रायपुर। एक ओर देशभर में स्वच्छता अभियान पर करोड़ों रुपए खर्च हो रहे हैं, प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक स्वच्छता का संदेश दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर रायपुर के रानी लक्ष्मी बाई वार्ड क्रमांक 10 मोवा इलाके में कुछ ढीठ नागरिकों की करतूतें इन प्रयासों को ठेंगा दिखा रही हैं। मामला आदर्श नगर का है, जहां नाले को कचरा घर बना दिया गया है। आदर्श स्कूल के पीछे बहने वाले नाले के किनारे पॉश कॉलोनी होने के बावजूद यहाँ के कुछ रहवासी कचरा, बोरी, पॉलीथीन में भरकर सीधे नाले में फेंक रहे हैं। थर्माकोल, कपड़ा, बिस्तर, मलबा, लकड़ी, डंठल, जूठन व खड्डे तक को नाला में फेंक रहे हैं।मानो नाला उनके निजी कचरा घर में बदल चुका है। वहीं सीसी रोड पर कचरा फेंकने का रिवाज भी बना हुआ है। हैरानी की बात यह है कि जब उन्हें रोका जाता है तो वे न केवल सुधरते बल्कि उलटे नाराज हो जाते हैं। शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद अब-तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बरसात के दिनों में यही गंदगी मुसीबत का कारण बनती है। नाले में फेंका गया कचरा पानी के प्रवाह को रोक देता है, जिससे पूरा मोहल्ला गंदे पानी से लबालब भर जाता है। स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। स्थानीय निवासियों ने कई बार टोलफ्री नंबर पर शिकायतें दर्ज करवाईं, लेकिन नतीजा शून्य रहा। लोगों का आरोप है कि प्रशासन भी इस मामले में निष्क्रिय नजर आ रहा है, और दोषी नागरिक बेखौफ होकर नाला भरने में लगे हुए हैं। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए रायपुर नगर निगम को सख्त कार्रवाई करनी होगी। स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया जाए और आवश्यकता पड़ने पर कानूनी कार्रवाई भी हो। यहां कचरा फेंकने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने की जरूरत भी है। इसके अलावा संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं या लगाने के लिए प्रोत्साहित करें ताकि दोषियों की पहचान हो सके और नगर निगम कार्यवाही कर सके। यह घटना साफ दिखाती है कि स्वच्छता केवल सरकार का काम नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। अगर ऐसे लोगों की मानसिकता नहीं बदली गई तो स्वच्छता अभियान का सपना साकार करना मुश्किल होगा।स्वच्छता का संदेश घर-घर तक पहुंचाने के बावजूद ढीठ लोग कसम खा चुके हैं कि उन्हें नहीं सुधरना। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन व नगर निगम इन पर कब और कैसे नकेल कसता है।
रायपुर। रायपुर के पचपेड़ी नाका स्थित निजी TV चैनल के मेन स्टूडियो में रात के समय भीषण आग लगने से बड़ी क्षति होने की आशंका जताई जा रही है। आधी रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच अचानक स्टूडियो से धुंआ उठते हुए देखा गया, जिसके बाद चैनल के स्टाफ ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी और आग पर काबू पाने की कोशिशें शुरू कर दीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग मुख्य स्टूडियो की पहली मंजिल पर लगी थी। आग के धुएं की अधिकता के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में कठिनाई हो रही थी, क्योंकि वे अंदर घुसने में दिक्कतों का सामना कर रहे थे। सूचना मिलने के बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। इसके बाद, दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी थीं। आग की सूचना मिलने के बाद रायपुर के SSP डॉ. लाल उमेद सिंह, ASP ग्रामीण, SDRF और पुलिस के आला अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हालांकि, आग लगने के कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक आग ने काफी नुकसान पहुंचाया है। फिलहाल, टिकरापारा थाना पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है, और आग के कारणों की जांच की जा रही है।
रायपुर। रायपुर के दलदल सिवनी स्थित हर्ष विहार कॉलोनी में बहादुर गार्ड की सूझबूझ से बड़ी वारदात होने से बच गई. कॉलोनी में चोरी करने 4 बदमाश घुसे थे, जिसे गार्ड ने बहादुरी दिखाते हुए दौड़ाकर भगाया. चोरी करने की नीयत से चोर एक घर के पीछे से कंसर्टिना तार काटकर घर के पोर्च से होते हुए मेन गेट तक पहुंच गए थे. चोर अंदर घुसने की कोशिश करने लगे थे, जिसे देखते ही गार्ड ने डंडा लेकर दौड़ाया और चोरों को भगाने में कामयाब रहे. पूरा मामला मोवा थाना क्षेत्र का है. चोरों ने कॉलोनी में अंधेरे वाले खाली घर की तलाश शुरू की, तभी कॉलोनी के साहसी गार्ड चंद्रशेखर की नजर उन पर पड़ी. गार्ड ने बिना किसी डरे तुरंत हरकत में आते हुए डंडा लेकर चोरों को दौड़ाया. अचानक हमले से घबराए चोर जिस रास्ते से आए थे उसी रास्ते से भाग निकले. गार्ड ने बहादुरी दिखाते हुए चोरों का पीछा किया. सभी बदमाश बाउंड्री से कूदकर भाग खड़ा हुए.
रायपुर। नवा रायपुर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में कल शाम लीजेन्ड 90 क्रिकेट लीग शुरू हुआ। उदघाटन समारोह में बॉलीवुड स्टार उर्वशी रौतेला और अन्य कलाकारों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किया। यह लीग 18 फरवरी तक चलेगा। आयोजकों ने आज से एंट्री फ्री मुफ्त कर दी है। केवल पेवेलियन और मीडिया दीर्घाएं ही पास धारियों के लिए होंगी।शेष सभी गैलरियों में प्रवेश फ्री होगा। क्रिकेट प्रेमी सपरिवार मैच देख सकते हैं । इंट्री फ्री कर दी गयी हैं। पास और टिकट की जरूरत नहीं है। पहली बार हो रहे इस प्रतियोगिता में क्रिस गेल, डेविड वॉर्नर, हरभजन सिंह, शिखर धवन, युवराज सिंह, सुरेश रैना, मैथ्यू वेड, मोइन अली, आरोन फिंच, तिसारा परेरा, रॉबिन उथप्पा, दिनेश कार्तिक, शॉन मार्श, मार्टिन गप्टिल, केदार जाधव, बेन डंक, शाकिब अल हसन और डेनियल क्रिश्चियन जैसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के दिग्गज खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं। इस अवसर पर बलविंदर सिंह, राहुल भदौरिया (संचालक स्पोर्ट्स मिंट), सदन घोष (संचालक यारों), गौरव बत्रा और राजीव सोनी भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री साय ने क्रिकेट प्रेमियों से लीजेंड 90 क्रिकेट लीग के आयोजन में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
बिलासपुर. कलेक्टर ने जिले के 4 गुंडा बदमाश को 6 महीने के लिए जिला बदर किया है. इसमें युवा कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष भी शामिल हैं. अलग-अलग धाराओं के तहत सभी के खिलाफ अपराध दर्ज है. राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जिला बदर की कार्रवाई की गई है. जिला दण्डाधिकारी एवं कलेक्टर ने यह आदेश जारी किया है. शांतिपूर्ण मतदान के लिए यह कार्रवाई की गई है. बता दें कि नए कानून लागू होने के बाद गुंडे बदमाशों में अब खौफ का माहौल है. बड़े गुंडे नापने गुर्गे के जरिये वारदात को अंजाम दे रहे है. जिस पर लगाम लगाने पुलिस भी पीछे नहीं है. अब रूटीन चेकिंग की तरह हर हफ्ते गुंडे बदमाशों की परेड थानों में लगवाई जा रही है. साथ ही हिदायत दी जा रही है कि अपराध से दुरी बनाए नहीं तो सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.
रायपुर। सीएम विष्णुदेव साय की जन आशीर्वाद यात्रा 8 फरवरी को राजधानी रायपुर के 70 वार्डो से गुजरेगी यह यात्रा दोपहर 3.30 बजे भनपुरी चौक से आरंभ होकर जय स्तंभ चौक में रात्रि 7.00 बजे समाप्त होगी। लगभग 32 किलोमीटर की जन आशीर्वाद यात्रा में नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा का कमल खिलाने की अपील करेंगे। इस यात्रा में महापौर पद की प्रत्याशी मिनल चौबे और 70 वार्डो से बीजेपी प्रत्याशी के साथ साथ बीजेपी कार्यकर्ता सम्मिलित होंगे।
रायपुर। नवा रायपुर में एक्जीक्यूटिव ऑफिसर के घर चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार हो गया है। अमन कुमार तिवारी ने थाना राखी में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह ब्लाक नं0 14 मकान नं0 307 सेक्टर 29 नवा रायपुर में रहता है तथा बालको मेंडिकल सेंटर नवा रायपुर के चिकित्सा अभिलेख विभाग में एक्सीक्यूटीव पद पर कार्यरत है। प्रार्थी दिनांक 07/01/2025 को सुबह 09ः00 बजे घर में ताला लगाकर ड्यूटी चला गया था, दोपहर 03ः00 बजे घर आया तो देखा कि मुख्य दरवाजा का कुण्डी और ताला टूट कर नीचे पडा था। अंदर जाकर देखा बेड रूम में रखा डेल कंपनी का लैपटाप, हार्ड डिक्स एवं सफारी कंपनी का ट्राली बैग नही था। कोई अज्ञात चोर प्रार्थी के सूने मकान का ताला तोड़कर कमरे अंदर प्रवेश कर कमरे में रखें उक्त मशरूका को चोरी कर ले गया। प्रार्थी कि रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना राखी में अपराध क्रमांक 07/25 धारा 305, 331(3) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया गया। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन व थाना प्रभारी राखी के नेतृत्व में थाना राखी पुलिस की टीम द्वारा घटना के संबंध में प्रार्थी सहित आसपास के लोगों से विस्तृत पूछताछ कर अज्ञात आरोपी की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा घटना स्थल व उसके आसपास लगे सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेजों का अवलोकन करने के साथ ही प्रकरण में मुखबीर लगाये गये। चोरी के पुराने आरोपियों की तस्दीकी करने के साथ ही हाल ही में जेल से रिहा हुये चोरी के आरोपियों के संबंध में भी जानकारी एकत्र की जा रहीं थी। तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से भी अज्ञात आरोपी की पतासाजी कर चिन्हांकित करने के प्रयास किये जा रहे थे।इसी दौरान टीम के सदस्यों को घटना में संलिप्त आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई तथा अज्ञात आरोपी की पहचान नवा रायपुर सेक्टर 29 निवासी मुकेश कुमार चौधरी के रूप में करते हुये उसकी पतासाजी कर पकड़ा गया। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूूछताछ करने पर मुकेश कुमार चौधरी द्वारा चोरी की उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया। चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी द्वारा थाना राखी क्षेत्र के अलग - अलग स्थानों में स्थित 04 सूने मकानों का ताला तोड़कर चोरी की अन्य 04 घटनाओं को भी अंजाम देना बताया गया, जिसमें आरोपी के विरूद्ध थाना राखी में अपराध क्रमांक 10/25 धारा 305, 331(3) बी.एन.एस., अपराध क्रमांक 23/25 धारा 305, 331(3) बी.एन.एस., 24/25 धारा 305, 331(3) बी.एन.एस. एवं अपराध क्रमांक 25/25 धारा 305, 331(3) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध है। आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर कब्जे से उक्त प्रकरणों में चोरी की 11 नग अलग-अलग कंपनी के लैपटॉप, 02 नग ट्रॉली बैग, कपडा, 02 नग हाथ घडी, 08 नग लैपटाप चार्जर, 04 नग माउस, 01 नग हार्ड डिस्क, 01 नग बडी एलईडी टीवी कोडक कंपनी का तथा 01 नग एलईडी टीवी सैमसंग कंपनी जुमला कीमती लगभग 4,00,000/- रूपये जप्त कर आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही किया गया। गिरफ्तार आरोपी - मुकेश कुमार चौधरी पिता रामलाल चौधरी उम्र 32 वर्ष स्थायी पता ग्राम गोठडा भूरकान थाना दादिया जिला सीकर राजस्थान। हाल पता सेक्टर 29 मकान नं० एचआईजी/383 नवा रायपुर थाना राखी जिला रायपुर छ०ग०।
रायपुर। खरोरा के ग्राम बुडगहन में मंगलवार शाम सतनाम भवन में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम के दौरान आपसी विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. इस झगड़े में कई लोग घायल हो गए. पीड़ित के अनुसार, दशगात्र कार्यक्रम में भोज के दौरान उसने कोमल भारद्वाज को भोजन के लिए आमंत्रित किया, लेकिन कोमल ने गाली-गलौज करते हुए खाने से इनकार कर दिया. इस पर हुए विवाद के बाद कोमल ने अपने भाई रमेश चेलक और भोला चेलक को बुला लिया. तीनों ने मिलकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। स्थानीय लोगों के बीच-बचाव के बावजूद मामला शांत नहीं हुआ. कोमल ने भवन के अंदर जाकर खुद को बंदकर लिया और फिर दरवाजा खोलकर स्टील के चमचे से हमला करने लगा. इस हमले में अमन कुर्रे के सिर पर, शशि जोशी के कंधे और हाथ पर गंभीर चोटें आईं. वहीं, पीड़ित के सिर, कंधे और आंख के पास भी चोटें लगी हैं. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. डायल 112 को कॉल कर स्थानीय लोगों ने पुलिस को बुलाया और फिर थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई. पुलिस ने बताया कि मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर। गोलबाजार इलाके में एक बुजुर्ग महिला धोखाधड़ी का शिकार हो गई। अज्ञात महिला और दो पुरूषों ने चंगोराभाठा निवासी 60 वर्षीय मालती यादव को झांसे में लेकर खाना खाने के बहाने पैसा मांगे फिर उसे अपने साथ आटो में बिठाकर रेल्वे स्टेशन के पास ले जाकर 25 हजार गहने और पैसे लेकर कागज की गठरी थमा कर फरार हो गए। मालती यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह रविभवन गोलबाजार में झाडू पोंछा का काम करती है। मंलवार को वह रोज की तरह काम से गोलबाजार गई हुई थी। जब वो काम से घर जा रही थी। तब रास्ते में एक लडक़ा आया और खाना खाने के लिए पैसे मांगे। मालती ने उसे 5 सौ रूपए दे दिए। जिसके बाद दो अन्य महिला, पुरूष वहां आ गए। उसे अपने एम जी रोड से आटो में बिठाकर अपने साथ रेल्वे स्टेशन की ओर ले गए। जहां आटो में तीनों ने मालती के गहने उतार लिए और उसे रेल्वे स्टेशन के पास ले गए। जहां पर अज्ञात ने अपने अन्य साथी को रेल्वे स्टेशन में छोडऩे की बात कर मालती को गठरी थमा कर बंजारी मंदिर के पास गोलबाजार में रूकने को कहा और शाम को गठरी लेने वापस आने की बात कर वहां से फरार हो गए। डरी सहमी बुजुर्ग उसक इंतजार में बैठी रही। शाम घर जाकर उसने उस गठरी को देखा तो उसमें रद्दी के कागज भरे थे। मालती यादव ने सारी घटना अपने बेटे को बताई। तब बेटे के साथ गोलबाजार थाना जाकर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ 318-4 का मामला दर्ज किया है।
सारंगढ़-बिलाईगढ़। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने जिले में निर्वाचन, स्कूल कालेज के विद्यार्थियों के परीक्षा और शोरगुल से बीमार, वृद्धजनों सहित आम नागरिकों के अत्यधिक परेशानियों के मद्देनजर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी कर्मचारी को नियंत्रण करने के लिए कोलाहल प्रतिबंधित आदेश जारी किया है। यह प्रतिबंध आगामी आदेश पर्यंत तक सम्पूर्ण सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में प्रभावशील रहेगा। इसके अंतर्गत रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग, सक्षम अधिकारी की अनुमति प्राप्त कर सामान्यतः किया जा सकता है, परन्तु शैक्षणिक संस्थाओं, रिहायशी क्षेत्रो, चिकित्सालय, नर्सिंग होम, न्यायालय परिसर, शासकीय कार्यालय, छात्रावास, नगर पालिका परिसर, जनपद पंचायत एवं अन्य किसी स्थानीय निकाय के कार्यालयों, बैंक, पोस्ट ऑफिस, दूरभाष केन्द्र आदि से 100 मीटर की दूरी के भीतर ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग सामान्य स्थिति में भी पूर्णतः प्रतिबंधित किया जाता है। अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में सक्षम अधिकारी की लिखित अनुमति प्राप्त कर धीमी गति से ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग किया जा सकता है, किन्तु सक्षम अधिकारी, इस प्रकार की अनुमति देने के पूर्व क्षेत्र की विशेष परिस्थितियों, जन सुविधा एवं लोक शांति आदि का पूर्ण परीक्षण करके तथा अपने विवेक का समुचित प्रयोग करके ही लिखित अनुमति देंगे। आवश्यक परिस्थितियों में ध्वनि विस्तारक यंत्र के उपयोग के लिए अनुमति एसडीएम, तहसीलदार राजस्व सक्षम अधिकारी द्वारा और जहां मुख्यालय न हों वहां ग्रामीण क्षेत्रों के लिए संबंधित थाना प्रभारी की लिखित पूर्वानुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा। छत्तीसगढ़ कोलाहल नियंत्रण अधिनियम, 1985 की धारा-04 तथा ध्वनि प्रदुषण नियम, 2000 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए, नगर पालिका एवं नगर पंचायत की सीमा से बाहर के क्षेत्रों में एवं अन्य क्षेत्र, जो नगर पालिका अथवा नगर पंचायत की सीमा के अन्तर्गत आते है, में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग किया जाना अथवा करवाया जाना पूर्ण रूप से निषेध है। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग विशेष परिस्थितियों में अनुमति लेकर किया जा सकेगा. किन्तु ऐसे ध्वनि विस्तारक यंत्र साधारण किस्म के होंगे एवं मध्यम आवाज में ही प्रयोग किए जायेंगे। लोक शांति को देखते हुए लम्बे चोंगे वाले लाउड स्पीकरों का प्रयोग पूर्ण रूप से प्रतिबंधित किया जाता है। एक से अधिक लाउड स्पीकर समूहों में लगाया जाना भी प्रतिबंधित किया जाता है।
बिलासपुर। बीजेपी मेयर प्रत्याशी पूजा विधानी के चुनाव एजेंट ने राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष किरणमयी नायक के खिलाफ निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप है कि किरणमयी नायक ने कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार किया, जो संवैधानिक पद का दुरुपयोग है। 11 फरवरी को नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान किया जाएगा। इस चुनाव को लेकर बिलासपुर में उम्मीदवारों का प्रचार-प्रसार जोरों पर है। वहीं, 15 फरवरी को वोटों की गिनती होगी। बीजेपी की तरफ से पूजा विधानी पहली बार चुनावी मैदान में उतरी हैं। वहीं, कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार के रूप में प्रमोद नायक को मैदान में उतारा है।
बस्तर। जिले में एक 80 साल की बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म करने वाले एक आरोपी को जगदलपुर FTC कोर्ट ने 10 साल की जेल और 1 हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है। आरोपी युवक ने बुजुर्ग महिला के मुंह में कपड़ा डाला और झाड़ियों में लेजाकर दुष्कर्म किया था। अब 3 साल बाद वह दोषी पाया गया और कोर्ट ने फैसला सुनाया है। जानकारी के मुताबिक, मामला 4 दिसंबर 2021 का है। इस दिन दरभा थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाला युवक हेमधर कश्यप (32) गांव के खेत में गया था। यहां एक 80 साल की बुजुर्ग महिला खेत में चरोटा काट रही थी। इसने महिला से कहा था कि वो इस काम में उसकी मदद करेगा। इसी बहाने वह महिला को पकड़ लिया। उसके मुंह में उसने कपड़ा डाला ताकि वह चिल्ला न पाए। जिसके बाद उसे झाड़ियों के पीछे लेकर गया जहां दुष्कर्म कर दिया। वारदात के बाद महिला ने इसकी जानकारी अपने बेटे और बहु को दी थी। फिर दरभा पुलिस थाने में FIR दर्ज करवाई गई थी। मामला कोर्ट पहुंचा। वहीं अब FTC कोर्ट ने आरोपी युवक को 10 साल जेल और 1 हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुना दी है। शासन की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजक प्रीति वानखेड़े ने पैरवी की थी।
रायगढ़। नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनाव को लेकर पुलिस द्वारा सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में गुरुवार दोपहर थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक रोहित बंजारे को ग्राम पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कंवरिहा में एक व्यक्ति अवैध रूप से महुआ शराब बेचने की जुगाड़ में है । सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने प्रधान आरक्षक योगेश उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम को त्वरित कार्रवाई के लिए रवाना किया। पुलिस टीम ने ग्राम कंवरिहा स्थित नहर के पास दबिश दी, जहां आरोपी जलिन्धर पटेल (44), निवासी कंवरिहा, थाना पुसौर, अवैध रूप से शराब बिक्री कि लिए शराब रखे हुए मिला। जलिन्धर पटेल के कब्जे से दो 5-5 लीटर की जरिकनों में कुल 10 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 1,000 रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपी ने शराब बिक्री की बात स्वीकार की, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर ही जब्ती बनाते हुए आरोपी के खिलाफ थाना पुसौर में आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के तहत मामला दर्ज किया। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक योगेश उपाध्याय, आरक्षक दिलीप सिदार और आरक्षक विजय कुशवाहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुसौर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती जारी रहेगी और चुनाव के मद्देनजर ऐसे अवैध धंधों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
रायपुर। आगामी नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत आम चुनाव 2025 की तैयारियों को लेकर राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने रायपुर जिले के वरिष्ठ अधिकारियों की शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, सेजबहार में समीक्षा बैठक ली। बैठक में चुनावी प्रक्रिया की सुचारू रूप से संचालन के लिए किए जा रहे व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे, कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उम्मेद सिंह , नगर निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ विश्वदीप एवं सहायक कलेक्टर अनुपमा आनंद उपस्थित थे। राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री सिंह ने नगरीय निकायों एवं त्रि स्तरीय पंचायतों के मतदान केंद्रों, ईवीएम मशीनों की व्यवस्था, निर्वाचन प्रबंधन, सुरक्षा प्रबंधन, मतदान कार्मियो की उपलब्धता, ईवीएम मशीनों की कमीशनिंग और मतदाता जागरूकता अभियानों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने बताया कि इस चुनाव में मतदाता एक ही ईवीएम मशीन के माध्यम से दो बार वोट डालेंगे, एक महापौर/अध्यक्ष और दूसरा पार्षद के लिए। उन्होंने मतदाताओं को इस प्रक्रिया से अवगत कराने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन किया जाए और किसी भी उल्लंघन की स्थिति में तत्काल कार्रवाई हो। साथ ही, मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन को समन्वय से काम करने के विशेष निर्देश दिए गए। राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज सेजबहार में बनाए गए स्ट्रांग रूम का अवलोकन किया और मतदान सामग्री वितरण एवं मतगणना स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को मशीनों की कमीशनिंग, सुरक्षा, व्यवस्था, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी लेकर निर्देशित किया। रायपुर जिले के उप जिला निर्वाचन अधिकारी उमाशंकर बंदे ने बताया कि जिले के 11 नगरीय निकायों में कुल 11 लाख अड़सठ हजार 373 मतदाता है। त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन हेतु 7 लाख 16 हजार 277 मतदाता है। जिले के नगरीय निकायों में 1221 मूल मतदान केन्द्र तथा 69 सहायक मतदान केन्द्र, इस प्रकार कुल 1290 मतदान केन्द्र है। इसी प्रकार त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन हेतु 1374 मूल मतदान केन्द्र तथा 04 सहायक मतदान केन्द्र, इस प्रकार कुल 1378 मतदान केन्द्र है। उन्होंने बताया कि मतदान दलों, सेक्टर ऑफिसर तथा कमिंशनिग टीम को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। वितरण वापसी टीम को प्रथम प्रशिक्षण दे दिया गया है तथा दिनांक 09 फरवरी को द्वितीय प्रशिक्षण दिया जायेगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष व्यवस्था की जाए। उन्होंने मतदाताओं से भी अपील की कि वे अपने मताधिकार का उपयोग कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाएं। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं रिटर्निंग ऑफिसर कीर्तिमान सिंह राठौर, आरटीओ आशीष देवांगन, अपर कलेक्टर निधि साहू, अभिलाषा पैकरा, एडिशनल एसपी विवेक शुक्ला, कीर्तन राठौर सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी उपस्थित थे।
गौरेला। गौरेला थाना क्षेत्र में एक विवाहिता के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर गांव के ही एक युवक नरेश धीमर को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। जिला मुख्यालय के समीप एक गांव में रहने वाली महिला का पति काम पर गया था और देर रात तक घर नहीं लौटा। चिंतित पत्नी उसे खोजने निकली, तभी रास्ते में गांव का ही नरेश धीमर मिला। उसने सहानुभूति जताते हुए महिला के साथ उसके पति की तलाश में जाने की बात कही। रास्ते में नरेश की नीयत बदल गई। उसने महिला को पकड़कर सूनसान स्थान पर ले गया। जब महिला ने विरोध किया और शोर मचाया, तो आरोपी ने उसकी पिटाई कर दी और फिर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। डरी-सहमी पीड़िता घटना के बाद अपने मायके चली गई। जब उसके पति को इस बारे में पता चला, तो वह मायके पहुंचा, जहां पत्नी ने आपबीती सुनाई। इसके बाद दोनों गौरेला थाने पहुंचे और नरेश धीमर के खिलाफ दुष्कर्म की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
रायपुर. दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है. मतदान के बाद एक्जिट पोल के रुझान सामने आने लगे. जिसमें सत्ता परिवर्तन के संकेत देखने को मिल रहे हैं. इस बीच छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिल्ली चुनाव में भाजपा की जीत का दावा किया है. उन्होंने निश्चित ही दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने की बात कही है. दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दिल्ली के चुनाव के एग्जिट पोल को देखते हुए देश की जनता का विश्वास भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ है. उन्होंने कहा कि इस बार निश्चित रूप से दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी, क्योंकि 10 वर्षों तक आम आदमी पार्टी की सरकार ने जनता के साथ धोखा किया है.
भिलाई। दुर्ग जिला न्यायालय में प्रैक्टिस करने वाली अधिवक्ता फरीहा अमीन कुरैशी डिजिटल अरेस्ट का शिकार हो गई। ठगों ने आईपीएस अधिकारी बनकर उसे धमकाया कि दिल्ली में एक आरोपी पकड़ा गया है। उसके पास आपके नाम का खाता मिला है, जिसमें 8.7 करोड़ का लेनदेन हुआ है। इसके बाद उन्होंने उसे धमकाकर उससे 41 लाख रुपए मंगवा लिए और ठगी की। महिला वकील ने दुर्ग कोतवाली थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि दिल्ली के रहने वाले आरोपी दीपक और सुनिल कुमार गौतम का उसके फोन में वीडियो कॉल आया था। उन्होंने खुद को दिल्ली पुलिस से होना बताया। उन्होंने बताया कि उन्होंने संदीप कुमार नाम के आरोपी को मनीलॉन्ड्रींग, ड्रग ट्रैफिकिंग और आईडेन्टिटी थेफ्ट केश में गिरफ्तार किया है। उन्होने बताया कि संदीप के कब्जे से 180 संदिग्ध बैंक खाते प्राप्त हुए हैं। उन खातों में से एक खाता फरीहा अमीन कुरैशी के नाम पर है। वह खाता एचडीएफसी बैंक दिल्ली में 18 दिसंबर 2024 को खुलवाया गया है। साथ ही उस खाते में लगभग 8.7 करोड़ रुपये जमा हैं। संदीप ने पुछताछ के दौरान यह बताया गया है कि सभी खाता धारकों को 10 प्रतिशत राशि देने की शर्त पर वो व्यक्तिगत रूप से वहां आए और खाता खुलवाकर दिल्ली में दिया है। इस तरह उन्होंने महिला वकील को डिजिटल अरेस्ट का शिकार बनाया और उसकी पूरी संपत्ति और जमापूंजी का डिटेल लेकर आरबीआई के खाते में 41 लाख रुपए डलवा लिए।
सुकमा. बस्तर की तस्वीर अब बदलने लगी है. सीआरपीएफ 150वीं बटालियन ने नक्सलियों के टॉप कमांडर हिडमा के गांव में सीआरपीएफ गुरुकुल की शुरुआत की है, जहां आदिवासी बच्चे अपना भविष्य गढ़ रहे हैं. वहीं सरकार ने मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य रखा है, जिसे पूरा करने सुरक्षा बलों के जवान लगातार नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रहे. सालभर पहले सीआरपीएफ की 150वीं बटालियन ने सुकमा के अति नक्सल प्रभावित पूवर्ती और टेकलगुडियम में बच्चों को शिक्षित करने के उद्देश्य से गुरुकुल शुरू किया था. यहां 50 से ज्यादा बच्चे पहुंच रहे हैं. सीआरपीएफ की पहल से अब नक्सल प्रभावित गांव पूवर्ती व टेकलगुडियम के बच्चों को शिक्षा दी जा रही है. इस गांव में सुरक्षा बलों का कैंप भी खोला गया है, जिसका नक्सलियों ने विरोध किया था. गुरुकुल में टाइलेट, बाथरूम एवं हैंडपंप जिला प्रशासन से स्थापित किए जाने की संभावना है. साथ ही भविष्य में इसे बारहवीं कक्षा तक ले जाने का भी प्रयास किया जाना है. 150वीं वाहिनी CRPF के एसएस हाॅकीप द्वितीय कमान अधिकारी, विकास कुमार राय द्वितीय कमान अधिकारी, अमरेश्ज्ञ कुमार घोष उप कमांडेंट, भैरव प्रसाद उप कमाडेंट, अजय त्यागी सहायक कमांडेंट, मुकेश कुमार सिंह सहायक कमांडेंट, चंद्रप्रकाश तिवारी सहायक कमांडेंट, रवि चंदर सहायक कमांडेंट,राकेश कुमार शर्मा सहायक कमांडेंट की देखरेख में अति-संवेदनशील नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सीआरपीएफ गुरुकुल का संचालन किया जा रहा है.
डोंगरगढ़। आचार्य विद्यासागर महाराज की प्रथम समाधि स्मृति दिवस में शामिल होने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह डोंगरगढ़ चंद्रगिरि तीर्थ स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने समाधि स्थल को नमन करने के बाद आचार्य विद्यासागर महाराज की बनने वाली समाधि स्मारक का भूमिपूजन भी किया। केंद्रीय अमित शाह आचार्यश्री के चांदी का फोटो व अष्टधातु से बने चरण का अनावरण करेंगे। राजकट्टा में चंद्रगिरि पर्वत के किनारे साढ़े चार एकड़ जमीन पर 54 फीट ऊंचा विद्यासागर का स्मारक बनाएगा जाएगा। स्मृति दिवस महोत्सव में देशभर के जैन संत शामिल होने यहां पहुंचे हैं। इसी स्थान पर उन्हें समाधि दी गई थी। सुबह सात बजे मंगलाष्टक, अभिषेक, शांतिधारा पूजन, आचार्य छत्तीसी विधान एवं विश्वशांति महायज्ञ किया जा रहा है। इस दौरान आचार्यश्री के 108 चरण चिह्नों का लोकार्पण, समाधि स्मारक का भूमिपूजन किया गया। केंद्रीय मंत्री शाह चंद्रगिरि में स्माधि स्मारक का भूमिपूजन और आचार्यश्री की चांदी का फोटो व अष्टधातु से बने चरण का अनावरण करने के बाद मां बम्लेश्वरी के दर्शन भी करेंगे।
Adv