बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • फंदे पर लटक रहा था कांग्रेस नेत्री के बेटे का शव

    18-Oct-2024

    कोरबा. कोरबा में कांग्रेस नेत्री के बेटे ने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. बताया जा रहा कि वह कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान था. मानिकचौरी पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है. जानकारी के मुताबिक, रवि शंकर शुक्ला नगर स्थित वाल्मीकि आवास में निवासरत माया थापा के बेटे रितेश ने थापा ने बीती रात घर पर पंखे पर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. 34 वर्षीय रितेश एक बच्चे के पिता थे. पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच में जुट गई है. 

  • UP Bypolls 2024: यूपी में नहीं टूटेगा गठबंधन! उपचुनाव के लिए फॉर्मूला सेट, जानें कितनी सीटों पर लड़ेगी सपा और कांग्रेस?

    18-Oct-2024

    उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की घटक दल समाजवादी पार्टी (सपा) आठ और कांग्रेस दो सीट पर चुनाव लड़ेगी. कांग्रेस के हिस्से में गाजियाबाद और खैर सीट आई है.

     
    पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, सपा प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने गुरुवार को बताया कि उपचुनाव के लिये हुए समझौते के तहत अलीगढ़ जिले की खैर विधानसभा सीट के साथ-साथ गाजियाबाद सीट पर कांग्रेस अपना उम्मीदवार उतारेगी. वहीं, कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि उन्हें अभी इस बारे में कोई जानकारी नहीं है और कांग्रेस पांच सीट की मांग कर रही थी.
     
     कांग्रेस के लिए बस दो सीट
    सपा ने मीरापुर सीट के उपचुनाव के लिये भी उम्मीदवार की घोषणा कर दी है. पार्टी ने इस सीट पर सुम्बुल राना को प्रत्याशी बनाया है. सपा ने अब तक सात सीट पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिये और दो सीट कांग्रेस के लिए छोड़ दी है. जिसमें प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों कटेहरी (अंबेडकर नगर), करहल (मैनपुरी), मिल्कीपुर (अयोध्या), मीरापुर (मुजफ्फरनगर), गाजियाबाद, मझवां (मिर्जापुर), सीसामऊ (कानपुर नगर), खैर (अलीगढ़), फूलपुर (प्रयागराज) और कुंदरकी (मुरादाबाद) पर उपचुनाव होना है.
     
    मिल्कीपुर सीट पर नहीं होगा उपचुनाव
     
    निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को अयोध्या जिले की मिल्कीपुर विधानसभा सीट को छोड़कर प्रदेश की 10 खाली विधानसभा सीट में से नौ पर उपचुनाव की घोषणा की थी. न्यायालय में एक याचिका लंबित होने के कारण मिल्कीपुर सीट पर उपचुनाव का ऐलान नहीं किया गया. इनमें से नौ सीट साल 2022 में निर्वाचित हुए विधायकों के लोकसभा चुनाव में सांसद चुने जाने के बाद खाली हुई थीं. सीसामऊ सीट सपा विधायक इरफान सोलंकी को आपराधिक मामले में दोषी ठहराए जाने के कारण खाली हुई है.
     
    13 नवंबर को होगा उपचुनाव
    इलेक्शन कमीशन  के अनुसार, उत्तर प्रदेश विधानसभा सीट (करहल), (कुंदरकी), (कटेहरी), (सीसामऊ), (खैर), (गाजियाबाद सदर), (मीरापुर), मझवा और फूलपुर के लिए 13 नवंबर को उपचुनाव के तहत मतदान होगा और परिणाम 23 नवंबर को घोषित किये जाएंगे.
  • चाय बेचने वाला गिरफ्तार, 300 से अधिक लोगों को बनाया था ठगी का शिकार

    18-Oct-2024

    रायपुर। शेयर ट्रेडिंग में इन्वेस्ट कर दोगुना लाभ कमाने का झांसा देकर करोड़ों रूपये की ठगी करने वाला फरार मास्टरमाईण्ड आरोपी भूनेश्वर साहू गिरफ्तार हुआ है। कुबेर वर्मा ने थाना मंदिर हसौद में रिपोर्ट दर्ज कराया की वह ग्राम मुनगी मंदिर हसौद में रहता है। प्रार्थी को भुनेश्वर साहू नामक व्यक्ति ने बताया कि वह शेयर मार्केट ट्रेडिंग करता है और बहुत लाभ कमाता है। भुनेश्वर साहू द्वारा प्रार्थी को भी उसे शेयर ट्रेडिंग में इन्वेस्ट कर दुगुना लाभ दिलाने का आश्वन दिया गया। जिस पर प्रार्थी द्वारा भुनेश्वर साहू पर विश्वास कर उसके बताए उसके तथा उसके साथी शत्रुहन वर्मा एवम अन्य के बैंक खताओं में अलग-अलग किश्तो में कुल 07 लाख रुपए दिए गए है। प्रार्थी द्वारा अपने दिए हुए शेयर ट्रेडिंग में इन्वेस्ट के पैसे एवम लाभ के संबंध में भुनेश्वर साहू से संपर्क किया गया तो भुनेश्वर साहू का फोन नंबर बंद था। जिस पर प्रार्थी द्वारा उसके घर जाकर पता किया गया तो ज्ञात हुआ कि भुनेश्वर साहू कहीं चला गया है। इस प्रकार भुनेश्वर साहू द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर प्रार्थी तथा अन्य व्यक्तियों को भी शेयर ट्रेडिंग में इन्वेस्ट कर दुगुना लाभ कमाने का झांसा देकर उनसे करोड़ो रुपए हड़प कर उनके साथ ठगी कर फरार हो गया था। जिस पर आरोपी के विरुद्ध थाना मंदिर हसौद में अपराध क्रमांक 659/24 धारा 420, 34 भा.द.वि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया है। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन तथा थाना प्रभारी मंदिर हसौद के नेतृत्व में प्रकरण में पूर्व में घटना में संलिप्त आरोपी शत्रुहन वर्मा को गिरफ्तार किया गया था। टीम के सदस्यों द्वारा प्रकरण में लगातार फरार चल रहे मास्टरमाईण्ड आरोपी भुनेश्वर साहू एवं संलिप्त अन्य आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही थी। इसी दौरान टीम के सदस्यों को यह भी जानकारी प्राप्त हुई की आरोपी भूनेश्वर साहू का थाना आरंग में गुम इंसान कायम किया गया था। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ एवं प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी भूनेश्वर साहू को धमतरी में लोकेट किया गया जिसपर टीम के सदस्यों द्वारा धमतरी से आरोपी भूनेश्वर साहू को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई। पूछताछ में आरोपी भूनेश्वर साहू ने बताया कि वह पूर्व में चाय ठेला में चाय बेचने का कार्य करता था एवं बाद में अपने साथी मनोहर साहू, शत्रुहन वर्मा एवं अन्य के साथ मिलकर शेयर मार्केट में ट्रेडिंग का झांसा देकर लोगों के साथ ठगी करना बताया गया है। उक्त ठगी की घटना हेतु भुनेश्वर साहू द्वारा अपने साथी मनोहर साहू एवं 01 अन्य को 10 प्रतिशत कमीशन में फण्ड एकत्रित करने हेतु कहा गया था। उनके द्वारा एकत्रित किये गये फण्ड को उसके द्वारा कुछ रकम लगभग 02 करोड़ रूपये को डीमैट खाता में इन्वेस्ट कर दिया गया एवं अन्य रकम से अपने तथा अपने परिचितों के नाम पर अचल संपत्ति क्रय की गई है। साथ ही डिमैट खाता में इन्वेस्ट किये गये रकम शेयर मार्केट में डूब जाना बताया गया है। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा प्रकरण में संलिप्त आरोपी मनोहर साहू की भी पतासाजी कर पकड़ा गया। भूनेश्वर साहू, मनोहर साहू एवं उनके अन्य साथियों द्वारा लगभग 400 से अधिक लोगों को शेयर ट्रेडिंग में इन्वेस्ट कर दोगुना लाभ कमाने का झांसा देकर उनसे करीबन 100 करोड़ रूपयों की ठगी करना पाया गया है।  दोनो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से प्रकरण से संबंधित पासबुक एवं करोड़ों रूपये का हिसाब-किताब किया गया है जप्त किया गया है एवं दोनों बैंक खातों को होल्ड कराया गया है। इसके साथ ही टीम के सदस्यों द्वारा आरोपी भुनेश्वर साहू द्वारा ठगी के रकम से क्रय किये गये अचल संपत्ति को चिन्हांकित कर उसे भी सीज करने की प्रक्रिया की जा रही है। प्रकरण में अन्य आरोपी फरार है जिनकी पतासाजी कर गिरफ्तार करने के हर संभव प्रयास किये जा रहे है। गिरफ्तार आरोपी 01 भूनेश्वर साहू पिता स्व. गणेश राम साहू उम्र 38 वर्ष साकिन अकोली रोड अटल विहार कालोनी आरंग थाना आरंग जिला रायपुर। 02 मनोहर लाल साहु पिता फुलसाय साहु उम्र 34 वर्ष साकिन सुमीत लैंडस्केप म.नं. 107 नरदह थाना विधानसभा जिला रायपुर। 

  • कुम्हार समाज की मांग, दीपावली बाजार के लिए पर्याप्त स्थान सुनिश्चित हो

    18-Oct-2024

    रायगढ़। दशहरा के समापन के बाद अब रायगढ़ शहर में दिवाली की तैयारियां तेज़ी से शुरू हो चुकी हैं। दीपावली पर मिट्टी के दीयों की मांग में बढ़ोतरी होती है, लेकिन कुम्हार समाज के लिए अपने उत्पादों को बेचने के लिए उचित स्थान की समस्या पिछले कई वर्षों से बनी हुई है। कुछ वर्ष पहले कुम्हार समाज की मांग पर नगर निगम ने शासकीय नटवर स्कूल मैदान में दीपावली बाजार लगाने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन यहां फुटकर व्यापारियों के लिए पर्याप्त मात्रा में जगह न होने के कारण वहां आए दिन आपसी विवाद की स्थिति पैदा होती रहती है। कुम्हार समाज के सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता देवेंद्र कुमार चक्रधारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर प्रशासन से आग्रह किया है कि इस बार दीपावली बाजार के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि कुम्हार समाज के व्यापारियों को उचित स्थान मिल सके। उन्होंने कहा कि मिट्टी के दीयों की बिक्री के लिए कुम्हार समाज को एक प्रमुख स्थान उपलब्ध कराया जाए, जिससे वे अपनी मेहनत का सही लाभ उठा सकें और शहरवासी परंपरागत दीयों से अपना त्योहार मना सकें। चक्रधारी ने यह भी मांग की है कि प्रशासन जल्द से जल्द इस मुद्दे का समाधान निकाले और बाजार की योजना इस तरह से तैयार की जाए कि सभी व्यापारियों को उनकी जरूरत के मुताबिक जगह मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने यातायात व्यवस्था को भी सुधारने की अपील की, जिससे बाजार और शहर में अव्यवस्था न फैले। कुम्हार समाज का यह दृढ़ मत है कि जिला प्रशासन इस बार ठोस कदम उठाए और समाज के हित में ऐसा निर्णय ले जिससे दीपावली बाजार में शांति व्यवस्था बनी रहे और सभी व्यापारी सम्मानजनक तरीके से अपना व्यापार कर सकें। 

  • लच्छू राम नुरेटी को मिला जे पी इंटरनेशनल स्कूल कांकेर में प्रवेश

    18-Oct-2024

    नारायणपुर। जिले के ग्राम वाला, ग्राम पंचायत कोंगे, तहसील कोहकामेटा निवासी लच्छू राम नुरेटी, पिता कटिया राम नुरेटी बालक आश्रम तोके विकासखण्ड ओरछा में कक्षा 5वीं का छात्र है। छात्र लच्छू राम नुरेटी का आदिम जाति अनुसूचित जाति विकास विभाग छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित पंडित जवाहर लाल नेहरू उत्कर्ष योजनांतर्गत शिक्षा सत्र वर्ष 2024-25 में जे पी इंटरनेशनल कांकेर में चयन हुआ है। चयन परीक्षा में 5 वीं में अध्ययनरत जिले भर के परिक्षार्थी शामिल हुए, जिसमें छात्र लच्छू राम नुरेटी अपने मेहनत के बदौलत मेरिट सूची में जिले में प्रथम स्थान हासिल कर अपने संस्था का मान बढ़ाया। साथ ही आगे कि पढ़ाई के लिए अपना सीट पक्का कर लिया। अब यह छात्र लाखों फीस देकर अध्ययन करने वाले स्कूल में 12वीं तक निःशुल्क अध्ययन करेगा। छात्र लच्छू राम के शिक्षा का सम्पूर्ण खर्च छत्तीसगढ़ शासन उठाएगी, जिसके लिए लच्छू राम नुरेटी ने छत्तीसगढ़ शासन और आदिम जाति कल्याण विभाग और आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त श्री बद्रीश कुमार सुखदेवे और अधीक्षक श्री बुधराम कुमेटी को धन्यवाद दिया। 

  • ऑल इंडिया फॉरेस्ट स्पोर्ट्स मीट-2024: छत्तीसगढ़ ने 7 गोल्ड जीतकर बनाया दबदबा

    17-Oct-2024

    रायपुर। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एथलेटिक स्टेडियम कोटा में आयोजित 27 वीं अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। आज आयोजित मैराथन, स्विमिंग और एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 गोल्ड मेडल जीतकर प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम रखा। गौरतलब है कि ऑल इंडिया फॉरेस्ट स्पोर्ट्स मीट में छत्तीसगढ़ ने 11 बार ओवरऑल चैम्पियन का खिताब जीत चुका है। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने आज के प्रदर्शन से एक बार फिर से ओवरऑल चैम्पियनशिप का खिताब जीतने की उम्मीद जगाई है।  नोडल अधिकारी शालिनी रैना ने बताया कि आज की प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों में 400 मीटर वाक वुमन ओपन कैटेगरी में सुशीला पैकरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं 1500 मीटर रेस मेन वेटरन कैटेगरी में सुखनंदन लाल धु्रव, 21 किमी मैराथन वुमन ओपन कैटेगरी में भारती साहू, इसी स्पर्धा में वुमन वेटरन कैटेगरी में सतोविषा समाजदार, हाई जम्प मेल में सत्यजीत भट्ट, 100 मीटर फ्री स्टाइल स्विमिंग में मनीराम आदिले और 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक स्वीमिंग में निखिल खलखो ने प्रथम स्थान हासिल कर प्रदेश का नाम रौशन किया। इसी तरह छत्तीसगढ़ के अतिरिक्त 100 मीटर रेस मैन सीनियर वेटरन केटेगरी में केरल के जय कुमार, 5000 मीटर रेस मैन सीनियर वेटरन केटेगरी में तमिलनाडु से उथया कुमार और 10,000 मीटर वाक मैन वेटेरन कैटेगरी में केरल के साबू एम ने प्रथम स्थान हासिल किया। रैना ने बताया कि नवा रायपुर में आयोजित हुए मैराथन में महिलाओं खिलाड़ियों ने शानदार हिस्सा लिया। इसके लिए बुधवार को ही कोटा स्टेडियम में महिला प्रतिभागियों के लिए मेडिकल चेकअप की व्यवस्था की गई थी। जिन  प्रतिभागियों का फिटनेस बेहतर पाया गया उन्होंने ही आज सुबह आयोजित हुए मैराथन में हिस्सा लिया। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने 16 अक्टूबर को 27 वीं अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता शुभारंभ किया। इस भव्य आयोजन में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा है। विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए पूरे जोश और जज्बे के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं। 

  • राजनांदगांव जिले के तीन राईस मिलर्स पर कार्रवाई

    17-Oct-2024

    6800 क्विंटल धान एवं 2750 क्विंटल चावल जब्त

    रायपुर, राजनांदगांव जिले में कस्टम मिलिंग का शेष चावल जमा कराने को लेकर राजनांदगांव जिले में प्रशासन द्वारा राईस मिलर्स के विरूद्ध जांच-पड़ताल और कार्रवाई का अभियान शुरू कर दिया गया है।
     
    कस्टम मिलिंग का चावल जमा कराने में उदासीनता बरतने वाले तीन राईस मिलों के संचालकों को नोटिस जारी करने के साथ ही उनकी राईस मिलों में स्टॉक की गड़बड़ी का मामला पकड़ में आने पर 6800 क्विंटल धान और 2750 क्विंटल चावल जब्त किया गया है।
     
    कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में खाद्य विभाग के अधिकारियों की टीम राईस मिलों में औचक दबिश देकर धान एवं चावल के स्टॉक का मिलान सहित अन्य दस्तावेजों की लगातार जांच-पड़ताल कर रही है।
     
     
    खाद्य अधिकारी श्री रविन्द्र सोनी ने बताया कि खाद्य विभाग की टीम ने मां परमेश्वरी राईस मिल चारभाठा डोंगरगढ, श्री श्याम इंडस्ट्रीज महराजपुर छुरिया और मेसर्स एमजे फूड प्रोडक्ट डोंगरगढ़ में औचक निरीक्षण के दौरान धान और चावल के स्टॉक में कमी पाए जाने के चलते उक्त तीनों मिलों के विरूद्ध प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई की है।
     
    माँ परमेश्वरी राईस मिल चारभाठा डोंगरगढ़ से 800 क्विंटल धान एवं 1000 क्विंटल चावल, श्री श्याम इंडस्ट्रीज महराजपुर छुरिया से 500 क्विंटल धान एवं 1450 क्विंटल चावल तथा मेसर्स एमजे फूड प्रोडक्ट डोंगरगढ़ से 4000 क्विंटल धान एवं 1800 क्विंटल चावल जब्त किया है।
     
    गौरतलब है कि खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में कस्टम मिलिंग के लिए मिलर्स को प्रदाय किए गए धान के एवज में 31 अक्टूबर तक शत-प्रतिशत मात्रा का चावल जमा किया जाना है।
     
    राजनांदगांव जिले में एफसीआई में 99842 मीट्रिक टन चावल तथा नागरिक आपूर्ति निगम में 16067 मिट्रिक टन अरवा चावल जमा किया जाना शेष है। शेष चावल की मात्रा एफसीआई एवं नागरिक आपूर्ति निगम में जमा कराने के निर्देश राईस मिलरों को दिए गए हैं। 
  • ऑयल से भरा मिनी टैंकर जब्त, मामलें में हुआ बड़ा खुलासा

    17-Oct-2024

    सारंगढ़। मंगलवार की रात्रि एसडीएम सारंगढ़ द्वारा तरल पेट्रोलियम द्रव्य के अवैध तरीके से बिक्री के उद्देश्य से परिवहन किये जाने के संदेह के आधार पर पूछ ताछ हेतु रोके गए मिनी टैंकर का खाद्य निरीक्षक तरुण कुमार नायक द्वारा जांच करने पर उक्त मिनी टैंकर वाहन में तीक्ष्ण गंध युक्त, तरल पेट्रोलियम द्रव्य (मिनरल हाइड्रोकार्बन ऑयल) संग्रहित पाया गया। उक्त पेट्रोलियम ऑयल को वाहन मालिक धैर्य अग्रवाल के कहने पर मां लक्ष्मी ज्वेलर्स बिलासपुर रोड सारंगढ़ से प्रकृति ट्रेडर्स परधियापाली बरमकेला में खाली करने के उद्देश्य से परिवहन किया जा रहा था। तरल पेट्रोलियम द्रव्य के परिवहन करने हेतु किसी प्रकार का विस्फोटक अनुज्ञप्ति, वाहन परमिट, कैलिब्रेशन सर्टिफिकेट या अन्य दस्तावेज वाहन चालक के पास नहीं पाया गया जिस के कारण उक्त मिनी टैंकर एवं उसमें संग्रहित तीक्ष्ण गंध युक्त, तरल पेट्रोलियम द्रव्य (मिनरल हाइड्रोकार्बन ऑयल)1647.30 किग्रा को वाहन चालक कैलाश पटेल से जब्त कर मेसर्स कुमार पंकज फ्यूल्स (पेट्रोल पंप) बुदेली बरमकेला के प्रोप्राइटर राज कुमार पटेल के सुपुर्दगी में प्रदान किया गया। 

  • 5 IPS अधिकारियों का ट्रांसफर

    17-Oct-2024

    रायपुर। छत्तीसगढ़ के गृह विभाग ने 5 आईपीएस अधिकारियों का तबादला आदेश जारी किया है. आदेश के मुताबिक आईपीएस अरविंद कुजूर, धर्मेंद्र सिंह छवई, श्वेता राजमणी, उदय किरण सिंह और मनोज कुमार खिलारी का तबादला किया गया है। गृह विभाग के अवर सचिव के द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, आईपीएस अरविंद कुमार कुजूर को उप पुलिस महानिरीक्षक पुलिस मुख्यालय रायपुर की जिम्मेदारी दी गई है. आईपीएस धर्मेंद्र सिंह छवई को सेनानी, 15वी वाहिनी बीजापुर भेजा गया है. आईपीएस श्वेता राजमणि को सेनानी 19वी वाहिनी जिला बस्तर, आईपीएस उदय किरण को सेनानी 9वी वाहिनी दंतेवाड़ा और आईपीएस मनोज कुमार खिलारी सेनानी 2री वाहिनी जिला बिलासपुर भेजा गया है। 

  • CG BREAKING: 22 अक्टूबर तक ED रिमांड पर रहेगी निलंबित IAS रानू साहू

    17-Oct-2024

    रायपुर। छत्तीसगढ़ DMF घोटाला मामले में ईडी की कार्रवाई जारी है. जेल में बंद निलंबित IAS रानू साहू को ईडी ने आज कोर्ट में पेश किया, जहां कोर्ट ने रानू साहू को 22 अक्टूबर तक ईडी रिमांड पर सौंपा. इस दौरान रोजाना सुबह 10 से 5 बजे तक ईडी रानू साहू से पूछताछ करेगी. कोर्ट ने स्वजनों को एक दिन छोड़कर मिलने देने का आदेश भी दिया है। रानू साहू जून 2021 से जून 2022 तक कोरबा में कलेक्टर थीं। इसके बाद फरवरी 2023 तक वह रायगढ़ की भी कलेक्टर रहीं. इस दौरान माया वारियर भी कोरबा में पदस्थ थीं. कलेक्टर रानू साहू से करीबी संबंध होने के कारण कोयला घोटाले को लेकर माया वारियर के दफ्तर और घर में ED ने छापा मारा था. DMF की बड़ी राशि आदिवासी विकास विभाग को प्रदान की गई थी, जिसमें घोटाले का आरोप है. इसका प्रमाण मिलने के बाद ED ने माया वारियर को भी गिरफ्तार कर लिया है। 

  • CM विष्णुदेव साय कल भिलाई के क्षेत्रीय उद्यमी सम्मेलन में होंगे शामिल

    17-Oct-2024

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 18 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे भिलाई के खुर्सीपार स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित ‘क्षेत्रीय उद्यमी सम्मेलन-2024‘ में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री श्री साय दोपहर 1.40 बजे पुलिस ग्राउण्ड हेलीपेड रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर 1.55 बजे दुर्ग जिले के भिलाई-3 हेलीपेड पहुंचेंगे। श्री साय दोपहर 2 बजे अग्रसेन भवन खुर्सीपार में आयोजित क्षेत्रीय उद्यमी सम्मेलन-2024 में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री श्री साय अपरान्ह 3.05 बजे भिलाई-3 से रवाना होकर 3.20 बजे रायपुर लौट आएंगे। 

  • राज्य सरकार ने सेवानिवृत्त IAS को दिया कैबिनेट मंत्री का दर्जा

    17-Oct-2024

    रायपुर। राज्य सरकार ने राज्‍य के एक सेवानिवृत्‍त आईएएस अफसर को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया है। इस संबंध में सामान्‍य प्रशासन विभाग से आदेश जारी कर दिया गया है। जीएडी से जारी आदेश के अनुसार सेवानिवृत्‍त आईएएस आरएस विश्‍वकर्मा को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया है। विश्‍वकर्मा को राज्‍य पिछड़ा वर्ग कल्‍याण आयोग की अध्‍यक्ष के नाते यह दर्जा दिया है। आदेश में यह भी स्‍पष्‍ट किया गया है कि कैबिनेट मंत्री का दर्जा केवल शिष्‍टाचार के लिए दिया जाता है। 

  • भारतीय निशानेबाज अखिल श्योराण ने 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में जीता कांस्य पदक

    17-Oct-2024

    आईएसएसएफ विश्व कप फाइनल भारत की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा, जहां भारतीय निशानेबाज अखिल श्योराण ने बुधवार, 16 अक्टूबर को पदक जीता। अखिल ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में कांस्य पदक जीता। इस प्रकार, यह पदक अखिल के लिए निराशाओं से भरे साल में राहत लेकर आया है।

     
    दरअसल, बागपान निवासी अखिल श्योराण के लिए यह साल काफी निराशाजनक रहा है। पिछले साल, उन्होंने बाकू में विश्व चैंपियनशिप में पेरिस ओलंपिक के लिए कोटा हासिल किया था, लेकिन फिर नई दिल्ली और भोपाल में ओलंपिक क्वालीफायर के दौरान घायल हो गए थे। इस वजह से वह पेरिस नहीं जा सके और उनका ओलंपिक पदक जीतने का सपना टूट गया.
     
    उन्होंने पेरिस ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता चीन के लियू युकुन को हराकर पदक जीता। हंगरी के इस्तवान पेनी ने कर्णी सिंह रिज पर स्वर्ण पदक जीता। अखिल के अलावा अन्य भारतीय निशानेबाज भी निराश हैं. आशी चोकसी और निशाल दोनों महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में पदक तालिका में जगह बनाने में असफल रहीं।
     
    वहीं, ओलंपियन रिदम सांगवान शूट-ऑफ में कांस्य पदक से चूक गए और 25 मीटर स्पोर्ट पिस्टल में चीनी निशानेबाज के साथ तीसरे स्थान पर रहे। हालाँकि, अखिल ने धैर्य बनाए रखा और साल के अंतिम टूर्नामेंट में 452.6 के स्कोर के साथ भारत के लिए दूसरा पदक जीता। इसके विपरीत, इस्तवान पेनी ने फाइनल में 465.3 अंक बनाए।
     
    इससे पहले, अखिल क्वालीफाइंग राउंड में 589 के स्कोर के साथ छठे स्थान पर रहे और आठ निशानेबाजों के बीच फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। प्रतियोगिता में एक अन्य भारतीय निशानेबाज चैन सिंह 592 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहे। हालांकि, फाइनल में वह सातवें स्थान पर रहे।
     
    महिलाओं की 50 मीटर थ्री-पोजीशन राइफल क्वालीफाइंग में, हांग्जो एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता आशी 587 के स्कोर के साथ टीम स्पर्धा में नौवें स्थान पर रहीं। निशाल 585 के स्कोर के साथ 10वें स्थान पर रहीं।
  • सहायक प्रोग्रामर (जॉबदार) हेतु पात्र-अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी

    17-Oct-2024

    एमसीबी,जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित हेतु सहायक प्रोग्रामर (जॉबदार) के लिए 3 अगस्त 2024 से 2 सितंबर 2024 तक आवेदन पत्र आमंत्रित किये गये थे। उक्त पद हेतु 108 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

     
    प्राप्त आवेदन का चयन समिति द्वारा सूक्ष्म जांच किया, दावा आपत्ति हेतु 09 अक्टूबर 2024 तक समय सीमा निर्धारित थी। दावा आपत्ति में आवेदनों का निराकरण पश्चात् पुनः पात्र/अपात्र की सूची जिले की वेबसाईट में जारी की जा रही है। इसमें कुल पात्र आवेदनों की संख्या 57 एवं अपात्र आवेदनों की संख्या 51 है।
  • आबकारी टीम सांकरा द्वारा अवैध शराब विक्रय के विरुद्ध की गई कार्रवाई

    17-Oct-2024

    महासमुंद,कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब निर्माण एवं विक्रय के विरुद्ध कार्रवाई जारी है।

     
    प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी श्री निधीष कोष्टी के मार्गदर्शन में बुधवार को मुखबिर सूचना के आधार पर आबकारी टीम सांकरा द्वारा बिजेपुर से गौरिया जंगल मुख्य मार्ग में नाकाबंदी कर दोपहिया वाहन से परिवहन करते आरोपी दुर्गेश बाघ उम्र 20 वर्ष साकिन बिजेपुर, थाना सांकरा के कब्जे से अवैध हाथ भट्टी कच्ची महुआ शराब कुल मात्रा 10 लीटर जिसका बाजार मूल्य 2000 रुपए एवं जप्त वाहन का बाजार मूल्य लगभग 25000 रुपए, जिसे छ.ग. आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत विधिवत प्रकरण कायम कर गिरफ्तार किया गया। उक्त कार्रवाई आबकारी वृत्त सांकरा प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक अनिल कुमार झारिया के नेतृत्व में की गई। 
  • बस्तर मड़ई और क्षेत्रीय सरस मेला में पहुँचे गुजरात राज्य के लाइवलीहुड प्रमोशन के मिशन डायरेक्टर

    17-Oct-2024

    जगदलपुर, दीनदयाल अंत्योदय योजना छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’के तहत बस्तर जिले के लालबाग मैदान में आयोजित बस्तर मड़ई और क्षेत्रीय सरस बस्तर मेला में 16 अक्टूबर को गुजरात राज्य के मिशन डायरेक्टर गुजरात लाइवलीहुड प्रमोशन कंपनी डॉ मनीष कुमार बंसल (आई.ए.एस.) पहुँचे। कलेक्टर श्री हरीश एस. के मार्गदर्शन में सीईओ जिला पंचायत श्री प्रकाश कुमार सर्वे के द्वारा बस्तर मड़ई और क्षेत्रीय सरस मेला में छत्तीसगढ़ एवं अन्य राज्य से स्व-सहायता समूहों द्वारा 180 स्टॉल में विविध प्रकार के उत्पाद का प्रदर्शन सह विक्रय हेतु लगाए गए समस्त स्टॉल की जानकारी दी गई।

     
    मिशन डायरेक्टर डॉ बंसल ने समूह सदस्यों से उनके उत्पादों के विषय में जानकारी ली और उनको बेहतर कार्य के लिए सराहना करते हुए प्रोत्साहित किया। इस दौरान जिला मिशन इकाई बस्तर के समस्त जिला कार्यक्रम प्रबंधक और अन्य जिलों के नोडल उपस्थित थे। मिशन डायरेक्टर डॉ बंसल दो दिवसीय बस्तर प्रवास में रहेंगे और जिले के अन्य पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगे। 
  • राजधानी रायपुर के मुजगहन इलाके में 20 लाख रुपये की लूट

    17-Oct-2024

    रायपुर। राजधानी रायपुर के मुजगहन इलाके में 20 लाख रुपये की लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना वेंकट हॉस्पिटल के सामने हुई, जहां अज्ञात बदमाशों ने एक युवक से 20 लाख रुपये लूट लिए। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक अपने काम से जा रहा था, तभी बदमाशों ने उसे घेरकर रुपये लूट लिए।

     
    इस घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। मुजगहन थाना क्षेत्र की क्राइम ब्रांच की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि वे इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं और वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी जल्‍द ही पकड़े जाएंगे। वहीं, इस घटना के बाद से इलाके में सुरक्षा को लेकर लोगों में दहशत का माहौल है।
  • मंदिर में बैगा ने बकरों की बलि देकर पीया उनका खून

    17-Oct-2024

     रायगढ़। जिले में शरद पूर्णिमा के दिन मानकेश्वरी देवी मंदिर में बैगा ने बकरों की बलि देकर उनका खून पीया। यहां मौजूद श्रद्धालुओं के मुताबिक, इस दिन बैगा के शरीर में देवी आतीं हैं और वो बलि दिए गए बकरों का खून पीती हैं। बलि की ये परंपरा करीब 500 साल से चली आ रही है।

     
    जिला मुख्यालय से करीब 27 किमी दूर करमागढ़ में विराजी मां मानकेश्वरी देवी रायगढ़ राजघराने की कुल देवी हैं। शरद पूर्णिमा के दिन दोपहर बाद यहां बलि पूजा शुरू हुई।
     
    श्रद्धालुओं के मुताबिक जिनकी मनोकामनाएं पूरी होती हैं, वे यहां बकरा और नारियल लाकर चढ़ाते हैं। ग्रामीणों की माने तो पहले 150 से 200 बकरों की बलि दी जाती थी, लेकिन कोरोना काल के बाद से इनकी संख्या करीब 100 तक हो गई है।
  • चाइल्ड पॉर्नोग्राफी मामले में बिलासपुर निवासी आरोपी गिरफ्तार

    17-Oct-2024

    बलौदाबाजार-भाटापारा,चाइल्ड पॉर्नोग्राफी मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बलौदाबाजार की सिटी कोतवाली पुलिस ने बिलासपुर निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने सोशल मीडिया में पोर्नोग्राफी वीडियो अपलोड किया था। एनसीआरबी शाखा नई दिल्ली द्वारा टीप मिलने पर बलौदाबाजार पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम राधेलाल केंवट है।

     
    दरअसल, भारत सरकार गृह मंत्रालय के एनसीआरबी शाखा नई दिल्ली द्वारा बलौदाबाजार सायबर को टीप मिलने पर पुलिस द्वारा विभिन्न सोशल मीडिया पर बच्चों से संबंधित पोर्नोग्राफी विडियो अपलोड करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई लगातार की जा रही है। ऑनलाइन साइट अथवा माध्यमों से किसी भी प्रकार से बच्चों से संबंधित पोर्नोग्राफी वीडियो/फोटो अपलोड करना कानूनन अपराध है। इस प्रकार के कृत्य में भारत सरकार गृह मंत्रालय के NCRB शाखा नई दिल्ली द्वारा प्रेषित सायबर टीपलाईन के अनुसार संबंधित आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर कार्रवाई की जाती है।
     
    इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली के अपराध क्र. 728/2024 धारा 67(A),67 (B) आईटी एक्ट का एनसीआरबी शाखा नई दिल्ली द्वारा प्रेषित सायबर टीपलाईन के आधार पर 11. नवम्बर 2022 के 11.58 बजे UTC का लॉगिन आईपी एड्रेस दिया गया। उक्त आईपी का सेवा प्रदाता कंपनी से जानकारी प्राप्त कर विश्लेषण किया गया, जिसमे लॉगिन आईपी का टावर लोकेशन घटना व समय में संदेही मोबाइल धारक का थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में होना बताया गया। जिस पर थाना सिटी कोतवाली द्वारा अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
     
    मामले में सोशल मीडिया में महिला/बच्चों से संबंधित पोर्न वीडियो को अपलोड करने वाले आरोपी के आईपी एड्रेस से पता करने पर आरोपी के मोबाइल नंबर 70493 05026 के द्वारा विडियो अपलोड करना पाया गया। आरोपी मोबाइल धारक राधेलाल केंवट उम्र 44 वर्ष निवासी ग्राम शिव टेकारी थाना पचपेड़ी जिला बिलासपुर को आज विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
  • नवीन ग्राम पंचायतों के परिसीमन हेतु प्रथम प्रकाशन, 21 अक्टूबर तक दावा-आपत्ति आमंत्रित

    17-Oct-2024

    जगदलपुर,जिले में त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन वर्ष 2024-25 के तहत नवीन ग्राम पंचायतों का परिसीमन के लिए 14 अक्टूबर 2024 को ग्राम पंचायतों का प्रथम प्रकाशन किया जाकर दावा-आपत्ति संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (रा0) बस्तर में 21 अक्टूबर तक प्रस्तुत किया जा सकता है।

     
    अनुविभागीय अधिकारी (रा0) बस्तर के द्वारा प्राप्त दावा-आपत्ति का निराकरण कर प्रारूप (क) में प्रतिवेदन कार्यालय जनपद पंचायत बस्तर, तहसील कार्यालय एवं अनुविभागीय अधिकारी (रा0) बस्तर के कार्यालय में 23 अक्टूबर को चस्पा किया जाएगा।
     
    उक्त निराकरण से संतुष्ट नहीं होने की स्थिति में 24 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक न्यायालय कलेक्टर बस्तर में उपस्थित होकर सुसंगत तथ्यों के साथ अभ्यावेदन यथा दावा-आपत्ति प्रस्तुत किया जा सकता है। अपर कलेक्टर जगदलपुर से मिली जानकारी अनुसार उक्त समय-सीमा के पश्चात प्राप्त दावों पर विचार नहीं किया जाएगा।
Top