बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • गृहमंत्री बोले, कवासी लखमा अनपढ़ नहीं

    05-Jul-2025
    रायपुर। कांग्रेस शासन में हुए शराब घोटाले में एसीबी ईओडब्ल्यू के आज पेश किए जा रहे चालान पर डिप्टी सीएम गृह विजय शर्मा ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल को घेरा है। शर्मा ने सीधे तौर पर कहा कि सरकार जब भ्रष्टाचार करती है तो यही हाल होता है। भूपेश बघेल ने इतने लोगों को फंसाया है। शर्मा ने कहा कि इतने बड़े घोटाले के बाद पूर्व मंत्री कवासी लखमा को अनपढ़ नहीं बोलना चाहिए। बता दें कि छत्तीसगढ़ में 2161 करोड़ रुपए के शराब घोटाले की जांच कर रहे EOW के अफसरों ने आज कोर्ट में आबकारी अधिकारियों के खिलाफ चालान पेश किया। शराब घोटाले में 23 से ज्यादा आबकारी अफसर आरोपी हैं आबकारी की जांच में खुलासा हुआ है, कि अफसरों ने सिंडिकेट बनाकर शराब घोटाले में पूरा साथ दिया। शराब घोटाला करने के एवज में अफसर हर साल 70 करोड़ की वसूली करते थे। EOW की जांच में सामने आया है, कि तत्कालीन आबकारी आयुक्त निरंजन दास को हर महीने 50 लाख रुपए दिया जाता था। यह पैसा एपी त्रिपाठी के माध्यम से उनके पास पहुंचा था। सिंडिकेट में शामिल हर अफसर का कमीशन तय था। चार साल में अफसरों ने अवैध उगाही करके करोड़ों की संपत्ति बनाई है।
  • शिव सेना प्रदेश प्रमुख श्री परिहार ने किया महा हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत

    04-Jul-2025

    पहला चरण में गौ माता के सुरक्षा हेतु 1 लाख हस्ताक्षर कराने का लक्ष्य
     राजनांदगांव- शिव सेना द्वारा गौ माता के सुरक्षा हेतु महा हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत आज शिव सेना प्रदेश कार्यालय से शिव सेना के प्रमुख पदाधिकारी की उपस्थिति में सम्पन्न हुई पहले चरण में एक हस्ताक्षर कराने का निर्णय लिया गया है शिव सेना प्रदेश सचिव कमल सोनी बताया कि गौमाता की हत्या बंद करने, गौ तस्कर गाड़ी को राजसात करने, गौ हत्या करते पाएं जाने पर हत्या का मामला दर्ज करने, गांव गांव स्थित गौठान को गौशाला का नाम देकर घुमंतू पशुओ सुरक्षित रखने, कलेक्टर रेट पर दो गौ सेवक रखने को ले कर आज शिव सेना प्रदेश प्रमुख श्री धनंजय सिंह परिहार, भारतीय कामगार सेना के प्रदेश अध्यक्ष श्री मधुकर पांडे, किसान सेना के प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश श्रीवास्तव, प्रदेश महासचिव श्री रेशम जांगड़े, युवा सेना प्रदेश अध्यक्ष सन्नी देशमुख की विशेष उपास्थिति में आज शिव सेना प्रधान कार्यालय रायपुर में शिव सेना प्रदेश प्रमुख श्री धनंजय सिंह परिहार के कर कमलों द्वारा  महा हस्ताक्षर की शुरुआत की गई श्री सोनी ने बताया की पहले चरण में दुर्ग संभाग जिला राजनांदगांव/चौकी मोहला मानपुर/खैरागढ़ छुईखदान/दुर्ग/कबीरधाम/बालोद/बेमेतरा में एक लाख हस्ताक्षर अभियान कराने का लक्ष्य रखा गया। हस्ताक्षर कराने शिव सैनिक घर घर जाएंगे और महा हस्ताक्षर कराएंगे। इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से शोभा शकंर त्रिपाठी प्रदेश प्रचार प्रसार/ राजेश ठावरे प्रदेश संगठक शिव राम केसरवानी प्रदेश उप प्रमुख/प्रकाश वर्मा प्रदेश सचिव/दिनेश ताम्रकार प्रदेश सचिव/ शंकर चैनानी प्रदेश सचिव/कमल सोनी प्रदेश सचिव/डाक्टर संजीव कुमार भारतीय कामगार सेना उप प्रमुख/ मनीष तिवारी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ऐसे पदाधिकारी गण दुर्ग संभाग के जिला प्रमुख एवं जिले के अन्य पदाधिकारी से सम्पर्क कर महा हस्ताक्षर अभियान को सफल बनाएं।

  • ग्राम सड़क चिरचारी में सूचना पटल के गिरने से बच्चे की हुयी थी मौत

    04-Jul-2025

    कार्य एजेन्सी को बचाने के लिये सचिव को बनाया बलि का बकरा,
    तीन सदस्यीय जांच समिति की रिपोर्ट के पहले ही जारी हो गया निलंबन का आदेश ?

    छुरिया-  ग्राम सड़क चिरचारी में युवांश निषाद पिता नरेन्द्र निषाद उम्र 5 साल की सूचना पटल के नीचे दब कर मर जाने की खबर सबने देखी और सुनी इसके लिये धरना प्रदर्शन भी हुआ बच्चे के माता पिता को इंसाफ दिलाने सब कार्यवाही हुई लेकिन अंत में मृत युवांश के परिवार को कोई इंसाफ नहीं मिला और इस घोर लापरवाही में जिसके उपर कार्यवाही होना था उसे पूरी तरह से बचा लिया गया और बलि का बकरा बना ग्राम सड़क चिरचारी का सचिव।
    मिली जानकारी के अनुसार जिला कलेक्टर राजनांदगांव ने दिनांक 22.06.2025 को तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन कर एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट पेश करने कहा था। इस जांच समिति में संयुक्त कलेक्टर सरस्वती बंजारे, लोकनिर्माण विभाग के ई ई एस के चौरसिया और उपसंचालक पंचायत देवेन्द्र कौशिक को यह जिम्मेदारी दी गई थी। अब प्रश्न यह उठता है कि सूचना पटल गिरने से बच्चे की मौत की घटना दिनांक 22.06.2025 की है। जांच समिति जांच के लिये 25.06.2025 को ग्राम सड़क चिरचारी आई और घटना स्थल का निरीक्षण किया। जबकि सचिव को निलंबित करने का आदेश जिला पंचायत राजनांदगांव से जारी हुआ है वह आदेश दिनांक 23.06.2025 का है। इसमें सबसे बड़ी कमजोरी यह दिख रही है कि जब 3 सदस्यीय जांच समिति 25.06.2025 को ग्राम सड़क चिरचारी आई और घटना स्थल का निरीक्षण किया तो सचिव के निलंबन का आदेश 3 सदस्यीय जांच समिति की रिपोर्ट देने के पहले ही बना दिया गया था। जब सचिव का निलंबन आदेश दिनांक 23.06.2025 को जारी हो गया था तो फिर दिनांक 3.07.2025 को सोशल मीडिया में वायरल हुआ इसमें यह बात सबके समझ से परे है कि आखिर 10 दिन तक निलंबन आदेश को रोक कर रखने की क्या मंशा थी जब आदेश 23.06.02025 को जारी हो गया था तो उसे तत्काल प्रभाव से सचिव को दे देना था लेकिन एैसा नहीं किया। यह निलंबन आदेश आज दिनांक 4.07.2025 तक सचिव के पास नहीं पहुंचा है और न ही इसकी जानकारी सचिव को है जैसा कि सचिव से मोबाईल पर बात करने पर सचिव ने जानकारी दी।
        इस पूरे घटना क्रम को देखते हुये सूचना पटल के गिरने, बच्चे की बेसमय मौत होने और मां बाप को न्याय मिलने की बात तो दूर रही इसमें कार्य एजेंसी पर कार्यवाही होना चाहिये था क्योंकि इस निर्माण कार्य को करने वाला पूर्व सरपंच एवं कार्य एजेंसी है न कि सचिव सचिव का कार्य देखभाल हो सकता है निर्माण की गुणवत्ता जांचने का काम इंजीनियर और कार्य एजेंसी का है। जबकि जिला पंचायत सीईओ ने पूर्व सरपंच इंजीनियर एवं सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किया था उस विषय में कोई भी रिपोर्ट सामने नहीं आई है। ग्राम के सचिव को बलि का बकरा बनाने में एैस लग रहा है कि पूर्व सरपंच एवं कार्य एजेंसी सत्ता सरकार से जुड़े हुये है और उन्हें किसी भी तरह से नुकसान पहुंचाये बिना पूरी तरह से बचा लिया गया है और पूरे मामले को रफा दफा करने के लिये सिर्फ सचिव के उपर निलंबन करने की कार्यवाही कर दी गई है। जबकि वर्तमान सरपंच ने इस पूरे निर्माण कार्य से अपना पल्ला झा़ड लिया था कि इसमें उसका कोई लेना देना नहीं है।
        क्या साय के सुशासन में इस तरह का अन्याय होना वाजिब है या इस पूरे प्रकरण की पुनः गहराई से जांच होनी चाहिये। और मृत बच्चे के परिवार को सही न्याय मिल सके यदि पीड़ित निषाद परिवार को सही न्याय नहीं मिलेगा तो वह परिवार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से भी अपनी गुहार लगायेंगे।

  • कॉन्फलुएंस महाविद्यालय द्वारा आयोजित ओपन कैंपस में 2 विद्यार्थियों का बैंकों में चयन

    04-Jul-2025

    राजनांदगांव- कॉन्फलुएंस कॉलेज विद्यार्थियों का न केवल शैक्षणिक विकास करता है बल्कि उचित कैरियर गाइडेंस प्रदान कर उनके कैरियर के लिए एक रास्ता भी बनाता है जिसके तहत महाविद्यालय में विभिन्न कंपनियों प्लेसमेंट के लिए आती है और विद्यार्थियों को चयनित करती है। इस वर्ष भी आयोजित ओपन प्लेसमेंट कैंपस में दो होनहार विद्यार्थियों का चयन हुआ है। इस कैंपस में दिग्विजय महाविद्यालय, शिवनाथ साइंस कॉलेज, कमला कॉलेज, सीआईटी कॉलेज, अशोक कॉलेज, एवं रॉयल कॉलेज के साथ-साथ अन्य महाविद्यालय के विद्यार्थियों को भी आमंत्रित किया गया था जिसमें लगभग 50 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। NIIT प्रमुख विकास पांडेय और वेद विद्यार्थी प्रमुख चिंतामणि यादव के मार्गदर्शन में राखी सोनकर और श्रेयांश सोनी का चयन क्रमशः एक्सिस बैंक और एचडीएफसी बैंक में हुआ है। प्राचार्य डॉ. रचना पाण्डेय ने दोनों विद्यार्थियों के साथ साथ उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि इन्होंने इस उपलब्धि से महाविद्यालय को गौरवान्वित करने के साथ साथ अन्य विद्यार्थियों को प्रेरित करने का काम किया है। संचालक डॉ. मनीष जैन, संजय अग्रवाल और आशीष अग्रवाल ने संयुक्त रूप से उनको बधाई देते हुए कहा कि महाविद्यालय इस तरह का कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन प्रतिवर्ष करता रहेगा जिससे महाविद्यालय में पढ़ने वाले प्रत्येक विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत चयन हो और उनका भविष्य उज्जवल हो।

  • लापरवाही या साजिश? किताबें-रजिस्टर जलाए जाने पर जांच के निर्देश, मचा हड़कंप

    04-Jul-2025
    खैरागढ़: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ स्थित शासकीय अंग्रेजी माध्यम प्राथमिक शाला (क्रमांक-1) में बड़ी लापरवाही उजागर हुई है. स्कूल की किताबें, रजिस्टर समेत कई सरकारी दस्तावेज को बिना किसी प्रक्रिया के आगे के हवाले कर दिया गया. जिसके बाद यह सवाल उठ रहा है क्या कुछ छुपाने की साजिश के तहत यह दस्तावेज जला दिए गए. स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने घटना को लेकर नारजगी जाहिर की है. उनका कहना है कि दस्तावेजों को इस तरह जलाना न सिर्फ सरकारी नियमों का उल्लंघन है, बल्कि पारदर्शिता और जवाबदेही पर भी सीधा प्रहार है. लोगों ने कहा अगर इस तरह दस्तावेज जलाए जाते रहे तो भविष्य में गड़बड़ियों को छिपाने का रास्ता खुल जाएगा. घटना की शिकायत मिलने पर नागरिकों ने जिला कलेक्टर सुमन राज के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसे संयुक्त कलेक्टर सुमन राज ने प्राप्त किया. उन्होंने कहा कि “शासकीय दस्तावेजों को जलाने की शिकायत गंभीर है. जिला शिक्षा अधिकारी को जांच के निर्देश दिए गए हैं. दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई होगी ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो.” स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल में दस्तावेज जलाने की घटना अगर समय पर नहीं रोकी गई, तो शासन और प्रशासन की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो जाएंगे. लोगों में घटना को लेकर नाराजगी है और उन्हें उम्मीद है कि जांच में सच सामने आए और जिम्मेदारों पर कार्रवाई हो. 
  • नाले में बहने से किशोर की मौत

    04-Jul-2025

     बिलासपुर। बिलासपुर में नाले के तेज बहाव में आकर 15 वर्षीय छात्र बहकर डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। गुरुवार की देर शाम उसकी लाश झाड़ियों के बीच मिली। बताया जा रहा है कि वह अपने दोस्तों के साथ नहाने गया था। जब वो नाले में बहा तब उसके साथियों को भनक तक नहीं लगी। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है। ग्राम रिंगवार निवासी जितेंद्र पैकरा (15) नवमीं कक्षा का छात्र था। गुरुवार दोपहर वो घर पर था। इसी दौरान बाहर खेलने जाने की बात कहकर घर से निकला था, जिसके बाद वो अपने दोस्तों के साथ गांव के बरसाती नाले में नहाने चला गया।  

    दोस्तों के साथ वह नाले में नहा रहा था। तभी तेज बहाव में आकर बह गया। नहाते समय उसका पैर बेशरम की झाड़ियों में फंस गया, जिसके चलते वह डूब गया और उसकी मौत हो गई। जब उसके दोस्त नाले में नहा रहे थे, तब उन्हें जितेंद्र के बहने की भनक तक नहीं लगी। पानी से बाहर निकलने के बाद उन्हें जितेंद्र नहीं दिखा। तब उन्होंने आसपास ढूंढने का प्रयास किया, वो नहीं मिला, तब उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी। 
  • 3 लाख की चोरी, पिकअप की सीट पर रखा था किसान

    04-Jul-2025
    राजनांदगांव। कृषि कार्य के लिए रखे तीन लाख रुपए चोरी करने वाले आरोपी को गैंदाटोला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने रकम को लाल गमछे में बांधकर अपने खेत में बेर पेड़ के नीचे छिपा दिया था। पुलिस ने उसके पास से 1,79,000 रुपए बरामद किए हैं। गैंदाटोला पुलिस ने बताया कि प्रार्थी गर्रापार निवासी विनोद कुमार साहू ने 1 जुलाई की रात करीब 9 बजे थाना गैंदाटोला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विनोद ने बताया कि उसकी पिकअप की सीट के नीचे रखे बैग से तीन लाख रुपए चोरी हो गए हैं। पुलिस ने शिकायत के बाद मामले की जांच शुरू की। संदेही छगनलाल साहू से सख्ती से पूछताछ की गई।  
    आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह 1 जुलाई को विनोद कुमार और ओमप्रकाश साहू के साथ धान के लिए खाद लेने अर्जुनी गया था। वापसी में गर्रापार पहुंचकर खाद खाली करते समय विनोद और ओमप्रकाश वाहन से नीचे उतरे। तभी छगनलाल ने ड्राइवर सीट के नीचे रखा बैग निकाल लिया। गली से पैदल जाते हुए उसने बैग से पैसे निकाले और बैग को फेंक दिया। कुछ पैसे रास्ते में गिर गए। बाकी रकम को लाल गमछे में बांधकर अपने खेत में बेर पेड़ के नीचे छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी छगनलाल को जेल भेज दिया है। 
  • बेटी की शादी के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचा पिता, याचिका खारिज

    04-Jul-2025
    बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने पिता की उस याचिका को खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने अपनी बेटी को जबरदस्ती कैद में रखने का आरोप लगाते हुए उसे कोर्ट में पेश कराने की मांग की थी। कोर्ट ने कहा कि जब बेटी बालिग है और उसने अपनी मर्जी से शादी की है, तो उसे जबरदस्ती कोर्ट में बुलाने की कोई वजह नहीं बनती। बिलासपुर के भारतीय नगर में रहने वाले एक व्यक्ति ने हाईकोर्ट में हैबियस कॉर्पस याचिका दाखिल की थी। उन्होंने कहा कि उनकी 25 साल की बेटी 18 मई 2025 को मॉल में फिल्म देखने गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। 24 घंटे बीतने के बाद भी कोई खबर नहीं मिली, तो पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पिता का आरोप था कि उनकी बेटी को दो लोगों ने जबरन अपने कब्जे में रखा है, और उसे छुड़ाकर कोर्ट में पेश किया जाए। राज्य सरकार की ओर से जवाब दिया गया कि लड़की बालिग (25 साल की) है। उसे 24 मई को एसडीएम के सामने पेश किया गया, जहां उसने स्वेच्छा से बयान दिया कि उसने मोहम्मद अज़हर नाम के युवक से अपनी मर्जी से शादी की है और वो उसके साथ खुश है। कोर्ट में शादी का प्रमाण पत्र भी पेश किया गया। मुख्य न्यायाधीश ने दोनों पक्षों की दलीलें और दस्तावेज देखने के बाद कहा कि लड़की बालिग है और उसने अपने अधिकार से शादी की है, इसलिए उसे जबरदस्ती कोर्ट में बुलाने की कोई जरूरत नहीं है। कोर्ट ने यह भी कहा कि लड़की ने अपने बयान में साफ कहा है कि वह किसी दबाव या बंधन में नहीं है और अपने पति के साथ रहना चाहती है। इन तमाम तथ्यों के आधार पर कोर्ट ने पिता की याचिका खारिज कर दी। 
  • ट्रेन में गुम या चोरी हुए मोबाइल को GRP ने ढूंढ निकाले

    04-Jul-2025

    रायपुर. ट्रेन में या प्लेटफार्म में मोबाइल चोरी होने के बाद शायद ही किसी को उम्मीद रही होगी कि जीआरपी उनका मोबाइल ढूंढ कर देगी. लेकिन जीआरपी एसपी श्वेता सिन्हा कहती है कि यदि अब यदि किसी यात्री का मोबाइल चोरी या गुम हो जाएं तो वे निश्चिंत होकर ये भरोसा कर सकता है कि मोबाइल को ढूंढ़ने में जीआरपी उनकी पूरी मदद करेगी. ऐसे ही 75 परिवारों के चेहरे पर आज खुशियां लौटी जिनका मोबाइल ट्रेन या प्लेटफार्म से चोरी या गुमा था. जीआरपी एसपी कार्यालय में जीआरपी ने ऐसे ही 75 लोगों को उनके मोबाइल लौंटाएं है. ऐसा पहली बार हुआ है जब इतनी बड़ी संख्या में चोरी या गुमे मोबाइल जीआरपी ने लौंटाएं हो. जिन यात्रियों को उनके मोबाइल मिले उनका कहना था कि उन्होंने तो ये उम्मीद खो ही दी थी कि उनका मोबाइल कभी मिलेगा, लेकिन अपना मोबाइल मिलने के बाद वे काफी खुश है.

     
  • दंपति की हरकत से गांव की हो रही थी बदनामी, सेक्स रैकेट का भंडाफोड़

    04-Jul-2025

    कबीरधाम। पुलिस ने देहव्यापार में लिप्त पति-पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों के खिलाफ लंबे समय से अवैध गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुये दोनों को उनके घर से पकड़ा गया। घटना लाखाटोला ग्राम की है। दरअसल, पुलिस को शिकायत मिली थी कि लाखाटोला ग्राम में दंपति के द्वारा देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। इस सूचना पर एसपी धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश में थाना सहसपुर लोहारा पुलिस द्वारा यह कार्यवाही की गई। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लाखाटोला में लंबे समय से देह व्यापार जैसी अवैध गतिविधियों की सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं, जिस पर पुलिस द्वारा लगातार सतर्क निगरानी रखी जा रही थी।  

    जांच के बाद ग्राम लाखाटोला निवासी ईतवारी खुटेल पिता रूगु पटेल, उम्र 40 वर्ष और उसकी पत्नी 40 वर्ष को पकड़ा गया। दोनों के विरुद्ध देह व्यापार जैसी संगीन गतिविधियों में संलिप्त होने के कारण धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगाशा क्रमांक 28/86/2025 तैयार कर एसडीएम न्यायालय लोहारा में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय द्वारा वारंट जारी किए जाने पर अनावेदक ईतवारी खुटेल को जिला जेल कवर्धा तथा अनावेदिका महिला को महिला जेल दुर्ग भेजा गया।
  • सप्लाई करने निकले ड्राइवर ने शराब की हेराफेरी की, ट्रक छोड़कर हुआ फुर्र

    04-Jul-2025

    रायगढ़। अंग्रेजी शराब व बीयर की हेराफेरी का मामला सामने आया है। घटना को ट्रक चालक ने अंजाम दिया है। जिसकी सूचना के बाद पुलिस ने मामले में अपराध कायम किया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।मिली जानकारी के मुताबिक 27 जून को बिलासपुर के यदुनंदन नगर घुरू रोड तिफरा का रहने वाला जयकरन सिंह 37 साल ने कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह अशोक लिलेंड ट्रक का मालिक है। उसकी वाहन को मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिला के ग्राम कोटमी का रहने वाला रामनाथ यादव चलाता है। 9 जून की रात को रामनाथ यादव को सिरगिट्टी अंग्रेजी शराब डिपो से 15 लाख 12 हजार 689 रुपए का अंग्रेजी शराब व बीयर को लोडकर रायगढ़ के केवड़बाड़ी स्थित शराब दुकान के लिए रवाना किया गया था। 

     
    10 जून की शाम को रामनाथ रायगढ़ पहुंचा और केवड़ाबाड़ी स्थित शराब दुकान के पास वाहन को खड़ी कर कहीं भाग गया। इसके बाद शराब दुकान के सुपरवाईजर ने मामले की जानकारी वाहन मालिक जयकरन को दी। ऐसे में जयकरन वहां पहुंचा और सुपरवाईजर के सामने वाहन को खाली कराया गया। तब पता चला कि वाहन में ब्लैकडाॅग, वैट 69, ओल्डमंक, एंटी क्विटी, सिंबा, किंगफिशर स्ट्रांग समेत 1 लाख 3 हजार 950 रुपए का शराब व बीयर नहीं था। जिसका सत्यापन आबकारी उप निरीक्षक के द्वारा किया गया। जिसमें उन्हें शंका है कि चालक रामनाथ ने शराब की हेराफेरी की है। ऐसे में जयकरन की रिपोर्ट पर बुधवार को पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ धारा 316(3)-BNS के तहत अपराध कर मामले को विवेचना में लिया है। 
  • पैंगोलिन खाल की तस्करी, जगदलपुर में दो तस्कर अरेस्ट

    04-Jul-2025
    जगदलपुर। जगदलपुर में 13 किलो पैंगोलिन की खाल के साथ 2 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। ये तस्कर जगदलपुर में ग्राहक की तलाश कर रहे थे। मुखबिर से मिली सूचना के बाद वन विभाग की टीम ने इन्हें पकड़ा है। दरअसल, पैंगोलिन खाल से सेक्स पावर की दवा बनाने की अफवाह है। इसलिए अवैध तरीके से इसकी तस्करी की जाती है। जानकारी के मुताबिक, ये दोनों तस्कर बीजापुर जिले के रहने वाले हैं। इन्होंने इंद्रावती टाइगर रिजर्व और पामेड़ इलाके से पैंगोलिन का शिकार कर स्केल्स निकाल लिया था। करीब 13 किलो स्केल्स के साथ ये जगदलपुर के परपा में एक मकान में मौजूद थे। यहां ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। वहीं फॉरेस्ट की टीम को इसकी जानकारी मिली। जिसके बाद टीम ने मकान में अचानक दबिश दी। दोनों तस्करों को पकड़ा गया। इनके पास से खाल बरामद हुई। फिलहाल ये खाल किसे बेचने वाले थे, तस्करी की चेन में और कौन-कौन शामिल है? इन सभी सवालों का जवाब ढूंढने के लिए वन विभाग की टीम दोनों तस्करों से पूछताछ कर रही है। 
  • 5 लाख कैश दहेज नहीं मिलने पर पति ने पत्नी का साथ छोड़ा, FIR दर्ज

    04-Jul-2025

     रायगढ़। विवाहिता को ससुराल पक्ष के द्वारा दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। दहेज में 5 लाख कैश की डिमांड की जाती थी। जब मांग पूरी नहीं हुई तो पति ने पत्नी को मायके में छोड़ दिया। घटना के बाद पीड़िता की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज किया गया है। मामला महिला थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के मुताबिक जूटमिल थाना क्षेत्र में रहने वाली 22 वर्षीय युवती की शादी साल 2022 में ओड़िसा के रेंगाली थाना के ग्राम मोहदी निवासी सुनील साहू 27 साल के साथ सामाजिक रीति रिवाज से हुई थी।

     
    शादी के दौरान विवाहित के परिजनों ने अपने अनुसार दहेज में कई सामान दिए थे। तब शादी के 7-8 साल सब कुछ ठीक था, लेकिन शादी के 9 माह बाद पति सुनील साहू, सास पद्मनी साहू, ससुर प्रदीप साहू, ननद नमीता साहू के द्वारा दहेज में 5 लाख कैश देने की डिमांड करने लगे। दहेज के नाम पर विवाहिता को गाली-गलौज करते हुए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, लेकिन वह सह रही थी। जब उनकी डिमांड पूरी नहीं हुई, तो करीब 6 माह पहले सुनील ने अपनी पत्नी को मायके में लाकर छोड़ दिया और लेने नहीं आया। ऐसे में विवाहिता ने इसकी शिकायत महिला थाना में की। जहां पुलिस द्वारा काउंसलिंग के लिए ससुराल पक्ष के लोगों को बुलाया गया, करीब 3-4 माह बीच-बीच में काउंसलिंग चला, लेकिन उसके बाद भी उनके बीच सहमति नहीं बनी। ऐसे में पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना में पति समेत ससुराल पक्ष के 4 लोगों के खिलाफ पुलिस ने दहेज प्रताड़ना का अपराध किया गया है।
     
  • बारिश के चलते धंसा नाले में बना स्टॉप डैम, मौके पर मौजूद बुजुर्ग मुरूम में दबा, 24 घंटों से रेस्क्यू जारी…

    04-Jul-2025

     महासमुंद। सिंघोडा थाना क्षेत्र के रक्सा गांव में बारिश के चलते एक बुजुर्ग मरूम में दब गया. वह नाले पर बने स्टॉप डैम पर खड़ा था. लेकिन पानी के तेज बहाव और भीतरी रिसाव के चलते स्टॉप डैप का मुरूम अचानक अंदर धंस गया. मौके पर खड़ा बुजुर्ग शोभा राम मुरुम के साथ ही जमीन के अंदर धंस गया. आस-पास मौजूद ग्रामीणों ने जैसे ही यह देखा उन्होंने अधेड़ को ढूंढने की कोशिश की लेकिन वह नहीं दिखा. इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी.

    सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अधेड़ को ढूंढने की कोशिश की और ओडिशा से  NDRF की टीम बुलाई गई. घटना के 24 घंटे बाद भी अब तक अधेड़ को नहीं ढूंढा जा सका है. गोताखोर नाले के अंदर जाकर भी अधेड़ को खोजने की कोशिश कर रहे हैं. लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिल सकी है. फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
     
    इस मामले में सराइपाली SDM नम्रता चौबे ने कहा कि पानी का बहाव तेज है. घटना स्थल के आसपास पानी रोकने का प्रयास जारी है. 24 घन्टे से लगातार हम प्रयास कर रहे हैं. बाहर से NDRF की टीम बुलाई गई है. अधेड़ की 15 से 20 फिट निचे दबे होने की आशंका है. पोकलेन मशीन की सहायता से मिट्टी हटाया जा रहा है. ब्लॉक स्तर के सभी अधिकारी कर्मचारी मौके पर मौजूद हैं.
     
    वहीं घटना के बाद से गांव में दहशत और बेचैनी का माहौल है. बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर मौजूद हैं. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बचाव कार्य में अवरोध न डालें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें.
  • छत्तीसगढ़ चुनाव आयोग ने 4 राजनीतिक दलों को थमाया कारण बताओ नोटिस

    04-Jul-2025

     रायपुर। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ द्वारा रायपुर स्थित चार राजनीतिक दलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विगत छह वर्षों (वर्ष 2019 से) में इन दलों द्वारा न तो किसी लोकसभा चुनाव और न ही किसी राज्य विधानसभा अथवा उपचुनाव में कोई उम्मीदवार खड़ा किया गया है। इसमें छत्तीसगढ़ संयुक्त जातीय पार्टी, बजरंग नगर (तात्यापारा वार्ड), रायपुर, छत्तीसगढ़ विकास पार्टी, ए-12 फ्लैश विहार, न्यू पुरैना, पोस्ट रविग्राम, रायपुर, राष्ट्रीय मानव एकता कांग्रेस पार्टी, गुरुद्वारा के सामने, स्टेशन रोड, रायपुर, पृथक बस्तर राज्य पार्टी, 8, सीनियर एच.आई.जी., सेक्टर-3, शंकर नगर, रायपुर शामिल हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इन सभी दलों के अध्यक्ष/महासचिव/प्रमुख को 11 जुलाई 2025 को सुनवाई हेतु अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा।

  • एनीकट बहा बाढ़ में, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में हो रही भारी बारिश

    04-Jul-2025

     गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में पिछले कई दिनों से जारी मूसलधार बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। लगातार हो रही बारिश के चलते जिले के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई है जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश की वजह से वन विभाग द्वारा बनाए गए कई एनीकट टूटकर बह गए हैं जिससे स्थानीय जलस्रोतों और सिंचाई व्यवस्था को भी नुकसान पहुंचा है। वहीं निर्माणाधीन बिलासपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति और भी चिंताजनक हो गई है। वर्षा से हाईवे का एक हिस्सा धंस गया है जबकि कई स्थानों पर सड़क और पुलिया भी टूट चुकी हैं।सालों से बन रहे इस हाईवे का काम अभी पचास प्रतिशत भी नहीं हुआ है कि कई जगहों से सड़क और पुलिया टूट चुकी हैं। हाईवे में कारिआम-जोगीसार के बीच बन रहे निर्माणाधीन पुलिया के कारण बनाया गया बाईपास सड़क बरसाती पानी के तेज बहाव को नहीं झेल सका और दो हिस्सों में टूटकर बंट गया जिसके चलते पेंड्रारोड से बिलासपुर को जोड़ने वाला यह मार्ग अवरुद्ध हो गया। अब वाहनों को डायवर्ट कर पेंड्रा और खोडरी के रास्ते बिलासपुर, अनूपपुर, शहडोल और जबलपुर की ओर जाना पड़ रहा है। 

  • त्रिनिदाद एंड टोबैगो: प्रधानमंत्री कमला ने स्वागत भाषण में पढ़ी पीएम मोदी की कविता

    04-Jul-2025

    प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दूसरे चरण में त्रिनिदाद एंड टोबैगो पहुंचे। उन्होंने यहां त्रिनिदाद एंड टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला पर्साद-बिसेसर से मुलाकात की। वो पल खास रहा जब पीएम कमला ने पीएम मोदी की किताब ‘आंख आ धन्य छे’ में प्रकाशित एक कविता का उल्लेख किया। कमला ने इस कविता के माध्यम से भारत और कैरेबिया के बीच स्थायी रिश्ते और पीएम मोदी के भारतीय प्रवासियों के साथ गहरे भावनात्मक संबंधों को रेखांकित किया। ‘आंख आ धन्य छे’ में कविता गुजराती भाषा में लिखी है। इसमें लिखा है: 

     "मेरे मन की गहराइयों में, मैं अतीत में बहुत दूर जाता हूं। हर पल एक याद बनकर खुलता है, मेरी स्मृतियां आसानी से लौट आती हैं। हर चेहरा आसानी से पहचाना जाता है, कुछ भी छिपा नहीं रहता, क्योंकि सत्य साफ दिखाई देता है। हमारे उन साथियों के लिए, जिनके साथ हमने कष्ट सहे। वे कभी भुलाए नहीं जाते, एक साथ सहे उन कष्टों को अंत में वे ही यात्रा बन जाते हैं।" अपने संबोधन में उन्होंने मोदी की जमकर प्रशंसा की और उनके दौरे को गहरा सम्मान और साझा इतिहास का क्षण बताया।  उन्होंने कहा, "हमें एक ऐसे व्यक्ति की उपस्थिति का सौभाग्य प्राप्त है जो हमारे लिए बहुत प्रिय है। यह दौरा सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि हमारे लिए बहुत सम्मान की बात है। मुझे विश्व के सबसे सम्मानित और दूरदर्शी नेताओं में से एक, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करने का विशेष सौभाग्य प्राप्त है।" उन्होंने आगे कहा, "प्रधानमंत्री, आप एक परिवर्तनकारी शक्ति हैं जिन्होंने भारत के शासन को बेहतर बनाया और अपने देश को एक प्रमुख वैश्विक शक्ति के रूप में स्थापित किया। आपके दूरदर्शी और भविष्यवादी पहलों ने भारतीय अर्थव्यवस्था को आधुनिक बनाया, एक अरब से अधिक नागरिकों को सशक्त किया, और सबसे बढ़कर, आपने विश्व भर के भारतीयों के दिलों में गर्व की भावना जगाई।" उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान मोदी के नेतृत्व और भारत की वैश्विक वैक्सीन मैत्री पहल को भी रेखांकित किया। यह प्रधानमंत्री के रूप में मोदी का त्रिनिदाद एंड टोबैगो का पहला दौरा है और 1999 के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का इस कैरिबियाई देश का पहला द्विपक्षीय दौरा है। पीएम मोदी की यह यात्रा त्रिनिदाद एंड टोबैगो की प्रधानमंत्री के निमंत्रण पर हो रही है। 
  • यूजीसी के आदेश को लेकर हाईकोर्ट पहुंचा छात्र, परीक्षा तारीख बदलने की मांग खारिज

    04-Jul-2025

    बिलासपुर। अगर कोई छात्र दो यूनिवर्सिटी से डिग्री कर रहा है और दोनों की परीक्षाएं एक ही समय पड़ जाएं, तो तारीख बदलने में न्यायालय हस्तक्षेप नहीं करेगा। एक मामले में हाईकोर्ट ने दो डिग्रियों की परीक्षाएं अलग-अलग तारीख पर कराने की मांग को खारिज कर दिया है। कोनी, बिलासपुर निवासी सत्येन्द्र प्रकाश सूर्यवंशी एक साथ पं. सुंदरलाल शर्मा ओपन यूनिवर्सिटी से एमएसडब्ल्यू और अटल बिहारी वाजपेयी यूनिवर्सिटी से एलएलबी कर रहे हैं। दोनों यूनिवर्सिटियों की फाइनल परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी हुआ, तो पाया कि दोनों की परीक्षा की तारीखें टकरा रही हैं। इस वजह से उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दायर की और मांग की कि परीक्षाएं अलग-अलग तारीख पर कराई जाएं।  

     लेकिन न्यायमूर्ति अरविंद कुमार वर्मा की एकलपीठ ने छात्र की यह याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने कहा कि रिट याचिका के जरिए इस तरह की राहत नहीं दी जा सकती, और परीक्षा का टाइम टेबल बदलवाना कोर्ट के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। छात्र का कहना था कि यूजीसी ने एक साथ दो डिग्री करने की अनुमति दी है, और राज्य सरकार ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी 2020) को लागू करने के लिए टास्क फोर्स भी बना दी है। लेकिन यूनिवर्सिटियों के बीच समन्वय की कमी और उदासीनता की वजह से उसे परीक्षा देने में परेशानी हो रही है, जो उसके जीवन और स्वतंत्रता के अधिकार का उल्लंघन है। कोर्ट ने कहा कि जब तक किसी संस्था का फैसला स्पष्ट रूप से गैरकानूनी न हो, तब तक उसके निर्णय को चुनौती नहीं दी जा सकती। और सिर्फ परीक्षा की तारीखों के टकराने को लेकर कोर्ट टाइम टेबल में बदलाव नहीं करा सकता। 
  • दुर्ग-पटना रूट पर एक और नई स्पेशल ट्रेन दौड़ेगी

    04-Jul-2025

     रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए दुर्ग और पटना के बीच एक नई साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. ट्रेन संख्या 08797 (दुर्ग-पटना साप्ताहिक स्पेशल) दुर्ग से 7, 14, 21 और 28 जुलाई को हर सोमवार को कुल चार बार चलेगी. वहीं, ट्रेन संख्या 08798 (पटना-दुर्ग साप्ताहिक स्पेशल) पटना से 8, 15, 22 और 29 जुलाई को हर मंगलवार को चार फेरे लगाएगी. इस ट्रेन में कुल 21 कोच होंगे, जिनमें 2 एसी-थर्ड, 13 स्लीपर, 4 सामान्य और 2 एलआरडी कोच शामिल हैं, जिससे यात्रियों के लिए कुल 1008 बर्थ की व्यवस्था की गई है. यह विशेष ट्रेन दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, हटिया, रांची, मुरी जंक्शन, बोकारो स्टील सिटी, धनबाद, कतरासगढ़, चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, किऊल, मोकामा, बाढ़, बख्तियारपुर, फतुहा, पटना साहिब, राजेंद्र नगर टर्मिनल और पटना स्टेशनों पर रुकेगी. 

  • फेफड़े में फंसी थी पिन, किशोर की जान रायपुर एम्स के डॉक्टरों ने बचाई

    04-Jul-2025

    रायपुर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के चिकित्सकों की टीम ने एक 13 साल के बच्चे के फेफड़े की श्वांस नली में पिन नुमा नुकीली वस्तु को वीडियो ब्रोंकोस्कोपी की मदद से निकालकर बच्चे की जान बचा ली. बच्चे को उनके परिजन 30 जून को ट्रामा इमरजेंसी यूनिट में खांसी के साथ लगातार खून आने के कारण इलाज के लिए लाये थे. इसी के साथ बच्चे को लगातार बुखार और दो सप्ताह से अधिक समय से सीने में दर्द हो रहा था. यूनिट के चिकित्सकों ने जब विस्तृत जानकारी ली तब पता चला कि बच्चा पिन से खेल रहा था, जिसे खांसते समय गलती से निगल गया और श्वांस नली के रास्ते फेफड़े की नलियों में जाकर फंस गया.  उसके बाद से बच्चे की शारीरिक दिक्कतें बढ़ने लग गई. यह पिन फेफड़े में गहराई तक फंसी हुई थी. मरीज को तुरंत ब्रोंकोस्कोपी श्वांसनली की एंडोस्कोपिक जांच के लिए सिडेशन के तहत लिया गया. इस दौरान श्वांस लेने में किसी भी प्रकार दिक्कत को देखते हुए लैरिंजियल एयरवे लगाया गया. वीडियो ब्रोंकोस्कोपी की मदद से टीम ने पिन को सटीक रूप से खोजा और विशेष उपकरणों द्वारा सावधानीपूर्वक बाहर निकाला. मामूली रक्तस्राव को टेम्पोनाड और स्थानीय एड्रेनालिन द्वारा नियंत्रित किया गया. यह प्रक्रिया सफल रही और कोई जटिलता नहीं हुई. अगले दिन बच्चे को एंटीबायोटिक्स और फिजियोथेरेपी निर्देशों के साथ छुट्टी दे दी गई. एम्स के कार्यपालक अशोक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल जिंदल (रिटायर्ड) ने इसे चिकित्सकों के टीम वर्क की सफलता और एम्स के उन्नत संसाधनों की देन कहा.  बच्चे के फेफड़े की नली से पिन निकालने में डॉ. रंगनाथ टी. गंगा, डॉ. अजॉय बेहरा, डॉ. प्रवीण दुबे और डॉ. राहुल चक्रवर्ती के साथ ही एनेस्थीसिया विभाग से डॉ. देवेन्द्र त्रिपाठी, डॉ. चंदन डे और डॉ. शमा खान का सहयोग प्राप्त हुआ. वहीं रेडियोलॉजी विभाग ने भी फेफड़े के अंदर की स्थिति को दिखाने में मदद की. 

Top