बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में रेल विद्युतीकरण के स्वर्णिम अध्याय का विस्तार

    01-Feb-2025

    बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने अपने विद्युतीकरण अभियान में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर स्थापित किया है। रेलवे क्षेत्र में ऊर्जा दक्षता और हरित परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने अब तक 6900.93 ट्रैक किलोमीटर (TKM) का विद्युतीकरण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, जो 1 अप्रैल 2003 को अस्तित्व में आया, ने अपने गठन के बाद से ही रेलवे संरचना को आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल बनाने पर विशेष ध्यान दिया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के विभिन्न मंडलों – बिलासपुर, रायपुर और नागपुर – में तीव्र गति से विद्युतीकरण कार्य हुए हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में पहली बार झारसुगुड़ा-रायगढ़ खंड में 19 जनवरी 1970 को विद्युतीकरण शुरू किया गया था।  महत्वपूर्ण विद्युतीकरण परियोजनाएं: बिलासपुर – अनुपपुर – कटनी खंड (1992-95) गोंदिया – बल्लारशाह (2017-18) रायपुर – नया रायपुर (2019-23) भानुप्रतापपुर – अंतागढ़ – तरोकी (2024-25) दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे भारतीय रेलवे का पहला ऐसा क्षेत्र है जिसने 2x25 kV AT-AEC-BEC ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम को सफलतापूर्वक लागू किया। यह प्रणाली 14 दिसंबर 2024 को भानुप्रतापपुर – अंतागढ़ खंड में शुरू की गई। इसके अतिरिक्त, पहली बार 3-फेज इलेक्ट्रिक लोको ट्विन EF-12K को 26 नवंबर 2023 को  भिलाई में चालू किया गया। विद्युतीकरण के चलते 2023-24 में विद्युत ऊर्जा की खपत 1859.19 मिलियन यूनिट तक पहुंच गई, जिससे जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम हुई और रेलवे परिचालन अधिक कुशल हुआ। इसके अलावा, नई विद्युतीकृत लाइनों से कोयला, लोहा और अन्य माल परिवहन में तेजी आई। जिससे औद्योगिक उत्पादन को बल मिला। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे निकट भविष्य में नए रेल खंडों के विद्युतीकरण के साथ-साथ हरित ऊर्जा संसाधनों के समावेश की दिशा में भी कार्य कर रहा है। भारतीय रेलवे की 100 वर्ष की विद्युत रेल यात्रा के उपलक्ष्य में, 3 फरवरी 2025 को भानुप्रतापपुर – अंतागढ़ खंड में पहली 3-फेज इलेक्ट्रिक लोको ट्रेन चलाई जाएगी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का यह विद्युतीकरण मिशन भारतीय रेलवे को ‘शून्य कार्बन उत्सर्जन’ की ओर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, जिससे राष्ट्र की आर्थिक और पर्यावरणीय स्थिरता को नया आयाम मिलेगा। 

  • गौमांस बेचने वाले महिला-पुरुष गिरफ्तार

    01-Feb-2025

    रायपुर। रायपुर में बीफ करी और गौ मांस बेचने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी रविन्द्र पाल सागर और रूबी नामक महिला नार्थ ईस्ट फ़ूड कार्ट और किचन के संचालक और संचालिका हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी तेलीबाँधा तालाब के सामने दुकान और रेस्तरां संचालित कर रहे थे। आरोपी रूबी डिब्बा बंद गौ मांस बेच रही थी, जबकि आरोपी रविन्द्र पाल अग्रवाल दुकान और होटल का इन्वेस्टर था। रायपुर बीफ करी के नाम पर डिब्बा बंद गौ मांस बेचने और उसे पका कर खिलाने के आरोप में  तेलीबांधा थाना पुलिस ने नार्थ ईस्ट फूड नामक दुकान की संचालक रूबी वनलारेग और नार्थ इस्ट किचन के संचालक रविंद्र पाल अग्रवाल के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।कोर्ट के आदेश पर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी रविंद्र अग्रवाल और रूबी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परीक्षण अधिनियम की धाराओं समेत अन्य धाराओं में अपराध दर्ज किया है। बता दें की तेलीबांधा तालाब के सामने ईश्वरी प्लाजा के बेसमेंट में संचालित नार्थ इस्ट फूड कार्ट और किचर नाम की दुकान और रेस्त्रारां में गौ सेवकों 24 ने डिब्बा बंद गौ मांस बिकने की सूचना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दुकान की संचालिका रूबी और रविंद्र अग्रवाल की होटल के रेफ्रिजीरेटर से डिब्बा बंद गौ मांस बरामद किया गया। आरोपियों ने बताया की वह ड़ेढ साल से गौ मांस के डिब्बे बेच रहे हैं। सूत्रों के अनुसार संचालक रविंद्र अग्रवाल ही दुकान और रेस्टोसेंट का संचालक और इवेंस्टर है। मिजोरम की मूल निवासी रूबी अपने संपर्क से  रायपुर समेत आसापास स्पा सेंटर, मसाज सेंटर में कार्यरत लोगों को रेंस्त्रारां में बुलाती थी। बीफ या गौ मांस खाने वाले अन्य लोगों को भी दुकान से लगे रेस्त्ररां में बीफ करी परोसी जाती थी।आरोपी रूबी वनलारेग और रविंद्र पाल अग्रवाल पर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परीक्षण अधिनियम 2004 की धारा 5,10 और धारा 318 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी रूबी वनलारेग की उम्र 32 वर्ष है और वह रायपुर के कमल विहार सेक्टर 2 में रहती है, जबकि आरोपी रविंद्र पाल अग्रवाल की उम्र 45 वर्ष है और वह दुर्ग जिले के भिलाई नेहरू नगर में रहता हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है। यह गिरफ्तारी रायपुर में गौ मांस बेचने के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई है। 

  • चाकू दिखाकर लूट की कोशिश, पुलिस ने किया गिरफ्तार

    01-Feb-2025

    जगदलपुर। छ्त्तीसगढ़ के जगदलपुर में चाकू की नोक पर राहगीरों से लूट की कोशिश की गई है। जब राहगीरों ने पैसे नहीं दिए तो उनपर चाकू से हमला कर दिया। करीब 3 लोग घायल हैं। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई की और 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को सबक सिखाने के लिए उनका जुलूस निकाला, फिर जेल भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक, मामला जगदलपुर शहर के धरमपुरा नंबर 3 में दुर्गा चौक  तराईपारा इलाके का है। रात में शुभम पांडेय, अविनाश बघेल समेत एक अन्य युवक पोटानार से काम कर शहर आ रहे थे। वहीं चौक के पास राहुल स्वामी (24) और सरवन शेट्टी (20) नाम के दो युवक हाथ में चाकू लेकर खड़े थे। जब बाइक सवार युवक वहां पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें रुकवाया। जिसके बाद चाकू दिखाकर उनसे पैसे मांगे। जब उन्होंने पैसे देने से मनाकर दिया तो उनके साथ मारपीट की। साथ ही युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। जिसके बाद वे मौके से भाग निकले। इस घटना में एक युवक को पेट में गंभीर चोट आई है। वहीं इस मामले की जानकारी सिटी कोतवाली पुलिस को दी गई। जवान मौके पर पहुंचे। घायल को अस्पताल पहुंचाया। वहीं आरोपियों की तलाश की गई। पुलिस ने आस-पास इलाके में पता लगवाया। जिसके बाद दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि लूट के इरादे से दोनों ने चाकू से  हमला किया था। वहीं पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार के कोर्ट में पेश किया और जेल भेज दिया। बताया जा रहा है कि पुलिस की गाड़ी खराब हो गई थी। जिसके बाद पुलिस दोनों आरोपियों को कोर्ट से जेल तक पैदल लेकर गई। इनका जुलूस निकाला गया। दोनों को जेल में दाखिल कर दिया गया। वहीं सिटी कोतवाली थाना प्रभारी शिवानंद ने कहा कि, घटना की जानकारी मिलने के बाद हम तुरंत एक्शन में आ गए थे। दोनों आरोपियों को ढूंढ निकाला और उन्हें जेल भेज दिया गया। 

  • सड़क सुरक्षा अभियान: यातायात पुलिस के साथ अडानी पावर ने बांटे हेलमेट, यमराज ने दी सीख

    01-Feb-2025

    रायगढ़। सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस रायगढ़ और अडानी पावर प्लांट ने संयुक्त रूप से सारंगढ़ मुख्य मार्ग, छोटे भंडार पर हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों को नि:शुल्क हेलमेट प्रदान किए गए और सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया गया। जिले में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन में यातायात पुलिस लगातार वाहन चेकिंग और चालानी कार्रवाई के साथ ही सड़क सुरक्षा अभियान चला रही है। जिले के उद्योग, एनजीओ और समाजसेवी यातायात पुलिस के इस अभियान में सहयोग कर रहे हैं। इसी कड़ी में अडानी पावर लिमिटेड के साथ साझा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें विशेष रूप से ‘यमराज’ के रूप में सजीव प्रस्तुति दी गई। Also Read - भारत का भाग्य बदलने वाला सर्व समावेशी बजट: केदार कश्यप जिसमें एक व्यक्ति ने बिना हेलमेट वाहन चालकों को सड़क दुर्घटनाओं के संभावित खतरों के बारे में सचेत किया। कार्यक्रम में डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह और अडानी पावर लिमिटेड के घनश्याम दास गर्ग(एचआर हेड), सुरजीत मंडल(प्रोजेक्ट हेड), नटवर सिंह(सिक्युरिटी हेड), संदीप सिंह(सेफ्टी हेड), धनंजय सिंह, हेड कांसटेबल मुकेश चौहान ने मौजूद वाहन चालकों को हेलमेट पहनने की अनिवार्यता पर जोर दिया और उन्हें सड़क नियमों के प्रति जागरूक किया। विदित हो कि 1 से 31 जनवरी तक पूरे जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें यातायात पुलिस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस निरंतर अभियान के तहत पुलिस द्वारा जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना सराहनीय पहल है। 

  • जिले के एकमात्र निजी शैक्षणिक संस्थान कॉन्फ्लूएंस कॉलेज को मिला NAAC निरीक्षण में " बी " ग्रेड

    01-Feb-2025

    राजनांदगांव- कॉन्फ्लूएंस कॉलेज जो कि निजी संस्थान राजनांदगांव का एकमात्र ऐसी शैक्षणिक संस्थान है जो शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणीय एवं उत्कृष्ट कार्य कर रही है I पहली बार NAAC PEER TEAM का निरीक्षण महाविद्यालय में किया गया है , जिसमें पहले प्रयास में ही महाविद्यालय ने इतनी बड़ी सफलता हासिल करते हुए बी ग्रेड हासिल किया l  महाविद्यालय को बी ग्रेड प्राप्त होने पर महाविद्यालय के संचालक डॉ. मनीष जैन ,संजय अग्रवाल एवं आशीष अग्रवाल ने बधाई दिया और कॉलेज की प्राचार्य एवं प्राध्यापकों को प्रोत्साहित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया l महाविद्यालय में दो दिवसीय NAAC निरीक्षण में NAAC PEER टीम ने महाविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों ,प्रकोष्ठों एवं कार्यविधियों का निरीक्षण करते हुए विभिन्न प्रकार के सलाह एवं सुझाव दिए ।

  • तंबाखू व्यापारी के ठिकानों पर GST विभाग ने मारी रेड, दस्तावेजों की तलाश जारी

    01-Feb-2025

    बिलासपुर। न्यायधानी में तंबाखू व्यापारी सुंदरदास एंड कंपनी के ठिकानों पर GST ने छापा मारा है. कंपनी के प्रोपराइटर संजय आहूजा के सरकंडा स्थिति घर और फैक्ट्री में टीम पहुंची है. दस्तावेजों की जांच के साथ कंपनी से जुड़े लोगों से जीएसटी के अफसर पूछताछ कर रहे हैं. बताया जार हा कि यह कार्रवाई जीएसटी चोरी की शिकायत पर की जा रही है। 

  • अस्पताल के पास पकड़ाया लाखों का गांजा, 3 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

    01-Feb-2025

    रायपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के दिशा निर्देश पर रायपुर पुलिस द्वारा नशे के विरूद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही अवैध प्रतिबंधित मादक पदार्थाे सहित प्रतिबंधित नशीली टेबलेट एवं सिरप तथा सूखे नशे के तस्करी, खरीदी-बिक्री, नियंत्रण एवं रोकथाम हेतु अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राईम रायपुर के नेतृत्व में 11 सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। जिसमें उक्त टीम को End to End एवं फाइनेंशियल इनवेस्टिगेशन, सोर्स प्वाइंट, डेस्टिनेशन प्वाइंट पर प्रभावी कार्यवाही करने सहित स्त्रोत के बारे में विस्तृत जानकारी लेकर उनके विरूद्ध विधिसंगत विधिवत कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया है। इसी तारतम्य में दिनांक 31.01.25 को एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना प्राप्त हुई। थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्रांतर्गत केनाल रोड फ्लाई ओव्हर ब्रीज के नीचे कुष्ठ रोग अस्पताल लालपुर पास कुछ व्यक्ति खड़े है, जो अपने बैग में गांजा रखें है तथा कहीं जाने की फिराक में है। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा टीम को आरोपियों की पतासाजी कर गांजा के साथ रंगे हाथ पकड़ने निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उक्त स्थान पर जाकर मुखबीर द्वारा बताये हुलिये के व्यक्तियों को चिन्हांकित कर  का चालान किया पेश पकड़ा गया। पूछताछ में व्यक्तियों ने अपना नाम सुशांत बेहरा, अभय सिंह बघेल एवं स्वास्तिक पाठक होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा उनके पास रखें बैग की तलाशी लेने पर बैग में गांजा रखा होना पाया गया। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा आरोपी सुशांत बेहरा, अभय सिंह बघेल एवं स्वास्तिक पाठक को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10.105 किलोग्राम गांजा कीमती लगभग 1,05,000/- रूपये जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 22/25 धारा 20बी नारकोटिक एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही किया गया है।  गिरफ्तार आरोपी 01. सुशांत बेहरा पिता विक्का बेहरा उम्र 26 साल निवासी ग्राम चुमड़ीघाई पोस्ट पुरूषोत्तमपुर थाना पुरूषोत्तमपुर जिला गंजाम उडीसा। 02. अभय सिंह बघेल पिता धरमपाल सिंह बघेल उम्र 19 साल निवासी ग्राम रिमारी पोस्ट हाजा थाना पनवार जिला रींवा (म.प्र.)। 03. स्वास्तिक पाठक पिता रामेन्द्र पाठक उम्र 20 साल निवासी ग्राम रामबाग पोस्ट पटियारी थाना पनवार जिला रींवा (म.प्र.)। 

  • रायपुर नगर निगम के 70 वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों की फाइनल लिस्ट देखें

    01-Feb-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के लिए 31 जनवरी को नामांकन वापसी का आखिरी दिन था। अब 79 मेयर प्रत्याशी ही चुनावी मैदान में रह गए हैं, जबकि 1 हजार 889 पार्षद के लिए कैंडिडेट्स हैं। हालांकि मेन मुकाबला भाजपा-कांग्रेस के बीच ही होगा। 14 फरवरी को 44 लाख 87 हजार 668 मतदाता मतदान करेंगे। रायपुर नगर निगम में सबसे ज्यादा 16 मेयर के प्रत्याशी हैं। राजनांदगांव और कोरबा से 11-11 कैंडिडेट्स हैं। वहीं दुर्ग में सबसे कम केवल 2 ही कैंडिडेट्स हैं। इसके अलावा वार्ड पार्षद प्रत्याशियों की बात करें, तो रायपुर में 306, कोरबा में 281, बिलासपुर में 230, दुर्ग में 228 कैंडिडेट्स ने नामांकन दाखिल किया है। वहीं अगर बीजेपी-कांग्रेस में बगावत की बात करें, तो कांग्रेस में सबसे ज्यादा नाराजगी है। इनमें रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर समेत 7 नगर निगमों में कांग्रेस के मेयर-पार्षद कैंडिडेट्स निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस को बागियों से भी सामना करना पड़ेगा, जबकि बीजेपी में कुछ ही जगहों पर विरोध है। 

  • कस्टम मिलिंग स्कैम: ED ने 35 सौ पेज का चालान किया पेश

    01-Feb-2025

    रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय. ने कस्टम मिलिंग स्कैम मामले में डेढ़ वर्ष से चल रही जांच के बाद आज कोर्ट में चालान पेश कर दिया है । ईडी ने यह करीब 127 करोड़ रुपए के स्कैम का खुलासा किया था। यह रकम, कांग्रेस शासन काल में धान की मिलिंग के लिए मिलर्स को प्रोत्साहन राशि देने के बदले वसूली गई थी। यह वसूली पूर्व एमडीमनोज सोनी एवं मिलर रोशन चन्द्राकर ने वसूला था। इनके विरूद्ध भा.द.वि. की धारा 120बी, 384 एवं 409 तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (यथा संशोधित भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018) की धारा 11, 13 (1) (क), 13(2) के अंतर्गत विशेष न्यायालय (भ्र.नि.अ.) रायपुर में 3,500 पेज का अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया। दोनों आरोपी अभी न्यायिक अभिरक्षा में है। मामले में अग्रिम विवेचना जारी है। 

  • बर्थडे पार्टी में खेला खुनी खेल, भाभी ने देवर को कुल्हाड़ी से काटा

    01-Feb-2025

    जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक बर्थडे पार्टी खूनी संघर्ष में बदल गई। नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम केरा के भाटापारा में शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे की घटना है, जहां पुष्पा बंजारे अपने घर में बर्थडे पार्टी मना रही थीं। घटना उस समय हुई जब पुष्पा का देवर राम खिलावन बंजारे शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा और पार्टी के बीच उल्टी करने लगा। इस पर पुष्पा ने नाराजगी जताई, जिसके बाद दोनों में विवाद शुरू हो गया। स्थिति तब और बिगड़ गई जब राम खिलावन ने भाभी के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसका गला दबाने की कोशिश की। अपनी जान बचाने के लिए पुष्पा ने पास में रखी कुल्हाड़ी उठाई और देवर के सिर पर वार कर दिया। इस हमले में राम खिलावन गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर पड़ा। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम के आरक्षक अभिषेक जायसवाल मौके पर पहुंचे और घायल राम खिलावन को सीएचसी अस्पताल नवागढ़ में भर्ती कराया। नवागढ़ पुलिस को घटना की सूचना दी गई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। 

  • इंतजामिया कमेटी का दावा खारिज, जमीन पुलिस विभाग की ही है

    01-Feb-2025

    बिलासपुर। पुलिस लाइन की जमीन पर दरगाह के समीप पुलिस विभाग द्वारा बैरक निर्माण को लेकर इंतजामिया कमेटी ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इस पर सुनवाई के दौरान कलेक्टर द्वारा प्रस्तुत शपथ पत्र में जमीन को पुलिस विभाग की संपत्ति बताया गया। अदालत ने इस आधार पर निर्माण कार्य पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। कमेटी ने इस भूमि को वक्फ संपत्ति घोषित करने की मांग की थी, जिस पर हाईकोर्ट ने अलग से रिजाइंडर पेश करने के निर्देश दिए हैं। इस मामले की सुनवाई जस्टिस बीडी गुरु की सिंगल बेंच में हुई। इंतजामिया कमेटी ने पुलिस विभाग द्वारा किए जा रहे बैरक निर्माण को अवैधानिक ठहराते हुए याचिका दायर की थी। सुनवाई के दौरान कमेटी के अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि पुलिस विभाग निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने में जुटा हुआ है, जिसे रोका जाना आवश्यक है। इससे पहले 24 जनवरी को हुई सुनवाई में हाईकोर्ट ने बिलासपुर कलेक्टर को इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट और शपथ पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। साथ ही, कलेक्टर को व्यक्तिगत रूप से मामले की निगरानी करने को कहा गया था। राज्य सरकार की ओर से अधिवक्ता ने अदालत को सूचित किया कि कलेक्टर ने पुलिस विभाग और याचिकाकर्ता पक्ष के साथ संयुक्त बैठक आयोजित की थी, जिसमें दोनों पक्षों को विस्तार से सुना गया। इसके अलावा, जमीन के स्वामित्व की जांच के लिए कलेक्टर ने एसडीएम, तहसीलदार और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की टीम गठित कर जांच करवाई। जांच टीम ने मौके का निरीक्षण कर रिकॉर्ड का अवलोकन किया और अपनी रिपोर्ट तैयार कर अदालत में प्रस्तुत की। इसके आधार पर अदालत ने निर्माण कार्य पर रोक लगाने से इनकार कर दिया, हालांकि कमेटी को अपने दावे के समर्थन में अतिरिक्त दस्तावेज प्रस्तुत करने की अनुमति दी गई है। 

  • भारत रंग महोत्सव 4 फरवरी से

    01-Feb-2025

    रायपुर। खैरागढ़ स्थित इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के मंच पर 4 से 9 फरवरी 2025 तक थिएटर महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भारत और विदेशों के प्रमुख थिएटर ग्रुप्स अपने नाटकों का मंचन करेंगे. राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय द्वारा पहली बार छत्तीसगढ़ को इस प्रतिष्ठित फेस्टिवल की मेजबानी का अवसर दिया गया है. इस महोत्सव में रूस, इटली, जर्मनी, नॉर्वे, चेक गणराज्य, नेपाल, ताइवान, स्पेन और श्रीलंका सहित कई देशों के नाट्य दल भाग लेंगे. भारत के भोपाल, कोलकाता, असम, पुडुचेरी, मुंबई और पुणे से भी प्रसिद्ध थिएटर ग्रुप्स खैरागढ़ पहुंचेंगे, जिससे यह आयोजन और भी भव्य हो जाएगा. 

  • डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा ने अमित शाह के दौरा स्थल का लिया जायजा

    01-Feb-2025

    डोंगरगढ़। गृहमंत्री अमित शाह 6 फरवरी को डोंगरगढ़ स्थित चंद्रगिरी आएंगे, जहां वे जैन मुनि आचार्य विद्यासागर जी के समाधि स्थल पर आयोजित “प्रथम समाधि स्मृति महोत्सव” में शामिल होंगे। इस महोत्सव का आयोजन आचार्य विद्यासागर जी की पुण्य तिथि पर किया जा रहा है, और इस कार्यक्रम में देशभर से श्रद्धालु एवं जैन समाज के लोग जुट रहे हैं। अमित शाह के दौरे से पहले, प्रदेश के डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा ने इस स्थल का दौरा किया और आचार्य विद्यासागर जी की समाधि के दर्शन किए और जैन मुनियों से आशीर्वाद लिया। डिप्टी सीएम अरुण साव ने इस अवसर पर कहा कि आचार्य विद्यासागर महाराज का यह समाधि स्थल देश और दुनिया में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेगा और यह सभी लोगों के लिए एक प्रेरणा का केंद्र बनेगा। उन्होंने आचार्य श्री के योगदान को सराहा और इस पवित्र स्थल के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की शुरुआत आचार्य विद्यासागर महाराज के प्रथम पुण्य तिथि पर की गई है, और यह छह दिवसीय महोत्सव जैन समाज द्वारा आयोजित किया जा रहा है। आज, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दोपहर 1 बजे चंद्रगिरी पहुंचेंगे। 

  • मोबाइल से पढ़ाई करते समय छात्र की आश्चर्यजनक मौत, सदमे में परिजन

    01-Feb-2025

    कोटा: कोटा के महावीर नगर स्थित परिजात कॉलोनी में 16 वर्षीय केशव चौधरी की अचानक हुई मौत ने सभी को हिला दिया है. भीलवाड़ा निवासी केशव, जो कोटा में 10वीं कक्षा की पढ़ाई कर रहा था, मोबाइल से पढ़ाई कर रहा था, जब अचानक उसने जोर से चीखा और इसके बाद बेहोश हो गया. उसे तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. यह घटना गुरुवार रात की है. उस समय केशव का बड़ा भाई उसके साथ था और उनकी मां बाजार में सब्जी लेने गई थी. महावीर नगर थानाधिकारी रमेश कविया ने बताया कि केशव अपनी मां और बड़े भाई के साथ परिजात कॉलोनी में रह रहा था. उसका बड़ा भाई इंजीनियरिंग एंट्रेस एग्जाम (जेईई) की तैयारी कर रहा था. घटना के दौरान केशव के बड़े भाई ने देखा कि वह मोबाइल पर कुछ देख रहा था, तभी अचानक उसने जोर से चीखा और गिरकर बेहोश हो गया. यह देख उसका भाई घबरा गया और उसने पड़ोसियों को मदद के लिए बुलाया. केशव को सुभाष नगर स्थित निजी अस्पताल में तुरंत ले जाया गया, जहां उसे सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) दिया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. डॉक्टरों के अनुसार उसकी मौत का कारण हार्ट अटैक हो सकता है. परिवार इस घटना से गहरे सदमे में है और उन्होंने पोस्टमार्टम करवाने से मना कर दिया था. इसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया और वे उसे लेकर भीलवाड़ा गए, जहां अंतिम संस्कार किया गया. 

  • किराना व्यापारी के गोदाम से 95 क्विंटल चावल जब्त

    01-Feb-2025

    बिलासपुर। बिलासपुर में खाद्य विभाग ने एक गोदाम में दबिश देकर 95 क्विंटल पीडीएस का चावल जब्त किया है। यहां सरकारी चावल को किराना व्यापारी अपनी बेनामी गोदाम में छिपाकर रखा था, जिसे मोटी कमाई करने के लिए राइस मिलरों को बेच रहा था। जांच के बाद यह पता चला कि यह वही चावल है, जो उचित मूल्य दुकान में राशन कार्डधारियों को दिया जाता है। जानकारी के मुताबिक, चावल रखने का काम गोलबाजार खोवा मंडी निवासी आयुष साहू ने किया है। खाद्य विभाग के अधिकारियों को सूचना मिली कि सरजू बगीचा में शासकीय उचित मूल्य दुकान का चावल लाकर एक गोदाम में रखा जा रहा है। बताए गए स्थान पर अधिकारियों की टीम जांच करने के लिए पहुंची। शिकायत सही मिली, वहां पर एक वाहन से प्लास्टिक की बोरियों को खाली किया जा रहा था। इन बोरियों को एक गोदाम में रखा जा रहा था। टीम ने बोरियों को अनलोड करने का काम बंद कराया। जिसके बाद चावल की जांच करने के लिए नागरिक आपूर्ति निगम के क्वालिटी इंस्पेक्टर को बुलाया। क्वालिटी इंस्पेक्टर ने चावल के पीडीएस का होने की जानकारी दी। अब तक की जांच में अधिकारियों सामने आया है कि आयुष साहू का कुछ राशन दुकान संचालकों से साठगांठ है और वह उन राशन दुकान संचालकों से पीडीएस चावल खरीदकर अपने अपने गोदाम में रखता था। व्यापारी का चावल, भाटापारा, चकरभाठा, धमतरी और मुंगेली के कुछ राइस मिलरों को चावल बेचने का अवैध कारोबार चला रहा था। हालांकि किन शासकीय राशन दुकानों से चावल खरीदता था, ये बात पूछताछ में सामने आने की बात कही जा रही है। जानकारी मिली है कि सरजू बगीचा के इस बेनामी गोदाम से चावल को व्यापार विहार ले जाया जाता है। वहां पर एक बड़ा गोदाम किराए पर लिया गया है। वहां से इसकी बिक्री की जाती है। यदि अधिकारी जांच करें, तो सरजू बगीचा की तरह ही शहर के कई अन्य इलाकों में भी शासकीय उचित मूल्य की दुकान का चावल मिल सकता है। खास बात यह कि चावल को प्लास्टिक की बोरियों में रखा गया था। आमतौर पर पीडीएस के चावल की सप्लाई जूट की बोरियों में किया जाता है। लेकिन, यहां पीडीएस की चावल में अफरा-तफरी कर उसे प्लास्टिक की बोरियों में पलटी कर लिया गया था। जांच के बाद यह पता चला कि यह वही चावल है, जो उचित मूल्य दुकान में राशन कार्डधारियों को दिया जाता है। 

  • CGMSC घोटाले को लेकर 2 IAS अफसर जांच के घेरे में

    31-Jan-2025

    रायपुर। मंत्रालय के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक ईओडब्ल्यू-एसीबी ने राज्य सरकार से दो आईएएस समेत सीजीएमएससी के छह अफसरों के खिलाफ जांच की अनुमति मांगी है. 400 करोड़ रुपए से अधिक के घोटाले की जांच कर रही ईओडब्ल्यू-एसीबी ने सीजीएमएससी के सप्लायर मोक्षित कारपोरेशन के ठिकानों पर हाल ही में छापा मारा था. इस छापे के बाद ईओडब्ल्यू-एसीबी ने मोक्षित कारपोरेशन के डायरेक्टर शशांक चोपड़ा की गिरफ्तारी की थी. कहा जा रहा है कि छापे में ईओडब्ल्यू-एसीबी को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं. इन दस्तावेजों की पड़ताल और शशांक चोपड़ा से प्रारंभिक पूछताछ के बाद कथित तौर पर घोटाले में लिप्त अफसरों की संदिग्घ भूमिका की जांच जरूरी समझी जा रही है. यही वजह है कि ईओडब्ल्यू-एसीबी ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाने के लिहाज से राज्य सरकार से अनुमति मांगी है.  शिक्षा विभाग के पास मंत्रालय के उच्च पदस्थ अफसरों से मिली जानकारी के मुताबिक जिन दो आईएएस अफसरों के खिलाफ जांच की अनुमति ईओडब्ल्यू-एसीबी ने चाही हैं, उनमें भीम सिंह और चंद्रकांत वर्मा के नाम शामिल हैं. पूर्ववर्ती सरकार में भीम सिंह स्वास्थ्य संचालक और चंद्रकांत वर्मा सीजीएमएससी के एमडी के रुप में कार्यरत थे. तत्कालीन पदों पर रहते हुए उनकी भूमिकाओं को जांच के दायरे में लिया जा सकता है. इसके अलावा सीजीएमएससी के जीएम टेक्निकल बसंत कौशिक, जीएम फाइनेंस मीनाक्षी गौतम, स्टोर इंचार्ज डा. अनिल परसाई, जीएम टेक्निकल इक्विपमेंट कमलकांत पाटनवार, बायमोडिकल इंजीनियर क्षिरौंद्र रावटिया तथा टेंडर एंड परचेसिंग आफिसर अभिमन्यु सिंह के खिलाफ जांच की जा सकती है. माना जा रहा है कि अफसरों से पूछताछ जांच को नई दिशा देगी. बीते सोमवार को ईओडब्ल्यू-एसीबी ने सीजीएमएससी के सप्लाय मोक्षित कारपोरेशन के रायपुर और दुर्ग के ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई की थी. इसके अलावा हरियाणा के पंचकुला में भी दबिश दी गई थी. मोक्षित कारपोरेशन के डायरेक्टर शशांक चोपड़ा को गिरफ्तार कर स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया था. कोर्ट से ईओडब्ल्यू-एसीबी को सात दिनों की रिमांड मिली है. मोक्षित कारपोरेशन दवा और मेडिकल इक्विपमेंट की एजेंसी है. सीजीएमएससी को यह एजेंसी दवा और मेडिकल इक्विपमेंट की सप्लाई करती थी.   ईओडब्ल्यू-एसीबी की एफआईआर में बताया गया है कि शासन के संज्ञान में लाए बिना लगभग 411 करोड़ रुपए की खरीदी की गई. स्वास्थ्य विभाग और सीजीएमएससी के अफसरों की ओर से रीएजेंट सप्लाई करने वाली कंपनी को व्यक्तिगत लाभ पहुंचाने के लिए शासन की प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया. सीजीएमएससी ने खरीदी के लिए केवल 26-27 दिन के अंतराल में ही आदेश जारी किया था. इन रीएजेंट की रखरखाव की कोई व्यवस्था नहीं होने के बावजूद बेधड़क खरीदी की गई. एफआईआर में लिखा गया है कि खरीदी के पहले वास्तविक आवश्यकता का आंकलन किए बगैर खरीदी के लिए मांग पत्र जारी किया गया था. एफआईआर में यह भी कहा गया है कि पूर्व स्वास्थ्य संचालक ने रीएजेंट की खरीदी के लिए 10 जनवरी 2022 को इंडेंट दिया. इससे पहले न तो बजट की उपलब्धता सुनिश्चित की गई और न ही किसी प्रकार का प्रशासनिक अनुमोदन प्राप्त किया गया. यानी बिना शासन के संज्ञान में लाए लगभग 411 करोड़ रुपए की लाइबिलिटी शासन के ऊपर निर्मित की गई. एफआईआर के मुताबिक, जांच के दौरान यह बात सामने आई कि ब्लड सैंपल कलेक्शन करने के लिए उपयोग में लाई जाने वाली EDTA ट्यूब को मोक्षित कॉरपोरेशन से 2352 रुपये प्रति नग के भाव से खरीदा गया है, जबकि अन्य संस्थाओं ने इसी सामग्री को अधिकतम 8.50 रुपये (अक्षरी – आठ रुपये पचास पैसा) की दर से क्रय किया. छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन ने जनवरी 2022 से 31 अक्टूबर 2023 तक अरबों रुपये की खरीदी मोक्षित कारपोरेशन और CB कॉरपोरेशन के साथ सांठगांठ करके की है. इसके अलावा छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कारपोरेशन ने 300 करोड़ रुपये के रिएजेंट सिर्फ इसीलिए खरीद लिए ताकि मोक्षित कारपोरेशन प्राइवेट लिमिटेड के पास उपलब्ध केमिकल्स की एक्सपायरी डेट नजदीक न आ जाए. छत्तीसगढ़  मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन ने मोक्षित कारपोरेशन प्राइवेट लिमिटेड से 300 करोड़ रुपये के रीएजेंट खरीदकर राज्य के 200 से भी अधिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में बिना मांग के ही भेज दिया. उन स्वास्थ्य केंद्रों में उक्त रिएजेंट को उपयोग करने वाली CBC मशीन ही नहीं थी. रीएजेंट की एक्सपायरी मात्र दो से तीन माह की बची हुई है और रीएजेंट खराब न हो, इसलिए छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन के द्वारा 600 फ्रिज खरीदने की प्रक्रिया भी शुरू की. एफआईआर के मुताबिक, जांच के दौरान यह बात भी सामने आई कि सीजीएमएससी ने ईडीएल दवा और नॉन-ईडीएल/कंज्यूमेबल और टेस्ट किट आइटम/फूड बास्केट/प्रोप्राइटरी और नॉन-प्रोप्राइटरी कंज्यूमेबल आइटम/आयुष दवाइयां/उपकरण सामग्री की आपूर्ति करने और कालातीत औषधियों के निष्कासन के लिए प्रतिष्ठित फर्म से कोटेशन/खरीदी और दर अनुबंध के लिए वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए निविदा प्रक्रिया 26 अगस्त 2022 के लिए ई-निविदा जारी की गई. इस निविदा के लिए प्री-बिड मीटिंग के लिए 29 अगस्त 2022 निर्धारित किया गया था. इसके बाद 26 सितंबर तक निविदा दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए निर्देश दिए गए थे. संचालनालय स्वास्थ्य एवं सेवाएं के उप संचालक ने इस जानकारी के बाद सीजीएमएससी के प्रबंध संचालक को प्री-बिड के आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए यह बताया कि राज्य स्तरीय निरीक्षण और परीक्षण तकनीकी समिति के विषय-विशेषज्ञों के जिलों से प्राप्त स्पेसिफिकेशन का निर्धारण किया गया है, जिसमें कोई बदलाव न करते हुए टेंडर प्रक्रिया को पूर्ण करने का निर्देश दिया गया. इस निविदा के लिए मोक्षित कारपोरेशन, रिकार्ड्स एवं मेडिकेयर सिस्टम और श्री शारदा इंडस्ट्रीज के द्वारा निविदा प्रक्रिया में भाग लिया गया. जिसमें निविदा समिति ने उपकरणों, रिएजेंट, कंज्यूमेबल्स व मशीनों के सीएमसी के एल-1 दर को मान्य किए जाने की अनुशंसा करते हुए मोक्षित कारपोरेशन को 25 जनवरी 2023 को निविदा देने की अनुशंसा की, जो प्रबंध संचालक द्वारा स्वीकृत दी गई. जांच में यह जानकारी सामने आई कि निर्माता कंपनियां खुले बाजार में जिस सीबीसी मशीन को मात्र 5 लाख रुपये में विक्रय करती हैं, उन्हीं मशीनों को मोक्षित कारपोरेशन ने निविदा के माध्यम से दर अनुबंध करते हुए सीजीएमएससी को 17 लाख रुपये में दिया. सीजीएमएससी द्वारा मशीन एवं उपकरण निर्माता कंपनियों के साथ ही दर अनुबंध किया जाता है, जबकि मोक्षित कारपोरेशन के पास अस्पताल में उपयोग होने वाले उपकरण बनाने की कोई फैक्ट्री (उत्पादन इकाई) नहीं है और न ही उपकरणों का निर्माण मोक्षित कारपोरेशन द्वारा किया जाता है. इसके बावजूद अपने रसूख और कमीशन के प्रलोभन के दम पर मोक्षित कारपोरेशन ने अधिकारियों से सैटिंग करके अधिकांश दर अनुबंध अपनी कंपनी के नाम पर करवा लिया. एफआईआर में यह लिखा गया है कि CB कारपोरेशन के नाम से संचालित शेल कंपनी भी मोक्षित कारपोरेशन ग्रुप की ही कंपनी है, जिसके नाम पर भी काफी सारे दर अनुबंध करवाए गए. मोक्षित कारपोरेशन ने रिएजेंट और केमिकल्स को अधिकतम खुदरा मूल्य से भी अधिक के दाम पर दर अनुबंध करवाया. इस प्रकार 750 करोड़ रुपये से अधिक की खरीदी कर शासन के साथ धोखाधड़ी की गई. 

  • प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने वाला तस्कर गिरफ्तार

    31-Jan-2025

    रायपुर। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय डॉ. लाल उमेद सिंह के दिशा निर्देश पर रायपुर पुलिस द्वारा नशे के विरूद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही अवैध प्रतिबंधित मादक पदार्थों सहित प्रतिबंधित नशीली टेबलेट एवं सिरप तथा सूखे नशे के तस्करी, खरीदी-बिक्री, नियंत्रण एवं रोकथाम हेतु निर्देशित किया गया था। इसी तारतम्य में दिनांक 31.01.25 को थाना खमतराई पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति उम्र करीबन 35-36 साल जो कि दुबला पतला लाल लाईनिंग वाला फुल टी शर्ट एवं नीला जिंस पेंट पहना है जो कि अपने कब्जे में एक काला कलर का पिटठू बैग के अंदर अवैध नशीली गोली भारी मात्रा में रखकर श्रीनगर खमतराई तरफ से भनपुरी की ओर विक्रय करने हेतु जा रहा है। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना खमतराई पुलिस टीम द्वारा उक्त स्थान पर जाकर मुखबीर द्वारा व्यक्ति को चिन्हांकित कर पकड़ा गया।  पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम संजय बेनुवा पिता दारासिंग बेनुवा उम्र 36 साल साकिन श्रीनगर उडिया बस्ती खमतराई होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा उनकी तलाशी लेने पर उनके पास प्रतिबंधित नशीली टेबलेट SPASMO PROXYVON PLUS रखा होना पाया गया, जिस पर व्यक्ति से उक्त प्रतिबंधित नशीली टेबलेट रखने के संबंध में वैध दस्तावेज की मांग करने पर उनके द्वारा किसी प्रकार का कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा आरोपी संजय बेनुवा पिता दारासिंग बेनुवा उम्र 36 साल साकिन श्रीनगर उडिया बस्ती खमतराई को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट SPASMO PROXYVON PLUS कुल 60 पत्ता जिसमें एक-एक में 03 पत्ता संलग्न है प्रत्येक पत्ता में 8-8 गोली एक पता में कुल 24 गोली कुल जुमला 1440 गोली, प्रत्येक पत्ता में (SPASMO PROXYVON PLUS) प्रत्येक में एमआरपी 88.80 B.NO.- XZ10442, MFG-NOV-24, EXP.OCT-26 FOR 8CAPSULES.INCL-OF-ALL-TAXES जुमला किमती 15,984/- रूपये को जप्त कर आरोपी के विरूद्ध थाना खमतराई जिला रायपुर में अपराध कमांक 74/2025 धारा 22 (सी) एन०डी०पी०एस० एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही किया गया। प्रकरण में फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेजेस के आधार पर अन्य आरोपियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ जारी है। 

  • सिर में चोट मिला, मारकर बहू को फांसी पर लटकाने वाले पति और सास-ससुर गिरफ्तार

    31-Jan-2025

    धमतरी। कानून की तमाम बंदिशों के बावजूद समाज में दहेज प्रताड़ना रुकने का नाम ही नहीं ले रही है। मामला भखारा थाना अंतर्गत ग्राम डोमा का है जहा पति ,सास और ससुर ने मिलकर नवविवाहिता को 8 महीने तक दहेज के लिए प्रताड़ित करते रहे। दहेज के दानवों को इससे जी नहीं भरा तब नवविवाहिता को मौत के घाट उतार दिया। दरअसल नोमश्वरी साहू का विवाह डोमा निवासी तेजेंद्र साहू के साथ अप्रैल 2024 में हुआ साथ जीने मरने के लिए सात फेरे लिए, लेकिन पति,सास और ससुर ने मिलकर नवविवाहिता को 8 महीने तक दहेज के लिए प्रताड़ित करते रहे। सास फ़गनी बाई ओर ससुर मिश्री लाल साहू अपने बहु को रोज दहेज में कम समान काने और लोकल ओर सड़ा गला समान लाने की बात कहकर गाली देते थे और पति रोज मारपीट करता था। इतने से ससुराल वालों का जी नहीं भरा तो 26 जनवरी के दिन पति ने मृतिका को बेरहमी से पिटाई किया और रस्सी से गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया और हत्या को छुपाने शव को फांसी के फंदे से लटका दिया। मौत के बाद परिजनों ने भखारा पुलिस को बहु की आत्महत्या करने की सूचना दी। पुलिस ने मर्ग कायम किया ओर शव को पोस्टमार्डम के लिए भेजा था। पुलिस को पोस्टमार्डम रिपोर्ट में सिर ओर शरीर पर गहरे चोट के निशान पाया गया जिस पर पुलिस ने पति को कड़ाई से पूछताछ कि तब आरोपी ने हत्या करने की बात कबूल किया। पुलिस ने मृतिका के पति ,सास ओर ससुर को आज गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 

  • पोल्ट्री फार्म में मिला बर्ड फ्लू का केस

    31-Jan-2025

    रायगढ़। चक्रधर नगर पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू का केस मिला है। जिसके बाद कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने देर रात अधिकारियों की आपातकालीन बैठक लेकर स्थिति नियंत्रित करने रणनीति बनाई। वहीं रात में ही पोल्ट्री फार्म की सारी मुर्गी, चूजों और अंडों को नष्ट किया गया। पशुपालन विभाग, नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पूरी रात अभियान चलाया है। सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत पोल्ट्री फार्म का एक किलोमीटर का क्षेत्र 'इंफेक्टेड जोन' और 10 किमी का दायरा 'सर्विलांस जोन' घोषित, 10 किमी के दायरे में मुर्गी और अंडे की बिक्री प्रतिबंधित है। 

  • स्कूटी से घर लौट रहे महापौर प्रत्याशी की हत्या की साजिश

    31-Jan-2025

    जगदलपुर. जगदलपुर के महापौर प्रत्याशी समीर खान पर जानलेवा हमला होने से इलाके में सनसनी फैल गई है. आम आदमी पार्टी के महापौर प्रत्याशी समीर खान अपनी स्कूटी से घर जा रहे, तभी अज्ञात हमलावारों ने उन पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए. यह घटना शुक्रवार रात की है. समीर को गंभीर चोटें आई है. उन्हें 112 वाहन से हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. इस खबर पर लगातार अपडेट जारी है. 

Top