बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • साय कैबिनेट की बैठक शुरू

    11-Jul-2025

    रायपुर। मानसून सत्र से पहले आज शुक्रवार को सीएम साय कैबिनेट की बैठक ले रहे है। बैठक में सभी मंत्रियों को बुलाया गया है। सीएम साय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कृषि, खाद्य, शिक्षा जैसे विभागों से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं। विधानसभा में पेश होने वाले विधेयकों पर भी बात होगी।

    हाल ही में शराब घोटाले में आबकारी विभाग के अधिकारियों के सस्पेंशन की कार्रवाई की गई है। विपक्ष इसे मुद्दा बना रहा है, इसे लेकर भी मंत्रियों के बीच अनौपचारिक चर्चा हो सकती है। कैबिनेट की यह बैठक छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र से ठीक पहले हो रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि सत्र को लेकर कुछ प्रस्ताव भी इस बैठक में पास किए जा सकते हैं।
  • अवैध प्लॉटिंग पर नगर निगम की सख्ती, घुरू क्षेत्र की 6 जमीनों की रजिस्ट्री पर रोक

    10-Jul-2025

    बिलासपुर। शहर में अवैध कॉलोनियों और प्लाटिंग पर लगाम लगाने के लिए नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। निगम प्रशासन ने घुरू क्षेत्र की 6 जमीनों की रजिस्ट्री पर रोक लगाने के लिए बिलासपुर और तखतपुर के उप पंजीयकों को पत्र भेजा है। साथ ही इन जमीनों की पूर्व में हुई रजिस्ट्री की जानकारी भी तलब की गई है। नगर निगम के प्रभारी आयुक्त खजांची कुम्हार ने जानकारी दी कि रजिस्ट्री पर रोक लगाई गई जमीनें प.ह.नं. 61, तहसील सकरी, जिला बिलासपुर के अंतर्गत आती हैं। ये खसरा क्रमांक 302/5, 311/2, 241/1, 305/4, 592/166, 607/41 हैं, जिनका कुल क्षेत्रफल लगभग 1.05 हेक्टेयर है।  अवैध कॉलोनियों पर होगी सख्त कार्रवाई निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना भूमि का स्वरूप बदलकर प्लाटिंग करना या अवैध कॉलोनी विकसित करना गैरकानूनी है। ऐसे मामलों में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इन जमीनों पर अवैध प्लॉटिंग की शिकायत स्थानीय विधायक अमर अग्रवाल को मिली थी। शिकायत के बाद उन्होंने नगर निगम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके तहत उप पंजीयकों को पत्र भेजकर इन 6 व्यक्तियों की जमीन की रजिस्ट्री पर रोक लगाई गई है। गौरतलब है कि इससे पहले भी नगर निगम शहर के विभिन्न क्षेत्रों की 142 जमीनों की रजिस्ट्री पर रोक लगाने के लिए उप पंजीयकों को पत्र भेज चुका है। 

  • नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार

    10-Jul-2025

    रायगढ़। थाना कोतरारोड़ क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को साल्हेओना गांव से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दीपक चौहान (20 साल) को पुलिस ने पॉक्सो एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता की संगीन धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 08 जुलाई 2025 को एक स्थानीय महिला ने कोतरारोड़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी  नाबालिग बेटी दिनांक 07 जुलाई को स्कूल में रिजल्ट लेने के लिए कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा आसपास के गांवों में तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। संदेह के आधार पर परिजनों ने दीपक चौहान नामक युवक का नाम लिया, जिससे लड़की का पूर्व परिचय था और बातचीत होती थी। परिजनों द्वारा दीपक को लड़की से दूर रहने की हिदायत भी दी गई थी, किंतु शिकायतकर्ता के अनुसार उसी युवक ने बहला-फुसलाकर उसकी बेटी को भगाया।

    रिपोर्ट पर थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 287/2025 धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल विवेचना शुरू की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर सक्रिय कर सूचना प्राप्त की कि अपहृता व संदेही ग्राम साल्हेओना में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची जहां दोनों को बरामद किया गया। गवाहों के समक्ष अपहृता की बरामदगी कर पंचनामा तैयार किया गया एवं दोनों को थाने लाया गया। महिला डेस्क में एकांत में पीड़िता से पूछताछ की गई, जिसमें उसने बताया कि वह दीपक चौहान को पिछले तीन वर्षों से जानती है। दीपक उसे लगातार शादी करने की बात कहता था, जबकि वह स्वयं को नाबालिग होने की बात स्पष्ट कर चुकी थी। 6 जुलाई को दोनों की बातचीत हुई और 7 जुलाई की सुबह दीपक ने स्कूल के पास से उसे अपनी मोटरसाइकिल में बैठाकर ग्राम साल्हेओना ले गया, जहां वह रात्रि भर रही, जहां आरोपी द्वारा किशोर बालिका से शारीरिक संबंध बनाया जिससे प्रकरण में धारा 64(1), 87 BNS, 4, 6 पॉक्सो एक्ट जोडी गई। पुलिस ने आरोपी दीपक चौहान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रकरण में थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज, उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, आरक्षक चंद्रेश पाण्डेय, अशोक राठिया एवं महिला आरक्षक श्यामा सिदार की सक्रिय भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस द्वारा नाबालिगों से जुड़े मामलों में सख्ती से कार्रवाई जारी है। 
  • ग्राम कोठीकुंडा में घरेलू विवाद पर मारपीट, 4 आरोपी गिरफ्तार

    10-Jul-2025

    रायगढ़। पुलिस चौकी ज़ोबी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोठीकुंडा में पारिवारिक रंजिश को लेकर एक महिला के पति पर टांगी से हमला करने का मामला दर्ज कराई । पीड़ित की पत्नी श्रीमती सुकमति साहू की शिकायत पर जोबी चौकी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मसनिया कला सक्ती निवासी श्रीमती सुकमति साहू (45 वर्ष) ने पुलिस चौकी जोबी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह तिहारू साहू की दूसरी पत्नी है। दिनांक 7 जुलाई 2025 को वह अपने पति तिहारू साहू के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम कोठीकुंडा होते हुए मसनिया कला जा रही थी। जब वे बेटे विकास साहू के घर के सामने पहुंचे। उसी दौरान तिहारू की पहली पत्नी जानकी साहू ने रास्ते में लंबा बांस रखकर मोटरसाइकिल रोक दी और गंदी-गंदी गालियां देने लगी। उसके साथ उसकी बहन भी थी, जो मिलकर तिहारू साहू से धक्का-मुक्की करने लगी। इसी दौरान बेटा विकास साहू और तिहारू का साला भुनेश्वर साहू मौके पर पहुंचे और उन्होंने भी मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए मारपीट शुरू कर दी। विकास ने हाथ में पकड़े धारदार टांगी से तिहारू साहू पर हमला कर दिया, जिससे उसके आंख के ऊपर, भुजा, जांघ और पैर में गंभीर चोटें आईं। घटना की   लिखित सूचना पर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक लक्ष्मी नारायण राठौर ने तत्काल धारा 118(1), 126(2), 296, 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध क्रमांक 373/2025 पंजीबद्ध कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया और उन्हें न्यायालय प्रस्तुत कर रिमांड पर भेजा गया। गिरफ्तार आरोपी- 1. विकास साहू पिता तिहारू साहू उम्र 23 वर्ष, निवासी कोठीकुंडा 2. भुनेश्वर साहू पिता तेस्स राम उम्र 38 वर्ष, निवासी तिउर, थाना खरसिया 3. जानकी साहू पति तिहारू साहू उम्र 45 वर्ष, निवासी कोठीकुंडा 4. जया साहू पति दिलीप साहू उम्र 33 वर्ष, निवासी भागोड़ीह, थाना खरसिया (वर्तमान पता तिउर) पुलिस द्वारा समय पर की गई त्वरित कार्रवाई से आरोपियों को पकड़ा गया और मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित को प्राथमिक उपचार दिलाकर आगे की विधिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है। 

  • लगातार हो रही वर्षा की स्थिति पर निगाह रखने के कलेक्टर ने दिए निर्देश

    10-Jul-2025
    कांकेर। कलेक्टर निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने आज राजस्व विभाग की बैठक लेकर विभिन्न लंबित प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के लिए सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने जिले में वर्तमान में हो रही लगातार वर्षा को दृष्टिगत करते हुए अपने-अपने अनुविभाग में सतत् मॉनिटरिंग करने एवं स्थिति पर नजर रखने के निर्देश सभी अनुविभागीय अधिकारियों को दिए। इसके अलावा धान-बीज वितरण तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत बच्चों के किए जा रहे आधार पंजीयन हेतु आवश्यक सहयोग करने के निर्देश राजस्व अधिकारियों को दिए। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज अपरान्ह 3.30 बजे आहूत बैठक में कलेक्टर ने सभी प्रकार के राजस्व प्रकरणों का गंभीरतापूर्वक समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी राजस्व अधिकारियों को निर्धारित समय में अपने कार्यालय में उपस्थित रहने तथा लंबित प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए उनका निराकरण करें। उन्होंने सभी तहसीलों में वर्षामापी यंत्रों का समुचित रखरखाव और आवश्यकतानुसार दुरूस्त कराने के लिए तहसीलदारों को निर्देशित किया। बैठक में अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे और अनुविभागीय अधिकारी कांकेर अरूण वर्मा ने  राजस्व विभाग से संबंधित सीमांकन, बटांकन, अविवादित नामांतरण, व्यपवर्तन, बंदोबस्त त्रुटि सुधार, नक्शा अद्यतीकरण, डिजिटल हस्ताक्षर, एफआरए की ऑनलाइन प्रविष्टि सहित विभिन्न तहसील न्यायालयों में लंबित राजस्व मामलों की तहसीलवार समीक्षा करते हुए जल्द से जल्द निराकरण करने एवं ऑनलाइन एंट्री पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में सभी अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार उपस्थित थे।
     
  • अवैध खनिज परिवहन पर 2 हाईवा वाहन जब्त

    10-Jul-2025
    सूरजपुर। कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देश के अनुपालन में आज खनिज अमले द्वारा प्रेमनगर एवं रामानुजनगर क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण के दौरान 02 हाईवा वाहन खनिज गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए पाए गए। उक्त वाहनों को तत्काल जप्त करते हुए अग्रिम कार्रवाई पूर्ण होने तक थाना प्रेमनगर की अभिरक्षा में सुरक्षार्थ रखा गया है। जिसमें नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। 
  • मत्स्य बीज प्रक्षेत्र बसदेई का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

    10-Jul-2025

     सूरजपुर। शासकीय मत्स्य बीज प्रक्षेत्र बसदेई में मत्स्य बीज उत्पादन कार्य का निरीक्षण कलेक्टर एस. जयवर्धन एवं जिला पंचायत सीईओ कमलेश नंदिनी साहू द्वारा किया गया। सहायक संचालक मछली पालन एम.एस. सोनवानी द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले को प्राप्त लक्ष्य स्पान उत्पादन 400 लाख एवं स्टैण्डर्ड फ्राई उत्पादन 80 लाख से अवगत कराया गया। इसके विरुद्ध में वर्तमान तक 120 लाख स्पान उत्पादन, प्राप्त कर लिया गया है और आगे भी कार्य जारी है। कलेक्टर द्वारा मत्स्य बीज उत्पादन हैचरी, स्पॉनिंग पूल, इनक्यूवेशन पूल, प्रजनक पोखर, संवर्धन पोखरों का अवलोकन कर स्पॉन, फ्राई, फिंगरलिंग की उपलब्धि के संबंध में जानकारी लिया गया। सहायक संचालक ने बताया कि जिले के मछुआ सहकारी समिति, मछुआ समूह एवं व्यक्तिगत मत्स्य कृषकों को माह अगस्त के प्रथम सप्ताह में 50 प्रतिशत अनुदान पर मत्स्य बीज फिंगरलिंग वितरण करना प्रारंभ कर दिया जायेगा। शासन द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजना के तहत पंचायत के तालाबों को 10 वर्षीय लीज पर पट्टे में लेकर मछली व्यवसाय करने वाले महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़े सदस्यों के साथ कलेक्टर द्वारा चर्चा किया गया। जहां समूह के सदस्यों ने मौसमी तालाबों में मछली का उत्पादन कम एवं आमदनी 2000 रू0 होना बताया गया जो कि काफी कम है। तालाब डबरियों में कतला, रोहू, मृगल, ग्रास कार्प, कामन कार्प मछलियों के वृद्धि हेतु कम से कम 1 से 1.50 कि0ग्रा0 होने पर ही बाजार में विक्रय करें जिससे 50000 से 100000 तक की आमदनी में वृद्धि हो सके साथ ही एन.आर.एल.एम. के तहत आजीविका गतिविधियां बढ़ाने हेतु प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजनान्तर्गत पोण्ड लाईनर निर्माण कर पंगेशियस एवं तिलापिया प्रजाति का पालन कर मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देने हेतु प्रेरित किया गया। संगता सहभागी ग्रामीण विकास संस्थान को निर्देशित करते हुये कम से कम 100 किसानों को आजीविका गतिविधि से जोड़कर नारी शक्ति को बढ़ावा देने मत्स्य पालन को व्यवसायिक स्तर तक ले जाने तथा अपने पास जो संसाधन है उसको और बेहतर कैसे करें जिससे अधिक से अधिक कृषकों लाभान्वित कर सकें। इसकी कार्ययोजना तैयार करने हेतु निर्देशित किया गया।  मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत द्वारा जानकारी दी गई कि मनरेगा योजनान्तर्गत चयनित 981 डबरियां एवं मोर गांव मोर पानी के तहत निर्मित 90 जल संरचना और अमृत सरोवर तालाबों में मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ-साथ तालाब/डबरियों के मेढ़ पर सब्जी एवं फलदार पौधे लगाने हेतु कार्य योजना तैयार किया जायेगा। संगता सहभागी ग्रामीण विकास संस्थान के फाउण्डर भूपेन्द्र बहादूर सिंह एवं नेचुरल फार्मिंग जल जीवन मिशन से सौरभ देवदत्त के द्वारा जानकारी दी गई कि विकासखण्ड प्रतापपुर में 391 भैयाथान में 175 एवं ओड़गी में 134 डबरियों का मत्स्य उत्पादन बढ़ाने हेतु चिन्हांकित किया गया है। जिसमें कलस्टर तैयार कर मत्स्य कृषकों द्वारा मत्स्य बीज फिंगरलिंग संचयन किया जावेगा। जिससे कृषि, बागवानी, पशुपालन के साथ-साथ मिश्रित खेती से उनके जीवन स्तर में बदलाव लाया जा सकेगा।  

    कलेक्टर द्वारा प्रक्षेत्र भ्रमण पश्चात् ग्राम बसदेई में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजनान्तर्गत नरेंद्र सिंह द्वारा निर्मित पोंड लाइनर का अवलोकन किया गया। जहां पोंड लाइनर निर्माण, मत्स्य बीज संचयन, पूरक आहार, मत्स्य उत्पादन एवं विक्रय की जानकारी लिया गया। नरेन्द्र सिंह ने बताया कि विगत वर्ष मत्स्य विक्रय से राशि 300000/- रुपये की आमदनी प्राप्त हुई। वर्तमान में 20000 नग पंगेसियस मत्स्य बीज का संचयन कर मत्स्य पालन का कार्य किया जा रहा है। भ्रमण के दौरान रामलाल मरावी जनपद सदस्य, मनोज सिंह सरपंच, गौतम राजवाड़े उप सरपंच, शिवनारायण यादव सचिव, माधुरी भण्डारी बी.पी.एम., सुधाकर बिसेन सहायक मत्स्य अधिकारी, मुकेष कुमार राजवाड़े, छोटेलाल तिर्की मत्स्य जमादार, सतीष तिग्गा, रूकमणीरमण तिवारी मछुआ चौकीदार, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन के अधिकारी/कर्मचारी, महिला स्वयं सहायता समूह एवं संगता एनजीओ के सदस्य, प्रक्षेत्र के कर्मचारियों के साथ-साथ ग्रामीण जन उपस्थित रहे। 
  • बदमाश राजा की तलाश में रायपुर पुलिस, चाकूबाजी कर फरार

    10-Jul-2025
    रायपुर। राजधानी में देर रात चाकूबाजी की वारदात को अंजाम दिया गया है. निगरानी बदमाश राजा बैजड ने चाकूबाजी की है. पुलिस की टीम आरोपी राजा बैजड की तलाशी में जुट गई है. मिली जानकारी के मुताबिक टिकरापारा थाना क्षेत्र में निगरानी बदमाश राजा बैजड ने पुरानी रंजिश को लेकर मोहम्मद सादिक उर्फ़ मोना तिगाला पर चाकू से हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि मोना तेली बाबू GST का जन्मदिन मानकर घर जा रहा था. इसी दौरान राजा बैजड ने उसकी कार रुकवाई और उसपर चाकू से हमला कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी राजा बैजड फरार हो गया है. बता दें कि राजा बैजड निगरानी बदमाश है और काफी दिनों से जेल में बंद था. राजा हाल ही में जेल से छूटा था और पुरानी रंजिश को लेकर मोहम्मद सादिक उर्फ़ मोना तिगाला को चाकू मार दिया. इस वारदात में मोना तेली गंभीर रुप से घायल हो गया. घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. वहीं पुलिस की टीम आरोपी राजा बैजड की तलाशी में जुट गई है. 
  • दुर्ग रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनें प्रभावित

    10-Jul-2025
    रायपुर। मध्य छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन के साथ-साथ रेल यातायात को भी बुरी तरह प्रभावित किया है. दुर्ग रेलवे स्टेशन पर रेल पटरी पानी में डूब गई है, जिससे कई ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ा है और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, 10 जुलाई को मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश की संभावना है. हालांकि, 11 जुलाई से प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियों में कमी आने के आसार हैं. पिछले 24 घंटों में प्रदेश में औसतन 13.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है. अब तक कुल 343.6 मिमी वर्षा हो चुकी है, जो सामान्य से 15% अधिक है. केवल दुर्ग जिले में ही बीते दिन 13 सेमी बारिश रेकॉर्ड की गई. बारिश के चलते मोंगरा बांध से पानी छोड़ा गया, जिससे शिवनाथ नदी उफान पर है. नदी का जलस्तर बढ़ने से कई गांवों और शहरी इलाकों की कॉलोनियों में पानी घुसने का खतरा उत्पन्न हो गया है. 
  • रायपुरा चौक के पास लूट, डीडी नगर पुलिस जांच में जुटी

    10-Jul-2025

     रायपुर। ई-रिक्शा के ड्राइवर और बुजुर्ग सवारी से 20 हजार की लूट हुई है। 9 जुलाई की रात की घटना है। 3 लुटेरे चलती ई रिक्शा में सवार हो गए। फिर बुजुर्ग से मोबाइल-कैश छीन कर मौके से फरार हो गए। बुजुर्ग अस्पताल में अपने बेटे को भर्ती कर वापस घर लौट रहा था तभी घटना हुई। मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का हैं। पीड़ित रामकुमार यादव ने डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई। जिसमें बताया कि वह 7 जुलाई को अपने लड़के की तबीयत खराब होने के बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती किया। रात 8:30 बजे वह ई-रिक्शा से ब्राह्मण पारा के घर जाने के लिए निकले। रिंग रोड से होते हुए रायपुरा चौक के पास पहुंचे थे। तभी ई-रिक्शा में सवार तीन युवकों ने उनके पैसे मोबाइल छीने। आरोपियों ने रामकुमार यादव और ई-रिक्शा चालक टेकेश्वर सिंह ठाकुर दोनों का मोबाइल छीन लिया। इसके अलावा बुजुर्ग के पास रखें करीब 20 हजार कैश भी छीन लिए। इस मामले में बुजुर्ग राम कुमार ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही हैं। 

  • ससुराल वालों के साथ हुई लड़ाई, फिर फंदे पर झूल गई बहू

    10-Jul-2025

    बिलासपुर। नवविवाहिता महिला की लाश फंदे पर लटकती मिली है। 8 जुलाई की रात ग्राम जोंधरा में गायत्री यादव (22) का अपने सुसराल वालों से झगड़ा हो गया था, जिसके बाद उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया, अगले दिन साड़ी के फंदे पर उसकी लाश लटकी थी। मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, गायत्री की शादी को एक साल हुए थे, आए दिन सुसराल वालों से उसका विवाद होता रहता था। शुरूआती जांच में उसके फांसी लगाकर खुदकुशी करने की आशंका है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। ग्राम जोंधरा में रामायण चौक के पास रहने वाले रामलाल यादव से गायत्री की शादी हुई थी। घटना से एक दिन पहले उसका घर वालों से विवाद हुआ, जिससे नाराज होकर अपने कमरे में चली गई। इस दौरान पति और ससुरालवालों ने नजरअंदाज कर दिया। परिवार के बाकी सदस्य बरामदे में सो गए। अगले दिन सुबह जब गायत्री नहीं उठी, तब परिजनों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया और उसे आवाज दी। काफी आवाज लगाने के बाद भी अंदर से कोई आहट नहीं सुनाई दी, जिसके बाद परिजनों ने खिड़की से झांक कर देखा, तब उनके होश उड़ गए। 

  • अंबागढ़ चौकी में बाढ़, प्रशासन ने नदी किनारे के घरों को कराया खाली

    10-Jul-2025

     राजनांदगांव। जिले में पिछले 4 दिनों से लगातार बारिश हो रही है। जिले में अब तक 250 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो औसत से 10 मिमी अधिक है। इसमें से 156 मिमी बारिश पिछले चार दिनों में ही हुई है। शिवनाथ नदी में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। चार जलाशयों से कुल 36 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। मोंगरा बैराज से 20 हजार क्यूसेक, घुमरिया नाला बैराज से 10,800 क्यूसेक, सूखा नाला बैराज से 5,200 क्यूसेक और खातू टोला बैराज से 600 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।  नदी का पानी किनारे बसे गांवों में प्रवेश करने लगा है। अंबागढ़ चौकी के कुछ वार्ड प्रभावित हुए हैं। सुरक्षा के लिए नदी किनारे स्थित घरों को खाली करा लिया गया है। चौकी से राजनांदगांव तक शिवनाथ में स्थित सभी 13 एनीकट जलमग्न हो गए हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। जिले को ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है। 9 जुलाई की सुबह से तेज बारिश हुई, दोपहर में कुछ देर धूप निकली, लेकिन शाम को फिर तेज बारिश शुरू हो गई। किसान अब बारिश थमने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि धान की रोपाई शुरू कर सकें। 

  • गौवंश तस्करी, मुंगेली जिले में ट्रक जब्त

    10-Jul-2025

    मुंगेली। गौवंश की तस्करी के मामले में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार त्वरित एवं कठोर प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए एक ट्रक को राजसात किया गया है। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम, 2014 की धारा-7 के अंतर्गत की गई है। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल से प्राप्त प्रतिवेदन के अनुसार दिनांक 01 सितंबर 2024 को थाना कोतवाली अंतर्गत वाहन क्रमांक सीजी 04 जेडी 7825 में 09 गाय एवं 04 बछड़ों को क्रूरता पूर्वक परिवहन करते हुए पकड़ा गया था। पुलिस जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मवेशियों को बूचड़खाने ले जाया जा रहा था, जिसकी पुष्टि आरोपी देवराज भोई द्वारा की गई। प्रकरण की विस्तृत विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि पशुओं को रस्सियों से बांधकर अमानवीय तरीके से ट्रक में भर दिया गया था, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी जान को खतरा उत्पन्न हुआ। इस घटना में एक गाय की मौत भी हो गई थी। 

  • नक्सली को हुआ एकतरफा प्यार, सरेंडर के बाद बताया लव स्टोरी

    10-Jul-2025

     जगरगुंडा इलाके का रहने वाला है। इसकी पत्नी अरुणा लेकाम बीजापुर जिले के एक गांव की रहने वाली है। आगे अमित ने कहा कि, सरेंडर तो कर दिया हूं। अब परिवार बढ़ाने के लिए, बच्चे के लिए मैं अपनी नसबंदी खुलवाऊंगा। मैं DRG में नहीं जाना चाहता। बस पत्नी के साथ गांव में रहकर खेती-किसानी करना चाहता हूं। खुशहाल जीवन चाहता हूं। अमित ने बताया कि वो और उसकी पत्नी किसी भी मुठभेड़ में शामिल नहीं रहे हैं।  अमित नक्सल संगठन में DVCM कैडर का था। इस पर 8 लाख रुपए का इनाम घोषित था। जबकि इसकी पत्नी ACM कैडर की थी। ये 5 लाख रुपए की इनामी नक्सली थी। अमित कहता है- मेरी मां अकेली है। पिता, भाई, बहन कोई नहीं हैं। जब 12-13 साल का था तो ACM लिंगे नक्सल संगठन में भर्ती करने मुझे ले गई। वहीं हथियार चलाने की ट्रेनिंग दी। जिसके बाद पहले बस्तर के अलग लोकेशन में मुझे भेजा गया। फिर अबूझमाड़ और महाराष्ट्र के गढ़चिरौली भेजा। मेरा प्रमोशन किया गया और नक्सली लीडर वेणुगोपाल के सुरक्षा गार्ड में शामिल किया गया। ज्यादातर अबूझमाड़ और गढ़चिरौली बॉर्डर पर ही थे। इसी बीच साल 2019 से पहले गढ़चिरौली में एक पार्टी मीटिंग के दौरान अरुणा से मुलाकात हुई। अमित ने बताया कि, पहली नजर में ही वो मुझे पसंद आ गई। वो नक्सल संगठन की मीटिंग के दौरान खाने का बंदोबस्त करना, गांव-गांव से सामान लाने का काम करती थी। मैं किसी न किसी तरह से उससे बात करने की कोशिश करता था। वहीं जब भी उस तरफ जाना होता था तो अरुणा से जरूर मिलता था। हालांकि, तब तक उसे नहीं पता था कि मेरे मन में उसके लिए फीलिंग्स है। वहीं एक दिन बहुत हिम्मत जुटाया और उसे प्रपोज कर दिया। वो हैरान रह गई। कुछ दिनों तक बात भी नहीं की।लेकिन दो महीने के बाद उसने रिश्ता कबूल कर लिया। यदि पति-पत्नी दोनों नक्सली हैं तो नक्सल संगठन में पैरेंट्स बनने की इजाजत नहीं है। साल 2019 में मेरी नसबंदी करवाई गई। फिर दोनों ने शादी कर ली। हालांकि, दोनों पैरेंट्स बनना चाहते थे।

     
  • खमतराई में महिला के साथ चैन स्नैचिंग

    10-Jul-2025

    रायपुर। बाजार में सब्जी खरीदने गई एक महिला से चैन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना खमतराई थाना क्षेत्र की है। बाइक सवार अज्ञात लुटेरे महिला के गले से सोने की चैन झपटकर फरार हो गए। चैन की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। इस वारदात में महिला के गले में चोट भी आई है। पीड़िता की शिकायत पर खमतराई थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अज्ञात चेन स्नैचरों की तलाश में जुटी है। बता दें कि राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौंसले इस कदर बुलंद हैं कि अब दिनदहाड़े लूटपाट की वारदातें आम होती जा रही हैं। हाल ही में शहर के अलग-अलग इलाकों में दो सनसनीखेज घटनाएं सामने आई हैं। 

  • धमतरी शहर में शांति भंग करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार

    10-Jul-2025

     धमतरी। शहर में शांति भंग करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार हुए है, जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने,शांति भंग करने वालों पर त्वरित एवं सख्त कार्यवाही की जा रही है। आरोपी मोहनलाल सूर्यवंशी (उम्र 40 वर्ष) निवासी सेहराडबरी, थाना अर्जुनी, पूर्व में विनायक राइस मिल में कार्यरत था, जो कार्य छोड़ने के पश्चात भी बार-बार मिल परिसर के आसपास संदिग्ध रूप से चक्कर लगा रहा था। मिल मालिक द्वारा मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उसे धमकाया एवं थाना में झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कहकर डराने लगा।  मौके पर पहुंची पुलिस टीम एवं आम नागरिकों के समझाने के बावजूद आरोपी उत्तेजित होकर गाली-गलौज व मारपीट पर आमादा हो गया। शांति भंग व संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए आरोपी को धारा 170, 126, 135 बीएनएसएस. 2023 के तहत गिरफ्तार कर कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। आरोपी लोमन ध्रुव (उम्र 25 वर्ष) निवासी बठेना पारा, जो नशे का आदी है, ने प्रार्थिया भगवती ध्रुव एवं उसकी सास के साथ मारपीट व गाली-गलौज की। थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस जब घटना स्थल पर जांच हेतु पहुंची, उसी दौरान आरोपी वहां उपस्थित होकर फिर से गाली-गलौज करते हुए गवाहों से उलझ गया और मारपीट पर उतारू हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, शांति भंग की आशंका एवं संज्ञेय अपराध की परिकल्पना पर आरोपी के विरुद्ध धारा 170, 126, 135(3) बीएनएसएस 2023 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करते हुए कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया। आरोपी मोहन सूर्यवंशी पिता दुकालूराम सूर्यवंशी, उम्र 40 वर्ष, निवासी सेहराडबरी, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी(छ.ग.) लोमन ध्रुव पिता दयाराम ध्रुव, उम्र 25 वर्ष, निवासी बठेना पारा, बुढ़ा देव मंदिर के पास, थाना सिटी कोतवाली, जिला धमतरी(छ.ग.) 

  • बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी का खुलासा जल्द

    10-Jul-2025

     रायपुर। छत्तीसगढ़ की जीएसटी टीम ने पिछले महीने रायपुर समेत 22 जगहों पर कारोबारियों के ठिकानों पर छापे मारे थे, जिसमें रायपुर से लगी एक बड़ी गुटखा फैक्ट्री भी शामिल थी. बताया जा रहा है कि छापे में मिले दस्तावेजों की जांच लगभग पूरी हो गई है. जल्द ही इस मामले में बड़ा खुलासा किया जाएगा. जांच पूरी होने के बाद इन तमाम कारोबारियों से करोड़ों का टैक्स मिलने की भी उम्मीद है. प्रारंभिक जांच में ही 5 करोड़ से ज्यादा की टैक्स चोरी सामने आ चुकी थी. इसके बाद अफसरों की टीम ने लगातार एक-एक संस्थानों के हर दस्तावेजों की जांच कर बड़ी कार्रवाई की है. विभाग के अफसरों ने पहले ही चेतावनी दे चुके हैं कि बिना टैक्स दिए कारोबार नहीं हो पाएगा. यही वजह है कि पिछले तिमाही में छत्तीसगढ़ देश के उन टॉप राज्यों में शामिल था, जहां से केंद्र सरकार को सबसे ज्यादा जीएसटी का कलेक्शन कर दिया गया है. इस बार की तिमाही में भी यह रिकार्ड बरकरार रखने की कोशिश की जा रही है. सभी कारोबारियों से कहा जा रहा है कि वे कोई भी टैक्स लंबित न रखें. 

  • विधायक की चुप्पी पर भड़के पालक, जर्जर स्कूल को सुधरवाने अब मंत्री के पास पहुंचे

    10-Jul-2025

    रायपुर। प्रदेश की राजधानी के ही सरकारी स्कूल में नन्हे बच्चे जान जोखिम में डाल कर पढ़ने मजबूर हैं। उपर छत से गिरते प्लास्टर के टुकड़े और नीचे घुटने तक पानी भरे कमरों में पांच से छह घंटे बैठना पड़ रहा है। इससे बच्चे बिमार भी हो रहें। विभागीय सचिव ने म‌ई में सभी डीईओ, बीईओ को आदेश देकर न‌ए सत्र से पहले आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा करने कहा था। लेकिन राजधानी में ही संबंधितों की लापरवाही सामने आई है। शासकीय शासकीय प्राथमिक अंग्रेजी मीडियम शांति नगर के छात्र जर्जर कमरों में पढ़ रहे हैं। एक कमरे की छत से दो दर्जन से अधिक जगहों से प्लास्टर उखड़ कर नीचे गिर चुका है।   गनीमत है कि किसी बच्चे को गंभीर चोटें नहीं आई। स्कूल में बच्चों का बैठना मुश्किल हो गया है। घबराए बच्चे स्कूल नहीं जा रहे। गुरुवार को सुबह बच्चे और उनके माता पिता इस दूर्दशा को बताने वित्त मंत्री ओपी चौधरी के बंगले पहुंचे। चौधरी के न होने से मुलाकात चर्चा नहीं हो पाई। इन अभिभावकों ने बताया कि पिछले दिनों इसकी जानकारी विधायक पुरंदर मिश्रा को भी दी गई थी। लेकिन उनकी तरफ से कोई पहल नहीं हुई। इसके बाद ही सभी आज आक्रोश में परिजन चौधरी के बंगले पहुंचे। 

  • महिला सांसद ने सुरक्षाकर्मियों को लगाई फटकार, वीडियो

    10-Jul-2025

     रायपुर। कांग्रेस की महिला प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह सुरक्षा गार्ड्स पर नाराजगी जताते हुए नजर आ रही हैं।

    यह घटना 7 जुलाई को रायपुर में आयोजित किसान-जवान-संविधान जनसभा के बाद की बताई जा रही है, जिसकी अध्यक्षता कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने की थी। सभा के समापन के बाद सभी नेता साइंस कॉलेज से शंकर नगर स्थित राजीव भवन पहुंचे थे।
    उसी दौरान अफरा-तफरी में फूलोदेवी नेताम के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। नेताम जब राजीव भवन से बाहर निकल रही थीं, तभी पीछे से किसी का धक्का लग गया, जिससे वे नाराज़ हो गईं और मौके पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को फटकार लगाई।
  • पिता-दादा के बाद चाचा को खोया, आदित्य पर टूटा दुखों का पहाड़

    10-Jul-2025

    सरगुजा। मानवता की मिसाल पेश करते हुए समाजसेवी संस्था ‘अनोखी सोच’ ने एक बार फिर असहाय परिवार की मदद करते हुए उनके स्वजन का पूरे विधि-विधान से अंतिम संस्कार कराया. यह कार्य न केवल संवेदनशीलता का उदाहरण बना, बल्कि समाज को एक सकारात्मक संदेश भी दे गया. महामायापारा निवासी बंटी कश्यप (उम्र 32 वर्ष) की बीती रात पानी में डूबने से मौत हो गई थी.

    परिवार अत्यंत निर्धन है और अंतिम संस्कार की व्यवस्था करने में असमर्थ था. इस पर मृतक की भाभी ने संस्था के अध्यक्ष सूर्यप्रकाश साहू से मदद की गुहार लगाई. ‘अनोखी सोच’ के अध्यक्ष सूर्यप्रकाश साहू एवं उनके साथियों ने शंकरघाट स्थित मुक्तिधाम में पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ बंटी कश्यप का अंतिम संस्कार करवाया. संस्था ने सारी सामग्री स्वयं उपलब्ध कराई. सबसे भावुक क्षण तब आया जब मृतक को मुखाग्नि देने का कार्य उसके मात्र 10 वर्षीय भतीजे आदित्य ने किया. आदित्य पहले ही अपने पिता और दादा को मुखाग्नि दे चुका है.

    संस्था ने यह भी वादा किया कि आने वाले समय में आदित्य और उसके परिवार की पूरी जिम्मेदारी वे उठाएंगे, जिससे उनका जीवनयापन सामान्य हो सके घटना स्थल पर मौजूद लोग भावुक हो उठे जब देखा कि इस दुख की घड़ी में कोई अन्य आगे नहीं आया, सिर्फ ‘अनोखी सोच’ ही मदद के लिए सामने आई. संस्था ने न सिर्फ अंतिम संस्कार कराया, बल्कि भविष्य में भी सहयोग देने का भरोसा जताया. 

Top