नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी के संकल्प के अनुरूप, मार्च 2026 तक माओवाद का खात्मा तय। छत्तीसगढ़ सरकार की आत्मसमर्पण-पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर नारायणपुर में 40 लाख के इनामी 11 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया। नए सुरक्षा कैंप, सड़क निर्माण, शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से जनता का विश्वास बढ़ा है। मुख्यधारा में लौटने वालों के पुनरुत्थान के लिए हमारी सरकार तत्पर है। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी व माननीय केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी के संकल्प के अनुरूप, मार्च 2026 तक माओवाद का खात्मा तय। छत्तीसगढ़ सरकार की आत्मसमर्पण-पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर नारायणपुर में 40 लाख के इनामी 11 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया।
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने विधानसभा में क्षेत्र से जुड़े अहम मुद्दों को उठाया, जिसमें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, स्वास्थ्य सुविधाएं और दुर्ग संभाग में नागरिकों के साथ हुई धोखाधड़ी के प्रकरण शामिल रहे। विधायक ने इन विषयों पर सरकार से विस्तार से जानकारी और कार्रवाई की मांग की।
दुर्ग रेंज में धोखाधड़ी के मामलों पर सवाल
विधायक बोहरा ने विधानसभा में दुर्ग संभाग में चिटफंड कंपनियों और अन्य संस्थाओं द्वारा नागरिकों के साथ हुई धोखाधड़ी का मामला उठाया। उन्होंने पूछा कि 1 जनवरी 2024 से 1 फरवरी 2025 तक कितनी शिकायतें प्राप्त हुईं और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की गई?
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने लिखित उत्तर में बताया कि इस अवधि में दुर्ग संभाग में धोखाधड़ी के कुल 7 प्रकरण सामने आए, जिनमें से 2 पर अपराध पंजीबद्ध किया गया, जबकि शेष 5 प्रकरण पहले से विवेचना में हैं। इन मामलों में अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, हालांकि किसी भी राशि की रिकवरी नहीं हो पाई है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना पर विस्तृत जानकारी की मांग
पंडरिया विधानसभा में सड़क विकास को लेकर विधायक ने सवाल उठाया कि क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कितनी सड़कों का निर्माण पूरा हुआ और मरम्मत की स्थिति क्या है? उप मुख्यमंत्री ने बताया कि पंडरिया विधानसभा में कुल 147 सड़कें हैं, जिनमें से 119 सड़कों के मरम्मत/नवीनीकरण की स्वीकृति दी जा चुकी है। वर्ष 2024-25 में 13 और सड़कों को मरम्मत कार्य के लिए स्वीकृति मिली है।
उन्होंने बताया कि कवर्धा विकासखंड में 97.99 किलोमीटर, पंडरिया विकासखंड में 429.65 किलोमीटर और सहसपुर लोहरा विकासखंड में 110.25 किलोमीटर की कुल 637.88 किलोमीटर सड़कें हैं। वर्ष 2024-25 में मरम्मत के लिए 13 सड़कों को स्वीकृति मिली है, जिनकी कुल लंबाई 63.20 किलोमीटर है।
स्वास्थ्य सुविधाओं के बजट पर उठाए सवाल
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विधायक ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जिले में मिले बजट और उसके उपयोग को लेकर सवाल पूछा। लोक स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में जिले को 1339.00 लाख रुपए और वित्तीय वर्ष 2024-25 में 1906.44 लाख रुपए की राशि प्राप्त हुई।
यह राशि विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं, उपकरणों और दवाओं की खरीद में पूरी तरह खर्च की जा चुकी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य योजनाओं से जुड़ी किसी भी वित्तीय अनियमितता या गड़बड़ी की शिकायत नहीं मिली है।
विधानसभा में विधायक भावना बोहरा द्वारा उठाए गए सवालों से साफ है कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी विकास और नागरिक सुविधाओं को लेकर गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सेवाएं और वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ उठाए गए सवालों से यह जाहिर होता है कि क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता देने की जरूरत है। अब देखना होगा कि सरकार इन मामलों में आगे क्या कदम उठाती है।
दुर्ग। नगर पालिका अहिवारा द्वारा अतिक्रमण हटाने आज बड़ी कार्यवाही की गई। शासकीय जमीन में अतिक्रमण कर बनाये गये मकान व दुकानों पर बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया गया। ज्ञात हो कि नगर पालिका अहिवारा द्वारा नोटिस उपरान्त असंतोषजनक जवाब एवं वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर व नगर पालिका की भूमि मे कब्जा करने पर वार्ड क्र. 07 मेन रोड के समीप रहने वाले दावनेन्द्र सेन पिता घनश्याम सेन, वार्ड क्र. 08 निवासी ओमप्रकाश पटेल बिसेलाल राउत पिता समारू एवं वार्ड कं. 06 के अन्य (अज्ञात) व्यक्तियों के विरूद्ध अवैध निर्माण/कब्जा हटाने की कार्यवाही की गई। इसके साथ ही समझाईश दी गई की अवैध निर्माण से नगर पालिका को राजस्व की हानि होती है, इसलिए बिना अनुमति के अवैध निर्माण/अवैध कब्जा न करें।
कांकेर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाके पुजारी कांकेर में सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों के मनोबल को तोड़ दिया है। जवानों ने नक्सलियों के ठिकानों पर धावा बोलकर उनके कई फीट ऊंचे स्मारक को ध्वस्त कर दिया। इस बार जवान परंपरागत हथियारों के बजाय जेसीबी जैसी भारी मशीनरी लेकर पहुंचे थे, जिससे नक्सलियों की संरचनाओं को पूरी तरह नष्ट किया जा सके। हाल ही में सुरक्षा बलों ने पुजारी कांकेर में फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस कैंप स्थापित किया है। यह इलाका तेलंगाना से सटा हुआ है। इंटरस्टेट रेड कॉरिडोर के रूप में कुख्यात है। कुछ दिनों पहले इसी क्षेत्र में बटालियन के जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी जिसमें 12 हार्डकोर नक्सली मारे गए थे। इस ऑपरेशन में जवानों ने नक्सलियों के स्मारकों को गिराकर यह स्पष्ट संदेश दिया कि सरकार और सुरक्षा बल अब किसी भी कीमत पर नक्सल गतिविधियों को सहन नहीं करेंगे। नक्सली स्मारक उनके गुटों के लिए प्रेरणा का केंद्र होते हैं, जिन्हें नष्ट कर उनका मनोबल कमजोर किया गया है।
बीजापुर
— Anshuman Sharma (@anshuman_sunona) March 7, 2025
सुरक्षा बलों ने पुजारी कांकेर इलाके के तामिलभटटी के जंगलों में माओवादियों द्वारा बनाये स्मारक को ध्वस्त किया
70 फीट इस स्मारक को DRG, STF, कोबरा और CRPF की टीम ने ध्वस्त किया
बीते दिसंबर में कोमटपल्ली में जवानों ने 65 फिट स्मारक को गिराया था #Bijapur #Naxal pic.twitter.com/J84V42zU7N
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में 11 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इन नक्सलियों ने मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है। इनमें दो बड़े कैडर के नक्सली शामिल हैं, जो डिविजनल कमेटी मेंबर (डीवीसीएम) रैंक के थे और कई नक्सली हमलों में शामिल रहे हैं। सरेंडर करने वाले 11 नक्सलियों पर कुल 40 लाख रुपए का इनाम घोषित था। दो डीपीसीएम कैडर पर आठ-आठ लाख रुपए का इनाम था। एरिया कमेटी मेंबर (एसीएम) पर पांच-पांच लाख रुपए का इनाम था और अन्य नक्सलियों पर दो-दो लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार, इन नक्सलियों ने सरकार की पुनर्वास नीति और सुरक्षा बलों के बढ़ते दबाव के कारण आत्मसमर्पण किया। प्रशासन का कहना है कि वे अब हिंसा छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ना चाहते हैं। इस आत्मसमर्पण को पुलिस और प्रशासन के नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी उपलब्धि बताया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा स्थापित करने में मदद मिलेगी। अधिकारियों ने कहा कि सरकार की पुनर्वास योजना के तहत आत्मसमर्पित नक्सलियों को समाज में पुनः बसाने के लिए आवश्यक सहायता दी जाएगी। इससे पहले शनिवार को सुकमा जिले के गुंडाराज गुडेम क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान चलाया गया था। सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ में दो नक्सली ढेर हुए थे। उनकी पहचान पामेड़ एरिया कमेटी की सक्रिय महिला नक्सली सोड़ी लिंगे और पुरुष नक्सली पोड़ियाम हड़मा के रूप में हुई थी और दोनों पर 10 लाख रुपए का इनाम घोषित था। मुठभेड़ में मारे गए इन नक्सलियों से एक बीजीएल लॉन्चर, 12 बोर राइफल सहित भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, नक्सल साहित्य और अन्य दैनिक उपयोग के सामान बरामद हुए थे। सुरक्षा बल नक्सलियों के खिलाफ ऐसे ऑपरेशन को अंजाम देती है।
कांकेर जिले में नशे में धुत एक युवक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। टॉवर पर चढ़कर हाई वोल्टेज ड्रामा करने लगा। जिसका वीडियो सामने आया है। युवक करीब 1 घंटे तक मोबाइल टॉवर पर चढ़कर स्टंट करता रहा। इसकी जानकारी होने पर ग्रामीणा और परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को समझा-बुझाकर नीचे उतारा गया। बताया जा रहा हैकि, यह वीडियो चारामा थाना क्षेत्र का है।
वहीं 8 फरवरी को कोरबा जिले में एक सिरफिरे युवक ने किसी बात को लेकर पहले अपनी पत्नी से झगड़ा कर लिया। जब उसकी पत्नी घर छोड़कर जंगल की ओर चली गई तो घर वालों को डराने धमकाने के लिए वह गांव के बाहर बने हाई वोल्टेज टावर पर चढ़कर घंटों धमाचौकड़ी करता रहा।
जब पुलिस अधीक्षक को इसकी भनक लगी तो उन्होंने चौकी प्रभारी को नीचे उतारने के लिए भेजा लेकिन घंटों मशक्कत के बाद एनटीपीसी से संपर्क कर हाई वोल्टेज टावर की लाइन बंद कराई गई और उसे नीचे उतारकर पुलिस ने धमाचौकड़ी मचाने वाले युवक के खिलाफ 151 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया है।
किसी बात को लेकर हुआ था विवाद
मामला जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र कोरबी चौकी क्षेत्र की ग्राम खरपड़ी की है। यहां निवासरत रातराम धनवार 29 वर्ष पिता स्वर्गीय वीर साय धनवार की उसकी पत्नी से किसी बात को लेकर वाद विवाद हो गया था।
वाद विवाद बढ़ने पर रातराम की पत्नी घर छोड़कर जंगल की ओर चली गई थी। बस कुछ ही देर बाद भी रातराम भी अपने घर वालों को डराने धमकाने की नीयत से गांव के बाहर लगे हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया।
कोरबा। जिले के राम टोक पहाड़ पर हाल ही में मिली युवती की अधजली लाश की गुत्थी सुलझी तो चौंकाने वाला सच सामने आया है. युवती के शिक्षक मिलन दास ने पहले शिष्या शशि कला से अवैध संबंध बनाए, फिर उसकी शादी कराई. लेकिन शादी के कुछ दिन बाद ही जब वह वापस लौटी, तो उसने उसे अपने साथ रख लिया. दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था और एक दिन झगड़े के बाद गुस्से में आकर शिक्षक ने शशि की हत्या कर दी और जंगल में लाश जलाने की कोशिश की. लेकिन कहते हैं न अपराध ज्यादा दिनों तक छिपा नहीं रह सका और पुलिस ने इस साजिश का पर्दाफाश कर दिया. जानकारी के अनुसार, पाली थाना क्षेत्र के रावा गांव के पास राम टोक पहाड़ पर 3 दिन पहले एक युवती की अधजली लाश मिली थी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गया था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच में जुटी. इस दौरान मृतिका की पहचान शशि कला (28 वर्ष) के रूप में हुई. वह ग्राम लाद की निवासी थी. पुलिस की जांच में सामने आया कि शिक्षक मिलन दास ने शशि कला को पढ़ाया था और उसकी शादी में प्रमुख भूमिका निभाई थी. लेकिन शादी के 15 दिन बाद ही वह ससुराल छोड़कर अपने मायके की बजाय मिलन दास के पास आकर कटघोरा में किराए के मकान में रहने लगी. दोनों के बीच लंबे समय से अवैध संबंध थे और अक्सर विवाद होता था 27 फरवरी को दोनों के बीच फिर से झगड़ा हुआ, जिसके बाद मिलन दास ने शशि की बेरहमी से पिटाई कर दी. इस दौरान उसकी मौत हो गई. शव को ठिकाने लगाने के लिए आरोपी शिक्षक ने अपने ड्राइवर के साथ मिलकर लाश को गाड़ी में रखा और उसे रावा के पास राम टोक पहाड़ पर ले जाकर आग के हवाले कर दिया. पुलिस ने जैसे ही अपनी जांच को आगे बढ़ाया तो सबसे पहले शक शिक्षक मिलन दास पर हुआ, जिसके बाद कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपराध कबूल लिया. फिलहाल, पुलिस ने आरोपी शिक्षक और उसके ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की कार्रवाई जारी है.
रायपुर। 8 मार्च को रायपुर में इंडिया मास्टर्स और वेस्टइंडीज मास्टर्स के बीच पहला मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और ब्रायन लारा के धुरंधर आमने-सामने होंगे। जिसके मद्देनजर सचिन समेत इंडिया मास्टर्स और इंग्लैंड मास्टर्स के सभी खिलाड़ी आज रायपुर पहुंच चुके है। रायपुर एयरपोर्ट में कड़ी सुरक्षा के बीच दोनों टीमों के खिलाड़ी बस में सवार होकर होटल के लिए रवाना हो चुके है। गौरतलब है कि इंटरनेशनल मास्टर्स लीग के आयोजन को लेकर रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ के क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। आज रायपुर एयरपोर्ट पर अपने फेवरेट खिलाड़ियों को देखने के लिए काफी फैंस पहुंचे हुए थे, इस दौरान क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले भारत के दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, युवराज सिंह, इरफ़ान पठान, इयोन मोर्गन, केविन पीटरसन जैसे खिलाड़ियों को देखते ही फैंस ख़ुशी से गदगद हो गए। वहीं इन खिलाड़ियों ने बस से ही हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया।
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के पलारी-पुरूर मुख्यमार्ग पर शनिवार सुबह 10 बजे सड़क हादसे में 16 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से नाबालिग सड़क पर गिर गई, तभी पिकअप में रखा भारी-भरकम टीना का सीट संतुलन बिगड़ने से बाहर आ गिरा, जो उसके सिर पर घुस गया। जिससे छात्रा का सिर बुरी तरह कुचला गया। पुलिस के अनुसार, फागुनदाह निवासी अंशु निर्मलकर पिता हेमलाल निर्मलकर अपनी मां को लेने मोपेड से राधा स्वामी सत्संग मंडप गई थी। लेकिन वहां पहुंचने पर उसे पता चला कि, उसकी मां पहले ही घर लौट चुकी है। जिसके बाद वो लौट रही थी। जिस पिकअप से हादसा हुआ, उसमें भारी टीना सीट भरा हुआ था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्रा सड़क पर गिर गई। उसका सिर सीधे रोड से टकरा गया। इस दौरान पिकअप में रखा भारी टीना संतुलन बिगड़ने से बाहर गिरा और सीधे अंशु के सिर पर आ गया। जिससे उसका सिर बुरी तरह कुचल गया। हादसे की भयावहता ऐसी थी कि, शव को झिल्ली में लपेटकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजना पड़ा। ग्रामीणों के अनुसार अंशु 10वीं कक्षा की छात्रा थी। अभी बोर्ड एग्जाम चल रहा था। पुरूर टीआई शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि, वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। वहीं पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बेमेतरा। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत् जिले में सभी पात्र नागरिकों को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में तेज़ी से कार्य किया जा रहा है। इसी संदर्भ में आज कलेक्टर रणबीर शर्मा ने जिला पंचायत के सभागार में जिले के सभी जनपद पंचायतों की विस्तृत समीक्षा बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य योजना के तहत आवासों की पूर्णता हेतु तय किए गए लक्ष्यों के विरुद्ध जिले की प्रगति का आकलन करना था। कलेक्टर ने समीक्षा के दौरान उन ग्राम पंचायत प्रभारियों और तकनीकी सहायकों पर विशेष ध्यान दिया, जहां प्रगति धीमी रही है। उन्होंने निर्देश दिया कि फील्ड में जाकर काम की स्थिति का निरीक्षण किया जाए और फोटो सहित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। कलेक्टर ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं हुआ, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही सबसे कम प्रगति वाले तकनीकी सहायकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ हि उत्कृष्ट कार्य करने वाली 2 महिला तकनिकी साहयकों कों अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सम्मानित करने कि बात कही। समीक्षा बैठक में जिला पंचायत सीईओ टेकचंद अग्रवाल ने भी जनपदवार समीक्षा की, और जहां अपेक्षित उपलब्धि प्राप्त नहीं हुई, वहां आगामी तिथि तक लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जिन लोगों के आवास निर्माण में बाधा आ रही है, उसकी जानकारी जनपद पंचायतों को दो दिवस के भीतर उपलब्ध कराई जाए, ताकि समस्या का शीघ्र समाधान हो सके। कलेक्टर रणबीर शर्मा ने सभी जनपद पंचायत सीईओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि जो आवास अभी तक अपूर्ण हैं, उन्हें समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है और इसमें शत-प्रतिशत सफलता हासिल करना अनिवार्य है। यदि आवास पूर्ण नहीं हुए, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर प्रशासन की ओर से गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। जिले के सभी जिम्मेदार अधिकारियों को इस योजना के तहत लक्ष्यों को पूरा करने की सख्त हिदायत दी गई है, ताकि जिले के प्रत्येक पात्र व्यक्ति को आवास का लाभ समय पर मिल सके। बैठक मे चारों जनपद के सीईओ, सब इंजीनियर और तकनिकी सहायक उपस्थित थे |
दुर्ग। वर्ष 2025 की प्रथम नेशनल लोक अदालत 08 मार्च 2025 की तैयारियांे के संबंध में मुख्य न्यायाधिपति छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय-सह-मुख्य संरक्षक छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा की अध्यक्षता, न्यायाधीश छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय-सह-कार्यपालक अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण न्यायमूर्ति संजय के. अग्रवाल तथा माननीय न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति न्यायमूर्ति नरेश कुमार चन्द्रवंशी की विशिष्ट उपस्थिति में समस्त जिलों के प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उनके सचिव, फैमिली कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश/न्यायाधीश, अध्यक्ष स्थायी लोक अदालत (जनोपयोगी सेवा), मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, श्रम न्यायालय के न्यायाधीशों की संयुक्त रूप से बैठक छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय से विडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से ली गई। उक्त बैठक में मुख्य न्यायाधिपति छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय-सह-मुख्य संरक्षक छत्तीसगढ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने सभी न्यायाधीशों को संबोधित करते हुए व्यक्त किया कि जिस गति से न्यायालय में लंबित मामलों की संख्या बढ़ रही है उसमें यह जरूरी है कि लोक अदालतों के आयोजन में राजीनामा योग्य मामलों का पक्षकारों की आपसी सहमति से विधि सम्मत निराकरण करने का सभी संभव प्रयास किया जाए। मुख्य न्यायाधिपति रमेश सिन्हा ने इस बात पर जोर दिया कि लोक अदालतों के माध्यम से निराकृत प्रकरणों का लाभ जहां मामले के दोनों पक्षकारों को मिलता है वहीं ऐसे मामलों के निराकृत होने से न्यायालयों में भी लंबित मामलों की संख्या कम होती है, जिससे न्यायालय के पीठासीन अधिकारी राजीनामा योग्य मामलों से हटकर अन्य प्रकृति के लंबित मामलों को निराकृत करने में न्यायालयीन कार्य दिवसों में अधिक समय दे पाते हैं। मुख्य न्यायाधिपति श्री सिन्हा ने 08 मार्च 2025 को आयोजित होने जा रही नेशनल लोक अदालत में राजीनामा प्रकृति के सभी सिविल, आपराधिक एवं अन्य प्रकरणों को अधिक से अधिक संख्या में चिन्हांकित कर विधिवत् निराकरण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि पक्षकारों की सहमति से एवं विधि अनुसार अधिक-से-अधिक राजीनामा योग्य मामलों का निराकरण करने के लिए लोक अदालतों का आयोजन किया जाता है और इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए सभी का यथोचित प्रयास अपेक्षित है। अवगत हो कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), नई दिल्ली के निर्देशानुसार वर्ष 2025 हेतु निर्धारित कैलेण्डर अनुसार नेशनल लोक अदालत का आयोजन दिनांक 08 मार्च 2025 को उच्च न्यायालय से लेकर तहसील न्यायालयों के साथ-साथ राजस्व न्यायालयों में भी आयोजित किया जा रहा है। छ.ग. के सभी जिलों से प्राप्त अब तक की जानकारी अनुसार 1145874 प्री-लिटिगेशन मामले तथा 66811 न्यायालयों में लंबित सहित कुल 1212685 मामलों का चिन्हांकन किया जा चुका है, जिनके पक्षकारों के मध्य राजीनामा के लिए रखा गया है।
दुर्ग। भिलाई नगर निगम के वार्ड 35 के कांग्रेस पार्षद इंजीनियर सलमान की बर्खास्तगी के मामले में हाईकोर्ट ने दुर्ग कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी, भिलाई और दुर्ग निगम आयुक्त सहित 3 को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इंजीनियर सलमान खान ने बताया कि उनके पार्षद पद के निर्वाचन को दुर्ग संभाग आयुक्त ने समाप्त करते हुए इंजी. सलमान को पार्षद पद से बर्खास्त कर दिया था। इस आदेश को इंजी. सलमान ने राज्य सरकार में अपील न्याय की गुहार लगाई थी। राज्य सरकार ने सलमान की याचिका को अस्वीकार करते हुए संभागायुक्त के फैसले को बरकरार रखा था। राज्य सरकार और संभागायुक्त के फैसले को चुनौती देने इंजी. सलमान ने हाईकोर्ट बिलासपुर में याचिका लगाई थी। हाईकोर्ट ने याचिका पर सुनवाई की और 28 जनवरी 2025 को संभाग आयुक्त और राज्य सरकार के फैसले स्टे दे दिया था। जब यह फैसला आया उस समय वार्ड 35 में आचार संहिता लागू हो गई थी और वहां पार्षद उप चुनाव की प्रक्रिया चालू थी। हाईकोर्ट ने सुनवाई करते हुए डॉ. नेहा कपूर उप सचिव राज्य निर्वाचन आयोग, अजय सिंह राज्य निर्वाचन आयुक्त छत्तीसगढ़, ऋचा प्रकाश चौधरी कलेक्टर दुर्ग, वीरेंद्र सिंह उप जिला निर्वाचन अधिकारी दुर्ग, सुमित अग्रवाल रिटर्निंग ऑफिसर नगर पालिका निगम भिलाई उपचुनाव वार्ड 24 और 35 और राजीव पांडे आयुक्त नगर पालिका निगम भिलाई को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। हाईकोर्ट ने मसले में सुनवाई करते हुए डॉ. नेहा कपूर और अजय सिंह को अगली सुनवाई की तारीख तक सभी प्रासंगिक दस्तावेज के साथ जवाब देने का निर्देश दिया है। न्यायालय ने जवाब मांगा है कि न्यायालय के आदेश का पालन नहीं करने के लिए उनके खिलाफ अवमानना की कार्रवाई क्यों ना शुरू की जाए। कोर्ट ने उन्हें अगली पेशी से पहले अपना जवाब पेश करने को कहा है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पड़ रही तेज गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट आई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे के दौरान दिन का पारा 2 से 3 डिग्री और रात का तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिरने की संभावना है, उसके बाद तापमान बढ़ेगा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 36 घंटों में दक्षिण छत्तीसगढ़ में दिन के तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। हालांकि न्यूनतम तापमान में 2-3°C तक की गिरावट होने की संभावना है। प्रदेश में राजनांदगांव जिला सबसे गर्म बना हुआ है। बुधवार को यहां अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार को दिन का तापमान 36.8 डिग्री रहा जो बुधवार को 33 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। वहीं रात का पारा 22.4 डिग्री रहा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आज मौसम साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 34 डिग्री और रात का तापमान 19 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
बिलासपुर। तिफरा ओवरब्रिज पर आज अजब नजारा देखने को मिला, जहां सड़क अंडा-अंडा हो गया. दरअसल, अंडों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और पलट गया. इस हादसे में ट्रक में लोड हजारों अंडे सड़क पर बिखर गए और पूरा रास्ता अंडों से पट गया, जिससे वहां फिसलन हो गई. बताया जा रहा है कि अंडों से भरा ट्रक रायपुर से बिलासपुर की ओर आ रहा था, तभी अचानक नियंत्रण खो बैठा और हादसा हो गया. गनीमत रही कि इस दुर्घटना में ड्राइवर बाल-बाल बच गया. सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को सड़क से हटाने की प्रक्रिया शुरू की.
रायपुर। पोस्ट ऑफिस में पीपीएफ खाते के ब्याज के पैसे न देने पर जिला उपभोक्ता फोरम ने डाक विभाग पर जुर्माना लगाया है। फोरम ने आदेश दिया है कि विभाग परिवादी के ब्याज के पैसे 7.6 फीसदी ब्याज के साथ वापस करे। साथ ही उसे हुई मानसिक कष्ट के लिए 20 हजार रुपए देने का आदेश दिया गया है। दरअसल, रायपुर निवासी शिव कुमार गुप्ता ने पोस्ट ऑफिस में 1996 में एचयूएफ पीपीएफ खाता खोला था। इसकी अवधि 2011 तक थी। इस अवधि तक खाते में कुल 2 लाख 76 हजार रुपए जमा हुए। इसपर ब्याज जोड़ते हुए कुल रकम 4 लाख 78 हजार 537 रुपए हुआ। अवधि पूरा होने पर परिवादी ने 6 साल के एक्सटेंशन की मांग की। इसपर पोस्ट ऑफिस की ओर से खाते का एक्सटेंशन 6 साल के लिए किया गया। इस दौरान परिवादी के खाते में ब्याज सहित कुल रकम 6 लाख 94 हजार 543 रुपए जमा हुए। 2015 में परिवादी को पैसे की जरुरत पड़ी तो उसने पीपीएफ खाते में जमा पैसे को ब्याज सहित निकालने की मांगी की। इसपर विभाग की ओर से कहा गया कि चूंकि अवधि पूरी नहीं हुई है इसलिए कुल जमा राशि का 50 फीसदी पैसा ही उसे मिलेगा। परिवादी ने 2 लाख 63 हजार रुपए निकाल लिए। उसके पासबुक में शेष रकम 4 लाख 31 हजार रुपए बचे होने की जानकारी भी एंट्री की गई।
नारायणपुर। खराब सड़क की वजह से ट्रैक्टर पलटने से सवार दो महिला समेत तीन सवारों की मौत हो गई, वहीं एक दर्जन से अधिक ग्रामीण घायल हुए. उपचार के लिए पीड़ितों छोटेडोंगरे स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां सुविधाओं के नहीं होने का खामियाजा घायलों को भुगतना पड़ा. जानकारी के अनुसार, करीबन 20 से अधिक ग्रामीण पीडीएस का राशन लेकर ट्रेक्टर के जरिए गांव जा रहे थे. इस दौरान खराब सड़क और चालक की लापरवाही से ट्रेक्टर पलट गया, जिससे कमोबेश सभी सवार चोटिल हो गए, कुछ को ज्यादा तो कुछ को कम चोट आई. घटना में तीन सवारों की मौत भी हो गई. बता दें कि छोटेडोंगरे स्वास्थ्य केंद्र केवल नाम का ही अस्पताल है. न तो डॉक्टर है, और न ही मरीजों को लाने-ले जाने के लिए एंबुलेंस. स्वास्थ्य केंद्र में सुविधाओं की मांग करते हुए कांग्रेस नेता विजय सलाम ने कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है.
बिलासपुर। बिलासपुर में सरकारी चावल हड़पने के लिए खाद्य विभाग में APL (अबोव पावर्टी लाइन) को BPL(बिलो पावर्टी लाइन) राशन कार्ड बना दिया गया। बड़े पैमाने पर हुए फर्जीवाड़े में खाद्य नियंत्रक की भूमिका पर सवाल उठाए गए। लेकिन कोई एक्शन नहीं हुआ। बेलतरा से बीजेपी विधायक सुशांत शुक्ला ने मामला विधानसभा में उठाया, अधिकारियों के गोलमोल जानकारी देने और खाद्य मंत्री दयालदास बघेल के जवाब पर आपत्ति जताई। साथ ही कहा कि संबंधित विभाग के दोषी और जिम्मेदार अधिकारी के बजाए दूसरे अधिकारी से जांच कराई जाए। जिस पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने दूसरे अधिकारी से जांच कराने के निर्देश दिए। दरअसल, नगर निगम क्षेत्र के कई दुकानों में उचित मूल्य की दुकानों में चावल में गड़बड़ी हुई, तब इस फर्जीवाड़ा का खुलासा हुआ। इस दौरान जिस दुकान में चावल में हेराफेरी की गई है, उसी दुकान में फूड विभाग के अफसरों ने दूसरी दुकानों को भी संलग्न कर दिया, ताकि फर्जी राशन कार्ड से चावल उठाव किया जा सके। शुरूआती जांच में पता चला कि फर्जीवाड़ा कर बड़ी संख्या में कार्ड बनाए गए हैं। इसमें खास बात यह है कि जिनका कार्ड बनाया गया है, उन उपभोक्ताओं को इसकी जानकारी तक नहीं है। इस गड़बड़ी में विभाग के खाद्य नियंत्रक सहित अन्य अधिकारियों की मिलीभगत होने की आशंका है।
रायपुर। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 मार्च को छत्तीसगढ़ दौरे पर रहने वाले हैं। वे बिलासपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ दौर पर रहने के दौरान पीएम मोदी कई कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे। मिली जानकारी के मुताबिक, PM मोदी के दौरे को लेकर उच्च स्तरीय बैठक हुई। CM विष्णुदेव साय ने अपने विधानसभा कक्ष में बैठक ली। इस बैठक में डिप्टी सीएम अरुण साव, विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, केदार कश्यप और बिलासपुर संभागायुक्त, IG और एसपी मौजूद रहे। बता दें कि बिल्हा के पास मोहभट्टा में पीएम मोदी की सभा होगी। इस सभा में 1 लाख से ज्यादा लोग शामिल होंगे। इसके अलावा PM मोदी कई योजनाओं के हितग्राहियों का सम्मान करेंगे।
जशपुर। विनायक होम्स एंड रियल स्टेट प्राईवेट लिमिटेड चिटफंड कंपनी के फरार डायरेक्टर को काफी मशक्कत के बाद इंदौर मध्यप्रदेश से आज जशपुर लाया गया। छत्तीसगढ़ के 8 जिले से 54 करोड़ रुपए का ठगी में आरोपी सम्मिलित रहा है। आरोपी जितेन्द्र बीसे गिरफ्तारी के भय से अपनी पहचान छिपाकर एवं हुलिया बदलकर रहता था।
प्रकरण के आरोपी फूलचंद बीसे, युवराज मालाकार पूर्व में गिरफ्तार हो चुके हैं, 2 फरार आरोपियों की पतासाजी जारी है। एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह द्वारा चिटफंड प्रकरणों की समीक्षा कर प्रकरण के फरार संचालकों की गिरफ्तारी तथा संपत्ति के चिन्हांकन के निर्देश दिये गये थे, जिसके परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर अनिल सोनी के मार्गदर्षन में चिटफंड कंपनी के फरार संचालकों की पता-तलाश एवं गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम को इंदौर (मध्य प्रदेश) भेजा गया था, जिसमें विनायक होम्स एंड रियल स्टेट प्राईवेट लिमिटेड के फरार संचालक जितेन्द्र बीसे निवासी इन्दौर (म.प्र.) को काफी पतासाजी उपरांत घेराबंदी कर अभिरक्षा में लेकर जशपुर लाया गया, उक्त फरार आरोपी अपनी पहचान छिपाकर एवं दाढ़ी को बढ़ाकर रहता था। आवेदिका निर्मला बाई निवासी गढ़ाटोली जशपुर द्वारा प्रेषित शिकायत के संबंध में जांच हेतु थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर को सौंपा गया था। जांच में पाया गया कि 18.12.2021 को प्रार्थिया से आरोपीगण विनायक होम्स प्राईवेट लिमिटेड चिटफंड कंपनी के संचालक 1-जितेन्द्र विसे निवासी अम्बेडकर नगर इन्दौर (म.प्र.), फूलचंद बीशे निवासी अम्बेडकर नगर इन्दौर (म.प्र.), योगेन्द्र बीशे निवासी अम्बेडकर नगर इन्दौर (म.प्र.), कालू सिंह वर्मा निवासी सारंगपुर पचैर एवं युवराज मालाकार निवासी देवास नाका इन्दौर (म.प्र.) द्वारा मिलकर एजेंटो के माध्यम से विनायक होम्स एंड रियल स्टेट प्राईवेट लिमिटेड कंपनी में रकम निवेष करने पर जमा रकम तीन गुना हो जाएगा तथा प्रत्येक वर्ष अलग से कमीशन रू. 25 हजार रू. मिलेगा बोलकर बहला-फुसलाकर आवेदिका से रू. 1,20,000 /- लेकर उसे चेकनुमा कागज दिये तथा आवेदिका के पड़ोस में रहने वाली एक अन्य महिला से भी रू. 20,000 लिये हैं, एवं क्षेत्र के अन्य निवेशकों से भी लाखों रू. की ठगी की गई है। शिकायत सही पाये जाने पर जांच पश्चात् आरोपियों के विरूद्ध थाना सिटी कोतवाली जशपुर में धारा 420, 120 (बी) भा.द.वि. एवं छ.ग. निक्षेपकों का हित संरक्षण अधिनियम् की धारा 10 के तहत् अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
आरोपी जितेन्द्र बीसे अपने 4 अन्य साथियों के साथ मिलकर जशपुर थाना क्षेत्र के कुल 785 निवेशकों से रू. 1,59,85,534 /-(एक करोड़ उनसठ लाख, पचासी हजार पॉंच सौ चौतीस) रू. ठगी करना पाया गया। इसी प्रकार आवेदक प्रेमचंद सिंह निवासी बिहाबाल थाना कांसाबेल ने 15.04.2017 को थाना फरसाबहार में रिपोर्ट दर्ज कराया कि जितेन्द्र बीसे ने अपने एजेंटों के माध्यम से विनायक होम्स एंड रियल स्टेट प्राईवेट लिमिटेड कंपनी में रकम निवेश करने पर जमा रकम तीन गुना हो जायेगा तथा प्रत्येक वर्ष अलग से कमीशन रू. 25 हजार रू. मिलेगा बोलकर बहला-फुसलाकर क्षेत्र के अन्य 6 कुल 7 निवेशकों से रू. 66,000 (छियासठ हजार रू.) निवेश कराया गया था। जिस पर आरोपी जितेन्द्र बीसे के विरूद्ध थाना फरसाबहार में धारा 420, 34 भा.द.वि. एवं छ.ग. निक्षेपकों का हित संरक्षण अधिनियम् की धारा 10 के तहत् अपराध पंजीबद्ध किया गया है। प्रकरण की विवेचना दौरान मुखबिर की सूचना एवं सायबर सेल के सहयोग से आरोपी जितेन्द्र बीसे के इन्दौर में दाढ़ी बढ़ाकर एवं भेष बदलकर रहने की सूचना मिलने पर जिला जशपुर से टीम बनाकर इन्दौर भेजा गया। टीम द्वारा कई दिनों तक पतासाजी कर दबिश देकर उसे अभिरक्षा में लेकर जशपुर लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने उक्त अपराध को अपने साथियों के साथ मिलकर घटित करना स्वीकार किया।
आरोपी जितेन्द्र बीसे इन्दौर (मध्य प्रदेश) को 5 मार्च को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। प्रकरण के मुख्य आरोपी (1) फूलचंद बिशे इन्दौर (मध्य प्रदेश) हाल मुकाम उज्जैन (म.प्र.) को 27.07.2023 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। प्रकरण का एक आरोपी युवराज मालाकार इन्दौर (म.प्र.) को पूर्व में जिला जेल बलौदाबाजार से प्रोडक्शन वारंट में प्राप्त कर जशपुर लाकर 10.12.2021 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह द्वारा कहा गया है कि चिटफंड कंपनी के 3 डायरेक्टर को गिरफ्तार किया जा चुका है, 2 फरार आरोपियों की संपत्ति का चिन्हांकन कर विस्तृत विवरण एकत्रित किया जा रहा है, तत्पश्चात संपत्ति कुर्की की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
बलौदाबाजार। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा पर जिला प्रशासन द्वारा त्वरित अमल शुरू कर दी गई है। गिरौदपुरी मेला समिति के अध्यक्ष धर्मगुरु गुरुबालदास साहेब एवं कलेक्टर दीपक सोनी की उपस्थिति में बुधवार को लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने मेला परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार से मुख्य मंदिर तक स्थायी शेड निर्माण के लिए नाप जोख किया गया।मेला समिति के अध्यक्ष धर्मगुरु गुरुबालदास साहेब ने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण शेड निर्माण के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गिरौदपुरी मेला के शुभारम्भ अवसर पर 4 मार्च 2025 को गिरौदपुरी पहुंच कर गुरु गद्दी का दर्शन एवं पूजा अर्चना कर प्रदेश वासियो की सुख समृद्धि के लिए कामना की थी। इस अवसर पर मेला समिति की मांग पर गिरौदपुरी मेला की राशि 25 लाख से बढ़ाकर 50 लाख करने तथा मेला परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार से मुख्य मंदिर तक स्थाई शेड निर्माण की घोषणा किये थे।मेला परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार से मुख्य मंदिर तक स्थायी शेड निर्माण होने से दंडवत प्रणाम करते हुए जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा होगी। शेड निर्माण होने से श्रद्धालुओं को बारिश व धूप से निजात मिलेगी। मुख्य प्रवेश द्वार से मुख्य मंदिर तक करीब 1200 मीटर की दूरी तक स्थाई शेड निर्माण किया जाएगा। ज्ञातव्य है क़ि कलेक्टर दीपक सोनी के मार्गदर्शन में इस वर्ष गिरौदपुरी मेले में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार किया गया है। इसके साथ ही पहली बार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मुख्य प्रवेश द्वार से मुख्य मंदिर तक अस्थायी शेड क़ा निर्माण भी किया गया है।
Adv