रायपुर। डोंगरगढ़ में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, आचार्य गुरुवर श्री विद्यासागर जी महामुनिराज सिर्फ संत या जैन आचार्य नहीं थे, वह एक युग पुरुष थे, जिन्होंने एक नए विचार और नए युग का प्रवर्तन किया। आचार्य विद्यासागर जी महामुनिराज भारत, भारतीय संस्कृति, भाषाओं और राष्ट्र की पहचान के प्रतीक बने। उन्होंने न केवल धर्म का संरक्षण किया बल्कि भारत की पहचान को वैश्विक स्तर पर व्याख्यायित करने का महान कार्य किया। धर्म, राष्ट्र और समाज के लिए जीवन का हर क्षण समर्पित करने की बात करने वाले बहुत लोग होते हैं, लेकिन ऐसा जीवन जीने वाले केवल कुछ ही होते हैं और आचार्य विद्यासागर जी उन्हीं में से एक थे हमारे देश की संत परंपरा बहुत समृद्ध है और देश को जब जिस भूमिका की जरूरत पड़ी संतों ने उस भूमिका का निर्वहन किया। संतों ने ज्ञान का सृजन भी किया और देश को एकता के सूत्र में भी बांधकर रखा। गुलामी के कालखंड में संतों ने भक्ति के माध्यम से राष्ट्रीय चेतना की लौ जलाए रखी। आचार्य विद्यासागर जी का संदेश, प्रवचन व लेखन जैन समुदाय के साथ-साथ पूरे राष्ट्र के लिए एक अनमोल धरोहर है। कल्पवृक्ष की तरह जीवन जीने वाले आचार्य जी के जीवन के हर क्षण से राष्ट्र को शक्ति मिली, धर्म को संबल मिला और त्याग व संयम का प्रचार हुआ।
राजनांदगांव। गुरुवार दोपहर को शहर के ईमाम चौक से चिखली जाने वाले रेल्वे ओवरब्रिज में एक सडक़ हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर मामले को जांच में लिया। इधर घटना के बाद ओवरब्रिज में जाम के हालात भी निर्मित हो गए थे, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवागामन को सुगम बनाया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर लगभग 12 बजे के आसपास एक मोटर साइकिल में पार्रीकला निवासी महावीर यादव ईमाम चौक से चिखली की ओर जा रहा था। इसी बीच रेल्वे फ्लाई ओवर में वह सडक़ हादसे का शिकार हो गया। इस घटना में महावीर को गंभीर चोट लगी। वहीं उसकी दोपहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले को जांच में लिया। वहीं इस सडक़ हादसे के बाद फ्लाई ओवर में वाहनों का जाम लग गया, जिसे मशक्कत के बाद पुलिस ने आवागमन को सुगम बनाया।
रायपुर। सांसद बृजमोहन अग्रवाल की बड़ी भाभी पुष्पा देवी अग्रवाल का निधन हो गया। पुष्पा देवी अग्रवाल पूरण लाल अग्रवाल (पूर्व अध्यक्ष, चैंबर ऑफ कॉमर्स, रायपुर) की धर्मपत्नी थी। मनोज और प्रकाश की माता थी। उनकी अंतिम यात्रा आज शाम 4:00 बजे निवास स्थान 92, क्रेस्ट ग्रीन, रामनगर से प्रस्थान कर मारवाड़ी श्मशान घाट पहुंचेगी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिवारजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। शोकाकुल रामजी लाल अग्रवाल, बिशन लाल अग्रवाल, कैलाश, राजेंद्र, गोपाल, बृजमोहन, अशोक, देवेंद्र, विजय, गणेश, योगेश, यशवंत, श्याम, आदित्य, सार्थक एवं समस्त गोयल परिवार।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में 11 फरवरी को नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान होना है. निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है. राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त अजय सिंह आज सेजबहार में बनाए गए स्ट्रांग रूम का निरीक्षण करने पहुंचे. निरीक्षण के दौरान स्ट्रांग रूम के सुरक्षा व्यवस्थाओं और अन्य अहम पहलुओं की जानकारी ली गई. इस निरीक्षण के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव, जिला कलेक्टर गौरव कुमार सिंह, एसपी लाल उमेद सिंह और राज्य निर्वाचन आयोग सचिव भी मौजूद रहे. सुरक्षा उपायों और स्ट्रांग रूम की तैयारियों को लेकर अधिकारियों ने विस्तृत जानकारी ली. नगरीय निकाय चुनाव के लिए सेजबहार में बनाए गए स्ट्रांग रूम में अधिकारी-कर्मचारी के साथ राज्य निर्वाचन आयुक्त ने समीक्षा बैठक ली. जिसमें व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर चर्चा की.
गरियाबंद. जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है. जहां दर्दनाक सड़क हादसे में सरपंच प्रत्याशी कुसुमा की मौके पर ही मौत हो गई है. तेज रफ्तार ट्रक प्रत्याशी कुसुमा को रौंदते हुए निकल गया. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया है. पूरा मामला देवभोग थाना क्षेत्र का है. जानकारी के अनुसार, साहस खोल निवासी कुसुमा चंद्राकर अपने पति देवानंद चंद्राकर के साथ बाइक में सवार होकर ओडिशा की दिशा में जा रही थी. इस दौरान मोड़ पर एक ट्रक तेज रफ्तार में विपरीत दिशा से अचनाक आते देख बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई. सड़क पर गिरने के बाद ट्रक ने सरपंच प्रत्याशी कुसुमा को कुचलते हुए गुजर गया. हादसे में कुसुमा की मौके पर ही मौत हो गई. मृतिका कोड़की पारा पंचायत में सरपंच पद की प्रत्याशी थी.
रायपुर। म्यूल बैंक अकाउंट पर कार्यवाही जारी, साइबर ठगी के लिए बैंक अकाउंट खुलवाने, खातों को ऑपरेट करने में शामिल 13 एजेंट-ब्रोकर को गिरफ्तार किया गया है। मामलें में देते हुए पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देशानुसार साइबर क्राईम पोर्टल में रिपोर्टेड म्यूल बैंक अकाउंट की जांच करने हेतु योजना तैयार कर म्यूल अकाउंट खोलने में शामिल खाता धारक/संवर्धक/ब्रोकर-एजेंट/बैंक अधिकारी/सिम सप्लायर सभी आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही करने हेतु रेंज साइबर थाना रायपुर को निर्देशित किया गया था। थाना सिविल लाइन रायपुर के अपराध क्रमांक 44/25 धारा 317(2), 317(4), 317(5), 111, 3(5) बी एन एस में निर्देशों का पालन कर कार्यवाही करते हुए। प्रथम चरण में म्यूल बैंक अकाउंट धारक/संवर्धक कुल 62, द्वितीय चरण में 6, तृतीय चरण में 4 बैंक कर्मी सहित कुल 72 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ एवं तकनीकी विश्लेषण से खाता खुलवाने, साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने, रकम को इधर-उधर करने में शामिल आरोपियों के यहां तड़के सुबह एक साथ 10 स्थान पर रेड कार्यवाही की गई और 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के द्वारा बैंक खातों को खुद ऑपरेट किया जाता था तथा ठगी की रकम को इधर उधर किया जाता था। आरोपियों द्वारा अत्यधिक मात्रा में ठगी की रकम प्राप्त की गई है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपी 01. अजय सोनी उर्फ अज्जू सोनी पिता स्वर्गीय रूप प्रसाद सोनी, उम्र 27 वर्ष साकिन टिकरापारा, पटेल चौक, हटरी के पास, थाना-टिकरापारा, जिला-रायपुर 02. राहुल वर्मा पिता जितेन्द्र कुमार वर्मा उम्र 19 साल, साकिन एकता नगर, गुढ़ियारी, जनता क्वाटर नंबर 436 थाना-गुढ़ियारी, जिला-रायपुर 03. पारूल वर्मा पिता नोहर सिंह उम्र 25 साल, साकिन रावांभांठा, दुर्गा चौक के पास, थाना खमतराई जिला-रायपुर 04. नीलकंठ साहू पिता गोविन्द साहू उम्र 33 साल साकिन शंकराचार्य स्कुल गली, बड़ा अषोक नगर, गुढ़ियारी, थाना-गुढ़ियारी 05. शुभम शर्मा पिता राजेष कुमार शर्मा उम्र 25 साल साकिन सी-125, गायत्री नगर, थाना खम्हारडीह, जिला-रायपुर 06. विरेन्द्र पटेल पिता माधव राम पटेल उम्र 28 साल साकिन न्यू साहू पारा खमतराई थाना-खमतराई जिला रायपुर 07. हरमित सिंह मक्कड़ उर्फ यषमित पिता रविन्द्र सिंह मक्कड़ उम्र 24 साल, साकिन सुभाष चौक, बिरगांव, थाना-उरला, जिला रायपुर 08. राजेष निषाद पिता श्री अघनु निषाद उम्र 30 साल, साकिन भारत माता चौक, गुढ़ियारी, थाना गुढ़ियारी रायपुर (छ.ग.) 09. रिजवान खान उर्फ रेहान पिता मरहूम अब्दुल करीम खान उम्र 25 साल, साकिन गुरूकुल नगर के आगे, बृजनगर, थाना-टिकरापारा, जिला-रायपुर 10. साकेत सिंग ठाकुर पिता शैलेन्द्र सिंह ठाकुर उम्र 23 साल साकिन अवंति विहार सेक्टर 02, टी 44, थाना-तेलीबांधा, थाना-खम्हारडीह, जिला-रायपुर 11.विजय टेकचंदानी पिता रमेश टेकचंदानी उम्र 35 वर्ष पता सरजू बगीचा कोतवाली बिलासपुर 12.संदीप साहू पिता राजेंद्र साहू उम्र 21 वर्ष पता तर्री थाना नयापारा रायपुर 13.अमित देवांगन पिता संजय देवांगन उम्र 20 वर्ष पता तर्री थाना नयापारा रायपुर
रायपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के दिशा निर्देश पर रायपुर पुलिस द्वारा नशे के विरूद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें रायपुर पुलिस के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों सहित प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड सायबर यूनिट को नशे का काला कारोबार करने वाले कारोबारियों की पतासाजी कर कार्यवाही करने एवं इस पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाने आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये है। जिस पर समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं एण्टी क्राईम एण्ड सायबर यूनिट की टीम द्वारा मुखबीर लगाकर, पेट्रोलिंग व सूचना संकलन कर नशे का कारोबार करने वाले कारोबारियों के संबंध में सूचना एकत्रित की जा रही है। इसी तारतम्य में दिनांक 04.02.25 को एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की टीम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना आजाद चौक क्षेत्रांतर्गत भोईपारा स्थित सुलभ के पास दोपहिया वाहन सवार एक व्यक्ति अपने पास प्रतिबंधित नशीली टेबलेट रखा है तथा बिक्री कर रहा है। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना आजाद चौक पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उक्त स्थान पर जाकर मुखबीर द्वारा बताये वाहन एवं हुलिये के व्यक्ति की पतासाजी करते हुये चिन्हांकित किया गया। व्यक्ति से बात करने का प्रयास करने पर वह भागने लगा, जिसे टीम के सदस्यों द्वारा घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम शशांक पाण्डेय उर्फ सेम निवासी रायपुरा डी.डी.नगर रायपुर का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा उसके एक्टिवा वाहन की तलाशी लेने पर वाहन की डिक्की में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट Nitrosum-10 रखा होना पाया गया। शशांक पाण्डेय उर्फ सेम से उक्त प्रतिबंधित नशीली टेबलेट रखने एवं बिक्री करने के संबंध में वैध दस्तावेज की मांग करने पर उसके द्वारा किसी प्रकार का कोई दस्तावेज प्रस्तुत न कर टीम के सदस्यों को लगातार गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा था। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा आरोपी शशांक पाण्डेय उर्फ सेम को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कुल 220 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट Nitrosum-10 बिक्री रकम 18,000 रूपये तथा घटना में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन क्रमांक सी जी/04/पी बी/4311 जुमला कीमती लगभग 50,000/- रूपये जप्त कर आरोपी के विरूद्ध थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 37/25 धारा 8, 21, 27(क) नारकोटिक एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही किया गया। प्रकरण में फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेजेस के आधार पर अन्य आरोपियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ जारी है। गिरफ्तार आरोपी- शशांक पाण्डेय उर्फ सेम पिता स्व0 मनीष पाण्डेय उम्र 28 साल निवासी सत्यम विहार कालोनी रायपुरा थाना डी.डी.नगर रायपुर।
महासमुंद। नगरीय निकाय निर्वाचन अंतर्गत प्रचार-प्रसार में उपयोग किए जा रहे तीन डीजे वाहनों को जप्त कर महासमुंद थाने में रखा गया है। बुधवार को कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी एवं नायब तहसीलदार द्वारा यह कार्यवाही की गई। जप्त किए गए वाहनों में ध्वनि विस्तारक यंत्र की अनुमति ली गई है परंतु आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि लाउडस्पीकर ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग के लिए सीमा निर्धारित की गई है। साथ ही माननीय उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए आदेश के अनुक्रम में अनुमति दी गई है। वर्तमान में किसी भी वाहन में डीजे लगाकर ध्वनि विस्तारक यंत्र की अनुमति नहीं दी गई है। इस तारतम्य में नगरपालिका महासमुंद अध्यक्ष पद हेतु कांग्रेस के अभ्यर्थी का प्रचार-प्रसार कर रहे वाहन सीजी-06, जीएच 3747, भाजपा अभ्यर्थी के प्रचार-प्रसार में लगे वाहन सीजी-06, जीवाई 6045 तथा निर्दलीय प्रत्याशी के प्रचार-प्रसार के लिए उपयोग वाहन सीजी-06, जीवाई 0478 को जप्त कर महासमुंद थाने में रखा गया है। कलेक्टर ने नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। उच्च न्यायालय द्वारा जारी आदेश के अनुक्रम में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी निर्देशानुसार चुनाव प्रचार हेतु ध्वनि विस्तारक यंत्र उपयोग की अनुमति 01 फरवरी 2025 से 09 फरवरी 2025 तक निम्नलिखित शतों के अधीन रिटर्निंग अधिकारी द्वारा प्रदान किया गया है। जिसके अंतर्गत वर्तमान में नगरपालिका आम निर्वाचन 2025 के तहत आदर्श आचार संहिता प्रभावशील है जिसका पूर्णतः पालन किया जाना आवश्यक होगा। लाउड स्पीकर या ध्वनि विस्तारक यंत्र या अन्य ध्वनि उत्पन्न करने वाले यंत्र का उपयोग सार्वजनिक स्थानों पर किया जा रहा हों तो उसकी सीमा उस क्षेत्र के परिवेशीय ध्वनि पैमाने से 10 डी.बी (ए) से अधिक नहीं होगा या 75 डी.बी (ए) से अधिक नहीं होगा अथवा इनमें से जो भी कम है, उससे अधिक नहीं होगा। अस्पताल, शिक्षण संस्थायें, न्यायालय, आदि के कार्यालयीन अवधि के दौरान 100 मीटर की दूरी तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों तथा पटाखों का उपयोग नहीं किया जायेगा। निर्वाचन प्रचार अभियान के लिए लाउडस्पीकर के उपयोग संबंधी जारी निर्देश के संबंध में लाउडस्पीकर का उपयोग समय रात्रि 10.00 बजे से प्रातः 6 बजे के मध्य नहीं किया जावेगा। ध्वनि विस्तारक यंत्र की उपयोग हेतु निर्धारित समय सीमा का पालन करना अनिवार्य होगा। इस अनुमति प्रत्रक की मूल प्रति आयोजक को, जब भी सक्षम प्राधिकारी द्वारा मांगा जावे, प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। उक्त शर्तों का उल्लंघन पाए जाने की स्थिति में ध्यनि विस्तारक यंत्र के प्रयोग की सशर्त अनुमति स्वमेव निरस्त मानी जायेगी तथा नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी जिसकी जिम्मेदारी स्वयं आयोजक की होगी। यदि मतदान 11 फरवरी 2025 को होना है तो चुनाव प्रचार 09 फरवरी 2025 की मध्य रात्रि (12ः00 बजे) तक ही किया जा सकता है अर्थात् 09 फरवरी 2025 की रात्रि 12ः00 बजे के पश्चात कोई चुनाव प्रचार नहीं होगा। यहां यह भी स्पष्ट किया जा रहा है कि 09 फरवरी 2025 की रात्रि 10 बजे के पश्चात ध्वनि विस्तारक यंत्रों की अनुमति नहीं होने के कारण रात्रि 10ः00 बजे से 12ः00 बजे के बीच होने वाले चुनाव प्रचार की अनुमति देते समय इन सभी प्रावधानों का ध्यान रखा जावे।
रायपुर। रायपुर लोकसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल ने आज रायपुर नगर निगम चुनावों में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में भव्य रोड शो किया। हजारों की संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं और आम जनता के उत्साह ने यह स्पष्ट कर दिया कि रायपुर में भाजपा की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित है। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, "भारतीय जनता पार्टी की सरकार विकास, सुशासन और पारदर्शिता के प्रति प्रतिबद्ध है। रायपुर की जनता ने प्रदेश में भाजपा सरकार बनाने के बाद अब नगर निगम में भी भाजपा को भारी समर्थन देने का मन बना लिया है। हर मतदाता का एक-एक वोट रायपुर के सुनहरे भविष्य की नींव रखेगा।" रोड शो का भव्य आयोजन और जनसंपर्क अभियान इस रोड शो की शुरुवात मदर टेरेसा वार्ड से हुई जहां पार्षद प्रत्याशी संतोष साहू मैदान में हैं, रोड शो तेलीबांधा चौक, गुरुद्वारा रोड, इंदिरा चौक, कपूर होटल, केनाल रोड पहुंचा उसके बाद भगवती चरण शुक्ल वार्ड में कक्कड़ चौक, कचरू साहू निवास, रावणपुतला पहुंचा यहां श्री अग्रवाल ने पार्षद प्रत्याशी अमर गिदवानी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन भी किया। इसके बाद पंकज विक्रम वार्ड: में गोवर्धन चौक, डॉ. गजवानी के सामने, त्रिलोकी माता मंदिर, रिंग रोड में रोड शो कर भाजपा प्रत्याशी स्वपनिल मिश्रा को जिताने की अपील की। इसके बाद अरविंद दीक्षित वार्ड में राजेंद्र नगर अंडर ब्रिज, महाराणा प्रताप चौक, विजेता कॉम्प्लेक्स, आदर्श नगर शासकीय स्कूल, दुर्गा नगर में पार्टी पार्षद उम्मीदवार सचिन मेघानी के लिए जनता से समर्थन मांगा। इसके बाद बृजमोहन अग्रवाल का काफिला राजीव पांडेय वार्ड पहुंचा यहां पचपेड़ी नाका अंडरब्रिज, हरिभूमि कार्यालय, भगत सिंह चौक, संजय नगर, गौरा गौरा चौक, मिलन चौक पर भाजपा पार्षद प्रत्याशी बद्री गुप्ता के लिए वोट मांगे। इसके बाद ब्रिगेडियर उस्मान वार्ड में प्रत्याशी प्रमोद साहू के लिए संजय नगर चौक, हरदेव लाला मंदिर, नंदी चौक, अमृत चौक, जलगृह मार्ग में रोड शो किया। इसके बाद विपिन बिहारी सूर वार्ड में प्रत्याशी- मनोज वर्मा के लिए जलगृह मार्ग, वीरभद्र नगर, बूढ़ातालाब, महामाया मंदिर वार्ड में प्रत्याशी मंज राजेन्द्र यादव के लिए बूढ़ेश्वर मंदिर चौक, शीतला मंदिर चौक, महामाया मंदिर और महंत लक्ष्मीनारायण दास वार्ड में गांधी घर, सिंधी स्कूल चौक, कायस्थपारा, लाखेनगर चौक में अम्बर अग्रवाल के पक्ष में रोड शो कर जनता का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस रोड शो का समापन ब्राह्मणपारा वार्ड में अवधियापारा चौक, पंचपथ पारा चौक, आमापारा चौक, कंकाली अस्पताल चौक पर हुआ जहां से अजय साहू मैदान में हैं। रायपुर की जनता का भाजपा को पूर्ण समर्थन: बृजमोहन रोड शो के दौरान पूरा शहर "फिर एक बार, भाजपा सरकार" के नारों से गूंज उठा। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, "रायपुर की जनता भाजपा सरकार की विकासपरक नीतियों और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन को समर्थन दे रही है। जनता का यह अपार स्नेह और समर्थन यह दर्शाता है कि रायपुर में भाजपा की प्रचंड जीत तय है।" उन्होंने अपील की कि आगामी नगर निगम चुनाव में कमल के निशान पर बटन दबाकर भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाएं और रायपुर को देश का सर्वश्रेष्ठ नगर बनाने में सहयोग करें।
कांकेर। कांकेर में बुधवार को दो तेंदुआ शहरी इलाके में उतर आए। राजापारा स्थित गढ़िया पहाड़ से नीचे आते तेंदुए को आते देखा गया। जिसके बाद राजापारा और भंडारीपारा के लोगों में डर का माहौल है। घटना का वीडियो भी सामने आया था। जिसमें एक तेंदुआ पत्थर पर बैठा है, जबकि दूसरा दूध नदी में उतरकर पानी पिया और फिर झाड़ियों में छिप गया। अभी भी एक तेंदुआ गुफा में छिपा हुआ है। स्थानीय लोगों ने बताया कि, सुबह 5 बजे भी यादव होटल के पास इन्हीं दो तेंदुओं को देखा गया था। लोगों का मानना है कि तेंदुए भूख और प्यास के कारण बार-बार आबादी वाले क्षेत्र में आ रहे हैं। मोहल्ले के शत्रुघन यादव ने बताया कि वन विभाग को इस बारे में सूचना दे दी गई है। लोगों ने बताया कि तेंदुआ दिन भर में 2 बार नीचे आया है। इस दौरान तेंदुए ने मवेशियों पर हमला करने की कोशिश भी की। शिकार में असफल रहने के बाद पत्थर पर बैठा रहा जिसके बाद गुफा में जाकर छिप गया। वन विभाग के अधिकारियों ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से लोगों को तेंदुओं को देखने जाने से मना किया है। स्थानीय निवासियों में डर का माहौल है, क्योंकि एक ही दिन में दो बार तेंदुओं का आना चिंता का विषय है। मोहल्ले के राजेश यादव ने बताया कि राजापारा और भंडारीपारा इलाके में पहाड़ का ऐसा क्षेत्र है, जहां पर झाड़ियां बहुत कम है और इस इलाके में अक्सर तेंदुआ देखने को मिलता है। यही से एक बार सालों पहले तेंदुआ शहर में घुसा था जिसने काफी आतंक मचाया था। मोहल्ले वालों ने बताया कि कई बार एरिया से मुर्गी, बकरी या मवेशी के बछड़े गायब हो जाते है, जो सभी समझ जाते है कि उसे तेंदुआ अपना शिकार बनाकर ले गया है। भंडारीपारा में गड़रिया परिवार भी रहता है, जिनके द्वारा भेड़ बकरी का पालन किया जाता है, उनके बीच से भेड़, बकरी गायब हो जाने की खबर आती रहती है पर समस्या का समाधान नही हो पा रहा है।
रायपुर। नगरीय निकायों के लिए भारतीय जनता पार्टी के घोषणा पत्र "अटल विश्वास पत्र" में हमने नगरीय निकाय क्षेत्रों के विकास के लिए जो घोषणाएं की हैं, वह विकास की गारंटी है। जिस तरह मोदी की गारंटी मतलब गारंटी पूरी होने की गारंटी है, ठीक उसी तरह हम अटल विश्वास पत्र का एक-एक वादा पूरा करेंगे, ये हमारी गारंटी है। इसलिए कोरबा सहित प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में ट्रिपल इंजन की सरकार बनाना है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ऊर्जानगरी कोरबा के घण्टाघर मैदान में आयोजित विशाल आमसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। अपने नगरीय निकाय चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए उन्होंने जनता से कोरबा शहर के चहुंमुखी और निर्बाध विकास के लिए नगर निगम कोरबा की महापौर प्रत्याशी संजू देवी राजपूत और सभी 67 वार्डों के पार्षद पद हेतु भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने का आह्वान किया। सीएम साय ने कहा कि नगरीय निकायों में कई पीढ़ियों से नजूल भूमि में मकान बनाकर रह रहे लोगों को उनके जमीन का मालिक बनाना है, इसके लिए नया कानून लाएंगे। शहरी क्षेत्रों में आने वाले समय में तीन लाख से अधिक पीएम आवास बनाएंगे। नगरीय क्षेत्र में रहने वाले, जो बिजली बिल, संपत्ति कर समय में पटाते हैं, उनको भी पीएम आवास का लाभ दिलाएंगे, 15 हजार मासिक आमदनी वाले, 5 एकड़ सिंचित और ढाई एकड़ असिंचित जमीन एवं दोपहिया वाहन वालों को पीएम आवास दिलाएंगे। महिलाओं के नाम से संपत्ति कर में 25 प्रतिशत की छूट दी जाएगी और जो 7 तारीख से पहले पटाते हैं उन्हें दस प्रतिशत की और छूट मिलेगी। नगरीय निकायों में आने वाले प्रत्येक बाजारों में माता-बहनों के सम्मान के लिए पिंक टॉयलेट बनाएंगे। अटल विश्वास पत्र के इन सभी वादों को हमारी सरकार पूरा करेगी। श्री साय ने प्रदेश के किसानों को खुशखबरी देते हुए कहा कि इस वर्ष हमारी सरकार ने धान खरीदी के पिछले सारे रिकॉर्ड को तोड़ते हुए 149.25 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की है। 25.49 लाख से अधिक किसानों ने धान बेचा है। दो से तीन दिन के अंदर धान बेचने वाले सभी 25.49 किसानों को धान की अंतर की राशि जारी करेंगे। राशि सीधे उनके खातों में पहुंचेगी। श्री साय ने कहा कि उनका सौभाग्य है कि वे कोरबा से नगरीय निकाय चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत कर रहे हैं। वे जब भी ऊर्जानगरी कोरबा आते हैं, शरीर में नई ऊर्जा का संचार होता है। पिछले तेरह महीने में हमने कोरबा निगम क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए चार सौ करोड़ की राशि दी है। उन्होंने कोरबा निगम के वार्ड क्रमांक 18 में भाजपा पार्षद प्रत्याशी नरेंद्र देवांगन को निर्विरोध पार्षद बनाने पर वार्ड के मतदाताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए नगरीय निकाय चुनाव की शुरुआत बहुत अच्छी हुई है, अब तक प्रदेश के अलग-अलग नगरीय निकायों में भाजपा के 30 निर्विरोध पार्षद निर्वाचित हुए हैं। बसना में भाजपा की नगर पंचायत अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। आगे भी नगरीय निकाय और त्रि-स्तरीय पंचायत के चुनाव में हमारी पार्टी को अभूतपूर्व सफलता मिलेगी। कांग्रेस को घेरते हुए सीएम साय ने कहा कि कांग्रेस सरकार में छत्तीसगढ़ में हर तरफ भ्रष्टाचार था। शराब, कोयला, बालू, डीएमएफ, महादेव एप घोटाला ये सब कांग्रेस ने किया। छत्तीसगढ़ के युवाओं के भविष्य को ख़राब किया, पीएससी जैसी संस्था को बदनाम किया। जिससे जनता का विश्वास कांग्रेस सरकार से उठ गया था। आज पीएससी घोटाले की जांच सीबीआई कर रही है, जिसके दोषी जेल के अंदर है, उनका बेल नहीं हो रहा। कोयला और शराब के घोटालेबाज भी जेल के अंदर हैं। उन्होंने शराब घोटाले पर कहा कि अभी तो केवल मोहरा अंदर गए हैं, शराब घोटाला में पूर्व आदिवासी मंत्री अभी जेल में हैं, इसके मुख्य गुनहगार भी जेल में होंगे। विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही हमने मात्र 13 महीने में इतने काम किये हैं, जिससे 3 करोड़ छत्तीसगढ़ियों का विश्वास हमारी भाजपा की सरकार पर बढ़ा है। मोदी की गारंटी के सभी वादे पूरे किये हैं। 18 लाख परिवारों के लिए पीएम आवास की स्वीकृति, किसानों के धान की कीमत 3100 रूपये प्रति क्विंटल, प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी, किसानों को दो वर्ष का बकाया बोनस, 70 लाख माता-बहनों महतारी वंदन योजना का लाभ, तेंदूपत्ता का दाम 5500 रुपया प्रति मानक बोरा, ये सब उनकी सरकार ने किया है। उन्होंने श्रीरामलला दर्शन योजना से अब तक 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के अयोध्या और काशी विश्वनाथ के दर्शन लाभ और पंडित दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना से प्रदेश के 5.62 लाख भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रतिवर्ष दस हजार देने की बात कही। चुनावी सभा में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर प्रत्याशी संजूदेवी राजपूत, पूर्व सांसद लखनलाल साहू, पूर्व विधायक रजनीश सिंह, प्रदेश मंत्री विकास महतो, हर्षिता पांडेय, पूर्व महापौर जोगेश लाम्बा, जिलाध्यक्ष मनोज शर्मा, राजीव सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गण उपस्थित रहे।
बिलासपुर। जिले से दुखद खबर सामने आई है, जिसमें प्रदेश के प्रतिष्ठित उद्योगपति अमोलक सिंह भाटिया की धर्मपत्नी सतपाल कौर का 68 वर्ष की उम्र में सोमवार रात निधन हो गया,आपको बता दे वह पिछले एक महीने से स्वास्थ्य समस्याओं के चलते मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में उपचाराधीन थीं। सतपाल कौर भाटिया अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं,वे स्व.सुरजीत सिंह भाटिया महेंद्र सिंह भाटिया की बहू व गुरमीत भाटिया इंद्रपाल सिंह भाटिया की भाभी साथ ही गुरविंदर, सोना, बबलू एवं परमवीर भाटिया की माता थीं। उनके जाने से परिवार और पूरे उद्योग जगत में उनके निधन से शोक व्याप्त है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति और परिवार को यह असीम दुख सहन करने की शक्ति दे।
रायगढ़। घरघोड़ा पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और शारीरिक शोषण के मामले में फरार चल रहे आरोपी जाफर खान के पिता सहाजुद्दीन खान (60 वर्ष), को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को संरक्षण देने वाले उसके पिता पर भी पुलिस ने कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया गया है। मामला 9 मई 2024 का है, जब घरघोड़ा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की और अपराध क्रमांक 167/2024 धारा 363 भादंवि के तहत विवेचना की। छानबीन के दौरान 23 दिसंबर 2024 को गढ़वा, झारखंड से गुमशुदा बालिका को आरोपी जाफर खान के घर से बरामद किया गया। इस दौरान आरोपी और उसके परिजन फरार हो गए थे। बालिका की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिस अधिकारी द्वारा उसका बयान दर्ज कराया गया और काउंसलिंग की गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में धारा 376(2)(ढ), 342, 34 भादंवि और पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी जाफर खान ने अपने माता-पिता की मदद से 7 मई से 22 दिसंबर तक नाबालिग को अपने कब्जे में रखा और उसका शारीरिक शोषण किया। पुलिस को मिली मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी के पिता सहाजुद्दीन खान (60 वर्ष), निवासी गढ़वा (झारखंड) को दबिश देकर हिरासत में ले लिया गया। प्रकरण में साक्ष्य अनुरूप धारा 342 भादवि हटाकर 344 भादवि जोड़ा गया है। आरोपी ने पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया और रिमांड पर भेज दिया गया। एसपी दिव्यांग पटेल के दिशा निर्देशन एवं एडिशनल एसपी आकाश मरकाम, एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन पर इस कार्रवाई में थाना प्रभारी घरघोड़ा रामकिंकर यादव, सहायक उपनिरीक्षक रामसंजीवन वर्मा, विल्फ्रेड मसीह और हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
रायपुर। रायपुर में एक मोमोज वाले ने युवक पर गरम तेल डाल दिया है।जिससे युवक बुरी तरह जख्मी हो गया। उसके हाथ और जांघ का हिस्सा जल गया है। बताया जा रहा है कि युवक का मोमोज वाले के साथ विवाद हुआ। इसके बाद यह वारदात हुई। फिलहाल इस मामले में टिकरापारा पुलिस के कोई एक्शन की सूचना नहीं है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह पूरा विवाद टिकरापारा के वार्ड क्रमांक 64 के मेन रोड में हुआ है। रोड के किनारे कई मोमोज की दुकान लगती है। मंगलवार को वहां एक युवक मोमोज खाने गया था। तभी किसी बात पर मोमोज वाले के साथ उसका विवाद हो गया। बताया जा रहा है इसके बाद मोमोज वाले ने युवक पर गर्म तेल डाल दिया। जिससे वह बुरी तरह जल गया। बताया जा रहा है कि गरम तेल शरीर में गिरने से युवक का हाथ और जांघ बुरी तरह जल गया। जिसके बाद परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। इस मामले में फिलहाल पीड़ित और आरोपी का नाम सामने नहीं आया है। इसके अलावा टिकरापारा पुलिस की तरफ से भी कोई कार्रवाई की सूचना नहीं है।
अंबिकापुर। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला मजिस्ट्रेट द्वारा दो व्यक्तियों को जिला बदर किए जाने का आदेश जारी किया गया है। पुलिस अधीक्षक, सरगुजा द्वारा राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 5 (क) (ख) के तहत श्याम सोनी (निवासी बरेजपारा, अम्बिकापुर) और विद्याधर दास उर्फ छोटू (निवासी असोला समलाया पारा, अम्बिकापुर) के विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया था। प्रतिवेदन के आधार पर दोनों आरोपियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया और विधिवत सुनवाई का अवसर दिया गया। अभियोजन साक्ष्यों और दस्तावेजों की पुष्टि के बाद जिला मजिस्ट्रेट ने इन पर लगे आरोपों को सही पाया और 05 फरवरी 2025 से आगामी एक वर्ष के लिए सरगुजा, जशपुर, रायगढ़, कोरबा, बलरामपुर और सूरजपुर जिलों की सीमा से निष्कासित (जिला बदर) करने का आदेश जारी किया। यह कार्रवाई क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवांछित गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई है।
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में निकाय चुनाव को लेकर सियासी गलियारों में खलबली मची हुई है। टिकट नहीं मिलने से कई नेता नाराज चल रहे हैं और पार्टी से इस्तीफा दे दिए हैं। इसी बीच कांग्रेस ने बड़ी कार्रवाई की है। नगरीय निकाय चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर अपने ही पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ने वालों पर पार्टी ने एक्शन लिया है। कांग्रेस ने बिलासपुर के 14 बागी को 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। साथ ही उनकी प्राथमिक सदस्यता को भी रद्द कर दिया है। नगरीय निकाय चुनाव के दौरान पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़के के आरोप और अनुशासन भंग करने के मामले में शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने ये कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि सभी नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत में बागी प्रत्याशी हैं। आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ में 11 फरवरी को निकाय चुनाव होने को है। जिसके लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है। जिसके बाद से कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली है और टिकट नहीं मिलने से कार्यकर्ता पार्टी से इस्तीफा दे दिया।
बेमेतरा। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बेमेतरा जिले के तीन नगर पंचायत भिंभौरी, कुसमी और बेरला में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। यहां उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने जन आशीर्वाद मांगा। साव ने कहा कि, भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में जनता और कार्यकर्ताओं में उत्साह दिख रहा है। तीनों नगर पंचायतों में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने भिंभौरी में लोगों को संबोधित कर जनता से अध्यक्ष पद प्रत्याशी संदीप परगनिहा जी एवं 15 पार्षद प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। वहीं नगर पंचायत कुसमी में भाजपा प्रत्याशी संतोष कुमार साव के समर्थन में आमसभा कर लोगों से विकास कार्यों के लिए पार्टी को मौका देने का आग्रह किया। भाजपा ने कुसमी को नगर पंचायत बनाया है, और भाजपा ही संवारने का काम करेगी। नगर पंचायत बेरला के आमसभा में साव ने विकसित बेरला बनाने के लिए भाजपा उम्मीदवार विशाल राज देशलहरा जी और 15 वार्डों में पार्षद प्रत्याशियों को विजय श्री दिलाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि, विशाल जी एक सामान्य कार्यकर्ता है, भाजपा ने आपकी सेवा के लिए उम्मीदवार बनाया है। वे घासीदास बाबा के संदेश मनखे मनखे एक समान को लेकर सबके लिए काम करेंगे। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने तीनों आमसभा में कहा कि, भाजपा की डबल इंजन सरकार ने एक साल में मोदी जी की एक एक गारंटी को पूरा किया है। किसानों को दो साल का बकाया बोनस दिया, 3100 में धान खरीदी की, 18 लाख पीएम आवास, 5500 रुपए में तेंदूपत्ता खरीदी, महतारी वंदन के यह 12 किस्त जारी हो चुकी है। कृषक उन्नति योजना के 800 रुपए प्रति क्विंटल की राशि जल्द जारी करेंगे। साव ने कहा कि, अब नगरीय निकायों में ट्रिपल इंजन लाने की बारी आई है। विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प के लिए नगरीय निकायों का विकास होना आवश्यक है, इसलिए सभी निकायों में भाजपा की जीत जरूरी है। जनता के उत्साह से इस बार भी भाजपा की जीत तय है।
रायपुर। रेलवे बोर्ड की सिफारिश पर रेल मंत्रालय ने हाल में गठित विशाखापट्टनम रेल जोन और तीन नए रेल मंडल के सीमाई कार्यक्षेत्र अधिसूचित कर दिया है। इससे पहले छत्तीसगढ के सांसदों की मांग पर उम्मीद की जा रही थी कि इस पुनर्गठन में ईस्ट कोस्ट मंडल संबलपुर के मंदिर हसौद- बागबाहरा रेल खंड को दपूमरे के रायपुर रेल मंडल के क्षेत्र में शामिल किया जा सकता है,लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं किया गया। नई अधिसूचना के अनुसार दक्षिण तट रेलवे विशाखापट्टनम जोन के तहत वाइजैग, विजयवाड़ा, गुंटूर और गुंटकल डिवीजन शामिल किए गए हैं। बस्तर को विशाखापट्टनम से जोड़ने वाले कोत्तवलसा किरंडूल बचेली रेल खंड यथावत दक्षिण तट रेल मंडल-जोन के अधीन ही रखा गया है।
सारंगढ़-बिलाईगढ़। कलेक्टर धर्मेश साहू ने निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने और बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के कारण पटवारी दुष्यंत कुमार कुर्रे (पहन 20, तहसील बरमकेला) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पटवारी दुष्यंत कुमार कुर्रे को निर्वाचन कार्य के लिए ड्यूटी लगाई गई थी। निर्वाचन संबंधी महत्वपूर्ण कार्यों में लापरवाही बरतने के कारण यह कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि के दौरान पटवारी दुष्यंत कुमार कुर्रे का मुख्यालय कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (रा), सारंगढ़ निर्धारित किया गया है।
रायपुर। छग कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर सियासत गर्म हो गई है। दरअसल अंबिकापुर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने मंच से और पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि अगला चुनाव टीएस सिंहदेव की अगुवाई में लड़ेंगे। प्रदेश में फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी। भाजपा ने इसे मुद्दा बनाया और महंत के बयान के बहाने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधा। JP के प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव सिंह ने कहा कि महंत का यह बयान कांग्रेस के भीतर चल रहे सत्ता-संघर्ष और गुटीय घमासान का ही परिचायक है। कांग्रेस की पूरी विचारधारा ही भ्रष्टाचार केंद्रित है। कांग्रेस ने भूपेश बघेल को ATM बनाकर यूज एंड थ्रो किया। कांग्रेस के DNA से भ्रष्टाचार कभी खत्म नहीं होगा। इस मुद्दे को लेकर जब बीजेपी ने घेरा तो पूर्व सीएम भूपेश बघेल को मीडिया के सामने आना पड़ा। भूपेश बघेल ने कहा कि चरणदास महंत किसी घोषणा के लिए अधिकृत नहीं हैं। यह हाईकमान करता है। वे वरिष्ठ नेता हैं, दिल्ली में उनकी मुलाकात कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे जी और वरिष्ठ नेताओं से होती रहती है। ऐसी कोई बात हुई होगी तो जानकारी नहीं है। लेकिन ऐसी घोषणा पार्टी हाईकमान से ही होती है।
Adv