बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • रायपुर केंद्रीय जेल में दोबारा चाकूबाजी, गैंगवार का खुलासा

    18-Jul-2025
    रायपुर। राजधानी रायपुर की केंद्रीय जेल में लगातार हो रही चाकूबाजी की घटनाओं ने जेल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दो दिन के भीतर दूसरी बार जेल में कैदियों के बीच गैंगवार की स्थिति देखने को मिली है। ताजा मामला गुरुवार को सामने आया, जब आशीष शिंदे और उसके एक साथी पर जेल के भीतर जानलेवा हमला किया गया। दोनों पर तीखे हथियार से वार किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल कैदियों को इलाज के लिए डॉ. अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।  
    इससे पहले बुधवार को एक जेल प्रहरी (सिपाही) के साथ भी मारपीट की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से स्पष्ट है कि जेल के भीतर गिरोहों के बीच तनाव चरम पर है और गैंगवार की स्थिति बन चुकी है। सूत्रों के अनुसार, जेल में प्रतिद्वंद्वी गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही है, जिसकी वजह से लगातार हिंसक झड़पें हो रही हैं। सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील माने जाने वाले केंद्रीय जेल में इस प्रकार की घटनाएं जेल प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। फिलहाल, जेल प्रशासन द्वारा घटना की आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है और हमला करने वाले कैदियों की पहचान की जा रही है। साथ ही, जेल में सुरक्षा बढ़ाने के लिए अतिरिक्त कदम उठाने की बात कही जा रही है।  
    पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी और युवा कांग्रेस नेता आशीष शिंदे पर जेल के भीतर जानलेवा हमला किया गया है। जानकारी के अनुसार, दो कैदियों ने मिलकर शिंदे पर हमला किया। फिलहाल घायल शिंदे का डॉ. अंबेडकर अस्पताल में इलाज चल रहा है। हमले की पृष्ठभूमि राजनीतिक और आपराधिक रंजिश से जुड़ी बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, इस हमले के पीछे धोखाधड़ी के एक पुराने मामले में गिरफ्तार हो चुके कांग्रेस के एक अन्य नेता का नाम भी सामने आ रहा है। हालांकि पुलिस ने इस पर अभी औपचारिक पुष्टि नहीं की है लेकिन जांच की दिशा राजनीतिक दुश्मनी और गुटबाजी की ओर इशारा कर रही है।  बताया जा रहा है कि आशीष शिंदे पूर्व में फरार चल रहे केके श्रीवास्तव की मदद करने के मामले में जेल में बंद हैं। केके श्रीवास्तव को भूपेश बघेल का करीबी माना जाता है, ऐसे में पूरे घटनाक्रम ने कांग्रेस के भीतर मचे गुटीय संघर्ष को फिर से उजागर कर दिया है। फिलहाल, पुलिस और जेल प्रशासन ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और जेल के अंदर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। 
  • ई-साक्ष्य ऐप के जरिए केस इन्वेस्टिगेशन होगा डिजिटल, बिलासपुर पुलिस को दी गई ट्रेनिंग

    18-Jul-2025
    बिलासपुर। जिले में नए आपराधिक कानूनों (BNS) के तहत जांच प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी और सटीक बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग लगातार डिजिटल तकनीक का उपयोग बढ़ा रहा है। इसी कड़ी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भापुसे) के निर्देश पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ‘ई-साक्ष्य ऐप’ के उपयोग की ट्रेनिंग दी गई। गुरुवार को सभी विवेचकों को ऐप के उपयोग, उसकी प्रक्रिया और कानूनी महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई। यह ऐप पुलिस को अपराध स्थल से जुड़ी तस्वीरें, वीडियो और अन्य डिजिटल सबूतों को सुरक्षित और संगठित ढंग से संग्रहित करने में मदद करता है। 
    प्रशिक्षण में बताया गया कि यदि कोई केस नए भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत दर्ज किया जाता है, तो संबंधित विवेचक को ई-साक्ष्य ऐप में अकाउंट बनाकर सबूत अपलोड करना अनिवार्य होगा। विशेष रूप से 7 वर्ष या उससे अधिक सजा वाले मामलों में ऐप पर सबूत अपलोड करना जरूरी कर दिया गया है। एसएसपी रजनेश सिंह ने खुद कुछ विवेचकों के मोबाइल से पहले अपलोड किए गए डेटा और वीडियो का निरीक्षण किया और संतोष जताया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि थाना प्रभारी और राजपत्रित अधिकारी इसकी नियमित मॉनिटरिंग करें। प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को यह भी सिखाया गया कि कौन-से फोटो और वीडियो आवश्यक हैं और किस प्रकार अनावश्यक सामग्री से बचा जा सकता है। एसएसपी ने साफ निर्देश दिए हैं कि अब से हर केस में ई-साक्ष्य ऐप का इस्तेमाल अनिवार्य होगा और इसका सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। 
  • बच्चों के परीक्षा परिणाम में सुधार करने व ड्राप आउट को रोकने प्रोजेक्ट जूनियर-जी के संबंध में दिया गया प्रशिक्षण

    18-Jul-2025
    राजनांदगांव। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुरूचि सिंह की उपस्थिति में जिला पंचायत सभाकक्ष में प्रोजेक्ट जूनियर-जी के संबंध में प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। सीईओ जिला पंचायत सुरूचि सिंह ने कहा कि बच्चों के परीक्षा परिणाम में सुधार करने के साथ-साथ उन्हें सही दिशा एवं कैरियर मार्गदर्शन और बच्चों के ड्राप आउट को रोकने के लिए प्रोजेक्ट जूनियर-जी को जिले में संचालित किया जा रहा है। इसके तहत बच्चों की परीक्षाओं में अच्छे परिणाम और पढ़ाई के प्रति जागरूकता लाया जाएगा।   उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों का सही मार्गदर्शन करना है जिससे वे गलत दिशा में न जाए। इसके लिए कॉलेज के अच्छे बच्चों को इसमें जोड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज के बच्चों को लीडरशीप करने का अच्छा मौका मिल रहा है। कॉलेज के अच्छे बच्चे जो बड़े भाई और बड़ी बहन की तरह छोटे बच्चों को अपने अच्छे अनुभव के साझा कर सकते हैं। उनके द्वारा भविष्य, पढ़ाई, कैरियर मार्गदर्शन और मनोबल को बढ़ाने में मदद कर सकते है। पीपीआईए फेलो अमित परिहार द्वारा प्रोजेक्ट जूनियर-जी के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी साक्षरता रश्मि सिंह, महाविद्यालयों के प्राध्यापक, स्कूली प्राचार्य उपस्थित थे।
     
  • आधार कार्ड का दुरुपयोग कर सिम कार्ड बेचने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

    18-Jul-2025
    दुर्ग। थाना वैशाली नगर पुलिस ने आधार कार्ड का दुरुपयोग कर अवैध रूप से सिम कार्ड रजिस्टर्ड कर बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने बिना ग्राहक की अनुमति के उसकी आईडी का इस्तेमाल कर फर्जी सिम कार्ड जारी किया था। प्रकरण में प्रार्थिया कुमारी अमिका मगराज उर्फ किरण (22 वर्ष) निवासी कैम्प-1, वैशाली नगर ने 6 मई 2024 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने अर्जुन नगर स्थित वीआई कंपनी के प्रमोटर चुन्नु मोबाइल से सिम कार्ड खरीदा। बाद में पता चला कि प्रमोटर चुन्नु कुमार ने उसकी अनुमति के बिना ही उसके आधार कार्ड का दुरुपयोग कर एक अन्य सिम नंबर (7772957264) रजिस्टर्ड कर किसी और को बेच दिया है।मामले में एफआईआर संख्या 223/2025 धारा 420 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने आरोपी चुन्नु कुमार (20 वर्ष, छावनी) और उसकी साथी निशा सिण्डे उर्फ नैना यादव (20 वर्ष, खुर्सीपार) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अवैध रूप से सीम कार्ड रजिस्ट्रेशन की साजिश स्वीकार की। दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजा गया। इस कार्रवाई में थाना वैशाली नगर पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही।
     
  • ट्रक ने पीछे से ट्रक को मारी ठोकर, चालक की मौत

    18-Jul-2025
    राजनांदगांव. चिचोला के पास रात में बिना कोई संकेतक के खड़े ट्रक के पीछे एक दूसरा ट्रक जा घुसा. घटना में गंभीर चोटें आने से पीछे घुसे के ट्रक के चालक की मौत हो गई. वहीं कंडक्टर घायल है. पुलिस बिना संकेतक खड़े किए ट्रक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना में जुटी है. पुलिस के अनुसार नेशनल हाइवे पर चिचोला के पास ट्रक क्रमांक एमपी 09 एचजी 5977 के चालक ने वाहन को रोड के बीचों-बीच बिना कोई संकेतक लाइट के खड़े कर रखा था. रात करीब 11 बजे रायपुर से लोहाभर कर नागपुर जा रहे वाहन क्रमांक एमएच 40 सीडी 6523 के चालक को सामने खड़े ट्रक दिखाई नहीं दिया और पीछे घुस गया. घटना में पीछे घुसे ट्रक के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. चालक राजा राम पटेल स्टेयरिंग में बुरी तरह फंस गया था. काफी मशक्कत बाद चालक राजा राम पटेल को स्टेयरिंग से बाहर निकाला गया. गंभीर चोटें आने से उसकी मौत हो गई. वहीं ट्रक में बैठे परिचालक घायल है. पुलिस बिना संकेतक बीच सड़क में वाहन खड़े करने वाले आरोपी चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में जुटी है. 
  • पालतू पशुओं को लावारिस हालत में छोड़ना अपराध, FIR दर्ज

    18-Jul-2025
    बिलासपुर. सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोपका तिराहा में एक व्यक्ति ने अपने पालतू पशुओं को लावारिस हालत में सड़क पर छोड़ दिया था. इससे यातायात जाम की स्थिति बन गई. मामले में सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीष सिंह के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है. जानकारी के अनुसार, नगर निगम के सहायक राजस्व अधिकारी किशोर सिंह ने सरकंडा थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी.  15 जुलाई को उन्हें सूचना मिली थी कि मोपका में मनीष सिंह अपने 2 बैल और 6 गायों को बिना चारा-पानी और सुरक्षित स्थान के खुले में छोड़ दिया है. इससे न केवल पशुओं के जीवन पर संकट उत्पन्न हुआ, बल्कि आम राहगीरों को भी दुर्घटना का खतरा बना रहा. इस पर नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, जहां करीब 20-25 पशु सड़क के बीच बैठे मिले, जिनमें 8 पशु मनीष सिंह के निकले. आरोपी की इस लापरवाही से सड़क पर भारी जाम की स्थिति निर्मित हो गई थी. शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने अपराध पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 03, 11(1)(द्ब) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि पालतू पशुओं को लावारिस रूप से छोड़ने वालों के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा और ऐसी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. 
  • महिला वकील बांट रही थी फर्जी नियुक्ति पत्र, धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार

    18-Jul-2025
    भिलाई. नौकरी लगाने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में आरोपी महिला वकील गीतांजली टंडन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक उन्होंने राजस्व विभाग के सहायक ग्रेड-3 और चपरासी पद के लिए बाकायदा फर्जी नियुक्ति पत्र दी थी. पुलिस ने आरोपी गीतांजली के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471 के तहत कार्रवाई कर कोर्ट में पेश किया. जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया. पाटन टीआई अनिल साहू ने बताया कि 16 जनवरी 2024 को एमन बंजारे ने धोखाधड़ी की शिकायत की थी. आरोपी गीतांजली ने राजस्व विभाग में उनकी नौकरी लगाने का झांसा दिया. उसके झांसे में आकर 2 लाख रुपए दिया था. गांव के कई लोगों से उसने बात की और उन्हें भी राजस्व विभाग में सहायक ग्रेड-3 और चपरासी की नौकरी दिलाने का झांसा दिया. कई ग्रामीण उसकी बातों में आए और नौकरी की लालच में उसे पैसा दे दिए. लोगों को गुमराह करने के लिए उनका फर्जी चरित्र प्रमाण पत्र बनाया और सहायक ग्रेट-3 और चपरासी पद की फर्जी नियुक्ति पत्र भी दे दिया. लोग जब नियुक्ति पत्र लेकर विभाग में गए तब पता चला कि नियुक्ति पत्र फर्जी है, विभाग में भर्ती की वैकेंसी ही नहीं है. टीआई ने बताया कि गीताजंली ने इसी तरह गंडई थाना क्षेत्र के लोगों को झांसे में लिया था. उन्हें भी राजस्व विभाग के सहायक ग्रेड-3 और चपरासी पद की नौकरी की फर्जी नियुक्ति पत्र दिया था. पुलिस ने उसे गिरतार कर जेल में भेज दिया. तीन महीने तक सेंट्रल जेल दुर्ग में थी. जनवरी में वह छूटी और फिर धोखाधड़ी की घटना को अंजाम दिया. 
  • इंद्रावती भवन के कर्मचारियों ने मोदी की गारंटी लागू करवाने रैली निकालकर किया प्रदर्शन

    18-Jul-2025

    रायपुर। नवा रायपुर स्थित विभिन्न विभागाध्यक्ष कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों ने के लिए मोदी की गारंटी लागू करने इंद्रावती भवन में रैली निकालकर नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किए। कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने मुख्य सचिव के माध्यम से सरकार को 11 सूत्रीय मांगों को लेकर 16 जुलाई को अल्टीमेटम देते हुए मांग शीघ्र पूरा करने की मांग की है। संचालनालयीन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष जय कुमार साहू और फेडरेशन नवा रायपुर के संयोजक संतोष कुमार वर्मा ने बताया कि विधानसभा चुनाव-2023 के समय प्रदेश के कर्मचारियों के लिये प्रमुख वादे को "मोदी की गारंटी" के रूप में प्रचार-प्रसार किया गया था। यह प्रचारित किया गया था कि यदि सरकार बनती है तो प्रदेश के शासकीय सेवकों एवं पेंशनरों को केन्द्र के समान महँगाई भत्ता एवं राहत दिया जायेगा। देय तिथि से लंबित डी.ए.एरियर्स की राशि को कर्मचारियों के जी पी एफ खाते में समायोजित किया जायेगा।अनियमित/संविदा/दैनिक वेतनभोगी/अतिथि शिक्षक इत्यादि संवर्ग का नियमितीकरण किया जायेगा।सहायक शिक्षकों का वेतन विसंगति दूर किया जायेगा।पंचायत सचिवों का शासकीयकरण किया जायेगा। तृतीय एवं चतुर्थ वर्ग के पुलिस कर्मचारियों के आवास हेतु पुलिस कल्याण कोष को सशक्त करेंगे।मितानिन,रसोईया तथा सफाई कर्मी के वेतन में 50 % की वृद्धि होगी। फेडरेशन के कहना है कि सरकार ने केवल कमेटियों का गठन किया है। उन्होंने प्रश्न किया कि क्या मोदी की गारंटी का परीक्षण सरकार द्वारा गठित कमेटी करेगी?  

    फेडरेशन का कहना है कि लिपिकों एवं अन्य संवर्गों के वेतन विसंगति तथा कर्मचारियों के ज्वलंत मुद्दों के निराकरण करने गठित पिंगुआ कमेटी का निष्कर्ष लंबित है।छत्तीसगढ़ के कर्मचारी-अधिकारी चार स्तरीय वेतनमान के सेवालाभ से वंचित हैं,जबकि मध्यप्रदेश में मिल रहा है।सहायक शिक्षक तथा सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी त्रिस्तरीय समयमान की स्वीकृति का मामला लंबित है।अनुकंपा नियुक्ति में 10% सिलिंग के कारण हजारों प्रकरणों का निराकरण लंबित है।अर्जित अवकाश नगदीकरण 300 दिवस पर निर्णय लंबित है।कर्मचारी का भविष्य पेंशन लाभ से जुड़ा बेहद संवेदनशील मामला एन.पी.एस एवं ओ.पी.एस पर सरकार की नीति गलत है।एन.पी.एस कटौती तिथि से ओ.पी.एस हेतु सेवाकाल गणना पर फेडरेशन के सुझाव पर अनिर्णय की स्थिति है।कार्यालयों में स्वीकृत वर्षो पुराने सेटअप पुनरीक्षित नहीं होने से कर्मचारियों पर अत्यधिक वर्कलोड है।सरकार कार्यभारित, संविदा,दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का नियमितीकरण नहीं होने से उनका भविष्य अंधकारमय है।पंचायत सचिवों का शासकीयकरण मामले पर सरकार सिर्फ आश्वासन देकर चुप्पी साध लिया है। फेडरेशन ने तमाम मुद्दों को एकजाई कर 11 सूत्रीय माँगपत्र सरकार को दिया है।यदि सरकार ने समाधान कारक निर्णय नहीं लिया तो 22 अगस्त 25 को कलम बंद-काम बंद हड़ताल होगा।   इंद्रावती भवन में प्रदर्शन के दौरान संघ के संरक्षक राम सागर कौशले, श्रीमती जगदीप बजाज, श्रीमती सोनाली तिड़के, संजीत शर्मा, लोकेश वर्मा, बजरंग प्रजापति,सुरेंद्र मार्कण्डेय,अनिल सोनारे,अनिल वर्मा,महेंद्र साहू,कुमार वर्मा,देवाशीष दास,श्रीमती निशा यादव,हरीश कुमार बर्मन,त्रिदेव औसर,युवराज शर्मा,कुमार यादव,सुरेश ढीढी,प्रवीण सिंह,कौशल ताम्रकार,राजकुमार सौंधिया,हेमप्रसाद गायकवाड़,अमित शर्मा,हरीश कंवर,अब्दुल जाहिद खान, दिलीप बंजारे, तीजराम वर्मा, चंद्रकांत जायसवाल, देवानंद देहरी सहित भारी संख्या में कर्मचारी-अधिकारी उपस्थित रहे। 
  • चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी का विरोध, रायपुर ED दफ्तर पहुंच रहे कांग्रेस विधायक

    18-Jul-2025
    रायपुर। विधानसभा में शुक्रवार को भूपेश बघेल के घर ईडी की दबिश का मामला गूंजा. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को ईडी के हिरासत में लिए जाने पर हंगामा मचाया. इसके बाद कांग्रेस विधायकों ने सदन की दिनभर की कार्यवाही का बहिष्कार किया. नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर चरणदास महंत ने कहा कि सदन के बाहर ईडी का दबाव है. भूपेश बघेल के यहां ईडी का छापा पड़ा है. आज बच्चे का जन्मदिन है, और उसे उठा लिया गया है. ये सब सरकार के दबाव में हो रहा है. आज के दिनभर की कार्यवाही का बहिष्कार करते हैं. विधानसभा की कार्यवाही का बहिष्कार करने के बाद कांग्रेस विधायकों के साथ नेता-प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने अपने कक्ष में आपात बैठक शुरू की. इसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कांग्रेस के तमाम विधायक मौजूद हैं. खबर लिखे जाने तक सभी कांग्रेस विधायक ED दफ्तर पहुंच रहे है. 
  • खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने गड़बड़ियों की जांच कराने की घोषणा की

    18-Jul-2025
    रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन प्रश्नकाल में धान का उठाव नहीं होने के मुद्दे पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल घिर गए. कांग्रेस विधायक संगीता सिन्हा ने उठाव नहीं होने तो कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव ने बिलासपुर जिले की दो सोसायटी में गड़बड़ी का आरोप लगाया. खाद्य मंत्री ने सोसायटी में धान की कमी की स्वीकार करते हुए बताया कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है. छत्तीसगढ़ी फ़िल्म कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव ने बिलासपुर जिले में 10 हजार 800 क्विंटल धान की कमी का जिक्र करते हुए इस मामले में की गई कार्रवाई और जांच में पाए गए दोषियों की जानकारी मांगी. इस पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने बताया कि बिलासपुर जिले के मल्हार और रिसदा सोसाइटी में धान की कमी पाए जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले में समिति प्रबंधक सहित अन्य लोगों पर एफआईआर दर्ज किया गया है. मामले की जांच जारी है. 
  • भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य गिरफ्तार, भड़के कांग्रेस कार्यकर्ता. देखें वीडियो.

    18-Jul-2025
    दुर्ग- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को गिरफ्तार कर लिया है। कथित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में छापेमारी के बाद चैतन्य को गिरफ्तार कर लिया गया। संयोग से आज ही चैतन्य का जन्मदिन भी है। बताया जा रहा है कि नए सबूत मिलने के बाद ईडी ने धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दुर्ग जिले के भिलाई शहर में स्थित भूपेश बघेल के आवास पर छापेमारी की थी। यह पिता-पुत्र का साझा आवास है।छत्तीसगढ़ी फ़िल्म बघेल के आवास के बाहर भारी संख्या में पुलिसकर्मी और समर्थकों का जमावड़ा था। दोपहर में ईडी की टीम चैतन्य को अपने साथ ले गई। कांग्रेस समर्थकों ने ईडी की टीम के सामने काफी नारेबाजी की और गाड़ी को रोकने का प्रयास किया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद ईडी की गाड़ियों के लिए रास्ता बनाया। केंद्रीय जांच एजेंसी ने 10 मार्च को भी चैतन्य बघेल के खिलाफ इसी तरह की छापेमारी की थी।  कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि ईडी विधानसभा सत्र के आखिरी दिन उनके घर आई है, जब रायगढ़ जिले के तमनार तहसील में अडाणी समूह की कोयला खदान परियोजना के लिए पेड़ों की कटाई का मुद्दा उठाया जाना था। उनके कार्यालय ने ‘एक्स’ में एक पोस्ट में कहा, 'आज विधानसभा के मॉनसून सत्र का अंतिम दिन है। तमनार में अदाणी के लिए काटे जा रहे पेड़ों का मुद्दा आज उठना था। भिलाई निवास में 'साहेब' ने ईडी भेज दी है।' बघेल ने इस महीने की शुरुआत में रायगढ़ जिले के तमनार तहसील का दौरा किया था और कोयला खदान परियोजना के लिए पेड़ों की कटाई का विरोध कर रहे स्थानीय ग्रामीणों के प्रति समर्थन व्यक्त किया था। यह खदान महाराष्ट्र राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी लिमिटेड को आवंटित है, जिसने एमडीओ (खदान विकासकर्ता सह संचालक) का ठेका अदाणी समूह को दिया है।   ईडी ने पहले दावा किया था कि चैतन्य बघेल पर कथित शराब घोटाले से धन प्राप्त करने का संदेह है। यह कहा गया कि इस घोटाले के परिणामस्वरूप राज्य के खजाने को भारी नुकसान हुआ और शराब घोटाले में शामिल गिरोह के लाभार्थियों के जेबों में 2,100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि गई। इस मामले में ईडी ने जनवरी में पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता कवासी लखमा के अलावा रायपुर के महापौर और कांग्रेस नेता एजाज ढेबर के बड़े भाई अनवर ढेबर, पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा, भारतीय दूरसंचार सेवा (आईटीएस) के अधिकारी अरुणपति त्रिपाठी और कुछ अन्य लोगों को जांच के तहत गिरफ्तार किया था। ईडी के अनुसार छत्तीसगढ़ में यह कथित शराब घोटाला 2019 और 2022 के बीच हुआ था, जब छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार थी। इस जांच के तहत अब तक एजेंसी द्वारा विभिन्न आरोपियों की लगभग 205 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है। उच्चतम न्यायालय ने 2024 में इस मामले में ईडी की पहली प्राथमिकी (प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट) को रद्द कर दिया था, जो आयकर विभाग की शिकायत पर आधारित थी। इसके बाद ईडी ने नए सबूतों के आधार पर छत्तीसगढ़ के आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) /भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) से एक नई प्राथमिकी दर्ज करने को कहा और फिर एक नया मामला दायर किया। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) / भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने 17 जनवरी को प्राथमिकी दर्ज की। इस प्राथमिकी में 70 व्यक्तियों और कंपनियों के नाम शामिल किए गए, जिनमें पूर्व आबकारी मंत्री कावसी लखमा, पूर्व मुख्य सचिव विवेक ढांड और अन्य लोग शामिल हैं। 
     
     
  • सरगुजा संभाग में भारी बारिश की चेतावनी

    17-Jul-2025
    रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज मौसम बदला-बदला नजर आ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम बिहार और उससे लगे पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब पश्चिम उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। यह प्रणाली ऊपरी हवा में 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक सक्रिय चक्रीय परिसंचरण के साथ बनी हुई है। इसके प्रभाव से आज 17 जुलाई को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। वहीं, सरगुजा संभाग के जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। बता दें कि मानसून द्रोणिका उत्तर-पश्चिम राजस्थान से होते हुए ग्वालियर, दक्षिण-पश्चिम बिहार, पुरुलिया, कोंटाई होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। यह सिस्टम दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश को और ज्यादा सक्रिय कर सकता है। 
  • कैंसिल रहेंगी इस रूट की ट्रेनें, रेल यात्रियों को फिर से लगा झटका

    17-Jul-2025
    रायपुर: भारतीय रेलवे ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के यात्रियों को झटका दिया है। रेलवे ने व्हाया रायपुर दुर्ग और बिलासपुर के बीच संचालित होने वाली आठ ट्रेनों को रद्द किये जाने का आदेश जारी किया है। बताया गया है कि, 19 जुलाई से 20 जुलाई यानी दो दिनों तक आधे दर्जन से ज्यादा ट्रेनों का संचालन नहीं किया जाएगा। इनमें ज्यादातर गाड़ियां छोटी दूरी की है। बताया गया है कि, ट्रेनों को रद्द करने का फैसला मेंटनेंस कार्य की वजह से लिया गया है। दरअसल दुर्ग-बिलासपुर सेक्शन के सरोना केबिन और उरकुरा के बीच इन दिनों काम जारी है। इसी के चलते आने वाले दिनों में मंडल के यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ सकती है। 
  • बैंक में धोखाधड़ी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, खुला दो मामलों का राज

    17-Jul-2025
    धमतरी: धमतरी पुलिस की बड़ी कार्यवाही। बैंक में धोखाधड़ी करने वाला आरोपी गिरफ्तार। पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार के दिशा-निर्देशन एवं मार्गदर्शन में सायबर सेल व थाना सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम द्वारा धोखाधड़ी के गंभीर मामले में त्वरित कार्यवाही कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। 2 जुलाई 2025 को प्रार्थिया आशा बाई सिन्हा द्वारा थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि वह अपने बैंक खाता में 40,000/- रूपये जमा करने बैंक ऑफ इंडिया शाखा सिहावा चौक पहुंची थी। उसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने "नोटों को उलटा रखा है, मैं सीधा कर देता हूं" कहकर धोखे से 11,000/-रूपये की रकम निकाल ली और फरार हो गया।   मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 171/2025, धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। मुखबिर की सूचना पर संदेही अख्तर अली पिता शौकत अली,उम्र 51 वर्ष, निवासी केलाबाड़ी वार्ड क्रमांक 40, थाना सिटी कोतवाली दुर्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने न केवल आशा बाई से 11,000/- की धोखाधड़ी करना स्वीकार किया, बल्कि यह भी बताया कि उसने दिनांक 09 जून 2025 को ग्राम भखारा में एक वृद्ध व्यक्ति से भी 20,500/- की धोखाधड़ी की थी।   
    पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दोनों वारदातों की राशि का अधिकांश हिस्सा खाने-पीने और घूमने-फिरने में खर्च कर दिया गया, शेष 3,000/-रूपये व 1,000/-रूपये नकद पास में होना बताया। घटना में प्रयुक्त होण्डा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 M 3824 को भी आरोपी ने पेश किया, जिसे मौके से विधिवत जब्त किया गया।छत्तीसगढ़ भोजन बरामद सामग्री: ▪️नकद 3,000 रूपये व 1,000/- (दोनों घटनाओं से) ▪️धोखाधड़ी में प्रयुक्त होण्डा साइन मोटरसाइकिल प्रार्थिया द्वारा मौके पर आरोपी की सही शिनाख्त किए जाने के उपरांत आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया। 
    आरोपी का नाम पता-: अख्तर अली पिता शौकत अली,उम्र 51 वर्ष, निवासी केलाबाड़ी वार्ड क्रमांक 40, थाना सिटी कोतवाली दुर्ग(छ.ग.) आरोपी का अपराधिक इतिहास: ▪️थाना उतई: अपराध क्रमांक 451/19 धारा 380 भादवि.के तहत अपराध पंजीबद्ध ▪️थाना कुम्हारी: अपराध क्रमांक 87/2019 धारा 380 भादवि.के तहत अपराध पंजीबद्ध। उक्त मामले के बाद पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी बैंकों को चेकिंग करने एवं सीसीटीवी सहित सुरक्षा संबंधी मापदंडों को निरीक्षण करने के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों के सभी बैंकों की चेकिंग कर सुरक्षा संबंधी निर्देश भी दिये गये हैं। 
  • एंबुलेंस ने बाइक सवार को रौंदा, जिंदगी-मौत से जूझ रहा घायल

    17-Jul-2025
    जांजगीर-चाम्पा: जांजगीर-चाम्पा के अकलतरा के मिनी माता चौक में तेज रफ्तार एम्बुलेंस ने बाइक सवार को कुचला दिया। हादसे में बाइक सवार की हालत गंभीर है और उसे बिलासपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद मौके पर लोगों की जुट गई। इधर मौके पर एम्बुलेंस छोड़कर ड्राइवर फरार हो गया है। घटनाकारित एम्बुलेंस, रायपुर के निजी अस्पताल की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार तिलई गांव निवासी बाइक सवार सुरेंद्र पाल, अकलतरा की ओर जा रहा था तभी अकलतरा की ओर से आ रही एम्बुलेंस ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और दूसरी मां कर्मा एम्बुलेंस के द्वारा घायल को अकलतरा अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीत होने पर उसे बिलासपुर रेफर किया गया है। इधर अकलतरा पुलिस को मामले की जानकारी दी गई है। 
  • मंदिर हसौद में हत्या की वारदात, मचा हड़कंप

    17-Jul-2025
    रायपुर: राजधानी रायपुर के साथ ही आसपास के इलाकों में इन दिनों कई बड़े अपराध को अंजाम दिया जा रहा है। इनमें लूटपाट, हत्या और रेप जैसे मामले शामिल है। ताजा मामला राजधानी से सटे मंदिर हसौद इलाके का है, जहां कुछ युवकों ने दुस्साहसिक तरीके से एक पेट्रोल पंप में लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने पंप के एक कर्मचारी की हत्या के बाद इस वारदात को अंजाम दिया है। जानकारी के मुताबिक थाना इलाके के उमरिया के पेट्रोल पंप में देर रात कुछ युवक पहुंचे थे। उन्होंने लूटपाट के दौरान वहां मौजूद एक कर्मचारी की हत्या कर दी। उन्होंने दो कर्मियों पर चाकूओं से हमला किया था, जिसमें से एक ने दम तोड़ दिया। उन्होंने कितनी रकम की लूटपाट की है, यह पता नहीं चल सका है। इसकी सूचना जैसे ही पुलिस को मिली, उन्होंने आरोपियों की धरपकड़ के लिए नाकेबंदी शुरू की। हत्यारों की तस्वीर वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस इन तस्वीरों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए फोरेंसिक और डॉग स्वायड की टीम का सहारा ले रही है। 
  • पेट्रोल पंप कर्मचारी की हत्या का मामला, आरोपी गिरफ्तार

    17-Jul-2025
    रायपुर: थाना मंदिर हसोद क्षेत्र अंतर्गत पेट्रोल पंप में लूट व हत्या की घटना को अंजाम देने वाले गिरफ्तार आरोपियों के संबंध में 11:00 बजे फाफाडीह चौक स्थित क्राइम ब्रांच गंज कार्यालय में प्रेसवार्ता ली जाएगी। बड़ी वारदात राजधानी रायपुर के साथ ही आसपास के इलाकों में इन दिनों कई बड़े अपराध को अंजाम दिया जा रहा है। इनमें लूटपाट, हत्या और रेप जैसे मामले शामिल है। ताजा मामला राजधानी से सटे मंदिर हसौद इलाके का है, जहां कुछ युवकों ने दुस्साहसिक तरीके से एक पेट्रोल पंप में लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने पंप के एक कर्मचारी की हत्या के बाद इस वारदात को अंजाम दिया है। जानकारी के मुताबिक थाना इलाके के उमरिया के पेट्रोल पंप में देर रात कुछ युवक पहुंचे थे। उन्होंने लूटपाट के दौरान वहां मौजूद एक कर्मचारी की हत्या कर दी। उन्होंने दो कर्मियों पर चाकूओं से हमला किया था, जिसमें से एक ने दम तोड़ दिया। उन्होंने कितनी रकम की लूटपाट की है, यह पता नहीं चल सका है। 
  • ऑनलाइन दोस्ती पड़ी महंगी, युवती ने ठगे ₹28 लाख

    17-Jul-2025
    रायपुर: शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा मिलने का झांसा देकर लाखों रुपयों की ठगी कर दी गई। अमृत ट्रेडिंग के संचालक मोहिंदर पाल सिंह खुराना से 28 लाख रूपए की ऑनलाइन ठगी की गई है। अज्ञात युवती ने फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर व्हाट्सएप कॉल किया। और शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा होने का दिया लालच दिया। इस पर भरोसा कर मोहिंदर ने उसके बताए एचडीएफसी खाते में करीब 28 लाख रुपए ट्रांसफर करा लिए। पैसे वापस मांगने पर व्हाट्सएप पर आपके साथ ठगी हुई है लिखकर भेज दिया। मोहिंदर ने सिविल लाइन थाने में अज्ञात मोबाइल नंबर धारक उस युवती के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया है। पुलिस साइबर सेल की मदद से पड़ताल कर रही है। 
  • हाईकोर्ट से पति को राहत, बिना सबूत नपुंसकता का आरोप लगाना मानसिक प्रताड़ना

    17-Jul-2025
    बिलासपुर: छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने तलाक से जुड़े एक अहम मामले में फैसला सुनाते हुए कहा है कि यदि पत्नी अपने पति पर बिना किसी चिकित्सकीय प्रमाण के नपुंसकता जैसा गंभीर आरोप लगाती है, तो यह मानसिक क्रूरता की श्रेणी में आता है। कोर्ट ने इसे वैध तलाक का आधार माना है। बता दें कि यह मामला जांजगीर-चांपा जिले के एक व्यक्ति से जुड़ा है, जिसकी शादी 2 जून 2013 को बलरामपुर जिले की रामानुजगंज निवासी एक महिला से हुई थी। पति एक शिक्षाकर्मी के तौर पर बैकुंठपुर के चरचा कॉलरी में कार्यरत था, जबकि पत्नी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता है। शादी के कुछ समय बाद ही पत्नी ने पति पर नौकरी छोड़ने या ट्रांसफर कराने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। वर्ष 2017 से दोनों के बीच संबंध पूरी तरह टूट चुके थे और वे अलग-अलग रहने लगे थे। 
    करीब सात साल बाद, 2022 में पति ने फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दी। सुनवाई के दौरान पत्नी ने पति पर आरोप लगाया कि वह यौन संबंध बनाने में अक्षम है, लेकिन उसने यह भी माना कि उसके पास इस आरोप का कोई मेडिकल सबूत नहीं है। इसके विपरीत, पति ने आरोप लगाया कि पत्नी ने उस पर पड़ोस की महिला से अवैध संबंध का झूठा इल्जाम लगाया, जिससे उसकी सामाजिक छवि को नुकसान हुआ। पति ने यह भी बताया कि रिश्तों को सुधारने के लिए जब सामाजिक स्तर पर बैठक हुई, तब पत्नी ने वहां भी झगड़ा किया और अपने ही जीजा के साथ बदसलूकी की। हाई कोर्ट ने इस व्यवहार को भी मानसिक क्रूरता की श्रेणी में रखा।  मामले की पूरी सुनवाई के बाद हाई कोर्ट ने फैसला सुनाया कि बिना प्रमाण के नपुंसकता जैसा गंभीर आरोप लगाना न केवल व्यक्ति की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाता है, बल्कि इससे उसके मानसिक स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर पड़ता है। कोर्ट ने कहा कि ऐसे हालात में विवाह को बनाए रखना न्याय और कानून के अनुरूप नहीं होगा। इस आधार पर हाई कोर्ट ने फैमिली कोर्ट के पहले के फैसले को गलत ठहराते हुए रद्द कर दिया और पति को तलाक की अनुमति दी। 
  • मिडिल स्कूल में छठवीं कक्षा का छात्र चाकू लेकर पहुंचा, शिक्षकों में दहशत का माहौल

    17-Jul-2025
    राजिम। फिंगेश्वर ब्लॉक मुख्यालय के अंतर्गत ग्राम सरकड़ा स्थित मिडिल स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक सामने आई है। यहां कक्षा छठवीं के एक नाबालिग छात्र के दो दिनों तक चाकू लेकर स्कूल आने की घटना से स्कूल परिसर में भय और दहशत का माहौल बन गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छात्र ने अपने सहपाठियों को चाकू दिखाकर डराया-धमकाया और एक महिला शिक्षिका की हत्या की धमकी भी दी। जब यह जानकारी स्कूल प्रबंधन को मिली तो प्रधान पाठिका लता सोनी ने तुरंत छात्र के बैग की तलाशी ली, जिसमें से चाकू बरामद किया गया।  
    घटना की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने ग्राम सरपंच और अन्य जनप्रतिनिधियों को सूचित किया। इस बीच, घटना का वीडियो वायरल हो गया, जिससे मामला और तूल पकड़ गया। सूचना मिलने पर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रामेन्द्र जोशी और फिंगेश्वर पुलिस मौके पर पहुंचे। उन्होंने नाबालिग छात्र और उसके पिता को कड़ी समझाइश दी और मामले की जांच शुरू की। यह घटना न केवल विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि कम उम्र में बच्चों में बढ़ती हिंसक प्रवृत्तियों पर समय रहते ध्यान देना अत्यंत आवश्यक है। विशेषज्ञों का कहना है कि शिक्षा विभाग, स्कूल प्रशासन और अभिभावकों को मिलकर बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं रोकी जा सकें। 
Top