बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • कांगेर घाटी में हिरण का शिकार करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

    21-Jul-2025

     जगदलपुर। कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में हिरण के अवैध शिकार के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। यह मामला 17 जुलाई को तीरथगढ़ बिट के कक्ष क्रमांक 165 में सामने आया था, जहां एक मृत हिरण के शरीर में तीर लगा पाया गया था।

     
    यह घटना राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर जगदलपुर से दरभा मार्ग के बीच पेदावाड़ा बैरियर के पास हुई थी। नियमित गश्त के दौरान परिक्षेत्र सहायक, बिट गार्ड और गश्ती दल को हिरण का शव मिला। मामले को गंभीर मानते हुए तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचित किया गया और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
     
    विशेष जांच दल की त्वरित कार्रवाई
    वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत अज्ञात शिकारियों के खिलाफ केस दर्ज कर विशेष जांच दल का गठन किया गया। जांच दल ने तीरथगढ़, पैदावाड़ा, दरभा और कोटमसर सहित आसपास के इलाकों में सुराग जुटाए। मुखबिर की सूचना पर तीरथगढ़ के पटेलपारा से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में तीनों ने शिकार की बात स्वीकार की।
     
    आरोपियों को भेजा गया जेल
    कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के निदेशक संदीप बालगा और सहायक वन संरक्षक कमल नारायण तिवारी के निर्देशन में आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
     
    वन विभाग ने दी कड़ी चेतावनी
    निदेशक ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में गश्त, निगरानी और गुप्तचर तंत्र को सक्रिय किया गया है। अवैध शिकार की गतिविधियों पर सख्ती से नजर रखी जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि वन्यप्राणियों के शिकार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
  • सूरजपुर तहसील कार्यालय में रिश्वत लेते बाबू रंगे हाथ गिरफ्तार

    21-Jul-2025

    सूरजपुर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत एसीबी (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) ने सूरजपुर तहसील कार्यालय में पदस्थ एक बाबू को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी जुगेश्वर राजवाड़े नामक बाबू एक किसान से भूमि नामांतरण के नाम पर ₹25,000 की रिश्वत ले रहा था।

     
    किसान की शिकायत पर हुई कार्रवाई
    एसीबी को यह शिकायत एक पीड़ित किसान ने दी थी, जिसमें बताया गया था कि तहसील कार्यालय में काम कराने के एवज में बाबू ने रिश्वत की मांग की है। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने पर एसीबी टीम ने ट्रैप की योजना बनाई, और सोमवार को जुगेश्वर राजवाड़े को 25 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
     
    साबित हुआ भ्रष्टाचार, राशि जब्त
    बाबू के पास से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी की इस कार्रवाई से तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया है और अन्य कर्मचारियों में भी खलबली मच गई है।
     
    एसीबी की सतर्कता, भ्रष्टाचार पर लगाम
    राज्य में लगातार हो रही ऐसी कार्रवाई यह दिखा रही है कि एसीबी और ईओडब्ल्यू भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर अब बेहद सक्रिय हो चुकी है। जनता से अपील की जा रही है कि यदि किसी भी सरकारी कार्य में रिश्वत मांगी जाती है तो इसकी तत्काल शिकायत करें। 
  • फर्जी अरेस्ट वारंट भेजकर रिटायर्ड कर्मचारी से 32 लाख की ठगी

    21-Jul-2025

    जांजगीर। जिले में साइबर ठगों ने शातिराना तरीके से एक रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी को फर्जी मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की धमकी देकर 32 लाख 54 हजार 996 रुपए की ठगी कर ली। ठगों ने खुद को CBI और टेलीकॉम अथॉरिटी का अधिकारी बताकर फर्जी अरेस्ट वारंट भेजा और पैसे ट्रांसफर करने का दबाव बनाया। जब सभी नंबर बंद हो गए, तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ।

     
    65 वर्षीय रिटायर्ड कर्मचारी बने ठगी का शिकार
    कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 18, शंकर नगर निवासी तुषार कर देवांगन, जो वर्ष 2022 में सिंचाई विभाग से रिटायर हुए थे, उनके पास 3 जुलाई को एक कॉल आया। कॉल करने वालों ने खुद को विजय खन्ना (टेलीकॉम अधिकारी) और रश्मि शुक्ला (CBI प्रोसेसिंग अधिकारी) बताया और दावा किया कि उनके नाम से एक सिम कार्ड का दुरुपयोग मनी लॉन्ड्रिंग के लिए हो रहा है।
     
    इसके बाद कथित "कोलाबा पुलिस स्टेशन" से कॉल आया और एक फोटो भेजा गया जिसमें नरेश गोयल नामक व्यक्ति को आरोपी बताया गया। दावा किया गया कि वह केनरा बैंक के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल है और तुषार कर के नाम से भी एक एटीएम कार्ड इस्तेमाल हुआ है।
     
    व्हाट्सएप पर भेजा गया फर्जी गिरफ्तारी वारंट
    ठगों ने देवांगन को व्हाट्सएप पर एक नकली गिरफ्तारी वारंट भेजा और कहा कि बुजुर्ग होने के कारण इसे होल्ड किया गया है। डर के कारण उन्होंने अपनी बैंक जमा पूंजी को 3 जुलाई से 17 जुलाई तक ठगों द्वारा बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिया। रकम कुल 32.54 लाख रुपए थी।
     
    मुंबई पुलिस से संपर्क कर हुआ खुलासा
    जब 18 जुलाई के बाद सभी फोन नंबर बंद हो गए, तब तुषार कर देवांगन को शक हुआ। उन्होंने गूगल से कोलाबा पुलिस स्टेशन का नंबर निकालकर वहां संपर्क किया, जहां से उन्हें बताया गया कि इस नाम के किसी भी अधिकारी या केस की जानकारी पुलिस के पास नहीं है और यह पूरी तरह से ठगी का मामला है।
     
    एफआईआर दर्ज, साइबर ठगों के खिलाफ जांच शुरू
    पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 649/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (4), 3 (5) के तहत मामला दर्ज किया है। जांजगीर पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या डिजिटल धमकी पर भरोसा न करें और सतर्क रहें।
     
    पुलिस की सलाह:
        अनजान कॉलर्स की बातों में न आएं।
        कोई भी अरेस्ट वारंट या कानूनी प्रक्रिया फोन या व्हाट्सएप से नहीं होती।
        तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर सेल से संपर्क करें।
  • महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी की 8 मोटरसाइकिलों के साथ दो शातिर चोर गिरफ्तार

    20-Jul-2025

    महासमुंद। महासमुंद पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 8 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई थाना सिटी कोतवाली महासमुंद पुलिस व सायबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा की गई। जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सचिन कुमार चंद्राकर निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, रमनटोला, अम्बेडकर चौक, महासमुंद ने 13 जुलाई 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी KTM 200 DUKE मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 QB 3167) को अज्ञात चोर उसके घर के नीचे से चोरी कर ले गया। पुलिस ने इस रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 303(2) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।  
    जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और साथ ही मुखबिरों से भी सुराग जुटाए। इसी बीच सूचना मिली कि ग्राम चिंगरौद निवासी भरत साहू नामक युवक एक KTM बाइक को बेचने की फिराक में चिंगरौद नाले के पास खड़ा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर भरत साहू (उम्र 20 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में भरत साहू ने न केवल बाइक चोरी करना स्वीकार किया, बल्कि खुलासा किया कि उसने अपने साथी विकास ध्रुव (उम्र 20 वर्ष) के साथ मिलकर पिछले दो-तीन महीनों में कई स्थानों से मोटरसाइकिलें चोरी की हैं।  
    आरोपियों के कब्जे से निम्नलिखित 8 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं: KTM 200 DUKE – काला रंग TVS स्पोर्ट – काला रंग पल्सर NS 125 – काला रंग एचएफ डीलक्स – काला रंग (2 नग) पैशन प्रो – काला रंग होण्डा साइन – काला रंग एक अन्य HF डीलक्स – काला रंग इन सभी वाहनों के इंजन व चेचिस नंबर भी पुलिस द्वारा सत्यापित किए गए हैं, जिनमें से एक बाइक पर नंबर स्पष्ट नहीं दिख रहा। आरोपी भरत साहू व विकास ध्रुव को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली महासमुंद में धारा 303(2) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। महासमुंद पुलिस की यह कार्रवाई वाहन चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस अधीक्षक महासमुंद ने टीम की तत्परता और प्रयासों की सराहना की है।

  • कोरबा में 30 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण

    20-Jul-2025

    कोरबा। नगर पालिका निगम कोरबा क्षेत्र में आज लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर टीपी नगर में भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा का भी अनावरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान नगरवासियों को विकास कार्यों की सौगात देते हुए उन्हें शुभकामनाएं व बधाइयां दी गईं। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं निर्मित आवासों की चाबियाँ सौंपी गईं।  इस विशेष अवसर पर राज्य मंत्री लखनलाल देवांगन, विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, सभापति नूतन राजपूत, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, तथा अन्य जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जनता को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि यह कार्य कोरबा की समग्र विकास यात्रा में एक अहम पड़ाव है, जो शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूती प्रदान करेगा।
     

  • अमलीडीह जोन-10 में ASEZ WAO का स्वच्छता अभियान, युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

    20-Jul-2025

    रायपुर। अमलीडीह जोन क्रमांक-10 में वर्ल्ड मिशन सोसाइटी चर्च ऑफ गॉड के युवा वालंटियर ग्रुप ASEZ WAO द्वारा एक स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। रविवार को सुबह 11 बजे प्रारंभ हुए इस अभियान में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया और स्थानीय क्षेत्र में सफाई कर आम नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि “स्वच्छता सिर्फ सरकार का काम नहीं बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।” उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन आज एक जनआंदोलन का रूप ले चुका है, जिसमें स्वयंसेवी संगठनों की भागीदारी सराहनीय है।

    वार्ड क्रमांक 56 के पार्षद और जोन 10 के अध्यक्ष सचिन मेघानी ने भी संस्था द्वारा ज़मीनी स्तर पर की जा रही जागरूकता की तारीफ की और कहा कि “यदि माताएं, बहनें और युवा इस कार्य से जुड़ेंगे तो रायपुर को साफ और स्वच्छ बनाकर पूरे देश में मिसाल कायम की जा सकती है।” ASEZ WAO के सदस्यों ने बताया कि यह संस्था भारत सहित पूरी दुनिया में स्वच्छता अभियान चलाती है। उनका उद्देश्य सिर्फ सफाई नहीं, बल्कि "माता के प्रेम की भावना" से समाज में शांति, सुरक्षा और स्वस्थ जीवन का प्रसार करना है। वॉलंटियरों ने कहा कि “जब एक व्यक्ति पहल करता है, तो दूसरा उससे प्रेरित होता है और इस प्रकार समाज में जागरूकता फैलती है।” उन्होंने संदेश दिया कि स्वच्छता से ही स्वस्थ समाज और बेहतर भविष्य संभव है।

  • साहेब की करतूत से गांव शर्मशार, दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार

    20-Jul-2025

    खैरागढ़. नाबालिग के साथ तीन साल तक दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पीड़िता को चॉकलेट-आइसक्रीम का लालच देकर अपने घर ले जाता था और फिर उसके साथ घिनौनी करतूत करता था. 19 जुलाई को पीड़िता की बड़ी बहन ने थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई. उसने बताया कि आरोपी, जिसे गांव में सभी ‘साहेब’ के नाम से जानते हैं, उसकी अबोध नाबालिग बहन के साथ बीते करीब 3 वर्षों से यौन शोषण करता आ रहा है. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लगभग 4 घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की. जानकारी के अनुसार, आरोपी पुनित दास उर्फ ‘साहेब’ (54), जो ग्राम करमतरा का निवासी है और खेती किसानी का कार्य करता है. वह रोजाना स्कूल से लौटती बालिका को चॉकलेट, आइसक्रीम और अन्य खाद्य सामग्री का लालच देकर अपने घर ले जाता था और वहां दुष्कर्म करता था. यह सिलसिला करीब तीन वर्षों से जारी था. प्राथमिकी दर्ज होते ही थाना जालबांधा में अपराध क्रमांक 362/25 के तहत धारा 64, 64(2)(m), 65(2) भा.दं.सं. एवं POCSO Act की धारा 4 और 6 के तहत मामला दर्ज कर तत्काल विवेचना शुरू की गई. जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस (सीजी टीम) ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और प्रथम सूचना दर्ज होने के चार घंटे के भीतर आरोपी को उसके गांव से गिरफ़्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.

  • सुप्रीम कोर्ट का छत्तीसगढ़ सरकार को निर्देश, जल्द करे भूमि अधिग्रहण पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन प्राधिकरण का गठन

    20-Jul-2025

    रायपुर। सुप्रीम कोर्ट ने छत्तीसगढ़ सरकार को भूमि अधिग्रहण पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन प्राधिकरण का गठन करने का आदेश दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने इसके लिए 2 महीने का समय दिया है। ऐसा नहीं होने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। बता दें कि छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने मामले से जुड़ी जनहित याचिका खारिज कर दी थी। सारंगढ़-बिलाईगढ़ निवासी बाबूलाल ने एडवोकेट अभिनव श्रीवास्तव के जरिए सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका लगाई थी। इसमें बताया कि राज्य में सालों से भूमि अधिग्रहण प्राधिकरण का गठन नहीं हो सका है। इसके चलते मुआवजा और ब्याज से जुड़ी सैकड़ों अर्जियां अधर में लटकी हुई हैं। इससे प्रभावित किसानों और जमीन मालिकों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने 28 अप्रैल 2025 के आदेश का हवाला देते हुए बताया कि प्राधिकरण के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने रिकॉर्ड देखते हुए पाया कि यह प्राधिकरण पिछले कई सालों से पूरी तरह निष्क्रिय पड़ा है। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि प्राधिकरण का गठन और टालने लायक नहीं है। कोर्ट ने कहा कि यह काम अगले दो महीनों के अंदर पूरा किया जाए, नहीं तो आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विशेष अनुमति याचिका की सुनवाई के बाद जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की डिवीजन बेंच ने मुख्य सचिव को यह आदेश दिया है।

  • खनिज चोरी रोकने पर ध्यान दें अधिकारी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल की सख्ती

    20-Jul-2025

    रायपुर। रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने शनिवार को बलौदाबाजार-भाटापारा में जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) शासी परिषद की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में खनिज संसाधनों से मिलने वाली निधि के जनहित में पारदर्शी और प्रभावी उपयोग को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। खनिज चोरी पर अंकुश और पारदर्शिता सांसद अग्रवाल ने सभी खदानों में वे-ब्रिज (Weigh Bridge) को अनिवार्य करने के निर्देश दिए, जिससे निकासी के अनुसार रॉयल्टी की पर्ची कटे और राजस्व की हानि न हो। 19 प्रमुख खदानों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का भी निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि फंड की चोरी रोकना और DMF राशि में वृद्धि लाना हमारी प्राथमिकता है। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि सरकारी संसाधन निजी कंपनियों के हित में नहीं, बल्कि जनहित में उपयोग हों। दिशा निर्देश के अनुसार 15 किलोमीटर क़ी परिधि में स्थित गांव क़ो खनन से प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित गांव में तथा 25 किलोमीटर क़ी परिधि वाले गांव क़ो अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित गांव क़ी श्रेणी में शामिल करने गठित टीम से सर्वे कराने कहा गया। बैठक में उद्योगों से सीएसआर एवं खनिज रायल्टी क़ी राशि सुनिश्चित रूप से मिलने पर जोर दिया गया ताकि राशि का उपयोग जिले में विकास कार्यो के लिए किया जा सके। बताया गया कि नवीन मार्गदर्शिका अनुसार 70 प्रतिशत प्रत्यक्ष प्रभावित क्षेत्र एवं 30 प्रतिशत अप्रत्यक्ष प्रभावित क्षेत्र में राशि व्यय किया जाएगा। वर्ष 2016 -17 से 2024-25 तक 500 करोड़ के 5804 कार्य स्वीकृत किये गए हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य में प्राथमिकता बैठक में तय किया गया कि अगले तीन वर्षों में प्राथमिकता के आधार पर सभी स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम, प्रार्थना शेड, शौचालय और खेल मैदान विकसित किए जाएंगे। *जरूरत पड़ने पर संविदा शिक्षकों की नियुक्ति पंचायत और ब्लॉक स्तर पर की जाएगी। *PCMB, अंग्रेज़ी और कॉमर्स जैसे विषयों की कक्षाएं प्रारंभ करने के लिए विषय-विशेषज्ञ एवं रिटायर्ड शिक्षकों को नियुक्त करने की छूट दी जाएगी।*DMF मद से शिक्षा में ₹20 करोड़ और स्वास्थ्य में ₹15 करोड़ खर्च करने का निर्णय लिया गया। स्वास्थ्य सेवाएं और अधूरी योजनाएं  सभी CHC व PHC का अपग्रेडेशन और एम्बुलेंस सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। *872 अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने हेतु अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। *ग्राम स्वराज घोषणाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। CSR की निगरानी और स्थानीय उपयोग सांसद अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि कंपनियां CSR कार्य शुरू करने से पहले जिला प्रशासन से अनुमति लेंगी। CSR की राशि सीधे जिले को दी जाए, ताकि उसका उपयोग सही दिशा में, जनहित के कार्यों में किया जा सके। हर सरकारी कार्यालय में पौधारोपण अभियान: ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हर सरकारी कार्यालय में कर्मचारियों द्वारा पौधारोपण सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही तालाब, नदी, स्कूल व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर फलदार पौधों का रोपण किया जाएगा। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप योजनाओं का क्रियान्वयन और संसाधनों का पारदर्शी उपयोग हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

  • छत्तीसगढ़ को स्किल हब बनाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल

    20-Jul-2025

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि “हम विकसित भारत–विकसित छत्तीसगढ़” के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर कार्यरत हैं, और इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है। मुख्यमंत्री साय आज भिलाई स्थित रूंगटा यूनिवर्सिटी में आयोजित विश्व युवा कौशल उत्सव 2025 के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह आयोजन इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज किया जाएगा। गोल्ड बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम ने 8183 प्रतिभागियों को एक सप्ताह के भीतर दिए गए प्रशिक्षण को प्रमाणित किया है और संस्थान को इसका प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। उन्होंने रूंगटा यूनिवर्सिटी प्रबंधन को इस नि:शुल्क और अभूतपूर्व आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि राज्य सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर एवं दक्ष बनाने के लिए संकल्पबद्ध है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भिलाई को इस्पात नगरी के साथ-साथ मिनी इंडिया भी कहा जाता है और शिक्षा के क्षेत्र में रूंगटा यूनिवर्सिटी का योगदान अत्यंत सराहनीय है।  मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने विगत 25 वर्षों में प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है और इस वर्ष को हम राज्य की रजत जयंती के रूप में मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में उच्च शिक्षा संस्थानों का विस्तार हुआ और वर्तमान में राज्य में 15 मेडिकल कॉलेज, आईआईटी, आईआईएम, ट्रिपल आईटी, सिपेट, एम्स, और लॉ यूनिवर्सिटी जैसे राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित संस्थान कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों क्षेत्रों में राज्य सरकार ने समान रूप से उल्लेखनीय उपलब्धियाँ प्राप्त की हैं। बीते डेढ़ वर्षों में सुशासन की स्थापना के लिए ठोस प्रयास हुए हैं। शासन को पारदर्शी बनाने हेतु अधिकांश सेवाएं ऑनलाइन की गई हैं, जिससे भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है और राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
     

  • प्लांट में ड्यूटी के दौरान घायल श्रमिक की मौत

    20-Jul-2025

    रायगढ़। अंजनी स्टील प्लांट में काम के दौरान करंट की चपेट में आने से एक श्रमिक घायल हो गया. उपचार के लिए अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया. घटना की सूचना पर पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है. मिली जानकारी के अनुसार, झारखंड प्रांत के साहेबगंज जिला अंतर्गत ग्राम नयानगर निवासी मोहमद हैदर अंसारी पिता इदरिश अंसारी (40 वर्ष) विगत 17 जुलाई को अपने 8-10 साथियों के साथ काम करने के लिए आया था. ठेकेदार के अधीन में सभी युवक पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के गेरवानी स्थित अंजनी स्टील प्लांट में काम मिलने पर 18 जुलाई को सभी युवक सुबह 8.30 बजे से ही अलग-अलग जगह काम में लग गए थे

    शुक्रवार शाम करीब 5.30 बजे हैदर अंसारी काम कर ही रहा था कि अचानक विद्युत प्रवाहित तार के चपेट में आ जाने से गंभीर रूप से जख्मी हो गया, वहीं हादसे की सूचना मिलते ही प्लांट में अफरा-तफरी की स्थित मच गई. सूचना पर प्लांट के जिमेदार अधिकारियों द्वारा घायल को उपचार के लिए रायगढ़ जिला अस्पताल लाया गया, जहां डाक्टरों ने प्राथमिक जांच में ही उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना उसके परिजनों को दी गई।
    जिससे शनिवार को सुबह परिजनों के आने पर कोतवाली पुलिस ने बयान दर्ज करते हुए शून्य में मर्ग कायम कर पीएम उपरांत शव को सौंप दिया है, साथ ही मर्ग डायरी पूंजीपथरा थाना को भेजने की तैयारी चल रही है, पुलिस का कहना है कि अब मर्ग जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
     

  • भवानीनगर में गैती मारकर युवक की हत्या, दो सगे भाई गिरफ्तार

    20-Jul-2025

    रायपुर।  राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत भवानीनगर बस्ती में शनिवार को दिनदहाड़े एक युवक की हत्या कर दी गई। हत्या गैती मारकर की गई, जिसमें मृतक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में मृतक की पहचान सुनील राव के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार सुनील राव बस्ती में दबंगई करता था और आए दिन मोहल्ले में लोगों को धमकाता रहता था। इसी विवाद के चलते दो सगे भाइयों—ओमप्रकाश यादव और राहुल यादव ने गुस्से में आकर सुनील राव पर गैती से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस घटना के पीछे की विस्तृत वजहों की जांच कर रही है।
     

  • पेट्रोल - डीजल के दाम कम होने से लोगों को मिलेगी राहत - राजेश गुप्ता अग्रहरि

    20-Jul-2025

    राजनांदगांव / जिला भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ प्रभारी राजेश गुप्ता अग्रहरि ने देश के पेट्रोलियम मंत्री हरजीत पुरी द्वारा पेट्रोल - डीजल के दाम आने वाले दिनों में कम होने की बात कहे जाने को अच्छी खबर बताया और कहा कि  पेट्रोल - डीजल के दाम  कम होने से आम जनता को काफी राहत मिलेगी। श्री अग्रहरि ने कहा कि लगातार  रुस और युक्रेन के बीच चला आ रहा युद्ध तथा इजरायल व गांजा पट्टी सहित फिलिस्तीन व इरान के साथ हो रहे युद्ध के चलते क्रूड आयल व पेट्रोलियम उत्पाद के दाम काफी महंगे हो गए हैं। इसका असर पेट्रोल - डीजल के दामों पर भी पड़ रहा है। पेट्रोल - डीजल वाले वाहनों से सामानों के परिवहन होने के कारण जींसों के दामों में वृद्धि होती है तो महंगाई को बढ़ाने वाला साबित होता है। इस सब के बावजूद भारत में पेट्रोल - डीजल का दाम काफी अंकुश में रहा है, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी जी का यह कथन बहुत ही महत्वपूर्ण है कि यदि मौजूदा वैश्विक हालात ऐसे ही बने रहे और कच्चे तेल की क़ीमते 67 डालर के बजाय 65 डालर के आसपास बनी रहे तो कुछ ही दिनों में इसके कीमतों में कमी आ सकती है।
    श्री अग्रहरि ने कहा कि यदि ऐसा होता है तो निश्चित ही आम जनता को इससे काफी राहत मिलेगी। आवश्यक जींसों की कीमतों में भी गिरावट आ सकती है।

  • सड़क दुर्घटना में 2 लोगो की मौत

    20-Jul-2025


    कोरबा।  दो अलग-अलग सड़क हादसों में 2 लोगों की मौत हो गई। पहली घटना कोरबा-चांपा मार्ग की है। ग्राम उरगा से 200 मीटर आगे अधिवक्ता नरेंद्र जायसवाल की मौत हो गई। वे बाइक से जा रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दूसरी घटना बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में हुई। यहां दो नंबर दफाई राखड़ डेम के पास एक राखड़ वाहन ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि व्यक्ति का सिर धड़ से अलग हो गया। पहले मामले में 57 वर्षीय नरेंद्र जायसवाल अंजोरीपाली भैसमा के रहने वाले थे। वे रोज की तरह 19 जुलाई को भी जिला न्यायालय कोरबा से रात 10 बजे घर लौट रहे थे। तभी यह हादसा हुआ। राहगीरों ने 112 और उरगा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज भेजा। उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की तलाश की जा रही है। दूसरी घटना में बाइक नंबर उॠ 12 इअ 6979 सुधीर कुमार के नाम पर रजिस्टर्ड है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

  • सरस्वती नगर में नशीली टेबलेट के साथ तस्कर गिरफ्तार

    19-Jul-2025
    रायपुर। सरस्वती नगर में नशीली टेबलेट के साथ तस्कर गिरफ्तार हो गया है. एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की टीम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना सरस्वती नगर क्षेत्रांतर्गत ओव्हरब्रीज के पास अंडर ब्रीज के सामने रोड किनारे एक व्यक्ति दोपहिया वाहन के साथ खड़ा है जो अपने पास प्रतिबंधित नशीली टेबलेट रखा है तथा बिक्री करने की फिराक में है। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना सरस्वती नगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उक्त स्थान जाकर मुखबीर द्वारा बताये वाहन एवं हुलिए के व्यक्ति को चिन्हांकित कर पकड़ा गया। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम जे.भास्कर राव निवासी डी.डी.नगर रायपुर का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा उसके वाहन की डिक्की की तलाशी लेने पर डिक्की में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट स्पास्मो प्राक्सीवान प्लस रखा होना पाया गया। जे.भास्कर राव से उक्त प्रतिबंधित नशीली टेबलेट रखने एवं बिक्री करने के संबंध में वैध दस्तावेज की मांग करने पर उसके द्वारा किसी प्रकार का कोई दस्तावेज प्रस्तुत न कर टीम के सदस्यों को लगातार गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा था।  जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा आरोपी जे.भास्कर राव को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध रूप से रखें कुल 112 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट स्पास्मो प्राक्सीवान प्लस, बिक्री रकम 4200/-रूपये तथा घटना में प्रयुक्त होण्डा एवीटर क्रमांक सी जी/04/एम डी/3755 एवं 01 नग मोबाईल फोन जुमला कीमती लगभग 60,000/- रूपये जप्त कर आरोपी के विरूद्ध थाना सरस्वती नगर में अपराध क्रमांक 165/25 धारा 22(ख) नारकोटिक एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही किया गया है। आरोपी जे.भास्कर राव पूर्व में भी थाना आजाद चौक, डी.डी.नगर एवं सरस्वती नगर से आर्म्स एक्ट, नारकोटिक एक्ट एवं आबकारी एक्ट के प्रकरणों में जेल निरूद्ध रह चुका है। गिरफ्तार आरोपी - जे.भास्कर राव पिता जे.सम्पत राव उम्र 30 वर्ष निवासी बंजारी नगर शीतला मंदिर के पास थाना डी.डी. नगर रायपुर। 
  • रायपुर में हो रही बारिश, बलरामपुर में रिकॉर्ड टूटा

    19-Jul-2025
    रायपुर। छत्तीसगढ़ में 1 जून से अब तक 422.0 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा स्थापित राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में अब तक बलरामपुर जिले में सर्वाधिक 719.3 मि.मी. वर्षा रिकार्ड की गई है। बेमेतरा जिले में सबसे कम 229.9 मि.मी. वर्षा दर्ज हुई है। राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार रायपुर संभाग में रायपुर जिले में 411.2 मि.मी., बलौदाबाजार में 426.2 मि.मी., गरियाबंद में 348.8 मि.मी., महासमुंद में 385.9 मि.मी. और धमतरी में 337.3 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है। बिलासपुर संभाग में बिलासपुर जिले में 452.8 मि.मी., मुंगेली में 468.7 मि.मी., रायगढ़ में 556.5 मि.मी., जांजगीर-चांपा में 542.3 मि.मी., कोरबा में 504.0 मि.मी., गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही 428.7 मि.मी., सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 412.3 मि.मी., सक्ती में 479.2 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है। दुर्ग संभाग में दुर्ग जिले में 343.3 मि.मी., कबीरधाम में 306.8 मि.मी., राजनांदगांव में 344.7 मि.मी., बालोद में 401.8 मि.मी., मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 501.2 मि.मी., खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 290.8 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है। सरगुजा संभाग में सरगुजा जिले में 336.3 मि.मी., सूरजपुर में 559.3 मि.मी., जशपुर में 533.8 मि.मी., कोरिया में 521.1 मि.मी. और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 483.2 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है। बस्तर संभाग में बस्तर जिले में 459.2 मि.मी., कोंडागांव में 280.6 मि.मी., नारायणपुर में 320.8 मि.मी., बीजापुर में 475.5 मि.मी., सुकमा में 269.6 मि.मी., कांकेर में 378.9 मि.मी., दंतेवाड़ा में 416.1 मि.मी. और औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है। 
  • हाईकोर्ट ने अटल विवि के कुलपति को थमाया अवमानना नोटिस

    19-Jul-2025
    बिलासपुर। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय और डी.पी. विप्र महाविद्यालय के बीच स्वायत्तता (ऑटोनॉमस) को लेकर चल रहा विवाद अब और गहरा गया है। बिलासपुर हाईकोर्ट ने विश्वविद्यालय के कुलपति ए.डी.एन. बाजपेई, कुलसचिव और कार्यपरिषद के सभी सदस्यों को अवमानना नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई डी.पी. विप्र महाविद्यालय की स्वायत्तता के मामले में हाईकोर्ट के आदेशों की कथित तौर पर अवहेलना करने के लिए की गई है। हाईकोर्ट ने विश्वविद्यालय को आदेश दिया था कि डीपी विप्र कॉलेज को यूजीसी से मिली स्वायत्तता के संबंध में वह नोटिफिकेशन जारी करे।  डी.पी. विप्र महाविद्यालय लंबे समय से अपनी स्वायत्तता को लेकर अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय से कानूनी लड़ाई लड़ रहा है। इस मामले में हाईकोर्ट की सिंगल और डबल बेंच ने पहले ही विश्वविद्यालय के खिलाफ फैसला सुनाया था। इसके बावजूद, विश्वविद्यालय के कुलपति ने कोर्ट के आदेशों का पालन नहीं किया। महाविद्यालय का आरोप है कि कुलपति ने जानबूझकर कोर्ट की अवमानना की है। महाविद्यालय ने अपनी याचिका में न सिर्फ कुलपति, बल्कि कुलसचिव और कार्यपरिषद के सभी सदस्यों को भी इस अवमानना का दोषी बताया है। हाईकोर्ट ने इस याचिका को स्वीकार करते हुए सभी पक्षों को नोटिस जारी किया और दो हफ्ते के भीतर जवाब देने का आदेश दिया है। डी.पी. विप्र महाविद्यालय का कहना है कि विश्वविद्यालय का रवैया न सिर्फ उनके हितों के खिलाफ है, बल्कि यह कोर्ट की गरिमा को भी चुनौती देता है। दूसरी ओर, विश्वविद्यालय की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हाईकोर्ट ने सभी पक्षों को दो हफ्ते का समय दिया है, जिसमें उन्हें अपने जवाब दाखिल करने होंगे। 
  • कांग्रेस नेता ने SDM को अपहरण कराने की धमकी दी

    19-Jul-2025
    बलरामपुर। जिले में कांग्रेस जिलाध्यक्ष के विवादित बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कांग्रेस नेता केपी सिंहदेव ने मीडिया से बातचीत के दौरान सीधे तौर पर एक प्रशासनिक अधिकारी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की जिसमें उन्होंने सत्ता में आने पर एसडीएम को उठवा लेने की बात कह दी। दरअसल मामला नेशनल हाईवे 343 की जर्जर हालत को लेकर कांग्रेस और एनएसयूआई के द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन से जुड़ा है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष केपी सिंहदेव मीडिया से बातचीत कर रहे थे तभी उन्होंने एसडीएम पर निशाना साधते हुए बयान दिया।  कांग्रेस जिलाध्यक्ष केपी सिंहदेव ने कहा की सुना है यहाँ के एसडीएम साहब एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को उठाने की बात कर रहे थे। तो एसडीएम साहब को मालूम होना चाहिए कि यह अंग्रेजी राज नहीं है ग़ुलामी नहीं है प्रजातंत्र है। आज आप उठा लोगे तो कल हमारी भी सरकार आएगी तो हम भी उठवा सकते हैं। 
  • फर्जी पत्रकार को जेल, ब्लैकमेल कर रहा था महिला मित्र को

    19-Jul-2025
    बलरामपुर। जिले के कोतवाली पुलिस की टीम ने एक महिला से संबंध बनाकर बलात्कार करने और उस से पैसे हटाने के मामले में एक कथित पत्रकार को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम अली खान है और वह एक शादीशुदा महिला के साथ संबंध बनाकर लगातार उसे ब्लैकमेल कर रहा था।
    महिला ने परिजनों के साथ कोतवाली थाने में पहुंचकर इसकी रिपोर्ट दर्ज करें जिस पर पुलिस के टीम में प्राप्त दर्ज कर लिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की टीम ने बताया कि आरोपी का महिला के साथ पहले दोस्ती हुआ और फिर धीरे-धीरे उनके बीच फोन पर बातचीत शुरू हुई इसी का फायदा उठाकर आरोपी कथित पत्रकार अली खान ने महिला से संबंध बनाकर उसका वीडियो बना लिया।
    आरोपी लगातार महिला को ब्लेकमैल कर रहा था और पुलिस के अनुसार वह एक लाख रूपये की मांग कर रहा था और इसी मामले मे पीड़ित महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 
  • लोक जगत परिवार की तरफ से मोनू अहमद जी को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं

    19-Jul-2025

    जन्मदिन का दिन हर किसी के लिए खास होता है। खासतौर पर बच्चों को अपने बर्थडे का बेसब्री से इंतजार करते हैं। छोटे हो या बड़े घर के स्पेशल पर्सन को उसके बर्थडे के दिन खास अंदाज में आशीर्वाद और दुआ देना चाहते हैं। इस जन्म दिवस के मौके पर आपको उम्मीद जैसी ऊर्जा मिले, जिससे आप अपने जिंदगी के अंधेरे हिस्से को रौशन कर सकें।जन्मदिन की शुभकामनाएं

Top