रायपुर। रायपुर में एक ट्रक ने इलेक्ट्रिक स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई है। उसके लाश के दो टुकड़े हो गए। वहीं, दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि, दोनों गाड़ियों के बीच आमने-सामने भिड़ंत हुई थी। मामला अभनपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, अभनपुर थाना इलाके के कल्पतरू प्लांट के पास सोमवार रात अज्ञात ट्रक ने इलेक्ट्रिक स्कूटी को जबरदस्त टक्कर मार दी। जिससे स्कूटी सवार सड़क पर गिर गया। फिर आरोपी वाहन चालक उसे कुचलते हुए निकल गया। हादसा इतना दर्दनाक था कि एक युवक की लाश के दो टुकड़े हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान शुभम जांगड़े पिता संतोष जांगड़े (23) के रूप में की गई। वह बोरिया खुर्द का रहने वाला था। वहीं, घायल युवक की पहचान रुद्रा प्रताप मारकंडे पिता बद्री मारकंडे (22) के रूप में हुई है। वो सिवनी रायपुर का रहने वाला है। उसकी भी हालत गंभीर है। पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया है। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में ओबीसी आरक्षण पर सियासत तेज है। कांग्रेस ने OBC आरक्षण को लेकर आज प्रदेश भर में जिला स्तरीय प्रदर्शन का ऐलान किया है। तो वही कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर डिप्टी सीएम अरुण साव का बयान भी सामने आया है। साव ने कहा कि आरक्षण की व्यवस्था पूरी तरह संविधान सम्मत है। आरक्षण ओबीसी को मिला है। क्या कांग्रेस ओबीसी को 30% मिले आरक्षण के खिलाफ है? सुप्रीम कोर्ट के फैसले से वर्ष 2021-22 में परिस्थितियों बदली है। छत्तीसगढ़ के 33 में से 16 जिले अनुसूचित क्षेत्र में आते हैं। इसलिए 16 जिला पंचायत अध्यक्ष ST के लिए आरक्षित हुआ है। वह जनसंख्या के आधार पर 4 जिला पंचायत अध्यक्ष SC के लिए आरक्षित है। कुल मिलाकर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस अराजकता और अव्यवस्था फैलाना चाहती है।
बिलासपुर। सीपत बाजार चौक में गुंडागर्दी और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 13 जनवरी 2025 की रात 10 बजे, प्रार्थी विनोद कुमार सूरज ने थाना सीपत में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके घर के पास कुछ युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौच की और हाथों में लाठी-डंडा, ईंट-पत्थर लेकर उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने घर के गेट को बंद कर जान से मारने की धमकी दी और तोड़फोड़ की। इस दौरान प्रार्थी को कोहनी पर चोट आई और उनके घर में रखी स्कूटी, मोटर पंप और बिजली मीटर को नुकसान पहुंचाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर उनके निर्देशानुसार त्वरित कार्रवाई की। आरोपी विकास वर्मा, आशीष साहू उर्फ चिंटू, निकेश वर्मा, प्रकाश वर्मा उर्फ पांगन, रोशन खरे और यश खरे को विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया। इन पर धारा 191(2), 191(3), 296, 115(2), 351(2), 324(2), 331(6) बीएनएस और 139 विद्युत अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में विकास वर्मा (26), आशीष साहू उर्फ चिंटू (18), निकेश वर्मा (18), प्रकाश वर्मा उर्फ पांगन (23), रोशन खरे (19) और यश खरे (20 वर्ष) शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों को 14 साल की सजा वाले गंभीर धाराओं के तहत न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
रायपुर। CGPSC घोटाले में गिरफ्तार डिप्टी कलेक्टर चुने गए 3 कैंडिडेट 1 DSP समेत पूर्व एग्जाम कंट्रोलर को आज रायपुर कोर्ट में पेश किया जाएगा। दरअसल पिछली सुनवाई के बाद कोर्ट ने पांच आरोपियों को 2 दिनों के लिए न्यायिक रिमांड पर रायपुर जेल भेज दिया था। आज न्यायिक रिमांड खत्म होने के बाद पांचों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। गौरतलब है कि पिछली सुनवाई के दौरान CBI ने सभी को 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेजने की मांग की थी। आज फिर CBI सभी आरोपियों को फिर से न्यायिक रिमांड पर भेजने की मांग करेंगी। पीएससी के चेयरमैन रह चुके पूर्व आईएएस टामन सिंह सोनवानी के भतीजे नितेश सोनवानी और साहिल सोनवानी और उद्योगपति श्रवण गोयल के बेटे और बहू शशांक गोयल और भूमिका कटियार समेत तत्कालीन डिप्टी एग्जाम कंट्रोलर ललित गणवीर को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले CGPSC के पूर्व चेयरमैन टामन सोनवानी और श्रवण कुमार गोयल को गिरफ्तार किया गया था। दोनों को हिरासत में लेकर CBI के अधिकारियों ने पूछताछ की और दोनों अभी ज्यूडिशियल कस्टडी में रायपुर के सेंट्रल जेल में बंद है।
रायपुर। गणतंत्र दिवस की संध्या में राज्यपाल रमेन डेका की उपस्थिति में आयोजित होने वाले “स्वागत समारोह” के संबंध में राज्यपाल के सचिव यशवंत कुमार ने विभिन्न विभागों की बैठक ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में रायपुर जिला प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी, राजभवन के अधिकारी, नगर निगम, लोकनिर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, बिजली, उद्यानिकी, आयुष विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
रायपुर। तेलीबांधा इलाके से अपहरण कर मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए यश शर्मा ने बीती रात मेकाहारा अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. 4 आरोपियों ने 13 अक्टूबर को यश का अपहरण कर 2 दिनों तक शगुन फार्म्स में बंधक बनाकर मारपीट की थी. जिसके बाद 3 महीने से उसका इलाज जारी था और बीती रात उसने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रवाना कर दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है. इस मामले में आरोपी तुषार पाहुजा गिरफ्तार है. वहीं बाकी 3 आरोपी फरार बताए जा रहे हैं मामले में मृतक यश शर्मा के परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें 40 लाख में मामले को सेटल करने का भी ऑफर दिया है. इसके अलावा आरोपियों के पुलिस की कार्रवाई पर भी कई सवाल खड़े किये हैं. पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी बड़े घराने से हैं. इसलिये अब तक 3 आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है.
कोरबा। जिले के पौड़ी उपरोड़ा विकासखंड में स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला जटगा के प्रभारी प्राचार्य पीतांबर पटेल को उनके पद से हटाकर यह दायित्व व्याख्याता तारा सिंह को सौंपने के आदेश पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है। याचिकाकर्ता पीतांबर पटेल वर्ष 2021 से प्रभारी प्राचार्य के रूप में सेवाएं दे रहे थे। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा विद्यालय के औसत से कम परीक्षा परिणामों के आधार पर 29 नवंबर 2024 को उन्हें हटाकर श्रीमती तारा सिंह को प्रभार सौंपा गया। पटेल ने अधिवक्ता मतीन सिद्दीकी और अपूर्वा पांडे के माध्यम से हाईकोर्ट में याचिका दायर कर इसे चुनौती दी। याचिका में कहा गया कि पटेल को कारण बताओ नोटिस की जानकारी केवल व्हाट्सएप के माध्यम से दी गई थी, और उनका पक्ष सुने बिना ही कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त, पटेल ने तर्क दिया कि जूनियर अधिकारी को प्रभार सौंपना शासन के वरिष्ठता संबंधी नियमों का उल्लंघन है। याचिकाकर्ता के अनुसार, वह 2009 से व्याख्याता के पद पर कार्यरत हैं जबकि तारा सिंह का संविलियन वर्ष 2018 में हुआ। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी सर्कुलरों में वरिष्ठता और योग्यता को आधार मानकर प्रभार सौंपने का प्रावधान है। हाईकोर्ट में जस्टिस ए के प्रसाद की बेंच ने इन आधारों को स्वीकार करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश पर रोक लगा दी और पटेल को प्रभारी प्राचार्य के पद पर बहाल करने का निर्देश दिया। साथ ही, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
रायपुर। जिला कलेक्टर एवं नगर निगम प्रशासक डॉक्टर गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर नगर निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा ने विगत दिवस नगर निगम जोन क्रमांक 10 के तहत डुमरतराई सब्जी मंडी क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का प्रत्यक्ष अवलोकन किया एवं गन्दगी मिलने पर गहन नाराजगी व्यक्त करते हुए जोन 10 जोन कमिश्नर राकेश शर्मा को गन्दगी पर जुर्माना कार्यवाही करने के निर्देश दिए. आयुक्त अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर नगर निगम जोन 10 जोन कमिश्नर राकेश शर्मा ने डुमर तराई सब्जी मंडी में पानी की निकासी व्यवस्था नहीं होने और गन्दगी मिलने पर सब्जी मंडी के अध्यक्ष को नोटिस देकर सब्जी मंडी डुमरतराई प्रबंधन को भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी देते हुए 25 हजार रूपये का जुर्माना किया है. इसके साथ ही वार्ड क्षेत्र के सम्बंधित सफाई ठेकेदार साईं इंटर प्राइजेस पर गन्दगी मिलने पर नोटिस देकर भविष्य के लिए चेतावनी देते हुए 10 हजार रूपये का जुर्माना किया है. सफाई व्यवस्था वार्ड में नहीं सुधरने पर सम्बंधित ठेकेदार का सफाई ठेका नियमानुसार निरस्त कर उन्हें काली सूची में डालने की कड़ी कार्यवाही निगम जोन 10 स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रस्तावित की जाएगी. इस दौरान जोन 10 जोन स्वास्थ्य अधिकारी अमित बेहरा की उपस्थिति रही.
बिलासपुर। बिलासपुर पहुंचे उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का CM साय ने स्वागत किया। धनखड़ गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। समारोह की अध्यक्षता कुलपति प्रो.आलोक कुमार चक्रवाल करेंगे। रजत जयंती सभागार में कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ मेधावियों और शोधार्थियों को स्वर्णमंडित पदक और उपाधि से सम्मानित करेंगे। मंच पर छात्रा मैथिली तिवारी और साहनवी झा को विश्वविद्यालय पदक से नवाजा जाएगा। वहीं, इतिहास विभाग के छात्र प्रभव दुबे को गोल्ड मैडल दिया जाएगा। बता दें कि प्रभव यूनिवर्सिटी का ऐसा छात्र है, जिसने स्नातक में भी गोल्ड मैडल हासिल किया था। मंच के पिछले हिस्से में बड़ा एलईडी स्क्रीन लगाया गया है। जिस पर संपूर्ण समारोह लाइव प्रसारण किया जाएगा। साथ ही पदक एवं उपाधि धारकों के नाम, विषय, तस्वीर तथा प्राप्त होने वाले पदक या उपाधि की पूर्ण जानकारी क्रमानुसार उनके मंच पर पहुंचने के साथ प्रदर्शित की जाएगी।
कोरबा। छत्तीसगढ़ की 2 युवतियां और एक युवक आज मनाली से घर लौटने के दौरान दर्दनाक हादसे के शिकार हो गए. वे मनाली ट्रिप करने के बाद वापस कोरबा लौट रहे थे, इसी दौरान उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी. इस हादसे में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल रवाना किया. इस दौरान घायल युवती ने भी रास्ते में ही दम तोड़ दिया. वहीं हादसे में बुरी तरह घायल एक युवक का इलाज अभी जारी है. पुलिस ने मर्ग कायम कर मृत युवतियों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय कार में 3 लोग सवार थे। जो मनाली से घूमकर लौट रहे थे. वे बिलासपुर रेलवे स्टेशन से अपनी कार में कोरबा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान बिलासपुर-कटघोरा नेशनल हाईवे पर पाली थाना क्षेत्र के चैतमा के पास स्थित एक डिपोजल फैक्ट्री के नजदीक उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी. डिवाइडर से टकराने के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. वहीं इस हादसे में दोनों युवतियों की मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस हादसे का मुख्य कारण कार को तेज रफतार से चलाना और ड्राइवर का वाहन पर से नियंत्रण खोना है. कटघोरा मार्ग पर लगातार हादसे की खबरें आती रहती हैं. वहीं आज इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार के खतरों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस ने लोगों से सुरक्षित और सतर्क होकर वाहन चलाने की अपील की है। मृतकों की पहचान: मोनिका चटर्जी, 25 वर्ष दीक्षा राठौर, 26 वर्ष घायल: देवराज लांजेकर
भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई पावर हाउस में मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार घायल हो गया। घटना में युवक के नाक और आंख के पास गंभीर चोट आई है। लहूलुहान हालत में दोस्तों ने इलाज के लिए उसे सुपेला अस्पताल पहुंचाया। मंगलवार शाम युवक फरीद नगर से छावनी चौक पावर हाउस की तरफ जा रहा था, तभी ओवर ब्रिज के पास अचानक कटी पतंग चेहरे के पास उड़ते हुए आ गई। पतंग में लगे चाइनीज मांझे से उसकी नाक और आंख कटी है। फिरोज पावर हाउस में कार गैरेज चलाता है। घटना के बाद युवक के दोस्तों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसके चेहरे में 6 टांके आए है। कुछ दिन पहले भी चाईनीज मांझे से एक युवक का गला कट गया था। उसे स्पर्श हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। मीडिया में चाईनीज मांझे से दुर्घटना की खबर आने के बाद निगम प्रशासन अलर्ट हुआ। निगम की टीम ने बाजारों में जाकर कार्रवाई की, लेकिन उसके बाद चाईनीज मांझा बिकना बंद नहीं हुआ है।
रायपुर। राजधानी रायपुर के भगत सिंह चौक पर हुए हिट एंड रन मामले का CCTV फुटेज सामने आया है. सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि यह हादसा ट्रैफिक नियमों का पालन ना करने की वजह से हुआ है. एक तरफ महिला जहां सही तरीके से सड़क पार कर रही थी. इसी समय रेड सिग्नल होने के बावजूद एक ई-रिक्शा उसके सामने पहुंच जाता है. वहीं कार पर सवार महिला ने तेज रफ्तार में आकर ई-रिक्शा को जोरदार ठोकर मार दी। जिससे ऑटो सीधे महिला के ऊपर ही पलट गई। इस पूरे घटनाक्रम में महिला ने बिना किसी गलती के अपनी जान गवां दी. इस मामले में पुलिस ने पहले ही कार सवार महिला को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं जांच में CCTV फुटेज के सामने आने के बाद ई-रिक्शा चालक को पर भी अब पुलिस आगे की कार्रवाई करने जा रही है। पुलिस ने दर्ज किया FIR एसआरपी चौक में हुई मोटर दुर्घटना के संदर्भ में प्रार्थिया दमयंती सोनी ने रिपोर्ट दर्ज करायी कि इसकी बहन रत्ना दास सिलाई का काम करने के लिये शंकर नगर जाने हेतु भगत सिंह चौक से पैदल रोड क्रास कर रही थी उसी समय शंकरनगर की ओर से आ रही कार क्रमांक सीजी 04 एमई 2063 का चालक के द्वारा अपनी कार को तेजी व लापरवाहीपूर्वक चलाकर अंबेडकर चौक की तरफ से आ रही अज्ञात ई रिक्शा का चालक, जो लापरवाहीपूर्वक सिग्नल तोड़कर चौक क्रास कर रहा था, को ठोकर मार दिया। जिससे ई रिक्शा पलटकर रत्ना दास के उपर गिर जाने से गंभीर चोटे आई और रत्ना दास की मेकाहारा अस्पताल में ईलाज के दौरान मृत्यू हो गई। प्रार्थिया के रिपोर्ट पर थाना सिविल लाईन में अपराध क्रमांक 30/2025 धारा 281,125(ए), 106(1), 3(5) बी.एन.एस. पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया जाकर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
बोड़ला। कबीरधाम जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र अंतर्गत नागमोरी घाट में लोहा लेकर जा रहे ट्रक में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग की लपटे देखकर चालक और कंडक्टर दोनों ट्रक से कूद कर अपनी जान बचाई है। घाट में आगजनी से रायपुर जबलपुर नेशनल हाईवे 30 में आवागमन बाधित हो गया है। जिससे सडक़ में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बताया जा रहा है कि रविवार रात्रि लगभग 11 बजे ट्रक रायपुर से जबलपुर की ओर जा रहा था, ट्रक चिल्फी घाट में आधा घाट पार कर चुका था, तभी अचानक ट्रक के केबिन से आग की लपटे निकलने लगी। . चालक ट्रक को सडक़ किनारे करने का प्रयास किया। लेकिन आग इतना तेजी से फैली कि ड्राइवर-कंडक्टर को ट्रक छोडक़र भागना पड़ा। घाट में आगजनी के कारण रास्ता बंद हो गया हो, पुलिस दोनों ओर से आने जाने वाले वाहनों को रोक दिया है, ताकि कोई अनहोनी ना हो, जिसके कारण सडक़ मे वाहनों की लंबी कतार लग गई है। आगजनी की खबर जैसे ही पुलिस को मिली, चिल्फी थाना प्रभारी उमाशंकर राठौर और उनकी टीम घटनास्थल पहुंचे और फायरब्रिगेड को सूचना दी, घटना स्थल सडक़ सकरा होने के कारण अन्य वाहनों में भी आग फैलने का खतरा को देख कर सभी वाहनों को रोक दिया गया है, और आग घंटों मशक्कत के बाद बुझाई गई।
धमतरी- खड़खड़िया जुआरी समेत 6 गिरफ्तार हुए है। थाना मगरलोड को मुखबिर से सूचना मिली की ग्राम बोरसी शराब दुकान के पीछे जंगल में ताश जुआ खेल रहे की सूचना पर तत्काल मगरलोड पुलिस द्वारा मुखबिर के बताये जगह ग्राम बोरसी शराब दुकान के पीछे जंगल में जाकर घेराबंदी कर पकड़ा गया जो की आम जगह में रूपये पैसे से हारजीत का दांव लगाकर ताश काट पत्ती नामक जुआं खेलते रंगे हाथ मिलने पर 05 जुआरियों के कब्जे से 11,010/- रुपए नगद एवं 04 नग मोबाईल कीमती 19,000/- रूपये 02 नग स्कूटी 04 नग मो०सा० कीमती 2,10,000/- रू० जुमला कीमती 2,40,010/-रुपये एवं 52 पत्ती ताश जप्त कर थाना मगरलोड में अप.क्र. 06/25 धारा 03(2) छ.ग.जुआ प्रतिशेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही किया गया।
वाराणसी- यूपी के वाराणसी से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां करधना प्रतापपुर (मिर्जामुराद) गांव में मंगलवार की सुबह 6 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता का शव मकान के दूसरे तल पर फंदे से लटका हुआ मिला। विवाहिता के मौत की सूचना गांव में लगते ही सनसनी फैल गई। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
बलरामपुर- CM विष्णुदेव साय ने पतंग उड़ाई। X में साझा करते सीएम ने बताया, मकर संक्रांति के पावन अवसर पर आज बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के तातापानी में कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम एवं विधायक साथियों के साथ पतंगोत्सव का आनंद लिया। यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में सुख, शांति और आनंद लाये। भगवान सूर्यदेव समस्त प्रदेशवासियों का कल्याण करें, यही कामना है।
रायपुर - कलेक्टर डाॅ. गौरव सिंह ने आज कलेक्टोरेट परिसर के रेडक्रास सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक ली। कलेक्टर डाॅ. सिंह ने कहा कि कलेक्टोरेट कार्यालय के सभी अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित समय सुबह 10 बजे तक कार्यालय में उपस्थित रहे और सभी अनुविभाग और तहसील स्तर के कार्यालय में अनिवार्य रूप से लागू किया जाएं। कलेक्टर ने कहा कि जो अधिकारी एवं कर्मचारी बाइक से आए वह हेलमेट और जो चारपहिया वाहनों का उपयोग करते हैं, वह सीट बेल्ट का उपयोग करें। साथ ही वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर वाहनों को पार्किंग करें।
रायपुर। माना कैंप पहुंचे डिप्टी कलेक्टर साव ने निर्माणाधीन वॉटर प्रोजेक्ट स्थल का निरीक्षण किया। मौके पर अधिकारियों के द्वारा कार्य में कुछ परेशानी होने की जानकारी मिली। कलेक्टर, निगम आयुक्त, निकाय के अधिकारी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से चर्चा की और बड़ी समस्या का समाधान किया।
बीजापुर। नक्सल प्रभावित इलाके में सुरक्षा बल के जवानों ने आज नक्सलियों के नापाक मंसूबों पर पानी फेर दिया है. बीजापुर के गंगालूर थाना क्षेत्र में कैम्प मुतवेंडी सीआरपीएफ 85 बटालियन ने एरिया डॉमिनेशन के दौरान 5 कि.ग्रा. का IED बरामद कर नष्ट कर दिया है. जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा कैंप मुतवेंडी से सीआरपीएफ 85 बटालियनकी टीम एरिया डॉमिनेशन एवं डिमाईनिंग ड्यूटी पर निकली थी. इसी दौरान मुतवेंडी मार्ग से 20 मीटर की दूरी पर माओवादियों के द्वारा लगाये गये 5 कि.ग्रा. का IED बरामद किया गया. सीआरपीएफ 85 बटालियन की बीडी टीम ने बरामद IED को मौके पर ही सुरक्षित नष्ट कर दिया है. बता दें, इस साल के शुरू होते ही 6 जनवरी को बीजापुर में नक्सलियों के प्लांट किए गए IED के चपेट में आने से दंतेवाड़ा के 8 डीआजी के जवान और 1 ड्राइवर शहीद हो गए. नक्सलियों ने 3 साल पहले 50 किलो बारूद के साथ इस IED को प्लांट किया था. इसके बाद 12 जनवरी को फिर से बीजापुर में IED ब्लास्ट की घटना में 2 STF के जवान बुरी तरह घायल हो गए थे.
रायपुर। नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ओबीसी आरक्षण को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा ने उप मुख्यमंत्री समेत दो मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकार वार्ता कर जबाव दिया है. उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस तीन चीजों पर – भय, भ्रम और भ्रष्टाचार पर आधारित राजनीति करती है. कांग्रेस ओबीसी के बीच राजनीति कर रही है. ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर मंत्री टंकराम वर्मा, लक्ष्मी राजवाड़े, और प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के साथ मीडिया को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से ही आरक्षण विरोधी रही है. राज्य में संविधान के मुताबिक सभी को आरक्षण दिया जा रहा है. भाजपा सरकार ने कानून सम्मत नियमों का पालन किया है. ओबीसी वर्ग को भाजपा पर्याप्त से ज्यादा सम्मान देगी. चुनाव के बाद ओबीसी वर्ग का प्रतिनिधत्व पूर्व से अधिक होगा. अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 33 जिला पंचायत हैं. सुप्रीम कोर्ट के मुताबिक, अधिकतम 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जा सकता है. 33 जिलों में 16 जिला अधुसूचित क्षेत्र है. पंचायती राज अधिनियम में अधिसूचित क्षेत्रों में एसटी वर्ग के लिए सीटें आरक्षित हो सकती हैं. राज्य में अनुसूचित जाति वर्ग को 13 तक प्रतिशत आरक्षण व्यवस्था के तहत 4 सीटें आरक्षित है. इस तरह से कुल 33 पद में 20 सीटें आरक्षित हो गई.
एक छोटा सा आग्रह ये है कि पत्रकार वही सवाल करें जो अमित चिमनानी ( छत्तीसगढ़ भाजपा मीडिया मीडिया विभाग के प्रभारी ) जी बोल रहे हैं अन्य किसी तरह के सवालों की इजाज़त नहीं है ..!
— Kanhaiya Shukla (@Kanhaiyaa) January 14, 2025
छत्तीसगढ़ में पत्रकारों को क्लॉस के रूल्स बताते हुए हेडमास्टर साहब ..!! pic.twitter.com/UAPMkPqzCv
Adv