बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • 8 खूंखार नक्सलियों ने डाले हथियार, डॉक्टर और कमांडर शामिल

    24-Jul-2025
    नारायणपुर। पुलिस और सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। यहाँ एसपी रॉबिंसन गुरिया के समक्ष 8 खूंखार नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। सरेंडर करने वाले सभी आठ नक्सलियों पर सरकार और पुलिस की तरफ से 33 लाख रुपये का ईनाम घोषित किया गया था। इनमें 4 महिला और 4 पुरुष नक्सली शामिल है। जानकारी के अनुसार सरेंडर करने वाले नक्सलियों में प्लाटून 16 का कमांडर कमलेश, डॉक्टर टीम का सुखलाल समेत दूसरे एक्टिव माओवादी शामिल है। ये सभी दशकों से अबूझमाड़ इलाके में सक्रिय थे और कई बड़ी वारदातों में भी शामिल थे। फिलहाल सभी आत्मसमर्पित नक्सलियों को पुनर्वास नीति के तहत मदद दी जा रही है। इसी तरह सुकमा में भी पांच नक्सलियों ने जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के सामने आत्मसमर्पण किया है। यह सभी हार्डकोर नक्सली नियद नेल्लानार और पुना मारगेम जैसे अभियानों से प्रभावित बताये जा रहे है। 
  • जिलेवार बारिश के आंकड़े जारी

    24-Jul-2025
    रायपुर। छत्तीसगढ़ में 1 जून से अब तक 500.4 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा स्थापित राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में अब तक बलरामपुर जिले में सर्वाधिक 783.4 मि.मी. वर्षा रिकार्ड की गई है। बेमेतरा जिले में सबसे कम 271.7 मि.मी. वर्षा दर्ज हुई है। राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार सरगुजा में 376.0 मि.मी., सूरजपुर में 613.6 मि.मी., जशपुर में 594.1 मि.मी., कोरिया में 559.0 मि.मी. और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 541.6 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है। रायपुर जिले में 480.1 मि.मी., बलौदाबाजार में 461.9 मि.मी., गरियाबंद में 412.8 मि.मी., महासमुंद में 420.8 मि.मी. और धमतरी में 417.3 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है। बिलासपुर में 555.3 मि.मी., मुंगेली में 587.8 मि.मी., रायगढ़ में 633.5 मि.मी., सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 465.0 मि.मी., जांजगीर-चांपा में 716.2 मि.मी., सक्ती में 620.6 मि.मी., कोरबा में 557.9 मि.मी. और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही 523.0 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड हुई है। दुर्ग जिले में 404.9 मि.मी., कबीरधाम में 389.1 मि.मी., राजनांदगांव में 423.0 मि.मी., मोहला-मानपुर-अंबागढ़-चौकी में 605.9 मि.मी., खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 363.7 मि.मी., बालोद में 497.5 मि.मी. और बस्तर जिले में 597.3 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड हुई है। कोंडागांव में 353.6 मि.मी., कांकेर में 450.5 मि.मी., नारायणपुर में 397.7 मि.मी., दंतेवाड़ा में 467.8 मि.मी., सुकमा में 363.4 मि.मी. और बीजापुर में 608.1 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है। 
  • सिविल लाइन इलाके में शॉप से 100 मोबाइल चोरी

    24-Jul-2025
    रायपुर। मोबाइल दुकान में चोरी हुई है। चोरों ने नए और पुराने करीब 100 मोबाइल चोरी कर लिए। चोर दुकान के भीतर ताला तोड़कर और शूटर फोल्ड कर पहुंचे थे। इस मामले में दुकान मालिक ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। इसके बाद पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है। विशाल विरनानी ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज करवाई। जिसमें बताया कि उनकी पंजाबी कॉलोनी कटोरा तालाब में मोबाइल दुकान है। दुकान में नए और पुराने मोबाइल फोन की खरीदे बिक्री की जाती है। 22 जुलाई को रात 10 बजे विशाल अपनी दुकान बंद करके घर चला गया। अगले दिन सुबह पड़ोसी ने फोन करके बताया कि दुकान का शटर आधा खुला हुआ है। विशाल ने दुकान के अंदर जाकर जांच की तो करीब 19 नए मोबाइल और 80 पुराने मोबाइल फोन गायब थे। इसके अलावा गल्ले में करीब 1 लाख रुपए कैश भी नहीं था। चोरों ने मोबाइल बिल का रजिस्टर भी गायब कर दिया है। इस मामले में पुलिस अब आगे की जांच में जुट गई है। 
  • बिलासपुर में हुई मूसलाधार बारिश, स्कूल परिसर सहित कई जगहों में जलभराव

    24-Jul-2025
    बिलासपुर। छतीसगढ़ के कई इलाकों में मौसम विभाग के अलर्ट के साथ एक बार फिर बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। न्यायधानी बिलासपुर में भी देर रात से गरज- चमक के साथ मूसलाधार बारिश हो रही है। इससे कई जगहों पर जलभराव की स्थिति है। कई लोगों के घरों में भी बारिश का पानी भर गया है। नाले नालियां पैक हैं। सड़कों में पानी बह रहा है। खास तौर पर मोपका, नेहरू नगर, सिरगिट्टी, सरकंडा के कई निचले क्षेत्र व कॉलोनियों इससे प्रभावित हैं। लोगों को इससे खासा परेशान होना पड़ रहा है। गौरतलब है कि, मौसम विभाग ने भारी बारिश की संभावना जताई है। आने वाले दो तीन दिन मौसम इसी तरह रह सकता है। 
  • पाट जात्रा के साथ शुरू हुआ विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक बस्तर दशहरा

    24-Jul-2025
    रायपुर। हरियाली अमावस्या के मौके पर बस्तर की आराध्य देवी मां दन्तेश्वरी मन्दिर के सामने गुरुवार को पाट जात्रा पूजा विधान के साथ ही विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक बस्तर दशहरा पर्व शुरू हो गया। बस्तर दशहरा पर्व के इस प्रथम पूजा विधान में बस्तर सांसद एवं बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष श्री महेश कश्यप, विधायक जगदलपुर किरण देव, महापौर संजय पाण्डे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और बस्तर दशहरा पर्व समिति के पारंपरिक सदस्य मांझी-चालकी, मेम्बर-मेम्बरीन, पुजारी-गायता, पटेल, नाईक-पाईक, सेवादारों के साथ ही बड़ी संख्या में जनसमुदाय शामिल हुआ।   बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी को समर्पित इस ऐतिहासिक बस्तर दशहरा पर्व के पहले पूजा विधान पाट जात्रा में रथ निर्माण के लिए बनाए जाने वाले औजार ठुरलू खोटला तथा अन्य औजारों का परम्परागत तरीके से पूजा-अर्चना कर रस्म पूरी की गयी। इसके साथ ही विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक बस्तर दशहरा पर्व शुरू हो गया, जो इस वर्ष करीब 75 दिवस की अवधि तक पूरे आस्था, श्रद्धा और पूरे हर्षाेल्लास के साथ मनाया जाएगा। बस्तर दशहरा पर्व के प्रमुख पूजा विधानों को निर्धारित तिथि अनुसार सम्पन्न की जाती है। जिसके तहत आगामी शुक्रवार 05 सितम्बर को डेरी गड़ाई पूजा विधान, रविवार 21 सितम्बर को काछनगादी पूजा विधान, सोमवार 22 सितम्बर को कलश स्थापना पूजा विधान, मंगलवार 23 सितम्बर को जोगी बिठाई पूजा विधान सहित बुधवार 24 सितम्बर से सोमवार 29 सितम्बर 2025 तक प्रतिदिन नवरात्रि पूजा एवं रथ परिक्रमा पूजा विधान, सोमवार 29 सितम्बर को सुबह 11 बजे बेल पूजा, मंगलवार 30 सितम्बर को महाअष्टमी पूजा विधान एवं निशा जात्रा पूजा विधान, बुधवार 01 अक्टूबर को कुंवारी पूजा विधान, जोगी उठाई पूजा विधान एवं मावली परघाव, गुरुवार 02 अक्टूबर को भीतर रैनी पूजा विधान एवं रथ परिक्रमा पूजा विधान, शुक्रवार 03 अक्टूबर को बाहर रैनी पूजा विधान एवं रथ परिक्रमा पूजा विधान, शनिवार 04 अक्टूबर को काछन जात्रा पूजा विधान एवं मुरिया दरबार होगा। वहीं रविवार 05 अक्टूबर को कुटुम्ब जात्रा पूजा विधान में ग्राम्य देवी-देवताओं की विदाई होगी और मंगलवार 07 अक्टूबर को मावली माता की डोली की विदाई पूजा विधान के साथ ऐतिहासिक बस्तर दशहरा पर्व सम्पन्न होगी।
     
  • टीचर बहू के साथ मारपीट, ससुराल वाले गिरफ्तार

    24-Jul-2025
    कोरबा। जिले से एक शिक्षिका के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पारिवारिक विवाद के चलते पति ने पत्नी और बेटी के साथ मारपीट की है। घटना 20 जुलाई की है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह मामला बालको थाना क्षेत्र के शांति नगर का है। मिली जानकारी के मुताबिक, 37 वर्षीय पीड़िता वर्ग 3 शिक्षाकर्मी हैं। वह गायत्री मंदिर रोड पर अपने दो बेटी और एक बेटे के साथ अलग रहती हैं। पीड़िता का पति से 2021 में पारिवारिक विवाद हुआ था। तब से वह अलग रह रही हैं। वह कभी-कभी बच्चों को पिता से मिलाने या घरेलू काम से पति के घर जाती थीं।  पीड़िता का आरोप है कि पति शांति कुमार कश्यप (39) उन्हें साथ रखने को तैयार नहीं है। घर जाने पर अक्सर बेवजह विवाद और लड़ाई-झगड़ा करता है। घटना वाले दिन भी सुबह 11:30 बजे पीड़िता अपने बच्चों के साथ पति के घर गई थी। शांति कुमार कश्यप उस समय बालको प्लांट में ड्यूटी पर था। यह भी आरोप है कि घर पहुंचने पर सास मालती कश्यप और ससुर रघुनाथ कश्यप ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब पति घर पहुंचा था, तो उसने पत्नी साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान बच्चे 'मम्मी को मत मारो' चिल्लाते रहे। लेकिन पिता का दिल नहीं पसीजा। इतनी ही नहीं उसने अपनी बड़ी बेटी के साथ भी मारपीट की। मारपीट में पीड़िता और उसकी बेटी को शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। 20 जुलाई को ही पीड़िता थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। जिस पर ने पति, सास-ससुर के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उन्हें बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में सीएसपी भूषण एक्का ने कहा कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हो गई है। प्रतिबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। 
  • हाईकोर्ट ने 4 पुलिसकर्मियों की सजा को कम किया, पहले हुई थी उम्रकैद

    24-Jul-2025
    बिलासपुर। हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने अपने महत्वपूर्ण फैसले में कहा कि हिरासत में मौत केवल कानून का उल्लंघन है। बल्कि, यह लोकतंत्र और मानव अधिकारों पर गहरा आघात है। जब रक्षक ही भक्षक बन जाए तो यह समाज के लिए गंभीर खतरा है। इस टिप्पणी के साथ ही जस्टिस संजय के अग्रवाल और जस्टिस दीपक कुमार तिवारी दोषी थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों की उम्रकैद की सजा को घटाकर 10 वर्ष के कठोर कारावास में बदल दिया। साथ ही हिरासत में मौत को गैरइरादतन हत्या का मामला माना है। पूरा मामला जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाने का है, जहां अभिरक्षा में युवक की मौत हो गई थी।  
    दरअसल, साल 2016 में ग्राम नरियरा निवासी सतीश नोरगे को शराब पीकर हंगामा करने के आरोप में मुलमुला थाना पुलिस ने हिरासत में लिया था। जिसके कुछ घंटों बाद ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद लोगों ने जमकर हंगामा मचाया और दोषी पुलिसकर्मियों पर एफआईआर की मांग की। विरोध-प्रदर्शन और आंदोलन के बाद जब शव का पोस्टमार्टम कराया गया, तब रिपोर्ट में युवक के शरीर पर 26 जगह चोट के निशान मिले। लिहाजा, इस मामले में थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह राजपूत, कांस्टेबल सुनील ध्रुव, दिलहरण मिरी और सैनिक राजेश कुमार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया। पुलिस ने थाना प्रभारी सहित सभी पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जिसके बाद कोर्ट में जार्च शीट प्रस्तुत किया। ट्रायल के बाद स्पेशल कोर्ट एट्रोसिटी ने साल 2019 में सभी आरोपियों को दोषी ठहराया। साथ ही सभी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। जिसके खिलाफ आरोपियों ने हाईकोर्ट में अपील की थी। वहीं, मृतक की पत्नी ने इसका विरोध करते हुए हस्तक्षेप आवेदन लगाया था। हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए यह पाया कि आरोपियों की हत्या की मंशा स्पष्ट नहीं थी। लेकिन, आरोपी जानते थे कि पीटने से गंभीर परिणाम हो सकते हैं। इसके चलते हाईकोर्ट ने आरोपियों को आंशिक रूप से राहत देते हुए हत्या की सजा को धारा 304 भाग-1 के तहत गैर इरादतन हत्या माना और सजा को उम्र कैद से घटाकर 10 साल का कठोर कारावास कर दिया है।
     
  • किसानों को उचित दाम पर खाद उपलब्ध करवाए प्रशासन - शिवसेना

    24-Jul-2025
    खाद की कालाबाजारी के खिलाफ शिवसेना ने जिलाधीश को लिखा स्मरण पत्र 
     राजनांदगांव_ जिले के शासकीय सोसायटियों से किसानों को खाद की पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति नही होने के कारण किसानों को 2 गुना से ज्यादा दाम पर खाद खरीदना पड़ रहा है। शिवसेना राजनांदगांव विधानसभा अध्यक्ष मुकेश साहू ने बताया कि शिवसेना किसान सेना के प्रदेश अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव जी के आदेशानुसार शिवसेना जिलाध्यक्ष आकाश सोनी के नेतृत्व में शिवसेना प्रदेश सचिव कमल सोनी, शिवसेना महामंत्री मनीष तिवारी, नीलकंठ यादव, संजय यादव, धनेश साहू, कुंटक निर्मलकर सहित शिवसैनिकों ने खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने स्मरण पत्र सौंपा। ज्ञात हो कि शिवसेना द्वारा 9 जून को भी ज्ञापन के माध्यम से जिला प्रशासन को अवगत कराया था कि शासकीय सोसायटियो में कर्ज में किसानों को खाद दी जाती है। इस वर्ष प्रयाप्त मात्रा प्रशासन उपलब्ध नही करा पाई। लेकिन पूर्व में दिए गए ज्ञापन के माध्यम से यह भी बताया गया था कि निजी दुकानदारों द्वारा खाद की आपूर्ति बोआई से पहले नही की जा रही है। जिससे निजी दुकानदारों द्वारा कालाबाजारी करने की आशंका बनी है। श्रीमान जिलाधीश ने मामले को गंभीरता से लिया और शिव सेना की मांग पर अधिनस्थ अधिकारीयो को निर्देश भी दिया गया था। लेकिन अधीनस्थ कर्मचारियों ने बीज के मामले गंभीरता से लिया। लेकिन खाद के मामले को नजरंदाज कर दिया नतीजा यह कि आज सभी निजी दुकानदार खाद को 2 गुना से भी ज्यादा दाम पर बेच रहे है। और किसान खरीदने मजबूर है। श्री साहू ने बताया कि  शिवसेना ने जिलाधीश महोदय के नाम स्मरण पत्र सौंपकर कालाबाजारी करने वाले दुकानदारों पर ठोस कार्यवाही कर किसानों की समस्या पर अंकुश लगाकर उचित दाम पर किसानों को खाद उपलब्ध करवाने की मांग की और पदाधिकारियों ने कहा कि 1 सप्ताह के भीतर खाद की कालाबाजारी पर लगाम नही लगने पर शिवसेना पार्टी किसानों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करेगी। जिसकी सारी जवाबदारी प्रशासन की होगी।

     

  • आर्थिक नाकाबंदी व चक्काजाम

    24-Jul-2025
    राजनांदगांव।  छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री दीपक बैज के आह्वान पर केंद्र एवं राज्य की  डबल इंजन की भाजपा सरकार द्वारा केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के जन्मदिन पर ED की छापेमारी , उनके पुत्र चैतन्य बघेल के जन्मदिन पर गिरफ़्तारी व कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर किए जा रहे द्वेषपूर्ण कार्रवाई के विरोध में ग्रामीण एवं शहर कांग्रेस कमेटी राजनांदगांव के संयुक्त तत्वाधान में आर्थिक नाकेबंदी एवं चक्काजाम का सफल आयोजन किया गया ।
  • प्रदेश में खेती-किसानी का कार्य तेजी के साथ जारी

    22-Jul-2025
    रायपुर। प्रदेश में खेती-किसानी का काम तेजी के साथ जारी है। राज्य में अब तक 36.42 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में धान, मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली, रामतिल सहित विभिन्न फसलों की बोनी हो चुकी है, जो लक्ष्य का 75 प्रतिशत है। इस खरीफ सीजन में राज्य सरकार ने 48.85 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य रखा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को खेती-किसानी में सहुलियतें प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक सहयोग करने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किए हैं। उन्होंने किसानों को उनकी मांग के अनुसार सुगमता के साथ प्रमाणित खाद-बीज का वितरण करने को भी कहा हैं। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा इन पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। प्रदेश के किसानों को अब तक 10.20 लाख मीट्रिक टन खाद और 7.22 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज का वितरण किया जा चुका है। 21 जुलाई 2025 की स्थिति में प्रदेश में अब तक 446.1 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है, जबकि प्रदेश की औसत वार्षिक वर्षा 1238.7 मिमी है।  कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष खरीफ 2025 के लिए प्रदेश में 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें समस्त स्त्रोतों से 7.88 लाख क्विंटल बीज का भंडारण कर अब तक 7.22 लाख क्विंटल बीज का वितरण किसानों को किया गया है, जो मांग का 146 प्रतिशत है। जबकि खरीफ वर्ष 2024 में राज्य में बीज निगम से 4.64 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज का वितरण किया गया था। इसी प्रकार प्रदेश में इस खरीफ सीजन में 14.62 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उक्त लक्ष्य के विरूद्ध 13.78 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों का सहकारी एवं निजी क्षेत्रों में भंडारण किया गया है। उक्त भंडारण के विरूद्ध 10.20 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों का वितरण किसानों को किया जा चुका है, जो लक्ष्य का 70 प्रतिशत है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि खाद-बीज वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर कड़ी कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सोसायटियों में पर्याप्त खाद-बीज का भण्डारण कर सतत निगरानी करने को कहा गया है। 
  • नकली और नशीली दवाओं के खिलाफ खाद्य औषधि प्रशासन विभाग की बड़ी कार्रवाई

    22-Jul-2025
    रायपुर। अवैध रूप से संचालित फर्मों, नशीली दवाओं की आपूर्ति श्रृंखला और बाजार में बिक रही नकली प्रसाधन सामग्री से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को प्रदेश स्तर पर एक विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया था। इस अभियान के अंतर्गत राज्य भर में औषधि निरीक्षकों की टीमों ने सघन छापेमारी के साथ ही कार्रवाई की है। रायपुर जिले में ड्रग विभाग की टीम द्वारा भाटागांव स्थित लक्ष्मी इंटरप्राइजेज पर छापा मारते हुए बिना अनुज्ञप्ति के निर्माण हो रहे फिनाइल और हैण्डवाश उत्पादों (कुल कीमत ₹4.5 लाख) को जब्त किया गया। इसी प्रकार गुढ़ियारी स्थित शोला इंडस्ट्रीज में भी बिना लाइसेंस साबुन और हैंडवॉश निर्माण की गतिविधियों पर छापेमारी कर कच्चा माल, कंटेनर, लेबलिंग और पैकेजिंग सामग्री (लगभग ₹2 लाख) जब्त की गई।
     
    डूमरतराई स्थित औषधि वाटिका में ड्रग विभाग द्वारा नशीली दवाओं की जांच की गई, जहां मेसर्स वेनोर में नारकोटिक दवाओं के रिकॉर्ड और रजिस्टर में अनियमितताएं पाई गईं। निरीक्षण के दौरान कुछ फर्जी प्रिस्क्रिप्शन भी बरामद हुए, जिसके आधार पर संबंधित फर्म को नोटिस जारी किया गया है। बिलासपुर जिले के तेलीपारा स्थित मेसर्स आकाश बैंगल्स एंड कास्मेटिक में बिना लाइसेंस औषधियों का संधारण पाया गया, जहां से ₹30,000 मूल्य की औषधियां जब्त कर कार्यवाही की गई। इसी क्षेत्र के तेलीपारा एवं व्यापार विहार की कास्मेटिक दुकानों से 5 नमूने लिए गए।
     
    रायगढ़ जिले के रोज लाइफ, पुरानी हटरी में भी बिना लाइसेंस बिक रही औषधियों पर कार्यवाही की गई। वहीं धमतरी के भटगांव में धनेश्वर देवांगन के क्लिनिक से एलोपैथिक दवाओं को जब्त कर कानूनी कार्रवाई की गई। मुंगेली जिले के प्रकाश मेडिकल एजेंसीज में आयुर्वेदिक दवाओं में एलोपैथिक दवाओं की मिलावट की आशंका के आधार पर टेबलेट का नमूना लिया गया और शेष स्टॉक को फॉर्म-15 में रोका गया। इसी प्रकार कबीरधाम जिले में शिव हर्बल एजेंसीज एवं विश्वमात्र आयुर्वेदिक चिकित्सालय से भी नमूना संग्रहण किया गया।
     
    जांजगीर-चांपा जिले के महेश मेडिकल, सुभाष मेडिकल, अशोक मेडिकल, अरविन्द मेडिकल, आर.के. मेडिकल, अनिल मेडिकल, सोंकेसरिया मेडिकल, कृष्णा मेडिकल आदि में नारकोटिक दवाओं के क्रय-विक्रय रिकॉर्ड में अनियमितताएं पाई गईं। जिनके विरुद्ध फॉर्म-35 में कार्यवाही दर्ज कर नोटिस जारी किया जा रहा है। जशपुर व कांकेर जिलों में भी ऐसी ही जांचें की गईं। बेमेतरा जिले के शिवम् जनरल स्टोर एवं मेहनलाल मांगीलाल राठी किराना दुकान में कास्मेटिक उत्पादों के बिल प्रस्तुत न कर पाने पर उत्पादों को फॉर्म-15 में दर्ज कर बिक्री से रोका गया। आम जनता द्वारा नकली कास्मेटिक उत्पादों की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के विभिन्न बाजारों में छापेमारी की गई। कुल 48 कास्मेटिक उत्पादों जैसे साबुन, हेयर ऑयल, बेबी लोशन, शैम्पू, फेयरनेस क्रीम, टेलकम पाउडर, शेविंग क्रीम, हेयर डाई आदि के विधिवत नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
     
    इस अभियान के तहत राज्य के सभी जिलों में तैनात कुल 78 औषधि निरीक्षकों की टीम ने 170 संस्थानों में छापेमारी कर आवश्यक नमूने एकत्रित किए और नियमानुसार कार्यवाही की। खाद्य एवं औषधि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है कि आमजन को नकली औषधियों और प्रसाधन सामग्रियों के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखा जाए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगे भी दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। जनमानस से अपील है कि नकली औषधियों, प्रसाधन सामग्री या नशीली दवाओं के अवैध व्यापार से संबंधित किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी हेल्पलाइन नंबर +91-9340595097 पर अवश्य दें।
  • ट्रांसफार्मर और पानी टंकी पर अवैध कब्जा, शिकायत करने वाली महिला और उसके परिवार को पीटा

    22-Jul-2025
    रायगढ़। जिले के खरसिया क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम साल्हेपाली एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां गांव की पानी टंकी और ट्रांसफार्मर के चारों ओर बाउंड्री बनाकर गेट लगा दिया गया है। इस पूरे मामले की जिला कलेक्टर से शिकायत करने वाली एक प्रभावित महिला संतोषी बैरागी ने बताया कि उसके परिवार को कांग्रेस के कुछ दबंगों द्वारा पीटा गया। इसके बाद वह डर से सपरिवार गांव छोड़कर दूसरे जिले चली गई। शिकायत के 13 महीने के बाद इस मामले में पटवारी पहुंचा, मगर विवाद होने की स्थिति बताकर बैरंग लौट गया।
     
    पटवारी भी डरा
    ग्राम साल्हेपाली निवासी संतोषी बैरागी ने बीते 21 मई 2024 को कलेक्टर जनदर्शन में शासकीय भूमि पर बाउंड्रीवाल कर दरवाजा लगाकर अतिक्रमण करने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। अब एक साल बाद शिकायत की जांच के लिए राजस्व विभाग से पटवारी तो भेजा गया। इसी बीच पटवारी को किसी का फोन आया और पटवारी ने विवाद होने की स्थिति बताकर अन्य पटवारी और राजस्व अधिकारी की उपस्थिति में पंचनामा प्रतिवेदन बनाने की बात लिखकर चला गया।
     
    कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत
    21 मई 2024 को जनदर्शन दी गई शिकायत में बताया कि आवेदिका के मकान के अवागमन मार्ग, शासकीय शौचालय, एवं पानी नाली को बंद कर दिया गया है और साथ ही उनके घर के टीन के छज्जे को तोड़ने और कन्हैया पटेल द्वारा शासकीय भूमि खसरा क्रमांक 273/2/ख में अतिक्रमण कर बाउंड्रीवाल कर दरवाजा लगा दिया गया है। जिस भूमि पर शासकीय पानी टंकी और शासकीय विद्युत ट्रांसर्फमर लगा हुआ है, उक्त सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण कर लिया है। इन सब का आरोप उन्होंने कांग्रेस के दबंग नेताओं पर लगाया।
     
    दबंग कांग्रेसियों ने पीटा भी
    पीड़िता ने बताया कि उन्होंने इन निर्माण कार्यों के नाम पर सरकारी संपत्ति पर कब्जा करने उनके और उनके परिवार को मारने पीटने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। दबंग से विवाद के चलते उन्होंने गांव छोड़ दिया है और न्याय की आश में पिछले 2 साल से बेघर महिला अपने परिवार सहित सारंगढ़ में किराए के मकान पर रह रही है। लेकिन शासन-प्रशासन ने 13 महीने तक इस शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और कार्यवाही न होने से गांव के दबंग कांग्रेसी नेताओं के हौंसले बुलंद है।
     
    इस बीच सोमवार 21 जुलाई 2025 को पटवारी जांच के लिए गांव पहुंचा, परंतु नक्शा अधूरा होने के कारण मौके पर सीमांकन नहीं हो सका। जबकि पंचनामा में यह दर्ज किया गया कि विवाद के होने की स्थिति में अन्य पटवारी और राजस्व अधिकारियों की उपस्थिति में पंचनामा प्रतिवेदन की कार्रवाई कराई जानी चाहिए। पीड़िता का आरोप है कि यह केवल औपचारिकता निभाने जैसी कार्रवाई थी, जिससे अब न्याय की उम्मीद भी कमजोर पड़ रही है।
     
    न्याय की उम्मीद भी अब टूटने लगी है…
    पीड़िता का इस बारे में कहना है कि अब उसकी न्याय की उम्मीद टूटने लगी है। उसके घर को जबरन तोड़ा गया, उसके आने जाने का रास्ता बंद किया गया, उसके पति बच्चों को पीटा गया। उसे अपना गांव तक छोड़कर जाना पड़ा। जिले के सबसे बड़े अधिकारी से शिकायत के बाद भी जांच के लिए 13 महीने लग गया और 13 महीने बाद भी जांच के नाम पर सिर्फ औपचारिकता और खानापूर्ति कर चले गए। ऐसे में न्याय की उम्मीद कैसे और किससे की जाए..??
  • बढ़ईपारा में HSRP रजिस्ट्रेशन कैंप, 150 लोगों ने करवाया पंजीकरण

    22-Jul-2025
    रायपुर। विश्वकर्मा समाज रायपुर और छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के संयुक्त तत्वावधान में एचएसआरपी (हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट) रजिस्ट्रेशन का एकदिवसीय शिविर 22 जुलाई को दुलार धर्मशाला, बढ़ईपारा में आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य लोगों को वाहन सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना और एचएसआरपी लगवाने की प्रक्रिया को आसान बनाना था। शिविर में लगभग 150 वाहन मालिकों ने निर्धारित शुल्क देकर रजिस्ट्रेशन कराया। शिविर का उद्घाटन तात्यापारा वार्ड की पार्षद एवं जोन-7 की अध्यक्ष श्वेता विश्वकर्मा ने किया। उन्होंने बताया कि यह अभियान सड़क एवं परिवहन विभाग, विश्वकर्मा समाज रायपुर और चैंबर ऑफ कॉमर्स की साझा पहल है। भविष्य में राशन कार्ड, मजदूर कार्ड, आधार, पेंशन, स्वास्थ्य शिविर, पीएम आवास और महतारी वंदन योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए भी शिविर लगाए जाएंगे।  रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया का संचालन सड़क एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों आकृति बख्श, श्रवण सिंह और एचएसआरपी टीम के पायल, योगेश द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि एक अप्रैल 2019 से पहले रजिस्टर्ड सभी वाहनों में एचएसआरपी लगाना अनिवार्य है। रजिस्ट्रेशन के 10–12 दिन के भीतर नंबर प्लेट बनकर तैयार हो जाती है और इसे परिवहन विभाग द्वारा अधिकृत कंपनी के माध्यम से ही वाहन में लगाया जाता है। एचएसआरपी रजिस्ट्रेशन के लिए वाहन मालिक को आरसी बुक, आधार कार्ड और पंजीकृत मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य है। यह पहल वाहन चोरी रोकने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है। कार्यक्रम में श्वेता विश्वकर्मा के साथ-साथ चैंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष लोकेश चंद्रकांत जैन, विश्वकर्मा समाज के अध्यक्ष रमेश शर्मा और समाज के अन्य प्रमुख सदस्य- मनोज, सूरज, शंकर, राहुल, गरिमा, संतोष, प्रमोद, विजय, रोहित विश्वकर्मा और प्रनीत जैन मौजूद रहे। 
  • पर्यावरण विरोधी भूपेश बघेल जी का बाप का जंगल बयान निंदनीय --अग्रहरि

    21-Jul-2025

    राजनांदगांव- जिला भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ प्रभारी राजेश गुप्ता अग्रहरि ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल को पर्यावरण विरोधी बताते हुए उसके बाप का जंगल वाले बयान की घोर निन्दा किया है।
    श्री अग्रहरि ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के एक पेड मां के नाम के बरअक्स पूरा जंगल बाप के नाम कहकर न केवल अपने आप को पर्यावरण विरोधी साबित किया नक्सली समर्थक रहे अपने पीता के नक्शे कदम पर चल कर भी दिखा दिया जिन्होंने राक्षस राज ब्राह्मण कुमार रावण को मत मारो जैसे पुस्तक लिखी थी और जब-तब नक्सलियों का समर्थन किया करते थे, वो नक्सली जो  अपने स्वार्थ के चलते बस्तर, अबूझमाड़ के जंगलों में रहने वाले आदिवासी भाईयों का कभी विकास नहीं चाहा, इस क्षेत्र को समाज के मुख्यधारा में शामिल होने से वंचित किया।
    अब जब देश के गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर छत्तीसगढ़ में तमाम नक्सलियों का सफाया हो रहा है तो कांग्रेसियों को रोना आ रहा है और पूरा जंगल बाप का जैसे निंदनीय शब्दों का उपयोग कर रहे हैं जो शायद उनके लिए उल्टा साबित हो रहा है। श्री अग्रहरि ने कहा कि पर्यावरण विरोधी पूर्व सीएम की कांग्रेसी सरकार ने ही हसदेव जंगल में पेडो़ की कटाई के लिए नो गो जोन को हटाया था। इससे ये पता चलता है कि कांग्रेसी लोग कितने जंगल प्रेमी और पर्यावरण प्रेमी हैं। यही वजह है कि पूर्व सीएम को नक्सली समर्थक रहे अपने  पिता को याद कर उन्हें पूरा जंगल बाप का जैसे शब्दों का उपयोग  करना पड़ा है जो घोर निंदनीय है।

  • आजादी के पर्व पर ना फैलाएं फुहड़ता - शिवसेना

    21-Jul-2025

    स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस पर फिल्मी गानों पर ना हो कार्यक्रम का आयोजन
    राजनांदगांव_ 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्कूलों में देशभक्ति के साथ फिल्मी गानों में कार्यक्रम आयोजित होता है। जिससे स्वतंत्रता दिवस की गरिमा को ठेस पहुचता है। शिवसेना प्रदेश प्रमुख धनंजय सिंह परिहार जी के आदेशानुसार प्रदेश सचिव कमल सोनी के मार्गदर्शन में जिलाध्यक्ष आकाश सोनी ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से यह मांग की है कि जिले के सभी निजी एवं शासकीय स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम में देश भक्ति, धार्मिक एवं छत्तीसगढ़ धरोहर के गानों में ही मर्यादापूर्ण तरीके से आयोजित करें।
                 जिलाध्यक्ष आकाश सोनी ने कहा जिले में बहुत सारे निजी व शासकीय स्कूल है और सभी स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है स्कूलों में बच्चों के द्वारा डांस का कार्यक्रम भी होता है लेकिन उत्साह भरे इस कार्यक्रम में अभद्र फिल्मी गानों का भी उपयोग किया जाता है। जो कि हमारी संस्कृति को ठेस पहुंचता है। शिवसेना मांग करती है कि स्वतंत्रता दिवस का आयोजन हर स्कूलों, कालेजों एव सभी संस्थानों में हो लेकिन यह आयोजन फिल्मी अभद्र गानों से परहेज कर हमारी संस्कृति को ध्यान में रखते हुवे देश भक्ति गाने, धार्मिक गाने और छत्तीसगढ़ धरोहर के गानों के साथ आयोजित हो। ज्ञापन देने शिवसेना जिला प्रवक्ता एडवोकेट राजेश वर्मा, शिवसेना ब्लॉक अध्यक्ष मुकेश साहू, टोमन साहू, योगेंद्र साहू सहित शिवसेना के पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।

  • एंटी नक्सल ऑपरेशन की बड़ी सफलता, जनताना सरकार का उपाध्यक्ष गिरफ्तार

    21-Jul-2025

    बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान में सुरक्षाबलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। डल्ला आरपीसी जनताना सरकार के उपाध्यक्ष मोड़ियम सुक्कू को जवानों ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से टिफिन बम, इलेक्ट्रिक डेटोनेटर समेत कई विस्फोटक सामग्रियां बरामद की गई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना बासागुड़ा पुलिस और कोबरा 210 बटालियन के जवानों ने कुम्हारपारा और धरमापुर के मध्य जंगल क्षेत्र में सर्चिंग अभियान के दौरान 35 वर्षीय माओवादी नेता मोड़ियम सुक्कू को गिरफ्तार किया। वह डल्ला आरपीसी जनताना सरकार का उपाध्यक्ष था और उसके खिलाफ थाना बासागुड़ा में एक स्थायी वारंट भी लंबित था।  तलाशी के दौरान सुक्कू के पास से 1 टिफिन बम, इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, कार्डेक्स वायर, इलेक्ट्रिक वायर, पावर सोर्स बैटरी और जमीन खोदने के औजार जैसे प्रतिबंधित विस्फोटक उपकरण बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई के अलावा, सीआरपीएफ की 74वीं बटालियन की ‘ई’ और ‘एफ’ कंपनियों ने लखपाल क्षेत्र के जंगलों में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए 10 किलोग्राम वजनी आईईडी को भी बरामद किया। बीडीएस (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड) टीम ने तत्परता दिखाते हुए इस बम को नियंत्रित विस्फोट के जरिए निष्क्रिय कर दिया, जिससे जवानों की एक बड़ी क्षति टल गई। यह कार्रवाई नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान में सुरक्षाबलों की सतर्कता और रणनीतिक बढ़त का प्रमाण है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान जारी रहेगा।

  • पुलिस की नशे में धुत कार चालक पर बड़ी कार्रवाई, एयर गन जब्त, 10 हजार रुपये जुर्माना

    21-Jul-2025

    बिलासपुर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए बिलासपुर पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में महाराणा प्रताप चौक पर की गई वाहन चेकिंग के दौरान एक युवक को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसकी कमर से एक एयर गन भी बरामद की गई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार क्रमांक CG 10 BU 2504  को रायपुर रोड की ओर से आते समय रोका गया। ब्रेथ एनालाइजर से जांच करने पर चालक नशे की हालत में पाया गया। आरोपी की पहचान अर्चित केडिया पिता स्व. उत्तम केडिया, उम्र 19 वर्ष, निवासी रामावर्ध कॉलोनी, रायपुर रोड, थाना सिरगिट्टी, बिलासपुर के रूप में हुई है। चालक की कमर से एक पिस्टलनुमा एयर गन बरामद की गई, जिसे बीएनएसएस की धारा 106 के तहत जब्त किया गया। वहीं, शराब पीकर वाहन चलाने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत न्यायालय में प्रस्तुत कर 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में की गई। बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार के सघन वाहन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि शहर में सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे और सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।

  • भाठागांव में अवैध शराब के साथ युवक गिरफ्तार

    21-Jul-2025

    रायपुर। राजधानी रायपुर के थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र अंतर्गत भाठागांव इलाके में पुलिस ने अवैध शराब बिक्री की कोशिश कर रहे एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से कुल 7 लीटर 20 मिलीलीटर देशी मसाला मदिरा बरामद की गई है, जिसकी कुल कीमत करीब 3,900 रुपये आंकी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह के निर्देशन में, एएसपी (पश्चिम) दौलत राम पोर्त, एएसपी (शहर) लखन लाल पटले तथा सीएसपी राजेश देवांगन के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अवैध नशा विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।  पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दर्री तालाब के पास एक युवक बैंगनी बोरी में अवैध शराब बिक्री हेतु खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ललित गोंडाने पिता भोजराम गोंडाने, उम्र 22 वर्ष, निवासी ब्लॉक नंबर 12/32, बीएसयूपी कॉलोनी, भाठागांव थाना पुरानी बस्ती के रूप में हुई है। उसके पास से 07 पौवा शोले मसाला देशी मदिरा (कीमत ₹700) एवं 32 पौवा रोमियो देशी मसाला मदिरा (कीमत ₹3,200) जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध क्रमांक 276/2025 दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

  • आबकारी विभाग की अवैध शराब निर्माण पर कार्रवाई

    21-Jul-2025

    दुर्ग। कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश तथा प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी सी. आर. साहू के मार्गदर्शन में आबकारी अमला द्वारा 21 जुलाई गश्त के दौरान अवैध शराब के निमार्ण, विक्रय एवं धारण की सूचना प्राप्त होने पर त्वरित एवं विधिवत् कार्यवाही कर ग्राम घटियाखुर्द थाना नंदिनी नगर जिला दुर्ग में आरोपी अनिकेत पारधी एवं अज्ञात के कब्जे से 75 लीटर कच्ची मदिरा गुड़ निर्मित, जिसका बाजार मूल्य 11250 रूपये है एवं 900 किलेग्राम गुड निर्मित पाश, जिसका बाजार मूल्य 45000 रूपये है तथा भारी मात्रा में मदिरा निर्माण सामाग्री गैस, चूल्हा, डेचकी आदि जप्त किया गया। जिसका बाजार मूल्य लगभग 10,000 रूपये है। इस प्रकार जप्त मदिरा एवं सामग्रियों का कुल बाजार मूल्य लगभग 66250 रूपये है। उक्त प्रकरण में आरोपियों के विरूद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 34(1)(क), (च), एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर 01 आरोपी को जेल दाखिला किया गया। उक्त प्रकरण में आबकारी विभाग दुर्ग के आबकारी उप निरीक्षक भूपेन्द्र नेताम, आबकारी उप निरीक्षक प्रियंक ठाकुर, सहायक जिला आबकारी अधिकारी पंकज कुजूर, आबकारी उप निरीक्षक हरिश पटेल, आबकारी उप निरीक्षक गीतांजलि तारम, आबकारी उप निरीक्षक अनामिका टोप्पो, आबकारी उप निरीक्षक भोजराम रत्नाकर, आबकारी उप निरीक्षक कीर्ति ठाकुर एवं हेड कांस्टेबल संतोष दुबे, हेड कांस्टेबल लक्ष्मीनारायण भरथरी तथा आबकारी आरक्षक खुलदीप यादव, आबकारी आरक्षक संदीप तिर्की, आबकारी आरक्षक चितेश्वरी धु्रव एवं ड्राइवर नोहर, दुर्गा, धनराज, दुर्गेश का विशेष योगदान रहा।

  • प्रधान पाठक की संदिग्ध हालात में मौत, बाथरूम में मिला शव

    21-Jul-2025

    सुकमा। जिले के कोंटा थाना क्षेत्र में एक प्रधान पाठक की मौत से सनसनी फैल गई है। मृतक शिक्षक चैन सिंह नेताम का शव सोमवार सुबह उनके घर के बाथरूम में फांसी के फंदे से लटका मिला। वे करीगुंडम स्कूल में पदस्थ थे और कोंटा वार्ड-7 में अपने घर में रह रहे थे।

     
    सूचना मिलते ही कोंटा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिजनों के अनुसार, चैन सिंह रविवार की रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए थे। सुबह काफी देर तक दरवाजा न खोलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा, लेकिन वे कमरे में नहीं मिले। बाथरूम में जाकर देखने पर उनका शव फंदे पर लटका मिला।
     
     
     
    परिजनों ने बताया कि चैन सिंह पिछले कुछ दिनों से परेशान थे, लेकिन परेशानी की वजह क्या थी, यह अब तक साफ नहीं हो सका है। उनके इस कदम से परिजन और साथी शिक्षक स्तब्ध हैं। पूरे इलाके में शोक की लहर है।
     
    पुलिस जांच में जुटी:
    कोंटा पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। शुरुआती जांच में आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, लेकिन मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी।
Top