बीजापुर। जिले के धुर नक्सलगढ़ इलाके में देश कि आना बान शान कहे जाने वाला तिरंगा चार दशक बाद पहली बार बीजापुर जिले के उन बीहड़ इलाकों में लहराएगा। दर्जनभर कैंपों में गणतंत्र दिवस पर झंडा वंदन किया जाएगा। इन कैंपों के अंतर्गत करीब 40 गांव आते हैं, जहां पिछले चार दशक से कोई सरकारी कार्यक्रम नहीं हुआ। ज्ञात हो कि बीजापुर वह इलाका है जहां चार दशक से नक्सलवाद कि दसा झेल रहा अब धीरे-धीरे नक्सलियों के चंगुल से आजाद होने लगा है। लगातार पुलिस के द्वारा चलाए जा रहे बढे ऑपरेशन नें नक्सलवाद कि कमर तोड़ दी है। नक्सली अब बेक फुट में जा चुके है। आज देखेंगे तो बीजापुर के कुछ गांव बदलाव कि नई तस्वीरें सामने आने लगी है बिजली, पानी, सडक़ जैसे मुलभुत सुविधाएं ग्रामीणों तक पहुंचाई जा रही है। ऐसे कई इलाके है जहाँ कैम्प खुले है वहां उस गांव में पहली बार तिरंगा इस साल लहराएगा। नक्सलगढ़ में कई पुलिस कैम्प खुल गए है उन कैम्प कि बदौलत आज विकास अंतिम छोर को छू रहा है। जिले के नक्सलगढ़ तर्रेम पामेड़ सडक 25 साल बाद नक्सली कब्जे से आजाद हुई है यह काम फोर्स कि बदौलत होता हुआ दिखाई पढ़ है। कोरागुट्टा में फोर्स का डेरा लगते ही 25 सालों से बंद पड़े बीजापुर से तर्रेम होकर पामेड़ जाने वाले रास्ते को फिर से बहाल करा दिया गया है। फिलहाल इस मार्ग पर सडक़ निर्माण का काम चल रहा है। इस मार्ग के खुल जाने से अब लोगों को पामेड़ पहुंचने के लिए तेलंगाना होकर जाने की बाध्यता खत्म हो जाएगी और सौ किलोमीटर का फासला भी बच जाएगा।
जशपुर। नेटवर्क मार्केटिंग कंपनी हर्बल लाइफ का प्रचार प्रसार करने वाले शिक्षक को निलंबित किया गया है। शिक्षक लगातार स्कूल से बिना अनुमति और अवकाश स्वीकृत करवाए अनुपस्थित रहते थे। इसके अलावा वह हर्बल लाइफ कंपनी का प्रचार कर रहे थे। शिक्षक के फेसबुक और इंस्टाग्राम के आधार पर प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर कलेक्टर रोहित व्यास के द्वारा शिक्षक को निलंबित किया गया है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी कांसाबेल के प्रतिवेदन के अनुसार ललित कुमार दिवाकर शिक्षक शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला गरिहादोहर विकासखंड कांसाबेल जिला जशपुर छत्तीसगढ़ द्वारा 11 नवंबर 2024 से 30 नवंबर 2024 तक तथा 1 दिसंबर 2024 से 9 दिसंबर 2024 तक, 30 दिसंबर 2024 से 31 दिसंबर 2024 तक एवं 1 जनवरी 2025 से 4 जनवरी 2025 तक बिना पूर्व सूचना/ आवेदन के अथवा अवकाश स्वीकृत करवाए बिना विद्यालय से अनुपस्थित थे।
धमतरी। पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देशन में पुलिस कार्यालय में उप पुलिस अधीक्षक भावेश साव की उपस्थिति में 15 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों को शपथ दिलायी गई। शपथ में अधिकारी- कर्मचारियों द्वारा देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय,भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ ली गयी। पुलिस कार्यालय में अधिनस्थ समस्त अधिकारी/कर्मचारियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलाई गई। इसी तहत रक्षित केन्द्र धमतरी ,यातायात एवं समस्त थाना/चौकी प्रभारियों द्वारा समस्त पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों को मतदाता दिवस की शपथ दिलाई गई।
यूपी। वाराणसी से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां नायब रिसालदर की कार सड़क किनारे खड़े डंपर में जा घुसी। इस हादसे में नायब रिसालदर और उनकी 22 वर्षीय बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि अन्य दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। फिलहाल दोनों को बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। ये घटना छोटी खजूरी स्थित नेशनल हाईवे का है। जहां शनिवार सुबह प्रयागराज से वाराणसी तरफ जा रही कार खड़े डंपर में जा घुसी। हादसे में में झारखंड के धनबाद जिले के खरनागरहा निवासी सेना में नायब रिसालदर के रहने वाले 45 शिवजी सिंह, उनकी बेटी 22 वर्षीय सोनम सिंह, चचेरे भाई 42 वर्षीय अजय सिंह उर्फ राजू की मौत हो गई। जबकी पत्नी 43 वर्षीय नीरा सिंह, मां 65 वर्षीय अलका सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
राजनांदगांव। नगरीय निकाय चुनाव के लिए बीजेपी ने राजनांदगांव जिला की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने डोंगरगढ़ नगर पालिका परिषद के 15 वार्ड के साथ नगर पंचायत और लाल बहादुर नगर के 15-15 वार्ड के पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने छुरिया नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए अजय पटेल को प्रत्याशी घोषित किया है। लाल बहादुर नगर पंचायत के लिए देवेंद्र साहू को अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी घोषित किया है।
दुर्ग। जिले में नशे के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इस कड़ी में अंजोरा पुलिस चौकी ने नशीली गोलियां बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस ने 7200 नग प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद की है, जिनकी कीमत करीब 17,828 रुपये बताई जा रही है। पुलिस को जानकारी मिली थी कि आरोपी एक सफेद एक्टिवा में बैठकर नशीली गोलियों की बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा था। जब पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ा, तो उसके पास से यह प्रतिबंधित दवाएं बरामद की गईं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह इन गोलियों को ऑनलाइन भुगतान के जरिए मंगवाता था। पुलिस अब इन टैबलेट की सप्लाई करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भी आगे की कार्रवाई करेगी।
बिलासपुर। एमबीए में प्रवेश लेकर एक माह तक नियमित कक्षाएं अटेंड करने के बावजूद छात्रा का प्रवेश रद्द कर देने के मामले में हाईकोर्ट ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। कोर्ट ने रुंगटा एजुकेशनल फाउंडेशन के डायरेक्टर को छात्रा से ली गई फीस पर 8 प्रतिशत मासिक ब्याज सहित वापस करने और साथ ही 2 लाख रुपये का मुआवजा अदा करने का निर्देश दिया है। गिरिजापुर, कोरिया की रहने वाली रिद्धी साहू ने रुंगटा कॉलेज में एमबीए पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया था। प्रवेश की सभी औपचारिकताएं पूरी करने और शुल्क का भुगतान करने के बाद उसने एक माह तक नियमित कक्षाओं में भाग लिया। इसके बाद 13 नवंबर 2024 को कॉलेज प्रशासन ने यह कहते हुए उसे कक्षाओं में आने से रोक दिया कि उसका नाम सीजीडीटीई पोर्टल पर प्रदर्शित विश्वविद्यालय की प्रवेश सूची में नहीं है। कॉलेज की इस कार्रवाई से परेशान होकर रिद्धी ने 20 नवंबर 2024 को डायरेक्टर, टेक्निकल एजुकेशन रायपुर को अभ्यावेदन प्रस्तुत किया, पर उसकी सुनवाई नहीं हुई। अपनी पढ़ाई बाधित होने और पूरे साल के खराब होने के कारण रिद्धी ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की। हाईकोर्ट ने इस मामले में कॉलेज और विवि प्रशासन की लापरवाही को गंभीर मानते हुए रुंगटा कॉलेज को निर्देश दिया कि वह छात्रा को हुए नुकसान के लिए मुआवजे के रूप में 2 लाख रुपये का भुगतान करे और उसकी चुकाई गई फीस ब्याज सहित लौटाए। अदालत ने यह भी कहा कि इस प्रकार की घटनाएं शिक्षा प्रणाली में छात्रों के अधिकारों का हनन करती हैं और भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव डालती हैं।
रायपुर। रायपुर के तिल्दा नेवरा स्थित संजय केमिकल प्लांट में भीषण आग लग गई है। आग इतनी भयावह है कि, 5 किलोमीटर दूर से ही धुएं का गुब्बार आसमान में दिख रहा है। आग के साथ भारी ब्लास्ट की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं। जिससे आसपास के इलाके के लोग सहम गए हैं। बताया जा रहा कि, इस हादसे में काम कर रहे 2 मजदूर आग की चपेट में आकर घायल हो गए हैं। फिलहाल, फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी है। यह पूरा मामला तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र का है।
रायपुर। रायपुर एम्स के डॉक्टर पर सेक्सुअल हैरेसमेंट का आरोप लगा है। उन्होंने एक महिला मरीज, दो जूनियर डॉक्टरों की चेस्ट और शरीर के कई अंगों पर बैड टच किया है। पीड़ित महिलाओं ने एम्स में शिकायत दी। जिसमें एम्स की इंटरनल कमेटी की रिपोर्ट में उन्हें दोषी पाया गया है। लेकिन इसके बावजूद एम्स प्रबंधन ने कोई एक्शन नहीं लिया। पीड़िता ने प्रबंधन को अपनी शिकायत में बताया कि, अर्थराइटिस नाम की बीमारी से पीड़ित है। जिसके इलाज के लिए वो जनवरी 2022 से एम्सके PMR डिपार्टमेंट में इलाज करवा रही थी। तभी डॉ अमोल बी खडे एसोसिएट प्रोफेसर की ओपीडी में इलाज करवाने के लिए गई। इस दौरान डॉक्टर अमोल ने उनके साथ गंदी हरकत की। आगे पीड़िता ने बताया कि, डॉक्टर ने गलत तरीके से सीने में हाथ लगाया। जिसके बाद उन्होंने PMR डिपार्टमेंट में जाना बंद कर दिया। इस मामले में एम्स प्रबंधन ने 8 सदस्यों की इंटरनल कमेटी बनाई। इस कमेटी की 2 जांच रिपोर्ट में डॉ. अमोल बी खडे को दोषी पाया गया है। उन पर सेक्सुअल हैरेसमेंट के आरोप पर कमेटी ने एक्शन लेने की सिफारिश भी की है। इसके अलावा एक अन्य जांच में कमेटी ने पीड़िता को लीगल एक्शन लेने की सलाह दी है। हालांकि इस रिपोर्ट में उन्हें दोषी नहीं बताया है।
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट द्वारा यात्रियों को हो रही असुविधा पर रेलवे को फटकार लगाने के बाद, रेलवे ने हरकत में आते हुए बिलासपुर स्टेशन के पुनर्विकास कार्य का निरीक्षण किया। शुक्रवार को एजीएम विजय कुमार साहू और डीआरएम राजमल खोईवाल ने स्टेशन पर चल रहे 392 करोड़ रुपये के पुनर्विकास कार्य का जायजा लिया। उनके साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक योगेश कुमार देवांगन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। मालूम हो कि बिलासपुर स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विश्वस्तरीय बनाने का काम जारी है। हालांकि, निर्माण कार्य के चलते कुछ यात्री सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कहा कि रेलवे यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए हर संभव कदम उठा रहा है। स्टेशन परिसर में यातायात को सुचारु बनाने और बदलावों को यात्रियों के लिए सहज बनाने के निर्देश दिए गए हैं। अब नए स्टेशन भवन के निर्माण के लिए गेट नंबर 3 स्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। गेट नंबर 1 और 2 यात्रियों के लिए पूरी तरह खुले रहेंगे और "ड्रॉप एंड गो" सुविधा उपलब्ध है। गेट नंबर 4 पर भी आवागमन सुचारु रहेगा, हालांकि इसके मार्ग में आंशिक बदलाव किए गए हैं। यातायात प्रबंधन के लिए वनवे और टूवे की व्यवस्था लागू की गई है, और दिशा-सूचक साइनेज बोर्ड लगाए गए हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन पर यात्रा समय से पहले पहुंचे और अस्थायी बदलावों का पालन करते हुए रेलवे को सहयोग करें। ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने हाल ही में यात्रियों को हो रही असुविधा को लेकर रेलवे को फटकार लगाई थी, जिसके बाद यह निरीक्षण और सुधारात्मक कदम उठाए गए हैं।
रायपुर। बजट 2025-26 पर मंत्री ओपी चौधरी ने बड़ा बयान दिया है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ का आने वाला बजट प्रदेश के समग्र विकास को नई दिशा देगा। इसमें मोदी जी की गारंटी, माताओं-बहनों के लिए विशेष योजनाओं और राज्य के पूंजीगत विकास पर जोर दिया जाएगा, जिससे छत्तीसगढ़ को समृद्ध और विकसित राज्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे। बता दें कि छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 24 फरवरी गुरूवार से 21 मार्च तक आहूत किया गया है। पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण से सत्र शुरू होगा । रमेन डेका का पहला अभिभाषण देंगे। सत्र में सदन की 17 बैठकें होंगी और होली,शनिवार रविवार मिलाकर 14 दिन अवकाश रहेगा। सत्र की अधिसूचना जारी कर दी गई है।सत्र के लिए सदस्य सोमवार से प्रश्न जमा कर सकेंगे। सत्र में साय सरकार का दूसरा बजट मार्च के पहले सप्ताह में पेश किया जाएगा। इस दौरान 13 मार्च से तीन दिन होलिका रा अवकाश रहेगा। इस सत्र में कांग्रेस के विधायक कवासी लखमा शराब घोटाले में ईडी की गिरफ्त में होने की वजह से सत्र में भाग नहीं ले पाएंगे।वहीं देवेंद्र यादव भी मानसून सत्र से सदन की बैठक में शामिल नहीं हो पा रहे हैं। वे बलौदाबाजार हिंसा कांड को लेकर न्यायिक रिमांड पर जेल में है।
कवर्धा. तेज रफ्तार पुलिस स्कॉर्पियो की टक्कर से डिप्टी कलेक्टर आरबी देवांगन घायल हो गए. उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. इस हादसे में डिप्टी कलेक्टर की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई है. यह हादसा कलेक्ट्रेट के सामने हुआ. सिटी कोतवाली पुलिस घटना की जांच में जुटी है. जानकारी के मुताबिक, डिप्टी कलेक्टर आरबी देवांगन लंच करने अपने घर जा रहे थे, इस दौरान कलेक्ट्रेट के सामने ही तेज रफ्तार पुलिस स्कॉर्पियो ने डिप्टी कलेक्टर की गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी.
रायपुर। आईजी अमरेश कुमार मिश्रा द्वारा दो पालियों में बैठक आयोजित की गई। प्रथम पाली में रायपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं समस्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा अन्य राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे । बैठक में राजधानी पुलिस की चुनौतियों से निपटने हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। राजपत्रित अधिकारियों को योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने, कार्यक्षमता में वृद्धि कर गुणवत्तापूर्ण पर्यवेक्षण करने प्रत्येक घटना की समीक्षा कर अधीनस्थ अधि० / कर्मचारियों को औचित्यपूर्ण निर्देश देने थानों के कार्यों के मात्र पर्यवेक्षण तक सीमित न होकर कार्य में गुणवत्ता सुधार करने के निर्देश दिये गये। द्वितीय पाली की बैठक में रायपुर रेंज के सभी पुलिस अधीक्षक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अन्य राजपत्रित अधिकारी शामिल हुए। इस बैठक में आगामी नगरीय / ग्रामीण निकाय चुनाव, लंबित अपराध, एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों, सायबर अपराध यातायात व्यवस्था आदि के संबंध में विस्तृत चर्चा कर दिशा निर्देश दिये गये। आगामी नगरीय / ग्रामीण निकाय चुनाव निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने हेतु समस्त आवश्यक तैयारी करने, आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने, शस्त्र जमा कराने अवैध शराब के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करने एवं सुदृढ कानून व्यवस्था बनाये रखने हेतु आवश्यक निर्देश दिये गये। इसके साथ ही वार्ड / ग्रामवार डोजियर तैयार करने एवं असामाजिक तत्वों एवं चुनाव में विघ्न उत्पन्न करने वालों के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही कर बाउण्ड ओव्हर कराने के निर्देश दिये गये। बैठक के दौरान एक वर्ष से अधिक अवधि के लंबित अपराध, गुम नाबालिक बालक / बालिका से संबंधित प्रकरण, एनडीपीएस प्रकरण, सायबर संबंधी अपराध की समीक्षा की गई लबित अपराध एवं गुम नाबालिक बालक / बालिका से संबंधित प्रकरणों को पर्यवेक्षण अधिकारी के मार्गदर्शन में अभियान चलाकर निराकरण के निर्देश दिये गये सायबर अपराध संबंधी शिकायत एवं एनसीसीआर पोर्टल में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण करने, सायबर हेल्प लाइन 1930 का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने एवं आम जन को जागरूक के निर्देश दिये गये। एनडीपीएस के प्रकरणों में फाइनेंसियल इन्वेस्टिगेशन करने एवं जप्त वाहन राजसात कर नीलामी कार्यवाही कराने, अपराध से अर्जित संपत्ति अटैचमेंट कराने एवं आदतन अपराधियों के विरूद्ध पिट एनडीपीएस की कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये। उक्त मामलों की गुणवत्तापूर्ण विवेचना हेतु अधिकारियों / कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने हेतु जिला स्तर पर कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिये गये। इसके साथ ही नक्सली उन्मूलन हेतु समुचित कार्यवाही हेतु निर्देश दिये गये। शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ करने एवं दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु यातायात के अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिये गये। शराब पीकर वाहन चलाने वाले तेज रफ्तार वाहन चलाने वाले, अवैध पार्किंग, बिना हेलमेट के विरूद्ध सख्त कार्यवाही हेतु निर्देश दिये गये। यह कार्यवाही सभी राजपत्रित अधिकारी भी अपने अनुभाग क्षेत्र में कराने के निर्देश दिये गये। नक्सल गतिविधियों की समीक्षा कर पुलिस महानिरीक्षक, रायपुर रेंज द्वारा नक्सल अभियान में प्रभावी कार्यवाही करने, नक्सलियों को फंडिंग / सप्लाई करने वाले समर्थकों को चिन्हांकित कर कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये। साथ ही नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा बल को अतिरिक्त सर्तकता बरतने के निर्देश दिये गये।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: मरवाही वनमंडल के गौरेला रेंज में पिछले 6 दिनों से एक बाघिन विचरण कर रही है. जिसकी सुरक्षा अब खतरे में हैं. दरअसल, बाघिन होने की जानकरी के बाद उसकी तस्वीरें और वीडियो लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं. ये लोग किसी भी हद तक जाकर बाघिन को कैमरे में कैद करना चाहते हैं. वहीं कलेक्टर ने प्रभावित क्षेत्र के स्कूलों और आंगनबाड़ी में छुट्टी ऐलान किया है. एक वीडियो सामने आया है जिसमें कुछ लोग कार से बाघिन का पीछा कर रहे है. बाघिन कार के आगे भागते हुए एक आश्रम की बाउंड्रीवॉल पर चढ़कर अपनी जान बचाती है. गौरेला अमरकंटक मार्ग के ज्वालेश्वर मंदिर के आसपास बाघिन पिछले 6 दिनों से घूम रही है. एक अन्य वायरल वीडियो में बाघिन को एक गाय पर हमला करते देखा गया था. मामले में वन विभाग की ओर से अबतक ठोस कदम नहीं उठाए जाने पर वन प्रेमियों में बड़ी चिंता है. वहीं कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने प्रभावित क्षेत्र के स्कूलों और आंगनबाड़ी में बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर छुट्टी का ऐलान किया है.
रायपुर: दिनांक 23.01.2025 को मुखबीर से सूचना मिला कि गुरूनानक इलेक्ट्रीकल के पीछे तेलीबाधा में एक व्यक्ति लाल रंग का छीटदार शर्ट एवं नीला लोवर पहना है जो अपने हाथ में सफेद लाल रंग का प्लास्टिक बोरी में मादक पदार्थ गांजा जैसा रखकर बिक्री हेतु ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर मौके पर हमराह स्टॉफ के साथ रवाना हुआ। मुखबीर के बताये स्थान पर पहुंचकर रेड कार्यवाही की गई। रेड कार्यवाही में मुखबीर के बताये हुलिया अनुसार संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पकडे गये संदिग्ध व्यक्ति को नाम पता पुछने पर अपना नाम नोहर ध्रुव पिता मिलु ध्रुव उम्र 26 वर्ष सा. देवारपारा सुभाष नगर थाना तेलीबाधा रायपुर से आरोपी को पूछताछ कर अवैध गांजा रखे जाने के संबंध में नोटिस दिया गया जो आरोपी द्वारा अवैध गांजा रखे जाने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज पेश नही किया गया। आरोपी से जप्त मादक पदार्थ मांजा 01.800 किलोग्राम किमती 16000 रूपये एवं जप्ती रकम 1300 रूपये जुमला किमती 17300 रू. को मुताबिक जप्तीपत्रक समक्ष गवाहन जप्त कर आरोपी का कृत्य धारा 20 बी एन.डी.पी.एस एक्ट पाये जाने से आरोपी के विरूद्ध पारा सदर के अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार कर दिनांक 24.01.2025 को न्यायिक रिमाण्ड में भेजा गया।
गरियाबंद. छत्तीसगढ़ में पहली बार गरियाबंद जिले में 80 घंटे से ज्यादा समय तक पुलिस-नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चली, जिसमें कई बड़े नक्सली लीडर भी ढेर हुए. मारे गए 16 में से 12 की पुष्टि पुलिस ने की है. अब तक 3 करोड़ 16 लाख के इनामी चेहरे सामने आए हैं. नुआपड़ा गरियाबंद धमतरी जिले में आतंक का पर्याय बन चुके डिविजन चीफ सत्यम गावड़े भी मुठभेड़ में मारा गया है. नक्सल प्रभावित नारायणपुर, सुकमा जिले में 24 महीने काम करने का अनुभव रखने वाले एसपी IPS निखिल राखेचा की रणनीति के चलते जनवरी में ही 17 नक्सली मारे गए हैं. अभी के मुठभेड़ में 16 और 3 जनवरी को एक नक्सली मारे गए हैं.
रायपुर। गणतंत्र दिवस परेड की फ़ाइनल रिहर्सल पर अश्वारोही दल का एक जवान अचाानक घोड़े के उपर से गिर पड़ा। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। करतब दिखाते समय अचानक बैलेंस बिगड़ा और जवान नीचे गिर गया। और फिर उठ नहीं पाया।
महासमुंद। सरायपाली के घंटेश्वरी मंदिर के समीप नेशनल हाइवे 53 पर आज अलसुबह यात्री बस खड़े ट्रक से जा टकराई. दुर्घटना में बस में सवार एक बच्ची की मौत हो गई, वहीं 43 यात्रियों को चोट आई है, जिनमें से 19 लोगों की हालत गंभीर है.
बलौदाबाजार. श्री सीमेंट से निकलने वाली बदबूदार गैस के कारण खपराडीह स्कूल के विद्यार्थियों की तबीयत अचानक बिगड़ने के मामले में अब सीमेंट कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सकती है. कलेक्टर दीपक सोनी ने मामले में सख्त रुख अपनाते हुए कंपनी प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है और तत्काल व्यवस्था सुधारने निर्देश दिया है.
रायपुर: पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय माना, रायपुर में आयोजित एक समापन कार्यक्रम के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड द्वारा छत्तीसगढ़ के निजी सुरक्षा अधिकारियों और पुलिस वाहन चालकों को दिए गए विशेष प्रशिक्षण का सफलतापूर्वक समापन हुआ. इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत नवंबर 2024 में एनएसजी की 14 सदस्यीय टीम द्वारा की गई थी, जिसका नेतृत्व पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी कर रहे थे. इस दौरान 352 PSO को 12-12 दिन के चार बैच में प्रशिक्षण दिया गया, वहीं 343 पुलिस वाहन चालकों को 5-6 दिन की अवधि में आपातकालीन स्थितियों में प्रतिक्रिया देने और वीआईपी सुरक्षा संबंधित कार्यों के लिए प्रशिक्षित किया गया. समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (गुप्तवार्ता) अमित कुमार (आईपीएस) ने प्रशिक्षण की बारीकियों का निरीक्षण किया. उन्होंने एनएसजी प्रशिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के वीआईपी सुरक्षा में लगे जवानों को भविष्य में भी इसी तरह के प्रशिक्षण की आवश्यकता है. उन्होंने एनएसजी और सीआरपीएफ जैसी राष्ट्रीय एजेंसियों द्वारा जवानों को लगातार प्रशिक्षित किए जाने पर जोर दिया. कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक (कानून एवं व्यवस्था) अभिषेक शांडिल्य (आईपीएस) ने जवानों से कहा कि वे हर साल प्रशिक्षण प्राप्त कर खुद को अपडेट और अपग्रेड रखें. विशेष शाखा के उप पुलिस महानिरीक्षक एम.एम. कोटवानी (आईपीएस) ने जवानों को नियमित व्यायाम और योगा करने की सलाह दी, ताकि वे मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहें. समापन के अवसर पर एक डेमो ड्रिल का भी आयोजन किया गया, जिसमें वीआईपी काफिले पर बाहरी आक्रमण की स्थिति में पीएसओ और वाहन चालकों द्वारा की जाने वाली प्रतिक्रिया को दिखाया गया. एनएसजी टीम के ग्रुप कमांडर दिनेश संबरवाल ने पुलिस जवानों की धैर्य और समर्पण भावना की प्रशंसा की. कार्यक्रम का संचालन और आभार प्रदर्शन पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय माना के एसपी राजकुमार मिंज ने किया. समापन समारोह में एनएसजी के 13 सदस्यीय दल के साथ राज्य पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे. कार्यक्रम के बाद सभी ने एक साथ भोजन किया.
Adv