बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • रायपुर में फ्लैट से शराब जब्त, आबकारी विभाग ने मारी रेड

    31-Dec-2024

    रायपुर। रायपुर में बच्चों की दवाईयों की आड़ में पंजाब से शराब की तस्करी हो रही है. ये तस्करी एक कॉम्प्लेक्स में मौजूद एक फ्लैट से हो रही थी, जहां आबकारी विभाग ने छापा मारा है. यहां से बड़ी मात्रा आबकारी विभाग ने शराब जब्त की है, जिसकी कीमत लाखों में बताई जा रही है. यहां तस्कर पार्सल में बच्चों की दवाईयां है ऐसा लिखकर शराब की तस्करी करते थे, जिससे किसी को कोई शक नहीं होता था. यहां से आबकारी विभाग ने Red label, J&B, Jagermaster, Ballentine, Black label, Chiwas regal, Johny walker blonde समेत महंगी शराब जब्त की है. इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी नीलम किरण सिंह, आबकारी उपनिरीक्षक योगेश सोनी, जीतेश्वरी आलेन्द्र , आबकारी आरक्षक पुरुषोत्तम साकार, जागेश्वर वर्मा समेत अन्य स्टॉफ मौजूद रहे. 

  • रायपुर पुलिस का चंगोराभाठा डबल मर्डर मामले में खुलासा, 6 गिरफ्तार

    31-Dec-2024

    रायपुर। दोहरे हत्या मामले में खुलासा हो गया है। पुलिस ने बताया कि कला पुतला चौक चंगोराभाठा स्थित मैदान में चंगोराभाठा डी.डी.नगर निवासी कृष्णा यादव एवं सचिन बड़ोले बैठे थे। वहीं कुछ दूर में उसी मोहल्ले के अन्य 06 व्यक्ति आग जलाकर बैठे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ तथा 06 व्यक्ति मिलकर कृष्णा यादव एवं सचिन बड़ोले के साथ अश्लील गाली गलौच करते हुये जान से मारने की धमकी देकर कृष्णा यादव एवं सचिन बड़ोले के साथ मारपीट करते हुये पास पड़े पत्थर से मारकर गंभीर चोट पहुंचाकर हत्या कर दिये। जिस पर आरोपियों के विरूद्ध थाना डी.डी.नगर में धारा 103(2), 3(5) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।  हत्या की घटना को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह द्वारा गंभीरता से लेते हुये अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम डी.आर.पोर्ते, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राईम संदीप मित्तल, नगर पुलिस अधीक्षक पुरानी बस्ती राजेश देवांगन, उप पुलिस अधीक्षक क्राईम संजय सिंह, थाना प्रभारी डी.डी.नगर तथा प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट को आरोपियों की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने निर्देशित किया गया। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना डी.डी.नगर पुलिस की विशेष टीम द्वारा घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर आरोपियों की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा प्रकरण में त्वरित कार्यवाही करते हुये आरोपियों के छिपने के हर संभावित स्थानों में लगातार रेड कार्यवाही करते हुये प्रकरण में संलिप्त 04 आरोपियों एवं विधि के साथ संघर्षरत 02 बालक सहित कुल 06 को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी/अपचारी द्वारा त्वरित में हुये विवाद को लेकर कृष्णा यादव एवं सचिन बड़ोले की पास पड़े पत्थर से सिर पर वार कर हत्या करना स्वीकार किया गया। जिस पर सभी 06 को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पत्थर जप्त कर कार्यवाही किया गया।  गिरफ्तार आरोपी 01. खाम सिंग साहू पिता स्व. प्यारे लाल साहू उम्र 47 साल निवासी शिव नगर राम मंदिर के पीछे चंगोराभाठा थाना डी.डी.नगर रायपुर। 02. दुर्गेश साहू पिता खाम सिंग उम्र 23 साल निवासी शिव नगर चंगोराभाठा थाना डी.डी.नगर रायपुर। 03. डालेंद्र साहू पिता फेरहा राम साहू उम्र 18 साल निवासी साकेत बिहार कॉलोनी, ड्रीम इंडिया स्कूल के पास चंगोराभाठा थाना डी.डी.नगर रायपुर। 04. एवन कुमार साहू पिता थाम सिंग साहू उम्र 18 साल निवासी शिव नगर, राम मंदिर के पीछे चंगोराभाठा थाना डी.डी.नगर रायपुर। 05. विधि के साथ संघर्षरत 02 बालक।

     
  • रायपुर से सटे फार्म हाउस में छापे, विदेशी शराब जब्त

    31-Dec-2024

    रायपुर। नए साल पर होटल, होटल के बाद रिसॉर्ट और अब फार्म हाउस पार्टी का चलन हो गया है. बदलते ट्रेंड से भली-भांति वाकिफ आबकारी विभाग ने राजधानी के समीप स्थित दो फार्म हाउस और क्लब में छापामार कर बड़े पैमाने पर विदेशी शराब जब्त की. जानकारी के अनुसार, राज्य स्तरीय और रायपुर संभागीय उड़नदस्ता ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 30 दिसंबर को राजधानी के वीआईपी रोड स्थित आदित्य फार्म और आर्क विला के साथ भाटागांव स्थित महावीर फार्म में दबिश दी. आदित्य फार्म में ब्लैक लेबल, वोदका, बडवाइजर बियर मिलाकर 7.300 लीटर शराब जब्त किया. महावीर फार्म में 3.250 लीटर शराब और आर्क विला में व्हिस्की जब्त किया गया. तीनों स्थान में मिली सामग्रियों पर छग आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2) ख और 36(A) के तहत कार्रवाई की गई. 

  • तस्करों से पूछताछ के बाद पकड़ा गया नशीली टेबलेट बेचने वाला मुख्य आरोपी

    31-Dec-2024

    रायपुर। नशीली टेबलेट बेचने करने वाला आरोपी धनेश साहू उर्फ संजय गिरफ्तार हुआ है। दरअसल 29.12.24 को थाना न्यू राजेन्द्र नगर में पंजीबद्ध अपराध क्रमांक 489/24 धारा 8, 21, 27(क) एन.डी.पी.एस एक्ट के प्रकरण में में पूर्व में एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स तथा थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा प्रकरण में पूर्व में आरोपी प्रेम बघेल पिता फोटो बघेल उम्र 36 वर्ष सा0 बुढी माता मंदिर के पास दुर्गा नगर थाना न्यूज़ राजेंद्र नगर रायपुर एवं 02. किशोर हरपाल पिता पीटो वासो हरपाल उम्र 30 साल निवासी ग्राम तेरे थाना केगा जिला कांटाभांजी उड़ीसा हाल पता पाम बैलाजियों के सामने दुबे कॉलोनी मंदिर के पास थाना मावो पंडरी रायपुर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट स्पास्मों कुल 732 नग, बिक्री रकम तथा घटना में प्रयुक्त 02 नग मोबाईल फोन एवं 01 नग एक्टिवा वाहन क्रमांक सीजी/04/एल एस/5973 जुमला कीमती लगभग 1,50,000/- रूपये जप्त किया जाकर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया है।  हिरासत में लिये गये आरोपियों से प्रकरण में बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेजेस के संबंध में कड़ाई से पूछताछ में करने पर उसके द्वारा प्रतिबंधित नशीली टेबलेट धनेश कुमार साहू उर्फ संजय निवासी न्यू राजेन्द्र नगर नामक व्यक्ति को क्रय करना बताये जाने पर आरोपी धनेश कुमार साहू उर्फ संजय की पतासाजी कर गिरफ्तार कर उसके कब्जे 144 नग स्पास्मों टेबलेट जप्त कर आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही किया गया है। हिरासत में लिये आरोपियों से फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेजेस के संबंध में विस्तृत पूछताछ जारी है। गिरफ्तार आरोपी धनेश कुमार साहू उर्फ़ संजय पिता स्व0 मनहरण लाल साहू उम्र 32 वर्ष सा0 न्यू शीतल तालाब के पास न्यू पुराना थाना न्यू राजेंद्र नगर रायपुर। 

  • संथाल परगना बना चैंपियन, केरल उपविजेता और झारखण्ड फर्स्ट रनरअप रहा

    31-Dec-2024

    रायपुर। राजधानी रायपुर में चल रहीं 24वीं राष्ट्रीय वनवासी क्रीड़ा प्रतियोगिता का आज समापन हो गया। समापन समारोह के दौरान फुटबॉल के फाइनल मैच में संथाल परगना ने केरल को पेनाल्टी शूट में एक के मुकाबले चार गोलों से हराकर चैंपियन की ट्रॉफी जीती। केरल की टीम उपविजेता रहीं वहीं झारखण्ड की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। तीरंदाजी की प्रतियोगिता में पूर्वी उत्तर प्रदेश के बालक तीरंदाज और कर्नाटक की बालिकाएं छायी रहीं। इस पूरी प्रतियोगिता में फुटबॉल और तीरंदाजी के खेलों में लगभग 600 जनजातीय बालक-बालिकाओं ने हिस्सा लिया। अण्डमान, निकोबार से लेकर पूरे देश के लगभग 30 प्रांतों से जनजातीय खिलाड़ी इस प्रतिस्पर्धा में शामिल हुए। पड़ोसी देश नेपाल से भी खिलाड़ियों के एक दल ने तीरंदाजी प्रतिस्पर्धा में हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री एवं स्वागत समिति के अध्यक्ष श्री केदार कश्यप और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा ने कोटा स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया उन्होंने सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और बेहतरीन खेल दिखाने के लिए सभी का हौसला बढ़ाया। संभवतः जनजातीय खिलाड़ियों की यह विश्व की सबसे बड़ी प्रतियोगिता : अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम द्वारा आयोजित इस 24वीं राष्ट्रीय वनवासी क्रीड़ा प्रतियोगिता के समापन समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री अतुल जोग ने कहा कि यह प्रतियोगिता 1991 से अनवरत आयोजित होती आ रहीं है और यह प्रतियोगिता विशुद्ध रूप से जनजातीय खिलाड़ियों की सहभागिता वाली विश्व की सबसे बड़ी प्रतियोगिता है। श्री जोग ने यह भी बताया कि इससे पहले भोपाल में आयोजित प्रतियोगिता में केवल तीरंदाजी प्रतिस्पर्धा में ही 316 जनजातीय तीरंदाजों ने हिस्सा लिया था और गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में अपना नाम दर्ज कराया था। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल मेडल जीतने या खेल खेलने तक सीमित नहीं है बल्कि यह आयोजन खिलाड़ियों में राष्ट्रीय एकता की भावना और हम सबके एक होने के भाव को जगाने वाला है। उन्होंने खिलाड़ियों से आग्रह किया कि हमेशा कड़ी मेहनत करें, खेल से जुड़े रहें और लगातार अभ्यास करें ताकि आने वाले दिनों में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रौशन किया जा सके।  खेल की ना भाषा, ना कोई सीमा, केवल प्रतिभा ही पहचान : समापन समारोह को वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एच के नागु ने भी संबोधित किया। उन्होंने खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि खेलों की ना तो कोई भाषा है, ना ही कोई सीमा। खेल प्रतिभा ही खिलाड़ी की पहचान है। श्री नागु ने कहा शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ खेल जीवन संघर्ष के लिए भी हमें तैयार करते हैं। उन्होंने वनवासी कल्याण आश्रम द्वारा जनजातीय खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी। नागु ने सभी विजेताओं को शुभकानाएं दी।  फुटबॉल के 22 मैच, 122 गोल, 9 मैचों का परिणाम टाई ब्रेकर या पेनाल्टी शूट से : 24 वीं राष्ट्रीय वनवासी क्रीड़ा प्रतियोगिता में फुटबॉल के जनजातीय खिलाड़ियों ने अपना खूब जौहर दिखाया। पूरी प्रतियोगिता में फुटबॉल के 22 मैच कोटा स्टेडियम और यूनिवर्सिटी खेल मैदान पर खेले गये। जनजातीय खिलाड़ियों ने इन मैचों में 122 गोल दागकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खेल के प्रति खिलाड़ियों का समर्पण और उनकी कुशलता इसी से सिद्ध होती है कि पूरी प्रतियोगिता में 9 मैचों का परिणाम टाई ब्रेकर या पेनाल्टी शूट से हुआ। फुटबॉल के खिलाड़ियों ने एक से बढ़कर एक प्रतिभावों का प्रदर्शन किया। अंत में संथाल परगना ने चैंपियन्स ट्रॉफी जीती और केरल उपविजेता रहा। संथाल परगना के गोलकीपर विनय कुण्डू ने फाइनल मैच में पेनाल्टी शूट के 4 गोल बचाकर सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का मेडल प्राप्त किया वहीं संथाल परगना के ही खिलाड़ी विमल मराण्डी मेन ऑफ द टूर्नामेंट रहें। फाइनल मैच में केरल के खिलाड़ी अभिनंद को मेन ऑफ द मैच घोषित किया गया। 

  • कवासी लखमा का ED दफ्तर नहीं जाना मतलब दाल में बहुत कुछ काला है : बीजेपी

    31-Dec-2024

    रायपुर. छत्तीसगढ़ के कथित 2000 करोड़ के शराब घोटाले की आग नए सरकार के कार्यकाल का 1 साल पूरा होने पर भी नहीं बुझी है. बीते दिनों पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा के घर में ईडी की दबीश से राज्य की राजनीति में उबाल आ गया है. अब पूछताछ के लिए कांग्रेस नेता कवासी लखमा के ईडी दफ्तर नहीं पहुंचने पर भाजपा ने सोशल मीडिया पर पोस्टर जारी करते हुए प्रहार किया है. सोशल मीडिया पर भाजपा ने एक पोस्ट जारी किया है. इसमें शराब घोटाले में पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा नहीं पहुंचे पर कहा है कि भूपेश के कुशासन में हुए 2000 करोड़ रुपए के शराब घोटाले में ED के पूछताछ में बुलाए जाने पर पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा नहीं पहुंचे, उनका ED से बचना ये बताता है कि दाल में बहुत कुछ काला है. मामले में ईडी की पूछताछ में कवासी लखमा सहयोग नहीं कर रहे हैं और मलाई चाटकर खुद को अनपढ़ बता रहे हैं. 

  • प्रेमी संग न्यू ईयर मनाने निकली थी युवती, नाराज होकर चलती बाइक से कूदी

    31-Dec-2024

    खैरागढ़। नए साल के स्वागत से पहले खैरागढ़ जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक युवती पूर्व प्रेमी से विवाद के बाद चलती बाइक से कूद गई। हादसे के वक्त बाइक की रफ्तार ज्यादा होने की वजह से युवती गंभीर रूप से घायल हो गईं है। युवती अपने पुराने प्रेमी के साथ नए साल का जश्न मनाने के लिए बाहर निकली थी। यात्रा के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखा विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि युवती ने आवेश में आकर चलती हुई बाइक से छलांग लगा दी। बता दें कि बाइक से कूदने के कारण युवती के हाथ और पैर में फ्रैक्चर हो गया है, साथ ही उसके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल अवस्था में उसे तुरंत खैरागढ़ जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर खैरागढ़ पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। 

  • महासमुंद में गांजा सप्लायर की मौत

    31-Dec-2024

    महासमुंद। आज दोपहर बेलसोंडा में ओवरटेक के फेर में युवक की मौके पर मौत हो गई है। घटनास्थल पर ट्रकों की लंबी कतार लगी हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे बाइक सवार युवक की सडक़ हादसे में मौत हो गई। युवक तेज रफ्तार गाड़ी चला रहा था। मृतक की बाइक से गांजा बरामद हुआ है। पुलिस को हादसे के कुछ देर बाद पता चला है कि मृतक का नाम युसूफ अली खान कोसमखुंटा है। 

  • लोगों की समस्यों का सवेंदनशीलता पूर्वक निराकरण करें – कलेक्टर लंगेह

    31-Dec-2024

    महासमुंद कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने सोमवार को समय सीमा की बैठक ली। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री एस. आलोक, अपर कलेक्टर श्री रवि कुमार साहू, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे तथा अन्य विकासखण्ड अधिकारी वीसी के माध्यम से जुडे़ थे।

     
    कलेक्टर ने कहा कि शासकीय कार्यालयों मे अपनी समस्या लेकर आने वाले नागरिकों से सवेंदनशीलता के साथ मिले और समस्याओं का समुचित निराकरण करें। उन्होंने कहा कि आम नागरिक बहुत उम्मीद के साथ कार्यालयों में आते है, ऐसे मे उनके साथ उचित व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुने और निराकरण करें। कलेक्टर ने कहा कि राजस्व प्रकरणो का निराकरण समय सीमा मे करें। आज समय सीमा कई बैठक मे कलेक्टर ने अवैध रेत उत्खनन के प्रकरण पर संलिप्त लोगों पर एफआईआर करने के निर्देश दिए है उन्होंने खनिज एवं राजस्व विभाग को नियमित रूप से कार्रवाई करने कहा है। इसी तरह अवैध शराब विक्रय और अनियमितता पाए जाने पर संलिप्त कर्मचारियों के विरूद्ध भी एफआईआर करने के निर्देश दिए।
     
     
    कलेक्टर ने धान खरीदी की समीक्षा करते हुए कहा कि धान खरीदी किसी भी शर्त में बंद न हो। उठाव की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने संग्रहित धान का उठाव तेज करने के निर्देश दिए हैं। मार्कफेड और नान के अधिकारियों ने बताया कि उठाव लगातार जारी है। उन्होंने आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि उठाव नियमित तौर से होता रहे। उन्होंने कहा कि ऐसी नौबत आने की संभावना को देखते हुए पूर्व से ही तैयार कर लेवें। खाद्य अधिकारी ने बताया कि धान खरीदी सुचारु रूप से जारी है। कलेक्टर ने मौसम के अनुरूप धान स्टेकिंग को कवर करने के निर्देश दिए। उन्होंने महतारी वंदन योजना अंतर्गत मृत हितग्राहियो के नाम विलोपन करने कहा। साथ ही कहा कि यह भी ध्यान रखे कि दूसरे व्यक्ति के नाम से राशि ना डाली जाए। जो पात्र महिला हितग्राही है उन्हें ही लाभ मिले। इसके लिए सभी परियोजना अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए है।
     
    कलेक्टर ने बैठक के दौरान बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के लिए आरक्षण की प्रक्रिया के संबंध में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संशोधित समय-सारणी घोषित कर दी गई है। जिले में जिला पंचायत सदस्य, जनपद अध्यक्ष, जनपद सदस्य, सरपंच एवं पंच पदों के लिए प्रवर्गवार आरक्षण की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जाएगी। इस संबंध में सभी जनपद सीईओ को आवश्यक तैयारी के निर्देश दिए गए हैं।
     
    कलेक्टर श्री लंगेह ने श्रम एवं उद्योग विभाग को औद्योगिक क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा कि अनियमितता पाए जाने पर कारवाई भी सुनिश्चित करें। विभिन्न आयोगों से प्राप्त पत्रों का समय सीमा में जवाब देने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जन चौपाल, जनसमस्या निवारण शिविर में प्राप्त मांग एवं शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए गए।
     
     
    बैठक के दौरान बागबाहरा के दिव्यांग हितग्राही श्री रामचंद्र कोसरे को मोटराइज्ड मोटर सायकल प्रदान किया गया। ज्ञात है कि उन्होंने अपनी समस्या को लेकर कलेक्टर को आवेदन दिया था जिस पर त्वरित निराकरण करते हुए कलेक्टर द्वारा चाबी सौंपा गया।
  • महतारी वंदन योजना : मोनिका बनी महिला सशक्तिकरण की मिसाल

    31-Dec-2024

    रायपुर, मुंगेली जिले के विकासखंड मुंगेली के ग्राम करही निवासी मोनिका राठौर महिला सशक्तिकरण की मिसाल बन गई है। मोनिका महतारी वंदन योजना का लाभ ले रही है और उस राशि का उपयोग करके अपने व्यवसाय को एक नई दिशा दे रही है और आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रही है। मोनिका ने बताया कि उनका सुहाग भंडार का दुकान है, यही उनकी आय का एकमात्र जरिया है। शासन द्वारा महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह एक हजार रूपए मिलने से उन्हें काफी मदद मिलती है। उनके दो बेटे हैं। उन्होंने महतारी वंदन योजना का लाभ उठाकर बच्चों के लिए बैंक खाता खुलवाया है, जिसमें बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखकर प्रतिमाह रूपए भी जमा करती है। उन्होंने योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय सहित शासन-प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया है।

     
    उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और स्वास्थ्य तथा पोषण स्तर में सुधार लाने के लिए महतारी वंदन योजना की शुरूआत की गई है। इस योजना के तहत प्रतिमाह 01 हजार रूपए महिलाओं के बैंक खाते में अंतरित की जाती है। योजना से महिलाओं में खुशी की लहर है। मुंगेली जिले के लगभग 02 लाख 13 हजार महिलाएं इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं। योजनांतर्गत महतारी वंदन योजना की 10 किस्त की राशि जारी हो चुकी है।
     
     
    गौरतलब है कि उक्त योजना का शुभारंभ 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। राज्य की लगभग 70 लाख हितग्राही महिलाओं को हर माह एक हजार रूपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। मार्च से लेकर दिसम्बर तक हितग्राही महिलाओं को 10 मासिक किश्तों में 6530 करोड़ 41 लाख रूपए की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।
  • राष्ट्रीय जूडो खिलाड़ी हेमबती ने मुख्यमंत्री से कहा ओलंपिक में मेडल लेकर आना मेरा सपना

    31-Dec-2024

    रायपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से राष्ट्रीय जूडो खिलाड़ी हेमबती नाग ने सौजन्य मुलाकात की। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव की बिटिया हेमबती को उनकी उपलब्धियों के लिए राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के हाथों “प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2024” से सम्मानित किया गया है।हेमबती नाग ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान उन्हें अपनी उपलब्धियों की जानकारी दी और कहा कि देश के लिए ओलंपिक में मेडल जीतकर लाना उसका सपना है। यह सुन कर मुख्यमंत्री ने हेमबती को शाबाशी दी और इस सपने को पाने के लिए लगातार मेहनत करने की समझाईश दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।मुख्यमंत्री ने हेमबती को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि उन्होंने खेलो इंडिया नेशनल गेम्स और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाते हुए अनेक पदक जीते और प्रदेश को गौरवान्वित किया।उन्होंने हेमबती नाग को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद प्रदान किया है। इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल, वन श्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन उपस्थित थे।

     

  • गणतंत्र दिवस समारोह का गरियामय होगा आयोजन

    31-Dec-2024

    रायपुर, प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस समारोह पूरे प्रदेश में गरिमापूर्वक मनाया जाएगा। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउण्ड में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह का आयोजन होगा। राज्यपाल श्री रमेन डेका इस गरियामय समारोह में प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा आज एक परिपत्र जारी कर गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजन के लिए समस्त विभाग, समस्त संभागायुक्त, समस्त कलेक्टर एवं समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को पूर्व के वर्षों की भांति इस वर्ष भी स्कूली बच्चों के कार्यक्रम तथा अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

     
    निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्य स्तरीय आयोजन में राज्यपाल द्वारा ध्वजारोहण एवं परेड की सलामी के पश्चात उनका उद्बोधन होगा। इसके अलावा समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों/संस्थानों द्वारा चलित झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा और पदक अलंकरण समारोह भी होगा। समारोह स्थल में रंगीन गुब्बारे भी उड़ाए जाएंगे। राज्य स्तर पर होने वाले परेड में सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, डीएफ, जेल पुलिस बल, होमगार्ड, एसटीएफ कमांडो, बीएसएफ, आईटीबीटी एवं अन्य सशस्त्र बल की टुकड़ियां भी शामिल होंगी।
     
     
    जिला मुख्यालयों में शासन द्वारा विनिर्दिष्ट मंत्रीगण द्वारा ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली जाएगी एवं मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि केवल जिला मुख्यालयों को छोड़कर अन्य किसी भी स्थान में परेड नहीं होगी। यहां के परेड में सेना (जहां उपलब्ध हो), पुलिस, नगर सेना, जेल प्रहरी की टुकड़ियां भाग लेंगी। समारोह में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम गरिमामय एवं रूचिपूर्ण हों।
     
    साथ ही जनपद पंचायत या तहसील स्तर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष द्वारा एवं ऐसी नगर पालिका/नगर पंचायत जिनका मुख्यालय ब्लॉक मुख्यालय पर नहीं है, उनमें नगर पालिका/नगर पंचायत के अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। पंचायत मुख्यालयों में सरपंच द्वारा एवं बड़े गांवों में, गांवों के मुखिया द्वारा ध्वजारोहण किया जाकर, सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गान गाए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
     
    प्रदेश की राजधानी रायपुर और अन्य जिला मुख्यालयों में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह प्रातः 9 बजे से प्रारंभ होगा, इसे देखते हुए रायपुर व अन्य जिला मुख्यालयों में स्थित शासकीय कार्यालयों में ध्वजारोहण कार्यक्रम प्रातः 9 बजे से पूर्व सम्पन्न कर लिया जाए, ताकि इन कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारीगण जिले के मुख्य समारोह में भाग ले सकें।
     
    विभाग और कार्यालय प्रमुख द्वारा उनके शासकीय कार्यालयों में ध्वजारोहण का कार्यक्रम आयोजित कर सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया जाएगा। शासकीय और सार्वजनिक भवनों में ध्वजारोहण किया जाएगा और 26 जनवरी की रात्रि में रोशनी की जाएगी।
  • कोरिया जिले में 120 बोरी धान जब्त

    31-Dec-2024

    रायपुर, कोरिया जिले में अवैध धान परिवहन, भंडारण और कोचियागिरी पर कड़ाई से रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा जांच-पड़ताल का अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। बीते दिनों कोरिया जिले में धान के अवैध परिवहन और कोचिया के धान को सोसायटी में खपाने के मामले में कुल 120 बोरा धान जब्त किया गया।

     
    पटना तहसीलदार श्री प्रतीक जायसवाल के नेतृत्व में टीम ने ग्राम डुमरिया स्थित अमन एग्रो राइस मिल से धान का अवैध परिवहन कर सूरजपुर ले जाते वक्त वाहन क्रमांक सीजी 15-सी.वाय. 2211 को पकड़ा जिसमें 70 बोरी धान भरा हुआ था। वाहन और चालक को थाना के सुपुर्द कर दिया गया है। इसी तरह सोनहत धान खरीदी केंद्र में कृषक जोखन से 52 बोरी धान पकड़ा गया। कृषक कोचिया श्याम लाल यादव से 50 बोरी धान और दो बोरी पुराना धान लेकर खरीदी केन्द्र में समर्थन मूल्य पर बेचने पहुंचा था।
  • भविष्य की आवश्यकताओं के अनुसार हो अधोसंरचनात्मक विकास कार्यों की रूपरेखा-वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी

    30-Dec-2024

     रायपुर, वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी ने रायगढ़ के कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों से कहा कि अधोसंरचना विकास को लेकर जो भी प्रोजेक्ट बनाए जा रहे हैं उनका प्रस्ताव भविष्य की आवश्यकताओं के अनुसार तैयार करें। सड़क, पुल पुलिया, स्वास्थ्य सुविधाएं, स्कूल कॉलेज तथा अन्य दूसरे विभागों से जुड़े के कामों की रूपरेखा आने वाले 20 सालों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए बनाए जाएं। ये प्रोजेक्ट ऐसे हों जो लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लेकर आएं। वित्त मंत्री श्री ओ पी चौधरी ने शनिवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय काम काज की गहन समीक्षा की।

     
    वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी विभागीय अधिकारियों से उनके विभाग अंतर्गत चल रहे कार्यों और आगे की कार्ययोजना के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, लोक निर्माण विभाग, सेतु, पीएमजीएसवाय, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, जल संसाधन, नगर निगम, केलो परियोजना, ग्रामीण यांत्रिकी विभागों के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों के प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्वीकृत कार्यों को प्रारंभ करने और गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ इन विभागों में आगे के प्रस्तावित कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक कार्यों का प्रस्ताव तैयार कर विभाग प्रमुखों को भेजें। जिससे इन्हें बजट में शामिल किया जा सके।
     
     
    वित्त मंत्री श्री ओ पी चौधरी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सर्वोपरि होनी चाहिए। जितने भी निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं अधिकारी इनका नियमित निरीक्षण करें। क्वालिटी मॉनिटरिंग पर सभी का फोकस होना चाहिए। समय-सीमा में काम पूरा हो इसका ध्यान रखें।
     
    बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल, सीईओ जिला पंचायत श्री जितेन्द्र यादव, डीएफओ सुश्री स्टाइलो मंडावी, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
  • सुकमा जिले के दुर्गम गांवों में स्वास्थ्य की नई रोशनी

    30-Dec-2024

     रायपुर, सुकमा जिले के सभी विकासखण्डों में विशेषकर पहुँचविहीन जनजातीय गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के लिए विशेष हेल्थ कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। इन कैम्पों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के आखिरी व्यक्ति तक स्वास्थ्य योजनाओं और सेवाओं को पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है। ये हेल्थ कैम्प कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन में लगाए जा रहे हैं।

     
    बीते दिनों स्वास्थ्य विभाग की टीम तीन नदी-नालों को पार करते हुए और पगडंडियों के सहारे दूरस्थ वनांचल ग्राम सिरकेट्टी पहुंची। वहां वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में निक्षय निरामया छत्तीसगढ़ के तहत 100 दिवसीय पहचान एवं उपचार अभियान के अंतर्गत एनटीईपी, एनवीबीडीसीपी, पिरामल फाउंडेशन और लेप्रा सोसाइटी के सहयोग से स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर के दौरान लगभग 1057 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें क्षय, मलेरिया, कुष्ठ, मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों की स्क्रीनिंग की गई। 45 क्षय रोग संदिग्ध व्यक्तियों का बलगम सैंपल लेकर जाँच के लिए जिला क्षय उन्मूलन केंद्र भेजा गया। इसके अतिरिक्त, 157 ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच के बाद निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।
     
     
    अपने गांव में ही निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पाकर ग्रामीणजन खुश हैं। बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने और अपने परिवार के सदस्यों की जांच कराने शिविर में पहुंचे। शिविर में उन्हें मौसमी बीमारियों से बचाव, साफ-सफाई बनाए रखने और मच्छरदानी का उपयोग करने की सलाह दी गई। इस शिविर में स्वास्थ्य विभाग के श्री मुकेश रॉय, कु. मालती नेताम, श्री श्यामलाल ध्रुव पिरामल फाउंडेशन से जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजेश सोलंकी और लेप्रा सोसाइटी से जिला कार्यक्रम समन्वयक श्री अमित कुण्डू का सहयोग सराहनीय रहा।
  • उद्योग मंत्री की पहल पर तीन वार्डों के विकास के लिए एक करोड़ की मिली स्वीकृति

    30-Dec-2024

    रायपुर, उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के प्रयासों से कोरबा शहर के तीन वार्ड क्रमांक 30, 53 और 16 के कुल आठ विकास कार्यों के लिए कुल एक करोड़ की स्वीकृति मिली है।

     
    कोरबा शहर के विकास कार्यों के लिए वाणिज्य उद्योग और श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन द्वारा बीते एक साल में 300 करोड़ की स्वीकृति दिलाई जा चुकी है। यही वजह है कि शहर के विकास कार्यों में तेज़ी आई है। लगातार भूमिपूजन कर कार्यों की आधारशिला रखी जा रही है। मंत्री श्री देवांगन ने वार्ड क्रमांक 30 मानिकपुर और वार्ड क्रमांक 53 के विभिन्न स्थानों पर सड़क और नाली निर्माण के लिए मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के अंतर्गत प्रस्ताव भेजा था। शनिवार को इसकी स्वीकृति आदेश भी जारी हो गई।
     
    हर मद के कार्य हो रहे प्रारंभ
     
    मंत्री श्री देवांगन के प्रयासों से सभी मद से विकास कार्य प्रारंभ हो चुके हैं। अधोसंरचना मद से कुल 77 कार्य, 14 वित से 27 कार्य, जिला खनिज न्यास से 153 कार्य, मुख्यमंत्री अधोसंरचना मद से 7, प्रभारी मंत्री मद से 15, विधायक मद से 25, सीएसआर से 9 कार्य प्रारम्भ हो चुके हैं। इसके अलावा आरईएस के माध्यम से भी कार्य शुरू हो चुके हैं।
     
    इन कार्यों को मिली स्वीकृति
     
    वार्ड क्रमांक 30 मीना लहरे गली में सीसी रोड एवम् नाली निर्माण लागत 26 लाख, सुरेश चौरसिया घर से मंदिर के पीछे गली में सीसी रोड, नाली निर्माण, लागत 18 .70 लाख, सत्यम शुक्ला घर के आगे आर सीसी रोड एवम् नाली निर्माण 10. 30 लाख। वार्ड क्रमांक 53 श्रम नगर डॉ कश्यप घर से भूषण मेहर घर तक आरसीसी रोड एवम् नाली निर्माण लागत 11.50 लाख, योगेश बरेठ से रमेश नवरंग घर तक आरसीसी रोड एवम् नाली निर्माण 11.80 लाख , तारंग घर से प्रभु सतनामी घर तक 9. 50 लाख, पप्पू घर से प्रजापति घर तक आरसीसी रोड एवं नाली निर्माण लागत 7. 20 लाख, वार्ड क्रमांक 16 में मंच निर्माण 5 लाख की लागत की स्वीकृति मिली है।
  • उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सड़क एवं सेतु कार्य की नवीन दर अनुसूची का किया विमोचन

    30-Dec-2024

     रायपुर,उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने सड़क एवं सेतु कार्य की नवीन दर अनुसूची (SOR) का विमोचन किया। राज्य शासन के लोक निर्माण विभाग द्वारा 2015 से प्रचलित पुराने एसओआर को अद्यतन किया गया है। नए एसओआर में नई मशीनरी और निर्माण की नई तकनीकों को भी शामिल किया गया है। इनसे गुणवत्तापूर्ण कार्यों के साथ ही ठेकेदारों का वित्तीय जोखिम कम होगा। राज्य में 1 जनवरी 2025 से नया एसओआर लागू होगा। सड़कों के प्रभावी संधारण के लिए छत्तीसगढ़ में भी पी.बी.एम.सी./ओ.पी.आर.एम.सी. (Peformance Based Maintenance Contract/Output and Performance Based Maintenance Contract) लागू किया जाएगा। इसके लिए विभाग द्वारा जल्दी ही पायलेट प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा।

     
    उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने नए एसओआर के विमोचन के मौके पर आयोजित प्रेस-कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उन्हें समय-सीमा में पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। नए एसओआर के लागू होने के बाद इनमें और आसानी होगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रचलित एसओआर 1 जनवरी 2015 से लागू है। उस समय इसमें 2014 में प्रचलित श्रमिकों की दर, सामग्री की दर एवं मशीनरी की दर शामिल की गई थी, जिनमें अब दस वर्षों के बाद बहुत अधिक परिवर्तन आ चुका है। नवीन दर अनुसूची वर्तमान में प्रचलित श्रमिकों की दर, सामग्रियों की दर एवं मशीनरी की दर के आधार पर तैयार किया गया है।
     
     
    उप मुख्यमंत्री श्री साव ने बताया कि वर्ष-2015 में जारी की गई दर अनुसूची उस समय प्रचलित सभी टैक्सेस (Taxes) को समावेशित करते हुये तैयार की गई थी। नए एसओआर में देश में 1 जुलाई 2017 से लागू जी.एस.टी. को समाहित किया गया है। ठेकेदार अपनी निविदा दर जी.एस.टी. सहित देंगे जिससे ठेकेदार को पृथक से जी.एस.टी. का भुगतान नहीं करना होगा, परन्तु कार्य की लागत में जी.एस. टी. का प्रभाव सम्मिलित रहेगा। दरों को जी.एस.टी. के प्रभाव के बिना रखे जाने से समय-समय पर जी.एस.टी. की दरों में होने वाले परिवर्तन के कारण ठेकेदार को कार्य करने में जोखिम नहीं रहता है। जी.एस.टी. का प्रभाव सम्मिलित प्रचलित जी.एस.टी. की दरों को प्राक्कलन में जोड़ा जाएगा। ऐसा करने से ठेकेदारों पर वित्तीय जोखिम नहीं आएगा।
     
    श्री साव ने प्रेस-कॉन्फ्रेंस में बताया कि विगत 10 वर्षों में कई नवीन तकनीक (New technology), नए मटेरियल एवं आई.आर.सी. द्वारा विभिन्न कार्यों की कार्यविधि में परिवर्तन किया गया है। इन नवीन तकनीकों और मटेरियल्स के उपयोग का प्रावधान भी नवीन एस.ओ.आर. में किया गया है। इनमें सीमेंट एवं केमिकल से स्वाइल स्टेबलाईजेशन, पेव्हमेंट व्हाइट टॉपिंग, रोड साइनेज में एल्युमिनियम कम्पोजिट मटेरियल शीटिंग का उपयोग, प्रीकास्ट आर.सी.सी. ड्रेन, प्रीकास्ट बाक्स कल्वर्ट, फाउंडेशन कार्य में आर.सी.सी. के उच्च ग्रेड एम-40, एम-45, एम-50 का उपयोग, सब-स्ट्रक्चर कार्य में प्री-स्ट्रेसिंग, बम्बू क्रैश बैरियर और नॉइज बैरियर जैसी नई चीजें शामिल हैं।
  • हाथी दांत, तेंदुआ और भालू की खाल तस्करी में पांच आरोपी गिरफ्तार

    30-Dec-2024

     रायपुर,वन्यजीव तस्करों के खिलाफ बलरामपुर जिले में वन विभाग के टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। वन विभाग की टीम ने हाथी दांत और तेंदुआ-भालू की खाल की तस्करी में संलिप्त पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। राज्य में वन्य अपराधों की रोकथाम तथा इसमें संलिप्त लोगों की धरपकड़ एवं उनके विरूद्ध कड़ी कार्रवाई के लिए वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देशन तथा प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख श्री वी. श्रीनिवास राव के मार्गदर्शन में लगातार अभियान संचालित किया जा रहा है।

     
    वन विभाग के अमले को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर 27 और 28 दिसंबर को छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और झारखंड की सीमावर्ती वाड्रफनगर और रामानुजगंज वन परिक्षेत्रों में राज्य स्तरीय उड़नदस्ता प्रभारी श्री संदीप सिंह, वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो (मध्य क्षेत्र) भोपाल और बलरामपुर वनमंडल की टीम ने संयुक्त रूप से सफलतापूर्वक यह कार्रवाई की।
     
     
    प्राप्त जानकारी के अनुसार वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र में तीन आरोपी लक्ष्मण पिता देवप्रसाद, मोहन पिता प्रेमलाल और दिलदार पिता गुरुदेव को हाथी दांत की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से दो हाथी दांत, तीन मोबाइल फोन और एक स्कूटी बरामद की गई। इस मामले में वन परिक्षेत्र अधिकारी वाड्रफनगर ने जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी तरह रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में अनिल कुमार पिता भगवानदास शर्मा और रामबचन पिता शिवराम के पास से तेंदुआ की दो खाल, भालू की एक खाल, दो मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की गई।
     
    सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख श्री वी. श्रीनिवास राव ने जनता से अपील की है कि वे वन्य अपराध एवं तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि अपराध करने वाले के विरूद्ध तत्परता से प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
  • बीजेपी में सभी जिला अध्यक्ष नए होंगे, रिपीट नहीं, पार्टी ने लिया निर्णय

    29-Dec-2024

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर संगठन की गतिविधियां अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इस सिलसिले में आज दिल्ली में भाजपा छत्तीसगढ़ के नेताओं और राष्ट्रीय नेतृत्व के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाध्यक्षों के चयन के लिए तैयार किए गए पैनल पर गहन चर्चा की गई। ऐसा माना जा रहा है कि सभी जिलों के अध्यक्षों के नाम तय कर लिए गए हैं। दिल्ली में आयोजित इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन और केंद्रीय संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए। चर्चा का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ में जिलाध्यक्षों के नामों को अंतिम रूप देना था। बैठक में छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी नितिन नबीन, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और प्रदेश संगठन चुनाव प्रभारी खूबचंद पारख मौजूद रहे। बैठक के दौरान जिलाध्यक्षों के चयन के लिए बनाए गए पैनल पर विस्तार से मंथन किया गया। सूत्रों के अनुसार, संगठन चुनाव के नए नियम और शर्तों को ध्यान में रखते हुए, इस बार अधिकतर जिलों में नए चेहरों को मौका दिया जाएगा। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि यह बदलाव संगठन को और मजबूत करेगा। 

  • नववर्ष कार्यक्रम के लिए सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर बैठक आयोजित

    29-Dec-2024

    रायगढ़। आज दिनांक 29 दिसंबर 2024 को एडिशनल एसपी आकाश मरकाम एवं थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल द्वारा नववर्ष की पूर्व संध्या पर कार्यक्रम आयोजित करने वाले होटल संचालकों के साथ कोतवाली में बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य नववर्ष के आयोजनों के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुनिश्चित करना था। एडिशनल एसपी ने होटल संचालकों को दिशा-निर्देश जारी किए वे कार्यक्रम के लिए प्रशासन से पूर्व अनुमति लें। कार्यक्रम स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।  कार्यक्रम स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी सुचारू कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वाद्ययंत्रों और ध्वनि उपकरणों के उपयोग में प्रशासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइन का पालन करना अनिवार्य है। यातायात बाधित न हो, इसके लिए विशेष ध्यान दिया जाए। मार्ग पर किसी प्रकार की खाड़ी या अवरोध न खड़े किए जाएं। सभी कार्यक्रम निर्धारित समय सीमा के भीतर समाप्त किए जाएं। इस बैठक में उपस्थित होटल संचालकों ने इन निर्देशों का पालन करने और प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। 

Top