रायपुरः छत्तीसगढ़ में आज साय कैबिनेट की बैठक होगी। सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में यह बैठक मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में शाम 6 बजे से शुरू होगी। इस बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है। बता दें कि पिछली बैठक बजट से एक दिन पहले हुई थी। इस बैठक में कई अहम फैसले लिए गए थे। अंग्रेजी शराब पर लगने वाला 9.5% आबकारी शुल्क खत्म किया गया था। तय किया गया था कि साल 2025-26 की आबकारी नीति साल 2024-25 की तरह ही होगी। सरकार ने सरकारी परिसरों को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए लोक परिसर (बेदखली) संशोधन विधेयक-2025 को मंजूरी दी थी। छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग में लंबित मामलों के तेजी से निपटारे के लिए एक नया सदस्य पद सृजित किया गया था।
दुर्ग: 3 दिन पहले बिहार के रोहतास जिले में स्थित रेड लाइट एरिया में छापेमारी के दौरान छत्तीसगढ़ की 41 नाबालिग लड़कियां देह व्यापार के धंधे में लिप्त मिलीं। पुलिस ने सभी लड़कियों अपने कब्जे में लेकर वहां एक NGO रखवाया है। इन सभी लड़कियों को लेने के लिए छत्तीसगढ़ के अलग-अलग थानों से पुलिस की टीम गई है। पुलिस की रेड में मिली 41 नाबालिग लड़कियों में तीन लड़कियां दुर्ग जिले की भी हैं। इनके साथ एक नाबालिग लड़का भी है। जैसे ही इसकी जानकारी दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला को हुई उन्होंने एक टीम बिहार भेजने निर्देश दिया। दुर्ग पुलिस की टीम रोहतास जाकर बच्चियों से मिल चुकी है। पूछताछ में बच्चियों ने बताया कि उनके साथ कोई देह व्यापार नहीं कराया जा रहा था। वो लोग नाचने गाने का काम करते हैं। पैसा कमाने के लालच में उनके माता पिता ने खुद अपनी मर्जी से बिहार नाचने के लिए भेजा था। लड़कियों ने देहव्यापार करने या कराने से साफ मना किया है। दुर्ग पुलिस की टीम अभी शासापुर पहुंची हैं। कल टीम रोहतास पहुंचेगी। वहां वो लोग रोहतास पुलिस औ महिला बालविकास विभाग की टीम की मदद से तीनों बच्चियों को अपनी सुपुर्दगी में लेकर दुर्ग लाएगी। ऐसा कहा जा रहा है कि टीम बच्चियों को लेकर 13 मार्च की रात तक पहुंच जाएगी। 9 मार्च को रोहतास जिले के नटवार थाना पुलिस ने नटवार बाजार में 2 डांसर ग्रुपों के ठिकाने पर छापेमारी की थी। दोनों ठिकानों से छत्तीसगढ़ से आई 41 नाबालिग लड़कियों को बरामद किया गया। इनके साथ चार लड़कों को भी बरामद किया गया। पुलिस ने इस कार्रवाई में पांच लोगों को हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रोहतास जिले की बाल कल्याण समिति ने सभी लड़कियों को बरामद किया। समिति ने बताया कि ज्यादातर लड़कियां गरीब परिवारों से हैं। इन लड़कियों के माता-पिता ने 30 से 50 हजार रुपए में अपनी बेटी का सौदा कर दिया था। पहले इन्हें ऑर्केस्ट्रा में डांस करने के लिए लाया गया, फिर जबरन गलत काम करवाया जाने लगा। इससे होने वाली कमाई का कुछ हिस्सा लड़कियों के माता-पिता को भी भेजा जाता था। बिहार के रेड लाइट इलाके से रेस्क्यू की गई लड़कियां छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, रायपुर, राजनांदगांव, बिलासपुर, दुर्ग समेत अन्य जिलों की हैं। छत्तीसगढ़ पुलिस की कई टीमें रोहतास भेजी गई हैं। इसमें दुर्ग की टीम भी शामिल है। वहां से सभी लड़कियों को लाकर उनके माता पिता को उन्हें सौंपा जाएगा।
अंबिकापुर: सरगुजा जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां डायल 112 में तैनात चालक का शव जंगल में पेड़ से झूलता हुआ मिला है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच में जुटी हुई है. यह मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मेनड्रा खुर्द का है. मृतक की पहचान ललित नारायण सिंह उर्फ पप्पू के रूप में हुई है, जो अंबिकापुर शहर के तुरापानी इलाके का निवासी था. शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतक ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. यह घटना कल दोपहर की बताई जा रही है. ललित नारायण सिंह गांधीनगर थाना क्षेत्र के डायल 112 वाहन में चालक के रूप में कार्यरत था. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है.
रायपुर: रायपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां एक युवक चलती ट्रेन के सामने गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. ट्रेन गुजरते ही युवक का शरीर दो हिस्सों में बंट गया, जिससे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि युवक अचानक पटरी पर जा गिरा और तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया. हादसे के बाद रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस (जीआरपी) और आरपीएफ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. फिलहाल, मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, पुलिस मामले की जांच कर रही है कि यह दुर्घटना थी या आत्महत्या.
महासमुंद। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुमोदन पश्चात कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कोविड-19 संक्रमण से मृत व्यक्ति के परिजन व आश्रित को 50 हजार रुपए की अनुदान सहायता राशि स्वीकृत किया है। इनमें तहसील सरायपाली के ग्राम पलसाभाड़ी निवासी जगबन्धू प्रधान की मृत्यु कोविड-19 संक्रमण से होने पर उनकी पत्नी विजया प्रधान के लिए 50 हजार रुपए की अनुदान सहायता राशि स्वीकृत किया गया है। राशि भुगतान के पूर्व यह सुनिश्चित किया जाए कि आवेदक को इस मद से कोई अनुदान प्राप्त नहीं हुआ है। यह सहायता राशि कोविड-19 महामारी के कारण प्रभावित परिवार को राहत प्रदान करने के उद्देश्य दी जा रही है।
रायपुर। आगामी होली त्यौहार के दौरान अपराधों की रोकथाम, अपराधियों पर नकेल कसने सहित सुरक्षा व शांति व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राईम श्री संदीप मित्तल, उप पुलिस अधीक्षक क्राईम संजय सिंह एवं प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट निरीक्षक परेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में क्राईम ब्रांच की टीम द्वारा आज अलग- अलग थाना क्षेत्रों में निवासरत 70 से अधिक चाकूबाजों, हिस्ट्रीशीटरों एवं अपराधिक तत्वों को क्राईम ब्रांच में हाजिर किया गया।
दुर्ग। पुलगांव थाना क्षेत्र में विद्युत नगर निवासी डॉ. पीयूष देवांगन के मकान में मंगलवार सुबह आग लग गई। आग इतनी तेज फैली की उसने घर के अंदर खड़ी नेक्सॉन कार सहित पांच गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग से बड़ा नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण जानने के लिए पुलिस जांच में जुटी है। डॉ. पीयूष देवांगन लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला में एमडी मेडिसिन के पद पर कार्यरत है। वहीं पर उनकी गायनकोलॉजिस्ट पत्नी डॉ. श्रुति देवांगन भी पदस्थ हैं। डॉ. पीयूष ने बताया कि आग लगने की घटना 11 मार्च की सुबह 4 से 4.30 बजे के करीब हुई है। उन्होंने बताया कि घर में उनके रिटायर्ड हेडमास्टर पिता पोषण लाल देवांगन, पीडब्ल्यूडी से रिटायर मां कमला देवांगन, वे खुद, पत्नी और दो साल की बच्ची मृदा सोए हुए थे। अचानक उन्हें कुछ जलने की दुर्गंध आई। उन्होंने देखा कि घर में आग लगी है। डॉ. पीयूष ने तुरंत सभी को जगाया और घर के बाहर भागे। बाहर आकर देखा कि आग घर को पूरी तरह से घेर चुकी थी। इसके बाद उन्होंने डायल 112 और अग्निशमन विभाग दुर्ग में फोन किया। जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जैसे ही उन्हें सूचना मिली उन्होंने एक दमकल गाड़ी के साथ टीम को भेजा। फिर पता चला की आग बड़ी है। इसके बाद उन्होंने दूसरी दमकल को वहां भेजा और खुद मौके पर गए।
कोरबा। जिले में होली त्योहार को देखते हुए नशा करके गाड़ी चलाने वालों पर पुलिस सख्त है। पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने के 17 मामलों में कुल 1.70 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया। एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने लोगों से सुरक्षित होली मनाने की अपील की है। सर्वमंगला, सीएसईबी, मानिकपुर और सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया। निहारिका घंटाघर पर देर रात शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा कुसमुंडा, बालको, दीपका और कटघोरा थाना क्षेत्र में भी जांच की गई। पुलिस ने होली के मद्देनजर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया है। मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की है। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहर की कई थाना चौकियों में सघन जांच की जा रही है। कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में मुख्य चौराहे पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। शराबी वाहन चालकों, तीन सवारी वाहनों और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ 40 लोगों पर कार्रवाई की गई। नो एंट्री जोन में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों पर भी चालान किया गया।
राजनांदगांवl छत्तिसगढ़ विश्वविद्यालयीन पेंशनर्स कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार मिश्र एवं सचिव तीर्थ राम यादव ने बताया कि विश्वविद्यालयीन पेंशनर्स को जनवरी 2025 का पेंशन पंद्रह दिनों के बाद और फरवरी 2025 का पेंशन 10 से 12 दिनों के बाद मिला था l
ऐसी विषम परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पेंशनर्स कल्याण समिति ने छत्तीशगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी जिनके पास उच्च शिक्षा मंत्रालय का प्रभार भी है और आप ही मुख्य मंत्री और उच्च शिक्षा मंत्री भी हैं इनके साथ ही वित्त मंत्री ओ पी चौधरी जी को स्पीड पोस्ट से पत्र प्रेषित करते हुए यह तथ्य संज्ञान में लाये कि छ ग शासन के उच्च शिक्षा विभाग के माध्यम से निर्धारित बैंकों के द्वारा मासिक पेंशन विश्वविद्यालयीन पेंशनरों को राज्य शासन के उच्च शिक्षा विभाग के माध्यम से निर्धारित बैँकोँ के द्वारा पेंशन भुगतान किये जाने की वर्तमान में ब्वस्था है l
छत्तिसगढ़ विश्वविद्यालयीन पेंशनर्स कल्याण समिति मुख्य मंत्री और वित्त मंत्री, उच्च शिक्षा मंत्री जी से मांग करती है कि सेवा निवृत शासकीय कर्मचारियों की भाँति ही प्रदेश के सभी
विश्वविद्यालयीन पेंशनर्स को एक साथ पेंशन का भुगतान करने की ब्वस्था शासन करे यही निवेदन करते हैं समय पर पेंशन नहीं मिलने पर सीनियर सिटीजन और उनके परिवार के आश्रितों का अनिवार्य जीवकोपार्जन एवं चिकित्सकीय ब्ययों की आपूर्ति को ब्वस्थित करने मे पेंशनरो को अत्यधिक असुविधा होती है l
राजनांदगांवl कॉन्फ्लूएंस कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई , महिला प्रकोष्ठ , विशाखा कमेटी के संयुक्त तत्वाधान में आठ मार्च अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पुलिस विभाग की रक्षा टीम, विशाखा कमेटी , सखी वन स्टाफ , महिला बाल विकास विभाग, शैक्षणिक क्षेत्र से प्राचार्य एवं अन्य प्रमुख अतिथि कुमकुम झा (प्राचार्य आत्मानंद स्कूल), विद्या मिश्रा (संरक्षण अधिकारी मबाविवि. )डीएसपी के नेतृत्व में महिला थाना प्रभारी ( गीतांजलि सिंहा),प्रभारी रक्षा टीम शारदा बंजारे ,माया सिंह गौर, प्रधान आरक्षक श्रीमती अंजू सिंह ,महिला आरक्षक मीनाक्षी अहीर ,कोतवाली थाना रानू दुबे , रूकसाना अली आजाक. थाना से एवं महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ.मनीष जैन ,संजय अग्रवाल एवं प्राचार्य डॉ. रचना पांडे, नर्सिंग प्राचार्य रूबी दान,उप प्रचार्य जेसी. लाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे l
प्रो. विजय मानिकपुरी कार्यक्रम अधिकारी एनएसएस ने आयोजन में संचालन करते हुए कहा कि महिलाओं को भारतीय संविधान ने कई अधिकार दिए हैं जो बराबरी की उनकी लड़ाई को आसान कर सके l महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु नेशनल मिशन फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन भारत सरकार की ओर से प्रारंभ किया गया है और वह कंधे से कंधा मिलाकर समाज में आगे बढ़ रही है l
डायरेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी उपस्थिति मातृशक्तियों को प्रणाम करते हुए कहा कि आज सुई से लेकर हवाई जहाज बनाने में महिलाओं की भागीदारी होती है। महिलाओं के इस निरंतर प्रयास और प्रगति को दिशा देने हेतु यह सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया हैl
डॉ. मनीष जैन ने कहा कि हम पुरुष महिलाओं पर निर्भर रहते हैं और दिनचर्या की शुरुआत हमारी मां,पत्नी, बहन ,बेटियों के कार्यों से ही होता हैl हम उनके ऊपर निर्भर होते हैं l
प्राचार्य स्वामी आत्मानंद कुमकुम झा ने कहा कि आज महिलाएं सभी क्षेत्रों में तरक्की कर रही है परंतु उन तरक्की के पीछे हमारे साथियों को ही तकलीफ होती है जिससे इस मानसिकता को हमें दूर करना हैl महिला थाना प्रभारी गीतांजलि सिंह ने सभी को नयी महिला थाना शुरू होने की शुभकामनाएं दिया और कानूनी रूप से प्राप्त अधिकारों के बारे में विस्तार से चर्चा किया l
विद्या मिश्रा मबावि. विभाग ने महिलाओं के शोषण के विरुद्ध उनके अधिकार की चर्चा की l
रक्षा टीम प्रभारी शारदा बंजारे प्रधान आरक्षक अंजू सिंह ने अभिव्यक्ति ऐप एवं घरेलू हिंसा से महिलाओं के संरक्षण अधिनियम और पुलिस से तत्काल संपर्क के संबंध में जानकारी दी l
आज सभी उपस्थित महिला अधिकारियों ने अपने-अपने विचार प्रस्तुत किया l
प्राचार्य डॉ. रचना पांडे ने सबका आभार प्रस्तुत करते हुए कहा कि महाविद्यालय में स्वागत किया और इस वर्ष की थीम प्रत्येक महिला को सशक्त ,समानता के साथ अधिकार और अवसरो की बात कही l
प्राचार्य नर्सिंग रूबी डान ने अपने अधिकार के लिए सबको जागरूक रहने और आवाज उठाने हेतु प्रेरित कियाl
महाविद्यालय के संचालक एवं प्राचार्य द्वारा उपस्थित अतिथियों के साथ सर्वप्रथम दीप प्रज्वलन करते हुए राजकीय गीत अरपा पैरी की धार के साथ शुभारंभ कर स्वागत किया l विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़ नाटक एवं नृत्य की प्रस्तुति की lअंत में सभी अतिथियों को श्रीफल एवं धान से निर्मित , बैच लगाकर तथा हर्बल गुलाल के साथ उपहार देकर सभी का सम्मान किया गया l
आयोजन में प्रीति इंदौरकर विभागध्यक्ष, महिला प्रकोष्ठ प्रभारी देविका देवांगन सहित महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे l
रायपुर। आज कांग्रेस प्रदेशभर में ED की कार्रवाई के विरोध में भाजपा और ईडी का पुतला दहन करेगी। सोमवार को छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और AICC महासचिव भूपेश बघेल के घर ED ने छापेमारी की। यह जांच करीब 10 घंटे तक चली। टीम के जाने के बाद भूपेश बघेल ने कहा कि, 32-33 लाख रुपए और दस्तावेज टीम ले गई है। इसमें मंतूराम केस की पेनड्राइव भी है। करीब सुबह 8 बजे भूपेश और उनके बेटे चैतन्य के भिलाई-3 पदुमनगर स्थित घर पर चार गाड़ियों में ED की टीम पहुंची थी। दोपहर में कार्रवाई के बीच नोट गिनने और सोना जांचने की मशीनें भी मंगाई गई। इस बीच ED की कार पर बाहर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। कार्यकर्ताओं और पुलिस की झड़प भी हुई। इस घटना के कुछ घंटे बाद रात 10 बजे ईडी के अधिकारी सुरक्षा कर्मी को लेकर पुरानी भिलाई थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। इस पर कर्मकार मंडल के पूर्व अध्यक्ष सुशील उर्फ सन्नी अग्रवाल समेत 25 और लोगों पर शासकीय कार्य में बाधा डालने, रास्ता रोकने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में FIR हुई है।
भिलाई। दुर्ग में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने हाल ही में कई प्रमुख स्थानों पर दबिश दी। इस कार्रवाई के तहत कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री एवं लोकसभा सांसद कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र साहू, होटल कैम्बियन के मालिक एवं राइस मिलर कमल अग्रवाल, बिल्डर मनोज राजपूत, राइस मिलर विनोद अग्रवाल, भिलाई जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं वैशाली नगर विधानसभा कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश चंद्राकर, सहेली ज्वेलर्स के मालिक सुनील जैन और स्टाम्प वेंडर संतोष स्वर्णकार के घर और कार्यालयों में छापेमारी की गई। सबसे अधिक समय तक जांच राजेंद्र साहू और मनोज राजपूत के निवास पर चली। मनोज राजपूत के नेहरू नगर स्थित मकान में सुबह से शाम तक कार्रवाई जारी रही। इसके बाद उनकी लेआउट साइट ऑफिस पर भी रात 10:30 बजे तक जांच चलती रही। जांच के दौरान ED की टीम ने मनोज राजपूत के घर से कंप्यूटर हार्ड डिस्क, मोबाइल और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए। ED ने मनोज राजपूत से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके बेटे चैतन्य बघेल के साथ संबंधों की जानकारी मांगी। इसके अलावा उनके करोड़ों के घर और बड़े प्रोजेक्ट में लगाई गई राशि का भी विवरण पूछा गया। कांग्रेस नेता राजेंद्र साहू के निवास पर देर शाम तक जांच जारी रही। जैसे-जैसे शाम ढलती गई, उनके समर्थक और कांग्रेस के अन्य नेता उनके घर के बाहर एकत्रित हो गए। नाराज समर्थकों ने कार्यवाही के विरोध में जमकर नारेबाजी भी की। आखिरकार देर रात ED की टीम ने अपने साथ कई महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर अपनी जांच समाप्त की।
बिलासपुर। बिलासपुर में ट्रैक्टर ड्राइवर ने मवेशी लेकर पैदल जा रहे किसान को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे से गुस्साए लोगों ने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। नाराज ग्रामीण मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। परिजन को 25 हजार रुपए आर्थिक सहायता देने के बाद मामला शांत हुआ। घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार बिल्हा क्षेत्र के अमलडीह निवासी दुलरवा मेहर (55) पेशे से किसान था। वो मवेशी लेकर जांजगीर-चांपा जिले के कुटीघाट बाजार जाने के लिए निकला था। इस दौरान वो मवेशियों को हांकते हुए पैदल जा रहा था। अभी वह मस्तूरी थाना क्षेत्र के मल्हार चौकी के ग्राम मटिया के पास पहुंचा था। उसी समय सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर के ड्राइवर ने उसे ठोकर मार दिया। इस हादसे में किसान की मौके पर ही मौत हो गई।
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज 11वां दिन है. सदन की कार्यवाही की शुरुआत प्रश्नोत्तर काल से होगी. इसके बाद सदन में दो ध्यान आकर्षण प्रस्ताव पेश किए जाएंगे. आदिम जाति विकास मंत्री राम विचार नेताम और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा के विभागों से जुड़े मामलों पर ध्यान आकर्षण प्रस्ताव लाया जाएगा. इसके अलावा गिरौधपुरी धाम के विकास के लिए स्वीकृत राशि में अनियमितता का मामला उठाया जाएगा. प्रधानमंत्री सड़क के जर्जर होने का भी मुद्दा उठाया जाएगा. वहीं आज के सत्र में वित्तीय वर्ष 2025-26 की अनुदान मांगों पर चर्चा होगी. इसमें उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा और लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के विभागों से संबंधित मामलों पर चर्चा होगी.
सरगुजा। जिले के स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, केशवपुर की शिक्षिकाओं ने अपने प्रभारी प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिक्षिकाओं का कहना है कि उन्हें स्कूल में सुरक्षित महसूस नहीं होता है और प्राचार्य द्वारा मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। शिक्षिकाओं का आरोप है कि स्तनपान कराने वाली शिक्षिकाओं को इसके लिए ब्रेक नहीं दिया जाता और उनके वेतन में कटौती कर दी जाती है। शिक्षिकाओं ने आरोप लगाया है कि प्रभारी प्राचार्य सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से उनकी स्टॉकिंग (निगरानी) करते हैं। शिक्षिकाओं का आरोप है कि प्रभारी प्राचार्य जानबूझकर सीसीटीवी कैमरों का उपयोग कर कम उम्र की शिक्षिकाओं पर कैमरा ज़ूम करते हैं, जिससे उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है। शिक्षिकाओं ने इस मामले की शिकायत कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी से की है, जिसमें 25 बिंदुओं पर आरोपों की विस्तृत सूची सौंपी गई है। प्रभारी प्राचार्य संतोष कुमार साहू ने इन आरोपों को निराधार बताया है और स्वयं को निर्दोष बताया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने इस गंभीर मामले को “छोटी-मोटी शिकायत” करार देते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। शिक्षिकाओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है ताकि स्कूल में सुरक्षित वातावरण बहाल हो सके।
भिलाई। दुर्ग पुलिस ने भिलाई नगर निगम के वार्ड 34 वीर शिवाजी वार्ड के पार्षद संतोष नाथ सिंह उर्फ जलंधर को ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया है। जलंधर ने वार्ड 33 संतोषीपारा कैंप 2 की पार्षद एन शैलजा राजू के पति एन धनराजू के साथ मिलकर यह फर्जीवाड़ा किया था। मामला दर्ज होने के बाद से जलंधर काफी दिनों से फरार था। इस दौरान उसने एक मामले में अग्रिम जमानत ले ली और सोचा की उसकी गिरफ्तारी नहीं होगी, लेकिन वैशाली नगर पुलिस ने प्लान-बी तैयार करके रखा था। जलंधर ने तहसीलदार की FIR पर तो जमानत ले ली, लेकिन उसने यह नहीं पता था कि देवनाथ गुप्ता ने भी उसके खिलाफ FIR दर्ज कराई है। पुलिस ने जलंधर को पूछताछ के लिए सोमवार दोपहर को थाने बुलाया, इसके बाद वहीं से उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद शाम को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जलंधर पहली बार नहीं है, जब जेल गया है। वो छावनी थाने का निगरानी बदमाश है और कई बार अलग-अलग मामलों में जेल जा चुका है। वैशाली नगर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जलंधर और एन धन राजू ने राजनांदगांव जिले के रहने वाले कुछ लोगों के साथ मिलकर बाबा दीपसिंह नगर में करोड़ों की शासकीय जमीन को फर्जी तरीके से बेचने का काम किया है। इसके लिए उन्होंने फर्जी गवाह, फर्जी ऋण पुस्तिका और दस्तावेज तक तैयार किया। करोड़ों की शासकीय जमीन की जाली पॉवर ऑफ अटर्नी तैयार करवाई और उसे लोगों को बेच दिया। जब जांच में इसका खुलासा हुआ तो एडिशनल कलेक्टर क्षमा यदु ने इनके खिलाफ मामला दर्ज कराया। वैशाली नगर पुलिस ने मामले की जांच की। जांच में इन लोगों के पास से कंप्यूटर सिस्टम, कलर प्रिंटर, 3 मोबाइल, आधार कार्ड, 2 फर्जी ऋण पुस्तिका और अन्य सामग्री जब्त किया है।
दुर्ग। राज्य नीति आयोग छत्तीसगढ़ द्वारा सतत् विकास लक्ष्यों (सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स-एसडीजी) की जिला स्तर पर प्रगति की डाटा आधारित मॉनिटरिंग करने हेतु ’’डिस्ट्रिक्ट इंडिकेटर फ्रेम वर्क’’ (डिस्ट्रिक्ट इण्डीकेटर फ्रेमवर्क-डीआईएफ) का निर्धारण किया गया है। एसडीजी के आधार पर विभागों के जिलाधिकारियों द्वारा एसडीजी डैशबोर्ड में की गई एन्ट्री के आधार पर प्रतिवर्ष डिस्ट्रिक्ट प्रोगेस रिपोर्ट का प्रकाशन आयोग द्वारा किया जा रहा है। साथ ही आयोग द्वारा एसडीजी मॉनिटरिंग से संबंधित अधिकारियों के क्षमता निर्माण एवं इस क्षेत्र में हुई नवीन प्रगति से अवगत कराने हेतु समय-समय पर प्रशिक्षण का आयोजन भी किया जाता है। इसी क्रम में दुर्ग संभाग हेतु 11 मार्च 2025 को जिले के भिलाई इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी) ऑडिटोरियम में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक एक दिवसीय संभाग स्तरीय प्रशिक्षण संभागीय मुख्यालय दुर्ग में आयोजित किया जा रहा है। उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारीगण प्रतिभागी होंगे। जिनमें उप संचालक कृषि, महाप्रबंधक जिला उद्योग एवं व्यापार केन्द्र, क्षेत्रीय अधिकारी छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण बोर्ड, जिला प्रतिनिधि राज्य निर्वाचन आयोग, कार्यपालन अभियंता छ.ग. राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमि., कार्यपालन अभियंता क्रेडा, जिला कोषालय अधिकारी, डी.एफ.ओ., सामान्य प्रशासन विभाग, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला अधिकारी/प्रतिनिधि उच्च शिक्षा विभाग, जिला शिक्षा अधिकारी, गृह विभाग, जिला श्रम अधिकारी, विधि विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, जिला शिक्षा अधिकारी, पंचायत एवं समाज कल्याण विभाग, आयुक्त नगर निगम/मुख्य नगर निगम अधिकारी, कार्यपालन अभियंता जल संसाधन विभाग, जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी तथा महिला एवं बाल विकास अधिकारी शामिल है। सुबह 11.30 बजे राज्य निति आयोग के सदस्य सचिव द्वारा स्वागत उद्बोधन के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम का आगाज होगा। 11.35 बजे से 11.40 बजे तक संभागीय मुख्यालय के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत एवं संयोजक, जिलास्तरीय एसडीजी क्रियान्वयन एवं निगरानी समिति के उद्बोधन का समय होगा। 11.40 बजे से 10.45 बजे तक संभागीय मुख्यालय के कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिलास्तरीय एसडीजी क्रियान्वयन एवं निगरानी समिति के उद्बोधन का समय होगा। 11.45 बजे से 11.50 बजे तक संभागायुक्त के उद्बोधन पश्चात् 11.50 बजे से 12.00 बजे तक राज्य निति आयोग के उपाध्यक्ष/सदस्य/सदस्य सचिव के उद्बोधन का समय होगा। 12.00 बजे तकनीकी सत्र प्रारम्भ होगा। विभिन्न सत्रों के बाद धन्यवाद ज्ञापन के साथ शाम 05 बजे कार्यशाला की समाप्ति होगी।
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद में लेट्स ट्रेवल फ्री की एजेंसी दिलाने के नाम पर 84 लाख रूपये की धोखाधड़ी करने वाले 2 आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने शिकायतकर्ता से अलग-अलग किस्तों में ये राशि अपने खाते में ट्रांसफर कराई थी. धोखाधड़ी के इस खेल में महिला आरोपी भी शामिल थी, जो पैसों के लेन-देन की देख-रेख करती थी. पूरा मामला थाना राजहरा का है. दल्लीराजहरा के निवासी रंजीत सिंह पन्नू ने पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी नागेश कुमार धारा और उसकी महिला सहयोगी आरती ने उनसे लेट्स ट्रेवल्स फ्री एजेंसी दिलाने की बात कही और 84,30,000 रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। लेकिन ना ही एजेंसी दिलाई और ना ही पैसे वापस किए। आरोपियों के खिलाफ राजहरा थाना में अपराध क्रमांक 158/24, धारा 420, 34 IPC के तहत मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी एस. आर. भगत के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई. पहले टीम को आरोपियों के निवास स्थान बैंगलोर भेजा गया था. जहां से आरोपी फरार हो गए थे. जिसके बाद कॉल लोकेशन के आधार पर आरोपियों को मध्यप्रदेश के बालाघाट से अरेस्ट किया गया है. आरोपियों के पास पुलिस ने लैपटॉप, दो मोबाइल फोन जब्त किया है. इसके साथ ही नागेश कुमार धारा के बैंक खाते में 1 लाख रुपये को फ्रिज किया गया है।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी में उप निरीक्षक संवर्ग के 840 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए कहा कि राज्य में पुलिस बल की क्षमता और कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पुलिस का कार्य केवल अपराधियों को पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण निर्मित हो, यह सुनिश्चित करना भी पुलिस विभाग की महती जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल का कार्य लोगों के बीच शांति, विश्वास और सहयोग को बढ़ावा देना भी है मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। तकनीकी संसाधनों के समावेश से पुलिस बल को अधिक दक्ष और प्रभावी बनाया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में पुलिस बल के सशक्तिकरण के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्दी का अर्थ केवल अधिकार नहीं, बल्कि समाज की सेवा और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने नव नियुक्त पुलिस अधिकारियों से कहा कि वे अपनी वर्दी का सम्मान करें और इसे हमेशा गर्व से धारण करें। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने जशपुर, रायगढ़, जगदलपुर और दंतेवाड़ा में नए महिला थानों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इन थानों के माध्यम से महिलाओं को अधिक सुरक्षित वातावरण और त्वरित न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश सरकार पुलिस बल को और अधिक सशक्त बनाने के लिए नई योजनाओं पर विचार कर रही है। इन योजनाओं के तहत तकनीकी उन्नयन, आधुनिक हथियारों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने नव नियुक्त अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण दिन है, क्योंकि यह पुलिस सेवा में उनके सफर की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि एक सशक्त पुलिस अधिकारी बनने के लिए उच्च मनोबल और अनुशासन अनिवार्य है। इस अवसर पर आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब, अपर मुख्य सचिव गृह मनोज पिंगुआ सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।
जगदलपुर। कमिश्नर बस्तर संभाग डोमन सिंह ने सोमवार को बस्तर जिले के विकासखण्ड बस्तर अंतर्गत घाट लोहंगा एवं बस्तर के स्वामी आत्मानन्द उत्कृष्ट विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं बेहतर नतीजे लाने के लिए कक्षा नवमी से ही बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित किए जाने कहा। इस दिशा में शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से ही निर्धारित पाठ्यक्रम को पूरा करने के लिए योजनाबद्ध ढंग से अध्यापन किए जाने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने अपने भ्रमण के दौरान स्वामी आत्मानन्द अंग्रेजी माध्यम स्कूल बस्तर में लाइब्रेरी एवं प्रयोगशाला का भी निरीक्षण किया। साथ ही कक्षा पहली एवं दूसरी कक्षा के बच्चों की पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्वामी आत्मानन्द हिन्दी माध्यम स्कूल बस्तर में कक्षा 11 वीं वाणिज्य के बच्चों की पढ़ाई के स्तर को परखने के लिए कामर्स के जनक और मूल्य ह्रास के बारे में पूछा, साथ ही लेखाशास्त्र के पाठ्यक्रम के सम्बंध में बच्चों से सवाल किए। बच्चों ने भी इन सवालों का जवाब दिया तो कमिश्नर ने बच्चों को पूरी लगन एवं मेहनत से पढ़ाई करने की समझाईश देकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान सम्बन्धित स्कूलों के प्रधानाचार्य और शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
Adv