दुर्ग। भिलाई में आज दर्दनाक सड़क हादसे में एक छात्रा की मौत हो गई. स्कूटी सवार 10वीं की छात्रा रिदिमा साहू को गिट्टी से भरे ट्रक ने रौंदा, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के भिलाई सेक्टर 9 पंथी चौक की है। मिली जानकारी के मुताबिक, आकृति अपार्टमेंट रिसाली की रहने वाली छात्रा सेक्टर 9 पंथी चौक से होकर ट्यूशन जा रही थी. तभी यह हादसा हो गया. हादसे के बाद ट्रक छोड़कर ड्राइवर फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है।
रायगढ़। कल रात्रि थाना पुसौर क्षेत्र अंतर्गत सारंगढ़ मुख्य मार्ग में ग्राम तुपकधार स्थित सिद्धी फ्यूल (पेट्रोल पंप) में रात्रि करीब 9:40 बजे 6-7 की संख्या में स्कार्पियो वाहन में आये अज्ञात व्यक्तियों ने पेट्रोल पंप के सेल्समैन जयराम (44 साल) से शराब पीने के लिए रूपये मांगे, जयराम ने रुपए देने से इनकार किया तो उसे गाली गलौज कर मारपीट करने लगे। इस बीच पंप में काम कर रहे जयकुमार का लड़का श्रवण (24 साल) और लोचन गुप्ता बीच बचाव करने आये जिन्हें भी अज्ञात व्यक्तियों ने हाथ मुक्का लात से मारपीट कर से पेट्रोल पंप में उत्पाद मचाते हुए भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई । पुलिस को पेट्रोल पंप के किसी कर्मचारी ने अज्ञात आरोपियों द्वारा रूपयों की लूटपाट कर भाग जाने की सूचना दी गई थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल ने तत्काल जिले के सभी एक्जिट पांइट की नाकेबंदी कराया गया तथा नगर पुलिस अधीक्षक आकाश शुक्ला एवं साइबर सेल व थाना प्रभारियों को नाकेबंदी कर संदेही स्कार्पियो वाहन एवं आरोपियों की पतासाजी का निर्देश दिये । घटना के कुछ ही देर बाद तत्काल पुसौर टीआई रोहित बंजारे अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज चेक किया गया। फुटेज में आरोपीगण नशे में सेल्समेन जयराम, उसके लड़के श्रवण और लोचन गुप्ता से मारपीट करते साफ दिखाई दे रहे थे और घटना कारित कर फरार हुए बोलेरो का नंबर सीजी 13 ए.ए 9450 की जानकारी मिली। वाहन के डिटेल पर वाहन स्वामी के थाना जूटमिल के भजनडिपा के होने की जानकारी मिली। तत्काल पुलिस छापेमारी कर घटना में शामिल रहे पांच आरोपी लखेश्वर निराला, वीरेंद्र निराला, भोला जाटवार, कलेश्वर जाटवार, मंशाराम जाटवार और अपचारी बालक को हिरासत में लिया गया , पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया है । घटना के संबंध में पेट्रोल पंप संचालक विजय चौधरी के रिपोर्ट पर थाना पुसौर में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 129/2024 धारा 147, 294, 506, 323, 327 आईपीसी के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों से घटना में प्रयुक्त स्कार्पिया वाहन सीजी 13 ए.ए 9450 की जप्ती की गई है । नगर पुलिस अधीक्षक के साथ पुसौर पुलिस द्वारा पेट्रोल पंप के संचालक विनोद चौधरी से लूटपाट की घटना को लेकर विस्तृत पूछताछ, तस्दीकी गई जिसमें रात्रि में पेट्रोल पंप से सेल्स हुए पेट्रोल की रकम सही मिला, पंप पर रात्रि किसी प्रकार की लूटपाट की घटना नहीं हुई थी । पुलिस को लूटपाट की गलत सूचना पेट्रोल पंप के किसी कर्मचारी द्वारा दी गई थी । पुलिस ने अपचारी बालक समेत 05 आरोपी – लखेश्वर निराला पिता पिललाल निराला उम्र 23 वर्ष, वीरेंद्र निराला पिता विजय निराला उम्र 26 वर्ष, भोला जाटवार पिता रामाधार जाटवर उम्र 25 वर्ष, कलेश्वर भारद्वाज पिता स्वर्गीय अनुज भारद्वाज 42 वर्ष, मंशाराम जटवार पिता स्वर्गीय अनुज राम जाटवार उम्र 61 वर्ष सभी निवासी राजीव गांधी नगर भजनडीपा थाना जूटमिल जिला रायगढ़ को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री आकाश शुक्ला के मार्गदर्शन पर आरोपियों की तत्काल पतासाजी, गिरफ्तारी की कार्रवाई में थाना पुसौर, थाना जूटमिल एवं साइबर सेल की टीम विशेष भूमिका रही है।
बिलासपुर। बिलासपुर में डीजे में नाचने को लेकर बाराती और लड़की वालों के बीच जमकर विवाद हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे चलाए। वहीं, लड़की वालों ने दूल्हे की जमकर पिटाई कर दी और उसकी कार में तोड़फोड़ भी की। मारपीट से घायल दूल्हे ने थाने में शिकायत की है। दूसरे पक्ष से लड़की वालों ने भी बारातियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। यह पूरा मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, हिर्री निवासी सुभाष कुर्रे की शादी मस्तूरी क्षेत्र के देवगांव में रहने वाले बद्री प्रसाद नवरंग की बेटी से तय हुई थी। मंगलवार को उनकी शादी थी। इस दौरान बाराती देवगांव पहुंचे थे। वहां पर बाराती डीजे की धुन पर नाच रहे थे। इसी दौरान देवगांव के कुछ युवक भी बरातियों के साथ नाचने लगे। लड़की पक्ष के तरफ से कुछ युवकों को नाचते देख बारातियों ने विवाद शुरू कर दिया। जिस पर नाचने से मना करने पर लड़की पक्ष के युवकों ने मारपीट शुरू कर दी। फिर देखते ही देखते जमकर लात-घूंसे चले। इस हमले में सुरेंद्र कुर्रे, विरेंद्र कुर्रे, दशेन और गंगा प्रसाद को चोटें आईं। इस दौरान लड़की वाले युवक दूल्हे की कार तक पहुंच गए और तोड़फोड़ करने लगे। दूल्हा सुभाष कुर्रे के मना करने पर युवकों ने उसकी भी जमकर पिटाई कर दी। सुभाष ने इस घटना की शिकायत मस्तूरी थाने में की है, जिस पर पुलिस ने लड़की पक्ष के कमोद डहरिया, जमशेद डहरिया और उनके अन्य साथियों पर मारपीट और तोड़फोड़ का केस दर्ज किया है। इधर, लड़की वालों की तरफ से जमशेद डहरिया ने भी पुलिस से शिकायत की है। उसने बताया कि मंगलवार को उनकी रिश्ते की भांजी की शादी थी। बाराती गांव के अटल चौक के पास डीजे पर नाचते हुए गाली-गलौज कर रहे थे। गांव के लोगों ने गाली-गलौज न करने की बारातियों को समझइश दी। इस पर दूल्हे का भाई और अन्य लोग गाली-गलौज करने लगे। इसका विरोध करने पर बारातियों ने गांव के लोगों की पिटाई शुरू कर दी। मारपीट से जमशेद और उसके साथियों को चोटें आईं हैं। इस पर पुलिस ने दूल्हे के भाई और अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में 18 जून से स्कूल खुलेंगे। इस दौरान सभी स्कूलों में शाला प्रवेश उत्सव मनाया जाएगा। इसके लिए प्रदेश के गांव-गांव और शहरों में शाला प्रवेश उत्सव का प्रचार-प्रसार और मुनादी कराई जाएगी। बच्चों को शाला प्रवेश उत्सव के दिन वेलकम पार्टी भी दी जाएगी। स्कूल शिक्षा सचिव ने जारी आदेश में बताया कि छत्तीसगढ़ शासन का मकसद है कि छात्र-छात्राओं को स्वच्छ और सुंदर वातावरण में क्वालिटी एजुकेशन दिया जाए। इसके लिए स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से शाला प्रवेश उत्सव की शुरुआती तैयारी के साथ-साथ पर्याप्त प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। स्कूल शिक्षा सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी ने सभी कलेक्टरों, जिला मिशन संचालक, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, सभी प्रिंसिपल्स के लिए निर्देश जारी किए हैं। स्कूल परिसर और भवन को आकर्षक बनाने, साफ-सफाई, पेंटिंग और मरम्मत जैसे काम 10 जून तक निपटा लेने के निर्देश दिए गए हैं। बता दें कि समर वेकेशन के बाद स्कूलों में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होगी। इसके लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। स्कूल शिक्षा सचिव ने कहा है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 राज्य में ही प्रभावी हो गई है। शाला प्रवेश उत्सव को लेकर लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी स्कूलों को निर्देशित किया है कि स्कूल खुलने के पहले ही भवनों में साफ-सफाई और मरम्मत करवाए जाए। इसके साथ ही शाला प्रवेश उत्सव का जोर-शोर से व्यापक प्रसार-प्रसार करें, बैनर-पोस्टर लगाए जाए, शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में मुनादी करवाएं। प्रवेश उत्सव में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पालकों को भी बुलाया जाए।
रायपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह द्वारा रायपुर पुलिस के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को फर्जी ऋण पुस्तिका प्रस्तुत कर आरोपियो का जमानत लेने वाले व्यक्तियों के सम्बन्ध में जानकारी एकत्र कर तस्दीकी किया जाकर इस पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाने व कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया जिस पर समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों द्वारा इस पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु अपने अपने थाना क्षेत्र में मुखबीर लगाने के साथ पेट्रोलिंग व सूचना संकलन की जा रही है। इसी तारतम्य में थाना सिविल लाईन, रायपुर को माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट, प्रथम श्रेणी रायपुर के न्यायालय से ज्ञापन प्राप्त हुआ जिसमें आरोपी जेठूराम पिता झरिहार के द्वारा न्यायालय के समक्ष विभिन्न आरोपियों के जमानत के लिये फर्जी ऋण पुस्तिका प्रस्तुत कर आरोपियों का जमानत लिया गया है। माननीय न्यायालय द्वारा आरोपी के खिलाफ समुचित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किये जाने के आदेश के परिपालन में आरोपी जेठूराम के विरूद्ध थाना सिविल लाईन में अपराध क्रमांक 240/24 धारा 420 भादवि. पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण में विवेचना दौरान मुखबीर के सूचना के आधार पर आरोपी अरूण यादव पिता झरिहार यादव उम्र 46 साल पता ग्राम निसदा, थाना आरंग रायपुर को पकड़कर कर पूछताछ किया गया। जिसके द्वारा फर्जी ऋण पुस्तिका में जेठूराम का नाम पता लिखकर ऋण पुस्तिका में अपना फोटो लगाकर जमानत हेतु विभिन्न न्यायालयों मे स्वयं खड़े होकर आरोपियों का जमानत लेना स्वीकार किया। जिस पर आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्यवाही किया गया है। गिरफ्तार आरोपी- अरूण यादव पिता झरिहार यादव उम्र 46 साल पता ग्राम निसदा, थाना आरंग रायपुर।
नारायणपुर। लोकसभा चुनाव में माओवादी किसी बड़े वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे. जिसे देखते हुए सुरक्षाबलों ने अभियान शुरू किया. जिससे माओवादियों के मंसूबे को कामयाब होने से रोका जा सके. इस दौरान खूंटी और चाइबास के सीमावर्ती इलाके में सुरक्षाबल और माओवादी आमने सामने हो गए. सुरक्षाबल के जवानों को देखते ही माओवादियों ने गोली चलानी शुरू कर दी। सुरक्षाबल के जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। इस मुठभेड़ में एक माओवादी के मारे जाने की सूचना है वहीं कई के हताहत की खबर है। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है. बताया जा रहा है कि खूंटी जिला के अड़की थाना क्षेत्र के कोचांग के जंगल में मुठभेड़ जारी है। सुरक्षा बल के जवान मजबूती से माओवादियों को जवाब दे रहे है. सूचना है कि माओवादी कोल्हान से निकल कर खूंटी के रास्ते कहीं जा रहे थे. चुनाव के दौरान किसी वारदात को अंजाम देने की योजना थी। बीजापुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिले की सीमा पर अबूझमाड़ इलाके में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। तीनों जिलों से 1 हजार से ज्यादा जवान ऑपरेशन पर निकले हैं। बताया जा रहा है कि, सुबह से ही रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है। सूत्र के मुताबिक कुछ नक्सलियों को गोली लगी है। पुलिस को सूचना मिली थी अबूझमाड़ के रेकावाया इलाके में बड़े कैडर के नक्सली मौजूद हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस फोर्स ने संयुक्त ऑपरेशन लॉन्च किया है। जिसमें दंतेवाड़ा, बस्तर और नारायणपुर जिले से DRG और STF के लगभग 1 हजार से ज्यादा जवान ऑपरेशन पर निकले थे। वहीं, आज सुबह नारायणपुर की फोर्स के साथ मुठभेड़ हो गई। सूत्रों के मुताबिक कुछ नक्सलियों को गोली लगी है। हालांकि अधिकारियों के तरफ से पुष्टि नहीं हुई है। दंतेवाड़ा एएसपी गौरव राय ने बताया कि, नारायणपुर पुलिस की टीम के साथ गोलीबारी हुई है। जवान लौटेंगे, तभी स्पष्ट हो जाएगा।
शिवरीनारायण। नगर के बायपास रोड़ बैराज मोड़ के पास बैराज निर्माण के लिए बनाए मकान को महिलाओं ने कब्जा करना शुरू कर दिया है, जिस पर शिवरीनारायण प्रेस क्लब ने तहसीलदार को शिकायत पत्र दिया था। जिसपर तत्काल तहसीलदार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और महिलाओं को मकान खाली करने दो दिन का अल्टीमेट दे दिया। लेकिन आज 15 दिन बीत गए लेकिन अधिकारी सिर्फ औपचारिकता के लिए दो दिन में खाली करने अल्टीमेट देकर भूल चुके है। 15 दिन बीत गए लेकिन अधिकारी उस मकान में रह रहे महिलाओं को हटा नहीं पाए है। और न ही उस अवैध कब्जे पर किसी भी प्रकार से कार्यवाही कर रहे हैं, वही कार्रवाई करने में अधिकारियों के हाथ कांप रहे हैं। कलेक्टर के निर्देशों का नही हो रहा नगर में पालन अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई के लिए कलेक्टर ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए है लेकिन शिवरीनारायण में तहसीलदार आखिर क्यों बायपास रोड़ बैराज मोड़ के पास बैराज निर्माण लिए बनाए मकान को नहीं तोड़ रहे है यह समझ से परे है। कार्यवाही नहीं होने से कई प्रकार के सवाल भी खड़े हो रहे है क्या किसी भू माफिया को बचाने के लिए मकान को नहीं तोड़ रहे अधिकारी। शिवरीनारायण प्रेस क्लब द्वारा अवैध कब्जे को लेकर दी गई जानकारी व शिकायत पर कार्यवाही करने बच रहे हैं। इससे यह बात सिद्ध होता है कि गरीबों व कमजोर वर्ग के लोगों के द्वारा किये गये अतिक्रमण को हटाने के मामले में राजस्व विभाग का अमला कभी कभी कितना सक्रिय रहता है किंतु रसूखदारों भू माफियों के द्वारा किये गये शासकीय बैराज निर्माण के लिए बने मकान के अतिक्रमण किये जाने की शिकायत प्रशासन स्तर पर की जाती है और उसपर कार्यवाही नहीं की जाती तब पटवारी से लेकर तहसीलदार तक की कार्यप्रणाली पर सवाल उठते हैं, वही कार्रवाई नहीं होने से बेजा कब्जाधारी के हौसले बुलंद है।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हिंसा प्रभावित किर्गिस्तान में फंसे छत्तीसगढ़ के छात्रों से फोन पर बात की है। उन्होंने छात्रों को खुद का ख्याल रखने और जरूरत होने पर छत्तीसगढ़ सरकार से संपर्क करने को कहा है। उहोंने कहा कि इस विषम परिस्थिति में छत्तीसगढ़ और भारत सरकार उनके साथ खड़ी है। श्री साय ने बिलासपुर जिले के मस्तूरी निवासी छात्र विजय और जांजगीर जिले की निवासी छात्रा शिवानी से बात कर उनका हालचाल जाना और खुद का ख्याल रखने को कहा। उन्होंने कहा कि भारत सरकार, किर्गिस्तान सरकार के साथ लगातार संपर्क में है। आप सभी चिंता न करें, छत्तीसगढ़ सरकार हर कदम आपके साथ खड़ी है। छात्रों ने वहां माहौल के तनावपूर्ण होने की जानकारी दी। इस पर सीएम साय ने उन्हें खुद का ख्याल रखने को कहा। बच्चों ने बताया कि उन्हें हास्टल से निकलने की अनुमति नहीं है, उन्हें भोजन-पानी वहीं उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने वापसी के लिए टिकटें बुक करा ली है। जिस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर कोई भी परेशानी हो तो आप सभी छत्तीसगढ़ सरकार से अवश्य संपर्क करें। राज्य सरकार, भारत सरकार के सहयोग से आप सभी के सुरक्षित वतन वापसी को सुनिश्चित करेगी। गौरतलब है कि किर्गिस्तान में मिस्त्र की छात्राओं से छेड़छाड़ की घटना के बाद विवाद शुरू हुआ है। जिसको लेकर स्थानीय छात्र हिंसक हो गए और खासकर भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के छात्रों के साथ हिंसा कर रहे हैं। इसके चलते वहां तनाव के हालात हैं। किर्गिस्तान में छत्तीसगढ़ के लगभग 70 विद्यार्थियों सहित भारत के लगभग पंद्रह हजार विद्यार्थी मेडिकल और अन्य विषयों की पढ़ाई कर रहे हैं।
रायपुर। जिला अधिवक्ता संघ रायपुर के जिला अध्यक्ष हितेंद्र तिवारी ने कहा अधिवक्ता संघ के द्वारा आज जिला न्यायालय परिसर स्थित कक्ष क्रमांक 210 में पुलिस के द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे निजात कार्यक्रम "नशे को ना जिंदगी को हां" का कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें जिला न्यायाधीश, न्यायाधीशगण, एसएसपी सहित सैकड़ो अधिवक्तागणों की उपस्थिति में संपन हुआ। निजात कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला एवं सत्र न्यायाधीश अब्दुल जाहिद कुरैशी, कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह, विशिष्ट अतिथि प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय हेमंत सराफ ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला एवं सत्र न्यायाधीश अब्दुल जाहिद कुरैशी ने कहा नशे के खिलाफ सिर्फ पुलिस को पुलिस ही नहीं बल्कि हर वर्ग को समाने आकर एकजुट होना चाहिए उन्होंने कहा परिवार और समाज के लिए सबसे ज्यादा अगर कोई घातक है तो वह नशा है, उन्होंने नशे के बढ़ते प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए कहा न्यायालय में भी नशे से संबंधित प्रकरणों की भरमार हो गई, एनडीपीएस की केस बढ़ रही है, उन्होंने कहा नशा करने से सिर्फ एक व्यक्ति प्रभावित नहीं होता बल्कि उससे जुड़े हर लोग होते हैं। चाहे वह उसका परिवार हो या समाज हो। कार्यक्रम के आयोजन के लिए डीजे साहब ने अधिवक्ता संघ को बधाई दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने कहा कि नशे के विरुद्ध पुलिस के द्वारा एक युद्ध छेड़ा गया है अधिवक्ता , समाज का एक महत्वपूर्ण व्यक्ति होता है, एक एक अधिवक्ता से सैकड़ो लोग जुड़े होते हैं, अधिवक्ताओं के माध्यम से नशे के खिलाफ हम लोगों को एक संदेश देकर समाज को नशा मुक्त कर सकते हैं इसीलिए आज अधिवक्ता संघ के द्वारा यह आयोजन किया गया जिसके लिए अधिवक्ता संघ बधाई के पात्र है। वही कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश हेमंत सराफ ने नशा से होने वाले नुकसान को बताते हुए कहा कि समाज को नशा मुक्त करने के लिए चाणक्य सूत्र के अनुसार कार्य करना होगा नशा की डाल और पत्तों को तोड़ने की बजाय इसे जड़ से खत्म करना जरूरी है तब जाकर के हमारा समाज नशा मुक्त होगा। जिस तरह एक कॉलोनी के बाहर मैदान होने से बहुत खिलाड़ी पैदा होते हैं उसी प्रकार एक शराब दुकान से कई शराबी पैदा हो जाते हैं इसलिए नशे के खिलाफ या अभियान जारी रखना चाहिए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अधिवक्ता संघ रायपुर के अध्यक्ष हितेंद्र तिवारी ने कहा नशे के खिलाफ वकील और पुलिस हम साथ साथ है, पुलिस के द्वारा चलाए जा रहे यह अभियान समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है। नशा के विरुद्ध इस युद्ध में अधिवक्ता भी शामिल होंगे और समाज को नशा मुक्त करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। आज कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला एवं सत्र न्यायधीश अब्दुल जाहिद कुरैशी, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय हेमंत सराफ, एसएसपी संतोष कुमार सिंह, जिला अधिवक्ता संघ रायपुर के अध्यक्ष हितेंद्र तिवारी, उपाध्यक्ष किशोर ताम्रकार, सचिव अरुण मिश्रा, महिला उपाध्यक्ष रितु बुंदेला, सह सचिव गायत्री साहू, क्रीड़ा सचिव परसराम कश्यप, सह सचिव अपूर्व सेन, कार्यकारिणी अंकित फुलझले, सागर पांडे, अजय बालानी, शिवशंकर महिलांग, राजीव कुमार द्विवेदी, नवरतन प्रसाद यादव, सावित्री नायक सहित सैकड़ों अधिवक्ता गण और न्यायाधीश गण उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता संघ के सचिव अरुण मिश्रा ने किया आभार प्रदर्शन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने किया।
रायपुर। राहुल गांधी के मीडिया को ब्लैकमेलर और बिकाऊ कहे जाने पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कड़ा ऐतराज जताते हुए देश भर के मीडिया संस्थानों से यह पूछा है कि क्या वो कांग्रेस के युवराज के इस बयान से सहमत हैं? राहुल गांधी ने अपने एक साक्षात्कार में भारतीय मीडिया पर सीधा आरोप लगाते हुए उसे बिकाऊ-ब्लैकमेलर कहा है। राहुल ने कहा है कि - "हिंदुस्तान का मीडिया सिस्टम अब मीडिया सिस्टम नहीं रहा। साफ शब्दों में कहें तो मीडिया पैसा कमाने के लिए राजनीतिक रूप से ब्लैकमेलिंग करने वाली व्यवस्था है।" इस पर श्री साय ने अपने सोशल मीडिया हैंडल X में लिखा है कि - कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारतीय मीडिया को ब्लैकमेलर और बिकाऊ कहा है। गांधी ने हालिया प्रसारित एक साक्षात्कार में कहा है - “हिंदुस्तान का मीडिया सिस्टम अब मीडिया सिस्टम नहीं रहा। साफ शब्दों में कहें तो मीडिया पैसा कमाने के लिए राजनीतिक रूप से ब्लैकमेलिंग करने वाली व्यवस्था है।” मैं भारतीय मीडिया संस्थानों से यह पूछता चाहता हूं कि क्या वे राहुल जी के इस घोर आपत्तिजनक बयान से सहमत हैं? इसके अलावा गांधी ने छत्तीसगढ़ का उदाहरण देकर प्रदेश और यहां के मीडिया को विशेष तौर पर अपमानित किया है। यह निंदनीय है। उन्होंने बिना किसी तथ्य के छत्तीसगढ़ सरकार पर मीडिया को एक हजार करोड़ रुपए देने की बात कही है। हम इसकी भी निंदा करते हैं। राहुल का यह बयान बेहद आपत्तिजनक और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर प्रहार है। यह आपातकाल वाली मानसिकता है। सभी मीडिया संस्थान को राहुल के इस बयान के विरुद्ध संज्ञान लेने की अपील करता हूं।
रायगढ़। कलेक्टर कार्तिकेया गोयल के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेंद्र यादव के मार्गदर्शन में जिले में 9 दिवसीय समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। जिसके लिए प्रतिदिवस के लिये एक अलग थीम निर्धारित कर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। जिला नोडल भुवनेश्वर पटेल ने बताया कि 9 दिवसीय विशेष समर कैंप में स्कूलों में प्रेरणास्पद फिल्म 'आई एम कलाम' का प्रदर्शन कर बच्चों को दिखाया गया और बच्चों को पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम के जीवनी से प्रेरणा लेने के प्रेरित किया गया। कुछ स्कूलों में तारे जमीन पर फिल्म का भी प्रदर्शन किया जाकर बच्चों को प्रेरित किया गया। बच्चों को कराया गया शैक्षिक भ्रमण जिले से जारी निर्देशों के अनुरूप एक्सपोजर विजिट के अंतर्गत समीप के पोस्ट ऑफिस, बैंक एटीएम, अस्पताल का विजिट कराकर इनकी प्रत्यक्ष कार्यप्रणाली से बच्चों को अवगत कराया गया। आज की थीम अनुसार बच्चों को गिला कचरा एवं सूखा कचरा अलग रखना, कचरा प्रबंधन के साथ रद्दी सामानों से उपयोगी समान बनाने के लिये कबाड़ से जुगाड़ की गतिविधियां आयोजित की गई।
रायगढ़। कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने आज यहां कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आगामी वर्षा ऋतु में जिले में संभावित बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन के संबंध में अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने बाढ़ आपदा प्रबंधन और राहत व्यवस्था के संबंध में सभी आवश्यक संसाधनों की जानकारी लेते हुए तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि जिले में संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के साथ ही अन्य स्थानों पर भी नाव, तैराक दल, आवश्यक दवाएं आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए। स्वास्थ्य विभाग को मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए जीवनरक्षक दवा और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को जल स्त्रोत उपचारित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत जितेन्द्र यादव, एडीएम संतन देवी जांगड़े, अपर कलेक्टर राजीव कुमार पाण्डेय, आयुक्त नगर निगम सुनील कुमार चंद्रवंशी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री गोयल ने कहा कि पहुंच विहीन क्षेत्रों में जहां बाढ़ की स्थिति की संभावना रहती है वहां बाढ़ से प्रभावित लोगों के ठहरने, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के ऐसे क्षेत्र जहां प्रतिवर्ष बाढ़ आती है। इन क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने की व्यवस्था की जाए एवं लोगों को आवश्यकता पडऩे पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने व उनको ठहराने के लिए राहत कैम्प आदि की सम्पूर्ण योजना तैयार कर ली जाए। कलेक्टर श्री गोयल ने जिला एवं तहसील स्तर पर बाढ़ नियंत्रण कक्ष की स्थापना करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस सुरक्षा की व्यवस्था, नगर सेना द्वारा बाढ़ आपदा के बचाव सुरक्षा उपकरणों की तैयारी पर चर्चा किया गया।
सभी तहसीलों से प्रतिदिन वर्षा रिपोर्ट की जानकारी 01 जून से नियमित रूप से देने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार खाद्य विभाग को इन क्षेत्रों में पर्याप्त राशन, केरोसीन एवं गैस के स्टॉक रखने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को जलजनित बीमारियों के रोकथाम हेतु दवाईयों के साथ सर्पदंश से बचाव हेतु इंटीवेनम की पर्याप्त मात्रा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि विभाग को फसल क्षति के आंकलन तत्काल तैयार करने एवं फसलों के बचाव हेतु बल्क मैसेज के माध्यम से संदेश, पशु विभाग को पशुओं के टीकाकरण, परिवहन विभाग को वाहनों की व्यवस्था, जल संसाधन विभाग को बांध के जल स्तर के नियमित मॉनिटरिंग एवं पानी छोडऩे से पूर्व सूचना, पीडब्ल्यूडी को केलो बांध में पानी छोडऩे की स्थिति में चक्रपथ डायवर्सन, वन विभाग को बांस बल्ली तथा आयुक्त नगर निगम को शहरी क्षेत्र में राहत केन्द्र स्थापित करने के संंबंध में निर्देश दिए। कलेक्टर से गोयल ने आगामी कृषि सीजन को देखते हुए केसीसी के प्रगति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कृषि विभाग से लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए लंबित केसीसी प्रकरणों को बैंक भेजने एवं एलबीओ को संबंधित प्रकरण का फॉलोअप लेने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने वेटनरी एवं उद्यानिकी विभाग के लंबित प्रकरणों की जानकारी भी ली।
बैठक में कलेक्टर श्री गोयल ने डीईओ से शिक्षा के अधिकार के तहत स्कूलों में प्रवेशित बच्चों की जानकारी लेते हुए स्कूल ड्रॉप आउट बच्चों के कारण सहित जानकारी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार उन्होंने पर्यटन विभाग से जिले में सैलानियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने वर्तमान में बच्चों के लिए आयोजित समर कैम्प की जानकारी ली। विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि स्कूली बच्चों को विभिन्न प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण एवं विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इस दौरान उन्होंने जल प्रदाय योजना की विकासखण्डवार अद्यतन प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने आंशिक रूप से पूर्ण, पानी सप्लाई बंद एवं जल प्रदाय अप्रारंभ कार्यों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वृहद वृक्षारोपण की कार्ययोजना बनाने के दिए निर्देश कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल ने आगामी वर्षा ऋतु में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में वृहद वृक्षारोपण की कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग एवं सभी एसडीएम जगह चिन्हांकन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीपल के बड़े पौधे रोपे जाएंगे जिससे उनकी जीवित रहने की संभावना अधिक होती है। इन पौधों को खाली स्थानों और नदी तट पर विशेष तौर पर रोपे जाएंगे।
यह अभियान आगामी माह के प्रथम सप्ताह से प्रारंभ की जाएगी। आकाशीय बिजली के जोखिम से बचाएंगी दामिनी और फसलों का सुरक्षा कवच बनेगा मेघदूत कलेक्टर श्री गोयल ने कहा कि मौसम की जोखिम से बचाने के लिए मौसम विभाग द्वारा मेघदूत नाम का एक ऐप विकसित किया गया है। जिससे मौसम की सटिक जानकारी उपलब्ध होती है। मानसून के दौरान आकाशीय बिजली का सबसे अधिक जोखिम होता है, जिससे कई बार लोगों की जान तक चली जाती है, ऐसे में दामिनी ऐप काफी कारगर है। इस ऐप के माध्यम से आकाशीय बिजली से बचाव के तरीकों के संबंध में आधे घंटे पहले ही सूचना उपलब्ध हो जाएगी। इस ऐप पर रजिस्ट्रेशन करने के उपरांत लोकेशन के अनुसार उस स्थान से 10 किलोमीटर के दायरे में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी के बारे में अलर्ट संदेश मिलेगा।
रायगढ। थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत केलो डेम पर बने एनीकट पंचधारी नहाने के लिए प्रतिबंधित होने के बावजूद लोग नहाने आते हैं, जहां से नहाने आये लोगों के मोबाइल, कपड़े, रूपयों के चोरी की घटनाएं सामने आ रही थी। इसी परिप्रेक्ष्य में दिनांक 20.05.2024 को संत विनोबा नगर जूटमिल की रहने वाली ज्योति किण्डो (उम्र 16 वर्ष) द्वारा थाना कोतवाली में आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज करायी कि दिनांक 05/05/2024 को वह अपनी 3 सहेलियों के साथ पंचधारी ऐनीकेट डेम में सुबह करीब 11:00 बजे नहाने गयी थी। ज्योति और इनकी सहेलियों ने अपने स्कूल बैग में अपना कपड़ा व 2 मोबाईल फोन, नगदी रकम 3000 रुपये कुल जुमला कीमती ₹16,000 रुपये का डेम के सीढ़ी के पास कपड़े में लपेट कर रखे थे और नहाने गये थे। थोड़ी देर बाद वापस आये तो उनका कपड़ा एवं बैग, दोनों मोबाईल फोन एवं नगदी रकम नहीं था, आसपास पता तलाश किये पता नहीं चला। थाना कोतवाली में अज्ञात आरोपी के विरूद्ध अप.क्र. 310/2024 धारा 379 आईपीसी कायम कर माल मुल्जिम की पतासाजी में लिया गया। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देशन पर नगर पुलिस अधीक्षक आकाश शुक्ला द्वारा कोतवाली पुलिस को क्षेत्र में मोटर सायकल व विभिन्न चोरियों के माल मुल्जिम की पतासाजी हेतु दिशा निर्देश दिया गया है। सीएसपी आकाश शुक्ला के मागर्दशन पर कोतवाली पुलिस द्वारा चोरी मोबाइल के डिटेल के साथ पूर्व में चोरी में शामिल आपराधों में चालान हुये आरोपियों से सघन पूछताछ कर रही है। इसी कड़ी में कल कोतवाली पुलिस से सूचना मिला कि चांदमारी सर्किट हाउस के पास सेकेण्ड हैण्ड मोबाईल बिकी के लिये ग्राहक तलाश कर रहा है, तत्काल कोतवाली पुलिस ने संदेही दीपक कर्ष निवासी चांदमारी को हिरासत में लिया गया जिसके पास विभिन्न कंपनियों के 04 मोबाइल मिला । मोबाइलों के संबंध में कड़ी पूछताछ करने पर उसने इसी माह पंचधारी डेम के पास से मोबाइल चुराना बताया है। आरोपी से चोरी की 04 नग मोबाइल कीमती करीब 32 हजार रुपए का जप्त कर आरोपी को चोरी के अपराध में गिरफ्तार कर कोतवाली पुलिस द्वारा रिमांड पर भेजा गया है। आरोपी दीपक कर्ष पिता देवलाल कर्ष उम्र 21 साल निवासी चांदमारी थाना कोतवाली जिला रायगढ़ को कोतवाली पुलिस द्वारा पूर्व में भी चोरी के अपराध में चालान कर जेल भेजा गया था। आरोपी की पतासाजी, गिरफ्तारी के कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, प्रधान आरक्षक जगदीश नायक, आरक्षक जगमोहन ओग्रे, मनोज पटनायक शामिल थे।
रायपुर। भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। प्रयोगशाला परिचारक, भृत्य समेत अन्य चतुर्थ श्रेणी के 880 पदों पर भर्ती के लिए अब व्यापमं से परीक्षा आयोजित की जाएगी। पिछले साल अक्टूबर-नवंबर में उच्च शिक्षा विभाग से आवेदन मंगाए गए थे। इसे लेकर अब निर्देश जारी किए गए। इसके अनुसार आवेदकों को अपने आवेदन पत्र क्रमांक को व्यापमं की वेबसाइट में प्रमाणित करना अनिवार्य होगा। जो आवेदक निर्धारित समय-सीमा में फार्म को सत्यापित नहीं करते हैं तो उनका फार्म निरस्त हो जाएगा। आवेदन को प्रमाणित करने की तारीख और संबंधित निर्देश आचार संहिता समाप्त होने के बाद उच्च शिक्षा विभाग और व्यापमं की वेबसाइट जारी की जाएगी। जानकारी के मुताबिक इन पदों के लिए करीब 7 लाख से ज्यादा फॉर्म आए हैं। व्यापमं से यह परीक्षा अगस्त में होने की संभावना है। प्रयोगशाला परिचारक के सबसे अधिक 430 पोस्टः प्रयोगशाला परिचारक, भृत्य, चौकीदार समेत चतुर्थ श्रेणी के विभिन्न पदों के लिए उच्च शिक्षा विभाग की ओर से अक्टूबर 2023 में सीधी भर्ती निकाली गई थी। इसके तहत कुल 880 पदों पर भर्ती होगी। इनमें प्रयोगशाला परिचारक के सबसे अधिक 430 पोस्ट हैं। इसी तरह भृत्य के 210 पद, चौकीदार के 210 और स्वीपर के 30 पद शामिल हैं। 100 नंबर की होगी भर्ती परीक्षा चतुर्थ श्रेणी पदों की भर्ती के लिए 100 नंबर की लिखित परीक्षा होगी। प्यून, चौकीदार की परीक्षा में कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। सभी ऑब्जेक्टिव रहेंगे। यह परीक्षा दो घंटे की होगी। इसी तरह प्रयोगशाला परिचारक लिखित परीक्षा में दो भाग होंगे। भाग-1 में नवमीं दसवीं के आधार पर साइंस से संबंधित 60 प्रश्न पूछ जाएंगे। सभी प्रश्न 1 नंबर के होंगे। भाग-2 में 40 अंकों की परीक्षा होगी।
भिलाई। भेलवा तालाब परिसर में सड़क बत्ती के लिए निगम ने बिजली कंपनी से 18 किलोवाट का कनेक्शन लिया। उस कनेक्शन से ठेकेदार श्री कृष्णा वेंचर पांच गुमटी वालों को बिजली सप्लाई करने लगा। विजिलेंस टीम के छापे के बाद बिजली कंपनी ने 4 लाख 41 हजार 458 रुपए की वसूली के लिए निगम को नोटिस भेजा है। बिजली कंपनी में विजिलेंस विभाग के ईई एसके महादुले ने बताया कि भेलवा तालाब में बिजली चोरी की शिकायत मिलने पर जांच के लिए परिसर में रेड की गई। जांच में शिकायत सहीं मिली। कनेक्शन सार्वजनिक उपयोग के लिए दिया गया था। जबकि उसका व्यवसायिक इस्तेमाल किया जा रहा था। लिहाजा स्थल निरीक्षण की रिपोर्ट यूजर्स यानी गुमटी वालों को दी गई। उसके बाद निगम को पत्र लिखकर ठेकेदार के बारे में जानकारी उपलब्ध कराने कहा गया, जिसमें ठेकेदार को ठेका कब से दिया गया, वह कब से गुमटियां संचालित कर रहा है। उसी हिसाब से ठेकेदार से पेनाल्टी के साथ बिल वसूला जाता। लेकिन निगम प्रशासन ने बिजली कंपनी के पत्र का जवाब ही नहीं दिया। इसलिए निगम को नोटिस दिया गया है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव पूरा होने के बाद से प्रदेश के बीजेपी और कांग्रेस के सभी दिग्गज नेता लगातार अन्य राज्यों में चुनावी प्रचार कर रहे हैं। एक तरफ जहां बीजेपी सरकार के केबिनेट मंत्री देश में मोदी नाम की सुनामी की बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस नेता और अभनपुर के पूर्व विधायक धनेन्द्र साहू ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, कि 4 जून को भाजपा की सरकार नहीं बन रही इसलिए भाजपा अपने पक्ष में षडयंत्र रचकर वातावरण बना रही है।
रायपुर। रायपुर में कल गुरुवार को बुद्ध जयंती के मौके पर नॉनवेज की बिक्री पर रोक लगा दिया गया है। सभी मीट दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने रायपुर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया है। दुकानें खुले होने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। निगम के स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुद्ध जयंती पर 23 मई को पशुवध गृह और सभी मांस बिक्री दुकानों को बंद रखे जाने का आदेश जारी किया गया है। किसी भी दुकान में मांस बिक्री करते पाए जाने पर जब्ती और कार्रवाई की जाएगी। 23 मई को बुध्द जयंती के मौके पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की गई है। गुरुवार को सार्वजनिक अवकाश में सभी सरकारी दफ्तरों के साथ अर्ध शासकीय आफिस बंद रहेगी. इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में बैंक भी बंद रहेंगे। बुद्ध जयंती पर कल रायपुर नगर निगम के सभी जोन स्वास्थ्य अधिकारी मांस बिक्री पर रोक लगाने के लिए शहर के अगल अलग इलाकों का निरीक्षण करेंगे। दुकान में मांस बिक्री करते पाये जाने पर मांस जप्त करने की कार्रवाई के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जगदलपुर। पीडिया मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों को लेकर डिप्टी सीएम गृहमंत्री विजय शर्मा का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का काम है विरोध करना। वहीं झीरम जांच मामले पर कहा कि कांग्रेसी जेब में सबूत लेकर घूमते थे। लेकिन अपने कार्यकाल में कभी इन सबूतों को पेश नहीं किया। मुठभेड़ से नक्सलवाद का समाधान नहीं निकलेगा। शांति वार्ता के जरिए सरकार समाधान तलाशेगी। फेक एनकाउंटर का आरोप लगाकर विपक्ष सुरक्षा बलों का मनोबल गिरा रहे हैं। पीडिया मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों का पुराना रिकॉर्ड था। पूर्व में भी नक्सलियों ने माना था उनके साथी मारे गए थे। दरअसल, 10 मई को पीडिया मुठभेड़ में 12 नक्सलियों को मार गिराने का दावा पुलिस ने किया था। ग्रामीणों ने इसे फर्जी मुठभेड़ बताते हुए तेंदूपत्ता तोड़ने के लिए गए गांव के लोगों को मारने का आरोप पुलिस पर लगाया था। इस मामले में कांग्रेस जांच दल के नेताओं ने बीजापुर के गंगालूर थानाक्षेत्र के मुतवेंडी में पीडिया के पीड़ितों से मुलाकात की थी और पूरे मामले की जांच की मांग की है।
कवर्धा। कवर्धा में बेटे के कर्ज और पैसे मांगने से परेशान माता पिता ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। दंपति ने बेटे को पहले करेंट लगाया फिर साड़ी के फंदे से गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना कवर्धा थाना क्षेत्र के घुघरी ग्राम की है। पुलिस ने बेटे के हत्यारे माता-पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। दरअसल, 21 मई की सुबह ग्राम घुघरी के खेत में राजू राजपूत अपने बोर घर के पास मृत हालत पड़ा मिला था। पुलिस मौके पर पहुंची तो मृतक के गले, सिर, हाथ, पैर, घुटने और पेट में चोट के निशान मिले। पुलिस ने मामले को हत्या से जोड़कर जाँच शुरू की गई। मृतक के पीएम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या करने की बात सामने आई। मामले में अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना कवर्धा में अपराध 302 पंजीबद्ध किया गया। पुलिस टीम द्वारा मृतक राजू सिंह के हत्या के संबंध में बारिकी से जांच करते हुए परिजनों से पूछताछ किया गया। पूछताछ में माता-पिता द्वारा बार-बार बयान बदले जा रहे थे। कड़ाई से पूछताछ करने पर मृतक के पिता जगदीश राजपूत व माता कुमारी राजपूत ने बताया कि बेटा राजू सिंह राजपूत बुरी संगत में पड़कर जुआ सट्टा खेलने का आदी हो गया था। घर में रखे पैसे को ले जाकर जुआ, सट्टा में उड़ा देता था जिस कारण उस पर लाखों रूपये का कर्ज था। कर्ज चुकाने के लिए वह आये दिन रूपये की मांग किया करता था नहीं देने पर पत्नी एवं बच्चों को भी मारपीट करता था माता-पिता को जमीन बेचकर पैसा देने कहता था। मृतक बेटे को रूपये देते-देते परेशान हो गये थे। आरोपीगण मृतक राजू को जान से मार देने की साजिश के तहत अपने बेटे राजू सिंह को 20 मई को अपने खेत में बोर बनाने के बहाने बुलाया और स्टार्टर बना दो कहकर मृतक द्वारा स्टार्टर बना रहा था। उसी दौरान माता पिता ने मृतक के गर्दन, पीठ में कई बार करेन्ट का झटका दिया। करेंट लगने से मृतक खम्भा से टकराकर जमीन पर गिर गया। जिसके बाद दोनों ने मिलकर झोपड़ी में पड़े पुराना साड़ी के कपड़ा से बेटे का गला दबाकर हत्या कर दिए। आरोपी जगदीश राजपूत के द्वारा बिजली का तार एवं पुराने साड़ी के कपड़ा को अपने खेत में छुपाकर रख दिया था जिसे आरोपी के बताये अनुसार बरामद किया गया। धारा 302,120बी, 201,34 भादवि के तहत गिरफ्तार कर ज्यूश्यिल रिमाण्ड पर भेजा गया है।
दुर्ग। जिले के नंदिनी थानांतर्गत नंदिनी एयरोड्रम क्षेत्र जो भिलाई इस्पात संयंत्र के अंतर्गत आता है, के लगभग पचास एकड़ में फैले क्षेत्र की सूखी घास और पैरावट में आज आग लग गई है। सूचना पर दमकल की तीन फायर ब्रिगेड वाहनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया और घंटों मशक्कत के बाद आग अब नियंत्रण में है। नंदिनी थाना प्रभारी राजेश साहू ने बताया कि आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है और अग्निशमन और क्षेत्र की सुरक्षा के लिए तीन फायर ब्रिगेड बुलवाई गयीं थीं जिसकी मदद से आग पर काबू पाया गया है, अभी आग नियंत्रण में है। यहां क्षेत्र में पूरी सूखी घास थी जिसमें आग लगी।
Adv