बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • टंक राम वर्मा ने स्वच्छता ही सेवा अभियान में खिलाड़ियों के साथ की भागीदारी

    01-Oct-2024

    रायपुर । संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण के द्वारा आज रोहिणीपुरम सरोवर एवं आसपास की सफाई का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा ने स्वच्छता ही सेवा का शपथ दिलाया। शपथ लेने के पश्चात् मंत्री सहित, खिलाड़ियों, वालेण्टियर्स, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने रोहिणीपुरम सरोवर एवं आसपास की साफ-सफाई की और सप्ताह में 2 घण्टे अनिवार्य रूप से अपने घर, कार्यालय एवं वातावरण की साफ-सफाई करने का संदेश दिया।

     
    खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक तनुजा सलाम, रोहिणीपुरम पार्षद प्रतिनिधि आशु चंद्रवंशी, नेहरू युवा केन्द्र के जिला युवा अधिकारी अर्पित तिवारी, नगर निगम जोन कमिश्नर विमल शर्मा, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिकों ने सफाई अभियान में हिस्सा लिया।
     
     
    खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित आवासीय हॉकी अकादमी, आवासीय तीरंदाजी अकादमी, गैर आवासीय बालिका फुटबॉल अकादमी, गैर आवासीय एथलेटिक अकादमी, गैर आवासीय हॉकी एवं तीरंदाजी अकादमी रायपुर तथा नियमित प्रशिक्षण के खिलाड़ियों ने स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। नेहरू युवा केन्द्र संगठन के वालेण्टियर्स ने भी सफाई अभियान में अपनी अहम् भूमिका निभाई।
     
    संचालक खेल एवं युवा कल्याण ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वच्छता के प्रति सभी को जागरूक होने का संदेश दिया। स्थानीय पार्षद प्रतिनिधि आशु चंद्रवंशी ने भी खिलाड़ियों को सम्बोधित कर उनका उत्साहवर्द्धन किया।
  • स्वामी आत्मानंद विद्यालय का प्राचार्य निलंबित

    29-Sep-2024

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जशुपर जिले के मनोरा विकासखंड अंतर्गत स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय मनोरा के तत्कालिक प्राचार्य आर.बी. निराला को आज निलंबित कर दिया गया है। निराला द्वारा विद्यालय में कार्यरत महिला कर्मचारियों, शिक्षिकाओं एवं छात्राओं के साथ अमर्यादित एवं अशोभनीय व्यवहार करने की शिकायत मिली थी। इस संबंध में सरगुजा संभाग के कमिश्नर गोविंद राम चुरेंद्र ने जिला जशपुर के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय मनोरा के तत्कालीन प्राचार्य आर.बी. निराला का निलंबन आदेश जारी किया। गौरतलब है कि मनोरा विकासखण्ड के शासकीय हाईस्कूल गेड़ई के वर्तमान प्राचार्य आर.बी. निराला के विरूद्ध स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय मनोरा में कार्यरत् महिला कर्मचारियों, शिक्षकों एवं छात्रों के साथ अमर्यादित एवं अशोभनीय व्यवहार किए जाने के संबंध में प्रस्तुत शिकायत की जांच अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जशपुर से करायी गयी। अनुविभागीय दण्डाधिकारी जशपुर के जांच प्रतिवेदन में निराला का आचरण महिलाओं के प्रति सम्मानजनक नहीं है, उनका व्यवहार अधीनस्थ महिला शिक्षकों, कर्मचारियों, छात्राओं के साथ शारीरिक एवं मानसिक उत्पीड़न की ओर इंगित पाया। निराला का उक्त कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम-3 के सर्वथा विपरीत है। उन्हें छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 (1) (क) के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में निराला का मुख्यालय कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी जशपुर नियत किया गया है। निलंबन अवधि में निराला को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी। 

  • पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, 3 नक्सलियों को किया गिरफ्तार

    29-Sep-2024

    बीजापुर। बस्तर में लाल आतंक पर लगाम कसने सुरक्षाबल लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। सुरक्षाबल माओवादियों के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। इसी कड़ी में आज बीजापुर में सुरक्षाबलों ने 3 नक्सलियों को पकड़ा, जिनके पास से बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की है। दरअसल थाना गंगालूर में डीआरजी और थाना की संयुक्त टीम नैनपाल, एड़समेटा, मल्लूर के जंगलों में सर्चिंग अभियान पर निकली थी। इस दौरान नैनपाल-पुलसुमपारा गंगालूर के बीच सुरक्षाबल की टीम को 3 संदिग्ध व्यक्ति दिखे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया। पकड़े गए व्यक्तियों के कब्जे से प्रतिबंधित विस्फोटक सामग्री टिफिन बम, कार्डेक्स वायर, सेफ्टी फ्यूज और प्रतिबंधित संगठन के प्रचार-प्रसार की सामग्री बरामद की। इन माओवादियों के विरूद्ध थाना गंगालूर में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं में कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय दंतेवाड़ा के समक्ष पेश किया गया। 

  • CM साय छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के नए अध्यक्ष

    29-Sep-2024

    रायपुर। छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ की विशेष सामान्य सभा में निर्विरोध नई कार्यकारिणी चुनी गई. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष चुने गए हैं. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ की विशेष सामान्य सभा हुई. सभा में चुनाव अधिकारी अशोक अग्रवाल ने अध्यक्ष सहित महासचिव, कोषाध्यक्ष, 14 उपाध्यक्ष, 10 संयुक्त सचिव और 16 कार्यकारिणी सदस्यों के निर्विरोध चयन का एलान किया. अध्यक्ष पद पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपाध्यक्ष पद पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल व विजय बघेल, मंत्री व विधायक केदार कश्यप और वरिष्ठ पत्रकार डॉ. हिमांशु द्विवेदी, महासचिव विक्रम सिसोदिया और कोषाध्यक्ष संजय मिश्रा चुने गए. 

  • रायपुर: निगरानी बदमाश शराब बेचते गिरफ्तार

    29-Sep-2024

    रायपुर। निगरानी बदमाश देवा पैकरा गिरफ्तार हुआ है। खमतराई पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ट्रांसपोर्ट नगर पार्किंग नंबर 09 सुलभ शौचालय के पास रावांभाठा थाना खमतराई रायपुर छ०ग०में एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रहा है। मुखबीर के बताये स्थान पर दबिश देने पर एक व्यक्ति अपने पास शराब रखकर बिक्री करते मिला जो थाना खमतराई के निगरानी बदमाश देवा पैकरा पिता बलराम पैकरा उम्र 30 वर्ष निवासी ट्रांसपोर्ट नगर पार्किंग नंबर 09 सुलभ शौचालय के पीछे थाना खमतराई जिला रायपुर होना पाया गया, आरोपी के कब्जे से 38 पौव्वा देशी प्लेन शराब कीमती 3,420 रू जप्त कर थाना खमतराई में अपराध कमांक 777/24 धारा 34(2) आबकरी एक्ट पंजीबद्ध कर कार्यवाही कर आरोपी का न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया। नाम आरोपी- निगरानी बदमाश देवा पैकरा पिता बलराम पैकरा उम्र 30 वर्ष निवासी ट्रांसपोर्ट नगर पार्किंग नंबर 09 सुलभ शौचालय के पीछे थाना खमतराई जिला रायपुर 

  • महादेवघाट मेला स्थल की सफाई

    29-Sep-2024

    रायपुर। आज स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक 8 के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सफाई मित्रों की सहायता से माधव राव सप्रे वार्ड नम्बर 69 के पार्षद वीरेन्द्र देवांगन के नेतृत्व में दुर्गा कॉलेज राष्ट्रीय सेवा योजना की प्रभारी शिक्षिका डॉक्टर सुनीता चौरसिया की उपस्थिति में रासेयो के स्वयंसेवक विद्यार्थियों, भारती भू वैज्ञानिक सर्वेक्षण राज्य इकाई के स्टाफ के अधिकारीगणों, कर्मचारियों के साथ मिलकर नगर निगम जोन 8 जोन कमिश्नर ए. के. हालदार, कार्यपालन अभियंता अभिषेक गुप्ता, सहायक अभियंता ईश्वर लाल टावरे, जोन स्वास्थ्य अधिकारी गोपीचंद देवांगन सहित जोन अधिकारीगणों, कर्मचारियों ने रायपुरा महादेवघाट के मेला स्थल परिसर की श्रमदान कर सफाई की एवं कचरा उठाकर स्वच्छता कायम कर जन -जन को स्वच्छ परिसर का सुन्दर सकारात्मक सन्देश दिया. पार्षद वीरेन्द्र देवांगन ने सभी उपस्थितजनों को स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत स्वच्छ पर्यावरण की सामूहिक शपथ दिलवाई. इस अवसर पर निदान 1100 की मानव श्रृंखला बनाकर नागरिकों के मध्य स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया. स्वच्छता परमो धर्म: पर आधारित नुक्कड़ नाटक का सड़क पर सुन्दर मंचन कर नागरिकों को जीवन में स्वच्छता का महत्व बतलाकर सफाई एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाया गया. 

  • छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ की विशेष आमसभा में हुआ पदाधिकारियों का निर्वाचन

    29-Sep-2024

    रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को आज छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। राजधानी रायपुर के न्यू सर्किट हाउस में आयोजित छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ की विशेष आमसभा की बैठक में रिटर्निंग ऑफिसर अशोक कुमार अग्रवाल ने उनके निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा की। इसी तरह मंत्री केदार कश्यप, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और विजय बघेल सहित कुल 10 लोग छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष के रूप में निर्विरोध निर्वाचित हुए। रिटर्निंग ऑफिसर अशोक कुमार अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को अध्यक्ष चुने जाने का प्रमाण पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल को आगे ले जाने के लिए हम सभी पूरी टीम भावना के साथ काम करेंगे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। हमारी सरकार राज्य में खेल को बढ़ावा देने के साथ ही अधोसंरचना विकास और खिलाड़ियों के हित में लगातार फैसले ले रही है। श्री साय ने कहा कि हमारा लक्ष्य होना चाहिए कि प्रदेश के खिलाड़ी ओलंपिक में खेलें और मेडल जीत कर लाएं। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि संघ के सभी पदाधिकारियों को एक-एक जिले की जिम्मेदारी दी जाए और उस अंचल में जो खेल लोकप्रिय हैं, उसे बढ़ावा देने की दिशा में काम हो। श्री साय ने आगे कहा कि नवनिर्वाचित सभी पदाधिकारी किसी ने किसी रूप में खेल और इसकी प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े हैं, ऐसे में आप सभी के दीर्घ अनुभव का लाभ प्रदेश के खिलाड़ियों को मिलेगा। सांसद और छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के नव निर्वाचित उपाध्यक्ष बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश में प्रतिभावान खिलाड़ियों की कमी नहीं है, हमें उन्हें बेहतर अधोसंरचना, सुविधाएं और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बड़ी पहल करते हुए राजधानी रायपुर में स्काउट गाइड के राष्ट्रीय जंबूरी 2025 के आयोजन की सहमति जताई। अग्रवाल ने कहा कि खिलाड़ी हमारे एंबेसडर होते हैं, जो प्रदेश को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाते हैं। उन्हें आगे बढ़ाने के लिए छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ भी अपना प्रयास करें। इस अवसर पर ऑब्जर्वर दिग्विजय सिंह भी मौजूद रहे। 

  • उप मुख्यमंत्री अरुण साव और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने 'स्वच्छता ही सेवा' पखवाड़ा में किया श्रमदान

    29-Sep-2024

    रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव तथा केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने आज 'स्वच्छता ही सेवा' पखवाड़ा के अंतर्गत श्रमदान किया। उन्होंने रायपुर के गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर परिसर में झाड़ू लगाकर सफाई की। उन्होंने इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों को अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने और साफ-सफाई में सहभागिता की शपथ भी दिलाई गई। रायपुर-उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक चलाए जा रहे 'स्वच्छता ही सेवा' पखवाड़ा के तहत जगन्नाथ मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी परंपरा में हमेशा से स्वच्छता का संस्कार रहा है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अम्बेडकर, मुंशी प्रेमचंद और श्रीमती महादेवी वर्मा जैसे महामनाओं की प्राथमिकता में स्वच्छता सदैव रहा है। 'स्वच्छता परमो धर्म:' के सूत्र को अपनाते हुए हम प्रदेश को स्वच्छ और सुंदर बनाने में लगे हुए हैं। ‘स्वभाव स्वच्छता-संस्कार स्वच्छता’ की थीम पर राज्य के सभी शहरों और गांवों में स्वच्छता के प्रति लोगों को प्रेरित करने और सहभागिता बढ़ाने विशेष पखवाड़ा का आयोजन किया गया है। केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कार्यक्रम में कहा कि नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद पूरे देश में स्वच्छता के प्रति अद्भुत जागरुकता आई है। साफ-सफाई के कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने और लोगों को जागरूक करने भारत सरकार द्वारा हर साल राष्ट्रीय स्तर पर विशेष अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसके अच्छे नतीजे भी सामने आ रहे हैं। संपूर्ण स्वच्छता के लक्ष्य को हासिल करने शासन-प्रशासन के प्रयासों के साथ ही सक्रिय जन सहभागिता जरूरी है। स्थानीय विधायक पुरंदर मिश्रा और रायपुर नगर निगम के आयुक्त अविनाश मिश्रा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। 

  • कांग्रेसी है नक्सलवाद समाप्त नहीं होने की वजह : MP बृजमोहन अग्रवाल

    29-Sep-2024

    रायपुर। छत्तीसगढ़ के वनांचल क्षेत्र के कांकेर जिले में कल यानि शनिवार को एनआईए की टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी की थी। इस दौरान एनआईए की टीम ने बस्तर के कई पत्रकारों और नेताओं के घर पर दबिश देकर छानबिन की थी। इसके बाद एनआईए ने एक कांग्रेस नेता को गिरफ्तार किया था। वहीं, कांग्रेस नेता की गिरफ्तारी के बाद रायपुर सांसद ​बृजमोहन अग्रवाल ने नक्सल कनेक्शन को लेकर कांग्रेस नेताओं पर करारा प्रहार किया है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा है कि कांग्रेस के लोग नक्सलियों के साथ मिले हैं, जिसके कारण कांग्रेस कभी नक्सलवाद को समाप्त करने नहीं दिया। कई तथ्यों में नक्सल से जुड़े तथ्य सामने आए हैं, जिसके चलते नक्सली कभी कांग्रेस नेताओं की हत्या नहीं करते हैं। बता दें कि इसी महीने में राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने नारायणपुर में भी छापेमार कार्रवाई की थी। 2023 में हुई एक नक्सली घटना की गई इस कार्रवाई में एनआईए ने चार नक्‍सलियों को गिरफ्तार किया था। वहीं छापेमारी के दौरान 35 नक्‍सलियों के नाम भी सामने आए थे। 

  • अपराधी से संपर्क करने वाला कॉन्स्टेबल बर्खास्त

    29-Sep-2024

    बिलासपुर। बिलासपुर में पुलिस की वर्दी मिलने के बाद ड्यूटी के प्रति लापरवाही और निष्ठा के विपरीत आचरण करने के मामले में पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कड़ा एक्शन लिया है। तखतपुर पुलिस थाने में पदस्थ कॉन्स्टेबल को बर्खास्त कर दिया है। एसपी ने कॉन्स्टेबल को सस्पेंड कर उसके खिलाफ जांच बिठाई थी, जिसकी रिपोर्ट में कॉन्स्टेबल को दोषी पाया गया। इसके बाद एसपी ने बर्खास्त किया है। chhattisgarh news पुलिस बल के सदस्यों की आपराधिक संलिप्तता का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कुछ कर्मचारी सस्पेंड और बर्खास्त किए जा चुके हैं। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल के सदस्यों की आपराधिक संलिप्तता को अत्यन्त गंभीरता से लिया है। दरअसल, आरक्षक 1482 बी. अनिल राव की थाना तखतपुर में पदस्थापना के दौरान थाना सिविल लाइन के अपराध क्रमांक 362/2023 धारा 20 बी एन.डी.पी.एस.एक्ट के आपराधिक प्रवृत्ति के आरोपी मुकेश साहू से वह अपने मोबाइल फोन से लगातार अनेकों बार बातचीत कर रहा था। bilaspur साफ है कि कांस्टेबल ने विभागीय कर्तव्य और निष्ठा के विपरीत कार्य किया, जिसके चलते उसके खिलाफ जांच बिठाई गई। 

  • ओवरटेक के दौरान सामने आया हाईवा, बाइक सवार की मौत

    29-Sep-2024

    बिलासपुर। जिले के पचपेड़ी क्षेत्र के ग्राम चिस्दा में तेज रफ्तार हाइवा को ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक सवार युवक पहिए के नीचे आ गया। इस हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चालक का दूसरा साथी सड़क से दूर जाकर गिरा। उसकी स्थिति भी गंभीर बताई जा रही है। दरअसल, मल्हार क्षेत्र के धनगंवा का रहने वाला बिकेश जोशी (21 वर्ष) शनिवार को किसी काम से जोंधरा गया था। उसके साथ उसका मित्र प्रकाश टंडन भी था। दोनों काम निबटाने के बाद गांव लौट रहे थे। बाइक सवार युवक ग्राम चिस्दा स्थित पानी टंकी के पास पहुंचा था। इस दौरान सामने चल रहे हाइवा को ओवरटेक करने के चक्कर में बिकेश ने बाइक को आगे बढ़ा दी। इसी दौरान उनके सामने एक अन्य वाहन आ गया। इससे बाइक चला रहा बिकेश हड़बड़ा गया। इसी हड़बड़ी में बाइक हाइवा से टकरा गई। हादसे में बिकेश वाहन के पहियों के नीचे आ गया जिससे वहीं उसकी मौत हो गई। बाइक में पीछे बैठा बिकेश का साथी प्रकाश सड़क से दूर जाकर गिरा। प्रकाश को गंभीर चोटें आई हैं। घायल को अस्पताल भेजकर पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। 

  • जुआरियों के ठिकानों में पुलिस की रेड, कई गिरफ्तार

    29-Sep-2024

    धमतरी। पुलिस द्वारा अवैध शराब,जुआ,सट्टा खेलाने वालों पर सख्त कार्यवाही की जा रही है। इसी तारतम्य में थाना प्रभारी नगरी द्वारा चार अलग-अलग जगहों पर चार सटोरियों को सट्टा पट्टी सहित सट्टा लिखते नगरी पुलिस की टीम ने गिरफ्तार किया है। (01) अप० क्र० - 70/24 आरोपी- रिजवान खान पिता रियाज खान उम्र 25 वर्ष साकिन वार्ड क्रमांक 12 चुरियारा पारा मस्जिद के पास नगरी द्वारा दैनिक बाजार नगरी के पास आम जगह पर सट्टा खेलाआ जा रहा था जिसके पास से जप्त सामाग्री-: एक नग सट्टा पट्टी एक नग डॉट पेन नगदी रकम 3700/- एवं पुराने इस्तेमाली वीवो कंपनी का नीला रंग का मोबाइल कीमती 5000/- रुपए जुमला रकम 8700/- रुपये जप्त कर अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही किया गया। (02)-अप० क्र० - 71/24 आरोपी- राजकुमार सेन पिता फिरंता सेन उम्र 57 वर्ष साकिन राइसमिल पारा वार्ड क्रमांक 08 नगरी द्वारा बंधापारा छिपली जाने वाली सड़क मोड किनारे नगरी के पास आम जगह पर सट्टा खेलाया जा रहा था जिसके पास से जप्त सामाग्री-: एक नग सट्टा पट्टी एक नग डॉट पेन नगदी रकम 610/- एवं एक नग कीपैड मोबाइल आइटेल कंपनी का सफेद रंग का मोबाइल कीमती 1200/- रुपए जुमला रकम 1810/- रुपये जप्त कर अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही किया गया। (03)- अप० क्र० - 72/24 आरोपी- मोहम्मद हकीम पिता तार मोहम्मद उम्र 50 वर्ष साकिन बंधापारा नगरी द्वारा आम जगह बंधापारा छिपली जाने वाली सड़क मोड किनारे नगरी के पास सट्टा खेलाया जा रहा था जिसके पास से जप्त सामाग्री- एक नग सट्टा पट्टी एक नग डॉट पेन नगदी रकम 7500/- एवं पुराने इस्तेमाल सैमसंग कंपनी का का मोबाइल कीमती 4000/- रुपए जुमला रकम 11500/- रुपये जप्त कर अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही किया गया। ( 04) अप०क्र० -73/24 आरोपी- खेमचंद पटेल पिता स्वर्गीय काशीराम पटेल उम्र 60 वर्ष साकिन वार्ड क्रमांक 04 नगरी द्वारा दैनिक बाजार नगरी के आम जगह पर सट्टा खेलाया जा रहा था जिसके पास से जप्त सामाग्री- एक नग सट्टा पट्टी एक नग डॉट पेन नगदी रकम 690/- एवं पुराने इस्तेमाल रेडमी मॉडल 9A नीला रंग का मोबाइल कीमती 5000/- रुपए जुमला रकम 5690/- रुपये जप्त कर अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही किया गया। चारों सटोरिये से-: एक सटोरियों से नगद 3700/- रूपये,एवं दुसरे सटोरियों से 610/-रूपये तीसरे सटोरिये से 7500/- रूपये एवं चौथे सटोरिये से 690/-रुपये कुल 12500/- रूपये एवं 04 नग मोबाईल कीमती 15200/- रूपये कुल जुमला 27700/- रूपये,04 नग सट्टा पट्टी सहित 04 नग लेखन सामाग्री किया गया जब्त चारों आरोपियों के विरुद्ध थाना नगरी में अप.क्र.70,71,72,73/24 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 धारा 06 (क)जुआ एक्ट के तहत विधिवत कार्यवाही किया गया है। 

  • भनपुरी मार्केट में चाकू से दहशत फैलाया, बदमाश गिरफ्तार

    29-Sep-2024

    रायपुर। धारदार चाकू के साथ आरोपी ओमप्रकाश उर्फ कृष्णा गिरफ्तार हो गया है। पुलिस को मूखबिर से सूचना मिला कि उमिया मार्केट भनपुरी में एक व्यक्ति हाथ में चाकू लहराते हुए आने जाने वाले लोगों को डरा धमका रहा है। जिस सूचना पर मौके पर पहुंचकर देखा तो एक व्यक्ति अपने हाथ में चाकू लेकर आने जाने वाले लोगो को डरा धमका रहा था। जिसे पकड़ कर नाम पता पूछने पर अपना नाम ओमप्रकाश उर्फ कृष्णा पिता भारती उम्र 19 वर्ष निवासी डेरापारा रावाभाटा थाना खमतराई बताया आरोपी को चाकू के संबंध दस्तावेज़ प्रस्तुत करने बोलने पर कोई दस्तावेज प्रस्तुत नही किया, आरोपी के विरुद्ध थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 778/24 धारा 25,27 आर्म्स एक्ट पंजीबद्ध कर कारवाही किया गया। नाम आरोपी- ओमप्रकाश उर्फ कृष्णा पिता भारती उम्र 19 वर्ष निवासी डेरापारा रावाभाटा थाना खमतराई 

  • राजधानी के एक शोरूम में चोरी, लॉकर तोड़ गल्ले से उड़ा ले गए लाखों रूपए कैश, पुलिस ने 24 घंटे में आरोपियों को किया गिरफ्तार…

    28-Sep-2024

    रायपुर :- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद है। लाखे नगर स्थित लक्ष्मी कलेक्शन शो रूम से 3,50,000 रुपये की चोरी की वारदात ने शहर में हलचल मचा दी। हालांकि, थाना आज़ाद चौक पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की रकम बरामद कर ली। इस घटना ने न केवल स्थानीय व्यापारियों में चिंता पैदा की परंतु पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने उन्हें राहत भी दी।

     
    प्रार्थी प्रदीप पृथवानी, जो लक्ष्मी कलेक्शन के मालिक हैं, ने 26 सितंबर 2024 को थाना आज़ाद चौक में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 25 सितंबर की रात 10:30 बजे वह दुकान बंद करके घर चले गए थे। जब उन्होंने अगले दिन दुकान खोली, तो देखा कि गल्ले का लॉकर टूटा हुआ था और उसमें रखी 3,50,000 रुपये की नगद राशि गायब थी।
     
     
    पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दौलत राम पोर्ते और नगर पुलिस अधीक्षक अमन कुमार झा के निर्देशन में पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का अवलोकन किया। छानबीन के दौरान, एक अपचारी बालक की पहचान हुई, जिसने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने और अन्य आरोपियों ने मिलकर चोरी की थी। उनके द्वारा बताई गई सूचना के आधार पर, पुलिस ने पंकज केवलानी (25 वर्ष) और आयुष गंगवानी (22 वर्ष) को राजा बाड़ा से गिरफ्तार किया।
     
    पुलिस ने कुल 1,43,000 रुपये और एक काले बैग को भी जप्त किया। इस मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह और उनकी टीम का कार्य अत्यंत सराहनीय रहा है, जिन्होंने शीघ्रता से कार्रवाई करके मामले को सुलझाया। इस घटना ने पुलिस की सक्रियता को उजागर किया है और स्थानीय व्यापारियों के लिए सुरक्षा का एक नया संदेश दिया है।
  • भाजपा नेता नारायण चंदेल के छोटे भाई की नैला रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध हालात में मौत, खुदकुशी या दुर्घटना की जांच में जुटी पुलिस…

    28-Sep-2024

    जांजगीर चांपा :- भाजपा नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के भाई की लाश नैला रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 और नैला केबिन के बीच मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. यह घटना शुक्रवार रात की है. मामला खुदकुशी का है या कुछ और, ये पुलिस जांच के बाद स्पष्ट हो पाएगा. मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की देर शाम नैला रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 और नैला केबिन के बीच मालगाड़ी से कटकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने शव की पहचान नैला निवासी भाजपा नेता शेखर चंदेल के रूप में की। शेखर चंदेल पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के छोटे भाई हैं. वे भी राजनीति में सक्रिय थे।

    घटना की सूचना आरपीएफ के साथ स्थानीय पुलिस को दी गई। भाजपा नेता नारायण चंदेल के छोटे भाई की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक सहित आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। समर्थक और स्थानीय नागरिक भी घटना स्थल पर जमा हो गए। पुलिस ने पंचनामा कर देर रात पोस्टमॉर्टम के लिए शव को जिला अस्पताल भिजवाया। बताया जा रहा कि शेखर चंदेल शेखर स्काउट गाइड के जिला मुख्य आयुक्त थे। वे अपने राइस मिल से रात साढ़े 8 बजे पैदल निकले थे। मोबाइल में चर्चा करते हुए जा रहे थे। रात 10 बजे ट्रेन से युवक के कटने की सूचना मिली। मामला खुदकुशी का है या कुछ और, ये पुलिस की जांच के बाद स्पष्ट हो पाएगा.
  • स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर टैक्सी ड्राइवरों के बीच मारपीट का वीडियो वायरल, सवारी बैठाने को लेकर विवाद…

    28-Sep-2024

    रायपुर :- प्रदेश के सबसे बड़े एयरपोर्ट स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर टैक्सी ड्राइवरों के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. जानकारी के अनुसार, सवारी बैठाने को लेकर ये मारपीट की घटना हुई है. यह पूरा मामला माना थाना इलाके का है. ताजा मामला शुक्रवार देर शाम का है, जिसमें वीडियो में साफ तौर पर दिखाई दे रहा है कि किस प्रकार से पार्किंग नंबर-1 के पास एक व्यक्ति को दो-दो लोग मारते दिखाई दे रहे है. ये सभी ट्रैक्सी ड्राइवर बताए जा रहे है।

     
    स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट प्रदेश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट है, जहां 24 घंटे लोगों का आना-जाना लगा रहता है. एयरपोर्ट में मारपीट की ये पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी कई बार टैक्सी ड्राइवरों में आपस में मारपीट कई की कई घटनाएं सामने आ चुकी है. अधिकतर जो घटनाएं सामने आई है, वो सवारी बैठाने को लेकर ही थी। इसकी कई बार शिकायत माना थाना में की जा चुकी है, उसके बाद भी किसी तरह की कोई भी कड़ी कार्रवाई एयरपोर्ट और पुलिस प्रशासन द्वारा देखने को नहीं मिली है।
  • सक्ती जिले में SBI की फर्जी शाखा खोलकर नौकरी के नाम पर ठगी, FIR दर्ज …

    28-Sep-2024

    जांजगीर-सक्ती :- सक्ती जिले के छपोरा गांव में भारतीय स्टेट बैंक की फर्जी शाखा खोलकर आधा दर्जन को नौकरी देने का मामला सामने आया है। मामले का खुलासा तब हुआ जब सप्ताह भर से चल रहे इस नई शाखा की जानकारी बैंक के क्षेत्रीय अधिकारियों तक पहुंची तो उन्होंने अनभिज्ञता जाहिर करते हुए तत्काल इसकी जानकारी ली।

     
    मामले में प्रारंभिक तौर पर रायपुर और कोरबा के तीन लोगों का नाम सामने आ रहा है, जिनके खिलाफ फर्जी शाखा खोलकर एसबीआई में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने का आरोप बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, सक्ती जिले में पिछले सप्ताह भर से भारतीय स्टेट बैंक की नई शाखा खुलने की जानकारी पुलिस टीम को मिली थी। इस दौरान पुलिस अधिकारियों को संदेह हुआ तो उन्होंने बैंक अधिकारियों से इसकी तस्दीक की। इस बीच भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय अधिकारी भी निरीक्षण में पहुंचे।
     
     
    बताया जाता है कि भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय अधिकारी छपोरा पहुंचे तो वहां स्टेट बैंक की तर्ज पर इस नई शाखा को संचालित होते देखा। इस दौरान उन्होंने भीतर जाकर काम कर रहे आधा दर्जन कर्मचारियों से पूछताछ की तो वहां के मैनेजर नहीं पहुंचे है और कर्मचारियों से पूछताछ पर उनकी नियुक्ति संबंधी जो जानकारी मिली उससे बैंक के अधिकारी हरकत में आए और उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी।
     
    सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संबंधितों से जानकारी ली गई। तत्पश्चात बैंक अधिकारियों से इस संबंध में मिली शिकायत व प्रावधान संबंधी जानकारी लेकर कार्रवाई शुरु की गई। पुलिस के मुताबिक इस फर्जीवाड़े में प्रारंभिक तौर पर तीन आरोपियों के नाम सामने आए है, जिनमें से मुख्य सरगना रायपुर का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि दो लोग कोरबा के है। बहरहाल इस मामले में पुलिस फर्जीवाड़े का अपराध दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है.
  • बिलासपुर सिम्स में एमबीबीएस की पढ़ाई हुई हिंदी में शिफ्ट

    28-Sep-2024

    बिलासपुर ।  सिम्स (छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान) में अब हिंदी में भी एमबीबीएस (बैचलर आफ मेडिसिन एंड बैचलर आफ सर्जरी) की पढ़ाई होगी। यह पढ़ाई शिक्षा सत्र 2024-25 से शुरू हो रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हिंदी दिवस पर इसकी घोषणा की है। इसी के बाद स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने हिंदी में पढ़ाई शुरू करवाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए सिम्स में इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।

     
    स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने सिम्स को हिंदी की पुस्तकें खरीदने के लिए पांच लाख रुपये दिए हैं। इसके तहत एमबीबीएस पाठयक्रम की पुस्तकें खरीदने की कवायद भी शुरू कर दी है।
     
     
    संभवत शिक्षा सत्र अक्टूबर प्रथम सप्ताह से शुरू हो जाएगा। इससे पहले किताबें खरीदनी होगी। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ हिंदी में एमबीबीएस की पढ़ाई कराने वाला राज्य बन जाएगा।
     
    हालांकि छात्र-छात्राएं इस बात को लेकर स्वतंत्र रहेंगे कि उन्हें किस भाषा में मेडिकल की पढ़ाई करनी है और परीक्षा देना है। इसमें छात्र हिंदी या अंग्रेजी में पढ़ाई कर सकेंगे।
     
    हिंदी माध्यम के छात्रों की परेशानी होगी खत्म
     
    नई व्यवस्था लागू होने से हिंदी माध्यम से पढ़ने वाले छात्रों की परेशानी दूर हो जाएगी। दरअसल, मेडिकल की पढ़ाई में जिन अंग्रेजी शब्दों का उपयोग होता है, वह बेहद कठिन होता है।
     
    हिंदी माध्यम के छात्र इसे आसानी से समझ नहीं पाते। अब कक्षा हिंदी में भी होगी। वहीं मेडिकल का महत्वपूर्ण टर्म केवल अंग्रेजी में होगा। इससे अब छात्र परीक्षा भी हिंदी में दे सकेंगे। हालांकि अगर कोई छात्र अंग्रेजी में देना चाहते हैं तो वे उसके लिए भी स्वतंत्र होंगे।
     
    अब एनाटामी नहीं शरीर रचना विज्ञान कहेंगे छात्र
     
    हिंदी माध्यम से पढ़ाई शुरू होते ही एनाटामी को अब छात्र शरीर रचना विज्ञान के नाम से पुकारेंगे। इसी तरह बायोकेमिस्ट्री, फिजियोलाजी, मेडिसिन, सर्जरी, पीडियाट्रिक को शरीर रचना विज्ञान, जैव रसायन शास्त्र, शरीर क्रिया विज्ञान, औषधि और शल्य क्रिया विज्ञान कहा जाएगा। यह बदलाव हिंदी भाषी छात्रों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।
     
    प्राध्यापकों को भी दी जाएगी ट्रेनिंग
     
    अभी तक प्राध्यापक अंग्रेजी में पढ़ाई कराते हैं। इसमे वे अभ्यस्त हो चुके हैं। वही अब हिंदी में पढ़ाई कराने में कुछ तकनीकी व व्यावहारिक दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
     
    इन बातों को ध्यान में रखते हुए प्राध्यापकों को हिंदी में पढ़ाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। मेडिकल शब्दों को हिंदी में याद रखना एक बड़ी चुनौती साबित हो सकता है, लेकिन अभ्यास के बाद सब कुछ सामान्य हो जाएगा।
  • भर्ती अलर्ट: 520 पदों पर 30 सितंबर को परीक्षा

    28-Sep-2024

    धमतरी। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र धमतरी द्वारा आगामी 30 सितम्बर को सुबह 11 से शाम 4 बजे तक प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जाएगा। कम्पोजिट भवन स्थित जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र के कमरा नंबर 45 में आयोजित इस प्लेसमेंट कैम्प में निजी क्षेत्र के नियोजकों द्वारा कुल 520 पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार लिया जाएगा।

     
    इसमें 18 से 35 वर्ष तक की आयु के दसवीं, बारहवीं, स्नातक और डिप्लोमा इन फायर सेफ्टी शैक्षणिक योग्यताधारी आवेदक हिस्सा ले सकते हैं। प्लेसमेंट कैम्प में शामिल होने के इच्छुक आवेदक शैक्षणिक, तकनीकी योग्यता प्रमाण पत्र, निवास, जाति, रोजगार कार्यालय का पंजीयन प्रमाण पत्र, दो पासपोर्ट साईज फोटो के साथ नियत तिथि एवं स्थान पर उपस्थित हो सकते हैं।
  • नौकरी की आस में छात्र की मौत: उम्मीदों का टूटना

    28-Sep-2024

    बिलासपुर ।  दुर्ग में रहने वाला राजकुमार साहू(30) पिछले चार साल से दयालबंद नारियल कोठी में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। शुक्रवार की सुबह उसकी लाश कमरे में फांसी के फंदे पर लटकती मिली है। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसके दोस्तों से पूछताछ की। छात्र के दोस्त देवेंद्र ने बताया कि दो दिनों से राजकुमार परेशान रहता था। वह सरकारी नौकरी के संबंध में बातें करता था। साथ ही वैकेंसी नहीं निकलने से परेशान रहने की बात कहता था।

     
    कई बार उसने प्रतियोगी परीक्षा देकर थक जाने की बात कही थी। शुक्रवार को उसके दोस्त नाश्ता करने के लिए बाहर गए थे। इस दौरान राजकुमार रूम में अकेले था। दोस्त नाश्ता कर वापस आए तो कमरे में उसकी लाश फांसी के फंदे पर लटक रही थी। दोस्तों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। तब तक वहां पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने भीड़ हटाकर शव कब्जे ले लिया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल युवक के स्वजन का बयान नहीं हो पाया है। उनके बयान के बाद घटना का कारण स्पष्ट होगा।
Top