बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • ट्रेनी IPS ने गोदाम में मारी रेड, अवैध शराब बरामद

    04-Mar-2025

    रायगढ़। खरसिया पुलिस ने प्रशिक्षु आईपीएस हर्षित मेहर (थाना प्रभारी खरसिया) के नेतृत्व में गंज पीछे इलाके में एक गोदाम पर दबिश देकर काफी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि विजय साहू नामक व्यक्ति अपने घर से सटे गोदाम में अवैध रूप से शराब का भंडारण कर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही प्रशिक्षु आईपीएस हर्षित मेहर ने चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संजय नाग के साथ टीम गठित कर कार्रवाई को अंजाम दिया।  पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर विजय साहू को उसके घर में पाया, जिसके बाद गोदाम की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 30 पाव देशी मदिरा प्लेन और 30 पॉलिथीन पैकेट में करीब 60 एमएल महुआ शराब (1 लीटर 700 मिलीलीटर) कुल शराब 7 ली. 200 मिली, कीमत करीब 2900 रूपये बरामद हुई । शराब को ज़ब्त कर पंचनामा तैयार किया गया। जब आरोपी से वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह पेश करने में असफल रहा। इसके बाद आरोपी विजय साहू (पिता स्व. राजाराम साहू, उम्र 60 वर्ष, निवासी गंजपीछे खरसिया) के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत चौकी खरसिया में मामला दर्ज किया गया। इस कार्रवाई में प्रशिक्षु आईपीएस हर्षित मेहर के साथ चौकी प्रभारी संजय नाग, प्रधान महेन्द्र खरे, आरक्षक सत्यनारायण सिदार, प्रीतम कुजुर और महिला आरक्षक सलीमा टोप्पो शामिल रहे। खरसिया पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। खरसिया पुलिस की इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगा। 

  • अवैध खनन-अतिक्रमण के खिलाफ चलाएं अभियान : कलेक्टर डॉ सिंह

    04-Mar-2025

    रायपुर। कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने आज कलेक्टोरेट परिसर स्थित रेडक्रास सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक ली। उन्होने कहा कि जिले में अतिक्रमण, अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाएं। सभी नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायत अपने क्षेत्र में चिन्हित करें और त्वरित कार्रवाई करें। शासकीय जमीन पर और सड़को पर अवैध कब्जा करने वालो को हटाए। सड़को के किनारे खड़े कंडम वाहनो को हटाए। दुकान के बाहर सामान रख कर यातायात को बाधित करने वाले पर कार्रवाई करें। कलेक्टर ने कहा कि अवैध खनन के प्रकरण आने पर कड़ी कार्रवाई करें और एफआईआर भी करें। कलेक्टर ने कहा कि राजस्व के लंबित प्रकरणों का निराकरण करें। जिन अधिकारियों को ग्राम स्तर पर नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी वह गांव का दौरा कर तय समयावधि पर रिपोर्ट दें। स्कूली बच्चों के जाति प्रमाणपत्र अधिक से अधिक संख्या में बनाएं। बैठक में डीएफओ श्री लोकनाथ पटेल, नगर निगम आयुक्त श्री अबिनाश मिश्रा एवं जिला पंचायत सीईओ श्री विश्वदीप सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। 

  • राजधानी दिल्ली में बढ़ाई जाएगी इलेक्ट्रिक बसों की संख्या

    02-Mar-2025

    दिल्ली: दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनने के बाद सरकार ने विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं को त्वरित गति से पूरा करने की प्रक्रिया शुरू की है। इनमें से एक प्रमुख पहल दिल्ली परिवहन निगम   के बेड़े में इलेक्ट्रिक बसों का विस्तार है। दिल्ली के ट्रांसपोर्ट मंत्री पंकज सिंह ने मार्च 2025 में 1,000 से अधिक इलेक्ट्रिक बसों के जुड़ने की घोषणा की है, जो राजधानी के परिवहन तंत्र में बड़ा बदलाव लाएगी। इलेक्ट्रिक बसों के लाभ:  इस कदम से दिल्ली में दो प्रमुख लाभ होंगे 1. एयर पॉल्यूशन में कमी इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से दिल्ली में वायु प्रदूषण को कम करने में मदद मिलेगी, जो पहले से ही गंभीर समस्या है। 2. सस्ती यात्रा इन बसों से दिल्लीवाले सस्ती दरों पर यात्रा कर सकेंगे, क्योंकि DTC बसों का किराया मेट्रो, ऑटो और कैब से काफी कम होता है। दिल्ली में बढ़ाई जाएगी इलेक्ट्रिक बसों की संख्या: पंकज सिंह ने यह भी बताया कि, वर्तमान में दिल्ली परिवहन विभाग 235 करोड़ रुपये के घाटे में है लेकिन सरकार इस क्षेत्र को मुनाफे में लाने के लिए एक योजना पर काम कर रही है। उनका लक्ष्य एक साल के भीतर इस घाटे को खत्म करना और विभाग को मुनाफे में लाना है। पंकज सिंह ने कहा कि उनका उद्देश्य दिल्ली के पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम को अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनाना है ताकि लोग निजी वाहनों पर कम निर्भर रहें। पहले चरण में, दिल्ली में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी और बाद में इस क्षेत्र में और सुधार किए जाएंगे। दिल्ली की इलेक्ट्रिक वाहन नीति: दिल्ली की इलेक्ट्रिक वाहन नीति-2020 को कई बार बढ़ाया गया है और हाल ही में इसे 31 मार्च 2025 तक बढ़ाया गया है। यह नीति इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रचार-प्रसार और पर्यावरणीय सुधार के लिए बनाई गई थी, और इसके तहत दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या में वृद्धि की योजना है। 

  • साय कैबिनेट की बैठक शुरू

    02-Mar-2025

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में कैबिनेट की बैठक शुरू हो गई है।  

  • समाजसेवी ममता शर्मा और उनके पति के खिलाफ FIR दर्ज

    02-Mar-2025

    रायपुर। खुद को समाजसेवी बताने वाली ममता शर्मा और उसके पति संजय शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी, गाली-गलौज, धमकी और गाड़ी हड़पने का गंभीर मामला दर्ज किया गया है। फरियादी अनिल कुमार साहू, निवासी ग्राम बरमपुर, थाना खड़गवां, ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। अनिल साहू के मुताबिक, वर्ष 2021 में ममता शर्मा ने उसकी पत्नी पुनीता साहू की जमानत दिलाने के नाम पर उसे झांसे में लिया और एक स्टांप पेपर पर  हस्ताक्षर करवा लिए। इसके बाद, ममता और संजय शर्मा ने अनिल की होंडा सिटी कार (क्रमांक CG 16CJ 2795) और पिकअप (क्रमांक CG 16A 2496) को धोखाधड़ी से अपने कब्जे में ले लिया। जब अनिल ने अपनी गाड़ी वापस मांगी तो आरोपियों ने उसे धमकाया, गालियां दीं और जान से मारने की चेतावनी तक दे डाली। 

  • पुरानी रंजिश के चलते युवक के सिर पर फोड़ा बीयर बोतल, अस्पताल में भर्ती

    02-Mar-2025

    कोरबा। कोरबा में एक युवक पर तीन लोगों ने जानलेवा हमला किया है। घटना बालको थाना क्षेत्र के लालघाट शराब दुकान के पास नया रिसदा रोड पर हुई। 25 वर्षीय अजीत यादव बाइक से रिसदा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान तीन युवकों ने उसकी बाइक रुकवाई। आरोपियों ने अजीत पर बियर की बोतल और चाकू से हमला कर दिया। उन्होंने बियर की बोतल से सिर पर और चाकू से पेट पर वार किया। पीड़ित ने बताया कि भदरापारा निवासी विजय ने अपने दो साथियों के साथ पुरानी रंजिश में यह हमला किया। कुछ महीने पहले विजय की किसी अन्य युवक से हुई लड़ाई में अजीत ने बीच-बचाव किया था। इसी बात का बदला लेने के लिए यह हमला किया गया। घटना के समय मौजूद लोग तमाशबीन बनकर देखते रहे। किसी ने भी बचाने की कोशिश नहीं की। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल अजीत को कोरबा के जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। 

  • शादी का झांसा देकर युवती से की रेप-ठगी, FIR दर्ज

    02-Mar-2025

    बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक युवती को शादी का झांसा देकर युवक ने दुष्कर्म किया और सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 5 लाख रुपये ठग लिए। अब न तो वह शादी कर रहा है और न ही पैसे लौटा रहा है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। सिविल लाइन थाना प्रभारी एसआर साहू ने बताया कि जांजगीर-चांपा जिले की 22 वर्षीय युवती बिलासपुर के एक निजी संस्थान में कार्यरत है। करीब दो साल पहले उसकी दोस्ती फेसबुक पर सारंगढ़ जिले के कोसिर निवासी धनसाय जांगड़े उर्फ विक्रम (26 वर्ष) से हुई थी।  शुरुआत में दोनों मैसेंजर पर चैटिंग करने लगे, फिर युवक ने युवती का मोबाइल नंबर ले लिया और फोन पर लंबी बातचीत होने लगी। यह दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंधों में बदल गई। युवती के मुताबिक, विक्रम ने शादी का वादा किया और मिलने के लिए बिलासपुर पहुंचा। वहां उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान युवक ने खुद को ऊंची पहुंच वाला बताकर सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया और 5 लाख रुपये ऐंठ लिए। पैसे मिलने के बाद विक्रम का व्यवहार अचानक बदल गया। उसने न तो युवती की नौकरी लगवाई और न ही शादी के लिए तैयार हुआ। जब युवती ने अपने पैसे वापस मांगे, तो वह टालमटोल करने लगा और फिर संपर्क ही बंद कर दिया। पुलिस ने आरोपी धनसाय जांगड़े उर्फ विक्रम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है। 

  • कबाड़ बीनने वाले पर किया ब्लेड से जानलेवा हमला

    02-Mar-2025

    रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में दो अलग अलग मारपीट का मामला सामने आया है। जिसमें कबाड़ बिनने वाले ने युवक पर ब्लेड से हमला कर दिया, तो दूसरे मामले में गांव के पड़ोसी ने ग्रामीण के पीठ पर टांगी से वार कर दिया। घटना के बाद दोनों ही मामलों में संबंधित पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। जिसमें अतरमुड़ा जिला पंचायत के पीछे रहने वाला भगवान दास 40 साल ने रिपोर्ट दर्ज कराया है कि वह 27 फरवरी की रात को रेलवे स्टेशन से सुभाष चौक के पास आकर बैठा हुआ था।  इसी दौरान कबाड़ बिनने वाला भगत नामक युवक उसके पास पहुंचा और बिना कारण उसे थप्पड़ जड़ दिया। इससे जब भगवान दास ने उसका विरोध किया, तो भगत ने गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर अपने पास रखे ब्लेड से उसके चेहरे पर वार कर दिया। बताया जा रहा है कि कबाड़ बीनने वाले ने नशे में घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद घायल किसी तरह अपने घर पहुंचा, जिसे उसके परिजनों ने ईलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के बाद कल घायल ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया। जहां पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध कायम कर मामले को विवेचना में लिया है। 

  • अवैध मुरुम खनन पर प्रशासन ने दिखाया सख्त रवैया

    02-Mar-2025

    दुर्ग। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के लोग मनमाने तरीके से हो रहे अवैध मुरुम उत्खनन को लेकर परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यह कार्य बड़े भाजपा नेता के शह पर हो रहा है। दुर्ग ग्रामीण विधायक और खनिज विभाग शिकायत के बाद भी इस पर ध्यान नहीं दे रहे। ग्रामीणों का कहना है कि अब वो इसके विरोध में बड़ा आंदोलन करेंगे। आपको बता दें कि केंद्र सरकार की सबसे बड़ी रोड परियोजना भारतमाला दुर्ग जिले के टेडेसरा से होकर गुजर रही है। इसके तहत यहां सिक्स लेन बनाया जा रहा है। इस सिक्स लेन के लिए काफी बड़ी मात्रा में फ्लाई ऐश और मुरुम की डिमांड है। इसके चलते यहां मुरुम सप्लाई करने के लिए खनिज माफिया सक्रिय हो गए हैं।  ये लोग जहां भी नजदीक के गांव में मुरुम पाते हैं उसको चेन माउंटेन लगाकर खोद दे रहे हैं। सबसे बुरा हाल बिरेझर गांव का है। यहां बिना खनिज विभाग की अनुमति के रात दिन चेन माउंटेन मशीन लगाकर मुरुम खोदी जा रही है। दिन में 100 से 150 हाइवा मुरुम का यहां से उत्खनन करके भारत माला परियोजना में भेजा जा रहा है। जब ग्रामीणों की शिकायत के बाद भी इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ी संख्या में बिरेझर गांव के लोग दुर्ग कलेक्टोरेट पहुंच गए। उन्होंने खनिज विभाग के सामने बैठकर धरना दे दिया। काफी देर बाद उन्हें पता चला कि खनिज अधिकारी दीपक मिश्रा चुनाव कार्य में लगे हैं और ऑफिस आने वाले नहीं है। इसके बाद वो लोग वहां से गांव लौट गए। मुरुम माफिया इतने बेखौफ हैं कि जिन हाइवा को उन्होंने मुरुम सप्लाई में लगाया है उसके कांच में बाकायदा शासकीय कार्य हेतु का स्टीकर चिपका दिया है। जबिक भारत माला परियोजना का निर्माण एक एंजेसी द्वारा किया जा रहा है। वहां किसी भी चीज के सप्लाई के लिए वाहन में शासकीय कार्य का स्टीकर लगाना गैर कानूनी है। ग्रामीण तामेश्वर साहू और यशवंत साहू ने बताया कि यहां नीले और पीले रंग की दो चेन माउंटेन मशीन पिछले 10 दिनों से लगातार मुरुम का उत्खनन कर रही हैं। ये मशीन मुरुम खोदकर सीधे हाइवा में लोड करती है और हाइवा उस मुरुम को भारतमाला की सिक्सलेन रोड में डंप करके आ रहा है। इस कार्य में 8-10 हाइवा मुरुण ढुलाई के लिए लगाए गए हैं। इसमें अधिकतर हाइवा गौरी टेडर्स के हैं। इस बारे में दुर्ग ग्रामीण के विधायक ललित चंद्राकर का कहना है कि अवैध मुरुम उत्खनन में किसी बीजेपी नेता का शह नहीं है। अगर उनके क्षेत्र में अवैध मुरुम की खुदाई हो रही है तो वो खनिज विभाग से बात करके उस पर कार्रवाई करवाएंगे, चाहे वो कोई भी हो। रही बात ग्रामीणों के विरोध की तो ना वो गलत कर रहे हैं और ना उन्हें विरोध प्रदर्शन की चिंता है। 

  • ठेला दुकान का ताला तोड़कर की चोरी, 3 आरोपी गिरफ्तार

    01-Mar-2025

    अंबिकापुर। ठेला दुकान का ताला तोडक़र चोरी करने के प्रयास के मामले में पुलिस चौकी रघुनाथपुर टीम ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ताला तोडऩे में प्रयुक्त छड़, टूटा हुआ ठेला का ताला एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसायकल बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक़ रवि कुमार यादव ने पुलिस चौकी रघुनाथपुर आकर लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई कि गत रात्रि वह अपने भाई रमेश यादव के साथ ग्राम दमाली से तिलक कार्यकम बाद वापस घर आ रहा था, तभी सीताराम यादव के रोड किनारे स्थित ठेला दुकान का ताला तोडक़र एक व्यक्ति अंदर घुसा था तथा 2 व्यक्ति बाहर मोटर सायकल में थे तथा निगरानी कर रहे थे, जो रवि कुमार एवं उसके साथी को देखकर भागने लगे, जिन्हें आसपास के लोगों के सहयोग से तीनों युवकों को पकड़ लिये हैं।   अगर प्रार्थी एवं उसका साथी समय पर नहीं पहुंचते व उनको नहीं पकड़ते तो निश्चित ही ठेला दुकान से तीनों सामान चोरी कर ले गये होते। रिपोर्ट पर पुलिस चौकी रघुनाथपुर/थाना लुन्ड्रा में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया। गवाहों के कथन लेख कर घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले के आरोपियों से पूछताछ करने पर अपना नाम अजय मरकाम धनगढ़ (मप्र),भास्कर सिंह भेण्डरी कंवरपारा जिला बलरामपुर एवं विवेक मिंज गुजरवार स्कूलपारा जिला सरगुजा का होना बताये। आरोपियों से घटना के सम्बन्ध मे पूछताछ किये जाने पर ठेला दुकान का ताला तोडक़र चोरी करने का प्रयास किया जाना स्वीकार किया गया। आरोपियों के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त छड़, ठेला का टुटा हुआ ताला, घटना में प्रयुक्त मोटरसायकल बरामद कर आरोपियों के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने से प्रकरण में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। 

  • बारात निकली थी, मौत, करंट से कई लोग घायल

    01-Mar-2025

    जांजगीर। शादी-ब्याह के मौसम की शुरुआत के साथ ही हादसों का दौर भी शुरू हो चुका है। ताजा मामला जांजगीर-चाम्पा के जर्वे गांव का है। यहाँ शादी-बारात के दौरान एक धुमाल पार्टी वहां से गुजरने वाले 11केवी तार के चपेट में आ गया। इस हादसे में एक ग्रामीण चपेट में आ गया जिससे उसकी मौत हो गई। वही तार के चपेट में आने से धुमाल संचालक और कर्मचारी भी गंभीर रूप से झुलस गए है। घायलों को अस्पताल दाखिल करा दिया गया है। बताया जा रहा है कि एक शादी समारोह से पहले सभी बारात में शामिल होकर आगे बढ़ रहे थे, इसी दौरान यह हादसा सामने आया। घटना के बाद आसपास अफरातफरी मच गई। 

  • पुलिसवालों को धमकाया, दो अरेस्ट

    01-Mar-2025

    राजनांदगांव। गाड़ी में शराब पकड़े जाने के बाद पुलिस आरक्षकों को धमकाने वाले नेता दीपक चौहान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को पुलिस ने आरोपी दीपक चौहान और उसके ड्राइवर कौशल वर्मा को कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पूर्व पार्षद व नेता की गाड़ी से सुकुल दैहान पुलिस की टीम ने 26 फरवरी को शराब की खेप पकड़ी थी। तब गाड़ी ड्राइवर कौशल वर्मा चला रहा था। गाड़ी रोके जाने की सूचना मिलते ही दीपक चौहान मौके पर पहुंचे। उन्होंने गाड़ी की जांच करने वाले आरक्षकों को जमकर धमकाया।  राजनैतिक रसूख का हवाला देते हुए जमकर गाली गलौज की, वहीं ट्रांसफर तक करा देने की धमकी दी। मामले का वीडियो दूसरे ही दिन सोशल मीडिया में वायरल हो गया। इसके बाद पुलिस ने दीपक चौहान को मौके से छोड़ने वाले दो आरक्षकों को लाइन अटैच कर दिया। वहीं दीपक चौहान और ड्राइवर कौशल वर्मा पर धारा 221, 296, 238 के तहत अपराध दर्ज किया था। इसमें आबकारी एक्ट की धारा भी जोड़ी गई। शनिवार को आरोपी दीपक चौहान और कौशल वर्मा को जेल भेज दिया गया। राजनांदगांव. आरोपी भाजपा नेता को जेल भेजा गया। 

  • नारायणपुर में अबूझमाड़ शांति हाफ मैराथन का आगाज

    01-Mar-2025

    नारायणपुर। कभी माओवादियों के गढ़ के नाम मशहूर छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में अब धीरे-धीरे नक्सली दहशत खत्म हो रहा है। सरकार और जिला प्रशासन की ओर से इसके लिए लगातार कोशिश की जा रही है। नक्सलवाद से निपटने के लिए चल रहे प्रयासों के बीच जिला प्रशासन और जिला पुलिस के समन्वय से एक और प्रयास किया गया। दोनों के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को अबूझमाड़ शांति हाफ मैराथन का आयोजन किया गया। इस मैराथन में छत्तीसगढ़ के अलावा दूसरे राज्यों के लोग शामिल हुए। वन मंत्री केदार कश्यप ने इस मैराथन को हरी झंडी दिखाई। मिली जानकारी के अनुसार जिले में 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर तीन कैटेगिरी में मैराथन का आयोजन किया गया। 21 किलोमीटर की दौड़ अबूझमाड़ में खत्म होगी, जो कभी नक्सलियों को गढ़ हुआ करता था। इस मैराथन में उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश जैसे जगहों के 10 हजार से ज्यादा धावक शामिल हुए। कई धावक विदेश के रहने वाले हैं। नक्सली खौफ से दूर धावकों में एक अलग ही उत्साह देखने को मिला। उत्तर प्रदेश एक धावक ने कहा कि अबूझमाड़ और नारायणपुर का नाम नक्सलवाद के लिए जाना जाता था, लेकिन अब यहां शांति है। जवानों की मुस्तैदी के चलते यहां खुशहाली है। शिमला के एक धावक ने कहा कि अब अबूझमाड़ से नक्सली दहशत खत्म हो गया है। अगर और मौका मिला तो दोबारा इस तरह के आयोजन में शामिल होंगे। आयोजन में विजेताओं को 15.84 लाख से अधिक की पुरस्कार की राशि प्रदाय किया जाएगा। ओपन हाफ मैराथन महिला एवं पुरुष 21 किमी के लिए 1 लाख 50 हजार प्रथम पुरस्कार दिया जाएगा। द्वितीय 1 लाख रूप, तृतीय 75 हजार, चतुर्थ व पंचम 50 हजार एवं छठवां तथा दसवां स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को 10-10 हजार रे पुरस्कृत किया जाएगा। इसी प्रकार ओपन जिला हाफ मैराथन महिला एवं पुरुष 21 किमी प्रथम को 1 लाख, द्वितीय को 75 हजार, तृतीय 50 हजार, चतुर्थ एवं पंचम को 10 हजार तथा छठवां एवं दसवां स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को 05.05 हजार रुपए से पुरस्कृत किया जाएगा। दौड़ ओपन महिला एवं पुरुष 10 कि के लिए 15 हजार, द्वितीय 10 हजार, तृतीय 8 हजार एवं चतुर्थ व पंचम -1-1 हजार दिया जाएगा। 

  • विद्युत कर्मचारियों ने किया पदोन्नति में आरक्षण को लेकर प्रदर्शन

    01-Mar-2025

    रायपुर। विद्युत कंपनी में कार्यरत अधिकारी कर्मचारियों ने शुक्रवार की शाम को डंगनिया मुख्यालय के गेट के सामने बैठकर पदोन्नति में आरक्षण एवं अन्य सांगठनिक मांगों को लेकर जमकर प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन के बाद भी मांगें पूरी नहीं की जाती है तो कर्मचारी 10 मार्च को क्षेत्रीय एवं मुख्यालय स्तर पर एक दिवसीय सामूहिक अवकाश लेकर प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद भी उनकी मांगें नहीं मानी जाती है तो 17 मार्च से विद्युत कर्मचारी अनिश्चितकालीन सामूहिक धरने पर चले जाएंगे। धरना प्रदर्शन में प्रमुख रुप से आरक्षित वर्ग अधिकारी कर्मचारी संघ के प्रांतीय महासचिव इंजीनियर जी .के. मंडावी, अध्यक्ष इंजीनियर आर.एल. ध्रुव, सुमीत चौहान, कोषाध्यक्ष मनहरण चंद्रवशी के अलावा सैकड़ों कर्मचारी व अधिकारी मौजूद थे।  कर्मचारियों ने कहा कि पदोन्नति में आरक्षण को लेकर राज्य सरकार द्वारा 16.04.2024 को जारी हाईकोर्ट के निर्देशानुसार आरक्षण नियम के नियम 5 को अधिसूचित करने हेतु पिंगुआ कमिटी का गठन किया गया है। वहीं पर विद्युत कंपनी प्रबंधन द्वारा छ.ग. शासन से अनुमोदन प्राप्त किये बिना सामान्य पदोन्नति की प्रक्रिया काल्पनिक वरिष्ठता के आधार पर किया जा रहा है। विद्युत कंपनी प्रबंधन द्वारा दिनांक 16.04.2024 को जारी हाईकोर्ट के आदेश के विपरीत भूतलक्षी प्रभाव से यानि 24 वर्ष पूर्व 23 जून 2004 से काल्पनिक वरिष्ठता सूची जारी कर असंवैधानिक रूप से सामान्य वर्गो की पदोन्नति की प्रक्रिया दिसम्बर 2024 से प्रारम्भ कर दी गयी है साथ ही वरिष्ठ अनुसूचित जाति व जनजाति कर्मचारी एवं अधिकारी को दरकिनार करते हुए कनिष्ठ सामान्य वर्गों के ही कर्मचारियों एवं अधिकारियों को लाभान्वित किया जा रहा है और पदोन्नति आदेश जारी भी कर दिये गये है, जबकि हाईकोर्ट का आदेश 16.04.2024 की भावी तिथि से प्रभावशील होना था ना कि भूतलक्षी प्रभाव से। माननीय उच्च न्यायलय के 16.04.2024 के आदेश में कहीं भी इस बात का उल्लेख नहीं है कि यह आदेश भूतलक्षी प्रभाव से लागू होगा, अत: राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग से भी ऐसे आदेश पारित नही हुए इसलिए राज्य शासन ने अन्य किसी भी विभाग में 2004 से वरिष्ठता को संशोधित नही किया गया, इससे स्पष्ट है कि पावर कंपनी आदेश की गलत व्याख्या कर नियम विरूद्ध वरिष्ठता सूचि को संशोधन कर पदोन्नती आदेश निकाले जा रही हैं जो सर्वथा अनुचित है। 

  • नोटिस का जवाब नहीं देने वाले कमिश्नर को हाईकोर्ट ने लगाई फटकार

    01-Mar-2025

    भिलाई। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने भिलाई नगर निगम कमिश्नर को एक मामले में नोटिस का जवाब नहीं देने और ड्रेस कोड का पालन नहीं करने पर जमकर फटकार लगाई। जस्टिस राकेश मोहन पांडेय की सिंगल बेंच ने पूछा कि नोटिस के बाद भी अदालत में उपस्थित क्यों नहीं हुए। इस पर आयुक्त राजीव कुमार पांडेय ने जानकारी न होने का हवाला देते हुए माफी मांगी। हालांकि, कोर्ट ने बाद में केस को निराकृत कर दिया। दरअसल, साल 2018 में स्वच्छता अभियान के तहत कैंपस पाली प्लास्टिक नामक कंपनी को डस्टबिन सप्लाई का ठेका दिया गया था। भिलाई नगर निगम को सूडा के माध्यम से यह टेंडर मिला था। लेकिन, डस्टबिन की गुणवत्ता में खामियां पाए जाने पर निगम ने कंपनी के 10 प्रतिशत भुगतान को रोक दिया। कंपनी ने बकाया राशि की मांग को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।  इस मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने नगर निगम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। जब सुनवाई हुई तब निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडेय कोर्ट में पेश हुए। इस दौरान हाईकोर्ट ने नोटिस का जवाब नहीं देने पर कड़ी नाराजगी जताई। कोर्ट ने स्पष्ट कहा कि उनकी लापरवाही के कारण मामला लंबित रहा। भुगतान से जुड़े विवाद को देखते हुए कोर्ट ने मामले को मध्यस्थता के माध्यम से हल करने की जरूरत बताई। नगर निगम के वकील की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने कंपनी की याचिका खारिज कर दी और निर्देश दिया कि भुगतान संबंधी विवाद का समाधान मध्यस्थता प्रक्रिया के जरिए किया जाए। 

  • आणंद बुलेट ट्रेन स्टेशन का केंद्रीय रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव ने किया निरीक्षण

    01-Mar-2025

    आणंद। आणंद शहर को भारत की दूध नगरी के नाम से जाना जाता है। आनंद बुलेट ट्रेन स्टेशन का फसाड और आंतरिक डिजाइन दूध की बूंदों की तरल प्रकृति, आकार और रंग से प्रेरित है, जो भारत की दूध की राजधानी आणंद के निकट होने के कारण है। आणंद बुलेट ट्रेन स्टेशन की मुख्य विशेषताएं प्लेटफॉर्म की लंबाई - 415 मीटर स्टेशन की ऊंचाई - 25.6 मीटर कुल निर्मित क्षेत्रफल - 44,073 वर्ग मीटर स्टेशन में तीन मंजिलें (ग्राउंड, कॉनकोर्स और प्लेटफॉर्म) होंगी, जिनमें दो साइड प्लेटफॉर्म और बीच में 4 ट्रैक होंगे। यह सभी आधुनिक और उन्नत सुविधाओं से सुसज्जित होगा। इसमें टिकट और प्रतीक्षा क्षेत्र, एक बिजनेस क्लास लाउंज, एक नर्सरी, शौचालय, सूचना बूथ, खुदरा केंद्र आदि होंगे। एनएच-48 (दिल्ली,   मुंबई और चेन्नई को जोड़ने वाली) के साथ लिंक रोड के माध्यम से स्टेशन की मौजूदा कनेक्टिविटी के अलावा, एनएचएसआरसीएल ने स्टेशन को एक तरफ एनएच-48 से सीधे जोड़ने के लिए और दूसरी तरफ एसएच-150 (एनएच-48 को क्षेत्र के आसपास के विभिन्न गांवों से जोड़ने वाली) के लिए वायाडक्ट के साथ अतिरिक्त भूमि का अधिग्रहण किया है। मल्टीमॉडल ट्रैफ़िक इंटीग्रेशन प्लान सभी वाहनों (सार्वजनिक और निजी) की सुचारू, तेज़, सुरक्षित और आरामदायक आवाजाही सुनिश्चित करता है। पार्किंग और पिक अप/ड्रॉप ऑफ़ सुविधाओं की योजना बनाते समय स्टेशन क्षेत्र में पैदल यात्रियों और इंटरमीडिएट पब्लिक ट्रांसपोर्ट (आईपीटी) की आवाजाही (जैसे ऑटो रिक्शा आदि) पर उचित ध्यान दिया गया है। स्टेशन भवन के समीप कारों, दोपहिया वाहनों, ऑटो और बसों के लिए यात्रियों को लाने-ले जाने तथा पार्किंग की सुविधा के साथ-साथ पैदल यात्रियों के लिए प्लाजा स्थल की भी योजना बनाई गई है। विभाजित पिक अप/ड्रॉप ऑफ क्षेत्र निजी और सार्वजनिक परिवहन वाहनों के लिए पिक अप/ड्रॉप ऑफ समय को कम करेंगे और स्टेशन के फोरकोर्ट में सुगम गति को बढ़ावा देंगे और विशेष रूप से संचालन के पीक घंटों में भीड़भाड़ को कम करेंगे।  निकटतम रेलवे स्टेशन उत्तरसांडा रेलवे स्टेशन है, जो स्टेशन से लगभग 600 मीटर पूर्व में स्थित है, जबकि निकटतम प्रमुख स्टेशन नाडियाड जंक्शन रेलवे स्टेशन है, जो स्टेशन से लगभग 10 किमी दूर स्थित है। निकटतम हवाई अड्डा वडोदरा हवाई अड्डा है, जो 54 किमी दूर स्थित है जबकि अहमदाबाद में सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा स्टेशन से 70 किमी दूर स्थित है। निर्माणाधीन स्टेशन को स्टेशन से बेहतर, तेज़ और परेशानी मुक्त कनेक्टिविटी के लिए परिवहन के सभी बुनियादी साधनों के साथ एकीकरण के माध्यम से एक हब के रूप में विकसित किया जाएगा। यात्रियों, हितधारकों की पहुंच और सुविधा बढ़ाने तथा स्टेशनों के आसपास आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए, बुलेट ट्रेन स्टेशनों के आसपास के क्षेत्रों को टीओडी (ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट) की नीतियों के अनुसार विकसित करने की योजना बनाई गई है। आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय, रेल मंत्रालय, गुजरात और महाराष्ट्र सरकारों के सहयोग से, और जापान अंतर्राष्ट्रीय सहयोग एजेंसी (जेआईसीए) के साथ साझेदारी में, जिसके पास जापान में इसी तरह की सफल परियोजनाओं का दशकों का अनुभव है, कार्यक्रम का उद्देश्य मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना (स्मार्ट) के साथ स्टेशन क्षेत्र विकास परियोजना के तहत विश्व स्तरीय स्टेशन क्षेत्र विकास तकनीकों को पेश करना है।  परियोजना के अंतर्गत चार स्टेशनों - गुजरात में साबरमती और सूरत तथा महाराष्ट्र में विरार और थाने को नगर एवं राज्य प्राधिकारियों द्वारा चुना गया है। एनएचएसआरसीएल 2030 तक भारतीय रेलवे के ‘नेट जीरो’ लक्ष्य के साथ अपने बुनियादी ढांचे को संरेखित करने के लिए सभी बुलेट ट्रेन स्टेशनों और डिपो के लिए रेटिंग/प्रमाणन की योजना बना रहा है। स्टेशन भवन 'ग्रीन बिल्डिंग' के रूप में बन रहा है जिसमें डिज़ाइन में शामिल स्थिरता के तत्व हैं, जिसमें वर्षा जल संचयन, कम प्रवाह वाले उपकरण, अपशिष्ट निगरानी और प्रबंधन, अपशिष्ट जल उपचार, खींचने और खींचने की शक्ति के लिए ऊर्जा की खपत का अनुकूलन, पारिस्थितिकीय रूप से अनुकूल रेफ्रिजरेंट का उपयोग और हॉलोजन मुक्त प्रणालियाँ, नवीकरणीय और हरे ऊर्जा, निर्माण के दौरान अपशिष्ट का प्रबंधन, कम वीओसी (वाष्पशील कार्बनिक यौगिक) उत्सर्जित सामग्री का उपयोग करके इनडोर वायु गुणवत्ता बनाए रखना आदि शामिल हैं। आणंद बुलेट ट्रेन स्टेशन की प्रगति कॉनकोर्स, रेल और प्लेटफ़ॉर्म लेवल स्लैब कास्टिंग का काम पूरा हो चुका है। छत का स्ट्रक्चरल स्टील का काम और छत की शीटिंग का काम पूरा हो चुका है। बाहरी अग्रभाग का स्ट्रक्चरल स्टील का काम प्रगति पर है। एस्केलेटर लगाने का काम पूरा हो चुका है। प्लेटफ़ॉर्म लेवल पर फ़्लोरिंग का काम प्रगति पर है। 

  • प्रोफेसर एसोसिएशन की बैठक के बीच हंगामा

    01-Mar-2025

    बंगाल। पश्चिम बंगाल कॉलेज एंड यूनिवर्सिटी प्रोफेसर एसोसिएशन की बैठक के दौरान जादवपुर विश्वविद्यालय में तनावपूर्ण टकराव की स्थिति पैदा हो गई. कारण, वामपंथी छात्र संगठनों ने छात्र संघ के चुनाव की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया. यहां शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु के पहुंचने से पहले ही प्रदर्शन शुरू हो गया था. प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने शिक्षा मंत्री को घेर लिया और जमकर नारेबाजी की. एसोसिएशन के अधिकारियों ने हस्तक्षेप करने का प्रयास किया और प्रदर्शनकारी छात्रों को चले जाने को कहा, लेकिन स्थिति छात्रों और अधिकारियों के बीच हाथापाई तक पहुंच गई. गतिरोध जारी रहा और छात्रों ने शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु की कार को रोक दिया. इसके बाद उन्होंने मंत्री की गाड़ी के टायरों की हवा तक निकाल दी. प्रदर्शनकारियों ने उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की, बोनट और खिड़कियों को तोड़ दिया और यहां तक ​​कि कार पर जूते रख दिए. मंत्री को लगभग दो घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया. इसके बाद छात्रों के बीच हाथापाई शुरू हो गई, जिसके परिणामस्वरूप एक छात्र को बुरी तरह पीटा गया. 

  • रायपुर में दिखा रमज़ान का चांद, कल से रखा जाएगा रोजा

    01-Mar-2025

    रायपुर। रायपुर में आज चांद दिखने पर अल्लाह के इबादत के दिनों की शुरुआत कल से होगी. बैरनबाजार जामा मस्जिद के खतीबो इमाम अल्हाज हाफ़िज़ कारी डॉ. मोहम्मद इमरान अशरफी ने बताया कि रायपुर में भी चांद दिख गया है। आज से सभी मस्जिदों में तरावीह होगी एवं कल से पहला रोजा रखा जाएगा। इन पाक दिनों को अल्लाह की इबादत और आपस में भाईचारा और प्रेम से रहने की सीख मिलती है. इस त्योहार को सभी मुस्लिम बहुत ही प्यार से मनाते हैं, और अल्लाह से शांति और बरकत की दुआएं मांगते हैं. रमजान के पाक महीने में इस्लाम मजहब को मानने वाले लोग पूरे एक माह रोजा रखते हैं. रमजान महीने में मुसलमानों को रोजा रखना अनिवार्य होता है. इस्लाम धर्म के मुताबिक रमजान के पाक दिनों में अल्लाह की इबादत करने से अल्लाह प्रसन्न होते हैं. रमजान के दिनों को अल्लाह की इबादत के साथ आपस में प्रेम और मजहब के लिए समर्पण के तौर पर भी देखा जाता है. आज से विशेष नमाज़ तरावीह सभी मसाजिद में होगी। 8 बजकर 45 मिनट में ईशा की नमाज़ के बाद 9 बजे तरावीह की नमाज़ होगी जो 10 बजे मुकम्मल होगी। इफ़्तार और सेहरी का वक्त राजधानी रायपुर के लिए है दीगर मकामात में एक दो मिनट कम या ज़्यादा होगी। 

  • राजनीतिक धौंस दिखाकर आरक्षकों को दी गलियां, गिरफ्तार

    01-Mar-2025

    राजनांदगांव। राजनीतिक रसूख का धौस दिखाकर पुलिस आरक्षकों को गली गलौज कर शासकीय कार्य मे बाधा डालने वाले और शराब से भरे वाहन को मौके पर से भगाने वाले आरोपी एवं उक्त वाहन के चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। आरक्षकों को गाली गुफ्तार कर शासकीय कार्य मे बाधा डालने की रिपोर्ट पर पुलिस चौकी सुकुलदैहान मे अपराध धारा 221,296 बीएनएस. का अपराध कायम कर विवेचना मे लिया गया, प्रकरण मे साक्ष्य विलोपित करने एवं अवैध रूप से  शराब परिवहन करते पाए जाने पर धारा 238 बीएनएस.एवं 34(2) आबकारी एक्ट जोड़ा गया, आरोपीगणों वाहन स्वामी दीपक चौहान तथा घटना दिनांक को वाहन को चला रहे चालक कौशल वर्मा को अभिरक्षा मे लेकर पूछताछ करने पर अपना जुर्म स्वीकार करने पर आरोपी के कब्जे से घटना मे प्रयुक्त वाहन कार क्रमांक CG 08, Aq 2405 को जप्त कर को आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर गिरफ़्तारी को सूचना उनके परिजनों को देकर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। नाम आरोपी - 01.दीपक चौहान पिता बी. एस. चौहान उम्र 50 साल निवासी आजाद चौक मोतीपुर वार्ड न. 08 पुलिस चौकी चिखली जिला राजनांदगाव। 02. कौशल वर्मा पिता चुरामन वर्मा उम्र 27 साल निवासी ग्राम खैरा थाना ठेलकडीह जिला राजनांदगाव। 

  • शराबी सहायक शिक्षक हुआ सस्पेंड, प्रधान पाठक को मिला नोटिस

    01-Mar-2025

    राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदागांव में शराब के नशे में स्कूल पहुंचने और बिना अवकाश आवेदन के अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित शिक्षकों पर बड़ी कार्रवाई हुई है। लापरवाह सहायक शिक्षक गणेश राम साहू को निलंबित किया गया है। साथ ही प्रधान पाठक रितुराज धुर्वे को नोटिस जारी किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास कुमार सिंह बघेल ने विकासखंड डोंगरगढ़ अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला दमऊदहरा के सहायक शिक्षक (एलबी) गणेश राम साहू को तत्काल निलंबित कर दिया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि विकासखंड शिक्षा अधिकारी डोंगरगढ़ द्वारा सहायक शिक्षक (एलबी) गणेश राम साहू के विरूद्ध शिकायत के आधार पर जांच कराया गया। जांच प्रतिवेदन अनुसार सहायक शिक्षक (एलबी) गणेश राम साहू शराब सेवन कर शाला में उपस्थित पाया गया, जो कर्मचारी आचरण संहिता के विपरित है। यह क्रियाकलाप पदीय कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता को प्रदर्शित करता है, जो कदाचरण की श्रेणी में आता है। यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम के विपरित है। निलंबन की अवधि में साहू का मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी डोंगरगांव होगा। निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। साथ ही जांच के दौरान विकासखंड डोंगरगढ़ अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला दमऊदहरा के प्रधान पाठक रितुराज धुर्वे बिना अवकाश आवेदन के अनाधिकृत रूप से 24 से 28 फरवरी तक अनुपस्तित पाये जाने पर उन्हें कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होने पर संबंधित के विरूद्ध एक पक्षीय कार्रवाई की जाएगी। 

Top