रायगढ़। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के मार्गदर्शन पर पुसौर थाना क्षेत्र में अडानी पावर प्लांट छोटे भण्डार में कोयला मिलावट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की, जिसमें सिक्युरिटी कर्मचारी धर्मेन्द्र पाठक की शिकायत पर पुसौर पुलिस ने मिलावट के खेल में शामिल दो ड्रायवर और दो ट्रक मालिकों को गिरफ्तार किया गया है। शिकायत के अनुसार, कुसमुंडा कोरबा एरिया से आने वाले कोयले को ट्रक ड्रायवरों ने अपने मालिकों के साथ मिलकर डिपो में अनलोड कर अच्छी क्वालिटी के कोयले को बेचा और मिलावट किए गए डस्ट कोयले को अडानी प्लांट में पहुंचाया। घटना की जानकारी के मुताबिक, ट्रक क्रमांक सीजी 15 ए.सी. 4037 (वजन 31.270 टन) और सीजी 12 बी.पी. 8610 (वजन 37.450 टन) से कोयला लाया जा रहा था। ट्रक ड्रायवर बबलू नितिन लकड़ा और श्रवण कुमार ने अपने ट्रक मालिकों ओमी साहू और यश शुक्ला के कहने पर उरगा (कोरबा) के पास जीपीएस डिवाइस निकालकर कार में लगा लिया और अच्छे क्वालिटी के कोयले को कोयला डिपो चांपा में बेचकर मिलावट वाला कोयला प्लांट में पहुंचा दिया। सिक्युरिटी जांच के दौरान यह घोटाला पकड़ा गया, जिसमें ड्रायवरों ने कबूल किया कि उन्होंने अपने मालिकों के निर्देश पर यह मिलावट की। आरोपियों के विरुद्ध थाना पुसौर में अप.क्र. 239/2024 धारा 316(3), 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन पर पुसौर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिन्हें पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
रायपुर। खाद्य मंत्री एवं गरियाबंद जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल आज जिले में गांधी मैदान स्थित मंगल भवन में आयोजित जिला स्तरीय आवास मेला कार्यक्रम में शामिल हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की संकल्पना से आज गरीबों के स्वयं का आवास का सपना साकार हो रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार में आते ही सबसे पहला काम 18 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति देने का काम किया। मंत्री श्री बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राज्य के आवासहीन परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराया जा रहा है। कार्यक्रम में महासमुंद लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी एवं राजिम विधायक रोहित साहू विशेष रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर श्री बघेल ने जनप्रतिनिधियों के साथ पीएम आवास योजना के अंतर्गत पूर्ण आवास के 10 हितग्राहियों को चाबी एवं नये स्वीकृत आवास के 10 हितग्राहियों को स्वीकृति आदेश प्रदान किया। मंत्री श्री बघेल ने इस मौके पर हितग्राहियों को नए मकान की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। खाद्य मंत्री श्री बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार द्वारा गरीबों के आवास के सपने को पूरा किया जा रहा है। श्री मोदी द्वारा आवास देने की गारंटी को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पूर्ण करने के लिए संकल्पित है। इसी तारतम्य में राज्य में अधिकाधिक संख्या में नए आवासों की स्वीकृति की गई है। इससे जररूरतमंद गरीब परिवार आवास योजना से लाभान्वित हो रहे है। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत प्राप्त होने पर संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा शासकीय योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाये गये। प्रभारी मंत्री ने अतिथियों के साथ बच्चों को अन्नप्राशन, हितग्राहियों को श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, स्वाइल हेल्थ कार्ड, उज्ज्वला गैस कनेक्शन एवं पोषण किट आदि का वितरण किया। कार्यक्रम में पोंड निवासी सरस्वती कमार के नवीन घर का मॉडल बनाया गया था। अतिथियों ने मॉडल घर का फीता काटकर लोकार्पण किया। साथ ही हितग्राही को मिठाई खिलाकर नए घर की बधाई दी। इस अवसर पर कलेक्टर दीपक कुमार अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ रीता यादव, नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार मेमन, जनपद पंचायत अध्यक्ष लालिमा ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य फिरतुराम कंवर, नगर पालिका उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सोनटेके, वरिष्ठ नागरिक राजेश साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिकगण उपस्थित थे।
रायपुर। चंगोराभांठा स्थित मंदिर को दान में दी गई भूमि को कूटरचना कर भू-माफिया को बेचने के मामले पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर जांच कर कलेक्टर रायपुर को प्रतिवेदन प्रस्तुत करने, और दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बताया गया कि डॉ. खूबचंद बघेल वार्ड क्र. 68 के चंगोराभांठा महादेव तालाब पर स्थित सीरवेश्वर नाथ महादेव मंदिर व उसकी 4.40 एकड़ जमीन नियम विरूद्ध बेचने और अवैध प्लाटिंग से संबंधित प्रकरण पर आवश्यक कार्रवाई के लिए क्षेत्र के निवासियों द्वारा राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा को आवेदन प्रस्तुत किया है। यह भूमि पटवारी हल्का नं. 105 खसरा नं. 84 तहसील जिला-रायपुर में स्थित है। यह भूमि रिंगरोड पर श्याम पेट्रोल पंप के पीछे व अभिनंदन पैलेस के बाजू की है। गौरतलब है कि महादेव तालाब के किनारे जमींदार गोविंदधर ने महादेव तालाब के किनारे 11 एकड़ जमीन (पांच एकड़ कृषि के लिए, साढे चार एकड़ तालाब के लिए तथा डेढ एकड़ तालाब के चारों ओर आने जाने का मार्ग) ग्राम समाज को मंदिर के लिए दान में दी गई थी। भू-स्वामी गोविंदधर की वर्ष 1976 में मौत के बाद मंदिर के सेवक जयलालपुरी वल्द नरोत्तम पुरी ने कूटरचना कर स्वयं को मंदिर तथा मंदिर से लगी जमीन का सर्वराकार बना लिया। जयलाल पुरी ने यह जमीन अवैध रूप से 1989 में संजय अग्रवाल को बेच दी जबकि ट्रस्ट के प्रबंधक तत्कालीन कलेक्टर थे। कूटरचना कर यह बताने का प्रयास किया गया कि, वास्तविक भूस्वामी गोविंदधर निहंग साधु था तथा उसके कोई संतान नहीं हैं। जबकि रायपुर ब्राह्मणपारा निवासी गोविंदधर के पुत्र बलरामधर तथा उनके पुत्र प्रणव कुमार दीवान उनके वारिस हैं। भूमि को बेचने की जानकारी होने पर ग्रामीणों ने न्यायालय में वाद दायर किया था। सरकारी प्रेस नोट में बताया गया कि स्थानीय न्यायालय, सेशन न्यायालय तथा उच्च न्यायालय जबलपुर से केस जीतने के बाद भी मंदिर की भूमि भू-माफिया के कब्जे में है। उक्त भूमि पर भू-माफिया अवैध रूप से प्लाटिंग कर बेचने की शिकायत 7 जून 2022 को कलेक्टर रायपुर व नगर निगम आयुक्त से की गई थी। क्षेत्र के निवासियों ने जनहित में उक्त भूमि की अवैध प्लाटिंग पर रोक, रजिस्ट्री पर रोक तथा कूटरचना कर नामांतरण करवाने वालों पर अपराध दर्ज करने एवं 4.40 एकड़ भूमि व तालाब पर आने-जाने के बंधक रास्ते को मुक्त करवाने के आवेदन पर नगर निगम ने उक्त अवैध प्लाटिंग पर 16 जून 2022 को बुलडोजर चलाया था।
महासमुंद। खनिज विभाग द्वारा रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन पर की जा रही कार्रवाई में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार सख्ती बरती जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को ग्राम कनेकेरा भलेसर में रेत के अवैध परिवहन की शिकायत पर खनिज विभाग द्वारा कार्यवाही करते हुए 05 ट्रेक्टर वाहन को जप्त कर थाना सिटी कोतवाली की अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया। विभाग द्वारा रेत भंडारण में छत्तीसगढ़ खनिज (खनन, परिवहन एवं भंडारण) नियम 2009 के उल्लंघन पर स्वीकृत 03 भंडारण अनुज्ञप्ति को निरस्त करते हुए उक्त तीनों अनुज्ञप्ति की प्रतिभूति राशि 50000 कुल 150000 को राजसात किया गया। इसके अतिरिक्त खनिज विभाग द्वारा स्वीकृत भंडारण अनुज्ञप्ति भण्डार नियमों के उल्लंघन पर 6 अनुज्ञप्तिधारियों को क्रमशः 99500 रुपए, 95000 रुपए, 59500 रुपए, 49000 रुपए, 59500 रुपए एवं 50500 रुपए की शास्ति आरोपित करते हुए कुल 413000 रुपए की राशि जमा कराई गई है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की राष्ट्रीय जम्बूरी एवं प्रथम विश्व गाइड जम्बूरी का आयोजन राज्य के लिए सौभाग्य की बात है यह कहना है भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष एवं सांसद बृजमोहन अग्रवाल का जिनकी अध्यक्षता में मंगलवार को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ की राज्य परिषद की बैठक हुई। जिसमे 2025 में प्रस्तावित 19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी एवं प्रथम विश्व गाइड जम्बूरी की तैयारी को लेकर चर्चा की गई। रायपुर स्थित राज्य मुख्यालय में आयोजित राज्य परिषद की बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष एवं सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, राष्ट्रीय मुख्यालय द्वारा छत्तीसगढ़ को बड़ी और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। छत्तीसगढ़ के लिए यह सौभाग्य का विषय है कि, 19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी एवं प्रथम विश्व गाइड जम्बूरी की मेजबानी का एक अच्छा अवसर मिला है। यह कार्य चुनौतिपूर्ण होगा। साथ ही यह अवसर होगा कुछ अच्छा करके दिखाने का। बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि, राज्य परिषद द्वारा राष्ट्रीय जम्बूरी एवं प्रथम विश्व गाइड जम्बूरी के आयोजन की मेजबानी के लिए सहमति देने हेतु मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही लिखित सहमति प्राप्त करने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिख कर जल्द से जल्द सहमति प्राप्त की जायेगी। जिससे जम्बूरी की तैयारी शुरू की जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि, इसी संदर्भ में 19 अक्टूबर को राष्ट्रीय स्तर की बैठक है जिसके माध्यम से कार्य योजना की गाइडलाइन मिलेगी और उसी आधार पर राज्य में समिति बनाकर युद्ध स्तर पर कार्य को अंजाम दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि जम्बूरी में दुनिया के 125 देशों से करीब 50 हजार लोग आएंगे जिसके लिए राज्य सरकार और राष्ट्रीय मुख्यालय से समन्वय स्थापित करते हुए काम किया जाए। इतने बड़े आयोजन के लिए आवास, यातायात, सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ ही सड़क, बिजली, पानी, की व्यवस्था के लिए करीब 50 विभागों का निर्माण करना होगा, आयोजन को लेकर किस तरह की व्यवस्थाएं करनी हैं, क्या- क्या संसाधन जुटाने हैं, इसे सूचीबद्ध करते हुए तैयारी की जाए। श्री अग्रवाल ने यह भी कहा कि आयोजन में माननीय राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के साथ ही केंद्रीय मंत्री और अन्य राज्यों से भी राज्यपाल एवं मुख्यमंत्रियों को भी निमंत्रण दिया जायेगा साथ राज्य के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मंत्री और गणमान्यजन भी शामिल होंगे जिसके लिए अभी से प्लानिंग करनी होगी। श्री अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में स्काउट गाइड की सक्रियता बढ़ाने का निर्देश दिया और ऊर्जावान एवं क्रियाशील टीम तैयार करने को कहा। बैठक में जानकारी दी गई कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, राष्ट्रीय मुख्यालय की नियम पुस्तिका अनुसार राज्य अध्यक्ष के पद पर नियुक्त व्यक्ति परिषद के कार्यकाल तक यथावत रहेंगे। बैठक में स्कूल शिक्षा मंत्री को पदेन संरक्षक मनोनित किए जाने एवं उप नियम में संशोधिन करने का प्रस्ताव लाया गया। इसके पूर्व बैठक को कार्यकारी अध्यक्ष राजेश अग्रवाल द्वारा भी संबोधित किया गया। स्वागत उद्बोधन राज्य मुख्य आयुक्त डा. सोमनाथ यादव ने दिया तथा क्रियाकलापों सहित जम्बूरी की प्रारंभिक तैयारी संबंधी जानकारी दी। बैठक का संचालन राज्य सचिव कैलाश सोनी ने किया। बैठक में राज्य उपाध्यक्ष द्वय विजय केशरवानी, राजेन्द्र गोलछा, कोषाध्यक्ष मुरली शर्मा, राज्य आयुक्त प्रतिमा ठाकरे सहित राज्य मुख्यालय के अन्य पदाधिकारी, जिलों के जिला मुख्य आयुक्त, जिला सचिव आदि की मौजूदगी रही।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने आज तिल्दा-नेवरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। मंत्री वर्मा ने स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती मरीजों से मिलकर उनका हाल पूछा और उनके शीघ्र ही स्वस्थ होने की कामना की। उन्होनें अस्पताल में मिल रही सुविधाओं का जायजा भी लिया। वर्मा ने इस दौरान अस्पताल के स्टाफ और चिकित्सकों के कार्य और व्यवहार के बारे में भी मरीजों से जानकारी ली। राजस्व मंत्री ने ओपीडी और वार्ड का निरीक्षण करने के साथ ही ओपीडी पंजीयन काउंटर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होनें चिकित्सकों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए मरीजों की बेहतर देखभाल और समुचित उपचार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
गौरेला-पेंड्रा-मारवाही: गांजा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है. इसी कड़ी में आज जीपीएम पुलिस ने 41 लाख के गांजे के साथ 2 अंतराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने 1 महीने के भीतर करीब 485 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ रुपए है. बता दें कि सीएम साय ने रायपुर में एसपी-कलेक्टर्स की कांफ्रेंस ली थी. CM ने मादक पदार्थों की तस्करी पर कार्रवाई करने और तस्करों के फॉरवर्ड बैकवर्ड लिंक ट्रेस करने पर जोर दिया था. इसी कड़ी में आज आईपीएस भावना गुप्ता ने पुनः अंतरराज्यीय गांजा तस्करी पर कार्रवाई की है. एसपी ने साइबर सेल जीपीएम और पेंड्रा थाने की संयुक्त टीम को पतगंवा के पास तैनात किया था. चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने घेराबंदी कर XL 6 वाहन में गांजा तस्करी कर रहे दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से करीब 2 क्विंटल गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 41 लाख रूपये बताई जा रही है. पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के बलांगीर क्षेत्र से मध्यप्रदेश के राजेंद्रग्राम की ओर ले जा रहे थे.
कोरबा। वाणिज्य उद्योग व श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन नवरात्र के अवसर पर कोरबा शहर के विभिन्न दुर्गा पंडालों, मंदिर और डांडिया उत्सव में सम्मिलित होकर मां दुर्गा की पूजा अर्चना कर क्षेत्र वासियों की खुशहाली और उन्नति की कामना की। सीएसईबी विद्युत गृह विद्यालय के समीप स्थित शिव मंदिर माता की चुनरी की पूजा अर्चना की। धर्म जागरण मातृ शक्ति द्वारा आयोजित यात्रा में अधिक संख्या में महिलाएं और पदाधिकारियों के साथ मंत्री देवांगन भी चुनरी यात्रा में शामिल हुए। यहां से मंत्री देवांगन सीएसईबी कॉलोनी स्थित गायत्री मंदिर में आयोजित पावन प्रज्ञा पुराण में सम्मिलित हुए। जहां मंत्री देवांगन ने मां गायत्री की आरती की साथ ही पुराण का श्रवण किया। सीएसईबी कॉलोनी स्थित महिला मंडल द्वारा आयोजित दुर्गा पूजा में मंत्री देवांगन शामिल होकर मां जगदम्बा की आरती की। समिति की मांग पर मंत्री देवांगन ने कीचन शेड के निर्माण के लिए 5 लाख विधायक निधि से देने की घोषणा की।।इसी तरह एमपी नगर में भव्य दुर्गा पंडाल में मंत्री देवांगन ने मत्था टेक कर पूरे नगर वासियों की मंगल के लिए कामना की। कोरबा के वार्ड क्रमांक 23 पंडित रवि शंकर शुक्ल नगर में आयोजित गरबा उत्सव में मंत्री देवांगन शामिल होकर गरबा ग्राउंड में मातृ शक्ति के साथ मां जगमदम्बा की आरती की।उन्होंने दुर्गापूजा की सभी को बधाई व शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने मां दुर्गा से प्रार्थना करते हुए कहा है कि वे सबके जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें। इस अवसर पर कॉलोनी की महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। यहां से मंत्री देवांगन नगर निगम आवासीय परिसर स्थित गरबा उत्सव में शामिल होकर सभी को नवरात्र पावन पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी।
रायपुर। आज नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त अबिनाश मिश्रा ने फुण्डहर चौक व्हीआईपी मार्ग में चल रहे मार्ग सौंदर्यीकरण और मार्ग में चौक के किनारे लैंड स्केपिंग के कार्यों की प्रगति का प्रत्यक्ष अवलोकन नगर निगम जोन 10 जोन कमिश्नर राकेश शर्मा एवं कार्यपालन अभियंता दिनेश सिन्हा की उपस्थिति में लिया. आयुक्त ने मार्ग सौंदर्यीकरण के कार्यों को सतत मॉनिटरिंग कर शीघ्रता से पूर्ण करवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. वहाँ मार्ग विभाजक के मध्य पौधरोपण कर उसे फूलों से सजाकर सुन्दरता निखारने का कार्य सीएसआर मद से उद्योग समूह हीरा ग्रुप के सहयोग से करवाया जा रहा है. आयुक्त ने निजी खाली भूखंडों में कचरा और गन्दगी फैलाये जाने पर अप्रसन्नता व्यक्त की है और निजी खाली भूखंडों में कचरा और गन्दगी फैलाने वालों पर कार्यवाही कर जुर्माना लगाने के निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिए हैँ.
रायपुर। 12 बजे के बाद रायपुर, सरगुजा और बस्तर संभाग के जिलों के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी हो रही है। इसके कारण मौसम में बदलाव आया है। गरज-चमक वाले बादल अपने साथ मॉइस्चर को खींचते हैं, जिसके कारण बूंदाबांदी और बारिश होती है। बता दें कि छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भीषण गर्मी के बीच सोमवार को राहत की बारिश हुई। सोमवार को सुबह से तेज धूप निकली थी, लेकिन दोपहर 12 के बाद से मौसम ने करवट ली। दोपहर एक बजे से बूंदाबांदी शुरू हुई। दोपहर डेढ़ से ढाई बजे तक एक घंटे तेज बारिश हुई।
गरियाबंद । सीएमएचओ कार्यालय में पदस्थ डॉ. सुनील रेड्डी कार दुर्घटना में बाल-बाल बचे. नेशनल हाइवे 130 सी पर बारूका और कचना धुरवा के बीच में कार गहरे खाई में जा गिरी थी. जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त डॉक्टर रेड्डी अपनी कार खुद चला रहा थे. इस हादसे में उन्हें सामान्य खरोच भर आईं है. हादसा साइड देते वक्त अचानक मोड़ में कार के अनियंत्रित होने से हुआ है. हादसे के बाद कुछ देर के लिए डॉ. रेड्डी घटना स्थल पर बेहोश हो गए थे. होश में आने के बाद उन्होंने खुद जिला अस्पताल में सहयोगी को संपर्क कर मदद के लिए बुलाया. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया.
रायपुर। हरियाणा और जम्मू कश्मीर के रुझान पर छत्तीसगढ़ कैबिनेट के मंत्री ओपी चौधरी का बड़ा बयान सामने आया है। हरियाणा में 10 साल से सरकार है और राजनीति में एंटी इनकंबैंसी की बात कही जाती है। भारतीय जनता पार्टी एंटी इनकंबैसी नहीं प्रो इनकंबैंसी का पर्याय बनते जा रही है। भारतीय जनता पार्टी सुशासन के माध्यम से लोगों का दिलजीत रही है। परिणाम आने के पहले कांग्रेस का जो बड़बोलापन है और जो अहंकार है वह उचित नहीं है। जम्मू क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी को अपार जन समर्थन मिल रहा है वैली की परिस्थितियां अलग है। वैली में भी लोगों ने भारतीय जनता पार्टी को बढ़-चढ़कर वोट दिया है। जम्मू क्षेत्र में कांग्रेस सिंगल डिजिट में है।
कबीरधाम। जिले में कोमल साहू की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. आज से पांच महीने पहले कोमल की लाश पेड़ से लटकी हुई मिली थी. यह कोई हत्या नहीं बल्कि आत्महत्या थी. पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है. यह मामला पिपरिया थाना अंतर्गत बिरकोना गांव का है. कोमल साहू की लाश मिलने के बाद साहू समाज के लोगों ने हत्या की आशंका होने पर शिकायत की थी और मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग की थी. शिकायत के बाद मामले की जांच के लिए गृह मंत्री विजय शर्मा ने एसआईटी गठित किया था, जिसमें 1 पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में 6 पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया था. जिसके बाद एसआईटी के तहत जांच शुरू की गई. पांच महीने की जांच के बाद यह खुलासा हुआ कि कोमल साहू की मौत आत्महत्या थी. पुलिस के अनुसार, कोमल साहू और उसकी पत्नी रेवती के बीच आए दिन झगड़े होते थे. इसी मानसिक तनाव से परेशान होकर कोमल ने आत्महत्या की. हालांकि, मामले में संलिप्तता की जांच के बाद रेवती साहू और उसके प्रेमी बाला राम साहू को गिरफ्तार कर लिया गया है.
छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने आयकर अधिनियम 1961 की धारा 144 के तहत किसी करदाता के खिलाफ एकपक्षीय मूल्यांकन को सही ठहराया है। यह फैसला उस करदाता के खिलाफ लिया गया जिसने न तो मूल्यांकन कार्यवाही में भाग लिया और न ही अपने बैंक खाते में जमा 11 लाख 44 हजार 070 की नकद राशि के स्रोत की संतोषजनक व्याख्या की। जस्टिस संजय के अग्रवाल और जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद की पीठ ने कहा कि आयकर अधिनियम की धारा 68 और 69ए के अनुसार यदि कोई करदाता अस्पष्टीकृत नकदी जमा के लिए संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं देता है तो उस राशि को कर योग्य आय के रूप में माना जा सकता है। मामले में करदाता को कई बार नोटिस भेजे गए, परंतु उसने किसी नोटिस का जवाब नहीं दिया और न ही अधिकारियों के सामने पेश हुआ, जिसके कारण यह एकपक्षीय मूल्यांकन हुआ। मूल्यांकन अधिकारी, आयकर आयुक्त (अपील), और आयकर अपीलीय न्यायाधिकरण (आईटीएटी) ने करदाता के खिलाफ फैसला सुनाया, क्योंकि वह अपने दावे को ठोस दस्तावेजी साक्ष्यों से प्रमाणित करने में असमर्थ रहा। करदाता ने आईटीएटी के इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी लेकिन न्यायालय ने आईटीएटी के फैसले की पुष्टि की। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि नकद जमा की स्पष्ट व्याख्या करने में करदाता की विफलता के कारण इसे आय के रूप में माना जा सकता है।
रायगढ़ । पतरापाली में स्थित जिंदल स्टील एंड प्रायवेट लिमिटेड फैक्ट्री के खिलाफ करीब सात गांव के ग्रामीणों ने आज विरोध जताया। सुबह करीब नौ बजे से काफी संख्या में ग्रामीण परसदा के स्लैग यार्ड के पास पहुंच गए और यार्ड का गेट बंद कर वहीं धरना प्रदर्शन करने लगे। उनकी मांग थी कि गरम स्लैग जो जिंदल फैक्ट्री से यार्ड में लाया जा रहा है, उसे ढंक कर लाए और उन भारी वाहनों की रफ्तार तेज न हो। ग्रामीण काफी देर तक यहां बैठकर अपना विरोध जता रहे थे। बाद में जब इसकी जानकारी जिंदल फैक्ट्री के अधिकारियों को लगी, तो वे मौके पर पहुंचे और उन्हें समझाईश दी। जहां उन्होंने व्यवस्था सुधारने की बात कही, तब तकरीबन एक बजे ग्रामीणों ने अपना विरोध खत्म किया। बताया जा रहा है कि जिंदल फैक्ट्री से जब ट्रक में गरम स्लैग निकलकर यार्ड लाया जाता था, तो रास्ते के कई गांव के लोगों के साथ ही राहगिरों को भी परेशानी होती थी। ऐसे में आज परसदा, मुरारीपाली, डोंगाढकेल, केराझर, किरोड़ीमल नगर, चिराईपानी व उच्चभिट्ठी के ग्रामीणों ने विरोध जताया। उनका यह भी कहना था कि स्लैग का सड़कों में गिरने और भारी वाहनों के कारण सड़क की हालत भी खराब होते जा रही है।
रायपुर। राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा बनाए गए राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष द्वारा संकलित जानकारी के मुताबिक एक जून 2024 से अब तक राज्य में 1169.2 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। राज्य के विभिन्न जिलों में 01 जून 2024 से आज 08 अक्टूबर सवेरे तक रिकार्ड की गई वर्षा के अनुसार बीजापुर जिले में सर्वाधिक 2394.2 मिमी और बेमेतरा जिले में सबसे कम 606.6 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी है। राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक जून से अब तक सरगुजा जिले में 636.3 मिमी, सूरजपुर में 1164.2 मिमी, बलरामपुर में 1742.3 मिमी, जशपुर में 1068.1 मिमी, कोरिया में 1127.4 मिमी, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 1088.7 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी।
कवर्धा। कामठी गांव में उपजा विवाद थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। एक बार फिर गांव में गोंडवाना समाज और ग्रामीण आमने सामने आ गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गोंडवाना समाज के पुजारी फिर से मंदिर में ताला लगाकर फरार हो गए हैं। जबकि नवरात्रि में माता के दर्शन और पूजा के लिए गांव की महिलाएं काली मंदिर पहुंचे हैं। बता दें कि नवरात्रि के पहले ही दिन पुलिस ने दोनों पक्षों का समझौता कराया था और मंदिर पर ताला नहीं लगाने की सहमति बनी थी। बता दें कि कवर्धा जिले के कुकदुर थाना के कामठी गांव का है, जहां मंदिर प्रांगण में स्थापित 5 मंदिरों को लेकर विवाद हो गया था, जिसके बाद गोंडवाना समाज के लिए लोगों ने देवी दूर्गा की मूर्ति की स्थापना पर रोक लगा दी गई थी। वहीं, मूर्ति की स्थापना पर रोक लगाए जाने के बाद एक बार फिर गांव में विवाद की स्थिति पैदा हो गई थी। वहीं, मामले में संज्ञान लेते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों की बैठक कराई और समझाइश दी, जिसके बाद माता की मूर्ति स्थापित किया जा सका। बताया जा रहा है कि पिछले तीन साल से गांव में गोंडवाना समाज और अन्य समाज के बीच तनाव का माहौल बना हुआ था। गोंडवाना समाज की ओर से गांव के मंदिरों में कब्जा कर लिया गया था और वहां पर समाजिक झंडा लगा दिया गया था। इतना ही नहीं समाज की ओर से ये भी दावा किया गया कि ये मंदिर अब गोंडवाना समाज का है। इसी बात को लेकर विवाद चला आ रहा था।
रायपुर। वित्त, जीएसटी कर मंत्री ओपी चौधरी मंगलवार दोपहर अचानक रायपुर कलेक्टोरेट पहुंचे। जहां वे कलेक्टर समेत सभी वरिष्ठ अफसरों की बैठक कर रहे हैं। चौधरी ,बतौर मंत्री पहली बार रायपुर कलेक्टोरेट पहुंचे। वे पूर्व में रायपुर के कलेक्टर रह चुके हैं। और आठ वर्ष पूर्व यहीं से इस्तीफा देकर राजनीति में कदम रखा था।
कोरबा । जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक दंपति ने महतारी वंदन योजना की राशि से शराब पिया. फिर दोनों के बीच पैसे को लेकर विवाद हुआ. इस दौरान पति ने मुक्के से पत्नी के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट पहुंचाई, जिससे उसकी मौत हो गई. यह मामला कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र का है. जानकारी के मुताबिक ग्राम सैला की रहने वाली सुन्नी बाई को महतारी वंदन योजना के तहत 1000 रुपए हर माह मिल रहे थे. सुन्नी बाई और उसके पति महिपाल धुनुहार उर्फ महिलाल ने बैंक से एक हजार रुपए निकाला. फिर दोनों ने 200 रुपए खर्च कर शराब खरीदा और एक साथ पिया. इसके बाद सुन्नी बाई ने बचे हुए 800 रुपए मांगे. इस पर पति ने कहा, सब खर्च हो गए. इसी बात पर दोनों में विवाद बढ़ गया और पति ने मुक्के से पत्नी के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट पहुंचाई, जिससे वह बेहोश हो गई. स्थानीय लोगों ने डायल 112 को सूचना दी. डायल 112 की टीम ने सुन्नी बाई को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस को मिली शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद प्रारंभिक पड़ताल के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
दोस्तों संग वीडियो वायरल होने पर टूटी पुलिस की नींद
Adv