बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • कमल खिलाने का मन बना चुकी है उड़ीसा की जनता : ओपी चौधरी

    18-May-2024

    रायपुर। मंत्री ओपी चौधरी ने उड़ीसा के बरगढ़ लोकसभा अंतर्गत ब्रजराज नगर विधानसभा के पंचगांव में चुनाव प्रचार किया। प्रचार के दौरान उन्होंने कहा कि बीजेडी सरकार के कुप्रबंधन और कुनीतियों के कारण उड़ीसा की जनता कमल खिलाने का मन बना चुकी है। यह बड़ी खुशी की बात है कि हमारी छत्तीसगढ़ सरकार की तरह उड़ीसा में भी किसानों को धान की कीमत 31 सौ रुपए प्रति क्विंटल और माता-बहनों को सुभद्रा योजना के तहत 50 हजार का नकद वाउचर देने का संकल्प पत्र लाया गया है। उड़ीसा में डबल इंजन की सरकार बनना तय है। उपराष्ट्रपति को दी जन्मदिन की बधाई ओपी चौधरी ने X पर लिखा, सरल व सहज व्यक्तित्व के धनी हमारे उपराष्ट्रपति आदरणीय श्री जगदीप धनखड़ जी, आपको जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें... मैं प्रभु श्री राम से आपके आरोग्य व दीर्घायु जीवन की कामना करता हूँ। 

  • कड़ी मेहनत और अनुशासन से प्रयास विद्यालय के बच्चों को मिली शानदार सफलता

    18-May-2024

    रायपुर। छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं के कड़ी मेहनत और अनुशासन से शानदार सफलता मिली है। माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा हाल ही घोषित 10वीं और 12वीं बोर्ड के परीक्षा परिणामों में प्रयास आवासीय विद्यालय के बच्चों को एक बार फिर शानदार सफलता मिली है। प्रयास विद्यालय में 10वीं बोर्ड का परीक्षा परिणाम 99.3 प्रतिशत एवं 12वीं बोर्ड का परीक्षा परिणाम 97.22 प्रतिशत रहा है। इनमें 10वीं में प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण विद्यार्थियों का प्रतिशत 96.45 एवं 12वीं में 82.02 प्रतिशत रहा है। इस वर्ष का परीक्षा परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में काफी अच्छा है। गत वर्ष 10वीं में 90.70 प्रतिशत और 12वीं में 79.38 फीसदी रहा था। प्रदेश के प्रयास विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को बेहतर प्रदर्शन के लिए आदिम जाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्प संख्यक कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा और सचिव नरेन्द्र दुग्गा ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उल्लेखनीय है कि विगत वर्षों में प्रयास आवासीय विद्यालय के बच्चों ने विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। अब तक प्रयास आवासीय विद्यालय के 116 विद्यार्थी आईआईटी व समकक्ष में, 328 विद्यार्थी एनआईटी व समकक्ष में, 940 विद्यार्थी इंजीनियरिंग कॉलेज में एवं 52 विद्यार्थी एम.बी.बी.एस. में चयनित हुुए हैं। इसके अलावा सीए, सीएस, सीएमए में 29 तथा क्लैट में 04 विद्यार्थी को सफलता मिल चुकी है। 10वीं में 07 बच्चों ने बनाया मेरिट में स्थान आदिम जाति कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा इस वर्ष घोषित परीक्षा परिणामों में प्रयास के 07 विद्यार्थियों ने मेरिट में स्थान बनाया है। मेरिट में आने वाले छात्र-छात्रों में प्रयास आवासीय विद्यालय, कांकेर के 04 विद्यार्थी- मयंक कोर्राम, कुमारी पायल अधिकारी, कुमारी वर्षा साहू और कुमारी मल्लिका मरकाम शामिल हैं। इसी प्रकार प्रयास विद्यालय दुर्ग, जशपुर एवं कन्या प्रयास विद्यालय रायपुर से एक-एक विद्यार्थी- क्रमशः कुमारी आर्या कश्यप, आयुष साहू और कुमारी बॉबी मिंज ने मेरिट में स्थान बनाने में सफल हुए है। इसके अलावा प्रयास आवासीय विद्यालय, रायपुर, बस्तर, जशपुर, कांकेर एवं कोरबा का परीक्षाफल शत-प्रतिशत एवं प्रयास आवासीय विद्यालय दुर्ग, बिलासपुर एवं सरगुजा का परीक्षा परिणाम 95 प्रतिशत से अधिक रहा है। अधिकारियों ने बताया कि प्रयास आवासीय विद्यालय कक्षा 12वीं बोर्ड का परीक्षाफल 97.22 प्रतिशत रहा है। इनमें प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण विद्यार्थियों का प्रतिशत 82.02 प्रतिशत है। प्रयास आवासीय विद्यालय, रायपुर एवं जशपुर का परीक्षाफल शत-प्रतिशत, जबकि शेष प्रयास विद्यालयों का परीक्षाफल 91 प्रतिशत से अधिक रहा है। उल्लेखनीय है कि प्रयास योजना मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना का एक महत्वपूर्ण घटक है। योजना के तहत छत्तीसगढ़ राज्य के सम्पूर्ण अनुसूचित क्षेत्र और गैर-अनुसूचित क्षेत्र के नक्सल प्रभावित जिलों के आदिवासी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, आवास, भोजन, खेल एवं मनोरंजन आदि की सुविधा प्रदान की जाती है। साथ ही संरक्षक की भूमिका निभाते हुए उन्हें रोजगार में स्थापित कर उनके जीवन में स्थायित्व पैदा करना इस योजना का मुख्य उद्देश्य है। प्रयास आवासीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चे बहुत ही सामान्य परिवार से आते हैं लेकिन विद्यालय के अनुशासन, शिक्षकों के अच्छे मार्गदर्शन एवं बच्चों की कड़ी मेहनत के दम पर प्रयास विद्यालय ने प्रदेश में अपनी एक अलग पहचान बना ली है। 

  • डिप्टी रेंजर की हत्या, बोलेरो से कुचलने वाला गिरफ्तार

    17-May-2024

    रायगढ़। कल थाना धरमजयगढ़ क्षेत्र अंतर्गत सड़क हादसे में डिप्टी रेंजर संजय तिवारी की आकस्मिक मौत की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई थी जिसकी जांच पर मामला पुरानी रंजिश पर आरोपित बसंत यादव द्वारा सुनियोजित तरीके से वाहन से कुचलकर हत्या का सामने आया है । धरमजयगढ़ पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले का पटाक्षेप कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। कल दोपहर करीब 03.00 बजे धरमजयगढ़ मेन रोड़ कृषि उपज मंडी के पास एक अज्ञात बोलेरो वाहन की चपेट में आने से हीरो ग्लैमर बाइक में सवार सहायक वन परिक्षेत्र अधिकारी (Deputy Ranger) संजय तिवारी पिता गोकुल प्रसाद तिवारी उम्र 53 वर्ष निवासी काष्टागर फॉरेस्ट कॉलोनी धरमजयगढ़ को गंभीर चोंटे आयी थी जिन्हें सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत बताया । थाना धरमजयगढ़ में मर्ग पश्चात अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अप.क्र. 137/2024 धारा 304 ए आईपीसी के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया । विवेचना दरम्यान प्रत्यक्षदर्शी गवाहों एवं सीसीटीवी फुटेज से अज्ञात बोलेरो वाहन का पता लगाया गया जिसमें बोलेरो क्रमांक CG 13 UE 0377 द्वारा घटना कारित करने के साक्ष्य मिले । पुलिस टीम तत्काल ग्राम बेहरापारा में दबिश देकर वाहन के चालक आरोपी बसंत कुमार यादव को हिरासत में लिया गया । आरोपित बसंत कुमार यादव का पूर्व से मृतक संजय तिवारी से रंजिश थी । एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी द्वारा धरमजयगढ़ पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच का निर्देश दिया गया । जांच अधिकारी द्वारा आरोपी बसंत यादव से वैज्ञानिक तरीकों से पूछताछ करने पर आरोपी ने पुरानी रंजिश पर संजय तिवारी को बोलेरो वाहन से कुचल कर हत्या करना बताया। 

  • पटनायक और पांडियन की जोड़ी ने ओडिशा को लूटने का काम किया : बृजमोहन अग्रवाल

    17-May-2024

    रायपुर/ कांटाबांजी। आज ओडिशा चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे छत्तीसगढ़ के मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और असम के मुख्यमंत्री श्री हिमन्त बिस्वा सरमा ने कांटाबांजी के बंगोमुंडा में आयोजित जनसभा में शामिल हुए और जनता से भाजपा को प्रचंड मतों से जिताने की अपील की। सभा को संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के लिए पहचाने जाने वाले ओडिशा को 25 सालों से पटनायक और पांडियन की जोड़ी ने लूटने का काम किया है। घमंड में चूर जोड़ी ने राज्य की भोली भाली जनता के साथ धोखा दिया है। केंद्र सरकार की जनता की हितकारी नीतियों को लागू नहीं किया। जिसका खामियाजा राज्य की जनता को भुगतना पड़ रहा है। पश्चिम ओडिशा में गरीबी और बेरोजगारी के कारण यहां की युवा शक्ति पलायन कर गई है। अग्रवाल ने कहा कि, भाजपा सरकार आने पर ओडिशा को एक बार फिर से इसका पुराना वैभव लौटाया जाएगा साथ ही युवा, किसान, गरीब और महिलाओं के हितों में काम किया जाएगा। 

  • दफ्तर में पटवारी के साथ मारपीट, 4 ग्रामीण गिरफ्तार

    17-May-2024

    अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के चांदो स्थित तहसील कार्यालय में कार्य कर रहे पटवारी के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने के आरोप पर पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पटवारी का आरोप है कि चारो आरोपित नियम विरुद्ध तरीके से कार्य कराना चाहते थे। पटवारी ने मना किया तो चारो ने कार्यालय में ही उसकी पिटाई कर दी। तहसील कार्यालय चांदो में पदस्थ पटवारी केशलाल पंडो शासकीय कार्य का निष्पादन कर रहा था। उसी दौरान ग्राम कुरडीह थाना चांदो निवासी तीन भाई हिदायतुल्लाह ,जबीउल्लाह , नईम अंसारी व रिश्तेदार फैजुल अंसारी वहां पहुंचे। उन्होंने भूमि बंटवारे के कार्य के संबंध में पटवारी से बातचीत की। पटवारी ने विधिवत प्रकिया के अनुसार काम होने की बात कही। इस पर वे नाराज हो गए। जातिगत गाली- गलौज कर जान से मारने की धमकी देते हुए पिटाई कर दी। विशेष संरक्षित जनजाति के लोक सेवक के विरुद्ध घटित अपराध को पुलिस ने गंभीरता से लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा लाल उमेद सिंह ने मारपीट करने वालों की तत्काल गिरफ्तारी का आदेश दिया। पुलिस टीम ने ग्राम कुरडीह से सभी आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। 

  • कांदुल रोड में अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर

    17-May-2024

    रायपुर। अवैध प्लाटिंग पर निगम के जेसीबी तीसरे दिन भी चले।जोन 10 के तहत बोरियाखुर्द में कांदुल रोड के पास लगभग 10 एकड़ निजी भूमि में हो रहे अवैध प्लाटिंग पर रोक लगाया। संत कबीर दास वार्ड क्रमांक 3 के गोगांव के काला मैदान में लगभग 2 एकड़ एवं बंधवा तालाब के पास लगभग 1 एकड निजी भूमि पर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। निगम की टीमों ने अवैध प्लाटिंगकर्ताओं ने अवैध मुरूम रोड बना रखा था जिसे थ्रीडी से काटा गया । और सभी प्लाटों की डीपीसी, नींव को थ्रीडी से तोड़ा गया । वहां पहुंचने का मार्ग बाधित किया गया । वहां स्थित निर्माणाधीन भवनों के जारी कार्य को स्थल पर रोकने की कडी कार्यवाही की गई। जोन कमिश्नरों ने बताया कि रायपुर कलेक्टर, निगम आयुक्त के निर्देषानुसार नगर निवेष विभाग के माध्यम से रायपुर तहसीलदार को पत्र लिखकर निजी भूमि के स्वामियों की जानकारी मांगा है, और फिर अवैध प्लाटिंगकर्ताओं के विरूद्ध पुलिस में नामजद एफआईआर दर्ज करवायी जायेगी। 

  • यश टुटेजा के साले की मिली लाश, हत्या की आशंका

    17-May-2024

    भिलाई। यश टुटेजा के साले विजय जैन की लाश मिली है। जिस पर हत्या की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक पूरा मामला दुर्ग का है। मृतक यश टुटेजा का साला है। बता दें कि अंजोरा दुर्ग में शिवनाथ में बने एनीकट में यह डेड बॉडी मिली है। बता दें कि यश टुटेजा रिटायर्ड अनिल टुटेजा का बेटा है। विजय जैन सिद्धार्थ जैन का बेटा है। बता दें कि अंजोरा चौकी क्षेत्र में शिवनाथ नदी में एक व्यापारी की लाश मिली थी। मृतक की पहचान दुर्ग गवली पारा के रहने वाले सिद्धार्थ जैन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि व्यापारी घर से तीन दिन से लापता था। 

  • पुलिस ने महुआ शराब बना रहे युवक को पकड़ा, मुखबिर की सूचना पर मारी रेड

    17-May-2024

    रायगढ़। अवैध शराब पर कार्यवाही के क्रम में आज भी खरसिया क्षेत्र में थाना खरसिया व चौकी खरसिया पुलिस की कार्यवाही जारी रही । थाना खरसिया की टीम द्वारा प्रशिक्षु आईपीएस एवं थाना प्रभारी खरसिया आकाश श्रीश्रीमाल के नेतृत्व में ग्राम छोटे देवगांव में शराब रेड कार्यवाही कर अवैध रूप से शराब बेच रहे आरोपी को पकड़ा गया। वहीं चौकी प्रभारी खरसिया उप निरीक्षक संजय नाग के नेतृत्व में चौकी खरसिया पुलिस की टीम द्वारा आज सुबह ग्राम तेलीकोट में रहने वाले रवि भारती द्वारा घर के पीछे अवैध महुआ शराब बनाने और बेचने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर रेड कार्रवाई किया गया। रवि भारती को पुलिस ने शराब बनाते हुए मौके पर पकड़ा। आरोपी रवि भारती पिता स्वर्गीय राजू भारती उम्र 30 साल निवासी तेलीकोट खरसिया के कब्जे से तैयार 09 लीटर महुआ शराब कीमती ₹900 तथा 02 नग अल्युमिनियम बर्तन (डेचकी) पाईप लगा हुआ कीमती करीब ₹3000 तथा 01 अल्युमिनियम बर्तन (डेचकी) कीमती करीब ₹1000 का जप्त किया गया है। आरोपी से 09 लीटर अवैध महु शराब व शराब बनाने के पात्र कुल कीमत ₹4,900 की जप्ती कर आरोपी रवि भारती पर पुलिस चौकी खरसिया (थाना खरसिया) में आबकारी एक्ट की धारा 34(2),59(क) के तहत कार्यवाही किया गया है । शराब रेड कार्यवाही में चौकी प्रभारी खरसिया उप निरीक्षक संजय नाग, प्रधान आरक्षक शंकर सिंह क्षत्री, अशोक देवांगन, आरक्षक साविल चंद्रा, सोहन यादव और महिला आरक्षक रंजीता चौहान शामिल थी । 

  • दौड़ाकर स्टूडेंट को पीटा

    17-May-2024

    बिलासपुर. न्यायधानी में छात्र की बेहरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है. इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है. फुटेज में छात्र को दर्जनभर बदमाश दौड़ा-दौड़ा कर बेल्ट, लाठी और लात घुसों से बेरहमी से पिटाई करते दिख रहे. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा. यह मामला सरकंडा थाना क्षेत्र के गीतांजली सिटी का है. वारदात के बाद से बदमाशों के हौसले बुलंद हैं. पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी है. 

  • वनांचल में जलसंकट, सीएमओ बोले - ये काम जल संसाधन विभाग का

    17-May-2024

    कवर्धा। भीषण गर्मी में एक ओर कवर्धा जिला के वनांचल क्षेत्र में पानी की एक-एक बूंद के लिए हाहाकार मचा हुआ है। आदिवासी समुदाय के लोग झिरिया और नदी के पानी से अपनी प्यास बुझा रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर कवर्धा में निस्तारी के लिए जलाशय से छोड़े गए लाखों लीटर पानी व्यर्थ में बहाए जा रहा है। खास बात यह है कि पानी की बर्बादी को लेकर नगर पालिका प्रशासन और जल संसाधन विभाग एक दूसरे पर ठिकरा फोड़ रहे हैं। दरअसल 4 दिनों पहले सरोदा जलाशय से शहर के बड़े मंदिर तालाब, भोजली तालाब, बावा तालाब सहित प्रमुख तालाबों में निस्तारी के लिए पानी भरने की मांग नगर पालिका द्वारा जल संसाधन विभाग से किया गया था जिसके बस जलाशय से पानी छोड़ा गया, लेकिन शहर की नालियां साफ नहीं होने के कारण पानी तालाबों में कम और व्यर्थ में कई जगहों पर भर रही है और यह सिलसिला पिछले तीन दिनों से रोज लाखों लीटर पानी बेकार में भर रही है। 

  • आरआई रिश्वत लेते गिरफ्तार, ACB टीम ने दबोचा

    17-May-2024

    बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में एसीबी की टीम ने रिश्वतखोर आरआई को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है। बिलासपुर तहसील कार्यालय में पदस्थ आरआई संतोष देवांगन को 1 लाख रूपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया है। दरअसल, एक पीड़ित ने एसीबी की टीम से आरआई संतोष देवांगन की शिकायत की थी। पीड़ित ने बताया कि जमीन से संबंधित काम कराने के एवज में आरआई ने एक लाख की मांग की। आरआरई ने पैसे लेकर आज शुक्रवार को बुलाया था। आज 1 लाख रूपए नगदी लेकर पीड़ित तहसील कार्यालय पहुंचा था। जैसे ही पीड़ित ने आरआई संतोष को एक लाख दिये वैसे ही एसीबी की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। एसीबी की टीम को देखकर आरआई हैरान रह गया और माफ करने की गुहार एसीबी की टीम से करता रहा। फिलहाल, रिश्वतखोर आरआई को एसीबी गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है। 

  • कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए प्राक्चयन परीक्षा 18 मई को 897 परीक्षार्थी होंगे शामिल

    16-May-2024

    महासमुंद। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2024-25 अंतर्गत कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए प्राक्चयन परीक्षा का आयोजन शनिवार 18 मई 2024 को किया गया है। परीक्षा प्रातः 10ः00 बजे से दोपहर 12ः00 बजे तक होगा। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास ने बताया कि जिले में कुल 897 परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। जिसके लिए 3 परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। परीक्षा केन्द्र एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय भोरिंग में 348 परीक्षार्थी, सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महासमुंद में 200 एवं वेडनर मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल महासमुंद में 349 परीक्षार्थी प्राक्चयन परीक्षा में शामिल होंगे। 

  • रायपुरा में चला बुलडोजर, अवैध प्लाटिंग पर हुई कार्रवाई

    16-May-2024

    रायपुर। निगम ने लगातार दूसरे दिन भी बुलडोजर चलाया। निगम मुख्यालय एवं जोन 8 नगर निवेश विभाग की टीम ने माधव राव सप्रे वार्ड के तहत रायपुरा में इन्द्रप्रस्थ नाले के पास अज्ञात व्यक्तियों द्वारा लगभग 2.55 एकड़ निजी भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग पर रोक लगा दी है। निगम के अमले ने थ्रीडी एवं श्रमिकों की सहायता से यह कार्यवाही की । यहां बनाए गए मुरूम रोड को थ्रीडी से काट, सभी प्लाटों की अवैध नींव को तोड़ा। जोन 8 नगर निवेश विभाग के माध्यम से रायपुर तहसीलदार को पत्र लिखकर निजी भूमि के भूमि स्वामियों की जानकारी शीघ्र उपलब्ध करवाने कहा गया है। जानकारी आते ही राज्य शासन के अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार अवैध प्लाटिंगकर्ताओं के विरूद्ध पुलिस में नामजद एफआईआर दर्ज करवायी जायेगी। 

  • ऑटो में खेल रहे थे ताश, मना करने पर मार दिया चाकू

    16-May-2024

    दुर्ग। जिले के जामुल थाना क्षेत्र अंतर्गत आम्रपाली प्रधानमंत्री आवास योजना की कालोनी में दो पक्षों के बीच जमकर झगड़ा हुआ। झगड़े में एक 16 साल के लड़के ने 10 साल के लड़के पर चाकू से वार कर दिया। चाकू नाबालिग के जांघ में लगा। जामुल पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ काउंटर अपराध दर्ज किया है। घायल बच्चे के पिता प्रवीण सरदार ने बताया कि वो आटो चलाता है। उसने अपने घर के सामने बुधवार शाम को आटो खड़ा किया था। अचानक उसने देखा कि आटो में कुछ नाबालिग लड़के बैठे कर नशा पत्ती कर रहे हैं। वो नशे की हालत में एक दूसरे से गाली गलौज कर रहे हैं। इस पर प्रवीण आया और उन लड़कों डांटा और आटो मैं बैठने से मना किया। उन लड़कों ने प्रवीण से झगड़ा शुरू कर दिया। इस पर प्रवीण और उसकी पत्नी ने उन लड़कों मारने की धमकी देकर वहां से भगाया। उस समय तो वो लड़का वहां से चला गया, लेकिन थोड़ी देर में अपने पिता को लेकर वहां आ गया। दोनों बाप बेटे आकर प्रवीण सरदार से झगड़ा करने लगे। गाली गलौज करने से मना करने पर आरोपी पक्ष ने प्रवीण को मारा। जब उसकी पत्नी सामने आई तो आरोपी की तरफ से भी महिला ने आकर मारपीट की। उन लोगों ने प्रवीण को गिराकर मारना शुरू कर दिया। यह सब देख रहे प्रवीण का 10 साल का बेटा पिता को बचाने पहुंचा। इस पर 16 साल के लड़के ने अपनी जेब से चाकू निकाला और बच्चे जांघ में दो बार वार किया। जब बच्चा लहू लुहान हो गया तो दूसरा पक्ष वहां से चला गया। 

  • 2 भाई तालाब में डूबे, दोनों की मौत

    16-May-2024

    बेमेतरा। ग्राम भनसुली में दो भाइयों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतक खिलेश्वर वर्मा उम्र 10 साल, हरिशंकर वर्मा उम्र 10 की ग्राम भैसा के भनसुली डबरी में नहाते वक्त अधिक गहराई में जाने के बाद डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को जिला अस्पताल में पीएम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने दोनों मामले में मर्ग कायम किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम भैसा के भनसुली तालाब में 10 वर्षीय खिलेश्वर वर्मा पिता टीकाराम वर्मा व हरिशंकर वर्मा पिता देवशरण वर्मा व कुमारी दुर्गा तीनों गांव के भनसुली डबरी में नहाने गए थे। दोनों बालक तालाब में उतरकर नहा रहे थे। वहीं कुमारी दुर्गा बैठी हुई थी। दोनों भाई को डूबते देख दुर्गा ने परिवार वालों व गांव वालों को मदद के लिए आवाज देकर बुलाया। आवाज सुनकर पहुंचे लोगों को बच्चों के बारे में बताया, जिसके बाद गांव वालों ने डबरी में उतरकर दोनों बालकों को बाहर निकाला, जिसके बाद परिजन दोनों को मोटर साइकिल से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां मौजूद डॉक्टरों ने दोनों की मौत होने की पुष्टि की। 

  • कुरुद में निकाली गई शिवजी की भव्य शोभायात्रा

    16-May-2024

    कुरुद। कुरुद में शिव महापुराण कथन करने आए पंडित प्रदीप मिश्रा के स्वागत में विधायक अजय चंद्राकर की अगुवाई में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जो बस स्टैंड से शुरू होकर मुख्य मार्ग से होते हुए जलेश्वर महादेव मंदिर तक पहुंची। इस ऐतिहासिक धर्मयात्रा में हजारों श्रद्धालुओं शामिल हुए, जिनका जगह-जगह स्वागत सत्कार किया गया। बुधवार शाम कुरुद पहुंचे कथावाचक प्रदीप मिश्रा का बस स्टैंड में विधायक चंद्राकर ने क्षेत्रवासियों की ओर से पुष्प गुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। सुरक्षा कारणों से श्री मिश्रा शोभायात्रा में शामिल न होकर बायपास मार्ग से होते हुए सीधे चंडी मंदिर के लिए रवाना हो गए। तब विधायक अजय चन्द्राकर के नेतृत्व में हजारों की भीड़ कलश शोभायात्रा, शिवनंदी की झांकी, एवं डीजे धुमाल के साथ नाचते गाते कारगिल चौक, सरोजनी चौक, पुराना बाजार, थाना होते हुए चंडी मंदिर परिसर पहुंचे। इसके पूर्व रास्ते में विभिन्न सामाजिक संगठनों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और श्रद्धालुओं को शीतल पेय पदार्थ अर्पित किया। अब तक जिन्हें टीवी पर देखा है उन्हें पास से देखने उमड़ी भीड़ मायूस हो गई जब उन्हें पता चला कि शोभायात्रा में कथावाचक शामिल नहीं है। 

  • वैन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

    30-Apr-2024

    गाजियाबाद: रुदौली कोतवाली क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर मारूति वैन की सामने से टक्कर में रूदौली कोतवाली क्षेत्र के अल्हवाना निवासी बाइक सवार मोहम्मद नाजिम (45) पुत्र मोहम्मद कासिम की दर्दनाक मौत हो गई. पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है. रुदौली कोतवाली की भेलसर चौकी क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम कूढासादात गांव के पास बाइक से अपने पुत्र की दवा लेकर घर जा रहे बाइक सवार को विपरीत दिशा से आ रही मारुति कार ने सामने से टक्कर मार दी. कार की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. जबकि बाइक पर सवार पुत्र बाल-बाल बच गया.

  • पश्चिम विधानसभा में बृजमोहन अग्रवाल ने निकाली रैली

    30-Apr-2024

    रायपुर। रायपुर लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी बृजमोहन ने अग्रवाल मंगलवार को रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में रोड शो कर जनता से भाजपा के लिए वोट मांगे और नरेंद्र मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने को कहा। इस रोड शो के दौरान रायपुर पश्चिम की जनता में भी गजब का उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह उन्होंने अपने चहेते बृजमोहन अग्रवाल का आतिशबाजी और पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया। रायपुर पश्चिम की जनता का कहना है कि, बृजमोहन अग्रवाल 35 सालों से ज्यादा समय से रायपुर दक्षिण के विधायक हैं। यह पहला मौका है कि जब रायपुर पश्चिम के लोगों को भी बृजमोहन अग्रवाल को वोट देने का अवसर प्राप्त होगा। जिसको लेकर वो उत्साहित हैं। आज के रोड शो की शुरुआत रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के खमतराई से हुई यहां से पैराडाइज होटल, दुर्गा चौक, अवधपुरी मैदान, हनुमान मंदिर, पडाव गुढियारी , शुक्रवारी बाजार, मंगल बाजार, पहाडी चौक, जगन्नाथ चौक, खालवाडा, कबीर चौक, कर्मा चौक, दिशा कॉलेज, समता कॉलोनी, प्रगति कालेज ओंकार बैस, खाटू श्याम मंदिर, शिकारपुरी धर्मशाला होते हुए नगर निगम कॉलोनी गार्डन पर रोड शो का समापन हुआ। रोड शो के दौरान कई जगह बृजमोहन अग्रवाल ने जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह लोकसभा चुनाव एक नव भारत के निर्माण की नींव रखने वाला चुनाव है। हमको भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए मोदी जी को पुनः प्रधानमंत्री बनना होगा। जिसमें रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ के लोगों को योगदान देना होगा। उन्होंने जनता से अपील की कि जैसे विधानसभा चुनाव में रायपुर दक्षिण की जनता ने उन्हें ऐतिहासिक जीत दिलाई है वैसे ही इस बार सभी को मिलकर रायपुर का नाम पूरे देश में ऊंचा करना है। बृजमोहन अग्रवाल ने इस अपार जन समर्थन के लिए जनता का धन्यवाद दिया। रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत समेत हजारों की संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता रोड शो में शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक राजेश मूणत ने भी जनता को संबोधित किया और रायपुर पश्चिम की जनता से प्रचंड मतों से बृजमोहन अग्रवाल को विजई बनाने और भाजपा को समर्थन देने की मांग की। 

  • मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कल दो जिलों के दौरे पर रहेंगे

    30-Apr-2024

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कल दो जिलों के दौरे पर रहेंगे। राहुल-प्रियंका और खड़गे के छत्तीसगढ़ में हो रहे चुनावी दौरों पर सीएम साय ने चुटकी लेते हुए कहा है कांग्रेस पार्टी और इसके नेता देश और छत्तीसगढ़ की जनता का विश्वास खो चुके हैं। ये कितना भी प्रयत्न कर लें, कुछ भी कर लें, देश और छत्तीसगढ़ में कोई फर्क़ पड़ने वाला नहीं है। गृह मंत्री अमित शाह के वीडियो बयान मामले में खड़गे द्वारा इसे कांग्रेस की छवि को नुकसान पहुंचाने का भाजपाई प्रयास बताने पर सीएम ने कहा कि कांग्रेसी झूठ बोलने में बहुत माहिर हैं। वे गृहमंत्री अमित शाह जी के बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहे हैं। हमारी पार्टी और हमारे नेताओं की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे है। इसके लिए देश की जनता कांग्रेस को कभी माफ़ नहीं करेगी। श्री साय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज मुद्दाविहीन हो गयी है। उनके पास जनता के पास जाकर कुछ बोलने को नहीं है। नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ में सुरक्षाबलों द्वारा 10 नक्सलियों के मार गिराए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे जवानों की बड़ी सफलता बताई है। सीएम साय ने अपने सोशल मीडिया X पर लिखा कि - नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिलने की सूचना है। अब तक दस नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। निश्चित ही सुरक्षाबलों को यह बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। उनके हौसले और बहादुरी को सलाम करता हूं। नक्सलवाद के खिलाफ हमारी सरकार मजबूती से लड़ाई लड़ रही है, जिसके सुखद परिणाम भी सामने आ रहे हैं। बता दें कि बस्तर के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ में डीआरजी और एसटीएफ के जवानों की नक्सलियों के खिलाफ मुठभेड़ जारी है। जिसमें अब तक 10 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। मारे गए नक्सलियों में 2 महिला नक्सली भी शामिल हैं। 

  • 16 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

    30-Apr-2024

    बीजापुर। माओवादियों की खोखली विचारधारा और हिंसा की राह छोड़कर 16 माओवादियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया है. आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों में LOS कमांडर, सीएनएम कमांडर, LGS सदस्य शामिल है. बता दें कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षाबलों की ओर से माओवादी विरोधी अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस, माओवादियों से आत्मसमर्पण के लिए अपील कर रही है, जिसका व्यापक असर माओवादियों पर देखने को मिल रहा है. इसके तहत् ही आज 8 और 5 लाख के इनामी नक्सलियों समेत 16 माओवादियों ने पुलिस के सामने हथियार डाले हैं. आत्मसमर्पित माओवादी पुलिस कैंपों पर हमले, हत्या, मुठभेड़ जैसी कई घटनाओं में शामिल रह चुके हैं. पुलिस अधीक्षक बीजापुर के सामने आत्मसमपर्ण करने वाले माओवादियों को छत्तीसगढ़ शासन की ओर से माओवादी पुनर्वास नीति के तहत 25-25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई. 

Top