उनके पास हर साल निगम की किताबें आती हैं, लेकिन हम सत्र नहीं देखते.

    जानिए पूरा मामला…
    बता दें कि रायपुर के सिलियारी स्थित पेपर मिल के कबाड़ में लाखों किताबें मिली थी. इनमें सरकार की ओर से प्रदेश के सभी स्कूलों में बांटी जाने वाली किताबें भी शामिल थी. सभी किताबें इसी सत्र की थी. इस मामले का उजागर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने किया था. इस मामले को लेकर उपाध्याय ने फैक्ट्री के सामने धरना देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि सरकार ने किताबें खरीदीं और बिना बांटे ही बेच दीं. मामले में सियासत तेज होने के बाद सरकार ने 5 सदस्यीय जांच कमेटी बनाई थी.
  • पंचायत चुनाव में शराब के खेल का पर्दाफाश, पुलिस ने खेत से जब्त की 361 पेटी शराब

    13-Feb-2025

    दुर्ग। पंचायत चुनाव के माहौल में जीत के लिए शराब बांटने का प्रचलन तेजी से चल रहा है, जिसपर जिला प्रशासन की टीम लगातार कार्रवाई नकेल कसने का काम कर रही है. वहीं दुर्ग जिले के डांडेश्वर गांव में ऐसी ही साजिश का पर्दाफाश हुआ है. धान के खेतों के बीच छिपाकर रखे गए 361 पेटी शराब को जब्त किया है. साथी दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है. यह मामला नगपुरा चौकी क्षेत्र का है. जानकारी के अनुसार, दुर्ग जिले के ग्राम डांडेश्वर में पुलिस ने पंचायत चुनाव में खपाने के लिए धान के खेतों के बीच छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में शराब की जब्ती की है. पुलिस ने देर रात करीब 3 बजे पुलिस ने छापेमारी कर 361 पेटी शराब बरामद की है. इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इन आरोपियों में से एक धनराज निषाद डांडेसरा और दूसरे विजय निषाद नगपुरा के निवासी हैं. पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है. बताया जा रहा है कि बड़ी मात्रा में शराब को रघु यादव के खेत में छिपाकर रखा गया था, जहां धान की फसल लगी हुई थी. फ़िलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.

  • छत्तीसगढ़ सरकार का महाकुंभ जत्था रवाना, आस्था की डुबकी लगाने की तैयारी

    13-Feb-2025

    रायपुर। प्रयागराज महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाने के लिए 13 फरवरी की सुबह छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री अरुण साव समेत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद, विधायक और मंत्रीगण प्रयागराज के लिए रवाना हुए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ उनकी पत्नी श्रीमती कौशल्या साय भी मौजूद हैं, जबकि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की पत्नी श्रीमती वीणा सिंह भी इस यात्रा में शामिल हैं। महाकुंभ में सभी श्रद्धालु पवित्र स्नान कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना करेंगे। प्रयागराज महाकुंभ हिंदू धर्म का एक महत्वपूर्ण आयोजन है, जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगाने के लिए पहुंचते हैं। इस धार्मिक यात्रा को लेकर छत्तीसगढ़ के राजनीतिक और धार्मिक जगत में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

  • पति ने तलाक माँगा तो पत्नी ने करवा दी पिटाई

    13-Feb-2025

    रायगढ़। रायगढ़ में एक मारपीट का मामला सामने आया है। जिसमें एक पत्नी ने दोस्तों के साथ मिलकर अपने पति की जमकर पिटाई कर दी। साथ ही गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। घटना जूटमिल थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के मुताबिक सोनूमुड़ा काली मंदिर के पीछे रहने वाला जितेन्द्र शर्मा 28 साल रोजी मजदूरी का काम करता है। साल 2017 में जितेन्द्र की शादी सामाजिक रीति रिवाज से नेहा शर्मा के साथ हुई थी। शादी की शुरूआत में दोनों के बीच सब कुछ ठीक था। इससे उनके दो बच्चे भी हैं, लेकिन बाद में छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होने लगा। लगातार पति-पत्नी के बीच आपसी झगड़ा को देखते हुए जितेन्द्र ने नेहा शर्मा से तलाक लेने के लिए परिवार न्यायालय में आवेदन लगाया है। जहां मामला विचाराधीन है।  बुधवार की दोपहर को नेहा शर्मा अपने रेलवे बंगला पारा में रहने वाले दोस्त निलेश साहू व एक अन्य युवक के साथ जितेन्द्र के घर चली गई। तब जितेन्द्र ने न्यायालय का फैसला होने के बाद घर आने की बात कही । इससे उसकी पत्नी नेहा नाराज हो गई और घर के सामने अपने दोनों दोस्तों के साथ मिलकर उसे गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। जब जितेन्द्र ने गाली देने से मना किया, तो नेहा, निलेश व उनका एक अन्य साथी ने लात घुसों से उसकी जमकर पिटाई शुरू कर दी। 

  • निर्दलीय प्रत्याशी का समर्थक घायल, जानलेवा हमला हुआ

    13-Feb-2025

    बिलासपुर। बिलासपुर में नगरीय निकाय चुनाव के दौरान हुआ विवाद अब ख़ूनी संघर्ष में बदलने लगा है। रघुराज स्टेडियम स्थित पोलिंग बूथ में हुई मारपीट के बाद बुधवार की रात युवकों ने मिलकर निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थक पर हमला कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया। . हमले में घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर, पुलिस ने यह कहकर FIR दर्ज नहीं कि घायल युवक सही जगह नहीं बता पा रहा है। पुलिस को ये भी शक है कि वो खुद सिर फोड़कर थाने पहुंच गया। वहीं, मामले में पुलिस पर पक्षपात करने के आरोप लग रहे हैं। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।  दरअसल, नगरीय निकाय चुनाव में वार्ड क्रमांक 32 में मतदान के लिए रघुराज सिंह स्टेडियम को मतदान केंद्र बनाया गया था। मंगलवार की शाम यहां फर्जी वोटिंग कराने को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी के एजेंट और पूर्व पार्षद के समर्थकों के बीच विवाद हो गया। जिसके बाद आरोप लगाया गया कि पूर्व पार्षद और समर्थकों ने भाजपा नेता के एजेंट की स्टेडियम में दौड़ाकर पिटाई कर दी। 

  • साड़ी खींचने लगा, महिला को दांत से काटा, छेड़खानी का आरोपी गिरफ्तार

    13-Feb-2025

    रायगढ़। चक्रधरनगर पुलिस ने छेड़खानी के गंभीर मामले में आरोपी गौतम कुलदीप (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला 6 फरवरी 2025 का है, चक्रधरनगर क्षेत्र की एक महिला ने उसके परचित गौतम कुलदीप पर अमर्यादित हरकतें करने और जबरदस्ती करने का आरोप लगाई थी। महिला का कहना है कि गौतम उसकी मंशा के खिलाफ जबरदस्ती घर आया, कपड़े खींचने की कोशिश की, और जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसे दांत से काट लिया। घटना की रिपोर्ट 12 फरवरी को महिला ने एक लिखित आवेदन देकर दर्ज कराया गया जिसके बाद चक्रधरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अप.क्र. 71/2025 धारा 74, 76, 118(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। महिला पुलिस अधिकारी ने पीड़िता का बयान लिया और तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस की सक्रियता से तत्काल आरोपी गौतम कुलदीप को देर रात गिरफ्तार कर लिया गया और आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव, महिला प्रधान आरक्षक समुंद रनकर और हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही। पुलिस ने कड़ा संदेश दिया है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

  • फर्जी दरोगा पकड़ाया बलौदाबाजार में, ठग रहा था बेरोजगारों को

    13-Feb-2025

    बलौदाबाजार। पुलिस ने फर्जी दरोगा को गिरफ्तार किया है. आरोपी युवक यूपी पुलिस की वर्दी पहनकर गांव में घूम रहा था और लोगों पर रौब झाड़ रहा था. शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी गिरफ्तार कर यूपी पुलिस की वर्दी, जूते, टोपी आदि जब्त किया है. जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान लखनऊ निवासी 29 रौशन गौतम के रूप में हुई है. सोनखाना पुलिस के पास शिकायत आई कि ग्राम महकम में एक व्यक्ति पुलिस की वर्दी पहने दिखा, जिसके कंधे पर दो स्टार और यूपी पुलिस का बैच लगा था. आरोपी यूपी पुलिस विभाग में नौकरी लगाने, कोई काम हो तो मुझे कहना इस प्रकार की बातें कह रहा था. जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को महकम ग्राम में घूमते हुए गिरफ्तार किया. आरोपी के पास से यूपी पुलिस की वर्दी, जूता, बेल्ट टोपी आदि जब्त किया गया है. मामले में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 108/2025 धारा 204 बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है. 

  • पड़ोसी रिश्तेदार ने कराई थी डकैती, 66 लाख बरामद , हो गया खुलासा

    13-Feb-2025

    रायपुर। मंगलवार को राजधानी की पॉश कॉलोनी अनुपम नगर में वेलू परिवार के यहां दिन दहाड़े 66 लाख की डकैती को अंजाम देने वाले 10 आरोपी दुर्ग और नांदगांव से पकड़ लिए गए हैं। पुलिस ने रकम भी बरामद किया है। बीते 48 घंटे की पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इसका मुख्य आरोपी, वेलू परिवार का पड़ोसी ही है। जो उनका रिश्तेदार भी है। और इस पड़ोसी को जमीन बेचने से मिली रकम वेलू परिवार के घर में होने की जानकारी थी । इनके बीच जमीन विवाद भी चल रहा था। और उसी ने अपने साथियों के साथ योजना बनाकर डकैती की। खुफिया इनपुट्स के आधार पर रायपुर पुलिस ने बीती देर रात आरोपियों को धरदबोचा । बताया जा रहा है कि डकैती की रकम का बंटवारा करने के लिए सभी आरोपी गुप्त ठिकाने पर छिपे हुए थे। जहां दबिश देकर सभी को गिरफ्तार किया गया।  इस आपरेशन में 60 सदस्यीय विशेष टीम लगाई गई थी। 10 अलग-अलग टीमें रातोंरात दुर्ग और राजनांदगांव रवाना की गईं। घेराबंदी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सुबह 6 बजे रायपुर लाया गया। 

  • रायपुर स्थित JAES कंपनी में आयकर विभाग ने मारी रेड

    12-Feb-2025

    रायपुर। आयकर विभाग ने आज फिर बड़ी कार्रवाई प्रदेश में की है। छत्तीसगढ़ में 108 एंबुलेंस सेवा संचालित करने वाली जय अंबे इमरजेंसी सर्विसेस (JAES) के ठिकानों पर इनकम टैक्स की टीम ने छापा मारा है. कंपनी के अवंती विहार स्थित ऑफिस के अलावा घर समेत कई ठिकानों पर सुबह से पहुंची 8 से 10 अधिकारियों की टीम दस्तावेजों के साथ इलेक्ट्रानिक डिवाइस की जांच कर रही है। इस कार्रवाई में आयकर विभाग की एक विशेष टीम शामिल है, जिसमें 8 से 10 अधिकारी विभिन्न दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की गहन जांच कर रहे हैं। कंपनी और इसके संचालक से जुड़े अन्य ठिकानों पर भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, बड़े पैमाने पर जमीन की खरीद-फरोख्त में गड़बड़ियों और वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई है। आयकर विभाग इस छापेमारी के दौरान सभी संदिग्ध लेन-देन और संपत्तियों की बारीकी से जांच कर रहा है। 

  • पनीर खाकर 8 लोग पड़े बीमार, फूड प्वाइजनिंग की पुष्टि

    12-Feb-2025

    कोण्डागांव। मर्दापाल क्षेत्र के हंगवा गांव में एक छट्टी कार्यक्रम के दौरान बने पनीर की सब्जी खाने से एक ही परिवार के आठ से अधिक सदस्य फूड प्वाइजनिंग के शिकार हो गए। सभी बीमार लोगों को बुधवार, 12 फरवरी को कोण्डागांव जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के मुताबिक़ हंगवा गांव के एक परिवार बच्चे के जन्म पर सोमवार को छठी समारोह का आयोजन किया गया। इस खास मौके पर विशेष रूप से पनीर की सब्जी बनाई गई, जिसे परिवारजनों, रिश्तेदारों और अन्य मेहमानों को परोसा गया। हालांकि, भोज में शामिल कई लोगों की तबीयत मंगलवार रात से ही बिगड़ने लगी। बुधवार दोपहर तक अशिका कोर्राम (40), सांविकी कोर्राम (34), हांता कोर्राम (38), सोनाई कोर्राम (5), रायबत्ती कोर्राम (9), सोरिका कोर्राम (6), मर्शिला कोर्राम (12) और पूजा कोर्राम (9) की हालत ज्यादा बिगड़ गई। स्थिति गंभीर होने पर इन्हें तुरंत कोण्डागांव जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

  • मेडिकल कॉलेज के वेस्ट साइट में आगजनी, असामाजिक तत्वों पर शक

    12-Feb-2025

    कोरबा। जिला मेडिकल कॉलेज परिसर में अचानक आग लग गई। कॉलेज परिसर के पीछे स्थित मेडिकल वेस्ट साइट में आग लगने से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।घटना की जानकारी मिलते ही मरचुरी के कर्मचारी दामोदर ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचित किया। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। आग की लपटें तेजी से फैल रही थीं और पास में स्थित सुलभ शौचालय की ओर बढ़ रही थीं। अगर समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो यह एक बड़ी दुर्घटना का रूप ले सकती थी। प्रारंभिक जांच में आग लगने के पीछे असामाजिक तत्वों का हाथ होने की आशंका जताई गई है। गर्मी के मौसम में आग की घटनाएं आम हो जाती हैं, जिससे जान-माल का भारी नुकसान होता है। जिले में इस तरह की आपात स्थितियों से निपटने के लिए विभिन्न संस्थानों जैसे नगर पालिका निगम, छत्तीसगढ़ विद्युत उत्पादन कंपनी, एनटीपीसी, एसईसीएल, आईओसी और बाल्को के पास दमकल वाहन उपलब्ध हैं। 

  • रेलवे इंजीनियर से 31 लाख की ऑनलाइन ठगी, FIR दर्ज

    12-Feb-2025

    बिलासपुर। बिलासपुर में रेलवे इंजीनियर से 31 लाख की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर ठगी की है। रेलवे कॉलोनी के रहने वाले पीड़ित इंजीनियर की रिपोर्ट पर साईबर रेंज थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दरअसल, रेलवे कॉलोनी निवासी अनिल एक्का रेलवे में सहायक कार्यपालन अभियंता के पद पर कार्यरत हैं। उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप पर मैसेज आया। मैसेज भेजने वाली एक युवती ने शेयर बाजार में निवेश और अधिक मुनाफे की बात की। पहले तो अनिल एक्का ने इसे नजरअंदाज किया, लेकिन युवती की लगातार बातों से वे प्रभावित हो गए और इस निवेश में रुचि लेने लगे।  इसके बाद युवती ने उन्हें एक फॉर्म भरवाया और एक लिंक भेजकर एक एप डाउनलोड करने को कहा। एप पर निवेश करने के बाद उन्हें पहले छोटे-छोटे मुनाफे दिखाए गए। धीरे-धीरे उनकी राशि बढ़ती गई, जिससे उनका विश्वास और मजबूत हुआ। एप में कुछ महीनों में ही उन्हें 83 लाख रुपये तक का मुनाफा दिखने लगा। जब उन्होंने इस रकम को निकालने की कोशिश की, तो जालसाजों ने प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 20 लाख रुपये मांगे। इस पर अनिल एक्का ने बैंक से लोन लिया और दोस्तों से उधार लेकर पैसे जमा कर दिए। कुल मिलाकर उन्होंने 31 लाख रुपये इस एप में डाल दिए। लेकिन अचानक एप बंद हो गया और कोई संपर्क नहीं हो पाया। जब उन्हें ठगी का एहसास हुआ, तो वे रेंज साइबर थाने पहुंचे और घटना की शिकायत दर्ज कराई है। रेंज सायबर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। 

  • छोटा हाथी वाहन को खंभे में जा घुसा, ड्राइवर नशे में धुत

    12-Feb-2025

    रायपुर। यह हादसा गुढ़ियारी में आज शाम हुई। करीब 4.30 बजे भारत माता चौक से केनरा बैंक के सामने तक यह छोटा हाथी वैन अनियंत्रित होकर इस हालत तक जा पहुंचा । ड्राइवर यह करीब 200 मीटर दूर तक इसी हालत में चलाता रहा। और बैंक के सामने जाकर खंभे से भिड़कर ही रू का। ड्राइवर शराब के नशे में धुत था। इस दौरान उसने कई ठेलों को ठोका। और 4-5 राहगीरों को हल्की चोट पहुंचाया। खंबे से टकराकर रुकने के बाद लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंपा। 

  • राजिम से सटे शराब दुकानें 15 दिन बंद रहेंगे

    12-Feb-2025

    राजिम। छत्तीसगढ़ में राजिम कुंभ मेले की शुरूआत आज से को गई है। 15 दिनों तक चलने वाले मेले में देशभर से साधु संत पहुंचेंगे। छत्तीसगढ़ सरकार ने मेला को देखते हुये राजिम कुंभ कल्प मेला से लगे जिले और आसपास की शराब दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। शराब दुकाने आज से 15 दिनों तक बंद रहेगी। जारी आदेश के मुताबिक, राजिम कुंभ कल्प मेला के दौरान मेला प्रारंभ 12.02.2025 से 26.02.2025 (महाशिवरात्रि) तक, कुल 15 दिन, मेला क्षेत्र के आसपास स्थित, देशी एवं विदेशी मदिरा दुकान, राजिम (बाह्य), जिला-गरियाबंद, देशी एवं विदेशी मदिरा दुकान, गोबरा नवापारा, जिला-रायपुर तथा देशी एवं विदेशी मदिरा दुकान, मगरलोड, जिला-धमतरी, कुल 06 देशी एवं विदेशी मदिरा दुकानें बंद रहेगी। 

  • एजाज ढेबर से EOW-ACB दफ्तर में पूछताछ जारी

    12-Feb-2025

    रायपुर। एजाज ढेबर से EOW-ACB दफ्तर में पूछताछ जारी है। दरअसल, 7 फरवरी को EOW ने नोटिस जारी कर एजाज को पूछताछ के लिए दफ्तर बुलाया था, लेकिन निगम चुनाव के कार्यों में व्यस्त होने का हवाला देते हुए पूछताछ के लिए समय मांगा था। बता दें कि शराब घोटाले में पूर्व महापौर एजाज ढेबर के बड़े भाई अनवर ढेबर को एजेंसियों ने घोटाले का मास्टरमाइंड बताया है। मामले में लंबे समय से न्यायिक रिमांड में रायपुर सेंट्रल जेल में बंद है। वहीं, इस मामले में EOW और प्रवर्तन निदेशालय की टीम जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक EOW को जांच के दौरान नए तथ्य मिले हैं। जिसके बाद पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया गया है। पूर्व महापौर को नोटिस जारी होने के बाद यह चर्चा हो रही है कि पूछताछ शुरू होने के बाद उनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। 

  • टमाटर गाड़ी से करोड़ों की शराब जब्त, कवर्धा और रायपुर में होनी थी सप्लाई

    12-Feb-2025

    कवर्धा। छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की सीमा पर स्थित चिल्फी चेकपोस्ट पर आबकारी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 400 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। यह शराब मध्यप्रदेश में निर्मित थी और इसे छत्तीसगढ़ के कवर्धा और रायपुर जिले में खपाने की तैयारी थी। मुखबिर की सूचना पर आबकारी टीम ने इस वाहन को रोका और जांच के दौरान शराब बरामद की। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और उससे पूछताछ जारी है।  तस्करों ने इस बार शराब की खेप को छुपाने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने शराब की बोतलों को टमाटर के कैरेट में भरकर ट्रक में लोड किया था, ताकि चेकपोस्ट पर किसी को शक न हो। हालांकि, आबकारी विभाग की सतर्कता और मुखबिर की सटीक सूचना के चलते यह तस्करी नाकाम हो गई। जांच में यह सामने आया है कि जब्त की गई अंग्रेजी शराब मध्यप्रदेश में निर्मित थी और इसे छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से सप्लाई किया जा रहा था। तस्कर इस शराब को कवर्धा और रायपुर के बाजारों में खपाने की फिराक में थे। 

  • रायपुर में सेक्स रैकेट ऑपरेट करने वाले 11 एजेंट गिरफ्तार, बुलाते थे विदेशी लड़कियां

    12-Feb-2025

    रायपुर। रायपुर में सेक्स रैकेट ऑपरेट करने वाले 11 एजेंट गिरफ्तार किए गए है। खुलासा कर पुलिस ने बताया, 05-06.02.2025 की दरम्यानी रात्रि थाना तेलीबांधा क्षेत्रांतर्गत व्ही.आई.पी. मेन रोड फ्लावर वैली अमलीडीह जाने वाले रोड में कार क्रमांक सी जी/10/एफ ए/5046 के चालक द्वारा शराब के नशे में अपने वाहन को तेज एवं लापरवाही पूर्वक चलाते हुये एक्टिवा वाहन को ठोकर मारकर एक्सीडेंट कर दिया गया था जिससे एक्टिवा वाहन में सवार 03 व्यक्तियों को चोट आने पर उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान एक व्यक्ति अरूण कुमार विश्वकर्मा की मृत्यु हो गई। प्रार्थी शाहरूख खान की रिपोर्ट पर आरोपी के विरूद्ध थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 83/25 धारा 281, 125(ंए), 110, 3(5) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया गया। 

  • 8 स्टूडेंट्स के खिलाफ पुलिस ने लिया एक्शन, स्टंटबाजी पर कार्रवाई

    12-Feb-2025

    सरगुजा. फेयरवेल पार्टी के दौरान वाहनों में छात्रों का स्टंट करने का मामला सामने आया है. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा. यह मामला सरगुजा के निजी स्कूल मोंटफोर्ट और OPS के फेयरवेल पार्टी का बताया जा रहा है. गांधीनगर पुलिस ने वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए 8 छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है. जानकारी के मुताबिक, एक फरवरी को MONTFORT और 8 फरवरी को OPS स्कूल में फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया था. इस दौरान छात्रों ने गांधीनगर थाना क्षेत्र के शंकरघाट से सरगांव जाने वाले रोड पर स्टंट किया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. 

  • वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने बजट 2025 को लेकर मंत्रियों की बैठक ली

    12-Feb-2025

    रायपुर। वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने बजट 2025 को लेकर मंत्रियों की बैठक ली। बैठक को लेकर मंत्री रामविचार नेताम ने कहा, छत्तीसगढ़ के हर नागरिक के जीवन को समृद्ध और उत्तम बनाने के लिए बजट प्रावधानों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर मंत्रालय के अधिकारियों संग व्यापक समीक्षा की गई। प्रदेश की भाजपा सरकार मोदी की गारंटी के साथ हर व्यक्ति के खुशहाल भविष्य के लिए संकल्पबद्ध है! x पोस्ट में मंत्री चौधरी ने लिखा,आज महानदी भवन, मंत्रालय में वर्ष 2025-26 के मुख्य बजट व नवीन मद प्रस्तावों पर मंत्री स्तरीय चर्चा में मंत्री रामविचार नेताम से उनके विभागों आदिम जाति-अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग-अल्पसंख्यक विकास, कृषि विकास व किसान कल्याण के संबंध में चर्चा की। 

  • भिलाई में मासूम के ऊपर से गुजरी स्कूली वैन, मौत

    12-Feb-2025

    दुर्ग। भिलाई में एक स्कूल वैन ने दो साल की मासूम बच्ची को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मोहल्ले में मातम फैल गया। सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और वैन चालक को गिरफ्तार कर बच्ची को पीएम के लिए भेजा। बच्ची के ममरे भाई चंद्रपाल जायसवाल ने बताया कि वो पांच रास्ता कांट्रैक्टर कालोनी सुपेला में रहती है। दुर्घटना बुधवार सुबह 7 से 8 बजे के बीच की है। उसकी मामी विभा जायसवाल के तीन बच्चे हैं। दो बच्चे कृष्णा विद्यालय रामनगर में पढ़ते हैं। स्कूल की वैन बच्चों को लेने के लिए आई थी। विभा के तीन बच्चे हैं। वो अपनी दो साल की बच्ची अंशिका को गोद में लेकर अन्य दो बच्चों को वैन में बैठाने के लिए पहुंची थी। इस दौरान उसने अंशिका को गोद से नीचे उतार दिया और बच्चों को वैन में बैठाने लगी। अचानक बच्ची चलकर वैन के आगे पहुंच गई और वैन चालक ने गाड़ी को बढ़ा दिया, इससे वैन मासूम के ऊपर चढ़ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। 

Top