बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • जिले में कंडम हो चुकी 17 सिटी बसें बिकेंगी

    14-Jul-2023

    शहरी सार्वजनिक सर्विस सोसाईटी का फैसला 

    रायपुर। रायपुर जिला शहरी सार्वजनिक सर्विस सोसाईटी की साधारण सभा की बैठक कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट परिसर स्थित कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित की गई। इस बैठक में रायपुर जिला शहरी सार्वजनिक सर्विस सोसाईटी के द्वारा संचालित सिटी बसों के संबंध में चर्चा हुई। बैठक मे बताया गया कि वाहन कम्पनी द्वारा अधिकृत डीलर द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट में कुल 17 सिटी  बसों के स्पेयर्स पार्ट्स आसानी से उपलब्ध न होने से मरम्मत नही होने की जानकारी दी गई है। साथ ही यह भी बताया गया है कि स्पेयर्स पार्ट्स उपलब्ध होने पर भी प्रतिवर्ष अतिरिक्त व्यय आएगा। अतएव समस्त 17 बसों को सिटी बसों के रूप मे चिन्हित मार्ग में संचालन हेतु नही माना गया है। बैठक में जानकारी दी गई कि वाहन की वर्तमान औसत आयु 07 वर्ष की हो चुकी है जबकि शासन के नियमानुसार डीजल चलित वाहन को 15 वर्ष तक संचालित किए जाने का प्रावधान है। अत: उक्त बसों को स्क्रैप न करते हुए मूल्यांकन कराने के पश्चात् बेचने का निर्णय लिया गया। बैठक में युवतियों के कौशल उन्नयन के लिए नवगुरूकुल फाउंडेशन पर चर्चा हुई। जिसके अनुसार यह निर्णय लिया गया कि बेरोजगारी भत्ते से ही चिन्हित छात्राओं को कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा।  छात्राओं को रूकने तथा प्रशिक्षण हेतु चिन्हित भवनों या हॉस्टल में किए जाने सोसायटी मद से किए जाने की स्वीकृति दी गई। बैठक में नगर निगम आयुक्त मयंक चतुर्वेदी, आरटीओं शैलाभ साहु, सीएमएचओ मिथलेश चौधरी सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।
  • कुंडली दोष दूर करने का झांसा, युवती से सवा लाख की ठगी

    14-Jul-2023

    रायपुर। कुंडली दोष के चलते शादी नहीं होने और परिवार में अशुभ होना बताकर एक युवती को फर्जी पुजारी ने आनलाइन ठग लिया। फर्जी पुजारी ने युवती को पूजापाठ और अनुष्ठान से कुंडली दोष और संकट दूर कर देने का झांसा दिया। इसके बाद अलग-अलग पूजा करने के नाम पर 16 बार रकम जमा करवाई। युवती भी फर्जी पुजारी से मुलाकात किए बिना ही उसके बताए बैंक खाते में रकम जमा करती गई। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक आजाद चौक इलाके में रहने वाले युवती (31) को किन्नूलाल पांडेय नाम के व्यक्ति ने कॉल किया। उसने ''खुद को कामाख्या देवी गुवाहाटी का पंडित बताया। बातचीत में उसने युवती को बताया कि उसकी कुंडली में ग्रह-नक्षत्र दोष है। इस कारण उसके कई काम नहीं हो पा रहे हैं। शादी, कॅरियर और परिवार पर भी संकट है।

    परिवार में अकाल मृत्यु का दिखाया भय
    दूसरे दिन ठग ने फिर काल किया और बताया कि एक और पूजा करना पड़ेगी, तभी ग्रह नक्षत्र शांत होंगे। इसके बाद युवती ने फिर 10 हजार रुपए उसके बताए खाते में ट्रांसफर कर दिए। अगले दिन फिर कॉल आया और उसके घर में अनिष्ट और अकाल मृत्यु का भय दिखाया। घबराई युवती पूजा-पाठ के लिए उसके बताए बैंक, खातों में एक के बाद रकम जमा करती गई। उसने कुल 1 लाख 24 हजार 701 रुपए जमा कर दिए। इसके बाद भी उसने रकम मांगना नहीं छोड़ी, तो युवती ने आजाद चौक थाने में शिकायत की। पुलिस ने आरोपी किन्नूलाल पांडेय के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आजाद चौक के टीआई नितेश ठाकुर ने कहा, युवती की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पीडि़ता की आरोपी से मुलाकात नहीं हुई है। केवल फोन में बातचीत होती थी। 
  • 2.79 करोड़ का फर्जी लोन सेंक्शन कराया, 14 लोगों पर केस दर्ज

    14-Jul-2023

    बैंक अधिकारियों ने ऋणियों से सांठ-गांठ कर बैंक को लगाया चूना 

    रायपुर। बैंक अधिकारियों ने लोनी व्यक्तियों से सांठगांठ कर बैंक को चार करोड़ 60 लाख रुपये से अधिक का बैंक को चूना लगाया है। कोर्ट के आदेश के बाद सरस्वती नगर थाना पुलिस ने 14 लोगों पर अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने अनिल सिंह भदौरिया, दिलीप सिंह, सोनू देवांगन, सुधीर गुप्ता, अबान अहमद खान, भागवत प्रसाद यादव, परवेज खान, सुमित दुबे, अमित कुमार सिन्हा, नीरज राजपूत, रवि कांत साहू, रमेश कुमार साहू, आरिफ रहमान सिद्दीकी, इरफान काजी, अयान काजी, सहाबुद्दीन अहमद काजी, अब्दुल हसीद के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध कायम किया गया है। थाने में कोटक महिंद्रा के मैनेजर राजेश राठौर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट के अनुसार कोटक महिन्द्रा बैंक के रिलेशनशिप मैंनेजर एवं अधिकृत सेलिंग एजेन्ट के द्वारा 14 लोनी व्यक्तियों के साथ आपस में मिलकर फर्जी एवं कूटरचित जमानतदार प्रपत्र एवं अन्य दस्तावेज तैयार कर दो करोड़ 79 लाख 9744 रुपये का फर्जी लोन सैंक्शन करवा कर धोखाधड़ी की गई। राजेश राठौर ने बताया कि महिंद्रा बैंक कार्यालय सिटी प्लाजा, जीइ रोड राजकुमार कालेज नियर रामकृष्ण केयर हास्पिटल रायपुर में है। बैंक के द्वारा कुल 14 लोनी व्यक्तियों की मांग पर 15 सेकेंड हैंड ट्रक वाहन को उनके द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों के आरसीइन्शरेंस आदि का प्रथम दृष्टतया सत्यता के आधार पर आवेदक बैंक में बंधककृत कर कुल राशि 2,79,09, 744 रुपये बंधक ऋण माह अगस्त 2022 से माह नवंबर 2022 के मध्य नियम एवं शर्तो के अधीन किया गया गया था। अलग-अलग जिले के 14 लोन धाराकों को रकम दी गई। वाहन बंधककृत कर बंधक ऋण प्रदाय किए जाने उपरांत उपरोक्त सभी 14 लोनी के द्वारा बैंक को दय बंधक ऋण की राशि लगातार अदा नहीं किए जाने पर हमारी बैंक के द्वारा सभी 14 लोनी व्यक्तियों को पांच जनवरी 2023 को नोटिस भेजा गया। जिसका कोई जवाब नहीं देने पर एवं बैंक को संदेह होने पर उपरोक्त सभी लोनी व्यक्तियों को बंधककृत वाहन भौतिक सत्यापन निरीक्षण कराए जाने की नोटिस प्रेषित किया था। किन्तु उपरोक्त में से किसी भी लोनी के द्वारा उपरोक्त बंधककृत वाहन का भौतिक सत्यापन निरीक्षण आवेदक बैंक के समक्ष नहीं कराया गया और न ही नोटिस का जवाब दिया। संदेह और अधिक बढऩे पर लोनी व्यक्तियों का उनके दिए पते पर पतासाजी करने पर पता नहीं चला और वहां रहने वालों के द्वारा बताया गया कि वे लोग दिए गए पते को छोडक़र दूसरे राज्य चले गए। जब विभागीय जांच की गई तो पता चला कि बैंक के अधिकृत डायरेक्ट मार्केटिंग एजेंट अनिल सिंह भदौरिया और आपरेशन टीम के रिलेशनशिप मैनेजर दिलीप सिंह के द्वारा आपस में मिलकर षडयंत्रपूर्वक स्वत: के फायदे के लिए उपरोक्त 14 लोनी व्यक्तियों से सांठगांठ कर उन्हे लाभ पहुंचाये जाने की मंशा से प्रत्येक लोनी व्यक्तियों का फर्जी जमानदार का दस्तावेज एवं अन्य लोन प्रपत्र कूटरचित कर और इस के लिए जाली दस्तावेजों तैयार कर लोन दिलवाया गया। 
  • जिला भाजपा करेगी चरणबद्ध आंदोलन

    13-Jul-2023

    भाजपा कोर कमेटी की बैठक में बनी रणनीति 

    खैरागढ़। भारतीय जनता पार्टी विधानसभा कोर कमेटी की बैठक हुई। जिसमें विधानसभा प्रभारी,भाजपा के वरिष्ठ नेताओं सहित कोर कमेटी के सभी सदस्यों की उपस्थिति में कांग्रेस सरकार द्वारा की गई वादाखिलाफी के विरोध में बड़ा प्रदर्शन करने की रणनीति पर चर्चा हुई।
    खैरागढ़ छुईखदान गंडई जिले के निर्माण के पूर्व उपचुनाव के दौरान कांग्रेस सरकार ने जो वादे किए थे उनमें से कई ऐसी घोषणाएं हैं जिन पर कांग्रेस सरकार द्वारा काम नहीं किया गया है उन मुद्दों को लेकर जिला भाजपा खैरागढ़ में प्रदर्शन करेगी जिसमे किसानों को राहत राशि, वनांचल क्षेत्र सहित जमीनी स्तर पर घोषणाओं को पूर्ण करने में राज्य की भूपेश सरकार विफल रही है उन सभी जन हित के मुद्दों पर यह प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक में 20 जुलाई को किये जाने वाले प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता जुटेंगे। विधानसभा प्रभारी डॉ सियाराम साहू,जिला भाजपा अध्यक्ष घम्मन साहू,पूर्व विधायक कोमल जंघेल,जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह,जिला भाजपा उपाध्यक्ष टी के चंदेल, अनिल अग्रवाल,गिरिराज किशोर वैष्णव,कीर्ति वर्मा,महामंत्री पूरन वर्मा,विकेश गुप्ता,आनंद सिन्हा, शशांक ताम्रकार उपस्थित रहे।
  • चावल, खाद व शक्कर चोरी करने वाले 9 शातिर बदमाश गिरफ्तार

    13-Jul-2023

    डोंगरगांव। चावल, खाद व शक्कर चोरी करने वाले 9 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। 

    30.06.2023 से 01.07.2023 की दरम्यानी रात्रि खाद गोदाम गोडलवाही से युरिया 109 बोरी तथा सुपर फास्फेट 13 बोरी खाद को अज्ञात चोर द्वारा चोरी करने के संबंध में  लिखित आवेदन पेश करने पर अपराध क्रमांक 179/2023 धारा 457,380 भादवि कायम कर विवेचना में लिया गया। कुछ लोग एक स्वाराज मजादा गाडी मे खाद रखकर सस्ते दामों मे देने के लिए ग्राहक खोज रहे कि सूचना पर तत्काल पेट्रोलिंग पार्टी रवाना कर मौके पर घेराबंदी कर वाहन सहित 9 लोगों को पकड़ा। 
    ग्राम गोड़लवाही खाद गोदाम से 109 बोरी युरिया एवं 13 बोरी सुपर फास्फेट खाद चोरी करना स्वीकार किया। चोरी किये खाद को कन्हारपुरी निवासी गंगादास साहू एवं कन्हापुरी निवासी प्रमोद साहू के पास बेचना बताने पर चोरी गये खाद मे से कुल 35 बोरी युरिया एवं 6 बोरी सुपर फास्फेट को जब्त किया गया है। चोरी के सरगना प्रमुख अजय जैन एवं गोविंद उडिय़ा एवं राजेश निषाद के द्वारा क्षेत्रातंर्गत होने वाले अन्य चोरी के घटना को कारित करना भी स्वीकार किया। थाना डोंगरगांव के अपराध क्रमांक 87/23, 159/2023  धारा 457, 380 भादवि मे चोरी गये चावल एवं शक्कर को राजनांदगांव निवासी ओमप्रकाश साहू एवं अग्रसेन राईस मिल के मालिक विनोद अग्रवाल के पास बेचना बताने पर चोरी गये माल से 70 कट्टा चावल एवं 3 क्विंटल 50 किलो शक्कर को बरामद किया गया है। चोरी के आरोपियों 1.राजेश निषाद,पता-शिकारी महका, थाना छुरिया, 2. गोविंद उडिय़ा पता-टाटा लाईन कैंप-02 वार्ड नं0 921 के बाजू पावार हाउस थाना छावनी, 3.दिनेश कुमार गौरहा, 4.राम बचन पिता पता कब्रिस्तान के पीछे मेहमान कोयला डिपो के सामने, शास्त्रीनग कैंप 01 भिलाई ,5 पुष्पराज देशमुख, कब्रिस्तान के पीछे मेहमान कोयला डिपो के सामने, शास्त्रीनग कैंप 01 भिलाई, 6.लेखराम डहरिया ,रामनगर मुक्ति धाम तलाब के पास वार्ड नं0-26 थाना वैशाली नगर जिला दुर्ग, 7. भोज कुमर वर्मा ,पता- रामनगर मुक्ति धाम तलाब के पास वार्ड 26 थाना वैशाली नगर जिला दुर्ग ,8 श्रीकांत देशमुख ,पता- रामनगर मुक्तिधाम तलाब के पास वार्ड नं0-26 थाना वैशाली नगर जिला दुर्ग, योगेश वर्मा  अर्जुन नगर कैंप भिलाई क्रिकेट ग्राउंड के पास थाना छावनी जिला दुर्ग द्वारा खाद एवं चावल, शक्कर को चोरी करना स्वीकार करने पर आज गिरफ्तार किया गया।  आरोपी ओमप्रकाश राजीव नगर साहू धर्मशाला के पास बसंतपुर, प्रमोद कुमार कन्हारपुरी गंगादास साहू पता-कन्हारपुरी द्वारा चोरी के माल को खरीदना स्वीकार करने पर ज्युडिशियल रिमांड पर भेजा गया।
  • प्राधिकरण के विकास कार्यों को प्राथमिकता से करें जल्द पूर्ण

    13-Jul-2023

    कमिश्नर ने ली विकास कार्यों की समीक्षा बैठक

    जगदलपुर। कमिश्नर  श्याम धावड़े ने कहा कि बस्तर संभाग के इतिहास में कई वीर-वीरांगना हुए हैं, उन वीरों के स्मृति को चिरायु बनाने के लिए प्राधिकरण के माध्यम से मूर्ति स्थापना और बस्तर की जनजातीय संस्कृति व रीति-रिवाजों को पुस्तकों के द्वारा सहेजने का कार्य किया जा रहा है। इन विकास कार्यों को प्राथमिकता से जल्द पूर्ण करें। 
    कमिश्नर ने बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण मद और अन्य विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कमिश्नर कार्यालय के सभाकक्ष में लिया। उन्होंने आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त और जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों से देवगुड़ी-मातागुड़ी के जीर्णोद्धार कार्यों, बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण मद के विकास कार्यों, मुख्यमंत्री के संभाग में भ्रमण के दौरान किए गए घोषणा के क्रियान्वयन, देवगुड़ी को सामुदायिक वनाधिकार पट्टा सहित एकलव्य व प्रयास आवासीय विद्यालय की समीक्षा की। साथ ही देवगुड़ी-मातागुड़ी के जीर्णोद्वार कार्य में गुणवत्ता का ख्याल रखें। उन्होंने बस्तर संभाग में वन अधिकार मान्यता पत्र प्रदाय हेतु पूरे प्रदेश में बेहतर कार्य करने के लिए सभी जिलों की सराहना की साथ ही देवगुड़ी-मातागुड़ी के लिए जमीन संरक्षित कर सामुदायिक वनाधिकार पट्टा देने के लिए तारीफ की। श्री धावड़े ने सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर जिलों में विशेष प्रयास  कर एफआरए का बेहतर क्रियान्वयन किए जाने पर जोर दिया। समीक्षा बैठक में पुरखौती कागजात बुक के संबंध में चर्चाकर आवश्यक दस्तावेज और देवगुड़ी के महत्व को भी रेखांकित करने की जानकारी देने कहा गया। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर बी एस सिदार, माधुरी सोम, संयुक्त कलेक्टर दिनेश नाग सहित सभी जिलों के सहायक आयुक्त, संभाग के सभी जनपदों के सीईओ, नगरीय निकाय के सीएमओ, आरईएस विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
     
  • प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने की कांवड़ यात्रियों की सेवा

    13-Jul-2023

    गुरुद्वारा परिसर में नि:शुल्क भोजन एवं ठहरने हेतु व्यवस्था

    कवर्धा। जिले के कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की सेवा हेतु विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी अमरकंटक में 3 जुलाई से 31 जुलाई तक उनके ठहरने एवं भोजन हेतु भावना बोहरा द्वारा नि:शुल्क व्यवस्था की गई है। गुरुद्वारा परिसर, अमरकंटक में प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में कबीरधाम जिले से कांवड़ यात्रियों का आगमन हो रहा है जहाँ संस्थान द्वारा उनकी सेवा की जा रही है। जिले से सैकड़ों की संख्या में कांवड़ यात्री एवं श्रद्धालुओं का आगमन हो रहा है जहाँ संस्थान के सदस्यों द्वारा नि:स्वार्थ भाव से उनकी सेवा की जा रही है। गुरुद्वारा परिसर, अमरकंटक में आने वाले कबीरधाम जिले के कांवड़ यात्रियों से 12 जुलाई को भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने सपरिवार उनसे सौजन्य भेंट कर उनकी सेवा की और नर्मदा मंदिर एवं जलेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन कर प्रदेश तथा प्रदेशवासियों की उन्नति व तरक्की की कामना की। अरुण साव ने पहले कांवड़ यात्रियों का स्वागत कर उन्हें संबोधित किया एवं महाआरती व भजन संध्या में भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना की गई। 
    भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि जनसेवा के साथ-साथ धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में भावना बोहरा द्वारा सराहनीय कार्य किया जा रहा है जिसके लिए मैं उन्हें और उनकी संस्था के समस्त सदस्यों को बधाई देता हूँ। भावना बोहरा ने कहा कि कांवड़ यात्रा भगवान भोलेनाथ के प्रति आस्था एवं विश्वास का प्रतीक है और कांवड़ यात्रियों की सेवा से पुण्यदायी फल मिलता है। इस दौरान वरिष्ठ कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं ने प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव का स्वागत किया एवं सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। 
  • कमल विहार में विकलांग की हत्या का आरोपी पकड़ाया

    13-Jul-2023

    रायपुर। विकलांग की हत्या का खुलासा रायपुर पुलिस ने किया। पुलिस ने बताया कि रजनी साहू निवासी ग्राम पुटपुरा थाना कसडोल जिला बलौदा बाजार हाल कमल विहार गेट के पास बना शौचालय भवन कमल विहार रायपुर ने थाना मुजगहन में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वह अपने पति, बच्चे एवं बहन के साथ पिछले एक सप्ताह से उक्त स्थान में रहते है तथा सामने बने काम्पलेक्स के बरामदा में एक व्यक्ति रहता था जिसे वह नहीं जानती, व्यक्ति विकलांग है, बायां पैर कमजोर जैसा है तथा उसका दाहिना हाथ कलाई के पास से कटा हुआ है। दिनांक 06.07.23 की रात्रि करीबन 09:30 बजे उक्त व्यक्ति एक अन्य व्यक्ति के साथ जिसे प्रार्थिया नहीं जानती के साथ बाहर बैठकर बरामदा में शराब पी रहे थे, कि प्रार्थिया सुबह उठकर देखी तो सामने बरामदा में अज्ञात विकलांग व्यक्ति का शव पड़ा था उसके माथा में गहरा चोट दिखाई दे रहा था, खून बिखरा पड़ा था तथा पास में ही खून से सना हुआ एक पत्थर पड़ा था। किसी अज्ञात व्यक्ति ने विकलांग व्यक्ति के माथे में पत्थर से मारकर चोट पहुंचाया जिससे उसकी मृत्यु हो गई। जिस पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना मुजगहन में अपराध क्रमांक 151/23 धारा 302 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना मुजगहन पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना के संबंध में प्रार्थिया सहित आसपास के लोगों से पूछताछ कर अज्ञात मृतक व अज्ञात आरोपी की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। चूंकि प्रकरण में मृतक भी अज्ञात था जो भिक्षा मांगकर अपना जीवन यापन करता था तथा उसकी पहचान करने में काफी कठिनाई हो रही थीं। टीम के सदस्यों द्वारा मृतक व अज्ञात आरोपी की पतासाजी के संबंध में आसपास पूछताछ व तस्दीक करने के साथ ही घटना स्थल का बारिकी से निरीक्षण कर उसके आस-पास लगे सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेजों का अवलोकन करते हुए प्रकरण में मुखबीर भी लगाये गये। टीम के सदस्यों द्वारा तकनीकी विश्लेषण करने के साथ ही प्राप्त अन्य साक्ष्यों के माध्यम से भी अज्ञात आरोपी की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास किये जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी में लगी टीम के सदस्यों को घटना में संलिप्त आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई तथा आरोपी की पहचान जिला मुंगेली के सरगांव निवासी दीपक साहू के रूप में की गई। टीम के सदस्यों द्वारा आरोपी की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया, किंतु आरोपी को इस बात की भनक लग चुकी थी कि उसे पुलिस ढूंढ रहीं है। 

    जिस पर वह अलग - अलग स्थानों में फरार होकर बार - बार अपना लोकेशन बदल रहा था। इसी दौरान अंतत: टीम के सदस्यों को आरोपी की उपस्थिति जिला कोरबा मे होना पाया गया, जिस पर टीम के सदस्य कोरबा रवाना होकर आरोपी की पतासाजी करते हुए आरोपी को कोरबा के गेवरा कुसमुण्डा से पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी दीपक साहू ने बताया कि वह जिला बलौदा बाजार के भाटापारा में अपने मामा के घर रहता है तथा बीच - बीच में रायपुर आकर मजदूरी का काम करता था। दिनांक घटना को भी वह रायपुर आकर काम करने के बाद शराब पीने हेतु भाठगांव स्थित शराब दुकान से शराब खरीदकर पी रहा था इसी दौरान मृतक भी वहां आया तथा मृतक से आरोपी से पीने हेतु शराब मांगा जिस पर आरोपी उसे शराब पिलाया, इसी दौरान आरोपी ने मृतक को बताया कि उसके पास एक मोबाईल फोन है जिसे वह बिक्री करना चाहता है, जिस पर दोनों एक व्यक्ति के पास जाकर मोबाईल फोन को बिक्री कर रकम प्राप्त किये। फिर दोनों पुन: कमल विहार स्थित शराब दुकान जाकर शराब पिये एवं 01 पौवा शराब लेकर घटना स्थल पर आये जहां दोनों शराब पी रहे थे, इसी दौरान मृतक ने आरोपी से पैसों की मांग किया जिस पर दोनों के मध्य विवाद व गाली गलौच होने लगा जिससे आरोपी दीपक साहू आवेश में आकर पास पड़े हुए पत्थर से मृतक के सिर पर ताबड़तोड़ वार किया जिससे उसकी मृत्यु हो गई तथा आरोपी वहां से फरार हो गया। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना से संबंधित 01 नग मोबाईल फोन जप्त कर आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही किया गया। गिरफ्तार आरोपी- दीपक साहू पिता बाबू लाल साहू उम्र 24 साल निवासी सरगांव जिला मुंगेली। हाल पता - भाटापारा जिला बलौदा बाजार।
  • नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाला गिरफ्तार

    13-Jul-2023

    महंगी कारों और मोबाइल का शौकीन है आरोपी

    भिलाई. सुपेला पुलिस ने कलेक्टेट में बाबू की नौकरी लगाने के नाम पर लाखो की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कई बेरोजगारों से नौकरी लगाने के नाम पर ठगी को अंजाम दिया। ठगी के पैसों को आरोपी महंगी गाड़ी और मोबाइल में खर्च किया है।
    आरोपी ने अपने ही साथ काम करने वाले एक युवक को बातों में बहला-फुसला कर उसे कलेक्टेट में बाबू के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर 6 लाख की धोखाधड़ी की। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नितेश गेंड्रे प्राइवेट जॉब करता है। उसने अपने साथ काम करने वाले युवक को कलेक्टेट में बाबू को नौकरी लगाने के नाम पर लाखो रुपए को ठगी की है। 
    2022 में आरोपी और प्रार्थी का परिचय हुआ था परिचय के दौरान बताया कि नीतेश कुमार गेंड्रे लोगों से पैसे लेकर शासकीय विभाग में नौकरी लगवाता है। प्रार्थी भी आरोपी नीतेश की बातों में आ गया और उसे पैसे दे दिये। चार माह बीत जाने के बाद जब नौकरी नहीं लगी तो प्रार्थी ने अपनी रकम वापसी की मांग की जिसमे आरोपी ने आज-कल कहते हुए प्रार्थी को घुमाता रहा। जब नीतेश ने पैसे वापस नहीं किये तो प्रार्थी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। 
    सुपेला थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर पतासाजी की जा रही है। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया है। आरोपी नीतेश कुमार गेंड्रे ने पुलिस से पूछताछ में बताया है कि नौकरी लगाने के नाम पर कई बेरोजगारों से पैसा ले लिया है और अभी तक नौकरी नहीं लगाई है। आरोपी ने ठगी के पैसों से थार, फॉर्च्यूनर, इनोवा जैसी महंगी गाडिय़ां और महंगे-महंगे मोबाइल का शौक पूरा किया है। 
     
  • हाई स्पीड कार अनियंत्रित होकर पलटी, ड्राइवर घायल

    13-Jul-2023

    डिवाइडर तोड़ते हुए घर के बाहर खड़ी कार को मारी टक्कर, स्कूटी डैमेज 

    कोरबा। कोरबा जिले के दीपका-पाली मुख्यमार्ग पर तिवरता के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर घर के बाहर खड़ी कार से जा टकराई। कार ने डिवाइडर को तोड़ते हुए एक घर के बाहर खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मामला दीपका थाना क्षेत्र का है। मकान मालिक प्रमोद साहू ने बताया कि अचानक से उन्होंने टक्कर की काफी तेज आवाज सुनी, तो वे बाहर निकलकर आए। उन्होंने देखा कि उनकी कार को दूसरी कार ने टक्कर मार दी है। इससे उनकी कार के साथ-साथ घर के बाहर खड़ी एक्टिवा भी क्षतिग्रस्त हो गई है।
    उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज देखने पर दिखाई दे रहा है कि किस तरह से तेज रफ्तार कार टक्कर मारने के बाद पलटी और फिर सीधी हो गई। कार की टक्कर से डिवाइडर भी टूट गई है। ड्राइवर को हल्की चोट आई है। प्रमोद साहू ने कहा कि गनीमत ये रही कि उस वक्त बच्चे घर के अंदर थे, नहीं तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
    सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दीपका थाना पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। पुलिस ने घायल ड्राइवर को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जानकारी मिल रही है कि तेज रफ्तार कार निजी कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी की है। इधर हादसे के बाद मौके पर मोहल्लेवालों की भीड़ जमा हो गई, जिसे वहां से पुलिस ने हटाया।
  • राहुल को समर्थन: गांधी मैदान में कांग्रेस का मौन सत्याग्रह

    12-Jul-2023

    सीएम भूपेश, कुमारी सेलजा, मरकाम समेत कई मंत्री और नेता शामिल

    रायपुर। मोदी सरनेम मामले में कोर्ट से राहुल गांधी को राहत नहीं मिली है, जिसके बाद इस मसले को लेकर कांग्रेस लगातार प्रदर्शन कर रही है। इसी कड़ी में आज कांग्रेस पूरे देश में मौन सत्याग्रह कर रही है। ्रढ्ढष्टष्ट ने राहुल गांधी के प्रति समर्थन और एकजुटता दिखाने के लिए ये मौन सत्याग्रह रखा है। गांधी मैदान में प्रदेश के तमाम नेता इस सत्याग्रह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश प्रभारी कुमारी सेलजा, पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम समेत सत्ता और संगठन के कई बड़े चेहरे एक साथ मौन रहकर विरोध जताएंगे। यहां महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने सुबह 10 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक मौन प्रदर्शन करेंगे प्रदेश प्रभारी सेलजा प्रदर्शन में शामिल होने के लिए सुबह की फ्लाइट से रायपुर पहुंची। 7 जुलाई को जब कोर्ट का फैसला आया तब भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव और पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम समेत तमाम कांग्रेसी नेता सारे कार्यक्रम रद्द कर रायपुर के अंबेडकर चौक पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया था। यहां सीएम ने कहा था कि अंग्रेज केवल महात्मा गांधी से डरते थे। बीजेपी राहुल गांधी से डर रही है। अंग्रेज और बीजेपी दोनों फूट डालो राज करो की नीति पर चल रहे हैं। बीजेपी के लोग डरे हुए हैं। सच का सामना नहीं कर सकते। राहुल गांधी सच की बात करते हैं, ईमान की बात करते हैं। अब तो लोकसभा से भी सदस्यता समाप्त हो गई है फिर भी ये डर रहे हैं। राहुल गांधी ने भारत जोडऩे का काम किया। उन्होंने सच्चाई के साथ लड़ाई लड़ी। कन्याकुमारी से लेकर श्रीनगर तक हर जगह राहुल गांधी के साथ लोग थे। राहुल गांधी को भाजपाई कितना भी परेशान कर लें,राहुल गांधी न झुकेंगे और न रुकेंगे। गुजरात हाईकोर्ट ने मोदी सरनेम वाली टिप्पणी को लेकर आपराधिक मानहानि मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की दोषसिद्धि पर रोक लगाने का अनुरोध खारिज कर दिया है। सांसद पद गंवाने के बाद हाईकोर्ट ने भी राहुल को राहत नहीं दी है। जिसके बाद कांग्रेस कोर्ट के इस फैसले को लेकर असहमति जता रही है।
  • छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में चला रहे थे ऑनलाइन सट्टा, करोड़ों का मिला लेन-देन

    12-Jul-2023

    सैलरी पर सटोरिये, पांच अरेस्ट

    दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे का कारोबार करने वालों पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में ऑनलाइन सट्टा किंग कहे जाने वाले दीपक नेपाली के भाई नीरज नेपाली सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने छह मोबाइल, लैपटॉप, राउटर, पासबुक, डेबिट कार्ड और करोड़ों रुपये के लेन-देन का हिसाब बरामद किया है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि सटोरियों को बकायदा सैलरी पर रखकर काम कराया जा रहा था। 
    कुछ दिन पहले पकड़े गए आरोपियों से हुआ खुलासा: एसपी शलभ सिन्हा ने बताया कि, पुलिस ने कुछ दिन पहले जामुल थाना क्षेत्र के 32 एकड़ क्षेत्र से ऑनलाइन सट्टा चलाने वाले कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में पता चला कि इस ऑनलाइन सट्टे का संचालन के लिए वे सैलरी पर रखे गए थे। यह भी सामने आया कि इसका मास्टरमाइंड दीपक नेपाली है। दीपक ने इस पैनल का कारोबार अपने सगे भाई नीरज नेपाली और लोकेश नेपाली को दिया है। यह जानकारी सामने आने के बाद क्राइम ब्रांच डीएसपी राजीव शर्मा को टीम बनाकर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। 
    कार में ऑनलाइन सट्टे का संचालन करते पकड़ा: जांच के दौरान क्राइम ब्रांच डीएसपी को पता चला कि कैंप वन 18 नंबर रोड में रहने वाले नीरज नेपाली, आनंद यादव, जोगेंदर सिंह, सोहन मेश्राम और अयान भिलाई में रहकर ऑनलाइन सट्टे का कारोबार संचलित कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को रंगे हाथ कार में बैठकर ऑनलाइन सट्टे का संचालन करते गिरफ्तार किया। इन आरोपियों से पूछताछ की गई। इसके बाद सभी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस को इनसे अहम सुराग हाथ लगे हैं।  पुलिस ने बताया कि नीरज नेपाली अपने साथियो के साथ मिलकर इस अवैध कारोबार का संचालन कर रहा था। आरोपी आनंद यादव मूल रूप से यूपी का रहने वाला है। वह इस कारोबार की रकम के लिए बैंक अकाउंट उपलब्ध करता था। इसके लिए लोगों की आईडी लेकर धोखे से उनका खाता खुलवाता है और फिर उसे ऑनलाइन सट्टा चलाने वालों को बेच देता था।  जानकारी मिली है कि लोकेश नेपाली दो महीने पहले ही दुबई से भारत आया है। वहां वो ऑनलाइन सट्टा चलाने वाले सरगनाओं के साथ रहा। वहीं लोकेश नेपाली राजनांदगांव के तुमड़ीमोड़ हुए लूट के वारदात में शामिल था। उसके बावजूद लोकेश नेपाली का पासपोर्ट बनाया गया है। पुलिस ने बताया कि भिलाई के संग्राम चौक के 20 से 25 लडक़ों को इस ऑनलाइन सट्टे के कारोबार में दीपक नेपाली ने पैसे का लालच देकर शामिल किया है। दीपक नेपाली उन लडक़ों से उत्तराखंड और बिहार में पैनल चलवा रहा था।
  • भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को अपना ज्ञानवर्धन करना चाहिए, फ़ालतू बयानबाज़ी नहीं: सीएम भूपेश बघेल

    12-Jul-2023

    रायपुर। आज राहुल गांधी के समर्थन में आयोजित "मौन सत्याग्रह" में रायपुर में हज़ारों का जनसैलाब उमड़ा। तानाशाह सरकार को जनता जवाब दे रही है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को अपना ज्ञानवर्धन करना चाहिए, फ़ालतू बयानबाज़ी नहीं। यह बातें सीएम बघेल ने कही है.

    कांग्रेस विधायक दल की बैठक थोड़ी देर में होगी शुरू
    बैठक आज शाम 7.30 बजे होगी। मानसून सत्र में विपक्ष को जवाब देने रणनीति बनेगी। बता दें कि 7 जुलाई को जब कोर्ट का फैसला आया तब भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव और पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम समेत तमाम कांग्रेसी नेता सारे कार्यक्रम रद्द कर रायपुर के अंबेडकर चौक पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया था। यहां सीएम ने कहा था कि अंग्रेज केवल महात्मा गांधी से डरते थे। बीजेपी राहुल गांधी से डर रही है। अंग्रेज और बीजेपी दोनों फूट डालो राज करो की नीति पर चल रहे हैं।
  • भवन निर्माण सामग्री सप्लाई करने का झांसा देकर 12 लाख की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

    12-Jul-2023

    रायपुर। कम कीमत में भवन निर्माण सामग्री सप्लाई करने का झांसा देकर 12 लाख रूपये की ठगी करने वाले आरोपी सुरेश राव को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के मुताबिक विजेंद्र वर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह हनुमान नगर, मठपारा रायपुर में रहता है। पिता हेमचंद वर्मा द्वारा इसे प्रोफेसर कालोनी स्थित जमीन जो इसके माता श्रीमती कुमारी वर्मा के नाम पर है में मकान बनाने हेतु कहने पर मकान का निर्माण कराने लगा इस बीच महेश्वरी ट्रेडर्स के संचालक सुरेश राव से भवन निर्माण सामग्री सप्लाई करवाने हेतु संपर्क किया तो सुरेश राव ने कम कीमत में सप्लाई करने का वादा कर प्रार्थी से 12 लाख रू. ले लिया और भवन निर्माण सामग्री सप्लाई नहीं किया। जिस पर प्रार्थी द्वारा अन्य जगह से भवन निर्माण सामग्री लेकर मकान को बनवाया और दूसरी मंजिल भी बनाना था परंतु सुरेश राव के द्वारा 12 लाख रु. झांसा देकर ठग लेने के कारण नहीं बना सका। प्रार्थी द्वारा सुरेश राव से 12 लाख रू. को वापस मांगा तो अपने पिता रामा राव के पास रखवा देना बताते हुए जमीन बेचकर वापस देने की बात कहने लगा तथा सुरेश राव द्वारा भवन निर्माण सामग्री सप्लाई करने हेतु प्राप्त 12 लाख रू. को वापस करने बाबत एक शपथ पत्र (इकरारनामा) जिला कोर्ट प्रांगण रायपुर में गवाह योगेश वर्मा नानक राम साहू के समक्ष नोटरी तैयार कर दिया। जिसमे प्रतिमाह 25 से 30 तारीख के बीच में 50,000 रु. से 1 लाख रू. अप्रैल माह 2023 से देने का इकरार किया है परन्तु सुरेश राव के द्वारा शर्त के मुताबिक आज दिनांक तक रूपये वापस नहीं कर कम कीमत में भवन निर्माण सामग्री सप्लाई करने की झांसा देकर 12 लाख रू. लेकर धोखाधड़ी किया गया। प्रार्थी के रिपोर्ट पर थाना सिविल लाईन में अपराध क्रमांक 338/23 धारा 420 भादवि. पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

    वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना सिविल लाईन पुलिस की टीम द्वारा प्रार्थी एवं गवाहों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर आरोपी की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी सुरेश राव को चिन्हांकित कर गिरफ्तार कर आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 01 नग मोबाइल जप्त कर अग्रिम कार्यवाही किया गया है।
    गिरफ्तार आरोपी - सुरेश राव पिता रामाराव उम्र 38 साल पता सन्यासीपारा, थाना खमतराई, जिला रायपुर।
  • छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक खेल का आयोजन 17 जुलाई से होगा प्रारंभ

    12-Jul-2023

    भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र अंतर्गत छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक का आयोजन 17 जुलाई से किया जा रहा है। राजीव युवा मितान क्लब स्तर पर खेल प्रारंभ होगा और जोन स्तर तथा निगम स्तर पर तीन चरणों में खेल होगा। विजेता प्रतिभागी जिला स्तर एवं संभाग स्तर के खेलों में भाग ले सकेंगे। प्रथम लेवल में 17 जुलाई से छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक का खेल प्रारंभ होगा। इसके लिए शहर के अभी आम नागरिक, खिलाड़ी, पुरुष, महिलाएं, युवा, 18 वर्ष तक, 18 से 40 वर्ष तक व 40 वर्ष उम्र से अधिक के व्यक्ति भी भाग ले सकते हैं, खेल में उम्र का कोई बंधन नहीं है। खेल में भाग लेने के लिए उन्हें अपने संबंधित नजदीकी जोन कार्यालय में तथा राजीव युवा मितान क्लब के अध्यक्ष के पास पंजीयन कराना होगा कि वह किस खेल में भाग लेना चाहते हैं। इसके लिए विधायक देवेंद्र यादव, महापौर नीरज पाल व निगम आयुक्त रोहित व्यास के निर्देश पर आज बैठक हुई। बैठक में ओलंपिक खेल को लेकर पूरी योजना तैयार कर ली गई है।

    हरेली के अवसर पर सभी वार्ड क्षेत्रों में शामिल कर खेल का आयोजन करने पर चर्चा हुई। पंजीयन कराने के लिए नेहरू नगर जोन, वैशाली नगर जोन, जोन क्रमांक 3 मदर टेरेसा नगर, जोन क्रमांक 4 शिवाजी नगर तथा जोन क्रमांक 5 सेक्टर 6 में कार्यालयीन समय एवं अवधि में संपर्क कर पंजीयन करा सकते हैं इसके अलावा राजीव युवा मितान क्लब के अध्यक्ष से भी संपर्क कर पंजीयन करा सकते हैं। 16 प्रकार के खेल जिसमें गिल्ली डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगडी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकशी, बाटी (कंचा), बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़, रस्सी कूद, कुश्ती एवं लंबी कूद जैसे खेल शामिल है जिसमें भाग लिया जा सकता है। विधायक देवेंद्र यादव व महापौर नीरज पाल की पहल पर छत्तीसगढिय़ा खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है भिलाई निगम के प्रत्येक जोन क्षेत्र में इसका आयोजन किया जाएगा। आज की बैठक में प्रभारी सदस्य खेल व युवा कल्याण आदित्य सिंह, अधीक्षण अभियंता डीके वर्मा, सभी जोन आयुक्त, खेल के प्रभारी अधिकारी शरद चावड़ा, अतुल श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। 
  • भूपेश केबिनेट की बैठक शुरू, जल्द ले सकते है कई बड़े फैसले

    12-Jul-2023

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस साल के अंत में चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में विधानसभा सत्र 18 जूलाई से शुरू होने वाला है। विधानसभा सत्र से पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कैबिनेट बैठक बुलाई है। यह बैठक आज शाम 6 बजे मुख्यमंत्री निवास में ये बैठक होनी है। जिसमें विधानसभा मानसून सत्र को लेकर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही विधानसभा में प्रस्तुत होने वाले विधेयकों को इस बैठक में मंजूरी मिल सकती है। इसके अलावा कर्मचारियों के आंदोलन पर भी चर्चा की जा सकती है।

    बता दें कि, इसके पहले इसी महीने 6 जुलाई को हुई कैबिनेट की बैठक हुई थी, जिसमें सरकार ने काई बड़े फैसले लिए थे। जिसके बाद मुख्यमंत्री ने एक बार फिर बैठक बुलाई। आज शाम साढ़े 6 बजे मुख्यमंत्री निवास में सीएम भूपेश बघेल की अध्यक्षता में बैठक होने वाली है। इसमें डिप्टी सीएम टी एस सिंहदेव के साथ मंत्रिमंडल के सभी सदस्य भी इस बैठक में शामिल होंगे।
    जानकारी के अनुसार, भूपेश कैबिनेट की बैठक में हजारों की संख्या में नियमितिकरण की मांग कर रहे कर्मचारियों को लेकर फैसला लिया जा सकता है। इस दौरान 17 जुलाई मनाया जाने वाले पारंपरिक त्योहार हरेली को लेकर सरकार अपनी तैयारियों पर समीक्षा कर सकती है। वहीं, 18 जूलाई को होने वाले मानसून सत्र में शासकीय कामों के लिए कई प्रस्ताओं को लेकर फैसला किया जा सकता है। भारतीय स्टाम्प अधिनियम में राज्य के मुताबिक जरूरी संसोधन पर मुहर लग सकती है।
  • संविदा स्वास्थ्यकर्मियों पर एस्मा,17 से जेल भरो आंदोलन

    12-Jul-2023

    रायपुर। नियमितीकरण के लिए संविदा-कर्मी अब 17 जुलाई से जेल भरो आंदोलन शुरू करेंगे। शासन के खिलाफ जारी नारेबाजी के बीच मंगलवार को तूता धरना स्थल पर कर्मचारियों ने जेल भरो आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया। छत्तीसगढ़ सर्व विभागीय संविदा कर्मचारी महासंघ ने यह साफ कर दिया है कि हड़ताल खत्म कराने के लिए शासन को नियमितीकरण की घोषणा करनी होगी। संविदा-कर्मी 3 जुलाई से ही अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इससे ग्रामीण व पंचायत विकास मंत्रालय, ऊर्जा, स्कूल शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, चिकित्सा शिक्षा कौशल विकास और महिला व बाल विकास विभाग समेत विभिन्न विभागों में काम बाधित है। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष कौशलेश तिवारी ने कहा कि सरकार अगली कैबिनेट में 45 हजार संविदाकर्मियों को नियमित करने की घोषणा करे। कार्यकारी अध्यक्ष अशोक कुर्रे ने कहा कि उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने 3 जुलाई 2018 को सत्ता में आने पर 10 दिनों के भीतर नियमितीकरण की घोषणा की थी। कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सिन्हा ने कहा कि हमें आज तक सिर्फ आश्वासन ही मिला है।  प्रवक्ता सूरज सिंह ठाकुर ने कहा कि अगर शासन ने अनदेखी जारी रखी तो 17 जुलाई से जेल भरो आंदोलन शुरू हो जाएगा। 

    संविदा स्वास्थ्यकर्मियों की हड़ताल पर लगा एस्मा
    सरकार ने संविदा स्वास्थ्यकर्मियों की हड़ताल पर एस्मा एक्ट लगा दिया है। मंगलवार को गृह विभाग ने तत्काल प्रभाव से एस्मा लगाने का आदेश जारी कर दिया। इससे डॉक्टर, नर्स, स्वास्थ्य कर्मी व एंबुलेंस सेवाओं में कार्यरत अधिकारी व कर्मचारियों ड्यूटी से इंकार नहीं कर सकेंगे। इससे नया रायपुर में आंदोलन पर बैठे संविदा कर्मचारियों का गुस्सा फूटा। कर्मचारी संगठन ने कहा कि संविदा कर्मचारियों के हड़ताल को तोडऩे के लिए सरकार ने एस्मा लागू किया है।   इस आदेश के खिलाफ अब संविदाकर्मियों के संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कौशलेश तिवारी ने आज जल सत्याग्रह करने का ऐलान किया है। ये सभी कर्मचारी नवा रायपुर के तूता में अन्य जिलों से भारी संख्या में पहुंचे संविदा कर्मचारियों के साथ जल सत्याग्रह करेंगे।
    शिक्षक संघर्ष मोर्चा का 18 को प्रदर्शन 
    शिक्षक एलबी संवर्ग के 2 लाख कर्मी 18 जुलाई को अपनी मांगों को पूरा कराने के लिए प्रदर्शन करेंगे। संघ ने वेतन विसंगति, पूर्ण पेंशन, 7वें वेतनमान में गृहभाड़ा व देय तिथि से महंगाई भत्ता देने की मांग की है। सहायक शिक्षक फेडरेशन के अध्यक्ष मनीष मिश्र ने कि एकदिवसीय सांकेतिक प्रदर्शन के बाद 31 जुलाई से सभी जिलों व विकासखंड मुख्यालयों में धरना प्रदर्शन शुरू होगा। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी संयुक्त मोर्चा ने 1 अगस्त से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल से पहले अपनी सूची में नई मांगें शामिल कर दी हैं। मोर्चा ने पूर्ण पेंशन की पात्रता के लिए 25 वर्ष की जगह 20 वर्ष की सेवा अवधि और कोरोना काल में नई नौकरियों में स्टाइपेंड पर तीन वर्ष की परिवीक्षा अवधि को घटाकर पहले की तरह पूर्ण वेतन पर दो वर्ष करने की मांग की है। कर्मचारी अधिकारी महासंघ के संयोजक अनिल शुक्ला और कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा ने कहा कि मकान किराया भत्ता, महंगाई भत्ता, पिंगुआ कमेटी की रिपोर्ट और जनघोषणा पत्र की घोषणाओं को लागू करने की मांग पूर्ववत रहेगी।
  • चोरी के शक में आदिवासी युवक को जेसीबी से बांधा, चप्पल में थूक लगाकर रात भर पीटा

    12-Jul-2023

    अम्बिकापुर 12 जुलाई 2023। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर में सडक़ निर्माण कार्य में लगे जेसीबी वाहन को देखने गए एक आदिवासी युवक को ठेकेदार के गुर्गों ने चोरी का आरोप लगा जेसीबी में बांधकर रातभर पीटा। युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है जिसमें युवक ने बताया है कि चप्पल पर थूक-थूककर ठेकेदार के गुर्गों ने पूरी रात उसकी पिटाई की गई। घटना से प्रतापपुर क्षेत्र में तनाव का माहौल निर्मित है। मामले की भाजपा-कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों और सर्व आदिवासी समाज ने कड़ी निंदा की है। मिली जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर थाना अंतर्गत ग्राम सरहरी निवासी कलिंदर राम पिता कछरिया गोंड़ (35) सोमवार को घर से 4000 रुपए लेकर धान का बीज खरीदने गया था। शाम को वह घूमते-घूमते ग्राम मायापुर पहुंच गया, जहां पर प्रतापपुर से चंदौरा तक सडक़ निर्माण के लिए ठेकेदार द्वारा जेसीबी मशीन और अन्य बड़े-बड़े उपकरण और वाहन खड़े थे। वह उत्सुकता से सडक़ किनारे खड़े वाहनों को देखने लगा। आरोप है कि ठेकेदार के गुर्गों ने मशीन देख रहे आदिवासी युवक को पूरी रात भर बंधक बनाकर जमकर मारपीट की और गाड़ी में बांधकर रखा गया। मामले की जानकारी सुबह उसके घरवालों को मिली तो उसे किसी तरह छुड़ाकर लाया गया।

    आदिवासी युवक की बेरहमी से पिटाई के बाद में पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। क्षेत्र के लोग ठेकेदार के गुर्गों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। आदिवासी युवक के साथ मारपीट का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं भाजपा से लेकर कांग्रेस के नेता सहित अन्य समाज के नेताओं ने मामले की निंदा की है। इस मामले में पूर्ण रूप से जांच करते हुए आरोपियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। घटना को लेकर युवक के परिजन सहमे हुए हैं। ठेकेदार के गुर्गों ने उन्हें धमकी दी है कि अगर किसी को बताया तो जान से पूरे परिवार सहित मरवा देंगे।
    पुलिस बोली पीडि़त को मिलेगा न्याय
    आदिवासी युवक की पिटाई के मामले में प्रतापपुर थाना प्रभारी किशोर केरकेट्टा ने कहा कि शाम तक मामले की शिकायत नहीं पहुंची है। वीडियो संज्ञान में आया है। मामला काफी गंभीर है। पीडि़त परिवार को न्याय मिलेगा। उच्चाधिकारियों से चर्चा कर मामले में जांच की जाएगी।
  • सुघ्घर पढ़वईया में कांकेर जिले ने मारी बाजी, सबसे ज्यादा 14 स्कूलों को मिले सर्टिफिकेट

    12-Jul-2023

     कांकेर 12 जुलाई 2023। स्कूलों में अकादमिक कौशल बढ़ाने तथा बच्चों में बुनियादी दक्षता विकसित करने के उद्देश्य से शुरू की गई सुघ्घर पढ़वईया योजना में कांकेर जिला को प्रदेश में सबसे ज्यादा 14 सर्टिफिकेट मिले हैं। जिसमें प्लेटिनम, गोल्ड और सिल्वर सर्टिफिकेट मिला हैं। प्राइमरी स्कूल को 13 और एक मिडिल स्कूल को सर्टिफिकेट मिला है, इनको 15 अगस्त को सम्मानित किया जाएगा। यह कांकेर जिले के लिए शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश स्तर पर बड़ी उपलब्धि है। बीते शिक्षा सत्र 2022-23 में प्रदेश के 39 हजार से ज्यादा प्राइमरी और मिडिल स्कूलों ने चुनौती दी थी। इसके बाद प्रदेश के 4282 स्कूल थर्ड पार्टी आंकलन के लिए तैयार हुए। परंतु प्रदेश स्तर पर केवल 721 स्कूलों का ही आंकलन हुआ। इसमें कांकेर जिला के प्राथमिक स्तर पर 31 और मिडिल स्तर पर आठ स्कूलों का थर्ड पार्टी आंकलन राज्य स्तरीय टीम द्वारा किया गया। आंकलन की रिपोर्ट जारी कर दी गई है। प्राईमरी के 31 स्कूलों का आंकलन किया गया जिसमें चार प्लेटिनम, पांच गोल्ड और चार स्कूल को सिल्वर सर्टिफिकेट और आठ मिडिल स्कूलों का आंकलन किया गया। जिसमें एक स्कूल को सिल्वर सर्टिफिकेट मिला है। पुरूकार पाने के मामले में पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा पुरूस्कार कांकेर जिला को मिला है। प्रदेश के 16 जिलों बिलासपुर, गौरेला- पेंड्रा मरवाही, मुंगेली, कवर्धा, रायपुर, महासमुंद, बलौदाबाजार, गरियाबंद, नारायणपुर, बीजापुर, कोरिया, सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, सूरजपुर, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के किसी भी स्कूल को सर्टिफिकेट नहीं मिला है।

     
    प्लेटिनम, गोल्ड व सिल्वर पाने वाले स्कूल
    नरहरपुर विकासखंड के शा. व्वायज आश्रम प्राईमरी स्कूल चारभट्टी, शा. प्राईमरी स्कूल भेलवापारा चनार, शा. प्राईमरी स्कूल पंडरीपानी चंवाड़ और दुर्गुकोंदल विकासखंड के शा. प्राईमरी स्कूल कर्रामाड़ को प्लेटिनम सर्टिफिकेट मिला है। नरहरपुर विकासखंड का शा.प्राईमरी स्कूल मुंजागोंदी मरकाटोला, दुर्गुकोंदल विकासखंड के शा. प्राईमरी स्कूल हल्बापारा मर्रामपानी और शा. प्राईमरी सकूल बोरकाटोला कोदापाखा, चारामा विकासखंड का शा. प्राईमरी स्कूल मांझीपारा पंडरीपानी, विकासखंड कांकेर का शा. प्राईमरी स्कूल माहुरबंदपारा को गोल्ड सर्टिफिकेट और कोयलीबेड़ा विकासखंड का शा. प्राईमरी स्कूल पीव्ही 30 माटोली, भानुप्रतापपुर विकासखंड का शा. प्राईमरी स्कूल जंजालीपारा कोरर,  चारामा विकासखंड का शा. प्राईमरी सकूल टिकरापारा गिरहौला और शा. प्राईमरी सकूल सिरसिदा बड़ेगौरी को सिल्वर सर्टिफिकेट मिला है। मिडिल स्कूल में बस्तर संभाग में केवल कांकेर जिला के एक स्कूल चाराम विकासखंड के शा. उच्च प्राईमरी स्कूल रतेसरा को सिल्वर सर्टिफिकेट मिला है।
  • फर्जी ईडी अधिकारी मामलें में एक और आरोपी गिरफ्तार

    11-Jul-2023

    दुर्ग। ईडी के नाम पर ठग अधिकारी गिरोह का पर्दाफाश दुर्ग पुलिस ने बीते दिनों करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। मामले के तीन फरार आरोपियों में से एक आरोपी आसिम को आज पुलिस ने पकडऩे में सफलता हासिल की है, जिसे दुर्ग पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर लेकर दुर्ग लौट रही है। वहीं अन्य दो की तलाश जारी है। 27 जून को दुर्ग के कारोबारी विनीत गुप्ता से महाराष्ट्र ठग गिरोह ने श्वष्ठ का अधिकारी बताकर दो करोड़ की ठगी कर ली थी। सीसीटीवी फुटेज और अत्याधुनिक माध्यमो के आधार पर आरोपियों का पता पुलिस को चला था। जिसके बाद 5 टीम बनाकर पुलिस ने महाराष्ट्र में दबिश दी थी दुर्ग पुलिस ने करीब 8 दिन महाराष्ट्र में रहकर 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों में एक महिला भी शामिल थी। आरोपियो के पास से नगद एक करोड़ 25 लाख 16 हजार एवं सोने के जेवरात जप्त किए थे पुलिस के अनुसार करीब एक करोड़ 30 लाख रुपए की रिकवरी सभी चीजों को मिलाकर कर ली गई थी वही फरार आरोपियों के पकड़े जाने पर बाकी की रकम बरामद करने का दावा किया गया था। लगातार पुलिस की 2 टीम महाराष्ट्र में रहकर फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी जिसमें आज बड़ी सफलता पुलिस को मिली है, हालांकि पकड़े गए आरोपी से रकम के बरामदगी के जानकारी दुर्ग पुलिस ने नहीं दी है। बताया जा रहा है आरोपी के दुर्ग आने के बाद ही कोई खुलासा हो पाएगा, वही पूर्व में पकड़े गए 9 आरोपियों को दुर्ग पुलिस ने 10 दिन के रिमांड पर लेकर लगातार पूछताछ कर रही है।

Top