बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • निर्वाचन में रिपोर्टिंग का कार्य समय सीमा पर होना सबसे महत्वपूर्ण: संभागायुक्त

    18-Oct-2023

    सूरजपुर। सरगुजा संभागायुक्त शिखा राजपूत तिवारी आज सूरजपुर जिले में चल रहे विधानसभा निर्वाचन 2023 मतदान दल प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण करने पहुंची थी जहां उन्होंने प्रशिक्षण स्थल रेवती रमण मिश्र सूरजपुर, का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रत्येक कक्ष में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षार्थियों से संवाद किया। संबंधित मास्टर ट्रेनरों से प्रशिक्षण की वस्तु स्थिति के संबंध में जानकारी भी ली।

     
    इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन में रिपोर्टिंग का कार्य समय सीमा में होना सबसे महत्वपूर्ण है। यदि आप निर्वाचन की तैयारी पहले से ही कर लेंगे और किस फॉर्मेट में कौन-कौन सी जानकारी उपलब्ध करानी है या सुनिश्चित कर लेंगे तो कार्य दिवस के दिन आपको किसी भी प्रकार की समस्या से नहीं गुजरना पड़ेगा। 16 से 18 अक्टूबर तक पोलिंग पर्सन ट्रेनिंग का प्रशिक्षण चला, जिसमें 873 पीठासीन अधिकारी व 2511 मतदान अधिकारियों ने अर्थात कुल 3493 प्रशिक्षार्थियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
     
    इसके साथ ही संभागायुक्त की ओर से संयुक्त जिला कार्यालय में निर्वाचन के लिए की जाने वाली व्यवस्था का अवलोकन किया। नामांकन की प्रक्रिया विधानसभा वार कौन से कक्ष में होनी है इसके संबंध में जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने निर्वाचन से संबंधित स्थापित विभिन्न सेलों का निरीक्षण भी किया। जिसमें सी विजिल, एमसीएमसी सेल, ईईएम कंट्रोल रूम इत्यादि शामिल थे। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल, प्रशिक्षण नोडल अधिकारी लीना कोसम व अन्य अधिकारी गण उपस्थित थे।
  • हाथियों के उत्पात से धान की फसल बर्बाद

    18-Oct-2023

    कोरिया। जिले में हाथियों का उत्पात एक बार फिर से शुरू हो गया है. हाथियों के दो दल कोरिया वन मंडल के गांवों में उत्पात मचा रहे हैं. हाथियों ने धान की फसल को भी बर्बाद कर दिया है.  वन परिक्षेत्र बैकुण्ठपुर के कक्ष क्रमांक 622 में हाथियों के दो दल पहुंचे हैं. इन दोनों दलों में कई हाथियों के होने की सूचना है. दो हाथी खड़गवा वन परिक्षेत्र के देवाडांड बीट के सलका जंगल में तालाब के पास घूम रहे हैं. कुछ हाथी कोरिया वन मंडल की सीमा के पास जंगल में मौजूद है. खड़गवा के पास मौजूद हाथियों ने ग्रामीणों की धान की फसल को नुकसान पहुंचाया है. जिससे ग्रामीण परेशान हैं. रातभर जागकर घरों और फसलों की रखवाली कर रहे हैं.

    हाथियों के गांव के आस-पास घूमने से वन विभाग हरकत में आया और विभाग की टीम हाथियों के मूवमेंट की निगरानी रख रही है साथ ही ग्रामीणों को हाथियों के पास नहीं जाने की सलाह भी दी जा रही है.वन परिक्षेत्र अधिकारी खड़गवां अर्जुन सिंह ने बताया कि हाथियों से हुए धान की फसल नुकसान का आंकलन कराया जाएगा। उसके बाद ही नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. बता दें कि कुछ दिनों पहले 13 हाथियों का दल पहुंच गया था. ग्रामीणों ने अभी चैन की सांस ली ही थी कि फिर से हाथी पहुंच गए.
  • कलेक्टर की उपस्थिति में कम्प्यूटरीकृत प्रणाली के माध्यम से किया गया प्रथम रेण्डमाईजेशन

    18-Oct-2023

    नारायणपुर। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत वसंत की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट के सभा कक्ष में विधानसभा क्षेत्र के राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों और रिटर्निंग आफिसर के उपस्थिति में कंट्रोल यूनिट एवं बैलेट यूनिट का प्रथम रेण्डमाईजेशन किया गया। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी डीडी मण्डावी, रिटर्निंग आफिसर जितेन्द्र कुमार कुर्रे, व्यय एवं ईवीएम के नोडल अधिकारी डॉ. सुमित गर्ग, एमसीसी के नोडल अधिकारी प्रदीप वैद्य तथा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि इण्डियन नेशनल कांग्रेस के प्रतिनिधि, भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि और कम्युनिश्ट पार्टी आफ इंडिया के प्र्रतिनिधि उपस्थित थे। नारायणपुर विधानसभा के 265 मतदान केन्द्रों हेतु कंट्रोल यूनिट एवं बैलेट यूनिट का प्रथम रेण्डमाईजेशन किया गया, जिसमें विधानसभा अंतर्गत बस्तर, कोण्डागावं और नारायणपुर के 265 मतदान केन्द्रों के लिए कंट्रोल यूनिट एवं बैलेट यूनिट का प्रथम रेण्डमाईजेशन किया गया।

    उल्लेखनीय है कि विधानसभावार मतदान केन्द्र बस्तर में 82, कोण्डागांव में 56 और नारायणपुर में 127 मतदान केन्द्रों हेतु व्हीव्हीपैट, कंट्रोल यूनिट एवं बैलेट यूनिट रेण्डमाईजेशन में शामिल हैं। नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत तीन नये मतदान केन्द्र बनाएं गये हैं, जिसमें नारायणपुर के नयानार मतदान केन्द्र क्रमांक 87, बागबेड़ा मतदान केन्द्र क्रमांक 97 और कोण्डागांव जिले के चेमा मतदन केन्द्र क्रमांक 141 शामिल हैं। नारायणपुर जिले में मतदान केन्द्र क्रमांक-01 से 127 तक, कोण्डागांव जिले में 128 से 183 तक तथा बस्तर जिले में मतदान केन्द्र क्रमांक 184 से 265 तक मतदान केन्द्र के बैलेट एवं कंट्रोल युनिट शामिल हैं।
     
  • कॉनफ्लूएंस महाविद्यालय की पालक-शिक्षक संघ की बैठक सम्पन्न

    17-Oct-2023

    राजनांदगांव। कॉनफ्लुएंस महाविद्यालय में पालक शिक्षक संघ के द्वारा आवश्यक बैठक का अयोजन दिन्नक 12/10/2023 को किया गया, जिसमें विभिन्न निर्धारित बिंदुओं को लेकर चर्चा की गई, जैसे की हृ्र्रष्ट के बारे में पालको को अवगत कराना, कक्षाओं का सुचारू रूप से संचालन, विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों तथा अन्य बिंदुओं पर चर्चा, जिससे की पालकों को महाविद्यालय में हो रही शैक्षणिक-  

    अशैक्षणिक गतिविधियों के बारे में जानकारी प्रदान की जा सके, उक्त बैठक का संचालन कर रहे प्रो. विजय मानिकपुरी जी द्वारा पालकों को नेक ग्रेडिंग सिस्टम के बारे में बताया गया और यह जानकारी प्रदान की गई की नेक सभी महाविद्यालय के लिए आवश्यक हैं जो महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता के आधार पर  महाविद्यालय की श्रेष्ठता पर ग्रेडिंग प्रदान करता है जो महाविद्यालय के स्तर को निर्धारित करता हैं ।
     
     महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर रचना पांडे  द्वारा पालकों का स्वागत उद्बोधन किया गया तथा पालकों के मन में विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक  गतिविधियो को लेकर  जो भी शंकाए थी उसे  जानने का प्रयास किया गया और उनसे महाविद्यालय में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में अपनी सहभागिता एवं उपस्थिति प्रदान करने का अनुरोध किया गया । बैठक में उपस्थित  पालकों ने बैठक के दौरान विभिन्न प्रकार के विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय के विकास हेतु सुझाव प्रदान किए  जिसमें पालकों ने सयुंक्त रूप से कहा कि विद्यार्थियों को नियमित रूप से गृह कार्य भी प्रदान किया जाए ताकि वह महाविद्यालय से घर वापस आने के पश्चात भी अपनी शिक्षा पर ध्यान दे सके, विद्यार्थियों के नियमित गतिविधियों के बारे में पालकों को समय-समय  जानकारियां प्रदान जाए विशेष रूप से जो व्हाट्सएप ग्रुप विद्यार्थी हेतु बनाया जाता है, उसमें पालकों का भी नंबर जोड़ा जाए ताकि उनके पाल्यो पर पालकगण विशेष रूप से ध्यान केंद्रित कर पाए  तथा यह भी अनुरोध किया गया की विद्यार्थियो की नियमित उपस्थिति एवं अनुपस्थिति का ब्यौरा भी व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से प्रेषित किया जाए, जिस पर प्राचार्य एवं समस्त प्राध्यापकों ने संयुक्त रूप से उक्त सुझाव एवं अनुरोध  को मान्य कर इसे नियमित कार्य में शामिल करने हेतु पालकों को आश्वासन प्रदान किया । बैठक के दौरान नवीन सत्र में पालक शिक्षक संघ के गठन एवं  उक्त हेतु विभिन्न पदों पर नवीन पालक सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया को भी संपन्न किया गया, जिसमें अध्यक्ष के रूप में श्री आशीष मुंडेल जी उपाध्यक्ष के रूप में श्रीमान सुरेश करियारी जी एवं सचिव के रूप में श्रीमती कीर्ति रामटेके जी चयनित हुए, नवीन पालक सदस्यों का  प्राचार्य द्वारा श्रीफल  भेट कर सम्मान किया गया । उक्त बैठक के समापन में पालक-शिक्षक संघ के प्रभारी सुश्री आभा प्रजापति (विभागाध्यक्ष, प्रबंधन विभाग) द्वारा पालकों का धन्यवाद ज्ञापन करते हुऐ आश्वासन प्रदान किया गया कि पालकों के सुझाव के अनुरूप प्रत्येक क्षेत्र  पर महाविघालय कार्य करेगा और   आवश्यकता पढऩे पर पालकों से सहयोग की अपेक्षा भी रखी जायेगी तथा अनुरोधपूर्ण पालकों का  महाविद्यालय द्वारा आयोजित प्रत्येक बड़े  कार्यक्रमों में भी उनकी उपस्थिति रहे ऐसे विषेश बातों पर भी ध्यान केंद्रित करने की आशा जताई गई । यह बैठक श्रीमती प्रीति इंदौरकर, सहा. प्रा. देविका देवांगन, सहा. प्रा. सुमन साहू, सहा. प्रा. युक्त साहू एवं सहा. प्रा. ऐश्वर्या श्रीवास्तव  समेत समस्त प्राध्यापकों  के सहयोग पूर्ण हुआ।
  • 25 हजार अधिकारी-कर्मचारियों ने ली अनिवार्य मतदान की शपथ

    17-Oct-2023

    महासमुंद। विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के अंतर्गत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभात मलिक के निर्देश पर आज महासमुंद जिला स्तरीय कार्यालयों, मैदानी स्तर के कार्यालयों के लगभग 25 हजार अधिकारी-कर्मचारियों ने 17 नवम्बर को होने वाले मतदान के लिए शपथ लेकर संकल्प पत्र में हस्ताक्षर किए। स्वीप कार्यक्रम अंतर्गत इस अभियान में कलेक्ट्रेट कार्यालय, जिला पंचायत, वन विभाग, अनुविभाग, तहसील, विकासखण्ड, ग्राम पंचायत सहित नगरीय निकायों एवं सभी मैदानी स्तर के कर्मचारियों ने मतदान करने शपथ ली।

    अभियान के नोडल अधिकारी मैनेजमेंट रेखराज शर्मा ने बताया कि मतदाता शपथ ग्रहण अंतर्गत आज सुबह 10ः30 बजे शपथ लिया गया कि ‘‘हम भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे तथा दिव्यांगजन मतदाताओं को मतदान करने हेतु प्रेरित करेंगे। शपथ के पश्चात मतदाता जागरूकता अभियान के संबंधित स्लोगन को पढ़कर सुनाया गया।
  • बोलेरो से 4 लाख कैश जब्त, चेकिंग के दौरान उड़नदस्ता दल को मिली सफलता

    17-Oct-2023

    रायगढ़। जूटमिल थाना क्षेत्र अंतर्गत जूटमिल पुलिस और उड़नदस्ता दल (FST) द्वारा तीन कार से 15 लाख 64 हजार 500 नगद रकम जप्त कर विधि अनुरूप कार्यवाही किया गया है । ज्ञात हो कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार ₹50,000 से अधिक कैश परिवहन के समय संबंधित व्यक्ति को पुलिस/उड़नदस्ता दल को उचित दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा।

    जिले के सभी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत स्थानीय पुलिस व उड़नदस्ता दल लगातार जांच कार्यवाही कर रही है । इसी क्रम में कल रात FST टीम- 2 के अधिकारी व कर्मचारियों द्वारा निर्धारित सेक्टर में भ्रमण कर अवैध रूप से लगाये गये पोस्टर, बिना अनुमति ध्वनि विस्तारक यंत्र से राजनैातिक प्रचार-प्रसार चेक करने के साथ बोईरदादर रोड़ पर अवैध प्रचार सामग्री एवं संदेहास्पद संपत्ति परिवहन की आशंका पर चक्रधरनगर पुलिस के साथ वाहनों को चेक किया जा रहा था । इसी दरमियान एक सफेद रंग के बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी 12 बी0जेड0 6933 को रोक कर चेक करने पर ड्राइवर सीट के बगल में एक थैला में कुछ संदेहास्पद वस्तु देखा गया । वाहन में मौजूद महिपाल सिंह पिता शिवचरण सिंह उम्र 61 वर्ष निवासी कृष्णा नगर थाना कोतवाली रायगढ़ से थैले के संबंध में पूछताछ करने पर उन्होंने थाले में नगद रूपये होना बताया, टीम द्वारा चेक करने पर थैले में 500, 100 और 20 के नोट कुल ₹4,01,120 होना पाया गया । रूपयों के संबंध में महिपाल सिंह से पूछताछ कर चुनाव आयोग के दिशा निर्देशों के अनुरूप विधिवत नोटिस देकर पुलिस ने मौके पर संदिग्ध रकम की धारा 102 सीआरपीसी के तहत जप्ती कार्यवाही किया गया है । कार्यवाही में गौरव पटेल (जीएसटी), श्री प्रशांत राव आहेर (निरीक्षक थाना प्रभारी चक्रधरनगर), प्रधान आरक्षक सतीश पाठक, आरक्षक विनोज लकड़ा, वनरक्षक राजेश उरांव और वाहन चालक मेल प्रकाश मिंज की अहम भूमिका रही है।
  • फॉरेस्ट बैरियर पर पकड़ा गया गांजा तस्कर, बाइक से कर रहा था सप्लाई

    17-Oct-2023

    रायगढ़ । जिले में विधानसभा निर्वाचन 2023 निष्पक्ष व शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार के दिशा निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय महादेवा एवं समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारीगण के मार्गदर्शन व नेतृत्व पर सभी थाना क्षेत्र अंतर्गत मादक पदार्थों की अवैध खरीदी-बिक्री, परिवहन और सामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्यवाही जारी है । इसी क्रम में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी धरमजयगढ़ दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन पर सीमावर्ती क्षेत्र ओड़िसा, झारखंड से मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर थाना लैलूंगा, धरमजयगढ़, तमनार, चौकी रैरूमाखुर्द पुलिस क्षेत्र में मुखबीर सक्रिय कर प्रमुख बैरियर व चेक पोस्ट पर सभी आने-जाने वालों की सघन पतासाजी की रही है ।

    इसी कड़ी में मुखबिर सूचना पर चौकी प्रभारी रैरूमाखुर्द उप निरीक्षक ऐनु देवांगन के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा बाकारूमा फॉरेस्ट बैरियर में घेराबंदी कर एक संदिग्ध होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 13 यू.एफ. 2847 को पकड़ा गया । पुलिस को सूचना मिली थी कि व्यक्ति एक व्यक्ति साइन बाइक पर उड़ीसा से गांजा लेकर लैलूंगा की ओर से रैरूमा की ओर आ रहा है । घेराबंदी में पकड़े गए व्यक्ति अपना नाम सगाराम पिता पहादेव सारथी उम्र 43 साल निवासी चरखापारा पुलिस चौकी रैरूमाखुर्द का रहने वाला बताया जिसे नाकेबंदी की कार्यवाही से अवगत कराते हुए विधिवत चेक करने पर सगाराम के मोटरसाइकिल डिक्की के अंदर तीन अलग-अलग प्लास्टिक के पैकेट में कुल 3 किलो 50 ग्राम मादक पदार्थ गांजा कीमती ₹36,000 मिला जिसे आरोपी सगराम द्वारा बिक्री करने के लिए लेकर आना बताया । आरोपी से जप्त 3 किलो 50 ग्राम गांजा कीमत 36,000 रुपए और मोटरसाइकिल होंडा साइन सीजी 13 यू.एफ. 2847 कीमत ₹60,000 और एक नग मोबाइल कीमत ₹1,000 कुल कीमत 97 हजार रुपए की जप्ती कर आरोपी पर पुलिस चौकी रैरूमाखुर्द (थाना धरमजयगढ़) में धारा 20 (B) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है ।
  • बगावती तेवर, बीजेपी कार्यकर्ताओं ने ही कहा – बालोद सीट हारेंगे पार्टी

    17-Oct-2023

    रायपुर। भाजपा प्रत्याशियों की घोषणा होते ही पार्टी कार्यकर्ताओं के बगावती तेवर तेज हो गई है. फिर प्रत्याशी बदलने की मांग को लेकर आज बीजेपी कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय पहुंचे. गुंडरदेही विधानसभा प्रत्याशी वीरेंद्र साहू का विरोध करते हुए प्रत्याशी बदलने की मांग कर रहे.

    गुंडरदेही से पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ नेताओं से आधे घंटे चर्चा की. बीजेपी सह प्रभारी नितिन नबीन, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, महामंत्री पवन साय ने नाराज कार्यकर्ताओं की बातें सुनी. कार्यकर्ताओं का कहना है कि 2013 के बाद बालोद में बीजेपी एक भी बार नहीं जीत पाई है. टिकट नहीं बदली तो बालोद के तीनों सीट फिर हारेंगे. वरिष्ठ नेताओं ने शीर्ष नेतृत्व तक बात पहुंचाने का आश्वासन दिया.
  • राज्यपाल हरिचंदन से गिरधारी नायक ने की मुलाकात

    17-Oct-2023

    रायपुर। राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन से आज राजभवन में छत्तीसगढ़ मानव अधिकार आयोग रायपुर के प्रभारी अध्यक्ष गिरधारी नायक ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने आयोग की गतिविधियों की जानकारी राज्यपाल को दी।

  • पोते से मिलने दादा को मिली हाईकोर्ट से अनुमति, जानिए क्या है पूरा माजरा

    17-Oct-2023

    बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने फैमिली कोर्ट के उक्त आदेश को रद्द कर दिया है, जिसमें अलग रहे माता-पिता के बच्चों से उनके दादा को मुलाकात करने की अनुमति देने से इंकार कर दिया गया था। इसके अलावा हाईकोर्ट ने यह आदेश भी खारिज कर दिया जिसमें पिता को बच्चे से केवल कोर्ट परिसर में मिलने की अनुमति दी गई थी।

     
     
     
    राजनांदगांव जिले के एक दंपती के बीच अलगाव के बाद उनके बच्चों की अभिरक्षा को लेकर एक प्रकरण परिवार न्यायालय में चल रहा है। बच्चे इस समय मां के पास हैं। बच्चों के पिता और उसके दादा ने उनसे मुलाकात के लिए उक्त न्यायालय में आवेदन लगाया था। न्यायालय ने पिता को कोर्ट परिसर में बच्चों से मुलाकात की अनुमति दी लेकिन दादा के आवेदन को रद्द कर दिया।
     
    इस आदेश के खिलाफ बच्चों के पिता और दादा ने हाईकोर्ट में अपील की। जस्टिस गौतम भादुड़ी और जस्टिस दीपक कुमार तिवारी की डिवीजन बेंच में इसकी सुनवाई हुई। बेंच ने पिता को केवल कोर्ट परिसर मुलाकात करने की शर्त को हटा दिया और कहा कि कोर्ट का माहौल बच्चों के लिए अनुकूल नहीं है। इसके अलावा दादा को भी मिलने की अनुमति देते हुए कोर्ट ने कहा कि याचिकाकर्ता बच्चों के दादा की उम्र 80 वर्ष है। बच्चों के लालन-पालन में उसकी भूमिका महत्वपूर्ण है। बच्चों को उनके साथ संपर्क से वंचित नहीं किया जा सकता।
  • ज्वेलरी संचालक का बैग लेकर भागे बाइक सवार, पुलिस ने की नाकेबंदी

    17-Oct-2023

    बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं। वहीं बलरामपुर के रामानुगंज में दो बाइक सवार लुटेरों ने दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान संचालक का सामान पार कर दिया। फिलहाल पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है। यह घटना रामानुजगंज के आढ़त मोड़ स्थित ज्वेलरी दुकान की है।

    मिली जानकारी के अनुसार, ज्वेलरी दुकान में संचालक  झोले में सामान लेकर पहुंचा। वह वहां पर झोले (बैग) को रखकर दुकान का ताला खोल रहा था। इस दौरान बाइक सवार लुटेरों ने सामान से भरे झोले को पार कर दिया। शिकायत के बाद पुलिस ने जिले भर की पुलिस को अलर्ट कर दिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
  • अभनपुर-राजिम रोड में गांजा तस्कर गिरफ्तार

    17-Oct-2023

    रायपुर। अभनपुर-राजिम रोड में गांजा तस्कर की गिरफ्तारी हुई है. जानकारी के मुताबिक  एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट अंतर्गत गठित नारकोटिक्स सेल की टीम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना अभनपुर क्षेत्रांतर्गत कठिया मोड़ अभनपुर राजिम मार्ग नायकबांधा के पास एक व्यक्ति बैग में गांजा रखा है तथा कहीं जाने की फिराक में है। जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण नीरज चन्द्राकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध पिताम्बर पटेल, उप पुलिस अधीक्षक क्राईम दिनेश सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक नवा रायपुर जितेन्द्र चन्द्राकर द्वारा प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना प्रभारी अभनपुर को सूचना की तस्दीक करते हुए व्यक्ति की पतासाजी कर गांजा के साथ रंगे हाथ पकड़ने निर्देशित किया गया।

     
    जिस पर उप पुलिस अधीक्षक क्राईम दिनेश सिन्हा के नेतृत्व में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना अभनपुर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उक्त स्थान पर जाकर व्यक्ति की पतासाजी करते हुए व्यक्ति को चिन्हांकित कर पकड़ा गया। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम कुंदन कुलदीप निवासी महासमुंद का होना बताया गया। टीम के सदस्यों द्वारा कुंदन कुलदीप की बैग की तलाशी लेने पर बैग में गांजा रखा होना पाया गया। जिस पर आरोपी कुंदन कुलदीप को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कुल 10 किलो 200 ग्राम गांजा कीमती लगभग 1,05,000/- रूपये जप्त कर आरोपी के विरूद्ध थाना अभनपुर में अपराध क्रमांक 466/23 धारा 20बी नारकोटिक एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही किया गया।पूछताछ में आरोपियों द्वारा गांजा को उडीसा से लाना बताया गया है।
     
    गिरफ्तार आरोपी –  कुंदन कुलदीप पिता सुदर्शन कुलदीप उम्र 24 साल निवासी पुटका थाना सिंघोड़ा जिला महासमुंद।
     
  • निर्वाचन में पीठासीन व मतदान अधिकारियों की जिम्मेदारी सबसे महत्वपूर्ण: कलेक्टर

    16-Oct-2023

    अंबिकापुर। कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में सोमवार को विधानसभा निर्वाचन 2023 के लिए होली क्रॉस कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल पटपरिया में पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारी क्रमांक 1 के अधिकारियों का मतदान के संबंध में प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी कुंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने विभिन्न कक्षों में चल रहे इस प्रशिक्षण का अवलोकन किया। इस दौरान प्रशिक्षण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी व नगर निगम आयुक्त अभिषेक कुमार, उपजिला निर्वाचन अधिकारी सुनील नायक तथा सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।

     
    प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स व सेक्टर अधिकारियों की ओर से कुल 937 पी-0 पीठासीन अधिकारियों और 937 पी-1 मतदान अधिकारियों को मतदान मतदान प्रक्रिया, ईवीएम सीलिंग, मॉक पोल, विभिन्न सूचना प्रपत्र आदि की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध पीपीटी व वीडियो के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया।
     
    कलेक्टर कुंदन ने कहा कि आप सभी चुनाव प्रक्रिया में रीढ़ की हड्डी हैं। प्रशिक्षण को गम्भीरता से लें, आप सभी को एक बड़ी जिम्मेदारी दी जा रही है, अपने कार्य का निर्वहन निष्ठा के साथ करें। उन्होंने निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लेने के लिए शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर ने स्वयं पीठासीन अधिकारियों तथा मतदान अधिकारियों से प्रशिक्षण में मिली जानकारी के सम्बंध में सवाल किए व मॉक पोल करवाया। इस दौरान प्रशिक्षण के अंत में आंकलन के लिए प्रशिक्षण से सम्बन्धित टेस्ट आयोजित किया गया, जिसमें 20 सवालों के जवाब दिए गए।
     
    इसी प्रकार 21 अक्टूबर 2023 को मतदान अधिकारी पी2 व पी3 की सहा. प्राध्यापक डॉ आरके मिश्रा व एसएन पाण्डेय के द्वारा पीठासीन अधिकारी व मतदान अधिकारियों को प्रथम चरण का प्रशिक्षण दिया जाएगा। सर्व डीएलएमटी व एएलएमटी के द्वारा 08 नवंबर 2023 को सीनियर सेकेण्डरी होलीक्रास कान्वेंट स्कूल पटपरिया में सर्व पीठासीन अधिकारी व मतदान अधिकारी सीतापुर-11, 09 नवंबर 2023 को कार्मेल स्कूल में सर्व पीठासीन अधिकारी व मतदान अधिकारी लुण्ड्रा-09 व 10 नवंबर 2023 को सुबह 10ः30 बजे से शाम 05ः30 बजे तक सीनियर सेकेण्डरी होलीक्रास कान्वेंट स्कूल पटपरिया में सर्व पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी अम्बिकापुर-10 व भटगांव -05 के पीठासीन अधिकारी व मतदान अधिकारियों को द्वितीय चरण प्रशिक्षण दिया जाएगा।
  • हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के मकान से लैपटॉप की चोरी, 2 शातिर गिरफ्तार

    16-Oct-2023

    रायपुर। क्षेत्रांतर्गत कचना स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के मकान में दिये थे चोरी की घटना को अंजाम। प्रार्थी प्रदीप कुमार चौबे ने थाना खम्हारडीह में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह कचना स्थित हाउसिंग बोर्ड कालोनी मकान नं एम.आई.जी. 55 कचना रायपुर में रहता है तथा आई.बी.सी. 24 लोधीपारा चौक रायपुर में प्रोडयूसर का कार्य करता है। प्रार्थी दिनांक 11.10.2023 को प्रातः 04.00 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकला था, घर में परिवार के लोग मौजूद थे तथा घर के बाहर के दरवाजा मे संकल लगाया था। एक घंटे बाद प्रार्थी करीबन 05.00 बजे घर वापस आया तो देखा कि उसके पत्नि, बच्चे जिस कमरे मे सोये थे वहां का दरवाजा बाहर से बंद था तथा डायनिंग हॉल एवं दूसरे कमरे में सामान बिखरा पड़ा हुआ था। घर के सामान को चेक किया तब पता चला कि घर में रखे एक नग लैपटॉप, नगदी रकम, 04 नग चांदी का सिक्का, एक जोड़ी चांदी का पायल तथा आई.बी.सी. 24 का आई-कार्ड नही था। कोई अज्ञात चोर प्रार्थी के घर के दरवाजा का सांकल खोलकर अंदर प्रवेश कर चोरी कर फरार हो गया था। जिस पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 398/23 धारा 457, 380 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।

    चोरी की घटना को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल द्वारा गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर लखन पटले, नगर पुलिस अधीक्षक विधानसभा सुरेश धु्रव तथा थाना प्रभारी खम्हारडीह को अज्ञात आरोपी की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने निर्देशित किया गया। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन व थाना प्रभारी खम्हारडीह के नेतृत्व में थाना खम्हारडीह पुलिस की टीम द्वारा घटना के संबंध में प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ करते हुए अज्ञात आरोपी की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा घटना स्थल तथा उसके आस-पास लगे सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेजों का अवलोकन करने के साथ ही प्रकरण में मुखबीर भी लगाये गये। इसी दौरान टीम के सदस्यों को घटना में संलिप्त विधि के साथ संघर्षरत 2 बालकों जो पूर्व में भी चोरी एवं लूट के अन्य प्रकरणों में बाल सम्प्रेक्षण गृह माना में निरूद्ध रह चुके है के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा विधि के साथ संघर्षरत दोनों बालकों की पतासाजी कर पकड़ा गया। घटना के संबंध में पूछताछ करने पर उनके द्वारा चोरी की उक्त घटना को अंजाम देना बताने के साथ ही चोरी के सामान को कचना खम्हारडीह निवसी विकास देशमुख के पास बिक्री करना बताया गया। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा विकास देशमुख की भी पतासाजी कर उसे पकड़ा गया। आरोपी विकास देशमुख को चोरी का सामान क्रय करने पर धारा 411 भादवि के तहत गिरफ्तार किया गया है।
    गिरफ्तार-
    01. विकास देशमुख पिता दिलीप देशमुख उम्र 20 साल निवासी बी.एस.यू.पी कॉलोनी कचना ब्लॉक नं. 30/26 थाना खम्हारडीह रायपुर।
  • 8 लाख कैश बरामद, निजी वाहन के ड्राइवर से पूछताछ जारी

    16-Oct-2023

    बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में चुनावी आचार संहिता लागू होते ही चेकिंग अभियान तेज हो गया है. इसी कड़ी में बिलासपुर जिले में पुलिस ने चेकिंग के दौरान लाखों रुपए कैश जब्त किया है. मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है. बताया जा रहा है कि निर्वाचन आयोग के निर्देश के बाद पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह (भापुसे) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेंद्र जायसवाल और नगर पुलिस अधीक्षक(सिटी कोतवाली) पूजा कुमार के मार्गदर्शन में सरकंडा थाना क्षेत्र के सीपत रोड में आकस्मिक चेकिंग पॉइंट लगाया गया था.

     
    थाना प्रभारी जय प्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में सीपत रोड बेहतराई चौक में चेकिंग के दौरान एक निजी वाहन से 8 लाख रुपए नकद मिला है. रकम के संबंध में मौके पर कोई भी वैध दस्तावेज पेश न करने पर पुलिस ने 8 लाख रुपए को जब्त कर लिया. साथ ही जिससे कैश बरामद किया गया है पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. फिलहाल सरकंडा थाना क्षेत्र में चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगी.
  • भानुप्रतापपुर में ‘आप’ ने की गारंटी सभा

    16-Oct-2023

    कांकेर। भानुप्रतापपुर में ‘आप’ ने गारंटी सभा की. प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी के समर्थन में इस सभा का आयोजन हुआ. जिसमें पंजाब की पर्यटन मंत्री अनमोल गगन मान शामिल हुईं. अनमोल गगन मान ने स्थानीय लोगों को संबोधित करते कहा कि हम जो कहते हैं, उसे पूरा करते हैं.

     
    पंजाब में ‘आप’ दे रही मुफ्त बिजली, शिक्षा और चिकित्सा साथ ही सिंचाई के लिए किसानों को मुफ्त बिजली मिल रही है. दिल्ली-पंजाब में बच्चों को मुफ्त शिक्षा मिल रही है. मोहल्ला क्लिनिक से लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिल रहा हैं. ‘आप’ ने मजदूर और किसान को मंत्री-विधायक बनाया हैं.
  • अमित शाह ने किया जीत का दावा, 3 दिसंबर को छत्तीसगढ़ में खिलेगा कमल

    16-Oct-2023

    राजनांदगांव। राजनांदगांव में नामांकन दाखिले के मौके पर सोमवार को सभा में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भूपेश सरकार को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पटवारी से लेकर सीएम तक करप्शन का चेन बन गया है। शाह ने भीड़ देखकर खुशी जताई, और कहा कि तीन दिसंबर को छत्तीसगढ़ में कमल खिलेगा। अमित शाह ने सभा की शुरुआत में पूर्व सीएम डॉ.रमन सिंह और अन्य सभी प्रत्याशियों का परिचय कराया। उन्होंने साजा से भाजपा प्रत्याशी ईश्वर साहू का परिचय कराते हुए कहा कि भुनेश्वर साहू के हत्यारों को अंजाम तक पहुंचाएंगे।

     
    केन्द्रीय गृहमंत्री ने कहा कि अटलजी ने राज्य बनाया। रमन सिंह सरकार ने 15 साल में छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने का काम किया। हर क्षेत्र को विकसित करने का काम किया। पीडीएस को बेहतर तरीके से लागू किया। उन्होंने सीएम भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए कहा कि वो अपने काम का हिसाब नहीं देते हैं, और ताम्रध्वज व राजा साहब से हिसाब लेते हैं। उन्होंने कहा कि यह चुनाव स्वर्णिम छत्तीसगढ़ बनाने के लिए है। शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ इस्पात, सीमेंट हब बना है। आईआईटी, आईआईएम, और एम्स की स्थापना की गई है लेकिन भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ को कांग्रेस दरबार का एटीएम बना दिया है। छत्तीसगढ़ का पैसा दिल्ली दरबार में जा रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में शराब, कोल घोटाले, का जिक्र करते हुए कहा कि घोटालों की ऐसी सूची पहले कभी नहीं बनी। पीएससी में भी घोटाला किया गया है।
  • 2 डीजे वाहनों पर कार्रवाई, पुलिस ने किया जब्त

    16-Oct-2023

    बिलासपुर। हाई कोर्ट के आदेश का जिले की पुलिस ने सख्ती से पालन शुरू कर दिया है। हिर्री पुलिस ने कल दो डीजे वाहनों को कोलाहल अधिनियम के तहत जब्त कर लिया। हाल के दिनों में कुल 40 गाड़ियां जब्त करके उन पर जुर्माना लगाया गया है। अब आगे इन वाहनों को सीधे राजसात कर लिया जाएगा। डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक प्रयोग प्रतिबंधित है। उच्च न्यायालय ने मोबाइल डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के अनियंत्रित प्रयोग को रोकने का निर्देश दिया है। लोगों से ऐसे डीजे वालों के खिलाफ लगातार शिकायतें आ रही हैं। हिर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत नागरिकों की शिकायत पर दो डीजे वाहनो पर कार्रवाई की गई।

     
    गणेश विसर्जन दौरान जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम एवं परिवहन विभाग ने संयुक्त अभियान चला कर 38 मोबाइल डीजे वहां जब तक किए गए थे। करते हुए उन्हें जब्त किया गया है। इन पर पुलिस व यातायात विभाग ने कोलाहल अधिनियम एवं मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं में 5 लाख 70 हजार रुपए से अधिक का जुर्माना लगाया। कई राजसात की प्रक्रिया में है।
  • 1 लाख 40 हजार का ब्राउन शुगर पकड़ाया, दो सप्लायर गिरफ्तार

    15-Oct-2023

    भिलाई। विधानसभा चुनाव के मद्दे नजर पुलिस प्रशान ने सख्ती दिखाते हुए सभी चौक-चौराहो पर चेकिंग शुरू कर दी है। आचार सहिंता लगते ही अपराधियों और नशे के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। नाके बंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है। इसी बीच नशीली ब्राउऩ शुगर के साथ 2 आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही आरोपियों के पास से एक बाइक भी जब्त की गई है।

     
     
    बता दें कि भिलाई सुपेला थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 15 ग्राम नशीली ब्राउन शुगर जब्त किया है जिसकी कुल कीमत लगभग 1 लाख 40 हजार बताई गई है। इसके बाद पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से नगदी 19 सौ रुपए समेत बाइक भी जब्त की गई है। फिलहाल इस का पता नहीं चला है कि वे नशीली ब्राउन कहां से ला रहे थे और कहां लेकर जा रहे थे। मामले में सुपेला थाना पुलिस कार्रवाई कर रही है।
  • कबीर नगर में गांजा सप्लाई करने वाला तस्कर गिरफ्तार

    15-Oct-2023

    रायपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल द्वारा रायपुर पुलिस के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों सहित प्रभारी एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट को नशे का काला कारोबार करने वाले कारोबारियों की पतासाजी कर कार्यवाही करने एवं इस पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाने आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये है। जिस पर समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट की टीम द्वारा मुखबीर लगाकर, पेट्रोलिंग व सूचना संकलन कर नशे का कारोबार करने वाले कारोबारियों के संबंध में सूचना एकत्रित की जा रही है। इसी तारतम्य में दिनांक 14.10.23 को थाना कबीर नगर टीम को सूचना प्राप्त हुई कि वाल्मिकी नगर में मोह. एजाज उर्फ बाबू अपने पास अवैध रूप से गांजा बिक्री करने हेतु रखा है।

    जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम जय प्रकाश बढ़ई, नगर पुलिस अधीक्षक आजाद चौक मयंक गुर्जर (भा.पु.से) द्वारा प्रभारी थाना प्रभारी कबीर नगर को सूचना की तस्दीक कर आरोपी को गांजा के साथ रंगे हाथ पकड़ने निर्देशित किया गया। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी कबीर नगर श्रुति सिंह के नेतृत्व में थाना कबीर नगर पुलिस टीम द्वारा उक्त स्थान पर जाकर मुखबीर द्वारा बताये हुलिये के व्यक्ति की पतासाजी कर चिन्हांकित कर पकड़ा गया। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम मोह. एजाज उर्फ बाबू निवासी बाल्मिकी नगर कबीर नगर रायपुर का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा उसके पास रखें थैला के अंदर पॉलीथीन की तलाशी लेने पर पॉलीथीन में गांजा रखा होना पाया गया। जिस पर आरोपी मोह. एजाज उर्फ बाबू को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कुल 1 किलो 400 ग्राम गांजा कीमती लगभग 8,000/- रूपये जप्त कर आरोपी के विरूद्ध थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 200/23 धारा 20(बी) नारकोटिक्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही की गई।
    गिरफ्तार आरोपी – मोह. एजाज उर्फ बाबू पिता स्व. मोह. उस्मान उम्र 42 वर्ष साकिन ब्लाक व्ही. 05/20 वाल्मिकी नगर थाना कबीर नगर जिला रायपुर।
Top