रायपुर 28 मई 2024। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटरों के टारगेट में छत्तीसगढ़ के व्यापारी मामले में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि इनका कारोबार झारखंड का है, ये लोग छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं. प्रदेश के व्यापारियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी हमारी है. उन्होंने कहा, लॉरेंस हो चाहे फॉरेंस छत्तीसगढ़ में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे लोगों को ठोका जाएगा. इस्क्के साथ ही डिप्टी सीएम शर्मा ने अन्य मुद्दों पर भी बयान दिया। दरअसल, आईईडी ब्लास्ट में घायल महिला से मिलने आज उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा रायपुर AIIMS पहुंचे. इस दौरान उन्होंने महिला का हाल चाल और चल रहे इलाज के बारे में जानकारी ली. जानकारी के अनुसार बीजापुर के भीमापुरम गांव की घायल महिला मड़कम सुक्की के घर में नक्सलियों ने जबरदस्ती बम छिपाकर रखने कहा था. ऐसा करने से पहले गांववालों के मना करने के बाद भी नक्सली नहीं माने. जहां अचानक से IED ब्लास्ट हो गया था।
बीजापुर। बीजापुर जिले के ग्राम पीडिया में 10 मई को पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ को सर्व आदिवासी समाज के द्वारा फर्जी बताने के साथ ही उस मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ ही बस्तर बंद का आव्हान किया गया। जिसपर मंगलवार को दुकानदारों से लेकर व्यापारियों ने अपना समर्थन देने के साथ ही अपनी दुकानों को बंद रखा इस दौरान किसी भी प्रकार से कोई भी अप्रिय घटना घटित ना हो इसके लिए बड़ी संख्या में पुलिस जवानों को भी तैनात किया गया था। बताया जा रहा है कि बीजापुर जिले के ग्राम पीडिया में पुलिस और नक्सलियों के बीच मे मुठभेड़ हुई थी जिस दिन यह घटना हुई, उस दिन मारागुमेड तेंदूपत्ता खरीदी फंड में ग्रामीण तेंदूपत्ता खरीदने तो कुछ बेचने के लिए गए हुए थे। अचानक से पुलिस टीम को आता देख ग्रामीण डर के चलते भाग खड़े हुए, पुलिस की टीम ने चारों ओर से ग्रामीणों को घेर लिया, कुछ ग्रामीण पेड़ में चढ़ गए तो कुछ लोग झाड़ियों के पीछे छुप गए।
रायपुर। निगम आयुक्त अबिनाष मिश्रा ने नगर निगम जोन 5 के तहत लीली चैक पुरानी बस्ती के समीप पुराने व जर्जर नाले की मरम्मत एवं सुधार कार्य का निरीक्षण किया। और कार्य को लेकर संतोष व्यक्त करते हुए कार्य को शीघ्र पूर्ण करवाना सुनिष्चित करने के निर्देष दिये। यह लगभग 19 लाख की लागत से बन रहा है। इसके बाद उन्होंने बंधवा तालाब के समीप लगभग 48 लाख की लागत से निर्माणाधीन नाला के कार्य भी देखा। 25 लाख की लागत से कुशालपुर में बनाये जा रहे कन्नौजे समाज सामुदायिक भवन का कुषालपुर में निर्माण एवं विकास कार्य लगभग पूर्णता की ओर अग्रसर है। आयुक्त ने वहां स्थल पर जारी फिनिशिंग कार्य शीघ्र पूर्ण करवाने कहा। आयुक्त मिश्रा ने पुरानी बस्ती मार्ग के रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के एडीबी एरिया में 24 गुना 7 जलप्रदाय योजना के टेस्टिंग कार्य को भी देखा । और वर्तमान में जलप्रदाय को लेकर स्थानीय लोगो से चर्चा कर जानकारी ली। अधिकारियों को टेस्टिंग शीघ्र पूर्ण करवाना करने निर्देषित किया।
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र के 27 भवन स्वामियों द्वारा लंबे समय से संपत्तिकर की राशि जमा नहीं करने पर आयुक्त ने कुर्की वारंट जारी कर कुर्की अधिकारी की नियुक्ति करते हुए 31मई तक राशि की वसूली करने के निर्देश दिये है। निगम आयुक्त देवेश कुमार ध्रुव ने निगम को आर्थिक रूप से सबल बनाने संपत्तिकर की वसूली शत्प्रतिशत हो इसके लिए समय-समय पर राजस्व करो की वसूली की समीक्षा करते है। इसी दौरान उन्होने संपत्तिकर विभाग को निर्देशित किये थे कि लंबे समय से निगम का टैक्स जमा नहीं करने वाले भवन स्वामीयों की सूची जोनवार प्रस्तुत करे। सूची के आधार पर जोन-03 मदर टेरेसा नगर क्षेत्र के व्यवसायिक एवं आवासीय भवन स्वामी जिसमें राज कुमार चैधरी/दुधनाथ चैधरी खुर्सीपार भिलाई, भगवान वर्मा/भिलाई निर्माण शिक्षा समिति, कृष्ण कुमार गुप्ता/श्यामनाथ गुप्ता केम्प 2 भिलाई, रामप्रवेश चैहान/हीरालाल चैहान भिलाई, बंशी अग्रवाल/लाजपत राय अग्रवाल भिलाई, बालवीर सिंह/लालू सिंह भिलाई, राम नागीन/स्व. राम देव चैहान संतोषी पारा भिलाई, रधुवीर महाजन/स्व. मन्नू महाजन केम्प 2 भिलाई, राजाराम/स्व. चंदूलाल साहू केम्प 2 भिलाई, राजेन्द्र प्रसाद/राजेश मिश्रा भिलाई, राजेश कुमार/स्व. रमेश चंद भिलाई, रामदरस यादव/रधुनाथ यादव भिलाई, अरूणाप्रभा शुक्ला/आर.एन.शुक्ला भिलाई, राजपति शर्मा/स्व. हरिद्वारा शर्मा केम्प 1 भिलाई, प्रशांत जायसवाल/माता गरीब जायसवाल भिलाई, मलंग/चंद साह बाबा केम्प 1 भिलाई, शेख अब्बास/स्व. शेख मोहम्मद स्टील नगर भिलाई, चेतनदास चैधरी/स्व. धनका चैधरी केम्प 1 भिलाई, माता गरीब जायसवाल/स्व. महावीर जायसवाल अम्बेडकर नगर भिलाई, सलमुददीन/अलीम केम्प 2 भिलाई, रंजीत सिंह/जगदीश सिंह भिलाई, चन्द्रकांत/मरोती राव केम्प 1 भिलाई, जितेन्द्र कुमार राय/जगदीश राय मदर टेरेसा नगर भिलाई, उर्मिला मिश्रा/अमरनाथ मिश्रा केम्प 1 भिलाई, रवि कुमार कोडा/स्व. रमेश कुमार कोडा शांति पारा केम्प 1 भिलाई, फूलचंद/ईशना हुकरे पुरानी मछली मार्केट भिलाई, सुषमा देवी टहलयानी/स्व. भगवान दास टहलयानी चटाई क्वाटर केम्प 2 भिलाई शामिल है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव सरकार सड़कों पर घूमने वाले स्वामीविहीन गौवंशों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कारगर कदम उठाने जा रही है। लोकसभा चुनाव के बाद साय सरकार प्रदेश में गौवंश अभ्यारण्य योजना लेकर आयेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस संबंध में कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं। राज्य में पशुधन विकास विभाग, पंचायत, राजस्व एवं वन विभाग के समन्वय से गौवंश अभ्यारण्य संचालित करने की योजना है। इस योजना के क्रियान्वयन से सड़कों पर भूखे-प्यासे भटकने वाले गौवंश को न केवल नियमित आहार मिलेगा बल्कि उनकी उचित देखभाल और चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध होगी। गौवंश अभ्यारण्य पशुधन के लिए उचित रहवासी वातावरण से परिपूर्ण होगा।
बेमेतरा 27 मई 2024। जिले के बारूद फैक्ट्री में विस्फोट के बाद लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. अब तक लापता लोगों की कोई सुराग नहीं मिला है. घटना के दूसरे दिन महिलाएं टेंट लगाकर फैक्ट्री के बाहर बैठी हैं. वहीं रेस्क्यू टीम मालवा को हटाने में जुटी है. मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अमला मौजूद हैं। फैक्ट्री के बाहर हजारों की संख्या में आसपास के ग्रामीण पहुंचे हैं. बतौर यहां पर पूरी व्यवस्था के साथ टेंट माइक पानी खाना लेकर पहुंचे हुए हैं. बता दें कि शनिवार को बारूद फैक्ट्री में भीषण विस्फोट की चपेट में कई मजदूर आए हैं. कई लोगों की मलबे में दबकर मौत होने की खबर है, क्योंकि लापता हैं. घटना के बाद देर रात से ग्रामीण धरने पर बैठे हैं। वहीं प्रशासन जवाब देने में नाकामयाब है।
कोरबा। कटघोरा वनमंडल में 8 दिन के भीतर दो तेंदुओं की मौत हो गई है. कुछ दिन पहले एक ग्रामीण ने बछड़े के शिकार का बदला लेने के लिए तेंदुए को जहर देकर मार दिया था. वहीं दूसरे तेंदुए की मौत हीट स्ट्रोक से हो गई है. भीषण गर्मी में जहां आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है वहीं वन जीव भी इससे परेशान हैं. दरअसल, रविवार को दूसरा तेंदुआ वन विभाग को सुस्त अवस्था में मिला था. जिसे कटगोरा वनमंडल के गांव कोनकोना से ट्रेंकुलाइज कर रेस्क्यू किया गया था. कानन पेंडारी से विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम बुलाई गई. तब पता चला कि तेंदुए को 108 डिग्री बुखार है. एक्सपर्ट टीम ने गांव में ही कैंप कर तेंदुए का इलाज शुरू किया. तेंदुए का बुखार नहीं उतर रहा था, हालत काफी नाजुक थी. जिसके बाद वन विभाग ने रविवार की देर रात 1:30 बजे तेंदुए को कानन पेंडारी शिफ्ट किया, जहां की सुबह लगभग 8:30 बजे तेंदुए ने दम तोड़ दिया. तेंदुए के शरीर मे पानी की भारी कमी थी, जिससे उसकी मौत हुई है.
कोरबा। एनटीपीसी कोरबा के महाप्रबंधक राजीव खन्ना ने 25 मई 2024 से परियोजना प्रमुख के रूप में कोरबा सुपर थर्मल पावर स्टेशन का कार्यभार संभाला। राजीव खन्ना (मुख्य महाप्रबंधक) ने 1988 में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से बीएससी इंजीनियरिंग (इलेक्ट्रिकल एवं टेलीकम्यूनिकेशन) की डिग्री प्राप्त करने के बाद, वह उसी साल में एनटीपीसी के साथ एक्सेक्यूटिव ट्रेनी (ET) के रूप में अपनी यात्रा शुरू की और एनटीपीसी के साथ उनका 36 वर्षों से अधिक का अनुभव है। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने दादरी- एनसीपीपी, सीसी-ईओसी, खरगोन, कनिहा, रायपुर, एन्नोर और बरौनी जैसी अन्य एनटीपीसी संयंत्रों में अपनी सेवाएँ दी हैं। उन्होंने एनटीपीसी के कॉरपोरेट सेंटर और शेयर्ड सर्विस ग्रुप में भी काम किया है। उनके पास ईंधन प्रबंधन, प्रचालन, अनुरक्षण, सी&आई आदि बिजली संयंत्र के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने का अनुभव है।उन्होंने मैनेजमेंट की डिग्री भी प्राप्त किया है। राजीव खन्ना ने अपने व्यापक और ज्वलंत ज्ञान और अनुभव से कंपनी में योगदान दिया है। अब एनटीपीसी कोरबा के परियोजना प्रमुख के रूप में, उनका लक्ष्य कंपनी के आंतरिक और बाहरी हितधारकों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरे करने का उद्देश्य है।
बिलासपुर। रायपुर की तरह छत्तीसगढ़ पुलिस बिलासपुर में भी पुलिस पब्लिक स्कूल खोलने जा रही है। इसके लिए पुलिस मुख्यालय से बिलासपुर रेंज के आईजी को एक पत्र भेजा गया है। पत्र में कहा गया है कि, वे 7 दिन के भीतर वहां नया पुलिस पब्लिक स्कूल खोलने के लिए स्थान, बजट आदि का आंकलन कर रिपोर्ट भेजें। उल्लेखनीय है कि, इससे पहले राज्य पुलिस ने रायपुर के पुलिस लाइन में पुलिस पब्लिक स्कूल खोला है। उसकी सफलता और लोकप्रियता के चलते ही इसी तर्ज पर बिलासपुर में भी पुलिस पब्लिक स्कूल की स्थापना के लिए पुलिस महानिदेशक ने आईजी को पत्र लिखा है। उन्होंने पुलिस पब्लिक स्कूल के लिए जमीन और बजट आवंटन के लिए मांगपत्र भी भेजने को कहा है। उल्लेखनीय है कि, CBSE कोर्स के तहत संचालित इस सकूल में पुलिस वालों के बच्चे ही पढ़ाई कर सकते हैं।
रायपुर। जन समस्याओं के निराकरण के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार अब अफसरों की जिम्मेदारी तय करने जा रही है। मंत्रालय से लेकर जिला स्तर तक नोडल एवं अपीलीय अधिकारियों की नियुक्ति होगी। जो पंद्रह दिन के अंदर आवेदनों का निराकरण करेंगे। छत्तीसगढ़ सरकार का स्लोगन "विष्णु का सुशासन" को चरितार्थ करने की दिशा में यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है। आम तौर पर बेहद शांत और सरल माने जाने वाले मुख्यमंत्री साय ने अभी पिछले दिनों एक साक्षात्कार में कहा था कि सामान्यतः वे बेहद शांत हैं, मगर जनता की समस्याओं के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अफसरों पर उन्हें गुस्सा आता है। संभवतः इसी परिप्रेक्ष्य में सीएम साय ने मुख्यमंत्री जन चौपाल पोर्टल में मिले समस्याओं के त्वरित और उचित निदान के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत नोडल अधिकारी और अपीलीय अधिकारी की नियुक्ति की जानी है। मंत्रालय स्तर पर अवर सचिव नोडल अधिकारी होंगे जबकि उपसचिव अपीलीय अधिकारी होंगे। इसी तरह जिला स्तर पर डिप्टी कलेक्टर अथवा संयुक्त कलेक्टर नोडल अफसर होंगे और अपर संचालक को अपीलीय अधिकारी का दायित्व मिलने जा रहा है। जबकि संचालनालय स्तर पर सहायक संचालक नोडल अफसर होंगे और अपर कलेक्टर अपीलीय अधिकारी होंगे। साय सरकार ने जनता से मिले आवेदनों का गुणवत्तापूर्वक और त्वरित गति से निराकरण के लिए अफसरों को केवल पंद्रह दिन का समय देना निर्धारित किया है। संबंधित विभाग अथवा शाखा के द्वारा आवेदनों के संबंध में कार्यवाही पूर्ण करने के उपरांत संबंधित नोडल अधिकारी उसका परीक्षण करेंगे और अंतिम निराकरण की कार्यवाही पर अपनी मुहर लगाएंगे। व्यवस्था यह होगी कि जिन विभागों या जिलों के द्वारा पंद्रह दिन के भीतर आवेदनों का सही तरीके से निराकरण नहीं किया जा रहा हो तो उसकी सूची स्वतः ही पोर्टल पर प्रदर्शित हो जाएगी। इतना ही नहीं साय सरकार ने आवेदकों को उसके आवेदन के निराकरण की जानकारी तथा निराकरण के बाद फीडबैक एवं अपील करने की सुविधा दिया जाना तय किया है। जिससे आवेदक के प्रकरणों के निराकरण की गुणवत्ता में वृद्धि हो सके। सुशासन का राज स्थापित करने की दिशा में सांय-सांय निर्णय ले रही विष्णु देव की सरकार सभी नियुक्त किये गए नोडल एवं अपीलीय अधिकारियों के नाम-पदनाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी की जानकारी भी अपने कार्यालय में रखेगी। जनता की समस्या का त्वरित निराकरण ही हमारा मकसद - विष्णु देव साय आम आदमी की दिक्कतों को तुरंत दूर करना ही हमारी सरकार का मकसद है। मुख्यमंत्री जन चौपाल पोर्टल पर आए आवेदनों का त्वरित निराकरण जनता के लिए राहत भरा होगा। इसी लिए मुख्यमंत्री जन चौपाल पोर्टल पर आवेदनों के संबंध में नोडल अफसर नियुक्त होंगे, जो पंद्रह दिन के भीतर आवेदनों का संतुष्टीदायक निराकरण करेंगे। संतुष्टि न होने पर आवेदक अपील भी कर सकेगा। जिसके लिए अपीलीय अधिकारी भी नियुक्त होंगे। अफसरों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
नारायणपुर। जवानों ने अबूझमाड़ में 8 नक्सली ढेर किए है। बता दें कि गुरुवार देर शाम तक 7 नक्सलियों के मारे जाने की खबर थी। 2 माओवादियों की बॉडी नारायणपुर पुलिस और 5 नक्सलियों के शव अबूझमाड़ पुलिस ने बरामद किए हैं। घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार भी मिले हैं। मारे गए नक्सलियों की शिनाख्त नहीं हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि अबूझमाड़ के रेकावाया इलाके में नक्सलियों की प्लाटून नंबर 16 और इंद्रावती एरिया कमेटी के नक्सली मौजूद हैं। जवानों को नक्सलियों की सटीक लोकेशन मिल गई। तब इलाके की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए तीन जिलों नारायणपुर, बीजापुर और दंतेवाड़ा पुलिस को ऑपरेशन के लिए उतारा गया। गुरुवार रात 11 बजे तक रेकावाया के जंगलों में जवानों ने बड़ी संख्या में नक्सलियों को घेर रखा था। दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही थी। सूत्रों के मुताबिक नक्सलियों के अबूझमाड़ में डेरा जमाने की बात सामने आई थी। जवान अब भी मौके पर ही मौजूद हैं। सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
रायपुर। पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने चुनाव परिणाम, झीरम हमले की जांच, छत्तीसगढ़ में जाति प्रमाणपत्रों की जांच और कवर्धा में हुए सड़क हादसे पर सरकार और गृहमंत्री विजय शर्मा पर जमकर निशाना साधा है। वहीं अब पूर्व सीएम भूपेश बघेल के ब्यान पर प्रदेश के डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा ने पलटवार किया है। पूर्व सीएम भूपेश बघेल के भाजपा को SC, ST, OBC विरोधी सरकार बताने वाले बयान पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि, विगत 4 से 5 साल में हिंदुओं में जाति प्रथा थोप दी गई। भले मूलतः वह मानते नहीं , कहीं प्रमाण नहीं है लेकिन फिर भी थोप दिया गया। इसमें फिर भी आरक्षण दिया गया यह स्वागत योग्य है। जिस धर्म में जाति की व्यवस्था नहीं है उस धर्म में आप एससी एसटी और ओबीसी बनायेंगे। तो यह लोगों के अधिकार का हनन है। स्पष्टता की बात यह है कि पिछले कुछ साल में ओबीसी के सर्टिफिकेट बनाए गए हैं। सीएम के संज्ञान में इस विषय को लाऊंगा। पूरी कोशिश करूंगा की मामले की जांच हो। प्रमाण पत्र वोट बैंक की राजनीति के लिए बनाया गया है। पूर्व सीएम भूपेश बघेल द्वारा रोहिंग्या मुसलमानों को ढूंढने चुनौती देने पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि, उन्होंने जबरदस्ती रोहिंग्या शब्द जोड़ दिया। इसके नए केस हमारे पास है। जिन्हें गांव वाले और बीएलओ नहीं जान रहे है। उन्हें स्पष्ट करना चाहिए। स्थानीय लोगों को पीड़ा होती है। कई गांव में उन्हें वोट नहीं डालने दिया गया। क्योंकि अचानक उनका नाम मतदाता सूची में आ गया। ये सब पिछली सरकार के समय अधिक हुआ है। झीरम मामले में गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि हम भूपेश बघेल से आग्रह करेंगे अगर वह कह रहे हैं कि, उनके जेब में सबूत है तो वे उसे जांच कमेटी के सामने रखे। गिरेबान पकड़ने वाला मामला ही नहीं है वो काफी वरिष्ठ नेता है। जाति प्रमाण पत्र की जांच को लेकर डिप्टी CM विजय शर्मा ने कहा कि, ST,SC, ओबीसी वर्ग को आरक्षण इसलिए दिया गया है कि, उसे अवसर मिले अगर इसमें और भी वर्ग के लोगों को जोड़ देंगे तो उनके साथ अन्याय है और छत्तीसगढ़ में ऐसा हुआ है। एक विशेष समुदाय के लोगों को आदिवासियों और ओबीसी वर्ग का लाभ दिया जा रहा है।
रायपुर। रायपुर नगर निगम ने राजधानी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सफाई के मामले में कड़ा रुख अपनाना आरंभ कर दिया है. आज नगर निगम जोन क्रमांक 10 स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गंदगी फैलाये जाने से सम्बंधित जनशिकायत मिलने पर अमलीडीह मुख्य मार्ग के किनारे की दुकानों पर छापामार अभियान चलाया. इस दौरान कई दुकान के बाहर गंदगी पाई गई. जिस पर दुकानदारों से जुर्माना वसूला गया. जोन 10 जोन कमिश्नर रमेश जायसवाल के नेतृत्व और जोन स्वास्थ्य अधिकारी पूरन तांड़ी की मौजूदगी में महिला स्व सहायता समूह की महिलाओं और जोन 10 के स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने दुकानों की सफाई का निरीक्षण किया. इस दौरान गंदगी फैलाये जाने एवं दुकान में डस्टबिन नहीं रखे जाने से सम्बंधित प्राप्त जनशिकायत सही मिली, इस पर जोन कमिश्नर के निर्देश पर जोन स्वास्थ्य अधिकारी ने दुकान में डस्टबिन नहीं रखने और गंदगी फैलाने वाले 15 दुकानदारों पर कुल 1850 रूपये का जुर्माना कर उन्हें भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी देते हुए वसूला.
रायपुर। पूर्व सीएम भूपेश बघेल आज दिल्ली के लिए रवाना हुए। बता दें कि लोकसभा चुनाव प्रचार के लिए भूपेश बघेल का इन दिनों लगातार राज्यों का दौरा चल रहा है। इसी कड़ी में दिल्ली रवाना से पहले भूपेश बघेल ने रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है। भूपेश बघेल ने पीएम मोदी को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि PM की बहकी बहकी बातें बता रही नतीजा क्या होगा। कभी वे बिजली गुल करने की बात कहते हैं कभी टोटी चुराने की। देश के गांवों में विद्युतीकरण कांग्रेस सरकारों ने किया। कांग्रेस सरकारों ने देश और प्रदेश में बांधों की जाल बिछाई। अब PM ऐसे आरोप लगा रहे हैं जो उनके स्तर का नहीं है। भूपेश बघेल ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ घोषणा करती है राजनीतिक फायदे के लिए.. काम पूरे हकीकत में एक भी नहीं होता है। कोयला घोटाला, शराब घोटाला, झीरम कांड, cgpsc जांच, सबकी घोषणा हुई, लेकिन अब तक क्यों पूरी नहीं हुई? वहीं बघेल के इस मामले पर रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा ने पलटवार किया। विधायक पुरंदर ने कहा कि भूपेश बघेल अनर्गल बात कर रहे हैं। भूपेश बघेल कहते हैं कागज उनके पास है, फिर 5 साल वो कागज सामने क्यों नहीं आया। Sit गठन किए थे, जांच क्यों नहीं हुई? राजनीतिक प्रलाप है, मैं इसकी निंदा करता हुं। भगवान से प्रार्थना करता हुं कि कांग्रेस को सद्बुद्धि दें।
जांजगीर-चांपा। जिले में तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार ठोकर मारी दी। युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं गुस्से में ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर में 3 घंटो तक चक्का जाम किया। पुलिस टीम और प्रशासन के अधिकारियों ने आर्थिक मदद का भरोसा दिलाया। वहीं ट्रेलर वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना बलौदा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, जावलपुर का रहने वाला कलेश्वर साहू (24) बाजारों में जाकर चना बेचने का काम करता है। वह गुरुवार की देर शाम बलौदा से अपने घर वापस बाइक से लौट रहा था। तभी नैला की ओर से जा रही तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन से उसे सामने से जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में युवक कलेश्वर साहू अपनी बाइक से गिरकर दूर सड़क पर जा गिरा। वहीं ट्रेलर वाहन सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। हादसे में युवक कलेश्वर साहू को गंभीर चोट लगने की वजह से उसने घटना स्थल पर दम तोड़ दिया। वहीं ट्रेलर वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की जानकारी परिजनों और ग्रामीणों को होने पर मौके पर पहुंचे। जहां नगपुरा-जावलपुर मुख्य मार्ग को बंद कर चक्का जाम किया गया।
कोरबा। जिले के कटघोरा वन मंडल के गुरसिया जटगा मार्ग पर शुक्रवार की सुबह 6 से अधिक हाथी बेबी एलीफेंट के साथ सड़क पर भ्रमण करते दिखाई दिए। हाथियों के झुंड देख ग्रामीणों में दहशत फैल गई। इसकी सूचना पर वन विभाग के अधिकारी की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग हाथियों पर नजर रखते हुए अलर्ट मोड पर हैं। स्थानीय लोगों की मानें तो तड़के सुबह हाथियों का झुंड सड़क पार करते हुए देखा गया, जिसमें बेबी एलिफेंट भी शामिल हैं। इस नजारे को देखने ग्रामीणों के भीड़ इकट्ठा हो गई और सड़क पार करते समय सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। हाथियों को सड़क पार करते देख कई ग्रामीण जान जोखिम में डालकर मोबाइल में वीडियो बनाते नजर आए। हाथियों की दहाड़ सुनकर कुछ ग्रामीण डरे सहमे भी नजर आए। बताया जा रहा है कि हाथियों का दो झुंड अलग-अलग इलाके में विचरण कर रहा है जिस पर वन विभाग लगातार नजर रखे हुए है। ग्रामीणों के माने तो काफी लंबे समय से हाथियों का झुंड इस इलाके में विचरण कर रहा है। वे इस इलाके को छोड़कर जाते ही नहीं है। कई किसानों के फसल और मकान को भी बर्बाद कर चुके हैं।
रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित कमल विहार की झाड़ियों में मिली मृत महिला की अर्धजली लाश की पहचान कर ली गई है। मृत महिला केवरा बाई (50 वर्ष) देवपुरी के लालपुर में रहती थी और एक हाॅस्पिटल में काम करती थी। महिला के पति की मौत हो चुकी और उसके दो बच्चे भी है। फिलहाल महिला की हत्या क्यों की गई और इसके पीछे का कारण क्या था। इसकी जांच टिकरापारा पुलिस के द्वारा की जा रही है। दरअसल, ये पूरा मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है। 22 मई को कमल विहार सेक्टर 4 में झाड़ियों के बीच एक महिला का शव मिला था। घटना की जानकारी मिलते ही टिकरापारा पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस ने बताया कि महिला की पहले हत्या की गई, जिसके बाद आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से महिला के चेहरे को जला दिया। जांच में यह बात भी पता चला है कि शव तीन से चार दिन पुराना है। महिला अपने घर से 18 मई से लापता थी। 21 मई को परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों ने बताया कि आये दिन महिला दो-दो दिनों तक घर से बाहर रहती थी। इस बार जब दो दिनों बाद भी महिला घर नहीं लौटी तो किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए तीसरे दिन परिजनों ने थाने में इसकी सूचना दी थी।
रायगढ़। एसपी दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन पर अवैध शराब पर अंकुश लगाने सभी थानाक्षेत्रों में कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में आज भोर में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गेरवानी का मुकेश उरांव अवैध बिक्री के लिए महुआ शराब लेने ग्राम उज्जलपुर की ओर निकला है। थाना प्रभारी द्वारा तत्काल थाने के एएसआई चंदन नेताम के साथ पेट्रोलिंग स्टाफ को कार्यवाही के लिए रवाना किया गया । पूंजीपथरा पुलिस द्वारा सुबह-सुबह संदेही को फटहापुल उज्जलपुर के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया। संदेही मुकेश उरांव पैदल प्लास्टिक बोरी में मादक पदार्थ लेकर आ रहा था जिसके बोरी को चेक करने पर अंदर 20 लीटर क्षमता वाले जरकिन में करीब 10 लीटर महुआ शराब एवं 5 लीटर क्षमता वाली जरकीन में 5 लीटर महुआ शराब कुल 15 लीटर महुआ शराब कीमती ₹1,500 का बरामद हुआ जिसकी विधिवत गवाहों के समक्ष जप्ती की गई है । आरोपी मुकेश उरांव पिता भागीरथी उराव उम्र 31 साल निवासी गेरवानी थाना पूंजीपथरा, जिला रायगढ़ के विरुद्ध थाना पूंजीपथरा में धारा 34(2),59(क) आबकारी के तहत कार्यवाही किया गया है । शराब रेड कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक चंदन नेताम, आरक्षक धर्मेन्द्र सिंह और अमित नट शामिल थे।
दुर्ग। दुर्ग जिले के राजेंद्र पार्क चौक के पास एक स्कूटी सवार के ऊपर होर्डिंग-फ्लेक्स गिर गया। जिससे वो जख्मी हो गया। पीछे से कोई बड़ा वाहन आ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। रायपुर रोड में स्थित एक परिसर के ऊपर बड़ी सी होर्डिंग लगी है। बुधवार शाम आंधी-तूफान चलने के दौरान चौक पार कर स्कूटी सवार युवक रायपुर की ओर जा रहा था। तभी हवा में उड़ रहे बड़े साइज का फ्लेक्स उसके ऊपर जा गिरा। स्कूटी सवार युवक सड़क पर गिर गया। जिससे उसे चोटें आई हैं। विश्व हिंदू परिषद के नगर अध्यक्ष सुनील वैष्णव ने आरोप लगाया है कि, शहर में होर्डिंग्स की संख्या दिनों दिन बढ़ती जा रही है। लेकिन उसका ध्यान नहीं रखा जाता। होर्डिंग में लगे फ्लेक्स जर्जर हालत में होने के बाद भी उसे नहीं निकाला गया। जिसके चलते दुर्ग के राजेंद्र पार्क में हादसा हुआ है। निगम के कुछ अधिकारी कमीशन के चक्कर में लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बुधवार को राजेंद्र पार्क में हुई घटना को देखकर लोगों में आक्रोश है। फ्लेक्स अगर जर्जर हो गया है, तो उसे निकाल देना चाहिए। बड़े साइज के फ्लेक्स पर विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। इस मामले में निगम कमिश्नर लोकेश चंद्राकर से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि, कुछ दिन पहले ही होर्डिंग एडवरटाइजमेंट वालों की बैठक ली गई थी। जिसमें उन्हें सुरक्षा का ध्यान रखने की बात कही गई थी। राजेंद्र पार्क का मामला संज्ञान में आया है। जहां घटना हुई है, उस होर्डिंग संचालक से जवाब मांगा जाएगा। लापरवाही की जांच करवाकर उसके आधार पर कार्रवाई करेंगे। होर्डिंग के संचालक मारुति एडवरटाइजर्स है। उसके संचालक मयंक पांडे ने बताया कि विगत 4 वर्षों से होर्डिंग का संचालन कर रहे हैं और आखिरी फ्लेक्स किसी एक एसी कंपनी का लगा हुआ था। जो आधा फट गया था तो उसे निकालने के लिए लड़कों को बुलाया गया था। वह निकाल ही रहे थे कि तेज हवा बारिश शुरू हो गई और फ्लेक्स फटके नीचे आ गया।
जांजगीर-चांपा। चौकी फगुरम थाना उभरा के अपराध कमांक 211/2024 धारा 420 के प्रार्थी किर्तन सिंह मरावी पिता वरूण सिंह मरावी उम्र 47 वर्ष निवासी ग्राम झर्रा द्वारा दिनांक 20.05 2024 को लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि ब्लाक चैन डी सेन्ट्रलाईज (युबीसी इंटरनेशनल) के नाम से नेटवर्क बनाकर जय कुमार वैष्णव पिता भागीरथी वैष्णव निवासी ग्राम बड़कीमहरी थाना व जिला बलरामपुर छग के द्वारा बैंक एव फोन पे के माध्यम से उसका लगभग 1.45000 रूपये एवं नगदी रकम लगभग 1,00000 रूपये तथा अन्य लोगो को रकम तीन गुना करने का प्रलोभन देकर धोखाधड़ी कर जमा करवाया गया है, लेकिन जय कुमार वैष्णव के द्वारा लगभग 1 साल बीत जाने के बाद भी आज पर्यन्त तक कोई भी राशि वापस नही किया गया है, जिससे प्रार्थी को महसुस हुआ कि वे सभी लोग ठगी के शिकार हो गये है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुये पुलिस, अधीक्षक सक्ती अंकिता शर्मा के द्वारा आरोपि के धरपकड़ हेतु सायबर सेल प्रभारी निरी प्रवीण सिंह राजपूत के नेतृत्व में टीम गठित कर तत्काल बलरामपुर रवाना किया गया। टीम आरोपी का पतासाजी करने उसके सकुनत ग्राम बड़की महरी पीपरपारा बलरामपुर जिला बलरामपुर में पहुंचने पर आरोपी पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहा था। जिसे टीम के द्वारा घेराबंदी कर बड़ी मुश्किल से पकड़कर पुछताछ किया गया। जो प्रारंभिक पुछताछ में घटना कारित करना स्वीकार हुये बताया गया की वह प्रार्थी एवम अन्य लोगों से पैसों को डालर में बदलकर क्रीप्तो करेंसी में निवेश कर रकम तीन गुना करने का झांसा देकर ठगी करता है आरोपी को चौकी लाकर हिकमातमली से पुछताछ करने पर घटना कारित करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक रेडमी कंपनी का मोबाईल तथा धोखाधड़ी रकम मे से बचत रकम 65,000 रूपये को प्राप्त कर जप्त किया गया है।आरोपी के विरुध्द पर्याप्त सबूत मिलने एवम आरोपी के द्वारा अपराध कारित करना स्वीकार करने पर आरोपी को दिनाक 23.05.2024 के 15.00 बजे विधिवत गिरफ्तार कर गिरफ्तारी की सुचना उसके परिजनो को दी गई है। तथा न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। उक्त कार्यवाही में पुलिस अधीक्षक सक्ती सुश्री अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन में सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रवीण राजपुत, चौकी फगुरम प्रभारी भुपेन्द्र चन्द्रा, प्रधान आरक्षक नौदित्य वर्मा सायबर सेल सक्ती, सउनि श्रवण चौहान, आरक्षक अविनाश देवांगन सुभाष राज, जयदेव साहु का योगदान रहा।
Adv