रायपुर। रायपुर नगर निगम के वार्ड प्रत्याशियों के नाम तय करने के लिए गुरुवार को कांग्रेस भवन में चार घंटे बैठक चली। बैठक में 25 वार्डों में सिंगल नाम का पैनल तैयार किया है। पार्षद बंटी होरा की टिकट काटने की अनुशंसा की गई है। साथ ही एजाज ढेबर की पत्नी समेत कई पार्षदों के नाम एक से अधिक नाम के पैनल में फंस गए हैं। जिला चयन समिति की बैठक में सभी 70 वार्डों में प्रत्याशी के नाम पर विचार किया गया। पूर्व मेयर एजाज ढेबर का नाम भगवती चरण शुक्ल वार्ड में अकेले पैनल में रखा गया, लेकिन वो अपनी पत्नी अंजुमन ढेबर का नाम अपने वार्ड से अकेले नहीं करा सके। मौलाना अब्दुल रउफ वार्ड से अंजुमन ढेबर के नाम के साथ दो और नाम जोड़ा गया है। पार्षद बंटी होरा की टिकट खतरे में पड़ गई है। उनकी जगह नए नाम की सिफारिश की गई है। 39 वार्ड में दो, और तीन नाम के पैनल बनाए गए हैं। यही नहीं,6 वार्डों में सबसे ज्यादा विवाद है और यहां आधा दर्जन नाम का पैनल में है। खास बात यह है कि पार्षद समीर अख्तर और देवेन्द्र यादव का नाम एक ही वार्ड से पैनल में हैं। चार ब्लाक अध्यक्ष सचिन शर्मा, सहदेव ब्यौहार, संजय सोनी, और सुमित दास का नाम दो या अधिक नाम के पैनल में फंसा हुआ है।
दुर्ग। नगरीय निकाय चुनाव-2025 के अंतर्गत नामांकन जमा करने के दूसरे दिन नामांकन निरंक रहा। अध्यक्ष/महापौर के 05 और पार्षद के 92 नामांकन पत्र खरीदे गये हैं। जिसमें नगर निगम दुर्ग अंतर्गत पार्षद हेतु 57, नगर पालिका परिषद कुम्हारी अंतर्गत अध्यक्ष हेतु 01 और पार्षद 05, नगर पालिका परिषद अहिवारा अंतर्गत अध्यक्ष हेतु 02 और पार्षद हेतु 07 नामांकन पत्र खरीदे गये है। इसी प्रकार नगर पंचायत धमधा अंतर्गत अध्यक्ष हेतु 01, नगर पंचायत पाटन अंतर्गत पार्षद हेतु 15 और नगर पंचायत उतई अंतर्गत अध्यक्ष हेतु 01 एवं पार्षद हेतु 08 नामांकन पत्र अभ्यर्थियों द्वारा खरीदी की गई है।
रायपुर। नगरीय निकाय चुनाव के लिए नामांकन जमा करने की प्रक्रिया चल रही है। हालांकि, अभी भाजपा-कांग्रेस ने अपने किसी भी प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। इसके बाद भी टिकट मिलने की उम्मीद में भाजपा-कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशी नामांकन जमा कर रहे हैं। अब तक मेयर के लिए पांच तो पार्षद के लिए 69 लोगों ने फॉर्म खरीदा है। जबकि, दो फॉर्म ही जमा हुए हैं। इधर, निर्वाचन आयोग ने शनिवार 25 जनवरी को अवकाश के दिन भी नामांकन जमा करने की छूट दी है। इस दिन कलेक्ट्रेट में शासकीय अवकाश नहीं रहेगा।
रायपुर: आज से रायपुर जिला कलेक्टर एवं नगर निगम प्रशासक डॉक्टर गौरव कुमार सिंह के आदेशानुसार एवं नगर निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर लाल उम्मेद सिंह के निर्देशानुसार रायपुर जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में रायपुर नगर पालिक निगम और जिला पुलिस प्रशासन, यातायात विभाग द्वारा संयुक्त अभियान राजधानी शहर रायपुर नगर निगम क्षेत्र के मार्गो में जनहित में जनसुविधा हेतु नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध करवाने, शिक्षण संस्थाओं के पास नशे के सामानों का विक्रय किये जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्यवाही करने एवं कतिपय असामाजिक गतिविधियों पर नगर हित में नियमानुकूल कड़ाई के साथ कारगर अंकुश लगाने को दृष्टिगत रखकर अभियान प्रारम्भ हो गया है. आज अभियान नगर निगम रायपुर के नगर निवेशक आभाष मिश्रा, डीएसपी सतीश ठाकुर, सहायक अभियंता नगर निवेश विभाग आशुतोष सिंह की उपस्थिति में चलाया गया. राजधानी शहर में मालवीय मार्ग, बैजनाथपारा, एवरग्रीन चौक, गोलबाजार आदि के बाजार क्षेत्रों के मुख्य मार्गो को अभियान चलाकर नगर निगम मुख्यालय के नगर निवेश उड़न दस्ता की टीम ने रायपुर जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जिला पुलिस प्रशासन एवं यातायात विभाग के सहयोग से अतिक्रमण से मुक्त करवाया है . टीम प्रहरी का लोकहितकारी अभियान आगे भी सतत जनहित में जनसुविधा की दृष्टि से नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध करवाने जारी रहेगा. यहां यह उल्लेखनीय है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के करकमलों से विगत दिनांक 20 जनवरी 2025 को राजधानी शहर रायपुर नगर निगम क्षेत्र में टीम प्रहरी अभियान चलाये जाने हेतु वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए जनहित में जनसुविधा की दृष्टि से टीम प्रहरी अभियान का विधिवत शुभारम्भ किया गया था.
सड़क चिरचारी - छुरिया ब्लॉक क्षेत्र के हाइवे नेशनल पर ग्राम घोरतलाव में 22 जनवरी को श्री राम लला मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के शुभ अवसर पर गांव में शोभा यात्रा निकाली गई। जिसमें गांव के सभी लोगों की भारी संख्या में बच्चे , बूढ़े , नौजवान और महिलाएं शामिल हुए । शोभा यात्रा पर भजन कीर्तन करते महावीर तालाब से निकालकर गांव भ्रमण किया गया। जिसमें सुनील बावनथडे , दिनेश सहारे धनेंद्र कोठारी अजय मेश्राम राजेंद्र कमरे शैलेन्द्र खरे नारायण लहरें हेमंत मुगकर जियालाल लाडे खेमराज सहारे आर्यन सहारे विवेक लाडे डिकेश सहारे एवं सभी गांव के गणमान्य लोग शामिल रहे।
रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग भर्ती गड़बड़ी मामले में न्यायिक रिमांड पर रायपुर जेल में बंद आरोपी श्रवण कुमार गोयल की जमानत याचिका खारिज हो गई है। दो दिन चली इस सुनवाई में दोनों पक्षों के वकीलों ने अपनी दलील पेश की। वहीं बुधवार को कोर्ट ने जमानत याचिका निरस्त कर दी है। सुनवाई के दौरान श्रवण गोयल के वकील फैजल रिजवी ने सीबीआई की चार्जशीट पर सवाल खड़े किए। उन्होंने ने कोर्ट में कहा कि जो पेपर लीक का आरोप लगाया गया है वह गलत है। सीबीआई ने पेपर लीक की कहानी बनाई है। वहीं CBI के वकील ने अपनी दलील में श्रवण गोयल की भूमिका पर अपना पक्ष रखा। दोनों पक्षों के दलील सुनने के बाद कोर्ट ने श्रवण कुमार गोयल अपराध में संलिप्तता को देखते हुए अपना फैसला सुनाया और जमानत आवेदन खारिज कर दिया। 15 जनवरी को हुई पेशी के दौरान रायपुर के स्पेशल कोर्ट ने 7 लोगों को 14 दिनों की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इनमें टामन सोनवानी, एसके गोयल, टामन के बेटे नीतेश सोनवानी, भतीजे साहिल सोनवानी, उद्योगपति श्रवण गोयल के बेटे और बहू शशांक गोयल और भूमिका कटियार समेत तत्कालीन डिप्टी एग्जाम कंट्रोलर ललित गणवीर जेल में है।
रायपुर। तिल्दा नेवरा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 वर्षीय मासूम की जान चली गई। घटना तिल्दा-सिमगा मार्ग पर ग्राम बिलाड़ी के पास की है। मृतक की पहचान मयंक यादव के रूप में हुई है, जो हरीश यदु का पुत्र था। दुर्घटना उस समय हुई जब मयंक अपनी दादी के साथ खेत से घर लौट रहा था। सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार हाइवा (नंबर CG 28 P 1028) ने उसे कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। स्थानीय लोगों ने हाइवा को रोक लिया और आक्रोश में सड़क पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही तिल्दा नेवरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश जारी है।
रायपुर। सीएम विष्णुदेव साय दो दिवसीय मुंबई दौरे पर है। आज मुख्यमंत्री साय मुंबई में आयोजित किए गए छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम शामिल होंगे। साथ ही यहां पर देश के प्रमुख उद्योगपतियों से भी सीएम साय मुलाकात करेंगे। इस कार्यक्रम के बाद आज 23 जनवरी को शाम 6:35 बजे वापस रायपुर आने के लिए मुंबई से रवाना होंगे। कल मुंबई रवाना होने से पहले छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, “छत्तीसगढ़ में नई उद्योग नीति लागू करने के बाद पहला छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम दिल्ली में पिछले महीने हुआ था कल मुंबई में छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट है। कल उद्योगपतियों के साथ मुलाकात होगी और उसमें नई उद्योग नीति हम रखेंगे और निवेश करने के लिए आमंत्रित करेंगे।
दुर्ग। जामुल पुलिस ने एक युवक का अपहरण कर उससे मारपीट के मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पहले उनका जुलूस निकाला। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर ने बताया कि जामुल थाने में विश्व बैंक कालोनी कुरुद निवासी प्रभजोत सिंह ने 21 जनवरी को अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वो शाम करीब 4 बजे कालेज से घर जा रहा था। उसी समय पीछे से राहुल सिंह अपने दोस्तों के साथ आया और रास्ता रोककर उसकी बाइक की चाबी निकाल ली। जब प्रभजोत ने उनका विरोध किया तो उन लोगों ने मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने उससे कहा कि वो अपने दोस्त शशांक को यहां बुलाए। जब प्रभजोत ने मना किया तो उन लोगों ने उसका अपहरण कर उसे अपनी गाड़ी में बैठाया और सेक्टर 7 भिलाई ले गए। वहां और रास्ते में उन्होंने उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करने के बाद बुधवार को आरोपी राहुल सिंह, वंश कुमार प्रसाद, प्रिंस सिंह, अंतिम कुमार ठाकुर, प्रिंस पाल और लक्की भट्ट को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी भिलाई सेक्टर 7 के निवासी हैं। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों का जुलूस निकाला।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में तेजी से बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर 15 जनवरी से 14 फरवरी सड़क सुरक्षा सप्ताह चलाया जा रहा है। इस दौरान ट्रैफिक की जिम्मेदारी संभाल रहे पुलिसकर्मियों ने नियमों को तोड़ने वालों को समझाइश भी दी है। लेकिन सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मी का एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी एक युवती के साथ गुंडागर्दी करते हुए दिखाई दे रहे हैं। दरअसल हम बात कर रहे हैं राजधानी रायपुर की है जहां रोड क्रॉस कर रहे पुलिसकर्मी की गाड़ी को तेज रफ्तार से आ रही युवती ने टक्कर मार दी। गाड़ी को टक्कर लगते ही पुलिसकर्मी ने अपना आपा खो दिया और बीच सड़क पर ही मारपीट करने लगे। पुलिस जवान का युवती से मारपीट का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पुलिस जवान को युवती पर लात घूंसे बरसाते हुए साफ देखा जा सकता है। वहीं, जब युवती मामले की शिकायत करने खम्हाडीह थाने पहुंची तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने शिकायत तो दर्ज नहीं कि बल्कि उसे बिना सुनवाई के ही वापस भेज दिया।
महासमुंद। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही जिले में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील हो गई है। यह संहिता निर्वाचन प्रक्रिया समाप्ति तक लागू रहेगी। निर्वाचन घोषणा के साथ ही निर्वाचन समाप्ति की तिथि तक कोई भी शासकीय एवं अर्धशासकीय विश्राम भवनों, सर्किट हाउस, गेस्ट हाउस आदि में राजनीतिक दलों के सदस्य चुनाव प्रचार अथवा राजनीतिक गतिविधियों के लिए ठहर नहीं सकेंगे। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह ने आदेश जारी किए है। हालांकि पात्रतानुसार एवं उपलब्धता के आधार पर इन स्थानों पर ठहरने की अनुमति दी जा सकती है, लेकिन इसके लिए कुछ विशेष दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। जारी आदेशानुसार ठहरने वाले व्यक्तियों को केवल पात्रतानुसार कक्ष आवंटित किए जाएंगे, लेकिन भोजन आदि की कोई व्यवस्था नहीं की जाएगी। ठहरने वालों से निर्धारित शुल्क लिया जाएगा और इसकी रसीद जारी की जाएगी। टेलीफोन कॉल का भुगतान अनिवार्य’ः विश्राम भवनों में किए गए कॉल का पृथक रजिस्टर रखा जाएगा। कॉल के लिए निर्धारित राशि तुरंत जमा करानी होगी। ठहरने वालों का नाम, पता, ठहरने का उद्देश्य और अन्य जानकारी रजिस्टर में दर्ज की जाएगी। आगंतुकों का नाम, पता और मोबाइल नंबर भी अलग रजिस्टर में दर्ज होगा। निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक, सचिव एवं निर्वाचन से संबंधित अधिकारियों को कक्ष आवंटन में प्राथमिकता दी जाएगी। अन्य व्यक्तियों को कक्ष तब ही आबंटित किए जाएंगे, जब अतिरिक्त कक्ष उपलब्ध होंगे। जिला मुख्यालय में विश्राम भवनों का आरक्षण जिला सत्कार अधिकारी महासमुंद द्वारा किया जाएगा। वहीं, अनुविभागीय मुख्यालयों और अन्य स्थानों पर संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी, प्रेक्षक आदि के लिए कक्ष हमेशा आरक्षित रखें जाएं। आदर्श आचरण संहिता का यह प्रतिबंध महासमुंद जिले में निर्वाचन प्रक्रिया समाप्ति तक लागू रहेगा।
दुर्ग। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला द्वारा सडक दुर्घटना में बिना हेलमेट की वजह से होने वाली मौत को रोकने हेतु यातायात पुलिस दुर्ग दिये गये निर्देश के तारत्यम में ऋचा मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, (यातायात) के मार्ग दर्शन में एवं सतानंद विंध्यराज, उप पुलिस अधीक्षक (यातायात ) के नेतृत्व में यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा बिना हेलमेट दो पहिया वाहन चालको पर विशेष अभियान चलाकर की गई कार्यवाही। अधिकांश दो पहिया सडक दुर्घटनाओं में बिना हेलमेट वाहन चालन से किसी सडक दुर्घटना के शिकार होने पर सर में लगने वाले गंभीर चोट से मृत्यु कारित होना पाया गया है ऐसी सडक दुर्घटनाओं में लोगो की जान बचाने और उन्हें हेलमेट के प्रति जागरूक करने यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा नेशलन हाईवे एवं दुर्ग भिलाई के प्रमुख मार्गो तथा कुम्हारी टोल प्लाजा में रायपुर आने वाले दो पहिया वाहन चालको पर कुल-12 वाहन चेकिंग पाइंट बनाये गये। जिसमें यातायात के अधिकारी द्वारा बिना हेलमेट धारण कर वाहन चलाने वाले के विरूद्ध विशेष अभियान चलाकर कार्यवाही किया गया उक्त कार्यवाही में बिना हेलमेट धारण कर वाहन चालन करने वाले कुल-245 वाहन चालको के विरूद्ध बिना हेलमेट मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्यवाही किया गया। यह कार्यवाही आगे निरंतर जारी रहेगा।
रायपुर। छत्तीसगढ़ की तो बंगाल की खाड़ी में सिस्टम बनने से प्रदेश में गर्मी बढ़ने लगी है। नमी की वजह से दिन का पारा सामान्य से अधिक देखने को मिली। प्रदेश में अब गर्मी बढ़ने लगी है। रायपुर-बिलासपुर में रात का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। दुर्ग-अंबिकापुर में रात को हल्की ठंड का एहसास हुआ। आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ने के आसार है। यह भी पढ़े उत्तर भारत में मौसम लगातार बदल रहा है. यहां कभी कोहरा, कभी बारिश तो कभी शीतलहर से परेशान हो रहे हैं। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश-बर्फबारी का असर देखने को मिल रहा है। दिल्ली एनसीआर में पिछले चार दिनों से मार्च की तरह गर्मी का एहसास हुआ। दिनभर तेज धूप होने से अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.3 डिग्री अधिक था। लेकिन, बुधवार रात पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो जाने की वजह से दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई।
रायपुर। कोल लेवी वसूली और मनी लांड्रिंग मामले में जेल में बंद पूर्व सीएम की उप सचिव सौम्या चौरसिया ने एक याचिका वापस ली है। यह याचिकी आय से अधिक संपत्ति के एक पुराने मामले की थी। जिसे वापस ले ली है। यह मामला पहले एसीबी कोर्ट में चल रहा था। जहां से उन्हें पहले ही जमानत मिल चुकी थी। जमानत मिलने के बाद, इस मामले को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी। बता दें कि ED ने छत्तीसगढ़ में कथित कोयला घोटाले में 500 करोड़ रुपए की अवैध उगाही को लेकर जांच शुरू की थी। जिसके बाद मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया गया था। वसूली के लिए नियमों में बदलाव किया गया था। इस लेवी से हासिल राशि से चल-अचल संपत्तियां अर्जित की गईं, जिनमें कई बेनामी भी हैं। ED ने इस मामले में सूर्यकांत तिवारी, कोल वॉशरी संचालक सुनील अग्रवाल, IAS समीर बिश्नोई, IAS रानू साहू, सौम्या चौरसिया समेत अन्य को अलग-अलग तारीखों पर गिरफ्तार किया था। ED का आरोप है कि ये स्कैम करीब 500 करोड़ रुपए का था।
रायपुरः छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान हो गया है। इसी के साथ ही प्रदेश में आचार संहिता भी लग गई है। इधर राजनीतिक दलों के नेता अब शहरी सरकार के लिए गुणा-गणित लगा रहे हैं। महापौर के सहित पार्षद पद के दावेदारों ने तेज लॉबिंग शुरू कर दी है। कई जगहों पर नेता अपनी पत्नी के लिए टिकट मांग रहे हैं। कांग्रेस के कई सक्रिय नेता अपनी पत्नियों को टिकट दिलाने के लिए सीनियर नेताओं से लगातार संपर्क कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध भी शुरू कर दिया है। दरअसल, राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई नगर निगमों में स्थानीय नेता महापौर पद व पार्षद के लिए जिन वार्डों से चुनाव लड़ना चाह रहे थे, वह अब महिलाओं के लिए आरक्षित हो गई है। ऐसे में स्थानीय नेता अपनी पत्नियों को टिकट देने की मांग कर रहे हैं। इस मसले को लेकर पूर्व पीसीसी चीफ धनेंद्र साहू ने कहा कि जो संगठन में काम करेगा, उसी महिला को टिकट मिलना चाहिए। चुनाव की घोषणा से मतदान की तारीख के बीच महज 21 दिनों का समय है। दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दल 25 से 26 जनवरी के बीच ही प्रत्याशियों की घोषणा करेगी। नामों की घोषणा के बाद नामांकन दाखिल करने और नाम वापसी इत्यादि में चार से पांच दिन निकल जाएंगे। सभी प्रत्याशी एक-दो फरवरी से ही पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर पाएंगे। मतदान के 48 घंटे पहले प्रचार थम जाएगा। लिहाजा प्रत्याशियों को प्रचार-प्रसार के लिए केवल 10 से 11 दिन का ही समय मिलेगा। प्रचार के लिए कम समय मिलने के कारण अधिकांश दावेदार अभी से चिंता में है।
बलरामपुर: जिले के सोशल मीडिया ग्रुप में इन दोनों एक वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। वायल वीडियो में जमकर जाम छलक रहा है। चीकन पार्टी भी हो रही है जिसे देखकर हर कोई हैरान है। यह नजारा धान खरीदी केंद्र का बताया जा रहा है। जिसमें समिति प्रबंधक एवं अन्य कर्मचारी कार्यालय के अंदर जाम छलकते और चिकन खाते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है की यह वीडियो रात की है। जिसमे समिति प्रबंधक व अन्य लोग एक साथ बैठकर बेखौफ शराब पी रहे हैं और चिकन पार्टी कर रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद हड़कम्प मच गया है। और जिले में इस वीडियो की जमकर चर्चा हो रही है। यह पूरा मामला सेवारी धान खरीदी केंद्र का है। जहां कार्यालय भी संचालित होता है और धान की खरीदी भी यहीं होती है। बताया जा रहा है कि शाम के समय प्रतिदिन यहां इसी तरह का नजारा होता है।कार्यालय के अंदर ही समिति प्रबंधक और अन्य कर्मचारी शराबखोरी करते हैं और चिकन पार्टी करते हैं।वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। गौरतलब है कि सरकारी कार्यालय एक मंदिर की तरह होता है और शाम के समय कार्यालय के अंदर इस तरह का दृश्य कई तरह के सवाल खड़े करता है। समिति प्रबंधक और अन्य लोग कार्यालय को मयखाना बनाकर रख दिये हैं और जिम्मेदारों को इसका तनिक भी ख्याल नही है। अब देखने वाली बात होगी की इस वीडियो वायरल होने के बाद आरोपियों पर क्या कुछ कार्यवाही करते है।
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हुए दोहरे हत्याकांड का खुलासा हो गया है। दिनांक 01.01.2025 को सूचक ने थाना खमतराई में सूचना दिया कि खमतराई रांवाभाठा स्थित शेरे पंजाब ढ़ाबा के सामने रायपुर बिलासपुर रोड किनारे एक अज्ञात लड़की का शव पड़ा है, कि तस्दीक कार्यवाही हेतु एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना खमतराई पुलिस के हमराह स्टॉफ मौके पर पहुंचकर सूचक की रिपोर्ट पर घटना स्थल पर मर्ग कायम कर विवेचना में लिया गया। प्रथम दृष्टया एवं घटना स्थल निरीक्षण में पाया गया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा मृतिका का गला दबाकर हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शेरे पंजाब ढ़ाबा पास रायपुर बिलासपुर रोड किनारे फेक कर फरार हो गया था। जिस पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना खमतराई में 07/25 धारा 103, 238(1) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया गया है। इसी दौरान टीम के सदस्यों द्वारा शव की शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा था जिस पर टीम के सदस्यों अज्ञात लड़की के शव के संबध में जानकारी प्राप्त हई और उक्त अज्ञात शव धनेली निवासी हमीदा की पुत्री रेशमा का होना पाया गया, जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा दिनांक 02.01.2025 को सूचना की तस्दीकी हेतु धनेली स्थित हमीदा के निवास पहुंचे तो पाया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा रेशमा की माता हमीदा की भी हत्या कर फरार हो गया था। जिस पर अज्ञात अरोपी के विरूद्ध थाना धरसींवा में अपराध क्रमांक 05/2025 धारा 103(1) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया गया। उक्त दोहरे अंधे कत्ल की घटनाओं को पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज रायपुर महोदय अमरेश मिश्रा तथा पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह द्वारा गम्भीरता से लेते अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राईम संदीप मित्तल, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाईन अमन झा(भा.पु.से), उप पुलिस अधीक्षक क्राईम संजय सिंह, प्रभारी निरीक्षक परेश पाण्डेय एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट, थाना प्रभारी खमतराई तथा प्रभारी सिलतरा चौकी को अज्ञात आरोपी की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया गया। जिस पर प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राईम श्री संदीप मित्तल एवं उप पुलिस अधीक्षक क्राईम संजय सिंह के नेतृत्व में ए.सी.सी.यू की टेकनिकल सहित 10 विशेष टीम का गठन किया गया। जिस टीम के सदस्यों द्वारा दोनो घटना स्थलो का निरीक्षण करने के साथ ही आस-पास के लोगो से भी घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की गई। टीम के सदस्यों द्वारा घटना स्थलों का निरीक्षण करते हुए उसके आस-पास के सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेजों का अवलोकन करते हुए घटना स्थल में उपस्थित सभी भौतिक साक्ष्यों का भी सूक्ष्मता से जांच किया गया। दोनो शव का घटना स्थल ब्लाईण्ड स्पॉट में होने के कारण टीम के सदस्यों द्वारा ब्लाईण्ड स्पॉट में आने-जाने वाले 30 किलो मिटर दायरे के हजारों से अधिक सी.सी.टी.व्ही. कैमरों का भी अवलोकन किया गया है। टीम के सदस्यों द्वारा बार-बार आस-पास के रहवासियों से घटना के संबंध में पूछताछ कर अज्ञात आरोपियों की पतासाजी की जा रही थी। रिक्रिएशन ऑफ सीन तथा तकनीकी विशलेषण करते हुए सभी कड़ियो को जोड़ते हुए टीम के सदस्यों को प्रकरण में संलिप्त आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा शिवानंद नगर निवासी भरतदास दीवान की पतासाजी कर पकड़ा गया। भरतदास दीवान को पकड़कर घटना के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने पर उसके द्वारा अपनी लीव-ईन पार्टनर अनीता लहरे के साथ मिलकर अपराधिक षडयंत्र कर पूर्वनियोजित तरीके से उक्त दोनो हत्याओं की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया है। पूछताछ में आरोपी द्वारा बताया गया कि वह रायपुर में आटो चालक का कार्य करता है। पूर्व में सिलतरा इण्डस्ट्री क्षेत्र में कार्य करते हुए अपने परिवार के साथ सिलतरा धनेली में रहता था धनेली में रहने के दौरान उसका परिचय मृतिका हमीदा से हुआ था जिससे उसके साथ लगातार बातचीत एवं घर आना जाना होने से आरोपी और मृतिका के मध्य अवैध संबंध था। आरोपी नये काम के तलाश में ग्राम धनेली से शिवानंद नगर शिफ्ट हो गया एवं वहां ई-रिक्शा चलाकर अपना जीवन यापन कर रहा था इसी दौरान रायपुर से सिलतरा उसका आना-जाना होता था जहां वह मृतिका हमीदाा से वह मुलाकात करता था, मृतिका हमीदा द्वारा पैसे की लगातार मांग करने एवं मांग पूरी न होने पर केस में फंसा देने की दबाव बनाने पर आरोपी एवं उसकी महिला लीव-ईन पार्टनर दोनो परेशान हो गये थे। जिस पर दोनो के द्वारा मृतिका हमीदा की हत्या करने की योजना बनाई। योजना अनुसार दोनो आरोपियों के द्वारा अपने चारो बच्चो को अन्यत्र गांव भेजकर योजना के मुताबिक लीव-ईन पार्टनर आरोपिया महिला अनीता लहरे पहले मृतिका की नाबालिग पुत्री को अलग करने हेतु उसकी पुत्री को बहला फुसला कर घर से बाहर लेकर अपने घर शिवानंद नगर चली गई उसके पश्चात् आरोपी योजना के मुताबिक आरोपी पैदल मृतिका के निवास स्थान धनेली गया जहां उसकी गला दबाकर एवं चाकू से हाथों को काटकर उसकी हत्या कर उसके ऊपर घरेलू कपड़े से ढ़क दिया एवं कमरे को बाहर से बंद कर दिया। उसके पश्चात् अपने ई-रिक्शा वाहन से अपने घर शिवानंद नगर जाते समय रास्ते में मेटलपार्क गुरूद्वारा के सामने घटना में प्रयुक्त चाकू को फेंककर घर पहुंचा। शिवानंद नगर अपने घर में उसके द्वारा पहले से ही उपस्थित आरोपी की लीव-ईन पार्टनर आरोपिया अनीता लहरे मृतिका हमीदा की नाबालिग पुत्री की भी उससे मारपीट कर हत्या किया एवं नाबालिग पुत्री की हत्या के बाद आरोपी उसके साथ बलात्संग किया एवं साक्ष्य छिपाने हेतु आरोपी एवं उसकी लीव-ईन पार्टनर अनीता लहरे द्वारा ई-रिक्शा में नाबालिग पुत्री के शव को कम्बल से ढ़ंककर मेटलपार्क टर्निंग के पास धनेली से रायपुर आने वाले रास्ते में नाली में शव को फेंक कर फरार हो गये थे। जिस पर दोनो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 01 नग चाकू, 01 नग ई-रिक्शा वाहन एवं 02 नग मोबाईल फोन जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध थाना धरसींवा में कार्यवाही की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी- 01. भरतदास दीवान पिता स्व. सुमनदास दीवान उम्र 43 साल निवासी ग्राम डभरा सृजन केन्द्र स्कुल के पास थाना डभरा जिला सक्ती हाल पता शिवानंद नगर सेक्टर 02 थाना खमतराई रायपुर। 02. अनिता लहरे पति स्व. रामेश्वर लहरे उम्र 52 साल निवासी ग्राम भरारी थाना कोटा तह तखतपुर जिला बिलासपुर हाल पता शिवानंद नगर सेक्टर 02 थाना खमतराई रायपुर। कार्यवाही में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट से प्रभारी निरीक्षक परेश पाण्डेय, निरीक्षक सचिन सिंह थाना प्रभारी खमतराई, निरीक्षक राजेन्द्र दीवान थाना प्रभारी धरसींवा, उनि सतीश पुरिया, उनि राजेन्द्र कंवर, उनि मुकेश सोरी, सउनि प्रेमराज बारिक, मंगलेश्वर सिंह परिहार, गेंदूराम नवरंग, अतुलेश राय, प्र.आर. कुलदीप द्विवेदी, उपेन्द्र यादव, अनुप मिश्रा, विजय पटेल, जसवंत सोनी, महेन्द्र राजपूत, चिन्तामणी साहू, रविकांत पाण्डेय, आशीष त्रिवेदी, संतोष दुबे, घनश्याम साहू, आर. अविनाश देवांगन, बीरेन्द्र बहादुर सिंह, हिमांशु राठौड़, संदीप सिंह, किसलय मिश्रा, विकास शर्मा, अभिषेक सिंह, गणेश मरावी, कमल धनगर, महिपाल सिंह ठाकुर, मुनीर रजा, प्रवीण मौर्य, राकेश पाण्डेय, टीकम साहू, तुकेश निषाद, राजेन्द्र तिवारी, विक्रम वर्मा, पुरूषोत्तम साहू, अनुरंजन तिर्की, अभिषेक सिंह तोमर, म.आर. कैलजोंग लेप्चा, दुर्गा भोईहार, टीजीआर. शंकर यादव, राकेश सोरी तथा चौकी सिलतरा से प्रभारी उपनिरीक्षक बालेश्वर लहरे की महत्वपूर्ण भूमिंका रही। थाना खमतराई एवं थाना धरसींवा क्षेत्रांतर्गत हुए दोहरे हत्याकांड प्रकरणों में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार करने के फलस्वरूप प्रकरण में शामिल अधिकारी/कर्मचारियों के उत्साहवर्धन हेतु पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 10,000/- रूपये नगद ईनाम की घोषणा की गई है।
रायपुर: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच में मुठभेड़ जारी है। जहां जवानों ने अब तक 14 नक्सलियों को मार गिराया है। इसी कड़ी में सर्चिंग के दौरान दो और नक्सलियों के शव बरामद किये हैं। मौके से सुरक्षाबलों ने 1 AK47 ऑटोमैटिक हथियार भी बरामद किया है। एसपी निखिल राखेचा पुरे ऑपरेशन को लीड कर रहे हैं। सुरक्षाबलों के ऑपरेशन से घबराकर नारायणपुर में आठ नक्सलियों ने सरेंडर किया है। जिसमें कुतुल एरिया कमेटी के इंटेलीजेंस प्रभारी दिलीप ध्रुवा ने भी सरेंडर किया है। इसके सरेंडर करने से अबूझमाड़ डिवीजन के माओवादियों को बड़ा झटका लगा है। नारायणपुर ASP रॉबिंसन गुड़िया ने पुष्टि करते हुए कहा कि, 'माड़ बचाव अभियान’' की कल्पना सार्थक हो रही है। गरियाबंद में सुरक्षाबल और नक्सली मुठभेड़ में ओडिशा के नुआपड़ा SOG के करीब 75 जवान ऑपरेशन में शामिल थे। मुठभेड़ में 01 SOG जवान घायल हुआ है जिसका इलाज नारायणा अस्पताल देवेंद्र नगर रायपुर में चल रहा है। सभी ढेर हुए 14 नक्सलियों के शव छत्तीसगढ़ पुलिस को सौंपकर सभी SOG टीम सकुशल नुआपाड़ा पहुंची। SOG की टीम किसी भी नक्सली की बॉडी ओडिशा नहीं लेकर गई।
रायगढ़: शहर के ढिमरापुर रोड स्थित होटल ‘मुरारी द किचन’ के पास आज दोपहर एक नाश्ते की दुकान में रखे सिलेंडर में ब्लास्ट से पूरा इलाका दहल उठा। इस दौरान होटल के भीतर बैठकर नाश्ता कर रहे 2 युवकों समेत 5 लोग ब्लास्ट की चपेट में आने से झुलस गए, जिन्हें आसपास मौजूद लोगों ने दुकान के बाहर निकालकर बचा लिया। इसके बाद लोगों ने दमकल विभाग को घटना की सूचना दी और आग बुझाने में जुट गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, होटल में ब्लास्ट से झुलसे सभी 5 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना के बाद निगम अमला भी मौके के लिए रवाना हो गया है। आग की वजह से दुकान के बाहर खड़ी एक एक्टिवा और बाइक भी पूरी तरह जल गई है।
रायपुर: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, शिवराज सिंह चौहान, लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला, भाजपा के सीनियर नेता कैलाश विजयवर्गीय यह तमाम हस्तियां रायपुर पहुंचीं। मौका था सांसद बृजमोहन अग्रवाल की बेटे आदित्य अग्रवाल की शादी का। VIP रोड से लेकर जोरा ग्राउंड तक नेताओं की गाड़ियों का काफिला चलता रहा। तमाम बड़े सियासी चेहरे रायपुर में होने वाली इस VVIP शादी में शामिल होने पहुंचते रहे। ग्राउंड में साउथ इंडियन थीम पर सजावट की गई थी । दक्षिण भारतीय मंदिर की तरह एक भव्य स्टेज तैयार किया गया था। मंच पर भगवान कृष्ण, गणेश, शंकर की प्रतिमाएं थीं इसके ही सामने वर-वधु को बैठाया गया। कही बड़ी बात बृजमोहन अग्रवाल के बेटे आदित्य और नई नवेली बहू वुहा को सभी आशीर्वाद देने पहुंचे। दो से दिनों तक चले विवाह कार्यक्रम में 50000 से अधिक लोगों के आने का अनुमान लगाया गया है। बृजमोहन अग्रवाल भी कार्यक्रम में सभी से मुलाकात करते दिखाई दिए। सोशल मीडिया पर पत्नी संग डांस करते हुए उनका एक वीडियो भी चर्चा में छाया रहा। देशभर से कई साधू-संत भी वर-वधू को आर्शीवाद देने पहुंचे।
Adv