बड़ी खबर

छत्तीसगढ़

  • कारोबारी के बेटे की मौत, जली हालत में मिली लाश.....

    20-Sep-2024

    राजनांदगांव। शहर के दिग्विजय स्टेडियम से सटे पिंजारा पोल गौशाला के पास शुक्रवार को शहर के एक कारोबारी के नौजवान बेटे की जली हुई हालत में लाश मिलने से सनसनी फैल गई।

     
    युवक के कारोबारी पिता और रिश्तेदारों को जब घटना की जानकारी मिली, तो परिवार सकते में आ गया। इस संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत को लेकर व्यापारी जगत में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
     
    सीएसपी पुष्पेन्द्र नायक ने कि घटना की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वस्तुस्थिति का पता चलेगा। पुलिस के मुताबिक स्थानीय पुराने सर्किट हाउस रोड पर स्थित हरिओम ग्लास के व्यवसायी रामचंद्र लहरवानी का 35 वर्षीय पुत्र कमल लहरवानी रोज की तरह मवेशियों और जानवरों को ब्रेड और बिस्कुट बांटने के लिए घर से निकला था। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। इस बीच पिंजरापोल के पास एक नौजवान युवक की जली हुई हालत में लाश मिली। लाश की कमल लहरवानी के रूप में शिनाख्ती हुई।
  • जूक क्लब विवाद: शोएब ढेबर की गिरफ्तारी, महापौर एजाज ढेबर की मुश्किलें बढ़ीं

    19-Sep-2024

    रायपुर। राजधानी के जूक क्लब के बाहर हुए विवाद के बाद कोयला घोटाले में जेल में बंद अनवर ढेबर के बेटे शोएब ढेबर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. मारपीट मामले में गिरफ्तार शोएब ढेबर को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा. यह मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है.

     
     
    जानकारी के अनुसार, बुधवार रात महापौर एजाज ढेबर का भतीजा शोएब अपने अन्य साथियों के साथ क्लब गया हुआ था. कार पार्किंग में मोबिन नाम के युवक से उसका विवाद हो गया. जिसके बाद उसने जमकर मारपीट की. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस कार्रवाई में जुट गई और शोएब को गिरफ्तार किया गया.
     
    बता दें कि शोएब ढेबर के खिलाफ क्लब में मारपीट के कई मामले दर्ज हैं. आईपी क्लब में विवाद के बाद गोली कांड हुआ था. इसके बाद सिमर्स क्लब में भी विवाद हुआ था. सिविल लाइन थाने में युवती में अपराध दर्ज कराई लेकिन अब तक उसमें गिरफ्तारी नहीं हुई है.
  • प्रभारी मंत्री की बैठक के बाद पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, ओडिशा से छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी करते दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

    19-Sep-2024

    गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. इस बीच गरियाबंद जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ एक्शन लिया है. ओडिशा से गांजा लेकर आ रहे दो अंतरराज्यीय तस्करों को देवभोग पुलिस ने गिरफ्तार किया है. तस्करों के पास से पुलिस ने करीब 15 किलो गांजा जब्त किया है. आरोपियों को पुलिस ने सीमा पर लगे जांच नाका के पास पकड़ा है.

     
    प्रभारी मंत्री ने समीक्षा बैठक में कहा था मादक पदार्थों की अवैध बिक्री हो रही है. इसके बाद देवभोग पुलिस ने चंद घंटों में ही कार्रवाई करते हुए दोनों तस्करों को पकड़ा. बीती रात लगभग 7 बजे, खुटगाव चेक पोस्ट के पास तस्करों को पकड़ने के लिए पुलिस ने यह अभियान चलाया.
     
     
    थाना प्रभारी गौतम गावड़े ने बताया कि उन्हें मुखबीर से सूचना मिली थी कि आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर आ रहे हैं. सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई की गई और तस्कर तोशिन खान (22 वर्ष) और अजबूर खान (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया.
  • आज रायपुर में झांकी का आयोजन, यातायात प्रतिबंध और रूट डायवर्जन की जानकारी

    19-Sep-2024

    रायपुर में आज गणेश झांकी निकाली जाएगी। हर साल प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बढ़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होते है। लोगों की भीड़ को देखते हुए शाम 7 बजे से 8 सड़कों को पूरी तरह से बंद करने के साथ ही 7 सड़कों पर रूट डायवर्ट किया गया है।

     
    प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जरूरी काम हो तो वे ही बाहर निकलें और झांकी के दौरान जर्जर मकानों से दूर रहें।
     
    रायपुर में झांकी के दौरान डीजे-धुमाल बजेगा या नहीं इस पर सस्पेंस अब भी बरकरार है। बुधवार को 30 समितियों ने झांकी के साथ डीजे की अनुमति मांगी है। प्रशासन ने अभी तक किसी भी समिति को इसकी मंजूरी नहीं दी है।
     
    रायपुर में झांकियां सजाई जा रही हैं।
    रायपुर में झांकियां सजाई जा रही हैं।
     
    शाम 7 बजे के बाद ये सड़कें पूरी तरह से बंद
     
    शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक की ओर जाने वाली।
    मौदहापारा मस्जिद से जयस्तंभ चौक तक की सड़क।
    तात्यापारा चौक से शारदा चौक तक की सड़क।
    शास्त्री बाजार से मालवीय रोड जाने वाली सड़क।
    सुभाष स्टेडियम से कोतवाली जाने वाली सड़क।
    गांधी मैदान से कोतवाली चौक तक जाने वाली रोड।
    बूढ़ेश्वर चौक से पुरानी बस्ती जाने वाली सड़क।
    लाखेनगर से पुरानी बस्ती की ओर जाने वाली सड़क।
    शाम 7 बजे के बाद इन सड़कों पर रूट डायवर्ट
     
    शास्त्री चौक से ट्रैफिक कचहरी और फाफाडीह चौक पर डायवर्ट।
    मौदहापारा से नहरपारा और स्टेशन रोड भेजेंगे।
    स्टेशन से तेलघानी नाका, भैंसथान रोड से आमापारा की ओर डायवर्ट।
    सुभाष स्टेडियम से महिला थाना, कालीबाड़ी, टिकरापारा की ओर डायवर्ट।
    पुरानी बस्ती के ट्रैफिक को बूढ़ापारा से टिकरापारा की ओर डायवर्ट करेंगे।
    शंकरनगर से आमापारा जाने वाले एक्सप्रेस-वे से स्टेशन होकर जाएंगे।
    झांकियों में सजावट की जा रही।
    झांकियों में सजावट की जा रही।
     
    इन मार्गों से निकलेगी झांकियां
     
    सबसे पहले झांकियां राठौर चौक पर एकजुट होंगी। इसके बाद राठौर चौक से एमजी रोड होतेशारदा चौक, जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, चिकनी मन्दिर, कोतवाली चौक, सदरबाजार, सत्ती बाजार, कंकाली तालाब, पुरानी बस्ती, लाखे नगर चौक, सुंदर नगर, रायपुरा चौक होकर महादेव घाट विसर्जन कुंड तक पहुंचेगी।
  • मुख्यमंत्री की भावनात्मक पहल: दिव्यांग को वाद्ययंत्र खरीदने के लिए 15 हजार की आर्थिक सहायता

    19-Sep-2024

    रायपुर । मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिव्यांग कलाकार की मांग चंद मिनटों में पूरी कर दी। दिव्यांग ने वाद्ययंत्र खरीदने के लिए मुख्यमंत्री के समक्ष सहायता राशि की मांग की। उन्होंने तत्काल 15 हजार रूपए का चेक प्रदान किया। इससे दिव्यांग के चेहरे पर मुस्कान आ गई और मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।

     
    रायपुर के राजा तालाब निवासी विवेक कुमार 8 वर्ष की उम्र से ढोलक बजा रहे है और वे ढोलक में पारंगत हासिल कर चुके है। बचपन से ही वे गायन वादन में विशेष रूचि भी रखते है। आर्थिक रूप से कमजोर विवेक ने अपने सपने को पूरा करने के लिए वाद्ययंत्र खरीदना चाहते थे। आज वे जनदर्शन में मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री साय से मुलाकात करने के लिए पहुंचे। विवेक ने वाद्य यंत्र खरीदने के लिए मुख्यमंत्री से सहयोग की मांग की। मुख्यमंत्री ने दिव्यांग कलाकार विवेक का हौसला बढ़ाने के लिए 15 हजार रूपए का चेक सौंपा और शुभकामनाएं दी। इससे राशि से विवेक वाद्ययंत्र खरीदकर अपनी प्रतिभा को निखार पाएंगे।
  • राज्यपाल डेका की विश्वविद्यालयों को सलाह: शैक्षणिक कैलेंडर का सख्ती से पालन करें

    19-Sep-2024

    रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने गुरुवार को राज्य के सभी शासकीय विश्वविद्यालयों के कुलपतियोें की बैठक लेकर विश्वविद्यालयों के कामकाज की समीक्षा की। राज्यपाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विश्वविद्यालय सत्र के प्रारंभ से अपना शैक्षणिक कैलेण्डर बनाएं और उसका कड़ाई से पालन करें और शिक्षा की गुणवत्ता और अधिक सुधारने की दिशा मेें कार्य करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याएं जानें और उसे दूर करने के प्रयास करें।  राजभवन के कांफ्रेंस हॉल में आज आयोजित बैठक में राज्यपाल डेका ने विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा की। डेका ने कहा कि विश्वविद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने नई शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों के कार्य संचालन में कई समस्याएं आती हैं उनके निराकरण के लिए नियमित प्रयास करें। उन्होंने प्राध्यापकों की कक्षाओं में नियमित उपस्थिति पर जोर दिया ताकि विद्यार्थी कक्षा में आएं। उन्होंने ग्रंथालयों में सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिएं जिससे विद्यार्थी अपने समय का सदुपयोग कर, पुस्तकों से ज्ञान प्राप्त करें।

     
    राज्यपाल ने डिजिटलीकरण पर बल देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को अंक सूची व अन्य प्रमाण पत्रों को ऑनलाइन उपलब्ध कराया जाये। उन्होंने महाविद्यालयों में प्रवेश नीति का सही तरीके से पालन करने के निर्देश दिए। प्राध्यापकों की नियमित बैठक करें और अध्ययन-अध्यपन में आने वाली दिक्कतों की जानकारी लें तथा जो कमियां है उसे दूर करें। महिला कर्मियों की समस्याओं पर भी विषेष ध्यान दें। शिक्षकों का रिफ्रेशर कोर्स भी नियमित रूप से कराएं। विश्वविद्यालयों के रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती के निर्देश दिये। परीक्षाएं सही ढंग से आयोजित की जाएं। ताकि इसमें गड़बड़ी ना हो। विद्यार्थियों के प्लेसमेंट के लिए उद्योगों से समन्वय करने के निर्देश दिए।
     
     
    राज्यपाल ने आयुष विश्वविद्यालय में टी.बी. और कैंसर जैसी बीमारियों की रोकथाम हेतु अनुसंधान करने पर विषेष बल दिया। कृषि विश्वविद्यालय को निर्देश दिए कि ज्यादा उत्पादन देने वाले धान की किस्म राज्य में लाएं तथा कृषि विकास केंद्रों के जरिये कैम्प लगाकर किसानांे को बताएं कि वे किस किस्म की फसल लगा सकते हैं। उन्हें पारंपरिक फसल के स्थान पर लाभप्रद फसल के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने कृषि उत्पादन आयुक्त को किसानों को फसल बीमा, क्रेडिट कार्ड आदि की सुविधा नियमित रूप से उपलब्ध कराने एवं उनके खेतों की मिट्टी का समय-समय पर परीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विश्वविद्यालयों, विशेष कर व्यवसायिक और तकनीकी विश्वविद्यालयों में नवाचार को बढ़ावा देने और युवाओं को स्टार्टअप के लिए प्रोत्साहित करने पर बल दिया। साथ ही कहा कि विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालय परिसरों में साफ-सफाई और अनुशासन पर भी विशेष ध्यान दिया जाये। उन्होंने विश्वविद्यालयों में लंबे समय से ऑडिट नहीं होने पर अप्रसन्नता व्यक्त की और 6 माह के भीतर ऑडिट कराने के निर्देश दिये।
     
    बैठक के प्रारंभ में राज्यपाल के सचिव यशवंत कुमार ने समीक्षा बैठक के मुख्य बिन्दुओं की जानकारी दी। विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपतियों ने बारी-बारी से प्रेजेंटेशन दिया। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव मनोज पिंगुआ, कृषि उत्पादन आयुक्त श्रीमती शहला निगार, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव प्रसन्ना आर, राजभवन की संयुक्त सचिव श्रीमती हिना अनिमेष नेताम सहित सभी शासकीय विश्वविद्यालयों के कुलपति उपस्थित थे।
  • कॉन्फ्लूएंस कॉलेज में हिंदी सप्ताह का आयोजन किया गया

    19-Sep-2024

    कॉन्फ्लूएंस कॉलेज आफ हायर एजुकेशन पार्रीकला में हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में हिंदी सप्ताह का आयोजन किया गया। जिसमें अंतर महाविद्यालय स्तर पर निबंध ,स्वरचित् कविता, प्रश्नोत्तरी एवं वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में दिग्विजय महाविद्यालय, रॉयल कॉलेज, सीआईटी कॉलेज, के विद्यार्थियों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ रचना पांडेय ने कहा कि हिंदी भाषा आज विदेश में भी भारत को अलग पहचान देती है ,साथ ही हिंदी बोलने वाले सभी भारतीयों को एकरूपता के धागे में पिरोती है । हिंदी एक ऐसी भाषा है जो भाषाओं और सांस्कृतिक बाधाओं को दूर कर लोगों को एक साथ लाने की क्षमता रखती है । हिंदी भारत की पहचान है यह देश की सांस्कृतिक विरासत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।

    महाविद्यालय के संचालक गण श्री संजय अग्रवाल एवं डॉ मनीष जैन , आशीष अग्रवाल ने संयुक्त रूप से कहा कि हिंदी कविता और साहित्य ने भारतीय संस्कृतियों की विविधता में समानताओं को उजागर करके सांप्रदायिक सद्भाव और एकता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हिंदी केवल एक भाषा ही नहीं बल्कि यह एक संस्कृति है ,जो भारत जैसे विविधता पूर्ण देश में एकता और सद्भाव को बढ़ावा देने की क्षमता रखती है । इस दिन का उद्देश्य हिंदी भाषा के प्रयोग को बढ़ावा देना और लोगों को हिंदी के महत्व के बारे में जागरूक करना है।
    अंत में प्रतियोगिता में भाग लेने वालों लेने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया गया । इसमें निबंध प्रतियोगिता में रॉयल कॉलेज से टोमेश साहू ने प्रथम एवं शैलेंद्र कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया । तृतीय स्थान पर कॉन्फ्लूएंसस कॉलेज के जया मंडावी रही। स्वरचित कविता पाठ में दिग्विजय महाविद्यालय के नरेश चंद्र साहू प्रथम तथा द्वितीय स्थान पर संयुक्त रूप से विद्या वासिनी कॉन्फ्लूएंस कॉलेज एवं मनीष टांडेकर दिग्विजय महाविद्यालय रहे । प्रश्नोत्तरी में कॉन्फ्लूएंस कॉलेज की पायल जंघेल प्रथम, राजलक्ष्मी चंद्रवंशी द्वितीय एवं राखी गोस्वामी तृतीय स्थान पर रही । वाद विवाद प्रतियोगिता में सी आई टी कॉलेज के सुखमण भाटिया प्रथम ,कॉन्फ्लूएंस महाविद्यालय के कशिश द्वितीय एवं प्रीति साहू तथा तेजेंद्र संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त स्टाफ उपस्थित थे।
  • कॉन्फ्लूएंस महाविद्यालय में विश्वकर्मा पूजा का आयोजन

    19-Sep-2024

    रायपुर। कॉनफ्लुएंस महाविद्यालय के कंप्यूटर विभाग द्वारा मंगलवार को विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर विश्वकर्मा पूजन का आयोजन महाविद्यालय की कंप्यूटर लैब में किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी विद्यार्थीगण एवं प्राध्यापकगण द्वारा भगवान विश्वकर्मा जी के छायाचित्र में पुष्प अर्पित किए तथा तिलक लगाकर आरती की गई तत्पश्चात पूजा अर्चना के बाद सभी को प्रसाद वितरण किया गया। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ रचना पांडे मैडम द्वारा इस पूजन के महत्व को बताया गया उन्होंने बताया कि भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि का पहला इंजीनियर माना जाता है. विश्वकर्मा पूजा, विश्वकर्मा देव की जयंती के रूप में मनाई जाती है. ऐसी मान्यता है कि इस दिन ही विश्वकर्मा देव का जन्म हुआ था।विश्वकर्मा पूजा दिवस, एक हिंदू भगवान विश्वकर्मा, दिव्य वास्तुकार के लिए उत्सव का दिन है। इस भक्तिमय वातावरण से सभी का मन प्रफुल्लित हो गया।

  • पंडित रवि शंकर शुक्ल विश्व विद्यालय कर्मचारी संघ चुनाव

    19-Sep-2024

    रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ के चुनाव में 12 विजयी प्रत्याशियो को मतपत्र लेखा और प्रमाण पत्र का वितरण किया जायेगा अध्यक्ष पद डॉ दिलीप कुमार घृतलहरे और सचिव पद पर संदीप खर्गवंशी विजयी हुए, बुधवार 11 सितम्बर 2024  सी वी रमन हॉल मे  सम्पन हुआ कर्मचारी संघ के उक्त चुनाव मे 260 मतदाताओ में से 254 मतदाताओं  ने  अपने मत का उपयोग किया  अध्यक्ष पद पर डॉ दिलीप घृतलहरे विजयी हुए उपाध्यक्ष तृतीय वर्ग में विवेक शर्मा  विजयी हुए  उपाध्यक्ष चतुर्थ वर्ग ललित देवांगन विजयी हुए कोषाध्यक्ष में पुष्कर दीवान विजयी हुए  सचिव पद पर संदीप खर्गवंशी दूसरी बार विजयी हुए  उप सचिव तृतीय वर्ग संतोष कुमार डहरे विजयी हुए  उप सचिव चतुर्थ वर्ग विजय कुमार ध्रुव विजयी हुए

     कार्य कार्यकारिणी पद पर कुल पांच पदों का चयन किया जाना है जिसमें राम बिशाल ठाकुरऔर श्रीमती यामिनी टंडन,  दीपक नेताम , प्रियंका ध्रुव  , राजीव कुजूर विजयी हुए।  श्रवण सिंह ठाकुर और प्रदीप कुमार मिश्र चुनाव अधिकारीगण ने बताया कि चुनाव मैदान में कुल 28 प्रत्याशी उतरें है 12 पदों के लिए कर्मचारियो ने चुनाव मे बढ़ चढ़ कर भाग लिया  विजयी प्रत्यासीओ को वि वि के इतिहास में पहली बार मतपत्र लेखा और पूर्व की भाँति विजयी प्रत्याशियो को प्रमाण पत्र प्रदान किया जायेगा चुनाव अधिकारीगण ने विजयी प्रत्याशियो को बधाई  दिया मतदान केंद्र लगे सहयोगी कर्मचारीगण गणेश राम बनर्जी, बाबा सिंह नायक, संतोष भगत अविरल धनगर, हेमन्त यदु, दीपक यदु, सुरेश सोनकर, सुनील सोनकर, भरत लाल वर्मा,विजय यादव, बंशीघर झा आदि के साथ साथ रमन हॉल डॉ  कल्लोल घोस माननीय कुलपति और कुलसचिव जी के साथ साथ इंजी, सेक्शन को धन्यवाद देते हुए  उपस्थित प्रत्यासीओ और मतदाताओं ने शांति बनाये रखते हुए मतदान निर्विघ्न सम्पन होने के लिए मतदान अधिकारियो ने धन्यवाद देते हुए सबका आभार ब्यक्त किया। 
  • दुर्घटना में पैर खोने वाले विवेक को मिला जनदर्शन में वाॅकर का सहारा

    19-Sep-2024

    रायपुर । मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में दुर्घटना में पैर खोने वाले विवेक को मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय ने वाॅकर भेंट किया। वाॅकर पाकर विवेक अब चलने-फिरने लगे हैं और उनके चेहरे पर मुस्कान भी लौट आई है। विवेक ने मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय को धन्यवाद दिया और कहा कि मुख्यमंत्री ने वाॅकर प्रदाय किया हैं, इससे अब मुझे चलने में और अपना काम करने में परेशानी नहीं होगी।

    रायपुर के भनपुरी स्थित बुनियाद नगर निवासी  विवेक शर्मा एक दुर्घटना में एक पैर खो दिए। चलने-फिरने में असमर्थ विवेक को इस वजह से काम भी नहीं मिल पा रहा था।
     
    इससे उन्हें अपने परिवार के पालन-पोषण में भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। आज वे जनदर्शन में मुख्यमंत्री निवास पहुंचे और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की।
  • भाजपा सदस्यता अभियान के तहत किसान नेता अशवंत तुषार साहू डोर-टू-डोर कर रहे हैं संपर्क

    19-Sep-2024

    महासमुंद !   भाजपा सदस्यता अभियान के तहत भाजपा किसान नेता अशवंत तुषार साहू डोर-टू-डोर संपर्क कर रहे हैं। लोगों को ऑनलाइन व ऑफलाइन सदस्यता दिलाई जा रही है।

     
    महासमुंद विधानसभा क्षेत्र के अनेक पोलिंग बूथ मे जन चौपाल लगाकर भाजपा किसान नेता अशवंत तुषार साहू ने सदस्यता अभियान चलाकर ग्रामीणों को भाजपा की सदस्यता दिलाई।
    अशवंत तुषार साहू ने कहा कि देश की सबसे बड़ी पार्टी भारतीय जनता पार्टी का सदस्य बनने व सदस्य बनाने का सौभाग्य हम सबको प्राप्त हुआ है। ज्यादा से जायदा क्षेत्रवासियों को भाजपा की सदस्यता दिलाने घर-घर पहुंच कर अभियान को सफल बनाने की अपील की।
  • पेंशन, बैटरीचलित साइकिल और अन्य सहायता के लिए दिव्यांग युवकों की प्रशासन से गुहार

    19-Sep-2024

    कोण्डागांव। जिले के माकड़ी ब्लाक के दो दिव्यांग युवक, बंगाराम नेताम और मलसाय नेताम, 80 किमी की यात्रा कर आज कलेक्ट्रेट पहुंचे। उनका आरोप है कि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उन्हें नहीं मिल रहा है।

     
    दोनों युवक पेंशन, बैटरी चालित साइकिल और अन्य सहायता के लिए कई बार आवेदन दे चुके हैं, लेकिन उनकी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। बैटरी चालित साइकिल और पेंशन जैसी सुविधाएं उनके लिए जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
     
    बंगाराम नेताम, जो ग्राम पंचायत भाटगांव विकासखण्ड माकड़ी के निवासी हैं, और मलसाय नेताम, ग्राम पंचायत सोड़मा विकासखण्ड माकड़ी से हैं, ने बताया कि उन्होंने अपने-अपने पंचायतों में और जनसमस्या निवारण शिविरों में भी अपनी शिकायतें दर्ज कराई हैं। लेकिन, अब तक कोई सकारात्मक परिणाम नहीं मिला। निराश होकर, उन्होंने सीधे कलेक्टर से मिलने का निर्णय लिया।
  • प्रभारी मंत्री एवं खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल समीक्षा बैठक लेने पहुंचे महासमुंद

    19-Sep-2024

    महासमुंद ! प्रभारी मंत्री एवं खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल आज जिला पंचायत के सभा कक्ष मे समीक्षा बैठक लेने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियो को सामग्री और उपकरण देकर लाभान्वित किया। 

  • आबकारी विभाग पिथौरा की कार्रवाई : 26 लीटर हाथ भट्टी कच्ची महुआ शराब और 800 किग्रा. महुआ लाहन के साथ दो आरोपी गिरफ़्तार

    19-Sep-2024

    पिथौरा !  अवैध रूप से आसवित कच्ची शराब के सेवन से संभावित जनहानि को रोकने तथा आबकारी राजस्व की सुरक्षा हेतु कलेक्टर  विनय कुमार लंगेह के निर्देश के तारतम्य में आबकारी विभाग द्वारा सतत कार्रवाई की जा रही है।

    इसी क्रम में बुधवार को गश्त के दौरान मुखबीर सूचना के आधार पर ग्राम गड़बेड़ा, थाना पिथौरा में आरोपी परसराम उम्र 31 वर्ष एवं राहुल बघेल उम्र 27 वर्ष से गवाहों के समक्ष पूछताछ कर उसके रिहायशी मकान, बरामदा एवं बाड़ी की विधिवत तलाशी ली जाने पर आरोपी परसराम गर्गे के रिहायशी मकान की बरामदा से 15 लीटर  हाथ भट्ठी कच्ची महुआ शराब एवं 460 किलोग्राम शराब बनाने योग्य महुआ लहान बरामद हुआ एवं आरोपी राहुल बघेल के रिहायसी मकान व बाड़ी से 11 लीटर हाथ भट्ठी कच्ची महुआ शराब एवं 340 किलोग्राम शराब बनाने योग्य महुआ लहान बरामद हुई, जिसे विधिवत जप्त कर उक्त आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आब. एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
     अपराध की प्रकृति धारा 59 (क) आब. एक्ट के तहत अजमानतीय होने के कारण आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया। उपरोक्त कार्रवाई उत्तम बुध्द भारद्वाज सहायक जिला आबकारी अधिकारी वृत्त पिथौरा की टीम द्वारा की गयी, जिसमें समस्त आबकारी स्टाफ उपस्थित थे।
  • अब बुनकरों के दिन फिरेंगे : कलेक्टर ने भंवरपुर मे साड़ी बुनकरों से मिलकर उचित बाजार उपलब्ध कराने दिया भरोसा

    19-Sep-2024

    बसना !  कलेक्टर  विनय कुमार लंगेह ने बुधवार को भंवरपुर में संबलपुरी साड़ी निर्माण में लगे बुनकरों और कारीगरों से मिलकर उनकी समस्याओं से अवगत हुए। कलेक्टर ने कहा कि संबलपुरी साड़ी की बाजार में अच्छी मांग है, यहां गुणवत्तापूर्ण और अनेक रंग बिरंगे और पारंपरिक डिजाइन में साड़ी तैयार की जा रही है। जिसकी सराहना कलेक्टर द्वारा की गई। कलेक्टर ने बुनकरों से चर्चा करते हुए कहा कि उनके लिए उचित बाजार की व्यवस्था की जाएगी।

     
    ऑनलाइन मार्केटिंग से भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि बुनकरों को सीधा फायदा हो, ना कि किसी भी बिचौलियों के माध्यम से। इसके लिए विशेष प्रयास किये जायेंगे। ज्ञात है कि उड़ीसा प्रान्त से लगे होने के कारण यहां छत्तीसगढ़ में भी छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में संबलपुरी साड़ियों की विशेष मांग है। कलेक्टर ने बुनकरों के लिए संचालित शासकीय योजनाओं की जानकारी देते हुए इससे जुड़ने कहा। इस दौरान बुनकर समिति के अध्यक्ष  रमेश देवांगन ने कलेक्टर को बुनकरों की समस्याओं और उपलब्धियां की भी जानकारी दी।
  • उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव अमेरिका प्रवास के बाद 19 सितम्बर को लौटेंगे स्वदेश

    18-Sep-2024

    रायपुर.उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव अमेरिका का अपना आठ दिवसीय अध्ययन प्रवास पूर्ण कर 19 सितम्बर को स्वदेश लौटेंगे। वे अमेरिकी समय के अनुसार 18 सितम्बर को सवेरे 09:05 बजे सेन फ्रांसिस्को से भारत के लिए रवाना होंगे। वे भारतीय समय के अनुसार 19 सितम्बर को दोपहर पौने तीन बजे नई दिल्ली पहुंचेंगे। उल्लेखनीय है कि उप मुख्यमंत्री श्री साव और लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह एशियन डेवलपमेंट बैंक के आमंत्रण पर विगत 10 सितम्बर से अमेरिका के अध्ययन प्रवास पर हैं।  

     
    उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने अमेरिका में अपने आठ दिवसीय अध्ययन यात्रा के दौरान न्यूयॉर्क, वाशिंगटन और सेन फ्रांसिस्को में सड़क एवं भवन निर्माण परियोजनाओं का भ्रमण किया। उन्होंने निर्माण विशेषज्ञों के साथ बैठक कर बड़ी निर्माण परियोजनाओं (कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट्स) की प्लानिंग, डिजाइनिंग, निर्माण सामग्रियों, निर्माण तकनीकों तथा चरणबद्ध ढंग से उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी ली। उन्होंने विशेषज्ञों से कार्यस्थलों पर निर्माण कार्मिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर चर्चा की।
     
    उप मुख्यमंत्री श्री साव ने अमेरिका में निर्माण स्थलों के भ्रमण के दौरान वहां कार्यरत आर्किटेक्ट्स और इंजीनियरों से चर्चा कर प्रयुक्त सामग्री, धातु एवं मशीनरी की जानकारी ली। उन्होंने छत्तीसगढ़ में उन्नत सड़क परियोजनाओं और भवन निर्माण में आधुनिक तकनीकों व मशीनरी के उपयोग के संबंध में भी निर्माण विशेषज्ञों से चर्चा की। श्री साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में उच्च गुणवत्ता की टिकाऊ सड़कों और भवनों के निर्माण के लिए अमेरिका में प्रचलित नई तकनीकों और उपायों का विस्तृत अध्ययन कर लोक निर्माण विभाग में लागू करने पर विचार किया जाएगा। श्री साव अपने अध्ययन भ्रमण के दौरान न्यूयॉर्क, वाशिंगटन और सेन फ्रांसिस्को में भारतीय समुदायों और छत्तीसगढ़ मूल के लोगों से भी मिले।
  • स्व रोजगार से जोड़ने स्व सहायता समूह की महिलाओं को दिया जाएगा ड्रोन प्रशिक्षण

    18-Sep-2024

    रायपुर,नमो ड्रोन दीदी योजना अंतर्गत बलौदाबाजार जिले के स्व सहायता समूह की अधिक से अधिक महिलाओं को ड्रोन उडाने क़ा प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा। कलेक्टर श्री दीपक सोनी ने कृषि विभाग के अधिकारियों को इस सबंध में जरुरी निर्देश दिए हैं। ड्रोन दीदी श्रीमती निरुपा  साहू एवं ड्रोन पायलट निखिल कन्नौजे ने कलेक्टर श्री सोनी से मुलाकात कर अपने अनुभव साझा किये। कलेक्टर ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रेरणा स्रोत बताया।उन्होंने उर्वरक व कीटनाशक  छिड़काव में ड्रोन के उपयोग को किसानों के लिए फायदेमंद कहा और ज्यादा से ज्यादा उपयोग करने की बात कही।

     
    विकासखंड बलौदाबाजार अंतर्गत ग्राम लाहौद निवासी ड्रोन दीदी श्रीमती निरुपा साहू ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने ड्रोन से दवाई छिड़काव क़ा कार्य अप्रैल 2024 से शुरू किया है। इसके पूर्व उन्होंने ग्वालियर स्थित प्रशिक्षण संस्थान से ड्रोन उडाने का 15 दिन का प्रशिक्षण लिया। उन्होने बताया कि बिहान अंतर्गत वैभव लक्ष्मी स्व सहायता समूह से जुडी हैं। नमो ड्रोन दीदी योजना के बारे में जानकारी कृषि विभाग के अधिकारियो से मिली। ड्रोन दीदी ने बताया कि ड्रोन से यूरिया या कीटनाशक छिड़काव के लिए प्रति एकड 300 रुपये शुल्क लेती हैं और उन्हें अब तक करीब 25 हजार रूपये की आय हो चुकी है। ग्राम  लटुआ निवासी ड्रोन पायलट निखिल कन्नौजे ने बताया कि वह इफ्को कंपनी से जुडा है और कंपनी के माध्यम से ड्रोन चलाने का प्रशिक्षण लिया है। उन्होंने बताया कि ड्रोन को 2 से 3 किलोमीटर की दूरी तक उड़ाया जा सकता है। विगत अप्रैल माह से करीब 88 एकड़ खेतों में दवाई का छिड़काव ड्रोन से कर चुके हैं।
     
    ज्ञातव्य है कि केंद्र सरकार द्वारा नमो ड्रोन दीदी योजना की शुरुआत की गई है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य है कि आने वाले चार वर्षों में 15 हजार स्वयं सहायता समूहों को ड्रोन उपलब्ध कराया जाए। यह ड्रोन, महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। इन ड्रोन्स का इस्तेमाल कृषि क्षेत्र में उर्वरकों का छिड़काव करने के लिए किया जाएगा।
  • विसर्जन झांकी रूट पर सुरक्षा की चिंता, जर्जर भवनों को नोटिस

    18-Sep-2024

    रायपुर। राजधानी रायपुर में 19 एवं 20 सितम्बर की दरम्यानी रात्रि को निकलने वाली श्री गणेश मूर्ति विसर्जन झांकी के निर्धारित रूट में स्थित सभी जर्जर भवनों के मालिकों को जर्जर भवन को हटाने अथवा मरम्मत करने का नोटिस निगम ने जारी किया है. इसके साथ ही आम लोगों को ऐसे भवनों से दूर रहने के लिए इन सभी जर्जर भवनों में नोटिस लगाया गया है.

     
    रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त अबिनाश मिश्रा के आदेशानुसार नगर निगम के नगर निवेशक आभाष मिश्रा एवं सम्बंधित जोन कमिश्नरों की जर्जर भवनों के मालिकों को नोटिस जारी किया गया है, साथ ही आम लोगों की सूचना के लिए जर्जर भवनों में सूचना लगाई गई है. सबसे अधिक 24 जर्जर मकान जोन-4 में घोषित किए गए हैं.
     
     
    बता दें कि 19 और 20 सितंबर को राजधानी रायपुर में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा. इसके लिए पुलिस ने रोड मैप जारी किया है. इसके साथ ही रात 8 बजे से शहर के कई चौक-चौराहों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा. इसमें शास्त्री चौक से जय स्तंभ चौक, तत्यापारा चौक से शारदा चौक में रात से ही आवागमन प्रतिबंधित रहेगा. लोग बलौदाबाजार मार्ग से बिलासपुर या महासमुंद की ओर रिंग रोड 3 से होकर जा सकेंगे.
     
    वहीं भिलाई की ओर से आने वाले छोटे वाहन आश्रम तिराहा तक आ रायपुर सकेंगे. भिलाई की ओर से आने वालों को शास्त्री चौक जाने के लिए रिंग रोड नंबर 1 जाना होगा. इसके अलावा सदर बाजार, पुरानी बस्ती लाखे नगर, आमापारा की ओर रात 10 बजे से सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा. महादेव घाट विसर्जन स्थल से गणेश मूर्तियों का विसर्जन के बाद वाहनों की वापसी महादेव घाट तिराहा से होकर रिंग रोड 1 से होगी.
  • UltraTech Cement प्लांट में मजदूर की मौत, मजदूरों ने किया प्रदर्शन

    18-Sep-2024

    बलौदाबाजार। जिले से हिरमी स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के मजदूरों के विश्राम गृह के पास एक मजदूर की लटकी हुई लाश मिली है. इस घटना से प्लांट में हड़कंप मच गया. वहीं सूत्रों के अनुसार, घटनास्थल पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही मजदूर की लाश को रस्सी काटकर हटा दिया गया था.घटना के बाद से मजदूरों में आक्रोश फैल गया है और मजदूर कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं. घटना की सूचना पर सुहेला पुलिस मौके पर पहुंच गई है और कार्रवाई में जुट गई है.

     
     
    नाम न छापने की शर्त पर मजदूरों ने मीडिया को बताया कि जब भी कंपनी में कोई घटना होती है तो कंपनी अक्सर उसे दबाने की कोशिश करती है और मजदूरों पर दबाव बनाती है. साथ ही नौकरी से निकाल देने की धमकी भी दी जाती है, जिससे मजदूर भयभीत रहते हैं. आज की घटना में भी यही हुआ है घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के पहुंचने के पहले ही रस्सी से लटकी मजदूर की लाश को नीचे उतारकर वहां से हटा दिया गया था.
     
    घटना के बाद सुहेला थाना पुलिस समेत अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. वहीं पुलिस मजदूरों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रही है. घटना के संबंध में एसडीओपी भाटापारा एश्वर्य चंद्राकर ने बताया कि घटना हुई है पुलिस जांच में जुटी है. घटना का कारण अभी अज्ञात है. पंचनामा कार्रवाई की जा रही है. घटना के कारण की जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सामने आएगी.
  • महासमुंद में दंतैल हाथी का आतंक: राइस मिल में तोड़फोड़

    18-Sep-2024

    महासमुंद। गरियाबंद से निकला ME-3 नामक दंतैल हाथी महासमुंद वनपरिक्षेत्र के ग्राम कोना पहुंच गया है. बीती रात हाथी गुरतेग बहादुर राइस मिल में घुस गया, जिसे हाथी मित्र दल की तत्परता से वहां से खदेड़ा गया. इसके बाद हाथी ने महासमुंद-बागबाहरा हाइवे पार कर कक्ष क्रमांक 64, गौरखेडा के जंगल में विचरण कर रहा है. हाथी के इलाके में पहुंचने से ग्रामीणों में डर का माहौल है. कुछ दिन पहले इसी हाथी ने कोसरंगी गांव में एक व्यक्ति को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया था.

     
     
    वन विभाग ने एहतियात के तौर पर एक दर्जन गांवों सिरगिड़ी, उमरदा, गौरखेडा, अरंड, मुडमार, सोरिद, बनसिवनी, लोहारडीह, घोघीबाहरा, बंजारी, कोडार आदि में अलर्ट जारी किया है. ग्रामीणों को हाथी देखे जाने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करने की अपील की गई है, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें. 
Top