रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज यहां मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कैबिनेट की बैठक में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कैबिनेट की बैठक में किसानों के हित में आज एक बड़ा निर्णय लिया गया। इस निर्णय के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी के अनुरूप इस साल भी समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले राज्य के लगभग 27 लाख किसानों को छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा घोषित दर के अनुसार 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जाएगा। इस साल किसानों से केन्द्र सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य 2300 रूपए प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदी की जा रही है, जिसका भुगतान किसानों को किया जा रहा है तथा प्रति क्विंटल अंतर की राशि 800 रूपए छत्तीसगढ़ सरकार किसानों को आदान सहायता के रूप में एकमुश्त फरवरी 2025 में प्रदान करेगी। कैबिनेट ने खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में उपार्जित धान में से अतिशेष धान की नीलामी को ऑनलाईन प्लेटफार्म के माध्यम से निराकरण करने का निर्णय लिया है। छत्तीसगढ़ राज्य में एचव्ही-4 श्रेणी के विद्युत उपभोक्ता-मिनी स्टील प्लांट, स्टील उद्योग को जिनके कैप्टिव पावर प्लांट नहीं है या एक मेगा वॉट से कम है तथा उनका लोड 2.5 एमव्हीए से अधिक है को औद्योगिक एवं आर्थिक मंदी के कारण उन्हें प्रतिस्पर्धा में बनाए रखने तथा राहत देने के उद्देश्य से कैबिनेट द्वारा एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए विशेष राहत पैकेज अंतर्गत ऊर्जा प्रभार में 01 अक्टूबर 2024 से 31 मार्च 2025 तक अधिकतम एक रूपए प्रति यूनिट छूट देने का निर्णय लिया गया। कैबिनेट ने विधानसभा सत्र में किए गए घोषणा के अनुपालन में राज्य के कलाकारों को दी जाने वाली आर्थिक सहायता राशि में वृद्धि करने का निर्णय लिया है। अर्थाभावग्रस्त लेखकों और कलाकारों एवं उनके आश्रितों को वित्तीय सहायता देने के लिए संस्कृति विभाग द्वारा संचालित छत्तीसगढ़ कलाकार कोष नियम 1982 में संशोधन कर राज्य के कलाकारों को 25 हजार रूपए के स्थान पर अब अधिकतम 50 हजार रूपए की सहायता एवं मृत्यु होने पर 01 लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान किए जाने का निर्णय लिया है। छत्तीसगढ़ राज्य के युवाओं को वित्तीय बाजारों, निवेश के साधनों एवं वित्तीय नियोजन के क्षेत्र में उपयुक्त कौशल तथा आवश्यक ज्ञान उपलब्ध कराने के लिए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा छात्र स्किलिंग प्रोग्राम (एसएसपी) के तहत नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के साथ एमओयू करने का निर्णय लिया गया है। यह प्रशिक्षण हाई स्कूल, हायर सेकेण्डरी स्कूल तथा कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए संचालित किया जाएगा। वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग में अपर आयुक्त आबकारी का एक नवीन पद (वेतन मेट्रिक्स लेवल-15) का सृजन करने का निर्णय लिया गया। नवा रायपुर अटल नगर में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रयोजन हेतु श्री सत्य सांई हेल्थ एवं एजुकेशन ट्रस्ट को अतिरिक्त 05 एकड़ भूमि निःशुल्क आबंटित करने का निर्णय लिया गया। छत्तीसगढ़ विशेष क्षेत्र (अचल संपत्ति का व्ययन) नियम, 2008 के तहत् नवा रायपुर अटल नगर में The Art of Living Centre की स्थापना हेतु 40 एकड़ भूमि रियायती दर पर आबंटित करने का निर्णय लिया गया। नया रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण की नया रायपुर आपसी सहमति से भूमि क्रय नीति, 2017 में संशोधन करने का निर्णय लिया गया। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मण्डल के द्वारा निर्मित 5 वर्ष से अधिक समय से नहीं बिके हुए आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों को एकमुश्त निपटान हेतु लागत मूल्य (बेस रेट) से 10 प्रतिशत, 20 प्रतिशत तथा 30 प्रतिशत छूट देकर विक्रय करने का निर्णय लिया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 अंतर्गत एक लाख 32 हजार हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए कुल अनुदान राशि 3938.80 करोड़ है, जिसमें अनिवार्य राज्यांश 1450 करोड़ रूपए एवं अतिरिक्त राज्यांश 538 करोड़, जो कि मकान पूर्ण करने अथवा गृह प्रवेश पर दिया जाएगा, का अनुमोदन किया गया। कैबिनेट ने महिला स्व-सहायता समूह के हित को ध्यान में रखते हुए रेडी टू ईट निर्माण का काम महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपने का निर्णय लिया है। पहले चरण में रेडी टू ईट निर्माण का कार्य 5 जिलों में महिला स्व-सहायता समूहों को दिया जाएगा। छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम, 1993 के अंतर्गत त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं में अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधित्व एवं आरक्षण संबंधी प्रावधानों में संशोधन किए जाने हेतु विभिन्न धाराओं में संशोधन संबंधी जारी अध्यादेश की समयावधि को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
रायपुर। प्रदेश में हुए CGPSC गड़बड़ी मामले की चार्जशीट सामने आने पर कई बड़े खुलासे हुए हैं। CBI द्वारा पेश की गई इस पूरी चार्जशीट में CGPSC ऑफिस में कार्यरत 7 कर्मचारियों समेत करीब 41 लोगों को गवाह बनाया गया है, लेकिन 5 ऐसे लोगों के बयान दर्ज नहीं कर पाई जो कि इस पूरे मामले के या तो जांचकर्ता हैं या इस गड़बडी के अंदर तक जुड़े हैं। चार्जशीट के मुताबिक जुलाई 2020 को प्रश्न पत्र प्रकाशन को लेकर टामन सिंह और परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक ने मे. एकेडी प्रिंटर प्रा. लि. के अरुण कुमार द्विवेदी के साथ रायपुर में मीटिंग की उसके बाद दोनों के बीच 17 अगस्त 2020 को ही अनुबंध हुआ कि 2 प्रश्न-पत्र सेट करने की सहमति बनी। 17 अगस्त 2020 से जनवरी 2022 तक अनुबंध के तहत मे. एकेडी प्रिंटर्स प्राइवेट लिमिटेड कलकत्ता ने दोनों प्रश्न-पत्रों में 50-50 प्रश्न दिए, जिसमें सामान्य अध्ययन पेपर-1 के लिए 55 और एप्टीट्यूड टेस्ट पेपर-2 के लिए 82 प्रश्न आरती वासनिक को प्रत्येक पेपर में 100 प्रश्नों की समीक्षा करने और उन्हें अंतिम रूप देने के लिए सीलबंद लिफाफे में फर्म के कर्मचारी महेश दास ने जनवरी 2022 में रायपुर भेजे। CBI ने अपनी चार्जशीट में छत्तीसगढ़ लोकसेवा आयोग (सीजीपीएससी) 2021 के प्रश्न-पत्र लीक होने का खुलासा करते हुए लीक करने वाले सीजीपीएससी के तत्कालीन अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी को बताया है। इस साजिश में उनके साथ तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक और उप परीक्षा नियंत्रक ललित गणवीर शामिल थे। सीबीआई जांच में खुलासा हुआ है कि ये पर्चे सोनवानी ने अपने भतीजे नितेश और साहिल को दिए, जो बाद में डिप्टी कलेक्टर और डीएसपी बने। इस पूरे मामले में बचाव पक्ष के वरिष्ठ वकील का कहना है कि जो चार्जशीट पेश की गई है, वह दिशाहीन है सीबीआई क्या कहना चाहती है? क्या आरोप लगाना चाहती है, यह स्पष्ट नहीं है। अभ्यर्थियों का चयन हुआ और 4 दिन में उनके खिलाफ चालान पेश कर दिया, किसी को खुश करने के लिए चार्जशीट बनाई गई है।
रायपुर/दिल्ली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के सदस्य अपनी व्यक्तिगत जानकारी जैसे नाम आदि में सुधार आसानी से कर सकेंगे। यह जानकारी शनिवार को केंद्रीय मंत्री द्वारा दी गई। सरकार द्वारा ईपीएफओ में रिफॉर्म लागू किए गए हैं, जिसके बाद आसानी से ईपीएफओ के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जाकर सदस्य अपनी व्यक्तिगत जानकारी में स्वयं ही बदलाव कर पाएंगे। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री, मनसुख मांडविया ने कहा, "ईपीएफओ के 10 करोड़ से ज्यादा लाभार्थी हैं, जब भी किसी सदस्य को ईपीएफओ के पास मौजूद अपनी जानकारी में कोई बदलाव करवाना होता था, तो उसे लंबे प्रोसेस से गुजरना होता था, लेकिन अब ईपीएफओ में रिफॉर्म लागू कर दिया है। इसके बाद सदस्य आसानी से बिना किसी बाहरी सहायता के स्वयं ही अपनी जानकारी में बदलाव कर पाएंगे।" मांडविया ने आगे कहा, "ईपीएफओ के पास नाम और अन्य जानकारियों में बदलाव से जुड़ी हुई करीब 8 लाख शिकायतें आई हुई हैं। इस बदलाव से इन सभी शिकायतों का जल्द समाधान हो सकेगा।" इसके अतिरिक्त केंद्रीय मंत्री ने बताया, "सरकार ने ईपीएफओ अकाउंट ट्रांसफर को सरल बनाने के लिए भी रिफॉर्म लागू किया है। अब आसानी से सदस्य एक ओटीपी के माध्यम से ईपीएफओ अकाउंट को एक संस्था से दूसरी संस्था में ट्रांसफर कर पाएंगे। इसके लिए पहले प्रोसेस काफी लंबा था।" इस महीने की शुरुआत में ईपीएफओ ने बताया था कि देशभर में अपने सभी क्षेत्रीय कार्यालयों में सेंट्रलाइज्ड पेंशन पेमेंट्स सिस्टम (सीपीपीएस) का रोलआउट पूरा कर लिया है। इससे 68 लाख से अधिक पेंशन पाने वालों को लाभ मिलेगा। इस नए सिस्टम के साथ लाभार्थियों को सुविधा मिलेगी कि वे किसी भी बैंक से पेंशन निकाल सकेंगे। साथ ही पेंशन शुरू होने के समय वेरिफिकेशन के लिए लाभार्थी को बैंक जाने की जरूरत नहीं होगी। यह कदम उन पेंशनभोगियों के लिए राहत भरा होगा, जो रिटायरमेंट के बाद अपने होमटाउन चले जाते हैं और वहीं, आगे का जीवन गुजर-बसर करते हैं।
रायपुर। एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण में जप्त मादक पदार्थ का विधिसम्मत नष्टीकरण कार्यवाही एनडीपीएस एक्ट अधिनियम में निहित प्रावधान अंतर्गत नियमानुसार की गयी। उपरोक्त प्रावधान अंतर्गत नियमानुसार की गयी, उपरोक्त नष्टीकरण की कार्यवाही में केन्द्र सरकार, गृह मंत्रालय, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरों का आदेश के परिपालन में पुलिस मुख्यालय द्वारा गठित उच्चस्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी रायपुर जिला द्वारा पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह (अध्यक्ष), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, उपायुक्त आवकारी रामकृष्ण मिश्रा सदस्यो की उपस्थिति में संपादित की गयी। जो सिलतरा स्थित एक निजि पावर प्लांट में किया गया। आज की गयी नष्टीकरण की कार्यवाही में जिला रायपुर के 57 एनडीपीएस प्रकरण में कुल 989.600 किलोग्राम गांजा को विधिवत् जन सामान्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुये पर्यावरण विभाग से अनुमति उपरांत रायपुर के सिलतरा स्थित पावर प्लांट के भट्ठी/फर्नेस में जलाकर नष्ट किया गया।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, "अभिनेता सैफ अली खान पर कुछ दिन पहले हमला हुआ था और संदिग्ध को आरपीएफ ने दुर्ग से पकड़ लिया है। मुंबई पुलिस आ रही है और संदिग्ध को उनके हवाले कर दिया जाएगा।" अभिनेता सैफ अली खान पर हमला मामले में छत्तीसगढ़ के दुर्ग से एक संदिग्ध आकाश कनौजिया को हिरासत में लिया गया है। इस संदिग्ध के बारे में सहायक पुलिस निरीक्षक जुहू पुलिस स्टेशन, मुंबई पुलिस से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस ट्रेन से यात्रा कर रहा है और उसने संदिग्ध की फोटो साझा की है। संदिग्ध को दुर्ग आरपीएफ पोस्ट लाया गया और वीडियो कॉल के जरिए मुंबई पुलिस के अधिकारियों से संपर्क किया गया। संदिग्ध को पकड़ने के लिए मुंबई पुलिस की एक टीम आज रायपुर पहुंचेगी। सैफ अली खान पर हमला मामले में एक संदिग्ध को छत्तीसगढ़ के दुर्ग से हिरासत में लिया गया है। संदेही की पहचान मुंबई से मिले इनपुट के आधार पर की गई। दुर्ग आरपीएफ की टीम ने संदेही को ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे से पकड़ा है। आरपीएफ की टीम युवक को अपनी कस्टडी में लेकर पूछताछ कर रही है। जानकारी के मुताबिक, मुंबई पुलिस की जांच के दौरान कुछ नंबर मिले थे। जांच में एक संदेही का लोकेशन मुंबई से चलने वाली ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस में मिला। मुंबई पुलिस को ये भी पता चला कि ट्रेन दुर्ग से होकर गुजरने वाली है। मुंबई पुलिस ने इसकी सूचना तत्काल दुर्ग आरपीएफ को दी। इनपुट के आधार पर जैसे ही ट्रेन दुर्ग में रूकी। आरपीएफ पुलिस ने ट्रेन के जनरल डिब्बे से संदेही को पकड़ा। ट्रेन आज दोपहर 1ः30 बजे दुर्ग स्टेशन पहुंची थी। संदेही युवक की पहचान मुंबई पुलिस से भेजे गये फोटो के आधार पर की गई। संदेही को आरपीएफ की टीम अपनी कस्टड़ी में रखी है। बताया जा रहा है कि मुंबई पुलिस संदेही की कस्टडी लेने के लिए निकल गई है। फिलहाल दुर्ग की आरपीएफ टीम युवक से पूछताछ कर रही है।
बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने आज बिलासपुर- झारसुगुड़ा रेलखंड के अंतर्गत बिलासपुर से कोतरलिया स्टेशन के मध्य विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर इस रेलखंड में चल रहे अधोसंरचना विकास, रेल परियोजनाओं, संचालन और संरक्षा का व्यापक जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान तरुण प्रकाश ने न्यू क्रॉसिंग स्टेशन चक्रधर नगर पर विभिन्न रेल विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कोतरलिया स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की स्थिति का भी आकलन किया और बेहतर सेवा प्रदान करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कोतरलिया स्टेशन पर उन्होंने रिले रूम और पैनल रूम का निरीक्षण करते हुए रेलवे संचालन को और अधिक सुदृढ़ व संरक्षित बनाने के निर्देश दिए। महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने अधिकारियों को रेलवे संरक्षा व यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देने हेतु तत्परता के साथ सभी कार्यों को समय पर पूर्ण करने के दिशा- निर्देश दिए। हावड़ा - मुंबई मेन लाइन पर अवस्थित इस महत्वपूर्ण सेक्शन में बिलासपुर एवं झारसुगुड़ा के मध्य चौथी रेल लाइन का कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है। महाप्रबंधक द्वारा निरीक्षण से निश्चित ही इस रेल खंड में चल रहे रेल विकास कार्यों में प्रगति के साथ ही साथ रेल परिचालन को और अधिक प्रभावी बनाने व यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करने में मदद मिलेगी।
रायपुर- रायपुर नगर निगम चुनाव 2025 के लिए कांग्रेस के युवा और सक्रिय नेता राहुल तिवारी ने स्वामी विवेकानंद सदर बाजार वार्ड 44 से अपनी दावेदारी प्रस्तुत की है। राहुल तिवारी, जो लंबे समय से कांग्रेस पार्टी से जुड़े हैं, वार्डवासियों के लिए स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित माहौल प्रदान करने की प्रतिबद्धता के साथ मैदान में उतरे हैं।
चंडीगढ़: विशेष न्यायाधीश अलका मलिक की सीबीआई अदालत ने शुक्रवार को शिमला स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सहायक निदेशक विशाल दीप को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। विशाल दीप को शुक्रवार को अंबाला जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया और चंडीगढ़ सीबीआई अदालत में पेश किया गया। अब उन्हें 22 जनवरी को अदालत में पेश किया जाएगा। बड़ी साजिश की ओर इशारा करते हुए और अन्य सार्वजनिक और निजी व्यक्तियों की भूमिका की जांच के दायरे में होने की बात कहते हुए, सीबीआई ने कहा कि विशाल दीप की पुलिस हिरासत जरूरी है। सीबीआई ने कहा, "जांच के दौरान, 54 लाख रुपये की रिश्वत राशि सहित 1.25 करोड़ रुपये की राशि बरामद की गई है। 1 लाख रुपये की एक और रिश्वत राशि अभी बरामद की जानी है। साथ ही, जिस मोबाइल फोन/फोन से आरोपी विशाल दीप और अन्य ने शिकायतकर्ता को रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के लिए कॉल किया था, उसे भी बरामद किया जाना बाकी है।" सीबीआई के सरकारी वकील नरेंद्र सिंह ने कहा कि शिकायतकर्ता द्वारा प्राप्त व्हाट्सएप कॉल को स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में डीवीआर पर रिकॉर्ड किया गया था और कॉल में विशाल दीप की आवाज को ईडी के शिमला कार्यालय के सभी अधिकारियों हनीत जायसवाल, सुनील और नीरज ने पहचाना था। सीबीआई ने कहा कि विशाल दीप की आवाज का नमूना अभी सीएफएसएल से पूछताछ की गई आवाज से मिलान के लिए नहीं लिया गया है।
कुल्लू। मनाली-चंडीगढ़ नेशनल हाइवे पर रायसन स्थित कैच फैक्टरी के पास बीती रात को बस और ऑल्टो कार में जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में कार चालक की मौके पर मौत हो गई। वहीं, कार में सवार एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया है। जिसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में लाया गया। 108 आपातकालीन एंबुलेंस के माध्यम से घायल को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लाया गया। पुलिस ने चाल के शव को कब्जे में लिया है। आज पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
कवर्धा। एक नक्सल दंपत्ति ने आत्मसर्पण किया है। दंपत्ति कुख्यात नक्सली कमांडर हिड़मा के गांव पुवर्ती के रहने वाले हैं। दोनों पर 10 लाख रुपए का ईनाम था। राजनांदगांव आईजी दीपक झा ने सरेंडर की पुष्टि की है। वहीं कवर्धा में मीडिया के समक्ष दोनों नक्सलियों को समर्पण के बाद सामने लाया गया। मिली जानकारी के मुताबिक नक्सल दंपत्ति रमेश उर्फ मेस्सा और उसकी पत्नी रोशनी उर्फ हिडमे ने आज कवर्धा कलेक्टर गोपाल वर्मा और एसपी धर्मेश छवई के समक्ष समर्पण किया है। रमेश बोडला एरिया कमेटी का सदस्य था। वहीं उसकी पत्नी भी इसी कमेटी की मेम्बर थी। दोनों के विरूद्ध थाना तरेगांव में दो-दो नक्सल अपराध दर्ज थे। रमेश ने नक्सली संगठन में नक्सली कमांडर के रूप में काम करते कई हिंसक अपराधों को अंजाम दिया था। वह पुलिस मुठभेड़ में भी शामिल रहा है। दोनों ने नक्सल संगठन में भेदभाव के चलते आत्मसर्पण किया है। कवर्धा जिले में अब तक 8 ईनामी नक्सलियों सहित कुल 9 नक्सली मुख्यधारा में लौट चुके हैं।
रायपुर। तेंदूपत्ता खरीदी सीजन शुरू होने से पहले राज्य लघु वनोपज संघ ने एक वर्ष की संविदा अवधि के लिए 89 सहायक प्रबंधकों की नियुक्ति की है। इनमें सहायक प्रबंधक उपार्जन पर 50,प्रबंधन 7,निर्माण 7 और सहायक प्रबंधक 25 शामिल हैं। इन्हें 37500 एक मुश्त वेतन देय होगा। कोई भी भत्ते,पेंशन, मृत्यु लाभ नहीं मिलेगा। एक वर्ष की सेवावधि बाद कार्यकाल का आंकलन कर पुन एक वर्ष सेवा विधि बढ़ाई जा सकेगी। दोनों पक्ष एक माह की सूचना देकर सेवा से पृथक हो सकेंगे।
महासमुंद। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि मेरा सौभाग्य है छह जनवरी को मैंने यहां विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। आज भी स्वामित्व कार्ड बांटने आया हूं। प्रधानमंत्री जी शुरू से ही देश के विकास के काम कर रहे हैं। गरीबों के लिए कई योजनाएं संचालित हैं। आज आबादी जमीन का पट्टा भी गरीबों को मिल रहा है। साय शनिवार को महासमुंद के महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर माविद्यालय मचेवा महासमुंद में स्वामित्व कार्ड वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 12.20 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मचेवा हेलीपैड पहुंचे। हेलीपैड पर सांसद रूपकुमारी चौधरी, पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, विधायक महासमुंद योगेश्वर राजू सिन्हा,बसना विधायक संपत अग्रवाल, पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। साढ़े 12 बजे सीएम श्री साय कार्यक्रम स्थल पहुंचे और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उनके साथ राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा भी थे। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक आशुतोष सिंह, सीईओ जिला पंचायत एस. आलोक, वन मंडल अधिकारी पंकज राजपूत ने स्वागत किया। कलेक्टर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले का प्रतिवेदन वाचन किया। इसके वाद वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वामित्व योजना की शुरुआत की। प्रधानमंत्री का वर्चुअल संबोधन हुआ। मालूम हो कि महासमुंद जिले में 10 हजार 850 स्वामित्व कार्ड बनाया गया है। लिहाजा आज मुख्यमंत्री श्री साय महासमुंद में स्वामित्व कार्ड वितरण करने पहुंचे हैं। दोपहर डेढ़ बजे तक प्रधानमंत्री का उद्बोधन जारी रहा। इसके बाद कलेक्टर लंगेह ने अपना प्रतिवेदन पूरा किया। इसके बाद बसना विधायक संपत अग्रवाल ने समारोह को संबोधित किया। कहा कि हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि प्रधानमंत्री गांव गरीब के बारे में सोचते हैं।
रायपुर। जिला भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में आज जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर के नेतृत्व में नगरीय निकाय चुनाव के संदर्भ में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया आगामी दिनों में रायपुर नगर निगम सहित प्रदेश भर में नगरीय निकाय चुनाव संभावित हैं ऐसे में भाजपा ने चुनाव तिथि की घोषणा पूर्व ही अपनी तैयारियां चालू कर दी है लगातार नगरीय निकाय चुनावों के संदर्भ में बैठकों और सम्मेलनों का दौर जारी हो चुका है इन निकाय चुनावों भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती विगत 3 बार से रायपुर नगर निगम महापौर की कुर्सी से भाजपा वंचित रही है ऐसे में अब भाजपा का पूरा ध्यान महापौर सहित रायपुर निगम से अधिक से अधिक पार्षद जितवा कर निगम में कब्जा करने की योजना बना कर कार्य कर रही है।
रायपुर। रायपुर में नाबालिग से रेप और हत्या के विरोध में कांग्रेस आज धरना प्रदर्शन कर रही है। जीई रोड पर रविशंकर विश्वविद्यालय के गेट के सामने कांग्रेसियों ने चक्का जाम कर दिया। हालांकि इस दौरान कांग्रेसियों ने बड़ा चूक कर दी। कांग्रेस नेता नाबालिग रेप पीड़िता की पहचान उजागर कर दी। कांग्रेसियों ने धरने में फोटो और नाम दिखाते हुए सैकड़ो पोस्टर बांट दिए। इतना ही नहीं बच्ची का नाम लेते हुए कांग्रेस नेता नारे लगाते रहे। अब इस मसले को लेकर सियासत गर्म होने के आसार है। दरअसल, बीतें दिनों राजधानी रायपुर में नाबालिग बच्ची का अपहरण किया गया था। इसके बाद दरिंदों ने हवस मिटाकर उसकी हत्या कर दी थी। कांग्रेस नेता इसे निर्भया कांड का नाम देते हुए शनिवार को प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता इस प्रदर्शन के जरिए दोषियों को फांसी देने की मांग की। विरोध प्रदर्शन के चलते जीई रोड पर लंबा जाम लग गया।
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में पाए जाने वाले किंग कोबरा की प्रजाति जानने के लिए डीएनए जांच कराई जाएगी। वैश्विक स्तर पर हाल ही में हुए अध्ययन से पता चला है कि किंग कोबरा की आफियोफैगस हन्ना के साथ ही तीन और प्रजातियां आफियोफैगस कलिंगा, आफियोफैगस साल्वाटाना, आफियोफैगस बंगारस प्रजातियां भी पाई जाती हैं। कोरबा में मिलने वाले किंग कोबरा के प्रथम दृष्टया आफियोफैगस हन्ना या आफियोफैगस कलिंगा प्रजाति के होने की संभावना है। हालांकि, टेस्ट रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि कोरबा का किंग कोबरा चारों प्रजातियों में से कोई एक है या फिर कोई नई प्रजाति है। साल 2014 में कोरबा जिला के बताती गांव में रहने वाले एक किसान की बाड़ी में किंग कोबरा पहली बार नजर आया। इसके बाद कोरबा के कई अन्य स्थानों पर कोबरा मिलने लगे। साल 2021 में मदनपुर गांव में सबसे लंबा करीब 18 फीट लंबा कोबरा मिला। नोवा नेचर व अन्य संस्थाओं ने मिलकर इलाके में अब तक 250 से अधिक किंग कोबरा की गणना की है। सर्प मित्र और सर्वे दल के सदस्य जितेंद्र सारथी ने बताया कि कोरबा वन मंडल के साथ सूरजपुर जिले की सरहद तक कोबरा के रहवास के निशान मिले हैं। बताती क्षेत्र के जंगल को कोबरा रहवास के रूप में विकसित किया जा रहा है।
जांजगीर। जिला मुख्यालय के दफ्तरों के कर्मचारी बेलगाम हो गए हैं। जिले के कलेक्टर आकाश छिकारा सुबह सुबह अचौक निरक्षण पर निकले। इस दौरान कई अफसरों ने भी सरकारी विभागों का औचक निरीक्षण किया। निरक्षण के दौरान चौका देने तस्वीर देखने को मिली। 13 विभागों के 120 कर्मचारी दफ्तरों से अनुपस्थित मिले। कलेक्टर और अफसरों के निरीक्षण के बाद विभागीय कर्मचारियों में हड़कंप मचा है। सभी अनुपस्थित कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है। कलेक्टर आकाश छिकारा ने बताया कि मामले में वेतन काटने की भी कार्रवाई की जा रही है। दरअसल, जिला मुख्यालय के दफ्तरों में कर्मचारियों द्वारा समय पर ऑफिस नहीं आने और दफ्तर से गायब रहने की शिकायत मिली थी। इसके बाद कलेक्टर और अफसरों की टीम ने विभागों का निरीक्षण किया। जहां 13 विभागों के 120 कर्मचारी अनुपस्थित मिले हैं। कलेक्टर ने कहा कि सभी कर्मचारी समय पर कार्यालय आएं और अनुशासन का पालन करें। अधिकारियों को कड़ी निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रायगढ़ - छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला मुख्यालय से पश्चिम में लगभग 14 किलोमीटर दूर ग्राम केराझर के टीपापानी/ नरईझोझा पहाड़ में मध्यपाषाण काल (10000-4000 ई. पू.) के शैलचित्र पाये गये हैं/ यहाँ की शैलचित्र की खोज डॉ. मुकेश कुमार राठिया, मानवविज्ञान अध्ययनशाला, पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर छत्तीसगढ़ ने की है | उन्होंने बताया कि टीपापानी के शैलाश्रय में अनेक शैलचित्र पाये गये हैं / शैलचित्रों में शिकार के दृष्य, जानवरों एवं मानव के चित्र तथा पेड़- पौधों के चित्र लाल एवं भूरे रंगों में बनाए गए हैं/ उन्होंने बताया कि इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय कला केंद्र, नई दिल्ली के शैलचित्र विशेषज्ञ डॉ. जी. एल. बादाम एवं संस्कृति विभाग रायपुर के शोधदल के साथ मिलकर 2006 में रायगढ़ जिले के 18 शैलाश्रयों को आधिकारिक रूप से चिन्हित किया गया था / शोधदल में डॉ. मुकेश कुमार राठिया को भी शामिल किया गया था / इन्हीं 18 शैलाश्रयों में पाये गये शैलचित्रों पर डॉ. मुकेश कुमार राठिया ने प्रो. अरुण कुमार, मानवविज्ञान अध्ययनशाला पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर, के निर्देशन में रायगढ़ जिले के शैलचित्रों का सांस्कृतिक महत्व एक नूवैज्ञानिक अध्ययन विषय पर शून्य प्रतिशत प्लेजरिज्म टेस्ट ( साहित्यिक चोरी परीक्षण ) के साथ पीएच-डी उपाधि प्राप्त किया है / शैलचित्रों की शोध अवधि में विश्व के जाने माने आस्ट्रिया के शैलचित्र विशेषज्ञ न्यूमेयर इरविन के साथ रायगढ़ जिले के शैलचित्रों का अध्ययन किया है एवं उनसे प्रशिक्षण प्राप्त किया है / पीएच-डी उपाधि प्राप्त करने के पूर्व भारत के प्रसिद्ध पुरातत्व विशेषज्ञ डॉ.एस.बी.ओटा एवं डॉ. के.के. मुहम्मद के मार्गदर्शन में विश्व धरोहर भीमबेटका, भोपाल मध्यप्रदेश में प्रागैतिहासिक उत्खनन का प्रशिक्षण प्राप्त किया है l प्रागैतिहासिक उत्खनन ब्रश एवं स्केपर के द्वारा प्रति लेयर 1 से 1.5 सेंटीमीटर तक किया जाता है जिसके कारण उत्खनन में कई वर्ष लगते है / इसमें सबसे बड़ी चुनौती किस लेयर अथवा परत के अवशेषों का अध्ययन किया जाए इस विषय पर विश्व धरोहर भीमबेटका में भारत के प्रशिक्षणथियों प्रशिक्षणार्थियो के बीच लिखित परीक्षा ए.एस.आई. द्वारा आयोजित की गयी थी जिसमें डॉ. मुकेश कुमार राठिया द्वारा दिये गए सुझावों को सर्वोपरि मान्य कर प्रथम स्थान प्रदान किया गया था / डॉ. मुकेश कुमार राठिया ग्राम गोरपार, तहसील-खरसिया,जिला-रायगढ़, के निवासी हैं एवं वर्तमान में मानवविज्ञान अध्ययनशाला पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर छत्तीसगढ़ में सेवारत हैं / उनके इस खोज से मानवविज्ञान अध्ययनशाला के अध्यक्ष प्रो. जितेंद्र प्रेमी, वरिष्ठ प्रो. अशोक प्रधान, विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष डॉ. दिलीप घृतलहरे, एवं कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष श्री श्रवण ठाकुर , सचिव श्री प्रदीप मिश्रा, अनुसूचित जाति, जनजाति कर्मचारी परिषद के अध्यक्ष श्री जीवन लाल सिरदार, महासचिव श्री शंकर लाल कुंजम, डॉ. सोम प्रकाश कवंर, श्री दीपक नेताम के द्वारा बधाई एवं शुभकामनाएं दिया गया / इस शोधकार्य से पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय परिवार में ख़ुशी का माहौल है-
रायपुर। राज्य शासन ने नगरीय निकायों के पेंशनर्स और परिवार पेंशनर्स के महंगाई राहत में वृद्धि की है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने सातवें वेतनमान के अनुसार पेंशन प्राप्त करने वालों की महंगाई राहत में चार प्रतिशत और छटवें वेतनमान के अनुसार पेंशन प्राप्त करने वाले पेंशनर्स के महंगाई राहत में नौ प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। दोनों वेतनमानों के पेंशनर्स और परिवार पेंशनर्स को 1 अक्टूबर 2024 से इस वृद्धि का लाभ दिया जाएगा। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद आज विभाग ने मंत्रालय से इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। राज्य शासन द्वारा महंगाई राहत में बढ़ोतरी के बाद सातवें वेतनमान और छटवें वेतनमान के पेंशनर्स का महंगाई राहत क्रमशः 50 प्रतिशत और 239 प्रतिशत हो जाएगा। वर्तमान में सातवें वेतनमान के पेंशनर्स को 46 प्रतिशत और छटवें वेतनमान के पेंशनर्स को 230 प्रतिशत महंगाई राहत दी जा रही है।
जशपुर। जशपुर पुलिस ने अवैध रूप से अंग्रेजी शराब की बिक्री करने वाले एक आरोपी के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस ने ग्राम तमता में स्थित आरोपी की दुकान पर छापा मारा और भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब को जब्त किया। पुलिस ने बताया कि यह मामला थाना पत्थलगांव के ग्राम तमता का है, जहां आरोपी हेमंत यादव, जो कि एक डेली नीड्स दुकान चलाता है, अपनी दुकान के बगल में अवैध रूप से शराब रखे हुए था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके कब्जे से 13.320 लीटर शराब बरामद की। जिसकी कीमत लगभग 10,100 रुपये है। इस शराब में हावर्डस कंपनी की 6 बोतलें, गोल्डन गोवा व्हिस्की की 8 बोतलें, रॉयल स्टेज व्हिस्की की 9 बोतलें और मैकडोनल्ड व्हिस्की की 18 बोतलें शामिल हैं।मामले की जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी हेमंत यादव (42 वर्ष), जो कि ग्राम तमता का निवासी है, के खिलाफ 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत पांडे, प्रधान आरक्षक सुभाष नायक और आरक्षक अजय खेस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रायगढ़। जिले की शासकीय मदिरा दुकानों की शराब बिक्री से जुड़े कैश कलेक्शन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक पुलिस कंट्रोल रूम में जिला आबकारी विभाग, बैंक, सीएमएस कंपनी और सुरक्षा एजेंसी के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने कैश कलेक्शन का कार्य संभालने वाली सीएमएस कंपनी से रायगढ़ मुख्यालय के स्तर पर विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने पाया कि कैश कलेक्शन में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की गाइडलाइंस और स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) का पालन नहीं किया जा रहा है। इस पर सख्त रुख अपनाते हुए कंपनी से जवाब तलब किया गया। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को आरबीआई के दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। इनमें "मानक वाहन" का उपयोग, कैश का प्रतिदिन बैंक में जमा होना, सशस्त्र गार्ड, मदिरा दुकानों की सीसीटीवी से निगरानी, कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन और सुरक्षा एजेंसियों के कर्मचारियों को आपातकालीन संपर्क नंबर मुहैया कराना शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कैश कलेक्शन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम, सहायक आयुक्त आबकारी. किस्टोफर खलखो, सहायक जिला आबकारी अधिकारी विमल तिर्की, निरीक्षक प्रशांत राव, थाना प्रभारी चक्रधरनगर,आबकारी उप निरीक्षक रागिनी नायक, योगेन्द्र मेहर, जितेश नायक, संतोष कुमार नारंग, कुशल कुमार पटेल, असिस्टेंट मैनेजर, एसबीआई अनिल कुमार मिंज, लोकेशन इंचार्ज सीएमएस हरिराम, सुरक्षा गार्ड एजेंसी एलिट फाल्कन्स के रविशंकर झरिया, सुरक्षा गार्ड एजेंसी इंगल हण्टर सालुशन के महेश बरेठ, रायगढ़ फील्ड ऑफिसर, ईगल हंटर सालुशन सन्दु कुमार सिंह, वाल्ट इंचार्ज महेश खूंटे, कस्टुडियन सीएमएस- सुनील निषाद, तीज कुमार यादव, डमरू साहू उपस्थित थे। पुलिस अधीक्षक ने बैठक के अंत में सुरक्षा से जुड़े सभी प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया, जिससे शराब बिक्री के कैश कलेक्शन से जुड़े किसी भी प्रकार के जोखिम को रोका जा सके।
Adv