बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • अग्निवीर भर्ती रैली, युवाओं के लिए बस सुविधा

    11-Dec-2023

    नारायणपुर। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशानुसार जाजगीर में 15 से 23 दिसंबर तक आयोजित होने वाले अग्निवीर थल सेवा भर्ती रैली में नारायणपुर जिले के पात्र युवाओं के लिए जिला प्रशासन द्वारा वाहन सुविधा उपलब्ध कराई गई है। अग्निवीर थल सेना भर्ती रैली के लिए माह अप्रैल-2023 में ऑनलाईन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीसीई) का आयोजन किया गया था, जिसमें उत्तीर्ण युवाओं की शारीरिक दक्षता एवं चयन परीक्षा का आयोजन जिला-जाजगीर में निर्धारित किया गया है।

    कलेक्टर के निर्देशानुसार 18 दिसंबर को शारीरिक दक्षता परीक्षा में सम्मिलित होने वाले पात्र युवाओं के लिए वाहन की व्यवस्था कराई गई है।ं इस हेतु पात्र आवेदक अपना नामांकन 14 दिसम्बर शाम 5 बजे तक जिला रोजगार कार्यालय कलेक्टर कार्यालय नारायणपुर में करा सकते है ताकि नामांकन के आधार पर वाहन की व्यवस्था कर 16 दिसंबर को शाम 5 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय नारायणपुर से खोखराभाठा जांजगीर के लिए वाहन रवाना किया जाएगा।
  • साइंस कॉलेज मैदान में होगा शपथ ग्रहण समारोह

    11-Dec-2023

    रायपुर। शपथ ग्रहण की तैयारी को लेकर विधायक, प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा, ओपी चौधरी, विधायक सुशांत शुक्ला ,भूपेंद्र सवन्नी, साइंस कॉलेज मैदान पहुंचे। भाजपा की चौथी सरकार का शपथ समारोह 13 दिसंबर को होगा। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस शपथ समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत राष्ट्रीय नेता , भाजपा शासित राज्यों के सीएम ,मंत्री शामिल होंगे । भाजपा की पहली सरकार ने भी पुलिस परेड ग्राउंड में शपथ लिया था और उसके बाद तीन बार सरकार बनी।


    छत्तीसगढ़ में नव नियुक्त सीएम विष्णुदेव साय का शपथ ग्रहण समारोह 13 दिसंबर को साइंस कॉलेज मैदान में होगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। इनके साथ ही सभी भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। इस दिन विष्णुदेव साय मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, वहीं मंत्रिमंडल की भी शपथ हो सकती है। इसके पहले छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने भारतीय जनता पार्टी के नामित मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को राज्य में सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है। राजभवन ने रविवार को यह जानकारी दी। राजभवन की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने रविवार को राज्यपाल को एक पत्र सौंपा जिसमें कहा गया कि पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों ने साय को भाजपा विधायक दल का नेता चुना है। भाजपा ने राज्य में सरकार बनाने का दावा प्रस्तुत किया है।
  • सड़कों पर में शराब पीने वाले 104 शराबी गिरफ्तार

    11-Dec-2023

    बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में सरकार बदलते ही खुले में शराब पीने वालों, अवैध चखना सेंटर और अवैध कब्जा पर कार्रवाई तेज हो गई है. इसी :क्रम में छत्तीसगढ़ की बिलासपुर पुलिस ने एसपी संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में खुले में शराब पीने वाले और होटल और ढाबा में अवैध तरीके से शराब बेचने वाले और पिलाने वालों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई।


    पुलिस ने एक ही दिन के अंदर खुले में शराब पीने वालों, होटल और ढाबा में शराब पिलाने वालों समेत 104 लोगों पर कार्रवाई की है. एक साथ जिले के तमाम थानों की पुलिस करवाई करने के लिए टीम बनाकर निकली थी. बिलासपुर जिले के सभी थाना प्रभारी द्वारा शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों, तालाब के किनारे, खुले मैदान में, चौक-चौराहों पर शराब पीने वाले लोगों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई।



    इसके साथ ही सभी होटल और ढाबा संचालकों को चेक किया गया है. और ऐसे होटल, ढाबा संचालक जो अपने परिसर में शराब पिलाने का काम करते हैं उन पर भी कार्रवाई की गई. इस क्रम में शहरी क्षेत्र में खुले में शराब पीने वालों पर आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के अंतर्गत कार्रवाई की गई है. अब तक 104 लोगों पर कार्रवाई की गई है।

    बिलासपुर में 5 ऐसे होटल औ ढाबा संचालकों पर कार्रवाई की गई है जो शराब पीने का सामान उपलब्ध कराते थे. इसी तरह ग्रामीण थाना क्षेत्रों में भी खुले में शराब पीने वालों पर आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत कुल 23 कार्रवाई की गई है. स्थानीय जिले को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसी ही कार्यवाहियां जारी रहेंगी. इससे पहले दुर्ग में भी खुले में शराब पीने वालों और अवैध चखना सेंटर पर कार्रवाई की गई थी. साथ ही अड्डेबाजी करने वालों पर भी एक्शन लिया गया था।
  • सूने मकान से लाखों की चोरी, केस दर्ज

    11-Dec-2023

    अंबिकापुर। मणिपुर थाना क्षेत्र के तेंदूपारा स्थित एक सूने घर में अज्ञात चोरों ने ताला तोडक़र घर के अंदर रखा 70 हजार रुपए नगद सहित सोने-चांदी के जेवर की चोरी कर ली। मामले में पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर दिया है। जानकारी के अनुसार लक्ष्मीपुर तेंदूपारा निवासी नरेश एक्का 8 जनवरी की शाम 6 बजे अपने परिवार के साथ परसापाली किसी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। दूसरे दिन जब परिवार के साथ घर वापस पहुंचे तो गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर मुख्य दरवाजे की कुंडी उखड़ी थी और अलमारी का ताला टूटा हुआ था।


    अलमारी में धान बिक्री का 70 हजार रुपए के साथ-साथ तीन जोड़ी चांदी की पायल, दो सोने के टॉप्स , नाक की 4 नथ, चांदी की बिछिया रखी हुई थी। अज्ञात चोरों ने नगदी सहित जेवरात की चोरी कर ली। परिवार के लोगों ने इसकी सूचना मणिपुर पुलिस को दी है। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। ज्ञात हो कि क्षेत्र में इन दोनों कबाड़ बीनने वालों की संख्या काफी बढ़ चुकी है। कबाड़ एकत्र करने वाले लोगों को तडक़े ही शराब का सेवन कर क्षेत्र में घूमते देखा जा सकता है। आसपास हर रोज छोटी-मोटी चोरी हो रही है। सूत्रों के अनुसार चोरी का यह सामान कबाड़ दुकानों में भी खपाया जा रहा है। इस मामले में भी जांच की आवश्यकता है। लगातार हो रही चोरी से क्षेत्र में लोग दहशत में है।
  • अगले 5 दिनों में और बढ़ेगी ठंड, मौसम अलर्ट

    11-Dec-2023

    रायपुर। प्रदेश में कड़ाके की ठंड के बीच दो दिनों से गुनगुनी धूप दिखाई दे रही है। इससे लोगों को ठंड से थोड़ी राहत महसूस हुई। इससे पहले चक्रवर्ती तूफान ने प्रदेश में खलबली मचा रखी थी, जिसकी वजह से लोगों को भारी बारिश का सामना करना पड़ रहा था। ​


    जैसे ही चक्रवात का असर कम ​हुआ वैसे ही प्रदेश में बादल छंटने शुरू हो गए, जिससे ठंड और ज्यादा बढ़ गई है। इससे प्रदेश सुबह और शाम घने कोहरे की चपेट में आ जाता है। छत्तीसगढ़ के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड बढ़ गया है। अगले 5 दिनों के भीतर न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट हो सकती है।

    मौसम विभाग की माने तो बारिश के साथ चल रही ठंडी हवाओं के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। आज राजधानी रायपुर समेत कई क्षेत्रों में सुबह कड़ाके की ठड़ और दिन में भी आसमान साफ रहेगा। प्रदेश के कई अन्‍य इलाकों में बारिश की छींटे होने की भी संभावना बनी हुई है। राजधानी रायपुर में आज सुबह न्यूनतम तापमान 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री रहेगा।
  • मरीन ड्राइव के पास खड़ी गाड़ियों पर पुलिस ने की कार्रवाई

    10-Dec-2023

    रायपुर। राजधानी की यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के मद्देनजर थाना प्रभारियों सहित यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने आज पेट्रोलिंग की। तेलीबांधा इलाके के मरीन ड्राईव के पास मुख्य मार्ग सहित अन्य थाना क्षेत्रों में स्थित अलग -अलग भीड़-भाड़ वाले मुख्य मार्गो में यातायात व्यवस्थित कराया। इसके साथ ही अड्डेबाजों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार चेकिंग भी की जा रही है।

  • आबकारी विभाग ने होटल-ढाबों में मारी रेड, विशेष चेकिंग अभियान चलाया

    10-Dec-2023

    दुर्ग। जिला आबकारी विभाग द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 8 दिसम्बर 2023 को जांच के दौरान जिले के मुख्य मार्गों एवं जिले से लगे हुए जिलों/राज्यों से लगी सड़कों एवं मार्गों के आस-पास अव्यवस्थित होटल-ढाबों में शराब के अवैध संग्रहण एवं अवैध विक्रय की जांच की कार्यवाही की गई।


    सहायक आयुक्त आबकारी राजेश जायसवाल से प्राप्त जानकारी अनुसार जांच में गब्बर ढाबा, अल लजीज ढाबा, अमन ढाबा, अपना ढाबा, अर्जुन दा ढाबा, क्रॉस रोड होटल, मिश्रा ढाबा, छत्तीसगढ़ ढाबा एवं अन्य होटल ढाबों की सघन जांच की कार्यवाही की गई। सभी होटल ढाबा मालिकों को होटल ढाबा परिसर में मदिरा पान नहीं करवाये जाने तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्तता ना होने संबंधी सख्त निर्देश दिए गए। विशेष चेकिंग अभियान में सहायक जिला आबकारी अधिकारी अशोक अग्रवाल, पंकज कुजुर, आबकारी उप निरीक्षक हरिश पटेल, मुख्य आरक्ष संतोष दुबे, भोजराम रत्नाकर, फागू राम टण्डन, आरक्षक लोकनाथ इंदौरिया, अशोक वर्मा एवं वाहन चालक दीपक राजू, प्रकाश राव का सहयोग रहा।

     

  • डीकेएस हॉस्पिटल से कैदी फरार, प्रहरियों को दे गया चकमा

    10-Dec-2023

    रायपुर।  राजधानी रायपुर से जेल प्रशासन की एक बड़ी लापरवाही की खबर सामने आई है। रायपुर के सरकारी डीकेएस अस्पताल से कैदी फरार हो गया। बताया जा रहा है कि ये कैदी सरकारी डीकेएस अस्पताल में अपना इलाज कराने आया था। इस दौरान रायपुर सेंट्रल जेल में विचाराधीन कैदी जेल प्रहरियों को चकमा देकर फरार हो गया है। अब पुलिस इस फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है।


    मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर के सरकारी डीकेएस अस्पताल से फरार कैदी डीडी नगर इलाके में लूट और हत्या का प्रयास के मामले में जेल में बंद था। इस फरार कैदी का नाम देवीप्रसाद बंसोर बताया जा रहा है। गोलबाजार थाना में पुलिस अभिरक्षा से फरारी की धाराओं में एफआईआर दर्ज हो गया है, जिसके बाद से पुलिस अब इस फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है।
  • मैनेजर के बेटे समेत 2 युवकों की मौत, रफ्तार ने ली जान

    10-Dec-2023

    दुर्ग। भिलाई में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो लड़कों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों शवों सेक्टर 9 हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


    भिलाई नगर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 9 दिसंबर की सुबह 7 बजे सेक्टर 8 चौक के पास सड़क दुर्घटना में 22 वर्षीय अविनाश वर्मा और 16 वर्षीय अवियंश की मौत हो गई। दोनों युवक बाइक में थे। काफी तेज रफ्तार होने से अविनाश की बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वो डिवाइडर से जा टकराया। इससे बाइक सवार दोनों युवक दूर जा गिरे। हेलमेट नहीं पहने होने से दोनों के सिर में गहरी चोट आई।

    इस सड़क दुर्घटना ने एक नहीं बल्कि दो-दो घरों का चिराग बुझा दिया है। अविनाश कैलाश नगर श्रीराम हाईट्स निवासी संतोष वर्मा का एकलौता बेटा था। उसके अलावा अब उसकी एक बहन है। संतोष वर्मा रायपुर निक्को कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।

    वहीं अवियंश राउरकेला बिहार का रहने वाला है। उसके पिता नहीं है। उसकी मां इधर उधर काम करके अपने एक लौते बेटे को पाल रही थी। वो बेटे के साथ दो दिन पहले ही भिलाई शादी कार्यक्रम में शरीख होने आई थी। दो-दो जवान लड़कों की मौत के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
  • रायपुर में आज भाजपा विधायक दल की बैठक, पहुंच रहे तीनों पर्यवेक्षक

    10-Dec-2023

    रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के नव निर्वाचित विधायकों की बैठक आज 10 दिसम्बर को दोपहर 12 बजे होगी जिसमें भाजपा विधायक दल के नेता का चयन होगा। इस बैठक के लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री द्वय अर्जुन मुंडा व सर्वानंद सोनोवाल तथा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम उपस्थित रहेंगे।


    भाजपा विधायक दल की कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में आहूत बैठक में प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, केंद्रीय मंत्री व चुनाव सह प्रभारी डॉ. मनसुख मांडविया, भाजपा संगठन सह प्रभारी नितिन नबीन और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह भी उपस्थित रहेंगे। विदित रहे, हाल ही हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 54 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज कर प्रचण्ड बहुमत हासिल किया है।
  • मेडिकल कालेज परिसर को कराया गया अतिक्रमण मुक्त

    09-Dec-2023

    राजनांदगांव। कलेक्टर डोमन सिंह के निर्देशानुसार जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जुआ-सट्टा, अवैध अतिक्रमण एवं चखना दुकानों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिसके अंतर्गत जिले भर में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम व नगर पंचायत की संयुक्त टीम द्वारा कड़ी कार्रवाई की जा रही है। एसडीएम राजनांदगांव अरूण वर्मा ने बताया कि शासकीय मेडिकल कॉलेज परिसर पेंड्री में अवैध रूप से बने ढाबा एवं होटल को राजस्व, पुलिस एवं नगर निगम की टीम द्वारा हटाया गया है। लगभग 26 अवैध ढाबा एवं होटल को हटाया गया है। एसडीएम के नेतृत्व में पेंड्री में कड़ी कार्रवाई करते हुए और हॉस्पिटल परिसर को अवैध ढाबा एवं होटल से मुक्त कर दिया गया है। कार्रवाई के दौरान टीम में घुमका तहसीलदार मेरिया शामिल थे। फ्लाई ओवर के नीचे चौराहों में सड़क पर दुकान लगाए जा रहे हैं। जिससे दुर्घटना की संभावना को देखते हुए सड़क पर से दुकान हटाने की कार्रवाई की गई है। तहसीलदार मनीष वर्मा द्वारा 8 दुकानों को हटाया गया। टेड़ेसरा में तहसीलदार सतपाल यादव द्वारा 11 अवैध चखना सेंटर को हटाया गया।


    डोंगरगढ़ एसडीएम गिरिश रामटेके ने बताया कि डोंगरगांव, छुरिया एवं कुमर्दा तहसील अंतर्गत राजस्व, पुलिस और नगर पालिका की टीम द्वारा अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई की गई। डोंगरगढ़ शहर स्थित रेलवे स्टेशन से कालका पारा चौक तक सड़क किनारे स्थित अतिक्रमण को टीम द्वारा हटाया गया। अवैध अतिक्रमण करने वालों द्वारा स्वयं से अतिक्रमण हटाने की बात करने पर कल तक अवैध अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी गयी। डोंगरगांव एसडीएम अश्वन पुसाम ने बताया कि राजस्व, पुलिस, नगर पंचायत डोंगरगांव एवं ग्राम पंचायत अर्जुनी की टीम द्वारा अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। शराब दुकानों के पास संचालित नगर पंचायत डोंगरगांव में 15 चखना सेंटर एवं ग्राम अर्जुनी में 25 चखना सेंटर को हटाया गया। नगर पंचायत डोंगरगांव एवं ग्राम पंचायत अर्जुनी में शैक्षणिक संस्थानों के सामने एवं सड़क से लगे हुए 75 अतिक्रमणकारियों को अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया है।
  • कई एक्सप्रेस ट्रेनों में अतिरिक्त कोच की सुविधा

    09-Dec-2023

    रायपुर। रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की बेहतर यात्रा सुविधा व अधिकाधिक यात्रियों को कंफर्म बर्थ उपलब्ध कराने हेतु दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से होकर चलने वाली विभिन्न एक्सप्रेस गाड़ियों में एक-एक अतिरिक्त कोच की सुविधा अस्थायी रूप से उपलब्ध कराई जा रही है | इस सुविधा की उपलब्धता से इन गाड़ियों में यात्रा करने वाले अधिकाधिक यात्री लाभान्वित होंगे।


    1, गाड़ी संख्या 22894/22893 हावड़ा-साईनगर शिर्डी-हावड़ा एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त स्लीपर कोच की सुविधा हावड़ा से 14 दिसम्बर 2023 को तथा साईनगर शिर्डी से 16 दिसम्बर 2023 को उपलब्ध रहेगी।



    2, गाड़ी संख्या 12222/12221 हावड़ा-पुणे-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त एसी-03 कोच की सुविधा हावड़ा से 14 दिसम्बर 2023 को तथा पुणे से 16 दिसम्बर 2023 को उपलब्ध रहेगी।

    3, गाड़ी संख्या 12262/12261 हावड़ा-सीएसएमटी-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त एसी-03 कोच की सुविधा हावड़ा से 12 व 15 दिसम्बर 2023 को तथा सीएसएमटी से 14 व 17 दिसम्बर 2023 को उपलब्ध रहेगी।

     

  • केमिकल वाहन में लगी आग, हाईवे पर सहमे राहगीर

    09-Dec-2023

    महासमुंद। महासमुंद जिले में केमिकल से भरा चलती ट्रक में अचानक आग लग गई। इसके बाद राहगीरों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। यह घटना लोहरकोट की हैं।


    बताया जा रहा है कि, ट्रक मुंबई से सम्बलपुर जा रही थी। तभी अचानक चलती ट्रक में आग लग गई। राहगीरों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने मेें लग गई। वही पास पर ही डीज़ल टेंक जा रही थी अगर टेंक में आग लग जाती तो बड़ा नुकसान हो सकता था। पुलिस ने आने – जाने के लिए आधे किलोमीटर से सडक को डायवर्ट किया गया हैं।
  • अनुराग बसु ने कलामंदिर मे ललित कला प्रदर्शनी का किया उद्घाटन

    09-Dec-2023

    भिलाई। ललित कला अकादमी का रीजनल सेन्टर भिलाई में खोले जाने को लेकर समर्पित राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकारों की समूह प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रख्यात फिल्म निर्देशक अनुराग बसु ने किया। महात्मा गांधी कलामंदिर सिविक सेंटर के आडिटोरियम मे इस दौरान भिलाई इस्पात संयंत्र के ई.डी. प्रोजेक्ट एस.के. मुखोपाध्याय, ई.डी. पर्सनल पवन कुमार के साथ ही कला साहित्य नास्टेल्जिया 80 संस्था के पदाधिकारीगण तथा बड़ी संख्या मे दर्शक उपस्थित थे। यह प्रदर्शनी आम जनता के अवलोकनार्थ प्रतिदिन निशुल्क दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक 10 दिसंबर रविवार तक खुली रहेगी।


    चित्रकला और मूर्तिकला प्रदर्शनी का उद्घाटन अनुराग बसु ने विधीवत दीप प्रज्वलित करके किया। एक-एक चित्रों और मूर्तियों का अवलोकन करते हुए उन्होंने कलाकारो के सृजनशीलता की भूरी-भूरी प्रशंसा की है तथा कहा कि बहुत दिनों बाद उन्हें एक स्तरीय प्रदर्शनी देखने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। इसमें सुप्रसिद्ध और वरिष्ठ चित्रकार हरीसेन, डी एस विद्यार्थी, गिलबर्ट जोसफ, रोहिणी पाटणकर, मोहन बराल, विक्रम अपना, हरीश मंडावी, उमाकांत ठाकुर, सारिका गोस्वामी, गुंजन, स्तुति, मनीष ताम्रकार, धीरज साहू की चित्रकलाए, अभिषेक सपन की मटपरई कला, लल्लेश्वरी साहू की धान के बाली की कला के अलावा उत्तर कुमार साहू एवं अशोक देवांगन की मूर्तिकलाएं प्रदर्शित की गई है। राष्ट्रपति पुरस्कृत गुरूजी परसराम साहू द्वारा प्रस्तुत फिल्मी संग्रह भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन कर रही है। जिसमें साठ सत्तर दशक से लेकर आज तक के फिल्मकारों से संबंधित दस्तावेज प्रदर्शन के लिए रखी गई है।



    अनुराग बसु के पिता सुब्रत बसु के डाक टिकट भी यहां प्रदर्शित है जिसे देखकर वे भावुक हो गए। खैरागढ, रायपुर, बिलासपुर, कोडागांव तथा दुर्ग भिलाई से आए इन कलाकारो ने न सिर्फ प्रदर्शनी स्थल बल्कि मुख्य स्टेज को भी अपनी चित्रकलाओं से पाट डाला है। जिससे पूरा कलामंदिर परिसर विवध कलाओं के सुगंध से महक उठा है। स्टेज पर मंचीय प्रस्तुतियों के बीच जब निगाहें इजल मे रखी हुई पेन्टिंगो पर जाती है तो दूने उत्साह का संचार होता है। इस तरह के प्रदर्शन की आए हुए समस्त अतिथियों ने मुक्तकंठ प्रशंसा की है तथा कहा कि बड़े समय बाद भिलाई मे विविध कलाओं की ऐसी जुगलबंदी देखने को मिल रही है। इस दौरान अनुराग बसु को वरिष्ठ चित्रकार शत्रुघ्न स्वर्णकार और मनीष ताम्रकार ने उनकी बनाई पोट्रेट भेंट की साथ मे अनुराग बसु के विशेष आग्रह पर मोहन बराल ने भी अपनी एक पेन्टिंग भेंट दी जिसकी नक्काशी देखकर सभी हतप्रभ रह गए। प्रदर्शनी का कुशल संचालन साहित्यकार मेनका वर्मा, सोनाली चक्रवर्ती, प्रवीण कालमेघ, प्रशांत क्षीरसागर तथा ललित कला अकादमी मे छत्तीसगढ के प्रथम एक्जीक्यूटिव बोर्ड मेम्बर अंकुश देवांगन ने किया।
  • IPS अमित कुमार आ रहे छत्तीसगढ़

    09-Dec-2023

    रायपुर। 1998 बैच के आईपीएस अमित कुमार सीबीआई के डेपुटेशन से छत्तीसगढ़ लौट रहे हैं. वे सोमवार को छत्तीसगढ़ पुलिस ज्वाइन करेंगे. जानकारी के अनुसार,अमित कुमार को पुलिस महकमे में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है. नई सरकार बनने के बाद ही तय होगा।


    उन्हें कौन सा पोस्ट दिया जाएगा। बता दें कि, अमित कुमार सीबीआई में एसपी, डीआईजी और संयुक्त निदेश (पॉलिसी) की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं. खास बात तो ये है कि, वे लालू यादव के चारा घोटाले की जांच टीम में भी शामिल थे. वे रायपुर समेत कई जिलों के एसपी भी रह चुके हैं।
  • गांजे की पुड़िया लेकर घूमने वाला तस्कर गिरफ्तार

    09-Dec-2023

    सारंगढ़। सरसीवा पुलिस द्वारा अवैध गांजा के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। सरसींवा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिला कि ग्राम पेन्ड्रावन का सुन्दर देवांगन अपने घर के दुकान में अवैध मादक पदार्थ गांजा बिक्री हेतू रखा है की सूचना को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल एवं उप पुलिस अधीक्षक मनीष कुंवर को अवगत कराकर उनके मार्गदर्शन पर मुखबिर सूचना तस्दीक रेड कार्रवाई हेतु थाना से हमाराह स्टाफ एवं गवाह के ग्राम पेन्ड्रावन सुंदर देवांगन के घर रेड किया।


    जहां से विधिवत एनडीपीएस के संपूर्ण प्रावधानों के तहत विधिवत कार्रवाई कर आरोपी सुंदर देवांगन (48) के कब्जे से एक सिल्वर ड्रम में रखे अवैध मादक पदार्थ गांजा 01 किलो 700 ग्राम कीमती करीब 20 हजार को बरामद एवं जब्ती कार्रवाई कर विधिवत मौके पर ही 20 बी एनडीपीएस एक्ट की कार्रवाई कर आरोपी को हिरासत में लेकर थाना में धारा 20 बी एनडीपीएस एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
  • नियमों का पालन नहीं करने वाले अधिकारी और कर्मचारियों पर होगी सख्ती

    09-Dec-2023

    रायपुर। केंद्र सरकार के अफसरों और कार्मिक अपने लिए विदाई/सम्मान समारोह आयोजित कर तय मापदंडों के विपरित, गिफ्ट लेने से परहेज नहीं कर रहे । आईएएस, आईपीएस, आईएफएस समेत सभी अभा कैडर के अधिकारी- कर्मचारी के लिए सीसीएस (आचरण) नियम, 1965 के नियम 14 के अनुसार  पुरस्कार स्वीकार करने के संबंध में डीओपीटी द्वारा समय-समय पर निर्देश जारी किए जाते रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद पूरी तरह से तय नियमों का पालन नहीं हो पा रहा। अब सरकार द्वारा ऐसे मामलों में सख्ती बरती जाएगी। इस तरह के समारोह में शामिल होने या गिफ्ट लेने से पहले, ‘बॉस से लेकर बाबू’ तक सभी को इजाजत लेनी होगी।


    इन नियमों में कुछ ढील भी दी गई है। जैसे किसी सरकारी कर्मचारी के सम्मान में आयोजित समारोह/मनोरंजन कार्यक्रम, निजी और अनौपचारिक हो। सेवानिवृत्ति, स्थानांतरण या कोई ऐसा व्यक्ति, जिसने हाल ही में सरकार की सेवा छोड़ दी है तो उस स्थिति में सार्वजनिक निकायों या संस्थानों द्वारा जो भी समारोह आयोजित किया जाता है तो वह सरल और सस्ता होना चाहिए। यानी वहां पर सस्ते मनोरंजन की स्वीकृति रहेगी।
  • कैट ने की गोयल और सिंधिया से हवाई किराए के लिए एमएसपी लाने की मांग

    09-Dec-2023

    रायपुर। देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमर पारवानी, चेयरमेन मगेलाल मालू, अमर गिदवानी, प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र दोशी, कार्यकारी अध्यक्ष विक्रम सिंहदेव, परमानन्द जैन, वाशु माखीजा, महामंत्री सुरिन्द्रर सिंह, कार्यकारी महामंत्री भरत जैन, एवं कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल ने बताया कि कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने आज देश में विभिन्न एयरलाइंस द्वारा वसूले जाने वाले अतार्किक, अत्यधिक और अनिर्देशित हवाई किराया टैरिफ पर कड़ी चिंता जताई है, जिससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी और आर्थिक नुकसान हो रहा है। कैट ने कहा कि विभिन्न एयरलाइंस कार्टेल मोड में काम कर रही हैं, जो इस तथ्य से स्पष्ट है कि किसी भी क्षेत्र के लिए अलग-अलग एयरलाइंस लगभग समान शुल्क निर्धारित करती हैं, चाहे वह इकॉनमी एयरलाइन हो या पूर्ण सेवा एयरलाइन और इस प्रकार स्मार्ट तरीके से प्रतिस्पर्धा समाप्त की जाती है।


    कैट के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमर पारवानी और प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र दोशी ने गतिशील मूल्य निर्धारण के नाम पर हवाई कंपनियों द्वारा की जा रही इस खुली लूट पर गंभीर चिंता व्यक्त की, जो एकाधिकार और पूंजीवाद बनाने के लिए एक रास्ते के अलावा और कुछ नहीं है।

    पारवानी और दोशी दोनों ने कहा कि हवाई कंपनियों द्वारा हवाई टिकट की कीमतें वसूलने के मॉडल की जांच करना आवश्यक है। ये कंपनियां किसी भी हवाई यात्रा के लिए पहले एक कीमत तय करती हैं, लेकिन जैसे-जैसे हवाई यात्रा की मांग बढ़ती है, कीमतें बिना किसी तथ्य के कई गुना और मनमाने ढंग से बढ़ा दी जाती हैं। कई मौकों पर तो यह बढ़ोतरी पांच/छह गुना या उससे भी अधिक होती है और उपभोक्ताओं को खुलेआम लूटा जाता है। कीमतें किसी भी समय बढ़ा दी जाती हैं जिसका कोई औचित्य नहीं है। सभी हवाई कंपनियां इस भयावह खेल में शामिल हैं और एक कार्टेल बनाकर प्रतिस्पर्धा अधिनियम और उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम की भावना के विपरीत कीमतों में हेरफेर करती हैं।

    दोनों व्यापारी नेताओं ने विमान नियम, 1937 के नियम 135 का हवाला दिया, जिसमें प्रावधान है कि “(1) नियम 134 के उप-नियम (1) और (2) के अनुसार परिचालन करने वाला प्रत्येक हवाई परिवहन उपक्रम, सभी प्रासंगिक कारकों को ध्यान में रखते हुए टैरिफ स्थापित करेगा।“ , जिसमें संचालन की लागत, सेवा की विशेषताएं, उचित लाभ और आम तौर पर प्रचलित टैरिफ शामिल हैं।
    उपरोक्त नियम में “उचित लाभ“ का बहुत अधिक महत्व है। यद्यपि उचित लाभ को परिभाषित नहीं किया गया है, लेकिन उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए, डीजीसीए और हवाई अड्डा आर्थिक नियामक प्राधिकरण को एयर टैरिफ से निपटने और परिचालन लागत, सेवाओं और अन्य संबद्ध कारकों के आधार पर उचित लाभ वसूलने के लिए एयरलाइंस को निर्देश जारी करने का अधिकार है। हालाँकि, यह देखा गया है कि एयरलाइंस डीजीसीए या एईआरए की किसी भी निगरानी के अभाव में हवाई कंपनियाँ कोई भी कीमत वसूलने के लिए स्वतंत्र हैं, जिसके कारण हवाई यात्रियों का मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न होता है।

    कैट ने कहा कि 1994 से पहले, हवाई किराए को एयर कॉर्पोरेशन अधिनियम, 1953 के तहत केंद्र सरकार द्वारा पूरी तरह से विनियमित किया गया था। इसे 1994 में विनियमन कर दिया गया था, और वर्तमान में विमान अधिनियम, 1934 के तहत नियम हवाई किराए की देखरेख करते हैं।
  • वाटर ATM के पीछे मिली थी लाश, जांच में मर्डर निकला

    09-Dec-2023
    कोरबा। वाटर ATM के पीछे मिली लाश मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. दरअसल व्यापारी रवि उसरवर्षा ने पुलिस को सूचना दी थी कि दुकान साफ सफाई के बाद कचरा को दुकान के पीछे तरफ फेंकने गया तो देखा कि वाटर ATM के पीछे एक व्यक्ति ईट के ढेर के पास खून से लथपथ मृत अवस्था में पढ़ा हुआ है। जिसकी जानकारी थाना दीपका में दिया गया मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला को घटना के बारे में जानकारी दिया गया.

    जिस पर पुलिस अधीक्षक द्वारा तत्काल पतासाजी के निर्देश प्राप्त होने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक दर्री रॉबिंसन गुड़िया की मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी दीपका अश्वनी राठौर एवं साइबर सेल प्रभारी कोरबा सउनि अजय सोनवानी के नेतृत्व में पुलिस टीम के द्वारा घटनास्थल के पास कैंप कर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया.

    चश्मदीद गवाह से घटना के बारे में पूछा गया। घटनास्थल और उसके आसपास का सीसीटीवी फुटेज खंघाला गाल गया। पुलिस टीम को फुटेज में कुछ खास सफलता नहीं मिलने पर टीम के द्वारा घटनास्थल के आसपास के संदिग्ध व्यक्तियों की पतासाजी में जुट गई इसी बीच मुखबीर से सूचना प्राप्त हुआ कि घटना दिनांक से ही एक व्यक्ति हुलिया बदलकर लिया है और अपने घर भी नहीं आ रहा है। मूकबीर के बताए अनुसार उस व्यक्ति को पुलिस के द्वारा पड़कर पूछताछ किया गया पूछताछ के दौरान पहले तो उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की बाद में पुलिस ने जब उससे कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म शिवकर किया और बताया कि घटना की रात मृतक निकोलस टोप्पो से सामुदायिक भवन के पास किसी बात को लेकर विवाद हो मृतक नशे की हालत में उसका पीछा कर दुकान के पास उसे रोक कर उससे मारपीट करने लगा तो गुस्से में आकर मैंने उसे दुकान के पीछे ईट के पास पटक कर लात और ईट से मार कर उसे गंभीर चोट पहुंचकर उसकी हत्या कर दिया। आरोपी के विरुध्द पर्याप्त साक्ष्य सबूत पाये जाने पर आरोपी चंदन बाल्मिक (बैरीसार) को विधिवत गिरफतार कर न्यायालय पेश किया गया है।

     

  • ठिठुरन से बचाने चौक चौराहों पर जलाया गया अलाव

    08-Dec-2023

    कोरबा। हल्की बारिश के बाद बढ़ी ठंड को देखते हुए कलेक्टर सौरभ कुमार ने बस स्टॉप और जंक्शन जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर अलाव जलाने का निर्देश दिया था. इस संदर्भ में, शहर के कॉर्पोरेट आयोग की प्रमुख प्रतिष्ठा ममगाई ने शहर के केंद्रीय चौराहे पर आग जलाई। शहर के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों जैसे नेताजी सभाष चंद्र बोस चौक, ट्रांसपोर्ट नगर चौक और कोरबा में भी अलाव जलाए गए।


    कई नगरवासी इस स्थान पर आग जलाकर तापते हैं। ठंड जैसी लहर की स्थिति और बढ़ती ठंड के कारण, कई लोगों को घर के बाहर ऐसी आग जलाने की आवश्यकता महसूस हुई। जब लोग जरूरी काम से बाहर निकलते हैं और अपने आसपास आग देखते हैं तो उन्हें अपनी हथेलियां जलाते हुए देखा जा सकता है. कलेक्टर ने सभी से मौसम की बदलती परिस्थितियों के कारण सतर्क रहने और अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने का आग्रह किया। उन्होंने यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि जहां आवश्यक हो, सभी महत्वपूर्ण स्थानों और आवाजाही बिंदुओं सहित कॉर्पोरेट क्षेत्रों में आग पर काबू पाया जाए।
Top