बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • मुख्यमंत्री ने बिलासपुर -भोपाल वाणिज्यिक विमान सेवा शुरू करने के निर्णय का किया स्वागत

    25-Aug-2020

    रायपुर : मुख्यमन्त्री भूपेश बघेल ने आज केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हरदीप सिंह पुरी को ट्वीट कर बिलासपुर से भोपाल कमर्शियल हवाई सेवाएं प्रारम्भ करने के फैसले का स्वागत करते हुए कहा है की छत्तीसगढ़ को हवाई सेवा का असल फायदा तभी मिलेगा जब बिलासपुर को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और मुम्बई जैसे महानगरों से जोड़ा जाएगा। यात्रियों की अधिक संख्या होने से आर्थिक रूप से भी ऐसा करना ज़्यादा लाभप्रद विकल्प होगा। उन्होंने आशा जताई है की केंद्र सरकार इस पर विचार करेगी।

  • स्टील प्लांट में नौकरी लगाने दर्जन भर लोगों से 50 लाख की ठगी

    25-Aug-2020

     जगदलपुर : नगरनार स्टील प्लांट में नौकरी लगाने के नाम पर दर्जन भर लोगों से 50 लाख रुपये की ठगी के मामले में एक नर्स सहित 3 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है । पुलिस के मुताबिक बचेली निवासी दो युवक और धरमपुरा जगदलपुर निवासी एक महिला ने एनएमडीसी में नौकरी लगाने के नाम पर दर्जनभर लोगों से 50 लाख रुपये की ठगी की है। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने महिला चंद्रकिरण ओगर और युवक नरेंद्र चौधरी व संजय दयाल के विरूद्ध धारा 420 व 120(बी) के तहत केस दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि आरोपित महिला महारानी अस्पताल में स्टाफ नर्स है। पुलिस आरोपितों की पतासाजी कर रही है।

  • महिला सचिव की हत्या

    25-Aug-2020

     बिलासपुर : बिलासपुर में चुनचुनिया पंचायत की महिला सचिव चंदना डडसेना की लाश घर के कमरे में मिली। प्रथम दृष्ट्या हत्या का मामला माना जा रहा है। उसका शव चादर में लिपटा हुआ था। महिला सचिव की मुंह और नाक दबाकर हत्या करने की आशंका है। बताया जाता है कि सरगांव के चुनचुनिया में पंचायत सचिव चंदना डडसेना (42) पत्नी स्व. विजय अपनी बेटी के साथ उसलापुर सतनामी मोहल्ला, गुप्ता कॉलोनी में रहती थीं। उनकी बेटी राजस्थान के कोटा में है। रोज की तरह वह मंगलवार को भी अपनी मां को कॉल कर रही थी, लेकिन फोन रिसीव नहीं हो रहा था । इस पर बेटी ने अपने पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार को कॉल किया और उन्हें जानकारी दी। रिश्तेदार उसे देखने घर पहुंचे तो दरवाजा बाहर से बंद था। कुंडी खोलकर अंदर गए तो महिला का शव बेडरूम में पड़ा हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  • बिना एनओसी बन रही फैक्ट्री का हो रहा जमकर विरोध

    25-Aug-2020
    राजनांदगांव : राजनांदगांव जिले के ग्राम परेवाडीह भाठागांव से तुमड़ीलेवा मार्ग पर एक कम्पनी के द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य को लेकर बवाल शुरु हो गया है। ग्राम पंचायत के अनापत्ति प्रमाण पत्र के बगैर अवैध रूप से हो रहे फैक्ट्री के निर्माण का विरोध भी शुरू हो गया है । गांव वालों ने इसपर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। 
    जानकारी के अनुसार परेवाडीह-भाठागांव से तुमड़ीलेवा मार्ग पर पारख कंपनी के द्वारा शशि कारस नाम के व्यक्ति से जमीन खरीद कर वहां पर फैक्टरी लगाने का काम मनमाने ढंग से शुरू कर दिया है। फैक्ट्री लगाने के लिए ग्राम पंचायत से अनापत्ति प्रमाण पत्र भी नहीं लिया है, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष है। उक्त कार्य पर शीघ्र रोक नहीं लगाई गई तो ग्रामीण कभी भी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य हो सकते हैं । 
     
     
  • नियमितीकरण की मांग को लेकर विद्यामितानिनों ने किया प्रदर्शन

    25-Aug-2020

     रायपुर : प्रदेश भर के विद्यामितान ने नियमितिकरण की मांग को लेकर धरना दिया और रैली निकाली। बूढ़ापारा स्थित धरनास्थल पर जुटे इन कर्मचारियों ने कहा कि कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में विद्यामितानों को नियमित करने का वादा किया था। बताया जाता है कि प्रदेश में 2500 विद्यामितान हैं, जो दूरदराज के गांवों में बच्चों को पढ़ाने का काम करते हैं । बीते विधानसभा चुनाव के दौरान चले आंदोलन में मौजूदा स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कांग्रेस की सरकार आने के बाद नियमित करने का वादा किया था। मंगलवार को विधानसभा में सत्र शुरू होने की वजह से विधानसभा तक गांधी यात्रा निकालने सभी एक जूट हुए। बूढ़ापारा के पास पुलिस ने पहले से ही बैरीकेडिंग कर रखी थी। इसी जगह पर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया गया। विद्या मितानों ने अपना ज्ञापन जिला प्रशासन के अधिकारियों को सौंपा।

  • कोरोना संक्रमित लोगों को लेने पहुंची टीम पर पथराव

    25-Aug-2020
    जांजगीर-चांपा : जांजगीर में सोमवार शाम को उस वक्त हंगामा हो गया जब स्वास्थ विभाग और पुलिस की टीम सूचना पर कोरोना संक्रमित मरीजों को लेने गई । गांव में ही उपचार की बात करते हुए मरीजों के परिजन और गांव वालों ने खूब हंगामा किया । मरीजों को जब ले जाने की बारी आई तो स्वास्थ्यकर्मियों और पुलिस पर महिलाओं ने हमला कर दिया। ग्रामीणों के साथ मिलकर महिलाओं ने लाठी-डंडे लेकर दौड़ाया और फिर वहां से भाग रही टीम पर पत्थर बरसाए। महिलाएं संक्रमित मरीजों को गांव से ले जाने का विरोध कर रही थीं।
    जानकारी के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग की शाम को रिपोर्ट आई तो उसमें मूलमुला क्षेत्र में गांव सेमरिया के 33 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीजों को लेने के लिए गांव पहुंच गई। वहां उन्होंने बड़ी संख्या में मरीजों के परिजन के साथ ग्रामीणों की सैंपलिंग शुरू की और मरीजों को ले जाने लगे।
    इतनी बड़ी संख्या में लोगों को गांव से कोविड-19 अस्पताल ले जाने पर महिलाएं भड़क गईं और उन्होंने विरोध शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो महिलाओं ने आपा खो दिया। उन्होंने लाठी-डंडे लेकर टीम और पुलिसकर्मियों को दौड़ा लिया। फिर भाग रहे अमले पर पत्थर फेंके। महिलाओं का कहना था कि मरीजों को नहीं ले जाने देंगे।
    इसके बाद रात को पुलिसबल के साथ तहसीलदार भी पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया। बताया कि मरीजों का उपचार अस्पताल में ही बेहतर ढंग से हो सकता है। वहीं, महिलाओं का कहना था कि मरीजों के उपचार की व्यवस्था गांव में ही की जाए। इतने सारे लोगों को एक साथ गांव से नहीं ले जाने देंगे। हालांकि, काफी समझाने के बाद महिलाएं मान गईं।
  • क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण मुद्दों को विस में उठाएंगे वोरा

    24-Aug-2020

     दुर्ग : कोरोना महामारी के बीच सोशल डिस्टेंसिंग की गाइडलाइन के परिपालन के साथ ही विधानसभा का मानसून सत्र प्रारंभ हो गया है। जनहितैषी मुद्दों को लेकर हमेशा सक्रिय रहने वाले दुर्ग शहर के विधायक लोकहित के अनेक मुद्दे प्रश्नों के माध्यम से विधानसभा में उठाएंगे। श्री वोरा के लगाए प्रश्नों में जन स्वास्थ्य, चिकित्सक भर्ती, युवाओं के रोजगार, सड़कों का निर्माण, शिक्षा उपकर की राशि का सदुपयोग, कोविड 19 की रोकथाम हेतु किए गए प्रयासों की जानकारी, महत्वाकांक्षी नरूवा गरवा घुरूवा बाड़ी योजना के क्रियान्वयन, वन संरक्षण, खनिज न्यास मद के व्यय, गरीबों के लिए ब्लड बैंक, गरीबों के लिए बन रहे प्रधानमंत्री आवास की स्थिति एवं अमृत मिशन योजना समेत कई महत्वपूर्ण लोक हितैषी मुद्दे शामिल हैं। अपनी ही सरकार से प्रश्न पूछने के सवाल का जवाब देते हुए श्री वोरा ने कहा कि अपनी सरकार होने पर जनप्रतिनिधि के तौर पर जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है।

    मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने आमजनता को कुछ अभूतपूर्व योजनाओं की सौगात दी है किन्तु मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना, सुपोषण अभियान, गौठान में गोवंश का संरक्षण, जनता की मूलभूत आवश्यकता सड़क, बिजली पानी जमीनी स्तर पर मूर्त रूप ले एवं अंतिम व्यक्ति इन योजनाओं से लाभान्वित हो सके यह हम सभी की सामूहिक जवाबदारी है। वोरा दुर्ग शहर में चल रहे अमृत मिशन योजना, नवीन सड़कों एवं जिला चिकित्सालय से संबंधित भी सवाल इस सत्र में उठाएंगे।

  • जिस्मफरोशी के आरोप में 8 महिलाएं व युवतियां धरी गई

    24-Aug-2020

     महासमुंद : तुमगांव पुलिस ने छापा मार कारवाई कर एक बड़े सेक्स रैकेट का भंडा फोड़ किया है। देह व्यापार के धंधे में शामिल 8 महिलाओं और युवतियों को गिरफ्तार किया गया है। महासमुंद पुलिस के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से जिले के तुमगांव पुल के पास जिस्म का कारोबार चल रहा था, जिसकी शिकायतें लगातार पुलिस को मिल रही थी। मुखबिरों से सूचना मिली कि आज फिर कुछ युवतियां और महिलाएं एकत्र हुई हैं, जिस पर तुमगांव पुलिस ने दबिश देकर 8 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार महिलाओं और युवतियों में 2 तुमगांव, 4 रायपुर, 1 भाटापारा और 1 पश्चिम बंगाल से है।

     

  • डॉ आदिले के खिलाफ एफआईआर दर्ज

    24-Aug-2020

     रायपुर : छत्तीसगढ़ के पूर्व डीएमई डॉ. एसएल आदिले के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली युवती का महिला थाने में कई घंटे के बयान के बाद पुलिस ने अंततः एफआईआर दर्ज कर ही लिया। डॉ. की अब जल्द गिरफ्तारी हो सकती है।दरअसल, कांकेर निवासी एक युवती रायपुर स्थित डीकेएस अस्पताल में कार्यरत है। युवती का आरोप है कि साल 2017 में वह परीक्षा देने के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज गई थी। तब कॉलेज के तत्कालीन डीन डॉ. आदिले से उसका परिचय हुआ। युवती का आरोप है कि 2018 में नौकरी दिलाने का झांसा देकर डॉ. आदिले अपने घर ले गए और दुष्कर्म किया।

  • कोंडागांव से दो दिन पहले लाये गए बच्चे ने बाल संरक्षण गृह में लगाई फांसी

    24-Aug-2020

      जगदलपुर : जगदलपुर के वृंदावन कालोनी स्थित बाल संरक्षण गृह में एक नाबालिग बच्चे ने बाथरूम में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। दो दिनों पूर्व ही यह बच्चा कोंडागांव से लाया गया था । उसके खुदकुशी करने का कारण पता नहीं चल पाया है । सूचना मिलने पर जिला प्रशासन के अधिकारी केंद्र पहुंचे। घटना के बारे में अधिकारी ज्यादा जानकारी देने से बच रहे हैं। बताया जाता है कि रूटीन टाइमिंग के मुताबिक, एक-एक कर सभी बच्चे नहाने गए। मगर एक बच्चा कहीं नजर नहीं आया। जब बाथरूम की तरफ कुछ बच्चे गए तो घटना के बारे में केंद्र के अधिकारियों को जानकारी मिली। यह केंद्र आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने वाले बच्चों की देखरेख के लिए बनाया गया है। जान देने वाले बच्चे के परिजन से भी इस मामले में पूछताछ की जा रही है। 

  • नवा रायपुर में आधी रात चाकू की नोक पर लूटपाट

    24-Aug-2020

     रायपुर : नवा रायपुर में आधी रात को बाइक सवार बदमाशों ने एक सिविल इंजीनियर को लूट लिया। इंजीनियर को अपनी जान बचाने बाइक और मोबाइल छोड़कर भागना पड़ा । लुटेरे उनका मोबाइल और बाइक लेकर फरार हो गये है । लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिला है। बताया जाता है कि पोजेश वैद्य सिविल इंजीनियर है और नवा रायपुर में उसका काम चल रहा है। शनिवार को वह अपने गांव गया था। वहां से रात करीब 11.30 बजे लौट रहा था। इसी दौरान एक परिचित का कॉल आया तो वह मोबाइल पर बात करने लगा। तभी बाइक सवार 4 बदमाश पहुंचे और राज्योत्सव मैदान के पास उसके आगे गाड़ी खड़ी कर रोक लिया। चारों बदमाशों ने पहले उसका नाम-पता पूछा और फिर जेब से चाकू निकालकर उसको अड़ा दिया। पोजेश से बदमाश पर्स और रुपए मांगने लगे। इस पर पोजेश बाइक के ऊपर ही मोबाइल छोड़ दिया और भाग गया। मदद के लिए राज्योत्सव मैदान के गार्ड ऑफिस पहुंचा, लेकिन वहां ताला लगा था। आसपास भी कोई नहीं था। कुछ देर बाद पोजेश फिर हिम्मत कर घटनास्थल पर गया तो वहां कोई नहीं था। बदमाश उसकी बाइक और मोबाइल ले गए थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसकी बाइक आसपास तलाश की, लेकिन कहीं नहीं मिली। बदमाशों का भी कुछ पता नहीं चल सका है। 

  • पति को जिंदा जला कर भाग गई पत्नी

    23-Aug-2020

     धमतरी : नगरी में एक महिला ने अपने पति को जिंदा जलाकर भाग गई । बुरी तरह झुलसे युवक को अस्पताल दाखिल कराया गया है । पुलिस अब उसकी पत्नी रेवती की तलाश कर रही है । बताया जाता है कि रेवती और उसके पति गौतम के बीच आए दिन पैसों और अन्य पारिवारिक बातों पर झगड़ा हुआ करता था। शनिवार की देर रात महिला झगड़े से बेहद गुस्से में थी। उसने पति पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। घटना में युवक 45 प्रतिशत झुलस गया है। युवक की चीखें सुनकर पड़ोस के लोग मदद करने आए और उसे अस्पताल ले गए । 

  • कुल्हाड़ी मार कर पुलिस जवान की हत्या

    23-Aug-2020

     बीजापुर : जिले के कुटरू थाना क्षेत्र में एक आरक्षक की कुल्हाड़ी मार कर हत्या कर दी गई । पुलिस ने माओवादी वारदात की आशंका जताई है । जानकारी के मुताबिक सहायक आरक्षक सुरेश कुमरे राशन का सामान खरीदने बाज़ार गया था। इस दौरान उस पर किसी ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में सहायक आरक्षक सुरेश कुमरे की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हमलावर हमला के बाद मौके से फरार हो गये। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची है। पुलिस के मुताबिक फ़िलहाल मामले में जांच जारी है।

  • वन मंत्री के बड़े भाई का निधन

    23-Aug-2020
    रायपुर : प्रदेश के वन-परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर के बड़े भाई, मोहम्मद अख्तर का आज सुबह निधन हो गया। कुछ दिन पहले उन्हें कोरोना पॉजिटिव आने के बाद रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था, जहां उनकी तबियत ठीक हो रही थी, और 2 दिन पहले की जांच में वे कोरोना निगेटिव भी हो गए थे। कल ही उन्हें कमरे में शिफ्ट किया गया था, लेकिन आज सुबह दिल के दौरे के बाद वे नहीं रहे। उनकी उम्र 70 वर्ष थी। यहां मौदहापारा समेत मो. अकबर के चाहने वालों में शोक की लहर है। 
  • डॉ आदिले पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला गायब

    22-Aug-2020

     रायपुर : छत्तीसगढ़ के पूर्व डीएमई डॉ. एसएल आदिले पर लगे दुष्कर्म के आरोप की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है । जांच की शुरुआत में ही नया मोड़ आ गया है, वह यह कि आरोप लगाने वाली कांकेर की अविवाहित महिला गायब हो गई है। उसका मोबाइल भी स्वीच ऑफ हो चुका है। महिला के आरोपों की जांच का जिम्मा एसएसपी ने महिला पुलिस थाना को सौंपा है। पुलिस सबसे पहले आरोपों का परीक्षण कर पीड़िता का बयान दर्ज करने के साथ मेडिकल जांच कराएगी। फिर डॉ.आदिले का बयान लिया जाएगा। उसके बाद ही एफआइआर दर्ज की जाएगी।

  • हुसैन खान ने दी मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई

    22-Aug-2020

     कवर्धा : यूथ कांग्रेस कवर्धा के विधान सभा संयोजक हुसैन खान ने प्रदेश के लाड़ले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की है । 

  • आर के सिंह बने नये डीएमई

    22-Aug-2020

     रायपुर : स्वास्थ्य विभाग ने आर के सिंह को मेडिकल शिक्षा संचालक (डीएमई) बनाया है । आर के सिंह वर्तमान में अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के डीन है । इससे पहले वे राजनांदगांव में अपनी सेवाएं दे चुके हैं । फॉरेंसिक मेडिसीन के भी एचओडी रहे । अब उन्हें विभाग ने डीएमई बनाया है । गौरतलब है कि वर्तमान डीएमई डॉ आदिले पर भ्रष्टाचार समेत कई गंभीर आरोप लगे थे । कल ही एक महिला ने एसपी से उनकी लिखित शिकायत कर दुष्कर्म का आरोप लगाया था ।जिसके बाद उन्हें तत्काल पद से हटा दिया था। 

  • शिक्षक बनने बनाई मानव श्रृंखला और किया प्रदर्शन

    22-Aug-2020
     रायपुर : छत्तीसगढ़ के बीएड और डीएलएड प्रशिक्षणार्थी ने शनिवार को यहां राजधानी में नौकरी की मांग को लेकर मानव श्रृंखला बनाई और प्रदर्शन किया। शनिवार की सुबह 11:00 बजे से प्रदेश भर के प्रशिक्षणार्थी राजधानी के बूढ़ा तालाब धरना स्थल पर मौजूद होकर नौकरी की मांग कर रहे हैं। गौरतलब है कि प्रदेश में 14,580 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया लंबे समय से लटकी हुई है, प्रदेश भर से युवा लगातार इस भर्ती को पूरा करने की मांग कर रहे हैं। बता दें कि राज्य में लंबे समय से स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती नहीं हुई है। पूर्व में प्रस्तावित भर्ती की प्रक्रिया लंबित है और प्रदेश के सरकारी स्कूल शिक्षकों की कमी से जूझ रहे हैं।
  • अमूल इंडिया के डीलरशिप के नाम पर ठगी

    22-Aug-2020

     रायपुर : अमूल इंडिया कंपनी की डीलरशिप देने के नाम पर एक कारोबारी से 6.5 लाख रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है । इसकी रिपोर्ट देवेंद्र नगर थाने में दर्ज कराई गई है। जानकारी के मुताबिक, देवेंद्र नगर निवासी कारोबारी महेश वखारिया ने लॉकडाउन के दौरान सोशल मीडिया पर अमूल इंडिया का विज्ञापन देखा। इसमें रायपुर सहित कई शहरों में डीलरशिप देने की बात कही गई थी। इस पर महेश ने दिए गए नंबर पर संपर्क किया। दूसरी ओर से कॉल रिसीव करने वाले ने अपना नाम अमित देशमुख और अमूल कंपनी का मैनेजर बताया। आरोप है कि अमित ने कारोबारी से डीलरशिप के लिए आवेदन करने को कहा। आवेदन करने के बाद उनके पास कॉल आया और रजिस्ट्रेशन के नाम पर 50 हजार रुपए जमा करने को कहा। इसके बाद एक एकाउंट नंबर मोबाइल पर मैसेज किया। उन्होंने रुपए जमा कर दिए तो फिर कॉल आया और इस बार सिक्योरिटी मनी के नाम पर एक लाख रुपए कारोबारी से जमा कराए। कुछ दिन बाद कारोबारी महेश के पास फिर से कॉल आया। इस बार उनसे कहा गया कि 10 लाख का माल उनके बताए गए पते पर भेज दिया गया है। उन्हें 50 प्रतिशत राशि दो किश्त में जमा करनी है। इस पर उन्होंने ढाई-ढाई लाख रुपए खाते में ट्रांसफर कर दिए। काफी दिन बाद भी जब माल नहीं पहुंचा तब कारोबारी को अपने ठगे जाने का अहसास हुआ। उन्होंने बदमाशों के मोबाइल नंबर पर कॉल किया, लेकिन वह स्विच ऑफ मिला। तब उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट लिखाई । 

     
  • दो घंटे की अथक परिश्रम के बाद दलदल से निकला हाथी का बच्चा

    21-Aug-2020

     रायपुर : फिंगेश्वर के बनगवां गांव में गुरुवार की देर रात जन्म के बाद दलदल में फंसे हाथी के बच्चे को शुक्रवार को 2 घंटे के अथक प्रयास से बाहर निकाल लिया गया । इस कार्य में वन अमले और गांव वालों का सहयोग रहा। हाथी के बच्चे को उसके समूह के साथ भेज दिया गया है।

    जानकारी अनुसार बनगवां गांव के एक खेत में गुरुवार देर रात करीब 2 बजे एक मादा हाथी ने बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद हाथी का बच्चा खेत से लगे दलदल में फंस गया। सुबह ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। इस पर वन विभाग के उच्च अधिकारी डॉक्टर पहुंचे। रायपुर से विशेष टीम भी पहुंची। सुबह जब वन विभाग की टीम पहुंची तो ग्रामीणों की मदद से हाथी को दूर हटाया गया। तब बच्चे को निकाला जा सका। फिलहाल बच्चा स्वस्थ है और अपने दल के साथ है।
Top