बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • एयरगन से किशोरी को किया शूट, टिकरापारा इलाके से तीन गिरफ्तार

    13-Jul-2025
    रायपुर। नाबालिग को भगाकर शादी करने के विवाद में आरोपी किशोर गाइन के पिता कन्हाई गाइन ने युवती को गोली मारी। यह हमला एयरगन से किया। नाबालिग के परिजनों की शिकायत पर टिकरापारा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें पिता पुत्र दोनों शामिल हैं। तीसरा, किशोर का दोस्त विक्की उर्फ समर है । एक अन्य आरोपी राजा फरार है। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल एयरगन जब्त कर लिया है। पुलिस ने कन्हाई गाइन को रिमांड पर लिया है। इन पर पुलिस ने रेप पास्को सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज किया गया है। 
  • कालाबाजारी रोकने कृषि विभाग सख्त, किसान के घर से 41 बोरी खाद बरामद

    13-Jul-2025
    राजनांदगांव। जिले में खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। रविवार को कृषि विभाग की टीम ने प्रोम खाद को डीएपी खाद बताकर बेचने वाले दुकान मालिक को पकड़ा है। जबकि एक किसान के घर से 41 बोरी खाद बरामद की गई है। कृषि विभाग ने जिले में खरीफ 2025 के लिए उर्वरकों की बिक्री पर नजर रखी है। विभाग ने सभी दुकानों में मूल्य दर, स्टॉक पंजी और पीओएस मशीन की जांच की। उप संचालक कृषि टीकम सिंह ठाकुर के अनुसार, हरदी गांव में जय अंबे उन्नत कृषि केंद्र के मालिक सुरेश को प्रोम खाद को डीएपी बताकर 1550 रुपए प्रति बोरी में बेचते पकड़ा गया। दुकान से पुष्कर कंपनी का 5.05 टन एसएसपी पाउडर, 4.3 टन एसएसपी दानेदार, खेतान कंपनी का एक बोरी एसएसपी दानेदार, 7.425 टन कृभको यूरिया और इंदु फर्टिलाइजर्स का 14 बोरी प्रोम जब्त किया गया। भंवरमरा गांव में देवानंद सिन्हा के घर की जांच में 27 बोरी यूरिया और 14 बोरी अमोनियम सल्फेट मिला। उन्होंने इफको बाजार मंडी राजनांदगांव से खाद खरीदा था। बिना लाइसेंस के बिक्री करने पर यह माल भी जब्त कर लिया गया। दोनों मामलों में उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के तहत कार्रवाई की जा रही है। जिसकी रिपोर्ट कलेक्टर को भेजा गया है।
     
  • प्रिंसिपल ने स्कूल से निकाला, फंदे में झूली छात्रा

    13-Jul-2025

    रायपुर। छात्रा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा रायपुरा आरडीए काॅलोनी में रहती थी। बताया जा रहा है कि छात्रा को स्कूल के प्रिंसिपल ने किसी बात को लेकर फटकार लगाई थी। प्रिंसिपल की डाट खाने के बाद से ही छात्रा गुमशुम रहने लगी। स्कूल की छुट्टी होने के बाद घर पहुंची और अपने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतिका छात्रा का नाम यामिनी ध्रुव था। छात्रा पंडित गिरजाशंकर मिश्रा स्कूल में पढ़ाई कर रही थी। बताया जा रहा है कि छात्रा को किसी बात को लेकर प्रिंसिपल ने जमकर फटकार लगाई थी। साथ ही छात्रा को टीसी थमा दी गई थी। इस बात से दुखी छात्रा अपने घर पहुंची और कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती की मौत की खबर परिजनों ने पुलिस को दी। मामले में पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

  • मंत्री श्रीमती राजवाड़े के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, छह सप्लाई एजेंसियां ब्लैक लिस्टेड

    12-Jul-2025

    आंगनबाड़ियों में घटिया सामान की आपूर्ति का मामला
    राज्य स्तरीय जांच समिति ने सौंपी जांच रिपोर्ट, गुणवत्ताहीन सामान बदलवाए गए

    रायपुर- आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों और महिलाओं के लिए भेजी गई सामग्रियों की गुणवत्ता पर उठे सवालों पर महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने त्वरित और सख्त रुख अपनाया। मंत्री श्रीमती राजवाड़े के निर्देश पर राज्य स्तरीय जांच समिति का गठन किया गया। जिसमें संयुक्त संचालक (वित्त), सीएसआईडीसी और जीईसी रायपुर के तकनीकी प्रतिनिधि, संबंधित जिलों के जिला कार्यक्रम अधिकारी, सहायक संचालक (आईसीडीएस) और दो तकनीकी निरीक्षण एजेंसियों SGS इंडिया और IRCLASS सिस्टम्स के विशेषज्ञ शामिल थे। समिति ने सभी जिलों में सामग्री की गुणवत्ता का भौतिक परीक्षण कर अपनी रिपोर्ट संचालनालय को सौंप दिया।

    रिपोर्ट के आधार पर दोषी प्रदायकर्ताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए छह सप्लायरों मेसर्स नमो इंटरप्राईजेस, मेसर्स आयुष मेटल, मेसर्स अर्बन सप्लायर्स, मेसर्स मनीधारी सेल्स, मेसर्स ओरिएंटल सेल्स, मेसर्स  और सोनचिरिया कॉर्पाेरेशन एजेंसियों को जेम पोर्टल से ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है, भविष्य में ये एजेंसिया किसी भी प्रकार की सामग्रियों की शासकीय सप्लाई  भी नही कर पाएगी। विभाग द्वारा इन सभी से घटिया सामग्रियों को वापस मंगाकर मानकों के अनुरूप सामग्री की आपूर्ति कराई गई है।
    मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यह कार्रवाई राज्य सरकार की दृढ़ प्रशासनिक इच्छाशक्ति और पारदर्शिता का स्पष्ट प्रमाण है। मुख्यमंत्री स्वयं बार-बार यह दोहरा चुके हैं कि बच्चों, महिलाओं और गरीबों के हितों से कोई समझौता नहीं होगा।

    महिला एवं बाल विकास विभाग ने स्पष्ट किया है कि वर्ष 2024-25 में कुल 23.44 करोड़ रुपये की सामग्री जेम पोर्टल के माध्यम से खरीदी गई थी। कुछ मीडिया रिपोर्टों में इसे 40 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, जिसे विभाग ने एक सिरे से खारिज कर दिया है। विभाग ने बताया कि पूरी क्रय प्रक्रिया पारदर्शी रही और सभी सामग्रियों की सप्लाई से पहले और सप्लाई के बाद गुणवत्ता जांच कराई गई।

    राज्य स्तरीय जांच समिति द्वारा रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, जशपुर, सरगुजा और जांजगीर-चांपा जिलों में जाकर प्रदाय की गई सामग्रियों का गहन निरीक्षण किया गया। समिति की रिपोर्ट में सामने आया कि कुछ टेबल स्थानों पर असेंबल नहीं हुए थे, जिन्हें बाद में सही कराया गया। अनाज कोठी भारतीय मानक (ठप्ै) के अनुरूप नहीं मिलने पर मेसर्स नमो इंटरप्राइजेस और आयुष मेटल से सामग्री बदली गई और दोनों को जेम से प्रतिबंधित किया गया। स्टील ट्रे की साइज और वजन में भिन्नता पर मेसर्स अर्बन सप्लायर्स, मनीधारी सेल्स व ओरिएंटल सेल्स से रिप्लेसमेंट कराया गया। तवा की गुणवत्ता कम मिलने पर मेसर्स सोनचिरैया कॉर्पाेरेशन को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया। कढ़ाई हल्की वजन भिन्नता को छोड़कर अधिकांश मापदंडों पर ठीक पाई गई। अन्य सामग्रियां जैसे अलमारी, कुकर, चम्मच व गिलास अधिकतर स्थानों पर मानकों के अनुरूप पाई गईं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी खराब सामग्री के लिए ऐजेंसियों को कोई भुगतान नहीं किया गया है। विभाग की नीति के तहत भुगतान केवल गुणवत्ता परीक्षण के बाद ही होता है, जिससे प्रदायकर्ताओं की मनमानी की कोई गुंजाइश नहीं रहती। सभी दोषपूर्ण सामग्रियों को वापस लेकर मानक सामग्री दी जा चुकी है।

    मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने इस पूरे मामले पर कहा, “बच्चों और महिलाओं से जुड़ी सेवाओं में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। हमने तत्परता और पारदर्शिता के साथ जांच पूरी कर दोषियों के विरुद्ध ठोस कार्रवाई की है। हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है कि आंगनबाड़ी केन्द्रों तक केवल सुरक्षित, मजबूत और गुणवत्तापूर्ण सामग्री ही पहुंचे।”

  • राज्यपाल श्री रमेन डेका ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश’

    12-Jul-2025

    रायपुर- राज्यपाल श्री रमेन डेका ने आज अपने कोरबा प्रवास के दौरान जिला पंचायत परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत बादाम के पौधे रोपित किए। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी नागरिकों से अपने आस-पास अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने की अपील की। साथ ही लगाए गए पौधे को सजीव बनाए रखने की जिम्मेदारी स्वयं उठाने की बात कही।
    उन्होंने कहा कि एक पेड़ माँ के नाम अभियान का उद्देश्य केवल वृक्षारोपण नहीं, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव के माध्यम से प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी विकसित करना है। पेड़ पौधे न केवल पर्यावरण को स्वच्छ बनाता है, बल्कि यह हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक अनमोल उपहार है। इस अवसर पर कलेक्टर श्री अजीत वसंत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

  • जीवन में सफलता के लिए शिक्षा है मजबूत आधार: मुख्यमंत्री श्री साय

    12-Jul-2025

    छत्तीसगढ़ ने शिक्षा के क्षेत्र में हासिल किया नया मुकाम: नई शिक्षा नीति से बदली तस्वीर, छत्तीसगढ़ में स्थानीय भाषाओं में मिल रही शिक्षा
    मुख्यमंत्री ने पीएसवाय उत्कृष्टता सम्मान समारोह में प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित

    रायपुर- मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित पीएसवाय उत्कृष्टता सम्मान समारोह में विभिन्न विधाओं के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूलों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने सभी सम्मानित शिक्षकों, विद्यार्थियों और संस्थाओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र सेवा का मार्ग है। शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है, और यही किसी भी राष्ट्र की प्रगति की नींव होती है। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता का मूल आधार शिक्षा ही है।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब अपने रजत जयंती वर्ष में प्रवेश कर चुका है और बीते वर्षों में राज्य ने शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। जहां पहले प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, आज वहां 15 से अधिक मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। साथ ही, आईआईटी, एनआईटी, आईआईएम और एम्स जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्थान भी राज्य में कार्यरत हैं। गांव-गांव में स्कूल खोले गए हैं, और बच्चों की आवश्यकताओं के अनुरूप महाविद्यालयों की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि हमारे समय में कई गांवों के बच्चों के लिए केवल एक स्कूल होता था। मुझे याद है कि मैंने पांचवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा दूसरे गांव में दी थी, क्योंकि हमारे गांव में परीक्षा केंद्र नहीं था। आज छत्तीसगढ़ में छात्रों के लिए असीम अवसर मौजूद हैं और प्रत्येक बच्चे को इन अवसरों का लाभ उठाकर अपने लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ना चाहिए।

    मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की दिशा में निरंतर अग्रसर है, और इसी संकल्प को लेकर हम विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में भी तेज़ गति से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में देश ने वैश्विक स्तर पर सम्मान प्राप्त किया है और भारत पुनः विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर है। श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार नई शिक्षा नीति को ज़मीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने हेतु निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 में देश में लागू की गई नई शिक्षा नीति के तहत छत्तीसगढ़ में शिक्षा अब स्थानीय भाषाओं में भी उपलब्ध हो रही है। बस्तर जैसे क्षेत्रों में अब स्थानीय भाषाओं में पढ़ाई करवाई जा रही है, और प्रदेश में मेडिकल की शिक्षा भी हिंदी में दी जा रही है। रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने संस्था द्वारा सम्मानित प्रतिभावान छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में इन बच्चों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि भारत को पुनः विश्वगुरु बनाने में हमारे युवाओं का योगदान निर्णायक सिद्ध होगा। विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य न केवल प्रतिभाशाली छात्रों को सम्मानित करना है, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही प्रतिभाओं को भी एक मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत विद्यार्थियों को विभिन्न भाषाओं में पारंगत बनाने की दिशा में ठोस कार्य प्रारंभ हो चुका है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक परिवर्तनों की भी सराहना की।

    इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को भी सम्मानित किया। इस दौरान वरिष्ठ चित्रकार श्री राज सैनी ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को एक विशेष उपहार के रूप में उनके प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ की पेंटिंग भेंट की। कार्यक्रम में पीएसवाय के प्रेसिडेंट डॉ. एस.के. मिश्रा, सलाहकार श्री महेंद्र गुप्ता, सीईओ श्रीमती शुभ्रा शुक्ला, सहित अनेक प्रबुद्धजन, शिक्षाविद्, गणमान्य अतिथि, एवं स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

  • वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र व्यास की धर्मपत्नी श्रीमती अल्का व्यास का आकस्मिक निधन

    12-Jul-2025

    राजनांदगांव। वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र व्यास की धर्मपत्नी श्रीमती अल्का व्यास ( 65 ) का आकस्मिक निधन हो गया । श्रीमती व्यास ने संगीत शिक्षिका के रूप में अपनी सेवाएं महारानी लक्ष्मी बाई आदर्श कन्या स्कूल में लंबे समय तक दीं । उन्होंने कुछ माह पूर्व ही सेवानिवृत्ति प्राप्त की थी । संगीत के क्षेत्र में वरीयता प्राप्त श्रीमती व्यास ने कभी भी प्रचार प्रसार को माध्यम नहीं बनाया । आज सामाजिक बंधुओं की उपस्थिति में उनके पुत्र अंकित व्यास ने लखोली मुक्तिधाम में उन्हें मुखाग्नि दी ।  राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता , पूर्व मुख्यमंत्री , पूर्व राज्यपाल स्व. मोतीलाल वोरा एवं गोविंदलाल वोरा के भांजे राजेंद्र व्यास की पत्नी श्रीमती अल्का व्यास के ईश्वराधीन हो जाने पर उनके पुत्र ने मुखाग्नि प्रदान की । आज दोपहर 3 बजे उनके निवास हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी लालबाग से उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई । श्रीमती व्यास के निधन के समाचार ने स्थानीय पत्रकार जगत में शोक की लहर पैदा कर दी । श्री व्यास से आत्मीयता रखने वाले स्वजनों के साथ ही विशेष रूप से छत्तीसगढ़ सरकार पुलिस विभाग के अधिकारी ए डी जी अमित सिंह ने मुक्तिधाम में मृतात्मा को अपनी पुष्पांजलि अर्पित की । अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा ने भी अंतिम संस्कार में उपस्थिति दर्ज कराई । मृतात्मा को श्रंद्धाजलि अर्पित करते हुए अरुण वोरा ने कहा कि श्रीमती व्यास ने आजीवन शिक्षा ने नाता जोड़े रखा । संगीत के क्षेत्र में उन्होंने कृष्ण भक्ति को अपने कंठ में उतारकर अनेक भजनों की प्रस्तुति मंचों पर की हैं ।

  • हाथ पैर धोते वक्त तालाब में गिरी महिला, मौत

    12-Jul-2025

    राजनांदगांव। गोटाटोला थाना क्षेत्र के सोमाटोला में 35 वर्षीय महिला की तालाब में डूबने से मौत हो गई। महिला मानसिक रुप से बीमार थी, जो पति के साथ देसी दवाई लेने के लिए पास के ही गांव पहुंची थी। पुलिस ने बताया कि डोंगरगांव माथडबरी में रहने वाली 35 वर्षीय निर्मला निषाद अपने पति के साथ इलाज कराने सोमाटोला के पास मौजूद एक गांव गई थी। गुरुवार को सोमाटोला का साप्ताहिक बाजार था, जहां दोनों ने साथ सब्जी खरीदा। इसके बाद निर्मला हाथ पैर धोने के लिए तालाब में गई। इसी दौरान वह फिसलकर तालाब में गिर गई। पति ने जब तक उसे बचाने का प्रयास किया महिला तालाब में डूब चुकी थी। शुक्रवार को एसडीआरएफ की टीम ने तालाब में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इसके बाद निर्मला निषाद का शव बरामद किया गया।

  • बिल्डर के खिलाफ आजाद चौक पुलिस ने किया FIR दर्ज

    12-Jul-2025

    रायपुर। आजाद चौक पुलिस ने पुरन्दर प्रमोटर्स एवं डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड के पाम वलाजियो प्रोजेक्ट के बिल्डर पिता-पुत्र मुकेश अग्रवाल व सुरेश अग्रवाल एवं अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में धारा 420, 34 के तहत केस दर्ज किया है. चौबे कॉलोनी निवासी प्रकाश की ओर से की गई शिकायत पर एफआईआर की गई है. मामला रिपोर्टकर्ता एवं उनके परिचित की जमीन को फर्जी विक्रय विलेख तैयार करके अपना बताते हुए आरोपियों द्वारा अपने प्रोजेक्ट के बदले नगर निगम में बंधक रख दिए जाने का है.  
    रिपोर्ट के मुताबिक पुरन्दर प्रमोटर्स एवं डेवलपर्स के डायरेक्टर मुकेश अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल एवं अन्य द्वारा सड्डू स्थित प्रार्थी की 60 हजार वर्गफीट जमीन को अक्टूबर 2017 में जॉइंट वेंचर के माध्यम से डेवलप करने तथा बदले में मकान, फ्लैट, रकम बतौर प्रतिफल देने सहमति बनी थी. उक्त जमीन नगर निगम रायपुर में अंतरण किया जाना था. आठ जून 2018 को मुकेश अग्रवाल की कंपनी व रिपोर्टकर्ता के मध्य इकरारनामा हुआ. नवंबर 2017 से 26-09-2019 तक अलग-अलग किस्तों में 2 करोड़ 70 लाख 64,220 रुपए दिए गए.  
    एफआईआर में जानकारी दी गई है कि 2021 तक उक्त भूमि पर किसी प्रकार का कोई भी कार्य नहीं किया गया. जिस वजह से हम दोनों सहमत होकर प्राप्त रकम 11 मई 2021 को मुकेश अग्रवाल को वापस किया गया. दोनों के मध्य हुए इकरारनामा को मौखिक रूप से निरस्त किया गया. रिपोर्ट है कि रकम लौटा देने और समझौता निरस्त हो जाने के बाद भी पीड़ित की भूमि को आरोपियों ने नगर निगम रायपुर में पाम वलाजियो प्रोजेक्ट के एवज में ईडब्ल्यूएस में बंधक हेतु दे दिया गया. नगर निगम कार्यालय में उक्त भूमि को 16 सितंबर 2022 को विक्रय विलेख निष्पादित किया जाना बताया गया है. जिसमें आरोपियों ने पीड़ित की भूमि को अपना बताया है. जबकि आरोपियों के साथ उक्त भूमि को लेकर किसी प्रकार का विक्रय विलेख तैयार नहीं किया गया हैं. पुलिस द्वारा प्रकरण की विस्तृत विवेचना जारी है.
     

  • अंबिकापुर में बड़ा हादसा, दो की मौत

    12-Jul-2025

    अंबिकापुर. अंबिकापुर में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिल रहा है. अंबिकापुर की ओर आ रही कार हादसे का शिकार हो गई. तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई. दर्दनाक हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई. वहीं 3 की हालत गंभीर है. इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है. घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र के चठिरमा के पास की है. जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार कार में तीन युवक और दो युवती सवार होकर अंबिकापुर आ रहे थे. इस दौरान चठिरमा के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. हादसे में एक युवक और युवती की मौके पर ही मौत हो गई. जोरदार भिड़ंत की आवाज से आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बरामद किया. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है.

  • उरला में दिव्यांग युवक ने किया सुसाइड

    12-Jul-2025

    रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक शख्स की फांसी के फंदे पर लटकी हुई लाश मिली है. घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. पुलिस ने शव को बरामद कर मर्चुरी के लिए भिजवा दिया. जानकारी के मुताबिक, उरला थाना क्षेत्र के अछोली इलाके में दृष्टिहीन शख्स की संदिग्ध परिस्थिति में लाश मिली. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर लिया. शव को मर्चुरी में रखा गया है. आज पोस्टमार्टम होगा. मामले में पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है.

  • गर्भवती पत्नी की गला दबाकर हत्या करने वाला पति गिरफ्तार, 24 घंटे में खुलासा

    11-Jul-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ के तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम छतौद में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी सात माह की गर्भवती पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। निजी विवाद के चलते हुई इस वारदात में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी पति प्रदुम निर्मलकर (24) को गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतिका सूरूज का विवाह एक साल पूर्व प्रदुम निर्मलकर से हुआ था और वह अपने पति के साथ संयुक्त परिवार में ग्राम छतौद में रह रही थी। 10 जुलाई 2025 को सूरूज के भाई  रोहा राम रजक को प्रदुम ने फोन कर बताया कि उसकी बहन की तबीयत गंभीर है। जब वह परिवार सहित मौके पर पहुंचा तो सूरूज की लाश जमीन पर पड़ी हुई थी। शुरुआत में मामला मर्ग कायम कर जांच में लिया गया, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत और उसकी प्रकृति को हत्यात्मक बताया गया। इस पर थाना तिल्दा नेवरा में अपराध क्रमांक 293/25 धारा 103(1) BNS के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया। प्रदुम ने गला दबाकर की हत्या, पहले से चल रहा था विवाद  
    पुलिस पूछताछ में सामने आया कि प्रदुम और सूरूज के बीच पहले भी कई बार घरेलू विवाद हो चुके थे और समाजिक स्तर पर सुलह-समझौता कराया गया था। घटना की रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद प्रदुम ने सूरूज का मुंह, नाक और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह एवं एएसपी ग्रामीण कीर्तन राठौर, एएसपी क्राइम संदीप मित्तल, सीएसपी विधानसभा वीरेन्द्र चतुर्वेदी के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना तिल्दा नेवरा पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की तह तक पहुंची।   
    गिरफ्तार आरोपी प्रदुम निर्मलकर, पिता श्यामलाल निर्मलकर, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम छतौद, थाना तिल्दा नेवरा, जिला रायपुर। कार्रवाई में शामिल प्रमुख अधिकारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी (थाना प्रभारी, तिल्दा नेवरा) प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पांडेय, एंटी क्राइम यूनिट। सउनि गेंदूराम नवरंग, प्र.आर. कृपासिंधु पटेल, संतोष वर्मा, धनंजय गोस्वामी, अमित घृतलहरे, प्रकाश नारायण पात्रे, संजय मरकाम। उनि विकास देशमुख, सउनि शंकर लाल वर्मा, प्र.आर. जालम सिंह साहू, आर. दीपक सेन, कुलदीपक वर्मा, म.आर. पूजा वर्मा।

  • रायपुर में चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाला आरोपी शिवा बघेल गिरफ्तार

    11-Jul-2025

    रायपुर। शहर के आजाद चौक थाना क्षेत्र में आम जनता को चाकू दिखाकर डराने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान शिवा बघेल, पिता केष्टो बघेल, उम्र 27 वर्ष, निवासी शिव मंदिर के पास, सारथी चौक, थाना आजाद चौक, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 जुलाई 2025 को आजाद चौक थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ईदगाहभाठा स्थित निरंकारी भवन के पास एक व्यक्ति हाथ में लोहे का चाकू लहराकर लोगों को डरा धमका रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को चारों तरफ से घेराबंदी कर पकड़ लिया।  

    पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। चाकू लहराते हुए सार्वजनिक स्थान पर दहशत फैलाना किसी भी बड़ी वारदात का कारण बन सकता था, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से समय रहते स्थिति को काबू में कर लिया गया। इस कार्रवाई के लिए आम नागरिकों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।

  • साइबर ठगों का आतंक: 4500 से ज्यादा मामले, 5.5 करोड़ की ठगी, गिरोह गिरफ्तार

    11-Jul-2025

    बस्तर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में साइबर ठगी के मामलों में चिंताजनक वृद्धि देखने को मिल रही है। मोबाइल, सोशल मीडिया और फर्जी ऐप्स के जरिए आम लोगों को ठगने वाला एक बड़ा गिरोह जिले में सक्रिय है। पिछले एक साल में 4500 से अधिक साइबर ठगी के मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें लगभग 5.5 करोड़ रुपये की ठगी हो चुकी है। बस्तर पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए इस गिरोह की कड़ी में एक बड़ी सफलता हासिल की है। हाल ही में झारखंड के जामताड़ा से साइबर अपराधियों के एक गिरोह को गिरफ्तार किया गया है, जो फर्जी APK ऐप के माध्यम से लोगों के मोबाइल में घुसपैठ कर उनके बैंक खातों से पैसे उड़ाता था।  पुलिस की तत्परता से रुकी बड़ी ठगी बस्तर पुलिस ने तकनीकी टीम की मदद से कई मामलों में लगभग 1 करोड़ रुपये की राशि को समय रहते होल्ड कराया और कई पीड़ितों को रकम वापस भी दिलवाई। पुलिस का कहना है कि जैसे ही शिकायत मिलती है, तकनीकी टीम तुरंत संबंधित ट्रांजेक्शन को ट्रैक कर कार्रवाई शुरू कर देती है। अंतरराज्यीय गिरोह सक्रिय बस्तर पुलिस के अनुसार यह ठग सिर्फ स्थानीय नहीं हैं, बल्कि ये गिरोह गुजरात, झारखंड, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे राज्यों से भी संचालन कर रहे हैं। अब तक कई अंतरराज्यीय साइबर ठगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जामताड़ा से पकड़े गए गिरोह ने पूछताछ में ठगी के कई नए तरीकों का खुलासा किया है।  साइबर जागरूकता अभियान तेज बस्तर एसपी सलभ सिन्हा ने बताया कि साइबर अपराध से बचाव के लिए निरंतर जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। स्कूलों, कॉलेजों, ग्रामीण इलाकों और बाजारों में जाकर लोगों को साइबर सुरक्षा से जुड़ी जानकारियां दी जा रही हैं। आम जनता को किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऐप से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पूरे संभाग में 50 करोड़ रुपये तक की ठगी की आशंका पुलिस के मुताबिक 5.5 करोड़ की यह ठगी सिर्फ बस्तर जिले की है। अगर पूरे बस्तर संभाग की बात करें तो यह आंकड़ा 40 से 50 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। लगातार बदलते ठगी के तरीके और आम लोगों की तकनीकी समझ की कमी साइबर ठगों के लिए यह काम आसान बना रही है।

  • रायपुर में अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरफ्तार, उड़ीसा से लाकर बेचने की फिराक में थे आरोपी

    11-Jul-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उड़ीसा के दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को गांजे के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 09 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1 लाख रुपये आंकी गई है। पंडरी मटन मार्केट के पास दबोचा गया
    जानकारी के अनुसार, 10 जुलाई 2025 को पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना सिविल लाइन क्षेत्र के पंडरी मटन मार्केट अंडर ब्रीज के पास दो व्यक्ति बैग में गांजा रखकर कहीं ले जाने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कीर्तन राठौर, एएसपी क्राइम संदीप मित्तल, डीएसपी संजय सिंह व सीएसपी सिविल लाइन अजय कुमार सिंह के निर्देशन में पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। टीम ने सूचना के अनुसार हुलिया पहचानकर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम मधुसूदन दुर्गा (32) और बेनूधर नायक (23), निवासी ग्राम फाफसी, थाना केगांव, जिला कालाहांडी, उड़ीसा बताया। तलाशी लेने पर उनके बैग में बड़ी मात्रा में गांजा मिला।  आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 312/25 धारा 20बी नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बरामद गांजा और तस्करी के अन्य साक्ष्यों को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। नशे के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान आईजी रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर रायपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सभी थाना प्रभारियों व एंटी क्राइम यूनिट को सक्रिय रूप से कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक पासवान, एंटी क्राइम यूनिट प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पांडेय, उनि मुकेश सोरी, प्र.आर. अनुप मिश्रा, आर. संतोष सिन्हा, राहुल गौतम और आशीष राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

  • गांजा तस्करी करते मध्यप्रदेश का तस्कर गिरफ्तार, 10 किलो 963 ग्राम गांजा बरामद

    11-Jul-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित साहू भवन गेट के सामने से मध्यप्रदेश निवासी अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर दीपक पटेल को 10 किलो 963 ग्राम गांजे के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1,10,000 रुपये आंकी गई है। एंटी क्राइम यूनिट और रामनगर चौकी की संयुक्त कार्रवाई  दिनांक 10 जुलाई 2025 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और रामनगर चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में गांजे के साथ कहीं जाने की फिराक में है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने रामनगर स्थित साहू भवन गेट के सामने दबिश दी और मुखबिर के बताए हुलिए वाले व्यक्ति को मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दीपक पटेल, पिता अरुण पटेल, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम खजुवाकला, जिला रीवा (म.प्र.) बताया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 10 किलो 963 ग्राम गांजा बरामद हुआ।   NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज आरोपी के खिलाफ थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 328/25, धारा 20बी नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह जानने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया और किन लोगों को इसकी आपूर्ति की जानी थी। नशे के खिलाफ सख्त अभियान जारी आईजी रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में रायपुर पुलिस द्वारा नशे के  खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सभी थाना प्रभारियों और एंटी क्राइम यूनिट को लगातार सूचना संकलन और कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। कार्रवाई में शामिल टीम इस सफल कार्रवाई में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पांडेय, उनि मुकेश सोरी, प्र.आर. अनुप मिश्रा, आर. संतोष सिन्हा, राहुल गौतम, आशीष राजपूत और रामनगर चौकी प्रभारी सउनि रमेश शर्मा की प्रमुख भूमिका रही।

  • परदेशिया हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर और गैंग के खिलाफ एक और FIR दर्ज

    11-Jul-2025

    रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में एक बार फिर कर्ज के नाम पर जबरन वसूली करने वाले हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर और उसके साथियों के खिलाफ 384, 506, 34 भादवि और छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम 1937 की धारा 4 के तहत एक और FIR दर्ज की गई है। इस मामले में व्यापारी भोपाल मणि साहू ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। 2 लाख के बदले वसूले 30 लाख रुपए प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोपाल मणि साहू, जो मुरुम व गिट्टी सप्लाई का व्यवसाय करता है, ने आरोप लगाया है कि व्यवसाय हेतु पैसे की जरूरत होने पर उसने 14 दिसंबर 2022 को आरोपी रोहित तोमर से 3% मासिक ब्याज पर ₹2 लाख उधार लिए थे। इस दौरान आरोपियों ने उससे कोरे स्टांप पर जबरन हस्ताक्षर कराए और अपने कब्जे में रख लिए। इसके बाद आरोपी रोहित तोमर, दिव्यांश, आकाश, योगेश सिन्हा और अन्य लोगों ने साहू से लगातार व्हाट्सएप कॉल और व्यक्तिगत धमकियों के जरिये जबरन वसूली शुरू कर दी। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने साहू के घर जाकर मारपीट की धमकियां दीं और कभी-कभी भाटा गांव स्थित अपने घर पर भी बुलाकर मानसिक प्रताड़ना दी। व्यापारी ने डर के चलते किस्तों में नगद, फोन पे और गूगल पे के माध्यम से कुल ₹30,26,200 आरोपियों को दे दिए।  सातवीं FIR, गैंग पर शिकंजा कसता जा रहा पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी रोहित तोमर, दिव्यांश, आकाश, योगेश सिन्हा एवं अन्य के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। उल्लेखनीय है कि यह गिरोह पहले से ही दो थानों में कुल सात मामलों में आरोपी है। दिव्यांश सिंह को पूर्व के एक मामले में गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल रायपुर भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस कर रही पतासाजी, मामला गंभीर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपीगण की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि इस गैंग के खिलाफ पहले से दर्ज मामलों और वर्तमान केस को एक साथ जोड़कर कार्रवाई की जाएगी।

  • महादेवसाल मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए दपूमरे ने दिया 4 जोड़ी ट्रेनों का अस्थायी ठहराव

    11-Jul-2025

    बिलासपुर। श्रावणी मेला में महादेवसाल मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के महादेवसाल स्टेशन पर 4 जोड़ी ट्रेनों का अस्थायी ठहराव दिया गया है। ये सुविधा 11 जुलाई से 9 अगस्त 2025 तक रहेगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा श्रद्धालु आसानी से मंदिर पहुंच सकें। रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इन ट्रेनों को महादेवसाल स्टेशन पर 2 मिनट के लिए रोका जाएग जिन ट्रेनों को ठहराव दिया गया है, वो इस प्रकार हैं -13287/13288 दुर्ग-आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस, 18477/18478 पुरी-योगनगरी ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस, 18109/18110 टाटानगर-इतवारी-टाटानगर एक्सप्रेस तथा 18113/18114 टाटानगर-बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस।

  • संयुक्त सचिव श्रीमती स्वाति शर्मा ने किया बिहान की गतिविधियों का अवलोकन

    11-Jul-2025

    धमतरी। भारत सरकार के ग्रामीण विकास विभाग की संयुक्त सचिव श्रीमती स्वाति शर्मा आज कुरूद विकासखंड के ग्राम चर्रा पहुंचीं। जहां उन्होंने बिहान योजना अंतर्गत स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया और महिलाओं से सीधे संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की।

    इस अवसर पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती रोमा श्रीवास्तव के अलावा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।समूह की महिला श्रीमती एनु चंद्राकर ने बताया कि वह महिलाओं को ड्राइविंग का प्रशिक्षण देती हैं और साथ ही मनरेगा, सिलाई, इलेक्ट्रीशियन, खेती तथा घरेलू कार्यों से जुड़ी हुई हैं, जिससे उन्हें प्रतिमाह लगभग 10-12 हजार रुपये की आय प्राप्त होती है। संयुक्त सचिव ने इस प्रयास को एक अनोखा और प्रेरणादायक प्रयोग बताया।
     
     
    इसके उपरांत श्रीमती शर्मा ग्राम नारी की समूह की महिलाओं द्वारा तैयार की गई साड़ी, टॉवेल, बैग आदि का अवलोकन किया। समूह की महिलाओं ने बताया कि वे साड़ियों में जिले का लोगो और गंगरेल की डिज़ाइन को शामिल कर विशेष पहचान देने का प्रयास कर रही हैं।
     
     
    इस पर श्रीमती शर्मा ने उत्पादों को सही बाजार और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जोड़ने के निर्देश दिए, जिससे प्रत्यक्ष बिक्री के माध्यम से महिलाओं को अधिक लाभ हो सके। उन्होंने कलस्टर निर्माण कर बुनकर महिलाओं को बड़े स्तर पर काम दिलाने, जैम पोर्टल और बड़े सरकारी कार्यालयों से जोड़ने की संभावनाओं पर भी जोर दिया।
     
    इस दौरान श्रीमती शर्मा ने झाड़ू निर्माण, बांस उत्पाद, मिट्टी के बर्तन आदि बनाने वाली महिलाओं से भी चर्चा की। उन्होंने कच्चे माल की उपलब्धता, विक्रय बाजार और आय की जानकारी ली तथा सुझाव दिया कि इन महिलाओं को एक्सपर्ट्स द्वारा 15-15 दिन के विशेष प्रशिक्षण दिए जाएं, ताकि वे बाजार की मांग के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार कर सकें।
     
     
    भारती साहू से उन्होंने आचार निर्माण की प्रक्रिया की जानकारी ली और थ्ै।प् मार्क लेने के निर्देश दिए, ताकि उत्पाद की गुणवत्ता प्रमाणित हो सके। इसके अतिरिक्त उन्होंने मसाला, साबुन, बड़ी, पापड़ आदि निर्माण में लगी महिलाओं से भी चर्चा कर उनके कार्यों और समस्याओं को समझा।
     
     
    संयुक्त सचिव श्रीमती शर्मा ने समूह की महिलाओं को सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण देने पर भी बल दिया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक महिलाओं को बिहान योजना और आजीविका गतिविधियों से जोड़ा जाए, जिससे उनका आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण सुनिश्चित हो सके।
  • जिले महासमुंद में अब तक 329.3 मिलीमीटर औसत वर्षा

    11-Jul-2025

    महासमुंद। जिले में चालू मानसून के दौरान 01 जून 2025 से अब तक 329.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है।

    भू-अभिलेख से मिली जानकारी के अनुसार जिले में सर्वाधिक औसत वर्षा पिथौरा तहसील में 391.4 मिलीमीटर, सरायपाली में 375.2 मिलीमीटर, महासमुंद में 316.9 मिलीमीटर, बागबाहरा में 311.4 मिलीमीटर, बसना में 309.3 मिलीमीटर और सबसे कम वर्षा 272.0 मिलीमीटर कोमाखान तहसील में दर्ज की गई।
     
    आज 11 जुलाई को 13.2 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। जिले के तहसीलवार वर्षा में पिथौरा तहसील में 23.3 मिलीमीटर, सरायपाली में 12.8 मिलीमीटर, महासमुंद में 12.4 मिलीमीटर, बागबाहरा में 12.2 मिलीमीटर, बसना में 10.5 मिलीमीटर एवं कोमाखान तहसील में 8.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
Top