बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • एक लाख सरकारी नौकरी देने का वादा करने वाले सीजीपीएससी में एक भी वैकेंसी नहीं निकला पाये

    20-Jul-2024

    रायपुर। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि युवाओं को एक लाख सरकारी नौकरी देने का वादा करने वाली भाजपा की सरकार अभी तक सीजीपीएससी में एक भी वैकेंसी नहीं निकल पाई है। भाजपा की सरकार की रुचि राज्य के युवाओं को सरकारी नौकरी का अवसर देने में नहीं है। यही वजह है कि अभी तक किसी प्रकार की नई वैकेंसी नहीं निकाली गई है। सीजीपीएससी के माध्यम से जो भी भर्ती चल रही है वह सब कांग्रेस सरकार के दौरान निकाली गई वैकेंसी की है। कांग्रेस सरकार के दौरान हर साल सीजीपीएससी में 10 से 12 वैकेंसी निकलती थी 2022 में दो दर्जन से अधिक वैकेंसी निकाला गया था। 2022 में सिविल जज, राज्य सेवा परीक्षा, आयुर्वेद मेडिकल ऑफिसर, प्यून भर्ती, कैजुअल्टी मेडिकल ऑफिसर, फिजियोथेरेपिस्ट, वेटरिनरी असिस्टेंट सर्जन, फायर ऑफिसर, साइंटिफिक ऑफिसर, मेडिकल स्पेशलिस्ट, डेंटल सर्जन, असिस्टेंट प्रोफेसर मेडिकल एजुकेशन,  असिस्टेंट रजिस्टार माइनिंग ऑफिसर, साइंटिफिक ऑफिसर केमिस्ट्री, सहित कई पदों में भर्तियां निकाली गई थी। जनवरी 2024 के बाद व्यापम की ओर से किसी भी प्रकार से कोई भर्ती नहीं निकाली गई है।

     
    प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद राज्य में वित्तीय व्यवस्था खस्ता हाल में है। 7 महीने में ही यह सरकार लगभग 30000 करोड़ से अधिक का कर्ज ले चुकी है। नौकरी देना दूर की बात है जिनके हाथ में नौकरियां थी उनसे भी नौकरियां छीनी जा रही है। एकलव्य आवासीय विद्यालय में सेवा दे रहे 700 से अधिक युवाओं को नौकरी से बाहर कर दिया गया है। क्रेडा में तकनीकी सहयोगियों को हटाया जा रहा है। बीएड, डीएड वालों के बीच के विवाद को खत्म नहीं किया जा रहा है। अनियमित कर्मचारियों को नियमित करने के वादा की ओर सरकार ध्यान नहीं दे रही है, संविदा कर्मियों की छटनी की जा रही है। अतिथि व्याख्याता की नौकरी भी खतरे में पड़ी हुई है, यह सरकार सिर्फ हवाहवाई विज्ञापन बाजी कर युवाओं को धोखा दे रही है, भाजपा सरकार का मुख्य काम युवाओं से रोजगार छीनना है।
  • शासकीय महाविद्यालय फास्टरपुर में अतिथि व्याख्याता के पदों पर होगी भर्ती

    20-Jul-2024

    रायपुर मुंगेली जिले के शासकीय नवीन महाविद्यालय फास्टरपुर में वनस्पति शास्त्र तथा प्राणीशास्त्र विषय में अतिथि व्याख्याता के पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए 25 जुलाई तक निर्धारित प्रारूप में आवेदन मंगाए गए हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि अतिथि व्याख्याता के लिए वनस्पति शास्त्र एवं प्राणी शास्त्र विषय के लिए 01-01 पद रिक्त हैं। इसके लिए न्यूनतम सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को स्नातकोत्तर परीक्षा 55 प्रतिशत अंकों के साथ तथा एसटी, एससी, ओबीसी एवं दिव्यांगजन उम्मीदवारों को न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना चाहिए। अतिथि व्याख्याता के लिए अतिकतम आयु सीमा 65 वर्ष रखी गई है। इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन के साथ मूल निवास प्रमाण पत्र, कक्षा 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर की अंकसूची, सेट-नेट, एम.फिल.-पी.एच.डी. अनुभव प्रमाण पत्र संलग्न करना होगा। आवेदन के संबंध में अधिक जानकारी के लिए महाविद्यालय के वेबसाइट http://www.govncf.ac.in/ का अवलोकन कर सकते हैं।

  • 22 जुलाई गुरू पूर्णिमा के दिन विद्यालयों में होंगे विविध आयोजन

    20-Jul-2024

    रायपुर, राज्य के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में 22 जुलाई को गुरू पूर्णिमा के अवसर पर गुरू पूर्णिमा उत्सव का गरिमामय आयोजन होगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा आज मंत्रालय महानदी भवन में मंत्री परिषद की बैठक में गुरू पूर्णिमा उत्सव के आयोजन के संबंध में दिए गए निर्देश के परिपालन में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा इस आयोजन को लेकर दिशा-निर्देश जारी किया गया है।

    स्कूल शिक्षा विभाग मंत्रालय द्वारा सभी कलेक्टरों एवं शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों को जारी निर्देश के अनुसार विद्यालयों में 22 जुलाई को गुरू पूर्णिमा उत्सव का गरिमामय आयोजन साधु-संतों, गुरूजनों, शिक्षकों, सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं पूर्व छात्राओं सहित गणमान्य लोगों की मौजूदगी में होगा। इस दौरान सरस्वती वंदना, गुरूवंदना, दीप प्रज्ज्वलन के साथ ही गुरूजनों एवं शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा। प्रार्थनासभा के बाद प्रार्थना स्थल पर गुरू पूर्णिमा के महत्व एवं पारंपरिक गुरू शिष्य संस्कृति पर शिक्षकों का व्याख्यान होगा। इस आयोजन के दौरान प्राचीन काल में प्रचलित गुरूकुल व्यवस्था एवं उसका भारतीय संस्कृति पर प्रभाव विषय पर निबंध लेखन तथा शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा गुरू संस्मरण पर संभाषण भी होगा।
  • राजधानी में चाकू लेकर घूमते बदमाश गिरफ्तार

    20-Jul-2024

    रायपुर । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह के दिशा निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर लखन लाल पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के पर्यवेक्षण मे अपराधो पर अकुंश लगाने हेतू चलाए जा रहे हैं अभियान के तहत थाना मौदहापारा पुलिस के कार्य से आरोपी को गिरफतार करने मे सफलता हुई।

     
     
     
    दिनांक 18.7.24 को सूचना मिला कि एक व्यक्ति समवेत शिखर कंपलेक्स के पास हाथ में बटनदार चाकू लहराते हुए आने जाने वाले लोगों को डरा धमका रहा है की सूचना पर रवाना होकर आरोपी अलीमुद्दीन के कब्जे से एक बटनदार धारदार चाकू जप्त कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। जिसे दिनांक 19.07.24 को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल वारंट प्राप्त होने पर जेल दाखिल किया गया।
  • यूनिसेफ द्वारा छत्तीसगढ़ में कमजोर वर्गो को सामाजिक सुरक्षा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना

    20-Jul-2024

    रायपुर। यूनिसेफ नई दिल्ली की सामाजिक नीति और सामाजिक सुरक्षा प्रमुख ह्यून ही बान के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ आये दल ने छत्तीसगढ़ नीति आयोग के मार्गदर्शन में कमजोर वर्गो के समुदायों के बीच सामाजिक सुरक्षा की पहुंच बढ़ाने और बच्चों के अधिकार के लिए किए जा रहे कार्यो की सराहना की।

     
    राज्य नीति आयोग में आज शाम हुई बैठक में सुश्री बान ने छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग सामाजिक नीति तकनीकी सहायता इकाई के काम की सराहना करते हुए कहा देश के अन्य राज्य भी नवीन नीतियों और कार्यक्रमों के लिए इस इकाई की गतिविधियों का अनुकरण कर सकते हैं। उन्होंने आयोग सामाजिक नीति तकनीकी सहायता इकाई के नवोन्वेषी मॉडल की तारीफ करते हुए आयोग की सदस्यों को नई दिल्ली स्थित नीति आयोग में प्रस्तुतीकरण के लिए आमंत्रित किया। छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग में गठित सामाजिक नीति तकनीकी सहायता इकाई के माध्यम से राज्य और जिला स्तर पर साक्ष्य-आधारित नीतियों को विकसित करने और योजनाओं, कार्यक्रमों और सूचकांको में प्रगति की निगरानी में तकनीकी सहायता प्रदान करने के लिए यूनिसेफ के साथ एक संयुक्त उद्यम है।
     
     
    सुश्री बान के नेतृत्व में यूनिसेफ की दल गत दिनों कोंडागांव में युवोदय कार्यक्रम, दंतेवाड़ा मे  छत्तीसगढ़ पंचायत नेटवर्क फॉर चिल्ड्रन (सीजी-पंच) का प्रत्यक्ष अवलोकन किया और इन कार्यक्रमों को सराहा। यूनिसेफ के दल ने रायपुर में छत्तीसगढ़ एलायंस फॉर सोशल प्रोटेक्शन कार्यक्रम की प्रशंसा की। इस कार्यक्रम के जरिए कमजोर समुदायों के बीच सामाजिक सुरक्षा की पहुंच बढ़ाने में सहायता दी जा रही है।
     
    राज्य नीति आयोग के सदस्य सचिव अनुप कुमार श्रीवास्तव ने आकांक्षी ब्लॉकों और जिलों में यूनिसेफ के काम की सराहना की और छत्तीसगढ़ में बच्चों के अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए यूनिसेफ के साथ साझेदारी के लिए आयोग की प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस बैठक में आयोग के संयुक्त संचालक नीतू गौरडिया, आपातकालीन विशेषज्ञ यूनिसेफ नई दिल्ली सरबजीत सिंह सहोता, सामाजिक नीति विशेषज्ञ, यूनिसेफ डॉ. बाल परितोष दास,  यूनिसेफ के आपातकालीन पदाधिकारी विशाल वासवानी एवं एसपीटीएसयू के डॉ. संतु मैती एवं डॉ. हेमंत कुमार उपस्थित थे।
  • छत्तीसगढ़ : आकाशीय बिजली गिरने से 3 की मौत

    20-Jul-2024

    रायपुर । राजधानी में आकाशीय बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई। बालोद के अलग-अलग गांव में 2 किसानों ने दम तोड़ा। वहीं खैरागढ़ जिले में 15 साल के लड़के की मौत हो गई। नाबालिग अपने पिता को खाना देने गया था इसी दौरान बिजली गिरने से दोनों चपेट में आ गए।

     
    बच्चे के पिता को जब होश आया तो उसके बेटे की मौत हो चुकी थी।  वहीं सुकमा के पोलमपल्ली स्थित अतुलपारा में मकान ढहने से 2 बच्चे दब गए। गांव वालों ने मिलकर दोनों को सुरक्षित निकाला। जगदलपुर में तेज हवाओं के साथ पानी बरसने से सिटी कोतवाली थाने के पास स्थित एक पेड़ धराशाई हो गया। जिसकी चपेट में आने से नीचे खड़ीं तीन कारें क्षतिग्रस्त हो गईं।
     
     
    मौसम विभाग ने गरियाबंद, धमतरी, बालोद, बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, कांकेर, और बीजापुर में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रायपुर, बलौदा बाजार, दुर्ग, राजनांदगांव और मोहला मानपुर में हैवी रेन फॉल का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
  • आरुग चौरा छत्तीसगढ़ी काव्य कला मंच का शुभारम्भ 21 जुलाई 2024 को

    20-Jul-2024

    छत्तीसगढ़ी भाषा के विस्तार तथा मातृभाषा में पढ़ाई लिखाई को बढ़ावा देने हेतु समय समय पर अनेकों कार्यक्रम का आयोजन कर लोगो में जागरूकता लाने का सतत प्रयास जारी है। इन्ही उद्देश्यों को लेकर “आरुग चौरा”, छत्तीसगढ़ी काव्य कला मंच, छत्तीसगढ़ द्वारा 21 जुलाई 2024 दिन रविवार को गुरुपूर्णिमा के सुअवसर पर छत्तीसगढ़ी साहित्यिक सांस्कृतिक मासिक कार्यशाला एवं काव्य गोष्ठी का शुभारम्भ किया जा रहा है।

     
    कार्यक्रम का आयोजन सुबह 11 से प्रेस क्लब, रायपुर में होगा। प्रथम कार्यशाला की शुरुआत के रूप में ‘छत्तीसगढ़ी म शब्द अउ मात्रा के सही ढंग ले पढ़ई लिखई’ विषय को लेकर किया जा रहा है, जिससे युवा साहित्यकार अपनी लेखन व पाठन में छत्तीसगढ़ी को सही ढंग से प्रयोग कर सकें।
     
     
    इस प्रथम कार्यशाला के प्रवक्ता रूप में वरिष्ठ लोक साहित्यकार डॉ. पीसी लाल यादव जी रहेंगे। कार्यक्रम के संयोजक श्री ईश्वर साहू “आरुग” जी ने बताया कि प्रदेश भर से लगभग सैकड़ो साहित्यकार इस कार्यक्रम में पहुंचेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री हरिवंश सिंह मिरि जी (संयुक्त कलेक्टर,दुर्ग), विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री रामेश्वर शर्मा जी (वरिष्ठ साहित्यकार एवं डॉ. वैभव बेमेतरिहा जी ( महासचिव रायपुर प्रेस क्लब) रहेंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन धनराज साहू जी , मिनेश कुमार साहू जी , श्रीमती शोभामोहन श्रीवास्तव जी , ईश्वर साहू ‘बँधी जी’ तथा नागेश वर्मा जी के द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम के आयोजकों के द्वारा बताया गया कि कार्यशाला के बाद कार्यक्रम में आये हुए सभी साहित्यकारों को अपनी स्वरचित छत्तीसगढ़ी रचनाओं पर काव्य पाठ करने का भी अवसर प्रदान किया जायेगा।
  • बारिश से बही पुलिया : जिला मुख्यालय से टूटा संपर्क, हाईवे पर आवाजाही ठप

    20-Jul-2024

    रायपुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर और मोहला-मानपुर जिले में मूसलाधार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं. महाराष्ट्र को जोड़ने वाले नेशनल हाइवे पर बनी सड़क और पुलिया बहने से आवागमन ढप हो गया है. वहीं नेशनल हाईवे 63 पर भी पानी भर चुका है. इसके चलते बीजापुर से जगदलपुर जाने वाले नेशनल हाईवे पर आवागमन बंद है. दोनों ओर कई वाहन व राहगीर फंसे हुए हैं. सुरक्षा के लिए पुलिस जवान मौके पर मौजूद हैं.

    पुल निर्माण में लेटलतीफी के चलते बारिश में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मानपुर से कोहका के बीच कोरकोट्टी नदी और मानपुर से भर्रीटोला के बीच कोतरी नदी पर निर्माणाधीन पुल किनारे बना डायवर्सन मार्ग बह गया है. तुमड़ीकसा के पास भी डायवर्सन मार्ग नदी में डूब गई है. इसके चलते मानपुर से महाराष्ट्र व औंधी रूट में आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है. मानपुर से दल्लीराजहरा व बस्तर मार्ग में भी आवागमन ठप है.
     
     
     
    स्कूली बच्चे भी बीच मार्ग में फंसे हुए हैं. स्कूल से अपने घर नहीं जा पा रहे. नेशनल हाइवे 930 पर आवागमन प्रभावित हो गया है. कलेक्टर एस. जयवर्धन ने मौके पर पहुंचकर मौके का मुआयना किया. पुलिस व नेशनल हाईवे अफसर और निर्माण एजेंसी से चर्चा कर कलेक्टर ने हालात को सुधारने व आवागमन बहाल करने के निर्देश दिए हैं. बीजापुर जिले में भी देर रात से हो रही भारी बारिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. किसी के घरों में जा घुसा पानी तो कुछ का मिट्टी से बना घर ही ढह गया. ग्रामीण क्षेत्रों के नदी-नाले उफान पर होने से जिला मुख्यालय से गांवों का संपर्क टूट गया है. गंगालूर, भैरमगढ़, कुटरू, भोपालपट्टनम सभी क्षेत्रों समेत नेशनल हाईवे 63 में भी पानी भर चुका है. इसके चलते बीजापुर से जगदलपुर की ओर जाने वाले नेशनल हाईवे पर आवागमन पूरी तरह बंद है. प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. सुरक्षा के लिए नगर सैनिक व गोताखोरों को तैनात किया गया है.
  • टोल टैक्स फ्री की मांग को लेकर NH 53 में किया गया चक्काजाम

    19-Jul-2024
    प्रशासन एवं टोल प्रबंधन ने आंदोलनकारियों से 2 दिन का मांगा समय 
    सरायपाली– महासमुंद जिले में आज टोल टैक्स फ्री की मांग कों लेकर सैकड़ो लोगों ने छुईपाली टोल प्लाजा के पास चक्का जाम किया... 11 जुलाई से आंदोलनकारी अनिश्चित्कालीन आंदोलन पर बैठे हैं... 
    आंदोलन प्रमुख संजय चौधरी द्वारा 15 जुलाई से आमरण अनशन भूख हड़ताल करने के बाद भी टोल प्रबंधन की तरफ से कोई आश्वासन नहीं मिलने के कारण आज सैकड़ो लोगों ने चक्कजाम किया.. लगभग 25 से 30 मिनट तक नेशनल हाईवे पर छुईपाली टोल प्लाजा के पास चक्का जाम किया गया... वहीं आंदोलनकरियो के समस्या के समाधान के लिए प्रसाशन ने 2 दिन का समय माँगा हैं.. 2 दिन के भीतर मांग पर विचार किया जाएगा.. आश्वाशन मिलने के बाद आंदोलनकारी चक्का जाम से उठे. वहीं अनशन पर बैठे लोगों ने कहा की 2 दिन का समय प्रसाशन ने माँगा है.. लेकिन मांग ज़ब तक पूरी नहीं हो जाती तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा... महासमुंद जिले के अंतर्गत 2 टोल गेट आते हैं पहला टोल गेट झलप के पास और दूसरा टोल गेट सिंघनपुर के पास हैं,जिलेवासियो की मांग हैं की स्थानीय गाड़ियों का टोल माफ़ हो,यानी की महासमुंद जिले की CG 06 की गाड़ियों का टोल फ्री करने की मांग की जा रही हैं।
  • तहसीलदार सस्पेंड होने के बाद भी नहीं सुधरा सिस्टम, धोखाधड़ी कर बड़े बेटे के नाम कर दी जमीन, पिता को अब खाना भी नसीब नहीं…

    19-Jul-2024

    बालोद :- न्याय पालिका एक ऐसा स्थान है, जहां हर फरियादी को उम्मीद ही नहीं बल्कि पूरा विश्वास होता है कि अपने ऊपर हो रहे अन्याय पर उन्हें न्याय मिलेगा. इसी उम्मीद के साथ फरियादी अपना फरियाद लगाता है, किंतु प्रक्रिया इतना पेचिदा होता है या कभी-कभी बना दिया जाता है कि फरियादी की उम्मीद टूटने लगता है. बालोद जिले के ग्राम फरदडीह निवासी पीड़ित जिलेराम के साथ कुछ ऐसा ही हुआ है. परेशान किसान ने कलेक्टर से इच्छा मृत्यु की मांग की है. यह मामला देवरी तहसील का है. बता दें कि इसी तहसील के तहसीलदार को कुछ दिनों पहले जिले के प्रभारी मंत्री व डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने पैसे लेकर किसानों का काम करने की शिकायत पर तहसीलदार नीलकंठ जनबंधु को सस्पेंड किया था.

     
    दरअसल जीवन के अंतिम पड़ाव में एक पिता अपने ही बड़े बेटे से छोटे बेटे को उनका हिस्सा दिलाने देवरी तहसील न्यायालय में एक साल पहले आवेदन किया. किसान की मानें तो विवादित कृषि भूमि को अपने द्वारा पत्नी के नाम से खरीदने के दौरान दो बेटी और तीन बेटों के नाम में रखा था, जिन्हें पत्नी के देहांत होने के कुछ साल बाद परिवार के किसी भी सदस्य को जानकारी दिए बिना धोखाधड़ी कर बड़े बेटा का नाम कर दिया गया.
     
     
     
    पीड़ित पिता का कहना है कि मुझे कुछ नहीं चाहिए, मेरे मरने के बाद सब कुछ इन्ही का है. मेरे जीवन रहते तक घर में आश्रय और दो वक्त का भोजन दे. छोटे बेटा को उनका हिस्सा दे दिया जाए, ताकि छोटे बेटा को अपने बच्चों के जीवकापालन में कृषि भूमि सहारा बन सके. वैसे भी बेटियों ने तो हिस्सा लेने से मना कर दिया है, जिसे लेकर पीड़ित पिता ने देवरी तहसील से लेकर डौंडीलोहारा एसडीएम, बालोद कलेक्टर और पुलिस में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. इसके बाद दोबारा देवरी तहसील में आवेदन किया. आरोप है कि तहसीलदार के बाबू पैसे की मांग कर रहे हैं और पैसे नहीं देने पर पिछले एक साल से बस पेशी की तारीख देकर प्रताड़ित कर रहे हैं. इससे परेशान किसान बालोद कलेक्ट्रेट कार्यालय में कलेक्टर को आवेदन देकर इच्छा मृत्यु की मांग की है. उन्होंने बताया कि अब खाना भी नसीब नहीं हो रहा. किसी तरह गुजारा चल रहा है.
     
    जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी :-
    मीडिया को अपनी पीड़ा बताते हुए पीड़ित किसान ग्राम फरदडीह के पीड़ित पिता जिलेराम की आंखों से आंसू छलक पड़े. इस मामले को लेकर अपर कलेक्टर ने कहा, आवेदन में जो बात लिखी है अगर वह सत्य है तो अपराध है. जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा. शिकायत सही पाए जाने पर दोषी की खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
  • आदिवासी बाहुल्य गांवों में डायरिया का कहर…महीनेभर में 7 लोगों की मौत…

    19-Jul-2024

    कवर्धा :- कबीरधाम जिले में डायरिया का प्रकोप लगातार फैल रहा है. बैगा बाहुल्य क्षेत्र ग्राम झलमला के आश्रित गांव सरेंडा में दो महिलाओं की फिर मौत हो गई है, जिसमें एक महिला गर्भवती थी. बता दें कि डायरिया से जिले में अब तक एक माह के भीतर 7 लोगों की जान जा चुकी है. इसके बाद भी पीएचई विभाग की घोर लापरवाही खुलकर सामने आई है. सरेंडा के एक मोहल्ले में टंकी को बिना साफ किए ही कीड़ा युक्त, मिट्टी, काई युक्त पानी पहुंचा रहे हैं.

     
    जिले में गंदा पानी पीने और मौसमी बीमारी के चलते गांव में डायरिया फैल रही है. एक माह के भीतर कोयलारी, गोपाल भावना, दैहानडीह सोनवाही गांवों में डायरिया का प्रकोप देखने को मिला है. इन गांवों से अब तक एक माह के भीतर 7 लोगों की जान गंवा चुकी है. कांग्रेसी ने नेता एवं जिला पंचायत सदस्य तुकाराम चंद्रवंशी का आरोप है कि बैगा बाहुल्य क्षेत्र में स्वास्थ्य कैंप के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है. उचित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध नहीं है, सिर्फ प्रारंभिक उपचार किया जा रहा है और गंभीर मरीजों को कवर्धा या रायपुर रेफर कर रहे है. वहां भी इलाज के आभाव में मरीजों को जान गवानी पड़ रही है.
     
    आदिवासी बाहुल्य गांवों में साफ पानी की व्यवस्था नहीं :-
     
     
    व्यापक रूप से डायरिया फैलने के बाद भी बैगा आदिवासी झिरिया का पानी पीने को विवश हैं. हालांकि प्रशासन ने कुंए और झिरिया का पानी पीने के लिए प्रतिबंधित किया है, मगर आज पर्यंत तक गांवों में शुद्ध पेयजल की कोई व्यवस्था नहीं है. सरेंडा के एक मोहल्ले में टंकी से पानी पहुंचाने की वैकल्पिक व्यवस्था आनन-फानन में आज किया गया है, मगर वह टंकी को बिना साफ किए ही कीड़ा युक्त, मिट्टी, काई युक्त पानी पहुंचा रहे हैं.
     
    डायरिया से निपटने प्रशासन के पास कोई रोड मैप नहीं :-
    जिले में सैकड़ों की संख्या में डायरिया के मरीज सामने आने एवं 7 लोगों की मौत के बाद भी जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पीएचई विभाग कुंभकरणीय नींद में सोया है. इससे निपटने के लिए कोई रोड मैप नहीं है. अधिकारी सिर्फ मौके पर पहुंचकर अपनी नाकामी छिपाने का प्रयास कर रहे. वैकल्पिक व्यवस्था कर ढोंग कर रहे हैं, जबकि जमीनी हकीकत इस वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है.
     
    हाल ही में बैगा बाहुल्य क्षेत्र सोनवाही गांव में डायरिया से दो बैगा आदिवासियों की मौत हुई थी. इसकी सूचना पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल बरसते बारिश में सोनवाही पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की थी. इस दौरान भूपेश बघेल ने राज्य सरकार पर नाकामी का आरोप लगाया था. उन्होंने कहा था कि ग्राम सोनवाही में 5 बैगा आदिवासियों की उल्टी-दस्त से मौत को जिला प्रशासन छुपाने की कोशिश कर रहा है.
     
     
    प्रदेश सरकार की पहली प्राथमिकता जिले के बैगा बाहुल्य क्षेत्र में स्वास्थ्य परीक्षण होना चाहिए. स्वास्थ्य विभाग, पीएचई को पानी का सेंपल लेकर जांच किया जाना चाहिए, लेकिन राज्य सरकार की नाकामी के चलते ग्राम सोनवाही में राष्ट्रपति के दत्तक पुत्रों की मौत हो रही है.
  • मंत्री लखन लाल देवांगन ने दिव्यांग खिलाड़ियों को व्हील चेयर किया वितरित

    19-Jul-2024

    रायपुर । वाणिज्य, उद्योग, व्यापार एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कलेक्ट्रेट परिसर में कोरबा दिव्यांग व्हील चेयर क्रिकेट फेडरेशन के दिव्यांग खिलाड़ियों को व्हील चेयर प्रदान करके प्रोत्साहित किया एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। इस दौरान कोरबा लोकसभा सांसद ज्योत्सना महंत उपस्थित थीं।

     
    जिले के 15 दिव्यांग खिलाड़ियों को उनके निरंतर खेल अभ्यास एवं खेल प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग को निर्देशित किया था कि खिलाड़ियों को आगामी विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धाओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए उन्हें व्हील चेयर उपलब्ध कराई जाए। आज खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जिला खनिज न्यास मद से खिलाड़ियों को व्हील चेयर प्रदान की गई। व्हील चेयर पाकर खिलाड़ियों ने खुशी जाहिर की। उल्लेखनीय है कि इन दिव्यांग खिलाड़ियों में से 03 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट प्रतिस्पर्धा में भाग ले चुके हैं। लक्की सोनी दिव्यांग आईपीएल क्रिकेट प्रतिस्पर्धा में उनका प्रदर्शन कर चुके हैं। व्हील चेयर पाकर खिलाड़ियों ने जनप्रतिनिधि एवं अधिकारियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम, कलेक्टर अजीत वसंत उपस्थित थे।
  • मुख्यमंत्री साय और उप मुख्यमंत्री शर्मा ने शहीद जवान के पार्थिव शरीर को कांधा देकर शहीद के निवास के लिए किया रवाना

    19-Jul-2024

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज चौथी बटालियन माना पहुंचकर गत दिवस बीजापुर जिले के तर्रेम में माओवादियों द्वारा किये आईईडी ब्लास्ट में शहीद हुए जवान भरत लाल साहू के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने शहीद जवान के पार्थिव शरीर को कंधा देकर ससम्मान निवास रायपुर के सड्डू के लिए रवाना किया।

     
    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस मौके पर कहा कि बीजापुर जिले के तर्रेम में हुए आइईडी ब्लास्ट में हमारे वीर जवानो ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। हमारी सरकार बनते ही हमने माओवादियों के खिलाफ अपनी लड़ाई तेज कर दी है और हम निर्णायक लड़ाई लड़ रहे है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी।
     
     
    मुख्यमंत्री श्री साय ने इस दौरान शहीद जवान भरत लाल साहू के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
     
     
    गौरतलब है कि एसटीएफ के शहीद आरक्षक भरत लाल साहू रायपुर जिले के रहने वाले थे। पिछले 17 जुलाई को बीजापुर जिले के तर्रेम में एसटीएफ का बल नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना हुआ था। अभियान के दौरान माओवादियों द्वारा लगाए गये आईईडी ब्लास्ट में सुरक्षाबल के दो जवान शहीद और 4 जवान घायल हुए।
     
    इस मौके पर वनमंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू, डीजीपी अशोक जुनेजा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और शहीद जवान के परिजन मौजूद थे।
  • मुख्यमंत्री साय की पहल से उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के क्षेत्र के जिला चिकित्सालय को मिला रेडियोलॉजिस्ट

    19-Jul-2024

    रेडियोलॉजिस्ट के होने से मरीजों की बीमारियों का सही समय पर और सटीक निदान हो सकेगा

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल और उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा के अथक प्रयासों से कबीरधाम जिला चिकित्सालय में रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति की गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कबीरधाम जिला अस्पताल के लिए रेडियोलॉजिस्ट डॉ. वी. गोपाला कृष्णा को एनएचएम (संविदा) के पद पर शर्ताे के अधीन नियुक्ति प्रदान की है। इस सबंध में आदेश भी जारी कर दिया है। जिला चिकित्सालय में रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति से अब मरीजों को भटकना नहीं पडे़गा। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कबीरधाम जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधा का विस्तार और विशेषज्ञ चिकित्सकों की पदस्थापना के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्री श्यामबिहारी जायसवाल से विशेष अनुरोध किया था।
    जिला चिकित्सालय में रेडियालॉजिस्ट की नियुक्ति से सुविधाओं में विस्तार होगा। रेडियोलॉजिस्ट के होने से मरीजों की बीमारियों का सही समय पर और सटीक निदान हो सकेगा। इससे उपचार की प्रक्रिया में सुधार होगा। स्थानीय स्तर पर रेडियोलॉजिस्ट की उपलब्धता से मरीजों को बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे समय और पैसे की बचत होगी। आपातकालीन स्थिति में रेडियोलॉजिस्ट की उपस्थिति से तत्काल जांच और उपचार संभव होगा, जिससे मरीज की जान बचाई जा सकती है। रेडियोलॉजिस्ट की विशेषज्ञता से जटिल मामलों में भी सही निदान और उपचार की योजना बनाई जा सकती है। रेडियोलॉजिस्ट के माध्यम से रोग की पहचान तेजी से होती है, जिससे इलाज जल्दी शुरू किया जा सकता है। इन सभी लाभों के कारण जिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की भर्ती से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में महत्वपूर्ण सुधार होगा।
  • विश्व जनसंख्या दिवस की थीम "किसी को पीछे न छोड़ें, सबकी गिनती करें" थीम पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में पुरस्कृत हुये देविका,स्वेता,चंचल,स्नेहा,विद्यार्थीगण

    19-Jul-2024

    राजनांदगांव/कॉन्फ्लूएंस कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना,बेस्ट प्रैक्टिस सेल, इलेक्ट्रोलियर लिटरेसी क्लब के संयुक्त तत्वाधान में विश्व जनसंख्या दिवस पर हुए पोस्टर बनाओ प्रतियोगिताl विश्व जनसंख्या दिवस हर साल पूरी दुनिया मनाती है,लगातार बढ़ती जनसंख्या कुछ माइनो में फायदेमंद है तो कुछ में नुकसान दायक l लोगों को इन्हीं खतरों और फायदे के बारे में जागरूक करने के मकसद से यह दिन मनाया जाता है l प्रो. विजय मानिकपुरी कार्यक्रम अधिकारी रासेयो. ने बताया कि भारत दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश है जिसने जनसंख्या के मामले में चीन को भी पीछे छोड़ दिया,यह दिवस जनसंख्या के विभिन्न पहलुओं के बारे में जागरूकता बढ़ाने, जनसंख्या संबंधी समस्याओं पर विचार विमर्श करने एवं जनसंख्या नियंत्रण के महत्व को समझाने के लिए आयोजित किया जाता है lविश्व जनसंख्या दिवस का मुख्य उद्देश्य हमें जनसंख्या की महत्ता पर ध्यान दिलाना है, और उसके बढ़ते हुए प्रभावों को जागृत करना है इस दिवस के अवसर पर विभिन्न गतिविधियों द्वारा लोगों को जनसंख्या की बढ़ती समस्याओं के बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित किया गया l

    प्राचार्य डॉ. रचना पांडे ने कहा कि जनसंख्या दिवस मनाने की शुरुआत 1989 में संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम की सिफारिश पर संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा तेजी से बढ़ती जनसंख्या को नियंत्रित करने के उद्देश्य से की गई lवैश्विक स्तर पर जागरूकता बढ़ाने के लिए यह दिवस मनाने का फैसला लिया गया है यह दिन लोगों को यह समझाने का भी दिन है की बढ़ती जनसंख्या भयंकर विपदाएं लेकर आएगी और आने वाली पीढ़ी पर इसका पूरा असर होगाl इसी मकसद से कॉलेज में आयोजन किया जाता है ,जिससे युवाओं में जागरूकता आ सके I
    प्रीति इंदौरकर विभागध्यक्ष शिक्षा ने कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से हम जनसंख्या नियंत्रण के लिए परिवार नियोजन जैसे उपायों के प्रति लोगों को जागरुक कर सकते हैं और जनसंख्या अधिक होने के कारण जो समस्याएं उत्पन्न हो सकती है उसेसे लोगों को जागरूक करना हमारा कार्यक्रम का उद्देश्य है l पोस्टर प्रतियोगिता में छात्रों ने भारी संख्या में भाग लिया l ज़िसमे प्रथम देविका जन्घेल बीएड, द्वितीय श्वेता, एवम् तृतीय स्थान पर स्नेहा एवं चंचल रहीl
     महाविद्यालय के डायरेक्टर आशीष अग्रवाल, संजय अग्रवाल एवं डॉ. मनीष जैन ने सभी पुरस्कृत छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दिया और इसी प्रकार से सभी प्रतियोगिता में सहभागिता हेतु अपील भी किया l
  • हाईलाइट्स चैम्प्स में महासमुंद की बाल वैज्ञानिक चंचल की चर्चा…

    19-Jul-2024

    महासमुंद। जिले के शासकीय आशीबाई गोलछा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की दस छात्राओं ने आजादी सेट 1 व 2 के लिए प्रोग्रामिंग का कार्य किया था. इन छात्राओं की लीडर चंचल साहू से अमेरिकी मैग्ज़ीन के भारतीय संस्करण “हाईलाइट्स चैम्प्स” ने साक्षात्कार लिया है.  

    शासकीय आशीबाई गोलछा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महासमुंद की दस छात्राएं अटल टिंकरिंग लैब के माध्यम से आजादी सेट 1 व 2 के लिए प्रोग्रामिंग करने वाली देश भर की 750 छात्राओं में से थी. इन छात्राओं की लीडर चंचल साहू वर्तमान में तुमगांव स्कूल में कक्षा 12वीं की छात्रा है, जिसका साक्षात्कार अमेरिका में सबसे ज्यादा बिकने वाली बाल पत्रिकाओं में से एक “हाईलाइट्स” के भारत में दिल्ली से प्रकाशित “हाईलाइट्स चैम्प्स” के मई 2024 के अंक में प्रकाशित हुआ है.
    भविष्य में एमबीबीएस डाक्टर बनकर लोगों की सेवा करने वाली चंचल साहू अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजन, माता-पिता को देते हुए कहा कि हमें काफी खुशी मिली है और शासकीय स्कूलों की शहर या गांव की छात्राओं को आगे आने का मौका मिलता है, तो जरूर आगे आए और अपनी जिज्ञासा को पूरा करते हुए महिला सशक्तिकरण को आगे बढ़ाए.
    भारत में दिल्ली से प्रकाशित “हाईलाइट्स चैम्प्स” के मई 2024 के अंक में चंचल साहू का साक्षात्कार तस्वीर के साथ प्रकाशित होने पर स्कूल के शिक्षक व प्राचार्य का कहना है कि इससे हमारी संस्था, शहर के साथ छत्तीसगढ़ प्रदेश गौरवान्वित हुआ है.
    बच्चों को प्रेरित करती है “हाईलाइट्स चैम्प्स”
    गौरतलब है कि “हाईलाइट्स” अमेरिकी बच्चों की पत्रिका है. इस अंग्रेजी बाल पत्रिका में 6-12 साल के बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करने वाली सामग्री का प्रकाशन किया जाता है. भारत मे 2012 में इसकी लांचिग “हाईलाइट्स चैम्प्स” के नाम से हुई थी. इसके प्रत्येक अंक मे बच्चों द्वारा नये विषयों की खोज, मनोरंजन व मजेदार विषयों पर सामग्री के अलावा कहानियां, जोक्स, खेल, पहेलियां, विज्ञान, प्रयोग से संबंधित जानकारी होती है.
  • खेत में काम करने गए युवक की बिजली तार के चपेट में आने से मौत

    19-Jul-2024

    कवर्धा. छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिला के पिपरिया में विद्युत विभाग की लापरवाही से आज एक और युवक की मौत हो गई. युवक अपने खेत में काम करने के लिए गया हुआ था, जहां महीनों से पड़े डिस्मेंटल तार को वह हटाने की कोशिश कर रहा था. तार बिजली के हाईटेंशन तार से जुड़ा था, जिससे करेंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई. वहीं इस मौत के बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ काफी हंगामा किया. मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.

    ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, इससे पहले भी बिजली विभाग की लापरवाही के चलते गांव में एक युवक की मौत हो चुकी है. इतना ही नहीं कई किसानों की गाय-भैंसे भी खुले में पड़े बिजली के तार की चपेट में आ चुके हैं. लगातार हो रही दुर्घटनाओं के लिए ग्रामीणों ने विभाग को जिम्मेदार ठहराते हुए पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग की है. पूरा मामला चरडोंगरी गांव की घटना पिपरिया थाना क्षेत्र का है. मृतक युवक जलेश्वर साहू अपने परिवार का पालन पोषण करने के लिए अकेला व्यक्ति था. उसके पिता अपंग हैं और तीन महीने पहले ही जलेश्वर की शादी हुई थी. युवक के मृत्यु के बाद परिवार में मातम पसर गया है और अब उसके परिवार का पालन पोषण करने वाला कोई नहीं है. इसलिए विभाग को उसके परिवार को ज्यादा से ज्यादा मुआवजा देना चाहिए, जिससे परिवार का भरण पोषण किया जा सके.
  • शराब फैक्ट्री की दूषित पानी नदी में छोड़ा, मरी लाखों मछलियां…

    18-Jul-2024

    मुंगेली :- सरगांव क्षेत्र से गुजरने वाली शिवनाथ नदी में लाखों मछलियां मर गई है. शराब फैक्ट्री का दूषित पानी नदी में छोड़ने से मौत की आशंका जताई जा रही है. दूषित अपशिष्ट पदार्थ से नदी का जल भी मैला हो गया है.

     
    बता दें कि कुछ महीने पहले पथरिया एसडीएम भरोसा राम ठाकुर ने भाटिया शराब फैक्ट्री मर्चेंट के प्रबधंक को नोटिस जारी किया था. एसडीएम ने शराब फैक्ट्री के दूषित पानी को नदी में छोड़ने से जलीय जीव जंतु के खतरे को लेकर आशंका जताई थी. लाखों मछलियों की मौत पर एसडीएम ने अब पर्यावरण बोर्ड को पत्र लिखने की बात कही है.
  • छत्तीसगढ़ में अब तक 287.5 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज

    18-Jul-2024

    रायपुर, राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा बनाए गए राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष द्वारा संकलित जानकारी के मुताबिक एक जून 2024 से अब तक राज्य में 287.5 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। राज्य के विभिन्न जिलों में 01 जून 2024 से आज 18 जुलाई सवेरे तक रिकार्ड की गई वर्षा के अनुसार बीजापुर जिले में सर्वाधिक 535.9 मिमी और सरगुजा जिले में सबसे कम 136.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी है।

    राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक जून से अब तक सूरजपुर जिले में 197.6 मिमी, बलरामपुर में 339.1 मिमी, जशपुर में 240.8 मिमी, कोरिया में 247.8 मिमी, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 205.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी।
    इसी प्रकार, रायपुर जिले में 265.5 मिमी, बलौदाबाजार में 300.2 मिमी, गरियाबंद में 348.9 मिमी, महासमुंद में 226.6 मिमी, धमतरी में 288.6 मिमी, बिलासपुर में 339.9 मिमी, मुंगेली में 515.9 मिमी, रायगढ़ में 229.0 मिमी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 190.5 मिमी, जांजगीर-चांपा में 313.7 मिमी, सक्ती में 275.0 कोरबा में 394.4 मिमी, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 342.1 मिमी, दुर्ग में 184.2 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी। कबीरधाम जिले में 259.0 मिमी, राजनांदगांव में 256.0 मिमी, मोहला-मानपुर-अंबागढ़चौकी में 272.2 मिमी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 190.9 मिमी, बालोद में 276.7 मिमी, बेमेतरा में 172.6 मिमी, बस्तर में 383.0 मिमी, कोण्डागांव में 286.4 मिमी, कांकेर में 289.0 मिमी, नारायणपुर में 317.0 मिमी, दंतेवाड़ा में 318.3 मिमी और सुकमा जिले में 448.2 मिमी औसत वर्षा एक जून से अब तक रिकार्ड की गई।
  • राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप बेंगलुरु में सुखदेव ने 2 स्वर्ण पदक व नोशन पटेल ने 1 कांस्य पदक जीता

    18-Jul-2024

    महासमुंद पैरा ओलंपिक कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा 13 वीं नेशनल सब जूनियर एवं जूनियर पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2024 का आयोजन श्री कांतिरावा आऊटडोर स्टेडियम बेंगलुरु में 15 से 17 जुलाई 2024 तक आयोजित किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य की दल से कुल 6 पैरा एथलेटिक्स खिलाड़ी शामिल हुए। राज्य दल के प्रशिक्षक व मैनेजर निरंजन साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश की टीम में महासमुंद जिले से सुखदेव केंवट, नोशन लाल पटेल, दिनेश पटेल, निखिल यादव, जिला बालोद से उदयराम कुमार निषाद, सूरजपुर जिले से यशोदा राजवाड़े शामिल हुए। जिसमें छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने 2 स्वर्ण, 1 रजत एवं 3 कांस्य कुल 6 पदक जीतने में सफल रहें। महासमुंद जिले से सुखदेव ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप के 100 मीटर दौड़ एवं 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता, जिले के नोशन लाल पटेल ने 1500 मीटर दौड़ में छत्तीसगढ़ राज्य के लिए कांस्य पदक जीतकर प्रदेश व जिले का नाम रौशन किया। कलेक्टर श्री प्रभात मलिक ने सुखदेव एवं नोशन पटेल को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

     
    विदित हो कि जिले के फॉर्च्यून नेत्रहीन उच्च माध्यमिक विद्यालय करमापटपर बागबाहरा खुर्द के राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी सुखदेव केंवट और निखिल यादव का चयन हॉल ही में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) बेंगलुरू में हुआ हैं। जो जुलाई माह से आवासीय राष्ट्रीय अकादमी में प्रवेश लेकर नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। जिले के खिलाड़ियों को नेशनल चैंपियनशिप बेंगलुरु में पदक जीतने पर उप संचालक समाज कल्याण श्रीमती संगीता सिंह, जिला खेल अधिकारी श्री मनोज धृतलहरे, सहायक संचालक शिक्षा श्री सतीश नायर, छत्तीसगढ़ पैरा एथलेटिक्स संघ के सचिव श्री डिकेश टंडन, जिला पैरा एथलेटिक्स संघ से तोरण यादव, विश्वनाथ पाणिग्रही, भेख लाल साहू, अतुल बग्गा, डॉ. विकास अग्रवाल, अध्यक्ष फॉर्च्यून फाउंडेशन निरंजन साहू एवं समस्त शाला परिवार ने बधाई देते हुए शुभकामनाएं दी।
Top