बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • अरुण साव ने पानी टंकी पर चढ़कर गुणवत्ता देखी, महिलाओं से जलापूर्ति का लिया फीडबैक

    01-Jan-2025

    रायपुर। उप मुख्यमंत्री तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव जल जीवन मिशन के कार्यों को गति देने आज नए साल के पहले ही दिन फील्ड पर उतरे। उन्होंने रायपुर जिले के तिल्दा विकासखंड के सड्डू में सिंगल-विलेज जल प्रदाय योजना का निरीक्षण किया। उन्होंने पानी टंकी पर चढ़कर निर्माण की गुणवत्ता देखी। उन्होंने गांव के घरों में जाकर नल से आ रही पानी की धार भी देखी। श्री साव ने सरपंच, पंचों, अन्य ग्रामीणों और महिलाओं से चर्चा कर जलापूर्ति के संबंध में फीडबैक भी लिया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुलहक और जल जीवन मिशन के संचालक सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे भी इस दौरान मौजूद थे। उप मुख्यमंत्री श्री साव को सड्डू के ग्रामीणों ने बताया कि सुबह-शाम दोनों समय नल से पर्याप्त पानी आ रहा है।  सड्डू में पूर्व से ही संचालित नल जल योजना के तहत 212 घरों में नल कनेक्शन दिए गए थे। जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांव में दूसरी पानी टंकी के निर्माण के बाद 292 और घरों में नल कनेक्शन दिए गए हैं। दोनों को मिलाकर अब गांव में 504 नल कनेक्शन हो गए हैं। टंकियों को भरने के लिए यहां दो जलस्रोत स्थापित हैं। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने ग्रामीणों से चर्चा के दौरान कहा कि घर-घर लगे नल, गांव में स्थापित पानी की टंकियां और जलस्रोत आपके ही हैं। आप लोगों को ही इनका इस्तेमाल, संधारण, रखरखाव और सुरक्षा करनी है। योजना पूर्ण हो जाने के बाद नल जल योजना का संचालन भी ग्राम पंचायतों को ही करना है। श्री साव के अगमधाम-खंडवा मल्टी-विलेज योजना और सड्डू सिंगल-विलेज योजना के निरीक्षण के दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, रायपुर के मुख्य अभियंता राजेश गुप्ता और अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद थे। 

  • हाईकोर्ट ने दुष्कर्म पीड़िता गर्भवती युवती के गर्भपात की अनुमति को लेकर लगाई गई याचिका पर की सुनवाई

    01-Jan-2025

    बिलासपुर. हाईकोर्ट ने बिलासपुर की दुष्कर्म पीड़िता गर्भवती युवती के गर्भपात की अनुमति को लेकर लगाई गई याचिका पर सुनवाई की. कोर्ट ने मामले को गंभीरता लेते हुए रायगढ़ कलेक्टर को तत्काल मेडिकल बोर्ड का गठन करके पीड़िता की जांच कर 2 जनवरी को रिपोर्ट पेश करने आदेश दिया है. इससे पहले जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल की विशेष कोर्ट ने मामले की सुनवाई के बाद बिलासपुर कलेक्टर को मेडिकल बोर्ड गठन कर जांच के निर्देश दिए थे.

     
    इस मामले की सुनवाई के लिए जस्टिस विभु दत्त गुरू ने शीतकालीन अवकाश के बाद भी विशेष कोर्ट लगाई गई. कोर्ट ने सुनवाई के बाद पीड़िता के निवास से रायगढ़ नजदीक होने के चलते यहां के सीएमएचओ को छत्तीसगढ़ राज्य सरकार ने जून 2024 को जारी अधिसूचना के अनुसार मेडिकल बोर्ड का गठन करने कहा है.
  • शदाणी दरबार तीर्थ, रायपुर में आयोजित वार्षिक खेल उत्सव में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने खेला क्रिकेट

    01-Jan-2025

    रायपुर,मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने क्रिकेट खेला। पूज्य शदाणी दरबार तीर्थ, रायपुर में आयोजित वार्षिक खेल उत्सव 2024-25 के समापन समारोह में शामिल हुई। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा, 30 व 31 दिसंबर 2024 को आयोजित इस भव्य उत्सव में महिला क्रिकेट, बैडमिंटन, कबड्डी, रस्सी खींच, रस्सी कूद जैसी खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी को आनंदित किया।

     
    वर्तमान पीठाधीश पूज्य संत डॉ. युधिष्ठिर लाल और गुरूमाता पूज्य दीपिका शदाणी के आशीर्वाद व मार्गदर्शन में यह आयोजन शदाणी युवा मण्डल, रायपुर द्वारा अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। खेल और संस्कृति के इस सुंदर संगम ने समाज को एकता और उत्साह का संदेश दिया। सभी विजेताओं, प्रतिभागियों एवं आयोजकों को इस अद्भुत आयोजन के लिए हार्दिक बधाई।
  • नवा रायपुर में नया विहार विकसित करने की योजना ला रही विष्णुदेव सरकार

    01-Jan-2025

    रायपुर। साय सरकार पूर्ववर्ती डॉ. रमन सिंह की सरकार की तरह बड़ा काम करने जा रही है. कमल विहार की तर्ज पर नवा रायपुर में नया विहार विकसित करने की योजना है. इसके लिए करीबन आधा दर्जन गांवों की 1100 एकड़ से ज्यादा जमीन ली जाएगी. जिन लोगों की जमीन ली जाएगी, बदले में उन्हें 30-40 फीसदी विकसित प्लॉट देते हुए शेष जमीन आम लोगों को बेची जाएगी. जानकारी के अनुसार, नए विहार में आवासीय, कमर्शियल, चिकित्सा और शिक्षा के लिए भी जमीन रिजर्व की जाएगी.

     
    जरूरतमंद लोग और संस्था अपनी जरूरतों के अनुसार जमीन की खरीदी कर सकेंगे. योजना को नवा रायपुर के मास्टर प्लान के अनुसार ही डेवलप किया जाएगा. इस संबंध में राजपत्र में अधिसूचना जारी कर दी गई है. नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण ने प्रारूप तैयार कर लिया है. इसमें वो सभी सुविधाएं होंगी जो नए शहर में होनी चाहिए है. अंडरग्राउंड बिजली वायर, सीवरेज प्लांट, चौड़ी सड़कें, वाई-फाई, घरों में पाइपलाइन से एलपीजी की सप्लाई समेत सुविधाएं होंगी.
  • नए साल के पहले दिन डोंगरगढ़ के बम्लेश्वरी मंदिर में 1 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे माता के दरबार

    01-Jan-2025

    नए साल 2025 के पहले दिन छत्तीसगढ़ के मंदिरों में भारी भीड़ है। डोंगरगढ़ के बम्लेश्वरी मंदिर में 1 लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे हैं। 31 दिसंबर की रात से ही लोग कतार में खड़े हैं। दंतेवाड़ा स्थित दंतेश्वरी मंदिर में भी सुबह से भक्त पहुंच रहे हैं। यहां आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, ओडिशा समेत अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मनोकामना लेकर माता के दरबार पहुंचे हैं।

     
    इससे पहले नए साल 2025 का वेलकम ग्रैंड सेलिब्रेशन से हुआ। 31st की देर रात तक लोग जश्न में डूबे रहे। साल के पहले दिन यानी आज भी ऐसा ही माहौल है। नए साल के अवसर पर रायपुर के पुरानी बस्ती स्थित महामाया मंदिर और समलेश्वरी माता का विशेष श्रृंगार किया गया है।
  • वाणिज्य कर विभाग में बड़ी संख्या में अधिकारियों के प्रमोशन, देखें लिस्ट…

    01-Jan-2025

    रायपुर, वाणिज्य कर विभाग में बड़ी संख्या में अधिकारियों के प्रमोशन आदेश जारी हुआ है। जारी आदेश के अनुसार निरीक्षकों को राज्य कर सहायक आयुक्त के रूप में पदोन्नत किया गया है। इसके अलावा अपर आयुक्त, उपायुक्त के पदों पर भी पदोन्नति दी गई है। 

  • प्रदेश सचिव ताजूल अहमद ने प्रदेशवासियों को दी नववर्ष की शुभकामनाएं

    01-Jan-2025

    रायपुर। प्रदेश सचिव ताजूल अहमद ने प्रदेशवासियों को नववर्ष 2025 की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने शुभकामना व्यक्त करते हुए कहा कि नव वर्ष 2025 हम सभी के जीवन में तरक्की के नये अवसर लेकर लाये और हम सभी के जीवन में भरपूर सुख-समृद्धि का वास हो। प्रदेश सचिव ताजूल अहमद  ने कहा कि नव वर्ष हम सभी के लिए शुभ संकल्प लेने का समय है। नए वर्ष में हम प्रदेश की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

  • महाकुंभ मेला आकार ले चुका है, भव्य होगा: उत्तर प्रदेश के CM योगी

    31-Dec-2024

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को आगामी महाकुंभ मेला 2025 के विशाल सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला, उन्होंने कहा कि यह आयोजन अपना आकार ले चुका है और पिछले आयोजनों की तुलना में और भी भव्य होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा, "महाकुंभ मेला अपना आकार ले चुका है। कार्यक्रम युद्धस्तर पर आगे बढ़ रहा है और लोग उत्साहित हैं। महाकुंभ का यह शुभ क्षण 144 साल बाद आ रहा है और देश और दुनिया इस महाकुंभ का साक्षी बनना चाहती है।" महाकुंभ मेला 13 जनवरी से 26 फरवरी 2025 तक उत्तर प्रदेश के प्रयागराज (इलाहाबाद) में आयोजित किया जाएगा। एएनआई से बात करते हुए सीएम योगी ने कहा, "इस बार महाकुंभ के मद्देनजर 30 पंटून पुल बनाए जा रहे हैं। जिनमें से 28 बनकर तैयार हो चुके हैं। अगले 3-4 दिनों में 2 बनकर तैयार हो जाएंगे। यहां 12 किलोमीटर का अस्थाई घाट तैयार किया जा रहा है। अब तक 7000 से ज्यादा संस्थाएं आ चुकी हैं। मेला प्राधिकरण ने यहां डेढ़ लाख से ज्यादा टेंट की व्यवस्था की है और यह कार्यक्रम युद्धस्तर पर चल रहा है और लोगों में उत्साह है।" इससे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज के लेटे हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की।  महाकुंभ मेला 2025 की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए दिसंबर में पांचवीं बार मंगलवार को प्रयागराज का दौरा किया।अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने शहर के नैनी इलाके में बने बायो-सीएनजी प्लांट का भी उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने संगम एरावत घाट, संगम नोज घाट और गंगा सेतु के समानांतर नवनिर्मित स्टील ब्रिज जैसे प्रमुख स्थानों का भी निरीक्षण किया। आगामी महाकुंभ आयोजन के मद्देनजर सीएम योगी ने आयोजन की तैयारियों की समीक्षा के लिए प्रयागराज मेला प्राधिकरण के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर  सभागार में समीक्षा बैठक की।इस बीच, मुख्यमंत्री प्रयागराज दौरे के दौरान गंगा सेतु के समानांतर बने स्टील ब्रिज का निरीक्षण करने के साथ ही विभिन्न मार्गों का स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे  मुख्य स्नान पर्व, जिसे "शाही स्नान" के रूप में जाना जाता है, 14 जनवरी (मकर संक्रांति), 29 जनवरी (मौनी अमावस्या) और 3 फरवरी (बसंत पंचमी) को होगा। महाकुंभ मेला 2025 की तैयारियों के तहत, उत्तर प्रदेश पुलिस सुरक्षा बढ़ाने के लिए अंडरवाटर ड्रोन का इस्तेमाल करेगी। महाकुंभ 2025 में 10 जनवरी से 24 फरवरी तक भारत की सांस्कृतिक विविधता का जीवंत प्रदर्शन होगा। प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग इस अवधि के दौरान भारत की समृद्ध लोक कलाओं को प्रस्तुत करने की तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है। संस्कृति विभाग प्रयागराज में प्रमुख स्थानों पर 20 छोटे मंच स्थापित करेगा, जिससे पर्यटक, श्रद्धालु और स्थानीय लोग 45 दिनों तक देश की विविध सांस्कृतिक विरासत का अनुभव कर सकेंगे। इन मंचों पर भारत भर के विभिन्न राज्यों के लोक नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। 

  • माना कैंप में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने किया 3 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन

    31-Dec-2024

    रायपुर। आज नगर पंचायत माना कैंप में करीब 3 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया जिसमे अधोसंरचना मद से सीसी रोड, नाली भवन निर्माण और 15वीं वित्त आयोग अंतर्गत सीसी रोड, नाली निर्माण, हांपर टिप्पर डम्पर, ई-रिक्शा और ट्विन बिन क्रय शामिल हैं। यह विकास कार्य 15 वार्डों में किए जाएंगे, जो माना कैंप क्षेत्र के निवासियों की सुविधा और जीवन स्तर को और बेहतर बनाएंगे।  कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू, पूर्व विधायक नंद कुमार साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष संजय यादव, पूर्व अध्यक्ष श्यामा प्रसाद चक्रवर्ती, उर्मिला चौहान, मंडल अध्यक्ष रवींद्र चौहान, मुख्य कार्यपालन अधिकारी मोनेश्वर शर्मा सहित पार्षदगण और गणमायजन मौजूद रहे। भाजपा सरकार का संकल्प है कि हर क्षेत्र में समग्र विकास हो और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जा सकें। 

  • चाइनीज मांझा बेचने और खरीदने वालों की खैर नहीं, होगी 5 साल की सजा

    31-Dec-2024

    भिलाई। छत्तीसगढ़ शासन के आदेश के परिपालन में नगर पालिक निगम भिलाई के क्षेत्र में गठित दल द्वारा लगातार चाइनीज मांझा खरीदी एवं ब्रिकी करने वालो पर कार्यवाही कर रही है। प्रायः यह देखा जा रहा है कि दुकानदार अपने थोड़े से लाभ कमाने के लिए खतरनाक चाइनीज मांझा का चोरी-छिपे विक्रय कर रहे है। चाइनीज मांझा के उपयोग से स्वयं, राहगीर, पक्षी आदि दुर्घटना के शिकार हो जाते है। कभी भी पतंग के धागे से घटनाएं होने की पूरी संभावना बनी रहती है। नगर निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने अधिकारियो को निर्देशित किये है, कि जो भी दुकानदार चाइनीज मांझा का बिक्री करते या कोई नागरिक इसे खरीदते दिखे तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करें एवं उनसे अर्थदण्ड की वसूली की जाए। संबंधित के पास से चाइनीज मांझा पाये जाने पर उसे तत्काल जप्त की जावे। साथ ही उन्हे समझाइस दी जाए की आपके द्वारा शासन के आदेशो का उल्लंघन करने पर 5 साल की जेल के साथ 1 लाख रूपये तक का जुर्माना या फिर दोना सजा हो सकती है। छत्तीसगढ़ के आवास एवं पर्यावरण विभाग ने चीनी धागों की खरीदी और ब्रिकी को मददेनजर रखते हुए अधिसूचना राजपत्र में प्रकाशित कर इसे दण्डनीय अपराध करार दिया है। जोन क्रमांक-4 क्षेत्रांतर्गत प्रतिबंधित मांझा बेचने पर 900 रूपये की चालानी कार्यवाही की गई एवं मांझा धागा जप्त किया गया। समझाइस दिया गया कि नायलोन एवं चाइनीज मांझा/धागा पूर्णतः प्रतिबंधित है। इसके साथ की इण्ड्रस्टिज यूज धागा का उपयोग भी न करे। यह अंतिम समझाइस है, नहीं मानने वाले दुकानदारो का गुमशता लाईसेंस निरस्त एवं दुकान को सील बंद की कार्यवाही की जावेगी। 

  • 10 जनवरी को लाटरी में भाग ले और पाए पीएम आवास

    31-Dec-2024

    भिलाईनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना मोर मकान-मोर आस घटक अंतर्गत नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्रांतर्गत निर्मित आवासों के आबंटन हेतु किरायेदारी के रूप में निवासरत परिवारों एवं वरिष्ठ नागरिकजनन/दिव्यांगजनों से विभिन्न परियोजना स्थल वार्ड क्रमांक-01 एनार स्टेट खम्हरिया, सूर्याविहार के पीछे खम्हरिया, माईल स्टोन स्कूल के पीछे खम्हरिया, स्वप्निल बिल्र्डस कुरूद, कृष्णा इंजिनियरिंग कालेज के पीछे खम्हरिया, आम्रपाली हाउसिंग बोर्ड, अविनाश मेट्रोपालिश कोहका, ग्रीनवेली खम्हरिया अंतर्गत निर्मित/निर्माणाधीन आवासों के आबंटन हेतु किरायेदारो से आवेदन आमंत्रित किये गये है।  उक्त आकर्षक स्थल के लिए आवास आबंटन के लिए कुल 1018 आवेदन प्राप्त हुए हैं आवेदनों की सूची अपूर्ण एवं पूर्ण दस्तावेज संलग्न कर आवेदन जमा किये आवेदकों की सूची दावा आपत्ति हेतु मुख्य कार्यालय एवं जोन कार्यालयों के सूचना पटल पर चस्पा किया गया है। आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने सभी आवेदको से आग्रह किया है कि नगर पालिक निगम भिलाई सभी आवेदकों को आमंत्रित करता है कि 1 जनवरी नववर्ष के अवसर पर 10 प्रतिशत राशि जमा करें, 10 जनवरी को लाटरी से आबंटन होगा सभी चयनित हितग्राहियो को नववर्ष में नया सुसज्जित मकान नियमानुसार मिल जाएगा। 

  • SBI के 13775 पद के लिए 7 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित

    31-Dec-2024

     सारंगढ़ बिलाईगढ़। भारतीय स्टेट बैंक के 13775 जूनियर एसोसिएट (कस्टमर सपोर्ट एंड सेल्स) की भर्ती की जाएगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन 7 जनवरी 2025 तक लिया जाएगा। इसकी विस्तृत जानकारी वेबसाइट एसबीआई डॉट को डॉट इन sbi.co.in में उपलब्ध है और इस वेबसाइट में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। 

  • साफ, सुंदर और सुविधापूर्ण बनाएं छत्तीसगढ़ के शहरों को: अरुण साव

    31-Dec-2024

    रायपुर। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने आज वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों के साथ नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मंत्रालय में वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में सभी नगरीय निकायों को अनुकम्पा नियुक्ति की प्रक्रियाएं 10 जनवरी तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा अनुकम्पा नियुक्ति के लिए प्रदेशभर के नगरीय निकायों में 353 नए पद मंजूर किए गए हैं।  उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बैठक में नगर निगमों के आयुक्तों तथा नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को रोजाना वार्डों का भ्रमण कर निर्माण कार्यों, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था की मॉनिटरिंग करने को कहा। उन्होंने नगरीय निकायों में बन रहे अटल परिसरों और नालंदा परिसरों के काम में तेजी लाने और इनके उत्कृष्ट निर्माण के निर्देश दिए। श्री साव ने अधिकारियों को गंभीरता और सक्रियता से काम करते हुए राज्य के शहरों को साफ, सुंदर और सुविधापूर्ण बनाने को कहा। नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस., विशेष सचिव आर. एक्का और संचालक कुंदन कुमार भी समीक्षा बैठक में शामिल हुए।  उप मुख्यमंत्री श्री साव ने समीक्षा बैठक में सभी नगरीय निकायों में अटल परिसर के निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए अच्छी गुणवत्ता की उत्कृष्ट मूर्ति स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अटल परिसर का इस तरह निर्माण करें कि शहर में इसकी विशेष पहचान और दर्शनीय स्थल बनें। उन्होंने प्रदेश के 12 शहरों में बनाए जा रहे नालंदा परिसर के लिए निविदा की प्रक्रिया पूरी कर शीघ्र काम प्रारंभ करने को कहा। श्री साव ने अधिकारियों से कहा कि नालंदा परिसर का शानदार और आइकॉनिक निर्माण होना चाहिए। नालंदा परिसर और अटल परिसर का निर्माण सरकार के महत्वाकांक्षी कार्य हैं। उन्होंने आयुक्तों और मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को खुद इनकी मॉनिटरिंग करने और प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने बैठक में अधोसंरचना मद और 15वें वित्त आयोग के तहत स्वीकृत कार्यों के साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), अमृत मिशन 2.0, एसटीपी निर्माण और आकांक्षी शौचालयों के कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में सामग्री और निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी नगरीय निकायों के अधिकारियों को रोजाना प्रातः भ्रमण कर निर्माण कार्यों, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने 01 जनवरी से ही इसकी शुरूआत कर शहरों में प्रकाश और सफाई की व्यवस्था दुरूस्त करने को कहा। श्री साव ने इसमें किसी भी तरह की कोताही न बरतते हुए गंभीरता और सक्रियता से प्रतिदिन कार्यों की मॉनिटरिंग करने को कहा। इसमें किसी तरह का हीला-हवाला पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। श्री साव ने समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के निर्माणाधीन आवासों को आगामी मार्च महीने तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने गरीबों का आशियाना तैयार करने का काम संवेदनशीलता से करते हुए इनका निर्माण प्राथमिकता से पूर्ण करने को कहा। उन्होंने किफायती आवास परियोजनाओं के तहत निर्मित आवासों का आबंटन हितग्राहियों को तत्काल करने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने जनसमस्या निवारण पखवाड़ा के दौरान अनिराकृत प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर इन्हें जल्द से जल्द निराकृत करने को कहा। श्री साव ने नगरीय निकायों में नियमित और प्लेसमेंट कर्मचारियों के समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने ऊर्जा की अनावश्यक खपत पर रोक लगाते हुए विद्युत देयकों का भुगतान समय पर करने के निर्देश दिए। लंबित भुगतान के कारण विद्युत देयकों पर सरचार्ज लगने की स्थिति नहीं बननी चाहिए। श्री साव ने नगरीय निकायों में सेट-अप के पुनरीक्षण के लिए आवश्यक जानकारी संचालनालय को भेजने को कहा। उन्होंने आयुक्तों और मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को सभी कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश दिए। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की संयुक्त सचिव डॉ. रेणुका श्रीवास्तव, राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) के सीईओ शशांक पाण्डेय और नगरीय प्रशासन विभाग के अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य सहित सभी क्षेत्रीय कार्यालयों के संयुक्त संचालक एवं नगरीय निकायों के अभियंता भी समीक्षा बैठक में मौजूद थे। 

  • रायपुर में फ्लैट से शराब जब्त, आबकारी विभाग ने मारी रेड

    31-Dec-2024

    रायपुर। रायपुर में बच्चों की दवाईयों की आड़ में पंजाब से शराब की तस्करी हो रही है. ये तस्करी एक कॉम्प्लेक्स में मौजूद एक फ्लैट से हो रही थी, जहां आबकारी विभाग ने छापा मारा है. यहां से बड़ी मात्रा आबकारी विभाग ने शराब जब्त की है, जिसकी कीमत लाखों में बताई जा रही है. यहां तस्कर पार्सल में बच्चों की दवाईयां है ऐसा लिखकर शराब की तस्करी करते थे, जिससे किसी को कोई शक नहीं होता था. यहां से आबकारी विभाग ने Red label, J&B, Jagermaster, Ballentine, Black label, Chiwas regal, Johny walker blonde समेत महंगी शराब जब्त की है. इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी नीलम किरण सिंह, आबकारी उपनिरीक्षक योगेश सोनी, जीतेश्वरी आलेन्द्र , आबकारी आरक्षक पुरुषोत्तम साकार, जागेश्वर वर्मा समेत अन्य स्टॉफ मौजूद रहे. 

  • रायपुर पुलिस का चंगोराभाठा डबल मर्डर मामले में खुलासा, 6 गिरफ्तार

    31-Dec-2024

    रायपुर। दोहरे हत्या मामले में खुलासा हो गया है। पुलिस ने बताया कि कला पुतला चौक चंगोराभाठा स्थित मैदान में चंगोराभाठा डी.डी.नगर निवासी कृष्णा यादव एवं सचिन बड़ोले बैठे थे। वहीं कुछ दूर में उसी मोहल्ले के अन्य 06 व्यक्ति आग जलाकर बैठे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ तथा 06 व्यक्ति मिलकर कृष्णा यादव एवं सचिन बड़ोले के साथ अश्लील गाली गलौच करते हुये जान से मारने की धमकी देकर कृष्णा यादव एवं सचिन बड़ोले के साथ मारपीट करते हुये पास पड़े पत्थर से मारकर गंभीर चोट पहुंचाकर हत्या कर दिये। जिस पर आरोपियों के विरूद्ध थाना डी.डी.नगर में धारा 103(2), 3(5) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।  हत्या की घटना को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह द्वारा गंभीरता से लेते हुये अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम डी.आर.पोर्ते, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राईम संदीप मित्तल, नगर पुलिस अधीक्षक पुरानी बस्ती राजेश देवांगन, उप पुलिस अधीक्षक क्राईम संजय सिंह, थाना प्रभारी डी.डी.नगर तथा प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट को आरोपियों की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने निर्देशित किया गया। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना डी.डी.नगर पुलिस की विशेष टीम द्वारा घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर आरोपियों की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा प्रकरण में त्वरित कार्यवाही करते हुये आरोपियों के छिपने के हर संभावित स्थानों में लगातार रेड कार्यवाही करते हुये प्रकरण में संलिप्त 04 आरोपियों एवं विधि के साथ संघर्षरत 02 बालक सहित कुल 06 को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी/अपचारी द्वारा त्वरित में हुये विवाद को लेकर कृष्णा यादव एवं सचिन बड़ोले की पास पड़े पत्थर से सिर पर वार कर हत्या करना स्वीकार किया गया। जिस पर सभी 06 को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पत्थर जप्त कर कार्यवाही किया गया।  गिरफ्तार आरोपी 01. खाम सिंग साहू पिता स्व. प्यारे लाल साहू उम्र 47 साल निवासी शिव नगर राम मंदिर के पीछे चंगोराभाठा थाना डी.डी.नगर रायपुर। 02. दुर्गेश साहू पिता खाम सिंग उम्र 23 साल निवासी शिव नगर चंगोराभाठा थाना डी.डी.नगर रायपुर। 03. डालेंद्र साहू पिता फेरहा राम साहू उम्र 18 साल निवासी साकेत बिहार कॉलोनी, ड्रीम इंडिया स्कूल के पास चंगोराभाठा थाना डी.डी.नगर रायपुर। 04. एवन कुमार साहू पिता थाम सिंग साहू उम्र 18 साल निवासी शिव नगर, राम मंदिर के पीछे चंगोराभाठा थाना डी.डी.नगर रायपुर। 05. विधि के साथ संघर्षरत 02 बालक।

     
  • रायपुर से सटे फार्म हाउस में छापे, विदेशी शराब जब्त

    31-Dec-2024

    रायपुर। नए साल पर होटल, होटल के बाद रिसॉर्ट और अब फार्म हाउस पार्टी का चलन हो गया है. बदलते ट्रेंड से भली-भांति वाकिफ आबकारी विभाग ने राजधानी के समीप स्थित दो फार्म हाउस और क्लब में छापामार कर बड़े पैमाने पर विदेशी शराब जब्त की. जानकारी के अनुसार, राज्य स्तरीय और रायपुर संभागीय उड़नदस्ता ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 30 दिसंबर को राजधानी के वीआईपी रोड स्थित आदित्य फार्म और आर्क विला के साथ भाटागांव स्थित महावीर फार्म में दबिश दी. आदित्य फार्म में ब्लैक लेबल, वोदका, बडवाइजर बियर मिलाकर 7.300 लीटर शराब जब्त किया. महावीर फार्म में 3.250 लीटर शराब और आर्क विला में व्हिस्की जब्त किया गया. तीनों स्थान में मिली सामग्रियों पर छग आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2) ख और 36(A) के तहत कार्रवाई की गई. 

  • तस्करों से पूछताछ के बाद पकड़ा गया नशीली टेबलेट बेचने वाला मुख्य आरोपी

    31-Dec-2024

    रायपुर। नशीली टेबलेट बेचने करने वाला आरोपी धनेश साहू उर्फ संजय गिरफ्तार हुआ है। दरअसल 29.12.24 को थाना न्यू राजेन्द्र नगर में पंजीबद्ध अपराध क्रमांक 489/24 धारा 8, 21, 27(क) एन.डी.पी.एस एक्ट के प्रकरण में में पूर्व में एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स तथा थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा प्रकरण में पूर्व में आरोपी प्रेम बघेल पिता फोटो बघेल उम्र 36 वर्ष सा0 बुढी माता मंदिर के पास दुर्गा नगर थाना न्यूज़ राजेंद्र नगर रायपुर एवं 02. किशोर हरपाल पिता पीटो वासो हरपाल उम्र 30 साल निवासी ग्राम तेरे थाना केगा जिला कांटाभांजी उड़ीसा हाल पता पाम बैलाजियों के सामने दुबे कॉलोनी मंदिर के पास थाना मावो पंडरी रायपुर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट स्पास्मों कुल 732 नग, बिक्री रकम तथा घटना में प्रयुक्त 02 नग मोबाईल फोन एवं 01 नग एक्टिवा वाहन क्रमांक सीजी/04/एल एस/5973 जुमला कीमती लगभग 1,50,000/- रूपये जप्त किया जाकर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया है।  हिरासत में लिये गये आरोपियों से प्रकरण में बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेजेस के संबंध में कड़ाई से पूछताछ में करने पर उसके द्वारा प्रतिबंधित नशीली टेबलेट धनेश कुमार साहू उर्फ संजय निवासी न्यू राजेन्द्र नगर नामक व्यक्ति को क्रय करना बताये जाने पर आरोपी धनेश कुमार साहू उर्फ संजय की पतासाजी कर गिरफ्तार कर उसके कब्जे 144 नग स्पास्मों टेबलेट जप्त कर आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही किया गया है। हिरासत में लिये आरोपियों से फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेजेस के संबंध में विस्तृत पूछताछ जारी है। गिरफ्तार आरोपी धनेश कुमार साहू उर्फ़ संजय पिता स्व0 मनहरण लाल साहू उम्र 32 वर्ष सा0 न्यू शीतल तालाब के पास न्यू पुराना थाना न्यू राजेंद्र नगर रायपुर। 

  • संथाल परगना बना चैंपियन, केरल उपविजेता और झारखण्ड फर्स्ट रनरअप रहा

    31-Dec-2024

    रायपुर। राजधानी रायपुर में चल रहीं 24वीं राष्ट्रीय वनवासी क्रीड़ा प्रतियोगिता का आज समापन हो गया। समापन समारोह के दौरान फुटबॉल के फाइनल मैच में संथाल परगना ने केरल को पेनाल्टी शूट में एक के मुकाबले चार गोलों से हराकर चैंपियन की ट्रॉफी जीती। केरल की टीम उपविजेता रहीं वहीं झारखण्ड की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। तीरंदाजी की प्रतियोगिता में पूर्वी उत्तर प्रदेश के बालक तीरंदाज और कर्नाटक की बालिकाएं छायी रहीं। इस पूरी प्रतियोगिता में फुटबॉल और तीरंदाजी के खेलों में लगभग 600 जनजातीय बालक-बालिकाओं ने हिस्सा लिया। अण्डमान, निकोबार से लेकर पूरे देश के लगभग 30 प्रांतों से जनजातीय खिलाड़ी इस प्रतिस्पर्धा में शामिल हुए। पड़ोसी देश नेपाल से भी खिलाड़ियों के एक दल ने तीरंदाजी प्रतिस्पर्धा में हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री एवं स्वागत समिति के अध्यक्ष श्री केदार कश्यप और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा ने कोटा स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया उन्होंने सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और बेहतरीन खेल दिखाने के लिए सभी का हौसला बढ़ाया। संभवतः जनजातीय खिलाड़ियों की यह विश्व की सबसे बड़ी प्रतियोगिता : अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम द्वारा आयोजित इस 24वीं राष्ट्रीय वनवासी क्रीड़ा प्रतियोगिता के समापन समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री अतुल जोग ने कहा कि यह प्रतियोगिता 1991 से अनवरत आयोजित होती आ रहीं है और यह प्रतियोगिता विशुद्ध रूप से जनजातीय खिलाड़ियों की सहभागिता वाली विश्व की सबसे बड़ी प्रतियोगिता है। श्री जोग ने यह भी बताया कि इससे पहले भोपाल में आयोजित प्रतियोगिता में केवल तीरंदाजी प्रतिस्पर्धा में ही 316 जनजातीय तीरंदाजों ने हिस्सा लिया था और गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में अपना नाम दर्ज कराया था। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल मेडल जीतने या खेल खेलने तक सीमित नहीं है बल्कि यह आयोजन खिलाड़ियों में राष्ट्रीय एकता की भावना और हम सबके एक होने के भाव को जगाने वाला है। उन्होंने खिलाड़ियों से आग्रह किया कि हमेशा कड़ी मेहनत करें, खेल से जुड़े रहें और लगातार अभ्यास करें ताकि आने वाले दिनों में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रौशन किया जा सके।  खेल की ना भाषा, ना कोई सीमा, केवल प्रतिभा ही पहचान : समापन समारोह को वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एच के नागु ने भी संबोधित किया। उन्होंने खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि खेलों की ना तो कोई भाषा है, ना ही कोई सीमा। खेल प्रतिभा ही खिलाड़ी की पहचान है। श्री नागु ने कहा शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ खेल जीवन संघर्ष के लिए भी हमें तैयार करते हैं। उन्होंने वनवासी कल्याण आश्रम द्वारा जनजातीय खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी। नागु ने सभी विजेताओं को शुभकानाएं दी।  फुटबॉल के 22 मैच, 122 गोल, 9 मैचों का परिणाम टाई ब्रेकर या पेनाल्टी शूट से : 24 वीं राष्ट्रीय वनवासी क्रीड़ा प्रतियोगिता में फुटबॉल के जनजातीय खिलाड़ियों ने अपना खूब जौहर दिखाया। पूरी प्रतियोगिता में फुटबॉल के 22 मैच कोटा स्टेडियम और यूनिवर्सिटी खेल मैदान पर खेले गये। जनजातीय खिलाड़ियों ने इन मैचों में 122 गोल दागकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खेल के प्रति खिलाड़ियों का समर्पण और उनकी कुशलता इसी से सिद्ध होती है कि पूरी प्रतियोगिता में 9 मैचों का परिणाम टाई ब्रेकर या पेनाल्टी शूट से हुआ। फुटबॉल के खिलाड़ियों ने एक से बढ़कर एक प्रतिभावों का प्रदर्शन किया। अंत में संथाल परगना ने चैंपियन्स ट्रॉफी जीती और केरल उपविजेता रहा। संथाल परगना के गोलकीपर विनय कुण्डू ने फाइनल मैच में पेनाल्टी शूट के 4 गोल बचाकर सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का मेडल प्राप्त किया वहीं संथाल परगना के ही खिलाड़ी विमल मराण्डी मेन ऑफ द टूर्नामेंट रहें। फाइनल मैच में केरल के खिलाड़ी अभिनंद को मेन ऑफ द मैच घोषित किया गया। 

  • कवासी लखमा का ED दफ्तर नहीं जाना मतलब दाल में बहुत कुछ काला है : बीजेपी

    31-Dec-2024

    रायपुर. छत्तीसगढ़ के कथित 2000 करोड़ के शराब घोटाले की आग नए सरकार के कार्यकाल का 1 साल पूरा होने पर भी नहीं बुझी है. बीते दिनों पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा के घर में ईडी की दबीश से राज्य की राजनीति में उबाल आ गया है. अब पूछताछ के लिए कांग्रेस नेता कवासी लखमा के ईडी दफ्तर नहीं पहुंचने पर भाजपा ने सोशल मीडिया पर पोस्टर जारी करते हुए प्रहार किया है. सोशल मीडिया पर भाजपा ने एक पोस्ट जारी किया है. इसमें शराब घोटाले में पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा नहीं पहुंचे पर कहा है कि भूपेश के कुशासन में हुए 2000 करोड़ रुपए के शराब घोटाले में ED के पूछताछ में बुलाए जाने पर पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा नहीं पहुंचे, उनका ED से बचना ये बताता है कि दाल में बहुत कुछ काला है. मामले में ईडी की पूछताछ में कवासी लखमा सहयोग नहीं कर रहे हैं और मलाई चाटकर खुद को अनपढ़ बता रहे हैं. 

  • प्रेमी संग न्यू ईयर मनाने निकली थी युवती, नाराज होकर चलती बाइक से कूदी

    31-Dec-2024

    खैरागढ़। नए साल के स्वागत से पहले खैरागढ़ जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक युवती पूर्व प्रेमी से विवाद के बाद चलती बाइक से कूद गई। हादसे के वक्त बाइक की रफ्तार ज्यादा होने की वजह से युवती गंभीर रूप से घायल हो गईं है। युवती अपने पुराने प्रेमी के साथ नए साल का जश्न मनाने के लिए बाहर निकली थी। यात्रा के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखा विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि युवती ने आवेश में आकर चलती हुई बाइक से छलांग लगा दी। बता दें कि बाइक से कूदने के कारण युवती के हाथ और पैर में फ्रैक्चर हो गया है, साथ ही उसके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल अवस्था में उसे तुरंत खैरागढ़ जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर खैरागढ़ पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। 

Top