रायपुर/बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून 2025 को ओडिशा के दौरे पर रहेंगे। इस अवसर पर वे झारसुगुड़ा–जामगा चौथी रेल लाइन सहित ₹2750 करोड़ से अधिक की रेलवे परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन एवं राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह आयोजन ‘विकसित भारत – विकसित ओडिशा’ की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है और प्रधानमंत्री के 11 वर्षों की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण तथा ओडिशा सरकार के 1 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में लागू युक्तिकरण नीति अब सार्थक परिणाम दे रही है। जिलेभर के स्कूलों में शिक्षक व्यवस्था सुदृढ़ होने से न केवल शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है, बल्कि छात्रों की उपस्थिति में भी उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है। शिक्षकविहीन और एकल शिक्षक के भरोसे संचालित स्कूलों में अब नियमित शिक्षण व्यवस्था प्रारंभ हो चुकी है। इससे दूरस्थ अंचलों के बच्चों को अब विषयानुसार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त हो रही है।
रायपुर- छात्रों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की निःशुल्क सुविधा महाविद्यालय में उपलब्ध है। विद्यार्थी संपर्क करके अपना रजिस्ट्रेशन महाविद्यालय में करवा सकते है। काॅन्फ्लुएंस कॉलेज राजनांदगांव जिले की इकलौता निजी संस्थान हैं जिसे NAAC द्वारा मान्यता प्रदान किया गया है। उत्कृष्ट महाविद्यालय के रूप में काॅन्फ्लुएंस कॉलेज ने अपना पहचान बनाया है। अभी वर्तमान सत्र में प्रवेश प्रारंभ हो चुका है।
जशपुर. छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बगीचा थाना परिसर में मगंलवार रात जमकर बवाल कटा. पड़ोसी से विवाद के बाद थाने में शिकायत दर्ज कराने आए प्रार्थी के साथ मारपीट की घटना हुई. आरोपियों ने बीच बचाव के लिए आए पुलिसकर्मियों को पालतू कुत्ते से कटवाया. इस घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. आगे की कार्रवाई जारी है.
बगीचा निवासी दीपक जायसवाल और उसके पड़ोसियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. इसके बाद प्रार्थी दीपक जायसवाल मंगलवार रात को बगीचा थाना में शिकायत दर्ज कराने पहुंचा था. इस दौरान आरोपी सागिर हुसैन, साबिर हुसैन, जाकिर हुसैन और महिलाएं पहले से परिसर में मौजूद थी. आरोपियों ने दीपक जायसवाल और उसके भाई के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया.
आरोपियों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने बीच बचाव करने पहुंचे के प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह और एएसआई राजकुमार पैकरा के साथ धक्का-मुक्की की. आरोपियों ने अपने पालतू कुत्ते को इशारा करते हुए पुलिस वालो को काटने के लिए कहा, और फिर कुत्ते ने आरक्षक धनेश्वर राम के पैर में काट लिया. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर अन्य पुलिस स्टाफ के पहुंचने पर सभी आरोपी थाने से भाग गए थे.
मामले में एसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज किया गया. इस मामले में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है. आगे की कार्रवाई जारी है.
नक्सलियों ने हत्या की वारदात के बाद किया था अपहरण
बीजापुर. छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों ने मंगलवार को तीन लोगों को मौत के घाट उतार दिया. वारदात को अंजाम देकर 12 ग्रामीणों का अपहरण कर लिया और उन्हें जंगल लेकर आ गए. नक्सलियों ने अब उन सभी लोगों को रिहा कर दिया है. सभी सकुशल अपने घर लौट गए हैं. हत्या और अपहरण की घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, नक्सलियों ने आज तीन लोगों की निर्मम हत्या कर दी. इसके बाद उन्होंने गांव के 12 लोगों का अपहरण किया और उन्हें जंगल लेकर आए. बताया जा रहा है कि करीब 7 लोगों के साथ मारपीट की गई. हालांकि अब सभी ग्रामीण सुरक्षित गांव पहुंच गए हैं.
तीन ग्रामीणों की हत्या
नक्सलियों ने 12 ग्रामीणों का अपहरण करने से पहले तीन ग्रामीणों को मौत के घाट उतार दिया था. हत्या की वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है. ये हैं मृतकों के नाम..
बलौदाबाजार. छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार के भीड़भाड़ वाले सदर बजार में नशेड़ी बेटे ने अपने पिता पर दुकान में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया. आरोपी युवक ने चाकू से लगातार हमला किया, जिसे बुजुर्ग को गंभीर चोटें आई है. आरोपी युवक पेशे से शिक्षक है. इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है. मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है.
घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंची। जांच के बाद आरोपी युवक अमरजीत को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या के प्रयास) के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त नरेंद्र सिंह चावला (70 साल) अपनी दुकान पर मौजूद थे. अचानक उनका बेटा अमरजीत चावला बाइक पर आया और शीशे पर वार करने लगा. वह बाइक लेकर अंदर घुसा और चाकू निकलकर अपने पिता पर ताबड़तोड़ वार कर दिया. घायल बुजुर्ग के शरीर पर खून बहने लगा. परिजनों ने उन्हें घायल अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के बाद अब उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
डीईओ हिमांशु भारतीय ने बताया कि अमरजीत चावला नाम का शिक्षक, पहले से ही अन्य मामलों में निलंबित चल रहा है. अब जानकारी आई है कि उसने अपने पिता पर जानलेवा हमला किया है. कोर्ट से जो आदेश जारी होगा, उसके आधार पर विभागीय कार्रवाई करेंगे. बच्चों और दूसरे शिक्षकों की सुरक्षा के लिए ऐसे शिक्षक को बहाल करने से पहले 10 बार सोचेंगे. कोशिश रहेगी कि ऐसे शिक्षक को बर्खास्त किया जाए.
अपने से दोगुनी उम्र के नक्सली लीडर चलपति से की थी शादी, जानिए कौन थी अरुणा?
रायपुर। आज सुबह आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीतारामराजू ज़िले में हुई मुठभेड़ में नक्सल संगठन की एक महिला नक्सल लीडर मारी गई है। वह विशाखापट्टनम ज़िले के पेंडुर्थी मंडल के करकवानीपालेम गांव की रहने वाली थी। करीब ढाई दशक पहले उसने माओवादी विचारधारा को अपनाया और पूर्वी डिवीजन सचिव जैसी अहम भूमिका तक पहुंच गई। मौजुदा समय में अरुणा माओवादी संगठन की सेंट्रल जोनल कमेटी की सदस्य थी और उसपर 20 लाख का इनाम रखा गया था।
अपने से दोगुनी उम्र के नक्सल लीडर से की शादी
पिछले साल सुरक्षा एजेंसियों को एक सेल्फी हाथ लगी, जिसमें अरुणा और चलपति साथ दिखे। यही एक फोटो उनकी ज़िंदगी की सबसे बड़ी चूक बन गई। इस साल जनवरी महीने में छत्तीसगढ़ के गरियाबंद ज़िले में चलपति को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में मार गिराया। तब माना गया कि अरुणा भी उसके साथ थी, लेकिन वह बच निकली।
अब पांच महीने बाद आंध्रप्रदेश के मारडेपल्ली के जंगल में पुलिस और ग्रेहाउंड्स बल के साथ मुठभेड़ में अरुणा भी मारी गई। उसके साथ मारे गए अन्य नक्सलियों में केंद्रीय समिति सदस्य गजराला रवि उर्फ उदय और एसीएम स्तर की महिला नक्सली अंजू का नाम शामिल है।
अरुणा की ज़िंदगी में बड़ा मोड़ तब आया, जब उसकी मुलाकात संगठन के ताकतवर और उम्र में काफी बड़े माओवादी नेता चलपति से हुई। चलपति का असली नाम जयराम था। वह आंध्र प्रदेश के चिंत्तूर ज़िले के माटेमपल्ली गांव का रहने वाला था और माओवादी केंद्रीय समिति का सदस्य था। उस दौर में चलपति संगठन में इतना ऊपर था कि उसकी सुरक्षा में 10–12 हथियारबंद बॉडीगार्ड तैनात रहते थे। तकनीक से लैस, तेज दिमाग वाला चलपति जब अरुणा के करीब आया, तब दोनों के बीच उम्र भले ही बड़ा अंतर था, लेकिन रिश्तों में गहराई और समर्पण था।
सन 2000–2001 के आसपास दोनों ने जंगल में ही शादी कर ली। इस रिश्ते के कारण चलपति को संगठन ने एक साल के लिए सस्पेंड भी किया, लेकिन दोनों साथ रहे। दोनों ने जंगल में रहते हुए वैवाहिक जीवन जिया।
एक सेल्फी बनी मौत की वजह
भाई की मौत, खुद की बीमारी, फिर भी नहीं टूटी
अरुणा का भाई आज़ाद भी नक्सली था और गलीकोंडा एरिया का कमांडर था। 2015 में उसकी भी मौत पुलिस मुठभेड़ में हुई। अरुणा खुद हाल के वर्षों में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थी, लेकिन फिर भी उसने संगठन नहीं छोड़ा। चलपति और अरुणा की कहानी किसी फ़िल्म जैसी लगती है, लेकिन यह हकीकत थी। माओवादी विचारधारा, बंदूक और जंगल के बीच उन्होंने अपना जीवन जिया। दोनों कई बार आत्मसमर्पण करने की सोच में रहे, लेकिन आख़िरकार बंदूक छोड़ने का फ़ैसला नहीं कर सके और दोनों का अंत भी एक सा हुआ।
अवैध रेत खनन पर कार्रवाई के दौरान चाकूबाजी
थाने से आरोपी के भागने पर एसपी ने रक को किया निलंबित, टीआई को थमाया नोटिस
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अवैध रेत खनन पर कार्रवाई के दौरान चाकूबाजी की घटना सामने आई है. पुलिस ने इस मामले में चार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं थाने से एक आरोपी भाग गया. इस मामले में एसपी ने जांच के आदेश दिए थे. ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एक एसआई को तत्काल निलंबित किया है. वहीं अजुर्नी टीआई को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है.
घटना की जानकारी मिलने पर अजुर्नी पुलिस ने मामला दर्ज कर एक संदेही अंकूर अग्रवाल को गिरफ्तार कर देर रात्रि थाना अजुर्नी में बैठाकर रखा गया था. बाद में जानकारी के आधार पर मामले में नामजद आरोपी के तौर पर उसे शामिल किया गया. इस दौरान आरोपी अंकुर पुलिस को चकमा देकर थाने से फरार हो गया. इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए. उन्होंने इस मामले में टीआई को नोटिस जारी किया है. वहीं जांच में लापरवाही पाए जाने पर थाना अजुर्नी में रात्रि ड्यूटी पर तैनात उप निरीक्षक सरिता मानिकपुरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए रक्षित केंद्र धमतरी में संबद्ध किया गया है.
जिला प्रशासन की टीम ने मंगलवार रात जवरगांव, लीलर में छापा मारा. इस दौरान 3 चैन माउंटेन, एक जेसीबी और तीन हाईवा जब्त किए गए. साथ ही 400 ट्रैक्टर रेत के भंडारण पर कार्रवाई की गई. प्रशासन को जब्त वाहनों को ले जाने के लिए आॅपरेटर की जरूरत पड़ी तो ललित ध्रुव (23) को बुलाया गया. इस दौरान कुछ लोगों ने ललित पर चाकू से हमला कर दिया. घायल युवक को पहले धमतरी अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर उसे रायपुर रेफर किया गया.
वर्तमान में चाकूबाजी के मुख्य आरोपी कुलदीप के साथ अन्य तीन आरोपी अर्थात कुल चार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है. एक फरार आरोपी की खोजबीन में पुलिस जुटी है. पीड़ित का इलाज जारी है.
एसपी ने कहा, धमतरी पुलिस आमजन के प्रति उत्तरदायी, पारदर्शी एवं मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशील रहते हुए विधिसम्मत और मर्यादित पुलिसिंग के लिए प्रतिबद्ध है. विभाग में अनुशासन बनाए रखने, जनविश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए लापरवाही के ऐसे मामलों में भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
बीजापुर. छत्तीसगढ़ के बीजापुर में बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा बीजापुर थाना क्षेत्र के आईटीआई कॉलेज के पास हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. मृतिका की पहचान गीता पैंकरा के रूप में हुई है. मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
जानकारी के अनुसार, शिक्षिका गीता पैंकरा स्कूटी पर सवार होकर जा रही थी. इस दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने शिक्षिका को रौंद दिया. मृतिका रायगढ़ जिले के लैलूंगा तहसील के रहने वाली थी और प्राथमिक शाला पेद्दापारा, तुमनार में सहायक शिक्षक के पद पर पदस्थ थीं. हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को पकड़ लिया.
शव को जिला अस्पताल बीजापुर के शवगृह में रखा गया है, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को कल शव को सौंप दिया जाएगा. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है. वहीं ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है. आगे की कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गिरफ्तार आरोपी को भेजे गए जेल
गरियाबंद. गरियाबंद जिले के छुरा थाना क्षेत्र में मोटर साइकिल चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए छुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने 5 शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 09 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपए बताई जा रही है. सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है.
थाना छुरा क्षेत्र में विगत दिनों दो प्रमुख चोरी की घटनाएं सामने आई थीं. पहली घटना में दिनांक 20 अप्रैल 2025 की रात अज्ञात चोरों ने प्रार्थी टोमल लाल साहू की हीरो स्प्लेंडर मोटर साइकिल उनके घर से चोरी कर ली थी. दूसरी घटना 17 मई 2025 को घटी, जब प्रार्थी घनश्याम साहू की प्लेटिना मोटरसाइकिल साप्ताहिक बाजार छुरा से चोरी हो गई थी.
मामला दर्जकर पुलिस एवं स्पेशल टीम ने विशेष अभियान चलाया। संदेही थनवार बंजारे के घर की तलाशी के दौरान चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं. पूछताछ पर थनवार बंजारे ने साथी आरोपियों गजेन्द्र नेताम, टीकम आडिल, डिगेश बंजारे और कृष्णा शर्मा के साथ मिलकर छुरा, पांडुका, फिंगेश्वर एवं ओडिशा के लखना क्षेत्र से वाहन चोरी करना कबूल किया.
पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया और उनके कब्जे से 9 चोरी की मोटरसाइकिलें जब्त की। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. पुलिस की इस कार्रवाई में थाना छुरा स्टाफ और स्पेशल टीम गरियाबंद की विशेष भूमिका रही. पुलिस ने अपील की है कि नागरिक अपने वाहनों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें.
गिरफ्तार आरोपी
टीकम आडिल (25 वर्ष), गादीकोट
कृष्णा शर्मा (21 वर्ष), संजय नगर छुरा
थनवार बंजारे (28 वर्ष), आवासपारा छुरा
गजेन्द्र नेताम (22 वर्ष), गादीकोट
डिगेश बंजारे (32 वर्ष), चरौदा, थाना फिंगेश्वर
शिक्षक की शर्मनाक करतूत
बलौदाबाजार-भाटापारा। जिले के एक स्कूल में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। मामले की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी शिक्षक पहले से ही इस तरह के शर्मनाक घटना के चलते शासकीय सेवा से निलंबित था।
स्कूल में छात्राओं की सुरक्षा में उठा सवाल
इस घटना ने घटना क्षेत्र के स्कूल में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। वहीं एक निलंबित शासकीय शिक्षक उस स्कूल में क्या कर रहा था, यह भी जांच का विषय है। यदि इस तरह की घटना वहां हुई है तो क्या स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई होगी?
घटना 9 जून की है जब शिक्षक शैलेष वर्मा ने नाबालिक छात्रा को परीक्षा में पास कराने के नाम पर उसके साथ छेड़छाड़ किया था। शुरुआत में तो छात्रा इस घटना से परेशान थी लेकिन बड़ी हिम्मत करके उसने अपने साथ हुई आपबीती परिजनों को बताया, जिसके बाद नाबालिग लड़की की मां ने 16 जून को सुहेला थाने पहुंचकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर नाबालिग से छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारतीय ने बताया कि आरोपी शिक्षक शैलेष वर्मा के विरुद्ध पहले भी इसी तरह का मामला दर्ज हुआ है, जिसके बाद आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। वहीं पुनः यह घटना सामने आई है। पूरी घटना की जांच कर उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा और उसके बाद उनके आदेश पर कार्रवाई होगी। वहीं जिस स्कूल में घटना हुई है, वहां भी जांच की जाएगी तथा यदि सुरक्षा को लेकर लापरवाही पाई जाती है तो उचित कार्रवाई भी होगी।
बता दें कि आरोपी शिक्षक शैलेष वर्मा शासकीय शिक्षक है और पूर्व में भी इस शिक्षक पर इसी तरह का आरोप लगा हुआ है, जिसके बाद से वह निलंबित है। वहीं अपने भाई के स्कूल में भी जाकर उसने इस तरह की हरकत को अंजाम दिया है।
घटना के संबंध में एसडीओपी भाटापारा तोमेश साहू ने बताया कि नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ की घटना हुई है। आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में दूसरे थाने में भी इसी तरह का मामला दर्ज हुआ था, जिसके बाद वह निलंबित भी है। घटना की जांच की जा रही है।
युवती समेत 4 की मौत, पुलिस ने किया गिरफ्तार
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। बीते रविवार की रात को पेण्ड्रा थाना क्षेत्र के सेवरा गांव के पास एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों और एक युवती की मौत हो गई। हादसे को अंजाम देने वाला आरोपी स्नेहिल गुप्ता शराब के नशे में धुत था और अपनी तेज़ रफ्तार ब्रेज़ा कार से सामने से आ रही दो मोटरसाइकिलों को जोरदार होकर मार दी। इस हादसे के बाद उसने मृतकों के परिजनों से मौके पर बदसलूकी भी की और धौंस जमाते हुए कहा कि “तुम लोग मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकते।”
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी स्नेहिल गुप्ता पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) समेत कई गंभीर गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बता दें कि 25 वर्षीय स्नेहिल गुप्ता मरवाही का रहने वाला है। बीते रविवार की रात शराब पीने के बाद वह अपनी मां वंदना गुप्ता के नाम पर रजिस्टर्ड ब्रेज़ा कार (CG31B2536) में सवार होकर तेज़ रफ्तार में पेंड्रा से सेवरा की ओर जा रहा था। नशे में बेकाबू हुई गाड़ी ने दो बाइकों को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल युवती ने बिलासपुर ले जाते समय दम तोड़ दिया। चारों मृतक दोस्त थे और एक दूसरे दोस्त की बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे।
मृतकों में गंगाराम गंधर्व (25) निवासी गिरारी, रामावतार गोंड (30) निवासी कुदरी, भूपेंद्र गोंड (28) निवासी बरघाट और बंधी निवासी शानू केवंट (22) का नाम शामिल है।
पुलिस के मुताबिक, स्नेहिल गुप्ता थाना मरवाही का हिस्ट्रीशीटर है। उस पर पिछले दो वर्षों में मारपीट, सट्टा एक्ट समेत कुल छह आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वह आदतन अपराधी है और इसके खिलाफ पहले भी कई बार प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की जा चुकी है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आकाश था। मृतकों के परिजनों और आम नागरिकों ने स्नेहिल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी, जिसके बाद पुलिस ने भी तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ़्तार कर उसे जेल भेज दिया है।
रायपुर। इंस्टाग्राम में नग्न तस्वीरें वायरल कर रहे तीन लड़कों को गोलबाजार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया साल 2024 से लगातार आरोपी इंस्टाग्राम आइडी tannyyy_01._ के धारक द्वारा पीड़ित नाबालिक बालिका के साथ अश्लील गली गलौज कर पीड़िता का नग्न फोटो को सोशल मीडिया इंस्टाग्राम में वायरल करने कि धमकी देकर पीड़िता का नग्न फोटो को सोशल मीडिया इंस्टाग्राम में वायरल कर दिया कि रिपोर्ट पर थाना गोलबाजार में अपराध कमांक 94/2025 धारा- 296, 351(2) बीएनएस, 14, 15 पॉक्सो एक्ट के तहत पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपी इंस्टाग्राम आइडी tannyyy_01._ के धारक के संबंध में साइबर सेल से जानकारी प्राप्त कर उसके मोबाइल नंबरों का टावर लोकेशन प्राप्त कर आरोपीगण 01. दीपक बैरागी पिता स्व. मनोहर लाल बैरागी उम्र 27 साल पता मंगला कॉलोनी, थाना मनावर, जिला धार, (म.प्र.), 02. सिमरन अजनारे पिता स्व. मनोज अजनारे उम्र 20 वर्ष पता कस्थली, थाना मनावर, जिला धार, (म.प्र.) एवं एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक को पकड़कर घटना में प्रयुक्त 3 नग मोबाइल को जप्त किया जाकर प्रकरण में 67(ख) आई टी एक्ट जोड़ी गई एवं आरोपीगण को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। नाम गिरफ्तार आरोपी 01. दीपक बैरागी पिता स्व. मनोहर लाल बैरागी उम्र 27 साल पता मंगला कॉलोनी, थाना मनावर, जिला धार, (म.प्र.), 02. सिमरन अजनारे पिता स्व. मनोज अजनारे उम्र 20 वर्ष पता कस्थली, थाना मनावर, जिला धार, (म.प्र.) 03. एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक
रायपुर। आज नगर पालिक निगम में प्राप्त कचरा फेंकने सम्बंधित जनशिकायत को तत्काल संज्ञान में लेते हुए नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर उपायुक्त डॉक्टर अंजलि शर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर तृप्ति पाणीग्रही के निर्देश पर निगम जोन 9 क्षेत्र के तहत विधानसभा मार्ग आमासिवनी में नाली में कचरा डाले जाने से सम्बंधित जनशिकायत की वस्तुस्थिति की जानकारी लेने जोन स्वास्थ्य अधिकारी बारोन बंजारे के नेतृत्व में आकस्मिक निरीक्षण के दौरान स्थल पर नगर निगम को प्राप्त नाली में कचरा डाले जाने से सम्बंधित जनशिकायत सही मिली. इस पर निगम स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देश पर जोन 9 जोन स्वास्थ्य अधिकारी ने नाली में कचरा डाले जाने पर 8 दुकानदारों पर कुल 4300 रूपये का जुर्माना सम्बंधित दुकान संचालकों को भविष्य के लिए कड़ी कार्यवाही करने की चेतावनी देते हुए वसूल किया और प्राप्त जनशिकायत का त्वरित निदान किया.
बलौदाबाजार। कलेक्टर दीपक सोनी ने बुधवार क़ो लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के एसडीओ, सब -इंजीनियर एवं ठेकेदारों की बैठक लेकर जिले में जल जीवन मिशन के कार्यो की समीक्षा की। उन्होंने मिशन के तहत हर- घर नल से जल पहुंचाने के कार्य में तेजी लाकर समय पर पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने एसडीओ और सब इंजिनीयर क़ो कार्य में प्रगति लाने के साथ ही गुणवत्तापूर्ण कार्य के लिए फिल्ड पर कड़ी निगरानी रखने के भी निर्देश दिये।
कलेक्टर सोनी ने कहा कि जिन गांवों में जल स्रोत नहीं मिल रहा है वहां जल स्रोत चिन्हांकन के लिए हाईड्रो फैक्चरिंग मशीन की व्यवस्था करें। विद्युत मीटर की समस्या निदान के लिए सीएसपीडीसीएल के अधिकारियों से आवश्यक समन्वय करें। जिन गांव में नल जल क़ो लेकर किसी प्रकार की विवाद हो तो सरपंच, जनपद सीईओ व एसडीएम के माध्यम से समाधान कराएं।इसके साथ ही एमआईएस पोर्टल में प्रविष्टि से सबंधित तकनीकी समस्या के निराकरण हेतु राज्य कार्यलय से पत्राचार करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने धीमे प्रगति वाले सभी ठेकेदारों के कार्यो की विस्तृत समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिये कि काम में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के भुगतान रोकी जाएगी तथा जिन्होंने काम बंद कर रखा है उन्हें कार्य से पृथक किया जाएगा।उन्होंने अब तक अपूर्ण कार्यो क़ो तय समय पर पूर्ण कराने के लिए समय- सीमा निर्धारित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि अगले 10 से 15 दिवस में हर -घर जल प्रमाणीकरण के कार्य क़ो पूर्ण कराएं। जिन गांवों में वाटर टेस्टिंग का कार्य चल रहा है वहां के स्थानीय व्यक्ति क़ो ही पंप संचालन का प्रशिक्षण दें ताकि बाद में वह बेहतर तरीके से कार्य सम्पादित कर सके। पाइप लाईन बिछाने में सडक खुदाई उपरांत सडक की मरम्मत कराएं। इसके साथ ही अन्य परिसंपत्ति की क्षति होने पर भी उसका उचित क्षतिपूर्ति करें।उन्होंने कहा कि सभी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य क़ो समय पर कार्य पूरा कराएं। प्रशासन हर संभव सहयोग के लिए तैयर है।
रायपुर। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से रायपुर पहुंची इंडिगो फ्लाइट का गेट लॉक हो गया. करीब 40 मिनट तक गेट लॉक रहा. इससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के मुताबिक इस फ्लाइट में पूर्व सीएम भूपेश बघेल, विधायक चातुरी नंद और रायपुर महापौर मीनल चौबे समेत सैकड़ों लोग सवार थे. बताया जा रहा कि टेक्निकल इशू के चलते इंडिगो फ्लाइट का गेट लॉक हुआ था. 40 मिनट की भारी मशक्कत के बाद गेट खोला गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. यह फ्लाइट दिल्ली से रायपुर पहुंचकर 2.25 बजे लैंड हुई थी. इसके बाद गेट लॉक होने से सैकड़ों यात्री फ्लाइट में फंसे रहे. इससे रायपुर एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया था.
रायपुर। दंतेवाड़ा जिले में खेती और जंगल से मिलने वाली उपज को लंबे समय तक सुरक्षित रखने और किसानों को उनकी मेहनत का पूरा मूल्य दिलाने के लिए एक बड़ी शुरुआत की जा रही है। जिले के पातररास गांव में केन्द्र सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से पहली बार एक ऐसा आधुनिक केंद्र बनाया जा रहा है जहां कोल्ड स्टोरेज, खाद्यान्न और वनोपज को खराब होने से बचाने के लिए रेडिएशन जैसी तकनीक का इस्तेमाल होगा। यह कार्य प्रधानमंत्री किसान संपदा योजना के तहत हो रहा है। यह पूरे देश में सरकारी स्तर पर बनने वाली अपनी तरह की पहली सुविधा है। इस परियोजना से बस्तर की तस्वीर बदलेगी।
खनिज माफिया पर नहीं हो रही कार्रवाई
लालबहादुर - ( लोक जगत ) चारभांठा फत्तेगंज स्थित आदर्श ग्रामोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रिश्चिन फेलोशिप के पीछे जंगल से लगी गौशाला की जमीन है, जिसका खसरा नंबर 92 है। फत्तेगंज निवासी खनन माफिया द्वारा मुरूम, मिट्टी का लगातार खनन किया जा रहा है।
गौशाला जमीन का मालिक राजनांदगांव निवासी है। गौशाला की जमीन पर खनन कर मुरूम माफिया द्वारा लाखों की कमाई की जा रही है। मुरूम माफिया राजनीतिक धौंस दिखाकर वह किसी से नहीं डरने, कुछ न बिगाड़ पाने तथा देख लेने की धमकी देता है। आए दिन सभी आस - पास क्षेत्र से रेत, मुरूम, मिट्टी का खनन किया जा रहा है। गौशाला जमीन के नजदीक फत्तेगंज जंगल है, जहां से रेत, मुरूम,पार किया जा रहा है। फत्तेगंज जंगल क्षेत्र से रेत निकासी हर रोज किया जा रहा है।अन्य शासकीय जमीन से अवैध मुरूम, मिट्टी खनन कर लाखों का चुना लगाया जा रहा है।लालबहादुर नगर ब्लॉक के तहसीलदार से फोन कॉल पर संपर्क किया गया, परन्तु तहसीलदार द्वारा फोन कॉल नहीं उठाया गया। किंतु कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति किया जा रहा है।
बलौदाबाजार। कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशानुसार जिले के कृषकों को गुणवत्तायुक्त कृषि आदान जैसे उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक दवाई उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग में पदस्थ निरीक्षकों द्वारा लगातार छापामार की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को जिले के कई विकासखंडों में निरीक्षकों द्वारा कीटनाशक उर्वरक विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया गया तथा विक्रय केंद्रों को नियमानुसार उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक विक्रय करने हेतु समझाइए दी गई। किसी भी स्थिति में कालाबाजारी न करने हेतु स्पष्ट निर्देश दिए गए।
विकासखंड बलौदा बाजार के ग्राम सरखोर में संचालित साईं कृषि केंद्र, अक्षांश ट्रेडर्स एवं इंद्र कृषि केंद्र, विकासखंड भाटापारा में साहू कृषि केंद्र, तरेंगा तथा विकासखंड कसडोल में रवि कृषि केंद्र तथा मनीष कृषि केंद्र टुंडरा का निरीक्षण किया गया एवं आवश्यक निर्देश दिए गए। वर्तमान में बीज एवं डीएपी की कमी के कारण नकली बीज एवं खाद विक्रय, जमाखोरी एवं कालाबाजारी के संभावना को देखते हुए लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। उप संचालक कृषि दीपक कुमार नायक द्वारा कृषकों से अपील किया गया है कि किसान भाई जांच परख के ही उर्वरक एवं बीज क्रय करें तथा क्रय सामग्री का पक्का बिल अवश्य प्राप्त करें। उर्वरक केवल पॉस के माध्यम से क्रय करें। आवश्यक्ता अनुसार संतुलित उर्वरक का उपयोग करें। डीएपी की पूर्ति हेतु वैकल्पिक उर्वरक जैसे कि एनपीके एवं एसएसपी का प्रयोग किया जाना उचित होगा।
रायगढ़। लैलूंगा थाना पुलिस को दुष्कर्म के एक मामले में बड़ी सफलता मिली है। पिछले 6 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी सतीश कुमार बेहरा पिता स्व. मिनकेतन चेहरा (उम्र 27 वर्ष), निवासी सलखिया, थाना लैलूंगा को पुलिस ने आज मुखबिर की सूचना पर उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। घटना 25 अक्टूबर 2018 को हुई थी, जब तमनार थाना क्षेत्र की एक किशोर बालिका ने लैलूंगा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने परिचित के साथ राजपुर मेला देखने गई थी। वहीं आरोपी सतीश बेहरा और उसके साथियों ने पीड़िता एवं उसके साथी के साथ मारपीट की और जबरन कार में बैठाकर जंगल ले गए, जहां डरा-धमका कर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना के आधार पर थाना लैलूंगा में तत्काल अपराध क्रमांक 253/2018 अंतर्गत धारा 363, 366(ए), 376(डी), 506, 323 भादंवि, 6 पॉक्सो एक्ट तथा 3(1)(2), 3(2)(5) अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया था। वहीं, मुख्य आरोपी सतीश बेहरा घटना के बाद से फरार हो गया था। लैलूंगा पुलिस ने उसके विरुद्ध धारा 173(8) के तहत पूरक चालान न्यायालय में प्रस्तुत कर लगातार उसकी तलाश जारी रखी थी। इसी क्रम में आज दिनांक 17 जून 2025 को थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में टीम ने सलखिया गांव में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपराध करना स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस गिरफ्तारी से न केवल छह साल पुराना मामला फिर से न्यायिक दिशा में आगे बढ़ा है, बल्कि फरार अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सतत निगरानी और दबिश कार्रवाई का परिणाम भी सामने आया है।
Adv