बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • कॉन्फ्लूएंस कॉलेज के छात्रों ने किया औद्योगिक भ्रमण

    20-Feb-2025

    राजनांदगांव- कॉन्फ्लूएंस कॉलेज के  प्रबंधन एवं वाणिज्य विभाग के छात्र-छात्राओं हेतु दिनांक 18/02/2025 को शैक्षिक औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया। यह भ्रमण आई.बी. ग्रुप्स (एबिस), इंदामारा, राजनांदगांव में आयोजित किया गया, जहां छात्रों ने उद्योग की कार्यप्रणाली को नजदीक से देखा और समझा। इस भ्रमण की मुख्य आयोजक सुश्री आभा प्रजापति ने बताया कि, इस भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना था, जिससे वे अपने अकादमिक अध्ययन को वास्तविक दुनिया की परिस्थितियों से जोड़ सकें। छात्रों को उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण, विपणन रणनीतियों और नवीनतम तकनीकों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर "आई.बी. ग्रुप (एबिस) के श्री दुष्यंत हेडाऊ, समेत अन्य विशेषज्ञों ने छात्रों को औद्योगिक चुनौतियों और संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी दी। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रचना पांडेय जी ने बताया कि इस प्रकार के भ्रमण छात्रों के व्यावसायिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। छात्रों ने इस भ्रमण से मिली जानकारी को उपयोगी बताया और कहा कि यह अनुभव उनके करियर निर्माण में सहायक होगा। इस भ्रमण का सफल आयोजन महाविद्यालय के फैकल्टी सुश्री अभा प्रजापति, श्री धनंजय साहू एवं सुश्री देविका देवांगन के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में किया गया।

  • माना पुलिस ने गौ तस्करों को पकड़ा, 11 मवेशियों का किया रेस्क्यू

    20-Feb-2025

    रायपुर। शासन के निर्देश के बाद से पुलिस की टीम लगातार गौ तस्करों पर कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में रायपुर जिले के माना पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वाहन से दर्जनभर मवेशियों का रेस्क्यू किया है। साथ ही चार तस्करों को गिरफ्तार है। आगे पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी तस्कर (1) विकास कुमार वर्मा पिता मां लखन वर्मा उम्र 26 वर्ष पता कबीर आश्रम के पास वार्ड नंबर 4 चौरंग थाना सिम का जिला बलौदा बाजार(2) संतोष यादव पिता लालाराम यादव उम्र 47 वर्ष पता यादव मोहल्ला वार्ड नंबर 8 लिटिया दादर थाना बागबाहरा जिला महासमुंद(3) शेष नारायण यादव पिता गिरवर यादव उम्र 32 वर्ष पता ग्राम लालपुर शिव मंदिर के पास बागबाहरा जिला महासमुंद(4) ख़ोरबहारा यादव पिता पुहुप राम यादव उम्र 39 वर्ष पता वार्ड नंबर 2 हाथी सर अहीर पर तार बोर्ड थाना तारबोड़ जिला नवापाड़ा ओडिशा के निवासी है। 

  • बराती की हत्या करने वाले गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

    20-Feb-2025

    जांजगीर। पुलिस ने चाकू मारकर युवक की हत्या करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 2 नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपियों का जुलूस निकाला, जहां वे “बदमाश, अपराध करना पाप है, कानून हमारा बाप है” कहते नजर आए। इसके अलावा, थाना परिसर में उनसे उठक-बैठक भी कराई गई। यह घटना 16 फरवरी की है, जब गोविंदा गांव के रहने वाले रामधन पटेल और साहिल पटेल एक बारात में शामिल होने चांपा आए थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात आरोपी मनोज उर्फ गोलू मांझी से हुई, जिसके साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर मनोज ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और सभी ने मिलकर रामधन पटेल व साहिल पटेल पर चाकू से हमला कर दिया।  घटना के बाद दोनों घायलों को पहले जांजगीर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें बिलासपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान रामधन पटेल की मौत हो गई, जिससे इलाके में आक्रोश फैल गया। मामले में पुलिस ने तेजी से जांच करते हुए हत्या के मुख्य आरोपी मनोज उर्फ गोलू मांझी के अलावा लेढू उर्फ श्रवण यादव, दिगम्बर बरेठ, सागर यादव, चंद्रकांत पटेल और चंद्र प्रकाश यादव को गिरफ्तार किया। वहीं, दो नाबालिग आरोपियों को बाल संप्रेक्षण गृह कोरबा भेज दिया गया है। घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर स्थानीय लोगों ने चांपा थाना का घेराव किया था। बढ़ते दबाव के बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। 

  • स्कूल जाने में कोताही बरतने वाले स्टूडेंट्स की बढ़ी मुश्किलें, बोर्ड परीक्षा में नहीं बैठ पाएंगे

    20-Feb-2025

    रायपुर। इस बार माध्यमिक शिक्षा मंडल ने एक नई व्यवस्था लागू की है। जिसके तहत अब अपात्र विद्यार्थियों को परीक्षा में शामिल होने से पहले ही रोक दिया जाएगा। क्योंकि वे अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड ही नहीं कर पाएंगे। पहले कई बार ऐसे मामले सामने आते थे, जहां अपात्र विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हो जाते थे, लेकिन अब यह संभव नहीं होगा। अपात्र विद्यार्थियों में वे छात्र शामिल हैं जिनकी कक्षा में उपस्थिति 75% से कम है। इसके अलावा, अनुशासनहीनता, फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नामांकन, या अन्य अनियमितताओं में संलिप्त छात्रों को भी अपात्र घोषित किया जाता है। मंडल की इस नीति का उद्देश्य योग्य छात्रों को परीक्षा में शामिल होने का अवसर देना है। इससे न केवल शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी, बल्कि छात्रों को नियमित उपस्थिति और अनुशासन का महत्व भी समझ में आएगा। बता दें कि माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षाएं 1 मार्च से प्रारंभ होंगी, जिसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। इस बार संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों पर उड़नदस्ता टीम को विशेष रूप से तैनात किया जाएगा। इस वर्ष लगभग 2500 परीक्षा केंद्र स्थापित किए हैं। 

  • ATM में अज्ञात बदमाशों ने किया तोड़फोड़, मामलें में जांच जारी

    20-Feb-2025

    धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के रुद्री थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक एटीएम में अज्ञात बदमाशों ने तोड़फोड़ की। एटीएम में 100, 200 और 500 रुपए के नोटों के साथ लाखों रुपये रखे हुए थे। हालांकि, राहत की बात यह है कि एटीएम में रखी नकदी सुरक्षित है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। इस घटना के समय एटीएम में सीसीटीवी कैमरे नहीं थे, जिससे आरोपियों की  पहचान में समस्या आ रही है। बदमाशों ने एटीएम के अलावा आसपास की कई दुकानों में भी तोड़फोड़ की, जिससे भारी नुकसान हुआ है। घटना के बारे में जानकारी मिली कि रुद्री थाना से लगभग 100 मीटर दूर स्थित एटीएम में अज्ञात व्यक्ति ने तोड़फोड़ की। सुबह होते ही लोग जब उस रास्ते से गुजर रहे थे। उन्होंने एटीएम को क्षतिग्रस्त देखा और पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देख रही है। एटीएम के संचालक महेश श्रीवास्तव ने बताया कि सुबह रुद्री के व्यापारियों ने उन्हें तोड़फोड़ की सूचना दी। जब वे मौके पर पहुंचे, तो एटीएम की मशीन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त पाई गई। साथ ही, एटीएम के एक्स्ट्रा रूम में लगी बैटरी यूपीएस को भी नुकसान पहुंचाया गया और डिस्प्ले तोड़ दिया गया। हालांकि, उन्होंने यह साफ किया कि एटीएम में रखी  नकदी में कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है और वह पूरी तरह सुरक्षित है। एटीएम में सीसीटीवी नहीं था, लेकिन एक कैमरा मशीन पर लगा हुआ था, जिससे अज्ञात व्यक्ति की पहचान हो सकती है। कंपनी से मेल करने पर उस फुटेज को हासिल किया जाएगा। बताया गया कि एटीएम में करीब 5 लाख रुपए की नकदी रखी गई थी। रुद्री थाना के एएसआई घनश्याम वर्मा ने बताया कि रात करीब 1:30 बजे एटीएम तोड़फोड़ की सूचना मिली थी। फिलहाल जांच की जा रही है और पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है। 

  • फारेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 540 करोड़ की ठगी, जांच कर रही पुलिस

    20-Feb-2025

     रायपुर। छत्तीसगढ़ में महादेव सट्टा एप की तर्ज पर एक और बड़े घोटाले का खुलासा हो रहा है। जानकारी के मुताबिक फारेक्स ट्रेडिंग में करीब 540 करोड़ का घोटाला हुआ है। ये कंपनी इन्वेस्टमेंट के नाम पर बीस महीने में पैसे को डबल करने का लालच दिया करती थी। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर, बिलासपुर, कांकेर मे ये खेल खेला जा रहा था। जानकारी के मुताबिक कांकेर जिले के एक युवक फारेक्स ट्रेडिंग के नाम से ये गोलमाल किया है। फारेक्स ट्रेडिंग के ज़रिए मनी लॉन्ड्रिंग व टैक्स चोरी भी की गयी है।  आरोप है कि मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए लगभग 540 करोड़ से अधिक पैसा बाहर भेजा गया है। जानकारी के मुताबिक लोगों से कैश लेकर निवेश पर रिटर्न नकद या TRC 20 यूएसडीटी नेटवर्क के जरिए लोगो से निवेश कराया जाता था। भारत में फॉरेक्स ट्रेडिंग कानूनी है, लेकिन इसमें शर्तें जुड़ी हुई है। सेबी-विनियमित ब्रोकरों के साथ भी, भारतीय व्यापारी स्पॉट फॉरेक्स ट्रेडिंग में शामिल नहीं हो सकते हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) भी ग्राहकों को मार्जिन खाते से लीवरेज्ड फॉरेक्स लेनदेन में शामिल होने की अनुमति नहीं देता है। लेकिन कहा जा रहा है कि नियम शर्तों को ठेंगे पर रखकर यहां पैसे की अफरा तफरी की गयी है। 

  • 15 लाख जुर्माना जमा करने का फरमान, यहाँ नहीं हुई वोटिंग

    20-Feb-2025

    बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए आज यानि 20 फरवरी को मतदान हो रहा है। पहले चरण की वोटिंग 17 फरवरी को हुई थी, जिसमें ज्यादातर क्षेत्रों में बीजेपी का दबदबा रहा। वहीं, आज हो रहे मतदान के परिणाम भी आज ही शाम रात तक आ जाएंगे। अंतिम चरण का मतदान 23 फरवरी को होगा। इसी बीच खबर आ रही है कि, जहां एक तरफ आज सुबह 7 बजे से लोग उत्साह के साथ पोलिंग बूत पहुंच कर मतदान कर रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ कसडोल विकासखंड के कोट गाँव के ग्रामीणों ने चुनाव का सम्पूर्ण बहिस्कार कर दिया है। दरअसल, ग्रमीणों ने स्टोन क्रेशर प्लांट को बंद कराने के विरोध में चुनाव बहिष्कार किया है, जिसके चलते आज ना केवल पोलिंग बूत सुना है बल्कि गाँव मे भी सन्नाटा पसरा हुवा है। इतना ही नहीं पंचायत ने ये फरमान भी जारी किया है की अगर ग्राम पंचायत कोट का कोई भी ग्रामीण पंच, सरपंच, जिला पंचायत जनपद सदस्य के लिए नामांकन फार्म भी भरता है तो उसको 15 लाख का जुर्माना भरना पड़ेगा। जिसके चलते आज ना केवल पोलिंग बूत सुना है बल्कि गाँव में भी सन्नाटा पसरा हुवा है। 

  • USAID का फंड दे रहा था धर्मांतरण को बढ़ावा, विष्णुदेव साय का बड़ा बयान

    20-Feb-2025

    रायपुर। अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति बनते ही सबसे पहला काम USAID को बंद करने का किया. अब अमेरिकी करदाताओं की रकम का किस तरह से मनमाने तरीके से इस्तेमाल किया गया, इसका खुलासा हो रहा है. छत्तीसगढ़ का भी नाता अब इस विवाद से जुड़ गया है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के एनजीओ को USAID के जरिए मिली मदद का इस्तेमाल धर्मांन्तरण के लिए करने का आरोप लगाया है. एक राष्ट्रीय न्यूज चैनल से बातचीत में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि हमारा देश धर्मनिरपेक्ष देश है, व्यक्ति स्वेच्छा से कोई भी धर्म मान सकता है, लेकिन आज कहीं अशिक्षा का, कहीं गरीबी, तो कहीं चंगाई का, तो कहीं लोक-परलोक के माध्यम से किसी को जबर्दस्ती धर्म परिवर्तन कराते हैं, जो कतई उचित नहीं है, ये बिल्कुल नहीं होना चाहिए. लेकिन आज कई एजेंसियां इस तरह का काम कर रही हैं, जो हेल्थ-एजुकेशन के नाम पर पैसा विदेशों से प्राप्त करते हैं, लेकिन उसकी आड़ में यहां पर लोगों के बीच भ्रम फैलाकर, प्रलोभन देकर, चंगाई के माध्यम से धर्म परिवर्तन कराते हैं, जो कतई उचित नहीं है. इसकी सही-सही जांच होनी चाहिए, कि जिस मकसद के लिए इन एनजीओ को रकम दी जा रही है, उसके लिए रकम का इस्तेमाल हो रहा है कि नहीं. 

  • लोको पायलट का भूख हड़ताल, ड्यूटी के दौरान अनूठा प्रदर्शन

    20-Feb-2025

    बिलासपुर। लोको पायलट, सहायक और ट्रेन मैनेजर (गार्ड) की भारी कमी, साथ ही लदान लक्ष्य में निरंतर वृद्धि के कारण रेल कर्मचारियों को पर्याप्त आराम और छुट्टी न मिलने से शारीरिक और मानसिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है। इसके परिणामस्वरूप गाड़ियों के संचालन में गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं और कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसके विरोध में 20 फरवरी को सुबह से रनिंग स्टाफ 36 घंटे भूखे रहकर काम करेंगे। रेल प्रशासन की उदासीनता और कर्मचारियों की बढ़ती समस्याओं के चलते ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन ने 20 फरवरी से एक अनूठा विरोध प्रदर्शन शुरू करने का निर्णय लिया है। एसोसिएशन के आह्वान पर रनिंग स्टाफ ने 36 घंटे भूखे रहकर ट्रेन चलाने का फैसला किया है। उनका कहना है कि इस कदम के माध्यम से वे अपनी समस्याओं और रेलवे प्रशासन की अनदेखी को सामने लाना चाहते हैं। संरक्षा मानकों की अनदेखी भी एक गंभीर मुद्दा बन चुकी है। 

  • गांव में 77 साल बाद मतदान केंद्र बनाने पर ग्रामीणों में भारी उत्साह दिखा

    20-Feb-2025

    भानुप्रतापपुर. छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान जारी है. कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल विकासखंड के वटिनटोला ऐसा गांव है, जहां मतदाता आजादी के बाद पहली बार अपने गांव में ही मतदान कर रहे. इसके पहले ग्रामीण दूसरी ग्राम पंचायत में मतदान के लिए जाते थे. वर्ष 2014 में वटिनटोला में ही मतदान केंद्र खोला गया था, परंतु नक्सली खौफ के चलते इसे अति संवेदनशील क्षेत्र माना जाता था. इसके कारण यहां के मतदान केंद्र को दूसरे सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाता रहा. आजादी के बाद इस साल पहली बार मतदान केंद्र को गांव में ही रखा गया, जिससे मतदान को लेकर यहां के ग्रामीणों में भारी उत्साह है. बुजुर्गों ने बताया कि पहले मतदान के लिए हमें कभी दुर्गूकोंदल कभी पाउरखेड़ा तो कभी कोदापाखा जैसे मतदान केंद्र तक पैदल लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी. इसमें समय के साथ-साथ परेशानी भी होती थी. अब हमारे गांव में ही मतदान केंद्र होने से हमें बहुत बड़ी सुविधा मिल गई है. 

  • जशपुर में बड़ा हादसा, पिकअप और ट्रक के बीच हुई भिड़ंत

    20-Feb-2025

    जशपुर। गम्हारिया स्कूल के पास एक ट्रक व फल लदे पिकअप की आमने-सामने जोड़दार भिड़ंत हो गई। जिसमें दोनों गाड़ी के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए और घायल अवस्था में गाड़ी फंसे थे। एसडीओपी जशपुर चन्द्रशेखर परमा, स्वयं घटना स्थल पहुंचकर घायल व्यक्ति को निकाला और अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर जशपुर एसडीओपी चंद्रशेखर परमा तत्काल सिटी कोतवाली पुलिस स्टाफ के साथ घटना स्थल पर पहुंचे, व घायल ट्रक चालक को हॉस्पिटल पहुंचवाया। पिकअप वाहन का चालक गंभीर अवस्था में पिकअप में फंसा था, जिसे पुलिस की टीम व उपस्थित लोगों के सहयोग से गैस कटर से गाड़ी के दरवाजे को काटकर, चालक को निकाला गया तथा तत्काल एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के द्वारा ट्रैफिक क्लियर कराया जा रहा है। दोनों घायल वाहन चालकों को सकुशल बाहर निकलकर यथा शीघ्र इलाज हेतु हॉस्पिटल पहुंचाने में एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा, सहायक उप निरीक्षक श्री चन्द्र प्रकाश त्रिपाठी, आरक्षक रवि, यातायात पुलिस के स्टॉफ व हाइवे पेट्रोलिंग टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। 

  • तीन राज्यों के सीएम से मिले विष्णुदेव साय

    20-Feb-2025

    रायपुर। दिल्ली में विष्णुदेव साय ने तीन राज्यों के सीएम से मुलाकात और x में लिखा, मध्यप्रदेश, राजस्थान एवं गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव , भजनलाल शर्मा एवं प्रमोद सावंत सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं से आत्मीय मुलाकात। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री द्वय अरुण साव एवं विजय शर्मा भी उपस्थित रहे। बता दें कि दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बनीं भाजपा की रेखा गुप्ता शपथ ग्रहण के बाद आज दिल्ली की नई मुख्यमंत्री बन गई हैं। उनके साथ प्रवेश वर्मा, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, आशीष सूद, पंकज सिंह और रविंदर सिंह इंद्राज को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई गई है। 

  • साजिश का सबूत होना जरूरी नहीं, हाईकोर्ट से नक्सलियों की क्रिमिनल अपील खारिज

    20-Feb-2025

    बिलासपुर। हाईकोर्ट ने 15 सीआरपीएफ जवानों की हत्या के मामले में दोषी नक्सलियों की क्रिमिनल अपील खारिज कर दी है। अदालत ने कहा कि साजिश हमेशा गुप्त रूप से रची जाती है, जिसके प्रत्यक्ष साक्ष्य प्रस्तुत करना कठिन होता है। अभियोजन पक्ष विभिन्न परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर साजिश को निःसंदेह साबित कर सकता है। न्यायालय ने निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखते हुए दोषियों की अपील को निरस्त कर दिया। न्यायिक जानकारी के अनुसार, 11 मार्च 2014 को बस्तर के तकवाडा क्षेत्र में करीब 150 से 200 नक्सलियों ने एनएच-30 पर घात लगाकर हमला किया था। इस हमले में आईईडी ब्लास्ट के कारण सीआरपीएफ की 80वीं बटालियन के 15 जवान शहीद हो गए, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हमले में एक स्थानीय ग्रामीण की भी मौत हो गई थी। इस दल में सीआरपीएफ के अलावा थाना तोंगापाल के 13 पुलिस कर्मी भी शामिल थे। इस हमले के लिए आरोपियों कवासी जोग, महादेव नाग और अन्य के खिलाफ धारा 120बी (आपराधिक साजिश), धारा 307 (हत्या का प्रयास) और धारा 302 (हत्या) के तहत अपराध दर्ज किया गया था। ट्रायल कोर्ट ने आरोप सिद्ध होने के बाद आरोपियों को दोषी ठहराते हुए जेल भेज दिया था।  आरोपियों ने हाईकोर्ट में क्रिमिनल अपील दायर कर यह तर्क दिया कि 150 से अधिक नक्सलियों द्वारा किए गए इस हमले का कोई प्रत्यक्षदर्शी गवाह नहीं है। उन्होंने संदेह का लाभ देकर बरी किए जाने की मांग की। हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच, जिसमें चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रविन्द्र अग्रवाल शामिल थे, ने मामले की सुनवाई की। अदालत ने कहा कि यह वारदात जंगल में अंजाम दी गई थी, जहां प्रत्यक्षदर्शियों की उपलब्धता स्वाभाविक रूप से मुश्किल होती है। इसलिए अभियोजन को सीधे आई-विटनेस (प्रत्यक्षदर्शी) की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर भी अपराध साबित किया जा सकता है। 

  • कांग्रेस नेता हत्या करने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार

    20-Feb-2025

    बिलासपुर। चुनाव के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नागेंद्र राय द्वारा भाजपा नेता को अपशब्द कहने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में तोरवा पुलिस ने उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया और सिटी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। तोरवा पुलिस के अनुसार, भाजयुमो मंत्री कुलदीप रजक ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके परिवार की सदस्य पूजा विक्की निर्मलकर महमंद पंचायत से सरपंच पद के लिए चुनाव लड़ रही हैं। चुनाव प्रचार के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नागेंद्र राय ने उन्हें अपशब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नागेंद्र राय ने पूर्व विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी का नाम लेकर भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया। रजक ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भी उन्हें धमकी दी गई थी, लेकिन डर के कारण उन्होंने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई। अब फिर से धमकी मिलने पर उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग की। इस मामले में तोरवा पुलिस ने नागेंद्र राय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351, 2 और अन्य प्रतिबंधात्मक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया। इसके पश्चात पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर सिटी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने उन्हें जमानत देकर रिहा करने का आदेश दिया। 

  • मतदान किया फिर बाराती लेकर निकला दूल्हा

    20-Feb-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के लिए दूसरे चरण की वोटिंग चल रही है। प्रदेश में सुबह 11 बजे तक 27% वोटिंग हो चुकी है। सुबह से ही पोलिंग बूथों में कतार लगी है। मतदाताओं में गजब का उत्साह है। पेंड्रा में बारात निकलने से पहले पोलिंग बूथ पहुंचकर दूल्हे ने वोट डाला। नारायणपुर के फारसागुड़ा में मंत्री केदार कश्यप ने भी मतदान किया है। पेंड्रा में वोटिंग के बाद मतदाताओं को RO-ARO ने पौधा भेंट किया।   बिलासपुर के बिल्हा, मैनपाट और सूरजपुर में भी लोग कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। वहीं दुर्ग जिले के पाटन विकास खंड के सेलूद, कौही, अचानपुर, धमना, खुड़मुड़ी में भी मतदान हो रहा है। सुबह से भी मतदान केंद्रों में वोटर्स की लाइन लगी है। यहां बुजुर्गों और दिव्यांगों में भी मतदान को लेकर उत्साह दिख रहा है। सुबह व्हीलचेयर से दिव्यांग महिला मतदान करने पहुंची। बारात निकलने से पहले पेंड्रा के सकोला स्थित मतदान केंद्र में पहुंचकर ऋषभ श्रीवास्तव ने मतदान किया। 

  • बस क्लीनर की मौत, रायपुर से प्रयागराज के लिए निकली थी बस

    20-Feb-2025

    रायपुर/प्रयागराज। प्रयागराज महाकुंभ के लिए राजधानी से मंगलवार की रात करीब 11 बजे श्रद्धालुओं से भरी महेंद्र ट्रेवल्स की बस रवाना हुई। बुधवार को बस जैसे ही मध्य प्रदेश की सीमा से करीब 10 मीटर दाखिल हुई, सड़क किनारे खड़े ब्रेकडाउन ट्रेलर के पीछे जा घुसी। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की सीमा क्षेत्र वेंकटनगर थाना में हुए इस हादसे में आगे बैठे बस क्लीनर संतोष गुप्ता की मौत हो गई, जो सुपेला रमनभाटा भिलाई का निवासी था। वहीं 20 श्रद्धालुओं को भी घायल अवस्था में अनूपपुर के जिला अस्पताल में ले जाया गया है। घायलों में अधिकांश प्रदेश के सुकमा जिले और आंध्रप्रदेश के विशाखापत्तनम के यात्री शामिल हैं। सूचना पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही एडिशनल एसपी ओम चंदेल, पेंड्रारोड के एसडीएम अमित बैक, एसडीओपी श्याम सिदार सहित अनूपपुर मध्य प्रदेश के पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में सहयोग किया। 

  • स्टेट बार कौंसिल चुनाव का चुनाव 18 जुलाई को

    19-Feb-2025

    बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा व जस्टिस रविंद्र अग्रवाल की डिवीजन बेंच के समक्ष पीआईएल पर सुनवाई हुई। छत्तीसगढ़ स्टेट बार कौंसिल के सिकरेट्री ने शपथ पत्र पेश करते हुए बताया कि 13 फरवरी को बैठक आयोजित की गई थी। इसमें प्रारंभिक तौर पर संभावित चुनाव कार्यक्रम तैयार किया गया है। 10 मार्च तक मतदाता सूची बनाने का कार्य किया जाएगा। इसके बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। मतदान 18 जुलाई को होगा और मतगणना 7 अगस्त को की जाएगी।   बार कौंसिल ऑफ इंडिया की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता ने बताया कि स्टेट बार कौंसिल का चुनाव कार्यक्रम पूर्व के नियमों के अनुसार तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कोर्ट को बताया कि 30 जनवरी 2015 की अधिसूचना के अनुसार मतदाता सूची तैयार करने की अवधि में बढ़ोतरी की गई है। पहले 150 दिनों की अवधि तय थी, जिसे अब बढ़ाकर 180 दिन कर दिया गया है। आवश्यक बदलाव के चलते चुनाव प्रक्रिया सितंबर तक पूरी होगी। बार कौंसिल ऑफ इंडिया के अधिवक्ताओं के जवाब के बाद डिवीजन बेंच ने स्टेट बार कौंसिल के अधिवक्ता से पूछा कि नए नियमों के अनुसार चुनाव कार्यक्रम क्यों नहीं बनाया गया। पांच साल से नहीं हुआ चुनाव, विवाद भी गहराया छत्तीसगढ़ स्टेट बार काउंसिल का चुनाव फरवरी 2015 में हुआ था। नियमों के अनुसार कार्यकाल फरवरी 2020 में समाप्त हो जाना चाहिए था। लेकिन, कोरोना संक्रमण के चलते बार कौंसिल ऑफ इंडिया ने दो चरणों में स्टेट बार कौंसिल का कार्यकाल छह-छह महीने के लिए बढ़ाया। कार्यकाल बढ़ाने के बावजूद तय समयावधि में चुनाव नहीं हो सका, जिसके बाद बार कौंसिल ऑफ इंडिया ने विशेष कमेटी का गठन किया। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के महाधिवक्ता को अध्यक्ष और दो अधिवक्ताओं को कार्यकारी सदस्य के रूप में नामित किया गया।  चुनाव न होने के कारण आ रहीं समस्याएं चुनाव न होने से कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जैसे नए अधिवक्ताओं का रजिस्ट्रेशन, अधिकारों की रक्षा, कानून सुधारों को बढ़ावा देना, सेमिनार आयोजित करना, पत्रिकाओं का प्रकाशन, कानूनी सहायता, चुनावों के लिए धन प्रबंधन, विश्वविद्यालयों का दौरा, कल्याणकारी योजनाओं का संचालन और विधि पुस्तकालयों की स्थापना। स्टेट बार कौंसिल चुनाव कार्यक्रम प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन - 10 अप्रैल दावा-आपत्ति - 26 अप्रैल तक अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन - 8 मई अधिसूचना का प्रकाशन - 15 मई नामांकन पत्र लेने और जमा करने की अंतिम तिथि - 22 मई से 29 मई नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी - 30 मई से 2 जून नाम वापसी - 3 जून से 7 जून उम्मीदवारों की अंतिम सूची - 8 जून मतदान - 18 जुलाई मतगणना - 7 अगस्त 

  • CM साय, डिप्टी सीएम और फायनेंस मिनिस्टर ने विधायक रिकेश सेन के प्रयास को सराहा

    19-Feb-2025

    भिलाई। नगर निगम भिलाई में मंगलवार को महापौर परिषद की बैठक में रामनगर मुक्तिधाम के उन्नयन को लेकर मंजूरी दे दी गई है। इसके लिए निगम प्रशासन ने टेंडर भी जारी किया था, अब जल्द ही मार्च महीने से काम शुरू कराया जाएगा। आपको बता दें कि 5 से 10 करोड़ के इस प्रोजेक्ट को बिना किसी शासकीय मद या फंड से पूरा किया जा रहा है। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन की पहल पर राम नगर मुक्तिधाम को निज खर्च से वेल डेवलप्ड करने शहर के बिल्डर अजय चौहान ने रूचि दिखाई थी। विधायक रिकेश सेन ने पूरा प्रोजेक्ट तैयार कर कलेक्टर और राज्य शासन को भेजा था। सभी जगह से स्वीकृति बाद अब भिलाई निगम एमआईसी से भी मंजूरी ने निज सहयोग से क्षेत्र के विकास का रास्ता भी खोल दिया है।  पूरे प्रोजेक्ट की जानकारी लेने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने विधायक रिकेश के इस ड्रीम प्रोजेक्ट को लेकर किए गए प्रयास पर उनकी पीठ थपथपाई है। गौरतलब हो कि राम नगर मुक्तिधाम को वेल डेवलप्ड करने के लिए वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन की पहल अब सार्थक होने जा रही है। श्री सेन ने इसके लिए उद्योगपतियों, समाजसेवी संस्थाओं के प्रमुखों से चर्चा की थी। तब बिल्डर अजय चौहान ने आगे आकर कहा था कि वे अपने माता-पिता के नाम पर राम नगर मुक्तिधाम को वेल डेवलप्ड कर विशेष आध्यात्मिक स्वरूप देना चाहते हैं। इसमें जो भी खर्च आएगा, उसे वे खुद वहन करेंगे। भविष्य में इसके रखरखाव पर भी योजना तय कर ली गई है। अब राम नगर मुक्तिधाम 10 करोड़ की लागत से कुछ इस तरह वेल डेवलप्ड होगा कि मुक्तिधाम की सारी धारणा और सोच न सिर्फ बदल जाएगी बल्कि बहुत जल्द राम नगर मुक्तिधाम का नया स्वरूप भिलाई की विशेष पहचान में भी शुमार होगा।  विधायक रिकेश सेन के प्रयास से लगभग एक वर्ष के भीतर राम नगर मुक्तिधाम छत्तीसगढ़ ही नहीं देश में भी अपनी विशेष पहचान हासिल करेगा। यह मुक्तिधाम पर्यावरण को ध्यान में रखकर प्रदूषण मुक्त वेल डेवलप्ड होगा। मुक्तिधाम परिसर को गार्डन, वातानुकूलित बड़े हाल, पेड़ पौधे, भगवान की प्रतिमाएं, फव्वारा, प्रार्थना कक्ष, वातानुकूलित शोक सभा हाल, बड़े कक्ष, साउंड सिस्टम से लैस एलईडी स्क्रीन के साथ विशेष आध्यात्मिक स्वरूप में संजोया जाएगा। वातानुकूलित प्रार्थना हाल भी होगा जिसमें अंतिम संस्कार का क्रियाकलाप एक बड़े स्क्रीन पर लाइव लोग देख सकेंगे। भव्य प्रवेश और निकास द्वार बनेंगे। टाइल्स और मार्बल से सुसज्जित श्रद्धांजलि सभा कक्ष, अंतिम संस्कार के बाद के कार्यक्रम के लिए हाल, गार्डन सहित पूरा क्षेत्र अत्यधिक स्वच्छ होगा। विधायक रिकेश सेन ने कहा कि भिलाई, वैशाली नगर, अहिवारा, दुर्ग ग्रामीण और दुर्ग शहर विधानसभा में कहीं आंशिक तो कहीं पूर्ण रूप से अंतिम संस्कार के लिए रामनगर मुक्तिधाम पर ही लोगों को आश्रित रहना पड़ता है। राज्य और नगर निगम से समय-समय पर मुक्तिधाम के लिए लाखों खर्च किए जाते रहे हैं, बावजूद अभी भी कई समस्याएं हैं। एमआईसी स्वीकृति के बाद अब लगभग एक साल के भीतर राम नगर का मुक्तिधाम छत्तीसगढ़ ही नहीं देश में भी अपनी विशेष पहचान हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि भिलाई शहर को सुंदर, विकसित और जनसुविधा से परिपूर्ण बनाने में राज्य सरकार के प्रयासों में निजी उद्यमों और समाजसेवियों का ऐसा सहयोग स्वागतेय है। 

  • एक पोपट की दो मैना, बीच सड़क पर हो गई मारपीट

    19-Feb-2025

    अंबिकापुर। प्यार में पड़े लोग कुछ भी कर सकते हैं। प्यार के लिए मारपीट करना और गदर काटना तो आजकल आम बात होती जा रही है। ऐसा ही कुछ मामला बीती रात अंबिकापुर में देखने को मिला, जहां दो लड़कियां एक लड़के के कारण बीच सड़क पर भिड़ गईं और एक-दूसरे की जमकर पिटाई की। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि दो लड़कियां आपस में जमकर मारपीट कर रही हैं। कभी कोई भारी पड़ती है तो कभी कोई। इधर, कैमरे के पीछे से कोई युवक “पुलिस आ गई… पुलिस आ गई” कहकर लड़कियों को आगाह करते हुए सुनाई पड़ रहा है। वहीं कुछ युवक मौके पर तमाशबीन बन खड़े सब देख रहे हैं। दोनों युवतियों की दोस्त बीच-बचाव के लिए आती है, लेकिन वो भी लपेटे में आ जाती है। घटना मणिपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड की बताई जा रही है। 

  • सहायक विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी सहित 6 प्राचार्यो को नोटिस

    19-Feb-2025

    बलौदाबाजार। कलेक्टर दीपक सोनी ने मंगलवार को 10 वीं एवं 12 वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी के सबंध में प्राचार्यो की ऑनलाइन बैठक ली। उन्होंने बोर्ड परीक्षा में जिले का बेहतर प्रदर्शन के लिए कम समय में अधिक प्रयास करने प्रचार्यो को निर्देशित किया। उन्होंने प्री बोर्ड परीक्षा में जिन स्कूलों का प्रदर्शन कमजोर रहा उन स्कूलों की स्थिति बोर्ड परीक्षा में बेहतर करने के लिए अच्छे प्रदर्शन करने वाले स्कूल को मेंटर निर्धारित करने कहा और मेंटर स्कूल के शिक्षक कमजोर प्रदर्शन वाले स्कूलों को सहयोग व छात्रों को मार्गदर्शन देने के निर्देश दिये।  इस दौरान उन्होंने प्री बोर्ड परीक्षा में कमजोर प्रदर्शन के बावजूद बोर्ड परीक्षा की तैयारी में लापरवाही बरतने के कारण सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी सिमगा,शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय औरेठी,शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय खपराडीह,शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय जांगड़ा,शासकीय बहु उद्देशीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय भाटापारा एवं शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय करमदा के प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। कलेक्टर नें कहा कि प्री बोर्ड परीक्षा में एक या दो विषय में फेल होने वाले विद्यार्थियों पर ज़्यदा ध्यान देकर बोर्ड परीक्षा में पास होने लायक तैयारी कराएं।  रिमेडियल क्लास में बच्चों की शांकाओ को दूर करें। उन्होंने कहा कि प्राचार्यो के लिए कसौटी है कि अपने स्कूल में कितने छात्र बेहतर नंबर में पास हो रहे है और कितने फेल हो रहे हैं। बेहतर परिणाम लाने के लिए स्कूल स्तर पर रणनीति बनाएं, छात्रों को मोबाइल में चैट जीपीटी का उपयोग कर विषय से सम्बंधित तैयारी करने में सहयोग कर सकते हैं। बताया गया कि प्री बोर्ड परीक्षा में सिमगा एवं भाटापारा विकासखंड के ज्यादातर स्कूलों का प्रदर्शन औसत रहा वहीं कसडोल एवं पलारी विकासखंड के स्कूलों का बेहतर परिणाम रहा। इस वर्ष 10 वीं एवं 12 वीं बोर्ड परीक्षा 1 मार्च से प्रारम्भ होने जा रहा है। बैठक जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारतीय सहित सहायक संचालक व जिला समन्वयक उपस्थित थे। 

Top