बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • बंधुआ मजदूरी का खुलासा: रायपुर की मशरूम फैक्ट्री में 97 मजदूरों का रेस्क्यू, ठेकेदारों पर FIR दर्ज

    17-Jul-2025
    रायपुर। राजधानी रायपुर के आउटर इलाके में संचालित मोजो मशरूम फैक्ट्री (मारुति फ्रेश) में बाल श्रम, बंधुआ मजदूरी और अमानवीय उत्पीड़न का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला एवं बाल विकास विभाग और अन्य विभागों की संयुक्त कार्रवाई में 11 जुलाई को फैक्ट्री से 97 मजदूरों को रेस्क्यू कराया गया। इनमें महिलाएं, पुरुष, नाबालिग बच्चे और महज 10 दिन का एक शिशु भी शामिल था। सभी मजदूर उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड से लाए गए थे।  
    FIR में चार ठेकेदार नामजद, मालिक अब तक सुरक्षित खरोरा थाना पुलिस ने इस मामले में मजदूरों के बयान और महिला एवं बाल विकास विभाग की रिपोर्ट के आधार पर चार ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों में भोला, विपिन तिवारी, विकास तिवारी और नितेश तिवारी का नाम शामिल है। वहीं, फैक्ट्री के मालिक के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। काम के नाम पर छल, फिर बंधक बनाकर मजदूरी पीड़ित मजदूरों ने बताया कि उन्हें काम के बहाने गांवों से रायपुर लाया गया था। जौनपुर (उ.प्र.) से आए वीरेंद्र नामक मजदूर ने बताया कि उसे “बैठे-बैठे मशरूम पैकिंग” के नाम पर बुलाया गया था। हर महीने 10 हजार रुपए देने का वादा किया गया, लेकिन यहां आकर 18 घंटे तक मशरूम काटने, ढोने और सफाई का काम कराया गया। नींद पूरी नहीं होती थी, और विरोध करने पर मारपीट की जाती थी। 
    नाबालिगों से जबरन काम, अमानवीय व्यवहार बाल श्रम निषेध कानून के उल्लंघन की पुष्टि भी जांच में हुई है। नाबालिगों ने बयान में बताया कि उन्हें फैक्ट्री में रात 2 बजे से उठाकर लगातार 18 घंटे काम कराया जाता था। उन्हें सोने के लिए सिर्फ 3 से 4 घंटे मिलते थे। खाना भी कच्चा और अधपका मिलता था। विरोध करने पर धमकाकर चुप करा दिया जाता था। फैक्ट्री का दरवाजा हमेशा बंद रखा जाता था ताकि कोई भाग न सके। ऐसे हुआ खुलासा  मजदूरों पर लगातार हो रहे अत्याचार से तंग आकर कुछ मजदूर 2 जुलाई की रात अंधेरे में फैक्ट्री से चुपचाप भाग निकले। 15-20 किलोमीटर पैदल चलकर वे रायपुर के भाठागांव बस स्टैंड पहुंचे। वहां स्थानीय लोगों ने उनकी हालत देखकर मदद की और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और बड़ी कार्रवाई की गई। कानूनी धाराएं दर्ज इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के अलावा बाल श्रम निषेध एवं विनियमन अधिनियम, बंधुआ मजदूरी, जोखिम भरे कार्य के लिए बच्चों को मजबूर करना, अवैध रूप से बंधक बनाकर रखना जैसी गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। मानवाधिकार कार्यकर्ता और सामाजिक संगठन अब मांग कर रहे हैं कि फैक्ट्री के मालिक को भी आरोपी बनाया जाए, क्योंकि बिना उसकी जानकारी और अनुमति के इतने बड़े पैमाने पर बंधुआ मजदूरी संभव नहीं थी। 
  • जोन 5 जल विभाग में शराबी कर्मचारी को संरक्षण देने वाले उप अभियंता के खिलाफ शिकायत

    17-Jul-2025
    रायपुर। नगर निगम रायपुर के जोन क्रमांक 05 के जल विभाग में लंबे समय से कार्यरत लाइनमैन सुनील यादव के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत के अनुसार, सुनील यादव वर्ष 1997 से एक ही पद पर तैनात है और प्रतिदिन छोटी पानी टंकी स्थित जल विभाग कार्यालय में अन्य कर्मचारियों के साथ बैठकर शराब सेवन करता है। शिकायतकर्ता महेश यादव ने आरोप लगाया है कि सुनील यादव खुलेआम यह कहता है कि वह अधिकारियों को “खर्चा-पानी” देता है, इसी कारण से वह पिछले 27 वर्षों से एक ही स्थान पर जमा हुआ है, और रिटायरमेंट तक यहीं रहेगा। उसका दावा है कि चाहे कोई भी अधिकारी हो – पार्षद, कलेक्टर, निगमायुक्त, विधायक या मंत्री – उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। 
    महेश यादव ने बताया कि अब तक 15 बार सुनील यादव की शिकायत कलेक्टर, निगमायुक्त व उपमुख्यमंत्री तक की जा चुकी है, यहां तक कि सुशासन तिहार में भी इस विषय को उठाया गया, परन्तु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि जल विभाग के उप अभियंता अंकुर मिश्रा का सुनील यादव को पूर्ण संरक्षण प्राप्त है। यही कारण है कि उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही। गौरतलब है कि अगस्त 2024 में अंकुर मिश्रा को जोन 05 से हटाया गया था, लेकिन जनवरी 2025 में उन्हें फिर से उसी जोन में पदस्थ कर दिया गया। आज एक बार फिर महेश यादव ने कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और निगम आयुक्त विश्वदीप से मुलाकात कर शराबी कर्मचारियों को हटाने और संरक्षण देने वाले उप अभियंता अंकुर मिश्रा को सस्पेंड करने की लिखित शिकायत की है। 
  • दो वाटरफॉल में प्रवेश पर रोक लगाई गई

    16-Jul-2025
    गरियाबंद. दोस्तों के साथ घुमने आई रायपुर की युवती गजपल्ला वाटरफॉल की गहराई में समा गई है. 24 घंटे बाद भी उनका शव नहीं निकाला जा सका है. युवती का शव 20 फीट गहराई में पत्थरों के सुरंग के बीच फंसा हुआ है. वन विभाग, नगर सेना, पुलिस और स्थानीय गोताखोर के 60 से ज्यादा जवान रेस्क्यू में जुटे हैं. वहीं इस हादसे के बाद चिंगरापगार, गजपल्ला वाटरफॉल में पर्यटकों के आने पर प्रशासन ने पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है.  सोमवार को लगभग 4 बजे गजपल्ला वाटर फॉल के गहराई में रायपुर की 19 वर्षीय मेहवीस खान गिरी थी. एसडीआरएफ की टीम ने उनके शव का पता लगा लिया है. वाटर प्रूफ कैमरे लेकर गहरे पानी के नीचे तलाश की गई. 19वें घंटे बाद गहराई में मौजूद चट्टान में बने सुरंग नुमा स्थल पर मृतका के फंसी होने की संभावना जताई गई है. लेकिन कैमरा 10 फीट के बाद काम नहीं कर रहा. एसडीआरएफ के लांस नायक उमेश सिन्हा ने बताया कि ज्यादा गहराई में कैमरे की विज्वल्टी का अनुमान नहीं लगाया जा पा रहा. 20 फीट नीचे पत्थरों में सुरंग है. संभावना है कि वही युवती का शव फंसा होगा. रेस्क्यू में रायपुर के एसडीआरएफ की टीम समेत गरियाबंद प्रशासन के 60 से ज्यादा जवान जुटे हुए हैं. 
  • आम उपभोक्ताओं को राहत, किसानों पर कोई अतिरिक्त भार नहीं

    16-Jul-2025
    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ विद्युत नियामक आयोग द्वारा वर्ष 2025-26 हेतु घोषित बिजली टैरिफ में मात्र 1.89 प्रतिशत की वृद्धि की गई है, जो कि विगत वर्षों में न्यूनतम वृद्धि में से एक है। यह निर्णय जनसुनवाई की प्रक्रिया के बाद पारदर्शी ढंग से लिया गया है और इसे घरेलू उपभोक्ताओं से लेकर स्टील और रोलिंग मिल उद्योगों तक ने सराहा है। आम उपभोक्ताओं को राहत, किसानों पर कोई अतिरिक्त भार नहीं   मुख्यमंत्री ने कहा कि घरेलू विद्युत दरों में केवल 10 से 20 पैसे तक की मामूली वृद्धि की गई है, जबकि कृषि पंप उपभोक्ताओं के लिए 50 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गई है — जिसका सीधा असर किसानों पर नहीं पड़ेगा क्योंकि यह राशि शासन द्वारा सब्सिडी के रूप में पहले से अग्रिम भुगतान की जा रही है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि छत्तीसगढ़ के कृषक वर्ग पर कोई अतिरिक्त आर्थिक भार न पड़े। सरकार किसानों के हितों की पूरी तरह से रक्षा कर रही है।
     
    उद्योगों को बढ़ावा 
    स्टील इंडस्ट्री की दरों में कटौती मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने उद्योगों को प्रतिस्पर्धात्मक बनाए रखने हेतु मिनी स्टील, रोलिंग मिल और फेरो एलॉय जैसे ऊर्जा-गहन उद्योगों की दरों में कटौती की है। यह निर्णय उद्योगों के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। बेहतर आपूर्ति और घटती हानियाँ: गुणवत्तापूर्ण वितरण प्रणाली की दिशा में अग्रसर छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में औसतन 23.85 घंटे/दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 23.45 घंटे/दिन बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
    विशेष रूप से कृषि फीडरों में 18 घंटे प्रतिदिन की आपूर्ति दी जा रही है, जो देश के सभी राज्यों में सर्वाधिक आंकड़ों में शामिल है। तकनीकी और वाणिज्यिक हानि (AT&C Loss) को 2020-21 में 23.14% से घटाकर 2024-25 में 13.79% किया गया है। यह उपलब्धि दक्ष संचालन, पारदर्शी व्यवस्था और तकनीकी सुधारों का प्रमाण है।  अधोसंरचना विकास के लिए बड़ा निवेश, कोरबा में 1320 मेगावॉट का नया प्लांट वर्तमान टैरिफ में केपिटल इन्वेस्टमेंट प्लान का भी समावेश है जिसके अंतर्गत ट्रांसमिशन कंपनी के लिए ₹2433 करोड़, डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के लिए ₹3977 करोड़ और जनरेशन कंपनी के लिए ₹2992 करोड़ का प्रावधान है। कोरबा में 1320 मेगावॉट के प्लांट की स्थापना का कार्य भी प्रारंभ हो चुका है, जिसकी लागत ₹15,800 करोड़ है। इससे छत्तीसगढ़ भविष्य में ऊर्जा-सरप्लस राज्य बनेगा और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। सौर ऊर्जा की ओर एक कदम: घरेलू उपभोक्ताओं के लिए डबल अनुदान योजना मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत 3 किलोवाट तक के संयंत्रों पर ₹78,000 तक केंद्र सरकार से अतिरिक्त 2 किलोवाट तक के संयंत्रों पर ₹30,000 तक राज्य शासन से अनुदान दिया जाएगा। यह योजना छत्तीसगढ़ के घरेलू उपभोक्ताओं को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में क्रांतिकारी पहल है।
    ऊर्जा के क्षेत्र में 3 लाख करोड़ रुपये के करार, आएगी रोजगार क्रांति मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि पॉवर कंपनी/शासन द्वारा 3 लाख करोड़ रुपये से अधिक के करार किए गए हैं, जिससे आने वाले समय में ऊर्जा उत्पादन और रोजगार दोनों के क्षेत्र में क्रांति आएगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हमारी प्राथमिकता है कि बिजली उपभोक्ताओं को न केवल निर्बाध आपूर्ति मिले, बल्कि वह गुणवत्तापूर्ण, सस्ती और टिकाऊ हो। वर्तमान और भावी योजनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ ऊर्जा के क्षेत्र में राष्ट्रीय मानक स्थापित करेगा।
     
  • महिला और मासूम की मौत, बोलेरो ने लिया चपेट में

    16-Jul-2025
    जांजगीर चांपा. जिले में तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी ने एक पूरे परिवार को मौत के मुंह में ढकेल दिया. मुलमुला थाना क्षेत्र के पामगढ़ रोड पर एक ही बाईक पर पति-पत्नी अपने 3 बच्चों को लेकर सफर कर रहे थे. इसी दौरान एक तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने बाइक को ठोकर मार दी, जिससे बाइक सवार परिवार ट्रक की चपेट में आ गए. महिला और एक मासूम की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं मृतिका के पति और एक बच्चे की हालत गंभीर है. तीसरा बच्चे को मामूलि चोट आई है. घटना के बाद आरोपी बोलेरो वाहन लेकर फरार हो गया.  घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मृत महिला और मासूम के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल बाइक चालक (मृतिका के पति) और एक बच्चे को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है. वहीं तीसरे बच्चे को अकलतरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है. आरोपी बोलेरो वाहन चालक की पहचान कर उसे पकड़ने की कोशिश की जा रही है. 
  • विधानसभा में नकल प्रकरण का मामला गूंजा

    16-Jul-2025
    रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन आज कई विषयों पर चर्चा हुई। इस दौरान पक्ष और विपक्ष के बीच नोंकझोंक भी देखने को मिली। बिलासपुर में पिछले दिनों लोनिवि भर्ती की परीक्षा में हाईटैक तरीके से नक़ल कराये जाने का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ था। इसके बाद से ही कांग्रेस सत्तादल भाजपा पर हमलावर है। वही आज इस नक़ल प्रकरण की गूँज विधानसभा में भी सुनाई दी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख विधायक दीपक बैज ने सरकार पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए पूछा कि, क्या नकल गिरोह को भाजपा की सरकार संरक्षण दे रही है? बीजेपी के 15 साल की सरकार में बस्तर, बिलासपुर में फर्जी परीक्षाएं आयोजित हुई। अगर संरक्षण नहीं तो परीक्षा रद्द होनी चाहिए। दीपक बैज ने कहा कि, सरकार में आने से पहले भाजपा ने यूपीएससी के तर्ज पर परीक्षा करने का दावा किया था तो क्या यही यूपीएससी की तर्ज पर परीक्षा है।  सदन में बिजली के दाम में बढ़ोतरी पर स्थगन प्रस्ताव लाया गया। इस प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि, टैरिफ में न्यूनतम वृद्धि के गई है, आपूर्ति में गुणवत्ता है। उन्होंने कहा कि, छत्तीसगढ़ प्रदेश में ऊर्जा सुधारों को जनसमर्थन मिल रहा है। यह कदम स्टील उद्योगों के लिये भी राहत देने वाला है। सीएम ने सरकार के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि, यह घरेलु उपभोक्ताओं के लिए संरक्षण की दिशा में उठाया गया कदम है। कृषि पंपों पर बोझ नहीं पड़ेगा।’
     
  • स्टॉक रखे धान गायब, 54 लाख रुपए का गबन

    16-Jul-2025
    बिलासपुर। धान खरीदी केंद्र में गड़बड़ी और 54 लाख रुपए के गबन के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। रिसदा धान खरीदी केंद्र प्रभारी कृष्ण कुमार करियारे और कम्प्यूटर ऑपरेटर सुखसागर जांगड़े के खिलाफ FIR दर्ज कर लिया गया है। जिला सहकारी बैंक के मैनेजर ने मामले में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। दरअसल, खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में जिले के रिसदा धान खरीदी केंद्र से अनियमितता की शिकायत सामने आई थी। ऑनलाइन डेटा के अनुसार केंद्र में कुल 40879.20 क्विंटल धान की खरीदी की गई। लेकिन भौतिक सत्यापन में धान खरीदी केंद्र में बड़ा शॉर्टेज मिला। 1763 क्विंटल धान कम पाया गया। जांच में पता चला कि धान खरीदी केंद्र प्रभारी कृष्ण कुमार करियारे और कंप्यूटर ऑपरेटर सुखसागर जांगड़े ने मिलकर इसमें गड़बड़ी की है और 54.67 लाख रुपए की आर्थिक क्षति पहुंचाते हुए पैसे का गबन कर लिया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला सहकारी बैंक के मैनेजर ने इसकी लिखित शिकायत मस्तूरी थाने में दर्ज कराई है। जिसपर पुलिस ने रिसदा धान खरीदी केंद्र प्रभारी कृष्ण कुमार करियारे और कम्प्यूटर ऑपरेटर सुखसागर जांगड़े के खिलाफ अलग- अलग धाराओं में FIR दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक मामले में जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
     
  • प्राचार्य का निलंबन, आत्मानंद स्कूल में थे पदस्थ

    16-Jul-2025
    बलौदाबाजार। राज्य सरकार ने स्कूलों में शिक्षकों के अनुशासित रखने के लिए कई बड़े कदम उठायें है। पूर्व में मिली शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए इसका उदाहरण पेश किया गया है। हालांकि ऐसे अनुशासनहीन शिक्षक अपने करतूतों से बाज नहीं आ रहे है। ताजा मामला बलौदाबाजार जिले का है। यहां जिला कलेक्टर की कार्रवाई सामने आई है। दरअसल जिलाधीश ने जिले के अर्जुनी स्थित आत्मानंद उत्कृष्ट शास. उच्चतर माध्यमिक स्कूल के प्राचार्य को सस्पेंड कर दिया है। प्राचार्य के खिलाफ एडमिशन के एवज में पालको से रकम वसूलने की शिकायत मिली थी। इसकी अलावा निलंबित किये गए प्राचार्य पर शराब पीकर स्कूल आने, अनुचित कदाचार, स्टाफ व अन्य लोगों से अमर्यादित व्यवहार, सहकर्मियों और कर्मचारियों को प्रताड़ित करने और अनुशासनहीनता को बढ़ावा देने जैसी गंभीर शिकायतें मिली थी। यह शिकायत शिक्षा विभाग से होते हुए जब जिला कलेक्टर को मिली तो उन्होंने आरोपी प्राचार्य पर निलंबन की कार्रवाई करते हुए उन्हें स्कूल से हटा दिया गया है। निलंबन काल में उनकी तैनाती लोक शिक्षण संचनालय में तय की गई है। कलेक्टर के इस आदेश से जिले के शिक्षा महकमें में हड़कंप मचा हुआ है। 
  • रायपुर में हुई बारिश, आज फिर तेज आंधी तूफान का अलर्ट

    16-Jul-2025
    रायपुर। छत्तीसगढ़ की जनता को एक बार फिर राहत मिली है। ऐसा इसलिए क्योंकि, कुछ दिनों से लगाए ब्रेक के बाद फिर से बारिश शरू हो गई है। प्रदेश की राजधानी रायपुर समेत आस-पास के इलाकों में देर रात से जमकर बारिश हो रही है। देर रात से हो रही बारिश के चलते एक बार फिर लोगों को गर्मी से राहत मिल गई है। इसी बीच मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बिलासपुर और सरगुजा संभाग के जिलों में जमकर बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही विभाग ने रायपुर, दुर्ग-भिलाई, राजनांदगांव, कबीरधाम, बालोद, बेमेतरा, बलौदाबजार, कांकेर समेत अधिकांश जिलों में भी भारी बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने बारिश के साथ-साथ तेज आंधी तूफ़ान चलने की भी संभवना जताई है। आपको बता दें कि, राजधानी रायपुर समेत आस-पास के इलाकों में देर रात से हो रही बारिश के चलते मौसम खुशनुमा हो गया है। बुधवार सुबह से ही सभी जगह बादल छाए हुए हैं और बारिश भी हो रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश के साथ आंधी-तूफ़ान और बिजली गिरने की संभावना भी जताई है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि, बिना किसी आवश्यक काम से घर के बाहर न निकले। 
  • 48 व्यवसायियों को नोटिस, कब्जा हटाने की चेतावनी

    16-Jul-2025
    रायगढ़। जिले में नाले-नालियों पर अतिक्रमण करने वाले 48 व्यवसायियों को निगम ने नोटिस जारी कर कब्जा हटाने की चेतावनी दी है। दरअसल, रामनिवास टॉकीज रोड समेत आरओबी रेलवे ट्रैक से लेकर सुभाष चौक तक व्यापारियों ने नाले के ऊपर ही अवैध कब्जा बना लिया था। जिससे पानी जाने का रास्ता ब्लॉक हो गया था, इससे बारिश का पानी सड़कों पर भरा रहता था। साथ ही नालियों की साफ-सफाई भी नहीं हो पाती है। इसे देखते हुए निगम ने 15 जुलाई को कार्रवाई की। नोटिस में कहा गया है कि अवैध निर्माण समय पर नहीं हटाया गया तो निगम बिना अनुमति कार्रवाई करेगा।  पिछले दिनों तेज बारिश के बारिश के बाद शहर के कई सड़कों पर नालियों का गंदा पानी आ गया। जहां पूर्व में नगर निगम आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान पाया कि नाले-नालियों पर अतिक्रमण है और इसी वजह से नालियों की ठीक तरह से सफाई नहीं हो पाती है। जिसके बाद निगम आयुक्त ने नाले-नालियों के ऊपर अतिक्रमण करने वाले व्यवसायियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए थे। इसके पहले 23 और 15 जुलाई को 28 व्यवसायियों को नोटिस जारी किया गया है। 
  • पेंटर की हत्या, नदी में मिली लाश

    16-Jul-2025
    बिलासपुर। 2 दिन से लापता पेंटर की लाश अरपा नदी में मिली है। उसके शरीर पर जख्मों के निशान देखकर परिजन ने हत्या की आशंका जताई है। युवक अपने दोस्त के साथ निकला था, जिसके बाद वो घर नहीं पहुंचा। पुलिस शव का पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। परिजनों के मुताबिक 13 जुलाई को राजू सूर्यवंशी (26) अपने दोस्त कुश कुमार के साथ निकला था। उसने अपने दोस्त के साथ शराब भी पी। जिसके बाद दोनों अपने घरों की ओर निकल गए। लेकिन, राजेंद्र अपने घर नहीं पहुंचा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। टीआई विवेक पांडेय ने बताया कि 15 जुलाई को कुछ लोगों ने पचरीघाट के पास नदी में एक युवक का शव अरपा नदी में बहते देखा, जिसके बाद लोगों की भीड़ जुट गई। उन्होंने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। खबर मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर युवक की पहचान नहीं हो पाई। बाद में उसकी पहचान सीपत क्षेत्र के राजेंद्र उर्फ राजू सूर्यवंशी (26) के रूप में हुई।
     
  • बलौदाबाजार में स्कूल बंद, बाढ़ जैसे हालात

    16-Jul-2025
    बलौदाबाजार। बलौदाबाजार में लगातार बारिश से 600 आबादी वाला कौआडीह गांव टापू में तब्दील हो गया है। कौआडीह नाला उफान पर है। जिससे वटगन-खरतोल मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। सड़क पर 2-3 फीट ऊपर पानी बह रहा है। वाहनों का आना-जान पूरी तरह रुक गया है। बारिश के कारण स्कूल भी बंद हैं। कई खेत जलमग्न हो गए।
     
    बता दें कि छत्तीसगढ़ में दो दिन ब्रेक के बाद फिर से बारिश का दौर शुरू हो गया है। रायपुर में देर रात से सुबह तक बारिश हुई। इस बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में प्रदेश के 7 जिलों में भारी बारिश के बाद बाढ़ आने का अलर्ट जारी किया है।
     
    मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, बलरामपुर जिले में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इसके अलावा कोरिया, सरगुजा, सूरजपुर, जशपुर, मुंगेली, रायगढ़ सहित 12 जिलों में तेज बारिश और बिजली गिरने का यलो अलर्ट है। वहीं, अगले 3 घंटे में 23 जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
  • जलप्रपात में मधुमक्खी हमले से मचा हड़कंप

    16-Jul-2025
    गरियाबंद। जिले के चर्चित गजपल्ला जलप्रपात में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। रायपुर की रहने वाली 22 वर्षीय युवती महविश खान वॉटरफॉल में नहाते समय गहरे पानी में डूब गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची लेकिन इस रेस्क्यू ऑपरेशन के बावजूद युवती का कोई सुराग नहीं लग सका।
     
    प्रत्यक्षदर्शियों और युवती के साथ आए उसके दोस्तों के अनुसार महविश रविवार को अपने 6 दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गजपल्ला वॉटरफॉल आई थी। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चली गई और फिर दिखाई नहीं दी। मौके पर मौजूद दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल है।
     
    इस बीच खबर आई है कि गरियाबंद गजपल्ला जलप्रपात में हादसे के बाद रेस्क्यू में जुटी टीम पर मधुमक्खी के झुण्ड ने हमला कर दिया है। इस घटना के बाद घायलों को तत्काल मौके से निकालकर अस्पताल रवाना किया गया है।
  • मानसून सत्र के तीसरे दिन की कार्यवाही प्रश्नकाल के साथ शुरू

    16-Jul-2025
    रायपुर। छत्तीसगढ़ विधान सभा मानसून सत्र के तीसरे दिन की कार्यवाही प्रश्नकाल के साथ शुरू हुई. आज उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के विभागों के सवाल लगाए गए हैं. कार्यवाही के दौरान साइबर क्राइम, पीएम आवास योजना, मनरेगा, बंद पड़ी जांच मशीन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन पर सवाल-जवाब होगा. सदन में आज सीएम विष्णुदेव साय, समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल पत्रों को पटल पर रखेंगे. इसके साथ कृषि यंत्र और उपकरणों के वितरण हेतु लागू व्यवस्था अनियमिता के अलावा खदान से आसपास लगे ग्रामों में प्रदूषण पर ध्यानाकर्षण लगाए गए हैं. विधायक कुंवर सिंह निषाद गुण्डरदेही विधान सभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भरदाखुर्द एनीकट से उद्धवहन सिंचाई योजना प्रारंभ करने, ग्राम किलेपार झोपरा से जोरातराई तक नवीन सड़क निर्माण करने, ग्राम परसाही (टी) शासकीय हाईस्कूल के लिए नवीन शाला भवन निर्माण करने, ग्राम शिकारीटोला के शासकीय प्राथमिक शाला हेतु नवीन शाला भवन निर्माण करने, ग्राम खुटेरी (खे) के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला हेतु नवीन शाला भवन निर्माण करने और ग्राम तमोरा में संचालित हाईस्कूल का हायर सेकेण्डरी स्कूल में उन्नयन करने याचिका प्रस्तुत करेंगे. 
  • समाज को संगठित कर चलना अपने आप में बड़ी बात है--केदारनाथ जी

    16-Jul-2025

    श्री उत्तर प्रदेशीय वैश्य संघ के द्वारा बड़े धूमधाम से मनाया गया रजत जयंती वर्ष महोत्सव

    राजनांदगांव / श्री उत्तरप्रदेश वैश्य संघ द्वारा शहर के अग्रहरि भवन में गुरु पूर्णिमा का पर्व भगवान श्री सत्यनारायण जी की पुजा कथा के आयोजन के साथ धूमधाम से मनाया गया। 
    कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छ०ग० राज्य सहकारी बैंक मर्यादित - अपेक्स के चेयरमैन केदारनाथ जी गुप्ता थे वहीं विशेष अतिथि के रुप में जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री सचिन बघेल जी,श्री कसौधन वैश्य समाज के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री संतोष गुप्ता जी थे, रजत जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित इस गुरु पूर्णिमा कार्यक्रम में श्री उत्तर प्रदेशीय वैश्य संघ में सम्मिलित समाज श्री अग्रहरि वैश्य समाज,श्री कसौधन वैश्य समाज,श्री अयोध्यावासी वैश्य समाज, श्री दोसर वैश्य समाज, श्री गहोई वैश्य समाज एवं श्री यज्ञसेनी वैश्य समाज के द्वारा भगवान श्री सत्य नारायण जी की पूजा-अर्चना कर श्री हरि कथा श्रवण किया गया। इस दौरान  आगत अतिथियो का सम्मान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें संघ की मातृशक्ति के द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी गई । महिलाओं द्वारा घर से सजाकर लाई गई आरती की थाल व छोटे बच्चों के द्वारा मिट्टी के बनाए गए भगवान शिव एवं गणेश जी को पुरस्कृत किया। इस दौरान 
    संघ के सचिव शैलेष गुप्ता द्वारा पौराणिक प्रश्न मंच का आयोजन किया गया जिसमें सामाजिक बंधुओ ने बढ़-चढ़कर भाग लिया एवं समस्त प्रश्नों का माकूल जवाब दिया।   
    राजनांदगांव कसौधन वैश्य समाज के अध्यक्ष  प्रशांत गुप्ता जी, विवेकानंद जी तथा संघ के संस्थापक  सीएल गुप्ता जी, किशन गोपाल गुप्ता अग्रहरि वैश्य समाज के संरक्षक श्याम चरण अग्रहरि संघ के संरक्षक  राजेश गुप्ता अग्रहरि, कसौंधन वैश्य समाज की राष्ट्रीय संयोजिका एवं संघ की नवनिर्वाचित महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती आशा गुप्ता कसौंधन वैश्य समाज प्रदेश अध्यक्ष आशीष गुप्ता आदि मंचाशीन थे। आगत् अतिथियों का स्वागत संघ के अध्यक्ष श्री राजेश गुप्ता जी तथा संघ के पदाधिकारीगणो के द्वारा किया गया मुख्य अतिथि महोदय को शाॅल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया एवं मुख्य अतिथि जी के कर कमलों से संघ के दिवंगत संस्थापक सदस्यों के परिवार जनों को एवं वर्तमान संस्थापक सदस्यों को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया ।
    संघ के संस्थापक सदस्यों में से संघ के वर्तमान अध्यक्ष के पिताजी स्व श्री जगन्नाथ जी गुप्ता (कक्का जी) दोसर, स्वर्गीय श्री विजय कुमार जी अग्रहरि,स्व श्री के पी गुप्ता जी यज्ञसेनी ,स्व श्री एफ सी रूसिया गहोई, स्व श्री गिरधारी लाल जी अग्रहरि, स्व श्री भूषण लाल जी गुप्ता श्री अयोध्यावासी के परिवार जनों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया एवं उनके द्वारा संघ के प्रति किए गए कार्यों का स्मरण कराया गया । उपस्थित संस्थापक सदस्य श्री सीएल गुप्ता जी कसौंधन तथा श्री किशन गोपाल जी गुप्ता अयोध्यावासी को प्रतीक चिन्ह प्रदान किया गया । श्री संतोष जी गुप्ता (पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष) नवनिर्वाचित राष्ट्रीय संयोजिका आशा जी गुप्ता एवं नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष श्री आशीष जी गुप्ता को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया । विशेष प्रतिभा के लिए सुनिधि रूसिया एवं करीना गुप्ता को सम्मानित किया गया ।
    उद्बोधन के क्रम में स्वागत उद्बोधन सर्वप्रथम श्री राजेश जी गुप्ता के द्वारा अध्यक्षीय उद्बोधन दिया गया  श्री गुप्ता ने आगत् समस्त  सामाजिक बंधुओं को उनकी उपस्थिति के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया एवं संघ के द्वारा आगामी कार्यक्रमों के बारे में अवगत कराया।
    आशीर्वचन एवं मार्गदर्शन में श्री सी एल गुप्ता जी, श्री श्याम चरण जी अग्रहरि, श्री संतोष जी गुप्ता, श्री राजेश गुप्ता अग्रहरि जी संरक्षक, श्री सचिन बघेल ने अपने विचार व्यक्तव्य किए ।
    मुख्य अतिथि उद्बोधन में श्री केदारनाथ गुप्ता जी ने कहा कि छह समाजों को संगठित करके उसे लेकर चलना अपने आप में बहुत बड़ी बात है। वर्तमान में विघटित हो रही सांस्कृतिक धरोहर को बचाए रखने में समाज की अहम् भूमिका होती है वर्तमान में भटकाव के बहुत सारे मार्ग प्रशस्त हो चुके हैं जिसे समय -समय पर समाज के ऐसे आयोजनों के माध्यम से सभी को एक मंच पर लाकर सामाजिक विकृतियों को दूर करने का यह एक अच्छा प्रयास है ऐसे आयोजनों में समाज के बुजुर्ग वर्ग से लेकर बाल्य वर्ग तक सभी लोग एकत्रित होते हैं, आपस में एक दूसरे से परिचय का दायरा बढ़ता है एवं विचारों का आदान-प्रदान होता है जिससे हम अपने समाज की गतिविधियों को और समाज के उत्साही तथा समाज के प्रतिभावान लोगों को पहचान पाते हैं।
    उन्होंने संघ के सभी कर्मठ पदाधिकारीयों को इस आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं दी । उनके द्वारा नवनिर्वाचित महिला मंडल को शपथ भी दिलाया गया।
    इस हर्षोल्लासित आयोजन में पूर्व महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमती मीना अग्रहरि संरक्षक श्रीमती माया अग्रहरि, श्री मती सुधा देवी गुप्ता, रजनी गुप्ता, जनक बाई,शोभा, श्यामा, लक्ष्मी कमल,शकुन कैलाश, लक्ष्मी जवाहर,अग्रहरि वैश्य समाज से श्री मति शुभ्रा, भावना, सुषमा, अल्का , प्रीति,मीरा, प्रतिभा, एकता,प्रतिमा, पुजा,नीशा,दीप्ति,वर्षा,मीनल, प्रिती,रितिका,पुजा अग्रहरि , राकेश अग्रहरि ,नवीन अग्रहरि, मनोज अग्रहरि, कैलाश अग्रहरि, सचिन, प्रवीण अग्रहरि,
    रमेश, आनंद स्वरूप , राम किशोर बब्बन, राधेश्याम , संदीप , गितेश , ज्ञानेश, योगेश, अमित, मोहनीश,गौरव राज,अंशुल, पंकज ,जुगनू ,  आदि,कसौंधन वैश्य समाज से श्रीमती अन्नू, शोभा, श्यामा, लक्ष्मी,  ऊषा , एकता , अनीता, सुषमा, अंकिता ,डॉ राधेश्याम, रूपनारायण ,शरद दाऊ,राधे कृष्णा, हरि प्रसाद ,श्री नारायण गोविंद नारायण, विजय गुप्ता , केशव, पंकज, विजय, रामकिशोर, श्रवण,रविश, मनोज आदि ,श्री गहोई वैश्य समाज से श्री मति मनीषा, रत्ना, रश्मि,अंजू, बबली,
     कैलाश हुंका, प्रकाश हुंका, सुभाष हुंका, विजय हुंका , शैलेन्द्र रुसिया आदि 
     
    अयोध्यावासी वैश्य समाज से 
    संतोष गुप्ता रि.शिक्षक,कमल किशोर, सूर्यकांत, रमेश, दुर्गा ,नारायण,संतोष वकील, माखन,गोपाल ,सुदर्शन, राधे , जीवन, राजेन्द्र , रामबिलास,नंद सांकरा,विमला,मंजू, पूजा,शैल, ममता, दीप्ति,मधु, दुर्गा, सुशीला, क्रांति,शैल-राजू, श्रद्धा, वसुधा गुप्ता आदि ,
     
    दोसर वैश्य समाज से अनिल ,हेमनारायण, संजय, कमलेश, नवीन, राकेश, कुशल,सोनल श्रीमती मीना, संतोषी , पूर्णिमा, ऋतु, मंजू, सुनीता आदि,
     
    यज्ञसेनी वैश्य समाज से श्री मति ज्योति-माया ,नवनाथ,रामू ,श्रेयष,आशीष सहित अन्य समाजिक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाजिक बंधु उपस्थित थे। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन संघ के सचिव शैलेष गुप्ता ने किया। 
  • प्रिंसिपल को हवस की लत, होनहार स्टूडेंट्स को किया फेल, गिरफ्तार

    15-Jul-2025
    गरियाबंद। जिले में छात्राओं के साथ बैडटच, छेड़छाड़ जैसे अन्य कुकृत्य करने वाले हाईस्कूल के प्रिंसिपल जीपी वर्मा को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। छात्रों ने प्रिंसिपल जीपी वर्मा पर 11वीं के परीक्षा परिणाम में भी गड़बड़ी करने का आरोप लगाया था। छात्राओं और पालकों ने स्कूल के गेट में ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया था। मिली जानकारी के अनुसार पूरा मामला छुरा विकासखंड अंतर्गत फिंगेश्वर के एक शासकीय हाईस्कूल का है। 5 जुलाई को छात्राओं और पालकों ने स्कूल गेट में ताला जड़कर जमकर प्रदर्शन किया था। साथ ही आरोप लगाया था कि हाईस्कूल के प्रिंसिपल जी.पी.वर्मा छात्राओं के साथ अश्लील कृत्य करते हैं। 11वीं के परीक्षा परिणाम में हेराफेरी कई छात्रों को फेल कर दिए थे। अनेक नाबालिग छात्राओं की बैडटच, छेड़छाड़ जैसे कृत्य करते हैं। पालकों और छात्राओं ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी। छुरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पॉस्को एक्ट, SC/ST एक्ट के तहत आरोपी प्रिंसिपल जीपी वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
     
  • CM विष्णुदेव साय की पहल पर शुरू होगा पालक-शिक्षक संवाद अभियान

    15-Jul-2025
    रायपुर। सीएम विष्णु देव साय की पहल पर राज्य के सभी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र के दौरान वर्ष में तीन बार पालक-शिक्षक बैठकों का आयोजन किया जाएगा। पहली बैठक अगस्त माह के प्रथम सप्ताह में आयोजित की जाएगी, जबकि द्वितीय एवं तृतीय बैठकें तिमाही और अर्धवार्षिक परीक्षाओं के 10 दिवस के भीतर संपन्न होंगी। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव श्री सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी ने सभी कलेक्टरों एवं जिला शिक्षा अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया है कि प्रत्येक जिले में इन बैठकों के आयोजन हेतु कार्ययोजना तैयार की जाए और सुनिश्चित किया जाए कि सभी विद्यालयों में यह प्रक्रिया प्रभावी रूप से लागू हो।   पालक-शिक्षक बैठकें न केवल शैक्षणिक संवाद का मंच होंगी, बल्कि वे बच्चों की संपूर्ण प्रगति पर सामूहिक दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर भी देंगी। इन बैठकों के माध्यम से पालकों को यह समझाने का प्रयास किया जाएगा कि घर में बच्चों की पढ़ाई के लिए कैसा वातावरण होना चाहिए, उनकी दिनचर्या कैसी हो, परीक्षा के तनाव से कैसे निपटना है, और संवाद की आदत कैसे विकसित करनी है। साथ ही, ‘बस्ता रहित शनिवार’ जैसी पहल पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा जिससे बच्चे मानसिक रूप से हल्का महसूस करें और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लें।  बैठकों के दौरान पालकों को बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के उपायों पर भी जानकारी दी जाएगी। विशेष रूप से उन्हें यह समझाया जाएगा कि बच्चों को खुलकर बोलने के लिए अवसर प्रदान करना, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण में भागीदारी सुनिश्चित करना, और जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र बनवाने हेतु आयोजित शिविरों में बच्चों को शामिल करना कितनी महत्वपूर्ण पहल है। इसके अतिरिक्त ‘न्योता भोजन’ जैसी सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए भी पालकों को प्रेरित किया जाएगा। इस पहल में डिजिटल शिक्षा को भी विशेष स्थान दिया गया है। बैठक के दौरान पालकों को दीक्षा ऐप, ई-जादुई पिटारा, डिजिटल लाइब्रेरी जैसे संसाधनों के बारे में बताया जाएगा, ताकि वे घर पर भी अपने बच्चों को तकनीक आधारित शिक्षण सामग्री से जोड़ सकें। इससे न केवल बच्चों की पढ़ाई में रोचकता बढ़ेगी, बल्कि पालक स्वयं भी शिक्षा के सक्रिय सहभागी बन सकेंगे। 
  • भ्रष्टाचारी BEO को बना दिया DEO: स्कूल शिक्षा सचिव ने कलेक्टर से मांगी रिपोर्ट

    15-Jul-2025
    बिलासपुर । बिलासपुर जिले के पूर्व बीईओ और वर्तमान डीईओ विजय तांडे एक बार फिर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों में घिर गए हैं। स्कूल शिक्षा सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी ने बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल से तांडे के पुराने कार्यकाल में कोटा ब्लॉक में हुए फर्जीवाड़े और रिश्वतखोरी के मामले में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए शासन स्तर पर बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
     
    क्या है पूरा मामला?
    विजय तांडे पर आरोप है कि कोटा बीईओ रहते हुए उन्होंने विधवा शिक्षिका नीलम भारद्वाज से उनके दिवंगत पति के देयकों के भुगतान के बदले में ₹1.34 लाख की रिश्वत की मांग की। यह रकम क्लर्क एकादशी पोर्ते द्वारा तांडे के कहने पर वसूली गई। इसके अलावा, जांच में खुलासा हुआ कि तांडे ने शिक्षिका के करीब डेढ़ महीने की सैलरी रोककर उसे अपने बैंक खाते में जमा कराया और भुगतान में देरी की।
     
    शपथ पत्र से सामने आए चौंकाने वाले तथ्य
    पीड़िता नीलम भारद्वाज ने अपने शपथ पत्र में बताया कि उसके दिवंगत पति की मृत्यु के बाद मिलने वाली सरकारी राहत राशि के बदले रिश्वत मांगी गई। बीमा और मेडिकल रिइम्बर्समेंट की राशि आज तक नहीं मिली। रिश्वत नहीं देने पर पेंशन फाइल रोकने की धमकी दी गई।
     
    पूर्व कलेक्टर अवनीश शरण ने की थी जांच, मिली थी पुष्टि
    तत्कालीन कलेक्टर अवनीश शरण ने शिकायत पर तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की थी। 21 मार्च 2025 को सौंपी गई रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि तांडे और पोर्ते ने मिलकर शिक्षिका से वसूली की। तांडे ने नियमों को ताक पर रखकर 66 दिन की अतिरिक्त वेतन राशि ₹1,48,610 भी निकाल ली थी। राशि आहरण के बाद भी एक महीने से अधिक समय तक भुगतान नहीं किया गया।
     
    तबादले में भी गड़बड़ी का आरोप
    तांडे पर शिक्षक शैलेष यादव के गलत स्थान पर जॉइनिंग कराने का भी आरोप है। शासन ने तबादला धौराभाठा (बिल्हा) के लिए किया था, लेकिन तांडे ने नियमों को दरकिनार कर शिक्षक को धौराभाठा (कोटा) में पदस्थ कर दिया।
     
    अब तक नहीं हुई विभागीय जांच
    जांच समिति ने विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की थी, लेकिन रिपोर्ट फाइलों में दबा दी गई। अब जब तांडे को बिलासपुर जैसे बड़े जिले का डीईओ बना दिया गया है, तो शासन और सिस्टम की निष्क्रियता पर भी सवाल उठ रहे हैं। 
     
    स्कूल शिक्षा सचिव ने रिपोर्ट मांगी, कार्रवाई संभव
    अब स्कूल शिक्षा सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी ने बिलासपुर कलेक्टर से रिपोर्ट तलब की है। माना जा रहा है कि रिपोर्ट के आधार पर तांडे के खिलाफ विभागीय जांच से लेकर निलंबन तक की कार्रवाई हो सकती है।
     
    सवाल जो उठ रहे हैं:
        क्या रिश्वतखोरी और वेतन गबन के आरोपी अधिकारी को डीईओ जैसे अहम पद पर बैठाना प्रशासनिक लापरवाही नहीं?
        क्यों अब तक विभागीय जांच शुरू नहीं हुई?
        क्या राज्य सरकार भ्रष्ट अधिकारियों को संरक्षण दे रही है?
     
    बीईओ रहते शिक्षिकाओं से वसूली, वेतन हड़पने, और सरकारी आदेशों को तोड़ने वाले विजय तांडे को डीईओ बनाना प्रशासनिक व्यवस्था पर सीधा सवाल है। अब सभी की नजर स्कूल शिक्षा विभाग पर टिकी है—क्या यह सिर्फ रिपोर्ट तक सीमित रहेगा या दोषियों पर सख्त कार्रवाई भी होगी?
  • पानी से लबालब नाला किनारे पहुंचे थे पिकनिक मनाने, एक लापता

    15-Jul-2025
    जगदलपुर। शहर सीमा से गणेश बहार नाला में पिकनिक मनाने के लिए गए युवकों में एक नदी में नहाने के दौरान डूब गया, वहीं दूसरा युवक किसी तरह नदी के बाहर आ गया। युवक की खोजबीन की जा रही है। बताया जा रहा है कि आज शहर के शांतिनगर में रहने वाले कुछ युवकों ने पिकनिक जाने का प्लान बनाया, जहाँ सभी लोग गणेश बहार में पिकनिक मनाने के लिए पहुँचे, जहाँ खाना खाने के बाद ग्रुप के कुछ युवकों ने नहाने की इच्छा जताई, जहाँ 2 युवक पानी ने नहाने के लिए उतर गए। अचानक से तेज पानी की वजह से एक युवक पानी में डूब गया, जबकि दूसरे युवक ने किसी तरह से तैर कर अपनी जान बचा ली। घटना की जानकारी आसपास के लोगों ने स्थानीय ग्रामीणों से लेकर पुलिस को दी, जहाँ एसडीआरएफ टीम को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने खोजबीन शुरू कर दी। पुलिस के द्वारा लगातार खोजबीन की जा रही है, लेकिन युवक का समाचार लिखे जाने दोपहर 2 बजे तक कोई भी पता नहीं लग पाया है।
  • स्कूटी के सामने कुत्ते आने से किशोर की मौत

    15-Jul-2025
    भिलाई। शहर के सुपेला क्षेत्र में सोमवार की रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब वह स्कूटी से अपने साथी के साथ निकला था, तभी रास्ते में एक आवारा कुत्ता सामने आ गया, जिसे बचाने की कोशिश में स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई और दोनों युवक सड़क किनारे नाले में जा गिरे। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। घटना सुपेला थाना क्षेत्र के पांच रस्ता स्थित लकड़ी टाल के पास हुई। मृतक की पहचान 17 वर्षीय रौनक दुबे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रौनक अपने एक दोस्त के साथ स्कूटी में सवार होकर मंदिर का ताला बंद करने जा रहा था। इसी दौरान सड़क पार कर रहे एक कुत्ते को देखकर उसने अचानक स्कूटी मोड़ने की कोशिश की, लेकिन गति अधिक होने के कारण वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया। स्कूटी पहले कुत्ते से टकराई, फिर फिसलकर नाले से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी चला रहे रौनक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नाले में जा गिरा। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठा साथी स्कूटी से उछलकर नाले के किनारे गिरा, जिसे मामूली चोटें आई हैं।
Top