रायपुर :- राजधानी में 6 साल की मासूम को कुत्तों ने नोंच लिया है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें मासूम अपने घर से निकलकर पड़ोस के घर पर खेलने जा रहा था। तभी सड़क पर खड़े कुत्तों के एक झुंड ने उस पर हमला कर दिया।
भिलाई :- दुर्ग शहर से सटे शिवनाथ नदी पुल से कूदकर रविवार रात को एक और शख्स ने आत्महत्या कर ली. SDRF की टीम ने सोमवार को उसकी लाश नदी से बाहर निकाली. मामले की पड़ताल में जुटी पुलिस को मृतक की कार से सुसाइड नोट मिला, जिसमें लिखा था कि हल्दीराम के साहब और SS फूड प्राइवेट लिमिटेड के मालिक के कारण आज मैं ये काम करने जा रहा हूं, क्योंकि दोनों ने मेरा हिसाब नहीं बनाया.
पिथौरा :- महासमुंद पुलिस ने लगातार ओडिशा से आ रहे गांजा के बाद अब अफीम पोस्ट डोडा की जब्ती की है. एक-दो नहीं बल्कि ट्रक में मुर्रा के बोरा के नीचे प्लास्टिक की 140 बोरियों में डोडा भरकर रखा गया था. जब्त माल की कीमत 22 लाख 40 हजार रुपए आंकी गई है.
रायपुर। आनंद विहार कॉलोनी मोवा में सुहागिनों ने चांद देखने के बाद पति का दीदार कर निर्जला व्रत तोड़ा लंबी उम्र की कामना की करवाचौथ पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला, जहां नव विवाहिताओं ने विशेष तैयारी की। सुबह से ही महिलाएं पूजा-पाठ की सामग्री तैयार करने में जुट गईं और पूरे दिन निर्जला व्रत रखकर देर शाम सोलह श्रृंगार कर अपने चांद का दीदार किया। चांद के निकलते ही उन्होंने पति के हाथों से पानी पीकर अपना व्रत तोड़ा इस तरह से यह परंपरा अब सिर्फ महिलाओं तक सीमित नहीं रही, बल्कि अब पुरुष भी बढ़-चढक़र इसमें हिस्सा लेने लगे हैं। इस अवसर पर शहर में जमकर आतिशबाजी भी हुई, जिससे वातावरण में उत्साह का माहौल बना रहा।
बैकुण्ठपुर- देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आजादी के पचहत्तर वर्ष पूरे होने पर पूरे देश में आजादी के अमृत महोत्सव की गतिविधियों को प्रारंभ किया था। इसके तहत प्रत्येक विकासखण्ड में महात्मा गांधी नरेगा योजनांतर्गत प्रथम चरण में 25 अमृत सरोवरों का निर्माण भी शामिल किया गया था। जिसके तहत कोरिया जिले के सोनहत जनपद पंचायत में भी एक एकड़ से ज्यादा क्षमता के तालाबों का गहरीकरण,उन्नयन करते हुए उन तालाबों को अमृत सरोवर के तौर पर एक व्यवस्थित जल संसाधन तैयार किया गया। अब इन अमृत सरोवरों का पूरा लाभ स्थानीय ग्रामीणों और आस पास के किसानों को मिल रहा है। इसी तरह का सोनहत वनांचल के ग्राम पंचायत अमृतपुर के गोंड़पारा में पूर्व से बने सेमरिया तालाब को भी अमृत सरोवर मिशन के अंतर्गत चयनित करते हुए तालाब का गहरीकरण व उन्नयन कार्य किया गया। जिससे अब यह आस पास के किसान परिवारों के लिए बहुपयोगी जल संसाधन साबित हो रहा है। इस अमृत सरोवर से स्थानीय जन निस्तार हेतु पानी प्राप्त कर रहे हैं साथ ही कई वनवासी परिवार इससे अपनी खेती सींचकर अच्छी फसल भी ले रहे हैं।
बिलासपुर। न्यायधानी के रतनपुर में एक हादसे में अनियंत्रित ट्रक बिजली के ट्रांसफार्मर से टकरा गया, इसके बाद उसने पास ही बस का इंतज़ार कर रही महिला को भी चपेट में ले लिया। इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक को ज़ब्त कर कार्रवाई कर रही है।
रायपुर। रायपुर दक्षिण के लिए कांग्रेस प्रत्याशी की घोषणा आज शाम तक होगी. इस बात की जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पूरी दमदारी के साथ चुनाव लड़ने की बात कही.
बिलासपुर। सुबह की पाली में देर से और शाम को अनुपस्थित रहने वाले जिला अस्पताल व मातृ शिशु अस्पताल के 47 डॉक्टरों को नोटिस थमाया गया है. जिला अस्पताल के सिविल सर्जन की ओर से जारी नोटिस में 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है. सिविल सर्जन के इस आदेश के बाद डॉक्टर विरोध पर उतर आए हैं. जिला अस्पताल में सिविल सर्जन डॉ. अनिल गुप्ता और डॉक्टरों के बीच लंबे समय से खींचतान चल रही है. एक-दूसरे के खिलाफ दोनों पक्षों की ओर से कलेक्टर से भी लगातार शिकायतें की जा रही हैं. सिविल सर्जन कई बार बोल चुके हैं कि अस्पताल की व्यवस्था में सुधार लाने के लिए कड़ाई बरती जा रही है. ऐसे में सिविल सर्जन डॉ अनिल गुप्ता ने जुलाई, अगस्त, सितम्बर के बायोमैट्रिक्स अटेंडेंस का रिकार्ड को चेक करने के बाद काम में देरी से पहुंचने और काम से अनुपस्थित रहने वाले डॉक्टरों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है. इधर डॉक्टरों का आरोप है कि ओवर ड्यूटी करने, सरकारी छुट्टी के दिन को भी अनुपस्थित बताया जा रहा है.
रायपुर। आज नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त अबिनाश मिश्रा ने राजधानी शहर रायपुर के विभिन्न प्रमुख मार्गो का निरीक्षण निगम अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय , मुख्य अभियंता यू. के. धलेन्द्र, , अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, जोन कमिश्नर विवेकानंद दुबे, संतोष पाण्डेय, ए. के. हालदार, कार्यपालन अभियंता अंशुल शर्मा, पद्माकर श्रीवास, सम्बंधित निगम अधिकारियों की उपस्थिति में किया एवं नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गो में जारी मार्ग सौंदर्यीकरण कार्यों एवं सफाई व्यवस्था का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया. आयुक्त अबिनाश मिश्रा ने एसआरपी चौक शंकर नगर, शंकर नगर मार्ग, अशोका टावर चौक, महाप्रभु श्री जगन्नाथ मन्दिर प्रांगण, खम्हारडीह चौक, शंकर नगर मार्ग, रायपुरा चौक, जीई मार्ग, साइंस कॉलेज के बाजू से डीडी नगर गोल चौक रोहिणीपुरम जाने वाले बाईपास मार्ग, एम्स अस्पताल के सामने मुख्य मार्ग से टाटीबंध चौक तक मुख्य मार्ग का निरीक्षण किया. आयुक्त ने सम्बंधित अधिकारियों को डीडी नगर गोल चौक जाने वाले बाईपास मार्ग को सुगम एवं सुव्यवस्थित बनाने का कार्य प्राथमिकता से तेज गति के साथ करवाने के निर्देश दिए. आयुक्त ने जीई मार्ग में साइंस कॉलेज के बाजू में पण्डित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम के पास मार्ग मार्ग में मार्ग के दोनों ओर करवाये जा रहे सुंदर आर्ट वर्क का निरीक्षण किया.आयुक्त ने टाटीबंध जीई मार्ग में एम्स अस्पताल के सामने मार्ग विभाजक की पेंटिंग और रंगरौगन के कार्य की तेज प्रगति का प्रत्यक्ष अवलोकन किया. आयुक्त श्री अबिनाश मिश्रा ने जीई मार्ग में साइंस कॉलेज के समीप पण्डित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, एनआईटी परिसर, एम्स अस्पताल परिसर टाटीबंध का निरीक्षण किया. रायपुर उत्तर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा ने रायपुर नगर निगम आयुक्त श्री अबिनाश मिश्रा सहित अधिकारियों की उपस्थिति में खम्हारडीह चौक का निरीक्षण कर मार्ग सौंदर्यीकरण के सम्बन्ध में आवश्यक निर्देश दिए. रायपुर उत्तर विधायक और आयुक्त ने गायत्री नगर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था एवं मार्ग सौंदर्यीकरण का निरीक्षण किया.. रायपुर उत्तर विधायक एवं निगम आयुक्त ने महाप्रभु श्री जगन्नाथ के सुप्रसिद्ध मन्दिर के प्रांगण का अधिकारियों सहित निरीक्षण कर साफ - सफाई, नगर सौंदर्यीकरण के सम्बन्ध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए..आयुक्त ने नगर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और विभिन्न प्रमुख मार्गो में उद्योग समूह, व्यवसायिक संस्थान के सहयोग से करवाए जा रहे विभिन्न मार्गो, चौराहों के सौंदर्यीकरण कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैँ.
रायपुर। रायपुर के मोमिनपारा इलाके में देर रात दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई है। घर के सामने चौक में बैठकर हंसी मजाक करने की बात पर एक पक्ष में दूसरे को टोका तो दूसरे पक्ष में उस पर चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान पहले पक्ष के लोग भी भिड़ गए। चाकूबाजी की सूचना मिलते ही आजाद चौक CSP और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। फिलहाल इस मामले में दोनों पक्षों ने शिकायत दर्ज करवाई है। पहली शिकायत तुषार पंडित की ओर से की गई है। उसने पुलिस को बताया कि वह रविवार रात साढ़े 10 बजे के करीब एचएमटी चौक स्थित अपने घर पहुंचा। जहां पर फरहान रजा, सल्लू उर्फ सलमान, अदनान रजा और मोहम्मद हुसैन बैठे हुए थे। तुषार ने घर के सामने चौक पर बैठने से मना किया तो उन्होंने गाली गलौज शुरू कर दी। तभी बात बिगड़ गई। तभी सल्लू और फरहान ने अपने पास रखें चाकू से तुषार की जांघ पर वार कर दिया। इस मारपीट की आवाज सुनकर तुषार के पिता सुनील पंडित बीचबचाव करने पहुंचे। तो वहां पर मौजूद मोहम्मद हुसैन ने उनके मुंह पर मुक्का मारकर दांत तोड़ दिया। इस मारपीट के बाद परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई। सूचना है कि पुलिस ने इस मामले में कुछ आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
रायपुर। चौथी वाहिनी छग सशस्त्र बल परिसर में सोमवार को पुलिस स्मृति दिवस का आयोजन किया गया. राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के अलावा तमाम वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने शहीद 11 पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की. यह अवसर शहीद पुलिस कर्मियों के परिजनों के साथ-साथ कार्यक्रम में मौजूद लोगों के लिए एक भावुक क्षण था.
दुर्ग. जिले के ढौर गांव में CM मेडिकल कालेज रोड पर आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. मृतकों में एक महिला, एक बच्चा, एक पुरुष शामिल हैं. सूचना पर पहुंची जामुल थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है. वहीं एक 2 साल की बच्ची भी इस घटना में बुरी तरह घायल हो गई जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है. इस हादसे के बाद आस पास लोगों की भारी भीड़ इकट्ठी हो गई है.
रायपुर। मौसम विभाग की माने तो प्रदेश से मानसून की विदाई हो चुकी है लेकिन आज एक बार फिर से मौसम ने अचानक मिजाज बदल दिया है। राजधानी रायपुर के आसपास कुछ इलाकों में झमाझम बारिश देखी गई। वहीं गरियाबंद जिले में भी कुछ जगहों पर तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई, इस बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम बदल रहा है। मानसून की विदाई के बाद बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। वहीं बारिश की स्थिति बनी हुई है। आने वाले तीन दिनों में प्रदेश के तीन संभागों के जिलों में हल्की माध्यम बारिश होने के आसार हैं। बीते दिनों बारिश थमने से अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही थी। उमस और गर्मी से लोग परेशान थे।
मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है. इसमें 99 कैंडिडेट्स के नाम का ऐलान किया गया है. बता दें कि महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर एक फेज यानी 20 नवंबर को मतदान होगा, जबकि नतीजे 23 नवंबर को आएंगे. महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ रहा है, इसमें बीजेपी, शिवसेना (शिंदे गुट) और एनसीपी (अजित गुट) शामिल हैं. सीट शेयरिंग को लेकर पिछले दिनों हुईं लंबी बैठकों के बाद आज बीजेपी ने अपनी पहली लिस्ट जारी की.
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज उनके निवास कार्यालय में 6 वर्षीय भव्या और 3 वर्षीय भविषा कोटडिया अपने माता-पिता के साथ मुलाकात की। भाव्या को अविष्कारकों के नाम और 3 वर्षीय भविषा को 100 देश की राजधानियों के नाम कंठस्थ है। भव्या के नाम आविष्कारों के नाम सुनकर उनके अविष्कारकों का नाम सबसे तेजी से बताने का वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ़ एक्सीलेंस दर्ज है, भव्य ने 1 मिनट 35 सेकंड में 50 अविष्कारकों के नाम बताकर यह उपलब्धि हासिल की है। इसी तरह भविषा के नाम 2 मिनट 21 सेकंड में 100 देश की राजधानियों के नाम बताने का रिकॉर्ड वर्ल्डवाइड बुक ऑफ़ रिकार्ड्स में दर्ज है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इन नन्ही बेटियों की इतनी छोटी उम्र में मिली इस बड़ी उपलब्धि के लिए उनकी भूरी-भूरी प्रशंसा की और उनके उज्जवल भविष्य के लिए आशीर्वाद प्रदान किया। इन बच्चियों के पिता गौरव कोटडिया ने मुख्यमंत्री श्री साय को अपनी बेटियों की उपलब्धियां की जानकारी देते हुए उनके प्रमाण पत्र और मेडल दिखाएं। इस अवसर पर बच्चियों की माता श्रीमती नमिता कोटडिया भी उपस्थित थीं।
भोपाल: मध्य प्रदेश के विंध्य क्षेत्र को रविवार 20 अक्टूबर को बड़ी सौगात मिलने वाली है। इस क्षेत्र के रीवा जिले में बने प्रदेश के छठे हवाई अड्डे का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकार्पण करने वाले है। मिली जानकारी के अनुसार रीवा के एयरपोर्ट का प्रधानमंत्री मोदी रविवार को बनारस से वर्चुअली लोकार्पण करेंगे, मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव इस मौके पर रीवा में मौजूद रहेंगे। रीवा एयरपोर्ट शुरू होने से न सिर्फ विंध्य क्षेत्र की कनेक्टिविटी अन्य शहरों के साथ बेहतर होगी, बल्कि आर्थिक विस्तार और विकास के द्वार भी खुलेंगे। शुरुआत में रीवा से भोपाल के बीच 72 सीटर हवाई जहाज का संचालन किया जाएगा। विंध्य का इकलौता एयरपोर्ट होने के चलते यात्री उड़ानों के साथ-साथ माल वाहक उड़ानों का भी परिचालन जल्द यहां से शुरू किया जाएगा। जिससे क्षेत्र में रोजगार, व्यापार और पर्यटन का विस्तार होगा। रीवा एयरपोर्ट का निर्माण मात्र डेढ़ साल में हुआ है। 15 फरवरी 2023 को इसका शिलान्यास हुआ था, और अब यह एयरपोर्ट बन कर तैयार हो चुका है। राज्य में वर्तमान में भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, खजुराहो और जबलपुर में हवाई अड्डे हैं। राज्य का छठा हवाई अड्डा विंध्य क्षेत्र के रीवा में शुरू होने जा रहा है। ज्ञात हो कि रीवा में 23 अक्टूबर को रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है। रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने कहा है कि विंध्य में प्राकृतिक संसाधन भरपूर हैं। उद्योगों की स्थापना के लिए यहां पूरे अवसर हैं। इन अवसरों को अमलीजामा पहनाने का समय आ गया है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की विशेष पहल पर 23 अक्टूबर को रीवा में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है। अब विंध्य क्षेत्र में औद्योगिक निवेश के लिए सकारात्मक वातावरण का निर्माण हो रहा है। मुख्यमंत्री 20 अक्टूबर को एयरपोर्ट के लोकार्पण समारोह स्थल पर भी संभाग के उद्योगपतियों से क्षेत्र के औद्योगिक विकास के संबंध में संवाद करेंगे। राज्य में रीवा से पहले उज्जैन, जबलपुर और सागर में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव हो चुकी है। यह आयोजन सफल रहे हैं और बड़े पैमाने पर निवेश के प्रस्ताव भी आए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि रीवा की रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव भी सफल रहेगी।
रायगढ़। कलेक्टर कार्तिकेया गोयल के निर्देशन एवं सीईओ जिला पंचायत जितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में जिले में शिक्षा में कसावट लाने के लिये स्कूलों का नियमित निरीक्षण करने एवं राज्य शासन के द्वारा शालाओं में त्रैमासिक परीक्षा के बाद पीटीएम आयोजित करने के निर्देश दिये गये थे। उक्त निर्देश के परिपालन में आज हायर सेकेंडरी स्कूल सराईपाली में पीटीएम कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें जिला शिक्षा अधिकारी राव एवं बड़ी संख्या में पालकगण शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पालकों को अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने, बच्चों के गृह कार्य के बारे में पूछने, नियमित रूप से बैठक में आने, समय-समय पर बच्चों के शैक्षिक विकास में सलाह देने का आग्रह किया। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा हायर सेकेंडरी स्कूल में निरीक्षण के दौरान वहां की शैक्षणिक स्तर पर संतोष जाहिर करते हुये स्टॉफ को और बेहतर परिणाम देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों में कमजोर विद्यार्थियों का चिन्हांकन कर उनके लिये अंतिम कालखण्ड में अतिरिक्त कक्षायें संचालित करने एवं उनको नियमित रूप से शाला में लाने के निर्देश दिये। साथ ही कक्षा 8 वीं के छात्रों को राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य परीक्षा, कक्षा 10 वी के अध्ययनरत सभी छात्रों को एनटीएससी परीक्षा, कक्षा 05 वी में अध्ययनरत सभी छात्रों को नवोदय परीक्षा भराकर परीक्षा में शामिल करने के निर्देश दिये। हायर सेकेंडरी स्कूल गेरवानी के निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों की अनुपस्थिति पर डीईओ ने नाराजगी जतायी। जिस पर संबंधित प्राचार्य ने बताया कि स्कूल में पीटीएम कार्यक्रम के कारण बच्चों को नहीं बुलाया गया था। इस संबंध में डीईओ द्वारा प्राचार्य को शो कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। हायर सेकेंडरी उर्दना के निरीक्षण के दौरान कम उपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए, स्थिति सुधारने एवं उपस्थिति शत-प्रतिशत कर रिपोर्ट करने को कहा। डीईओ ने सभी स्कूलों में परीक्षा परिणाम में सुधार कर न्यूनतम 80 प्रतिशत परीक्षा परिणाम लाने एवं लक्ष्य बनाकर अधिकतम छात्रों को मेरिट सूची में लाने का निर्देश दिये गए। डीईओ डॉ.राव ने जिला मिशन समन्वयक नरेन्द्र चौधरी एवं भुवनेश्वर पटेल, सहायक जिला परियोजना समन्वयक के साथ रायगढ़ और तमनार विकासखण्ड के हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों का औचक निरीक्षण किया।
दुर्ग। इंडस्ट्रियल एरिया भिलाई में ऑक्सीजन सिलेंडर की चोरी के मामले का खुलासा हुआ है. इस चोरी को अंजाम देने वाले कोई और नहीं बल्कि फैक्ट्री में काम करने वाले ड्राइवर ही निकले. ड्राइवरों को फैक्ट्री से ऑक्सीजन सिलेंडर को लाने-ले जाने की जिम्मेदारी मिली थी, इसी दौरान वे 100 से ज्यादा ऑक्सीजन सिलेंडर चोरी कर कबाड़ी के हाथों बेच लाखों रुपये कमाए. इस मामले में पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह मामला जामुल थाना क्षेत्र का है। भिलाई के अतुल ऑक्सीजन प्लांट में तीन महीने से चल रहे चोरी के इस धंधे पर आखिरकर जामुल पुलिस ने विराम लगा दिया है। पुलिस ने ऑक्सीजन सिलेंडर बेचने वाले ड्राइवरों के चोर गिरोह के जिन 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है उनमें से 9 फैक्ट्री में ड्राइवर का काम करते थे और एक बाहरी चोर था. ये सभी गैंग बनाकर चोरी कर सिलेंडर बेचते थे। पुलिस ने बताया कि तीन महीने से चोरी का यह खेल चल रहा था. इसी बीच अतुल ऑक्सीजन फैक्ट्री मालिक को शक हुआ तो उन्होंने तीन दिन पहले जामुल थाना आकर 17 सिलेंडर गायब होने की रिपोर्ट दर्ज कराई. जिसके बाद पुलिस जांच में जुटी और इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश हुआ। एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि 10 हजार की कीमत के 103 सिलेंडर को वे 2000-2000 रुपए में बेचते थे और 2 लाख 6 हजार रुपये कमाए।
रायपुर। कमल विहार में हुए लाखों रूपये नगदी रकम की लूट का खुलासा हो गया है। मनोज कुमार धु्रव ने थाना मुजगहन में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह शाश्वत नगर बोरियाखुर्द रायपुर में रहता है तथा सेक्टर 15 कमल विहार रायपुर में सांई फ्यूल्स एवं इस्कान इंडिया प्रायवेट लिमिटेड कंपनी में सुपरवाईजर के पद पर कार्य करता है। प्रार्थी रीयल स्टेट कंपनी का पैसा लगभग 15,00,000 से 20,00,000 रूपये तक रहा होगा को अपने पास घर में रखा था जिसे आज दिनांक 17.10.2024 को ऑफिस के सी.ए. अनुज अग्रवाल ने मंगाने पर बैग में भरकर घर से ऑफिस सेक्टर 15 कमल विहार रायपुर से अपनी मोटर सायकल क्रमांक सी जी/04/एम डब्ल्यू/9735 से जा रहा था, सुबह करीबन 10.15 बजे केपीएस स्कूल और कमल विहार मेन गेट के पास पहुंचा था कि पीछे से एक मोटर सायकल में सवार दो व्यक्ति प्रार्थी के पास आकर प्रार्थी से पैसे से भरे बैग जिसमें प्रार्थी का मोबाईल फोन भी था, को लूटकर भाग गये। जिस पर अज्ञात अरोपी के विरूद्ध थाना मुजगहन में अपराध क्रमांक 250/24 धारा 304 बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट तथा थाना मुजगहन पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा अज्ञात आरोपियों की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा प्रार्थी से घटना, आरोपियों के हुलियांे व उनके मोटर सायकल के संबंध में विस्तृत पूछताछ करते हुये विवेचना की जा रही थी। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा प्रार्थी से पूछताछ करने पर वह बार - बार वह अपना बयान बदल कर लगातार टीम को गुमराह करने का प्रयास कर रहा था जिस पर से प्रार्थी से पुनः घटना स्थल का सीन रिक्रीएट कराया गया तथा उसके बयान और सीन रि-क्रिएशन में भिन्नता के आधार पर उससे कड़ाई से पूछताछ प्रारंभ किया गया जिस पर प्रार्थी ज्यादा देर अपने झूठ के सामने टिक न सका और अंततः अपने अन्य साथी योगेन्द्र कुमार भारती उर्फ बबलू के साथ मिलकर रकम गबन करने की योजना बनाकर लूट की उक्त झूठी घटना को कारित करना स्वीकार किया गया। आरोपी प्रार्थी मनोज कुमार धु्रव ने पूछताछ में बताया कि वह योगेन्द्र कुमार भारती उर्फ बबलू का मित्र है। योगेन्द्र कुमार भारती उर्फ बबलू के द्वारा उसको व्यापार में नुकसान होने के कारण पैसे की आवश्यकता होना बताया था। जिस पर आरोपी योगेन्द्र भारती के कहने पर मनोज कुमार धु्रव द्वारा उसकी सहायता करने के नियत से योगेन्द्र कुमार भारती के साथ मिलकर उसकी कम्पनी के उसके पास रखे 20,00,000/- रूपये को लूट करने की योजना बनाई एवं दिनांक घटना को योजना अनुसार अपने ऑफिस के रकम को अपने घर से दोपहिया वहन में लेकर निकला एवं घटना स्थल पास अपने साथी योगेन्द्र कुमार भारती को बुलाकर पैसे से भरे बैग एवं उसमें अपना मोबाईल फोन बंद कर दे दिया एवं इसके बाद आरोपी ने लूट की झूठी मनगंढ़त कहानी बनाकर थाने में लूट की झूठी रिपोर्ट दर्ज करायी थी। जिस पर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके निशानेदेही पर कब्जे से नगदी रकम 18,54,000/- रूपये तथा घटना सं संबंधित 04 नग मोबाईल फोन एवं घटना में प्रयुक्त 01 नग दोपहिया वाहन जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया है। आरोपी मनोज कुमार धु्रव द्वारा लूट की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने पर पृथक से प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही की जा रहीं है। गिरफ्तार आरोपी- 01. मनोज धु्रव पिता स्व. घसियाराम धु्रव उम्र 32 साल निवासी ग्राम नागझर पोस्ट सोरीद खुर्द थाना फिंगेश्वर गरियाबंद। 02. योगेंद्र कुमार भारती उर्फ़ बबलू पिता धनसाय भारती उम्र 27 साल निवासी ग्राम चोरहाडीह छान्टापार पोस्ट भनसोज थाना आरंग रायपुर।
रायपुर। रायपुर दक्षिण विधानसभा उप निर्वाचन 2024 के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। दूसरे दिन ही 9 नामांकन आवेदन खरीदे गए। अब तक 17 अभ्यर्थियों ने नामांकन आवेदन खरीदा है। भरे हुए नामांकन पत्रों को 21 अक्टूबर को रिटर्निंग आॅफिसर के समक्ष जमा कर सकते है। आज भारतीय जनता पार्टी से सूरज यादव, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से दयाराम मेढ़े, निर्दलीय से जितेंद्र शर्मा, निर्दलीय से महेंद्र कुमार बाघ, निर्दलीय से सुषमा अग्रवाल, निर्दलीय से प्रकाश कुमार उरांव, निर्दलीय से आकाश तिवारी, निर्दलीय से मोहम्मद अनवर रिजवी, निर्दलीय शबिस्ता खान ने नामांकन आवेदन खरीदा है। नामांकन आवेदन दाखिल करने की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर है। 28 अक्टूबर को नामांकन की सवीक्षा की जाएगी। 30 अक्टूबर को उम्मीदवारी वापस ले सकते है। संत ज्ञानेश्वर स्कूल ने पालक-मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान करने चलाया हस्ताक्षर अभियान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ.गौरव कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा जिला नोडल अधिकारी "स्वीप" एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रायपुर विश्वदीप के निर्देशन में रायपुर विधानसभा उप निर्वाचन 2024 के अंतर्गत, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 51, रायपुर नगर दक्षिण,संत ज्ञानेश्वर उ.मा.शाला, कृष्णानगर 60 प्रतिशत से कम मतदान वाले क्षेत्रों के मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान करने जागरूक किया गया तथा पालक मतदाताओं को 13 नवंबर 2024 को मतदान अवश्य करेंगे का संकल्प कराते हुए, संत ज्ञानेश्वर उ.मा.वि. के प्राचार्य मनीष गोवर्धन के आतिथ्य में, सर्वप्रथम हस्ताक्षर कर "हस्ताक्षर अभियान" चलाया गया। उक्त अवसर पर,"हमारा आह्वान -करें मतदान",मतदान करने जायेंगे,-अपना फर्ज निभायेंगे इत्यादि नारों से मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान करने के लिए प्रेरित किया।
Adv