बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • बाढ़ की भेंट: महाराष्ट्र-गुजरात में सब्जी की कीमतें बढ़ी

    28-Sep-2024

    रायपुर: पश्चिमी भारत, गुजरात, महाराष्ट्र आदि राज्यों में भारी बारिश की वजह से छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों में सब्जियों के दाम भी बढ़ गए हैं। बाजार में टमाटर, गोभी, करेला के दाम 70 से 90 रुपये प्रति किलो पहुंच गए हैं।

     
    रायपुर थोक सब्जी बाजार में अभी अन्य प्रांतों से 70 प्रतिशत सब्जियों की आवक बनी हुई है, जबकि 30 प्रतिशत सब्जियां ही स्थानीय हैं। हालांकि अभी बाढ़ प्रभावित राज्यों में प्रदेश से सब्जियों की सप्लाई की जा रही है। इस कारण दामों में जबरदस्त इजाफा हुआ है।
     
    अभी नरमी की उम्मीद नहीं
    डूमरतराई थोक सब्जी बाजार के अध्यक्ष टी. श्रीनिवास ने बताया कि अभी सब्जियों की कीमतों में लगातार उछाल देखने को मिल रहा है। इनकी कीमतों में फिलहाल कोई नरमी की उम्मीद नहीं है।
    दरअसल अभी कई राज्यों में बाढ़ ने सब्जियों की फसल को जबरदस्त नुकसान पहुंचाया है। टमाटर की फसलें खराब हो गईं। सही मात्रा में टमाटर की सप्लाई नहीं हो रही है।
    इसी तरह की स्थिति अन्य सब्जियों के साथ भी है। खेतों में फसलें खराब हो गईं हैं। ऐसे में किसान दूसरी फसलों की उपज के लिए पौधे उखाड़ रहे हैं। कीमतों में कमी दीपावली के आसपास आएगी।
     
    जानिए सब्जियों की कीमत (प्रति किलो में)
    टमाटर: 40 से 50 रुपए
    मुनगा: 60 से 70 रुपए
    करेला: 70 से 80 रुपए
    सेमी: 80 से 90 रुपए
    भिंडी: 60 से 70 रुपए
    परवल: 50 से 60 रुपए
    गोभी: 80 से 90 रुपए
    पत्ता गोभी: 30 से 40 रुपए
    बरबट्टी: 60 से 60 रुपए
    भाटा: 40 से 70 रुपए
  • एक कमरें में मिली पति-पत्नी की लाश, फैली सनसनी

    28-Sep-2024

    बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में टेलर और उसकी पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। दोनों लखराम में बुनकर सहकारी समिति का काम देखते थे। पति ने दीवार में लिखा है कि, सोसाइटी अध्यक्ष की वजह से उन्हें जान देना पड़ रहा है। मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है। दरअसल, अकलतरा निवासी परसराम देवांगन टेलरिंग का काम करता था। उसके बच्चे अकलतरा में रहते हैं। परसराम अपनी पत्नी पार्वती देवांगन के साथ कुछ दिनों से ग्राम लखराम स्थित देवांगन समाज के सामुदायिक भवन में रहता था। दोनों पति-पत्नी यहां बुनकर सहकारी समिति का कामकाज देखते थे। शनिवार की सुबह पति-पत्नी की लाश भवन के एक कमरे में फांसी पर लटकी मिली। गांव के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम गांव पहुंची। इस दौरान सामुदायिक भवन की जांच की। जहां दीवार पर एक सुसाइड नोट लिखा है कि, सोसाइटी के अध्यक्ष सतीश देवांगन से तंग आकर आत्महत्या करना पड़ रहा है। साथ ही अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए सामुदायिक भवन से निकालने की बातें लिखी है। पहले वो टेलरिंग का काम करता था। सहकारी समिति के अध्यक्ष ने उसे काम दिलाने के नाम पर बुलाया। अब वह काम से हटाने जा रहा है। रतनपुर टीआई रजनीश सिंह ने बताया कि, जिस सामुदायिक भवन में दोनों पति-पत्नी रहते थे। वहां दीवार पर सुसाइड नोट लिखा मिला है। जिसे पुलिस ने जांच में लिया है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है। जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। 

  • छत्तीसगढ़ में अब तक 1163.6 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज

    28-Sep-2024

    रायपुर। राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा बनाए गए राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष द्वारा संकलित जानकारी के मुताबिक एक जून 2024 से अब तक राज्य में 1163.6 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। राज्य के विभिन्न जिलों में 01 जून 2024 से आज 28 सितम्बर सवेरे तक रिकार्ड की गई वर्षा के अनुसार बीजापुर जिले में सर्वाधिक 2376.3 मिमी और बेमेतरा जिले में सबसे कम 606.6 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी है। राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक जून से अब तक सरगुजा जिले में 633.9 मिमी, सूरजपुर में 1160.4 मिमी, बलरामपुर में 1729.8 मिमी, जशपुर में 1064.0 मिमी, कोरिया में 1122.1 मिमी, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 1086.0 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी। रायपुर जिले में 954.4 मिमी, बलौदाबाजार में 1188.3 मिमी, गरियाबंद में 1098.1 मिमी, महासमुंद में 969.0 मिमी, धमतरी में 1033.5 मिमी, बिलासपुर में 991.2 मिमी, मुंगेली में 1114.7 मिमी, रायगढ़ में 1108.6 मिमी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 734.2 मिमी, जांजगीर-चांपा में 1223.4 मिमी, सक्ती 1061.7 मिमी, कोरबा में 1417.0 मिमी, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 1206.7 मिमी, दुर्ग में 655.0 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी। कबीरधाम जिले में 921.4 मिमी, राजनांदगांव में 1128.1 मिमी, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 1237.5 मिमी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 855.8 मिमी, बालोद में 1199.6 मिमी, बस्तर में 1264.9 मिमी, कोण्डागांव में 1199.2 मिमी, कांकेर में 1421.8 मिमी, नारायणपुर में 1448.6 मिमी, दंतेवाड़ा में 1515.3 मिमी और सुकमा जिले में 1673.3 मिमी औसत वर्षा एक जून से अब तक रिकार्ड की गई। 

  • 600 रुपये के लिए बेटे ने कर दी बाप की बेरहमी से हत्या, इलाके में फैली सनसनी

    28-Sep-2024

    जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मोबाइल रिचार्ज के लिए पैसे नहीं देने पर बेटे ने अपने पिता की टांगी से हमला कर नृशंस हत्या कर दी। यह घटना पत्थलगांव थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर पंचायत के छुरीपहरी गांव की है। मृतक की पहचान सैनाथ तिर्की (उम्र-52 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अपने बेटे रंजीत तिर्की (उम्र-30 वर्ष) और दूसरी पत्नी सुमाती तिर्की के साथ रहता था। कुछ दिनों पहले रंजीत ने मजदूरी करके कुछ पैसे कमाए थे और वह राशि अपने पिता को रखवा दी थी। घटना वाले दिन रंजीत ने मोबाइल रिचार्ज के लिए वही पैसे मांगे, लेकिन पिता ने तुरंत पैसे न होने का हवाला दिया। इसी बात से नाराज होकर रंजीत ने अपने पिता के साथ पहले विवाद किया और फिर डंडा और टांगी से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पिता की मौके पर ही मौत हो गई। जब सौतेली मां सुमाती तिर्की बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो रंजीत ने उनके साथ भी मारपीट की। पुलिस को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग पंचनामा तैयार किया। घटनास्थल पर FSL की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। पत्थलगांव एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि आरोपी रंजीत तिर्की को हिरासत में लिया गया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे जेल भेजा जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

  • Raipur एयरपोर्ट में फिर भिड़े टैक्सी चालक

    28-Sep-2024

    रायपुर। प्रदेश के सबसे बड़े एयरपोर्ट स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर टैक्सी ड्राइवरों के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. जानकारी के अनुसार, सवारी बैठाने को लेकर ये मारपीट की घटना हुई है. यह पूरा मामला माना थाना इलाके का है. ताजा मामला शुक्रवार देर शाम का है, जिसमें वीडियो में साफ तौर पर दिखाई दे रहा है कि किस प्रकार से पार्किंग नंबर-1 के पास एक व्यक्ति को दो-दो लोग मारते दिखाई दे रहे है. ये सभी ट्रैक्सी ड्राइवर बताए जा रहे है। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट प्रदेश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट है, जहां 24 घंटे लोगों का आना-जाना लगा रहता है. एयरपोर्ट में मारपीट की ये पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी कई बार टैक्सी ड्राइवरों में आपस में मारपीट कई की कई घटनाएं सामने आ चुकी है. अधिकतर जो घटनाएं सामने आई है, वो सवारी बैठाने को लेकर ही थी। इसकी कई बार शिकायत माना थाना में की जा चुकी है, उसके बाद भी किसी तरह की कोई भी कड़ी कार्रवाई एयरपोर्ट और पुलिस प्रशासन द्वारा देखने को नहीं मिली है। 

  • 15 लाख के गांजे के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

    28-Sep-2024

    रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा थाना इलाके में पुलिस ने लाखों की गांजा तस्करी करने वाले 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देश पर रायपुर पुलिस द्वारा निजात अभियान के तहत नशे के विरूद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें समस्त थाना एवं एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की टीम द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रहीं है। नारकोटिक्स एक्ट पर प्रभावी कार्यवाही करने हेतु एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की विशेष टीम का गठन किया गया है साथ ही समस्त थाना प्रभारियों को नशे की सामाग्री बिक्री करने वालों एवं सप्लाई करने वालों पर कठोर कार्यवाही करने निर्देशित किया गया है। इसी तारतम्य में दिनांक 28.09.2024 को एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट अंतर्गत गठित नारकोटिक्स सेल की टीम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना तेलीबांधा क्षेत्रांतर्गत उद्योग भवन के पास एक व्यक्ति अपने पाास गांजा रखा है तथा बिक्री हेतु ग्राहक की तलाश कर रहा है। जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राईम संदीप मित्तल, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाईन अजय कुमार(भा.पु.से) एवं उप पुलिस अधीक्षक क्राईम संजय सिंह द्वारा प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना प्रभारी तेलीबांधा को सूचना की तस्दीक कर आरोपी को गांजा के साथ रंगे हाथ पकड़ने निर्देशित किया गया। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उक्त स्थान जाकर मुखबीर द्वारा बताये हुलिये के व्यक्ति को चिन्हांकित कर पकड़ा गया। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम कमलेश तेलाशी निवासी तेलीबांधा रायपुर का होना बताया गया। टीम के सदस्यों द्वारा उसके बैग की तलाशी लेने पर बैग में गांजा रखा होना पाया गया। गांजा के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने पर उसके द्वारा गांजा को महासमुंद से लाना बताने के साथ-साथ कुछ व्यक्ति गांजा तस्करी हेतु चारपहिया वाहन में गांजा लेकर रायपुर की ओर आ रहे है बताया गया। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा थाना तेलीबांधा क्षेत्रांतर्गत जोरा ओव्हरब्रीज के पास नाकेबंदी किया गया तथा आरोपी कमलेश तेलाशी द्वारा बताये चारपहिया वाहन को आता देख उसका पीछा कर उसे पकड़ा गया। वाहन में 02 लोग सवार थे। पूछताछ में व्यक्तियों ने अपना नाम अजय उईके एवं प्रमोद सिंह राजपूत निवासी महासमुंद का होना बताया गया। वाहन की तलाशी लेने पर वाहन में गांजा रखा होना पाय गया। गांजा के संबंध में दोनो से कड़ाई से पूछताछ करने पर उनके द्वारा गांजा को उड़ीसा से लाना है बताया गया। जिस पर टीम के  सदस्यों द्वारा तीनों आरोंपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 63 किलोग्राम गांजा तथा गांजा तस्करी में प्रयुक्त 01 नग चारपहिया वाहन क्रमांक सी जी/06/जी एन/9661 जुमला कीमती लगभग 15,50,000/- रूपये जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 627/24 धारा 20बी, 22सी तथा 29 नारकोटिक एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया है। प्रकरण में बैकएंड एवं फॉरवर्ड लिंकेजेस की पतासाजी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी 01. कमलेश तेलाशी पिता सेवक राम उम्र 24 साल निवासी देवार बस्ती सुभाष नगर थाना तेलीबांधा रायपुर। 2. आजय कुमार पिता बालकृष्ण उईके उम्र 40 साल निवासी गंज पारा महासमुंद। 03. प्रमोद सिंह राजपूत पिता प्रताप सिंह राजपूत उम्र 25 साल निवासी गंज पारा महासमुंद। 

  • हर अंधेरे को ज्ञान से दूर करने वाले जिनके बिना जीवन अधूरा है जिनकी शिक्षा से ही जीवन पूरा होता है शिक्षकों को प्रणाम: संजय अग्रवाल

    28-Sep-2024

    राजनांदगांव/ कॉन्फ्लुएंस कॉलेज में शिक्षक सम्मान समारोह संपन्न हुआ शिक्षक दिवस पर महाविद्यालय में शिक्षकों के लिए खेल प्रतियोगिता के साथ-साथ आकर्षक सांस्कृतिक आयोजनों के बीच संपन्न हुआ, शिक्षक सम्मान समारोह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डायरेक्टर संजय अग्रवाल एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. रचना पांडे प्राचार्य मौजूद रहे

    प्रो.विजय मानिकपुरी रासेयो कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि शिक्षक दिवस मतलब शिक्षकों का दिन यही वह दिन है जब हर जगह विद्यार्थी अपने गुरु के प्रति आदर प्रकट करता है उसे वह सम्मान देता है ,वैसे देखा जाए तो शिक्षक आदर सम्मान प्राप्त करने के लिए किसी दिन का मोहताज नहीं है परंतु एक विशेष दिन होने से वह उस दिन कुछ विशेष सम्मान पाता है और विद्यार्थियों को भी अपने गुरु की महिमा का पता चलता है lशिक्षक दिवस 2024की थीम "एक सतत भविष्य के लिए शिक्षकों को सशक्त बनाना" थीम पर केंद्रित है यह थीम पर्यावरण के प्रति जागरूक सामाजिक रूप से जिम्मेदार और भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार पीढ़ी को आकार देने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती हैlहर साल शिक्षक दिवस एक अनोखी थीम के साथ मनाया जाता है जो हमारे समाज में शिक्षकों के विकसित होते प्रभाव को दर्शाता है/
    प्राचार्य डॉ.रचना पांडे ने कहा कि शिक्षक दिवस एक ऐसा आयोजन है जिसके लिए छात्र और शिक्षक दोनों समान रूप से तत्पर रहते हैं जहां छात्रों को यह अपने शिक्षकों द्वारा उन्हें उचित शिक्षा देने के प्रयासों को समझने का मौका मिलता है वही इस दिन शिक्षकों को उनके प्रयासों के लिए छात्रों के साथ अन्य तरीकों से मान्यता और सम्मानित होने का गर्व होता है
    मुख्य अतिथि डायरेक्टर संजय अग्रवाल ने संबोधित करते हुए कहा कि भारत में गुरु शिष्य आदर की परंपरा बहुत पुरानी है एक छात्र के जीवन में उसका शिक्षक ही उसका भविष्य निर्माता होता है हमारे देश में एकलव्य और आरूणी जैसे शिष्य भी हुये  जिन्होंने अपने गुरु के आदेश मात्र पर अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया था और जन्मजन्मांतर तक के लिए अपना नाम अमर कर दियाl परंतु आज के समय में शिक्षा प्रणाली और गुरुओं की स्थिति में काफी परिवर्तन आया है 
    आयोजन के शुभारंभ में सर्वपल्ली राधाकृष्णन ज्ञान की देवी माता सरस्वती को नमन करते हुए दीप प्रचलित किया गया
    उपस्थित सभी शिक्षकों का पुष्प माला,तिलक लगाकर स्वागत किया गयाlविद्यार्थियों की ओर सेआयोजित प्रतियोगिताओं के पुरस्कार दिये गये, छात्रों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक आयोजन ,खेल प्रतियोगिता ,अनुभव कथन आदि गतिविधि की गई ,सुंदर भजन भी प्रस्तुत किया गया 
    कार्यक्रम का समापन विभागाध्यक्छ प्रीति इंदौरकर ने किया और कहा की एक शिक्षक वह होता है जो अपने शिष्य के लिए मार्गदर्शक और प्रेरणा का काम करता है फिर चाहे वह किसी भी आयु का हो 
    कार्यक्रम का संचालन दिनेश आमले और राखी गोस्वामी ,तेजेंद्र साहू बीएड के विद्यार्थियों में किया
    आयोजन में प्राध्यापक राधे लाल देवांगन ,धनंजय साहू , आभा प्रजापति ,सुधीर मिश्रा , सुमन साहू ऐश्वर्या श्रीवास्तव, देवीका देवांगन, पायल देवानंद सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे
  • साइकिल सवार को कार चालक ने मारी ठोकर

    28-Sep-2024

    बिलासपुर। न्यायधानी में हादसे का दिल दहलाने वाला वीडियो सामने आया है. तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार छात्र को टक्कर मारी, जिससे छात्र उछलकर 10 फीट दूर जा गिरा. इस घटना में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया है. हादसा सत्यम चौक के पास हुआ. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर सिविल लाइन पुलिस ने कार की पहचान कर वाहन जब्त कर लिया है और कार्रवाई कर रही है। जानकारी के मुताबिक, 26 सितंबर करीब सुबह 11 बजे एक स्कूली छात्र सत्यम चौक का सिग्नल क्रॉस कर रहा था, इसी दरमियान कार वाले ने लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए स्कूली छात्र को टक्कर मार दी, जिससे वह कुछ कदम दूर उछलकर जा गिरा। घटना के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया था। इधर घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद पुलिस की टीम सक्रिय हुई. कार चालक उत्कर्ष कुमार दुबे निवासी सुमंगल अपार्टमेंट फेस 2 लिंक रोड बिलासपुर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कार्रवाई की है। 

  • बैंक की फर्जी शाखा खोलकर लोगों को दी फर्जी नौकरी, FIR दर्ज

    28-Sep-2024

    जांजगीर-सक्ती। सक्ती जिले के छपोरा गांव में भारतीय स्टेट बैंक की फर्जी शाखा खोलकर आधा दर्जन को नौकरी देने का मामला सामने आया है। मामले का खुलासा तब हुआ जब सप्ताह भर से चल रहे इस नई शाखा की जानकारी बैंक के क्षेत्रीय अधिकारियों तक पहुंची तो उन्होंने अनभिज्ञता जाहिर करते हुए तत्काल इसकी जानकारी ली। मामले में प्रारंभिक तौर पर रायपुर और कोरबा के तीन लोगों का नाम सामने आ रहा है, जिनके खिलाफ फर्जी शाखा खोलकर एसबीआई में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने का आरोप बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, सक्ती जिले में पिछले सप्ताह भर से भारतीय स्टेट बैंक की नई शाखा खुलने की जानकारी पुलिस टीम को मिली थी। इस दौरान पुलिस अधिकारियों को संदेह हुआ तो उन्होंने बैंक अधिकारियों से इसकी तस्दीक की। इस बीच भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय अधिकारी भी निरीक्षण में पहुंचे। बताया जाता है कि भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय अधिकारी छपोरा पहुंचे तो वहां स्टेट बैंक की तर्ज पर इस नई शाखा को संचालित होते देखा। इस दौरान उन्होंने भीतर जाकर काम कर रहे आधा दर्जन कर्मचारियों से पूछताछ की तो वहां के मैनेजर नहीं पहुंचे है और कर्मचारियों से पूछताछ पर उनकी नियुक्ति संबंधी जो जानकारी मिली उससे बैंक के अधिकारी हरकत में आए और उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संबंधितों से जानकारी ली गई। तत्पश्चात बैंक अधिकारियों से इस संबंध में मिली शिकायत व प्रावधान संबंधी जानकारी लेकर कार्रवाई शुरु की गई। पुलिस के मुताबिक इस फर्जीवाड़े में प्रारंभिक तौर पर तीन आरोपियों के नाम सामने आए है, जिनमें से मुख्य सरगना रायपुर का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि दो लोग कोरबा के है। बहरहाल इस मामले में पुलिस फर्जीवाड़े का अपराध दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है। 

  • कवर्धा की चाकूबाजी में घायल लोगों से मिली विधायक भावना बोहरा

    28-Sep-2024

    कवर्धा। जिला अस्पताल कवर्धा में बीरनपुर खुर्द के घायल मरीजों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। साथ ही अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधा, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य उपकरणों सहित दवाइयों की उपलब्धता का जायजा लिया। मैं समस्त घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करती हूँ।

     
    छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के बिरनपुर में एक से एक बड़ी खबर सामने आई है. बाजार-भाटा में चाकूबाजी की घटना में 1 की मौत और 4 लोगों की घायल हो गए हैं. फिलहाल घायलों को लोहारा स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान रोहित साहू (42 वर्ष) है. मामले में पुलिस ने बताया कि एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति ने कई लोगों पर हमला चाकू से कर दिया. पूरी घटना विकासखण्ड सहसपुर लोहारा के बाजार चारभाटा चौकी अंतर्गत ग्राम बिरनपुर की है।
     
     
  • पुलिस प्रशासन ने मंत्री राम विचार नेताम को गार्ड ऑफ ऑनर देकर किया सम्मानित

    28-Sep-2024

    बलरामपुर। क्षेत्रीय प्रवास के दौरान बलरामपुर अतिथि विश्राम गृह में पुलिस प्रशासन द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर का सम्मानित अभिवादन स्वीकार किया। 

     

     

  • CM साय ने PWMU का किया निरीक्षण और स्वच्छता दीदियो से की मुलाकात

    28-Sep-2024

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय में PWMU का निरीक्षण एवं स्वच्छता दीदियो से मुलाकात की है। 

     

     

  • फर्जी बैंक, खुलासा होते ही पहुंची पुलिस

    28-Sep-2024

    सक्ती। ऑनलाइन ठगी, ओटीपी और पिन नंबर के नाम से अब तक लोगों के साथ ठगी का मामला सामने आता था पर सक्ती जिले में अनोखा मामला सामने आया है, जिसे जानकार आप भी हैरान रह जाएंगे. दरअसल यहां फर्जी बैंक शाखा चल रहा था. इस मामले की शिकायत पर पुलिस जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है. यह मामला सक्ती जिले के मालखरौदा थाना के ग्राम छापोरा का है, जहां स्टेट बैंक का फर्जी शाखा खुला है. इसकी जानकारी स्टेट बैंक के अधिकारियों को नहीं है. स्टेट बैंक के अधिकारियों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने इसकी सूचना मालखरौदा पुलिस को दी. मौके पर पुलिस एवं प्रशासन की टीम पहुंची और जांच की, जिसमें यह शाखा फर्जी निकली. एसबीआई के अधिकारियों की शिकायत थी कि स्टेट बैंक का बड़ा बैनर लगाकर बैंक का सेटअप लगाया गया है. जब जांच टीम मौके पर पहुंची तो कथित बैंक मैनेजर फरार था. शाखा में 6 कर्मचारी उपस्थित थे, जिन्होंने बताया कि पत्र एवं इंटरव्यू के माध्यम से उनको एप्वॉइंट किया गया था. इस शाखा में एम्पलाई को ट्रेनिंग के लिए भेजा गया था. उनको बाद में अन्य स्थान में पोस्टिंग करने की बात कही गई थी. इस मामले में पुलिस की टीम स्टेट बैंक की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है. 

  • किसान की हत्या कर खेत में दफनाया शव, गांव में सनसनी

    28-Sep-2024

    महासमुंद। जिले के पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम सराईटार में चार दिनों से लापता एक युवक का शव गांव के खेत में गड़ा मिला. इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है. चार दिन पहले घर से निकलने के बाद नहीं लौटने पर परेशान परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट बुधवार को थाने में दर्ज कराई थी. वहीं आज सुबह पीताम्बर ध्रुव के खेत में गड़े शव की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस में दी, जिसके बाद मृतक की पहचान लापता युवक 34 वर्षीय खिलेश्वर साहू के रूप में हुई. मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई है. परिजनों के अनुसार, मृतक खिलेश्वर मंगलवार को घर से निकला था, लेकिन उसकी कोई खबर नहीं आई. जब 24 घंटे तक उसकी खोजबीन के बाद भी खबर नहीं मिली, तो परिवार ने पुलिस का सहारा लिया. इधर आज सुबह खेत में शव मिलने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी, तो जांच में पता चला कि यह शव लापता किसान का ही है. परिजनों के अनुसार मृतक खिलेश्वर का किसी से विवाद नहीं था, लेकिन अचानक हुई उसकी मौत से परिवार सदमे में है. 

  • आज शाम नहीं होगी पानी सप्लाई

    28-Sep-2024
    दुर्ग। भिलाई और रिसाली नगर निगम क्षेत्र में 29 और 30 सितंबर को जलापूर्ति बाधित नहीं होगी। यहां पानी पहले की तरह समय पर सप्लाई होगा। बिजली के पोल लगाए जाने के चलते भिलाई निगम क्षेत्र में आज यानि 28 सितंबर की शाम पानी सप्लाई नहीं होगी। cg news शिवनाथ नदी से इंटकवेल में आने वाली पाइप लाइन में लीकेज की समस्या के चलते भिलाई और रिसाली नगर निगम 29 और 30 सितंबर को जलापूर्ति बाधित रहने का निर्णय लिया गया था। भिलाई के कमिश्नर बजरंग दुबे ने बताया कि उन्होंने इंजीनियर की टीम को मरम्मत के लिए भेजा था। वहां जाकर जब पाइप लाइन को खोदा गया तो पता चला कि जिस पाइपलाइन में लीकेज है वो दुर्ग नगर निगम क्षेत्र में पानी सप्लाई करने वाली पाइप लाइन है। इसके बाद इसकी जानकारी दुर्ग नगर निगम के आयुक्त लोकेश चंद्राकर को दे दी गई है। लोकेश चंद्राकर का कहना है कि उन्होंने सूचना मिलते ही इंजीनियर्स की टीम को वहां भेज दिया है। टीम मरम्मत का काम कर रही है। यह काम देर रात तक पूरा कर लिया जाएगा। 
  • कुपोषण की स्थिति को सामान्य स्तर पर लाना पहली प्राथमिकता : कलेक्टर लंगेह

    28-Sep-2024

    महासमुंद। जिले में पोषण माह के अंतर्गत “सक्षम सप्ताह“ का आयोजन 24 से 30 सितंबर तक किया जा रहा है। शुक्रवार को स्वामी आत्मानंद हायर सेकेण्डरी स्कूल के सभागार में शहरी परियोजना के समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का कार्यशाला आयोजित किया गया। जिसमें विविध व्यंजन, प्रतियोगिता, मेंहदी प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया और विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि शासन की मंशा है कि हर आंगनबाड़ी केन्द्र सक्षम हो। इन आंगनबाड़ी केन्द्रों को अधिक से अधिक जनसमुदाय के साथ जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि जिस तरह बच्चों के लिए मां प्रथम गुरू होता है उसी तरह आंगनबाड़ी केन्द्र शिक्षा का पहला केन्द्र है। यहां बच्चे शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य और पोषण के संबंध में सही मायने में जागरूक होते है। इसमें आंगनबाड़ी केन्द्रों महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने आज के कार्यक्रम के लिए बधाई देते हुए कहा कि आज यहां विविध आयोजन देखकर खुशी हो रही है। उन्होंने कार्यशाला का शुभारम्भ सरस्वती मां के छायाचित्र में दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि गांव में आंगनबाड़ी केन्द्र स्वास्थ्य और पोषण का प्रथम सीढ़ी है। यहां बच्चे न केवल बच्चे सुपोषित होते है बल्कि खेल-खेल में शिक्षा भी प्राप्त करते हैं। उन्होंने पोषण माह अंतर्गत किए गए गतिविधियों का शासन के पोर्टल में एंट्री के लिए बधाई देते हुए कहा कि पूरे राज्य में महासमुंद जिला प्रथम स्थान पर है। जिसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम बधाई के पात्र हैं। कलेक्टर ने कहा कि हमारे सामने कुपोषण की स्थिति को शून्य करने की चुनौती है जिसे हमारे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं अवश्य पूरा करेंगे। इस अवसर पर दो बच्चों का अन्नप्रासन्न एवं दो महिलाओं की गोद भराई का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ बाल संरक्षण आयोग की सदस्य पुष्पा पाटले ने आज के कार्यक्रम की बधाई देते हुए कहा कि आंगबनबाड़ी कार्यकर्ताएं वास्तव में एक मां की तरह बच्चों का देखरेख करती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका यशोदा मां की भांति हैं, जो भगवान कृष्ण का लालन-पालन किया। श्रीमती पाटले ने कहा कि शून्य से 18 वर्ष के किसी भी बालिका के उपर यदि किसी भी तरह की आपत्तिजनक कमेंट्स या बेड टच किया जाता है तो उसके खिलाफ पास्को एक्ट के तहत कार्रवाई होगी। उन्हेंने कहा कि किसी भी बालिका या बालक की सुरक्षा और संरक्षण के लिए बाल संरक्षण आयोग काम करती है। इसके लिए कोई भी पीड़ित आयोग से मदद ले सकते हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री समीर पांडेय ने बताया कि सक्षम सप्ताह अंतर्गत सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों की सेवाओं व सकारात्मक परिवर्तन को विविध गतिविधियों एवं कार्यक्रमों के माध्यम से जनसमुदाय तक पहुंचाना है। साथ ही लोगों में पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस दौरान विभिन्न अभियान चलाकर संतुलित आहार के महत्व, फलों और सब्जियों की उपभोक्ता आदतों को बढ़ावा और आवश्यक पोषक तत्वों के बारे में जानकारी दी जाएगी। विभिन्न स्तरों पर, जैसे विद्यालय, कॉलेज और ग्राम पंचायतों में जागरूकता बढ़ाने के लिए कार्यशालाएं, पोस्टर मेकिंग, निबंध लेखन, और अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में जिला एवं महिला बाल विकास अधिकारी श्री अजय साहू सहित शहरी परियोजना के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका मौजूद थे। 

  • रेल्वे में नौकरी लगवाने का झासा देकर की लाखों की ठगी, 2 महिलाएं फरार

    28-Sep-2024

    बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के पंजाबी कॉलोनी में रहने वाले निवासी सतपाल सिंग भदराजा के बेटी, बेटा का नौकरी लगाने के लिए सतपाल सिंह से किरन भोइ निवासी सेंदरी कोनी बिलासपुर व सुमन सिंह निवासी दीपका कोरबा नामक महिलाओं ने सतपाल सिंह से मीठी मीठी बात कर के उसके बेटी बेटा को नौकरी लगवाने का आश्वासन दे कर 7 लाख रक़म ऐठ लिये और रेल्वे में नौकरी लगने का फर्जी नियुक्ति पत्र थमाक़र महिलायें फ़रार हो गई जिसकी सूचना सिटी कोतवाली थाना में सतपाल सिंह द्वारा दे दिया गया हैं। जिस सूचना के द्वारा किरन भोइ व सुमन सिंह के खिलाफ 420, 34 के तहत एफ़.आई. आर दर्ज कर महिलाओं को ढूंढने में पुलिस जुटी हुई हैं सूत्रों की माने तो किरन भोइ व सुमन सिंह महिलाओं का ग्रुप हैं इनके ग्रुप के लोग और किरन भोई व सुमन सिंह महिलाओं द्वारा लोगो से नौकरी लगवाने का झासा दे कर रक़म ऐठने का काम करती हैं और फ़र्जी दस्तावेज़ भी हेर फेर करती हैं ना जाने इन फर्जी लोगो के झासे के कितने लोग शिकार हुए हैं ? लोग ऐसे किसी व्यक्ति के झांसे में ना आए जो नौकरी लगाने के नाम पर रक़म की मांग करते हैं कृपया ऐसे व्यक्ति से सावधान व सतर्क रहे। 

  • रेप पीड़िता बच्ची के परिवार से AAP की जांच समिति करेगी भेंट

    27-Sep-2024

    रायपुर। आम आदमी पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मिहिर कुर्मी ने बताया कि बालोद जिले के गुरुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पेटेचुवा में 7 वर्षीय नाबालिग के साथ हुए दुष्कर्म मामले को गंभीरता से लेते हुए आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने प्रदेश अध्यक्ष गोपाल साहू जी ने प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्गा झा जी के नेतृव में 11 सदस्यीय जाँच समिति गठित की है। प्रदेश महासचिव वदूद आलम जी द्वारा जारी पत्र में दुर्गा झा, के ज्योति, हरेश चक्रधारी, पूर्णिमा सिन्हा, चौवेन्द्र साहू, कांता गरिहा, दीपक आरदे, दुर्गेशला श्रीदेवी, बालक साहू, किरण साहू और चन्द्रहास साहू की जाँच समिति जिसमें मुन्ना बिसेन विशेष उपस्थित रहेगी, समिति शनिवार को पीड़िता के गांव जाकर पीड़ित परिजनों और ग्रामवासियों से भेंट कर मामले की वस्तुस्थिति जानकर जाँच रिपोर्ट तैयार करेगी। 

  • CG के खिलाड़ियों को मिलेगी विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं

    27-Sep-2024

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश में प्रचलित 8-10 महत्वपूर्ण खेलों को चिन्हांकित कर खिलाड़ियों को आवासीय प्रशिक्षण, पढ़ाई और अच्छे पोषण के साथ विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध कराएं। हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में मेडल जीते, हम इसी लक्ष्य के साथ खेल सुविधाओं के विस्तार पर काम कर रहें हैं। हमें अपनी खेल प्रतिभाओं को विश्व पटल पर लेकर जाना है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज अपने निवास कार्यालय में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा उपरांत अधिकारियों को निर्देशित करते हुए यह बातें कहीं। इस दौरान खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा मौजूद रहे। मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों से प्रदेश में मौजूद खेल अधोसंरचनाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरगुजा से लेकर बस्तर तक युवाओं में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, हमें उसे निखारने की आवश्यकता है। श्री साय ने अधिकारियों से केन्द्रीय स्तर पर स्वीकृति के लिए भेजे प्रस्ताव की जानकारी सूचीबद्ध कर उपलब्ध कराने को कहा ताकि अपने दिल्ली प्रवास के दौरान इन पर चर्चा की जा सके। मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश में खेलो इंडिया सेंटर के संचालन के संबंध में जानकारी ली और अधिकारियों को इसका सतत निरीक्षण करने को कहा। श्री साय ने एनटीपीसी के सहयोग से जशपुर जिले के सन्ना में तैयार होने वाले नेशनल आर्चरी अकादमी का जिक्र करते हुए कहा कि इस पहल से इस दूरस्थ इलाके का विकास होगा, साथ ही इस इलाके में रहने वाले पहाड़ी कोरवा, जो स्वाभाविक रूप से तीरंदाजी में माहिर होते हैं, उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी मिलेगा। मुख्यमंत्री श्री साय ने नियद नेल्ला नार योजना अंतर्गत नक्सल प्रभावित इलाकों में खेल सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से लिए निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने खिलाड़ियों के हितों को ध्यान में रखते हुए हाल ही में महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को फलने फूलने का पूरा अवसर मिले, हमें यह सुनिश्चित करना है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता ने मुख्यमंत्री को जशपुर, रायगढ़ में इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के निर्माण से जुड़ी जानकारियां दी । उन्होंने खेल अलंकरण पुरस्कार, क्रीडा प्रोत्साहन योजना सहित खेल सुविधाओं के विकास के लिए चलाई जा रही योजनाओं और आगामी कार्ययोजनाओं के बारे में बताया। 

  • ट्रक मालिक ने पकड़ा माथा, खड़े ट्रक का कट गया इतने लाख का चालान

    27-Sep-2024

    महोबा: उत्तर प्रदेश के महोबा जिल में रहने वाले एक ट्रक मालिक को राजस्थान के खनन माफियाओं ने लाखों रुपये का चूना लगा दिया. जनपद के कबरई थाना क्षेत्र के पहरा गांव में खड़े ट्रक का नंबर इस्तेमाल कर राजस्थान के भरतपुर जिले में खनन माफियाओं ने 10 लाख रुपये के चालान काटवा दिया. एआरटीओ विभाग में ट्रक का फिटनेस कराने गए ट्रक मालिक को चालान पता चला तो वह दंग रह गया. पीड़ित की शिकायत पर एआरटीओ ने राजस्थान जनपद भरतपुर के डीएम को जांच के लिए पत्र लिखा है. महोबा जनपद के कबरई थाना क्षेत्र अंतर्गत पहरा गांव में पिछले 6 माह से खड़े ट्रक नंबर UP95T3527 का 460 किलोमीटर दूर राजस्थान प्रदेश के जनपद भरतपुर में 10 लाख रुपये के चालान हुआ. मामला सामने आने के बाद हर कोई हैरत में पड़ गया कि कैसे राजस्थान के शातिर खनन माफियों ने यूपी के सबसे पिछड़े जनपद महोबा के एक ट्रक मालिक को लाखों रुपये का चूना लगा डाला. पीड़ित ट्रक के मालिक ने बताया कि वह कबरई में पत्थर ढोने का काम करते हैं. ट्रक की फिटनेस खत्म होने पर जब वह एआरटीओ ऑफिस पहुंचे तो विभागीय अधिकारी ने उनके ट्रक का फिटनेस करने से मना कर दिया. अधिकारी ने उन्हें बताया कि राजस्थान में उनके 10 लाख रुपये का चालान हुआ है. यह सुनकर उनके होश उड़ गए. जो ट्रक जिले से बाहर कभी नहीं गया और 6 महीने से यहीं खड़ा है कैसे राजस्थान में उसका 10 लाख रुपये का चालान कट गया. इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत दर्ज कराई. एआरटीओ विभाग में जांच कराई तो पता चला कि राजस्थान के भरतपुर जनपद अंतर्गत नागल पहाड़ी इलाके में अलग-अलग एक दर्जन से अधिक चालान ट्रक के नाम पर कटे हैं. जिनकी अनुमानित राशि 10 लाख रुपये है. जांच के दौरान यह भी पता चला कि ट्रक के नाम पर खनन रॉयल्टी भी जारी की गई है. यहीं नहीं बीते 3 सितंबर को महोबा में खड़े उक्त ट्रक का राजस्थान के भरतपुर जनपद के नागल पहाड़ी में संचालित सिंडिकेट स्टोन क्रेशर के नाम से उक्त ट्रक नंबर पर खनन रॉयल्टी WTNW107352555 जारी हुई. इस मामले पर ARTO महोबा दयाशंकर ने बताया कि पीड़ित ने एक लिखित प्रार्थना पत्र एआरटीओ विभाग में देकर जारी लाखों रुपये के चालान के संबंध में जांच और कार्रवाई की मांग की. जिसे गंभीरता से लिया जा रहा है. 

Top