रायपुर : प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की पत्नी श्रीमती वीणा सिंह कोरोना पजिटिव पाई गई है । डॉ. रमन सिंह ने ट्विट करते हुए जानकरी दी है कि उनकी पत्नी वीणा सिंह कोरोना पॉजिटिव है । वीणा सिंह के कोरोना पाॅजिटिव पाए जाने के बाद अन्य सभी सदस्यों का सैम्पल जांच के लिए भेजा जा रहा है । तब तक सभी घर पर ही आइसोलेशन में रखे गए हैं ।
सुकमा : सुकमा में बुधवार सुबह नक्सलियों के साथ हुए मुठभेड़ में सुरक्षाबल के जवानों ने 4 नक्सलियों को मार गिराया। मारे गए नक्सलियों में दो वर्दीधारी भी हैं। फिलहाल मारे गए नक्सलियों का शव लेकर जवान लौट रहे हैं। आने के बाद ही ज्यादा जानकारी मिल सकेगी। जानकारी के मुताबिक, नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर मंगलवार रात ऑपरेशन लॉन्च किया गया था। जगरगुंडा थाने से सीआरपीएफ 223 बटालियन और डीआरजी के जवान और नरसपुरम कैंप से कोबरा 201 बटालियन के जवानों को रवाना किया गया। चिंतलनार क्षेत्र में 50 से ज्यादा नक्सलियों के मौजूद होने की सूचना मिली थी । जवान बुधवार सुबह करीब 6.30 बजे चिंतलनार और जगरगुंड़ा के बीच पूलनपाड़ के जंगलों में पहुंचे ही थे कि नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में जवानों ने भी कार्रवाई की। इस दौरान करीब 3.30 घंटे 9 बजे तक रुक-रुक कर फायरिंग चलती रही। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले। इसके बाद जवानों ने सर्चिंग में चार नक्सलियों के शव बरामद किए। इनमें दो वर्दी में थे, जबकि दो अन्य ग्रामीण वेशभूषा में थे। मौके से जवानों ने 3 भरमार बंदूक और एक 303 राइफल भी बरामद की है। मारे गए नक्सलियों के नाम अभी सामने नहीं आ सके हैं।
रायपुर : एम्स में भर्ती 65 वर्षीय कोरोना मरीज ने मंगलवार आधी रात के बाद 1:30 बजे तीसरी मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी । पुलिस के मुताबिक लालपुर के बुजुर्ग को पॉजिटिव आने के बाद 8 अगस्त को एम्स में भर्ती किया गया था। देर रात बुजुर्ग ने बालकनी से छलांग लगा दी। उनकी गिरते ही मौत हो गई। बुजुर्ग के शव को एम्स की मरचुरी में रखा गया है। इधर, प्रदेश में भी कोरोना से पांच मौतों की खबर है। मंगलवार को रायपुर एडीएम समेत उनके परिजन भी पाजिटिव निकले हैं। स्वाथ्य मंत्री के बंगले से 10 केस मिले हैं। दुर्ग महापौर व बिलासपुर नगर निगम कमिश्नर भी कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। मंगलवार को राजधानी में 105 और प्रदेश में 360 केस आए। रायपुर, राजनांदगांव में दो-दो व दुर्ग में 1 समेत 5 की मौत भी हुई है। प्रदेश में कोरोना से मृतकों की संख्या 105 पहुंच गई है, जिनमें सर्वाधिक 47 रायपुर के हैं। राजधानी समेत अभी अलग-अलग अस्पतालों में 3615 लोग भर्ती हैं। प्रदेश में कुल मरीजों की संख्या 12985 हो गई है। राहत की बात ये है कि अब तक 9239 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। मंगलवार को 222 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। प्रदेश में संक्रमण की सबसे तेज रफ्तार रायपुर में ही है।
रायगढ़ : स्कूल शिक्षामंत्री प्रेम साय सिंह टेकाम ने कहा है जब भी प्रदेश में स्कूल खुलेंगे, पहले हाई और हायर सेकेंडरी स्कूल शुरू किए जाएंगे। प्रायमरी या मिडिल स्कूल को फिलहाल शुरू करना ठीक नहीं होगा। कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए मंत्री ने यह बातें कहीं। आगे उन्होंने कहा कि बड़ी क्लास के बच्चों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर पढ़ा सकते हैं, वो खुद भी अपना ख्याल रख सकते हैं। हालांकि प्रदेश में स्कूल कब खुलेंगे यह तय नहीं हो सका है। केंद्र सरकार ने 31 अगस्त तक स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए हैं। कोई भी फैसला 31 अगस्त के बाद ही होगा। स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम मंगलवार को जशपुर जाते वक्त रायगढ़ में रुके। उन्होंने जिले के सारंगढ़, बरमकेला और पुसौर ब्लॉकों के गांवों में चल रही पढ़ाई तुहंर दुआर स्कीम का जायजा लिया। ऑनलाइन और ऑफलाइन क्लासेस ली जा रही है। ऑफलाइन क्लास में बच्चों को मुहल्लों में किसी एक जगह-जगह दूर बैठाकर पढ़ाया जा रहा है। मंत्री डॉ टेकाम ने कहा कि कोरोना संक्रमण की वजह से स्कूलों में पढ़ाई काफी नुकसान हुआ है, बच्चें पढ़ाई में पिछड़े नहीं इसके लिए ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों माध्यम से पढ़ाई कराने पर फोकस किया जा रहा है।
राजनांदगांव : सोमवार देर रात एक पुलिस के सिपाही ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसका शव घर में ही लटकता मिला। आत्महत्या को प्रेम प्रसंग से जोड़ कर देखा जा रहा है। हालांकि अभी मौत का कोई स्पट कारण सामने नहीं आ सका है। घटना लालबाग थाना क्षेत्र की है। लालबाग के इस्कॉन सिटी कॉलोनी निवासी अंकित यादव (29) खड़गांव थाने में पदस्थ था। पिछले दिनों 4-5 दिन की छुट्टी लेकर वह घर आया था। मंगलवार सुबह जब परिजन उसे जगाने के लिए गए तो अंकित का शव फंदे से लटक रहा था। घटना के दौरान घर में अंकित और उसकी मां ही थे। बताया जा रहा है कि अंकित अविवाहित था। उसका किसी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। हालांकि आत्महत्या के पीछे क्या कारण था यह पता नहीं चल सका है। फिलहाल सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है और आगे की कार्यवाही की जा रही है।
अलकतरा : सोमवार की रात नेशनल हाइवे 49 में किसी अज्ञात वाहन ने संयुक्त कलेक्टर की कार को चपेट में ले लिया । दुर्घटना में कार में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए । चालक की हालत नाजुक बनी हुई है। कार संयुक्त कलेक्टर सचिन भूतड़ा की है, लेकिन हादसे के वक्त वे कार में मौजूद नहीं थे । घटना अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम अमरताल की है । टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए । बहुत मशक्क्त के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया । गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया ।
राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री शाहिद भाई ने छ ग सरकार की शिक्षा के लिए प्रारंभ की गई योजना पढ़ई तुंहर दुआर को एक क्रांति कदम निरूपित करते हुए कहा कि कोरोना जैसे वैश्विक महामारी में जहां अर्थव्यवस्था व जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है ऐसे समय में नौनिहाल और बच्चों को शिक्षा अध्ययन कर रहे छात्र-छात्राओं के अध्ययन कार्य में बाधा उत्पन्न ना हो इस उद्देश्य को लेकर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी ने पढ़ई तुंहर दुआर योजना लागू कर अध्ययन एवं अध्यापन के लिए एक अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया है जिसके चलते पूरे प्रदेश में लॉकडाउन के समय भी अध्ययन अध्यापन का कार्य निर्बाध रूप से चल रहा है।
रायपुर : पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह के खिलाफ पीएमओ ने जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि उन्होंने चुनाव के दौरान दाखिल किए गए शपथ पत्र में अपने आय से संबंधित जानकारियों को छिपाया था और चुनाव आयोग के समक्ष गलत जानकारियां प्रस्तुत की थी। इस मामले को लेकर पीएमओ में शिकायत हो गई थी। यह शिकायत कांग्रेस नेता विनोद तिवारी ने पीएमओ में की थी, जिसमें यह आरोप लगाया गया था कि डाॅ. रमन सिंह ने अपने आय को लेकर गलत जानकारियां चुनाव आयोग को शपथ पत्र के माध्यम से दी है। पीएमओ ने शिकायत पंजीबद्ध कर मामले की जांच का जिम्मा अपर सचिव अंबुज शर्मा को सौंपा है। आरोप में यह भी शामिल था कि शपथ पत्र में संपत्ति के वृद्धि का कोई स्त्रोत नहीं बताया गया है।
कोरिया : छत्तीसगढ़ सरकार जब से दो रुपए किलों में गोबर खरीदना शुरू की है तब से गोबर की तरफ लोगों का ध्यान रह बट गया है। हाल ही में गोबर में मिलावट की खबर के बाद अब इसकी चोरी का भी मामला सामने आया है। कोरिया जिले के मनेंद्रगढ विकासखण्ड के ग्राम रोझी में दो किसानों के बाड़े से करीब 100 किलों गोबर चोरी हो गए । किसान गोपालक लल्लाराम और सेमलाल ने गोठान समिति को सूचना देने के बाद पुलिस में भी रपट लिखाई है। उन्होंने बताया कि जो गाय वे पाल रखे है उसका गोबर अपने - अपने बाड़े में रखे थे, जहाँ से रात के अंधेरे में चोर चोरी कर ले गए। सुबह उनकी पत्नी बाड़े में गई तब इस चोरी का पता चला ।
रायपुर : हिंदू धर्म में बेटों की लंबी आयु के लिए हलषष्ठी मनाई जाती है। कमरछठ, ललही छठ आदि नामों से भी इस पर्व को जाना जाता है । रविवार नौ अगस्त को यह लोकपर्व सादगी और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। पुत्रवती माताएं व्रत रखीं हुई हैं। इस पर्व में व्रती महिलाएं पूजा-पाठ में भैंस के दूध, दही और घी का उपयोग करती हैं। ऐसी भैंस, जिसने पड़े (नर बच्चा) को जना हो। अन्य दिनों की अपेक्षा हलषष्ठी के दिन भैंस के दूध की खपत काफी बढ़ जाती है। इसके साथ ही इसका दाम भी बढ़ जाता है। इस बार 150 रुपये से लेकर 200 रुपये प्रति लीटर तक भैंस के दूध की बिक्री हो रही है। इसी तरह 240 रुपये प्रति किलो दही और 1000 रुपये प्रति किलो घी हलषष्ठी पर्व के एक दिन पहले बाजार में बिका।
भैंस के दूध को लेकर पौराणिक कहानी
कहा जाता है कि एक ग्वालिन नगर में दूध-दही बेचती थी, जो कि मां बनने वाली थी। एक दिन की बात है। वह दूध-दही बेचने गांव में निकली, लेकिन उसी दौरान उसे प्रसव पीड़ा होने लगी। उसने एक पुत्र को जन्म दिया। वह आसपास की झाड़ियों में पुत्र को छोड़कर दूध-दही बेचने निकल गई। उसने गाय के दूध को भैंस का बता कर बेच दिया। जब लौटकर झाड़ियों के पास आई तो देखा कि उसका बच्चा मर चुका था। इससे ग्वालिन को एहसास हो गया कि उसने भैंस के बदले गाय का दूध व्रती महिलाओं को बेचा है। इसी की सजा उसे मिली है। गलती का अहसास करते हुए उसने सभी व्रती महिलाओं से जाकर माफी मांगी । इस पर सभी महिलाओं ने उसी माफ कर दिया। जब उसने दोबारा बच्चे को आकर देखा तो वह जिंदा था, इसलिए इस दिन भैंस के दूध खासकर पड़वा वाली भैंस के दूध का बड़ा महत्व रहता है।
कबीरधाम : कवर्धा के कूकदूर थाने की पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है जो अपने साथियों के साथ पुलिस बनकर ट्रक चालकों से लूटपाट करता था। आरोपी युवक के पास से एक कार बरामद हुई है जिसमें नंबर प्लेट की जगह अध्यक्ष इंटक ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मुंगेली लिखा हुआ था। आरोपी युवक के 3 साथी जंगल के रास्ते भागने में सफल हो गए। पकड़ा गया युवक त्रिदेव कोसले देवरी गांव मुंगेली का रहने वाला है। एम पी रोड पर ही आरोपियों ने ज्यादातर वरदाते की है। आज भी आरोपियों ने दो ट्रक चालकों गोवर्धन साहू और तरुण कुमार से पुलिस बनकर न केवल मारपीट की बल्कि धमकी देकर 5-5 सौ रुपए छिन कर भाग खड़े हुए। दोनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने काफी दूर तक आरोपियों का पीछा किया और एक आरोपी को पकड़ लिया। बाकी के तीन आरोपी फरार हो गए। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
धमतरी : प्रदेश के जेलों में कोरोना के लगातार मरीज मिलने से जेल प्रशासन ही नहीं बंदियों में भी दहशत की खबर आ रही है। धमतरी के जेल में उस समय हड़कंप मच गया जब दर्जन भर बंदियों ने कोरोना जांच की मांग को लेकर भूख हड़ताल शुरू कर दी। यह मामला बाहर न जा पाये इसका भरसक प्रयास किया गया लेकिन खबर जेल से बाहर आ ही गई। दर असल दो दिनों पूर्व ही धमतरी के इस जेल में एक विचाराधीन बंदी कोरोना पाजिटिव पाए गए थे। उसके बाद जेल में बाकी बंदियों की जांच की कारवाई नहीं हुई, इसे लेकर बंदियों में दहशत का माहौल है। बताते हैं कि इसी डर की वजह से बंदियों ने भूख हड़ताल शुरू किया। जेल के अधिकारी नाराज बंदियों को मनाने तथा स्वास्थ्य विभाग से संपर्क में जुट गए हैं।
रायपुर : भिलाई में एक स्कूली छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के बाद पैसा वसूलने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने वीडियो भी बना रखा था। पुलिस ने साथ में पढ़ने वाले छात्र आकाश गोस्वामी और उसके नाबालिग दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बारे में बताया जाता है कि सितंबर 2019 में 17 वर्षी छात्रा की तबियत खराब हो गई थी, जिसके कारण उसे साथी छात्र आकाश से नोट्स की जरूरत पड़ी। आरोपी ने मौके का फायदा उठाया और निर्माणाधीन इमारत में बुलाकर अपने नाबालिग दोस्त के साथ मुंह काला किया। इस दौरान आरोपियों ने वीडियो भी बना लिया। वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर आरोपी रुपए की मांग करने लगे। आरोपियों ने पहले 20 हजार रुपये की मांग की। रुपए नहीं होने पर छात्रा माँ का गहना देना शुरु किया। दोनों आरोपी करीब दो लाख का गहना वसूल चुके थे। छात्रा की माँ को गहना गायब होने पर शक हुआ। बेटी से पूछताछ में पूरे मामले का खुलाशा हुआ, तब पुलिस में रपट लिखाई गई। दोनों आरोपी पकड़ लिए गए हैं।
रायपुर : छत्तीसगढ़ लंपिक संघ के कोषाध्यक्ष पद के लिए शनिवार को हुए मतदान में साहीराम जाखड़ ने एकतरफा जीत दर्ज कर ली है । कोषाध्यक्ष पद के लिए कुल दो ही उम्मीदवार मैदान में थे । संघ के 60 लोगों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। कुल 60 वोटों में श्री जाखड़ को 58 वोट मिले और उनके प्रतिद्वंदी फिरोज अंसारी को मात्र 8 वोट मिले। इस प्रकार श्री जाखड़ कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए ।
निर्विरोध चुने गए पदाधिकारियों में
राजनांदगांव : जी ई रोड़ में बर्फ़ानी आश्रम के पास शनिवार को सुबह एक तेज रफ्तार कार सामने चल रही ट्रेलर के पीछे जा घुसी। घटना इतनी जबरदस्त थी की कार का सामने का हिस्सा ट्रेलर के पीछे ही फंस गया। कार को ट्रेलर चालक करीब आधा किलोमीटर तक घसीटते ले गया। लोगों ने ट्रेलर को रुकवाकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। कार में एक युवक सवार था जिसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान बिलासपुर हाईकोर्ट के जज गौतम चौरडिया के पुत्र प्रियांश के रूप में की गई है। बताया जाता है कि युवक सुबह करीब 5.30 बजे कार में पेट्रोल भरवाने निकला था। लौटते समय यह हादसा हुआ । कार की रफ्तार काफी तेज थी, अनियंत्रित होकर कार ट्रेलर के पीछे ही जा घुसी। कार के सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। शव को बाहर निकालने में भी मशक्कत करनी पड़ी। ट्रेलर चालक ने कार के टकराकर फंसने का पता ही नहीं चलने की बात कहीं है। लोगों ने जब गाड़ी रूकवाइ तब घटना का पता चलने की बात कही है। बाहर हाल सिटी कोतवाली पुलिस जांच में जुट गई है।
Adv