बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • दिखी सांसद बृजमोहन अग्रवाल की राजनीतिक चमक, बेटे की शादी में उपराष्ट्रपति, केंद्रीय मंत्री, MP और MLA पहुंचे

    22-Jan-2025

    रायपुर: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, शिवराज सिंह चौहान, लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला, भाजपा के सीनियर नेता कैलाश विजयवर्गीय यह तमाम हस्तियां रायपुर पहुंचीं। मौका था सांसद बृजमोहन अग्रवाल की बेटे आदित्य अग्रवाल की शादी का। VIP रोड से लेकर जोरा ग्राउंड तक नेताओं की गाड़ियों का काफिला चलता रहा। तमाम बड़े सियासी चेहरे रायपुर में होने वाली इस VVIP शादी में शामिल होने पहुंचते रहे। ग्राउंड में साउथ इंडियन थीम पर सजावट की गई थी । दक्षिण भारतीय मंदिर की तरह एक भव्य स्टेज तैयार किया गया था। मंच पर भगवान कृष्ण, गणेश, शंकर की प्रतिमाएं थीं इसके ही सामने वर-वधु को बैठाया गया। कही बड़ी बात बृजमोहन अग्रवाल के बेटे आदित्य और नई नवेली बहू वुहा को सभी आशीर्वाद देने पहुंचे। दो से दिनों तक चले विवाह कार्यक्रम में 50000 से अधिक लोगों के आने का अनुमान लगाया गया है। बृजमोहन अग्रवाल भी कार्यक्रम में सभी से मुलाकात करते दिखाई दिए। सोशल मीडिया पर पत्नी संग डांस करते हुए उनका एक वीडियो भी चर्चा में छाया रहा। देशभर से कई साधू-संत भी वर-वधू को आर्शीवाद देने पहुंचे। 

  • महामाया पहाड़ के अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर, गरमाई छत्तीसगढ़ की सियासत

    22-Jan-2025

    अंबिकापुर: सरगुजा जिले के महामाया पहाड़ पर अतिक्रमण मुक्त कराने को लेकर की गई कार्रवाई ने राजनैतिक रंग ले लिया है। पहले जहां कांग्रेस इसे एक खास वर्ग के खिलाफ की गई कार्रवाई बता रही थी। वही मंत्री ओपी चौधरी ने ट्वीट कर यहां रह रहे लोगो पर बांग्लादेशी होने की आशंका जाहिर करते हुए भूपेश बघेल पर निशाना साधा है। तो वही कांग्रेस इस पर पलटवार करती नजर आ रही है। अंबिकापुर के मुकुट कहे जाने वाले मां महामाया पहाड़। महमाया पहाड़ पर अतिक्रमण के खिलाफ हो रही कार्यवाई की जमकर चर्चा हो रही है। अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन का जमकर बुलडोजर चला है। जहां प्रशासन की टीम ने अवैध रूप से काबिज लोगों के घरों पर बुलडोजर चलाया। बुलडोजर कार्यवाई कर यह संदेश दिया कि महामाया पहाड़ अब अतिक्रमण मुक्त होगा। इसके लिए नवागढ़ इलाके में बसे करीब 60 घरों पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई भी शुरू की गई। लेकिन इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने सवाल कर दिए। आरोप यह लगाया की कार्रवाई सिर्फ विशेष लोगो के खिलाफ की जा रही है। इस पर भाजपा नेता मंत्री ओपी चौधरी ने ट्वीट कर कांग्रेस को जवाब दिया। ओपी चौधरी ने ट्वीट कर लिखा कि जब अतिक्रमण को तोड़ने की कार्रवाई की जा रही थी तो इनमें से कई लोग बांग्ला भाषा बोल रहे थे। यानी ओपी चौधरी ने इशारों में कहा कि जिन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई उनमें कुछ बांग्लादेशी लोग भी शामिल थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महामाया पहाड़ को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए वचनबद्ध है और लगातार कार्रवाई भी कर रही है। विशेष समुदाय के बाहरी लोगों को बसाए जाने को लेकर भी अब भाजपा नेता कांग्रेस सरकार के साथ स्थानीय कांग्रेसी नेताओं पर हमला कर रहे है और जांच कराने की मांग कर रहे है। की अब बांगालादेशी यहां घुसपैठ तो नही कर रहे। वित्त मंत्री ओपी चौधरी और स्थानीय नेताओं के द्वारा अतिक्रमणकारियो में से कुछ लोगों के बांग्ला भाषी के साथ-साथ बांग्लादेशी होने का आशंका जाहिर होते ही कांग्रेस भी भाजपा पर पलटवार कर रही है। कांग्रेस नेता सफी अहमद का कहना है कि जिनके खिलाफ बुल्डोजर की कार्रवाई की गई वो लोग यहां 20 सालो से यहां काबिज है। प्रदेश में तत्कालीन समय में भाजपा की सरकार थी और अब प्रदेश और देशभर में भाजपा की सरकार है। ऐसे में कांग्रेस ने सवाल खड़ा किया है कि बांग्लादेशी लोग घुसपैठ कैसे कर रहे हैं। यही नहीं कांग्रेस ने यह भी सवाल खड़ा किया कि भाजपा जानबूझकर एक विशेष धर्म को टारगेट करके कार्रवाई कर रही है जो की सही नहीं है। उन्होंने भी यह भी कहा कि पहले भी यहां रोहिंग्या मुसलमान होने की बात कहकर जांच कराई गई। जिसमें एक भी प्रमाण नहीं मिले। ऐसे में फिर से एक बार प्रशासन जांच कर ले कि यहां कोई बांग्लादेशी है या नहीं। मगर कांग्रेस ने भाजपा के इस कार्रवाई और टिप्पणी पर भी सवाल खड़ा किया है।  बहरहाल महामाया पहाड़ को अतिक्रमण मुक्त करने की कवायद प्रशासन ने शुरू ही की है। लेकिन इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे में जरूरत इस बात की है कि ये कार्रवाई न सिर्फ एक धर्म विशेष बल्कि महामाया पहाड़ में अतिक्रमित सभी धर्म के लोगों के खिलाफ सामान तरीके से कार्रवाई हो। ताकि महामाया पहाड़ अतिक्रमण मुक्त हो सके और दोषियों पर कार्रवाई हो सके। सवाल यह भी कि अगर बांग्लादेशी घुसपैठ हुआ है तो इस पर भी तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भी जांच और कार्रवाई शुरू होनी चाहिए। 

  • रायपुर में 26 और 30 जनवरी को मांस-मटन की बिक्री पर रोक, नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई

    22-Jan-2025

    रायपुर: सम्पूर्ण रायपुर नगर पालिक निगम परिक्षेत्र में गणतंत्र दिवस दिनांक 26 जनवरी 2025 और महात्मा गाँधी निर्वाण दिवस दिनांक 30 जनवरी 2025 को मांस - मटन का विक्रय पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। इस सम्बन्ध में छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुपालन में रायपुर नगर पालिक निगम के स्वास्थ्य विभाग की ओर से गणतंत्र दिवस दिनांक 26 जनवरी 2025 और महात्मा गाँधी निर्वाण दिवस दिनांक 30 जनवरी 2025 को रायपुर नगर पालिक निगम के सम्पूर्ण परिक्षेत्र में स्थित पशुवध गृह एवं समस्त मांस - मटन विक्रय की दुकानों को बंद रखे जाने का आदेश जारी किया है।   गणतंत्र दिवस दिनांक 26 जनवरी 2025 और महात्मा गाँधी निर्वाण दिवस दिनांक 30 जनवरी 2025 को किसी भी दुकान में मांस - मटन विक्रय करते पाये जाने पर मांस - मटन जप्त करने की कार्यवाही की जायेगी और सम्बंधित व्यक्ति के विरूद्ध यथोचित कार्यवाही भी की जायेगी। गणतंत्र दिवस दिनांक 26 जनवरी 2025 और महात्मा गाँधी निर्वाण दिवस दिनांक 30 जनवरी 2025 को नगर पालिक निगम रायपुर के जोन स्वास्थ्य अधिकारीगण, जोन स्वच्छता निरीक्षकगण मांस- मटन के विक्रय पर प्रतिबन्ध के आदेश का व्यवहारिक पालन सुनिश्चित करवाएंगे और इस हेतु अपने - अपने सम्बंधित जोन क्षेत्रों के मांस - मटन की दुकानों का सतत निरन्तर पर्यवेक्षण करेंगे। 

  • दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, घायल युवक ने तोड़ा दम

    22-Jan-2025

    रायगढ़: खरसिया में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट का मामला सामने आया है. इस घटना में घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. यह मामला खरसिया के मोहापाली का है. पुलिस मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है. जानकारी के मुताबिक, गर्ग परिवार और अनु बुटीक परिवार वालों के बीच मामूली बात पर विवाद हुआ था. इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई. इस घटना में घायल अन्नू अग्रवाल की अस्पताल में मौत हो गई. वहीं घटना के बाद एक आरोपी चीनू अग्रवाल ने खुद थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण किया. इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस पर राजनीति दबाव का आरोप लगाया है. मृतक अन्नू अग्रवाल का शव को लेकर परिजन न्याय पाने के लिए विरोध करने की तैयारी में हैं. 

  • छत्तीसगढ़ महादेव सट्टा ऐप, ASI और हवाला कारोबारी को HC से तगड़ा झटका

    22-Jan-2025

    बिलासपुर: छत्तीसगढ़ में महादेव सट्टा एप चलाने में प्रमोटर्स के लिए काम करने वाले आरोपी ASI और हवाला कारोबारी की जमानत अर्जी को हाईकोर्ट ने खारिज कर दी है। ASI पर आरोपियों के साथ ही अफसरों और राजनेताओं के बीच संपर्क कराने और उनके लिए काम करने का आरोप है। पुलिस ने इस मामले में सार्वजनिक जुआ अधिनियम और ED ने केस दर्ज की थी। दोनों आरोपी फिलहाल जेल में बंद हैं। दरअसल, महादेव सट्‌टा ऐप केस में ईडी ने आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है। जांच के दौरान पता चला कि ASI चंद्रभूषण वर्मा ने छत्तीसगढ़ के राजनीतिक नेताओं और अधिकारियों के साथ महादेव ऑनलाइन बुक प्रमोटरों के लिए संपर्क सूत्र के रूप में काम किया  ED ने जांच के दौरान हवाला किंग अनिल कुमार दम्मानी और सुनील कुमार दम्मानी को भी पकड़ा। सभी आरोपी जेल में बंद हैं। इनमें से चंद्रभूषण वर्मा और सुनील दम्मानी ने हाईकोर्ट में जमानत अर्जी लगाई थी। सुनवाई के दौरान ईडी के वकील ने जमानत का विरोध किया। सभी पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। दुर्ग पुलिस ने 29 फरवरी 2022 को मोहन नगर थाने में आलोक सिंह राजपूत, रामप्रवेश साहू, खड़ग उर्फ ​​राजा सिंह, अभिषेक और पिंटू के खिलाफ सार्वजनिक जुआ (छ.ग. संशोधन) अधिनियम, 1976 की धारा 4ए, आईपीसी की धारा 420, 120बी और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत दर्ज की गई थी।  इसके साथ ही ED ने भी ईसीआईआर दर्ज की थी। ED ने आरोपियों के ठिकानों पर छापा मारा। पता चला कि एक लैपटॉप सेट से वे ऑनलाइन ED बनाकर पैसे इकट्ठा कर रहे थे। आईडी से वे महादेव बुक के माध्यम से दूसरों के लिए ऑनलाइन क्रिकेट मैच, घुड़दौड़, ग्रेहाउंड रेसिंग, कबड्डी आदि पर दांव लगा रहे थे। पूछताछ करने पर, आरोपियों ने अभिषेक और पिंटू के नाम की जानकारी दी। जांच के दौरान ही पता चला कि महादेव ऑनलाइन बुक के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल ऑनलाइन मोड के माध्यम से सट्टेबाजी ऐप चला रहे थे।  प्रमोटरों ने भारत के साथ ही विदेशों में भी अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप के पैनलों को फ्रेंचाइज करने सिस्टम बनाया था। यह भी पता चला कि एएसआई चंद्रभूषण वर्मा ने छत्तीसगढ़ के राजनीतिक नेताओं व अधिकारियों के साथ महादेव ऑनलाइन बुक प्रमोटरों के लिए संपर्क सूत्र के रूप में काम किया। ED ने जांच के दौरान हवाला किंग अनिल कुमार दम्मानी और सुनील कुमार दम्मानी को भी गिरफ्तार किया है। 

  • स्कूल से घर लौटने के बाद 9 बच्चों को क्या हुआ? मच गई अफरा-तफरी

    22-Jan-2025

    धमतरी: धमतरी जिले के सेमरा-सी गांव में मंगलवार की देर-शाम 9 बच्चे स्कूल से घर लौटे और उल्टी करने लगे। गांव में अफरा- तफरी मच गई। बच्चों को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया। पता चला कि बच्चों ने रतनजोत के बीज खाए थे, जिस वजह से सभी बीमार हो गए। सभी का अस्पताल में इलाज जारी है। 21 जनवरी को सभी बच्चे स्कूल से लौटते समय खेलते हुए रतनजोत के बीज को खा गए। इसके बाद रात में इनकी तबियत बिगड़ी। सभी को उल्टी होने लगी। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि उन्होंने रतनजोत के फल खाए थे। सभी बच्चों को रात में ही जिला अस्पताल में भर्ती किया गया।  परिजन रामकुमार शांडिल्य ने बताया कि बच्चे स्कूल में दिनभर थे। शाम 4 बजे स्कूल छूटने के बाद शाम 6 बजे बच्चों को उल्टी होना शुरू हो गया। पूछने पर बच्चों ने बताया कि वे रतनजोत के बीज खा लिए है। सरपंच और ग्रामीणों की मदद से आनन-फानन में सभी बच्चों को अस्पताल लाया गया, जहां सभी बच्चे अब खतरे से बाहर है। जिला अस्पताल के डॉ. अखिलेश देवांगन ने बताया कि रात में 9 बजे बच्चों को अस्पताल लाया गया था। सभी बच्चे ठीक हैं। कुल 11 बच्चों को लाया गया था, इनमें 2 बच्चों ने रतनजोत के बीज नहीं खाए थे, 9 बच्चों ने खाया था, इसलिए उन्हें उल्टी हो रहे थे। सभी बच्चे अब ठीक है। जल्द अस्पताल से छुट्टी भी दे दी जाएगी। 

  • दो हाथियों की मौत से वन विभाग में हड़कंप, जानें अब क्या हुआ

    22-Jan-2025

    रायगढ: छत्तीसगढ़ में अलग अलग इलाकों से हाथी के मौत की खबर सामने आ रही है। इस बार रायगढ़ जिले से हाथी के मौत का मामला सामने आया है। यहां के मुसबहरी डेम में एक हाथी के शावक की मौत हो गई। झुंड से भटक कर शावक पानी पीने पंहुचा था। इसी दौरान शावक दलदल में फंस गया था। पिछले कुछ महीनों से हाथियों का झुंड इस क्षेत्र में विचरण कर रहे हैं। यह पूरा मामला घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में पानीखेत का है। शावक की उम्र लगभग एक से डेढ़ साल की है। बताया जा रहा है कि शावक देर रात पानी पीने के लिए डेम की ओर आया था। इसी दौरान दलदल में फंस गया। सुबह ग्रामीणों ने जब हाथी के शावक को मृत देखा तो वन अमले को इसकी सूचना दी। घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची हुई है। शावक के शव का पंचनामा के बाद पीएम की कार्रवाई की जा रही है। आपको बता दे कि जिले में पिछले दो दिनों में लगातार दो हाथियों की मौत हो चुकी है। कल भी करंट की चपेट में आकर एक हाथी की मौत हुई थी। 

  • करोड़ों का मादक पदार्थ खाक

    22-Jan-2025

    महासमुंद: महासमुंद पुलिस ने बीते 9 वर्षों में अलग-अलग कार्रवाइयों में जब्त करीबन डेढ़ करोड़ रुपए का गांजा को बुधवार को नष्ट किया. मुढेना के बालाजी पावर प्लांट के बायलर में पुलिस ने 2016 से 2024 तक 33 प्रकरण में जब्त 938.545 किग्रा गांजा को नष्ट किया. 

  • कवासी लखमा अब जेल दाखिल

    21-Jan-2025

    रायपुर। शराब घोटाला केस में पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को मंगलवार को ईडी की रिमांड की अवधि खत्म होने के बाद उन्हें विशेष अदालत में पेश किया गया। लखमा को 4 फरवरी तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। ED का आरोप है कि पूर्व मंत्री और मौजूदा विधायक कवासी लखमा सिंडिकेट के अहम हिस्सा थे। लखमा के निर्देश पर ही सिंडिकेट काम करता था। इनसे शराब सिंडिकेट को मदद मिलती थी।वही शराब नीति बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे छत्तीसगढ़ में FL-10 लाइसेंस की शुरुआत हुई। वही ED का दावा है कि लखमा को आबकारी विभाग में हो रही गड़बड़ियों की जानकारी थी, लेकिन उन्होंने उसे रोकने के लिए कुछ नहीं किया। ED के वकील सौरभ पांडेय ने बताया कि, 3 साल शराब घोटाला चला। लखमा को हर महीने 2 करोड़ रुपए मिलते थे। इस दौरान 36 महीने में लखमा को 72 करोड़ रुपए मिले। ये राशि उनके बेटे हरीश कवासी के घर के निर्माण और कांग्रेस भवन सुकमा के निर्माण में लगे। ईडी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले से सरकारी खजाने को भारी नुकसान हुआ है। शराब सिंडिकेट के लोगों की जेबों में 2,100 करोड़ रुपए से अधिक की अवैध कमाई भरी गई। 

  • लाल आतंक पर करारा प्रहार, गरियाबंद मुठभेड़ में 27 नक्सली ढेर

    21-Jan-2025

    गरियाबंद: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में फोर्स ने 27 नक्सलियों का एनकाउंटर कर दिया है। 16 के शव और हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं। इनमें 1 करोड़ का इनामी जयराम उर्फ चलपति समेत कई कमांडर भी मारे गए हैं। मुठभेड़ अभी भी जारी है। रविवार रात को छत्तीसगढ़ और ओडिशा की ओर से जॉइंट ऑपरेशन चलाया गया था। सोमवार को भालू डिग्गी जंगल में दिनभर रुक-रुककर फायरिंग हुई जो मंगलवार को भी जारी है। करीब 1000 जवानों ने 60 नक्सलियों को घेर रखा है। ड्रोन से भी निगरानी रखी जा रही है। मुठभेड़ के बीच बैकअप पार्टी भी भेजी गई है। बताया जा रहा है कि, पहले फोर्स का 15-20 किमी का घेरा था, अब नक्सली 3 किमी में सिमट गए हैं। घेरे गए सभी 60 नक्सलियों को मारने की भी संभावना है। वहीं, एक जवान घायल हुआ हैं, जिसे एयरलिफ्ट करके रायपुर लाया गया। SOG (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) जवान के पैर में गोली लगी है। गरियाबंद SP निखिल राखेचा, ओडिशा के नुआपाड़ा SP राघवेंद्र गूंडाला, ओडिशा DIG नक्सल ऑपरेशन अखिलेश्वर सिंह और कोबरा कमांडेंट डीएस कथैत ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। जवानों की कामयाबी पर केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने कहा कि, देश में नक्सलवाद अपनी आखिरी सांसें गिन रहा है। छत्तीसगढ़ और ओडिशा की ओर से जॉइंट ऑपरेशन चलाया गया था। इसमें 10 टीमें एक साथ निकली थीं। 3 टीम ओडिशा से, 2 टीम छत्तीसगढ़ पुलिस से और 5 CRPF टीम इस ऑपरेशन में शामिल थीं। जवान क्षेत्र में सर्चिंग अभियान पर निकले थे, तभी नक्सलियों ने उन पर हमला किया। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मैनपुर पहुंच गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से भाटीगढ़ स्टेडियम को छावनी में तब्दील कर दिया है। इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए थे। वहीं, 3 IED भी बरामद किए थे। 

  • छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में हालात गंभीर हैं, टीएस सिंहदेव बोले

    21-Jan-2025

    रायपुर: छत्तीसगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टी.एस. सिंह देव ने मंगलवार को न्यूज़ एजेंसी से बातचीत के दौरान विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि गरियाबंद में नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ के बाद स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य के पूर्व मंत्री ने कहा कि गरियाबंद में हालात काफी गंभीर हो गए हैं। सोमवार को दो महिलाओं के मारे जाने की खबर आई थी और आज मीडिया में इस घटना की व्यापक चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं और इसके परिणामस्वरूप हिंसा बढ़ रही है। हिंसक नक्सलवाद को समाप्त किया जाना चाहिए, लेकिन यह भी जरूरी है कि इसका असर आम नागरिकों पर न पड़े। समाज में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।  उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में नक्सलियों के मारे जाने की घटना काफी अहम है, क्योंकि ऐसा बीते कई साल में नहीं हुआ था। मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयान पर टी.एस. सिंह देव ने कहा कि बतौर प्रदेश अध्यक्ष वह पूरी स्थिति को बहुत ही करीब से देख रहे हैं। जरूर कोई न कोई बात उनके ध्यान में आई होगी। इसके अलावा, मैं एक बात कहना चाहूंगा कि समय के साथ लोगों के योगदान के साथ परिवर्तन होते रहते हैं। उल्लेखनीय है कि जीतू पटवारी ने अपने बयान में कहा था कि कांग्रेस में कुछ लोग ऐसे हैं, जो "कैंसर की तरह" हैं। उनके इसी बयान पर टी.एस. सिंह देव ने यह प्रतिक्रिया दी है। इससे पहले टीएस सिंह देव ने जाति जनगणना पर भी अपनी बात रखी थी। उन्होंने कहा था कि अंग्रेजों के शासन में 1931 में आखिरी बार जाति जनगणना हुई थी। उसके बाद 2011-12 में जनगणना के साथ आर्थिक सामाजिक सर्वेक्षण भी किया गया, जिसके पीछे एक सोच थी कि आजादी के इतने साल बाद देश के नागरिकों की स्थिति जानकर सरकारी नीति बनाई जाए। देश के धन का उपयोग कैसे और किसके लिए करना है, अगर इसकी जानकारी नहीं होगी, तो अंधेरे में तीर चलाने जैसा होगा। 

  • नक्सलियों पर बड़ा प्रहार, 27 शव लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे जवान

    21-Jan-2025

    गरियाबंद: जिले के कुल्हाड़ी घाट स्थित भालू डिग्गी जंगल में सोमवार को हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 27 नक्सलियों को मार गिराया है, जिनके शव को लेकर जवान गरियाबंद पहुंचे हैं। जवानों ने मुठभेड़ के दौरान एक करोड़ के इनामी नक्सली केंद्रीय कमेटी सदस्य जयराम उर्फ चलपती को मार गिराया है। इसके अलावा सेंट्रल कमेटी का सदस्य मनोज और स्पेशल जोनल कमेटी सदस्य गुड्डू भी मारे गए हैं। मनोज पर एक करोड़, तो गुड्डू पर 25 लाख रुपए का इनाम था। मनोज ओडिशा राज्य प्रमुख भी था। यह पहला मौका है जब गरियाबंद में नक्सलियों के खिलाफ इतना बड़ा ऑपरेशन अंजाम दिया गया है।  बता दें कि इससे पहले सोमवार को सूचना मिली थी कि गरियाबंद जिले में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने दो नक्सलियों को मार गिराया है। मुठभेड़ में कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हो गया था। उसे गंभीर हालत में रायपुर एयरलिफ्ट किया गया था, जिसका एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है। आज की मुठभेड़ में मरने वालों में महिला नक्सली भी शामिल हैं। अन्य नक्सलियों की पहचान की जा रही है। नक्सलियों के पास से एसएलआर राइफल और ऑटोमैटिक हथियार बरामद हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी। 

  • नगरीय निकाय चुनाव, BJP ने नगर निगमों में 10 मंत्रियों को बनाया प्रभारी मंत्री

    21-Jan-2025

    रायपुर: नगरीय निकाय चुनाव के लिए भाजपा ने कृषि मंत्री रामविचार नेताम को रायपुर का प्रभार दिया है। डिप्टी सीएम अरूण साव और विजय शर्मा को क्रमशः बिलासपुर और दुर्ग नगर निगम का प्रभार दिया गया है।किसान नेता संदीप शर्मा को रायपुर नगर निगम का संगठन प्रभारी बनाया गया है। साथ ही जयंती पटेल को संयोजक, और छगनलाल मूंदड़ा को सह संयोजक बनाया गया है। 

  • फसल बचाने लगाया था करंट, हाथी की मौत

    21-Jan-2025

    रायगढ़। जिले में एक बार फिर से करंट की चपेट में आने से एक हाथी की मौत हो गई। घटना की जानकारी के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। उक्त मामला धरमजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम क्रोंधा के जंगल में बीती रात करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से हाथी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गांव के ग्रामीण ने अपनी फसल रखवाली के खेत में करंट प्रवाहित तार लगाया था, जिसके संपर्क में आने से उक्त हाथी की मौत हुई है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से गौतमी हाथी का दल विचरण कर रहा था, इसी दल में से एक हाथी की मौत हुई है। गांव के ग्रामीणों की सूचना के बाद वन विभाग की टीम घटना स्थल पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। 

  • CG पुलिस ने चलाया अंतरराज्यीय ऑपरेशन, डबल मर्डर का खुला राज

    21-Jan-2025

    रायगढ़। कोतवाली पुलिस ने पुरानी हटरी पर हुए बुजुर्ग महिला और उसके बड़े भाई की हत्या की मिस्ट्री को सुलझाने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की । पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल द्वारा गठित विशेष टीम ने हत्या को अंजाम देने वाले दो युवक और साक्ष्य छिपाने में उनका सहयोग करने वाली युवती को गिरफ्तार किया है। बीते 12-13 जनवरी के दरमियानी रात कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी हटरी निवासी सीताराम जयसवाल (उम्र 78 वर्ष) और उसकी बहन अन्नपूर्णा जायसवाल (उम्र 68 वर्ष) का शव उनके घर के में मिला था । मृतक सीताराम के ममेरे भाई अशोक जायसवाल के रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अज्ञात आरोपी के विरूद्ध अपराध क्रमांक 24/2025 धारा 103(1) बीएनएस का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया ।  पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल द्वारा एडिशनल एसपी आकाश मरकाम, नगर पुलिस अधीक्षक आकाश शुक्ला, डीएसपी साइबर सेल अभिनव उपाध्याय के नेतृत्व में चार अलग-अलग टीमें बनाई गई जिसमें निरीक्षक, उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई । पुलिस टीम के साथ, फॉरेंसिक टीम, साइबर सेल एवं पुलिस डॉग द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य साक्ष्य जप्त किया गया । पुलिस मामले की सभी पहलुओं पर विवेचना कर रही थी, एक टीम घटनास्थल एवं शहर के करीब 200 सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए घटना कारित करने वाले दो आरोपी किशन शर्मा और अतुल डनसेना की स्पष्ट पहचान की गई । आरोपियों की धरपकड़ में तेज हुई पुलिस की गतिविधि को देखते हुए 18 दिसंबर को आरोपी किशन शर्मा अपनी मंगेतर दिव्या सारथी और आरोपी अतुल डनसेना के साथ गोंडवाना एक्सप्रेस से दिल्ली फरार हो गया था । पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीमावर्ती जिलो और आरपीएफ को आरोपियों के फोटोग्राफ्स साझा किया गया जिससे झांसी आरपीएफ द्वारा आरोपियों को गोंडवाना एक्सप्रेस से नीचे उतारा गया । रायगढ़ पुलिस टीम द्वारा उन्हें बयान के लिए रायगढ़ बुलाया गया, सघन पूछताछ पर तीनों आरोपियों ने घटना की स्वीकार किया। आरोपियों से मिली जानकारी अनुसार आरोपी किशन शर्मा को आशंका थी कि अशोक जायसवाल एक बड़ी रकम उसके ममेरे भाई सीताराम के घर हटरी पर छिपा कर रखा है । तब किशन ने परिवार के शगुन डेयरी में काम करने वाले अतुल डनसेना को हत्या कारित कर रूपए चोरी करने का प्लान बताया और घटना के तीन दिन पहले प्रेमिका दिव्या सारथी के किराया मकान हीरापुर में तीनों हत्या और चोरी का प्लान बनाएं और योजना के मुताबिक दोनों आरोपी ने मास्क और ग्लव्स खरीदे और एक लोहे का सब्बल को दिव्या के गृह ग्राम धनगांव (पुसौर) से लेकर आये और दिव्या के किराया मकान पर रखें । योजना के मुताबिक दोनों आरोपी 12 जनवरी की रात हीरापुर किराए मकान से मोटरसाइकिल में सवार होकर पुरानी हटरी आए, मोटरसाइकिल को खड़ी कर मध्य रात्रि सीताराम के घर के पास पहुंचे, कोई हलचल नहीं होने पर अतुल डनसेना दीवाल फांदकर अंदर गया, दरवाजा खोला तब किशन दरवाजे से अंदर प्रवेश किया । अंदर 3-4 लोग जिसमें अशोक जायसवाल, सीताराम उसकी दोनों बहने मौजूद थे । तब दोनों आरोपी स्टोर रूम में छुप गए । अशोक और गीता के खाना खाकर जाने के बाद आरोपियों ने अन्नपूर्णा जायसवाल पर लोहे के सब्बल और ईट से वार किया । अन्नपूर्णा की चीख सुनकर सीताराम बाहर निकला जिसे भी दोनों आरोपी सब्बल, ईट से मारपीट कर हत्या किये फिर दोनों घर में रुपए तलाश किये नहीं मिलने पर वापस बाहर आए और वापस दिव्या के घर पहुंचे और दिव्या को घटना बताएं । इसके बाद शहर में पुलिस की हलचल देखकर 18 जनवरी को तीनों पुलिस पकड़ से बचने ट्रेन फरार हो गए थे । पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रेलवे स्टेशन पार्किंग में खड़ी हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल स्प्लेंडर प्लस तथा घटना समय पहने हुए कपड़ा, मास्क, ग्लव्स और 03 मोबाइल को जब्त किया गया है। प्रकरण में धारा 238, 61(2),3(5) बीएनएस विस्तार कर आरोपियों को रिमांड पर भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपी 1. किशन शर्मा पिता स्वर्गीय राजेश शर्मा उम्र 25 वर्ष निवासी श्रवण गली चांदमारी थाना कोतवाली जिला रायगढ़ 2. अतुल डसेनना पिता का कार्तिकेश्वर डनसेना उम्र 23 साल इंदिरा नगर थाना कोतवाली 3. दिव्या सारथी पिता स्वर्गीय बाबूलाल सारथी उम्र 20 साल निवासी धनगांव थाना पुसौर वर्तमान पता हीरापुर कोतरारोड़ थाना कोतवाली 

  • गुजरात के शिक्षा मंत्री डॉ. कुबेरभाई मंसुखभाई डिंडोर मिले रामविचार नेताम से

    21-Jan-2025

    रायपुर। गुजरात के शिक्षा मंत्री डॉ. कुबेरभाई मंसुखभाई डिंडोर ने रामविचार नेताम से मुलाकात की। X में मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए नेताम ने कहा, आज गुजरात के माननीय जनजातीय विकास एवं शिक्षा मंत्री डॉ. कुबेरभाई मंसुखभाई डिंडोर जी से सौजन्य भेंट वार्ता की। इस अवसर पर सम्मान स्वरूप अंग वस्त्र पहनाया और हमारे जनजातीय समाज की कला का प्रतीक, ढोकरा नंदी की विशिष्ट मूर्ति सप्रेम भेंट की। माननीय मंत्री जी ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा भेंट कर आदिवासी संस्कृति और परंपरा का सम्मान किया। यह भेंट न केवल हमारी समृद्ध परंपराओं और आदिवासी समाज की विरासत को साझा करने 0का अवसर बनी, बल्कि जनजातीय समाज के उत्थान और विकास से संबंधित नीतियों पर सार्थक चर्चा का माध्यम भी रही। 

  • स्कूटी सवार युवक-युवती को पुलिस ने रोका, तलाशी में गांजा मिला

    21-Jan-2025

    बिलासपुर। गांजा सप्लाई करने आई युवती और युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों रेलवे स्टेशन से गांजा लाकर सरकंडा क्षेत्र में खपाने निकले थे। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। उनके पास से दो किलो 600 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। इस मामले के सरगना की तलाश की जा रही है। सरकंडा थाना प्रभारी निलेश पांडेय ने बताया कि क्षेत्र में गांजा सप्लाई करने की लगातार जानकारी मिल रही थी। एसपी रजनेश सिंह को इसकी जानकारी देकर उन्होंने जवानों को मुखबिर लगाकर कार्रवाई करने कहा। इसी बीच स्टॉफ को खबर मिली कि युवक और युवती स्कूटी में गांजा सप्लाई करने निकले हैं। जिसके बाद टीम के सदस्य उनकी घेराबंदी करने में जुट गए।पुलिस जवानों ने लिंगियाडीह नर्सरी के पास घेराबंदी की। तब दयालबंद की ओर से युवक-युवती स्कूटी में सवार होकर सरकंडा तरफ आ रहे थे। उन्हें रोक कर पूछताछ की गई। तब वो गोलमोल जवाब देने लगे। जिसके बाद स्कूटी की डिक्की की तलाशी ली, जिसमें दो किलो 600 ग्राम गांजा निकला। पुलिस उन्हें पकड़कर थाने ले गई। पूछताछ में पता चला कि चंद्रप्रभा सिदार (21) सक्ती जिले के बाराद्वार में रहने वाली है। वहीं अनिश गुप्ता निवासी टिकरापारा मन्नू चौक में रहता है। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस की पूछताछ में पहले युवती और युवक गोलमोल जवाब दे रहे थे। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि कोटा क्षेत्र के गनियारी निवासी विनोद कुमार ने उन्हें गांजा बेचने के लिए दिया था। वह गांजा कहां से लाया था इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। विनोद का नाम आने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। फिलहाल, वह फरार है। पुलिस उसके ठिकानों की जानकारी जुटाकर दबिश दे रही है। 

  • बीजेपी आज मेयर पद के दावेदारों को लेकर करेगी अहम बैठक

    19-Jan-2025

    रायपुर। नगरीय निकाय प्रत्याशी चयन के लिए रायपुर के संभागीय समिति की आज दोपहर बाद पहली बैठक होगी। इस बैठक में वार्ड से लेकर मेयर के दावेदारों पर चर्चा हो सकती है। हालांकि पार्टी ने सभी मंडलों को 22, और 23 तारीख को बैठक कर दावेदारों का पैनल जिलों को भेजने के लिए कहा है। ताकि 26 जनवरी के पहले वार्ड प्रत्याशियों की एक सूची जारी हो सकती है। बताया गया कि रायपुर के संभागीय समिति की संयोजक महासमुंद की सांसद रूपकुमारी चौधरी है। इसमें सांसद बृजमोहन अग्रवाल, और संभाग के पार्टी विधायक, जिला अध्यक्ष व महामंत्री सदस्य हैं। संभागीय समिति 27 तारीख तक मेयर के दावेदारों के तीन नाम का पैनल तैयार कर प्रदेश की चुनाव समिति को भेजेगी। यह बैठक शाम साढ़े चार बजे होगी। बैठक में चुनाव प्रचार की रणनीति पर भी चर्चा होगी। 

  • प्रॉपर्टी डीलर 11 लाख लेकर फरार

    19-Jan-2025

    रायपुर। भाठागांव के एक मकान का सौदा करने के बाद प्रॉपर्टी डीलर रजिस्ट्री नहीं करा रहा है। जबकि वह 11 लाख रुपए एडवांस ले चुका है। अब वह गुमराह कर रहा है। उसने दो चेक दिए थे। खाते में पैसा नहीं होने की वजह से बाउंस हो गए हैं। पुलिस ने जांच के बाद ठगी का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि पारागांव में नूतन खंपरिया रहते हैं। 2023 में उनकी मुलाकात खेमराज प्रधान से हुई, जो प्रॉपर्टी का काम करता है। उसने भाठागांव में एक मकान दिखाया। उसका 20 लाख रुपए में सौदा हुआ। आरोपी को 11 लाख एडवांस दिया। दो साल तक वह गुमराह करते रहा। उसके बाद उसने दो चेक दिए। दोनों चेक बाउंस हो गए। आरोपी मोबाइल बंद कर गायब हो गया है। पुलिस ने आरोपी पर ठगी का केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। 

  • महिला ने की हत्या, माना इलाके में वारदात

    19-Jan-2025

    रायपुर। माना कैंप इलाके के टेमरीगांव में बीती रात एक महिला ने हत्या कर दी। माना पुलिस के मुताबिक यह घटना रात डेढ़़ बजे की है। पुष्पा बंजारे (38) ने रात करीब 1.30बजे शारदा विहार कॉलोनी में बनरसी निवासी संजय जांगड़े (36)के सिर पर हथौड़े से वार कर हत्या कर दी। हमले का कारण स्पष्ट नहीं है। माना कैंप 20ब्लाक निवासी गोपाल चौधरी(53)ने रात 2.30 बजे थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस 103 का अपराध दर्ज कर पड़ताल कर रही है। इस खबर पर लगातार अपडेट जारी है।  

Top