बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में शॉर्ट सर्किट से लगी आग

    22-May-2024

    रायपुर। अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में बिजली की शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इस घटना पर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, ऐसी घटना बहुत गंभीर और चिंताजनक है। ईश्वर की कृपा है कि सभी मरीज़, स्टाफ और उनके शुभचिंतक सुरक्षित हैं। बिजली की ओवरलोडिंग से हुई ऐसी दुर्घटनाओं से बचने के लिए पिछली सरकार में हमने हर अस्पताल की अर्धवार्षिक इलेक्ट्रिसिटी ऑडिट का आदेश पारित किया था। सभी अस्पतालों के प्रशासन से अपेक्षा है कि इसका पूरी तत्परता से पालन किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी खतरनाक सुरक्षा चूक न होने पाए। 

  • कवर्धा हादसे पर पूर्व मंत्री अकबर ने जताया शोक

    21-May-2024

    दुर्घटना बीमा राशि दिलाने की भी जरूरत बताई

    कवर्धा। कुकदुर के समीप बाहपनी घाट में मालवाहक वाहन खाई में गिरने से हुए दुर्घटना में 19 लोगों की मृत्यु पर पूर्व मंत्री  मोहम्मद अकबर ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। पूर्व मंत्री ने मृतकों के परिजनों तथा घायलों को राज्य शासन की ओर से दी गई सहायता राशि के अलावा दुर्घटना बीमा राशि भी  दिलाए जाने की जरूरत बताई है।

    पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा है कि मीडिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार ब्रेक फेल होने के बाद मालवाहक वाहन का ड्राइवर वाहन से कूद गया। आजकल के वाहन एडवांस टेक्नोलाजी के हैं जिसमें ब्रेक फेल की गुंजाईश कम ही रहती है। इसके अलावा वाहन में हैंड ब्रेक की सुविधा भी रहती है। वाहन को गेयर के जरिए भी कंट्रोल किया जा सकता है। मालवाहक वाहन में सवार लोग दुर्घटना के शिकार हो गए हैं। बीमा राशि  के जरिए भी सहायता दिलाने का प्रयास किया जाना चाहिए।
  • एलएलबी तृतीया वर्ष के परीक्षा समय सारणी में हुए संशोधन

    21-May-2024

    रायपुर। एलएलबी तृतीया वर्ष के परीक्षा समय सारणी में हुए संशोधित बदलाव के कारण छत्रों को उक्त कुछ विषय की परीक्षा तिथियों मे बहुत सी परेशानियाँ विद्यार्थी को हो रही हैं जिसको जिला एनएसयूआई रायपुर सज्ञान में लिया, शांतनु झा (अध्यक्ष एनएसयूआई) के निर्देशअनुसर  भोजराज चौहान (उपाध्यक्ष) के नेतृत्?व में,  रविशंकर विश्व विद्यालय के कुल सचिवजी से मिलकर परीक्षा की तिथियों में सुविधाजनक बदलाव करने हेतु मांग किया जल्दी हमारी मांग को पूरा किया जाएगा उक्त कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिलासचिव नवीन यदु, संस्कार पांडे,अनिल रेड्डी, उत्कर्ष ,तुलेश्वर, पवन राव तथा एनएसयूआई के साथी उपस्थित रहे। 

  • महुआ शराब बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पुलिस ने किया गिरफ्तार

    21-May-2024

    रायगढ़। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल रायगढ़ के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रभात पटेल के मार्ग दर्शन में जुआ सट्टा अवैध शराब एवं अवैध करोबार पर नियंत्रण व अंकुश लगाने लगातार अभियान कार्यवाही चलाये जा रहे है प्रशिक्षु आईपीएस आकाश श्रीश्रीमाल थाना प्रभारी खरसिया के नेतृत्व में पेट्रोलिंग दौरान ग्राम कर्रानारा बरगढ़ में सूचना प्राप्त हुआ कि कुछ लोग अपने घर के पीछे बाडी में अधिक मात्रा में देशी महुआ शराब का निर्माण कर बिकी कर रहे है। सूचना पर अलग अलग टीम गठित कर रेड कार्यवाही किया गया आरोपीः 01. जमनी बाई पति स्व. कन्हैया उरांव उम्र 55 वर्ष निवासी कर्रानारा बरगढ थाना खरसिया जिला रायगढ 02. साखन पिता रघु उरांव उम्र 50 वर्ष निवासी कौवाभांठा थाना सारागांव जिला जांजगीर चांपा 03. पारो बाई उरांव पति स्व. परदेशी उरांव उम्र 50 वर्ष निवासी कर्रानारा बरगढ थाना खरसिया जिला रायगढ 04. बुन्दर लाल उरांव पिता स्व. लहरू उरावं उम्र 48 वर्ष साकिन कर्रानारा बरगढ थाना खरसिया जिला रायगढ़ (छ.ग.) 05. पंचराम उरांव पिता जेठूराम उरांव उम्र 32 वर्ष साकिन कर्रानारा बरगढ थाना खरसिया जिला रायगढ 06. कौशिल्या उरांव पति पंचराम उरांव उम्र 26 वर्ष साकिन कर्रानारा बरगढ़ थाना खरसिया जिला रायगढ (छ.ग.) के कब्जे से अलग अलग जरीकेन डिब्बा में भरा हुआ 225 लीटर देशी महुआ शराब एवं शराब निर्माण करने का एल्युमिनियम बर्तन गंज 25 नग जप्त किया गया एवं आरोपीगण के बाडी में करीब 200 बोरी महुआ लाहन पाये जाने से नष्टीकरण किया गया। आरोपीगण के द्वारा अवैध रूप से शराब निर्माण कर शराब बिकी करते पाये जाने से अपराध धारा 34(2), 59 (क) आब. एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपीगण को गिर कर न्यायालय में पेश किया गया जेल वारंट बनने से जेल दाखिल किया गया है। उक्त कार्यवाही में उपनिरीक्षक ऐनू कुमार देवांगन उनि संजय नाग चौकी प्रभारी खरसिया सउनि राजेश दर्शन, म.प्र.आर. 397 सरोजनी राठौर आर. 55 सत्यनारायण सिदार आर. 903 योगेश साहू, आर. 76 रामभजन राठिया, आर. 875 रमेश बरेठ का विशेष योगदान रहा है। 

  • जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर 21 मई से 10 जून तक

    21-May-2024

    महासमुंद। कलेक्टर प्रभात मलिक के मार्गदर्शन में 21 दिवसीय ग्रीष्म कालीन खेल प्रशिक्षण शिविर वर्ष 2024-25 का आयोजन जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण महासमुंद के तत्वाधान में विभिन्न खेल संघों व संस्थाओं, व्यायाम शिक्षकों, प्रशिक्षकों के माध्यम से दिनांक 21 मई से 10 जून तक आयोजित किया जा रहा हैं। इस प्रशिक्षण शिविर से खिलाड़ी खेल विधाओं की जानकारियों से अवगत होंगे, जो उनके खेल कौशल में सहायक होगी। जिले में खेल का वातावरण बनेगा और नये खिलाड़ियों का रुझान खेलों की ओर बढ़ेगा और नवोदित खिलाड़ियों में खेल के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। समय सीमा की बैठक में कलेक्टर प्रभात मलिक ने जिले में विभिन्न खेलों में प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने निर्देश दिए हैं जिसके माध्यम से जिले में बास्केटबॉल, हैंडबॉल, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कराटे, ताइक्वांडो, बॉल बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स, सॉफ्टबॉल, बेसबॉल, रग्बी, वेटलिफ्टिंग, तीरंदाजी, लॉन टेनिस, शतरंज, वुशु, खो खो, कबड्डी इत्यादि खेलों का प्रशिक्षण शिविर जिले में सब जूनियर, जूनियर वर्ग की बालक व बालिकाओं के लिए आयोजित किया जा रहा हैं। जो प्रातः एवं शाम 2-2 घंटे के लिए संचालित होंगे। खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे ने बताया कि महासमुंद जिले के विभिन्न 19 से अधिक खेलों में 21 मई से प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन किया जा रहे हैं जिसमें बास्केटबॉल, हैंडबॉल, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कराटे, ताइक्वांडो, बॉल बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स, सॉफ्टबॉल, बेसबॉल, रग्बी फूटबाल, वेटलिफ्टिंग, तीरंदाजी, लॉन टेनिस, शतरंज, वूशु, खो खो, कबड्डी इत्यादि खेल का प्रशिक्षण शिविर आयोजित होंगे। मिनी स्टेडियम महासमुंद में बास्केटबॉल, शुभम तिवारी, हैंडबॉल सै. इमरान अली, बॉल बैडमिंटन अंकित लुनिया, एथलेटिक्स टिकेश्वर साहू, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेमचा में हॉकी, बॉल बैडमिंटन सेवन दास मानिकपुरी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोरिंग में सॉफ्टबॉल डॉक्टर सुनिल कुमार भोई व सहायक प्रशिक्षक अभिषेक नेहरू व बेसबॉल सेवन साहू, फुटबॉल निमेश मन्नाडे, रग्बी फुटबॉल ममता धीवर , एकलव्य आवासीय विद्यालय भोरिंग में तीरंदाजी एवन कुमार साहू, तुमगाँव में रुग्बी फुटबॉल जगदीश धीवर, सॉफ्टबॉल अभिषेक निर्मलकर, वॉलीबॉल ओंकार निषाद, सिटी स्पोर्ट्स क्लब में कराते आनंद वैष्णव, अभय दास, वन विभाग टेनिस कोर्ट में लॉन टेनिस, अंजनी साहू, चन्द्रोदय पब्लिक व बीटीआईरोड़ फॉरेस्ट ग्राउंड में ताइक्वांडो भीषम मांडले, कराते में - कराते स्कूल बीटीआई रोड़ नीलकंठ साहू , बॉल आश्रम बिहाझर में तीरदांजी पुनेंद्र चंद्राकर, पिरित राम साहू, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खट्टी में वॉलीबॉल, भारोत्तोलन, गणेश कोसरे, वूशु में खिलेश बरिहा हाई स्कूल खेल मैदान बसना, कराते में मिनी स्टेडियम पिथोरा, वीरेंद्र डडसेना, मिनि स्टेडियम सरायपाली में वॉलीबॉल, फुटबॉल शुभ्रा डडसेना, लिंगराज देवांगन, खटखटी बसना में वॉलीबॉल भूपेश भोई, रिमजी सरायपाली में वॉलीबॉल हरिदास चौहान, मिनी स्टेडियम महासमुंद में फुटबाल अफजल अय्यूबी, एलआईसी ऑफिस महासमुंद में शतरंज संदीप पटले, सिटी ग्रांउड बसना में कराते वंशिका चौहन, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बकमा बागबाहरा में तीरंदाजी ऋषि कपूर साहू, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कलेंडा सरायपाली में वॉलीबॉल अंकित सेठ व छत्रपति पांडे, दरबेकेरा कोमाखान में तीरंदाजी भोजराम ठाकुर, हिरेंद्र देवांगन, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तुषदा रग्बी फुटबॉल कोमल साहू, दित्ती ध्रुव, अंजू प्रजापति, बोंदा सरायपाली खो खो हेम सागर कैवर्त्य, खीर सागर कैवर्त्य, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमरकोट में वॉलीबॉल वासुदेव पटेल, कस्तूरबा छात्रावास बागबाहरा में कराते का शिविर वंदना देवांगन, वर्षा यादव व कबड्डी कुसुम यादव व सविता बरिहा के नेतृत्व में संचालित किया जाएगा। आयोजन में विभिन्न विभागों शिक्षा, स्वास्थ्य, वन, पुलिस, महिला एवम् बाल विकास, उच्च शिक्षा, राजस्व, नगर पालिका से आवश्यक समन्वय व सहयोग हेतु अपेक्षा की गई हैं। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के थीम को लेकर जिले में बालिकाओं की भागीदारी, खेल कौशल विकास को बढ़ावा देने, खेलों में बालिकाओं की भागीदारी, आत्म रक्षा, खेल को बढ़ावा देना, बालिकाओं को पुरुष्कार देने के लिए कराते, ताइक्वांडो, वूशु, मार्शल आर्ट, किक बॉक्सिंग, फिटनेस, योगा, जुंबा, मेडिटेशन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में इच्छुक बालक, बालिका शामिल होकर खेल की बारीकियां सीख सकते हैं। 

  • अवैध मुरूम उत्खनन पर 1 जेसीबी व 6 हाईवा जप्त

    21-May-2024

    बिलासपुर। कलेक्टर अवनीश शरण के निर्देश पर बोदरी व तखतपुर तहसील में अवैध खनिज उत्खनन व संग्रहण के खिलाफ ठोस कार्रवाई की गई। अवैध उत्खनन करते हुए एक जेसीबी, छह हाईवा जब्त करने के साथ ही अवैध रेत संग्रहण करने वाले 7 लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। मई माह में अब तक अवैध खनिज उत्खनन व परिवहन से जुड़े 61 मामलों में 10.80 लाख समझौता शुल्क वसूल किया गया है। खनिज विभाग के अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम तेलसरा तहसील बोदरी में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बिल्हा बजरंग वर्मा के नेतृत्व में तहसीलदार बोदरी, नायब तहसीलदार पटवारी एवं कोटवारों के टीम के द्वारा चकरभाठा एयरपोर्ट के आस-पास के क्षेत्रों में अवैध मुरूम उत्खनन के शिकायत प्राप्त होने पर 20 मई की रात 11.30 बजे के आस-पास टीम के द्वारा आकस्मिक जांच की गई, जिसमें ग्राम तेलसरा में अवैध मुरूम उत्खनन करते एक जेसीबी तथा 05 हाईवा जप्त किया गया था तथा अवैध रूप से मुरूम परिवहन करते 01 हाईवा उत्खनन क्षेत्र से अलग रास्ते में जप्त कर थाना चकरभाठा की अभिरक्षा में रखा गया है। उल्लेखनीय है कि एयरपोर्ट के आस-पास के क्षेत्रों में अवैध मुरूम उत्खनन के शिकायत प्राप्त होने पर खनिज अमला द्वारा भी कई बार कार्रवाई की जा चुकी है। विगत एक सप्ताह पूर्व भी राजस्व, खनिज एवं पुलिस की संयुक्त टीम के द्वारा उक्त क्षेत्र की जांच की गई थी जिसमें सफलता नहीं मिल पाई थी। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बिल्हा के द्वारा भू-राजस्व संहिता 1959 की धारा 247 के तहत् प्रकरण दर्ज किया जाकर कलेक्टर बिलासपुर को निराकरण के लिए प्रेषित किया जाएगा। ज्योति पटेल, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तखतपुर, तहसीलदार एवं पटवारियों के साथ ग्राम मोढे तहसील तखतपुर में भी आकस्मिक जांच के दौरान ग्राम मोढे में 20 मई को विभिन्न स्थानों पर अवैध तरीके से खनिज रेत भण्डारित की जानकारी खनिज विभाग को दी गई जिस पर कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुये खनिज विभाग एवं पुलिस विभाग की टीम को ग्राम मोढे में जाकर तैयार करने के लिए निर्देशित किया गया है। सहायक खनि अधिकारी तथा खनिज विभाग की टीम द्वारा मौका स्थल पर भंडारित खनिज रेत लगभग 813 घनमीटर मात्रा जप्त कर बजरंग धुरी, जुटेल, रूपेश रजक, बिहारी उर्फ ननकी धुरी, लीलाधुरी, बजरंग रजक एवं ग्राम पंचायत मोढे़ के सरपंच कुल 07 लोगों के विरूद्ध अवैध रेत भंडारण का प्रकरण तैयार किया गया है। जिसे ग्राम कोटवार सोनू दास की सुपुदर्गी में रखा गया है तथा एक ट्रेक्टर मय खनिज रेत को भी जप्त थाना तखतपुर की अभिरक्षा में रखा गया है। जप्त खनिज, खनिजमय वाहनों पर खनिज अधिनियम के प्रावधानें/भू-राजस्व संहिता 1959 में उल्लेखित प्रावधानों के तहत कार्यवाही की जा रही है। खनिज अमला द्वारा राजस्व एवं पुलिस की टीम के द्वारा लगातार विभिन्न क्षेत्रों पर खनिजों के अवैध उत्खन, परिवहन, भंडारण पर कार्यवाही की जा रही है। माह मई-2024 में अब तक अवैध खनिज परिवहन 55 मामले एवं अवैध खनिज उत्खनन 06 मामले दर्ज कर 61 प्रकरणों का निराकरण कर समझौता राशि 1079801 जमा कराया जा चुका है शेष प्रकरणों में निमयानुसार कार्यवाही की जा रही है। 

  • बुजुर्ग महिला से चेन स्नेचिंग करने वाला युवक गिरफ्तार

    21-May-2024

    अंबिकापुर। जिले के नवापारा मोहल्ले में घर के सामने वॉकर के सहारे चल रही बुजुर्ग महिला से चेन स्नेचिंग करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। स्कूटी सवार युवक पता पूछने के बहाने रुका, जैसे ही महिला आगे बढ़ी झपट्टा मारकर गले से चेन छीनकर युवक फरार हो गया। जिसका सीसीटीवी भी सामने आया था। दरअसल, नावापरा के महाकालेश्वर शिव मंदिर के सामने व्यवसायी परिवार की सुमित्रा सोनी 8 मई की रात करीब 9 बजे दुकान से उठकर वॉकर के सहारे घर जा रही थी। उसके पास पहुंचे स्कूटी सवार युवक ने गले में पहने सोने की चेन खींच ली। इससे अनियंत्रित होकर सुमित्रा सोनी गिर गई। शोर सुनकर परिजन पहुंचे और उसे उठाया। इस मामले की जांच करते हुए गांधीनगर पुलिस ने घटनास्थल और आरोपी के फरार होने के संभावित रास्तों के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इस दौरान आरोपी की पहचान कर ली गई। पुलिस ने घेराबंदी कर विकास जायसवाल (26) निवासी बलरामपुर को गिरफ्तार किया। वो हाल ही में भट्टी रोड़ में रह रहा था। आरोपी विकास जायसवाल ने बताया कि, 7 मई को वह नवापारा शिवमंदिर की ओर गया था, जहां उसने वृद्धा को सोने का चेन पहने देखा था। 8 मई को वह फिर से नवापारा स्कूटी से पहुंचा, जहां वृद्ध महिला अकेले वाकर के सहारे आते दिखी। उसने सोने की चेन खींची और महिला को धक्का देकर फरार हो गया। आरोपी ने बताया कि उस सोने की चेन को उसने एक अपरिचित व्यक्ति को रुपए की आवश्यकता बताकर 3 हजार रुपए में बेच दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से 3 हजार रुपए नगद बरामद किया है। महिला ने जो सोने की चेन पहनी थी, वह करीब डेढ़ तोले का था। पुलिस ने आरोपी की स्कूटी और एक मोबाइल भी जब्त किया है। 

  • घर से सटे गौठान में कांग्रेस नेता ने किया कब्जा, बकायदा बनवाया स्विमिंग पूल

    21-May-2024

    रायपुर/राजिम। कांग्रेस नेता अमितेश शुक्ला ने गौठान की जमीन को कब्जा करके स्विमिंग पूल बनवा दिया है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता के मकान की दीवार गौठान की जमीन से लगी हुई थी। कांग्रेस नेता की जब नीयत बिगड़ी तो उन्होंने दीवार गिराकर गौठान की जमीन पर ही कब्जा कर लिया और फिर स्विमिंग पूल का निर्माण करवा दिया। जबकि शासकीय रिकॉर्ड में अभी भी जमीन गौठान के नाम पर आरक्षित है। फिलहाल मामल में डिप्टी CM अरुण साव और कलेक्टर से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई है। इस मामले में एक गौर करने वाली बात ये है कि भूपेश बघेल आज भी ये दावा करते हैं कि उनकी सरकार गांव, गरीब और किसानों के लिए काम किया। उन्होंने अपने शाषन काल में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुधारने के लिए गोधन न्याय योजना शुरू की थी, जिसके लिए गौठान की जमीन आरक्षित की गई थी। अब कांग्रेस विधायक ही गौठान की जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। 

  • उरकुरा और अमलीडीह में भी अवैध प्लाटिंग पर हुई कार्रवाई

    21-May-2024

    रायपुर। कलेक्टर डाॅ. गौरव सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध प्लाटिंग पर निरंतर कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन की टीम ने जिले में 4 अलग-अलग स्थानों पर अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई करते हुए रोक लगाई गई है। रायपुर तहसील अंतर्गत उरकुरा में अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई करते हुए तत्काल रोक लगाई गई है। धरसींवा के मांढर में निजी भूमि पर की गई अवैध प्लाटिंग पर रोक लगाते हुए कार्रवाई की गई है। कोटा और अमलीडीह में भी अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई करते हुए मुरूम की रास्ते को नष्ट किया गया। 

  • टोल टैक्स फ्री की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

    21-May-2024

    सरायपाली/ नेशनल हाईवे पर छुईपाली और ढांक टोल प्लाजा में गैर व्यावसायिक लोकल 06 वाहनों को टोल टैक्स फ्री करने करने की मांग को लेकर सरायपाली अंचल के दर्जनों वाहन मालिकों द्वारा बीएससीपीएल कंपनी के प्रबंधक, थाना प्रभारी, तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा है।


    टोल टैक्स फ्री करने 15 दिवस का अल्टीमेटम दिया गया है। 15 दिवस के भीतर टोल टैक्स फ्री करने को लेकर कंपनी द्वारा कोई निर्णय नहीं लिया जाता है तो सरायपाली व बसना के लोगों द्वारा बड़ा आंदोलन करने का संकेत दिया है। एनएच-53 पर दुर्ग व ओडिशा के टोल प्लाजा में गैर व्यावसायिक लोकल वाहनों को टोल टैक्स फ्री किया गया है, लेकिन उसी एनएच पर छुईपाली और ढांक टोल प्लाजा में पूरा-पूरा टोल टैक्स सीजी 06 वाहनों से वसूला जा रहा है। एक ही नेशनल हाईवे पर अलग-अलग नियम अपनाने व टोल टैक्स फ्री का लाभ न मिलने से आक्रोशित वाहन मालिकों ने 20 मई को टोल टैक्स फ्री करने को लेकर ज्ञापन सौंपा। कंपनी को 15 दिन का समय दिया है। टोल प्लाजा बीएससीपीएल छुईपाली व ढांक के प्रबंधक को लिखे आवेदन में बताया है कि ओडिशा ओडी 17 स्थित बरगढ़ के सभी वाहनों का टैक्स फ्री किया गया है। जबकि, भिलाई-दुर्ग में भी सीजी 07 का टोल टैक्स फ्री किया गया है, लेकिन उसी मार्ग पर छुईपाली और ढांक टोल प्लाजा से टैक्स की वसूली की जा रही है। जिससे अंचल के लोगों के साथ कंपनी द्वारा छलावा किए जाने की बात कहते हुए 15 दिवस के भीतर सभी सीजी 06 महासमुंद पासिंग वाहनों का टोल प्लाजा में टैक्स फ्री करने की मांग रखी है। ज्ञापन की बात को गंभीरता से नहीं लेते हैं या उनकी मांग पर रुचि नहीं दिखाने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है। इस अवसर पर संजय चौधरी, देवेंद्र पटेल, हेमंत चौधरी, यशवंत, गोपाल, कमलेश नायक, राजेश पात्रो, भोजराज, पूर्णचंद, पुरुषोत्तम, श्रीकांत, गोलू, दिनेश पटेल, सुरेश भोई, विवेक अग्रवाल, सूरज साहू उपस्थित थे।
  • अधिकारी-कर्मचारियों ने आतंकवाद विरोधी शपथ ली

    21-May-2024

    महासमुन्द। अपर कलेक्टर रवि साहू ने कलेक्ट्रेट परिसर में आज आतंकवाद विरोधी दिवस पर आतंकवाद विरोधी शपथ दिलाई। इस मौके पर संयुक्त कलेक्टर एस. के. टंडन, जनपद सीईओ श्रीमती मिषा कोसले सहित अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों ने शपथ ली। इसके अलावा जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में राज्य शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशानुसार अधिकारियों-कर्मचारियों ने आदर्श आचार संहिता का पालन करते हुए आतंकवाद विरोधी शपथ ली। बता दें कि भारत सरकार, गृह मंत्रालय के द्वारा दिए गए निर्देशानुसार आतंकवाद विरोधी शपथ सभी शासकीय कार्यालयों, भारत सरकार के उपक्रम एवं अन्य संस्थाओं द्वारा विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी आतंकवाद विरोधी दिवस मनाया गया। आतंकवाद विरोधी दिवस मनाने का उद्देश्य आम लोगों के कष्टों को सामने लाकर और दर्शाकर की आतंकवाद किस तरह राष्ट्रीय हित के विरूद्ध है। युवाओं को आतंक और हिंसा के रास्ते से दूर करना है। 

  • टिकरापारा निवासी से 2 लाख की ठगी, मोबाइल हैक कर खाते से उड़ाया पैसा

    21-May-2024

    रायपुर। रायपुर में एक व्यक्ति के साथ ठग ने SBI कस्टमर केयर बनकर ठगी कर दी है। आरोपी ने पर्सनल जानकारी लेकर व्यक्ति का मोबाइल भी हैक कर लिया। इसके बाद अलग-अलग क्रेडिट कार्ड से 2 लाख 16 हजार रुपए खुद के खाते में ट्रांसफर कर दिए। ये पूरा मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है। प्रार्थी विद्याकांत मिश्रा ने टिकरापारा थाने में FIR दर्ज करवाई। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह अपना क्रेडिट कार्ड बंद करवाना चाहते थे। जिसके लिए उनके पास 3 मई को एक अनजान नंबर से फोन आया। जिसमें सामने वाले ने खुद को SBI का कस्टमर केयर बताया। फिर उसने प्रार्थी से क्रेडिट कार्ड का नंबर पूछा और कुछ अन्य जानकारी मांगी। . इसके बाद ठग के कहे मुताबिक, प्रार्थी ने एसबीआई और आरबीएल बैंक के क्रेडिट कार्ड की डिटेल शेयर की। कुछ देर बाद ठग ने मोबाइल को हैक कर लिया, फिर उसने पहले बैंक अकाउंट से 1 लाख 4 हजार रुपए और दूसरे बैंक अकाउंट से 1 लाख 11 हजार के करीब रुपए निकाल लिए। ठगी की कुल रकम करीब 2 लाख 16 हजार रूपए है। 

  • छत्तीसगढ़ में सड़क दुर्घटना पर लगेगी लगाम, डिप्टी सीएम ने कही ये बात

    21-May-2024

    रायपुर: छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव ने मंगलवार को कवर्धा हादसे को लेकर दुख जाहिर करते हुए जांच कार्रवाई करने की बात कही है। उन्होंने कुम्हारी में हुए बस हादसे को लेकर भी कार्रवाई करने की बात कही है। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री ने पांच चरणों के मतदान और शराब दुकानों में कैशलेस सुविधा को लेकर मीडिया से बातचीत की। कवर्धा जिले में हुए भीषण हादसे में 19 लोगों की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि, कवर्धा ज़िले में अत्यंत हृदय विदारक पीड़ादायक घटना हुई है। मैं मृतकों को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। परिजनों को अपनी सहानुभूति व्यक्त करता हूँ। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ। इसके अलावा डिप्टी सीएम ने बताया कि सरकार ने हादसे से पीड़ित परिवारों को सहायता राशि देने की घोषणा भी की है। सरकार ऐसे दुख के घड़ी में परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उपमुख्यमंत्री साव ने प्रदेश में लगातार हो रहे सड़क दुर्घटनाओं को लेकर कहा, कि कुम्हारी की घटना में हमने न्यायिक जाँच करवाई है, जो रिपोर्ट आएगी उसके आधार पर करवाई होगी। दुर्घटनाएं रुके और ऐसी घटनाएं ना हो, इसके लिए सरकार हर संभव कदम उठा रही है। कई अभियान भी चलाये जा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि, सरकार इस मामले में आगे ठोस और मजबूत कदम उठाएगी। डिप्टी सीएम अरुण साव ने लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा की जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि पाँच चरणों के मतदान के बाद स्पष्ट हो गया है, कि मोदी जी फिर से प्रधानमंत्री बनने वाले हैं। बीजेपी के 400 पार का नारा एकदम साफ हो गया है। प्रदेश के शराब दुकानों में कैशलेस सुविधा को लेकर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि, हमारे देश में डिजिटल ट्रांजेक्शन की दिशा में काम हो रहा है। आने वाले समय में इस योजना को और आगे बढ़ाएंगे, ताकि पारदर्शिता हो और सही कीमत पर लोगों को शराब मिल सके। 

  • जलसंकट से जूझ रहे 200 परिवार, हैण्डपंप नहीं एक बोर है वो भी ख़राब

    21-May-2024

    महासमुंद। महासमुंद जिले मे गर्मी के मौसम मे लोगो को शुद्ध पानी के लिए काफी मशक्त करना पड़ रहा है। जिले के ग्राम पंचायत परसदा के गांव जिवतरा में लगभग 200 परिवार रहते हैं और यहां की कुल आबादी 700 – 800 के लिए शुद्ध पेयजल और निस्तारी के केवल 2 बोर हैं। इसमें से एक बोर महीनो से खराब चल रहा है। हैण्डपंप भी नहीं है। बता दें, जल जीवन मिशन के तहत साल 2022 में लगभग 74 लाख रुपयो से एक पानी की टंकी बनाई गई और लोगों के घरों में नल के कनेक्शन लगाए गए थे। इस काम को 9 महिने में पूरा करने के आदेश दिए गए थे, लेकिन लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की लापरवाही और ठेकेदार के मनमानी के कारण अब तक यानि साल 2024 तक भी पूरा नहीं हो पाया और घरों में लगा नल, शो पीस बनकर रह गए हैं। वहीं एक मात्र बोर जो चालू है, उससे एक सार्वजनिक नल लगा है। इसमें पानी का फोर्स इतना कम है, कि ग्रामीणों को एक बाल्टी पानी लेने में लगभग 15 से 20 मिनट लग जाते हैं। ग्रामीण निस्तारी के लिए एक किलोमीटर दूर गंदे तालाब का इस्तेमाल तो कर लेते हैं, पर पीने के पानी के लिए उन्हे जद्दोजहद करना पड़ता है। 

  • कांग्रेस पार्षद के लिए काम कर रहा था गिरफ्तार आरआई, शिक्षक ने प्रेस वार्ता में किया बड़ा खुलासा

    21-May-2024

    बिलासपुर। तहसील कार्यालय के राजस्व निरीक्षक को एक लाख रुपये की घूस लेते हुए एसीबी ने गिरफ्तार किया था। मामले में यह बात सामने आई है कि एक कांग्रेस पार्षद शिकायतकर्ता शिक्षक की जमीन को हड़पना चाहता है। शिकायतकर्ता तोरवा के शिक्षक प्रवीण कुमार तरुण ने प्रेस क्लब में आकर घटनाक्रम के संबंध में जानकारी दी। शिक्षक के मुताबिक जूना बिलासपुर पटवारी हल्का के अंतर्गत तोरवा क्षेत्र में उसकी जमीन है, जिस पर गणेश नगर का पार्षद इब्राहिम खान उर्फ अब्दुल खान हड़पने की कोशिश कर रहा था। वह उस जमीन पर कब्जा करने के लिए दीवार खड़ा कराने की कोशिश कर रहा था। इसके चलते विवाद होने लगा। तब शिक्षक प्रवीण तरुण ने तहसीलदार कार्यालय में सीमांकन के लिए आवेदन दिया। वह चाहता था कि एक बार सीमांकन हो जाए तो वह जमीन को सुरक्षित कर लेगा। पर, बार-बार आवेदन करने के बावजूद अधिकारी महीनों से समय नहीं दे रहे थे। तब उसने काम नहीं होने की वजह आरआई देवांगन से पूछी। देवांगन ने साफ कहा कि सीमांकन कराने के लिए 3 लाख रुपये देने पड़ेंगे। शिक्षक परेशान हो चुका था, उसने तहसील कार्यालय में चल रही रिश्वतखोरी को उजागर करने की ठानी। संतोष देवांगन को उसने तीन लाख की जगह, 2.5 लाख रुपये में सीमांकन का करने का आग्रह किया। देवांगन इसके लिए राजी हो गया। तब शिकायतकर्ता शिक्षक ने एसीबी से शिकायत की और देवांगन को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए एसीबी ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। 

  • पूर्व विधायक पर केस दर्ज, राजस्व रिकॉर्ड में किया कूटरचना

    21-May-2024

    बिलासपुर। पाली तानाखार के पूर्व विधायक मोहितराम केरकेट्‌टा और बेटे समेत 10 लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। आरोप है कि केरकेट्टा ने बिलासपुर में ईसाई कब्रिस्तान के नाम दर्ज जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में कूटरचना और षडयंत्र कर खरीद-बिक्री की। कोर्ट के आदेश के बाद सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज किया। दरअसल, 2018 में चुनाव जीतकर विधायक बने मोहितराम को मुख्यमंत्री अधोसंरचना उन्नयन और विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बनाकर राज्यमंत्री का दर्जा दिया गया था। आरोप है कि मोहितराम ने पद का दुरुपयोग कर बिलासपुर में कुदुदंड के चर्च ऑफ क्राइस्ट मिशन इन इंडिया के कब्रिस्तान के नाम पर दर्ज करीब एक एकड़ जमीन की खरीदी अपने बेटे शंकर केरकेट्‌टा के नाम पर की थी। संस्था के कथित पदाधिकारियों ने तत्कालीन विधायक मोहितराम केरकेट्टा और उनके बेटे के पास एक एकड़ जमीन का सौदा 99 लाख 22 हजार 500 रुपए में किया। इसमें गवाह संस्था के वाहन चालक अरुण टोप्पो को बनाया गया। बेची गई जमीन संस्था के रिकॉर्ड में ईसाई कब्रिस्तान के रूप में दर्ज है। इसके अलावा पहले चले न्यायिक मामले में भी जमीन को कब्रिस्तान बताया गया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि जमीन की कीमत करीब पांच करोड़ रुपए है। जिसका सौदा भी इसी मूल्य पर किया गया है। आपसी सौदे में जमीन की कीमत 99 लाख रुपए बताकर बाकी के पैसों का बंदरबाट किया गया है, जबकि संस्था के सदस्यों को कब्रिस्तान की जमीन बेचने का अधिकार नहीं है और न हीं क्रेता को भी कब्रिस्तान की जमीन खरीदने का अधिकार है। 

  • कांग्रेस और पूर्व कांग्रेसियों का विवाद गहराया

    21-May-2024

    रायपुर। कुमारी सैलजा को लेकर हो रही बयानबाजी पर कांग्रेस और पूर्व कांग्रेसियों का विवाद गहरा गया है। शैलजा के बचाव में आए पूर्व मंत्री शिव डहरिया पर कांग्रेस छोड़ गए भाजपा नेताओं ने हमला किया है। इन 11 पूर्व कांग्रेसियों पर शिव डहरिया के आरोपो पर जवाब. दिया है।चंद्रशेखर शुक्ला आलोक पांडे चोलेश्वर चंद्राकर ने पूर्व मंत्री को आड़े हाथ लेकर कहा कि कार्यकर्ताओ से बदसलूकी करने वाले डहरिया हम को ज्ञान ना दे। सरकारी बंगले के समान चुराने का जिन पर आरोप है वो हम को सीखना दे। 

  • संबलपुर में बृजमोहन अग्रवाल का शानदार रोड शो

    20-May-2024

    रायपुर/संबलपुर। ओडिशा चुनाव प्रचार पर आए छत्तीसगढ़ के मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने सोमवार को संबलपुर में बाइक रैली निकाली। मां समलेश्वरी की पूजा अर्चना के बाद रैली की शुरूआत समलेश्वरी माता मंदिर से हुई यहां से हजारों कार्यकर्ता बाइक पर सवार होकर बड़ा बाजार, खेतराजपुर, दुर्गामंगलम, बारेपाली होते हुए वापस दुर्गामंगलम पहुंची जहां रैली का समापन हुआ। यहां बृजमोहन अग्रवाल ने एक सभा को भी संबोधित किया। अपने संबोधन में बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, ओडिशा एक समृद्ध राज्य था लेकिन पिछले 25 सालों में नवीन पटनायक सरकार ने लूट करी है उसने राज्य को बर्बाद कर दिया है। उड़ीसा को फिर से विकास और समृद्धि के पथ पर लाने के लिए यहां भाजपा की सरकार बनाना बहुत ही जरूरी है। बृजमोहन अग्रवाल ने यह भी कहा कि राज्य में नाम के लिए नवीन पटनायक मुख्यमंत्री हैं लेकिन असल में यहां की सरकार पांडियन चला रहे हैं जिसका खौफ आम जनता में ही नहीं बल्कि यहां के मंत्रियों में भी हैं सरकार के मंत्री भी कोई फैसला नहीं लेते सभी फैसले पांडियन लेता है। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्र प्रथम ही एकमात्र सिद्धांत है। उन्होंने यह भी कहा कि, भारत को विश्व गुरु और विकसित भारत बनाने के लिए केंद्र में नरेंद्र मोदी जी को पुनः प्रधानमंत्री बनाना है। सभी जनता से अपील है कि वह चुनाव में दो बार कमल के बटन को दबाए एक कमल का फूल भगवान श्री जगन्नाथ जी के चरणों में चढ़ाएं और एक प्रभु श्री राम को अर्पित करें। 

  • निर्वाचन में सौंपे कार्य नहीं करने के कारण निधि देवांगन और मनीराम हिरवानी निलंबित

    20-May-2024

    बिलाईगढ़। लोकसभा क्षेत्र रायगढ़ सीट के चुनाव में निर्वाचन सौंपे कार्य नहीं करने के कारण मनीराम हिरवानी प्रधान पाठक प्राथमिक शाला जोरापाली दल क्रमांक 148 में पीठासीन अधिकारी को और निधि देवांगन व्याख्याता (एल बी) मतदान अधिकारी क्रमांक 2 शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोडम को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के तहत निलंबित किया गया है। दोनों कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय जांच टीम गठित की गई है। दोनो के निलंबन अवधि में मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय सारंगढ़ रहेगा। निलंबन अवधि में जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। 

  • कवर्धा हादसे में मरे हुए लोगों को राज्य सरकार देगी मुआवजा, सीएम साय ने की घोषणा

    20-May-2024

    कबीरधाम। कबीरधाम जिले में हुए सड़क हादसे में मृतकों की संख्या 19 हो गई हैं। 3 लोग घायल हैं। दुःख की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ शासन पीड़ित परिवारजनों के साथ पूरी तरह खड़ा है। हमनें मृतकों के परिजनों को 5 लाख और इस हादसे में घायल हुए लोगों को 50 हज़ार की सहायता राशि देने का निर्णय लिया है। यह राशि प्रशासन द्वारा उपलब्ध करायी गयी सहायता एवं बीमा आदि से मिलने वाली राशि के अतिरिक्त है। प्रशासन को यह भी निर्देश दिया गया है कि सड़क सुरक्षा के प्रति अतिरिक्त सावधानी बरती जाये। ऐसे हादसे रोकने के हरसंभव उपाय होने चाहिये। कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के बाहपानी गांव के पास हुई सड़क दुर्घटना में मृत ग्रामीणों के प्रति मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपनी शोक संवेदना व्यक्त की। छत्तीसगढ़ शासन ने मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख और हादसे में घायल हुए लोगों को 50 हज़ार की सहायता राशि देने का निर्णय लिया है। सीएम साय ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X में इसकी जानकारी देते हुए लिखा कबीरधाम जिले में हुए सड़क हादसे में मृतकों की संख्या 19 हो गई हैं। 3 लोग घायल हैं। दुःख की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ शासन पीड़ित परिवारजनों के साथ पूरी तरह खड़ा है। हमनें मृतकों के परिजनों को 5 लाख और इस हादसे में घायल हुए लोगों को 50 हज़ार की सहायता राशि देने का निर्णय लिया है। यह राशि प्रशासन द्वारा उपलब्ध करायी गयी सहायता एवं बीमा आदि से मिलने वाली राशि के अतिरिक्त है। प्रशासन को यह भी निर्देश दिया गया है कि सड़क सुरक्षा के प्रति अतिरिक्त सावधानी बरती जाये। ऐसे हादसे रोकने के हरसंभव उपाय होने चाहिये। 

Top