बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • तीन मोबाइल स्नैचर गिरफ्तार, 12 मोबाइल फोन बरामद, जल्दी-जल्दी बदलते थे कमरे

    19-Oct-2024

    नोएडा: नोएडा के थाना सेक्टर-58 पुलिस ने तीन शातिर मोबाइल स्नैचर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूट और चोरी के 12 मोबाइल फोन व घटना में इस्तेमाल होने वाली एक बाइक बरामद हुई है। यह बदमाश चोरी और लूट करने के बाद एक इलाके से मकान खाली कर दूसरे इलाके में शिफ्ट हो जाया करते थे। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया है कि 19 अक्टूबर को थाना सेक्टर-58 पुलिस द्वारा इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस व मैनुअल इंटेलिजेंस की सहायता से डी पार्क के पास सेक्टर-62 से 3 शातिर मोबाइल स्नैचर अभियुक्त पवन, कमरुद्दीन और राहुल हक उर्फ रोहित उर्फ साहिल को गिरफ्तार किया है। तीनों अभियुक्त चोरी के मोबाइल फोन बेचने डी पार्क के पास आये थे, जिनके पास से अलग-अलग ब्रांड के 12 फोन बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया है कि पवन, कमरुद्दीन और राहुल हक शातिर किस्म के मोबाइल स्नैचर हैं। ये लोग चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार होकर नोएडा व एनसीआर क्षेत्र में मौका पाकर सुनसान स्थानों पर राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीन लेते है। इसके बाद ये लोग अन्य व्यक्तियों को सस्ते दामो में बेच भी देते हैं। पूछताछ के दौरान पता चला है कि इनके पास से बरामद बाइक को इन्होंने उधम सिंह नगर उत्तराखंड से चोरी किया था। पूछताछ करने पर पता चला है कि इन सबने अलग-अलग मिलकर नोएडा एनसीआर क्षेत्र में कई मोबाइल चोरी और छीने हैं। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया है कि पवन व कमरुद्दीन मोबाइल को छीनकर राहुल को देते हैं। राहुल मोबाइलों को ठिकाने लगवाता है। यह लोग स्थायी रूप से एक जगह नहीं रहते हैं और कुछ दिन बाद अपना कमरा बदल देते हैं। उनके अलग-अलग थानों में कई मामले दर्ज हैं। 

  • रायपुर दक्षिण में फिर से खिलेगा 'कमल' : अरुण साव

    19-Oct-2024

    रायपुर। डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि,भाजपा रायपुर दक्षिण उपचुनाव की तैयारियां जोर शोर से कर रही है। क्षेत्र में सरकार के काम को लेकर लोगों में उत्साह है। यहां से भाजपा को लगातार आशीर्वाद मिलता रहा है। हमारे वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल लगातार 8 बार क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया है। इस बार भी रायपुर दक्षिण की जनता का आशीर्वाद पार्टी को मिलेगा। यहां फिर से कमल खिलेगा। डिप्टी सीएम साव ने कहा कि, छत्तीसगढ़ में लोकसभा और विधानसभा चुनाव में जनता ने कांग्रेस को बुरी तरह पराजित किया है। दक्षिण में कांग्रेस को माकूल जवाब मिलेगा। 

  • सबसे बड़ा काम रक्त दान : सीईओ राउत

    19-Oct-2024

    दुर्ग। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी दुर्ग द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय जूनियर रेडक्रॉस प्रशिक्षण सह सदभावना शिविर का आज भारती यूनिवर्सिटी पुलगांव में संभागायुक्त श्री सत्यनारायण राठौर की मुख्य आतिथ्य एवं पुलिस महा निरीक्षक रामगोपाल गर्ग की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय जूनियर रेडक्रॉस जम्बूरी-2024 का उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी सीईओ एम.के.राउत, चेयरमेन अशोक कुमार अग्रवाल, संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर, पुलिस महा निरीक्षक रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर एवं अध्यक्ष सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी ने दीप प्रजज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। पांच दिवसीय चलने वाले जूनियर रेडक्रॉस मीट में आज द्वितीय दिवस 33 जिलों से आए छात्र-छात्रा द्वारा मार्च पास्ट कर अतिथियों को सलामी दी गई। तत्पश्चात बटालियन द्वारा घुड़सवारी का प्रदर्शन किया गया, जिसे लोगों ने खुब सराहा। संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर ने जूनियर रेडक्रॉस मीट 2024 को सम्बोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि इस शिविर में भाग लेने सभी विद्यार्थी रेडक्रॉस के उद्देश्यों को समझते हुए मानव सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। दूसरों की सेवा, सहयोग करने के लिए रेडक्रॉस संकल्पित है। इसके लिए उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। रेडक्रॉस सोसायटी स्वार्थ से परे रहकर दिन-रात दूसरों की भलाई में जुटे रहने वाला है। समाज की सेवा के लिए संकल्पित होकर काम करें, जो भारत देश को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण योगदान करेगा। रेडक्रॉस सोसायटी के सीईओ एम.के. राउत ने कहा कि राज्य के प्रत्येक शालाओं तक रेडक्रॉस की मानवसेवी गतिविधियों एवं प्रशिक्षण को पहंुचने हेतु 18 से 22 अक्टूबर तक राज्य स्तरीय जूनियर रेडक्रॉस मीट का आयोजित किया गया है। इस जम्बूरी में 800 से भी अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हुए है। जूनियर रेडक्रॉस सेवा में स्कूली बच्चों को जोड़ा गया है, क्योकि आज का बच्चा कल का नागरिक है। हमारा कर्तव्य समाज एवं जनमानस के कार्याें के लिए है। रेडक्रॉस ब्लड बैंक रक्त दान से जुड़ा हुआ है। सबसे बड़ा काम रक्त दान करना है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिता में भाग लेने प्रेरित किया और कहा कि जब आप यहां से जाए तो हाथ में ट्रॉफी लेकर जाएं। जब कभी भी जम्बूरी की बात हो तो आप आगे आएं। पुलिस महा निरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने कहा कि भारत में वर्ष 1920 में भारतीय रेडक्रॉस का गठन हुआ। शारीरिक स्वास्थ्य की उन्नति, रोगों का प्रतिबंध, पीड़ितों की सहायता रेडक्रॉस का मुख्य कार्य है। रेडक्रॉस हमे सीखाता है कि एक अच्छे इंसान बनें, क्योकि मानव की सेवा करना बहुत बड़ा धर्म है। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद जूनियर रेडक्रॉस का यह प्रथम जम्बूरी है जिसकी मेजबानी का सौभाग्य दुर्ग जिले को प्राप्त हुआ है। यह आयोजन 18 से 22 अक्टूबर तक किया जा रहा है। इस जम्बूरी में उपस्थित समस्त अतिथियों एवं विभिन्न जिलों से पधारे प्रतिभागियों का हम हार्दिक अभिनंदन करते है। भारतीय रेडक्रॉस का मिशन मानवीय गतिविधियों के सभी पहलुओं को हर समय प्रेरित व प्रोत्साहित करना है, जिससे हम अपने आस-पास सकारात्मक परिवेश तैयार कर सकें। यह शिविर प्रतिभागियों के ज्ञान और अनुभव को समृध्द करते हुए उनकी सोच को नई दिशा देगी तथा छात्रों को न केवल मानव सेवा के क्षेत्र में आगे बढने के लिए प्रेरित करेगा बल्कि उनके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में भी सहायक होगा। इस शिविर में भाग लेने वाले छात्र रेडक्रॉस के मूल्यों को आत्मसात कर मानव सेवा के प्रति समर्पित भाव से अवश्य ही कार्य करेंगे। 

  • बीजापुर में कांग्रेस नेता की हत्या, नक्सलियों ने दिया वारदात को अंजाम

    19-Oct-2024

    रायपुर। बीजापुर के उसूर ब्लॉक कांग्रेस के उपाध्यक्ष की नक्सलियों ने हत्या कर दी है। दरअसल अपने साथियों की मौत से बौखलाए नक्सली छिटपुट घटनाओं के जरिए दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी बीच अब माओवादियों ने नारायणपुर में भी आईईडी ब्लास्ट कर जवानों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की है। नक्सलियों के इस कायराना करतूत से चार जवान घायल हो गए हैं। घायलों को मौके से एयर लिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार नक्सलियों ने अबूझमाड़ इलाके के मोहंदी के जंगलों में आईईडी ब्लास्ट किया है। दरअसल, माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर जवान सर्चिंग पर निकले थे। इसी दौरान घात लगाए नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट कर दिया। इसके चपेट में आने से 4 जवान घायल हो गए हैं। घायलों को मौके से एयर लिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है। बस्तर आईजी पी सुंदरराज ने इसकी पुष्टि की है। 

  • अब किसी के साथ नहीं होगा अन्याय, CM विष्णुदेव साय ने निभाया बहनों से किया वादा

    19-Oct-2024

    रायपुर। हमें लम्बे संघर्ष के बाद आज यह सम्मान मिला है। हमारे संवेदनशील मुख्यमंत्री ने हमारी पीड़ा समझी और बड़ी राहत देने का काम किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज उनके निवास कार्यालय, रायपुर में दिवंगत शिक्षक पंचायत संवर्ग संघ के आश्रितों ने मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री को उन्होंने ग़जमाला पहनाकर अभिवादन किया। मुख्यमंत्री साय ने भी सभी बहनों को शुभकामनाएं दी और कहा कि हमारी सरकार हमेशा आपके साथ खड़ी है और किसी के साथ भी अन्याय नहीं होगा।  गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में 16 अक्टूबर को आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में दिवंगत शिक्षक पंचायत संवर्ग संघ के परिजनों की अनुकंपा नियुक्ति के लिए निर्णय लिया गया था। दिवंगत शिक्षक पंचायत संवर्ग संघ के आश्रित अनुकंपा नियुक्ति के लिए आंदोलन कर रहे थे। संघ के सदस्यों ने बताया कि दिवंगत शिक्षकों के परिजनों द्वारा पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में 300 से अधिक दिनों तक लगातार आंदोलन किया गया था, जिसमें उन्होंने अलग-अलग ढंग से प्रदर्शन कर सरकार के सामने अपनी मांगे रखी थी। उनके लम्बे संघर्ष का सुखद परिणाम अब सामने आया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार ने दिवंगत शिक्षक पंचायत के परिजनों के हित में बड़ा निर्णय लेते हुए उन्हें अनुकंपा नियुक्ति दिए जाने का रास्ता खोल दिया है। 

  • छत्तीसगढ़ पुलिस को राष्ट्रपति का पुलिस ध्वज सम्मान: एक गर्व का पल

    19-Oct-2024

    रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए यह एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण है, जब उन्हें ‘राष्ट्रपति का पुलिस ध्वज’ प्रदान किए जाने की स्वीकृति प्राप्त हुई है। यह विशेष ध्वज देश के चुनिंदा राज्यों की पुलिस इकाइयों को दिया जाता है, जो 25 वर्षों की अनुकरणीय सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। छत्तीसगढ़ पुलिस ने नक्सल मोर्चे पर साहस और दृढ़ता के साथ कठिन चुनौतियों का सामना करते हुए यह सम्मान अर्जित किया है, जो उनकी उत्कृष्ट सेवा का प्रमाण है।

    इस सम्मान के साथ, पुलिस बल के जवान इस ध्वज की प्रतिकृति को अपनी वर्दी पर प्रतीक चिन्ह के रूप में धारण करेंगे, जो उनके शौर्य और सेवा का प्रतीक होगा। राष्ट्रपति ध्वज किसी भी पुलिस या सैन्य बल के लिए सर्वोच्च मान्यता मानी जाती है और यह छत्तीसगढ़ पुलिस की निष्ठा, कर्तव्यपरायणता और परिश्रम की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना को दर्शाता है।
    छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, “यह सम्मान छत्तीसगढ़ पुलिस के साहस, अनुशासन और देशभक्ति का प्रमाण है। हमारे जवानों ने विपरीत परिस्थितियों में भी नक्सलियों के खिलाफ सफलता प्राप्त की है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई है। यह ध्वज हमारे पुलिस बल के हौसले को और भी ऊंचा करेगा , उन्हें राज्य की सुरक्षा और सेवा के लिए और प्रेरित करेगा।” मुख्यमंत्री साय ने पुलिस बल को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि उन बहादुर जवानों के प्रति एक आदर है जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना राज्य की शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने छत्तीसगढ़ की जनता को भी गर्व का अवसर प्रदान किया है, जो राज्य की पुलिस की सेवा और समर्पण का सम्मान करती है।
  • रेलवे को हाईकोर्ट का निर्देश: सहायक लोको पायलट परीक्षा के लिए दोबारा शॉर्ट लिस्ट जारी करें, नई तिथि जल्द घोषित होगी

    19-Oct-2024

    बिलासपुर। सहायक लोको पायलट चयन परीक्षा को लेकर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की अपील को हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है. कोर्ट ने कैट द्वारा सहायक लोको पायलट चयन में दोबारा शॉर्ट लिस्टिंग के आदेश को यथावत रखा है और कैट के आदेश का पालन करते हुए दोबारा शॉर्ट लिस्ट जारी करने के निर्देश दिए हैं. मामले की सुनवाई जस्टिस रजनी दुबे और जस्टिस एके प्रसाद की डिवीजन बेंच में हुई.

     
    दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने अगस्त 2018 को श्रेणी परिवर्तन कर सहायक लोको पायलट के 164 के अलावा अन्य पदों के लिए अधिसूचना जारी की. इसमें मांगी गई योग्यता पूर्ण करने पर ट्रैक मेंटेनर जे अनिल, शुभराम और अन्य ने आवेदन किया. इसमें चयन प्रक्रिया कंप्यूटर आधारित थी, किसे ऑनलाइन आयोजित किया जाना था. 328 अभ्यर्थियों की कम्प्यूटर जांच की गई. योग्यता परीक्षण में 104 उम्मीदवारों को बुलाया गया था. मेडिकल के बाद जारी सूची में गड़बड़ी किए जाने एवं अन्य उम्मीदवारों से अधिक अंक प्राप्त होने के बाद भी उनका चयन नहीं किए जाने पर उन्होंने कैट में याचिका पेश की.
     
     
    कैट ने रेलवे को एएलपी चयन प्रक्रिया में दोबारा शार्ट लिस्टिंग करने का आदेश दिया. इसके खिलाफ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रेलवे बोर्ड ने हाईकोर्ट में अपील पेश कर कैट के आदेश को निरस्त करने की मांग की.
     
    हाईकोर्ट की डीबी ने सुनवाई के बाद कहा कि कैट ने एएलपी पद के चयन की प्रक्रिया में हस्तक्षेप करते हुए एक तर्कसंगत आदेश पारित किया है. शॉर्ट लिस्ट किए गए उम्मीदवारों की सूची को बिना श्रेणी में बदलाव किए फिर से तैयार करने का निर्देश दिया है. जिसे अवैध या मनमाना आदेश नहीं कहा जा सकता है.
  • कलेक्टर की सख्ती: कस्टम मिलिंग का चावल जमा न करने वाले राइस मिलों को ब्लैकलिस्टेड किया गया

    19-Oct-2024

    महासमुंद. जिले के बागबाहरा स्थित दो राइस मिलों, मेसर्स जय चण्डी एग्रोटेक राइस मिल और मेसर्स लक्ष्मी राइस इंडस्ट्रीज को आगामी एक खरीफ वर्ष के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है.

     
    कलेक्टर ने भौतिक सत्यापन के दौरान पाया कि मेसर्स जय चण्डी एग्रोटेक राइस मिल ने 124 क्विंटल धान और मेसर्स लक्ष्मी राइस इंडस्ट्रीज ने 1681.60 क्विंटल धान का चावल जमा नहीं किया. इस गंभीर लापरवाही के चलते दोनों राइस मिलों को काली सूची में डाला गया है.
     
     
    इसके साथ ही, कलेक्टर ने जिला विपणन अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि मेसर्स जय चण्डी एग्रोटेक राइस मिल से 3 लाख 10 हजार रुपये और मेसर्स लक्ष्मी राइस इंडस्ट्रीज से 42 लाख 4 हजार रुपये की बैक गारंटी तत्काल वसूली जाए. यह कार्रवाई चावल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उठाई गई है.
  • सुरक्षा का प्रशिक्षण: 200 से अधिक प्रतिभागियों ने सीखे आत्मरक्षा के गुर

    19-Oct-2024

    रायपुर । इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के लैगिंक उत्पीड़न शिकायत समिति, राष्ट्रीय कैडेट कोर एवं राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा मिशन साहसी (मेकिंग ऑफ फियरलेस) के अन्तर्गत स्वरक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय दिवस  रानी दुर्गावती थीम पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की छात्राओं, महिला प्राध्यापकों-कर्मचारियों तथा उनके परिवार की महिलाओं एवं बालिकाओं को शारीरिक स्वरक्षा संबंधी तकनीकों का सजीव प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

     
    अन्तर्राष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी अंजली गिरी गोस्वामी एवं सेकंड डेन ब्लैक बेल्ट आरती वर्मा द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को बताया गया कि किसी महिला पर आकस्मिक घटना घटती है तो वे किसी भी छोटे से छोटे सामान जैसे हेयर पिन, पेन, स्प्रे आदि का उपयोग कर अपनी रक्षा कैसे कर सकते हैं, इसका सजीव प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षक द्वारा बताया गया कि जब कोई जबर्दस्ती हाथ पकडे तो उससे अपना बचाव कैसे करना है, अगर कोई पीछे से पकड़ने की कोशिश करता है तो उस पर वार कैसे करें एवं अन्य बचाव के तरीकों का सजीव प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर लैगिंक उत्पीड़न शिकायत समिति की अध्यक्ष डॉ. आरती गुहे, राष्ट्रीय सेवा योजना महिला इकाई की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुबुही निषाद एवं 200 से अधिक प्रशिक्षणार्थी उपस्थित थे।
  • अंबिकापुर एयरपोर्ट: उद्घाटन से पहले विरोध का बिगुल, हवाई सेवा जनसंघर्ष समिति ने खड़े किए सवाल

    19-Oct-2024

    बिलासपुर। एक तरफ रायपुर, बिलासपुर और जगदलपुर के बाद अब अंबिकापुर से नियमित हवाई सेवा शुरू करने की तैयारी है. प्रधानमंत्री मोदी 20 अक्टूबर को एयरपोर्ट प्रदेशवासियों को समर्पित करेंगे, लेकिन उसके पहले हवाई सेवा जनसंघर्ष समिति ने बिना सुविधाओं के एयरपोर्ट का उद्घाटन किए जाने का विरोध किया है.

    हवाई सुविधा जनसंघर्ष समिति सुदीप श्रीवास्तव ने कहा कि आधे-अधूरे एयरपोर्ट पर फ्यूल भराने की सुविधा नहीं है, जिससे आने वाले दिनों में उड़ान संचालन को लेकर संशय है. रायपुर को छोड़, बिलासपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर में जरूरी सुविधाएं नहीं है. उन्होंने कहा कि 4 सी लाइसेंस, नाइट लैंडिंग, टेक्सी, कैंटीन जैसी सुविधाओं का अब तक अभाव है. पिछले 5 साल से हवाई सेवा समितियों के लोग संघर्ष कर रहे हैं. समिति ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है.
  • शादी का झांसा देकर युवती के साथ किया बलात्कार, 3 बार कराया गर्भपात

    18-Oct-2024

    रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पढ़ने आई युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। छात्रा के साथ युवक ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। छात्रा गर्भवती हो गई। आरोपी युवक ने छात्रा का 3 बार गर्भपात कराया। इसके बाद वह शराब के नशे में छात्रा से गाली-गलौज और मारपीट करता था। इससे तंग आकर पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक जांजगीर-चांपा जिले में रहने वाली 24 वर्षीय युवती साल 2021 में रायगढ़ पढ़ने के लिए आई थी। वह किराए का मकान लेकर रह रही थी। तभी समअजीत महंत से उसकी जान पहचान हुई।  युवक ने साल 2022 जनवरी में शादी का वादा करके उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब वह किराए के मकान में मिलने आता तो नशे में धुत होकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट करता था। ऐसे में युवती तंग आकर अपने किराए के मकान को बदल दी, लेकिन वह भी वहा पहुंच गया। गुरुवार की शाम को युवती पार्क के पास टहल रही थी, तो समअजीत वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। इससे परेशान होकर पीड़िता ने कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले में पुलिस आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि जब भी वह शादी के लिए कहती समअजीत टालमटोल कर देता। इस दौरान पीड़िता तीन बार गर्भवती हुई, लेकिन आरोपी ने शादी के बाद बच्चा करने की बात कहकर तीनों बार गर्भपात करा दिया। इसके बाद वह शादी से इनकार करने लगा। 

  • पत्नी ने बेटियों संग मिलकर पति को डंडों से पीटा, वीडियो वायरल

    18-Oct-2024

    बीकानेर। बीकानेर में एक व्यक्ति को पत्नी और बेटियों ने लोहे की रॉड और डंडे से घर में जमकर पीटा। वह कराहता रहा लेकिन, महिलाएं उसे पीटती रहीं। आरोप है कि उसने काम से आकर घर पर खाने की मांग की थी। इस मामले का वीडियो किसी ने बना लिया और इसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो 14 अक्टूबर का बताया जा रहा है। मामला बीकानेर के बीछवाल थाना इलाके की इंद्रा कॉलोनी का है। पति ने बीकानेर SP कावेंद्र सागर से कार्रवाई करने की मांग की है। इस पर SP ने बीछवाल थाने को मामले की जांच करने के आदेश दिए हैं। बीछवाल थानाधिकारी गोविन्द सिंह चारण ने बताया कि आज एसपी ऑफिस से परिवाद मिलने के बाद शिकायतकर्ता को थाने में बुलाया गया है। उससे पूरे मामले की पूछताछ करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। शिकायत में पत्नी और बेटियों पर मारपीट का आरोप लगाया गया है। अभी दूसरे पक्ष से भी पूछताछ की जाएगी। इंद्रा कॉलोनी में रहने वाले जितेंद्र सिंह ने SP सागर को दिए परिवाद में अपनी बेटियों और पत्नी पर आरोप लगाएं हैं। जितेंद्र ने पुलिस को बताया- पत्नी और उसकी बेटियों ने घरेलू विवाद के चलते उस पर हमला किया। जितेंद्र का कहना है कि अपनी ड्यूटी करके घर गया तो वहां खाना नहीं बना हुआ था। इससे नाराज होकर पत्नी और 2 बेटियों ने जमकर पिटाई कर दी। लोहे की रॉड से पैरों पर बार-बार हमला किया गया। एक पैर पहले से टूटा हुआ था, उसी पर बार-बार हमला किया गया। उसे घर के आंगन में पटक कर लोहे की रॉड से पीटा गया। इससे उसके पैर और अन्य हिस्सों पर गंभीर चोट आई है। 

  • रेप के आरोपी ने मां-बेटी को मारा चाकू, फिर कर ली ख़ुदकुशी

    18-Oct-2024

    जबलपुर। जबलपुर में रेप केस के एक आरोपी ने 20 वर्षीय युवती और उसकी मां पर चाकू से हमला करने के बाद खुद को चाकू मारकर आत्महत्या कर ली। घटना रांझी थाना के रिछाई के पास की है। मां-बेटी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार गुरुवार रात करीब 10 बजे 26 वर्षीय युवक विशाल उर्फ शुभम राजपूत युवती के घर पहुंचा और विवाद करने लगा। कुछ ही देर बाद स्थिति ऐसी बनी कि आरोपी ने युवती और उसकी मां पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर खुद को बाथरूम में बंद किया और फिर चाकू मार लिया। विवाद की जानकारी पड़ोसियों ने रांझी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाथरूम का दरवाजा तोड़कर विशाल को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात में घायल युवती और उसकी मां की हालत भी गंभीर बनी हुई है। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अमखेरा निवासी विशाल राजपूत के खिलाफ 2023 में गोहलपुर थाने में युवती ने रेप का केस दर्ज करवाया था। उस दौरान युवती अपनी मां के साथ आरोपी के घर के पास रहा करती थी। युवती की शिकायत पर पुलिस ने विशाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। विशाल करीब छह माह पहले जेल से छूटकर आया। कुछ दिनों से युवती और उसकी मां पर समझौता कर केस वापस लेने का दबाव बनाने लगा। इस बीच विशाल की युवती से झड़प भी हुई। जून 2024 में युवती ने फिर से विशाल के खिलाफ गोहलपुर थाने जाकर धमकाने और केस वापस लेने का दबाव बनाने की रिपोर्ट दर्ज करवाई, जिसके बाद पुलिस ने विशाल को गिरफ्तार कर फिर से कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया था। हाल ही में विशाल जेल से छूटकर आया था। लगातार मिल रही थी धमकी के कारण युवती और उसकी मां अमखेरा से मकान खाली कर रांझी थाना के रिछाई में रहने लगी थी। तीन दिन पहले भी विशाल ने युवती के घर जाकर मां-बेटी को धमकाते हुए केस वापस लेने का दबाव बनाया। विशाल ने धमकी दी कि अगर समझौता नहीं हुआ तो ठीक नहीं होगा। गुरुवार रात करीब 10 बजे विशाल फिर से युवती के घर पहुंचा। युवती के दरवाजा खोलते ही उसने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना में मां-बेटी को पेट और कमर में गंभीर चोट आई। वारदात को अंजाम देने के बाद विशाल बाथरूम के अंदर गया और दरवाजा बंद करने के बाद खुद पर चाकू से हमला कर   आत्महत्या कर ली। मृतक के मामा समर सिंह राजपूत का कहना है कि विशाल उर्फ लोकेश के ऊपर जो भी आरोप लगाए गए थे, वह पूरी तरह से निराधार हैं। मृतक ने युवती के साथ लव मैरिज की थी। कुछ दिन साथ में भी रहे। शादी के दो माह के बाद युवती की मां और भाई घर आए और उसे साथ ले गए। इसके बाद गोहलपुर थाने में रेप का केस दर्ज करवाकर लोकेश को जेल भिजवा दिया। छह माह तक जेल में रहने के बाद उसे जमानत मिली। पूछताछ में उसने बताया कि मां-बेटी लगातार परेशान कर रहे थे। उसके खिलाफ कभी अधारताल तो कभी गोहलपुर थाने में फर्जी शिकायत कर रहे थे। चार दिन पहले भी युवती और उसकी मां ने अधारताल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। 

  • युवती का गैंगरेप के बाद फंदे पर लटका मिला शव, फैली सनसनी

    18-Oct-2024

    शहडोल। शहडोल में 14 अक्टूबर को एक पेड़ पर युवती का शव फंदे पर लटका हुआ मिला था। इस मामले में पुलिस ने शुक्रवार को बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक युवती की गैंगरेप के बाद गला दबाकर हत्या की गई थी। हत्या को सुसाइड दिखाने के लिए उसका शव को पेड़ पर लटका दिया था। पुलिस ने शुक्रवार को दो आरोपी दीपेश जायसवाल (22) और उसके दोस्त सूरज जायसवाल (24) को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि इनमें से दीपेश जायसवाल से युवती का प्रेम प्रसंग था। मामला जैतपुर थाना क्षेत्र का है। युवती की लाश दुपट्‌टे से बने फंदे पर पेड़ पर लटकी मिली थी। प्राथमिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या मान रही थी। परिजन ने हत्या का आरोप लगाया था। जैतपुर थाना प्रभारी रामकुमार गायकवाड़ ने बताया कि जिस पेड़ पर शव लटका था, वहां से कुछ दूर युवती की चूड़ी, बाल और बाल का बक्कल मिला था। इसके बाद पुलिस ने परिजन और गांववालों से पूछताछ की। इसमें युवती के प्रेम-प्रसंग के बारे में पता चला। ग्रामीणों ने बताया कि आखिरी बार युवती अपने प्रेमी के साथ बाइक पर जाते दिखी थी। पुलिस ने युवक की लोकेशन, कॉल डिटेल रिपोर्ट निकाली, तो शक गहरा गया। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर पूछताछ की। सख्ती करने पर आरोपी ने वारदात कबूल कर ली। दोनों आरोपी युवती के ही गांव के रहने वाले हैं। दीपेश को युवती दो साल से जानती थी। दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उसे हम बहला-फुसलाकर बाइक पर बिठाकर ले गए। यहां उससे दुष्कर्म किया। युवती ने थाने में शिकायत करने की धमकी दी। जिस पर पहले उसे पीटा, लेकिन जब वह नहीं मानी, तो उसका गला घोंट दिया। 

  • पटाखा दुकानों के लिए एडवाइजरी जारी

    18-Oct-2024

    दुर्ग। जिले में संचालित समस्त स्थायी/अस्थायी पटाखा दुकानों में आग लगने से बचाव हेतु नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं तथा एसडीएआरएफ, मुख्यालय छत्तीसगढ़ सेेक्टर 19 अटल नगर नवा रायपुर से एडवाइजरी जारी किया गया है। जांच के दौरान उक्त नियमों का पालन नहीं करने पर छत्तीसगढ़ अग्निशमन एवं आपातकालीन नियमावली 2021 के तहत कार्यवाही की जाएगी। जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेन्द्र कुमार सिंह से प्राप्त जानकारी अनुसार पटाखा दुकान किसी भी ज्वलनशील पदार्थ जैसे कपड़ा, बांस रस्सी, टेंट इत्यादि का न होकर, अज्वलनशील सामग्री से बने टिन शेड द्वारा निर्मित होना चाहिए।

    पटाखा दुकान एक दूसरे से कम से कम तीन मीटर की दूरी (साइड) पर एवं एक दूसरे के सामने न बनायी जाए। पटाखा दुकानों में प्रकाश व्यवस्था हेतु किसी भी प्रकार के तेल का लैंप, गैस लैम्प एवं खुली बिजली बत्ती का प्रयोग प्रतिबंधित होना चाहिए। किसी भी पटाखा दुकान से 50 मीटर के अंदर आतिशबाजी प्रदर्शन प्रतिबंधित होनी चाहिए। विद्युत तारों में ज्वाइंट खुला नहीं होना चाहिए एवं प्रत्येक मास्टर स्विच में फ्युज या सर्किट ब्रेकर लगा होना चाहिए, जिससे शार्ट सर्किट की स्थिति में विद्युत प्रवाह स्वतः बंद हो जाए। दुकाने ट्रांसफार्मर के पास न हो और उनके ऊपर से हाई टेंशन पावर लाइन न गुजरती हो। प्रत्येक पटाखा दुकान में 5 कि.ग्रा. क्षमता का डीसीपी अग्नि नामक यंत्र होना चाहिए (इसकी मारक क्षमता 6 फीट की होती है)। दुकानों के सामने कुछ अंतराल में 200 लीटर क्षमता के ड्रम की व्यवस्था बाल्टियों के साथ होनी चाहिए। पटाखा दुकानों के सामने बाइक/कार की पार्किंग प्रतिबंधित होना चाहिए। अग्निशमन विभाग एवं एम्बुलेंस का फोन नंबर, दुकान परिसर के कुछ स्थानों में लगाया जाए।

    अग्निशमन वाहन के मूवमेंट के लिए पर्याप्त होना चाहिए। सावधानियां- क्या करें- लायसेंस प्राप्त विक्रेताओं से ही पटाखे खरीदें, यह सुनिश्चित करें कि गुणवत्ता वाले पटाखे खरीदे, जो दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने के लिए अनुमोदित हो। इमारतों, वाहनों और ज्वलनशील पदार्थों से दूर पार्क, बड़े मैदान जैसे खुले स्थानों में पटाखे जलाए। पटाखे जलाते समय संभावित आपातकालीन स्थिति के लिए पानी की बाल्टी निकट रखें। आग से संबंधित चोटों के जोखिम को कम करने के लिए सूती वस्त्र पहनने को प्राथमिकता दें, क्योंकि सिंथेटिक कपड़े आसानी से आग पकड़ सकते हैं। पटाखे जलाते समय बच्चों की निगरानी के लिए हमेशा एक व्यस्क को साथ रखें ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वे सुरक्षा उपायों का पालन कर रहे हैं। पटाखे पकड़ने के बाद इस्तेमाल किए गए पटाखों का पानी की बाल्टी में सुरक्षित तरीके से निपटान करें, ताकि किसी बची हुई चिंगारी से अग्नि दुर्घटना ना हो। एक बार में एक ही पटाखा जलाएं, आग लगने की आशंका को देखते हुए एक साथ कई पटाखे लगाने से बचें। पटाखे में आग लगने के बाद उससे सुरक्षित दूरी रखें। पटाखे जलाते समय हमेशा हवा की दिशा को ध्यान में रखें, जिससे कि उसकी चिंगारी घरों या व्यक्तियों की ओर न उड़े। क्या न करें - घर के अंदर खिड़कियों के पास या अन्य बंद स्थानों पर कभी पटाखे ना जलाएं।

    पटाखे जलाते समय ढीले या लटकने वाले वस्त्र पहनने से बचें क्योंकि वे आसानी से आग पकड़ सकते है। ज्वलनशील पदार्थों के पास पटाखों का उपयोग न करें, पटाखों को सूखी पत्तियों, गैस सिलेण्डर या वाहनों जैसी वस्तुओं से दूर रखें। यदि कोई पटाखा जलने में विफल रहता है तो उसे पुनः जलाने का प्रयास ना करें, अपितु कुछ देर प्रतीक्षा करने के उपरांत उसका सुरक्षित रूप से निपटान करें। यह सुनिश्चित करें कि पटाखे ऐसे स्थानों में न जलाए जाएं जो आग लगने की स्थिति में आपातकालीन निकास मार्ग को अवरूद्ध कर सकते हैं। तेल के दियों या मोमबत्तियांे को जलते हुए उपेक्षित न छोड़े, विशेष रूप से पर्दों या ज्वलनशील पदार्थों के पास। किसी भी तरह की चोट लगने या जलने पर तुरन्त चिकित्सक की सलाह लें तथा उचित मार्गदर्शन के बिना घरेलू उपचार न करें। 

  • आचार संहिता लगते ही दक्षिण विधानसभा से हटे बैनर-पोस्टर

    18-Oct-2024

    रायपुर। रायपुर दक्षिण उपचुनाव के लिए आचार संहिता लागू होते ही दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में संपत्ति विरूपण की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जिला कलेक्टर के आदेश पर नगर निवेश विभाग की टीम ने शहर में मुख्य मार्गों, सार्वजनिक स्थलों पर घूम-घूमकर राजनीतिक प्रचार-प्रसार के संबंधित 2,600 से ज्यादा बैनर, पोस्टर और होर्डिंग्स हटाने की कार्यवाही की। दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में आचार संहिता लागू होने के साथ ही संबंधित क्षेत्र के इलाकों के सार्वजनिक स्थलों, चौराहों से 1143 पोस्टर हटाए गए। इसी तरह 79 स्थानों पर वाल पेंटिंग और 827 बैनर हटाने अमला सक्रिय रहा। जिन स्थानों पर बैनर, पोस्टर हटाने टीम पहुंची, उनमें संतोषीनगर चौक, मठपुरैना क्षेत्र, तेलीबांधा रिंग रोड, शिव नगर, बूढ़ापारा, लाखे नगर क्षेत्र, पुरानी बस्ती क्षेत्र शामिल हैं। 

  • प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2024

    18-Oct-2024

    रायपुर। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत केन्द्रीय क्षेत्रीय छात्रवृत्ति योजना के लिए सत्र 2024-25 के आवेदन शुरू कर दिया गया हैं। इस योजना के तहत कॉलेज और विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय ई-छात्रवृत्ति पोर्टल https://scholarships.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। वर्ष 2019 से 2023 तक के विद्यार्थियों के नवीनीकरण के साथ-साथ वर्ष 2024 के लिए नवीन आवेदन 31 अक्टूबर 2024 तक स्वीकर किए जाएंगे। छात्रवृत्ति और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित सभी जानकारी मंडल की वेबसाइट www.cgbse.nic.in पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए एनएसपी की हेल्पलाइन नंबर 0120-6619540 पर संपर्क कर सकते हैं। नवीनीकरण आवेदकों हेतु संशोधित दिशा-निर्देश जारी किया गया है, जारी निर्देश के अनुसार जो छात्र पिछली बार आवेदन नहीं कर पाए थे, उन्हें अब नवीनीकरण के लिए आवेदन करने की अनुमति दी जाएगी, यदि वे पात्रता की शर्तें पूरी करते हैं। उनकी ओटीआर आईडी एनआईसी-एनएसपी द्वारा पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजी जाएगी, और सत्यापन के बाद वे सत्र 2024-25 के लिए छात्रवृत्ति प्राप्त कर सकेंगे। शिक्षा मंत्रालय ने सभी शैक्षणिक संस्थानों को निर्देश दिया है कि वे अपने विद्यार्थियों का समय-सीमा पर आवेदन पूर्ण कराए। 

  • चुनाव की तैयारियों को लेकर हुई सेक्टर प्रभारियों की बैठक

    18-Oct-2024

    रायपुर। आगामी 13 नवंबर को होने वाले रायपुर दक्षिण विधानसभा उपनिर्वाचन की तैयारियों को लेकर आज सेक्टर प्रभारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में यह निर्णय लिया गया कि विधानसभा क्षेत्र को 38 सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा, जबकि पिछले लोकसभा चुनाव में केवल 19 सेक्टर बनाए गए थे। बैठक का आयोजन कलेक्टोरेट परिसर स्थित रेडक्रास सोसायटी में आयोजित किया गया। इस निर्णय का मुख्य उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की परेशानी को रोकना है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर यह कदम उठाया गया है। बैठक में सभी सेक्टर प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे मतदान केंद्रों का निरीक्षण करें और उनकी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाएं। साथ ही, मतदान के दौरान आने वाले मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इस पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई। चुनाव के सफल आयोजन के लिए सभी सेक्टर प्रभारियों ने कहा कि वे पूरी तैयारी करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि मतदान प्रक्रिया निर्बाध एवं सुगम हो। इस बैठक के माध्यम से चुनाव की तैयारियों को और अधिक मजबूत किया गया है, ताकि मतदाता बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। बैठक में सहायक कलेक्टर श्रीमती अनुपमा आनंद और जिला रोजगार अधिकारी श्री केदार पटेल के अलावा अन्य सेक्टर प्रभारी भी मौजूद थे। 

  • कार शोरूम के पास नशीली सीरप बेचते युवक गिरफ्तार

    18-Oct-2024

    रायपुर। कार शोरूम के पास नशीली सीरप बेचते युवक गिरफ्तार हुआ है। मुखबीर से सूचना प्राप्त हुआ कि एक लड़का उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष का सफेद रंग की दुपहिया वाहन एक्टिवा क्रमांक सी जी 04 m z 7135 के डिग्गी में प्रतिबंधित सिरप रखकर वर्धमान कार शोरूम के पास रोड किनारे सिरप बिक्री कर रहा है। जिस सुचना पर तत्काल वरिष्ठ कार्यालय को सुचना देकर गवाहो एवं सम्पूर्ण विवेचना कीट के रेड कार्यवाही हेतू वर्धमान कार शोरूम के पास पहूंचा जहां मुखबिर द्वारा बताये गये हुलिया का लड़का खड़ा मिला पुछताछ करने पर अपना नाम शरद नायक पिता स्वर्गीय श्याम नायक उम्र 23 वर्ष निवासी ब्लॉक नंबर 8 मकान नंबर 23 बीएसयूपी कॉलोनी भाटागांव जिला रायपुर का रहने वाला होना बताया तथा तलाशी दौरान आरोपी के कब्जे से 01.सात नग प्लास्टिक की सीसी जिसमें अंग्रेजी में safunex triprolidine hydrochloride & codeine phosphate syrup 100 एम एल कीमती 165 रुपए का कुल कीमती 1155 रुपए 02. पांच नग प्लास्टिक की सीसी जिसमें अंग्रेजी में planokuf codeine phosphate and triprolidine hydrochloride syrup 100 एम एल, सिरप बिक्री रकम ₹300 व एक मोटरसाइकिल एक्टिवा क्रमांक सीजी 04 mz 7135 कीमती ₹30000 जप्त किया गया। आरोपी को विधिवत दिनांक 17.10.2024 गिरप्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। 

  • धमतरी: भारी मात्रा में शराब और महुआ लाहन बरामद

    18-Oct-2024

    धमतरी। कलेक्टर नम्रता गांधी के निर्देश पर जिले में आबकारी अमले द्वारा अवैध शराब के विरूद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में आज आबकारी संभागीय उड़नदस्ता उपायुक्त अनिमेष नेताम व जिला आबकारी अधिकारी प्रभाकर शर्मा के मार्गदर्शन में नगरी ब्लॉक के ग्राम मथुराडीह और सलोनी के जंगल में संभागीय उड़नदस्ता व धमतरी जिला आबकारी विभाग द्वारा कार्यवाही करते हुए 200 लीटर महुआ शराब जप्त किया गया। साथ ही लगभग 3400 किलो महुआ लाहन जप्त कर नष्ट किया गया। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 34(1) च के तहत कार्यवाही कर तीन प्रकरण क़ायम किया। इस अवसर पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी अजय पाण्डेय, आबकारी उप निरीक्षक पुरषोत्तम सिन्हा, राजेन्द्र देवांगन, अजय मारकण्डे, आबकारी प्रधान आरक्षक राजेश यादव सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे। 

Top