बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु के छत्तीसगढ़ प्रवास की तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये

    11-Oct-2024

     रायपुर,राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के छत्तीसगढ़ के 25 और 26 अक्टूबर, दो दिवसीय प्रवास के मद्देनजर राज्यपाल श्री रमेन डेका के निर्देशानुसार आज यहां राजभवन में राज्यपाल के सचिव श्री यशवंत कुमार ने बैठक लेकर सभी आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी तैयारियां निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार किया जाना सुनिश्चित करें।

     
    राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु 25 और 26 अक्टूबर को एम्स रायपुर, एन. आई. टी. रायपुर, आई. आई. टी. भिलाई और पं. दीनदयाल स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान आयुष विश्विद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। सचिव श्री यशवंत कुमार ने इस दौरान सभी शैक्षणिक संस्थानों में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इसके अलावा रायपुर एवं दुर्ग जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, राज्य प्रोटोकॉल के अधिकारियों को भी सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिये गये।
     
    इस अवसर पर राज्यपाल की संयुक्त सचिव श्रीमती हिना अनिमेष नेताम, पं. जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. विवेक चौधरी सभी संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
  • नक्सल पीड़ितों को मिला कृत्रिम पैर का सम्बल

    11-Oct-2024

     रायपुर। वनोपज संग्रहण या खेती कार्य जैसे अपनी दैनिक जीवनचर्या के बीच जंगलों के रास्ते गुजरते समय नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी बमों में ब्लास्ट की अलग-अलग घटनाओं में अपना पैर गंवाकर अपाहिज की दर्दभरी जिंदगी जी रहे बस्तर के ग्रामीणों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश व उपमुख्यमंत्री की पहल पर कृत्रिम पैर का संबल मिल रहा है। पहले चरण में नक्सल हिंसा प्रभावित ऐसे 6 लोगों को फिजिकल रेफरल रिहैबिलिटेशन सेंटर समाज कल्याण परिसर माना कैंप रायपुर में कृत्रिम पैर लगाकर चलने की ट्रेनिंग दी गई। आईईडी ब्लास्ट में पैर खोने के बाद से चलने फिरने के लिए दूसरों पर निर्भर हो गए ये लोग अब कृत्रिम पैर पाकर इतने उत्साहित हैं कि खुद अपने पैरों से चलकर आज उपमुख्यमंत्री के निवास अपनी खुशी व्यक्त करने पहुंचे।

     
    उल्लेखनीय है कि बस्तर क्षेत्र के लगभग 70 नक्सल पीड़ितों ने बस्तर शांति समिति की पहल पर विगत सितंबर माह में दिल्ली जाकर जंतर मंतर में प्रदर्शन करने के साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर उन्हें आप बीती बताते हुए बस्तर में शांति की गुहार लगाई थी। वहीं दिल्ली से लौटकर वे आए तो उपमुख्यमंत्री व गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने अपने निवास कार्यालय में एक-एक पीड़ितों से बात कर उनका हालचाल जाना था और उनका हौसला बढ़ाया था और आईईडी ब्लास्ट में पैर गवा चुके पीड़ितों के कृत्रिम पैर लगवाने के निर्देश दिए थे।
     
    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देशानुसार आईईडी ब्लास्ट में अपने अंग खोने वाले ग्रामीणों का समाज कल्याण विभाग के सहयोग से ऐसे नक्सल हिंसा पीड़ितों को कृत्रिम अंग लगाने की शुरुआत हो गई है। कृत्रिम पैर लगाने के लिए बस्तर से 9 नक्सल पीड़ित का आना तय हुआ था, किंतु व्यक्तिगत कारणों से 3 पीड़ित अभी नहीं पहुंच पाए। इस प्रकार 6 नक्सल पीड़ित गुड्डू लेकाम बीजापुर, अवलम मारा बीजापुर, सुक्की मड़कम सुकमा, सोमली खत्री बीजापुर, खैरकम जोगा बीजापुर, राजाराम बीजापुर को फिजिकल रेफरल रिहैबिलिटेशन सेंटर समाज कल्याण परिसर माना कैंप रायपुर में कृत्रिम पैर लगाए गए।
     
    कृत्रिम पैर लगने के बाद इनकी जिंदगी एक नई करवट ले रही है। उपमुख्यमंत्री शर्मा के निवास पहुंचे इन नक्सल पीड़ितों ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि अब वे अच्छा महसूस कर रहे हैं। कदम-कदम पर किसी और के सहारे की जरूरत नहीं पड़ेगी। जिंदगी में अब आगे बढ़ने और कुछ हासिल करने की सोच सकते हैं। हालांकि नक्सलियों ने जो छीना है उसकी भरपाई नहीं हो सकती। लेकिन छत्तीसगढ़ सरकार की संवेदनशीलता से उन्हें कृत्रिम पैर सुलभ होने के साथ जीवन में नया उत्साह आया है। इसके लिए छत्तीसगढ़ सरकार का आभार व्यक्त किया।

     

  • गोलबाजार पुलिस ने शराब बेच रही महिला को पकड़ा

    10-Oct-2024

    रायपुर। अवैध रूप से शराब के साथ आरोपिया गुड़िया उर्फ अफसाना बी गिरफ्तार हुई है। गोलबाजार पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना गोलबाजार क्षेत्रांतर्गत दाई कोरा भवन के पास एक महिला अवैध रूप से शराब रखी है तथा बिक्री हेतु ग्राहक की तलाश कर रही है। जिसे वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन पर थाना प्रभारी गोलबाजार निरीक्षक अर्चना धुरंधर के नेतृत्व में थाना गोलबाजार पुलिस की टीम द्वारा उक्त स्थान जाकर मुखबीर द्वारा बताये हुलिये को चिन्हांकित कर पकड़ा गया। पूछताछ में उक्त महिला ने अपना नाम गुड़िया उर्फ अफसाना बी निवासी गुप्ता बिल्डिंग, मोतीबाग चौक, रायपुर का होना बताई। टीम के सदस्यों द्वारा तलाशी लेने पर एक सफेद रंग के प्लास्टिक के बोरी में शराब रखा होना पाया गया। शराब रखने के संबंध में वैध दस्तावेज की मांग करने पर उसके द्वारा किसी प्रकार का दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा आरोपिया गुड़िया उर्फ अफसाना बी पति शेख हासिम उम्र 35 साल निवासी गुप्ता बिल्डिंग, मोतीबाग चौक, रायपुर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 110 पौवा देशी शराब कुल 19.800 एमएल कीमती लगभग 9,900/- रूपये तथा बिक्री रकम 330/- रूपये जप्त कर आरोपिया के विरूद्ध थाना थाना गोलबाजार में अपराध क्रमांक 318/24 धारा 34(2) आबकारी एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही किया गया। गिरफ्तार आरोपी - गुड़िया उर्फ अफसाना बी पति शेख हासिम उम्र 35 साल निवासी गुप्ता बिल्डिंग, मोतीबाग चौक, रायपुर 

  • टीएस सिंहदेव ने बलरामपुर में ली कांग्रेस नेताओं की बैठक

    10-Oct-2024

    रायपुर। टीएस सिंहदेव ने बलरामपुर में कांग्रेस नेताओं की बैठक ली। जिसमें कईं महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। सिंहदेव ने कहा, सम्मेलन में पिछले विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव की हार की समीक्षा की गई। साथ ही आने वाले नगरीय निकाय चुनाव और जिला पंचायत चुनाव को लेकर रणनीति पर गहन विमर्श हुआ। इस बैठक में पूर्व विधायक एवं मंत्री प्रेम साय सिंह , पूर्व विधायक प्रीतम राम, विधायक प्रत्याशी एवं अंबिकापुर महापौर अजय तिर्की, विधायक प्रत्याशी विजय पैकरा, और जिला अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी सम्मिलित हुए। साथ ही बूथ कमेटियों एवं सेक्टर के वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी, सभी ब्लॉक अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, नगरपालिका एवं नगर पंचायत के प्रतिनिधि, यूथ कांग्रेस, NSUI, महिला कांग्रेस, और सभी फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन एवं प्रकोष्ठ के प्रमुख एवं पदाधिकारी भी शामिल हुए। 

  • कार सवार युवक-युवती की मौत, ट्रक से टकराई गाड़ी

    10-Oct-2024

    सरगुजा। अम्बिकापुर-पत्थलगांव राष्ट्रीय राजमार्ग 43 में बतौली कुनकुरी के पास आज सुबह बड़ी दुर्घटना घट गई . तेज रफ्तार टियागो कार चलती ट्रक के सामने जा घुसी जिससे कार चला रहे युवक और सामने बैठी युवती की मौके पर ही मौत हो गई. कार के पिछली सीट पर बैठे युवक, युवती कार में फंस गए। ग्रामीणों की सहायता से दोनों को बाहर निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली में भर्ती कराया गया। प्राथमिक चिकित्सा के बाद अम्बिकापुर जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है .सुबह साढ़े पांच बजे बतौली से तेजरफ्तार टियागो कार क्रमांक सीजी 15डीपी 3420 में सवार दो युवक दो युवती कूड़ोपारा सिलमा जा रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग 43 कुनकुरी मुख्य मार्ग में सीतापुर की और से आ रहे ट्रक क्रमांक ओडी 16 डीएम 3138 के सामने से जा भिड़ी। इस भीषण सड़क हादसे में कार चला रहे कुनकुरी निवासी 19 वर्षीय दुष्यंत तिग्गा पिता हरिया तिग्गा और सामने बैठी ग्राम भटकों निवासी पूर्णिमा एक्का पिता बालम एक्का उम्र 17 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। कार के पीछे सीट में बैठे काराबेल निवासी अनुज तिर्की पिता जेम्स तिर्की उम्र 19 वर्ष और भटको निवासी रेनूका तिर्की पिता जमीरसाय उम्र 18 वर्ष कार में फंसे रहे जिनका पैर दबा हुआ था। दोनों को 112 टीम के सदस्यों ने ग्रामीण की मदद से कार के गेट को तोड़कर बाहर निकाला. जिन्हे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली में भर्ती कराया गया। गंभीर अवस्था के कारण दोनों घायल युवक युवती को जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। 

  • सब्जी व्यापारी की मिली लाश, देखने गया था जगराता

    10-Oct-2024

    बिलासपुर। शहर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यदुनंदन नगर के गोकने नाले के पास एक तबेले में एक युवक की संदिग्ध अवस्था में लाश मिली है. युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और जांच कार्रवाई में जुट गए हैं. बताया जा रहा है कि युवक नवरात्रि के जगराते में गया था और इसी दौरान उसके साथ अप्रिय घटना घटी होगी. जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान अज्जू साहू के रूप में हुई है, जो सब्जी बेचने का काम करता था. आज सुबह उसकी लाश घर के बाजू स्थित तबेले के पास मिली है. संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने पर मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. बताया जा रहा है कि मृतक नवरात्रि के जगराते का कार्यक्रम देखने गया था. देर रात घर लौटा और आज सुबह उसकी लाश मिली है. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सिरगिट्टी पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई. 

  • सिरफिरे आशिक को हुई उम्रकैद की सजा, ट्यूशन छात्रा का किया था मर्डर

    10-Oct-2024

    बालोद. जिला न्यायालय ने आज 2 साल पुराने हत्या मामले में आरोपी रवि मिनपाल को 1 हजार रुपये का अर्थदण्ड और उम्रकैद की सजा सुनाई है. कोर्ट ने आरोपी को धारा 302 की तहत यह फैसला सुनाया है. जानकारी के मुताबिक, 7 जून 2022 को मृतका के पिता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि सुबह 7 बजे 17 वर्षीय बेटी को आरोपी रवि ने एक तरफा प्रेम प्रसंग के चलते चाकू एवं कुल्हाड़ी से गले में प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही बेटी की मौत हो गई. शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और पंचनामा तैयार किया गया. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि छात्रा करहीभदर में ट्यूशन जाती थी. 7 जून को रास्ते में उसके आने का इंतजार कर रहा था. स्कूटी से आ रहील छात्रा को इशारे से रोकने का प्रयास किया. इस दौरान वह गाड़ी से गिर गई और चिल्लाने लगी. तभी आरोपी ने चाकू से गले में वार कर दिया. कुल्हाड़ी से 3 बार सिर में प्राणघातक वार किया. इससे छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ग्राम मटिया होते नारागांव जंगल की ओर भाग गया. जहां गमछा का फंदा बनाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया, लेकिन गमछा छोटा होने से वह आत्महत्या नहीं कर पाया तो उसने थाने में पहुंचकर सरेंडर किया था. 

  • कॉलेज प्रोफेसर घायल, हाइवा चालक की लापरवाही से हुआ हादसा

    10-Oct-2024

    कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत नकटीखार मुख्य मार्ग में राख से भरी तेज रफ़्तार हाइवा ने बाइक से जा रहे कॉलेज प्रोफसर को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही की टक्कर के बाद प्रोफसर हाइवा के पहियों के बीच फंस गए और हाइवा चालाक ने ब्रेक लगा दिया, जिससे उनकी जान बच गई। हादसे के बाद मौके पर आक्रोशित ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे हुए है और ग्रामीणों से बातचीत कर चक्का जाम को समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए बाइक सवार का नाम वेद प्रकाश सोनी है, जो करतला थाना क्षेत्र के सेंदरीपाली नावाडीह के रहने वाले है और मिनी कॉलेज में प्रोफेसर हैं। 

  • नवरात्र की अष्टमी और नवमी तिथि को लेकर क्या है इन 3 ज्योतिषचार्यों की राय

    10-Oct-2024

    मां दुर्गा को समर्पित नवरात्रों का पर्व धूमधाम से मनाया जाता है। नवमी पूजन के बाद दशहरा पूजन किया जाएगा। यहां जानें इन चार ज्योतिषचार्यों की राय में कब रखा जाएगा अष्टमी व्रत और नवमी कब होगी

    मां दुर्गा को समर्पित नवरात्रों का पर्व धूमधाम से मनाया जाता है। नवमी पूजन के बाद दशहरा पूजन किया जाएगा। ज्योतिषचार्य राहुल अग्रवाल ने बताया कि अष्टमी तिथि का प्रारंभ दस अक्तूबर को दोपहर 12 बजकर 31 मिनट पर होगा। इस दिन सूर्य उदय से लेकर 12.31 बजे तक सप्तमी तिथि होगी और शास्त्रत्तें के अुनसार सूर्य उदय की तिथि में जो पर्व लगता है, वही मान्य होता है। यहां जानें इन चार ज्योतिषचार्यों की राय में कब रखा जाएगा अष्टमी व्रत और नवमी कब होगी
    11 अक्तूबर को 12 बजे के बाद नवमी तिथि होगी शुरू
    राहुल अग्रवाल के अनुसार 11 को ही दोपहर 12:06 बजे के बाद से नवमी तिथि प्रारंभ हो जाएगी, जो अगले दिन 12 को सुबह 10:58 बजे तक रहेगी। महानवमी का पूजन 12 अक्टूबर को ही करना शास्त्र मान्यताओं के अनुसार शुभ रहेगा। इसके बाद दशहरा पूजन किया जाएगा।
    11 बजे के बाद करें दशहरा पूजन
    ज्योतिषचार्या रुचि कपूर के अनुसार महानवमी का पूजन 12 अक्तूबर को सुबह 10:58 बजे तक है। इसके बाद दशमी तिथि का प्रारंभ होगा, जोकि अगले दिन सुबह 9:08 बजे समाप्त हो जाएगा। इस कारण विजयदशमी का पर्व 12 अक्तूबर को नवमी पूजन के बाद ही श्रेष्ठ रहेगा। दोपहर को दशहरे पूजन का शुभ मुहूर्त भी रहेगा। रात्रि के समय रावण दहन भी किया जाएगा।
    11 बजे के बाद मनाया जाएगा दशहरा
    ज्योतिषचार्य भारत ज्ञान भूषण के अनुसार 11 अक्तूबर को अष्टमी तिथि मानी जाएगी। इसके अलावा 12 अक्तूबर शनिवार को नवमी तिथि सुबह 10:59 बजे तक रहेगी और 11:00 बजे से दशहरा प्रारंभ हो जाएगा। नवमी को नवरात्रों में माता की विदाई 11:00 बजे कर पाएंगे। दशमी तिथि 11:00 बजे से प्रारंभ होगी। दशहरा 11:00 बजे के बाद मनाया जाएगा।
    ऐसे समझे तिथि का इस बार का गणित
    ●10 अक्तूबर : अष्टमी तिथि का प्रारंभ 12.31 मिनट दोपहर से शुरू
    ●11 अक्तूबर : अष्टमी पूजन 12.06 मिनट तक, सूर्यउदय तिथि के साथ
    ●12 अक्तूबर : नवमी पूजन 10.58 मिनट तक रहेगा, इसके बाद दशमी शुरु
    ●12 अक्तूबर : दशहरा पूजन 10.58 बजे के बाद शुरु, दोपहर 2.48 मिनट तक 
  • CG में 4 ट्रैक्टर एवं जेसीबी लोडर मशीन किया गया जब्त

    09-Oct-2024

    महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशन में खनिज विभाग द्वारा अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर सतत कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में खनिज विभाग द्वारा मंगलवार को ग्राम लाफिनकला में रेत के अवैध परिवहन की शिकायत पर कार्यवाही करते हुए 04 ट्रेक्टर वाहन जप्त किया गया। इसी तरह आज ग्राम खट्टी में रेत के अवैध भंडारण एवं परिवहन की शिकायत पर औचक जांच करते हुए जेसीबी लोडर मशीन को जप्त किया गया। जप्त सभी वाहनों को थाना सिटी कोतवाली की अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया। 

  • कलेक्टर ने एफसीआई गोदाम जगतरा का किया निरीक्षण

    09-Oct-2024

    बालोद। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने आज जिला मुख्यालय बालोद के समीपस्थ ग्राम जगतरा में स्थिति भारतीय खाद्य निगम के गोदाम में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भारतीय खाद्य निगम के कार्यालय में स्थित गुणवत्ता नियंत्रण कक्ष में पहुंचकर चावल के गुणवत्ता जाँच के कार्य का भी अवलोकन किया। कलेक्टर चन्द्रवाल ने खाद्य गोदाम में उपस्थित जिला खाद्य अधिकारी एवं डिपो प्रभारी एवं गुणवत्ता नियंत्रक से इस गोदाम में खाद्यान भराव की क्षमता, लोडिंग-अनलोडिंग की प्रक्रिया तथा प्रत्येक स्टैक के लिए लगने वाली गाड़ियों की संख्या आदि के संबंध में जानकारी ली। श्री चन्द्रवाल ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को गोदाम में अधिक से अधिक मिलरों का चावल जमा कराने के कार्य में प्रगति लाने हेतु जरूरी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान कलेक्टर चन्द्रवाल ने भारतीय खाद्य निगम के कार्यालय एवं गुणवत्ता नियंत्रण कक्ष का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने गुणवत्ता नियंत्रण कक्ष में चावल के गुणवत्ता जाँच के प्रक्रिया का भी अवलोकन किया। 

  • कलेक्टोरेट के सृजन सभाकक्ष में आयोजित हुआ चिकित्सा शिविर

    09-Oct-2024

    रायगढ़। कलेक्टर कार्तिकेया गोयल की अध्यक्षता में आज जिला सैनिक कल्याण कार्यालय द्वारा मुख्यालय छत्तीसगढ़ एवं उड़ीसा सब एरिया रायपुर (आर्मी) के सहयोग से भूतपूर्व सैनिक, सैनिक विधवाओं एवं उनके आश्रितों के लिए कलेक्टोरेट के सृजन सभाकक्ष में चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने कहा की सेना देश की सेवा करते है, ऐसे में उनके रिटायर के बाद भूतपूर्व सैनिक, सैनिक विधवाओं एवं उनके आश्रितों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए जिला सैनिक कल्याण कार्यालय द्वारा चिकित्सा शिविर का आयोजन करना अच्छी पहल है। कलेक्टर गोयल ने कहा कि आम्र्स फोर्सेस में जिला सहित राज्य के युवाओं की सहभागिता कम है। आम्र्स फोर्सेस अच्छी कैरियर विकल्प के साथ देश सेवा करने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने सभी भूतपूर्व सैनिकों को युवाओं को आम्र्स फोर्सेस में कैरियर बनाने प्रोत्साहित करने को कहा। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर की सेना भर्ती इस बार रायगढ़ में हो रही है, जिसमें वे अपना सहयोग प्रदान कर सकते है। कलेक्टर श्री गोयल ने कहा भूतपूर्व सैनिकों के किसी भी प्रकार की समस्या होने पर जिला प्रशासन द्वारा हर संभव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने अपने आस-पास एवं पर्यटन स्थलों में साफ-सफाई रखने एवं आने वाले पीढ़ी को स्वच्छ वातावरण प्रदान करने की बात कही। इस दौरान कलेक्टर श्री गोयल ने सैनिक एवं उनके परिवारजनों की समस्यों एवं सुझावों पर विस्तार से चर्चा भी किए। इस अवसर पर मुख्यालय छत्तीसगढ़ एवं उड़ीसा सब एरिया रायपुर (आर्मी) से कर्नल सुधीर नायक एवं ईसीएचएस पाली क्लिनिक बिलासपुर से कर्नल वी.के.सुकुल, कैप्टन बी.के.शर्मा व आनरेरी कैप्टन बी.के दीक्षित उपस्थित थे। स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क दवाइयों का किया गया वितरण जिला सैनिक कल्याण कार्यालय द्वारा आयोजित चिकित्सा शिविर में विनायक नेत्रालय रायपुर, ईसीएचएस पाली क्लिनिक बिलासपुर एवं मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी कार्यालय रायगढ़ द्वारा मुफ्त स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण एवं चश्मा प्रदान किया गया। शिविर में 160 पूर्व सैनिक एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे। 

  • ढाई करोड़ की लूट मामले में दो और गिरफ्तार, कट्टा के साथ पकड़ाए

    09-Oct-2024

    बलरामपुर. ज्वेलरी शॉप में दिनदहाड़े लूट के मामले में फरार 2 आरोपी को पुलिस ने औरंगाबाद, बिहार से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के कब्जे से 70 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात, एक नग देशी कट्टा, 5 जिंदा कारतूस बरामद किया गया है. इससे पहले पुलिस एक महिला सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. बलरामपुर पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर रमनलाल ने पूरे मामले का खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि 11 सितंबर को ज्वेलरी शॉप में दिनदहाड़े हथियारबंद लूटरों ने बंदूक की नोक पर 2 करोड़ 92 लाख रुपए की लूट की घटना को अंजाम दिया था. बलरामपुर पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी थी. 5 अलग-अलग राज्यों दिल्ली, झारखंड, बिहार और पंजाब से 6 आरोपियों को पकड़े गए थे. इस आरोपियों से 2 करोड़ 40 लाख का जेवरात जब्त किया गया था. इस वारदात में मुख्य आरोपी सोनू उर्फ आनंद सोनी डकैती के माल को खपाने के लिए गिरोह में अपनी गर्लफ्रेंड अंजनी एक्का को भी रखा था. उसकी गर्लफ्रेंड लूट के सामान को अलग-अलग जगह खपाने का काम करती थी. पुलिस ने युवती के पास से गले हुए सोने के जेवर को जब्त किया था और उसके बैंक अकाउंट को सीज किया था, जिसमें 5 लाख 80 हजार रुपए हैं. इस वारदात में शामिल दो फरार आरोपियों को बिहार से गिरफ्तार किया गया है. उनके कब्जे से 70 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात, एक नग देशी कट्टा, 5 जिंदा कारतूस बरामद किया गया है. 

  • एबीस कंपनी के डायरेक्टर अंजुम अल्वी के मध्य 2 वर्ष के लिये एमओयू हुआ

    09-Oct-2024

    राजनांदगांव। आज आई.बी. ग्रुप के आर. के. नगर स्थित एबीस कंपनी के सिटी कार्यालय में शास. कमला देवी महिला कॉलेज के पिंसीपल श्री आलोक मिश्रा सर, श्री बी. के. सोनबर सायकोलॉजी विभाग के एच.ओ.डी. कु. नीलम राम केमेस्ट्री विभाग के एच.ओ.डी. के साथ एबीस कंपनी के डायरेक्टर अंजुम अल्वी के मध्य 2 वर्ष के लिये एम ओ यू हुआ।

    इस अवसर पर डॉ. रूबीना अल्वी, पूर्व प्रोफेसर रसायन शास्त्र, शास. कमला देवी महाविद्यालय भी उपस्थित थी। इस एम ओ यू से महाविद्यालय की छात्रायें एबीस कंपनी की विभिन्न परियोजनाओं, संयुक्त रूप से विभिन्न सेमीनार एवं कॉन्फ्रेस का आयोजन, आधुनिक लैब, सयंत्र, पोल्ट्री, डेयरी आदि का समय-समय पर अवलोकन एवं अध्ययन कर सकेगी, साथ ही भविष्य में निकलने वाले रोजगार अवसर का भी लाभ उठा पायेगी।
  • राजस्व अभिलेखों के पुराने रिकाॅर्डाें का होगा डिजिटलाइजेशन

    09-Oct-2024

    रायपुर । रायपुर जिले की प्रभारी सचिव और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की सचिव श्रीमती निहारिका बारीक ने कलेक्टोरेट परिसर के रेडक्राॅस सभाकक्ष में विभागीय समीक्षा की। इस दौरान प्रभारी सचिव श्रीमती बारीक भारतीय रेडक्राॅस सोसायटी की आजीवन सदस्य बनीं। कलेक्टर डाॅ. गौरव सिंह की उपस्थिति में आयोजित विभागीय समीक्षा में प्रत्येक विभागों के कार्याें की प्रभारी सचिव श्रीमती बारीक ने जानकारी ली और लंबित कार्याें को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।

     
    प्रभारी सचिव बारीक ने कहा कि राजस्व अभिलेखों के पुराने रिकाॅर्ड को सुरक्षित किया जाएं। इसके लिए पुराने अभिलेखों को डिजिटलाइजेशन किया जाएं। इससे सभी दस्तावेज हमेशा के लिए सुरक्षित होंगे। सभी सक्षम अधिकारी समय-समय पर राजस्व के लंबित प्रकरणों की माॅनीटरिंग कर उसका निपटारा करें। उन्होंने कहा कि जिले के मुख्य मार्गाें में होने वाले सड़क दुर्घटना को रोकने के लिए उचित कदम उठाए जाएं। सड़कों पर बैठे मवेशियों की वजह से होने वाले दुर्घटना को रोकने के लिए पशुधन विभाग को आवारा मवेशियों के सींग में गुणवत्तायुक्त रंग लगाने के निर्देश दिए। इससे वाहनों चालकों को रात के अंधेरे में दूर से ही सड़कों पर बैठे मवेशी आसान से नजर आएं। साथ ही काॅलर बेल्ट भी पहनाया जाएं। मवेशियों के बैठने के लिए चबूतरा बनाया जाएं और गांवों में चौपाल लगाकर मवेशियों को सड़क से हटाने के लिए जागरूक किया जाए। बारिश का पानी कहीं पर भी किसी भी स्थिति में न भरें, इसका विशेष ध्यान रखा जाएं।
     
    उन्होंने कहा कि मूलभूत सुविधाओं में समस्या आने पर आम नागरिकों से फीडबैक लिया जाएं और उनकी समस्याओं को त्वरित निराकृत किया जाएं। समीक्षा बैठक में प्रभारी सचिव श्रीमती बारीक को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने जिले में नशे की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के बारे में जानकारी दी। सिंह ने बताया कि गांजा की तस्करी रोकने के लिए पड़ोसी राज्य ओड़िसा के करीब में चेकपोस्ट लगाया गया है, जहां पर वाहनों की समय-समय पर जांच की जाती है, ताकि रायपुर शहर तक मादक पदार्थ न पहुंचे। प्रभारी सचिव बारीक ने कहा कि बच्चों और युवाओं को नशे की लत से दूर किया जाएं। नशा मुक्ति केंद्र में वर्तमान में 15 बिस्तरों की संख्या को बढ़ाई जाएं और वहां युवाओं की काउंसिलिंग बेहतर की जाएं। श्रीमती बारीक ने कहा कि मूलभूत सुविधाओं पेयजल, साफ-सफाई के लिए किसी भी आम नागरिकों को परेशानी न हो और असुविधा होने पर फीडबैक लिया जाए और समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएं। श्रीमती बारीक ने कहा कि अवैध शराब बेचने वालों पर कार्रवाई की जाएं और शराब दुकानों में शराब की ओव्हररेट बिक्री करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएं। इसके अलावा प्रभारी सचिव ने मत्सय पालन, मनरेगा, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट, पीएम सूर्य योजना, स्वच्छ भारत मिशन, नल-जल योजना, अमृत सरोवर, समाज कल्याण विभाग, आईटीएमएस, प्रधानमंत्री सम्मान निधि, स्कूल शिक्षा विभाग समेत विभिन्न विभागों के कार्याें की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में जिला पंचायत सीईओ विश्वदीप, डीएफओ लोकेश पटेल, सहायक कलेक्टर अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी समेत अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
     
    राशन कार्डधारियों की ई-केवाईसी के लिए चलेगा मुहिम
    रायपुर जिले में राशन कार्डधारियों की ई-केवाईसी शत-प्रतिशत की जाएगी। इसके लिए प्रभारी सचिव ने कलेक्टर को अभियान के तहत ई-केवाईसी पूर्ण करने के निर्देश दिए है। प्रभारी सचिव श्रीमती बारीक ने कहा कि समय निर्धारित कर ई-केवाईसी का कार्य पूर्ण किया जाएं। साथ ही गैस-सिलेंडर की डिलीवरी हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे। सिलेंडर का नौप-तौल कर हितग्राहियों को पहुंचाई जाएं।
     
    ड्रोन दीदी को प्रशिक्षित कर उपलब्ध कराएं रोजगार
    प्रभारी सचिव श्रीमती बारीक ने कहा कि जिले में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए ड्रोन दीदी के रूप में तैयार किया जाएं। साथ ही उन्हें प्रशिक्षित कर रोजगार दिलाया जाएं। साथ ही स्व सहायता समूह की महिलाओं को कृषि क्षेत्र में सहभागी बनाया जाए। स्व सहायता समूह की महिलाओं को साग-सब्जी के कार्याें से जोड़ा जाए और उन्हें लखपति दीदी बनाया जाएं।
     
    मरीजों को बेहतर उपचार और सुविधाएं मिले
    प्रभारी सचिव श्रीमती बारीक ने कहा कि राजधानी रायपुर में पूरे प्रदेश से लोग इलाज के लिए पहुंचते है। ऐसे में उन्हें बेहतर उपचार सुनिश्चित की जाएं और सुविधाएं भी बेहतर उपलब्ध कराई जाएं। अस्पतालों में शौचालय की व्यवस्था भी की जाएं। मरीजों एवं उनके परिजनों को किसी भी प्रकार की समस्याएं न हो।
  • 324 किमी सड़क विकास परियोजना को केंद्रीय मंत्रालय की मंजूरी

    09-Oct-2024

    रायपुर । उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने भारत सरकार द्वारा आठ सड़क खंडों के लिए 892 करोड़ 36 लाख रुपए स्वीकृत करने पर छत्तीसगढ़ के तीन करोड़ लोगों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त किया है। राज्य शासन के लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रदेश के छह जिलों में कुल 323.9 किलोमीटर सड़क खंडों के विकास के लिए इस साल 9 सितम्बर को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा गया था। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने विगत 30 सितम्बर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के साथ नई दिल्ली में हुई बैठक में इस प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति दी थी।

     
    केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को अपने ‘एक्स’ हैंडल पर भारत सरकार द्वारा इन प्रस्तावों को मंजूर किए जाने की जानकारी साझा की है। उन्होंने लिखा है कि छत्तीसगढ़ के बेमेतरा, मुंगेली, राजनांदगांव, जशपुर, बिलासपुर और खैरागढ़ जिलों में आठ राज्य सड़क खंडों के विकास के लिए सीआरआईएफ (Central Road Infrastructure Fund) से वित्तीय वर्ष 2024-25 में 892 करोड़ 36 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है।
     
     
    उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि भारत सरकार द्वारा सीआरआईएफ से मंजूर की गई इस राशि से बेमेतरा और मुंगेली जिले में नांदघाट-मुंगेली सड़क खंड और बेमेतरा-नवागढ़-मुंगेली सड़क खंड का चौड़ीकरण एवं मजबूतीतकण किया जाएगा। राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव-चौकी-मोहला मानपुर सड़क खंड, जशपुर जिले के बागबहार-कोतबा सड़क खंड, लुड़ेंग-तपकरा-लावाकेरा सड़क खंड और जशपुर-आस्टा-कुसमी सड़क खंड के मजबूतीकरण का कार्य भी इनमें शामिल हैं। उन्होंने बताया कि बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी-सरवानी-पसीद-अमलडिहा-बरतोरी-दगोरी सड़क खंड तथा राजनांदगांव और खैरागढ़ जिले के राजनांदगांव-कवर्धा-पोंडी सड़क खंड के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का कार्य भी इस राशि से किया जाएगा। श्री साव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का चहुंमुखी विकास हमारी प्राथमिकता है। राज्य में सड़कों के निर्माण में केंद्र सरकार का लगातार सहयोग मिल रहा है।
  • भाजपा की ऐतिहासिक जीत: उद्योग मंत्री देवांगन ने जश्न मनाया

    09-Oct-2024

    कोरबा। हरियाणा में भाजपा की हैट्रिक जीत पर कोरबा में भी भाजपाइयों में खुशी की लहर छा गई। मंगलवार को सुभाष चौक पर नगर विधायक और कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ राजीव सिंह ने अधिक संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई दी।

    इस अवसर पर कार्यकर्ताओं और आम जन मानस को जलेबी खिलाकर खुशी जाहिर की।इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने कहा की देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में डबल ईंजन की हरियाणा सरकार ने जिस तरह हर वर्ग के लिए तेजी से काम किया है उसी का नतीजा है की हरियाणा में भाजपा की हैट्रिक जीत मिली है।
    इस अवसर पर भाजयुमो जिला महामंत्री और पार्षद नरेंद्र देवांगन, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, कोसाबाडी मंडल अध्यक्ष अजय विश्वकर्मा, चंदन सिंह, वैभव शर्मा, रामकुमार राठौर, संजू शर्मा, संजू सिंह, मंजू सिंह लक्ष्मण श्रीवास, दिनेश वैष्णव, पंकज देवांगन सहित अन्य उपस्थित रहे।
  • जनदर्शन स्थगित: 10 अक्टूबर को नहीं होगा कार्यक्रम

    09-Oct-2024

    रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का हर सप्ताह गुरुवार को होने वाला जनदर्शन इस गुरूवार 10 अक्टूबर को अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया है।

  • निजी हॉस्पिटल पर 31 लाख का जुर्माना

    09-Oct-2024

    रायपुर । राज्य नोडल एजेंसी छत्तीसगढ़ द्वारा आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजनांतर्गत नियम विरूद्ध कार्य करने वाले अस्पतालों पर नियमित रूप से कार्यवाही की जा रही है। राज्य नोडल एजेंसी को अस्पतालों के विरूद्ध अनावश्यक पैकेज ब्लॉक करने, अनावश्यक आई.पी.डी. एवं आई.सी.यू. के पैकेज ब्लॉक करने, योजनांतर्गत लाभ देने से मना करने, अतिरिक्त नगद राशि लिए जाने इत्यादि की शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिसके कारण अस्पतालों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।

    अस्पतालों द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण संतोषजनक नही होने अथवा स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होने वाले अस्पतालों पर कार्यवाही की गई है। इसके अंतर्गत बाबूजी केयर हॉस्पिटल रायपुर एवं समता हॉस्पिटल डोण्डी लोहारा बालोद द्वारा अनावश्यक रूप से पैकेज ब्लॉक करने व उच्चाधिकारियों के आदेश पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देने के कारण इनका योजनांतर्गत पंजीयन निरस्त कर दिया गया है।
    जय अम्बे मल्टी स्पेशिलिटी हॉस्पिटल रायपुर द्वारा गलत तरीके से आई.सी.यू. के पैकेज ब्लॉक करने के कारण जारी स्पष्टीकरण का जवाब संतोषजनक नहीं होने पर राशि 31 लाख 32 हजार रूपए का जुर्माना लगाया गया एवं तीन माह के लिए अस्पताल को योजना से निलंबित किया गया है।
  • 135 लीटर महुआ शराब के साथ 760 किलो लाहन जब्त

    09-Oct-2024

    रायगढ़ । कलेक्टर कार्तिकेया गोयल द्वारा सहायक आयुक्त आबकारी रामकृष्ण मिश्रा को अवैध शराब के भंडारण, परिवहन पर लगातार कार्यवाही हेतु निर्देश दिए गए है। उक्त निर्देश के परिपालन में आबकारी विभाग द्वारा कार्यवाही की गई है।

    अवैध शराब निर्माण की सूचना मिलने पर वृत्त-घरघोड़ा आबकारी उपनिरीक्षक संतोष नारंग एवं उनकी टीम द्वारा ग्राम-बिलासखार थाना-पूँजीपथरा, जंगल में कुरकुट नदी किनारे पहुँचकर भारी मात्रा में महुआ शराब एवं महुआ लाहन पकड़ा। जिसमें चार प्लास्टिक डिब्बा में प्रत्येक में 15-15 लीटर कुल 60 लीटर महुआ शराब, एक जरिकेन में 5 लीटर महुआ शराब, एक प्लास्टिक डिब्बा में भरी 20 लीटर महुआ शराब, एक एल्युमीनियम बर्तन में 50 लीटर महुआ शराब इस तरह कुल 135 लीटर महुआ शराब जप्त किए।
    जिसका बाजार मूल्य-27000 है। इसी तरह 19 प्लास्टिक बोरियों जिसमें 40-40 किलो ग्राम कुल-760 किलोग्राम महुआ लाहन जिसका बाजार 38000 है। इस तरह कुल जप्त सामग्री का मूल्य 65000 एवं मदिरा बनाने के बर्तन बरामद किया जाकर परिवहन योग्य ना होने के कारण मौके पर नस्ट किया गया।
    मौके पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध आब.अधिनियम के तहत गैर जमानतीय धाराओं में प्रकरण कायम किया गया है। उक्त कार्यवाही में आबकारी उपनिरीक्षक जितेश नायक, आबकारी आरक्षक तुलेश्वर राठौर, लाकेश नेताम, राजेश्वर सिंह ठाकुर, कुलदीप ठाकुर, भेखराम पटेल और वाहन चालक वेदराम साहू का योगदान रहा।
     
Top