बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • पत्रकार मुकेश हत्याकांड: 3 PWD अफसरों के खिलाफ दर्ज होगा FIR

    17-Jan-2025

    रायपुर। बीजापुर में सड़क निर्माण में बड़े भ्रष्टाचार का खुलासा करने वाले पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मुकेश ने अपनी हत्या से पहले सड़क निर्माण में हुए व्यापक भ्रष्टाचार का भंडाफोड़ किया था, जिसके बाद यह मामला सुर्खियों में आया था। सरकार ने इस गड़बड़ी के मामले में अलग से जांच के आदेश दिए थे। वही जांच के दौरान सड़क निर्माण में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं की पुष्टि हुई। इस मामले में लोक निर्माण विभाग ने कार्रवाई का आदेश जारी किया है। विभागीय जांच के आधार पर तीन अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।  बीएल ध्रुव: तत्कालीन कार्यपालन अभियंता। आर के सिन्हा: अनुभागीय अधिकारी। जीएस कोड़ोपी: उप अभियंता। इन तीन अधिकारियों के अलावा मामले में अन्य संदिग्धों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की जाएगी। जांच एजेंसियां इस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही हैं। गौरतलब है कि, मुकेश चंद्राकर की हत्या और उनके द्वारा उजागर किए गए भ्रष्टाचार से राज्य में हड़कंप मच गया था। यही खुलासा पत्रकार मुकेश की हत्या की वजह भी बना। भ्रष्टाचार को अंजाम देने वाले ठेकेदार सुरेश चंद्राकर ने साजिश के तहत मुकेश चंद्राकर की निर्ममता से ह्त्या करा दी थी। इस हत्याकांड से देशभर में उबाल देखा गया था। 

  • कवासी लखमा से विवेक ढांड की लिंक पर बोलने से बचे दीपक बैज

    17-Jan-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में पूर्व मुख्य सचिव विवेक ढांड का नाम जुड़ने से सियासत गर्मा गई है. मामले में भाजपा के आरोप के बाद आज पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस किया. इस दौरान जब बैज से विवेक ढांड से जुड़े सवाल किये गए तो इससे वह बचते नजर आए और कहा कि मामले में जांच जारी है. वहीं उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनावी मौसम में कांग्रेस के नेताओं को सेंट्रल एजेंसियों के जरिए डराया जा रहा है.  दरअसल, शराब घोटाला मामले में बुधवार को कवासी लखमा की गिरफ्तार के बाद अब तलवार पूर्व मुख्य सचिव विवेक ढांड पर लटक रही है क्योंकि ED ने कोर्ट में जो चार्जशीट पेश किया है, उसमें शराब घोटाले का सूत्रधार विवेक ढांड को बताया गया है. बता दें कि विवेक ढांड भूपेश सरकार में नवाचार आयोग के अध्यक्ष भी थे. सरकार और प्रशासन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है. शराब घोटाले में विवेक ढांड का नाम आने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है. वहीं पीसीसी चीफ दीपक बैज ने राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान दीपक बैज विवेक ढांड के मामले में कुछ भी कहने से बचते नजर आ रहे हैं. उन्होंने विवेक ढांड की संलिप्तता के सवाल से पूरी तरह किनारा कर लिया. लेकिन उन्होंने भाजपा की सरकार पर ST, SC और OBC वर्ग के नेताओं को टारगेट करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा है कि बीजेपी किसी आदिवासी नेतृत्व को आगे आना नहीं देना चाहती. जब-जब चुनाव आते हैं, तो कांग्रेस के नेताओं को सेंट्रल एजेंसियों के जरिए डराने का काम बीजेपी करती है. 

  • विधायक भावना बोहरा ने किया हरिनाला पुल निर्माण कार्य का भूमिपूजन

    16-Jan-2025

    पंडरिया। पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने आज विधानसभा वासियों की सुविधा और बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए हरिनाला पुल निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया और इस सौगात के लिए जनता को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त किया। विदित हो कि विगत वर्षों से पंडरिया विधानसभा वासियों की यह बहुप्रतीक्षित मांग रही है बारिश के मौसम में इस नाले में पानी ओवर फ्लो होने की वजह से आवागमन बाधित हो जाता था। इस समस्या को देखते हुए हरिनाला में पुल निर्माण के लिए लगातार विधायक भावना बोहरा द्वारा भी प्रयास किया जा रहा था, जिसके लिए भाजपा सरकार द्वारा 76 लाख 29 हजार रुपए की राशि का टेंडर जारी कर दिया गया है इससे हरिनाला में 18 मीटर पुल का निर्माण होगा,जिसका आज विधायक भावना बोहरा ने भूमिपूजन किया।   इस अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि जनता की सुविधाओं का विस्तार करना और उनकी समस्याओं का समाधान करना ही हमारी सरकार की प्राथमिकता है। विगत वर्षों से क्षेत्रवासियों द्वारा लगातार हरिनाला में पुल निर्माण हेतु मांग की जा रही थी आज उनकी यह मांग पूरा होते देख बहुत ही प्रसन्नता हो रही है। इस पुल के निर्माण होने से क्षेत्रवासियों को अब बारिश के मौसम में आवागमन बाधित होने की समस्या से निजात मिलेगा, वहीं बिना किसी अवरोध के वे अपने दैनिक व निजी कार्यों के लिए आवागमन कर सकेंगे। इसके लिए 76 लाख रुपए से अधिक राशि से लगभग 18 मीटर लंबे पुल का निर्माण किया जाएगा ताकि क्षेत्रवासियों को रोड कनेक्टिविटी में कोई अवरोध उत्पन्न न हो। इसके जल्द से जल्द गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है और भूमिपूजन का कार्य आज सम्पन्न हुआ है और तय समय मे इसका निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा और मैं स्वयं इस कार्य को तय समय मे पूरा करने व गुणवत्ता के संबंध में जानकारी प्राप्त करती रहूंगी। यह पंडरिया विधानसभा वासियों के लिए सबसे बड़ी सौगात है जिसके लिए मैं पंडरिया विधानसभा के समस्त लोगों को बधाई देती हूँ। 

  • दक्षिण पूर्व रेलवे कर रहा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन

    16-Jan-2025

    रायपुर। प्रयागराज महाकुंभ के दौरान संगम में स्नान करने के लिए प्रयागराज आने वाले यात्रियों को अधिक से अधिक सुविधाएं प्रदान करने रेलवे द्वारा लगातार सुविधाएं दी जा रही हैं। इसी कड़ी में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा दुर्ग- टूंडला कुंभ मेला स्पेशल ट्रेन दुर्ग से टूंडला के बीच व्हाया रायपुर, भाटापारा, उसलापुर, पेंड्रा रोड अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, न्यू कटनी जंक्शन, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर प्रयागराज फतेहपुर, गोविंदपुरी इटावा के मार्ग से चलाई जा रही है।  बता दें महाकुंभ मेले के दौरान ट्रेन में होने वाली अतिरिक्त भीड़-भाड़ के दौरान रेल यात्रियों को अधिक से अधिक कन्फर्म बर्थसीट की सुविधा उपलब्ध कराने स्पेशल ट्रेनों की सुविधा दी जा रही है। महाकुंभ के दौरान रेलवे के दौरान 3000 स्पेशल गाडियां सहित 13000 से अधिक रेल गाडियां चलायी जाएंगी। इसी कड़ी में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से पांच जोड़ी कुंभ मेला स्पेशल ट्रेनों का 28 फेरो के लिए परिचालन किया जा रहा है।  (1) गाड़ी संख्या 08793 दुर्ग टूंडला कुंभ मेला स्पेशल दिनांक 19 जनवरी 2025 को 19.20 बजे दुर्ग से रवाना होकर रायपुर 20.10 बजे, भाटापारा 21.00 बजे, उसलापुर 22.00 बजे, पेंड्रा रोड 23.48 बजे होते हुए अनूपपुर, शहडोल, कटनी, मैहर के रास्ते अगले दिन (20 जनवरी 2025 को) 11:10 बजे प्रयागराज होते हुए 20. 15 बजे टूंडला जंक्शन पहुंचेगी। (2) गाड़ी संख्या 08794 टूंडला दुर्ग कुंभ मेला स्पेशल दिनांक 21 जनवरी 2025 को सुबह 5:00 बजे टूंडला से रवाना होकर 13:00 बजे प्रयागराज पहुंचेगी मैहर, कटनी के रास्ते होते हुए अगले दिन (22 जनवरी 2025 को) 01.50 बजे उसलापुर, 2.43 बजे भाटापारा, 3:30 बजे रायपुर, होते हुए 5:00 बजे दुर्ग पहुंचेगी।  (3) गाड़ी संख्या 08795 दुर्ग टूंडला कुंभ मेला स्पेशल दिनांक 15 फरवरी 2025 को 19.20 बजे दुर्ग से रवाना होकर रायपुर 20.10 बजे, भाटापारा 21.00 बजे, उसलापुर 22.00 बजे, पेंड्रा रोड 23.48 बजे होते हुए अनूपपुर, शहडोल, कटनी, मैहर के रास्ते अगले दिन (16 फरवरी 2025 को) 11:10 बजे प्रयागराज होते हुए 20.15 बजे टूंडला जंक्शन पहुंचेगी। (4) गाड़ी संख्या 08796 टूंडला दुर्ग कुंभ मेला स्पेशल दिनांक 17 फरवरी 2025 को 16.00 बजे टूंडला से रवाना होकर 01:00 बजे प्रयागराज पहुंचेगी मैहर, कटनी के रास्ते होते हुए अगले दिन (18 फरवरी 2025 को) 14.20 बजे उसलापुर, 15.13 बजे भाटापारा, 16:55 बजे रायपुर, होते हुए 18:20 बजे दुर्ग पहुंचेगी। 

  • वनवासियों को वनोपज का अधिक से अधिक लाभ मिले: वनमंत्री कश्यप

    16-Jan-2025

    रायपुर। राज्य सरकार द्वारा वनवासियों को वनोपज का अधिक से अधिक लाभ मिले यह सुनिश्चित की जा रही है। जंगल वनवासी बंधुओं के जीवन का आधार है इसका संरक्षण और संवर्धन करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। हमारी सरकार 67 प्रकार के विभिन्न लघु वनोपज की खरीदी कर रही है और इसकी संख्या बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है। ताकि वनोपज खरीदी का अधिक से अधिक लाभ वनवासियों का मिल सके। यह बात वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने आज राजधानी स्थित दीनदयाल ऑडिटोरियम में आयोजित छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ के शपथ ग्रहण और अलंकरण समारोह में कही। उन्होंने कहा कि वन अतिक्रमण और तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई करने वाले को पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक पुरंदर मिश्रा ने की और विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रमुख मुख्य वनसंरक्षक एवं वन बल प्रमुख व्ही.श्रीनिवास राव उपस्थित थे। वन मंत्री केदार कश्यप ने संघ के नवनिर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष अजीत दुबे सहित संघ के अन्य पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। वन मंत्री श्री कश्यप ने 45 उपवनक्षेत्रपाल से वनक्षेत्रपाल के पद पर पदोन्नति अधिकारियों का स्टार अलंकरण कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि वन कर्मी विषम परिस्थितियों में वनों के साथ-साथ वन्यजीवों के संरक्षण और प्रकृति को सहजने का काम कर रहे हैं। वन मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि राज्य में 687 वर्ग किलोमीटर वनावरण बढ़ा है और भारतीय वन सर्वेक्षण रिपोर्ट (आईएसएफआर) 2023 के अनुसार, छत्तीसगढ़ ने संयुक्त वन एवं वृक्ष आवरण वृद्धि में देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके लिए आप सभी को बधाई और शुभकामनाएं। इस अवसर पर एपीसीसीएफ ओपी यादव, सीसीएफ शालिनी रैना, सीसीएफ नावेद शुजाउद्दीन, सीसीएफ राजू आगासिमनी, राष्ट्रीय अध्यक्ष वन अधिकारी महासंघ सतीश मिश्रा, प्रदेश अध्यक्ष छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ अजीत दुबे सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। 

  • रायपुर में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

    16-Jan-2025

    रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के मार्गदर्शन और उप संचालक खनिज के निर्देशानुसार बीती रात अवैध रेत परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। खनिज विभाग की टीम ने सुपरवाइजर सुनीलदत्त शर्मा के नेतृत्व में अभियान चलाकर 12 हाईवा रेत को जब्त किया गया। यह कार्रवाई रायपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में की गई, जिसमें उपरवारा, नयापारा, अभनपुर और खरोरा शामिल हैं। जब्त हाईवा वाहनों को संबंधित थानों में सुपुर्द किया गया है। खनिज विभाग की टीम ने रायपुर के विभिन्न मार्गों पर चल रहे जांच अभियान के दौरान यह कार्रवाई की। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ऐसी कार्रवाई निरंतर की जाए, ताकि अवैध खनन और परिवहन पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके। 

  • BJP के 27 नेता बनेंगे राष्ट्रीय पदाधिकारी, नामांकन जमा किया

    16-Jan-2025

    रायपुर। भारतीय जनता पार्टी में इन दिनों चुनाव का मौसम चल रहा है. इस कड़ी में राष्ट्रीय पदाधिकारी के लिए प्रदेश से अरुण साव, विजय शर्मा, दयाल दास बघेल, केदार कश्यप, अमर अग्रवाल, राजेश मूणत, सरोज पाण्डेय, ननकी राम कंवर, विक्रम उसेंडी, लता उसेंडी, तोखन साहू, गुरु बालदास, संतोष पाण्डेय, धरम लाल कौशिक, अजय चन्द्राकर समेत 27 नेताओं ने नामांकन जमा किया है। 

     

     

  • कवासी लखमा की गिरफ्तारी राजनीतिक षडयंत्र, दीपक बैज ने किया बड़ा आरोप

    16-Jan-2025

    रायपुर । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ आदिवासी नेता कवासी लखमा की गिरफ्तारी ईडी द्वारा राजनैतिक साजिश है। सर्वविदित है कि अब देश में सीबीआई, आईटी, ईडी कार्यवाही क्यों करती है? जब-जब भाजपा के राजनैतिक एजेंडे को पूरा करना होता है जहां भी छोटा, बड़ा चुनाव हो वहां विपक्षी दलों के नेताओं को बदनाम करने के लिये ईडी कार्यवाही करती है। छत्तीसगढ़ में पंचायत और नगरीय निकाय के चुनाव है। ऐसे में ईडी भाजपा के इशारे में काम कर रही है। भाजपा चुनाव को टालने में लगी हुयी है। चुनाव कराना भाजपा की मजबूरी है, तो अब विपक्ष को टारगेट करने की कोशिश की जा रही है। कवासी लखमा की गिरफ्तारी ईडी, भाजपा के राजनैतिक एजेंडे को पूरा करने के लिये की है।

     
    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कवासी लखमा ने सदन में भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार को उजागर किया था। बस्तर में बिना टेंडर बना रहे पुल में हो रहे भ्रष्टाचार का पोल खोल था, उसके दूसरे दिन ही ईडी जो है कवासी लखमा के घर छापामार कार्रवाई करती है। पूरे प्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ हर वर्ग में निराशा और आक्रोश है। ओबीसी वर्ग के आरक्षण को खत्म किया गया है, जिससे ओबीसी वर्ग में गुस्सा है, सरकार के खिलाफ ओबीसी समाज प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस लगातार ओबीसी वर्ग की आवाज उठा रही है। बस्तर में निर्दोष आदिवासियों को गोली मारा जा रहा है, हसदेव में जंगलों की कटाई हो रही है, हर तरफ सरकार की नाकामी सामने है, इससे जनता का ध्यान भटकाने के लिए ईडी की कार्यवाही की गई है।
     
     
    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि जब से केंद्र में भाजपा की सरकार आयी है तब से ईडी, सीबीआई, आईटी भाजपा की हाथों की कठपुतली बन गई है। भाजपा के लिखे पटकथा पर ईडी, विपक्षी दल के नेताओं पर झूठे आरोप लगाकर कार्यवाही करती है, उनका चरित्र हनन करती है और भाजपा को राजनीतिक लाभ पहुंचाने के लिए काम करती है। पूरे देश ने देखा है कि ईडी जो है सिर्फ विपक्षी नेताओं के छापामार कार्रवाई करती है और जो नेता भाजपा ज्वाइन कर लेते हैं उनके खिलाफ ईडी कार्रवाई नहीं करती है। असम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्व शर्मा, शुभेंदु अधिकारी, नारायण राणे, अजीत पवार, प्रफुल्ल पटेल, एकनाथ शिंदे, रेड्डी ब्रदर्स, येदुरप्पा, मुकल राय, अशोक चौहान, चंद्रबाबू नायडू, चिंतामणि महाराज सहित दर्जनों नेता है जिस पर ईडी ने कार्यवाही किया था और आज वह भाजपा में है और मोदी की वाशिंग मशीन में धूल कर पाक साफ हो गए हैं। पूरा देश देख रहा है कि किस प्रकार से केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग भारतीय जनता पार्टी अपने संगठन की तरह इस्तेमाल कर रही है। ईडी अपना मूल काम छोड़कर भाजपा को राजनीतिक लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है जनता की अदालत में इसका फैसला होगा नगरी निकाय चुनाव में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ेगा।
  • भाजपा सरकार की देरी से स्थानीय चुनाव और परीक्षा की तारीखें एक साथ आ गई हैं

    16-Jan-2025

    रायपुर । प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा है कि भाजपा सरकार स्थानीय निकाय चुनाव में जाने से डर रही है, और सरकार के डर के कारण है चुनाव मे देरी हो गयी अब 10 वीं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की तिथि जारी होने के बाद परीक्षा और चुनाव टकरा रहा दोनों मे से किसी एक को बढ़ाना ही पड़ेगा। विगत 13 महीना से अधिक हो गया सरकार में आए, दिसंबर 2024 से पहले स्थानीय निकाय चुनाव संपन्न हो जाना था, लेकिन जानबूझकर लंबित रखा गया। सीबीएसई, आईसीएससी और स्टेट बोर्ड की 10 वीं, 12वीं की तमाम परीक्षाएं 14 फरवरी से लेकर अप्रैल तक होनी है। समय पर चुनाव कराने की अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी पर अब तक आंख मूंदे बैठी यह सरकार स्थानीय निकाय चुनाव और बोर्ड परीक्षाओं की तिथि टकराकर बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। सरकार या तो परीक्षा आगे बढ़ाये या चुनाव आगे बढ़ाये। सीबीएससी, ICSC बोर्ड, छ.ग. बोर्ड सभी के परीक्षा तिथि घोषित हो चुकी है। चुनाव के समय परीक्षा चल रही होगी तब मतदान के लिए शिक्षको की ड्यूटी लगाई जाएगी उससे भी बच्चो की पढ़ाई पर असर पड़ेगा। मतदान के लिए स्कूल कैसे मिलेंगे। भाजपा सरकार ने स्थानीय निकाय चुनावों को बिलम्ब कर यह टकराव की स्थिति निर्मित किया है सरकार स्थिति स्पष्ट करें।

     
    प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा है कि भाजपा सरकार की नियत चुनाव कराने की है ही नहीं, इसीलिए अध्यादेश ला कर 6 महीना कार्यकाल बढ़ाया गया, निगमों में प्रशासक बैठा दिए। चुनाव प्रक्रिया में दुर्भावना पूर्वक परिवर्तन किए गए। नगरी निकाय क्षेत्रों में वार्ड के परिसीमन से लेकर आरक्षण की प्रक्रिया बेहद आपत्तिजनक है जिसके चलते आम जनता में सरकार के खिलाफ आक्रोश है।
     
     
    प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी सरकार की जन विरोधी नीतियां उजागर हो चुकी है। छत्तीसगढ़ की बहुसंख्यक आबादी ओबीसी की है जिनके खिलाफ साय सरकार ने षड्यंत्र करके आरक्षण में कटौती की है। भाजपा की सरकार ने ओबीसी के वास्तविक आंकड़े छुपा कर पिछड़ा वर्ग के आरक्षण के अधिकार को ख़त्म कर दिया है। फूट डालो और राज करो के अपने पूर्वजों के एजेंडे पर काम करते हुए भाजपा की सरकार एक वर्ग को दूसरे वर्ग के खिलाफ लडाने का काम कर रही है। असलियत यह है कि भाजपा का मूल चरित्र ही आरक्षण विरोधी है। हक़ीक़त सामने आने पर कभी सर्वोच्च न्यायालय का अनुचित आड़ ले रहा है तो कभी सामान्य सीटों पर प्रतिनिधित्व देने का बहाना कर रहे हैं। सर्वोच्च न्यायालय ने कभी भी नहीं कहा कि आप ओबीसी वर्ग का आरक्षण ख़त्म कर दो, आधार पुछा था, छत्तीसगढ़ की लगभग आधी आबादी पिछड़ा वर्ग की है जिसके वास्तविक आंकड़े इस सरकार ने छुपाया है। मुक्त का मतलब सभी के लिए खुला अवसर होता है, यदि यह आधार है तो फिर किसी वर्ग को आरक्षण की आवश्यकता नहीं होती, केवल पिछड़ा वर्ग से अन्याय क्यों? कुतर्क करके भाजपाई सरकार के ओबीसी विरोधी षडयंत्रों पर पर्देदारी करना चाहते हैं। असलियत यह है कि भारतीय जनता पार्टी को सत्ता के विकेंद्रीकरण से हिकारत है इसलिए ये चुनाव से भाग रहे हैं।
  • आउटर में ट्रैफिक रूल्स का उल्लंघन नहीं: हेलमेट नहीं पहनने वालों पर सख्ती से निपटा जाएगा

    16-Jan-2025

    रायपुर ।  यातायात पुलिस अब राजधानी से बाहर जाने वाले बाइक सवारों के हेलमेट नहीं पहनने पर सख्ती बरतेगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रायपुर जिले में वाहनों की लगातार बढ़ती संख्या और अच्छी सड़कों पर वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार के कारण दुर्घटनाओं में काफी वृद्धि हुई है।

     
    खासकर आउटर इलाके में बिना हेलमेट के दोपहिया चलाते हुए हादसे में सबसे अधिक मौतें हो रही हैं। मौतों को रोकने के लिए ही शहर से बाहर जाने वाले दोपहिया सवारों को अब हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा।
     
     
    बताते चलें कि वर्ष 2023 में जहां 1961 सड़क दुर्घटनाओं में 507 लोगों की मौत हुई थी। वहीं, वर्ष 2024 में 2079 सड़क हादसों में 594 लोगों की मौत हुई है। इसमें सर्वाधिक 424 दोपहिया चालक और सवार शामिल हैं।
     
    ये बिना हेलमेट के वाहन चलाते हुए हादसे का शिकार हुए थे। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण ही इनकी मौत हुई थी। जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं में दोपहिया चालकों की मौत का बढ़ रहा आंकड़ा काफी डरावना है।
     
    सड़क हादसों के विश्लेषण में यह तथ्य सामने आया है कि सिर में गंभीर चोट लगने के कारण अधिक लोगों की मौत हुई है। दोपहिया चालक हेलमेट पहनकर निकलते, तो निश्चित ही 40-50 प्रतिशत मौतें कम होती हैं।
  • पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा की गिरफ्तारी पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की प्रतिक्रिया आई

    16-Jan-2025

     बिलासपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 2 हजार करोड़ रुपए के शराब घोटाले की आशंका है, जिसकी जांच ईडी कर रही है। इसमें जो भी दोषी होंगे, उसके खिलाफ ईडी कार्रवाई करेगी। पूर्व मंत्री कवासी लखमा की गिरफ्तारी भी ईडी की जांच के बाद हुई है। इस मामले में कांग्रेस के सुकमा बंद पर उन्होंने कहा कि कोई कुछ भी करे। लेकिन, नियम सबके लिए बराबर है। बिलासपुर प्रवास के दौरान बुधवार की रात मीडिया से बातचीत करते हुए सीएम साय ने कहा कि नगरीय निकाय और पंचायती राज विधेयक संशोधन के तहत जो आरक्षण लागू हुआ है वो संवैधानिक है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार आरक्षण लागू किया गया है। अगर इसे लेकर कोई कोर्ट जाते हैं तो उस पर बंदिश नहीं है। कोर्ट उस पर न्याय करेगा। लेकिन, इसमें कुछ भी गलत नहीं हुआ है, बल्कि और प्रदेशों से अच्छा हम लोगों ने किया है। पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद का गठन करके उसकी रिपोर्ट पर आरक्षण हुआ है। कई प्रदेशों में ऐसा प्रयास नहीं हुआ तो वहां पर चुनाव आयोग चुनाव कराता है और ओबीसी आरक्षण शून्य हो जाता है। यहां इस पर बेहतर और बहुत अच्छे से काम किया गया है।  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता के लिए शिक्षा जरूरी है। शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है। शिक्षा विकास का मूलमंत्र है। हमारी डबल इंजन सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व निर्णय लिए हैं। हमने प्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू किया हैं। हमने स्कूलों मे शिक्षक पालक मीटिंग और न्योता भोज जैसे अभिनव पहल की शुरूआत की है, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों के पोषण को बेहतर बनाया जा सके। पीएमश्री स्कूलों में शिक्षा के लिए अच्छी अधोसंरचना और स्मार्ट क्लास की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।  इस दौरान सीएम के आगमन पर उनका पारम्परिक करमा नृत्य से स्वागत किया गया। उन्होंने नूतन कॉलोनी नया सरकंडा बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला के कार्यालय सेवा सदन में फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, बिल्हा विधायक धरम लाल कौशिक, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान मौजूद थे। सेवा सदन में प्रतिदिन आम लोगों की समस्याएं सुनी जाएगी और उनके निराकरण की दिशा में कार्य किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने नए और व्यवस्थित कार्यालय के लिए विधायक सुशांत शुक्ला और बेलतरा विधानसभा क्षेत्र की जनता को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि जनता को अब अपनी समस्याओं को लेकर इधर उधर भटकने की जरूरत नहीं होगी। उनकी यहां सुनवाई होगी और निदान किया जाएगा। सेवा सदन में जनदर्शन के जरिए विधायक सुशांत शुक्ला आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे। यहां मंगलवार छोड़कर प्रत्येक दिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक आम लोगों की समस्याएं सुनी जाएगी और उनके निराकरण की दिशा में पहल की जाएगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम लोग उपस्थित थे। 

  • रेल पैंट्री में अवैध गैस सिलेंडर और हीटर का उपयोग, केस दर्ज

    16-Jan-2025

    बिलासपुर। बिलासपुर रेलवे जोन में यात्री सुरक्षा को लेकर रेलवे सुरक्षा बल ने बड़ी कार्रवाई की है। 'ऑपरेशन संरक्षा' के तहत चलाए गए विशेष अभियान में पांच पैंट्रीकार प्रबंधकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जांच में पाया गया कि हावड़ा-मुंबई रूट पर चलने वाली शालीमार-पोरबंदर, आजाद हिंद, नांदेड़-संतरागाछी और हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस के पैंट्रीकार में अवैध रूप से एलपीजी सिलेंडर और हीटर का इस्तेमाल किया जा रहा था। गोंदिया रेलवे स्टेशन के एक स्टॉल में भी यही उल्लंघन मिला। सभी दोषी प्रबंधकों के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 164 और 153 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। रेलवे सुरक्षा बल के आंकड़ों के मुताबिक, 2023 में 14 और 2024 में 20 पैंट्रीकार कर्मचारियों पर इसी तरह की कार्रवाई की गई थी। इन मामलों में संबंधित ट्रेनों के ठेकेदारों पर रेलवे बोर्ड और IRCTC ने जुर्माना भी लगाया गया। रेलवे सुरक्षा बल ने चेतावनी दी है कि ट्रेनों और स्टेशनों पर विस्फोटक या ज्वलनशील पदार्थों का परिवहन दंडनीय अपराध है, जिसके लिए 5 साल तक की जेल की सजा का प्रावधान है। यात्री सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। 

  • 50 चाकूबाजों-हिस्ट्रीशीटरों की क्राइम ब्रांच लगाई क्लास

    16-Jan-2025

    रायपुर। अपराधों की रोकथाम, अपराधियों पर नकेल कसने सहित सुरक्षा व शांति व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राईम संदीप मित्तल, उप पुलिस अधीक्षक क्राईम संजय सिंह एवं प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट निरीक्षक परेश कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में क्राईम ब्रांच की टीम द्वारा आज दिनांक 16.01.25 को अलग- अलग थाना क्षेत्रों में निवासरत लगभग 50 चाकूबाजों, हिस्ट्रीशीटरों एवं अपराधिक तत्वों को क्राईम ब्रांच में हाजिर किया गया।  चाकूबाजों, हिस्ट्रीशीटरों एवं अपराधिक तत्वों की परेड़ ली जाकर उन्हें कड़ाई से समझाईश दी गई, कि वे किसी भी प्रकार के अपराध में संलिप्त ना रहंे तथा उनके साथी जो अपराधों में संलिप्त रहते है, उनके संबंध में भी पुलिस को जानकारी देने कहा गया। प्रत्येक सप्ताह अपने संबंधित थानों में जाकर हाजिरी देने व अपराधों से दूर रहकर शांति पूर्वक अपने परिवार के साथ जीवन यापन करते हुये, पुलिस द्वारा जब भी उन्हें उपस्थित होने कहा जाता है तो तत्काल उपस्थित होने कहा गया। उनके निवास क्षेत्रों के आसपास किसी भी प्रकार की छोटी-बड़ी घटना होने पर सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा क्षेत्र में सुरक्षा, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने में पुलिस का सहयोग करने कहा गया।  इसके साथ ही सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मो में गुण्डा, डॉन, माफिया, गैंगस्टर सहित अन्य कई विभिन्न नामों से अपना आई.डी. बनाकर हाथ में चाकू, तलवार, एयर गन, पिस्टलनुमा लाईटर गन सहित अन्य हथियारों के साथ फोटो, विडियो व रील्स बनाकर अपने इंस्टाग्राम आई.डी. में अपलोड कर पोस्ट करने वालों को भी कड़ाई से समझाईश दिया गया, कि वे इस प्रकार की पुनरावृत्ति ना करें तथा किसी भी प्रकार के अपराधों में लिप्त ना रहें। साथ ही ऐसे लोगों के आई.डी. को सायबर सेल की टीम द्वारा डिलीट कराया जा रहा है। अब तक कुल 250 से अधिक चाकूबाजों, हिस्ट्रीशीटरों एवं अपराधिक तत्वों को क्राईम ब्रांच हाजिर कर कड़ाई से समझाईश दिया जा चुका है। 

  • भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के लिए नामांकन आज, परिणाम कल

    16-Jan-2025

    रायपुर।   भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा 17 जनवरी शुक्रवार को होगी। इसके लिए गुरुवार 16 जनवरी को शाम 5 से 7 बजे तक नामांकन होगा। यह जानकारी प्रदेश संगठन चुनाव प्रभारी खूबचंद पारख ने देते हुए बताया कि, प्रदेश अध्यक्ष पद का निर्वाचन सम्पन्न कराने भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश अध्यक्ष चुनाव के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े विशेष तौर पर सम्मिलित होने आ रहे हैं। श्री तावड़े के साथ ही भाजपा प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन और चुनाव पर्यवेक्षक गजेंद्र पटेल भी निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान राजधानी में रहेंगे।

     
    भाजपा प्रदेश संगठन चुनाव प्रभारी श्री पारख ने बताया कि, पूरे देश के साथ ही छत्तीसगढ़ में भी सितम्बर-2024 से संगठन महापर्व मनाया गया, जिसमें पहले सदस्यता महाअभियान चलाया गया। छत्तीसगढ़ भाजपा को 60 लाख सदस्यता का जो लक्ष्य केंद्रीय नेतृत्व ने दिया था, उस लक्ष्य को अर्जित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष किरणसिंह देव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय के मार्गदर्शन में भाजपा सरकार के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, भाजपा व सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं व समस्त जनप्रतिनिधियों ने परिश्रम की पराकाष्ठा करके इस अभियान को सर्वसमावेशी और सर्वस्पर्शी बनाया।
     
    हर वर्ग तक पहुंची भाजपा
     
    सदस्यता अभियान में समाज के हर वर्ग और सुदूर क्षेत्रों तक पहुँचकर उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई गई। भाजपा के इस ऐतिहासिक संगठन महापर्व सक्रिय सदस्यता अभियान भी युद्धस्तर पर चला। श्री पारख ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली प्रदेश की भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, कार्यक्रमों व योजनाओं के साथ श्री मोदी के नेतृत्व के प्रति जन आकर्षण के चलते भाजपा ने छत्तीसगढ़ में सदस्यता अभियान में इतिहास रचा और पूरे प्रदेश की 35 प्रतिशत आबादी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है, जो भाजपा की लोकप्रियता, भाजपा के प्रति अटूट जन-विश्वास का प्रमाण है।
     
    हमारी प्रक्रिया सराही गई : पारख
     
    भाजपा प्रदेश संगठन चुनाव प्रभारी श्री पारख ने बताया कि सदस्यता महाअभियान के बाद संगठन चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई जिसके तहत सबसे पहले बूथ कमेटियों का गठन कर बूथ अध्यक्ष बनाए गए। बूथों के बाद मंडल अध्यक्ष की घोषणाएँ हुई। इसके बाद सारे 36 संगठन जिलों में जिला अध्यक्ष भी घोषित किए गए। अब आगामी 17 जनवरी को प्रदेश अध्यक्ष का निर्वाचन होने जा रहा है। इसके लिए 16 जनवरी की शाम 5 से 7 बजे तक नामांकन जमा होगा। श्री पारख ने कहा कि, संगठन महापर्व के दौरान चले सदस्यता अभियान और बूथ से लेकर जिला अध्यक्ष तक की चुनाव प्रक्रिया के सफल संचालन की दिल्ली में हुई समीक्षा बैठकों में भी बहुत ज्यादा प्रशंसा हुई है।
  • कवासी लखमा को मिली 7 दिन की ED रिमांड

    15-Jan-2025

    रायपुर। पूर्व मंत्री कवासी लखमा को रिमांड में लेने की अनुमति कोर्ट ने ED को दी, अब आगामी 7 दिनों तक ED की टीम शराब घोटाले में कवासी लखमा से पूछताछ करेगी। बता दें कि लखमा के बेटे की गिरफ्तारी आज नहीं हुई है। कोर्ट में पेश होने के दौरान कवासी लखमा ने कहा कि, मेरे पास से एक रुपए नहीं पकड़ा गया, ना ही कोई दस्तावेज मिला है। शाह, मोदी और पूरी बीजेपी सरकार फर्जी मामला बनाकर मुझे परेशान कर रहे। मैं बस्तर की आवाज उठाता रहूंगा। ED के अधिकारियों ने आज कवासी को पूछताछ के लिए CA के साथ बुलाया था। लेकिन वे अकेले ही ED दफ्तर पहुंचे थे। लखमा ने बताया कि, उनके सीए बाहर हैं, इस वजह से वह नहीं आए हैं। लखमा अपने बेटे के साथ पहुंचे थे हालांकि उनके बेटे हरीश लखमा को गिरफ्तार नहीं किया गया है।  शराब घोटाला ? छत्तीसगढ़ शराब घोटाले मामले में ED जांच कर रही है। ED ने ACB में FIR दर्ज कराई है। दर्ज FIR में दो हजार करोड़ रुपए से ज्यादा के घोटाले की बात कही गई है। ED ने अपनी जांच में पाया कि तत्कालीन भूपेश सरकार के कार्यकाल में IAS अफसर अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के एमडी AP त्रिपाठी और कारोबारी अनवर ढेबर के अवैध सिंडिकेट के जरिए घोटाले को अंजाम दिया गया था। ED की ओर से दर्ज कराई गई FIR की जांच ACB कर रही है। ACB से मिली जानकारी के अनुसार साल 2019 से 2022 तक सरकारी शराब दुकानों से अवैध शराब डूप्लीकेट होलोग्राम लगाकर बेची गई थी। जिससे शासन को करोड़ों के राजस्व का नुकसान हुआ है। 

  • ईडी द्वारा शराब घोटाले की जांच जारी है, इसमें जो भी दोषी होंगे उनपर कार्रवाई होगी: CM साय

    15-Jan-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 2 हजार करोड़ के शराब घोटाला मामले में पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा की गिरफ्तारी पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि ईडी की जांच जारी है. जो भी दोषी है उन पर कार्रवाई होगी. बता दें कि शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने आज तीसरी बार पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा और बेटे हरीश लखमा से पूछताछ की. इसके बाद ED ने कवासी लखमा को गिरफ्तार कर जस्टिस अतुल श्रीवास्तव की कोर्ट में पेश किया. दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद कवासी लखमा को 7 दिन की ईडी की रिमांड पर भेजा गया।  बता दें कि शराब घोटाला मामले में 28 दिसंबर को ED ने पूर्व मंत्री लखमा और उनके बेटे हरीश लखमा के ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई की थी. छापेमार कार्रवाई में ED ने नगद लेनदेन के सबूत मिलने की जानकारी दी थी. इस मामले में आज तीसरी बार पूछताछ के बाद इडी ने कवासी लखमा को गिरफ्तार किया। दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में 11 मई, 2022 को आयकर विभाग ने पूर्व IAS अनिल टुटेजा, उनके बेटे यश टुटेजा और सौम्या चौरसिया के खिलाफ याचिका दायर की थी. जिसमें बताया गया था कि छत्तीसगढ़ में रिश्वत, अवैध  दलाली के बेहिसाब पैसे का खेल चल रहा है. महापौर ऐजाज ढेबर का भाई अनवर ढेबर का भाई अवैध वसूली के खेल में शामिल है. जिसके बाद ईडी ने 18 नवंबर, 2022 को PMLA Act के तहत मामला दर्ज किया. अबतक मामले में 2161 करोड़ के घोटाले की बात का कोर्ट में पेश चार्जशीट में जिक्र किया है।

     
  • भूपेश सरकार ने सिर्फ राज्य को लूटने का काम किया: तोखन साहू

    15-Jan-2025

    रायपुर। कवासी लखमा की गिरफ्तारी पर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने बयान देते हुए बताया है कि भूपेश सरकार ने कोयला घोटाला, शराब घोटाला कर सिर्फ राज्य को लूटने का काम किया। उन्हें अपने पापों की सजा भुगतनी होगी छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 2000 करोड़ के शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) आज तीसरी बार पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा और बेटे हरीश लखमा को पूछताछ के लिए बुलाया. इस दौरान ED ने कवासी लखमा को गिरफ्तार कर जस्टिस अतुल श्रीवास्तव की कोर्ट में पेश किया गया है. ईडी ने कोर्ट से लखमा की 14 दिन की रिमांड मांगी. मामले में दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद कवासी लखमा को 7 दिन की रिमांड में भेज दिया है। बता दें कि शराब घोटाला मामले में 28 दिसंबर को ED ने पूर्व मंत्री लखमा और उनके बेटे हरीश लखमा के ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई की थी. छापेमार कार्रवाई में ED ने नगद लेनदेन के सबूत मिलने की जानकारी दी थी. 3 जनवरी को दोनों को पूछताछ के बाद छोड़ा गया था। 

     

     

  • शराब घोटाले की जांच पूर्व मुख्यमंत्री के रिश्तेदार और करीबी तक पहुंच सकती है!

    15-Jan-2025

    रायपुर। शराब घोटाले में पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा की गिरफ्तारी के बाद अब ED की जांच में और तेज़ी आने की संभावना है आगे कई बड़े नेताओं और अधिकारियों पर गाज गिर सकती है। जो ED के रडार पर है और झीरम घाटी की भी जांच में तेज़ी आ सकती है। सूत्रों के मुताबिक शराब घोटाले मामलें में पूर्व मुख्यमंत्री के करीबी और रिश्तेदार निशाने पर है और इन सभी लोगों के नाम चर्चा में है। ED को शराब घोटाले के संबंध में सारी जानकारी है, ED सुजीत चंद्राकर, पप्पू बंसल, सुरेश पटाखा, मनीष बंछोर, निर्मल कोसरे इन सभी नामों के प्रकरण में संलिप्तता की जांच कर रही है और सच्चाई पता कर रही है। केंद्रीय जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि 7 दिन रिमांड में कई महत्वपूर्ण जानकारी घोटाले के संबंध में दे सकते है और की बड़े नामों का उजागर करेंगें।  कवासी लखमा को मोहरा बनाकर शराब घोटाला किया गया, मंत्री का दावा घोटाले में अनवर ढेबर, एपी त्रिपाठी, अनिल टुटेजा सहित 11 आरोपी जेल में है जिनके बयानों के आधार पर ही ED इस जांच को आगे बढाकर यहां तक पहुंची है। हो सकता है कि जांच के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री के करीबी और रिश्तेदार भी ED के रडार में आ जाए। कवासी लखमा ने दो-तीन दिन पहले पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा है कि मैं गरीब आदमी हूं, और अनपढ़ हूं अधिकारियों ने जहां कहा मैंने वह हस्ताक्षर कर दिया, मैं अगर फसा तो मैं सभी के नाम का खुलासा करूँगा जो मेरी जानकारी में आएगा और मैंने यही बयान ED को भी दिया था। ऐसा अनौपचारिकता की बातचीत में कवासी लखमा ने पत्रकारों से कहा था। गौरतलब है कि कवासी लखमा का झीरम घाटी काण्ड में भी नक्सलियों से मिले होने की लगातार बातें सामने आती रही और विपक्षी नेता आरोप लगाते रहे हो सकता है कि शराब घोटाले मामलें के साथ-साथ झीरम घाटी कांड मामलें की भी जांच कर सकती है। कवासी लखमा की गिरफ्तारी के बाद उनके कट्टर समर्थक समूह ने कल बस्तर के सुकमा बंद करने का ऐलान किया है। 

  • सरपंच चुनाव को जीतने के लिए बनाई थी फर्जी लूट की योजना, गिरफ्तार

    15-Jan-2025

    रायपुर। राजधानी के मंदिर हसौद थाना इलाके में सरपंच चुनाव से पहले फर्जी लूट की योजना बनाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। प्रार्थी चेतन लाल धीवर ने थाना धरसींवा में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह सागर टेलीकम सर्विस के नाम से जियो कम्पनी में डिस्ट्रीब्यूटर का कार्य करता है जिसका ऑफिस मंदिर हसौद में स्थित है। प्रार्थी दिनाक 10.01.2025 बजे अपने छोटे भाई के मांढर स्थित टीएलडी टेलिकॉम सर्विस जियो कम्पनी के डिस्ट्रीब्युटर के ऑफिस में था, कि शाम 07.30 बजे सेल्समेन हरीश वर्मा के द्वारा मंदिर हसौद क्षेत्र के दुकानों से वसूली गई रकम 2,45,000/- रूपये नगद रकम प्रार्थी के छोटे भाई के मांढर स्थित ऑफिस में लाकर दिया। इसके बाद प्रार्थी द्वारा टीएलडी टेलीकॉम सर्विस के सेल्समैनो के द्वारा एवं मांढ़र  ऑफिस के गल्ले में रखा पैसा कुल 4,44,000/-रूपये के साथ स्टेट बैंक एवं केनरा बैंक का पास बुक, केनरा बैंक का चेक बुक, आई.सी.आई.सी.आई बैंक का चेक बुक व एटीएम कार्ड 01 काले रंग के बैग में रखकर रात्रि लगभग 08.15 बजे प्रार्थी अपने मोटर सायकल क्रमांक सीजी 04 एमएन 2070 तथा उसका छोटा भाई दूसरे दोपहिया वाहन में सवार होकर एकसाथ घर जाने के लिए निकले उसी दौरान प्रार्थी का छोटा भाई कुछ काम से आजाद चौक मांढ़र के पास रूक गया एवं प्रार्थी अकेले घर जाने लगा। इसी दौरान प्रार्थी शिव शक्ति ब्रिक्स प्लांट ग्राम अकोली के पास पहुंचा था कि उसी दौरान पीछे से दोपहिया वाहन में सवार 02 अज्ञात व्यक्ति प्रार्थी के पास आये तथा रूकने के लिये बोले प्रार्थी द्वारा अपनी दोपहिया वाहन रोकने पर उक्त अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अपनी दोपहिया वाहन को प्रार्थी के दोपहिया वाहन के सामने टिका दिये तथा प्रार्थी के दोपहिया वाहन से चाबी निकालकर प्रार्थी के पास रखे नोटो से भरे बैग को मांगने लगे प्रार्थी द्वारा विरोध करने पर उनके द्वारा प्रार्थी को दोपहिया वाहन से नीचे गिराकर अपने पास रखे चाकू से प्रार्थी को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ मारपीट करते हुए प्रार्थी के पास रखे नोटो से भरे बैग को लूट कर फरार हो गये। जिस पर अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध थाना धरसींवा में अपराध क्रमांक 17/25 धारा 309(4), 296 बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया गया है।  लाखों रूपये लूट की घटना को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय डॉ. लाल उमेद सिंह द्वारा गंभीरता से लेते हुये अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राईम श्री संदीप मित्तल, नगर पुलिस अधीक्षक उरला श्री अमन झा(भा.पु.से.), उप पुलिस अधीक्षक क्राईम श्री संजय सिंह, प्रभारी एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट तथा चौकी प्रभारी सिलतरा को अज्ञात आरोपियों की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया गया। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट तथा चौकी सिलतरा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा अज्ञात आरोपियों की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा प्रार्थी से घटना, आरोपियों के हुलियांे व उनके मोटर सायकल के संबंध में विस्तृत पूछताछ करते हुये आरोपियों की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा घटनास्थल तथा उसके आसपास लगे सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेजों का अवलोकन किया गया, अवलोकन में प्रार्थी द्वारा बताये घटना का नही होना पाये जाने पर टीम के सदस्यों द्वारा घटना के संबंध में आस-पास के लोगों से पूछताछ करने पर उनके द्वारा इस प्रकार की कोई भी घटना घटित होना नहीं बताया जा रहा था।   जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा प्रार्थी से पुनः पूछताछ करने पर वह बार - बार अपना बयान बदल कर लगातार टीम को गुमराह करने का प्रयास कर रहा था जिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी में लगी टीम को प्रार्थी के ऊपर गहरा शक हुआ एवं टीम के सदस्यों द्वारा प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर प्रार्थी से कड़ाई से पूछताछ प्रारंभ किया गया। रिक्रिएशन ऑफ सीन तथा तकनीकी कडियों की भिन्नता की स्थिति में प्रार्थी ज्यादा देर अपने झूठ के सामने टिक न सका एवं लूट की उक्त झूठी घटना को कारित करना स्वीकार किया गया। आरोपी प्रार्थी चेतन लाल धीवर ने पूछताछ में बताया कि वह अपने ग्राम का सरपंच बनना चाहता था तथा पूर्व में हुए सरपंच चुनाव में वह चुनाव हार गया था, उसे लगा कि उसके द्वारा वह चुनाव उसकी लोकप्रियता में कमी होने के कारण हारा था, जिस कारण उसके द्वारा आगामी सरपंच चुनाव के मद्देनजर लूट की झूठी योजना बनाकर उसकी रिपोर्ट दर्ज कराया था ताकि लोकप्रियता प्राप्त कर सके एवं आगामी सरपंच चुनाव में उसके सहारे जीत सके। जिस पर आरोपी प्रार्थी चेतन लाल धीवर को गिरफ्तार कर उसके निशानेदेही पर कब्जे से नगदी रकम 1,94,000/- रूपये तथा घटना से संबंधित 01 नग मोबाईल फोन एवं घटना में प्रयुक्त 01 नग दोपहिया वाहन जप्त कर आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही किया गया है तथा शेष 2,50,000/- रूपये नगदी रकम को लेनदार को उधार की रकम चुकाना बताये जाने पर शेष रकम को रिकवर किया जा रहा है। आरोपी चेतन लाल धीवर द्वारा लूट की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने पर पृथक से प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही की जा रहीं है। गिरफ्तार आरोपी- चेतन लाल धीवर पिता श्रीराम धीवर उम्र 40 साल निवासी शक्तिकुंज चौक ग्राम अकोली थाना धरसींवा रायपुर। 

  • प्रधान पाठक की बेटी सहित 2 की मौत

    15-Jan-2025

    बिलासपुर। तेज रफ्तार कार के पलटने से दो युवतियों की मौत हो गई। दोनों मनाली टूर से लौटकर बिलासपुर के रास्ते कोरबा जा रहे थे। इस घटना का अब वीडियो सामने आया है। घटना पाली थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, मरने वालों की पहचान मोनिका चटर्जी (26) और दीक्षा राठौर (23) के रूप में हुई है। दोनों कोरबा के एमपी नगर कॉलोनी में रहते थे। दीक्षा राठौर लिपिक वर्ग कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सीपी राठौर की बेटी थी। उसकी मां प्रधान पाठक है।   बताया जा रहा है कि, दोनों युवतियां अपने दोस्तों के साथ मनाली घूमने गई थी। मंगलवार को वापस आने पर बिलासपुर से अपने दोस्त देवराज के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर दोपहर करीब 3 बजे डिस्पोजल चौक के पास उनकी तेज रफ्तार कार अनकंट्रोल हो गई। कार क्रमांक सीजी 12 एएल 2600 को देवराज चला रहा था। हाई स्पीड होने के कारण उसने कंट्रोल खो दिया जिससे कार स्किड होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। दोनों लड़कियों की मौके पर मौत हो गई। जबकि पुरानी बस्ती निवासी देवराज गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सीने और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। 

Top