सरगुजा। सरगुजा जिले के लखनपुर में नेशनल हाईवे के किनारे व्यवसायी के सूने मकान में चोरों ने करीब 3.50 लाख कैश और सोने-चांदी के जेवरात की चोरी की है। व्यवसायी का परिवार महाकुंभ जाने के लिए निकला था। सुबह रिश्तेदारों ने चोरी की सूचना दी। पुलिस डॉग स्क्वायड और आसपास के CCTV फुटेज के जरिए जांच कर रही है। दरअसल, अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर सुमन पेट्रोलियम के पास व्यवसायी सुरेंद्र अग्रवाल रहते हैं। उनका परिवार कुंभ स्नान के लिए प्रयागराज जाने शनिवार रात करीब 9 बजे लखनपुर से रवाना हुआ। रविवार सुबह सुरेंद्र अग्रवाल के घर का ताला टूटा मिला। घर के अलमारी का ताला टूटा मिला। उसके अंदर रखे कैश और सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। घटना की सूचना पर लखनपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सुरेंद्र अग्रवाल के घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है। डॉग स्क्वायड को भी पुलिस ने मौके पर बुलाया। डॉग स्क्वायड की टीम को जांच में कोई बड़ी लीड नहीं मिली है। व्यवसायी के अनुसार, घर की अलमारी में करीब 3.50 लाख रुपए नगद, 12 तोले से अधिक सोने के जेवर और चांदी के जेवर रखे थे। कुल चोरी 12 लाख रुपए से अधिक की बताई जा रही है। CCTV फुटेज में क्या मिला है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। सुरेंद्र अग्रवाल गल्ले का कारोबार करते हैं। घर के महिलाओं के जेवरों की चोरी हुई है। लखनपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है। व्यवसायी परिवार के लौटने के बाद स्पष्ट हो सकेगा कि, घटना में किन वस्तुओं और जेवरातों की चोरी हुई है।
रायपुर। आज धरसींवा क्षेत्र के कूंरा नगर पंचायत में विधायक अनुज शर्मा के साथ भव्य रोड शो कर जनसभा को संबोधित किया और अध्यक्ष पद के प्रत्याशी श्री गोविंद साहू समेत सभी पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान की अपील की। इस अवसर पर उमड़े जनसैलाब ने यह स्पष्ट कर दिया कि कूंरा की जनता भाजपा की विकास और सुशासन की नीतियों पर भरोसा करती है। आपका यह प्यार और समर्थन हमें निरंतर सेवा करने की प्रेरणा देता है। भाजपा को भारी मतों से विजयी बनाएं, कमल खिलाएं।
बिलासपुर। बिलासपुर में जहरीली शराब से 8 लोगों की मौत के बाद पुलिस प्रशासन ने एक और कार्रवाई की है। सीपत पुलिस ने धौराकोना के उड़ांगी जंगल से 1 हजार 575 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 4.72 लाख रुपए है। जांजगीर-चांपा और कोरबा जिले की सीमा से लगे जंगल में नदी किनारे अवैध शराब का निर्माण चल रहा था। जहां सीपत थाना प्रभारी गोपाल सतपथी के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने मजदूर बनकर छापा मारा। पुलिस ने तीन टीमों का गठन किया, जिसमें पुरुष पुलिसकर्मियों ने मजदूरों की वेशभूषा और महिला पुलिसकर्मियों ने साड़ी पहनकर घटना स्थल पर पहुंचे। कार्रवाई में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शिवकुमार धनवार से 195 लीटर, साधराम यादव से 210 लीटर, धनीराम धनुहार से 150 लीटर, संजू धनवार से 210 लीटर, राम लल्ला यादव से 180 लीटर और अवध राम यादव से 225 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। कोरबा जिले के झांझ धनुवारपारा के कोंदा कुमार धनवार से 210 लीटर और अंजोर कुमार धनवार से 195 लीटर शराब जब्त की गई। साथ ही मौके से 8 क्विंटल लहान भी नष्ट किया गया। बता दें कि सीपत पुलिस ने जनवरी से अब तक अवैध शराब के 27 मामले दर्ज किए हैं, जिसमें 27 लोगों को गिरफ्तार कर दो हजार लीटर से अधिक शराब जब्त की गई है। चुनाव के मद्देनजर अवैध शराब निर्माण पर विशेष नजर रखी जा रही है।
सुकमा। त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 हेतु द्वितीय प्रशिक्षण जनपद पंचायत कोंटा के अंतर्गत स्वामी आत्मानंद स्कूल कोंटा में 07 फरवरी शुक्रवार को आयोजित की गई थी। प्रशिक्षण में अनुपस्थित पाए जाने पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी कोंटा पी श्रीनिवास राव, वन क्षेत्रपाल जगरगुण्डा नारायण सिंह सलाम, अनुविभागीय अधिकारी लोक निर्माण विभाग कोंटा प्रकाश कुमार प्रधान को रिटर्निंग ऑफिसर के द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। 3 दिवस के अंदर समाधानकारक जवाब नहीं मिलने पर अनुशासनात्मक कार्यवाही करने लेख किया गया है। उक्त अधिकारियों की डयूटी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सेक्टर अधिकारी के रूप में लगाई गई है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी देवेश कुमार ध्रुव के द्वारा निर्वाचन कार्य में ड्यूटी करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं करने की हिदायत दी गई है।
बिलाईगढ़। बिलाईगढ़ विधानसभा के धान उपार्जन केंद्र सलौनीकला में कुछ दिनों पहले भ्रष्टाचार का एक मामला उजागर हुआ था। यहां सरकार को करोड़ो रुपए का नुकसान पहुँचाने की कोशिश की जा रही थी। किसानों से 41.300 किलो धान खरीदकर 26.800 किलो के कट्टे बनाकर लोड किया जा रहा था। जिसके बाद कलेक्टर के आदेश पर एसडीएम ने टीम के साथ उपार्जन केंद्र की जांच कर अपनी रिपोर्ट भेजी। अब इस मामले में 5 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने संजय साहू पूर्व समिति प्रबंधक, देवनारायण चन्द्र पूर्व फड़ प्रभारी, भरत चन्द्रा वर्तमान समिति प्रबंधक, रामेश्वर चन्द्रा वर्तमान फड़ प्रभारी और गीता प्रसाद साहू कम्प्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोप है कि इन्होने व्यक्तिगत लाभ पाने के लिए धान उपार्जन केन्द्र सलौनीकला में 1894 क्विंटल धान कीमती 43,56,200 रुपये की हेराफेरी कर गबन करने की कोशिश की। 24 जनवरी को धान उपार्जन केन्द्र सलौनीकला का अनुविभागीय अधिकारी वर्षा बंसल ने निरीक्षण किया था। फड़ में उपलब्ध धान के बोरे अव्यवस्थित पड़े हुए थे। बोरे के मानक वजन 40 कि.ग्रा, से कम पाया गया तथा उपार्जन केन्द्र में लोड हो रहे ट्रक का सामने का नंबर तथा पिछले हिस्से का नंबर था। ट्रक में लोड किए जा रहे बोरों को उतारकर तौल किया गया। उक्त बोरियों की वजन भी मानक वजन 40 कि..ग्रा.से कम पाया गया। धान उपार्जन केन्द्र का निरीक्षण करने पर केन्द्र में परिवहन होने के पश्चात् 23877.64 क्विंटल धान उपलब्ध होना था जो 1894.00 क्विंटल था। इसके बाद अनुविभगीय अधिकारी राजस्व बिलाईगढ़ ने टीम गठित कर जाँच की। जाँच प्रतिवेदन के अनुसार उक्त प्रकरण में संबंधित दोषसिद्ध व्यक्तियों संजय साहू पूर्व समिति प्रबंधक, देवनारायण चन्द्रा पूर्व फड़ प्रभारी, भरत चन्द्रा वर्तमान समिति प्रबंधक, रामेश्वर चन्द्रा वर्तमान फड़ प्रभारी और गीता प्रसाद साहू कम्प्यूटर ऑपरेटर की संलिप्तता पाई गई। जिसके बाद पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा आज सफलता पूर्वक संपन्न हुई। इस बार रायपुर जिले से कुल 25,919 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जिसमें 60% अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आयोजित करने के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए थे। परीक्षा को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए प्रशासन ने सख्त निगरानी व्यवस्था लागू की। परीक्षा प्रभारी केदारनाथ पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए वाहनों में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम लगाया गया था। इसके अलावा, परीक्षा केंद्रों पर उड़नदस्ता टीमों को भी तैनात किया गया, ताकि नकल और किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके। परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों ने प्रश्न पत्र को संतुलित और सारगर्भित बताया। अधिकांश प्रश्न पंचायती राज व्यवस्था, छत्तीसगढ़ का इतिहास और संस्कृति, वर्तमान परिदृश्य, राज्य सरकार की प्रमुख योजनाएं जैसे विषयों से संबंधित थे। अभ्यर्थियों के अनुसार, प्रश्न पत्र न तो बहुत कठिन था और न ही बहुत आसान। कुछ सवालों को तथ्यों और विश्लेषण के आधार पर हल करना पड़ा, जिससे परीक्षा के स्तर को मानक और प्रतिस्पर्धात्मक माना जा रहा है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, "हम जबसे सरकार में आए हैं तभी से नक्सलवाद के खिलाफ मज़बूती से लड़ाई लड़ रहे हैं... हम अपने जवानों के साहस को सलाम करते हैं कि वे इतनी बहादुरी के साथ नक्सलवाद के खिलाफ लड़ रहे हैं... प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का संकल्प है कि मार्च 2026 तक भारत से नक्सलवाद को समाप्त करना है..." छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर रविवार को मुठभेड़ में 1000 से ज्यादा जवानों ने 31 नक्सलियों को मार गिराया है। मुठभेड़ में DRG और STF के 2 जवान शहीद हो गए और 2 घायल हैं। जवानों ने 12 नक्सलियों के शव बरामद कर लिए हैं। मृत नक्सलियों की पहचान की जा रही है। बस्तर रेंज IG सुंदरराज पी ने बताया कि घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक भी बरामद किए गए हैं। बीजापुर के इंद्रावती नेशनल पार्क इलाके में सर्चिंग जारी है। वहीं बीजापुर SP जितेंद्र यादव ने कहा कि मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ रही है। बड़ा ऑपरेशन है। बैकअप पार्टी भेजी गई है। छत्तीसगढ़ में इस साल अब तक 81 नक्सली मारे गए हैं, जिसमें से 65 बस्तर संभाग में ढेर हुए हैं। इसमें बीजापुर सहित 7 जिले शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक 2024 में अलग-अलग मुठभेड़ों में जवानों ने 219 नक्सलियों को ढेर किया था। बस्तर IG सुंदरराज पी ने बताया कहा कि, माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद फोर्स को मौके के लिए निकाला गया था। बीजापुर DRG, STF और बस्तर फाइटर्स के जवानों ने नक्सलियों को घेरा। बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र में 2 फरवरी को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 8 नक्सलियों को मार गिराया था। मारे गए माओवादियों में सभी पुरुष नक्सली थे। सुरक्षाबलों के करीब 800-1000 जवानों ने PLGA कंपनी नंबर 2 के नक्सलियों को घेरा था। इनमें बड़े लीडर्स भी थे। मौके से फोर्स ने इंसास समेत 303, 12 बोर, BGL लॉन्चर बरामद किया। 20-21 जनवरी को गरियाबंद जिले के जंगल में भी मुठभेड़ हुई थी। करीब 80 घंटे तक चले इस ऑपरेशन में 16 नक्सली मारे गए। इनमें से 12 नक्सलियों पर कुल 3 करोड़ 16 लाख रुपए का इनाम घोषित था। मारे गए नक्सलियों में नक्सलियों की सेंट्रल कमेटी का मेंबर चलपति भी है। अकेले चलपति पर ही 90 लाख का इनाम था। वहीं नुआपड़ा-गरियाबंद-धमतरी डिवीजन कमेटी का प्रमुख सत्यम गावड़े भी एनकाउंटर में मारा गया था।
#WATCH रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, "हम जबसे सरकार में आए हैं तभी से नक्सलवाद के खिलाफ मज़बूती से लड़ाई लड़ रहे हैं... हम अपने जवानों के साहस को सलाम करते हैं कि वे इतनी बहादुरी के साथ नक्सलवाद के खिलाफ लड़ रहे हैं... प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री… pic.twitter.com/uZvh9uUlYq
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 9, 2025
नई दिल्ली/बीजापुर। नक्सल मुक्त भारत बनाने की दिशा में सुरक्षा बलों ने छत्तीसगढ़ के बीजापुर में बड़ी सफलता हासिल की है। इस ऑपरेशन में 31 नक्सलियों को ढेर करने के साथ ही भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गयी है। मानवता विरोधी नक्सलवाद को समाप्त करने में आज हमने अपने दो बहादुर जवानों को खोया है। यह देश इन वीरों का सदा ऋणी रहेगा। शहीद जवानों के परिजनों के प्रति भावपूर्ण संवेदनाएँ व्यक्त करता हूँ। साथ ही पुनः यह संकल्प दोहराता हूँ कि 31 मार्च 2026 से पहले हम देश से नक्सलवाद को जड़ से समाप्त कर देंगे, ताकि देश के किसी भी नागरिक को इसके कारण अपनी जान न गँवानी पड़े। वही इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए बस्तर आईजी पी. सुंदरराज ने बीजापुर मुठभेड़ पर बताया, "जिला बीजापुर के नेशनल पार्क क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर बीजापुर DRG, STF और संयुक्त बल को रवाना किया गया था। आज ऑपरेशन के दौरान माओवादियों और सुरक्षा बलों के बीच कई बार मुठभेड़ हुईं। मुठभेड़ के बाद सर्चिंग में अब तक कुल 31 माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। हमारे 2 जवान घायल हुए हैं, उनकी हालत स्थिर है... सर्च ऑपरेशन जारी है। इस मुठभेड़ में हमारा एक DRG और एक STF का जवान शहीद हो गए... साल 2025 में अब तक अलग-अलग मुठभेड़ों में 65 माओवादियों के शव बरामद किए जा चुके हैं।" छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में रविवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 31 नक्सली मारे गए. आईजी बस्तर पी सुंदरराज ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों के 4 जवान भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. इनमें से दो जवानों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. अन्य दो घायल जवानों की हालत खतरे से बाहर है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है. आईजी बस्तर ने बताया कि इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र के जंगल में बीजापुर और नारायणपुर से लगी महाराष्ट्र की सीमा पर रविवार सुबह उस समय मुठभेड़ शुरू हो गई, जब सुरक्षाकर्मियों की एक टीम एंटी-नक्सल ऑपरेशन पर थी. बस्तर पुलिस ने बताया कि इलाके में तलाशी अभियान जारी है. छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद को खत्म करने चलाए जा रहे एंटी नक्सल ऑपरेशन में फोर्स के जवानों को लगातार सफलता मिल रही है। खासकर नया साल तो उनके लिए मौत का बवंडर लेकर आया है। फोर्स के दबाव में नक्सली लगातार अपना ठिकाना बदल रहे हैं और मुठभेड़ में मारे जा रहे हैं। बीजापुर जिले के नेशनल पार्क एरिया में जवानों और नक्सलियों के बीच रविवार को भीषण मुठभेड़ में 31 नक्सली मारे गए हैं। नक्सलियों के जमावड़े की सूचना पर ऑपरेशन लॉन्च किया गया था, जिसमें DRG, STF और बस्तर फाइटर के जवान शामिल हैं। छत्तीसगढ़ में साल-2025 में इस घटना से पहले 49 नक्सलियों को मुठभेड़ में फोर्स ने मार गिराया है। नक्सलियों के गढ़ बस्तर संभाग को 2026 तक नक्सलवाद मुक्त कराने जवानों ने अभियान चला रखा है। लगातार नक्सलियों का एनकाउंटर हो रहा है। इससे नक्सलियों के पैर उखड़ रहे हैं। नक्सल मोर्चे पर फोर्स को एक के बाद एक बड़ी कामयाबी मिल रही है। प्रदेश में भाजपा सरकार में अब तक 268 नक्सली मारे गए हैं। 750 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। एक हजार से अधिक नक्सली गिरफ्तार किए गए हैं। 21 जनवरी 2025 को गरियांबद जिले में 18 नक्सली मारे गए। वहीं 9 फरवरी- 2025 के मुठभेड़ को जोड़ ले तो यह संख्या 300 के करीब पहुंच गई है। जिस स्पीड से नक्सली मारे जा रहे हैं और सरेंडर कर रहे हैं उससे गृहमंत्री अमित शाह का टारगेट टाइम से पहले भी पूरा हो सकता है। उन्होंने 31 मार्च 2026 को नक्सलमुक्त करने का लक्ष्य तय किया है।
रायपुर। आज वार्ड क्रमांक 35 में कांग्रेस की महारैली में पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर जी उपस्थित रहे और वार्ड वासियों ने कांग्रेस की इस महारैली में बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। कांग्रेस की महारैली में प्रदेश सचिव ताजुल अहमद सहित कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। और प्रदेश सचिव ताजुल अहमद ने अपने निवास पर बड़े धुम धाम से पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर जी का भव्य स्वागत किया।
— Lokjagat Lokjagat (@LLokjagat94778) February 8, 2025
रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा ने रायपुर नगर निगम में पिछले 15 वर्षों से कांग्रेस महापौर के कार्यकाल को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने एकात्म परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में आरोप पत्र जारी करते हुए कहा कि विधानसभा, लोकसभा और रायपुर दक्षिण उपचुनाव के बाद अब प्रदेश की जनता नगरीय निकाय चुनावों में कांग्रेस को करारा जवाब देने के लिए तैयार है। संजय श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस के 15 साल के शासन में रायपुर नगर निगम में भ्रष्टाचार अपने चरम पर पहुंच गया। यहां तक कि कोरोना महामारी के दौरान भी कांग्रेस भ्रष्टाचार से पीछे नहीं हटी। उन्होंने आरोप लगाया कि तालाबों के सौंदर्यीकरण के नाम पर भी बड़े पैमाने पर लूटपाट हुई। विशेष रूप से, तेलीबांधा से वीआईपी रोड तक के सौंदर्यीकरण में व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार देखने को मिला। भाजपा नेता ने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान एक विशेष समुदाय को संरक्षण देने के कारण अपराधों में वृद्धि हुई, जिससे आम नागरिकों का जीवन कठिन हो गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महापौर के करीबी रिश्तेदारों का दबदबा इतना बढ़ गया कि आम नागरिक ही नहीं, बल्कि पुलिसकर्मी भी उनके आतंक से परेशान रहे।
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2024 का आयोजन 09 फरवरी 2025, रविवार को किया जा रहा है। यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी, प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक और द्वितीय पाली अपराह्न 03:00 बजे से 05:00 बजे तक होगी। बेमेतरा जिले में इस परीक्षा के लिए कुल 2149 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। जिला बेमेतरा में परीक्षा के सफल आयोजन के लिए 05 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जो इस प्रकार हैं, जिसमे शासकीय पंडित जवाहरलाल नेहरू कला एवं विज्ञान पी.जी. कॉलेज, बेमेतरा, शासकीय लक्ष्मण प्रसाद बैध गर्ल्स कॉलेज बेमेतरा, शासकीय बालक हायर सेकेंडरी स्कूल, बेमेतरा, शासकीय गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल, बेमेतरा, ज्ञानोदय पब्लिक स्कूल बेमेतरा शामिल हैं। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रणबीर शर्मा द्वारा परीक्षा की समुचित निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु डॉ. दीप्ती वर्मा, संयुक्त कलेक्टर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। परीक्षा के दिन सामग्री को सुरक्षित रूप से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने और अनुचित साधनों के प्रयोग को रोकने के लिए दो उड़नदस्ता दल का भी गठन किया गया है। सभी अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे परीक्षा केंद्र पर अपने प्रवेश पत्र और एक मूल फोटो पहचान पत्र के साथ परीक्षा प्रारंभ होने के 01 घंटे पूर्व उपस्थित हों। पहचान पत्र के रूप में मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, आधार कार्ड या आयोग द्वारा स्वीकृत अन्य पहचान पत्र मान्य होंगे। मूल पहचान पत्र के अभाव में परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस संबंध में कलेक्टर रणबीर शर्मा ने 07 फरवरी 2025 को जिला मुख्यालय के दृष्टि सभाकक्ष में एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें नोडल अधिकारी, सहायक नोडल अधिकारी और सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्ष उपस्थित थे।
रायपुर। निगम चुनाव के लिए आज शाम भाजपा सीएम विष्णु साय का रोड शो (जन आशीर्वाद यात्रा) करने जा रही है। जो 4 घंटे से अधिक चलेगा । इस दौरान आधे शहर में जाम की स्थिति रहेगी। इससे बचने शहरवासी रोड शो से पहले या बाद में अपने काम निपटाएं। यह रोड शो का भनपुरी के भानपुरी चौक से दोपहर 3 बजे शुरू होगा। भनपुरी के अजंता स्वीट्स , पाटीदार भवन, खमतराई बाजार चौक, होटल पैराडाइज, गुढ़ियारी में दुर्गा मंदिर चौक श्रीनगर, पेट्रोल पंप, गुढ़ियारी पड़ाव, शुक्रवारी बाजार, पहाड़ी चौक, पेट्रोल पंप, तेलघानी नाका, अग्रसेन चौक, आमापारा चौक, सारथी चौक, लाखेनगर चौक में पुरानी बस्ती थाना के पास कंकालीपारा तालाब, सत्ती बाजार, सिटी कोतवाली चौक, आकाशवाणी चौक/काली माता मंदिर, नेताजी चौक कटोरा तालाब, तेलीबांधा कपूर होटल, बड़ पेड़, श्याम नगर गुरुद्वारा, मौली माता द्वार तेलीबांधा, भारत माता चौक शंकर नगर, अशोका टावर चौक, लोधी पारा चौक, मंडी गेट, पंडरी कपड़ा मार्केट, देवेंद्र नगर थाना पारस नगर टिंबर मार्केट, पाटीदार भवन, पीली बिल्डिंग, स्टेशन चौक स्टेशन गुरुद्वारा, गुरु नानक चौक,एमजी रोड शारदा चौक होकर शाम 7:00 बजे जयस्तंभ चौक में होगा।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई है। 11 फरवरी को होने वाले चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियां अपनी-अपनी तैयारियों में लगे हुए हैं। वहीं इस बीच सीएम विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर और जगदलपुर में जन आशीर्वाद यात्रा के रूप में भव्य रैली निकालेंगे। बता दें कि, सीएम साय आज राजधानी रायुपर के चारों विधानसभा में रोड शो करेंगे। इस दौरान सीएम साय भाजपा के मेयर और पार्षद प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करेंगे। इसके साथ ही सीएम साय आज 12.35 पर जगदलपुर पहुंचकर रोड शो करेंगे और भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में आम जनता से वोट की अपील करेंगे। वहीं शाम 4 बजे रायपुर में CM साय रोड शो करेंगे, जहां वे रायपुर के 4 विधानसभा से होते हुए रैली निकालेंगे। मिली जानकारी के अनुसार यह रैली भनपुरी से जयस्तंभ चौक तक जाएगी। इस दौरान भाजपा के कई दिग्गज भी शामिल होंगे।
सारंगढ़ बिलाईगढ़। नगरपालिका आम निर्वाचन अंतर्गत नगरीय निकाय अध्यक्ष और महापौर प्रत्याशी को मतदान के एक दिन पूर्व 10 फरवरी और मतदान दिन 11 फरवरी को समाचार पत्र में राजनीतिक प्रकृति के विज्ञापनों का पूर्व प्रमाणन जिला एमसीएमसी समिति से कराया जाना आवश्यक है। जिले के नगर पंचायत अध्यक्ष अभ्यर्थियों को एमसीएमसी समिति स्थानीय निर्वाचन कार्यालय सारंगढ़ से प्रमाणन ले सकते हैं। प्रकाशन की तिथि के कम से कम दो दिन पहले इस प्रमाणन के लिए कोई भी पंजीकृत या अपंजीकृत राजनीतिक दल, कोई भी चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार, संगठन, संघ, व्यक्ति, कोई आवेदन भी कर सकता है। इसके लिए निर्धारित प्रपत्र में आवेदन किया जा सकता है। विज्ञापन के उत्पादन की लागत, क्या विज्ञापन किसी उम्मीदवार या पार्टियों के चुनाव की संभावनाओं के लाभ के लिए है, से संबंधित विवरण। यदि विज्ञापन किसी राजनीतिक दल या उम्मीदवार के अलावा किसी अन्य व्यक्ति द्वारा जारी किया जाता है तो उस व्यक्ति को शपथ पर बताना होगा कि यह राजनीतिक दल या उम्मीदवार के लाभ के लिए नहीं है और उक्त विज्ञापन किसी भी राजनीतिक दल या उम्मीदवार द्वारा प्रायोजित या कमीशन या भुगतान नहीं किया गया है। एक बयान कि सारा भुगतान चेक या डिमांड ड्राफ्ट द्वारा किया जाएगा। राजनीतिक दल और कोई भी चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार के अलावा तीसरे पक्ष के विज्ञापन पर सुप्रीम कोर्ट का आदेश रोक नहीं लगाता है, लेकिन आदेश में कहा गया है कि तीसरा पक्ष किसी भी राजनीतिक दल या उम्मीदवार के लाभ के लिए या उसके खिलाफ विज्ञापन नहीं दे सकते।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अंबिकापुर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित विशाल रोड शो और आमसभा में भाग लिया, जहां जनसैलाब उमड़ पड़ा। उन्होंने जनता से महापौर पद की प्रत्याशी मंजूषा भगत और सभी 48 वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों को भारी मतों से विजय दिलाने की अपील की। रोड शो के दौरान अंबिकापुर की सड़कों पर भगवा समंदर नजर आया, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं और आम जनता ने कमल के झंडे लहराते हुए पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। विशाल आमसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जनता ने संभाग की सभी 14 सीटों पर कमल खिलाया और लोकसभा चुनाव में भाजपा सांसद बनाया। अब अंबिकापुर नगर निगम में भी भाजपा की सरकार बनानी है और कांग्रेस का सूपड़ा साफ करना है। उन्होंने जनता से भाजपा के सभी पार्षद प्रत्याशियों को जिताने का आह्वान करते हुए कहा कि शहर के विकास की पूरी जिम्मेदारी उनकी होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के घोषणा पत्र "अटल विश्वास पत्र" में किए गए सभी वादे पूरे किए जाएंगे। जिस तरह मोदी की गारंटी का मतलब गारंटी पूरी होने की गारंटी है, उसी तरह अटल विश्वास पत्र का हर वादा भी पूरा होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में नगरीय क्षेत्रों में तीन लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास बनाए जाएंगे और वर्षों से नजूल भूमि पर रह रहे परिवारों को मालिकाना हक देने के लिए नया कानून लाया जाएगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि जो बिजली बिल और संपत्ति कर समय पर भरते हैं, उन्हें पीएम आवास योजना का लाभ मिलेगा, 15 हजार रुपये मासिक आय वाले, 5 एकड़ सिंचित या ढाई एकड़ असिंचित भूमि वाले और दोपहिया वाहन धारकों को भी इस योजना का लाभ दिया जाएगा। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महिलाओं के नाम पर संपत्ति कर में 25 प्रतिशत की छूट दी जाएगी, जो 7 तारीख से पहले कर भरेंगे उन्हें 10 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट मिलेगी। उन्होंने नगरीय बाजारों में महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट बनाने, संपत्ति कर बकायेदारों पर जुर्माना न लगाने, स्व-सहायता समूहों की बहनों को ढाई लाख रुपये तक का लोन और मुफ्त प्रशिक्षण देने, प्रत्येक नगर निगम में बर्तन बैंक बनाने, स्ट्रीट वेंडर्स को 30 हजार रुपये की सहायता राशि देने, नालंदा परिसर बनाने और यूपीएससी पास करने वाले छात्रों को महापौर सम्मान निधि के तहत एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान छत्तीसगढ़ में हर तरफ भ्रष्टाचार फैला हुआ था। शराब, कोयला, बालू, डीएमएफ और महादेव एप घोटाले कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए, जिससे जनता का विश्वास कांग्रेस से उठ गया था। उन्होंने कहा कि आज पीएससी घोटाले की जांच सीबीआई कर रही है, जिसके दोषी जेल में हैं और उन्हें जमानत भी नहीं मिल रही। कोयला और शराब घोटाले के आरोपी भी जेल में बंद हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भाजपा सरकार बनते ही मात्र 13 महीने में इतने काम किए गए हैं कि 3 करोड़ छत्तीसगढ़ियों का विश्वास भाजपा पर और मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी के सभी वादे पूरे किए जा चुके हैं, जिनमें 18 लाख परिवारों के लिए पीएम आवास की स्वीकृति, धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपये प्रति क्विंटल, प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी, किसानों को दो साल का बकाया बोनस, 70 लाख माताओं-बहनों को महतारी वंदन योजना का लाभ, तेंदूपत्ता संग्रहण दर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा, 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को श्रीरामलला दर्शन योजना के तहत अयोध्या और काशी यात्रा का लाभ और पंडित दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना के तहत 5.62 लाख भूमिहीन कृषि मजदूरों को हर साल 10 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। इस भव्य रोड शो और आमसभा में कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, पूर्व प्रदेश संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह, विधायक राजेश अग्रवाल, प्रबोध मिंज, महापौर प्रत्याशी मंजूषा भगत, राज्य युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, सरगुजा संभाग प्रभारी राजा पांडेय, प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव, अखिलेश सोनी, मेजर अनिल सिंह, पूर्व सांसद कमलभान सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
रायपुर। छत्तीसगढ़ आईएएस ऑफिसर्स एसोसिएशन ने अपनी नई कार्यकारिणी की घोषणा की है। भारतीय प्रशासनिक सेवा की वरिष्ठ अधिकारी निहारिका बारिक सिंह को कार्यकारिणी का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है, जबकि अमित कटारिया को उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। इसके अलावा, रजत कुमार को सचिव और अभिजीत सिंह को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संघ के सदस्यों ने सर्वसम्मति से अध्यक्ष को कार्यकारिणी के शेष सदस्यों के चयन के लिए अधिकृत किया है।
धमतरी। जिले में रफ्तार का कहर नहीं थम रहा है. दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई. बाइक में सवार होकर नगरी जा रहे युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी. मृत दोनों युवक दूसरे राज्य के रहने वाले हैं. घटना केरेगांव थाना क्षेत्र की है. जानकारी के अनुसार, बनराउण्ड बनरौंद पुलिया के पास आज अज्ञात वाहन ने एक बाइक को टक्कर मार दी. अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया. बताया जा रहा है कि दोनों युवक बाइक पर सवार होकर धमतरी की ओर से नगरी की दिशा में जा रहे थे. अज्ञात वाहन की टक्कर से दोनों उछलकर सड़क किनारे जा गिरे। हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई. सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचे और शवों को बरामद कर जिला अस्पताल भेज दिया। केरेगांव थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि आज शुक्रवार को 5 बजे के आसपास यह हादसा बनरौंद पुलिया के पास हुई है. बताया कि दोनों युवक धमतरी की ओर से नगरी की तरफ जा रहे थे. तभी अज्ञात वाहन उसे ठोकर मार कर फरार हो गया. पुलिस का कहना है कि दोनों युवक महुआकोट उड़ीसा के रहने वाले हैं. घटना की जानकारी मिलने पर केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा. फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
जशपुर। जशपुर जिले में एक युवक ने सरकारी लेखापाल से 1 करोड़ रुपए की लेवी की मांग की है। आरोपी पवन लोहरा (21) ने नक्सली संगठन पीएलएफआई के नाम पर व्हाट्सएप के जरिए पैसे की डिमांड की। घटना 21 जनवरी 2025 की है, जब बगीचा थाना क्षेत्र में तैनात एक सरकारी लेखापाल को व्हाट्सएप पर फिलीपिंस के एरिया कोड से संदेश मिला। वहीं पैसे न देने पर फौजी कार्रवाई की धमकी भी दी गई थी। आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर पीएलएफआई के पार्टी अध्यक्ष के नाम से 1 करोड़ रुपए मांगे। लेवी मांगने वाले एक युवक को पुलिस ने झारखंड से गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के मुताबिक, एसडीओपी बगीचा दिलीप कोसले के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपी का पता लगाया। जांच में पता चला कि मोबाइल नंबर झारखंड के खूंटी जिले के मान्हु से संचालित हो रहा था। पुलिस ने वहां से आरोपी को गिरफ्तार कर दो मोबाइल और सिम कार्ड बरामद किए। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर अब तक 10-12 लोगों को इसी तरह की धमकियां दे चुका है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और छत्तीसगढ़ विशेष जन सुरक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। फरार साथी की तलाश जारी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि गिरफ्तार आरोपी पवन लोहरा से महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। नक्सली संगठन के नाम पर यह तरीका सायबर फ्रॉड जैसा है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
रायपुर। रायपुर पुलिस आज वकील और रशियन युवती को कोर्ट में पेश करेगी। कल रात 1 बजे सड़क हादसे के बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों पर 181 , 125 ए , और 110 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। बता दें कि घटना 6 फ़रवरी की रात करीब 12:30 बजे की है। पुलिस को सूचना मिली कि एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मारी है। कार में भारत सरकार लिखा हुआ था। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह कार DRI ( डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस) के लोक अभियोजक भावेश आचार्य की थी। लेकिन वारदात के दौरान कार को उनकी दोस्त उज़्बेकिस्तान ताशकंद की निवासी नोदिरा चला रही थी। सरकारी वकील भावेश आचार्य और विदेशी युवती घटना के दौरान शराब के नशे में चूर थे। दोनों पब से निकलकर सिगरेट लेने जा रहे थे। नोदिरा तेज रफ्तार में कार ड्राइव कर रही थी। टक्कर लगने से तीन युवक नीलकमल साहू, ललित चंदेल और अरुण विश्वकर्मा घायल हो गए। जो रायपुर, महासमुंद, बलौदाबाजार के रहने वाले हैं। ये वीडियो शूटिंग से जुड़ा काम करते हैं। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोरबा। कोरबा-तिरुवनंतपुरम-कोरबा एक्सप्रेस 10 दिन के लिए रद्द रहेगी। सिकंदराबाद रेल मंडल के खम्मम स्टेशन में तीसरी रेलवे लाइन का निर्माण कार्य चलेगा जिसके चलते ट्रेन 10 से 19 फरवरी तक कैंसल है। रेलवे के मुताबिक, तिरुवनंतपुरम उत्तर से चलने वाली तिरुवनंतपुरम-कोरबा एक्सप्रेस (गाड़ी नंबर 22648) 10, 13 और 17 फरवरी को रद्द रहेगी। वहीं, कोरबा से चलने वाली कोरबा-तिरुवनंतपुरम एक्सप्रेस (गाड़ी नंबर 22647) 12, 15 और 19 फरवरी को रद्द रहेगी। रेल्वे अधिकारियों ने बताया कि काजीपेट-विजयवाड़ा सेक्शन में निर्माण कार्य 10 से 20 फरवरी तक चलेगा। इसके अलावा, संबलपुर रेलवे स्टेशन यार्ड के आधुनिकीकरण कार्य के कारण 5 फरवरी से 30 अप्रैल तक कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन किया गया है। ये ट्रेनें सरला जंक्शन-संबलपुर सिटी होकर चलेंगी। इनमें भुवनेश्वर-मुंबई, पुरी-मुंबई, पुरी-जोधपुर, पुरी-लालगढ़ और विशाखापटनम-अमृतसर रूट की प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। रेल प्रशासन ने यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद प्रकट किया है।
Adv