बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है जो आज पूरी दुनिया के लिए स्वास्थ्य ओर संतुलन का प्रतीक बन चुका है - राष्ट्रीय सेवा योजना

    22-Jun-2025

    राजनांदगाँव/राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई कॉनफ़्लूएन्स कॉलेज द्वारा आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य, कल्याण और शांति के लिए योग के लाभों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गोद ग्राम पार्रीकला में किया योग प्रशिक्षण शिविर का समापन 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर किया योग का मकसद शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को बढ़ाने हेतु योग करना है ।  योग शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करता है।  योग न केवल व्यायाम है बल्कि एक जीवनशैली है।  प्रो. विजय मानिकपुरी कार्यक्रम अधिकारी रा. से. यो. ने कहा कि 2015 से हर साल इस दिन को दुनिया भर में योग के महापर्व के रूप में मनाया जाता है।  योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है जो आज पूरी दुनिया के लिए स्वास्थ्य और संतुलन का प्रतीक बन चुका है।  केवल भारत ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर जन-जन को जोड़ने वाला पर्व बन गया है।  यह भारत के उस संदेश को सशक्त करता है जिसमें एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य की भावना निहित है इस वर्ष की थीम एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के साथ योगाचार्य श्रीमती युगेश्वरी साहू श्री श्री रविशंकर जी के अनुयाई द्वारा विभिन्न मुद्राओं में योग के आसन शा.  प्राथमिक शाला स्कूल, सरपंच, पंच एवं जनपद अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा रमेश चंद्राकर, शिक्षाविद डी. के. साहू, के. डी. साहू की उपस्थिति में संपन्न हुआ।  योग अपनाकर हम स्वस्थ, शांत और कुशल जीवन जी सकते हैं तनाव कोसों दूर हो सकता है।  योग से शरीर लचीलापन प्राप्त करता है।  यह शिविर 18 जून से 21 जून को इसका समापन किया जा रहा है जिसमे ग्राम पार्रीकला के नागरिकगण, महाविद्यालय के विधार्थी, स्कूल के छात्रों ने इसका लाभ लिया।  प्राचार्य डॉ. रचना पांडे ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा योग प्रशिक्षण कार्यशाला किया गया जिसके समापन पर योगाचार्य उपस्थित रही।  छात्रों ने केवल व्यायाम नहीं बल्कि एक ऐसी विधा को जो शरीर, मन और आत्मा को जोड़ सकती है का अभ्यास योग के रूप में किया।  भारत के ऋषियों ने इस विज्ञान को गहन अभ्यास और चिंतन से विकसित किया है।  यह केवल व्यायाम नहीं बल्कि एक जीवन शैली है। जनपद अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा रमेश चंद्राकर ने योग अभ्यास आयोजन में लोगों से कहा कि बच्चों से लेकर बुजुर्गों युवाओं ने राष्ट्रीय सेवा योजना के साथ योग करके आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सेहत के प्रति जागरूकता दिखाया है।  यह योग का ही महत्व है कि लोग आज अपने सेहत के प्रति जागरूक हैं।  पार्रीकला सरपंच ने कहा श्रीमती कामिनी अंबेलकर ने कहा रहना है निरोग, तो रोज करो योग।  इस आधुनिक समय में अपने सेहत के लिए योग करना अत्यधिक जरूरी है आज एन. एस. एस.  ने योग कराया है हमें यह योग रोज अपने घरों में करना चाहिए। शिक्षक श्रीमती चाँदनी कंवर ने कहा कि आज शाला के प्रांगण पर योग दिवस के अवसर पर विभिन्न मुद्राओं में योग राष्ट्रीय सेवा योजना और स्कूल के संयुक्त तत्वाधान में किया गया।  जिससे विद्यार्थी अपने स्वास्थ्य को लेकर जागरूक हुए।  योगाचार्य युगेश्वरी साहू ने योग के विभिन्न मुद्राओं के माध्यम से सबको योग कराया और बताया कि योग से शरीर लचीलापन प्राप्त करता है।  इससे फिटनेस अच्छी रहती है।  गठिया और कमर दर्द नहीं होता है ।  मन शांत रहता है, चिंता दूर रहती है।  इसलिए हमें रोज योग अभ्यास करना चाहिए। शिक्षाविद डी. के. साहू, के. डी. साहू  ने कहा की मानसिक तनाव ओर उच्च रक्तचाप जैसी बीमारिया योग से दूर रहती है । योग प्रशिक्षण शिविर कार्यक्रम मे प्रमुख रूप से रमेश चंद्राकार, ग्राम पंचायत सचिव, शिक्षक विनीता जेम्स, स्वाती जैन, गाव के गणमान्य नागरिक, महिला समूह एवं पंचगण, शालाविकास समिति के सदस्यगण एवं महाविद्यालय के प्रध्यापकगण प्रीति इंदोरकर, राधेलाल देवांगन, धनंजय साहू, देविका देवांगन, दिव्या श्रीवास्तव, स्कूल के छात्रगण एवं एन.एस.एस. के विधार्थी बड़ी संख्या मे उपस्थित थे ।

  • पुस्तैनी जमीन के मुआवजा-हिस्सेदारी विवाद में भतीजे की हत्या, चाचा गिरफ्तार

    22-Jun-2025

    रायगढ़। घरघोड़ा पुलिस ने घरेलू विवाद के चलते अपने ही भतीजे की लकड़ी के बहिंगा से हत्या करने वाले 70 वर्षीय आरोपी मंगलू राठिया को गिरफ्तार कर हत्या के आरोप में न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला ग्राम कुर्मीभौना (सुकबासीपारा) का है, जहां एक ही परिवार के पवन कुमार राठिया (40 साल) और उसके बड़े पिता मंगलूराम राठिया का पुस्तैनी भूमि ग्राम कुर्मीभौना में लगभग 9 एकड़ की समलाती भूमि दर्ज है, जिसे एसईसीएल बरौद कोयला खदान द्वारा अधिग्रहित किया जाना प्रस्तावित है। जमीन अधिग्रहण से मिलने वाले मुआवजा को लेकर परिवार में तनाव बना हुआ था।  
    इसी बीच मंगलुराम जमीन के ऐवज में ₹2,00,000 गांव में उधार लिया था जिसकी जानकारी पर पवन हिस्सा चाहता था और 20 जून की शाम पवन कुमार अपने बड़े पिता मंगलू राठिया के घर उधार रकम से हिस्से की रकम मांगने गया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसमें गुस्से में आकर मंगलू राठिया ने धौंरा लकड़ी के बहिंगा से पवन के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल पवन को परिजनों द्वारा पहले सीएचसी घरघोड़ा और फिर मेडिकल कॉलेज रायगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना चक्रधरनगर में दर्ज बिना नंबरी मर्ग डायरी 21 जून को थाना घरघोड़ा को प्राप्त हुई।  
    घरघोड़ा पुलिस ने डायरी मिलने पर असल मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में आरोपी मंगलूराम राठिया पिता स्व. गौठूराम राठिया (उम्र 70 वर्ष) का नाम सामने आया, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया और घटना में प्रयुक्त खून लगा लकड़ी का बहिंगा पुलिस को पेश किया, जिसे जप्त कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ कल 21 जून को अपराध क्रमांक 162/2025 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

  • पाटन में 2 लोगों की लाश मिली, कुएं से निकाला गया

    22-Jun-2025

    दुर्ग। पाटन ब्लॉक के अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया (कुरूद डीह) में सार्वजनिक कुएं दो शव ​मिले हैं। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर अमलेश्वर पुलिस पहुंची और शवों को बाहर निकालने का कार्य शुरू किया। जानकारी अनुसार, दोनों शव एक ही कुएं में पाए गए थे और कपड़े में लिपटे हुए थे। एक शव को निकालकर कपड़ा खोला गया, तो वह एक बच्चे का निकला। दूसरी लाश अभी भी कुएं में है, जिसे पुलिस और SDRF टीम मिलकर बाहर निकालने की कोशिश कर रही है। मृतक महिला है या पुरुष, यह भी शव निकलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। अमलेश्वर पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच के आधार पर शवों की पहचान नहीं हो पाई है। वहीं, मौत की वजह पता करने के लिए शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल यह हत्या या आत्महत्या है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
     

  • छत्तीसगढ़ के युवाओं को मिलेगा मौका, सरकारी विभाग में निकली भर्ती

    22-Jun-2025

    रायपुर। सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आयी है। छत्तीसगढ़ सरकार के अग्निशमन विभाग में स्टेशन ऑफिसर, ड्राइवर, फायरमैन सहित कुल 295 पदों पर भर्ती निकाली गई है। इन पदों के लिए एक जुलाई से आवदेन कर सकते हैं। मिली जानकारी के अनुसार स्टेशन ऑफिसर (सब इंस्पेक्टर) के 21, ड्राइवर के 14, ड्राइवर कम ऑपरेटर के 86, फायरमैन के 117, स्टोर कीपर के 32, मैकेनिक के 2, वॉचरूम ऑपरेटर के 19 और वायरलेस ऑपरेटर (संविदा) के 4 पद शामिल हैं। भर्ती छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों के लिए आरक्षित है। आपको बता दें कि इन सभी पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता अलग-अलग तय की गई है। अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक अधिसूचना का अवलोकन कर सकते हैं। वहीं, आवेदन के लिए न्यूनतम आयुसीमा 18 वर्ष, जबकि अधिकतम आयुसीमा 28 वर्ष निर्धारित की गई है। एससी (SC), एसटी (ST) और ओबीसी (OBC) वर्ग को आयुसीमा में 5 साल की छूट दी जाएगी। आयु सीमा की गणना 1 जुलाई 2025 के आधार पर की जाएगी। इस पदों के लिए इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट https://cgpolice.gov.in/ पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 1 जुलाई से शुरू होगी और 31 जुलाई (July) तक चलेगी। अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा (Written Exam) और शारीरिक दक्षता के आधार पर होगा।

  • आरक्षक ने फर्जी केस में फंसाकर गिरफ्तार कराने की धमकी दी, सस्पेंड

    22-Jun-2025

    दुर्ग। आरक्षक ने फर्जी केस में फंसाकर गिरफ्तार कराने की धमकी दी, इस मामले में अब उन्हें सस्पेंड कर दिया गया है। निलंबन आदेश में लिखा है, आवेदक बुधारू राम यादव पिता स्व० दीनदयाल यादव निवासी सुभाष चौक, सुपेला पुरानी बस्ती थाना सुपेला द्वारा अपने कब्जे की भूमि को अनावेदक पक्ष शिखर नायर व अन्य द्वारा अपने नाम पर पंजीयन व कब्जा करने संबंधी थाना सुपेला में प्रस्तुत शिकायत की जांच की है। कार्यवाही के दौरान कर्तव्य से परे जाकर अनावेदक को झूठे केस में फंसाने, गिरफ्तार कराने की धमकी देकर संदिग्ध आचरण प्रदर्शित करने के लिए आरक्षक क्रमांक 815 हरेराम यादव, 13 वी वाहिनी छसबल कोरबा हाल तैनात रक्षित केन्द्र जिला दुर्ग को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर 13 वी वाहिनी मुख्यालय छसबल कोरबा वापस किया जाता है। निलंबन अवधि में आरक्षक क्रमांक 815 हरेराम यादव, 13 वी वाहिनी छसबल को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

  • बारिश में भी जारी रहेगी नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन : अमित शाह

    22-Jun-2025

    रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रविवार को रायपुर पहुंचे, जहां उन्होंने नेशनल फोरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (NFSU) कैंपस और हाईटेक फोरेंसिक लैब का शिलान्यास किया और कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज छत्तीसगढ़ की क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम के लिए काफी महत्वपूर्ण दिन है। NSFU और CSFL के साथ तीनों संस्थाएं आने वाले दिनों में पूरे सेंट्रल इंडिया में क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम को आधार देने का काम करेंगी। पिछले दिनों हुए इंवेस्टर मीट में 5000 MOU हुए है। डेढ़ साल में कई इंडस्ट्रीज छत्तीसगढ़ में आ रही है।  
     शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ को बनाने का श्रेय अटल बिहारी वाजपेई को जाता है और उसके संवारने का से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि विष्णु देव की सरकार और विजय शर्मा की सबसे बड़ी उपलब्धि रुके हुए नक्सल अभियान को तेज गति प्रदान करना है। जिस तरह से सुरक्षा बलों ने आक्रमण रणनीति बनाई है, उसे देखते हुए एक बार फिर कह रहा हूं कि मार्च 2026 तक नक्सल खत्म होगा। इस बार हम बारिश में नक्सलियों का आराम करने नहीं देंगे। शाह ने एक बार फिर नक्सलियों से हथियार डालकर मुख्य धारा में शामिल होने की अपील की।

  • प्रदेश में अब तक 55 मिमी औसत वर्षा दर्ज

    22-Jun-2025

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में 1 जून से अब तक 55.0 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा स्थापित राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में अब तक जशपुर जिले में सर्वाधिक 188.4 मि.मी. वर्षा रिकार्ड की गई है। नारायणपुर जिले में सबसे कम 13.5 मि.मी. वर्षा दर्ज हुई है। राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार सरगुजा में 74.4 मि.मी., सूरजपुर में 86.4 मि.मी., बलरामपुर में 187.7 मि.मी., कोरिया में 127.0 मि.मी. और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 55.1 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है। रायपुर जिले में 38.6 मि.मी. बलौदाबाजार में 41.9 मि.मी., गरियाबंद में 47.5 मि.मी., महासमुंद में 30.4 मि.मी. और धमतरी में 24.1 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है। बिलासपुर में 23.1 मि.मी., मुंगेली में 14.8 मि.मी. रायगढ़ में 112.7 मि.मी., सारंगढ़ बिलाईगढ़ में 40.6 मि.मी., जांजगीर-चांपा में 42.5 मि.मी., सक्ती में 47.6 मि.मी. कोरबा में 63.9 मि.मी. और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही 49.6 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड हुई है। दुर्ग जिले में 42.0 मि.मी., कबीरधाम में 32.9 मि.मी., राजनांदगांव में 25.9 मि.मी., मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 21.5 मि.मी., खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 42.9 मि.मी., बालोद में 38.7 मि.मी. और बेमेतरा में 14.6 मि.मी. वर्षा रिकार्ड हुई है। बस्तर जिले में 63.2 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है। कोंडागांव में 26.9 मि.मी., कांकेर में 35.8 मि.मी., दंतेवाड़ा में 73.8 मि.मी., सुकमा में 20.8 मि.मी. और बीजापुर में 67.3 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है।

  • अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय आयोजन में उप मुख्यमंत्री ने किया योगाभ्यास

    21-Jun-2025

    योग से ही स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन संभव : अरुण साव
    रायपुर । उप मुख्यमंत्री अरुण साव अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आज मुंगेली जिला मुख्यालय में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास में शामिल हुए। उन्होंने विधायक पुन्नू लाल मोहले और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ योगाभ्यास किया। मुंगेली के आदर्श कृषि उपज मंडी परिसर में योग संगम, हरित योग की थीम पर 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय आयोजन किया गया था। योगाचार्य विवेक केशरवानी और पुरुषोत्तम जायसवाल ने प्राणायाम सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने योगाभ्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज की भाग-दौड़ भरी जिंदगी में स्वस्थ तन और मन के लिए योग बहुत जरूरी है। योग से ही स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन संभव है। लोगों का रुझान योग की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को स्वस्थ और प्रसन्न रहने तथा शारीरिक और मानसिक मजबूती के लिए योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। विधायक पुन्नू लाल मोहले ने कार्यक्रम में कहा कि योग करने से हमे शांति और आत्मसंतुष्टि मिलती है और हम विभिन्न रोगों एवं विकारों से दूर रहते हैं। उन्होंने योग दिवस पर भव्य कार्यक्रम के लिए जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया।
    योगाभ्यास के जिला स्तरीय आयोजन में मुंगेली जिला पंचायत के अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार, अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय, मुंगेली नगर पालिका के अध्यक्ष रोहित शुक्ला और उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा सहित जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और छात्र-छात्राओं ने सामूहिक योगाभ्यास किया।

    एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत किया गया पौधरोपण
    सामूहिक योगाभ्यास के बाद अतिथियों ने कृषि उपज मंडी परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण किया। जल, वन, जन एक प्राकृतिक प्रबंधन की थीम पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बहेरा के पौधे का रोपण कर पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण को एक अभिनव पहल बताया और आमजनों को अधिक से अधिक पौधे लगाने को प्रेरित किया। विधायक श्री पुन्नू लाल मोहले ने पीपल और जिला पंचायत के अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय ने बहेरा के पौधे का रोपण कर लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया।

  • अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कवर्धा में भव्य 'योग संगम', उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने लिया भाग

    21-Jun-2025

    योग संगम एवं हरित योग थीम के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया
    रायपुर। शुक्रवार को कबीरधाम जिले में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष उत्साह और श्रद्धा के साथ योग संगम और हरित योग थीम पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया, विद्यार्थियों तथा जनप्रतिनिधियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर सभी को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने योग से निरोग रहते हुए नियमित योगाभ्यास, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।
    उपमुख्यमंत्री ने दिया भारत की सांस्कृतिक विरासत को आत्मसात करने का संदेश
    इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि योग भारत की अमूल्य प्राचीन परंपरा है, जो आज संपूर्ण विश्व में स्वीकार की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों से आज योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली रही है, और प्रत्येक वर्ष 21 जून को विश्वभर में योग दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने योग को जीवन का हिस्सा बनाकर मानसिक शांति, आत्मबल और सकारात्मकता को बढ़ावा देने की अपील की। इससे पहले उपमुख्यमंत्री शर्मा सहित मुख्य अतिथियो ने दीप प्रज्ज्वलित कर योग अभ्यास आयोजन का विधिवत शुभारंभ किया।
    योगाभ्यास का मार्गदर्शन विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा
    कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह को पतंजलि योग पीठ के जिला प्रशिक्षक सुरेश चन्द्रवंशी के नेतृत्व में योगाभ्यास कराया गया। उनके साथ आयुर्वेद विभाग के अनुभवी योग प्रशिक्षकों ने भी विभिन्न योगासनों और प्राणायाम की तकनीकों का अभ्यास करवाया। प्रशिक्षकों ने सरल और प्रभावशाली तरीके से सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, भुजंगासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति आदि का अभ्यास कराया और इनके लाभों की जानकारी भी दी।

    जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
    इस कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चन्द्रवंशी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, समाजसेवी, शिक्षाविद एवं नागरिक शामिल हुए।

    हरित योग के माध्यम से पर्यावरण का संदेश
    कार्यक्रम में योग संगम एवं हरित योग थीम के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण पर विशेष बल दिया गया। योग सत्र के उपरांत सभी प्रतिभागियों को पौधारोपण का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे भी वितरित किए गए। आयोजकों द्वारा यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ शरीर के साथ-साथ स्वस्थ पर्यावरण भी आवश्यक है और योग दिवस पर पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लेना आज की आवश्यकता है।

    जानकारीपरक प्रदर्शनी और जनजागरूकता सामग्री का वितरण
    कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य, योग, आयुर्वेद और स्वच्छता से संबंधित प्रदर्शनी लगाई गई थी, जिसे नागरिकों और छात्र-छात्राओं ने गहरी रुचि से देखा। इसके अलावा आयुर्वेद एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा योग संबंधी पुस्तिकाएं और ब्रोशर भी वितरित किए गए, ताकि लोग योग को समझें और नियमित रूप से अभ्यास में लाएं।

  • 8.77 करोड़ की लागत से बनेगा 50 बिस्तरों वाला मातृ-शिशु चिकित्सालय

    21-Jun-2025

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुनकुरी में मातृ-शिशु चिकित्सालय की रखी आधारशिला
    सुरक्षित मातृत्व और स्वस्थ बचपन की दिशा में सशक्त पहल
    50 लाख की लागत से तैयार होगी ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज जशपुर जिले के कुनकुरी को एक महत्वपूर्ण सौगात प्रदान की। उन्होंने गिनाबहार में 8.77 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 50 बिस्तरों वाले मातृ-शिशु चिकित्सालय और 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज जशपुर जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र में विकास की एक नई कड़ी जुड़ रही है। इस चिकित्सालय के निर्माण से कुनकुरी सहित फरसाबहार, कांसाबेल और दुलदुला जैसे आसपास के क्षेत्रों की माताओं, बहनों और बच्चों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि जशपुर में 200 बिस्तरों वाले आधुनिक चिकित्सालय का निर्माण शीघ्र प्रारंभ होगा। इस वर्ष के बजट में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त, नर्सिंग कॉलेज और फिजियोथेरेपी कॉलेज भी खोले जाएंगे। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना और जेनरिक दवा दुकानों के माध्यम से आमजन को किफायती इलाज सुलभ कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए वय वंदना योजना एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य-सुरक्षा कवच है।मितानिन बहनों के मानदेय का भुगतान अब आॅनलाइन किया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित हुई है। मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की गारंटी को जमीनी स्तर पर लागू करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने बताया कि किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीद की जा रही है, और उन्हें प्रति क्विंटल 3,100 रुपये की राशि प्रदान की जा रही है। तेंदूपत्ता संग्रहकों को अब 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा का भुगतान किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों के लिए आवास निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत राज्य की 70 लाख से अधिक माताओं और बहनों को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। साथ ही, 5.60 लाख भूमिहीन कृषि श्रमिकों को 10,000 रुपये की विशेष सहायता राशि प्रदान की गई है। पंचायतों में कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) खोलने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है, जिससे ग्रामीणों को अपने गांव में ही बैंकिंग, धन जमा-निकासी जैसी सुविधाएं मिलेंगी। अगले पंचायती राज दिवस तक सभी पंचायतों में ये सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राजस्व प्रशासन में सुधार के लिए कई बड़े निर्णय लिए गए हैं। अब जमीन की रजिस्ट्री के साथ ही नामांतरण की प्रक्रिया स्वत: पूरी होगी, और फर्जी रजिस्ट्री पर अंकुश लगेगा। विश्व योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें।

    आदिवासी अंचल को मिली मातृत्व सुरक्षा की नई सौगात
    उल्लखेनीय है कि कुनकुरी में प्रस्तावित 50 बिस्तरों वाला मातृ-शिशु चिकित्सालय न केवल कुनकुरी, बल्कि फरसाबहार, कांसाबेल और दुलदुला जैसे तीन अन्य विकासखंडों की महिलाओं और बच्चों को स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधा प्रदान करेगा। गर्भवती महिलाओं को प्रसवपूर्व देखभाल, प्रसव, जटिलताओं का उपचार और बच्चों को समुचित स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपस्थिति गंभीर बीमारियों की पहचान और उपचार में सहायता करेगी। 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाली ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के माध्यम से लैब जांच सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी, जिससे आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा।
    इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, भरत सिंह, कृष्ण कुमार राय, सुनील गुप्ता, उपेंद्र यादव, राजकुमार गुप्ता, अमन शर्मा, गोपाल कश्यप, मनोज जायसवाल, राजेश चौधरी, यशवंत यादव, विकास नाग सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

  • 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में शामिल हुए राज्यपाल 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में शामिल हुए राज्यपाल

    21-Jun-2025

    अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस : भागदौड़ और तनावपूर्ण जिंदगी में खुद को स्वस्थ रखने का सबसे आसान उपाय है योग - राज्यपाल श्री डेका
    11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस में शामिल हुए राज्यपाल

    रायपुर। योग हमें केवल शारीरिक रूप से ही नहीं, मानसिक और भावनात्मक रूप से भी मजबूत बनाता है। आजकल की भाग दौड़ और तनावपूर्ण जिंदगी में खुद को स्वस्थ रखने का योग सबसे आसान उपाय है। राज्यपाल रमेन डेका ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर मे आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में उक्त बातें कहीं।  इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के कृषि मण्डपम में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री रमेन डेका ने सर्वप्रथम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संदेश का वाचन किया। इसके पश्चात उन्होंने सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिया।
    श्री डेका ने अपने उद्बोधन में कहा कि योग भारत की बहुत पुरानी और अनमोल परंपरा है। योग हमारी हजारों साल पुरानी जीवनशैली है, जो हमारे शरीर, मन और आत्मा को जोड़ती है। आज करीब 180 देश के निवासी योग कर रहे हैं। इससे बड़ा भारत की संस्कृति का सम्मान और क्या हो सकता है। इस साल योग दिवस की थीम, एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के लिए योग, का उद्देश्य योग के माध्यम से पूरी दुनिया को स्वस्थ बनाना है। श्री डेका ने कहा कि यह अनेक अध्ययनों में साबित हो चुका है कि अगर हम 20-30 मिनट योग करते हैं, तो हमारे अन्दर एकाग्रता, आत्मविश्वास और मन की शांति बढ़ेगी। परीक्षा का तनाव हो या कैरियर की चिंता, योग इन सबका हल है। आज कई बीमारियाँ हमारी जीवनशैली के कारण बढ़ रही हैं, जैसे डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, मोटापा, हृदय रोग और मानसिक तनाव आदि, नियमित योग से इन बीमारियों में लाभ होता है। एनसीसी, एनएसएस, खेल और अन्य गतिविधियों से जुड़े युवा, योग को अपनी नियमित दिनचर्या में शामिल करें। इससे आपकी ऊर्जा, सही दिशा में लगेगी और आप एक जिम्मेदार नागरिक बन पाएंगे।
    श्री डेका ने कहा कि वे छत्तीसगढ़ के हर जिले में गए हैं और अधिकारियों को भी निर्देशित किया है कि योग को जन जीवन का हिस्सा बनाने के लिए लोगों को जागरूक करें। स्कूलों, कॉलेजों और पंचायत भवनों में भी नियमित योग सत्र हो। जहां बुजुर्ग, महिलाएं, युवा बच्चे सभी योगाभ्यास में शामिल हों। योग दिवस पर हम सब संकल्प लें कि रोज थोड़ी देर योग करेंगे, अपने परिवार और आस-पड़ोस के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे और स्वस्थ, खुशहाल छत्तीसगढ़ और भारत के निर्माण में भाग लेंगे।
    इस अवसर पर श्री डेका ने एक पेड़ मां के नाम के तहत विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया। योगाभ्यास कार्यक्रम में विधायकगण, सर्वश्री पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, सुनील सोनी, मुख्य सचिव अभिताभ जैन, एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण, राज्यपाल के मुख्य सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, पुलिस महानिदेशक अरूण देव गौतम, संभागायुक्त महादेव कांवरे, विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, निगम आयुक्त विश्वदीप, जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन, सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं, छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में शामिल हुए।

  • मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गजरथ यात्रा का किया शुभारंभ, मानव-हाथी द्वंद रोकने की अनूठी पहल

    21-Jun-2025

    रणजीता स्टेडियम परिसर में लगाए सिंदूर के पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
    रायपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर के रणजीता स्टेडियम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में गजरथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। यह अभिनव पहल छत्तीसगढ़ में मानव-हाथी द्वंद को कम करने और वन्यजीव संरक्षण के लिए जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इस यात्रा के माध्यम से स्कूलों, ग्राम पंचायतों और हाट-बाजारों में पहुंचकर हाथियों के व्यवहार, सुरक्षा उपायों और सह-अस्तित्व के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि मानव और हाथियों के बीच बढ़ते टकराव को कम करने के लिए सामुदायिक भागीदारी और जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। ह्यगजरथ यात्राह्ण इस दिशा में एक सार्थक माध्यम बनेगी, जो लोगों को शिक्षित कर मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने में सहायक होगी। उन्होंने वन विभाग के उन कर्मचारियों को भी सम्मानित किया, जिन्होंने इस क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है।

    कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने स्टेडियम परिसर में सिंदूर का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें ।  उन्होंने कहा कि पेड़ न केवल जीवनदायिनी आॅक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और जलवायु संतुलन के लिए भी आवश्यक हैं। मुख्यमंत्री साय ने वन विभाग द्वारा तैयार लघु फिल्म और पुस्तिका का विमोचन भी किया, जिसमें हाथियों से संबंधित सावधानियां, उनके व्यवहार को समझने और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई है। यह सामग्री स्कूली बच्चों, ग्रामीणों और स्थानीय समुदायों में वितरित की जाएगी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और जागरूकता अभियानों की जानकारी दी, जो सतत विकास और हरित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहायक हैं। उल्लखेनीय है कि ह्यगजरथ यात्राह्ण राज्य सरकार की उस व्यापक रणनीति का हिस्सा है, जो सतत विकास, जैव विविधता संरक्षण और स्थानीय समुदायों की सहभागिता के माध्यम से वन्यजीवों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए समर्पित है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों और वन विभाग की टीम को इस प्रयास के लिए शुभकामनाएं दीं।
    इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, योग आयोग के अध्यक्ष रूप नारायण सिन्हा, पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव, पद्मश्री जागेश्वर यादव, विधायक रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, माटीकला बोर्ड अध्यक्ष शंभूनाथ चक्रवर्ती, सन्निर्माण कर्मकार मंडल अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक झा, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी शशि मोहन सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, नागरिक, स्कूली छात्र और योग संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
    ००००००
     

  • कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण

    21-Jun-2025

    सुकमा। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के द्वारा शुक्रवार को जिला चिकित्सालय सुकमा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों, ब्लड बैंक, एमसीएच बिल्डिंग आदि को घूम-घूमकर देखा। इस दौरान साफदृसफाई, पेयजल व्यवस्था, बिजली व्यवस्था, दवाई की उपलब्धता सुनिश्चित करने और मरीजों के लिए अन्य आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के संदर्भ में अस्पताल प्रबंधन को आवश्यक निर्देश दिया गया।

     
     
    निरीक्षण के दौरान उन्होंने जनरल वार्ड, एमसीएच बिल्डिंग, और अन्य वार्डों का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने डायलिसिस कक्ष को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने वार्ड में मरीजों और उनके परिजनों से जिला अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं और दवाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों कर्मचारियों से चर्चा कर मरीजों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने आवश्यक मशीनों की आपूर्ति तथा बिगड़े मशीनों में सुधार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री ध्रुव ने एमसीएच बिल्डिंग में बैठक व्यवस्था और लाइट की व्यवस्था व बिल्डिंग में वाई-फाई और कम्प्यूटर उपलब्ध कराने और स्टाफ की पूर्ति करने के निर्देश दिए। अस्पताल परिसर में बुनियादी सुविधाओं बिजली, पानी की शत-प्रतिशत उपलब्धता और शौचालय की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ एमआर कश्यप, पीपीआईए फेलो अर्कज़ा कुठियाला और अन्य स्टाफ उपस्थित थे।
  • तेलीबांधा में तीन ठेला संचालक गिरफ्तार

    20-Jun-2025

    रायपुर। तेलीबांधा क्षेत्र अंतर्गत आज थाना क्षेत्र के ठेला एवं दुकान चेकिंग के दौरान तीन ठेलो में नशीले पदार्थ सेवन करने में इस्तेमाल गोगो पाए जाने से ठेला संचालकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई है। बता दें कि इससे पहले पास गुढियारी थाना क्षेत्र के पान ठेले में गांजा पीने में उपयोग किये जाने वाले गोगो मिलने से दुकान को सीलबंद कर कार्यवाही किया गया तथा दुकान संचालको पर पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्यवाही किया गया ।
     (1) उमेश कुमार वर्मा पिता कृष्ण कुमार वर्मा उम्र 22 वर्ष पता झंडा चौक सूरज नगर लाभांडी थाना तेलीबांधा (2) मणिराज जायसवाल पिता भारत जायसवाल उम्र 39 वर्ष पता शीतला मंदिर के पास लाभांडी थाना तेलीबांधा (3) मनजीत कुमार भारती पिता विशाल भारती उम्र 33 वर्ष पता पार्षद कार्यालय के पास लाभांडी थाना तेलीबांधा जिला रायपुर को माननीय एसडीएम न्यायालय पेश हेतु रवाना किया गया गुढियारी इलाके में भी कार्रवाई  
    कबीर पान पैलेस पहाडी चौक के संचालक भोलाराम साहू पिता भूषण दास साहू उम्र 32 वर्ष पता स्वागत विहार वृन्दावन कालोनी पेट्रोल पम्प के पीछे थाना आमानाका जिला रायपुर 2) लक्की पान पैलेस दुर्गा चौक के संचालक राजेश साहू पिता दुखूराम साहू उम्र 42 वर्ष पता दुर्गा चौक अशोक नगर थाना गुढियारी जिला रायपुर 3) निषाद पान पैलेस महतारी चौक के संचालक घनश्याम निषाद पिता स्व0 उदयराम उम्र 53 वर्ष पता महतारी चौक थाना गुढियारी जिला रायपुर 4) श्रीपान पैलेस भारत माता चौक के संचालक पवन साहू पिता कुज बिहारी साहू उम्र 23 वर्ष पता प्रीतम नगर नाला के पास थाना गुढियारी जिला रायपुर

  • पान पैलेस की 5 दुकानों को रायपुर पुलिस ने किया सील

    20-Jun-2025

    रायपुर। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के द्वारा अवैध नशे एवं नशे हेतु उपयोग की गयी सामाग्री बेचने वालो पर प्रभावी कार्यवाही करने निर्देशित किया गया है। थाना गुढियारी क्षेत्र के संदिग्ध पान दुकान/ ठेला/ गुमटी को थाना गुढियारी पुलिस टीम के द्वारा चेक किया गया। Previous Next 1) कबीर पान पैलेस पहाडी चौक के संचालक भोलाराम साहू पिता भूषण दास साहू उम्र 32 वर्ष पता स्वागत विहार वृन्दावन कालोनी पेट्रोल पम्प के पीछे थाना आमानाका जिला रायपुर  2) लक्की पान पैलेस दुर्गा चौक के संचालक राजेश साहू पिता दुखूराम साहू उम्र 42 वर्ष पता दुर्गा चौक अशोक नगर थाना गुढियारी जिला रायपुर 3) निषाद पान पैलेस महतारी चौक के संचालक घनश्याम निषाद पिता स्व0 उदयराम उम्र 53 वर्ष पता महतारी चौक थाना गुढियारी जिला रायपुर 4) श्रीपान पैलेस भारत माता चौक के संचालक पवन साहू पिता कुज बिहारी साहू उम्र 23 वर्ष पता प्रीतम नगर नाला के पास थाना गुढियारी जिला रायपुर के पान ठेले में गांजा पीने में उपयोग किये जाने वाले गोगो मिलने से दुकान को सीलबंद कर कार्यवाही किया गया तथा दुकान संचालको पर पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्यवाही किया गया ।

  • चखना सेंटर तोड़ने की हुई कार्रवाई

    20-Jun-2025

    रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर नगर निगम जोन 1 की टीम द्वारा जोन कमिश्नर डॉक्टर दिव्या चंद्रवंशी के नेतृत्व और कार्यपालन अभियंता डी. के. पैकरा और सहायक अभियंता शरद देशमुख सहित अन्य सम्बंधित जोन 1 अधिकारियों की स्थल पर उपस्थिति में नगर निगम जोन 1 क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड में शराब दुकान और अन्य अवैध निर्माणों को अभियान चलाकर तोड़ने की कार्यवाही की गयी है. जोन 1 के अधिकारियों ने बताया कि सड़क पर अत्यधिक यातायात जाम होने और अत्यधिक मात्रा में प्लास्टिक कचरा फैलाने की जनशिकायत स्थल निरीक्षण के दौरान सही पाए जाने पर नगर निगम जोन 1 की टीम द्वारा स्थल पर पहुंचकर चखना सेंटर को तोड़ने की कार्यवाही की गयी है.

  • कुरुद पुलिस ने शराब सप्लाई कर रहे युवक को रंगे हाथों दबोचा

    20-Jun-2025

    धमतरी। जिले के पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में अवैध शराब बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध निरंतर कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में कल रात्रि थाना कुरूद के सउनि.अजय बनारसी द्वारा पेट्रोलिंग के दौरान सोनालिका ट्रैक्टर शोरूम के सामने एनएच-30 कुरूद क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक को रोका गया। पूछताछ एवं तलाशी लेने पर युवक के पास से 33 पौवा देशी मसाला शराब (कीमत लगभग ₹3,300/-) अवैध रूप से परिवहन करते पाया गया
    आरोपी के कब्जे से अवैध शराब के साथ एक पुरानी मोटरसाइकिल एचएफ डीलक्स (CG-04-LT-2030) कीमत लगभग ₹35,000/- भी जप्त की गई। संपूर्ण जप्ती की अनुमानित कीमत ₹38,300/- है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 162/25, धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड लेकर जेल भेजा गया। आरोपी का नाम - यशवंत वर्मा

  • चाय-नाश्ता के दुकान में चला रहा था अवैध नशे का कारोबार

    20-Jun-2025

    रायपुर। राजधानी के उरला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेंद्री में एक युवक द्वारा चाय-नाश्ते की दुकान की आड़ में नशे का कारोबार किए जाने की सूचना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 21 पुड़िया (65 ग्राम) गांजा और 50 पव्वा अंग्रेजी शराब (गोवा) बरामद की गई है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 8200 रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई को उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर के निर्देशन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अंजाम दिया गया।  सूचना मिलने पर उरला थाना पुलिस ने ग्राम बेंद्री स्थित दुकान में घेराबंदी कर दबिश दी, जहां आरोपी युवराज निषाद पिता मैकू निषाद (उम्र 19 वर्ष, निवासी बेंद्री, थाना उरला) को मौके से गिरफ्तार किया गया। आरोपी द्वारा अवैध रूप से गांजा और अंग्रेजी शराब अपने चाय-नाश्ते की दुकान में छिपाकर बिक्री की जा रही थी। आरोपी के खिलाफ धारा 20(ए) एनडीपीएस एक्ट और 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने आसपास हो रहे ऐसे अवैध कार्यों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग मिल सके।

  • एनआईए ने आईईडी विस्फोट में शामिल गिरफ्तार नक्सली के खिलाफ पेश की चार्जशीट

    20-Jun-2025

    जगदलपुर। दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर में अप्रैल 2023 को जवानों से भरी वाहन को आईईडी विस्फोट से उड़ाने में शामिल एक गिरफ्तार नक्सली बांद्रा ताती के खिलाफ एनआईए के अधिवक्ता संजय शुक्ला ने जगदलपुर के विशेष न्यायालय में चार्जशीट पेश की है। विदित हो कि इस वारदात में डीआरजी के 10 जवान बलीदान हुए थे, एवं एक वाहन चालक की मौत हो गई थी।

     
    मिली जानकारी के अनुसार एनआईए ने जांच के दौरान पाया कि गिरफ्तार नक्सली बांद्रा ताती छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के एक गांव में दंडकारण्य आदिवासी किसान मजदूर संघ (डीकेएमएस) का अध्यक्ष था। वह अरनपुर में हुए हमले में इस्तेमाल किए गए आईईडी के परिवहन में शामिल था । जिसका उद्देश्य भारत सरकार के खिलाफ युद्ध छेडऩे और लोगों के मन में आतंक पैदा करना था।
     
     
    साथ ही आपराधिक साजिश के तहत सुरक्षा बलों के हथियार लूटना था। गिरफ्तार नक्सली बांद्रा ताती के पास विस्फोटक सामग्री थी, जो उसे नक्सली संगठन से मिली थी । एनआईए की जांच के अनुसार वह नक्सल साजिश की बैठकों में भी शामिल हुआ था । राज्य पुलिस ने प्रारंभिक जांच के दौरान 2023 में 26 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट पेश की थी, एनआईए की इस मामले की जांच जारी है।
  • सेल ने भारतीय नौसेना के आईएनएस अर्नाला के लिए विशेष स्टील की आपूर्ति की

    20-Jun-2025

    भिलाई । देश की महारत्न और सार्वजनिक क्षेत्र की सबसे बड़ी इस्पात उत्पादक कंपनी, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने रक्षा क्षेत्र में देश की आत्मनिर्भरता और आयात प्रतिस्थापन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाया है। सेल ने भारत के पहले स्वदेशी रूप से डिज़ाइन और निर्मित एंटी-सबमरीन वारफेयर शैलो वाटर क्राफ्ट, ‘आईएनएस अर्नाला’ के लिए विशेष स्टील की पूरी ज़रूरत को सफलतापूर्वक पूरा किया है। आईएनएस अर्नाला को 18 जून, 2025 को भारतीय नौसेना में शामिल किया गया।

     
    सेल ने गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स द्वारा बनाए जा रहे, अन्य सात एएसडब्ल्यू-एसडब्ल्यूसी कोरवेट के लिए भी विशेष स्टील की पूरी आपूर्ति की है। रक्षा स्वदेशीकरण की दिशा में, भारत के प्रयासों में एक प्रमुख भागीदार के रूप में, सेल ने इस परियोजना के लिए आवश्यक जरूरत की पूरी विशेष स्टील की आपूर्ति की है।
     
     
    यह देश की ‘आत्मनिर्भर भारत’ की पहल को लागू करने और आयात पर निर्भरता को कम करने में सेल की प्रतिबद्धता का एक और प्रभावशाली उदाहरण है। इसी दिशा में, सेल ने पहले भी आईएनएस विक्रांत, आईएनएस विंध्यगिरि, आईएनएस नीलगिरी, आईएनएस सूरत जैसी कई उल्लेखनीय परियोजनाओं के लिए विशेष स्टील की आपूर्ति की है।
Top