बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • रायपुर दक्षिण उपचुनाव के लिए बीजेपी प्रत्याशी सुनील सोनी ने नामांकन दाखिल किया….

    23-Oct-2024

    रायपुर। रायपुर दक्षिण उपचुनाव दंगल में उतरे बीजेपी प्रत्याशी सुनील सोनी ने नामांकन दाखिल कर दिया है। इस दौरान MP बृजमोहन अग्रवाल, ललित जैसिंघ सहित कई बीजेपी नेता मौजूद रहे। नामांकन दाखिल करने के बाद सुनील सोनी ने कहा कि, आज मुहूर्त पर नामांकन दाखिल किया है। मेरे साथ दक्षिण विधानसभा के 8 बार विधायक रहे सांसद बृजमोहन अग्रवाल साथ में रहे।

     
    बता दें कि दरअसल, भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल के सांसद चुने जाने के बाद रायपुर दक्षिण सीट खाली हुई है। इस सीट पर 13 नवंबर को मतदान होगा और 23 नवंबर को मतगणना होगी। केंद्रीय चुनाव आयोग ने 15 अक्टूबर को उप चुनाव की घोषणा की थी।
     
    वहीं, कांग्रेस से आकाश शर्मा को उम्मीदवार घोषित किया गया है। जिसके बाद से दूसरे दावेदार प्रमोद दुबे, एजाज ढेबर और कन्हैया अग्रवाल ने प्रदेश अध्यक्ष की बैठक से दूरी बना ली है।
  • मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बिजली सखियों को वितरित किए बिजली किट

    23-Oct-2024

    स्व-सहायता समूह की महिलाओं को रोजगार से जोड़ने हो रही सार्थक पहल

    रायपुर, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय बगिया में बगीचा विकास खंड की स्व-सहायता समूहों की 21 बिजली सखियों को बिजली किट प्रदान किए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सभी महिलाओं को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने महिलाओं को बेहतर ढंग से काम करने के लिए उनका हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय भी उपस्थित थी।
     
    उल्लेखनीय है कि जशपुर जिले की स्व-सहायता समूह की महिलाओं को रोजगार देकर उनके आय में वृद्धि करने के लिए सार्थक पहल की जा रही है। बिजली सखी योजना पायलट प्रोजेक्ट के तहत जिला प्रशासन और जनपद पंचायत बगीचा के संयुक्त प्रयास से लागू किया जा रहा है।
     
    बिजली सखी अंतर्गत महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया है। बिजली विभाग के पास मीटर रीडर की कमी के कारण उपभोक्ताओं के बिजली मीटर की नियमित रीडिंग नहीं हो पाती है। इससे उपभोक्ताओं को एक साथ अधिक बिजली बिल का भुगतान करना पड़ता है।
     
    जिला प्रशासन द्वारा स्व-सहायता समूह की महिलाओं को मीटर रीडिंग का प्रशिक्षण देकर उन्हें बिजली सखी बनाया गया है। बिजली सखी के द्वारा नियमित रूप से मीटर रीडिंग किया जाएगा। इस पहल से विद्युत उपभोक्ताओं को नियमित बिजली का बिल मिलेगा, जिससे वे कम बिल का भुगतान कर पाएंगे।
     
    साथ ही एक घर में मीटर रीडिंग करने से बिजली सखी को 12 रूपए बिजली विभाग के द्वारा भुगतान किया जाएगा। इससे समूह की महिलाओं को रोजगार उपलब्ध होगा और उन्हें नियमित आय होगी। इससे बिजली सखी के रूप में जनपद क्षेत्र में लखपति दीदी की संख्या भी बढ़ेगी। जशपुर में पायलट प्रोजेक्ट के तहत 21 महिलाओं को बिजली सखी बनाया गया है। जिला में 300 महिलाओं को बिजली सखी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। 
  • कांग्रेस की रायपुर दक्षिण रणनीति: आकाश शर्मा के साथ जीत की उम्मीद

    22-Oct-2024

    रायपुर. रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा पर भरोसा जताते हुए मैदान में उतारा है. इस मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने लल्लूराम डॉट कॉम से बातचीत करते हुए कहा कि आकाश युवा चेहरा है. युवा जोश है. पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेंगे. लोगों के बीच जाएंगे. जो नाराज हैं उनसे भी बात करेंगे. सभी मिलकर चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष आकाश शर्मा को रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशी घोषित किए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी है. उन्होंने ट्वीट कर कहा, सभी कार्यकर्ता जुटकर इस लड़ाई को लड़ेंगे और कांग्रेस को विजयी बनाएंगे.

     
    पीसीसी चीफ बैज ने कहा, आकाश शर्मा को आलाकमान ने टिकट दिया है, उन्हें बहुत बहुत बधाई. आकाश युवा प्रत्याशी है. मजबूत चेहरा है. युवाओं के बीच अच्छी पकड़ है. दक्षिण विधानसभा में लगातार युवाओं के बीच में रहे हैं. कहीं ना कहीं उन्होंने पार्टी के लिए लगातार एनएसयूआई अध्यक्ष, युवा कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में काम किया है, कहीं ना कहीं इसका फायदा पार्टी को मिलेगा.
     
     
    दीपक बैज ने कहा, आकाश शर्मा ने पिछले समय भी टिकट मांगी थी. मौका नहीं मिल पाया था इसलिए पार्टी ने उन्हें मौका दिया है. पार्टी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी. दक्षिण विधानसभा में हमारे पास लगभग 15 लोगों ने आवेदन दिए थे. 6 लोग मजबूत प्रत्याशी के रूप में हमारे पास रहे. हम लोगों को बहुत कठिन हुआ कि किस नाम पर हम लोग मुहर लगाए. निर्णय हाई कमान को करना है. हमने नाम भेज दिए थे. हाईकमान ने जो निर्णय लिया वही हमारे लिए मान्य है.
     
    महापौर और पार्षद रहते सुनील सोनी ने कुछ नहीं किया : बैज
    बैज ने कहा, भाजपा प्रत्याशी सुनील सोनी को तय करना है कि बृजमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में लड़ रहे हैं या भारतीय जनता पार्टी चुनाव लड़ रही है. क्षेत्र की जनता जानती है. सुनील सोनी सबसे निष्क्रिय प्रत्याशी हैं. महापौर और सांसद रहते हुए उन्होंने विधानसभा के लिए कुछ नहीं किया है. जनता के लिए कुछ नहीं किया है. पूरे तरीके से निष्क्रिय प्रत्याशी हैं. इसका फायदा कांग्रेस को मिलेगा. कांग्रेस मजबूती के साथ तैयारी कर रही है. इस समय जनता बदलाव चाहती है. इसका फायदा कांग्रेस पार्टी को जरूर मिलेगा.
  • 24 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ बंद: शिक्षकों की हड़ताल का बड़ा असर

    22-Oct-2024

    रायपुर । छत्तीसगढ़ के शिक्षक अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 24 अक्टूबर को बड़े पैमाने पर हड़ताल और धरना प्रदर्शन करेंगे, जिससे प्रदेश के हजारों स्कूल बंद रहने की संभावना है। इस हड़ताल का आयोजन “छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा” के बैनर तले किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश के चार प्रमुख शिक्षक संघ एकजुट होकर अपनी मांगों के लिए आवाज उठा रहे हैं। शिक्षकों ने सामूहिक अवकाश का आवेदन भी जमा कर दिया है, और जिला मुख्यालयों पर धरना, रैली और ज्ञापन सौंपने की योजना बनाई गई है।

     
    मुख्य मांगे और आंदोलन के उद्देश्य
    शिक्षक संघर्ष मोर्चा की प्रमुख मांगों में सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करना, क्रमोन्नति वेतनमान देना, पुरानी पेंशन योजना लागू करना और केंद्र के समान महंगाई भत्ता प्रदान करना शामिल है। इसके अलावा, “पूर्व सेवा गणना मिशन” के तहत 20 साल की सेवा में पूर्ण पेंशन देने की मांग की जा रही है।
     
     
    शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रदेश संयोजक संजय शर्मा, वीरेंद्र दुबे, मनीष मिश्रा और विकास राजपूत ने कहा कि शिक्षकों की ये मांगें लंबे समय से लंबित हैं और अब तक इन्हें लागू नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव 2023 के घोषणा पत्र में भी इन मुद्दों को शामिल किया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
     
    शिक्षक संघ की प्रमुख मांगें
    सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करना: समस्त एलबी संवर्ग को क्रमोन्नति वेतनमान प्रदान किया जाए।
    पुनरीक्षित वेतनमान का सही निर्धारण: 1.86 के गुणांक पर सही वेतन निर्धारण।
     
    पुरानी पेंशन योजना लागू करना: पूर्व सेवा अवधि की गणना कर 20 साल की सेवा में पूर्ण पेंशन का प्रावधान।
    समयमान/क्रमोन्नति का आदेश: उच्च न्यायालय बिलासपुर के आदेश के तहत पात्र शिक्षकों के लिए आदेश जारी करना।
     
    केंद्र के समान महंगाई भत्ता: 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता और जुलाई 2019 से एरियर का समायोजन।
     
    धरना और रैली की तैयारी
    शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने सभी शिक्षकों और शिक्षक संगठनों से अपील की है कि वे 24 अक्टूबर को सामूहिक अवकाश लेकर जिला मुख्यालयों में धरना, प्रदर्शन और रैली में शामिल हों। इसके अलावा, मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, और अन्य संबंधित अधिकारियों के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
     
     
    इस हड़ताल का सीधा असर राज्य के हजारों स्कूली बच्चों पर पड़ेगा, क्योंकि शिक्षकों के प्रदर्शन के कारण कई स्कूलों में पढ़ाई बाधित रहेगी।
  • फेमस यूट्यूबर रवि शर्मा का पुलिस पर मारपीट और धमकी का आरोप, SP ने दिए जांच के आदेश…

    22-Oct-2024

    रायपुर :- छत्तीसगढ़ी डिजिटल क्रिएटर और फेमस युट्यूबर रवि शर्मा ने थाने एक वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है. इस वीडियो में रवि शर्मा पुलिस पर जबरन थाने लाने, धमकी देने, गाली देने और मारपीट करने का आरोप लगाता हुआ नजर आ रहा है. रवि शर्मा का आरोप है कि बीती रात मठपुरैना स्थित पान ठेला, जो कि मेरे बड़े पिता जी का है. मैं वहां बैठा हुआ था. रात के करीब 11 बजे रहे होंगे. पेट्रिलिंग पुलिस टीम मौके पर पहुंची. महेश नेताम आरक्षक ने करीब 400 रुपये का समान लिया, लेकिन पैसे नहीं दिया. मैंने पैसे की मांग की तो गाली देते हुए धमकी देने लगा. मैंने विरोध किया तो मेरे साथ मारपीट करते हुए मुझे पकड़कर थाने ले आए. थाने में लाने के बाद सीधे लॉकअप में डाल दिया. कुछ देर बाद जब मेरे घर वाले और दोस्त आए और मैंने वीडियो बनाना शुरू किया तो मुझे थाने से छोड़ा गया.

     
    वहीं इस मामले की सूचना पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह तक पहुंच गई है. उन्होंने कहा कि इस घटना की जांच कराई जा रही है. मामले को गम्भीरता से लिया जा रहा है. शिकायत सही पाए जाने पर जरूर कार्रवाई होगी.
  • मयाली नेचर कैंप में सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक, CM साय ने किया पर्यटन स्थल का दौरा…

    22-Oct-2024

    जशपुर :- प्रकृति की गोद से आज सरगुजा क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखी जाएगी। जशपुर जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मयाली में आज मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक आयोजित है। जिसमें शामिल होने खड़सा व्यू प्वाइंट पहुंचने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं सभी अतिथियों का कर्मा नृत्य और पारंपरिक वाद्य यंत्रों ढांक एवं नगाड़े की धुनों के बीच परम्परागत बांस की टोपी और डुंबर के फल और आम की पत्तियों की माला पहना कर स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय खड़सा व्यू प्वाइंट से बैठक में शामिल होने मयाली डैम में बोट से सभी अतिथियों के साथ मयाली नेचर कैंप की खूबसूरती को निहारते हुए बैठक स्थल तक पहुंचे।

     
    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ बैठक में शामिल होने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, उपाध्यक्ष सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण श्रीमती गोमती साय, सांसद रायगढ़ श्री राधेश्याम राठिया, विधायक जशपुर रायमुनी भगत, राम प्रताप सिंह, कृष्ण कुमार राय, मुख्यमंत्री के सचिव पी दयानंद, कमिश्नर श्री जी आर चुरेंद्र, आईजी श्री अंकित गर्ग, कलेक्टर डॉ रवि मित्तल, एसपी श्री शशिमोहन सिंह भी पहुंचे।
     
     
    नेचर कैंप से एक ओर डैम की खूबसूरती तो दूसरी ओर विशालतम प्राकृतिक शिवलिंग मधेश्वर पहाड़ का विहंगम दृश्य और दिखाई पड़ता है। चारों ओर फैली हरियाली इसकी सुंदरता और बढ़ जाती है। मयाली नेचर कैंप को स्वदेश दर्शन योजना में शामिल करने के साथ ही पर्यटन विभाग ने मयाली के विकास के लिए 10 करोड़ रूपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। जशपुर की सुरम्य पहाड़ियों की गोद में स्थित है प्रकृति का अनुपम उपहार मयाली। यहां मयाली नेचर कैंप जिले के कुनकुरी ब्लॉक में चराईडांड़ बगीचा स्टेट हाईवे के करीब स्थित है। डेम के किनारे, हरियाली से भरे हुए प्राकृतिक स्थल पर परिवार के साथ भारी संख्या में पर्यटक आते हैं। वीकेंड के दिनों में मयाली में लोगों की भीड़ ज्यादा जुटती है। मयाली नेचर कैंप में बोटिंग की भी सुविधा है।
  • रायपुर जेल से कोर्ट पहुंचा गैंगस्टर अमन साव, तेलीबांधा गोलीकांड मामले में पुलिस ने मांगी रिमांड…

    22-Oct-2024

    रायपुर :- रायपुर जेल में बंद गैंगस्टर अमन साव को रायपुर पुलिस कोर्ट लेकर पहुंची है। दरअसल तेलीबांधा थाना क्षेत्र में हुए गोली कांड को लेकर तेलीबांधा पुलिस अमन से पूछताछ करना चाहती है जिसके लिए पुलिस हिरासत की मांग करेगी। मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच गैंगस्टर अमन साव को प्रोडक्शन वारंट पर जेल से लेकर टीम रायपुर कोर्ट पहुंची है। कोर्ट में पुलिस की ओर से रिमांड लेने को लेकर आवेदन भी पेश किया गया है। जहां रिमांड लेने को लेकर सुनवाई होगी।

     
    रायपुर पुलिस को इनपुट मिला है कि जेल से ऑपरेट बंद के मुताबिक,जेल से ही गैंगस्टर अमन सोशल मीडिया ऐप के जरिए अपने गुर्गों को डायरेक्शन देता है। अमन पर झारखंड की जेल में बैठकर रायपुर के कारोबारियों पर भी गोली चलवाने का आरोप है। इसी मामले में पुलिस अमन से पूछताछ करना चाहती है।
  • नासा की घोषणा : 24 अक्टूबर को पृथ्वी के पास से गुजरेगा विशाल एस्टेरॉयड…

    22-Oct-2024

    वाशिंगटन :- अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा (NASA) ने घोषणा की है कि एक विशाल एस्टेरॉयड (क्षुद्रग्रह) 24 अक्टूबर 2024 को रात 9:17 बजे (IST) पृथ्वी के पास से गुजरने वाला है। इस एस्टेरॉयड को 363305 (2002 NV16) नाम दिया गया है। यह नियर-अर्थ ऑब्जेक्ट (NEO) लगभग 580 फीट लंबा है, जो आकार में एक बड़ी इमारत के बराबर है। यह पृथ्वी के सबसे नजदीक 4,520,000 किलोमीटर की दूरी से होकर गुजरेगा। यह विशाल एस्टेरॉयड लगभग 17,542 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से अंतरिक्ष में सफर कर रहा है।

     
    नासा और अन्य अंतरिक्ष एजेंसियां इस तरह के एस्टेरॉयड पर नजर रखती हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे हमारी धरती के लिए कोई खतरा नहीं बनें। एस्टेरॉयड 363305 (2002 NV16) पृथ्वी से 4,520,000 किलोमीटर की दूरी पर से गुजरेगा। यह दूरी अंतरिक्ष के विशाल विस्तार के मुकाबले बेहद पास मानी जाती है। तुलनात्मक रूप से देखा जाए तो पृथ्वी और चंद्रमा के बीच की औसत दूरी लगभग 384,400 किलोमीटर है, इस दृष्टिकोण से यह एस्टेरॉयड चंद्रमा से 11 गुना अधिक दूर से गुजरेगा।
     
     
     
    एस्टेरॉयड 363305 (2002 NV16) को उसके आकार और निकटता के आधार पर “संभावित खतरनाक क्षुद्रग्रह” (PHA) के रूप में वर्गीकृत किया गया है। हालांकि, नासा ने पुष्टि की है कि इस एस्टेरॉयड से कोई खतरा नहीं है और यह सुरक्षित रूप से पृथ्वी के पास से गुजर जाएगा। नासा और अन्य अंतरिक्ष एजेंसियां एडवांस दूरबीनों और ट्रैकिंग सिस्टम का इस्तेमाल कर इस प्रकार के नियर-अर्थ ऑब्जेक्ट्स पर लगातार नजर बनाए रखते हैं।
     
    किसी भी संभावित खतरे की पहचान समय रहते की जा सके, इसके लिए यह निगरानी बेहद महत्वपूर्ण है। हालांकि एस्टेरॉयड 363305 (2002 NV16) से कोई खतरा नहीं है, यह निकटता हमारे सौरमंडल की गतिशीलता का एक और उदाहरण है। हाल ही में, एस्टेरॉयड 2024 TY21 भी 19 अक्टूबर को पृथ्वी के पास से सुरक्षित दूरी, लगभग 1.35 मिलियन किलोमीटर, से गुजरा। इस दूरी को पृथ्वी के लिए सुरक्षित माना गया था। 2024 TY21 का व्यास लगभग 40 फीट था, जो एक बस के आकार के बराबर है।
  • छत्तीसगढ़ राजधानी रायपुर के उपचुनाव में राष्ट्रीय महासचिव अंकुश बरियाकर उतरेंगे मैदान पर

    22-Oct-2024

    रायपुर। छत्तीसगढ़ राजधानी रायपुर के उपचुनाव में राष्ट्रीय पार्टी सर्वाधिक दल के राष्ट्रीय महासचिव अंकुश बरियाकर उतरेंगे मैदान पर समस्त समाज के साथ एक अच्छा छवि और पहचान होते ही एक लीडरशिप की जुनून उनके अंदर है इसीलिए राष्ट्रीय पार्टी सर्वाधिक दल के तरफ से उनका नाम चयन कर उसे मैदान में उतारने का निर्णय लिया है। 

     
  • अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2: द रूल ने रिलीज से पहले ही की करोड़ों की कमाई

    22-Oct-2024

    डिजिटल, म्यूज़िक और सैटेलाइट राइट्स को बेचकर किया कुल ₹1085 करोड़ का कलेक्शन

    पुष्पा 2: द रूल साल की मच अवेटेड फिल्मों में से एक है, जिसे देखने के लिए सभी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं । इस फिल्म के साथ नेशनल अवॉर्ड विनर अल्लू अर्जुन अपने अनोखे और यादगार किरदार पुष्पराज के साथ वापस आ रहे हैं। जबकी प्रशंसकों के बीच फिल्म का उत्साह दिन-ब-दिन बढ़ रहा है, फिल्म ने अपनी रिलीज से पहले ही रिकॉर्ड तोड़ना शुरू कर दिया है। जी हां! इसने ₹1085 करोड़ का टोटल प्री-रिलीज़ कलेक्शन अपने नाम कर लिया है।
     
    अल्लू अर्जुन ने पुष्पा: द राइज के जरिए से बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड जीतकर एक नया रिकॉर्ड सेट किया। अब, वह पुष्पा 2: द रूल के साथ बॉक्स ऑफिस पर राज करने के लिए तैयार हैं, और इस तरह से यह फिल्म पहले ही चर्चा का विषय बन चुकी है। फिल्म अपने रिलीज से पहले ही ₹1085 करोड़ का बड़ा कलेक्शन अपने नाम कर चुकी है ।
     
    यह शानदार उपलब्धि एक रिकॉर्ड तोड़ने वाली डील है और यह भारत में अब तक की सबसे फायदेमंद फिल्म डील्स में से एक मानी जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, थिएट्रिकल राइट्स को ₹640 करोड़ में बेचा गया है। इसके साथ ही, फिल्म ने एक बहुत बड़ी डिजिटल डील की है, जिसमें नेटफ्लिक्स ने ₹275 करोड़ में राइट्स खरीदे हैं ।
     
    अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2: द रूल के ओवरऑल प्री-रिलीज़ बिज़नेस को देखें तो फ़िल्म ने आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में ₹220 करोड़, उत्तर भारत में ₹200 करोड़, तमिलनाडु में ₹50 करोड़, कर्नाटक में ₹30 करोड़, केरल में ₹20 करोड़ और विदेशी बाज़ारों में ₹140 करोड़ कमाए हैं। इसके अलावा, म्यूज़िक राइट्स ₹65 करोड़ और सैटेलाइट राइट्स ₹85 करोड़ में बेचे गए हैं। फ़िल्म ने अपने नॉन-थियेट्रिकल राइट्स से ₹425 करोड़ कमाए हैं।
     
    पुष्पा 2: द रूल 6 दिसंबर 2024 को दुनिया भर के थिएटर्स में रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म का डायरेक्शन सुकुमार ने किया है और ये माइथ्री मूवी मेकर्स प्रोड्यूस करने गई है। फिल्म में अल्लू अर्जुन, रश्मिका मंदाना और फहद फासिल मुख्य किरदार में हैं। फिल्म का म्यूजिक टी-सीरीज ने दिया है।
     
    अपने शानदार नेशनल अवॉर्ड जीतने के बाद, #AlluArjun बॉक्स ऑफिस पर राज करने वाले हैं! साल की मच अवेटेड फिल्म, #Pushpa2TheRule, ने ₹1060 करोड़ की टोटल प्री-रिलीज़ कलेक्शन कमा ली है! ये सच है कि यह एक अनोखी उपलब्धि है, क्योंकि किसी फिल्म ने अपनी रिलीज से पहले इतना बड़ा कलेक्शन कभी हासिल नहीं किया है।
     
    अल्लू अर्जुन ने तो अभी से ही जोरदार शुरूआत कर दी है, जबकी फिल्म की रिलीज में अभी 1.5 महीने बचे हैं! अगर ये सिर्फ शुरुआत है, तो फिल्म रिलीज होने पर सोचिए कितने रिकॉर्ड टूटने वाले हैं!
     
  • बड़ा डीजल चोरी रैकेट बusted: पुलिस ने 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया

    22-Oct-2024

    कोरबा. जिले की दीपका थाना पुलिस ने एसईसीएल की गेवरा खदान में डीजल चोरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार किया है. खदान के सुरक्षा निरीक्षक की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 11 चोरों को धर दबोचा. इसके साथ ही पुलिस ने चोरों के कब्जे से 2659 लीटर डीजल जब्त किया है, जिसकी कीमत 2,48,456 रुपये बताई जा रही है.

     
     मुखबिर से मिली जानकारी
     
    गेवरा खदान के सुरक्षा निरीक्षक नंदलाल राय ने दीपका पुलिस को एक लिखित शिकायत दी थी, जिसमें बताया गया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग बोलेरो वाहनों में डीजल चोरी कर रहे हैं. इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए सुरक्षा कर्मचारी राकेश कुमार सिंह और सुधीर कुमार मौके पर पहुंचे. वहां उन्होंने देखा कि डोजर और डम्पर के पास डीजल बिखरा हुआ था, जिससे चोरी के संकेत मिले.
     
     सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
     
    गेवरा खदान में सुरक्षा के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं और सीसीएल के सुरक्षा कर्मियों के अलावा निजी कंपनी के कर्मचारियों को भी तैनात किया गया है. इसके बावजूद, डीजल चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं
  • घना कोहरा बना हादसे की वजह: बस पलटने से 10 यात्री घायल, दो की हालत गंभीर

    22-Oct-2024

    गरियाबंद। घने कोहरे की वजह से आज सुबह देवभोग से रायपुर जा रही यात्री बस नेशनल हाइवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में 10 यात्रियों को चोट आई है, जिनमें से दो की हालत गंभीर है.

     
    जानकारी के अनुसार, महेश बस सर्विस की बस देवभोग से रायपुर आ रही थी. रास्ते में घने कोहरे की वजह से पथरी नाला के पास मोड़ पर बस पलट गई. हादसे के वक्त बस में 20 यात्री सवार थे, जिनमें से 10 यात्रियों को चोट आई है.
     
     
    दुर्घटना में दो यात्रियों का पैर टूट गया है. नजदीक में कोई स्वास्थ्य केंद्र नहीं होने की वजह से तमाम घायलों को मैनपुर लाया जा रहा है. घटना की सूचना मिलने के बाद इंदागांव पुलिस मौक पर पहुंचकर जांच में जुट गई है.
  • मानसिक प्रताड़ना करने वाले बीएमओ को कलेक्टर का नोटिस

    22-Oct-2024

    सक्ती, जिले के मालखरौदा में पदस्थ प्रभारी बीएमओ संतोष पटेल को कलेक्टर ने नोटिस जारी कर दिया है। बता दें कि डॉक्टर ने बीएमओ की शिकायत कलेक्टर से की थी। बीएमओ पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया था। साथ ही महिला चिकित्सा अधिकारियों ने वाट्सएप कॉल करके पैसे मांगने के भी आरोप लगाए थे।

     
    महिला चिकित्सा अधिकारियों ने यह आरोप भी लगाया है कि, कार्यालयीन समय के बाद व्यक्तिगत रूप से अकेले अपना निजी निवास डभरा, तो कभी सक्ती तथा मालखरौदा में मिलने के लिए बार-बार बुलाया जाता है। उनके द्वारा चिकित्सा अधिकारियों से वेतन आहरण के एवज में व्हाट्सप कॉल कर पैसे की मांग की जाती है और अनुपस्थित चिकित्सकों के वेतन आहरण हेतु भी पर्सनल बुलाकर पैसे की मांग की जा रही है। पैसे नहीं देने की स्थिति में सेवा समाप्त करने की धमकी दी जा रही है।
     
    डाक्टर्स का यह भी दावा है कि, कार्रवाई न होने से प्रभारी बीएमओ का मनोबल बढ़ा हुआ है। महिला चिकित्सा अधिकारियों ने बीएमओ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तत्काल मुख्यालय से हटाने की मांग की थी, जिसके बाद कलेक्टर ने नोटिस जारी कर 3 दिन के अंदर जवाब देने को कहा है।
  • तेलीबांधा तालाब में मछलियों की सुरक्षा के लिए किया नैनो स्केल फाईको न्यूट्रींट्स का छिड़काव

    22-Oct-2024

    रायपुर। आज नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त एवं रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के एमडी अबिनाष मिश्रा के निर्देष पर राजधानी शहर के तेलीबांधा तालाब में मछलियों की जीवन सुरक्षा हेतु आवष्यक पानी में घुलनषील आक्सीजन की मात्रा में वृद्धि करने एजेंसी के माध्यम से नैनो स्केल फाईको न्यूट्रींट्स का छिड़काव करने का अभियान तत्काल प्रभाव से प्रारंभ करवा दिया गया है।

     
    आयुक्त ने विषय विषेषज्ञ अनुबंधित एजेंसी के संचालक आलोक महावर सहित नगर निगम एवं संबंधित एजेंसी के अधिकारियों को तेलीबांधा तालाब में शीघ्र शत प्रतिषत संख्या में मछलियों की समाज हित में पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से जीवन सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता से सुनिष्चित करवाने के निर्देष दिये है।
     
    जानकारी दी गई कि तेलीबांधा तालाब में नैनो स्केल फाईको न्यूट्रींट्स का छिड़काव व्यापक पैमाने पर प्रारंभ करने के तत्काल पष्चात तालाब क्षेत्र में मछलियों की जीवन सुरक्षा हेतु आवष्यक जल में घुलनषील आक्सीजन की मात्रा में निरंतर वृद्धि परिलक्षित की जा रही है।
     
    नगर निगम जोन 3 स्वास्थ्य विभाग की टीम को तेलीबांधा तालाब के किनारो की सफाई निरंतरता से करवाये जाने के निर्देष दिये गये है। आयुक्त ने उक्त कार्य की सतत माॅनिटरिंग करने कार्यपालन अभियंता अंषुल शर्मा को निर्देषित किया है।
     
    आयुक्त अबिनाष मिश्रा के निर्देष पर तत्काल प्रभाव से तेलीबांधा तालाब में प्रारंभ किये गये नैनो स्केल फाईको न्यूट्रींट्स के छिड़काव का अभियान निरंतरता से व्यापकता के साथ चलाने के निर्देष दिये गये है, ताकि छिड़काव किये जाने से तालाब के जल में घुलनषील आक्सीजन की मात्रा में निरंतर वृद्धि हो सके, जो मछलियों की जीवन सुरक्षा की दृष्टि से उपयोगी हो सके।
     
    विषय विषेषज्ञ श्री आलोक महावर ने वैज्ञानिक तरीके से नैनो स्केल फाईको न्यूट्रींट्स का छिड़काव तेलीबांधा तालाब मरीन ड्राईव में लगातार व्यापक रूप से करवाने का सुझाव दिया है एवं इसे मछलियों के लिये सुरक्षित और लाभदायक बताया है और कहा कि इससे तालाब को जल की अषुद्धियों को भी दूर किया जा सकेगा।
     
    आयुक्त अबिनाष मिश्रा ने व्यापक तरीके से छिड़काव अभियान निरंतर जारी रखकर शीघ्रता से तालाब क्षेत्र में शत प्रतिषत संख्या में मछलियों की जीवन सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता से समाज हित में पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से सुनिष्चित करवाने के निर्देष दिये है।
     
    आयुक्त ने कार्यपालन अभियंता अंषुल शर्मा को छिड़काव अभियान की पर्यावरण सुधार हेतु सतत माॅनिटरिंग करने कहा है ताकि लगातार गुणवत्ता युक्त अभियान मछलियों की जीवन सुरक्षा की दृष्टि से संचालित किया जा सके।
  • CGPSC बायलर इंस्पेक्टर भर्ती 2024: जानें आवेदन प्रक्रिया और योग्यता

    22-Oct-2024

    रायपुर।   छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की तरफ से 11 महीने के लंबे अंतरात के बाद भर्ती निकाली गई है। बायलर इंस्पेक्टर (वाष्पयंत्र निरीक्षक) के दो पद निकले हैं। इन पदों में भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया आज 21 अक्टूबर सोमवार से शुरू हो रही है। कम पद निकलने से युवा निराश है। पद बढ़ाने की मांग भी कर रहे है।

     
    वहीं छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) से पिछले नौ महीने से कोई नहीं भर्ती नहीं निकली है। व्यापमं पुलिस भर्ती, आबकारी आरक्षक और एडीईओ की भर्तियां निकालने की पिछले कई महीनों से चर्चाएं चल रही है, लेकिन अभी तक निकली नहीं है।
     
     
    पीएससी की ओर से पिछली वैकेंसी राज्य सेवा परीक्षा 2023 के रूप में निकली। इसके लिए 26 नवंबर 2023 विज्ञापन जारी हुआ था। कुल 242 पदों के लिए यह भर्ती निकली थी। इसमें मुख्य परीक्षा के रिजल्ट जारी हो चुके हैं। साक्षात्कार की तिथि निर्धारित हो गई थी। पहले दिन जिन अभ्यर्थियों का साक्षात्कार होना था, उनमें से कुछ का दस्तावेज सत्यापन भी हो गया था, लेकिन बाद में साक्षात्कार स्थगित कर दिए गए। जल्द ही नई तिथियां घोषित की जाएगी।
     
    इस वर्ष अगस्त-सितंबर में पीएससी ने शासकीय कॉलेजों में 595 पदों में प्राध्यापकों की भर्ती के लिए आवेदन मंगवाए हैं, लेकिन इस भर्ती का विज्ञापन 2021 में निकला था। आवेदन भी मंगवाए गए थे। बायलर इंस्पेक्टर के लिए अभ्यर्थी 19 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे। लेकिन परीक्षा कब होगी, तिथि घोषित नहीं की गई है।
     
    व्यापमं ने जनवरी में निकाली मत्स्य निरीक्षक की भर्ती, अभी तक पूरी नहीं
     
    व्यापमं की तरफ से पिछली भर्ती जनवरी में मत्स्य निरीक्षक के 70 पदों के लिए निकाली है। ये भर्ती भी अभी तक पूरी नहीं हो पाई। भर्ती के लिए 29 सितंबर को परीक्षा होना था, जिसे स्थगित कर दिया गया है। अभी तक नई परीक्षा तिथि घोषित नहीं हुई है।
     
     
    व्यापमं की तरफ से इस वर्ष बहुत सारी भर्ती, पात्रता और प्रवेश परीक्षाएं ली गई, लेकिन सभी भर्तियां पिछले वर्ष की थी। आबकारी आरक्षक, एडीईओ और पुलिस भर्ती की वैकेंसी की तैयारी की गई थी। संभावना थी कि दशहरा के बाद व्यापमं से यह भर्तियां निकलेंगी। लेकिन विभिन्न कारणों से यह भर्तियां भी अटक गई है।
     
    प्रयोगशाला परिचारक व ग्रेड-4 भर्ती भी अटकी
     
    उच्च शिक्षा विभाग की तरफ से प्रयोगशाला परिचारक, ग्रेड-4 के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मंगवाया था। बहुत ज्यादा आवेदन आने के कारण उच्च शिक्षा विभाग ने भर्ती की जिम्मेदारी छह महीने पहले ही व्यापमं को सौंप दिया, लेकिन व्यापमं अभी तक भर्ती परीक्षा के लिए पंजीयन और जिला चयन की प्रक्रिया शुरू नहीं करवा पाया है। इसी तरह सहायक सांख्यिकी अधिकारी व प्रयोगशाला सहायक की भर्ती परीक्षा 20 अक्टूबर से होने वाली थी। यह परीक्षा भी स्थगित की गई है। दोनों परीक्षाएं कब होगी यह कहना अभी कठिन है।
  • छत्तीसगढ़ के मौसम में बदलाव: हवा में नमी के कारण क्या होगा अगला मौसम?

    22-Oct-2024

    रायपुर।  दो मौसमी तंत्र सक्रिय होने के कारण छत्तीसगढ़ में बड़ी मात्रा में नमी का आगमन हो रहा है, जिससे मंगलवार को राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। वर्षा मुख्य रूप से दक्षिण छत्तीसगढ़ में केंद्रित रहने की संभावना है।

     
    हालांकि, नमी रायपुर संभाग तक पहुंच रही है, जिससे वहां बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। राज्य में सबसे अधिक तापमान 34.0 डिग्री लखनपुर में और सबसे कम तापमान 18.9 डिग्री बलरामपुर में दर्ज किया गया।
     
    मौसम साफ होने के बाद गिरेगा पारा
     
    मानसून की विदाई के बावजूद राज्य में बादलों की आवाजाही बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में प्रदेश के औसत तापमान में 3 से 4 डिग्री की कमी आई है।
     
    आने वाले दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री की और गिरावट हो सकती है। मौसम साफ होने के बाद तापमान में तेजी से गिरावट होने की संभावना है।
     
    बना हुआ है यह सिस्टम
     
    पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तर अंडमान सागर के ऊपर एक निम्न दाब क्षेत्र बना हुआ है। इसके पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और 22 अक्टूबर की सुबह तक अवदाब में बदलने की संभावना है।
     
    इसके बाद 23 अक्टूबर को यह चक्रवात का रूप लेकर पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय हो सकता है।
     
     
    फिर यह उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए 24 अक्टूबर की सुबह ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट के पास, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक पहुंच सकता है। इसके अलावा, पश्चिम-मध्य अरब सागर के ऊपर भी एक निम्न दाब क्षेत्र बना हुआ है।
     
    वर्षा के मुख्य आंकड़े (मिलीमीटर में):
     
    तोकापाल: 6 मिमी
     
    छुरा: 3 मिमी
     
    सरोना, दरभा, माकड़ी, दुर्ग: 2 मिमी
     
    अंतागढ़, नानगुर, मैनपुर, भिंभोरी: 1 सेमी
     
    अन्य एक-दो स्थानों पर इससे कम वर्षा दर्ज की गई।
  • रायपुर दक्षिण में बीजेपी की जीत पक्की, सीएम भूपेश के दावे पर कांग्रेस का तंज

    22-Oct-2024

    रायपुर. छत्तीसगढ़ के रायपुर दक्षिण विधानसभा में 13 नवंबर को उपचुनाव होने को हैं. भाजपा की तरफ से इस बार पूर्व सांसद सुनील सोनी को प्रत्याशी बनाया गया है. वहीं कांग्रेस ने अब तक अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है. जबकि अन्य 3 निर्दलीय प्रत्याशी उपचुनाव लड़ने के लिए नामांकर फॉर्म चुके हैं. इस उपचुनाव को लेकर सीएम विष्णुदेव साय ने भाजपा की जीत का दावा करते हुए कहा है कि रायपुर दक्षिण विधानसभा लगातार भाजपा पार्टी का रहा है. बृजमोहन अग्रवाल विधायक रहे हैं. 2023 के विधानसभा चुनाव में 65 हजार से ज्यादा मतों से जीते हैं. अब उपचुनाव में पूर्व सांसद सुनील सोनी वहां से जीतेंगे. वहीं कांग्रेस प्रत्याशियों को टिकट नहीं मिलने पर सीएम साय ने कहा कि वे उनका मामला है, हम विपक्ष को मजबूत मानकर ही काम कर रहे हैं.

     
    बता दें, छत्तीसगढ़ में 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सरकार बनाई, जिसमें बीजेपी के दिग्गज नेता बृजमोहन अग्रवाल ने रिकॉर्डतोड़ मतों से 8वीं बार रायपुर दक्षिण जीत दर्ज की थी. वे साय केबिनेट में शिक्षा एवं संस्कृति विभाग के मंत्री बने. इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने रायपुर सीट से जीत हासिल की और अब वे रायपुर लोकसभा सांसद बन गए. सांसद चुने जाने के बाद अब रायपुर दक्षिण विधानसभा की जनता अपना विधायक चुनने वाली है. इस उपचुनाव में सत्ताधारी भाजपा काफी कॉन्फिडेंट नजर आ रही है, हालांकि कांग्रेस भी उपचुनाव के लिए रणनीति तैयार करने लगातार बैठकें कर रही है. लेकिन जनता किसे जनादेश देगी, यह तो उपचुनाव के बाद ही पता चल सकेगा.
     
    सरगुजा विकास प्राधिकरण की बैठक आज
    वहीं आज सरगुजा विकास प्राधिकरण की पहली बैठक है, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होने जा रहे हैं. इसे लेकर उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद प्राधिकरण का पुनर्गठन हुआ है. आज सरगुजा विकास प्राधिकरण की पहली बैठक है, जशपुर जिले से प्रारंभ कर रहे हैं. उन्होंने आगे कहा कि 15 साल डॉ रमन सिंह जी के नेतृत्व में हमारी सरकार थी. उन्होंने सरगुजा और बस्तर आदिवासी बाहुलीय क्षेत्र में पर विकास पर फोकस करने के लिए प्राधिकरण का गठन किया था. पिछले 5 साल (कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में) प्राधिकरण में ठीक से काम नहीं हुआ, लेकिन अब अच्छा काम होगा.
  • प्रकृति की गोद से लिखी जाएगी सरगुजा क्षेत्र के विकास की नई इबारत

    22-Oct-2024

    मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय खड़सा व्यू प्वाइंट से नौका विहार करते मयाली नेचर कैंप बैठक स्थल तक पहुंचे

    सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की मयाली में हो रही है बैठक
    पारंपरिक वाद्य यंत्रों और बांस की टोपी व जंगली फल पत्तियों की माला से हुआ स्वागत
     
    रायपुर,प्रजशपुर जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मयाली में आज मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक आयोजित है।
    जिसमें शामिल होने खड़सा व्यू प्वाइंट पहुंचने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं सभी अतिथियों का कर्मा नृत्य और पारंपरिक वाद्य यंत्रों ढांक एवं नगाड़े की धुनों के बीच परम्परागत बांस की टोपी और डुंबर के फल और आम की पत्तियों की माला पहना कर स्वागत किया गया।
     
     
    मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय खड़सा व्यू प्वाइंट से बैठक में शामिल होने मयाली डैम में बोट से सभी अतिथियों के साथ मयाली नेचर कैंप की खूबसूरती को निहारते हुए बैठक स्थल तक पहुंचे।
     
    मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के साथ बैठक में शामिल होने स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा, उपाध्यक्ष सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण श्रीमती गोमती साय, सांसद रायगढ़ श्री राधेश्याम राठिया, विधायक जशपुर श्रीमती रायमुनी भगत, श्री राम प्रताप सिंह, श्री कृष्ण कुमार राय, मुख्यमंत्री के सचिव श्री पी दयानंद, कमिश्नर श्री जी आर चुरेंद्र, आईजी श्री अंकित गर्ग, कलेक्टर डॉ रवि मित्तल, एसपी श्री शशिमोहन सिंह भी पहुंचे।
     
    जिले का प्रमुख पर्यटन स्थल मयाली स्वदेश दर्शन योजना में शामिल, 10 करोड़ से होगा कायाकल्प
     
     
    नेचर कैंप से एक ओर डैम की खूबसूरती तो दूसरी ओर विशालतम प्राकृतिक शिवलिंग मधेश्वर पहाड़ का विहंगम दृश्य और दिखाई पड़ता है। चारों ओर फैली हरियाली इसकी सुंदरता और बढ़ जाती है। मयाली नेचर कैंप को स्वदेश दर्शन योजना में शामिल करने के साथ ही पर्यटन विभाग ने मयाली के विकास के लिए 10 करोड़ रूपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
     
    मयाली नेचर कैंप- प्रकृति का अनुपम उपहार
     
    जशपुर की सुरम्य पहाड़ियों की गोद में स्थित है प्रकृति का अनुपम उपहार मयाली। यहां मयाली नेचर कैंप जिले के कुनकुरी ब्लॉक में चराईडांड़ बगीचा स्टेट हाईवे के करीब स्थित है। डेम के किनारे, हरियाली से भरे हुए प्राकृतिक स्थल पर परिवार के साथ भारी संख्या में पर्यटक आते हैं। वीकेंड के दिनों में मयाली में लोगों की भीड़ ज्यादा जुटती है। मयाली नेचर कैंप में बोटिंग की भी सुविधा है।
  • आदिवासी युवक से मारपीट के मामले में विधायक पुत्र की गिरफ्तारी की मांग, आदिवासी समाज ने सौंपा ज्ञापन…

    21-Oct-2024

    बेमेतरा :- आदिवासी युवक के साथ मारपीट करने के मामले में साजा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ईश्वर साहू के बेटे की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आदिवासी समाज ने मोर्चा खोल दिया है। आदिवासियों ने गिरफ्तारी की मांग को लेकर साजा थाना प्रभारी और SDM को ज्ञापन सौंपा है। कृष्णा साहू पर SC, ST एक्ट के साथ कई धाराओं में FIR दर्ज है।

     
    दरअसल, 13 अक्टूबर को ग्राम चेचानमेटा में दशहरा उत्सव के बाद साजा विधायक ईश्वर साहू के बेटे कृष्णा साहू और आदिवासी समाज के युवक मनीष मंडावी के बीच किसी बात को लेकर विवाद के बाद मारपीट हो गई थी।
     
     
    मामले में 14 अक्टूबर को आदिवासी समाज के युवक मनीष कुमार ने साजा थाना आकर शिकायत दर्ज कराई। आदिवासी युवक की शिकायत के मुताबिक कृष्णा साहू ने उसे गाली दी है। साथ ही हाथ में पहने कड़े से मारपीट की। इतना ही नहीं जान से मारने की धमकी दी। साथ ही जातिसूचक शब्दों का भी प्रयोग किया। मामले में 15 अक्टूबर की शाम को साजा थाना पुलिस ने कई धाराओं में केस दर्ज किया।
     
    16 अक्टूबर को MLA ईश्वर साहू के बेटे कृष्णा साहू ने परिजनों के साथ साजा थाना पहुंचकर मनीष मंडावी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। कृष्णा ने मनीष सहित अन्य 3 के खिलाफ मारपीट और लूटपाट की घटना को लेकर शिकायत की है। अब देखना होगा पुलिस क्या कार्रवाई करती है।
  • मनेंद्रगढ़ जनपद पंचायत के बाबू सत्येंद्र सिन्हा निकले धनकुबेर: 34 साल की नौकरी में अर्जित की 1500% अनुपातहीन संपत्ति, ACB की जांच में बड़ा खुलासा…

    21-Oct-2024

    मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर :- जिले के मनेंद्रगढ़ जनपद पंचायत का बाबू सत्येंद्र कुमार सिन्हा धनकुबेर निकला है। सत्येंद्र कुमार सिन्हा जनपद पंचायत मनेंद्रगढ़ में सहायक ग्रेड–2 के पद पर पदस्थ है। उसे एंटी करप्शन ब्यूरो अंबिकापुर की टीम ने 19 हजार रुपए की रिश्वत लेते पिछले महीने 19 सितंबर को रंगे हाथों पकड़ा था। इसके बाद हुई जांच में नए-नए खुलासे हो रहे हैं। 34 वर्षों की नौकरी में भ्रष्टाचार कर बाबू ने अपने और अपने परिजनों के नाम से काफी संपत्ति जुटाई है। मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2010 से लेकर 2024 के मध्य ही 10 करोड़ 18 लाख रुपए की संपत्ति बाबू ने कमाई है। 1500% अनुपातहीन संपत्ति अब तक की जांच में सामने आई है। अब तक की जांच में जो संपत्ति आई है …

     
    1. सत्येंद्र कुमार सिन्हा ने अपनी पत्नी रंभारति सिन्हा के नाम से वार्ड नंबर 14 सरोवर मार्ग के पास मनेंद्रगढ़ जिला- एम०सी०बी स्थित नजूल प्लट नंबर- 433/2, रकबा 659 वर्ग मीटर भूमि एवं उसके हिस्से में पुराना चीप लेंटरयुक्त मकान क्रय किया गया है। (अनुमानित कीमत लगभग 21 लाख रूपये)
     
     
    2. आरोपी सत्येन्द्र कुमार सिन्हा के द्वारा अपने स्वयं के नाम पर अपने निवासरत मकान के बगल में वार्ड नंबर 14, सरोवर मार्ग के पास, मनेन्द्रग, जिला- एम०सी०बी में एक मंजिला मकान क्रय किया गया है। (अनुमानित कीमत लगभग 70 लाख रूपये).
     
    3. आरोपी सत्येन्द्र कुमार सिन्हा के द्वारा अपने स्वयं के नाम पर अपने निवासरत मकान के पीछे भूमि पर एक मंजिला मकान का निर्माण कराया गया है। (अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रूपये)
     
    4. आरोपी सत्येन्द्र कुमार सिन्हा के द्वारा अपनी पत्नी रंभारति सिन्हा के नाम पर बस स्टैण्ड मनेन्द्रग के पास प०ह0नं0- 13, खसरा नंबर-142/43, रकबा 0.020 हे0 भूमि क्रय कर उसमें 03 मंजिला मकान का निर्माण कराया गया है। (अनुमानित कीमत लगभग 90 लाख रूपये)
     
    5. आरोपी सत्येन्द्र कुमार सिन्हा के द्वारा अपनी पत्नी रंभारति सिन्हा के नाम पर मौहारपारा, मनेन्द्रग जिला एम०सी०बी० स्थित नजूल की भूमि पर निर्मित गुरुकुल हाई स्कूल क्रय किया गया है। (अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 50 लाख रूपये)
     
    6. आरोपी सत्येन्द्र कुमार सिन्हा के द्वारा अपने स्वयं के नाम पर आमाखेरवा रोड, मनेन्द्रग स्थित खैर माता चौरा के सामने नजूल भूमि क्रय कर उसपर एक मंजिला मकान एवं 04 दुकानों का निर्माण कराया गया है। (अनुमानित कीमत लगभग 80 लाख रूपये)
     
     
    7. आरोपी सत्येन्द्र कुमार सिन्हा के द्वारा अपने स्वयं के नाम पर आमाखेरवा रोड, मनेन्द्रग में मण्डल गुरूजी के मकान के बगल में नजूल भूमि क्रय कर उसपर एक मंजिला मकान जिसके भूतल में 02 दुकान एवं प्रथम तल में निवास का निर्माण कराया गया है। (अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रूपये)
     
    8. आरोपी सत्येन्द्र कुमार सिन्हा के द्वारा अपने स्वयं के नाम पर मनेन्द्रग, हनुमान मंदिर के सामने, नदि पार स्थित नजूल भूमि पर कम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया है जिसमें कुल 05 दुकान है। उक्त कम्प्लेक्स में विद्युत मीटर आरोपी की पुत्री कु० सारांश सिन्हा के नाम पर है। (अनुमानित कीमत लगभग 80 लाख रूपये)
     
    9. आरोपी सत्येन्द्र कुमार सिन्हा के द्वारा अपने स्वयं के नाम पर मनेन्द्रग, हनुमान मंदिर के सामने, नदि पार उरांव मोहल्ला में लगभग 01 एकड़ का प्लट क्रय कर उसमें मकान का निर्माण कराया गया है। (अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रूपये)
     
    10. आरोपी सत्येन्द्र कुमार सिन्हा के द्वारा अपने स्वयं के नाम पर ग्राम डीपाडीह खुर्द तह० शंकरग जिला बलरामपुर- रामानुजगंज स्थित खसरा नंबर- 10/2, रकबा 0.4450 हे0, खसरा नंबर 32, रकबा 0.2230 हे0, खसरा नंबर- 34/3, रकबा 0.0610 हे0, खसरा नंबर 35/3, रकबा 0.0490 हे0, खसरा नंबर 37/3, रकबा 0.1620 हे0, खसरा नंबर- 95, रकबा 0.2140 हे०, खसरा नंबर-365/2, रकबा 0.4050 हे0, खसरा नंबर- 2/2, रकबा 0.8090 हे0, खसरा नंबर- 89/1, रकबा 0.6760 हे0 कुल रकबा 3.044 हे0 भूमि क्रय किया गया है। (अनुमानित कीमत लगभग 35 लाख रूपये)
     
     
    11. आरोपी सत्येन्द्र कुमार सिन्हा के द्वारा मनेन्द्रग सिविल लाईन में भव्य सांई मंदिर का निर्माण कराया गया है। (आरोपी द्वारा अनुमानित लगभग 70 लाख रूपये इस निर्माण कार्य में लगाया गया है।)
     
    12. आरोपी सत्येन्द्र कुमार सिन्हा के द्वारा अपने स्वयं के नाम से ग्राम चनवारीडांड में भूमि क्रय कर उसपर शीट वाले मकान का निर्माण कराया गया है। (अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रूपये)
     
    13. आरोपी सत्येन्द्र कुमार सिन्हा के द्वारा अपने स्वयं के नाम पर सत्तिपारा अम्बिकापुर स्थित खसरा नंबर 624/4, रकबा 0.018, खसरा नंबर- 625/8, 0.002 हे0 भूमि क्रय कर उसमें एक मंजिला मकान का निर्माण कराया गया है। (अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रूपये)
     
    14. आरोपी सत्येन्द्र कुमार सिन्हा के द्वारा अपने स्वयं के नाम पर ग्राम चनाडोंगरी, तह० मरवाही, जिला जी०पी०एम० स्थित खसरा नंबर 770/5, रकबा 0.1130 हे0, खसरा नंबर 785/2, रकबा 0.3360 हे0, खसरा नंबर- 795, रकबा 0.5540 हे0, खसरा नंबर 835, रकबा 0.1500 हे0, खसरा नंबर 837, रकबा 0.2990 हे0 कुल रकबा 1.452 हे0 भूमि क्रय किया गया है। (अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रूपये)
     
    15. आरोपी सत्येन्द्र कुमार सिन्हा के द्वारा अपनी पत्नी रंभारति सिन्हा के नाम पर ग्राम चनाडोंगरी, तह० मरवाही, जिला जी०पी०एम० स्थित खसरा नंबर- 825, रकबा 1.023 है0, खसरा नंबर 826, रकबा 0.5670 हे0, खसरा नंबर 831, रकबा 0.069 हे0, कुल रकबा 1.659 60 भूमि क्रय किया गया है। (अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रूपये)
     
    16. आरोपी सत्येन्द्र कुमार सिन्हा के द्वारा अपनी पत्नी रंभारति सिन्हा के नाम पर ग्राम पेण्ड्री तह० केल्हारी, जिला एम०सी०बी स्थित खसरा नंबर- 1184, रकबा 0.9600 हे0, खसरा नंबर-1188, रकबा 1.6800 हे0, खसरा नंबर 900/2, रकबा 0.2800 हे0, खसरा नंबर 898/2, रकबा 0.5200 हे०, कुल रकबा 3.440 हे0 भूमि क्रय किया गया है। (अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रूपये)
     
    17. आरोपी सत्येन्द्र कुमार सिन्हा के द्वारा अपनी पत्नी श्रीमती रंभारति सिन्हा के नाम पर ग्राम मुसरा, तह० केल्हारी, जिला एम०सी०बी स्थित खसरा नंबर- 29, रकबा 1.0800 हे0, खसरा नंबर 160, रकबा 1.3500 हे0, खसरा नंबर 161, रकबा 0.3500 हे0, कुल रकबा 3.780 हे0 भूमि क्रय किया गया है। (अनुमानित कीमत लगभग 45 लाख रूपये)
     
    18. आरोपी सत्येन्द्र कुमार सिन्हा के द्वारा अपनी पुत्री सारांश सिन्हा के नाम पर ग्राम कोड़ा तह० खड़गवां, जिला एम०सी०बी स्थित खसरा नंबर 931, रकबा 0.9500 हे0, खसरा नंबर-936, रकबा 1.97 हे0, कुल रकबा 2.9200 हे0 भूमि क्रय किया गया है। (अनुमानित कीमत लगभग 35 लाख रूपये)
     
     
    अचल संपत्ति के अलावा सत्येन्द्र कुमार सिन्हा के चल संपत्ति के संबंध में सत्यापन करने पर मिले इतने वाहन, गहने और इन्वेस्टमेंट :-
     
     
    1. आरोपी सत्येन्द्र कुमार सिन्हा के मकान की तलाशी के दौरान आंगन में एक मारूति ब्रेजा कार जिसका नंबर- सीजी-10-बी.क्यू.-7700 प्राप्त हुआ, जो आरोपी के नाम से होना पाया गया। (अनुमानित कीमत लगभग 13 लाख 50 हजार रूपये)
     
    2. आरोपी सत्येन्द्र कुमार सिन्हा के मकान की तलाशी के दौरान आंगन में एक रायल इन्फिल्ड बुलेट जिसका नंबर- सीजी-15-सी.जे.-9998 प्राप्त हुआ, जो आरोपी के नाम से होना पाया गया। (अनुमानित कीमत लगभग 90 हजार रूपये)
     
    3. आरोपी सत्येन्द्र कुमार सिन्हा के मकान की तलाशी के दौरान आंगन में एक हीरो मेस्ट्रो ऐज स्कूटी जिसका नंबर- सीजी-16-सी.आर.-6043 प्राप्त हुआ, जो आरोपी के नाम के साले अभिषेक सिन्हा के नाम से होना पाया गया जिसे आरोपी का पुत्र चलाता है। (अनुमानित कीमत लगभग 50 हजार रूपये)
     
    4. आरोपी सत्येन्द्र कुमार सिन्हा के मकान की तलाशी के दौरान आंगन में एक होण्डा एक्टीवा जिसका नंबर- सीजी-16-सी.बी.-5699 प्राप्त हुआ, जो आरोपी के नाम से होना पाया गया। (अनुमानित कीमत लगभग 50 हजार रूपये)
     
    5. आरोपी सत्येन्द्र कुमार सिन्हा के निवास स्थान की तलाशी 20.09.2024 को की गई जो आरोपी के मकान की तलाशी के दौरान मकान में रखे हुए विलासिता के वस्तुओं की इन्वेन्ट्री पत्रक तैयार किया गया, जिसमें कुल 67,68,170/ रुपये की इन्वेन्ट्री प्राप्त हुई।
     
    6. आरोपी सत्येन्द्र कुमार सिन्हा की पत्नी रंभारति सिन्हा एवं पुत्री कु० सागरंश सिन्हा के द्वारा 20 सितंबर को पहने हुए सोने चांदी के आभूषणों की कीमत एवं वजन उनके द्वारा बताये जाने पर कुल 2,98,000/रूपये के सोने चांदी के आभूषण होना पाया गया।
     
    7. तलाशी कार्यवाही के दौरान आरोपी सत्येन्द्र कुमार सिन्हा, के बेडरूम से नगदी रकम कुल 18 लाख 9 हजार 380 रुपय जप्त किया गया।
     
    8. गोपनीय सत्यापन के अनुसार आरोपी के बैंक एकाउंट में आज दिनांक तक लगभग 20 लाख रूपये राशि जमा हाने की पुख्ता जानकारी है।
     
    कुल इतनी होनी थी 34 वर्षों की सेवा में आय
     
    सत्येन्द्र कुमार सिन्हा, के आय के संबंध में सत्यापन करने पर निम्नलिखित जानकारी प्राप्त हुई..
     
    आरोपी वर्तमान में जनपद पंचायत कार्यालय मनेंद्रगढ़ में सहायक ग्रेड-02 (लेखापाल) के पद पर पदस्थ है। आरोपी के द्वारा वर्ष 2010 से चल-अचल संपत्ति को एकत्रित करने की जानकारी प्राप्त हुई है। जो आरोपी के आय के संबंध में वर्ष 2010 से माह सितम्बर 2024 तक लगभग 90 लाख रूपये वेतन के रूप में प्राप्त किया गया होगा।
     
    आरोपी के द्वारा बैंक अथवा विभाग से उसकी आय के अनुसार लगभग 10 लाख रूपये तक लोन लिये जा सकने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। इस प्रकार आरोपी के द्वारा वर्ष 2010 से माह सितम्बर 2024 तक आय के रूप में अधिकतम 1 करोड़ 10 लाख रूपये तक की राशि अर्जित किये जाने की जानकारी प्राप्त हुई है। उपरोक्त चल-अचल सपंत्तियों के अलावा आरोपी सत्येन्द्र कुमार सिन्हा के द्वारा अपने परिजनों एवं अन्य लोगों के नाम से ग्राम कोड़ा, भौता, सलवा, पेण्ड्री, घुटरा, सभी जिला एम०सी०बी० एवं शंकरग, जिला बलरामपुर रामानुजगंज में भारी मात्रा में भूमि क्रय करने के संबंध में जानकारी मिली है।
     
    साथ ही आरोपी के द्वारा बैंक, बीमा, शेयर डिवेंचर्स, में भी भारी मात्रा में राशि निवेश किया गया होगा इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता। इस प्रकार आरोपी के द्वारा वर्ष 2010 से माह सितम्बर 2024 तक लगभग 10 करोड़ 18 लाख रूपये की चल-अचल संपत्ति अर्जित किया जाने की पुष्टि की जानकारी प्राप्त हुई है तथा आरोपी के द्वारा वर्ष 2010 से माह सितम्बर 2024 तक लगभग 01 करोड़ 10 लाख रूपये की ज्ञात आय अर्जित किया जाने की पुष्टि की जानकारी प्राप्त हुई है।
     
     
    जो लगभग 55 लाख रूपये की बचत का होना पाया गया। इस प्रकार आरोपी द्वारा आय की तुलना में लगभग 1500 प्रतिशत अनुपातहीन संपत्ति का प्रथम दृष्ट्या होना पाया गया। इस प्रकार आरोपी सत्येन्द्र कुमार सिन्हा, सहायक ग्रेड-02, कार्यालय जनपद पंचायत मनेंद्रगढ़ के द्वारा अपने आय से अधिक असमानुपातिक संपत्ति अर्जित सेवा के दौरान की गई है। अब तक की जांच के अलावा एंटी करप्शन ब्यूरो आगे भी जांच कर रही है। जिसमें और भी संपत्ति अर्जित करने के खुलासा होने की संभावना है।
Top